पन्ना।(www.radarnews.in) लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के दूसरे चरण में मध्यप्रदेश के खजुराहो समेत छह लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में 26 अप्रैल को वोटिंग होगी। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के 19 लाख 97 हजार 483 मतदाता अपने सांसद को चुनने के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। अद्यतन स्थिति अनुसार खजुराहो संसदीय क्षेत्र में 10 लाख 47 हजार 668 पुरूष मतदाता, 9 लाख 49 हजार 783 महिला मतदाता और 32 अन्य मतदाता शामिल हैं। गत 8 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 19 लाख 94 हजार 330 मतदाता दर्ज थे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख के दस दिवस पूर्व तक भी नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। इसके अतिरिक्त एक अप्रैल 2024 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाता भी मतदान के लिए पात्र हुए हैं। 4 अप्रैल 2024 को प्रकाशित मतदाता सूची अनुसार 3 हजार 153 नये मतदाता खजुराहो लोकसभा में दर्ज हुए हैं। इन्हें भी 26 अप्रैल को मतदान करने का अवसर मिलेगा। लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत 2293 मतदान केन्द्रों पर मतदान दिवस को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। चंदला विधानसभा में 255, राजनगर में 273, पवई में 334, गुनौर में 277, पन्ना में 290, विजयराघवगढ़ में 280, मुड़वारा में 289 और बहोरीबंद विधानसभा में 295 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
पवई विधानसभा में सर्वाधिक मतदाता
खजुराहो लोकसभा सीट अंतर्गत पवई विधानसभा में सर्वाधिक 2 लाख 84 हजार 718 मतदाता है, जबकि गुनौर विधानसभा में सबसे कम 2 लाख 34 हजार 795 मतदाता हैं। पन्ना विधानसभा में मतदाताओं की संख्या 2 लाख 52 हजार 869 है। कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा में 2 लाख 39 हजार 263 मतदाता, मुड़वारा में 2 लाख 49 हजार 689 मतदाता एवं बहोरीबंद विधानसभा में 2 लाख 46 हजार 355 मतदाता हैं, जबकि छतरपुर जिले की चंदला विधानसभा में 2 लाख 37 हजार 841 एवं राजनगर विधानसभा में 2 लाख 51 हजार 953 मतदाता हैं। सभी आठ विधानसभा में 1 हजार 53 सर्विस वोटर्स हैं। सर्वाधिक जेण्डर रेशो मुड़वारा विधानसभा में 964.41 और सबसे कम चंदला में 851.28 है।
नगरीय क्षेत्र में 116 मतदान केन्द्र
पन्ना जिले में लोकसभा चुनाव के लिए सभी 7 नगरीय निकायों में 116 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत 785 मतदान केन्द्र हैं। पवई विधानसभा के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र में क्रमशः 10 एवं 324, गुनौर में 37 एवं 240 तथा पन्ना विधानसभा में 69 एवं 221 मतदान केन्द्र हैं। जिले में 128 संवेदनशील, 2 वल्नरेबल और 771 सामान्य मतदान केन्द्र हैं। लोकसभा निर्वाचन में वाहनों के उपयोग के लिए जिले के तीनों विधानसभा में 202 रूट निर्धारित किए गए हैं। रिजर्व सहित 144 मिनी बस, 86 बड़ी बस, सेक्टर के लिए 107 जीप, अन्य निर्वाचन कार्य के लिए 92 जीप, एसएसटी के लिए 16 जीप, एफएसटी के लिए 9 जीप सहित 17 ट्रैक्टर और मतदान सामग्री एवं ईव्हीएम परिवहन के लिए 6 ट्रक का भी अधिग्रहण किया गया है।
* MP में खजुराहो समेत छह लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में 26 अप्रैल को होगी वोटिंग
भोपाल। लोकसभा निर्वाचन-2024 के दूसरे चरण में मध्यप्रदेश के जिन 6 लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार 26 अप्रैल को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होना है, वहां पर 24 अप्रैल की शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार बंद हो जायेगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में मतदान समाप्ति के लिये निर्धारित समय के 48 घण्टे से पहले से चुनाव प्रचार बंद करने का प्रावधान है। प्रचार-प्रसार समाप्त होने की समय-सीमा के बाद बाहरी क्षेत्र के व्यक्तियों को, जो उस लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता नहीं हैं, उन्हें वह निर्वाचन क्षेत्र छोड़ना होता है। इस हेतु सघन निगरानी अभियान चलाया जाता है। दूसरे चरण में मध्यप्रदेश के लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-6 टीकमगढ़ (अजा), क्रमांक-7 दमोह, क्रमांक-8 खजुराहो, क्रमांक-9 सतना, क्रमांक-10 रीवा एवं क्रमांक-17 होशंगाबाद में 26 अप्रैल को मतदान होना है।
ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना में विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित जन जागरूकता कार्यक्रम में पृथ्वी को बचाने की प्रतिज्ञा लेते हुए भाई-बहनें।
* ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना में विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित हुआ जन जागरूकता कार्यक्रम
पन्ना। (www.radarnews.in) प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना (मध्य प्रदेश) में 22 अप्रैल को ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ जन जागरूकता कार्यक्रम के रूप मनाया गया। कार्यक्रम की मख्य वक्ता एवं राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना की प्रमुख ब्रह्माकुमारी सीता बहनजी ने भारत की धार्मिक मान्यताओं और संस्कृति का उदाहरण देते हुए बड़े ही सरल-सहज तरीके से धरती के महत्व को विस्तार से समझाया। आपने पृथ्वी पर उपलब्ध संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से मानव अन्य जीवों के समक्ष उपन्न संकट की भयावहता को रेखांकित करते हुए सभी से पृथ्वी को बचाने का आव्हान किया।
बहनजी ने सभी कार्यक्रम में उपस्थित भाई-बहनों को पृथ्वी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए बताया कि, पृथ्वी दिवस एक वार्षिक आयोजन है, जिसे पूरी दुनिया में 22 अप्रैल को पर्यावरण संरक्षण की जागृति के लिए 192 देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके मनाया जाता है। वर्ष 1970 से पृथ्वी दिवस को मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह भूमि जोकि हमारी जननी है इसकी रक्षा करना है, इसे सुरक्षित रखना हम सबका कर्तव्य है। प्रतिदिन सवेरे जागते ही धरती मां को नमन करने की संस्कृति हमारी ही है। पृथ्वी हमारी माता है, पूरे ब्रह्मांड में कहीं पर भी पृथ्वी के बिना जीवन यापन असंभव है, क्योंकि जीवन की निरंतरता के लिए आवश्यक प्रत्येक महत्वपूर्ण संसाधन जैसे कि ऑक्सीजन, पानी, वायु इत्यादि केवल इस सृष्टि पर ही उपलब्ध है। लेकिन आज मनुष्य की अनैतिकता के कारण पृथ्वी अपनी ही संरचना को नष्ट कर रही है हमारे ही कर्मों ने आज पृथ्वी पर रहने वाले सभी जीवों के जीवन को संकट में डाल दिया है।
बहनजी पृथ्वी पर लगातार गहराते संकट की भयाहता की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए बताया कि, संपूर्ण विश्व में व्याप्त विषाक्त वातावरण, वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, वनों की कटाई तथा प्राकृतिक संसाधनों के अनियंत्रित दोहन के कारण पृथ्वी पर मौजूद जीवन में तेजी से जहर घुल रहा है। इसलिए पर्यावरण के विषयों पर ध्यान देना अति आवश्यक हो गया है। हमें पृथ्वी को बचाने के लिए अपने अप्राकृतिक जीवन में शीघ्र ही बदलाव लाने की बहुत आवश्यकता है।
धरती मां की सुनों पुकार
राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना में विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित जन जागरूकता कार्यक्रम समापन के बाद पौधरोपण करते भाई-बहनें।
ब्रह्माकुमारी बहनजी ने कविता पाठ के माध्यम से धरती की पीड़ा को महसूस कराते हुए कहा कि “धरती मां की पुकार सुनो : मैं धरती हूं, तुम सब की मां” तुम्हारी प्यास बुझाने के लिए जिसने पानी उपलब्ध कराया, पानी के लिए नदियां उपलब्ध कराई, सांस लेने के लिए हवा, भूख मिटाने के लिए अन्न उपलब्ध कराया, अन्न के लिए जमीन और उस पर लहराती फसले उपलब्ध कराई, हमेशा सूरज के तप को बर्फ की पहाड़ियों की शीत को सहनकर अपनी धुरी पर दिन-रात दौड़ने वाली अंतरिक्ष की परिक्रमा करने वाली आज उसी मां की यह हालत हो चुकी है कि कंक्रीट के जंगलों के भार से ज्यादा व्यक्ति की लालच से हिल रही हूं। मानव की मनमानी चाहतों और महत्वाकांक्षाओं से आज धरती मां डसी जा रही हूं, मानव आकाश में आशियाने बनाता जा रहा है और मैं धरती मां होकर भी नीचे धसती जा रही हूं।
