Home Blog Page 204

बच्चों को खसरा और रूबेला रोग से मुक्त बनाने के लिये चलाया जायेगा “टीकाकरण अभियान”

0
सांकेतिक फोटो।

* वर्ष 2020 तक देश-प्रदेश को मीजल्स से मुक्त करने का लक्ष्य

भोपाल। रडार न्यूज   प्रदेश के बच्चों को खसरा और रूबेला रोग से मुक्त बनाने के लिये जनवरी-फरवरी-2019 में अभियान चलाया जायेगा। भारत सरकार द्वारा इस अभियान में वर्ष 2020 तक 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों के खसरा रोग निर्मूलन और रूबेला रोग नियंत्रण के लिये लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. पल्लवी जैन ने आज अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। इसमें स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

टीका

बचाव किये जा सकने वाले रोग

बीसीजी
बचपन का क्षय रोग (या प्राथमिक स्तर)
ओपीवी
पोलियोमायलाइटिस (पोलियो)
हेपेटाइटिस-बी
हेपेटाइटिस-बी (पीलिया)
पेंटावेलेंट
डिप्थीरिया (गलघोंटू), पर्टुसिस (काली खाँसी या कुकर खाँसी), टिटनेस (धनुस्तम्भ), हिब संक्रमण जिससे निमोनिया तथा मेनिनजाइंटिस होते हैं तथा हेपेटाइटिस-बी
आरवीवी
रोटोवायरस दस्त रोग
आईपीवी
पालियोमायलाइटिस (पोलियो)
खसरा
खसरा या गोवर
एमआर
खसरा एवं रूबेला
जेई
जापानी एंसिप्लाइटिस या तीव्र एंसिप्लाइटिस सिण्ड्रोम या दिमागी बुखार
डीपीटी
डिप्थीरिया, पर्टुसिस तथा टिटनेस
टिटनेस
टिटनेस (नवजात तथा गर्भवती महिलाओं में)
पीसीवी
न्यूकोक्कल निमोनिया

प्रदेश में वर्ष 2010 से 2017 के बीच खसरा रक्षक अभियान चलाकर 9 माह से 10 वर्ष की आयु के डेढ़ करोड़ बच्चों को मीजल्स का अतिरिक्त टीका सफलतापूर्वक दिया जा चुका है। पूर्व वर्षों में टीकों के ही माध्यम से स्माल पॉक्स (चेचक) का वर्ष 1978, पोलियो का वर्ष 2014 और मातृ-नवजात शिशु टिटनेस बीमारी का वर्ष 2015 से निर्मूलन किया जा चुका है।

एमआर वैक्सीन से दो बीमारियों का बचाव

सांकेतिक फोटो।
राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि खसरा-रूबेला टीकाकरण के लिये विस्तृत रणनीति तैयार की गई है। जिस बच्चे को खसरे का टीका (एमसीव्ही-1) लग चुका है, उसको कम से कम एक माह बाद 16-24 माह पर एमसीव्ही-2 देना होगा। नौ माह की उम्र होने पर मीजल्स टीके के स्थान पर मीजल्स-रूबेला (एमआर) वैक्सीन दी जायेगी। भविष्य में मीजल्स के स्थान पर एमआर वैक्सीन जिलों को भेजी जायेगी। इससे दो बीमारियों का बचाव होगा। अभियान के लिये संबंधित विभागों के साथ लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अद्यतन होता रहेगा। आगामी 6 एवं 7 दिसम्बर को सभी 52 जिलों के प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

 

2

कार्यवाही : दुर्लभ अफ्रीकन कछुओं के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

0
वन विभाग और सिवनी ने दुर्लभ अफ्रीकन कछुओं के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।

