Home Blog Page 247

सीधी को मिनी स्मार्ट सिटी बनाया जायेगा : शिवराज

0

सीधी में असंगठित मजदूर सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री 

भोपाल। रडार न्यूज़  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीधी को मिनी स्मार्ट सिटी बनाये जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि इसके लिये विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत रिपोर्ट बनवायी जायेगी और सीधी का समुचित विकास किया जायेगा। मुख्यमंत्री सीधी में ग्राम पनवार तथा पूजा पार्क में असंगठित श्रमिकों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 13 जून को ग्रामसभाएँ कर असंगठित श्रमिक कल्याण योजना के पात्र हितग्राहियों को हित-लाभ वितरित किये जायेंगे। इसके बाद यह काम लगातार जारी रहेगा। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनका मकसद प्रदेश के गरीबों के जीवन में नया सवेरा लाना है। प्राकृतिक संसाधनों में सभी का समान हक है और गरीबों को उनका ये हक प्रदेश की सरकार प्रदान करेगी। प्रत्येक गरीब भूमिहीन को जमीन का पट्टा देकर मालिक बनायेंगें। अगले 4 वर्षों में प्रत्येक गरीब को पक्का मकान बनाने के लिये प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सहायता प्रदान की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी वर्गों के गरीब छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा जैसे इंजीनियरिंग, मेडिकल, आई.आई.टी. आदि पाठ्क्रमों में लगने वाली फीस की राशि राज्य सरकार भरेगी। सभी गरीबों का इलाज निःशुल्क करवाया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक परिवार की गर्भवती माताओं को छः माह से नौ माह तक 4 हजार रूपये एवं प्रसव के बाद पौष्टिक आहार के लिये 12 हजार रूपये की राशि महिलाओं के खातों में जमा करवाई जायेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि 60 वर्ष से कम आयु के मजदूर की मृत्यु होने पर 2 लाख की और दुर्घटना से मृत्यु होने पर 4 लाख रूपये की राशि परिवार को दी जायेगी। मजदूरों के परिवारों को 200 रूपये फ्लेट रेट पर बिजली दी जायेगी। श्रमिक की मृत्यु होने पर उसके अंतिम संस्कार के लिए 05 हजार रूपये की सहायता दी जायेगी। कार्यक्रम में सांसद रीति पाठक, राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह, विधायक कुँवर सिंह टेकाम, विन्ध विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष  सुभाष सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अभ्युदय सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुश्री शकुन्तला सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह उपस्थित थे। सम्मेलन में श्रमिकों को पंजीयन प्रमाण-पत्र और हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हित-लाभ पत्र बाँटे गये।

पूर्व विधायक ने बोलेरो से बाइक सवारों को रौंदा

0

महिला सहित चार व्‍यक्तियों को किया घायल

घायलों का इलाज कराने के बजाए मौके से भाग निकले गोरेलाल

अमानगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

पन्ना। रडार न्यूज गुनौर के पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता गोरेलाल अहिरवार ने आज लापरवाहीपूर्वक बोलेरो जीप चलाते हुए लगातार दो  सड़क दुर्घटनाओं को अंजाम दिया गया। एक घटना में जहां उन्होंने घटारी ग्राम के समीप बाइक सवार दो लोगों को सीधी ठोकर मारी, वहीं अमानगंज के समीप एक महिला और उसके पुत्र को  जीप की ठोकर मारकर मौके से भाग निकले।