पौधे लगाने और प्लास्टिक का उपयोग न करने की प्रतिज्ञा
राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना में विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य पर रोपित पौधों को पानी देते हुए ब्रह्माकुमारी सीता बहनजी।
कार्यक्रम के अंत में आपने सभी को अपने-अपने घरों में गृह वाटिका लगाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि जहां भी खाली जगह हो वहां पौधारोपण करें लेकिन सिर्फ लगाना ही महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि उस पौधे को वृक्ष बनाने के लिए की बच्चे जैसी देखभाल भी करनी है। तदुपरांत सभी ने पौधारोपण किया और पर्यावरण को बचाने के लिए प्रतिज्ञा की गई कि- हम अपनी धरती को प्रदूषित होने से बचाएंगे, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे, पानी बचाएंगे, बिजली बचाएंगे, पौधे लगाएंगे, पेड़ बचाएंगे, धरती को शक्तिशाली बनाएंगे, स्वच्छ भारत बनाएंगे, स्वर्णिम भारत बनाएंगे।
खजुराहो में इंडिया गठबंधन के लोकसभा स्तरीय कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते पीसीसी चीफ जीतू पटवारी एवं बगल से हाथ जोड़कर खड़े इंडिया गठबंधन समर्थित ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी आर.बी. प्रजापति।
* खजुराहो में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों की बैठक आयोजित
* इंडिया अलायंस के नेताओं ने ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी आर.बी. प्रजापति को विजयी बनाने की अपील
शादिक खान, पन्ना/खजुराहो। (www.radarnews.in) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने पिछले दस सालों में लोकतंत्र को बुरी तरह से कुचला है। तानाशाही प्रवृत्ति वाली यह जनविरोधी सरकार नहीं चाहती कि देश में मजबूत और जीवंत लोकतंत्र रहे। इसलिए देश की संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा है। भाजपा और आरएसएस के नेता पूर्व में कई बार खुलकर यह बात कह चुके हैं कि उनका एजेंडा संविधान को बदलना है, लेकिन कांग्रेस पार्टी समेत अन्य विपक्षी दल किसी भी कीमत पर इन्हें सफल नहीं होने देंगे। हम देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। इंडिया गठबंधन को हमने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए ही बनाया है। यह बात मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार 20 अप्रैल को खजुराहो में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों बैठक को संबोधित करते हुए कही।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक तन्खा, समाजवादी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मनोज यादव, खजुराहो लोकसभा सीट के प्रभारी पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी पज्जन, पूर्व विधायक विक्रम सिंह नाती राजा और खजुराहो लोकसभा सीट से ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी एवं रिटायर्ड आईएएस आरबी प्रजापति (राजा भइया प्रजापति) मौजूद रहे। बैठक में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले छतरपुर, पन्ना और कटनी जिले की विधानसभाओं के पूर्व विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस और सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मोदी के उद्योगपति मित्रों और बीजेपी के आए अच्छे दिन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोदी सरकार के अच्छे दिन आएंगे के नारे पर की धज्जियां उड़ाते हुए बताया कि, अच्छे दिन के नाम पर देश के गरीब-मजदूर और आमआदमी के साथ बहुत बड़ा छलावा किया गया। अच्छे दिन सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पार्टी भाजपा और उनके उद्योगपति मित्रों के आए हैं। मोदी सरकार ने अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए देश की सरकारी संपत्ति को उन्हें बेंच दिया या फिर ठेके पर दे दिया। जिससे अडानी जैसे कई उद्योगपतियों की दौलत में बेहिसाब वृद्धि हुई और इसके एवज में उद्योगपतियों ने भारतीय जनता पार्टी को इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए हजारों करोड़ का चंदा दिया। वहीं आमआदमी कमरतोड़ महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार का दंश झलने को मजबूर है। पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी सत्ता का की आड़ में अपनी पार्टी भाजपा को उद्योगपतियों से अकूत चंदा दिलाने के लिए चंदा दो और धंधा लो योजना चलाते रहे हैं। कुछ उद्योगपतियों से सैंकड़ों करोड़ का चंदा उगाही करने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का भी खुलकर दुरूपयोग किया गया। इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम मोदी सरकार के भ्रष्टाचार सबसे बड़ा और ज्वलंत उदाहरण है।
भाजपा के दबाव में रिटर्निंग ऑफिसर ने की लोकतंत्र की हत्या
जीतू ने बताया कि, बेशक खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में सपा का बड़ा जनाधार नहीं है, फिर भी हम लोग परिवार के तौर पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। यह सीट में कांग्रेस को देना चाहता था लेकिन प्रदेश में गठबंधन की मजबूती के लिए यह सीट सपा को सौंपी गई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा प्रत्याशी मीरा दीपक यादव का नामांकन फॉर्म निरस्त कर लोकतंत्र की सरेआम हत्या की गई। पन्ना कलेक्टर एवं रिटर्निंग ऑफिसर ने यह निंदनीय कृत्य भाजपा के दबाव में किया है। अगर इसी तरह चलता रहा तो देश में पंचायत, जनपद और नगर परिषद जैसे चुनाव वन नेशन वन इलेक्शन के तहत होंगे और पूरे देश में सिर्फ एक ही पार्टी का शासन होगा।
बसपा प्रत्याशी को समर्थन देने तैयार थे लेकिन…
खजुराहो में आयोजित इंडिया गठबंधन के घटक दलों की बैठक में उपस्थित खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कांग्रेस पार्टी, समाजवादी पार्टी एवं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक कार्यकर्ता-पदाधिकारीगण।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने बैठक में महत्वपूर्ण खुलासा करते हुए बताया कि ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी एवं पूर्व आईएएस आरबी प्रजापति (राजा भैया प्रजापति) को समर्थन देने से पहले हम लोगों ने खजुराहो लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी से संपर्क कर इस संबंध में बात की। हमने कहा कि आप हमें अपनी पार्टी की ओर से एक समर्थन पत्र बनाकर भेज दीजिए। लेकिन उन्होंने पत्र भिजवाना उचित नहीं समझा। इसके बाद राजा भईया प्रजापति मुझसे मिलने भोपाल आए और उन्होंने कहा कि मुझे चुनाव लड़ने से रोकने के लिए दबाव बनाने के साथ सरकार में पद का लालच दिया जा रहा है। साथ ही प्रत्यक्ष-परोक्ष रूप से डराया और धमकाया जा रहा है, पर मैं हर हाल में चुनाव लड़ूंगा। राजा भइया के द्वारा किसी भी दबाव के आगे घुटने न टेकने और पद के लालच में आकर समझौता न करने, जनसेवा का मजबूत इरादा, इनकी योग्यता और दीर्घकालिक प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए हम लोगों ने विचार करके इन्हें समर्थन देने का निर्णय लिया है।
वादखिलाफ़ी करने वाले सांसद को सबक सिखाएं : अरुण
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि आप सभी को इन्हें जिताने के परिवार की तरह मिलकर काम करना है। लोगों को यह बताना है कि, खजुराहो लोकसभा सीट पर सेवानिवृत आईएएस ऑफिसर राजा भइया प्रजापति से क़ाबिल (योग्य) कोई भी उम्मीदवार नहीं है। खजुराहो के मौजूदा सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) ने पिछले पांच साल में इस क्षेत्र के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। चुनाव जीतने के बाद वीडी शर्मा ने क्षेत्र की जनता की सुध लेना तक उचित नहीं समझा। इनके कार्यकाल में पूरे समय केन नदी से रेत की लूट और भ्रष्टाचार हावी रहा है। श्री यादव ने कहा कि, खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं से पूर्व में किये गए वादों को पूरा न करने और इस इलाके को चारगाह समझने वाले सांसद को सबक सिखाने का यही सुनहरा मौका है, इसे हाथ से न जाने दें। आगामी 26 अप्रैल को इंडिया गठबंधन समर्थित अपने क्षेत्र के ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) के प्रत्याशी आरबी प्रजापति राजा भइया के चुनाव चिन्ह शेर के सामने वाला बटन दबाकर रिकार्ड मतों से विजयी बनाएं। बैठक को वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक तन्खा एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने भी संबोधित किया।
