Home Blog Page 201

कार्रवाई | पेट्रोल पंप में डकैती डालने की योजना बना रहे 4 सशस्त्र युवकों को पुलिस ने दबोंचा

0
सांकेतिक फोटो।

आरोपियों से 2 देशी कट्टा, 4 जिंदा कारतूस, चाकू और नकदी जप्त

अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकला एक आरोपी

पन्ना। रडार न्यूज   जिले की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चार सशस्त्र युवकों को गिरफ्तार किया है, पुलिस का दावा है कि पकड़े गए आरोपी मिश्रा पेट्रोल पंप में डकैती डालने की योजना बना रहे थे। इनका एक साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकलने में सफल हो गया। देवेंद्रनगर थाना के ग्राम बड़वारा स्थित आम के बगीचे की पुलिस पार्टियों द्वारा घेराबंदी कर पकड़े बदमाशों में सूरत खां पिता इस्लाम खां 28 वर्ष, अनीस खां पिता इस्लाम खां 17 साल दोनों निवासी बडागाँव झिर थाना देवेन्द्रनगर, निगम खां पिता मजहम खां 29 वर्ष और निकत खां पिता अब्दुल समद उम्र 19 साल निवासी परषोत्तमपुर थाना कोतवाली पन्ना शामिल हैं। कोतवाली थाना पन्ना के निरीक्षक अरविंद कुमार कुजूर द्वारा उक्त आरोपियों की गिरफ़्तारी के संबंध में सोशल मीडिया पर जारी विवरण के अनुसार इनसे पास से दो 12 बोर के देशी कट्टा, 4 नग जिंदा कारतूस एक लोहे की साँग व एक चाकू, दो चालू टार्च, 3470 रूपये व अन्य सामग्री जप्त होना बताया गया है। पूंछतांछ में इनके द्वारा भागने वाले बदमाश का नाम अब्दुल समद पिता मजहम खां 45 निवासी ग्राम पुरषोत्तमपुर पन्ना का होना बताया गया। जिसकी टीआई श्री कुजूर ने तलाश जारी होने की जानकारी दी है। उन्होंने पकड़े गए बदमाशों तथा उनसे जप्त सामग्री का फोटो भी जारी की है।

पुलिस अधिकारी-कर्मचारी होंगे पुरस्कृत

पकड़े गए आरोपी और उनसे जप्त हथियार व अन्य सामग्री।
प्राप्त जानकारी अनुसार बुधवार 24 अक्टूबर को पुलिस थाना देवेन्द्रनगर में मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि बड़वारा ग्राम मौजा मे पाँच बदमाश हथियार से लैश होकर डकैती डालने की योजना बना रहे है, जोकि आज कहीं न कहीं वारदात को अंजाम देंगे। उप निरीक्षक व्ही.पी.दुबे द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस अधीक्षक पन्ना विवेक सिंह द्वारा टीम का गठन कर अति पुलिस अधीक्षक बी. के.एस. परिहार मार्गदर्शन एवं एसडीओपी पन्ना उमराव सिंह के नेतृत्व में कार्यवाही के लिये थाना कोतवाली पन्ना से थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार कुजूर और हमराही बल को निर्देशित किया गया। पुलिस टीमें जब मुखबिर के बताये स्थान आम का बगीचा बड़वारा तरफ पहुंची तो देखा कि बगीचे मे टार्च जलाये पांच लोग आपस मे बात कर रहे थे, कि चलो अब समय हो गया है मिश्रा प्रेट्रोल पंप मे डकैती डालना है। उक्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु पुलिस टीमें जब नजदीक पहुंची तो आरोपी पुलिस को देख भागने लगे जिनमें से चार आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों सूरत खां, अनीस खां, निगम खां और निकत खां के विरुद्ध थाना देवेन्द्रनगर मे अपराध क्रमांक 279/18 धारा 399 , 402 भादवि 25/27 आर्म्स एक्ट का प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया है। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह उक्त आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है ।

क्राइम | बोलेरो से कट मारकर बाइक सवार बैंककर्मी को गिराया फिर मारपीट कर लूट ले गए सामान

0
फाइल फोटो।

पन्ना में शातिर बदमाशों ने लूटपाट की सनसनीखेज वारदात को दिया अंजाम

ऐक्सिस बैंक कर्मचारी के साथ हुई लूट की 2 दिन बाद भी पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट

पन्ना। रडार न्यूज   कोतवाली थाना पन्ना की ककरहटी पुलिस चौकी अन्तर्गत ऐक्सिस बैंक कर्मचारी अशोक कुमार दहायत पिता बिहारी लाल दहायत ग्राम अमरी थाना गुनौर के साथ मारपीट कर बोलेरो में सवार चार अज्ञात नकाबपोश बदमाश उनका मोबाइल फोन और आईपैड छुड़ाकर देवेंद्रनगर की और भाग गए। लूट की यह सनसनीखेज वारदात बुधवार 24 अक्टूबर 2018 की शाम तकरीबन 7 बजे ग्राम सकरिया-ककरहटी के बीच नाला की बताई जा रही है। लूट का शिकार हुए बैंककर्मी द्वारा वारदात की लिखित सूचना आनन-फानन ककरहटी पुलिस चौकी में दी गई। लेकिन घटना के दो दिन गुजरने के बाद भी अज्ञात दुस्साहसिक लुटेरों का सुराग लगाना तो दूर पुलिस अब तक उक्त घटना की सच्चाई का पता भी नहीं कर पाई है। कोतवाली थाना पन्ना के प्रभारी अरविंद कुमार कुजूर का कहना है कि लूट की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही थी, इसलिए सीधे आपराधिक प्रकरण दर्ज न कर घटना की जांच की जा रही है। लूट जैसे बेहद गंभीर मामले की जांच कब पूरी होगी और अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध एफआईआर कब दर्ज की जाएगी इस संबंध उन्होंने कुछ भी नहीं बताया। उधर लूट की सनसनीखेज वारदात की खबर फैलने के बाद इलाके के लोग दहशत में है। क्षेत्र में चर्चा है कि सकरिया-ककरहटी मार्ग पर लोग जब शाम 7 बजे सुरक्षित नहीं है तो देर रात इस मार्ग आवागमन करना मतलब जानमाल का खतरा मोल लेना है।