पूर्व विधायक गोरेलाल अहिरवार

पहला हादसा शनिवार सुबह करीब 10 बजे अमानगंज के समीपी ग्राम घटारी में हुआ। बोलेरो की ठोकर लगने से जमीन पर गिरे घायल बाइक सवार इन्द्रभान सिंह पुत्र करन सिंह ठाकुर 33 वर्ष व सुरेश पड़ रहा को इलाज हेतु अपनी जीप से स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाने की बजाये, आरोपी वाहन चालक पूर्व विधायक मौके से ही भाग निकले। इस घटना में घायल इन्द्रभान सिंह कि शिकायत पर अमानगंज थाना पुलिस ने पूर्व विधायक गोरेलाल अहिरवार के खिलाफ अपराध क्रमांक 189/18 धारा 279,337 आईपीसी एवं धारा 184 मोटर ह्नीकल एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया हैं। घायलों के अनुसार वे अपने गांव सिंघौरा से सथनिया जा रहे थे, तभी अमानगंज-गुनौर मार्ग पर घटारी के समीप सामने से आ रही बोलेरो ने उन्हें ठोकर मार दी। घायलों के अनुसार घटना के समय पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता गोरेलाल अहिरवार निवासी झरकुआ वाहन चला रहे थे। घटारी में दुर्घटना केा अंजाम देकर भागे पूर्व विधायक ने अमानगंज में प्रवेश होते ही पानी की टंकी के पास अमानगंज से महेवा जा रही महिला श्रीमति मल्लू पति रमेश व उसके पुत्र नंदकिशोर को भी ठोकर मार दी। इस हादसे में महिला को गंभीर चोटें आई व उसका पुत्र भी घायल हुआ, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के लिये रिफर किया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। इन दुर्घटनाओं को लेकर अफवाह यह भी है कि पूर्व विधायक शराब के नशे में थे। हालांकि इस बात की कहीं से पुष्टी नहीं हुई है। विधायक से जब दुर्घटनाओं को लेकर उनका पक्ष्‍ा जानने के की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। प्रत्यक्षदर्शियों को अनुसार दुर्घटनाएं घटित करने के बाद पूर्व विधायक ने घायलों का हालचाल जानना भी उचित नहीं समझा। पूर्व विधायक के इस रवैये से लोगों में गहरी नाराजगी व्याप्त हैं।

बारातियों से भरा ट्रक पलटा, 50 से अधिक घायल

0

शराब के नशे में मदहोश था चालक, गंभीर हादसे में बाल-बाल बचीं लोगों की जान

पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग पर आमा मोड़ पर हुआ हादसा

पन्ना। राडार न्यूज़ जिले के शाहनगर में थानांतर्गत पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग पर आज दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 50 से अधिक लोग बुरी तरह घायल हो गये। उपलब्ध जानकारी के मुताबित ग्राम लुधगमा से रहुनियां चौधरी परिवार की बारात पहुंची थी। बारातियों के लिये एक मिनी ट्रक की व्यवस्था की गई थी। आज दोपहर करीब 12 बजे रहुनियां से बारात वापिस हुई तो 407 ट्रक एमपी 20 जीए 5528 का चालक बुरी तरह से शराब के नशे में मदहोश था। लेकिन फिर भी उसने 50 से अधिक लोगों को अपने ट्रक में सवार किया और यात्रा प्रारंभ कर दी। जैसे ही वह आमा मोड पर पहुंचा, तो उसका ट्रक तेज रफ्तार के कारण आनियंत्रित हो गया। शराब के नशे में मदहोश चालक ने वाहन को नियंत्रण में करने का पूरा प्रयास किया, लेकिन ट्रक खेत से होता हुआ नाले के समीप पलट गया। इस हादसे में ट्रक में सवार लगभग सभी बारातियों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहनगर पहुंचाया गया। जहां गंभीर रूप से घायल करीब 12 लोगों को उपचार के लिये कटनी जिला चिकित्सालय के लिये रिफर कर दिया गया। घायल अशोक चौधरी निवासी लुधगमा ने बताया कि चालक की लापरवाही और शराब के नशे में होने के कारण यह हादसा हुआ है। उसने बताया कि वाहन में करीब 50 से अधिक लोग सवार थे। जिसकी तरह सभी की जान बच सही। इस घटना में राहत की बात यह रही कि इतने गंभीर हादसे में किसी की जान नहीं गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची शाहनगर थाना पुलिस ने आरोपी चालक को तुरंत ही हिरासत में लिया और घटना पर उसके विरूद्ध अपराध क्रमांक 142 धारा 279,33,,184 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया। इस घटना में छब्बू चौधरी, छग्गा चौधरी, पप्पू चोधरी, अशोक चौधरी, छोटू चौधरी, मोहन चौधरी, मनीष चौधरी, प्यारे चौधरी, सतीश चौधरी, डरे चौधरी, रमेश चौधरी, विष्णु चौधरी को गंभीर चोटें आई हैं।

आमा मोड़ पर अक्सर होते हैं हादसे

पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग पर आमा मोड़ में आये दिन हादसा होने की खबरें आती रहती है। इस मोड़ पर बड़ी संख्या में लोगों की जानें जा चुकी हैं। मोड़ पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण हादसों की संख्या में इजाफा हो रहा है। विदित हो कि पूर्व हुए एक हादसे में पिकप वाहन में सवार 8 लोगों की इसी स्थान पर दर्दनाक मौत हो गई थी। बावजूद इसके इस मोड़ पर संभावित दुर्घाटना क्षेत्र मानते हुए यहां कोई विशेष प्रबंध नहीं किये गये है। जिसके चलते आये दिन यहां हादसे होते रहते हैं।