बस से यात्री का बैग चोरी होने की घटना का खुलासा कर पत्रकारों को जानकारी देते पन्ना पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा। (मध्य में)
* घटना में प्रयुक्त 3 मोटर साइकिल और 6 मोबाइल फोन जब्त
* पन्ना पुलिस ने तत्परता से चोरी का खुलासा कर आरोपियों को भेजा जेल
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) एक प्राइवेट कंपनी के सेल्समैन का नोटों से भरा बैग यात्री बस से चोरी होने की सनसनीखेज घटना का पन्ना पुलिस ने सिर्फ तीन दिन के अंदर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 लाख 32 रूपये नकद बरामद करने में सफलता प्राप्त की। साथ ही घटना में प्रयुक्त 3 मोटर साइकिल और आरोपियों द्वारा उपयोग किये जा रहे 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। चोरी की घटना के शातिर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में पन्ना जिला जेल भेजा गया। पन्ना पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा ने चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सरहाना करते हुए 20 हजार रुपए के नकद ईनाम से पुरुस्कृत करने की घोषणा की है।
प्राप्त जानकारी अनुसार, ग्वालियर में पेंट बनाने वाली कंपनी जय पेंटस एण्ड वार्निस प्राइवेट लिमिटेड में अशोक शर्मा पिता जीवनलाल शर्मा 55 वर्ष निवासी जीपी कान्वेंट स्कूल के पास त्यागी नगर मुरार ग्वालियर सेल्समैन के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार 17 अप्रैल 2024 को अशोक शर्मा बस से कंपनी के लेनदेन के संबंध में अमानगंज जा रहा थे। रास्ते में पन्ना के डायमंड तिराहा के पास कोई अज्ञात व्यक्ति ट्रॉली बैग चोरी कर ले गया था। बैग के अंदर कंपनी की लेनदेन की राशि कुल नकदी करीब 4 लाख 60 हजार रूपये, कागजात, कपड़े तथा अन्य सामान रखा था। फरियादी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पन्ना पुलिस अज्ञात ने आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 465/24 धारा 379 भादवि का प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया। थाना प्रभारी कोतवाली पन्ना निरीक्षक रोहित मिश्रा द्वारा मामले के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक पन्ना साईं कृष्णा एस. थोटा द्वारा मामले को गंभीरता से लेकर अज्ञात आरोपियों की तलाश एवं चोरी की गई राशि को बरामद करने पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस अधीक्षक पन्ना ने श्री थोटा ने पुलिस सायबर सेल टीम और सीसीटीव्ही कन्ट्रोल रूम प्रभारी को गठित पुलिस टीम के साथ मिलकर कार्यवाही में शामिल अज्ञात आरोपियों की तलाश पतारसी करने हेतु निर्देशित किया। घटनास्थल डायमण्ड तिराहा के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज खंगालने पर कुछ संदेही व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके संबंध में जानकारी एकत्रित की गई। मामले में पुलिस सायबर सेल टीम पन्ना से मिली जानकारी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर गठित पुलिस टीम द्वारा 2 संदेही व्यक्तियों को छतरपुर बस स्टैण्ड के पास से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। संदेहियों ने पूंछतांछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए चोरी की वारदात को 4 अन्य साथियों की मदद से अंजाम देने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे लोग घटना दिनांक को 3 बाइक से पन्ना आए थे। जहां बस स्टैण्ड में एक व्यक्ति को ट्रॉली बैग लिये देखा था। उक्त ट्रॉली बैग में ताला लगा होने पर उसके अंदर कीमती सामान होने की संभावना के चलते सभी लोगों ने चोरी की योजना बनाई थी। योजना अनुसार हम दो लोग उस व्यक्ति के साथ बस में बैठ गए। डायमण्ड तिराहा पन्ना में हमने मौका पाकर ट्रॉली बैग बस से उतार लिया और बस के पीछे आ रहे अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल में बैठकर छतरपुर आ गए थे।
आरोपियों के बताये अनुसार पुलिस टीम ने मामले के अन्य 4 आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर तस्दीक की गई। उक्त सभी आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। पकड़े गए आरोपियों में गौरीशंकर निषाद पिता हुबराज निषाद 58 निवासी शिवतारा थाना आलापुर आंबेडकर नगर, दिनेश यादव पिता चन्द्रिका यादव 32 निवासी ग्राम जोल्हापुर, दिलीप निषाद पिता रामचंद्र निषाद 25 निवासी कमईपुर थाना आलापुर जिला आंबेडकर नगर, मिठाई निषाद पिता सुरेश निषाद उम्र 44 साल निवासी ग्राम सेरवा थाना अतरैलिया जिला आजमगढ़, जुल्मी निषाद पिता बहाउ निषाद 35 निवासी ग्राम असाधार पट्टी थाना गंधारपुर जिला आजमगढ़ उत्तर प्रदेश और राधे कुमार शाह पिता बलराम शाह 22 निवासी ग्राम मढहरा थाना बैढ़न जिला सिंगरौली मध्य प्रदेश शामिल है। पुलिस टीम ने उक्त आरोपियों के कब्जे से चुराए गए ट्रॉली बैग सहित 4 लाख 32 रूपये नकद, घटना में प्रयुक्त 3 मोटर साइकिल, 6 मोबाइल जब्त कर लिए। मामले में विवेचना जारी है।
खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत पन्ना जिले के आदिवासी बाहुल्य कल्दा और कटनी जिले के बहोरीबंद में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आमसभा को संबोधित किया।
* खजुराहो लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत पन्ना जिले के आदिवासी बाहुल्य कल्दा पठार और कटनी जिले के बहोरीबंद में जनसभा को किया संबोधित
* ‘देश और प्रदेश की जनता ने तय कर लिया मोदी जी को ही बनाएंगे तीसरी बार प्रधानमंत्री’ : विष्णुदत्त शर्मा
पन्ना/कटनी (www.radarnews.in) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी भारत को विकसित राष्ट्र और विश्वगुरू बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी सहित पूरा विपक्ष आज जनता का विश्वास खो चुका है। कांग्रेस के घर में भगदड़ मची है, उन्हें प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं। छत्तीसगढ़ में पांच साल मुख्यमंत्री रहे कांग्रेस नेता की भाभी ने ही भाजपा ज्वाइन कर ली। कांग्रेस अपना घर नहीं संभाल पा रही है। कांग्रेस पार्टी ने आदिवासियों के हितों और कल्याण के लिए कोई कार्य नहीं किया, उन्हें सिर्फ वोट बैंक समझा। यह बात छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पन्ना जिले के पवई विधानसभा के कल्दा एवं कटनी के बहोरीबंद में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। खजुराहो लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) के पक्ष में आदिवासियों का समर्थन जुटाने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की चुनावी सभाएं विशेष रूप से आदिवासी बाहुल्य इलाकों में आयोजित कराई गईं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भारतीय जनता पार्टी के बड़े आदिवासी चेहरे के रूप में जाने जाते हैं।
जनजातीय गौरव दिवस की सौगात दी
पन्ना जिले के आदिवासी बाहुल्य कल्दा ग्राम में आयोजित हुई छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की आमसभा में उपस्थित क्षेत्रवासी।
पवई विधानसभा के कल्दा में सभा को संबोधित करते हुए श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर गांव सड़कों से जोड़ा गया है। गरीबों का जनधन खाता, पीएम आवास योजना, उज्जवला योजना और शौचालयों का निर्माण का किया गया है। देश को दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था और विश्वगुरू बनाने के लिए नरेन्द्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है। श्री साय ने कहा कि मोदी जी ने आदिवासी समाज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मान दिया है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की है। छत्तीसगढ़ में माता शबरी की जन्मभूमि शिवरीनारायण को नया रूप दिया है। अयोध्या में भगवान श्री रामलला का भव्य मंदिर बनाने और आदिवासियों का सम्मान बढ़ाने का काम भाजपा ने किया है। इसलिए इस चुनाव में कांग्रेस को खाता भी खोलने नहीं देना है। इसके लिए आगामी 26 अप्रैल को कमल का बटन दबाकर प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएं। श्री साय ने जनता से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास तथा राष्ट्र की समृद्धि के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विष्णुदत्त शर्मा को जिताएं।