सड़क पर गिरते ही टूट पड़े बदमाश

पीड़ित ऐक्सिस बैंक कर्मचारी अशोक कुमार दहायत।
ऐक्सिस बैंक कर्मचारी अशोक कुमार दहायत पिता बिहारी लाल दहायत ग्राम अमरी थाना गुनौर ने बताया कि बुधवार की शाम वह बाइक से अपने गांव अमरी जा रहा था, रास्ते में ग्राम सकरिया-ककरहटी के बीच स्थित नाला में सफेद कलर की बोलेरो जीप के कट मारने पर वह अनियंत्रित होकर गिर गया। अशोक कुमार खुद को संभाल पाते कि बोलेरो से उतरे दो नकाबपोश बदमाश उनके साथ मारपीट कर बैग छीनने लगे। इस बीच एक अन्य व्यक्ति वाहन से उतरा और डंडे से हमला कर मोबाइल फोन, आईपैड, घड़ी, ड्राईविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, पेन कार्ड सहित अन्य जरूरी समान छुड़ाकर बोलेरो से देवन्द्रनगर की और भाग निकले। इस अप्रत्याशित घटना का शिकार बना बैंककर्मी भयभीत होने के कारण बोलेरो का नंबर सही तरीके से नहीं देख पाया, सिर्फ एमपी 34 उसकी समझ में आया और उसमें चार नकाबपोश सवार थे। अशोक द्वारा लूट की वारदात की सूचना तत्परता से समीपी पुलिस चौकी ककरहटी में दी गई। पीड़ित का आरोप है कि उसे कई घंटे तक चौकी में बैठाने के बाद भी फिर रिपोर्ट नहीं लिखी गई। पीड़ित ने चौकी पुलिस के इस रवैये को देखते पुलिस कप्तान पन्ना से घटना की एफआईआर दर्ज करने के निर्देश देने और अज्ञात बदमाशों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार किये जाने की है।

इनका कहना-

“इस कथित घटना में गए सामान की कीमत कुछ पत्रकार बढ़ा-चढ़ा कर लिख रहे हैं जबकि बैंककर्मी ने पुलिस को सिर्फ अपना मोबाइल फोन और आईपैड बदमाशों द्वारा छुड़ाकर ले जाने की जानकारी दी है। जिसका मूल्य 20 हजार से भी कम है। ऐक्सिस बैंक कर्मचारी अशोक कुमार के घटना को लेकर बयानों में अंतर् होने से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था इसलिए सीधे रिपोर्ट न दर्ज कर घटना की सत्यता की सूक्ष्मता से की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लिया है।”

अरविंद कुमार कुजूर निरीक्षक कोतवाली थाना पन्ना।

शरदपूर्णिमा महोत्सव| पूनम की रात रासमण्डल में विराजमान हुए अखण्ड रास के रचईया

0
ब्रम्ह चबूतरे पर श्री बंगला जी मंदिर से रासमण्डल के लिये जाती श्रीजी की सवारी।

जागनी रास के रस में डूबे रहे पचास हजार से अधिक श्रृद्धालु सुन्दरसाथ

अमृतपान और नैनों को तृप्त कर मंत्रमुग्ध हुए सुन्दरसाथ

विद्वानों एवं धर्मगुरूओं ने बताया श्री रास का गहन अध्यात्मिक महत्व

अंतर्राष्ट्रीय शरदपूर्णिमा महोत्सव में पूनम की महारास का दिन विशेष था। अखण्ड मुक्तिदाता निष्कलंक बुद्ध अवतार श्री प्राणनाथ जी 5 दिनों तक चलने वाले इस महारास में सुन्दरसाथ के साथ साक्षात उन्हें रासमण्डल में परमधाम के वास्तविक सुख एवं अध्यात्मिक दृष्टिकोण से रत करते हुए उनका जीवन धन्य करेंगे। शरदपूर्णिमा के अवसर पर पचास हजार से अधिक सुन्दरसाथ ने श्री जी को निहारकर अपने नैनों को तृप्त किया। जैसे ही मध्य रात्रि में बंगला जी दरबार साहब से श्री जी की सवारी रासमण्डल के लिए निकली वैसे ही रास के रचइया की, श्री प्राणनाथ एेयारे के जयकारों से पन्ना पवित्र नगरी गूंज उठी।
सिर पर कलश रखीं हईं सुंदर बालिकायें।

पन्ना। रडार न्यूज    प्रणामी धर्म का सबसे पवित्र धाम श्री गुम्बट जी मंदिर जिसका प्रांगण ब्रम्ह चबूतरा (रास मण्डल) कहा जाता है। क्योंकि यहीं पर श्री प्राणनाथ जी ने अपने परम स्नेही सुंदरसाथ जी को श्री राज जी-श्यामा जी की अलौकिक अखण्ड रासलीला, जागिनी रास का दर्शन कराया था इसीलिये इसे जागिनी लीला भी कहा जाता है। उसी समय से अंतराष्टीय शरद पूर्णिमा महोत्सव के नाम से प्रतिवर्ष पांच पद्मावतीपुरी धाम पन्ना संपूर्ण विश्व की मुक्तिपीठ है। यहां विराजमान साक्षात अक्षरातीत पूर्णब्रम्ह के अलौकिक रास के आनंद में सराबोर होते हैं। इस आनंद में सराबोर होने पन्ना पहुंचे पचास हजार से अधिक सुन्दरसाथ उस क्षण के प्रत्यक्षदर्शी बने जब श्री प्राणनाथ जी की शोभयात्रा श्री बंगला जी मंदिर से निकलकर रासमण्डल में पधराई गई। बुधवार की रात जैसे ही श्रीजी की भव्य सवारी बंगला जी दरबार साहब से रासमण्डल में आई तो वहां उपस्थित हजारों सुंदरसाथ अपने पिया के साथ प्रेम रंग में डूब गये. यह अखण्ड रास का आयोजन पांच दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय शरद पूर्णिमा उत्सव के रूप में रात-दिन चलेगा।

