Home Blog Page 214

स्वच्छता की जगाई अलख | विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार, स्टूडेंट्स को वितरित की स्वच्छता किट

0

हीरा खनन परियोजना मझगवां में ‘स्वच्छता सप्ताह’ सम्पन्न

मझगवां। रडार न्यूज    इस्पात मंत्रालय के तत्वावधान में और ‘राष्ट्रव्यापी स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत एनएमडीसी लिमिटेड हीरा खनन परियोजना में दिनांक 24 से 31 अगस्त, 2018 तक ‘स्वच्छता सप्ताह’ सम्पन्न हुआ । शुक्रवार 31 अगस्त, 2018 को आयोजित ‘स्वच्छता सप्ताह पुरस्कार वितरण-सह-समापन समारोह’ में परियोजना प्रबंधन समिति के सदस्य उप महाप्रबंधक एमएंडएस के. चंद्रशेखर, उप महाप्रबंधक कार्मिक बी. के. माधव और उप महाप्रबंधक खनन डी. मैति ने विविध प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया । इस अवसर पर परियोजना के सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी, श्रमिक संघों के महामंत्री समर बहादुर सिंह और शहजाद खान, डीएव्ही स्कूल के शिक्षक एवं स्टूडेंट्स, शासकीय माध्यमिक शाला, हिनौता के शिक्षक और छात्र-छात्रायें उपस्थित थे । स्वच्छता सप्ताह के अंतर्गत परियोजना परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया । विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए डीएव्ही स्कूल सहित समीपवर्ती शासकीय माध्यमिक शाला, हिनौता में विविध प्रतियोगिताओं सहित जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया तथा समीपवर्ती शासकीय शालाओं के स्टूडेंट्स को ‘स्वच्छता किट’ वितरित किया गया ।

सिंधिया के दौरे को लेकर गर्माने लगी सियासत | क्षेत्रीय प्रत्याशी की मांग करेगी संघर्ष समिति

0
फाइल फोटो।

सभा को सफल बनाने के लिए प्रचार-प्रसार में जुटे पवई विधायक

सिमरिया से शाहनगर तक विधायक मुकेश नायक का हो सकता है कड़ा विरोध

पन्ना। रडार न्यूज    मध्यप्रदेश में पिछले 15 साल से विपक्ष में बैठी कांग्रेस पार्टी के लिए आगामी विधानसभा चुनाव काफी महत्वपूर्ण है। सत्ता में वापसी को लेकर पार्टी के दिग्गज नेता पिछले कुछ समय से लगातार प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर आमसभाओं के जरिये लोगों से सीधे मुखातिब होते हुए कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। पन्ना जिले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सत्यव्रत चतुर्वेदी, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और विधायक जीतू पटवारी के बाद कांग्रेस के स्टार प्रचारक एवं चुनाव प्रचार अभियान समिति के प्रमुख ज्योतिरादित्य सिंधिया का आगमन हो रहा है। वे यहां पवई में 5 सितंबर 2018 को विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे। सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के आगमन को लेकर जिले में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। सबसे ज्यादा हलचल पवई विधानसभा क्षेत्र में देखी जा रही है। कांग्रेस की गुटीय राजनीति में पवई विधायक मुकेश नायक को बुंदेलखंड अंचल में सिंधिया कैंप का सबसे सशक्त सिपाही माना जाता है। इसलिए विधायक जी श्री मंत के दौरे को सफल बनाने के लिए जमकर मेहनत कर रहे है। वे गांव-गांव पहुंचकर आमसभा का प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक संख्या में इसमें शामिल होने के लिए लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। इसी सिलसिले में पिछले दिनों विधायक मुकेश नायक ने जिले की तीनों विधानसभाओं में संगठनात्मक बैठकें लेकर आमसभा को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों के साथ मिलकर विस्तृत रूपरेखा बनाई है।

इस कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाकर पवई सीट से पुनः कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपने नाम का ऐलान कराने पर नायक का जहां पूरा जोर रहेगा वहीं पार्टी में उनके धुर विरोधी माने-जाने वाले नेता भी इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाने के लिए सक्रिय हो गये हैं। दोनों तरफ की तैयारियों को देखते हुए स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के अंदरखाने यह चर्चा जोरों पर है कि सिंधिया के दौरे पर जबरदस्त घमासान और शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल सकता है। वैसे भी जब से यह खबर आई है कि पवई से विधायक मुकेश नायक को पुनः अवसर देने की सहमति प्रदेश स्तर पर बन चुकी है, तब से स्थानीय पार्टी नेता खुलकर उनके विरोध में आ गये हैं। पवई से कांग्रेस के टिकिट के जितने भी अन्य दावेदार हैं वे एक साथ आकर मुकेश नायक को पार्टी के अंदर और बाहर घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।

सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की आमसभा को सफल बनाने पन्ना में विधानसभा के कांग्रेस नेताओं की बैठक में मौजूद पवई विधायक मुकेश नायक।