कांग्रेस ने लूटा, भाजपा ने किया विकास
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को फूलमाला पहनाकर स्वागत करते हुए विधायक संजय पाठक एवं कटनी जिले के नेतागण।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बहोरीबंद में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि खजुराहो में कांग्रेस, सपा मैदान छोड़ चुकी हैं। एक तरह से निर्विरोध निर्वाचन हो रहा है। आज इस सभा में लोगों की भीड़ देखकर यह विश्वास हो गया है कि खजुराहो में भाजपा जीत का इतिहास बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को लूटने का काम किया है। गरीबी हटाओ का नारा देने वाली कांग्रेस के राज में गरीब बढ़ते गए। कांग्रेस 60 सालों के शासनकाल में जो कार्य आदिवासी समाज के लिए नहीं कर सकी, उससे अधिक कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दस वर्ष के कार्यकाल में किए गए हैं। कांग्रेस ने आदिवासी समाज को सिर्फ वोट बैंक समझा, लेकिन भाजपा ने मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनाकर पूरे बैगा समाज को सम्मान देने का कार्य किया है। भाजपा ने श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बनाकर देशभर के आदिवासी समाज को सम्मान दिया है। कांग्रेस पार्टी सहित पूरा विपक्ष देश की जनता का विश्वास खो चुका है। विपक्ष लगातार टूट रहा है, वहीं कांग्रेस को छोड़-छोड़कर बड़ी संख्या में बड़े-बड़े नेता और कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। देश की आजादी के बाद कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश को सिर्फ भ्रष्टाचार दिया और जनता से धोखा किया। लेकिन अब कांग्रेस का असली चेहरा देश की जनता ने पहचान लिया है।
मोदी लाए गरीबों के जीवन में सुखद बदलाव
आमसभा को संबोधित करते खजुराहो लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा।
पवई विधानसभा के कल्दा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा)ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 10 सालों में देश में गरीब कल्याण के काम हुए हैं। गरीबों का जीवन बदलने का अभियान चल रहा है। प्रधानमंत्री बनते ही श्री मोदी जी ने कहा कि देश में कोई गरीब, आदिवासी भाई झोपड़ी में नहीं रहेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीबों को पक्के घर दिए। प्रधानमंत्री जी ने तय किया कि कोई गरीब पैसों के अभाव में इलाज से वंचित नहीं रहेगा और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की। जिस तरह से पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी ने गांव-गांव को सड़कों से जोड़ने का काम किया था, प्रधानमंत्री मोदी की सरकार हर गांव के हर घर में नल से जल पहुंचाने का काम कर रही है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में जिस तरह से गरीबों के जीवन में बदलाव आया है, उसे देखते हुए देश-प्रदेश की जनता ने यह तय कर लिया है कि मोदी जी को तीसरी बार फिर प्रधानमंत्री बनाना है।
इनकी रही उपस्थिति
पन्ना जिले के पवई विधानसभा के कल्दा में आयोजित सभा के दौरान विधायक प्रहलाद लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, लोकसभा संयोजक सदानंद गौतम, विधानसभा संयोजक सुशील त्रिपाठी, दीपेंद्र सिंह परमार, पुष्पेन्द्र पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे, नगर परिषद अध्यक्ष बंसत दहायत, मंडल अध्यक्ष अरूण चौरसिया सहित जनप्रतिनिधि मंचासीन । कटनी के बहोरीबंद में सभा को पूर्व मंत्री व विधायक संजय पाठक और पन्ना जिला अध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मंच पर प्रदेश मंत्री व विधायक नंदिनी मरावी, विधायक प्रणय पाण्डे, लोकसभा सह संयोजक पीतांबर टोपनानी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा उपस्थित रहे।
खजुराहो संसदीय क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार आरबी प्रजापति (पूर्व आईएएस) एवं भाजपा प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा।
* कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बड़े नेता प्रजापति के समर्थन कर सकते हैं संयुक्त आमसभा
* सांसद की विफलताओं के साथ क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों को उठाने पर संकट में फंस सकती है भाजपा
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) लोकसभा चुनाव 2024 के लिए राजनैतिक दलों का चुनाव प्रचार अभियान जोरो-शोरों से जारी है। इस बीच इंडिया गठबंधन ने एक बड़ा दांव खेला है। मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट पर इंडिया गंठबंधन ने ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) के उम्मीदवार एवं पूर्व IAS ऑफिसर आरबी प्रजापति उर्फ राजा भैया प्रजापति को समर्थन देने का एलान किया है। सोमवार को भोपाल में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी नेताओं ने प्रेसवार्ता कर इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी दी। दरअसल, कांग्रेस ने गठबंधन के तहत एमपी की एकमात्र खजुराहो सीट समाजवादी पार्टी को दी थी। लेकिन, विगत दिनों सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन रद्द हो जाने के कारण गठबंधन का कोई उम्मीदवार यहां से नहीं बचा था। जिससे भाजपा को चुनाव से पहले वॉकओवर मिलने की स्थिति बनती दिख रही थी। हालांकि, इंडिया गठबंधन की ओर से ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार को समर्थन का एलान करने के बाद से इतना तो स्पष्ट है कि, अब खजुराहो सीट पर चुनावी मुकाबला एकतरफा नहीं होगा। भाजपा ने यहां से अपने प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) को पुनः चुनावी समर में उतारा है। बदले हुए चुनावी समीकरणों के मद्देनजर जानकारों का मानना है, इंडिया गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार आरबी प्रजापति भाजपा प्रत्याशी वीडी शर्मा को कड़ी टक्कर दे सकते हैं।
विचार मंथन के बाद लिया फैसला
खजुराहो लोकसभा सीट से ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) उम्मीदवार आरबी प्रजापति का चुनाव चिन्ह।
खजुराहो लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी मीरा दीपक यादव का नामांकन रिजेक्ट होने पर इंडिया गठबंधन को तगड़ा झटका लगा था। गठबंधन की ओर से किसी का डमी नामांकन दाखिल न होने पर चुनावी साझा रणनीति के सतहीपन को लेकर सवाल उठने लगे थे। भाजपा को वॉकओवर मिलने की स्थिति बनते देख कांग्रेस व सपा के रणनीतिकार चुनाव मैदान में शेष बचे 13 अभ्यर्थियों में भाजपा प्रत्याशी एवं विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) को कड़ी टक्कर देने का माद्दा रखने वाले मजबूत प्रत्याशी की टोह लेने में जुट गए। इधर, वीडी शर्मा को निर्विरोध निर्वाचित कराने के लिए उनके करीबी भाजपा नेता तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हुए अभ्यर्थियों पर नामांकन वापस लेने का दबाव डालने और इसके एवज में सरकार में महत्पूर्ण पद दिलाने का लालच देने लगे। कुछ ऐसा ही ऑफर ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) के उम्मीदवार आरबी प्रजापति उर्फ राजा भैया प्रजापति को दिया गया। नामांकन वापस लेने का दबाव बनाए जाने से परेशान होकर प्रजापति ने मुख्य चुनाव आयुक्त को भाजपा नेताओं की नामजद लिखित शिकायत भेज दी। मामला मीडिया की सुर्ख़ियों में आने पर मचे हड़कंप के बीच बीते दिनों आरबी प्रजापति ने भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव से मुलाकत की थी। प्रजापति को समर्थन देने के मुद्दे पर कई दिनों तक विचार मंथन करने के बाद सोमवार को इंडिया गठबंधन ने आखिरकार इसका एलान कर दिया।