सिंहासन को कंधों पर निकली सवारी-

पूनम की रात्रि में दूधिया लाईट से जगमगाता श्री प्राणनाथ जी मंदिर।

क्षर और अक्षर से भी परे जो मूल-मिलावा श्री राज के साथ जागिनी रास महोत्सव का शुभारंभ इसी बंगला जी मंदिर से होता है। इस महोत्सव में प्रणामी धर्म के सभी गादीपति, धर्मगुरू व संतगण उपस्थित रहकर कार्यक्रम में शामिल होते हैं। सर्वप्रथम श्री बंगला जी मंदिर में सेवा, पूजा व आरती हुई। तत्पश्चात श्री राज जी महाराज के दिव्य सिंहासन को मंदिर के पुजारियों द्वारा अपने कंधों पर लेकर श्री प्राणनाथ जी के जयघोष के साथ शोभयात्रा रात्रि ठीक 12 बजे निकली। शोभायात्रा निकलते ही उपस्थित हजारों की संख्या में प्रणामी धर्मावलम्बी सुंदरसाथ की भावनायें व उत्साह कुछ ध्सा दिखा जैसे कि श्री प्राणनाथ जी स्वयं पालकी में विराजमान हों। शोभायात्रा ब्रम्ह चबूतरे पर ही स्थित रासमण्डल में पधराई गई।

उमड़ा भक्तों का सैलाब-

अमृत रूपी खीर का प्रसाद लेने के लिये लालयित श्रृद्धालुगण।

श्री राज जी की शोभयात्रा की एक झलक पाने के लिये बेताब रहे लगभग एक लाख सुंदरसाथ उस क्षणिक दर्शन पाने के लिये बेताब दिखे जो कभी श्री प्राणनाथ जी ने साक्षात जागिनी लीला कर इसी ब्रम्ह चबूतरे में सुंदरसाथ को दिखाया था। शाम 6 बजे से ही पूरा ब्रम्ह चबूतरा लहराते‘-उफनाते मानव सागर की तरह दिखने लगा. देश के कोने-कोने से आये सुंदरसाथ पारम्पारिक वेश-भूषा में सुसज्जित जन अपनी-अपनी बोलियों में भजन-कीर्तन करते नजर आये। दिल खोलकर सुधबुध भूलकर ऐसा नृत्य कर रहे थे मानों वे स्वयं परमात्मा श्री राज जी महाराज के साथ रास रमण कर रहे हों। ऐसी अनुभूति शायद ही कहीं देखने को मिलती हो जहां देश-विदेश के लोग समरसता की भावना से एकत्रित होकर एक ही भाव में प्रेम के रस में डूबे नजर आये।

मप्र विधानसभा चुनाव | बसपा ने 50 प्रत्याशियों की दूसरी सूची की जारी, गुनौर सीट से जीवनलाल सिद्धार्थ का नाम

0
सांकेतिक फोटो।

पन्ना जिले की पवई और पन्ना सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा होना शेष

दोनों सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के बागियों दांव लगा सकती है बहुजन समाज पार्टी

भोपाल/पन्ना। रडार न्यूज  मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट शुक्रवार 26 अक्टूबर को जारी की है। इस सूची में 50 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। बीएसपी प्रमुख मायावती के अनुमोदन पश्चात मध्यप्रदेश के पार्टी अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार और राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी रामअचल राजभर के हस्ताक्षर से जारी सूची में महाकौशल, ग्वालियर-चंबल, रीवा संभाग, बैतूल की कुछ सीटों, पन्ना जिले की गुनौर तथा भोपाल जिले की बैरसिया सीट के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है।
इंजीनियर जीवनलाल सिद्धार्थ
पन्ना जिले में बहुजन समाज पार्टी के प्रभाव वाली अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित गुनौर विधानसभा सीट पर पार्टी ने एक बार फिर इंजीनियर जीवनलाल सिद्धार्थ पर भरोसा जताया है। इसके पूर्व गुनौर-अमानगंज सीट से जीवनलाल वर्ष 1998 से लेकर 2008 तक लगातार तीन बार बसपा उम्मीदवार के रूप चुनावी समर में उतर चुके हैं। आरक्षित सीट गुनौर में बसपा की मजबूत स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2003 व 2008 के चुनाव में सिद्धार्थ निकटतम प्रतिद्वंदी रहे है, तब यहां भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए थे। जबकि कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार दोनों ही चुनावों में तीसरे पायदान रहे है। फिलहाल मध्यप्रदेश में प्रत्याशियों की घोषणा के मामले में बहुजन समाज पार्टी सत्ताधारी दल भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस से आगे है। अभी इन दोनों दलों में दावेदारों के नामों पर मंथन चल रहा है जबकि बसपा ने अब तक 72 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। मालूम हो कि बसपा ने पहली सूची में 22 प्रत्याशी घोषित किये थे।

बसपा की दूसरी सूची एक नजर में-

पहला पेज।
दूसरा पेज।
तीसरा पेज।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

द बर्निंग वैन | घाटी में गिरी मारुति वैन में हुआ ब्लास्ट, एक व्यक्ति जिंदा जला

0
जली हुई मारुती वैन और उसमें मृत व्यक्ति के कंकाल को देखते राहगीर।

पन्ना जिला मुख्यालय से 17 किलोमीटर दूर अजयगढ़ घाटी में हुआ हादसा

मौके पर पहुंचा दमकल वाहन और पुलिस, वैन से मृत व्यक्ति का कंकाल बरामद

करीब 4 वर्ष पूर्व मड़ला घाटी में हुए भीषण हादसे की भयावह यादें हुई ताजा

शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक मारुति वैन के घाटी मोड़ में अनियंत्रित होकर कई फिट नीचे गिरने से उसके सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इस दर्दनाक हादसे के समय वैन में बीच की सीट में बैठा अज्ञात जिंदा जल गया। पूर्णतः जल चुकी वैन से पुलिस ने मृत अज्ञात व्यक्ति का कंकाल बरामद किया है। हादसे के बाद से मारुति वैन के चालक और उसमें सवार रहे अन्य व्यक्तियों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उक्त लोग कहां और किस हालत में है। यह सनसनीखेज हादसा जिला मुख्यालय पन्ना से करीब 17 किलोमीटर दूर अजयगढ़ घाटी में मंगलवार 23 अक्टूबर 2018 को रात्रि करीब 8 :45 बजे हुआ। मारुति वैन में आग लगने की सूचना मिलने पर पन्ना से दमकल वाहन तुरंत मौके पर पहुंच गया और दमकलकर्मियों द्वारा पानी की बौछार छोड़कर वैन की आग को कुछ ही मिनिट में पूरी तरह बुझा दिया लेकिन तब तक उसके अंदर फंसा रहा अज्ञात व्यक्ति आग की लपटों में जिन्दा जलकर कंकाल बन चुका था।