मालूम हो कि 5 सितंबर को सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पड़ोसी जिला दमोह के रास्ते सिमरिया से पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। यहां से मोहन्द्रा, पवई, शाहनगर होते हुए वे कटनी के लिए प्रस्थान करेंगे। पवई में जारी सियासी हलचल से जो खबरें निकलकर बाहर आ रहीं हैं उनके अनुसार विधायक मुकेश नायक का सिमरिया से लेकर शाहनगर तक कड़ा विरोध हो सकता है। पार्टी में उनका विरोधी खेमा लोगों के साथ की गई अभद्रता और वादाखिलाफी के मुद्दे पर नायक को घेरेगा। इसके अलावा सर्वदलीय क्षेत्रीय संघर्ष समिति की और से कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति प्रमुख ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष क्षेत्रीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाने की मांग पुरजोर तरीके से की जाएगी। राजनीति के मंजे खिलाड़ी मुकेश नायक को अपना विरोध होने का भलीभांति एहसास है इसलिए उन्होंने इसे काउंटर करने की पुख्ता रणनीति बनाई है। उनके करीबियों मानें तो विधायक समर्थक भी इस बार पूरे जोश में हैं।

पवई विधायक मुकेश नायक।

दरअसल मुकेश नायक पिछले साढ़े चार सालों में पार्टी में अपने विरोधियों के हर प्रहार को अब तक खामोशी के साथ झेलते रहे हैं, परिणामस्वरूप विरोधी दलों के बजाय उनकी अपनी पार्टी के नेता ही आज उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुके हैं। पिछले महीने जन जागरण पोल-खोल यात्रा के दौरान और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधांशु त्रिपाठी के आगमन पर सिमरिया में जो कुछ हुआ वह अप्रत्याशित था। हाल ही में कांग्रेस में सक्रिय हुए और युवा कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष पद से नवाजे गये भुवन सिंह के लिए उनके समर्थक जिस आक्रामक अंदाज में पवई से टिकिट की मांग कर रहे हैं उससे हर कोई हैरान है। उधर नायक के धुर विरोधी अनिल तिवारी, अरुण पाल सिंह बुंदेला, रावेन्द्र सिंह, गिरधारी लोधी, प्रह्लाद सिंह लोधी आदि नेता क्षेत्रीय प्रत्यासी की मांग पर एकजुटता दिखाते हुए पार्टी नेतृत्व पर जनभावनाओं के अनुरूप क्षेत्रीय व्यक्ति को टिकिट देने का दबाब बनाते हुए मुकेश की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

कथित रूप से पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ मुकेश नायक की मदद करने वाले जिला सहकारी बैंक पन्ना के पूर्व अध्यक्ष संजय नगायच भी इस बार उनके खिलाफ पूरे दमखम से सक्रिय हैं। नगायच ने अपने इन दोनों विरोधियों को एक साथ निपटाने के लिए सर्वदलीय संघर्ष समिति का परचम मजबूती से उठा लिया है। वे इन दिनों क्षेत्रीयता की भावना को उभारते हुए भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दलों से क्षेत्रीय नेताओं को टिकिट दिलाने अभियान चला रहे हैं। चुनाव में कौन सी पार्टी किसे अपना प्रत्याशी बनाती है यह तो आने वाला समय ही बतायेगा लेकिन फ़िलहाल पवई का सियासी माहौल जिस तेजी से घमासान की और बढ़ रहा उसका असर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे में दिखना लगभग तय माना जा रहा है।

छात्रा के साथ शिक्षक ने की घिनौनी हरकत | पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप

0
सांकेतिक फोटो।

छेड़छाड़ और पोस्को एक्ट के तहत दर्ज नहीं की एफआईआर

चौकी प्रभारी ने घटना को दबाने के लिए शिक्षक को धारा-151 में भेजा जेल

पन्ना। रडार न्यूज   मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक शिक्षक ने तीसरी कक्षा की एक छात्रा के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की है। लड़की के पिता का आरोप है कि जब वह इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने पुलिस चौकी गये तो चौकी प्रभारी ने इस शर्मनाक कृत्य दबाते हुए आरोपी को बचाने के लिए उसे विवाद(झगड़ा) करने के आरोप में सीआरपीसी की धारा-151 के तहत जेल भेज दिया। शुक्रवार को पीड़ित छात्रा को लेकर उसके माता-पिता ने पन्ना आये और यहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह को अपनी आपबीती सुनाते हुए उनसे न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को दी गई लिखित शिकायत में बताया गया है कि पन्ना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बराछ के सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ने वाली एक 8 वर्षीय लड़की मंगलवार 28 अगस्त 2018 को दोपहर करीब 1 लंच टाइम में जब अपना टिफिन लेने के लिए कक्षा के अंदर गई तो वहां शिक्षक गोविंद नारायण पटेल द्वारा कथित रूप से उसके साथ छेड़छाड़ की गई। शिक्षक पर आरोप है कि उसने जबरन छात्रा के गुप्तांगों को छूते हुए बलात्कार करने का प्रयास किया। स्कूल में हुई इस घटना से डरी-सहमी छात्रा भागकर अपने घर आई और संपूर्ण घटना की जानकारी उसने अपनी दादी को दी।