राहुल और अखिलेश की आमसभा करवाने का प्लान
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल में आयोजित प्रेसवार्ता में खजुराहो सीट पर ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) के उम्मीदवार आरबी प्रजापति को समर्थन देने का एलान करते इंडिया गठबंधन के नेतागण।
सोमवार 15 अप्रैल को कांग्रेस और सपा ने संयुक्त रूप से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) के उम्मीदवार को समर्थन का एलान किया। पीपीसी में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता मुकेश नायक, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रदेश अध्यक्ष जंग बहादुर सिंह गिल और सपा के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे। कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि आने वाले समय में यह सीट और ज्यादा हॉट होने वाली है। यहां कांग्रेस और सपा के बड़े नेता प्रचार करते नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि खजुराहो में अखिलेश यादव और राहुल गांधी की संयुक्त सभा का प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके साथ ही कई और बड़े नेता इस सीट में प्रचार करने के लिए जाएंगे। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने कहा कि हम सभी इंडिया गठबंधन के सदस्य हैं। भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की हत्या कैसे करती है, इसका ताजा उदाहरण खजुराहो से सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन निरस्त होने की प्रक्रिया है।
इंडिया गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी होंगे प्रजापति
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव जयराम रमेश।
कांग्रेस पार्टी की ओर खजुराहो सीट पर ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) के उम्मीदवार आरबी प्रजापति को समर्थन देने की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है। कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने प्रेस में जारी बयान में लिखा है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने खजुराहो लोकसभा सीट इंडिया ग्रुप के अपने सहयोगी समाजवादी पार्टी के लिए छोड़ दिया था। दुर्भाग्य से सत्ता के खुले खेल और लोकतंत्र के सभी मानदंडों के खिलाफ जाकर भाजपा सपा उम्मीदवार का नामांकन खारिज करवाने में सफल हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अब इंडिया ग्रुप के एक अन्य सदस्य, ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी आरबी प्रजापति को अपना समर्थन देने का फैसला किया है। वह मध्य प्रदेश के खजुराहो लोकसभा से इंडिया ग्रुप के संयुक्त प्रत्याशी होंगे। बता दें कि, AIFB प्रत्याशी आरबी प्रजापति का चुनाव चिन्ह शेर है।
सांसद की नाकामियों को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराज़गी
विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा), भाजपा प्रत्याशी, खजुराहो लोकसभा क्षेत्र।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) खजुराहो लोकसभा सीट से पुनः चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। बता दें, वर्ष 2019 में पिछले लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के चलते शर्मा ने 8,11,135 मत प्राप्त किए थे। जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी रहीं कांग्रेस प्रत्याशी कविता सिंह 3,18,753 मतों पर सिमट गईं थी। इस तरह वीडी ने पिछले चुनाव 4,92,382 मतों के विशाल अंतर से जीत दर्ज कराई थी। मोदी मैजिक में मिली रिकार्ड जीत को सांसद जी शायद अपनी लोकप्रियता का करिश्मा समझ बैठे है। शायद इसीलिए वह 2024 का चुनाव देश में सर्वाधिक मतों के अंतर से जीतकर इतिहास बनाने के संकल्प को लेकर मैदान में उतरे हैं। इतिहास रचने का सपना देखने की होड़ में सांसद के चेले मुंगेरीलाल से भी चार कदम आगे हैं। महीने भर पहले 9 लाख के अंतर से जीत दर्ज कराने के लक्ष्य को चेलों ने बढ़ाकर 10 लाख तक पहुंचा दिया है।
यहां सवाल उठता है कि, पिछले पांच साल में खजुराहो संसदीय क्षेत्र में वीडी ने ऐसा कौन सा करिश्मा कर दिया जिसके बलबूते वह अपनी ऐतिहासिक जीत का दावा कर रहे हैं? स्पष्ट शब्दों में कहें तो सांसद महोदय ने अति पिछड़े इस इलाके में एक भी ऐसा काम नहीं कराया जिसे वह अपनी उपलब्धि के तौर पर बता सकें। क्षेत्र के लोग भीषण बेरोजगारी, शोषण, पलायन, जल संकट, महंगाई, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, चौपट उच्च शिक्षा-तकनीकी शिक्षा, खनिज संसाधनों की खुली लूट, बेइंतहां भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और अफसरशाही का दंश झेलने को मजबूर है। डबल इंजन की सरकार होने के बाद भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन क्षेत्र की बदहाली दूर न होना जनप्रतिनिधि के तौर उनकी भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
विपक्षी दल कांग्रेस के नेता इन्हीं सब कारणों से वीडी शर्मा पर सार्वजानिक तौर पर हमला बोलते हुए “नाकारा सांसद” कहकर संबोधित करते हैं। वहीं सुख-दुःख में कोई खैर-खबर न लेने के कारण क्षेत्र के बहुसंख्यक मतदाता भी अपने सांसद से खासे नाराज बताए जाते है। जानकारों का मानना है इंडिया गठबंधन के सभी दलों ने अगर एकजुटता के साथ रणनीति के तहत सांसद की नाकामियों, डबल इंजन सरकार की जनविरोधी नीतियों, सांप्रदायिक-धार्मिक एजेंडे और क्षेत्र के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया तो भाजपा के लिए यह चुनावी मुकाबला बेहद चुनौतीपूर्ण साबित सकता है।
* अत्याधिक दोहन के कारण भू-गर्भीय जल स्त्रोतों का जल स्तर नीचे खिसका
पन्ना। (www.radarnews.in) कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार ने मध्य प्रदेश पेयजल परिरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 3 के तहत तत्काल प्रभाव से पन्ना जिले को जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित किया है। जिले के सभी विकासखण्ड एवं नगरीय व शहरी क्षेत्रों को आगामी 15 जुलाई तक की अवधि के लिए जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की कार्यवाही की गई है। उक्त आदेश प्रभावशील रहने की अवधि में कोई भी व्यक्ति बगैर अनुमति के किसी शासकीय भूमि पर स्थित जल स्त्रोतों में पेयजल एवं घरेलू प्रयोजन को छोड़कर अन्य किसी भी प्रयोजनों के लिए नहरों में प्रवाहित जल के अलावा अन्य स्त्रोतों का जल दोहन एवं किन्हीं भी साधनों द्वारा जल का उपयोग नहीं कर सकेगा।
विकासखण्ड व नगरीय क्षेत्रों के सभी नदी, नालों, स्टॉप डैम, सार्वजनिक कुओं तथा अन्य जल स्त्रोतों का उपयोग घरेलू प्रयोजन के लिए तत्काल प्रभाव से सुरक्षित किया गया है। इसके अतिरिक्त जल अभावग्रस्त क्षेत्र में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की पूर्व अनुज्ञा के बगैर कोई व्यक्ति अथवा निजी ठेकेदार किसी भी प्रयोजन के लिए नवीन नलकूप का निर्माण नहीं करेेगा। शासकीय नलकूप खनन पर उक्तादेश लागू नहीं होगा। अपनी निजी भूमि पर नलकूप खनन कार्य के लिए इच्छुक व्यक्तियों को निर्धारित प्रारूप में व नियत शुल्क के साथ संबंधित एसडीएम को आवेदन करना होगा।
निजी पेयजल स्त्रोत का हो सकेगा अधिग्रहण
एसडीएम द्वारा सार्वजनिक पेयजल स्त्रोत सूख जाने के कारण वैकल्पिक रूप से दूसरा कोई सार्वजनिक पेयजल स्त्रोत उपलब्ध नहीं होने पर जनहित में निजी पेयजल स्त्रोत को पेयजल परिरक्षण संशोधित अधिनियम 2002 के प्रावधानों के अधीन निश्चित अवधि के लिए अधिग्रहण किया जा सकेगा। आदेश के उल्लंघन पर म.प्र. पेयजल परिरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 9 एवं भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारी सहित तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मैदानी अधिकारी-कर्मचारियों, नगरीय निकायों के सीएमओ, जनपद पंचायत सीईओ तथा ग्राम पंचायतों के सचिवों द्वारा आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा।
जल स्तर में दर्ज की गई गिरावट