* दुनिया के तीसरे सबसे बड़े सुलकाटा प्रजाति के हैं ये कछुए

* जब्त कछुओं को सुरक्षा की दृष्टि से वन विहार में रखा गया

भोपाल। रडार न्यूज   वन विभाग और सिवनी पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान केवल अफ्रीका के सहारा रेगिस्तान में पाये जाने वाले संकटापन्न सुलकाटा प्रजाति के 6 कछुओं को जब्त किया है। आरोपी इन कछुओं को कोलकाता के रास्ते से लाकर मुम्बई ले जा रहे थे। ये कछुए आकार में दुनिया के तीसरे सबसे बड़े कछुए हैं। पूर्णत: शाकाहारी एक वयस्क कछुए का वजन 105 किलो तक होता है। जब्त कछुओं को सुरक्षा की दृष्टि से वन विहार में रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि वन विभाग की राज्य-स्तरीय टाइगर स्ट्राइक फोर्स की कई प्रदेशों में कछुआ तस्करी से संबंधित महत्वपूर्ण सफलताओं को देखते हुए यह प्रकरण भी सौंपा गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि सुलकाटा कछुए सहारा रेगिस्तान की इन्डेमिक प्रजाति है, जो पूरी दुनिया में प्राकृतिक रूप से केवल सहारा रेगिस्तान में ही पाई जाती है। अफ्रीका के देश चाड, सुडान, बुर्किनाफासो, नाइजीरिया, सेनिगल, इथोपिया आदि देशों में मिलने वाले इन कछुओं की तस्करी अफ्रीका से बांग्लादेश के रास्ते भारत तक अवैध रूप से की जाती है। संकटापन्न होने के कारण इसका व्यापार सीआईटीएस नियमों के अंतर्गत अपराध की श्रेणी में आता है।

उक्त तकनीकी पहलुओं के मद्देनजर केन्द्रीय डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यु इंटेलिजेंस को सूचित करते हुए प्रकरण हस्तांतरित कर दिया गया है। डीआरआई ने कस्टम एक्ट-1962 के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
2

विधानसभा निर्वाचन- 2018 | पन्ना जिले में 74 प्रतिशत से ज्यादा मतदान, विधानसभावार आंकड़े जारी

0
सांकेतिक फोटो।

* पन्ना में 73, गुनौर में 72 और पवई सीट पर सर्वाधिक 77 प्रतिशत वोटिंग

* उम्मीदवारों का भविष्य ईव्हीएम में बंद, 11 दिसंबर को आएगा जनता का फैसला

पन्ना। रडार न्यूज   मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन- 2018 में पन्ना जिले की तीनों सीटों पर बुधवार 28 नवंबर को कुल 74.29 प्रतिशत मतदान हुआ। बुधवार को कुछ मतदान केन्द्रों पर शाम 5 बजे के बाद भी लाईन लगी होने के कारण उन्हें टोकन देकर मतदान की प्रक्रिया जारी रखी गयी थी। इसलिए देर रात्रि पीठासीन अधिकारियों द्वारा जिला मुख्यालय पहुंचकर मतदान सामग्री जमा कराते हुए पीठासीन की डायरी सौंपी गई जिसके आधार पर गुरुवार 29 नवंबर अधिकृत मतदान प्रतिशत की घोषणा जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खत्री द्वारा की गई। प्राप्त जानकारी अनुसार पन्ना विधानसभा सीट पर 73.38, गुनौर में 72.01, और पवई सीट पर सर्वाधिक 77.46 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग किया गया । पिछले चुनाव के दौरान जिले का मतदान प्रतिशत 68.35 दर्ज किया गया था। गत विधानसभा निर्वाचन- 2013 की तुलना में इस बार जिले में मतदान प्रतिशत में करीब 5.94 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। हालांकि, इसके बाद भी पन्ना जिला चुनाव आयोग की ओर से दिए गये 80 प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सका। मालुम हो कि पिछले चुनाव में जिले की पवई विधानसभा सीट पर मतदान प्रतिशत 72.14, गुनौर में 63.52 एवं विधानसभा पन्ना में 68.47 दर्ज हुआ था। दोनों विधानसभा चुनावों के आंकड़ों को तुलनात्मक रूप से देखें तो इस बार पवई विधानसभा क्षेत्र के मतदान प्रतिशत में 5.32, गुनौर सीट पर 8.49 और पन्ना में 4.91 वृद्धि दर्ज हुई है। जानकारों के अनुसार मतदान प्रतशित में जो भी वृद्धि हुई है वह विभिन्न दलों के उम्मीदवारों द्वारा अपने पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए पूरा जोर लगाने और चुनाव आयोग के निर्देशानुसार चलाये गए मतदाता जागरूकता अभियान का प्रतिफल है।

