मतगणना : राउण्डवार घोषित किया जायेगा परिणाम, अभ्यर्थियों को दी जायेगी रिजल्ट शीट
* विधानसभा निर्वाचन 2018 की 11 दिसंबर को होगी मतगणना
भोपाल। रडार न्यूज भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन 2018 की मतगणना में सभी 51 मतगणना केन्द्रों पर 11 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। मतगणना के दौरान प्रत्येक राउण्ड की समाप्ति पर ईवीएम मशीनों से की गई मतगणना के परिणामों की प्रेक्षक और संबंधित रिटर्निग अधिकारियों द्वारा हस्ताक्षर कर घोषणा की जायेगी। इसके साथ ही घोषणा को मतगणना कक्ष में स्थापित डिस्पले बोर्ड पर प्रदर्शित किया जायेगा। राउण्डवार मतगणना परिणाम की पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से उद्घोषणा की जायेगी। राउडण्वार रिजल्ट शीट भी अभ्यर्थी और उसके अभिकर्ता को दी जायेगी और मीडिया को अवगत कराने के लिये प्रत्येक राउंड के परिणाम की प्रति मतगणना परिसर में बनाये गये मीडिया कक्ष को दी जायेगी। राउण्ड वार मतगणना परिणाम की जानकारी रिटर्निंग अधिकारी द्वारा आयोग के काउटिंग साफ्टवेयर पर भी अपलोड की जायेगी। आयोग द्वारा निर्देशित किया गया है कि अगले राउण्ड की गिनती तब-तक प्रारंभ नहीं होगी, जब तक पहले राउण्ड की मतगणना की गिनती समाप्त होकर उसके परिणाम डिस्प्ले पर प्रदर्शित न हो जायें। यह सभी कार्यवाही रिटर्निंग अधिकारी द्वारा संम्पन्न की जाएगी।
सीसीटीव्ही कैमरों से मिले सुराग के आधार पर 10 लाख की चोरी का खुलासा, फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ही निकले चोर
* तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए 10 लाख रुपये किये बरामद
* पुलिस ने घटना का रिक्रिएशन कराकर देखा पेंचकस से किस तरह खोले थे गेट
* शहडोल जिले के जयसिंह नगर में भी चोरी की एक वारदात को दिया था अंजाम
शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना शहर में स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ब्रांच ऑफिस ग्रामीण कूटा से 4-5 दिसंबर की दरम्यानी रात तिजोरी (लॉकर) समेत 10 लाख से अधिक नकदी रुपये रहस्मय तरीके से चोरी होने की वारदात का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। सीसीटीव्ही कैमरों से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के ही दो कर्मचारियों समेत कुल 3 लोगों को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दुर्गेश कुशवाहा पुत्र रामप्रसाद कुशवाहा निवासी मझगवां जिला कटनी, निर्मल कुशवाहा पिता सुन्दर लाल कुशवाहा व रामकिशोर चौधरी पिता राकेश चौधरी दोनों निवासी भदौरा जिला कटनी शामिल हैं। इनमें दुर्गेश कुशवाहा फाइनेंस कंपनी की पन्ना ब्रांच और निर्मल कुशवाहा शहडोल जिले की ब्रांच में पदस्थ है। पुलिस ने इनसे चोरी किये गए 10 लाख रुपये बरामद किये हैं।
पकड़े गये आरोपियों ने पुलिस की पूंछतांछ में शहडोल जिले के जयसिंह नगर थाना क्षेत्र में भी इसी वर्ष साढ़े 3 लाख रुपये चोरी की एक अन्य घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है। पन्ना पुलिस ने इस चोरी के एक लाख रूपये और कुछ सामान इन शातिर आरोपियों से जब्त किया है। चोरी की इन घटनाओं के खुलासे को पन्ना पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में जिस रात चोरी हुई थी वहां ब्रांच मैनेजर समेत कंपनी के 7 कर्मचारी अंदर सो रहे थे लेकिन किसी को भी तिजोरी चोरी होने की भनक नहीं लगी। अगले दिन सुबह जब कर्मचारी नींद से जागे तो रुपयों की तिजोरी गायब देख उनके होश उड़ गए थे। चोरी की सनसनीखेज घटना के प्रकाश में आने के बाद से ही लोग फाइनेंस कंपनी के किसी न किसी कर्मचारी का इसमें हाथ होने का संदेह जता रहे थे। पुलिस द्वारा किये गए चोरी के खुलासे में खुलासे में कंपनी के दो कर्मचारियों की मुख्य भूमिका होने से लोगों का संदेह सच साबित हुआ है। हालांकि पकड़े गए आरोपियों में वे कर्मचारी शामिल नहीं है जोकि घटना दिनांक को ऑफिस में सोये हुए थे।
क्या था मामला