चालक और सहयात्रियों की तलाश जारी

द बर्निंग वैन बनी मारुती में बीच की सीट में पड़ा मृत व्यक्ति का कंकाल।

पुलिस अधीक्षक पन्ना विवेक सिंह ने रडार न्यूज को बताया कि मारुति वैन क्रमांक UP- 71- P-3699 की स्थिति को देखते हुए प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह पन्ना से अजयगढ़ की और जा रही थी। रास्ते में घाटी के खतरनाक मोड़ पर वैन चालक वाहन को सही तरीके से काट नहीं पाया। जिससे उक्त वाहन के कई फिट नीचे गिरने से उसमें लगी गैस किट के सिलेंडर में विस्फोट हो गया और भीषण आग लग गई। अचानक हुए इस हादसे के कारण वैन के अंदर बीच की सीट में बैठा अज्ञात व्यक्ति समय रहते बाहर नहीं निकल पाया जिससे वह जिन्दा जल गया। हादसे के बाद से वैन चालक और उसमें सवार रहे व्यक्तियों के संबंध में अब कुछ भी पता नहीं चल सका। कंकाल में तब्दील हो चुके मृत व्यक्ति की शिनाख्त हेतु पुलिस उसके साथ यात्रा कर रहे लोगों की खोजबीन में जुटी है। आज की इस दर्दनाक घटना ने पन्ना जिले की मड़ला घाटी में करीब चार वर्ष पूर्व एक तेज रफ़्तार बस के पुलिया के नीचे गिरने और उसमें आग लगने से तकरीबन दो दर्जन लोगों के जिंदा जलने की दिल दहला देने वाले हादसे की यादें ताजा कर दी हैं।

जर्जर घाटी मार्ग बन रहे हादसों का कारण

मड़ला घाटी में मोड़ पर ढ़ह चुकी पुलिया की सुरक्षा दीवार और गड्ढ़ों में तब्दील सड़क।

उल्लेखनीय है कि वन विभाग की आपत्तियों के चलते पन्ना जिले की बेहद खतरनाक-खस्ताहाल मड़ला और अजयगढ़ घाटी का चौड़ीकरण तथा निर्माण कार्य लंबे समय से नहीं हो पा रहा है। जिससे अत्यंत ही जर्जर हो चुकी इन दोनों ही घाटियों से होकर गुजरना (यात्रा करना) बेहद ही जोखिम भरा हो गया है। परिणामस्वरूप इन दोनों ही घाटी मार्गों पर आये दिन गंभीर हादसे हो रहे रहे हैं। चिंताजनक पहलू यह कि दोनों घाटी मार्गों की जर्जर हालत के कारण लगातार हो रहे हादसों में लोगों के असमय काल-कवलित होने के बाद भी इनके पुनर्निर्माण के लिए समय रहते जनप्रतिनधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की और से कोई ठोस प्रयास नहीं किये गए। इनकी बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों घाटियों की सुरक्षा दीवार जगह-जगह क्षतिग्रस्त होकर ढ़ह चुकी है और रास्ते में पड़ने वाले दशकों पुराने पुल-पुलिया भी धसकने की कगार पर पहुंच चुके हैं। मालूम होकि पन्ना जिले की मड़ला घाटी पन्ना-छतरपुर के बीच नेशनल हाइवे क्रमांक-39 में और अजयगढ़ घाटी कटनी-कानपुर अंतर्राज्जीय राजमार्ग क्रमांक-47 में पन्ना-बांदा के बीच स्थित है। इन दोनों ही महत्वपूर्ण मार्गों से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन निकलते हैं इसलिए इन मार्गों पर बढ़ते हादसों का बड़ा कारण बनी घाटी मार्ग की खस्ताहाल स्थिति में आवश्यक सुधार तथा चौड़ीकरण सहित इनका नए सिरे से निर्माण प्राथमिकता के साथ कराना बेहद जरुरी हो गया है। यदि इस दिशा तत्परता से ईमानदार प्रयास नहीं किये गए तो मड़ला घाटी जैसे भयानक सड़क हादसों की पुनरावृत्ति का खतरा बना रहेगा।

आचार संहिता उल्लंघन का मामला : पत्रकार के खिलाफ फर्जी प्रकरण दर्ज करने का विरोध

0
कलेक्टर मनोज खत्री और एसपी विवेक सिंह से चर्चा करते पत्रकारगण।

पन्ना में पत्रकारों ने सामुहिक रूप से कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

फर्जी प्रकरण वापिस लेने और बिना जांच मामला दर्ज करने पर टीआई के निलंबन की मांग

पन्ना। रडार न्यूज  आचार संहिता प्रभावी होते ही प्रशासनिक और और पुलिस अधिकारियों की तानाशाहीपूर्ण हनक शुरू हो गई है। जिसका ताजा मामला जिले के शाहनगर क्षेत्र में विगत दिनों तब सामने आया जब ग्रामीणों दवारा बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन करते हुए क्षेत्रीय विधायक मुकेश नायक का पुतला दहन करने पर प्रदर्शनकारी ग्रामीणों के साथ-साथ इस खबर का कवरेज करने वाले पत्रकार मदन तिवारी के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन का मामला पंजीबद्ध किया गया। शाहनगर थाना पुलिस बिना किसी प्रमाण के मनमाने तरीके से पत्रकार को प्रदर्शनकारियों के साथ आरोपी बनाये जाने से पुलिस की कार्यशैली और मंशा प्रश्नचिन्ह लग गया है। पुलिस की इस कार्रवाई की तीखी आलोचना हो रही है। उधर सोमवार को जिला मुख्यालय पन्ना के पत्रकारों ने सामूहिक रूप से इसकी कड़ी निंदा करते हुए पन्ना कलेक्टर मनोज खत्री और पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह को इस मामले को इस मामले के विरोध स्वरुप ज्ञापन सौंपते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। पत्रकारों ने इस घटना को मीडिया पर हमला करार दिया है। पत्रकारों ने बिना जांच के पत्रकारों के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने को गलत बताते हुए पत्रकार मदन तिवारी के खिलाफ दर्ज मामले को वापिस लेने तथा शाहनगर थाना प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।