5 लाख से अधिक मतदाताओं ने डाले वोट

सांकेतिक फोटो।

जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार  विधानसभा चुनाव में इस बार पवई सीट पर 256895 मतदाताओं में से 198984 ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। पन्ना सीट पर दर्ज कुल 229496 मतदाताओं में से 168408 ने वोट डाले। जबकि गुनौर विधानसभा क्षेत्र में 212160 मतदाताओं में 152779 ने वोटिंग की। इस तरह पन्ना जिले में दर्ज कुल मतदाता 698551 में से 520171 ने मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भूमिका निभाई। जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 275191 और महिला मतदाताओं की तादाद 244976 बताई जा रही है।

2

एनएमडीसी लिमिटेड हीरा खनन परियोजना में संविधान दिवस मनाया गया

0
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की कांस्य प्रतिमा पर माल्यार्पण करते परियोजना प्रबंधक राजीव शर्मा।

* संविधान की उद्देशिका का पाठ कर बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित की

मझगवां। रडार न्यूज   संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने की 69वीं वर्षगांठ पर दिनांक 26 नवंबर 2018 को एनएमडीसी लिमिटेड हीरा खनन परियोजना में संविधान दिवस मनाया गया । परियोजना एससी-एसटी कर्मचारी कल्याण समिति द्वारा परियोजना टाउनशिप के अंबेडकर पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं परियोजना प्रबंधक राजीव शर्मा ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की कांस्य प्रतिमा पर माल्यार्पण किया । इस अवसर पर परियोजना के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी, कर्मचारी संघ के महामंत्री समर बहादुर सिंह एवं अध्यक्ष बाबूलाल, पीएचकेएमएस के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तथा एससी-एसटी कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश अहिरवार और सचिव संजय कुमार रोहितास ने बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित किया । परियोजना के उप महाप्रबंधक कार्मिक बी.के. माधव ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का पाठ किया जिसको सभी गणमान्य अतिथियों ने दोहराया ।
2

विधानसभा निर्वाचन- 2018 : पन्ना जिले में लगभग 70 प्रतिशत हुआ मतदान

0
सांकेतिक फोटो।

* शाम 5 बजे के पूर्व तक की मतदान प्रतिशत की स्थिति

* पन्ना में 65, गनौर में 70 और पवई में सर्वाधिक 73 प्रतिशत वोटिंग

पन्ना। रडार न्यूज   पन्ना जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में शाम 5 बजे के पूर्व तक लगभग 70 प्रतिशत मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हो चुका था। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खत्री ने जिले में शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया है। इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार शाम 5 बजे के पूर्व तक जिले में 69.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिसमें पवई विधानसभा में 73 प्रतिशत, गुनौर विधानसभा में 70.32 प्रतिशत एवं पन्ना विधानसभा में 65 प्रतिशत मतदान हो चुका था। कुछ मतदान केन्द्रों पर शाम 5 बजे के बाद भी लाईन लगी होने के कारण उन्हें टोकन देकर मतदान की प्रक्रिया जारी रखी गयी। अधिकृत मतदान प्रतिशत की घोषणा पीठासीन अधिकारियों द्वारा सामग्री जमा कराते समय सौंपी जाने वाली पीठासीन की डायरी के आधार पर घोषित की जाएगी। जबकि गत विधानसभा निर्वाचन-2013 के दौरान जिले का मतदान प्रतिशत 68.35 दर्ज किया गया था। जिसमें विधानसभा पवई में यह प्रतिशत 72.14, गुनौर में 63.52 एवं विधानसभा पन्ना में 68.47 था। इस तरह शाम 5 बजे के पूर्व तक ही जिले में गत विधानसभा निर्वाचन की तुलना में बढा हुआ मतदान प्रतिशत दर्ज किया जा चुका था।
2