कपिलधारा कूपों ने बदली पिछड़ा वर्ग बाहुल्य ग्राम महाराजगंज की तस्वीर

0

किसानों की आय हुई दोगुनी, जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव दिखने लगे हैं

पन्ना। रडार न्यूज कपिलधारा कूप योजना ने पन्ना जिले के पिछड़ा वर्ग बाहुल्य ग्राम महाराजगंज की तकदीर बदल दी है। पन्ना जिले की जनपद पंचायत शाहनगर अन्तर्गत आने वाले पिछड़ा वर्ग बाहुल्य ग्राम महाराजगंज में कुल 452 परिवार निवासरत है। यहां के लोगों की आय का मुख्य स्त्रोत कृषि या मजदूरी है। यहां का किसान खेती के मामले में ज्यादातार वर्षा जल पर ही आश्रित है। इस कारण से ज्यादातर केवल धान की फसल ही ले पाते है। इस ग्राम पंचायत में मनरेगा योजनान्तर्गत छोटे किसानों को कपिलधारा उपयोजना के अन्तर्गत सिंचाई कूप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिसके अन्तर्गत 35 कपिलधारा कूप इस ग्राम पंचायत में पूर्ण हो चुके है। सभी कूपों में पर्याप्त पानी है। कल तक जो किसान मुश्किल से केवल एक फसल ले पाते थे, कपिलधारा कूप की मदद सेे दो फसलें ले रहे है। जो किसान पहले सिर्फ धान की फसल लेते थे, वह अब चना, मसूर, गेहूं आदि की फसल भी लेने लगे है। जिससे इन किसानों को कृषि से प्राप्त होने वाली आय लगभग दोगुनी हो गई है। वर्तमान समय में कपिलधारा कूप के माध्यम से लगभग 80 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई हो रही है। जिसमें कुछ किसान दो फसलों के अतिरिक्त सब्जी आदि का भी उत्पादन करके अपनी आमदनी में वृद्धि कर रहे है। निश्चित् रूप से कपिलधारा कूप योजना का लाभ जिन किसानों को मिला है, उनकी आर्थिक उन्नति तो हुई ही है, साथ ही उनका रहन सहन में भी सुधार आया है। वर्तमान समय में महाराजगंज में 2.2 लाख रूपये की लागत से 10 नये स्वीकृत हितैषी कपिलधारा कूप का कार्य स्वयं हितग्राहियों द्वारा किया जा रहा है। सभी कूपों में 8.10 फिट पानी उपलब्ध है एवं कूपों में बंधाई का कार्य तेजी से चल रहा है। वर्तमान समय में हितग्राही पहलवान आदिवासी, लोकेश कुमार, बाई लोधी, मानिक लाल, श्यामले लोधी, बेनी प्रसाद, हक्के, कुसुम बाई, सोना बाई एवं राजाराम लोधी के कूपों में काम चल रहा है। कूप पूर्ण होने पर निश्चित् ही इन किसानों को भी अपनी खेती में पर्याप्त लाभ प्राप्त होगा। गत दिवस दिनांक 11 मई 2018 को ग्राम पंचायत महाराजगंज में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत पन्ना डाॅ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा भी हितैषी कपिलधारा कूपों का निरीक्षण किया गया। जिसमें उन्होंने पाया कि हितैषी कपिलधारा कूपों का कार्य हितग्राहियों द्वारा पूरी लगन के साथ किया जा रहा है और शीघ्र ही ये कूप पूर्ण हो जायेंगे। उन्होने ग्राम पंचायत में निर्मित कपिलधारा कूपों के पर्याप्त जल स्तर एवं उससे किसानों को होने वाले लाभ को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की है। यह कहना अतिश्योक्ति नहीं है कि कपिलधारा कूप योजना मकरंदगंज के कृषकों के लिए वरदान साबित हुई है जिसने गांव की तस्वीर ही बदल दी है।

परीक्षा परिणाम से हताश ना हों विद्यार्थी

0

बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट घोषित होने के पूर्व कलेक्टर ने की अपील