कैसे खबर कवर कर पाएंगे पत्रकार

ज्ञापन सौंपने के बाद कलेक्ट्रेट से बहार आते पत्रकारगण।

सौंपे गये ज्ञापन में कहा गया कि शाहनगर पुलिस की यह कार्यवाही बेहद ही निंदनीय और लोकतांत्रिक के चौथे स्तंभ पर हमला है। चुनाव के दौरान हर तरह की गतिविधियों की रिपोर्टिंग करना पत्रकारों का दायित्व है, ऐसे में कवरेज के दौरान यदि पत्रकार की उपस्थिति पर उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होता है तो चुनाव कवरेज करना संभव ही नहीं होगा। सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा है कि पत्रकार भीड़ का हिस्सा नहीं हैं, बावजूद इसके शाहनगर पुलिस ने बिना अनुमति हुए प्रदर्शन में पत्रकार मदन तिवारी की भूमिका की जांच किये बगैर ही सिर्फ शिकयत के आधार पर उनके विरूद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर लिया। ज्ञापन में लेख है कि इस तरह की घटना ने सभी पत्रकारों को भयभीत कर दिया है। चुनाव में कवरेज कैसे करें, यह सवाल बना हुआ है। क्या अब पुलिस प्रशासन और जनसंपर्क विभाग के निर्देशों पर यदि खबरों का कवरेज व प्रकाशन करना होगा, तो निष्पक्ष पत्रकारिता कैसे संभव होगी ? पत्रकारों ने मांग करते हुए कहा कि 72 घंटों के अंदर जांच कर प्रकरण से मदन तिवारी का नाम हटाया जाये, साथ ही पुलिस रिकार्ड में समाचार पत्र का नाम लिखने और बिना जांच पत्रकार पर प्रकरण दर्ज करने वाले लापरवाह थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाये।

जल्द होगी कार्यवाही- कलेक्टर

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर मनेज खत्री ने इस मामले में बिना जांच प्रकरण दर्ज करने पर खेद जताया है। वहीं पुलिस अधीक्षक विवके सिंह ने भी उक्त प्रकरण की जल्द से जल्द जांच कराकर उचित कार्यवाही का भरोसा दिया है। कलेक्टर पन्ना ने कहा कि चुनाव में इस तरह की कुछ गलतियां होती है, जिन्हें नजरअंदाज कर मीडिया को सहयोगी भूमिका निभानी चाहिए ताकि निर्वाचन का कार्य सहजता से हो संपन्न सके। उन्होंने इस प्रकरण पर जल्द कार्यवाही का भरोसा दिया।

शरदपूर्णिमा महोत्सव : श्री प्राणनाथ जी की निकली शाही सवारी, भक्ति रस से सराबोर हुआ पन्ना धाम

0
शोभायात्रा के साथ चल रहा जागिनी अभियान का रथ।

श्री जी एक झलक पाने उमड़ पड़े हजारों श्रृद्धालू और नगरवासी

सवारी में दिखा भक्ति भाव व विविधता का अनूठा समागम

पन्ना। रडार न्यूज   श्री पांच पद्मावतीपुरी धाम पन्ना में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय शरदपूर्णिमा महोत्सव के धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में सोमवार की शाम सद्गुरू के सम्मान का प्रतीक कही जाने वाली श्री प्राणनाथ जी की दिव्य सवारी (शोभायात्रा) श्री खेजड़ा मंदिर से भक्ति भाव से परिपूर्ण होकर उत्साह व धूम धाम के साथ निकाली गई। इस ऐतिहासिक सवारी में श्री जी की मनमोहक सेवा शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रही जिसकी एक झलक पाने के लिये हजारों श्रद्धालु बेताब दिखे। भक्ति रस में डूबा विविधता का अनोखा समागम जिसमें विभिन्न प्रांतों व भिन्न-भिन्न देशों से आए श्रद्धालु सुन्दरसाथ को एक धुन में मगन होकर नाचते झूमते देखा गया। नगर के प्रमुख मार्गों से सवारी के निकलने के दौरान ऐसा लग रहा था मानो समूचा पन्ना धाम ही भक्ति रस में सराबोर हो गया हो। प्रणामी सम्प्रदाय के आस्था का केन्द्र अति प्राचीन खेजड़ा मंदिर से मंगलवार शाम छः बजे से अखंड मुक्तिदाता, निष्कलंक बुद्ध अवतार महामति प्राणनाथ जी की सवारी जब निकली तो ऐसा लगा मानो सभी संत मनीषी विविध रूप धारण कर इस सवारी की शोभा बढ़ा रहे हो। दिव्य रथ पर सवार श्री जी तथा देश के कई भागों से आए सुन्दर साथ के अलावा धर्मगुरू इस भव्य सवारी की धर्म निष्ठता एवं भक्तिभाव के साथ 400 वर्षों से सतत आयोजित होने वाले इस ध्तिहासिक आयोजन के साक्षी बने। श्री जी की इस विशाल सवारी में नगर के निवासियों के अलावा देश विदेश के हजारों सुन्दरसाथ मौजूद थे जो अलग-अलग टुकड़ियों में नाचते गाते तथा अपनी-अपनी परम्पराओं के अनुरूप पन्ना नगर की पवित्र धरती पर प्राणनाथ जी के प्रेम का अहसास कराते नजर आए।