लोकतंत्र को सशक्त बनाने अमानगंज के निःशक्त मतदाताओं ने शत-प्रतिशत डाले वोट

0
व्हीलचेयर में बैठकर अपने सहयोगी के साथ मतदान करने जाते विकलांग मतदाता।

* बुजुर्ग मतदाताओं का मतदान केन्द पहुंचने पर किया गया स्वागत

* पन्ना जिले में मतदान को लेकर महिलाओं में रहा उत्साह

पन्ना। रडार न्यूज   विधानसभा निर्वाचन 2018 में निर्वाचन आयोग द्वारा विकलांग मतदाताओं को उनका मताधिकार सुगम्य रूप से दिलाने के लिए पहली बार कई आवश्यक व्यवस्थायें की गईं। इसी का ही परिणाम है कि 28 नवंबर को जिले के विकलांग मतदाता अधिक से अधिक संख्या में मतदान केन्द्र पहुंचे और अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसी कड़ी में नगर परिषद अमानगंज के समस्त विकलांग मतदाताओं की संख्या 31 में से एक मतदाता बाहर है जबकि शेष ने शत प्रतिशत मतदान किया। मतदान को लेकर दिव्यांग मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला।
बुजुर्ग मतदाताओं का सम्मान करता कर्मचारी।
इसी तरह बुजुर्ग मतदाताओं के मतदान केन्द्र पहुंचने पर फूलमाला पहनाकर एवं तिलक लगाकर उनका स्वागत किया गया और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य मतदान करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। बुजुर्ग मतदाताओं के लिए बैठक व्यवस्था भी की गयी थी।

मतदान के लिए आगे आयी नारी शक्ति

मतदान केंद्र के बाहर खड़े होकर अपनी उंगली में लगी मतदान की स्याही दिखती महिलायें।
विधानसभा निर्वाचन 2018 के अन्तर्गत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खत्री के निर्देशन पर स्वीप गतिविधियों के तहत महिला मतदाताओं को जागरूक करने हेतु विशेष प्रयास किए गए हैं। इसी का परिणाम 28 नवंबर को मतदान केन्द्रों पर देखने को मिला। जिले में मतदान को लेकर महिला मतदाताओं में उत्साह देखा गया। जिले की नारी शक्ति ने भी लोकतंत्र को सशक्त बनाने में आगे आकर अपनी भूमिका निभायी।
2

जन ने स्वीकार किया तंत्र का अनुरोध | अधिकारियों के आश्वासन के बाद कुड़रा में हुई वोटिंग