पन्ना। रडार न्यूज आगामी दिवसों में माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा कक्षा 10 वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम जारी किए जाने हैं। पन्ना जिले के 29 हजार से भी ज्यादा विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए कलेक्टर मनोज खत्री ने जिले के सभी परीक्षार्थियों से कहा है कि आप सभी बच्चों ने अपनी क्षमता के अनुरूप इन बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर करने का प्रयास किया होगा। निश्चि ही सभी को अपनी मेहनत के अनुरूप परीक्षा परिणाम भी मिलेंगे। उन्होंने बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि यदि किन्हीं कारणों से किसी बच्चे का परीक्षा परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आता है अथवा वे परीक्षा में असफल हो जाते हैं तो भी उन्हें घबराने या निराश होने की आवश्यकता नहीं है। जीवन में परीक्षा परिणाम ही सब कुछ नहीं होते। अच्छे केरियर बनाने के और भी बेहतर विकल्प मौजूद हैं। आपका जीवन और खुशी आपके एवं आपके परिवार के लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं। परीक्षा परिणाम को सुधारने के लिए दूसरा अवसर मिलता है। अंकों की पुनर्गणना के लिए भी आवेदन किया जा सकता है। लेकिन जीवन को बचाने के लिए कोई दूसरा अवसर नहीं मिलता। इसीलिए हताशा और निराशा की स्थिति में भी अपने जीवन से किसी तरह का खिलवाड़ न करेें। साथ ही कलेक्टर श्री खत्री ने विद्यार्थियों के अभिभावकों से कहा कि आपका बच्चा अपने आप में विशिष्ट है। परीक्षा पिरणाम को लेकर उसकी किसी से तुलना न करें। उन्होने अभिभावकों से बच्चों का परीक्षा परिणाम चाहे जैसा आए, उसे स्वीकारने और हर स्थिति में बच्चों का साथ देने की अपील की है।

सूचना प्रौद्योगिकी से लाभ उठायें पर दूसरों को नुकसान न पहुंचायें

0

एडीजी नारकोटिक्स वरूण कपूर ने सायबर अपराधों का दिया प्रशिक्षण

सायबर सुरक्षा पर आयोजित कार्यशाला में बोले – ‘‘सायबर अपराधों के प्रति जागरूकता ही है बचाव‘‘

पन्ना। रडार न्यूज   संचार क्रांति के फलस्वरूप सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी का दायरा लगातार जिस तेजी से बढ़ रहा है उसी गति से सायबर क्राईम में भी वृद्धि हो रही है। सायबर अपराधों के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से पन्ना के छत्रशाल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को ‘‘सायबर सुरक्षा‘‘ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। जिसमें अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नारकोटिक्स विभाग एवं पुलिस महानिदेशक पुलिस रेडियो प्रशिक्षण शाला इन्दौर वरूण कपूर मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, फेकल्टीज एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया व सायबर सुरक्षा के मूलमंत्रों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर एडीजी वरूण कुमार ने कहा कि वर्चुअल वल्र्ड में डाटा ही सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है, इसलिए अपना डाटा सुरक्षित रखने के लिए हर संभव उपाय करें। सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग को लेकर छात्र-छात्राओं को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए आपने कहा कि वर्चुअल वर्ल्ड  में कुछ भी शेयर या लाईक आदि अच्छी तरह सोच समझकर ही करें। सायबर अपराध बढ़ने के कारण बताते हुये उन्होंने कहा कि सायबर स्पेस में जो दिखता है वह होता नहीं है। लोग सुरक्षा के उपाय नहीं करते है साथ ही इससे संबंधित कानून की जानकारी भी नहीं रखते है, इसलिए सायबर अपराध का शिकार होते है। आज जहाँ पूरा विश्व मोबाईल, इंटरनेट के माध्यम से आपस में जुड़ गया है, दैनिक कार्यों में इंटरनेट का उपयोग अब सामान्य बात है, लेकिन हमें यह भी ध्यान रखना चाहिए कि वर्तमान समय में सबसे तीव्र गति से बढ़ने वाला अपराध सायबर अपराध है। आज आपके और आपकी डिवाईस के बीच अपराध होने की संभावना बढ़ गई है। इसी प्रकार डिजिटल फुटप्रिंट, आईडेंटीटी थेप्ट, एटीएम फ्राॅड, काल स्पूफिंग, फिसिंग, आर्थिक धोखाधड़ी, एटीएम फ्राॅड, सायबर स्टाकिंग एवं सायबर से जुड़े अपराध है जिनके बारे में जानकारी होना आवश्यक है। श्री कपूर ने कहा कि आधुनिक टेक्नालाॅजी का इस्तेमाल सुरक्षित ढंग से अपने लाभ के लिये करें न कि दूसरों को नुकसान पहुंचाने में। अब समय आ गया है जब छात्र-छात्राऐं सायबर सुरक्षा के क्षेत्र में अपना कैरियर बना सकते है। यह रोजगार का एक अत्यंत विस्तृत क्षेत्र बनकर उभरा है। छात्र-छात्राएं सायबर लाॅ के क्षेत्र में, अनुसंधान के क्षेत्र में प्रशिक्षण लेकर अपने लिये सुरक्षित रोजगार तो प्राप्त कर ही सकते हैं साथ ही देशसेवा का कार्य भी कर सकते है। कार्यशाला में एडीजी वरूण कपूर ने आईटी एक्ट एवं इसकी विभिन्न धाराओं की भी जानकारी दी गई ।