पन्ना पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने शनिवार 8 दिसंबर को पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि महिला समूहों को ऋण वितरण करने वाली क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ब्रांच ऑफिस के मैनेजर राजेश साहू पिता सालिकराम साहू 26 ने कोतवाली थाना पन्ना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4-5 दिसंबर की दरम्यानी रात हम लोग ऑफिस में सोए हुए थे, सुबह देखा तो ऑफिस में रखी तिजोरी (लॉकर) गायब मिला। तिजोरी में 10 लाख 56 हजार रुपये रखे थे। राजेश ने पुलिस को बताया कि 4 दिसंबर की रात को ही हम लोग कटनी की ब्रांच से 10 लाख रुपये लेकर आये थे। तिजोरी समेत राशि चोरी की घटना को अज्ञात चोर द्वारा ऑफिस के गेट में होल करके अंजाम दिया गया था। इस घटना पर कोतवाली थाना पुलिस द्वारा चोरी का मामला दर्ज कर प्रकरण को विवेचना में लिया गया। लाखों रुपये की इस सनसनीखेज वारदात को चुनौती के रूप में लेते हुए पुलिस कप्तान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तत्पश्चात आरोपियों की गिरफ़्तारी हेतु 10 हजार का इनाम घोषित करते हुए हर पहलू से जांच कर अपराधियों का जल्द से जल्द सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीव्ही कैमरों में दिखे संदेही

चोरी की घटना के खुलासे के लिए पन्ना कोतवाली टीआई अरविंद कुजूर द्वारा पन्ना शहर में लगे सीसीटीव्ही कैमरों को खंगाला गया, जिसमें कुछ संदेही उसी इलाके में मोटरसाईकिल से घूमते हुए नजर आये। इस अहम् सुराग के आधार पर घटना दिनांक को फाइनेंस कंपनी के ब्रांच ऑफिस में सोये कर्मचारियों से कड़ाई से पूंछतांछ की गई। जिसमें मैनेजर राजेश साहू ने बताया कि उसने दुर्गेश कुशवाहा हेलमेट के संबंध में बातचीत की थी। इस दौरान उसने कटनी जाने की बात कही थी। मालूम हो कि दुर्गेश कुशवाहा इसी कंपनी का कर्मचारी है जोकि पन्ना में पदस्थ है और घटना के पूर्व से छुट्टी पर था। कटनी रुपये लेने जाना पड़ता है यह बात उसे भलीभांति पता थी। दुर्गेश जब वापस पन्ना लौटा तो संदेह के आधार पर कोतवाली पुलिस द्वारा अभिरक्षा में लेकर उससे कड़ाई से पूंछतांछ की गई।
इस दौरान उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि चोरी की घटना को निर्मल कुशवाहा व रामकिशोर चौधरी दोनों निवासी भदौरा जिला कटनी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। टीआई अरविंद कुजूर ने दुर्गेश को अपने साथ कटनी ले जाकर उसके दोनों सहयोगियों को हिरासत में ले लिया। चोरी किये गए 10 लाख रुपये भी इनसे बरामद कर लिए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल को जप्त किया है। विदित हो कि आरोपी निर्मल कुशवाहा माइक्रो फाइनेंस कंपनी क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ब्रांच ऑफिस शहडोल में तैनात है।
मड़ला घाटी में फेंक दी थी तिजोरी

पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कटनी से तीनों आरोपियों को पन्ना लाकर उनसे घटना के संबंध में सिलसिलेवार पूंछतांछ की गई। आरोपियों ने बताया कि 4-5 दिसंबर की रात 12 बजे पन्ना आकर नुकीले पेंचकस की मदद से ऑफिस के दरवाजों को खोला गया। फिर कमरे में रखी तिजोरी को उठाकर मोटरसाईकिल से मड़ला घाटी ले गए। जहां छेनी-हथोड़ी की मदद से तिजोरी का ताला खोलकर रुपये निकाल लिए और उसे वहीं पर छोड़कर मोटरसाईकिल से अपने घर चले गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरी की इस रहस्मयी घटना का अपराधियों से रिक्रिएशन कराकर यह देखा गया कि उनके द्वारा पेंचकस से किस तरह ऑफिस के गेट खोले गए थे। पुलिस अधीक्षक ने एक सवाल के जबाब में बताया कि चोरी की घटना के समय ऑफिस में सो रहे कर्मचारियों की अब तक की जांच में किसी तरह की संलिप्तता सामने नहीं आई है, हालांकि पकड़े गए आरोपियों को रिमांड में लेकर इस संबंध गहन पूंछतांछ की जाएगी। साथ ही यह पता लगाया जायेगा कि इनके द्वारा पूर्व में जयसिंह नगर के आलावा चोरी की अन्य किसी घटना को अंजाम तो नहीं दिया गया।
विधानसभावार 3237 डाक मतपत्रों की छंटनी संपन्न, 11 को होगी मतगणना
* राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निकाले गए डाक मतपत्र
* छंटनी करने के बाद बक्सों में सीलकर कोषालय में जमा कराया
पन्ना। रडार न्यूज भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत विधानसभा निर्वाचन 2018 की मतगणना 11 दिसंबर 2018 को की जाएगी। जिसमें प्रातः 8 बजे से सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना की जाएगी। डाक मतपत्रों को गणना हेतु तैयार करने के क्रम में गुरुवार 6 दिसंबर 2018 को अब तक प्राप्त डाक मतपत्रों की विधानसभावार छंटनी का कार्य कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुआ। जिसमें डाक द्वारा प्राप्त एवं सुविधा केन्द्रों द्वारा प्राप्त डाक मतपत्रों के बक्सों को राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खोला गया और डाक मतपत्रों की विधानसभावार छंटनी की गयी। इस सम्पूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गयी है।
पन्ना विस के सर्वाधिक 1627 डाक मतपत्र

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार छंटनी के दौरान विधानसभा 58-पवई के लिए 936 सामान्य मतदाताओं के डाक मतपत्र प्राप्त हुए हैं जबकि सेवा मतदाताओं की संख्या शून्य रही। विधानसभा 59-गुनौर के लिए 667 सामान्य मतदाताओं के एवं 7 सेवा मतदाताओं के डाक मतपत्र प्राप्त हुए हैं। इस तरह विधानसभा गुनौर के लिए कुल 674 डाक मतपत्र प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार विधानसभा 60-पन्ना के लिए 1601 सामान्य डाक मतपत्र एवं 26 सेवा मतदाताओं के डाक मतपत्र, कुल 1627 डाक मतपत्र प्राप्त हुए हैं। इस तरह छंटनी के दौरान प्राप्त कुल 3237 डाक मतपत्रों को विधानसभावार पृथक-पृथक बाक्स में सीलकर कोषालय में जमा किया गया है। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जे.पी. धुर्वे, रिटर्निंग ऑफिसर पवई अभिषेक सिंह ठाकुर, रिटर्निंग ऑफिसर गुनौर एस.सी. परस्ते, रिटर्निंग ऑफिसर पन्ना बी.बी. पाण्डेय, नोडल अधिकारी डाक मतपत्र विष्णु त्रिपाठी के साथ संबंधित विधानसभाओं के सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं पत्रकार मौजूद रहे।
क्राइम : फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में 7 कर्मचारी सोते रहे और अज्ञात चोर लॉकर समेत 10 लाख कैश चुरा ले गए

* 90 किलो वजनी लॉकर उठा ले गए चोर पर किसी को भनक तक नहीं लगी
* पन्ना शहर में बैंक ऑफ इंडिया के बाजू में चोरी की वारदात से फैली सनसनी
* माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूंछतांछ में जुटी पुलिस
शादिक खान,पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना शहर में स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ब्रांच ऑफिस से दरम्यानी रात लॉकर समेत 10 लाख से अधिक कैश चोरी होने की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मचा है। शहर के आगरा मोहल्ला में बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बाजू में हुई चोरी की घटना का हैरान करने वाला पहलू यह है कि, फाइनेंस कंपनी के ऑफिस के जिस कमरे में ब्रांच मैनेजर समेत 7 कर्मचारी सोये हुए थे वहां से अज्ञात चोर इतना वजनी लॉकर उठाकर ले गये लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। जबकि फाइनेंस कंपनी का ऑफिस मकान के प्रथम तल में स्थित होने से लोहे की सीढ़ियों के रास्ते 90 किलो वजनी लॉकर को नीचे लाना आसान नहीं है।