शिकायत अनुसार नहीं लिखी रिपोर्ट

सांकेतिक फोटो

पीड़ित छात्रा के पिता ने बताया कि बेटी के साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों से मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराने वह स्थानीय पुलिस चौकी में गया था। जहां चौकी प्रभारी द्वारा उसकी शिकायत के अनुसार रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। लड़की के पिता ने का कहना है कि आरोपी के घृणित कृत्य पर पर्दा डालते हुए उसे बचाने और तत्परता से कार्रवाई करने का दिखावा करते हुए चौकी प्रभारी ने शिक्षक गोविंद नारायण पटेल के विरुद्ध सीआरपीसी की धारा-151 के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। लेकिन शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ या बलात्कार का प्रयास करने और पोस्को एक्ट की धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं किया। पीड़िता के पिता ने जब इस पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई तो कथित रूप से चौकी प्रभारी बराछ ने बेटी की बदनामी होने सहित अन्य कुतर्कों की आड़ लेकर वास्तविक घटना के आधार पर प्रकरण दर्ज करने से मना कर दिया और गालियां देते हुए छात्रा के पिता को भगा दिया। उल्लेखनीय है आज पन्ना आये पीड़ित लड़की के माता-पिता के साथ उनके गांव बराछ के और स्थानीय युवाओं ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिक्षक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने तथा चौकी प्रभारी की भूमिका की जांच कराते हुए उनके खिलाफ एक्शन लेने की मांग की है। जिस पर पुलिस कप्तान ने निष्पक्षता के साथ नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।

इनका कहना है-    बच्ची के माता-पिता ने एक आवेदन पत्र दिया है, जिसे गंभीरता से लेते हुए महिला पुलिस अधिकारी से जांच कराई जा रही है। इस मामले में चौकी प्रभारी बराछ द्वारा शिकायत के अनुसार प्रकरण दर्ज ना करने की भी जांच कराई जायेगी। यदि शिकायत सही पाई गई तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बालिकाओं और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं की जयेगी।

विवेक सिंह, पुलिस अधीक्षक पन्ना।

लड़की के पिता से शिक्षक का विवाद हुआ था इसलिए सीआरपीसी की धारा-151 के तहत कार्रवाई की गई। छात्रा के पिता ने चौकी आकर मुझे जो आवेदन पत्र और बयान दिए उसमें उन्होंने शिक्षक द्वारा छात्रा को बुरी नियत से देखने का आरोप लगाया है, जिसकी जांच की जा रही है। छात्रा के पिता ने अब क्या आरोप लगाए हैं उसकी मुझे जानकारी नहीं है। कहने को तो कोई कुछ भी कह सकता है, जिस स्कूल में दर्जन भर शिक्षक पदस्थ हैं, सैंकड़ों बच्चे पड़ते हैं वहां इतनी बड़ी घटना हो जाये और किसी को पता भी न चले, क्या यह संभव है।

रामफल शर्मा, चौकी प्रभारी बराछ।

चुनाव पूर्व शिवराज सरकार का बड़ा दाँव | तेन्दूपत्ता संग्राहकों को आज बँटेगा 495 करोड़ का बोनस