इन बातों का रखें ध्यान-

  • युवा सोच-समझकर ही फेसबुक पर दोस्त बनायें।
  • इलेक्ट्रानिक्स डिवाईस का उपयोग करते समय हमेशा सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को ध्यान में रखें।
  • सायबर दुनिया के मायाजाल में काल्पनिक चीजों के पीछे भागने की अपेक्षा मेहनत कर अपनी मंजिल प्राप्त करें।
  • मोबाईल-इंटरनेट का उपयोग करते समय प्रलोभन वाले मैसेज से बचें, क्योंकि बगैर किसी कार्य के आपको कोई भी कुछ भी निःशुल्क नहीं देगा।
  • सायबर अपराधों को नियंत्रित करने व इसके दुष्प्रभावों से बचने का सबसे सशक्त माध्यम इसकी जानकारी होना-जागरूक होना है।

छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित-

कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो सक्रिय छात्र-छात्राओं को श्री कपूर ने प्रमाण-पत्र व गोल्डन बैज प्रदान कर सम्मानित किया। श्री कपूर को कार्यशाला समापन पर प्राचार्य द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमति किरण खरे, पुलिस अधीक्षक पन्ना रियाज इकबाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना बीके सिंह परिहार, एसडीओपी पन्ना उमराव सिंह, सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्रायें एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

ग़रीब परिवार की मदद के लिए आगे आये लोग

0

परिवार के मुखिया की बीमारी से हो गई थी मौत

मोहन्द्रा – रडार न्यूज़  नगर के चौरसिया समाज के लोगों ने मानवता की मिशाल कायम करते हुए एक गरीब परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की बीमारी से मौत होने पर उसके आश्रितो को तत्परता से आर्थिक सहायता प्रदान की है। चौरसिया समाज के नवयुवकों ने दुःखी परिवार की मदद के लिए हाँथ आगे बढ़ाते हुए मृतक राजेंद्र चौरसिया की बेबा को आर्थिक सहायता के तौर पर 9300 रुपये दिए हैं। स्वप्रेरणा से युवाओं द्वारा की गई पीड़ित मानवता की सेवा से जुड़ी इस नेक पहल की सर्वत्र सराहना हो रही है। उल्लेखनीय है कि राजेंद्र चौरसिया का 38 वर्ष की आयु में ब्लड कैंसर की बजह से भोपाल में उपचार के दौरान दुखद निधन हो गया था। पान की खेती करके जीवनयापन करने वाला राजेंद्र अपने परिवार का एकमात्र कामांने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद दो छोटे बच्चों और पत्नी की जिम्मेदारी वृद्ध पिता के कंधों पर आगई है।