जाहिर है चोरी की इस बड़ी वारदात को कई शातिर अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया है। जिस तरह का घटनाक्रम बताया जा रहा है उससे प्रथम दृष्टया माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ही संदेह के घेरे में हैं। बुधवार 5 दिसंबर की सुबह चोरी की घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पन्ना कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद कुजूर एवं एफएसएल टीम ने स्थल का निरीक्षण कर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को हिरासत में लेकर उनसे सघन पूंछतांछ शुरू कर दी है। इसके अलावा शातिर चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास के निजी और चोराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है।
कुछ घंटे पहले ही आये थे रुपये

पन्ना के आगरा मोहल्ला चौराहा के समीप बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बाजू में स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ब्रांच ऑफिस में हुई चोरी की वारदात में कि मंगलवार 4 दिसंबर की रात्रि 8 बजे ही कटनी से करीब 8 लाख रुपये कैश स्व सहायता समूहों को ऋण वितरण हेतु आये थे। शेष राशि स्थानीय स्तर हुए कलेक्शन की थी। ब्रांच मैनेजर राजेश साहू ने बताया कि कटनी से मंगवाई गई राशि की इंट्री सहित अन्य कागजी कार्रवाई देर रात 11:30 बजे तक चलती रही फिर सभी लोग ऑफिस में ही सो गए। गौर करने वाली बात यह है अज्ञात शातिर चोरों ने इसके कुछ ही घंटे बाद जिस समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया उस समय माइक्रो फाइनेंस कंपनी के लॉकर में पर्याप्त कैश रखा था।
सवाल उठ रहा है कि चोरी की घटना की टाइमिंग क्या महज एक संयोग है या फिर ऑफिस के कर्मचारियों के अलावा किसी और को कैश आने की पुख्ता जानकारी थी। जिस कमरे में पूरा स्टॉफ सोया हुआ था वहां से लॉकर समेत 10 लाख 50 हजार रुपये चोरी होने की किसी को भी भनक न लगने से लोग कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध मान रहे है। अंदर से लॉक कमरों के दरवाजों में छोटा सा सुराख़ करके जिस तरह आसानी उन्हें खोला गया वह भी हैरान करने वाला है। मैनेजर राजेश साहू के अनुसार चोरी की घटना का पता बुधवार सुबह तब चला जब नींद से जागे कर्मचारी शंकर कुशवाहा ने लॉकर गायब देख और कमरे का लॉक खुला हुआ पाकर उन्हें व अन्य सहकर्मियों को इसकी जानकारी दी। उधर मकान मालकिन वृद्धा सियारानी साहू ने पत्रकारों को बताया कि रात में उसने जूतों की आहट से सुनी थी, लेकिन नींद में होने के कारण वह समझीं कि सुबह हो चुकी है और शायद कंपनी के कर्मचारी व्यायाम कर रहे हैं। सुबह जब वृद्धा सियारानी जागीं तो चोरी होने का पता चलते ही उनके होश उड़ गए।
एमपीईबी की चोरी का नहीं हुआ खुलासा