0
सांकेतिक फोटो।

मुख्यमंत्री श्री चौहान करेंगे सीहोर के लाड़कुई में बोनस का वितरण

अन्य स्थानों पर मंत्री, सांसद और विधायकगण बांटेगे बोनस

भोपाल। रडार न्यूज   मध्यप्रदेश में लगातार चौथी बार भाजपा की सरकार बनाकर इतिहास रचने के लिए चुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हर वर्ग को खुश करने में लगे हैं। ताकि 15 सालों की एंटी इनकंबेंसी को नियंत्रित कर मिशन 2018 के 200 पार के लक्ष्य को पूरा किया जा सके। विपक्षी दल कांग्रेस की चुनौती के बीच भाजपा के पक्ष एक बार फिर माहौल बनाने के लिए सीएम शिवराज पिछले कुछ समय बड़े ही रणनीतिक तरीके से काम कर रहे हैं। जन आशीर्वाद यात्राओं के दौरान सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर बहुप्रतीक्षित घोषणायें और विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन-शिलान्यास करना इसी रणनीति का हिस्सा है। चुनाव से ठीक पहले समाज के हर वर्ग को साधने पर शिवराज सरकार का पूरा जोर है। इस योजना के केंद्र में हर बार की तरह गरीब-श्रमिक और कमजोर वर्ग के लोग हैं। मौजूदा सरकार ने खुद को इन वर्गों का सबसे बड़ा हितैषी साबित करने के लिए जन संबल योजना लागू कर लाखों असंगठित श्रमिकों को सीधे लाभांवित किया है। सरल बिजली-बिल माफ़ी योजना, विभिन्न योजनाओं के तहत पात्रों को हित लाभ प्रदान किया गया है। इसी क्रम में तेंदूपत्ता संग्राहकों को चप्पल, पानी की कुप्पी और साड़ी वितरित करने के बाद अब पूरे प्रदेश में एक ही दिन समारोहपूर्वक तेंदूपत्ता बोनस का वितरण करने का ऐलान किया गया है। जानकर पहले से ही इसके कयास लगा रहे थे कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण चुनाव के ठीक पहले किया जायेगा। इस निर्णय को चुनावी लाभ की मंशा से जोड़कर देखा जा रहा है। बताते चलें कि मध्यप्रदेश के तेन्दूपत्ता संग्राहकों को शुक्रवार 31 अगस्त 2018 लगभग 495 करोड़ का बोनस बाँटा जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान सीहोर के लाड़कुई में बोनस का वितरण करेंगे। जबकि अन्य स्थानों पर प्रदेश सरकार के मंत्री, क्षेत्रीय सांसद और जिला पंचायत अध्यक्ष बोनस बाँटेंगे। तेंदूपत्ता संग्राहकों को कौन, कहां पर बोनस वितरित करेगा इसका बकायदा कार्यक्रम जारी किया गया है। राज्य शासन द्वारा 31 अगस्त को तेन्दूपत्ता संग्राहकों को लगभग 495 करोड़ का प्रोत्साहन पारिश्रमिक सीजन-2017 बाँटा जायेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीहोर जिले के लाड़कुई में प्रोत्साहन पारिश्रमिक वितरित करेंगे। सभी जिलों में कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे से आयोजित होगा।

मंत्री कुसुम महदेले पन्ना में करेंगी वितरण

प्रोत्साहन पारिश्रमिक कार्यक्रम में वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार शहडोल में, विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा होशंगाबाद, वित्त मंत्री जयंत मलैया दमोह, स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह शिवपुरी, स्कूल शिक्षा मंत्री कुँवर विजय शाह खण्डवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले पन्ना, परिवहन मंत्री भूपेन्द्र सिंह सागर के मालथौन, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस बुरहानपुर और मत्स्य-पालन एवं पशु-पालन मंत्री अंतर सिंह आर्य बड़वानी जिले के सेंधवा में तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण करेंगे।

खनिज साधन मंत्री राजेन्द्र शुक्ल सिंगरौली, मण्डला और डिण्डोरी के संयुक्त कार्यक्रम में खाद्य मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, सिवनी में स्वास्थ्य राज्य मंत्री शरद जैन, बालाघाट में कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन, उमरिया में सांसद ज्ञान सिंह, रायसेन के ओबेदुल्लागंज में संस्कृति राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा, बैतूल में सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य, देवास के हाटपिपल्या में स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी, सीधी के मझौली में विधायक केदारनाथ शुक्ल, छिन्दवाड़ा में विधायक चौधरी चन्द्रभान सिंह, तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित करेंगे। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम राज्य मंत्री संजय पाठक कटनी, वन राज्य मंत्री सूर्यप्रकाश मीणा विदिशा, महिला बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती ललिता यादव छतरपुर के बिजावर, सांसद गणेश सिंह सतना के मैहर, राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल नरसिंहपुर, राज्य मंत्री बालकृष्ण पाटीदार खरगोन के बड़वाह में तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित करेंगे।

यहां विधायक करेंगे बोनस वितरण

विधायक सर्वश्री संजय शाह हरदा, दुर्गालाल विजय श्योपुर, गोपीलाल जाटव अशोकनगर, ओमप्रकाश सखलेचा नीमच के रतनगढ़, दिव्यराज सिंह रीवा के सिरमौर, रामलाल रौतेल अनूपपुर, रामेश्वर शर्मा भोपाल, नारायण सिंह पँवार राजगढ़ के मलावर, बेलसिंह भूरिया धार के सरदारपुर, के.के. श्रीवास्तव टीकमगढ़, नागरसिंह चौहान अलीराजपुर, भारत सिंह कुशवाह ग्वालियर के बेहट, कलसिंह भावर झाबुआ के पीपलखूंटा, सूबेदार सिंह रजौधा मुरैना के पहाड़गढ़, राजेश सोनकर इंदौर के ग्राम सिवनी, गोपाल परमार शाजापुर के आगर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अर्चना चौहान गुना, विधायक श्रीमती संगीता चारेल रतलाम के सैलाना और श्री अनिल फिरोजिया उज्जैन जिले के तराना में तेन्दूपत्ता प्रोत्साहन पारिश्रमिक सीजन-2017 का वितरण करेंगे।

जनसम्पर्क मंत्री ने दिवंगत पत्रकारों के परिजन को दिए बीमा राशि के स्वीकृति-पत्र

0
मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने पत्रकार स्वास्थ एवं दुर्घटना बीमा योजना में दिवंगत पत्रकारों के परिजन को 5-5 लाख रूपये के चेक एवं स्वीकृत-पत्र प्रदान किये।