कमलनाथ को पीसीसी अध्यक्ष बनाये जाने पर नेत्र शिविर का हुआ आयोजन

0

अजयगढ़ –  रडार न्यूज़  पूर्व कैबिनेट मंत्री कमलनाथ को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाये जाने पर अजयगढ़ के कांग्रेसजनों ने सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय जानकी कुंड चित्रकूट के तत्वाधान में एवं दिवंगत कांग्रेस नेता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. देवीदयाल पाठक स्मारक संस्थान के विशेष सहयोग से निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नेत्र रोगियों के नेत्रों का परीक्षण नेत्र सहायक विकास त्रिपाठी ने किया। मोतियाबिन्द से पीड़ित रोगियों को निःशुल्क वाहन द्वारा निःशुल्क आॅपरेशन के लिये जानकी कुण्ड नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट भेजा गया। नेत्र रोगियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. देवीदयाल स्मारक संस्थान के अध्यक्ष श्रीराम पाठक ने स्वल्पाहार करा कर रवाना किया। उन्होंने बताया कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाये जाने से पूरे प्रदेश के कांग्रेसजनों में उत्साह एवं हर्ष का संचार हुआ है। इस अवसर पर ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गर्ग, रामेश्वर प्रसाद खरे, मोहम्मद महमूद, आशीष जड़िया, बंटी गोस्वामी, विक्की शिवहरे, देशराज पटेल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

निर्दयी पिता ने 3 माह की बच्ची को बेरहमी से मार डाला

0

मासूम के ऊपर पत्थर पटक हत्या की वारदात को दिया अंजाम

मां-बाप के विवाद की बली चढ़ी निर्दोष मासूम

पन्ना। बुन्देलखण्ड अंचल के पन्ना जिले के पवई थाना अंतर्गत एक3 माह की मासूम बच्ची की उसके ही पिता ने पत्थर पटककर बेरहमी से हत्या कर दी। इस स्तब्ध कर देने वाली वारदात के खुलासे  से यह सवाल उठ रहा है कि परिस्थितिया चाहे जैसी भी हो पर कोई पिता इतना भी बेरहम कैसे हो सकता है कि अपनी ही औलाद को कत्ल कर दे। पुलिस के अनुसार आरोपी रामनारायण लोधी निवासी ग्राम सथनिया और उसकी पत्नी के बीच लम्बे समय से जारी विवाद के चलते पत्नी और मासूम बच्ची से पीछा छुड़ाने के लिये निर्दयता की सारी हदें पार करते हुये पत्थर पटकर कर अपनी ही बेटी को मार डाला। पुलिस ने आरोपी पिता रामनारायण लोधी को गिरफ्तार करते हुये न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया है। मासूम बच्ची के बेरहमी से हत्या करने की यह वारदात   7 मई की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनारायण लोधी घटना दिनांक को ग्राम मुड़वारी निवासी अपने मामा गुलजारी लोधी के घर पर आया था। कुछ समय बाद उसकी पत्नी भूरी बाई अपनी मां को लेकर मुड़वारी पहुंच गई, जहां दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। भूरी बाई इस सबसे इतनी नाराज हुई कि अपनी तीन माह की दुधमुंही बच्ची को पति के पास छोड़कर वापिस घर लौट गई। इस घटनाक्रम के बाद रामनारायण लोधी की मनोदशा ऐसी हो गई कि वह अपनी बेटी और पत्नी से हमेशा के लिए पीछा छुड़ाने के लिए बेटी को मुड़वारी के पहाड़ ले गया। जहां उसने पत्थर पटक कर मासूम को मौत के घाट उतार दिया। अपने इस जघन्य अपराध को छिपाने के लिए रामनारायण ने झूंठी कहानी गढ़ते हुये बताया कि पहाड़ की चढ़ाई के दौरान पैर फिसलने से बच्ची उसके हांथ से छिटक कर पत्थर से टकराई जिससे उसकी मौत हो गई। रामनारायण की बातों पर संदेह होने के आधार पर पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूंछतांछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला पंजीबद्ध किया है।

आईपीएल सट्टा, सटोरिये के घर से नोट गिनने की मशीन जप्त पर कैश मिले सिर्फ27 हजार रूपये