उल्लेखनीय है कि कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड पन्ना द्वारा सिंचाई इत्यादि कार्यों में भू-गर्भीय जल का अत्याधिक दोहन होने के कारण पेयजल स्त्रोतों के जल स्तर में कमी के बारे में अवगत कराया गया था। साथ ही नगरीय व शहरी क्षेत्रों के नलकूपों व अन्य जल स्त्रोतों के जल स्तर में तेजी से गिरावट दर्ज होने के कारण तथा जिले में पेयजल संकट की स्थिति निर्मित होने की संभावना के दृष्टिगत निजी नलकूप खनन में पूर्णतः प्रतिबंध लगाने की अनुशंसा की गई थी, जिससे सार्वजनिक पेयजल स्त्रोतों की क्षमता प्रभावित न हो। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जनहित में पेयजल व अन्य निस्तार समस्याओं के दृष्टिगत जनता को पेयजल प्रदाय बनाए रखने और बढ़ोत्तरी के लिए तथा पेयजल का समान वितरण सुनिश्चित कर जनता की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए संपूर्ण जिले को जल अभावग्रस्त क्षेत्र घोषित किया गया है।
* इंडिया गठबंधन से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी मीरा यादव का पर्चा निरस्त होने के बाद सक्रिय हुए भाजपाई
* रिटायर्ड आईएएस आरबी प्रजापति ने भारत निर्वाचन आयोग को भेजी शिकायत में अपनी जान को खतरा बताया
* नामांकन वापस लेने के भाजपा के नेता लगातार डाल रहे दवाब, निगम-मंडल में अध्यक्ष पद का दे रहे ऑफर
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी रहीं मीरा दीपक यादव का नामांकन फ़ार्म शुक्रवार 5 अप्रैल को संवीक्षा के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर एवं पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार ने निरस्त कर दिया था। मुख्य विपक्षी उम्मीदवार मीरा यादव के नामकंन फार्म को निरस्त करने का कारण पुरानी मतदाता सूची की सत्यापित कॉपी संलग्न करना और फार्म में एक जगह हस्ताक्षर न होना बताया था। समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार के साथ पांच अन्य नाम निर्देशन पत्र विभिन्न कारणों से निरस्त किए गए थे। जिसके बाद खजुराहो सीट से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार कमलेश पटेल के अलावा 12 निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में शेष बचे हैं। रिटर्निंग ऑफिसर सुरेश कुमार के द्वारा कथित तौर पर समय रहते समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के नामांकन फार्म की कमियों की पूर्ती न कराने और फिर भाजपा प्रत्याशी के दबाव में आकर सुनियोजित तरीके से नामांकन निरस्त करने के बाद पन्ना से लेकर राजधानी भोपाल तक जबर्दस्त सियासी बवाल मचा है।
आरबी प्रजापति, सेवानिवृत आईएएस।
इस बीच अवसर का लाभ उठाकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को निर्विरोध निर्वाचित कराने के लिए भाजपा नेता सक्रिय हो गए हैं। बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी कमलेश पटेल समेत 12 निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन फार्म वापस करवाने के लिए भाजपा नेताओं के द्वारा साम-दाम-दंड-भेद की नीति अपनाई जा रही है। शेष बचे अभ्यर्थियों को ‘रणछोड़दास’ बनने के लिए निगम-मंडल में अध्यक्ष के पद पर ताजपोशी कराने का ऑफर देने के साथ उन पर अनुचित दवाब भी डाला जा रहा है। ऐसा ही एक मामला शनिवार 6 अप्रैल को सोशल मीडिया के जरिए सामने आने से हड़कंप मचा है। जिसके बाद से भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटने अपनाए जा रहे हथकंडों को लेकर जनमानस में गहरा रोष व्याप्त है।
मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजी शिकायत में यह सब लिखा
आरबी प्रजापति, सेवानिवृत आईएएस के द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजी गई शिकायत की कॉपी।
बता दें कि, खजुराहो लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार राजा भईया प्रजापति (आरबी प्रजापति) रिटायर्ड आईएएस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लिखित शिकायत भेजी है। जिसमें उन्होंने बताया है कि, नामांकन वापिस लेने के लिए अनेक प्रकार के प्रलोभन देकर मुझ पर अनुचित दबाव डाला जा रहा है। शिकायत में उल्लेख है कि, मैं मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट-08 से उम्मीदवार हूं, पर्चा वापिस लेने के संबंध में मुझ पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होने साक्ष्य के तौर पर बताया कि नाम निर्देशन पत्रों की स्क्रूटनी दिनांक 5 अप्रैल 2024 को राम विशाल बाजपेयी निवासी ग्राम कटरा एवं पूर्व अध्यक्ष, जनपद पंचायत गौरिहार, जिला-छतरपुर ने मुझे दोपहर 1:36 बजे अपने मोबाइल फोन नंबर 9754427020 से मेरे मोबाइल नंबर 9752068493 पर फोन किया। 16 मिनट 04 सेकंड बात की और मुझ पर पर्चा वापस लेने का दबाव डाला। खजुराहो लोकसभा से उम्मीदवारी वापस लेने के एवज में मध्य प्रदेश सरकार में किसी भी बोर्ड या निगम में अध्यक्ष पद की पेशकश की गई। लेकिन मैंने किसी की भी पेशकश को स्वीकार करने से इंकार कर दिया। राम विशाल बाजपेयी भाजपा कार्यकर्ता हैं। इसके बाद दोपहर 1:55 बजे राजा द्विवेदी निवासी ग्राम खड्डी ने मुझे अपने मोबाइल नंबर 9617488948 से फोन किया, जो एक भाजपा कार्यकर्ता हैं। इनका इरादा भी वही था जो राम विशाल बाजपेयी का था। राजा द्विवेदी ने 50 सेकेंड बात की और फिर मैंने बात करने से इनकार कर दिया।
इस दबाव के पीछे कौन है ?
विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा), भाजपा प्रत्याशी, खजुराहो लोकसभा क्षेत्र।
निर्दलीय उम्मीदवार राजा भइया (आरबी) प्रजापति ने अपनी शिकायत में लिखा है, इस मामले पर उनसे और उसके बाद दोपहर 2:26 बजे अमित बाजपेयी उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत (मध्यवर्ती पंचायत) गौरिहार, जिला छतरपुर ने मुझे अपने मोबाइल नंबर 9753574342 से फोन किया। और 4 मिनट बात की और उन्होंने मुझ पर उम्मीदवारी वापस लेने का दबाव डाला। खजुराहो लोकसभा सीट से नामांकन वापस लेने पर सरकार में किसी भी बोर्ड या निगम की अध्यक्षता के लिए अथवा किसी भी पद की पेशकश की। लेकिन मैंने उनके प्रस्ताव को भी अस्वीकार कर दिया और उनसे कहा कि मैं चुनाव लड़ूंगा। ये सभी लोग भारतीय जनता पार्टी से हैं और इस दबाव के पीछे कौन है यह जांच का विषय है? पिछले दो व्यक्तियों ने मुझसे मेरे घर पर व्यक्तिगत रूप से संपर्क करने का आग्रह किया लेकिन मैंने उन्हें किसी भी व्यक्तिगत संपर्क के लिए मना कर दिया। इस प्रकार से लगातार दबाव बनाया जा रहा है। पूर्व आईएएस ने अपनी जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए तथा संबंधितों के खिलाफ उचित कार्यवाही पर की मांग की है।
अंडर ग्राउंड हुए बसपा समेत अन्य उम्मीदवार
खजुराहो लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी कमलेश पटेल।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त आईएएस राजा भइया प्रजापति के अलावा अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों से भी भाजपा नेताओं ने नामंकन वापस लेने के लिए संपर्क साधा है। खजुराहो संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) को निर्विरोध निर्वाचित करवाकर रिकार्ड बनाने के इरादे से उनके करीब पार्टी नेता हर हथकंडा अपना रहे हैं। अपुष्ट चर्चा है कि, बसपा प्रत्याशी कमलेश पटेल और उनके परिजनों से भाजपा नेताओं ने सम्पर्क किया है। भाजपा नेताओं की आक्रामकता को देखते हुए कथित तौर पर बसपा प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक-समर्थक अंडर ग्राउंड हो गए हैं। खबर यह भी है कि, कथित तौर भाजपा नेताओं के दबाव और प्रलोभन में आकर कुछ निर्दलीय उम्मीदवार नाम निर्देशन पत्र वापस लेने के लिए तैयार हो गए हैं। मालूम हो कि खजुराहो लोकसभा सीट पर नामांकन फार्म वापस लेने की अंतिम तारीख सोमवार 08 अप्रैल 2024 है। जिस तरह से मुख्य विपक्षी उम्मीदवार मीरा यादव का नामांकन रद्द कर के उन्हें चुनाव मैदान से बाहर किया गया उसके बाद सबकी नजरें खजुराहो सीट पर शेष बचे अभ्यर्थियों पर टिकीं है। अब यह देखना दिलचस्प 08 अप्रैल को हाईप्रोफाइल खजुराहो लोकसभा सीट पर क्या खेला होता है। अंतिम दिन कितने उम्मीदवार चुनावी मैदान से हटते हैं इस पर सबकी नजरें रहेंगी।
अधिक जानकारी के लिए कृपया नीचे दी गई लिंक को क्लिक करके खबर को पढ़ें-
खजुराहो लोकसभा सीट पर खेला : INDIA गठबंधन को लगा झटका, समाजवादी पार्टी प्रत्याशी का नामांकन निरस्त, BJP को वॉकओवर !