मध्यप्रदेश सरकार पत्रकार कल्याण के लिए प्रतिबद्ध : मंत्री डॉ. मिश्र

भोपाल। रडार न्यूज  जनसम्पर्क एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने आज प्रदेश के दो दिवंगत पत्रकारों के परिजन को पांच- पांच लाख रूपए आर्थिक सहायता के स्वीकृति-पत्र दिए। यह राशि पत्रकार स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना में मंजूर हुई है। डॉ. मिश्र ने कहा कि असमय मृत्यु के शिकार पत्रकार परिवार को आर्थिक मदद के लिए सरकार संकल्पित है। राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं।

इंदौर के पत्रकार मनीष शर्मा की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनकी पत्नी श्रीमती सीमा शर्मा को 5 लाख रूपये का स्वीकृत-पत्र और चेक दिया गया। इसी तरह मंदसौर जिले के पत्रकार कमलेश जैन की हत्या के पश्चात उनके परिवार की सहायता के लिए स्व. कमलेश के भाई मनीष जैन को 5 लाख रूपये का स्वीकृत-पत्र दिया गया। यह राशि यूनाइटेड इंडिया इंश्युरेंस कंपनी द्वारा बीमा योजना में स्वीकृत की गयी है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री और जनसम्पर्क एस.के. मिश्रा, आयुक्त जनसम्पर्क पी.नरहरि, अपर संचालक जनसम्पर्क एम. पी. मिश्रा, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारी ,इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अरविन्द तिवारी एवं पत्रकार बंधु उपस्थित थे।

शिक्षकों की भर्ती में 50 प्रतिशत होगी बेटियाँ – शिवराज सिंह

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज टीकमगढ़ जिले के पृथ्वीपुर में विशाल जन-सभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने पृथ्वीपुर को दी 21 करोड़ के निर्माण कार्यों की सौगात 

भोपाल। रडार न्यूज   मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज टीकमगढ़ जिले के पृथ्वीपुर में कहा कि सितम्बर माह में शिक्षकों की भर्ती की जायेगी। इसमें 50 प्रतिशत स्थान बेटियों के लिये होंगे। श्री चौहान पृथ्वीपुर में 21 करोड़ से भी अधिक के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि संबल योजना प्रदेश में गरीबों की जिन्दगी बदलने का अभियान है। राज्य सरकार ने गरीबों की जिन्दगी को खुशहाल बनाने के लिये अपना खजाना खोल दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कथनी और करनी में कोई अन्तर नहीं है। सरकार जो कहती है, वह करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्ववर्ती सरकारों की तरह गरीबी हटाने का सिर्फ नारा नहीं ही नहीं दिया है, बल्कि गरीबों के साथ न्याय किया है। उन्होंने विकास और जन-कल्याण की राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पृथ्वीपुर क्षेत्र में 173 करोड़ लागत की समूह नल-जल योजना पूरी हो गई है। अब इस योजना से क्षेत्र के सभी 150 गाँवों में नल के माध्यम से घर-घर पानी पहुँचाया जायेगा।

केन-बेतवा परियोजना से मिलेगा पानी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज टीकमगढ़ जिले के पृथ्वीपुर में 21 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बान-सुजारा सिंचाई परियोजना से बुन्देलखंड के इस अंचल में हरियाली, खुशहाली और समृद्धि आयेगी। केन-बेतवा परियोजना की चर्चा करते हुए बताया कि प्रदेश के हिस्से के पानी के बारे में उत्तरप्रदेश सरकार से बातचीत चल रही है। हमें अपने हिस्से का पानी मिलेगा, जिससे इस क्षेत्र की सिंचाई की तस्वीर ही बदल जायेगी। राज्य सरकार ने सिंचाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इस मौके पर केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, प्रभारी मंत्री रुस्तम सिंह, विधायक श्रीमती अनीता सुनील नायक और  अनिल जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष पर्वतलाल अहिरवार, अन्य जन-प्रतिनिधि और विशाल जन-समुदाय मौजूद था।

अलग-अलग तालाबों में दो शव मिलने से फैली सनसनी

0

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृत युवकों की नहीं हो सकी पहचान

बेनीसागर तालाब में मिले मृतक के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान

पन्ना। रडार न्यूज    शहर के बेनीसागर और लोकपाल सागर तालाब में गुरूवार 30 अगस्त 2018 की सुबह दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। इनकी आयु करीब 25-30 वर्ष होने का अनुमान है। फिलहाल आधिकारिक तौर पर यह पता नहीं चल सका कि दोनों युवक किसी हादसे का शिकार होकर पानी में डूबे हैं या फिर उन्होंने आत्महत्या की है अथवा उनकी हत्या की गई है। दोनों ही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली थाना पन्ना पुलिस ने हर एंगल से इनकी जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना निरीक्षक अरविंद कुजूर और एफएसएल अधिकारी महेंद्र सिंह द्वारा बेनीसागर और लोकपाल सागर तालाब पहुंचकर दोनों शवों और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया।