पन्ना के आगरा मोहल्ला चौराहे के समीप ही कुछ समय पूर्व मध्य पूर्व क्षेत्र विधुत वितरण कंपनी लिमिटेड संभाग के कार्यालय परिसर में स्थापित एटीपी मशीन के लॉकर से भी लाखों रूपये की चोरी होने का मामला प्रकाश में आया था। शहर के उपभोक्ताओं द्वारा जमा की गई विधुत बिल की राशि चोरी होने की घटना के कई माह गुजरने के बाद भी पन्ना कोतवाली थाना पुलिस खुलासा नहीं कर सकी। आज इसी इलाके में चोरी की दूसरी बड़ी वारदात सामने आने से पुलिस की सक्रियता के साथ-साथ रात्रि गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। जिनका जबाब फ़िलहाल कोतवाली थाना पुलिस के पास नहीं है। अब देखना यह है कि पन्ना पुलिस माइक्रो फाइनेंस कंपनी क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ऑफिस में हुई लाखों की चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है, या फिर इस मामले का हश्र भी एमपीईबी ऑफिस की चोरी की तरह होता है।
इनका कहना है
“फाइनेंस कंपनी के कार्यालय से 10 लाख से अधिक रुपये चोरी हुए हैं, अज्ञात चोर लॉकर समेत रुपये ले गए। मैनेजर और कर्मचारी रात्रि में जिस कमरे में सोये हुए थे उसी में चोरी हुई जिसका बुधवार सुबह पता चला। संदिग्ध घटना की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है, कर्मचारियों से भी आवश्यक पूंछतांछ की जा रही है।”
अरविंद कुजूर निरीक्षक, कोतवाली थाना पन्ना।
स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, 25 बच्चे घायल
* पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के महगवां मोड़ की घटना
* सुरक्षा के मापदंडों को खुलेआम रौंदते हुए दौड़ रहा था स्कूल वाहन
रविशंकर सोनी, पवई। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक तेज रफ्तार स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में 25-30 घायल हुए हैं। दुर्घटना का शिकार हुए बच्चे डरे हुए हैं। उन्हें उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थय केंद्र पवई में भर्ती कराया गया है। उधर, दुर्घटना का पता चलने के बाद से अपने बच्चों को लेकर चिंतित अभिभावक स्वास्थय केंद्र पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार 4 दिसंबर को पन्ना के पवई थाना क्षेत्र के ग्राम महगवां व पिपरिया के बच्चे पढ़ने के लिए रोज की तरह स्कूल वाहन क्रमांक- एमपी 35-टी-0879 से पटोरी ग्राम में स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर जा रहे थे। तेज रफ्तार टाटा मैजिक वाहन जब महगवां मोड़ के समीप पहुंचा तभी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
इन्हें आईं चोटें

सुबह करीब 9 बजे हुई इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस का डॉयल 100 वाहन और 108 एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंच गई। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों व पुलिस द्वारा घायल बच्चों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकला गया। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें पवई लाकर सामुदायिक स्वास्थय केंद्र में भर्ती कराया गया। घायल छात्र-छात्राओं में रूचि सिंह 11, नम्रता सिंह 7, प्रगति सिंह10, सचिन 8, अम्रता सिंह 11, रूबी सिंह 10, बुद्ध सिंह 8, रूपाली सिंह 11, के अलावा अन्य बच्चों को भी चोटें आईं है। राहत की बात यह है सभी बच्चों को मामूली चोटें आईं है, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद बच्चों को उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया है।
सवार थे क्षमता से अधिक बच्चे

इस दुर्घटना में स्कूल प्रबंधन और मैजिक वाहन चालक की घोर लापरवाही प्रथम दृष्टया सामने आई है। वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे को बैठाया गया था। स्कूल वाहन में बच्चों की सुरक्षा हेतु आवश्यक प्रबंध भी नहीं थे। सरस्वती ज्ञान मंदिर पटोरी के प्रबंधन द्वारा सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन और शासन के द्वारा निर्धारित मापदंडों के विपरीत स्कूल वाहन का संचालन कराने का मामला सामने आया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पवई थाना पुलिस ने वाहन जब्त लिया है। वहीं प्रकरण पंजीबद्ध करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी मैजिक चालक मूरत सिंह को गिरफ्तार किये जाने की चर्चा है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।
दिव्यांग किसी से कम नहीं, अवसर मिलें तो करेंगे बेहतर प्रदर्शन- खत्री

* विविध प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ मनाया गया विश्व विकलांग दिवस
पन्ना। रडार न्यूज विश्व दिव्यांग दिवस 3 दिसंबर के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर मनोज खत्री के मुख्य आतिथ्य में सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास पुराना पन्ना में किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गयी। विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में विगत 2-3 दिवसों में जिलेभर में आयोजित की गयी विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदाय किए गए। इस दौरान दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों के लिए सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट द्वारा विशाल नेत्र परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। इस दौरान उप संचालक सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण अशोक चतुर्वेदी, सहायक संचालक शिक्षा रामप्रकाश शुक्ला, जिला परियोजना समन्वयक विष्णु त्रिपाठी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सुश्री तपस्या जैन, सहायक परियोजना समन्वयक आबिद अली, प्रधानाध्यापक माध्यमिक शाला पुराना पन्ना चन्द्रभान सेन, भारतीय साइन लेंग्वेज विशेषज्ञ श्रीमती मेघा बगोरा, सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास का स्टॉफ, अभिभावक, पत्रकारगण तथा दिव्यांग बच्चे मौजूद रहे।
सुरक्षित भविष्य के लिए करें प्रयास

कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर मनोज खत्री द्वारा मॉ सरस्वती के चित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इसके बाद स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत गाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री खत्री ने सभी बच्चों को विश्व दिव्यांग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह दिवस लोगों के बीच दिव्यांगजनों के संबंध में जागरूकता फैलाने के लिए आयोजित किया जाता है। अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, पत्रकार साथी सभी मिलकर दिव्यांगजनों को बेहतर परिवेश देने में एवं उनकी समस्याएं सही ढ़ंग से सामने रखने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से अपनी भूमिका निभाते हैं। लेकिन हमे इससे एक कदम ओर आगे बढकर सोचने एवं कार्य करने की आवश्यकता है। हमारा प्रयास केवल बच्चों को शिक्षित बनाने तथा अध्ययनकाल में उनकी देखरेख तक ही सीमित नही रहना चाहिए। यहां से जाने के बाद भी उनका भविष्य सुरक्षित रहे इस दिशा में प्रयास करने की आवश्यकता है।
बालिकाओं के लिए भी खुलेगा छात्रावास
उप संचालक सामाजिक न्याय एवं सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास का संचालक एनजीओ इन दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य करें। इन बच्चों को आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज में प्रशिक्षण दिलाने एवं डिग्री डिप्लोमा कोर्स के लिए चिन्हांकित किया जाए। ताकि वे स्वयं आत्मनिर्भर बनकर परिवार के लोगों का भी सहारा बन सकें। उन्होंने कहा कि जिले में दिव्यांग बच्चों के लिए केवल एक ही बालक छात्रावास है। यहां बालक एवं बालिकाओं के लिए और छात्रावास खुल सकें इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिव्यांग किसी से कम नही हैं, अच्छे अवसर मिले तो वे बेहतर प्रदर्शन करेंगे। आइए हम सब मिलकर दिव्यांगजनों के बारे में अच्छी जागरूकता समाज में फैलाएं।
कार्यक्रम में उप संचालक सामाजिक न्याय अशोक चतुर्वेदी ने कहा कि दिव्यांग बच्चे असाधारण है और विशेष प्रतिभा के धनी है। बस उसे निखारने और उन्हें एक प्लेटफार्म देने की आवश्यकता है। सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
प्रतिभागियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक विष्णु त्रिपाठी ने बताया कि तीन दिसंबर विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में दिव्यांग बच्चों के लिए विकासखण्ड स्तर पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन विगत दिनों किया गया है। जिसके बाद जिला स्तरीय विजेता प्रतिभागियों को कार्यक्रम में सम्मानित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सहायक परियोजना समन्वयक आबिद अली ने विश्व दिव्यांग दिवस आयोजन के इतिहास एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दिव्यांग लोगां प्रति समाज में जागरूकता लाने के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा प्रत्येक वर्ष 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र ने यह परम्परा वर्ष 1992 से प्रारंभ की है। हर साल इससे संबंधित अलग-अलग थीम रखी जाती है। इस वर्ष की थीम एजेण्डा ऑफ सस्टेनेबल डवलपमेन्ट पर आधारित है। विश्व दिव्यांग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सहायक संचालक शिक्षा रामप्रकाश शुक्ला ने अपने वेतन से 21 हजार रूपये की राशि दिव्यांग बच्चों के कल्याण के लिए प्रदाय करने की घोषणा की।
दिव्यांग बच्चों ने दी विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गयी। मूकबाधिर बच्चों द्वारा साइन भाषा विशेषज्ञ श्रीमती मेघा बगोरा के मार्गदर्शन में सामूहिक सांस्कृतिक गान प्रस्तुत किया गया। माइम नाटिका के माध्यम से साफ-सफाई रखने, एटीएम की प्रक्रिया, विभिन्न खेलों आदि के संबंध में प्रस्तुति दी गयी। दृष्टिबाधित बच्चों द्वारा वादन एवं गायन किया गया। कार्यक्रम में माय एंजल डांस गु्रप के बच्चों द्वारा भी मनोरंजक प्रस्तुति दी गयी।
मतगणना : विधानसभावार 14-14 टेबल लगेगीं, सबसे पहले डाक मतपत्रों की होगी गिनती