सद्गुरू के सम्मान का है प्रतीक  

तेरस की सवारी में श्री जी की मनमोहक झांकी।

अंतर्राष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव के दौरान पन्ना नगर में सैकड़ों वर्षों से लगातार श्री जी की सवारी भव्य स्वरूप के साथ निकाली जाती है। इस सवारी का आयोजन पहली बार बुन्देलखण्ड केशरी महाराजा छत्रसाल जी ने किया था। सद्गुरू के सम्मान का प्रतीक कही जाने वाली इस तेरस की सवारी को लेकर मान्यता है कि जब बुन्देलखण्ड को चारों तरफ से औरंगजेब के सरदारों ने घेर लिया था तब महामति श्री प्राणनाथ जी ने महाराजा छत्रसाल को अपनी चमत्कारी दिव्य तलवार देकर विजयश्री का आर्शीवाद दिया था और कहा था कि हे राजन जब तक तुम अपने दुश्मनों को धूल चटाकर नहीं आ जाते तब तक में इसी खेजड़ा मंदिर में ही रूकूंगा। तेरस को जब महाराजा छत्रसाल अपने दुश्मनों पर फतह हासिल कर लौटे तो अपने सद्गुरू महामति प्राणनाथ जी को पालकी में बिठाकर अपने कंघों का सहारा देकर श्री प्राणनाथ जी मंदिर में स्थित गुम्मट बंगला जिसे ब्रम्ह चबूतरा भी कहते हैं में लाए थे जिसके प्रतीक स्वरूप तभी से यह आयोजन हर वर्ष किया जाता है। श्री खेजड़ा जी मंदिर से निकली श्री जी की सवारी को श्री प्राणनाथ जी मंदिर की कुल तीन किलोमीटर तक की यात्रा में सात से आठ घंटे का समय लग जाता है।

जगह-जगह हुई श्री जी की आरती

सवारी के दौरान भक्ति संगीतों पर नाचते गाते श्रद्धालु सुन्दरसाथ।

धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की इस विशाल शोभायात्रा में पन्ना नगर वासियों ने भी पूरे उत्साह व भक्ति भाव के साथ बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई गई. रथ में सवार श्री जी की एक झलक निहारने के लिए लोग घंटों सड़क के किनारे खड़े रहे। सवारी के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह श्री जी की आरती उतारी गई एवं शोभा यात्रा में सम्मिलित सुन्दरसाथ को मिठाइयां बांटी गईं वहीं नगरवासियों द्वारा जगह-जगह शुद्ध पेयजल आदि की भी व्यवस्था की गई थी। तेरस की इस विशेष शोभा यात्रा में श्री 108 प्राणनाथ ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं ट्रस्ट के बाहर के पदाधिकारियों ट्रस्ट के प्रबंधक एवं समस्त न्यासियों सहित स्थानीय एवं देश के कोने-कोने से आए धर्माचार्य व धर्मोपदेशकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई की दबंगई | वनकर्मियों से जप्त जेसीबी मशीन को लेकर भाग गए

0
सांकेतिक फोटो।

वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन करते पकड़ी थी जेसीबी मशीन, पन्ना जिले के उत्तर वन मंडल

की धरमपुर रेंज का मामला, पत्रकारों को घटनाक्रम की जानकारी देने से बचते रहे धरमपुर रेंजर

24 घंटे बाद कहानी में आया ट्विस्ट, रेंजर अब अपनी ही कार्रवाई को बता रहे गलत

डीएफओ ने माना रेंजर की भूमिका संदिग्ध, बोले मौके पर जाकर स्वयं जांच करूंगा

पन्ना। रडार न्यूज    मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष सतानंद गौतम के छोटे भाई रामबाबू गौतम पर वन क्षेत्र में अवैध रूप से नलजल योजना की पाइप लाइन बिछाने के लिए जेसीबी मशीन से नाली की खुदाई कराने और जेसीबी मशीन को वनकर्मियों द्वारा जप्त करने पर खुलेआम दबंगई दिखाते हुए उसे छुड़ाकर ले जाने के आरोप लगे है। रविवार 21 अक्टूबर की रात से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस खबर की सत्यता जानने के लिए पत्रकारों ने धरमपुर रेंजर बी.के. विश्वकर्मा को कई बार कॉल किये लेकिन उन्होंने मोबाइल फोन रिसीव नहीं किया। वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के बजाय रेंजर धरमपुर इस गंभीर मामले पर रहस्मय गहरी चुप्पी साधे रहे। उधर उत्तर वन मंडल पन्ना के डीएफओ नरेश सिंह यादव से जब रविवार की ही रात्रि में बात की गई तो उन्होंने उक्त घटनाक्रम की आंशिक तौर पर पुष्टि करते हुए इसे सही बताया लेकिन वनकर्मियों से जप्तशुदा जेसीबी मशीन लेकर भाग निकलने तथा वन क्षेत्र में अवैध खुदाई कराने वालों के नाम मालूम न होने की बात कही। मजेदार बात यह है कि कथित तौर पर सत्ताधारी दल भाजपा के जिलाध्यक्ष के भाई से सीधे जुड़े इस मामले में महज 24 घंटे बाद ही नया मोड़ आ गया है।

रेंजर की भूमिका पर लगा प्रश्न चिन्ह

घटनाक्रम के संबंध में वाट्सएप ग्रुप में पोस्ट की गई सूचना का फोटो।

आश्चर्यजनक रूप से वन परिक्षेत्र धरमपुर के रेंजर बी.के. विश्वकर्मा अब अपनी ही कार्रवाई को गलत बता रहे हैं। सोमवार 22 अक्टूबर 2018 को उन्होंने डीएफओ को बताया कि जिस स्थान से जेसीबी मशीन पकड़ी गई थी वह वन क्षेत्र नहीं बल्कि राजस्व क्षेत्र था। रेंजर साहब अब अपनी गलती स्वीकार करते हुए वन-राजस्व सीमा निर्धारण की अस्पष्टता के कारण भ्रम की स्थिति में राजस्व क्षेत्र में कार्रवाई करने की बात कह रहे है। रहस्मयी चुप्पी तोड़ते हुए रेंजर के द्वारा किये गए इस चौंकाने वाले खुलासे से इस मामले में उनकी भूमिका को लेकर संदेह गहरा गया है। रेंजर के बदले हुए रुख को सत्ता के दबाब में वन अपराध के आरोपियों को कथित रूप से बचाने के लिए नई कहानी गढ़ने और अपनी व अधीनस्थ अमले की कारगुजारियों को पर पर्दा डालने चर्चाओं को बल मिल रहा है। सवाल यह भी है कि जेसीबी को पकड़ते समय रेंजर जैसे जिम्मेदार अधिकारी ने यह सुनिश्चित क्यों नहीं किया कि जहां पर खुदाई की गई वह वन क्षेत्र है या राजस्व भूमि है। इस मामले में समग्र परिस्थितियों के मद्देनजर आमजन के साथ-साथ उत्तर वन मंडल पन्ना के डीएफओ नरेश सिंह यादव भी धरमपुर रेंजर के दावे और उनकी भूमिका को संदिग्ध मानते हुए स्वयं मौके पर जाकर जीपीएस और टोपोशीट के आधार पर जांच करने की बात कह रहे हैं। जिले के राजनैतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बने इस प्रकरण की सत्यता तो निष्पक्ष जांच होने पर ही पता चलेगी। बहरहाल रेंजर धरमपुर ने पहले कार्रवाई करके और फिर कथित आरोपियों द्वारा जप्त जेसीबी मशीन को दबंगई दिखाते छुड़ाकर ले जाने के बाद अपनी ही कार्रवाई को ही गलत बताकर एक बार फिर से वन विभाग की अच्छी खासी फजीहत करा दी है।