पन्ना के लोकपाल सागर तालाब में मिला युवक का शव।

शव जिस हालत में पाए गए उसकी वीडियो और फोटोग्राफी कराई गई। इन दोनों शवों को नगर पालिका के सफाई कर्मियों की मदद से पुलिस द्वारा पानी से बाहर निकाला गया। बेनीसागर तालाब में जिस युवक का शव मिला है उसके चेहरे और शरीर पर चोट के निशान और ब्लड पाया गया। शव की स्थिति को देखकर यह प्रतीत हो रहा है कि उक्त युवक की संदिग्ध मौत 24 घंटे के अंदर हुई है। गौर करने वाली बात यह है कि युवक की पेंट नीचे से ऊपर की और मुड़ी है। जैसा कि आमतौर पर लोग उथले पानी में उतरने पर कपड़ों को गीला होने से बचाने के लिए करते हैं। अज्ञात मृतकों की पहचान के लिए पुलिस ने उनके फोटो जारी किये हैं। जबकि लोकपाल सागर तालाब से जो शव बरामद हुआ है वह काफी फूल चूका है। ऐसा अनुमान है कि इस युवक की मौत करीब 2-3 दिन पूर्व हुई है। पुलिस ने इन घटनाओं पर मर्ग कायम कर अपनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मृतकों की शिनाख्त होने, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विवेचना पूर्ण पर ही उनकी मौत के वास्तविक कारण का पता चल पायेगा।

सुरक्षा दीवार ना होने से हुई मौत !

पन्ना के बेनीसागर तालाब में मिला युवक का शव।

बेनीसागर तालाब में जिस जगह युवक का शव मिला है वहां समीप ही अंग्रेजी शराब दुकान स्थित है। शाम के समय शराब खरीदने के बाद उसे पीने के लिए तालाब किनारे पियक्क्ड़ों की अच्छी खासी भीड़ रहती है। कुछ समय पूर्व तालाब की सुरक्षा दीवार गिर चुकी है। जिससे वहां बैठना काफी जोखिम भरा हो गया है। आज बेनीसागर तालाब में शव मिलने के बाद कुछ लोग यह आशंका जता रहे हैं कि शराब के नशे में पानी में गिरने से उक्त युवक की मौत हुई है। इस आशंका में कितनी सच्चाई है यह तो बाद में पता चलेगा बहरहाल मुख्य सड़क किनारे स्थित इस तालाब के किनारे शीघ्र ही मजबूत सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई तो यहां किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

नाबालिग से बलात्कार के मामले में कोर्ट सख्त | पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट अस्वीकार, संज्ञान लिया प्रकरण

0
जिला एवं सत्र न्यायालय पन्ना का फाइल फोटो।

विशेष न्यायाधीश पन्ना अमिताभ मिश्रा ने दिया महत्वपूर्ण आदेश

डीएनए रिपोर्ट निगेटिव आने पर पुलिस ने पेश किया था खात्मा प्रतिवेदन

पन्ना। रडार न्यूज    मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में नाबालिग से बलात्कार के एक प्रकरण में निगेटिव आई डीएनए रिपोर्ट को आधार बनाकर सलेहा थाना पुलिस द्वारा क्लोजर रिपोर्ट पेश करते हुए मामले में खात्मा लगाने प्रस्तुत किये गए प्रतिवेदन को न्यालय ने अस्वीकार कर दिया है। करीब तीन वर्ष पुराने इस प्रकरण की क्लोजर रिपोर्ट का गहन परीक्षण करने और पीड़िता व उसके माता-पिता के बयानों को दृष्टिगत रखते हुए विशेष न्यायाधीश पन्ना अमिताभ मिश्रा ने पाया कि आरोपी भूरी ऊर्फ कुंजबिहारी पाण्‍डेय पिता कृष्‍ण मोहन पाण्‍डेय के विरुद्ध मामला चलाने के पर्याप्त आधार हैं। फलस्वरूप न्यालय ने पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट को ठुकराते हुए इस प्रकरण को संज्ञान लिया है। न्यालय के इस महत्वपूर्ण आदेश से बलात्कार पीड़िता और उसके परिजनों में न्याय मिलने की उम्मीद जागी है। वहीं नाबालिग ने कोर्ट से पुनः डीएनए टेस्ट कराने की मांग की है। सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी आशुतोष कुमार दिवेदी ने जानकारी देते बताया कि जिले के सलेहा थाना क्षेत्र की एक गर्भवती नाबालिग को 7 दिसम्बर 2015 को पेट दर्द के चलते सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र देवेन्‍दनगर में भर्ती कराया गया था। जहां उसके 5-6 माह के शिशु का गर्भपात हो गया था।