* जिला निर्वाचन अधिकारी ने की मतगणना संबंधी तैयारियों की समीक्षा
पन्ना। रडार न्यूज कलेक्ट्रट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खत्री की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचन 2018 की मतगणना संबंधी तैयारियों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साह एवं पूरी निष्ठा के साथ एक टीम के रूप में कार्य करने के लिए तथा जिले में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों से एक-एक कर सम्पन्न मतदान के संबंध में फीडबैक भी लिए।
दिया जायेगा प्रशिक्षण
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनोज खत्री ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन 2018 की मतगणना आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 दिसंबर 2018 कोप्रातः 8 बजे से शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज पन्ना में प्रारंभ होगी। जिसमें सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना की जाएगी। डाक मतपत्रों की गणना के दौरान पूरी सावधानी बरती जाए। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। जिन डाक मतपत्र के बाहरी लिफाफे में घोषणा पत्र होगा केवल उनके ही डाक मतपत्र खोले जाएंगे। उन्होंने मतगणना के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जे.पी. धुर्वे को दिए। साथ ही कहा कि मतगणना सुपरवाईजर और माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण 5 दिसंबर 2018 को आयोजित करने के संबंध में तत्काल आदेश जारी किए जाएं। इसी तरह मतगणना के बाद ईव्हीएम मशीन सीलिंग के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बैठक में मतगणना के दिवस के दिन मतगणना स्थल पर प्रवेश प्रक्रिया से अवगत कराते हुए उन्होंने बताया कि सभी रिटर्निंग ऑफिसर मतगणना एजेन्टों की नियुक्ति के लिए आवेदन हेतु अभ्यर्थियों को अभी से सूचित कर दें। मतगणना दिवस के कम से कम तीन दिन पहले इस संबंध में आवेदन निर्धारित प्रारूप में दो प्रतियों एवं दो फोटोग्राफ के साथ पहचान पत्र सहित अनिवार्य रूप से जमा किए जाएं। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा पास जारी मीडिया कर्मी ही मतगणना परिसर में प्रवेश कर पाएंगे। इसी तरह पासधारी अधिकृत अधिकारी, कर्मचारियों को ही मतगणना परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।
आयोग के निर्देशानुसार होंगी व्यवस्थायें

बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री खत्री ने बताया कि मतगणना के लिए विधानसभावार 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। मतगणना के लिए बैठक व्यवस्था आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत की जाएगी। मतगणना कक्ष में किसी भी तरह की लापरवाही एवं अनुशासनहीनता स्वीकार नही की जाएगी। मीडिया के लिए मीडिया सेंटर बनाया जाएगा। जिसमें सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी को दिए। इस दौरान बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी जे.पी. धुर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीकेएस परिहार, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अशोक चतुर्वेदी, सभी रिटर्निंग ऑफिसर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख एवं कार्यालय प्रमुख मौजूद रहे।
24 घंटे संगीनों के साये स्ट्रांग रूम, अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि भी कर रहे निगहबानी
* स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था के लिये कलेक्टर एवं एसपी जिम्मेदार
भोपाल । रडार न्यूज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी व्ही. एल. कान्ता राव ने बताया की प्रदेश में मतदान पूर्ण होने के बाद सभी ईव्हीएम एवं व्ही.व्ही.पैट स्ट्रॉग रूम में जमा की जा चुकी है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक जिलों के स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा तथा प्रोटोकॉल के सावधानी पूर्वक क्रियान्वयन कर रहे हैं। श्री राव ने कहा कि सभी 51 जिलों में स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा केन्द्रीय सुरक्षा बल द्वारा 24 घण्टे की जा रही है। इसके साथ ही दूसरा घेरा विशेष सशस्त्र बल द्वारा संपादित किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था मतगणना पूर्ण होने तक यथावत रहेगी। स्ट्रॉग रूम में डबल लॉक सिस्टम है, जिसकी एक चाबी जिला निर्वाचन अधिकारी के पास तथा दूसरी चाबी संबंधित क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी के पास है। केन्द्रीय पुलिस बल स्ट्रॉग रूम की आंतरिक परिधि सुरक्षा व्यवस्था में तैनात है तथा राज्य के सशस्त्र पुलिस बल बाहरी परिधि में सुरक्षा के लिए तैनात हैं।
स्क्रीन पर दिखेगा प्रवेश द्वार