0

पुलिस ने 3 स्थानों पर छापामार कार्यवाई कर चार सटोरिया पकड़ाये

पन्ना। जिला मुख्यालय पन्ना में चरम पर चल रहे आईपीएल क्रिकेट सट्टा के खिलाफ पुलिस में तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करते हुये चार सटोरियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पकड़े गये आरोपियों से पुलिस ने 43500 रूपये, 8 नग मोबाईल फोन, 3 कलर टीव्ही आदि सामग्री बरामद की है। पकड़े गये सटोरियों में फिरोज खान पिता याकूब खान निवासी रानीबाग टगरा, आमिर खान पिता मुस्तफा निवासी रानीगंज मोहल्ला, फिरोज मंसूरी पिता नब्बी मंसूरी निवासी मठ्या तालाब के पास और नामी सटोरिया मुकेश मोदी पिता पुरूषोत्तम लाल मोदी शामिल हैं। पुलिस की छापामार कार्यवाही को लेकर नगर में आम चर्चा है कि यह सिर्फ खानापूर्ति के लिए की गई है। बड़े स्तर पर हाईटेक आईपीएल सट्टा खिला रहे प्रभावशाली सट्टोरियों के खिलाफ कोई कार्यवाही न होने से कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।  मजेदार बात यह है कि छापामार कार्यवाही में पकड़े गये नामी सटोरिया मुकेश मोदी के जैन मंदिर के पीछे रानीगंज मोहल्ला स्थित घर से नोट गिनने की मशीन तो मिली पर नगदी सिर्फ 27500 रूपये ही जप्त हुये हैं। इसके अलावा एक एलसीडी टीव्ही, डीटूएच सेटअप बॉक्स , 30 नग सट्टा पर्ची, एक मोबाईल फोन भी जप्त हुआ है। वहीं पन्ना के समीपी ग्राम टगरा में अपने घर से आईपीएल सट्टा खिलवा रहे फिरोज खान पिता याकूब खान से पुलिस ने 8400रूपये नगद, 3 मोबाईल फोन, एक कलर टीव्ही, सेटअप बॉक्स और एक कॉपी  जप्त की है, जिसमें क्रिकेट मैच की पारियों का हिसाब दर्ज होना बताया गया है। रानीगंज मोहल्ला में स्थित एक महिला के रिहायसी घर से आईपीएल क्रिकेट सट्टा खिला रहे आमिर पिता मुस्तफा खान एवं फिरोज मंसूरी के कब्जे से पुलिस ने तीन मोबाईल फोन, एक टीव्ही मय सेटअप बॉक्स ,  3600 रूपये नगद एवं दो रजिस्टर जप्त किये हैं जिनमें आईपीएल मैचों के सट्टे का हिसाब-किताब दर्ज है।

इन स्थानों से चल रहा सट्टा

हाईटेक आईपीएल सट्टा से जुड़े सूत्रों की मानें तो पन्ना शहर में करीब आधा दर्जन से अधिक स्थानों से बड़े पैमाने पर सट्टा खिलवाया जा रहा है। जिनमें गल्ला मंडी, किशोरगंज मोहल्ला चित्रगुप्त मंदिर के पास, आगरा मोहल्ला पुराना सुरेन्द्र सिंह चैराहा के पास, गुल्लायंची मोहल्ला में संचालित गद्दी मुख्य हैं। आईपीएल के प्रत्येक मैच में करीब से 10-15 लाख तक के दांव लग रहे हैं। क्रिकेट सट्टा खेलने वाले एडवांस राशि जमा करते हैं जिसके बाद वे गुप्त मोबाईल नंबर पर कॉल करके अपने दांव लगाते हैं।

आधी-अधूरी कार्यवाही

आईपीएल क्रिकेट के चालू सीजन में पुलिस ने पन्ना से पूर्व देवेन्द्रनगर में हाईटेक सट्टा के खिलाफ कार्यवाई को अंजाम देते हुये मुकेश जैन नामक सटोरिया को गिरफ्तार किया था। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले इस आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक60 पेज का एक रजिस्टर बरामद होने की जानकारी दी थी। जिसमें सट्टा खेलने वालों को ब्यौरा दर्ज होना बताया गया था। लेकिन देवेन्द्रनगर पुलिस ने आज तक सट्टा लगाने वालों के नाम सार्वजनिक नहीं किये हैं। यह भी नहीं बताया गया कि सटोरिया मुकेश जैन और पन्ना से पकड़े गये सट्टा खिलाने वालों के तार ऊपर किससे जुड़े हैं। इस गेम का बॉक्स कौन है। देवेन्द्रगनर और पन्ना की कार्यवाही में एक बात काॅमन है कि सटोरियों के मोबाईल में एक विशेष एप्लीकेशन डॉऊनलोड थी जिसमें सट्टा की बुकिंग की रिकार्डिंग और सट्टा का भाव पता चलता था। पन्ना पुलिस की मंशा यदि वाकई आईपीएल सट्टा पर प्रभावी अंकुश लगाने की है तो उसे सटोरियों से जप्त मोबाईल फोन, रजिस्टर आदि के ब्यौरों और आरोपियों से पूंछतांछ के आधार पर सट्टा लगाने वालों और इस गेम को संचालित करने वालों के नाम भी उजागर करने चाहिये