फीमर बोन और डीएनए की कराई थी जांच

स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने जब उक्त अविवाहित किशोरी से उसके गर्भवती होने के संबंध में पूंछतांछ की तो उसने बताया कि गांव के ही दबंग भूरी ऊर्फ कुंजबिहारी पाण्‍डेय पिता कृष्‍ण मोहन पाण्‍डेय ने उसके साथ बलात्कार किया था। जिसके बाद उसे गर्भ ठहर गया। इस घटना के संबंध में किसी को भी बताने पर आरोपी ने उसे व उसके परिवार वालों को जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में पीड़िता के मृत शिशु का शव परीक्षण और पीड़िता के मेडीकल परीक्षण उपरांत थाना सलेहा द्वारा आरोपी के खिलाफ बलात्कार का मामला पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण की जांच करते हुए पुलिस द्वारा पीड़िता के माता-पिता और अन्‍य साक्षियों के बयान दर्ज किये गए। पुलिस ने मृत नवजात शिशु के फीमर बोन और आरोपी भूरी पाण्‍डेय एवं पीड़िता की एफएसएल सागर से डीएनए फिंगर प्रिटिंग यूनिट से जाँच कराई गई। डीएनए रिपोर्ट में यह बताया गया कि पीड़िता नवजात शिशु की जैविक माता है किन्‍तु आरोपी भूरी पाण्‍डेय नवजात शिशु का जैविक पिता नहीं है। इसी आधार पर थाना सलेहा के द्वारा प्रकरण में खात्‍मा प्रतिवेदन माननीय न्‍यायालय के समक्ष प्रस्‍तुत किया गया। इस मामले को आगे बढ़ाने के लिए आरोपी के विरुद्ध पुलिस को पर्याप्त सबूत न मिलने के कारण प्रकरण में खात्मा लगाने की अपील कोर्ट से की गई।

आरोपी ने बताया था, बदलवा दिया ब्लड सैंपल

पुलिस द्वारा क्लोजर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के पूर्व इस मामले में पीड़िता व उसके माता-पिता के बयान हुए थे। अभियोजन अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह द्वारा कथन करवाये गये थे। जिसमें पीड़िता के द्वारा आरोपी भूरी पाण्‍डेय के द्वारा बलात्‍कार किये जाने की बात बताई गयी, उसके माता-पिता के द्वारा भी न्‍यायालय के समक्ष हुये कथन में आरोपी भूरी पाण्‍डेय के द्वारा उसकी पुत्री के साथ बलात्‍कार किये जाने की बात बताई है। नाबालिग ने अपने कथन में यह भी बताया कि आरोपी ने उससे कहा था कि उसने ब्‍लड सेंपल बदलवा दिया है और जब मैं न्‍यायालय कथन देने आ रही थी तब आरोपी रास्ते में मिला और धमकी दिया की पन्‍ना बयान देने मत जाओ। नहीं तो ट्रेक्‍टर चढवाकर तुम लोगों को खत्‍म कर दूंगा। पीड़िता ने न्यालय से अनुरोध किया कि ब्‍लड सैंपल की दोबारा जाँच कराई जाये।

इस आधार पर दिया केस चलाने का आदेश

सांकेतिक फोटो।

पुलिस के खात्मा प्रतिवेदन का अवलोकन करने के पश्चात् विशेष न्यायाधीश पन्ना अमिताभ मिश्रा ने अपने आदेश में यह लेख किया है कि- कोई भी अविवाहित नाबालिग लड़की और उसके माता-पिता सील को दांव पर लगाकर बलात्‍कार जैसे गंभीर अपराध में किसी को झूंठा नहीं फंसाना चाहेंगें। पीड़िता ने खात्‍मा प्रतिवेदन पर अपने साक्ष्‍य में यह प्रकट किया है कि आरोपी के द्वारा पैसे तथा प्रभाव का इस्‍तेमाल करते हुये ब्‍लड सैंपल को बदलवा दिया गया है। इन परिस्थितियों में डीएनए प्रोफाइल में नकारात्‍मक रिपोर्ट की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। न्‍यायालय ने थाना सलेहा के खात्‍मा प्रतिवेदन को अस्‍वीकार करते हुये केस डायरी में संलग्‍न दस्‍तावेजी साक्ष्‍य, पीड़िता व उसके माता-पिता के कथनों के आधार पर आरोपी भूरी ऊर्फ कुंज बिहारी पाण्‍डेय के विरूद्ध धारा 376,506 भादवि एवं 5/6 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के अर्न्‍तगत अपराध का संज्ञान लिया गया है।

सीएम शिवराज सिंह का दावा | हमने बदहाल प्रदेश को खुशहाल बनाया

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सागर जिले के सुरखी में लगभग 171 करोड़ रूपये लागत की जैरा सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया।