क्या है मामला

उत्तर वन मंडल पन्ना के डीएफओ नरेश सिंह यादव।

पन्ना जिले के अजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत मझगांय बांध से क्षेत्र के ग्रामों में समूह जल प्रदाय योजना अंतर्गत पेयजल सप्लाई हेतु मध्यप्रदेश जल निगम मर्यादित परियोजना क्रियान्वयन इकाई पन्ना द्वारा पाइप लाइन बिछाई जा रही है। धरमपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले वन ग्राम कुड़रा तक पाइप लाइन बिछाने के लिए जल निगम ने उत्तर वन मंडल से 3.71 हेक्टेयर वन भूमि में कार्य करने की अनुमति पिछले महीने मांगी थी। जल निगम के इस आवेदन पत्र कार्रवाई चल ही रही थी कि इस बीच चुनाव आचार संहिता लगने के कारण यह लंबित हो गया। उधर रविवार 21 अक्टूबर 2018 को बिना अनुमति के एक जेसीबी मशीन से वन क्षेत्र में पाइप लाइन डालने के लिए खुदाई शुरू कर दी गई। उत्तर वन मंडल पन्ना के डीएफओ नरेश सिंह यादव ने बताया कि दोपहर में 3 बजे धरमपुर रेंजर बी. के. विश्वकर्मा द्वारा उन्हें मोबाइल पर इसकी जानकारी दी गई। बिना अनुमति के वन भूमि में उत्खनन कार्य होने पर रेंजर ने दलबल के साथ कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन को पकड़ लिया। रेंजर ने मुझे बताया कि इस कार्रवाई के कुछ देर बाद अंधेरा होने तथा अचानक मौसम खराब होने का लाभ उठाकर कतिपय लोग जप्त जेसीबी मशीन को लेकर भाग गए। इस मामले अजयगढ़ के जनपद सदस्य रामबाबू गौतम का नाम सामने आया है, जिसकी पुष्टि आज खुद डीएफओ ने की है। उल्लेखनीय है कि भाजपा जिलाध्यक्ष सतानंद गौतम और उनके भाई रामबाबू पिछले कुछ समय से लगातार विवादों और आरोपों के घेरे में हैं। दोनों भाइयों पर सत्ता की आड़ में अजयगढ़ क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन कराने के बेहद गंभीर आरोप लगते रहे हैं।

इनका कहना है-
मैं अभी भोपाल में हूं कहां किसकी जेसीबी मशीन पकड़ी है और कौन उसे छुड़ाकर ले गया मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। वन क्षेत्र में रामबाबू जेसीबी क्यों चलवायेगा, बात करता हूं-पता करता हूं।

सतानंद गौतम, जिलाध्यक्ष भाजपा पन्ना।

मेरी न तो जेसीबी मशीन पकड़ी गई और न ही मेरा कहीं कोई काम चल रहा है। वाट्सएप पर किसी अमित जड़िया ने मेरे खिलाफ कोई मनगढ़ंत आधारहीन पोस्ट डाली है ऐसा मुझे पता चला है, मैं इस पर संबंधित व्यक्ति से बात करता हूं। इन बातों में कोई सत्यता नहीं है यह मुझे और मेरे भाई को बेबजह बदनाम करने की साजिश है।

रामबाबू गौतम, जनपद सदस्य अजयगढ़।

कार्रवाई | विधायक का पुतला जलाने वालों पर आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज

0
शाहनगर क्षेत्र के नुनागर ग्राम में पवई विधायक मुकेश नायक के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीणजन।

पन्ना जिले के शाहनगर और सिमरिया थाना में दर्ज हुए प्रकरण

बिना अनुमति के विरोध-प्रदर्शन करने पर दर्जन भर लोगों के खिलाफ कार्रवाई

पुतला दहन की न्यूज कवर करने वाले पत्रकार को भी पुलिस ने बनाया आरोपी

पन्ना। रडार न्यूज  बुंदेलखंड अंचल के चर्चित विधानसभा क्षेत्र पवई में पिछले कुछ महीनों से जारी राजनैतिक घमासान चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही तेज हो गया है। इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के नामों की अधिकृत घोषणा के पूर्व टिकिट के कतिपय प्रबल दावेदारों के बीच पर्दे के पीछे से और आमने-सामने शह-मात का खेल चल रहा है। इस बीच विगत दिनों पवई के विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकेश नायक पर विकास के मामले में क्षेत्र की घोर उपेक्षा करने, सुपात्रों को योजनाओं का लाभ न दिलाने तथा क्षेत्र के लोगों से अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें अपशब्द कहने के विरोध स्वरुप कई स्थानों ग्रामीणों द्वारा विधायक के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करते हुए उनके पुतले जलाये गए थे। दशहरे पर विधायक को रावण की संज्ञा देते हुए उनका पुतला दहन करने से पैदा हुई सियासी आंच में फ़िलहाल प्रदर्शनकारी ही झुलसते नजर आ रहे हैं। बिना पूर्व सूचना एवं अनुमति के विरोध-प्रदर्शन करने पर पन्ना जिले के शाहनगर और सिमरिया पुलिस थाना में करीब दर्जनभर लोगों के खिलाफ नामजद दो अलग-अलग प्रकरण पंजीबद्ध किये गए है। विधायक प्रतिनिधि श्याम प्रताप सिंह राठौर उर्फ शंभू सिंह की लिखित रिपोर्ट पर पुलिस थाना शाहनगर में दर्ज प्रकरण में विरोध-प्रदर्शन के अगुवा रहे शाहनगर के जनपद उपाध्यक्ष आशीष खरे का नाम एफआईआर में है। इसके अलावा पुलिस ने इस घटनाक्रम का कवरेज करने वाले स्थानीय पत्रकार मदन तिवारी को भी आरोपी बनाया है। आवेदन पत्र के अनुसार एफआईआर दर्ज करने की बात कह रही शाहनगर पुलिस द्वारा इस मामले की न्यूज कवर करने वाले पत्रकार को प्रदर्शकारियों के साथ आरोपी बनाने कड़ा विरोध शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर लोग इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की तीखी आलोचना कर रहे हैं। पुलिस अफसरों पर मीडियाकर्मियों के ऊपर दबाब बनाने और नकारात्मक ख़बरों को दबाने के लिए कानून का दुरूपयोग करने के गंभीर आरोप लग रहे है।