अभ्यर्थियों को स्ट्रांग रूम के सुरक्षा इंतजाम पर गहन नजर रखने के लिए अपने प्रतिनिधियों को तैनात करने के लिए लिखित में सूचना दी गई है। उन्हें आंतरिक परिधि के बाहर रहने की अनुमति दी गई, जहां से वे स्ट्रॉग रूम के प्रवेश द्वार को देख सकें, यदि स्ट्रांग रूम के प्रवेश द्वार को सीधे नहीं देखा जा सकता है तो ऐसी अवस्था में सीसीटीवी की व्यवस्था है जिससे वे स्ट्रांग रूम के प्रवेश द्वार की निगरानी स्क्रीन पर देख सकें। स्ट्रॉग रूम के पास नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यशील है।
पुलिस अधिकारी के साथ एक राजपत्रित अधिकारी को स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा के लिए 24 घंटे ड्यूटी पर रखा गया है। स्ट्रॉग रूम के अंदर एवं आस-पास अग्निशामकों का पर्याप्त इंतजाम किया गया है। केन्द्रीय पुलिस बल द्वारा लॉगबुक रखी जाती है, जिसमें द्वितीय सुरक्षा घेरा अर्थात मध्य परिधि को पार करने वाले व्यक्तियों के नाम, मोबाईल नम्बर, दिनांक, समय, इत्यादि जानकारी की प्रविष्टि की जाती है। जिसमें प्रेक्षकों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों, अभ्यर्थियों, अभिकर्ताओं या किसी अन्य व्यक्ति के दौरे भी शामिल होते है।
स्ट्रॉग रूम की परिधि में आने जाने वाले व्यक्तियों के रिकॉर्ड के लिये केन्द्रीय सुरक्षा बल को वीडियो कैमरा उपलब्ध करवाये गये है। स्ट्रॉग रूम में 24 गुणा 7 विधुत की उपलब्धता के लिये विधुत जेनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है, ताकि स्ट्रॉग रूम की रिकॉर्डिंग-सुरक्षा प्रभावित न हो।
मतगणना के दिन खोला जावेगा

रिटर्निंग ऑफिसर को स्ट्रॉग रूम के आंतरिक परिधि तक प्रत्येक दिन सुबह एवं शाम को दौरा कर लॉगबुक एवं वीडियोग्राफी की जांच करने के निर्देश दिये गये है। रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजी जा रही है। किसी अधिकारी या किसी अन्य राजनैतिक कार्यकर्ता के वाहन सहित किसी भी वाहन को स्ट्रॉग रूम की परिधि के भीतर आने की अनुमति नहीं है, वाहनों से उतरने का बिन्दु बाहरी सुरक्षा परिधि के आगे चिन्हित किया जाता है इसके बाद केवल पैदल मार्ग होता है। मतगणना के दिन स्ट्रॉग रूम को अभ्यर्थियों-उनके प्रतिनिधियों, रिटर्निंग ऑफिसर एवं प्रेक्षक की उपस्थिति में वीडियोग्राफी की निगरानी में खोला जावेगा।
स्कूली वाहनों का विशेष चेकिंग अभियान, मापदंडों को पूरा न करने वाले 15 वाहन जप्त
* एसपी के निर्देश पर यातायात पुलिस पन्ना ने की कार्रवाई
पन्ना। रडार न्यूज कुछ दिन पूर्व सतना जिले में हुए स्कूल वाहन के भीषण हादसे के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के निर्देशानुसार यातायात पुलिस द्वारा स्कूली वाहनों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार 1 दिसंबर को यातायात पुलिस द्वारा 15 स्कूली मैजिक और ऑटो जप्त कर आवश्यक दस्तावेज जैसे परमिट फिटनेस, प्रदूषण कार्ड, बीमा एवं ड्राईवर का लाइसेंस आदि चेक किए गए।