सुरखी में 300 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का शिलान्यास

मुख्यमंत्री द्वारा सुरखी को नगर पंचायत बनाने एवं आईटीआई खोलने की घोषणा

भोपाल। रडार न्यूज     मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गरीबी हटाने के हमने केवल नारे नहीं दिये, बल्कि गरीबों की जिन्दगी में खुशहाली लाने के ठोस इन्तजाम किये हैं। विकास के साथ जनता की जिन्दगी बदलने का अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान बुधवार को सागर जिले के सुरखी में जेरा मध्यम सिंचाई परियोजना सहित 300 करोड़ रूपये के विकास कार्यों के भूमि-पूजन अवसर पर बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने सुरखी को नगर पंचायत बनाने एवं सुरखी में आईटीआई खोलने की घोषणा की।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमें डेढ़ दशक पहले बदहाल एवं बर्बाद प्रदेश मिला था, जिसमें न सड़कें थी, न सिंचाई के साधन थे, न बिजली थी, शिक्षा व्यवस्था चौपट थी, बच्चों का भविष्य अंधकार में था और लोगों की जिन्दगी में अंधेरा छाया हुआ था। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि हमने बदहाल प्रदेश को खुशहाल बनाया है। उन्होंने प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से आग्रह किया कि योजनाओं का लाभ लेने के लिये आगे आयें। उन्होंने बताया कि समाज के कमजोर वर्ग को मूलभूत सुविधाऐं उपलब्ध कराने के लिये संबल योजना आंरभ की गयी है। गरीब परिवारों के भारी भरकम बिजली के बिल माफ कर उन्हे मात्र दो सौ रूपये प्रतिमाह के मान से बिजली देने का निर्णय लिया गया है। श्री चौहान ने इस मौके पर प्रदेश की तरक्की के लिये अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

171 करोड़ की सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन 

इस दौरान श्री चौहान ने कहा कि किसानों को जितना पैसा इस सरकार ने दिया है उतना उन्हें कभी नहीं मिला। हमने किसानों को उनके पसीने की पूरी कीमत देने की व्यवस्था की है। इन सिंचाई परियोजनाओं से बुंदेलखण्ड की खेती-किसानी की तस्वीर बदल जायेगी। उन्होंने 171 करोड़ रूपये के जेरा मध्यम सिंचाई परियोजना का भूमि-पूजन किया इससे लगभग 50 हजार एकड़ भूमि की सिंचाई होगी। साथ ही उन्होंने 13.86 करोड़ रूपये की कालीपठार सिंचाई परियोजना एवं 12.75 करोड़ रूपये की पड़रियाकलॉ बांध का भूमि-पूजन किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती पारूल साहू ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर वन मंत्री गौरीशंकर शेजवार, गृह एवं परिवहन मंत्री भूपेन्द्र सिंह, राज्यसभा सांसद प्रभात झा, सागर सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, दमोह सांसद प्रहलाद पटेल, बण्डा विधायक हरवंश सिंह राठौर, नारायण प्रसाद कबीरपंथी, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष श्रीमती लता वानखेड़े सहित अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

जिले के 400 से अधिक प्राइवेट स्कूल क्यों बंद रहे !

0

फीस नियंत्रण अधिनियम समेत 1 एकड़ भूमि की अनिवार्यता का किया विरोध

प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के नाम मांगो को लेकर सौंपा ज्ञापन

पन्ना। रडार न्यूज     मध्य प्रदेश प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार 29 अगस्त 2018 को पन्ना जिले के करीब 400 से अधिक निजी स्कूल शासन के विभिन्न नियम-कानूनों के विरोध स्वरुप बंद रहे। इसकी पूर्व सूचना के चलते आज बच्चे आज अपने घरों में ही रहे। फलस्वरूप प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई। प्राइवेट स्कूलों के संचालक लंबे समय से स्कूलों की मान्यता, संचालन और फीस नियंत्रण अधिनियम समेत अन्य प्रावधानों का विरोध कर रहे हैं। इनका कहना है कि सरकार के अव्यवहारिक नियम-कानूनों के कारण प्राइवेट स्कूल संचालित करना बेहद कठिन हो गया। इसके खिलाफ प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन जिला इकाई पन्ना के तत्वाधान में प्राइवेट स्कूलों कें संचालको द्वारा मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से एक ज्ञापन प्रेषित किया है। रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे प्राइवेट स्कूलों कें संचालको द्वारा यहां कलेक्टर के प्रतिनिधि को अपना ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें मुख्य रूप से फीस अधिनियम 2018 का विरोध, आर.टी .आई के अंतर्गत प्राईवेट स्कूलों में दाखिला लेने वाले बच्चों की फीस की प्रतिवर्ष प्रतिपूर्ति करने, प्राइवेट स्कूल संचालन हेतु मुख्यमंत्री द्वारा घोषित 1 एकड़ भूमि की अनिवार्यता को समाप्त करने सहित अन्य मांगें शामिल हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से संघ के अध्यक्ष मनीष यादव, संरक्षक आरबी सिंह सेंगर, नईम खान, सचिव प्रवीण यादव, प्रतिपाल सिंह, आर.बी. पटेल, दिनेश कुमार सिंह, संतराम, लोकेंद्र सिंह, सरोज मिश्रा सहित जिले के सहित के सभी प्राइवेट विद्यालयों के संचालक उपस्थित रहे।