इनके खिलाफ दर्ज हुए प्रकरण

प्राप्त जानकारी अनुसार दशहरा के पूर्व संध्या पर 18 अक्टूबर को शाहनगर के ग्राम नुनागर में ग्रामीणों और कांग्रेस से निष्कासित नेता अनिल तिवारी के समर्थकों ने एकत्रित होकर पुतले में रावण के स्थान पर मुकेश नायक का मुखौटा लगाया और उसका दहन किया। इस दौरान मुकेश नायक भगाओ पवई बचाव के नारे लगाए। इस पर शाहनगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक -29/18 धारा-188 भादवि का अपराध प्रदर्शनकारी आशीष खरे,लोकेन्द्र सिह पिता हेतराम राठौर, सुदामा पिता मंगी राठौर निवासी नुनागर, रहीस खान पिता नजीर खान निवासी शाहनगर, बालचन्द्र साहू पिता गुल्ला साहू , पान बाई पति गनेश राठौर निवासी नुनागर, मदन तिवारी निवासी शाहनगर, गुल्ला साहू पिता आशराम साहू , कुसमिया राठौर (नौखेलाल की बहन) , मूरत सिह कृपाल राठौर निवासी नुनागर थाना एवं अन्य 7-8 व्यक्तियों के विरूद्ध दर्ज किया गया। इसी प्रकार बिना अनुमति के ग्राम बनौली स्थित कुआंताल मेला प्रांगण में विजयादशमी के दिन 19 अक्टूबर को पुनः विधायक मुकेश नायक का पुतला जलाने के मामले में थाना सिमरिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 283/18 धारा 188 भदवि के तहत प्रदर्शनकारी अजयपाल लोधी, सत्यपाल लोधी एवं अन्य 10-12 आरोपियों के विरूद्ध पंजीबद्ध किया है।

विधायक को घेरने विरोधी हुए एकजुट

उल्लेखनीय है कि पिछले माह पवई में एक आमसभा में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा पवई सीट से मुकेश नायक को पुनः प्रत्याशी घोषित करने के बाद से ही उनका विरोध शुरू हो गया है। पवई सीट से टिकिट के दावेदार बताये जा रहे कांग्रेस के अन्य नेता खुलकर नायक के विरोध में उतर आये हैं। विधायक मुकेश नायक को प्रत्याशी बनाने की सिंधिया की घोषणा का उन्हीं के सामने सड़क पर उतरकर विरोध करने पर अनिल तिवारी को पहले ही कांग्रेस निष्कासित किया जा चुका है। हाल ही में जिस तरह पवई विधायक के पुतले जलाये गए और इन विरोध-प्रदर्शनों में अनिल तिवारी समर्थक रहे उससे लोगों के बीच यह चर्चा जोर पकड़ रही है यह सब प्रायोजित है। चुनाव से पूर्व मुकेश का माहौल खराब करने उनके विरोधियों ने हांथ मिला लिए है। इसमें कुछ पर्दे के पीछे से तो कुछ सामने आकर मुकेश की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। फलस्वरुप उन्हें कभी क्षेत्र के विकास के मुद्दे पर तो कभी बाहरी होने के कारण घेरते हुए खास रणनीति के तहत किसी भी क्षेत्रीय नेता को टिकिट देने की मांग एकजुटता के साथ की जा रही। बहरहाल कई ग्रामों में मुकेश नायक को जमकर विरोध का सामना करना पड़ रहा है। सामूहिक रूप से जारी क्षेत्रीय प्रत्याशी की मांग के बीच मुकेश नायक को पुनः टिकट मिलती है, तो इस बार चुनाव में उन्हें खासी मशक्कत करनी पड़ सकती है।

इनका कहना है- लिखित आवेदन पत्र के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया है, मामले की विवेचना में यदि मदन तिवारी की विरोध-प्रदर्शन में कोई भूमिका नहीं पाई जाती तो इस पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी, आप भरोसा करें किसी के साथ गलत नहीं होगा।

अरुण श्रीवास्तव, निरीक्षक थाना शाहनगर।

लोकगायन के द्वारा मतदाताओं को किया गया जागरूक

0

बालिकाओं ने पेंटिंग में लोकतंत्र के रंग भरकर समझाया मतदान का महत्व

पन्ना। रडार न्यूज   कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खत्री के निर्देशन में जिलेभर में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। लोकतंत्र के रंग, रंगमंच के संग थीम पर मनाए जा रहे इस सप्ताह के तहत नुक्कड़ नाटक, गरबा, कार्टून एवं कैरीकैचर प्रतियोगिता आयोजित कर मतदाताओं में जागरूकता फैलाई जा रही है। इसी कड़ी में गुनौर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम द्वारी में लोक गायन के द्वारा मतदाताओं को जागरूक किया गया। इसके साथ ही बालिकाओं द्वारा पोस्टर बनाकर एवं महिलाओं द्वारा मेंहदी और रंगोली के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया। जिसके बाद मतदाता जागरूकता रैली निकाली गयी।यह गतिविधियां मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गुनौर सुश्री शिखा भलावी, तहसीलदार अमानगंज सुश्री दीपा चतुर्वेदी, परियोजना अधिकारी सुश्री कीर्ति चंदेल की उपस्थिति में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।