नामांकन फार्म निरस्त होने की जानकारी मिलने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय से बाहर आती सपा प्रत्याशी मीरा यादव उनके पति दीपनारायण यादव और कांग्रेस नेता उदास व निराश नजर आए।
* रिटर्निंग ऑफिसर ने भाजपा के दबाव में लिया निर्णय : दीपनारायण यादव
* भाजपा से प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णु दत्त शर्मा हैं प्रत्याशी
* संवीक्षा में पांच नामांकन पत्र रद्द होने के बाद 14 अभ्यर्थी मैदान में शेष
* सपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने के बाद गर्माई सियासत, अब आरोप-प्रत्यारोप
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश में इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। समाजवादी पार्टी के खाते में आई प्रदेश की एकमात्र खजुराहो लोकसभा सीट से प्रत्याशी मीरा दीपक यादव का नामांकन फार्म शुक्रवार 5 अप्रैल को रद्द हो गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर गलत और मनमाने तरीके से नामांकन फार्म निरस्त करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने रिटर्निंग अधिकारी एवं पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार को निलंबित करने की मांग की है। समाजवादी पार्टी ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए कोर्ट जाने की बात कही। सपा प्रत्याशी का पर्चा निरस्त होने से हाईप्रोफाइल खजुराहो लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी को चुनाव से पहले ही वॉकओवर मिलता हुआ नजर आ रहा है।
यहां से बीजेपी प्रत्याशी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) की राह अब बिल्कुल आसान होती नजर आ रही है। शुक्रवार को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा में सपा समेत पांच अभ्यर्थियों का नामांकन पत्र रद्द हो जाने के बाद खजुराहो संसदीय क्षेत्र से अब भाजपा और बसपा समेत 14 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में शेष रह गए हैं। सपा या कांग्रेस की ओर से कोई डमी नामांकन नहीं हुआ। इन परिस्थितियों चुनावी मैदान में शेष बचे निर्दलीय उम्मीदवारों में से मजबूत विकल्प की तलाश की जा रही है। उधर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को निर्विरोध निर्वाचित कराने के लिए पार्टी नेताओं ने एड़ी-चोटी का जोर लगाना शुरू कर दिया है।
कैमरों के सामने जानकारी देने से किया इंकार
खजुराहो संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर एवं पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार के द्वारा सपा प्रत्याशी का नामांकन फार्म निरस्त करने के बाद अपने अधिवक्ता से चर्चा करते सपा प्रत्याशी के पति दीपनारायण सिंह यादव।
शुक्रवार को पन्ना के कलेक्ट्रेट कार्यालय में नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा के दौरान दोपहर में करीब 2 बजे समाजवादी पार्टी प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन फार्म रद्द करने की खबर बाहर आने पर अचानक काफी गहमागहमी बढ़ गई। समाजवादी पार्टी प्रत्याशी मीरा यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवजीत सिंह और सपा नेता दीपनारायण सिंह दीपक यादव ने रिटर्निंग ऑफिसर सुरेश कुमार से उनके ऑफिस में भेंट की। इस दौरान सपा प्रत्याशी ने समय शेष होने का हवाला देकर नामांकन फार्म की कमी को पूरा कराने का निवेदन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष का कहना है, रिटर्निंग ऑफिसर ने हमारी बात नहीं सुनीं। मीडियाकर्मियों ने जब इस संबंध में रिटर्निंग ऑफिसर से संपर्क किया तो उन्होंने कैमरा के सामने अपने निर्णय की जानकारी देने से साफ इंकार कर दिया। कुछ मीडियाकर्मियों द्वारा रिटर्निंग अधिकारी के इस रवैए पर हैरानी और आपत्ती जताते हुए निर्वाचन आयोग की मंशानुसार चुनाव में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाए जाने का हवाला दिया गया। कुछ मिनिट बाद रिटर्निंग ऑफिसर एवं पन्ना सुरेश कुमार ने मीडियाकर्मियों को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में बुलाया। वहां किसी को भी वीडियो बनाने, बातचीत को रिकार्ड करने या फोटो लेने की अनुमति नहीं दी गई। इस पर कुछ पत्रकारों ने पुनः कड़ी आपत्ती और निराशा जाहिर की। लेकिन ऑफ कैमरा बात करने पर अड़े रिटर्निंग ऑफिसर ने किसी की एक भी नहीं सुनीं।
फार्म निरस्त करने के यह दो कारण बताए
खजुराहो संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर एवं पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार (IAS 2010 बैच) ।
आरओ सुरेश कुमार ने पत्रकारों को बताया कि सपा प्रत्याशी ने नाम निर्देशन पत्र के साथ मतदाता सूची की पुरानी प्रमाणित प्रति संलग्न की गई थी साथ ही फार्म में एक जगह अभ्यर्थी ने हस्ताक्षर नहीं किए। इस कारण से सपा प्रत्याशी का फार्म अस्वीकार किया गया है। उन्होंने बताया कि सपा प्रत्याशी समेत कुल पांच अभ्यर्थियों के फार्म विभिन्न कारणों से रद्द हुए। सुरेश कुमार का कहना है कि, नाम निर्देशन पत्र की कमियों के संबंध में सपा प्रत्याशी के निर्वाचन अभिकर्ता सरदार यादव को बताया था। जबकि सरदार यादव और सपा प्रत्याशी मीरा यादव का दावा है, नामांकन फार्म जमा करते समय और उसके बाद भी रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें फार्म में कमी होने संबंधी किसी प्रकार कोई जानकारी नहीं दी। सरदार के अनुसार, अगर जानकारी दी जाती तो फार्म में एक स्थान पर हस्ताक्षर न होना या फिर नई वोटर लिस्ट संलग्न न होना, कोई ऐसी कमियां तो नहीं थी जिनकी पूर्ती करना असंभव होता।
क्या कहता है नियम
सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन फार्म निरस्त करने का सूचना पत्र।
वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश तिवारी की मानें तो भारत निर्वाचन आयोग का नियम है कि, अभ्यर्थी के नामांकन फार्म अगर कोई कमी या त्रुटि पाई जाती है तो उसकी जानकारी देकर पूर्ती करानी चाहिए। अगर नामांकन में गलती पाई जाती है तो उसका सुधार कराना जाना चाहिए। रिटर्निंग अधिकारी का यह दायित्व है कि नामांकन फार्म जमा करने के दौरान फार्म की अच्छी तरह से जांच की जाए। संतुष्ट होने के बाद पावती दी जाए। बता दें कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन के तहत कांग्रेस ने मध्य प्रदेश एकलौती खजुराहो सीट सपा के लिए छोड़ी थी। समाजवादी पार्टी ने खजुराहो सीट पर पहले डॉ. मनोज यादव को उम्मीदवार घोषित किया था। लेकिन 2 अप्रैल को सपा ने मनोज का टिकिट काटकर पूर्व विधायक मीरा यादव को प्रत्याशी घोषित कर दिया। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन यानी 4 अप्रैल को सपा प्रत्याशी ने अपना नामांकन फार्म जमा किया। रिटर्निंग ऑफिसर ने प्रारंभिक जांच में फ़ार्म सही पाकर पावती दे दी। सपा प्रत्याशी मीरा यादव ने कहा, फ़ार्म जांचकर जमा करना रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी थी। अगर फार्म में कोई कमी थी तो उन्हें बताना चाहिए था। दो अप्रैल को वोटर लिस्ट की प्रमाणित प्रति प्राप्त करने के लिए निवाड़ी में आवेदन किया था नहीं मिलने पर वोटर लिस्ट की उपलब्ध प्रमाणित कॉपी फार्म के साथ संलग्न कर दी।
हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जाएंगे
समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व विधायक दीपनारायण दीपक यादव।
सपा प्रत्याशी मीरा यादव के पति दीपनारायण सिंह दीपक यादव ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि हम लोगों को दोपहर में करीब 2 बजे फार्म निरस्त होने की जानकारी रिटर्निग ऑफिसर ने दी है। उनके साथ प्रस्तावक (निर्वाचन अभिकर्ता) सरदार यादव भी मौजूद थे। समय शेष होने हवाला देकर नामांकन फार्म की कमी को पूरा करने का निवेदन किया लेकिन आरओ साहब नहीं माने। रिटर्निंग ऑफिसर सुरेश कुमार जहां समय पर कमियों की जानकारी देने की बात कह रहे है तो वहीं सपा प्रत्याशी पति दीपनारायण यादव उनकी दलील को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। सपा प्रत्याशी पति दीपनारायण ने कहा कि, कलेक्टर अगर यह कह रहे हैं कि उन्होंने नामांकन के दौरान फ़ार्म की कमियों की जानकारी अभ्यर्थी या फिर उनके निर्वाचन अभिकर्ता को दी थी, तो उनके पास तो चुनावी प्रकिया की पल-पल की वीडियो रिकार्डिंग होती है, वह हमें रिकार्डिंग दिखा दें। सच्चाई यही है कि नामांकन के समय हमें किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई। अभी हम लोगों को कमियां बताकर फार्म निरस्त करने के फैसले की मौखिक जानकारी दी। जिसकी हमने लिखित जानकारी मांगी है।
श्री यादव ने बताया कि, मैनें निवाड़ी में अपने वकील से मतदाता सूची की सत्यापित कॉपी निकलवाने के लिए 2 अप्रैल को कहा था। लेकिन एडीएम के अवकाश पर चले जाने से मतदाता सूची की नवीनतम सत्यापित कॉपी नहीं मिल पाई थी। इस स्थिति में हमारे पास पास जो सत्यापित कॉपी उपलब्ध थी फार्म के साथ उसे लगा दिया। उन्होंने बताया कि रिटर्निंग अधिकारी के मनमाने और एकतरफा फैसले के खिलाफ गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं से परमर्श कर भारत निर्वाचन आयोग के पास जाएंगे। यदि वहां से न्याय नहीं मिला तो हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। सपा नेता ने एक सवाल के जवाब में आरोप लगाते हुए कहा कि खजुराहो सीट से भाजपा प्रत्याशी (विष्णु दत्त शर्मा) के दबाव में आकर रिटर्निंग ऑफिसर ने हमारा नामांकन फार्म निरस्त किया है।
अखिलेश यादव ने की न्यायिक जांच की मांग
राष्ट्रीय अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, अखिलेश यादव। (PTI)
खजुराहो लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन रद्द होने पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने न्यायिक जांच की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा ‘खजुराहो सीट से इंडिया गठबंधन की सपा प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन निरस्त करना सरेआम लोकतंत्र की हत्या है, कहा जा रहा है कि हस्ताक्षर नहीं थे तो फिर देखने वाले अधिकारी ने फार्म लिया ही क्यों, ये सब बहाने हैं और हार चुकी भाजपा की हताशा, जो न्यायालय के कैमरे के सामने छल कर सकते हैं वो फार्म मिलने के बाद पीठ पीछे क्या-क्या साज़िश रचते होंगे। भाजपा बात में ही नहीं काम में भी झूठी है और समस्त प्रशासनिक तंत्र को भ्रष्ट बनाने की दोषी भी। इस घटना की भी न्यायिक जांच हो, किसी का पर्चा निरस्त करना लोकतांत्रिक अपराध है।’
अरुण यादव ने की आरओ को बर्खास्त करने की मांग
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण यादव।
खजुराहो सीट पर इंडिया गठबंधन से सपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण यादव ने भी गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने एक्स पर लिखा ‘खजुराहो लोकसभा में इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी मीरा दीपक यादव का नामांकन फॉर्म, निर्वाचन आयोग के नियम विरुद्ध खारिज़ करना एक सुनियोजित साजिश, निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं प्रत्याशी वीडी शर्मा के राजनैतिक दवाब में आकर नामांकन पत्र निरस्त किया गया है। यह है राजनैतिक दवाब का स्पष्ट प्रमाण…! यह इस आरोप को भी स्पष्ट कर रहा है कि निर्वाचन अधिकारी ने सीधे तौर पर भाजपा को जॉइन न कर उसे बाहर से समर्थन दिया है। जो भारतीय संविधान और लोकतंत्र की हत्या का परोक्ष प्रमाण होकर ‘राष्ट्रद्रोह’ की श्रेणी में आता है। लिहाजा, निर्वाचन अधिकारी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए।’
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजी शिकायत
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चुनाव आयोग कार्य प्रभारी जेपी धनोपिया ने खजुराहो लोकसभा सीट के रिटर्निंग ऑफिसर एवं पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजा शिकायती पत्र।
खजुराहो से इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन पत्र निरस्त होने पर कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को शिकायत की है। लिखित शिकायत में कहा गया है कि नामांकन फॉर्म गलत तरीके से निरस्त करने के कारण रिटर्निंग ऑफिसर सुरेश कुमार को तत्काल निलंबित किया जाए। प्रदेश कांग्रेस के चुनाव आयोग कार्य प्रभारी जेपी धनोपिया ने मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजे शिकायती पत्र में कहा है कि खजुराहो में सपा की ओर से प्रत्याशी मीरा यादव ने 4 अप्रैल को फॉर्म जमा किया था। फॉर्म लेते समय रिटर्निंग ऑफिसर की ड्यूटी है कि वह नामांकन फॉर्म को अच्छी तरह से देखे एवं फार्म में जो त्रुटि है, वह प्रत्याशी को चेक लिस्ट के माध्यम से जांच के समय प्रस्तुत करने के लिए सूचित करें। यदि कहीं पर हस्ताक्षर नहीं हुए है तब वह हस्ताक्षर कराएगा। लेकिन उपरोक्त प्रकरण में रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा सपा प्रत्याशी को त्रुटियों और हस्ताक्षर छूटे होने की दशा में सूचना नहीं दी गई। इसलिए कार्रवाई की जाए।
संवीक्षा के बाद 14 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में शेष
लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत शुक्रवार को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा में पांच अभ्यर्थियों का नामांकन पत्र रद्द हो जाने के बाद खजुराहो संसदीय क्षेत्र से अब 14 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में शेष रह गये हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी सोमवार, 8 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवारी से नाम वापस ले सकेंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा का काम खत्म हो जाने के बाद चुनावी मैदान में शेष रह गये अभ्यर्थियों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार विष्णुदत्त शर्मा एवं बहुजन समाज पार्टी के अभ्यर्थी कमलेश कुमार शामिल है, जबकि 12 निर्दलीय अभ्यर्थी मोहम्मद इमरान, कपिल गुप्ता भारतीय, केशकली, गिरन सिंह, नंदकिशोर, पंकज मौर्य (कुशवाहा), पन्ना लाल त्रिपाठी एडवोकेट, फिरोज खां, बिटइया अहिरवार, आरबी प्रजापति (राजा भइया) पूर्व आईएएस., लक्ष्मी प्रसाद और पेंटर सुनमान सिंह लोधी शेष रह गए हैं।