0
पहुंच विहीन दुर्गम वन ग्राम कुड़रा का मतदान केंद्र ।

* जिला निर्वाचन अधिकारी की पहल ने दिखाया असर 

* 324 में से 221 ग्रामीणों ने डाले वोट, कतार में खड़े कई मतदाता

पन्ना। रडार न्यूज     जिला निर्वाचन अधिकारी पन्ना मनोज खत्री की विशेष पहल के फलस्वरूप कुड़रा के ग्रामीणों ने आखिरकार मतदान का बहिष्कार सामूहिक समाप्त कर दिया। बुधवार 28 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे के बाद यहां ग्रामीणों द्वारा उत्साहपूर्वकअपने मताधिकार उपयोग किया गया। जिसके चलते महज पौने दो घंटे में ही वहां कुल 324 मतदाताओं में से 221 मतदाता वोट डाल चुके थे, समाचार लिखे जाने तक 17 वोटर मतदान केंद्र के बाहर लाइन में लगे थे। कुड़रा में मतदान का सामूहिक बहिष्कार समाप्त कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अजयगढ़ सीईओ, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों के एक दल को वहां भेजा गया। जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों की ओर से सड़क निर्माण संबंधी मांग को यथा शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन मिलने के बाद कुड़रा के ग्रामीण मतदान करने के लिए राजी हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर पन्ना मनोज खत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि कुड़रा की पहुंच मार्ग निर्माण की समस्या के समाधान हेतु स्थानीय ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया है। अधिकारियों से चर्चा उपरांत ग्रामीणों की नाराजगी दूर हो गई और उनके द्वारा सहर्ष अपने मताधिकार का उपयोग किया गया।
उल्लेखनीय है कि पन्ना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक -60 के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत धरमपुर के ग्राम कुड़रा के ग्रामीणों ने गांव के मार्ग निर्माण की मांग को लेकर करीब एक माह पूर्व मतदान का सामूहिक बहिष्कार करने का ज्ञापन एसडीएम अजयगढ़ को सौंपा था। सड़क निर्माण को लेकर प्रशासन की और से समय रहते कोई ठोस आश्वासन न में मिलने की स्थिति कुड़रा ग्राम के वाशिंदों ने अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार आज सुबह विधानसभा चुनाव-2018 के मतदान का सामूहिक रूप से बहिष्कार कर दिया। जोकि दोपहर 3 बजे तक जारी रहा। बुधवार 28 नवंबर को सुबह 10 :25 बजे तक सिर्फ 2 वोट पड़े थे। इस खबर से हरकत में आये प्रशासन ने आनन-फानन में गांव में ही तैनात अन्य कर्मचारियों तथा मध्यान्ह भोजन व्यवस्था से जुड़े समूह की महिलाओं आदि को प्रेरित कर मतदान कराया गया। इस तरह दोपहर 3 बजे तक कुड़रा में सिर्फ 10 लोगों ने ही वोट ही डाले थे। दोपहर बाद मतदान का सामूहिक बहिष्कार समाप्त कराने में सफलता मिलने पर जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
2

पन्ना विधानसभा : कुड़रा ग्राम में “मतदान का सामूहिक बहिष्कार” | सड़क निर्माण न होने से नाराज हैं ग्रामीण

0
पहुंच विहीन दुर्गम वन ग्राम कुड़रा का मतदान केंद्र ।

* कलेक्टर से सड़क निर्माण का आश्वासन चाहते हैं स्थानीय लोग

* पहुंच विहीन दुर्गम ग्राम से स्वास्थय केंद्र तक पहुंचने से पहले थम जाती हैं सांसें

पन्ना। रडार न्यूज    सड़क निर्माण को लेकर प्रशासन की और से समय रहते कोई ठोस आश्वासन न मिलने की स्थिति कुड़रा ग्राम के वाशिंदों ने अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार विधानसभा चुनाव-2018 के मतदान का सामूहिक रूप से बहिष्कार कर दिया। पन्ना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-60 के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत धरमपुर के ग्राम कुड़रा में बुधवार 28 नवंबर को सुबह 10 :25 बजे तक सिर्फ 2 वोट पड़े थे। दरअसल, सुबह 8 बजे वोटिंग शुरू होने के साथ ही कुड़रा से मतदान के सामूहिक रूप से बहिष्कार की खबर आने पर हरकत में आये प्रशासन ने अपनी किरकिरी को रोकने के लिए विशेष प्रयास करते हुए सबसे पहले स्थानीय आंगनवाडी कार्यकर्ता-सहायिका से मतदान कराया। इसके पश्चात् अन्य गांव में ही तैनात अन्य कर्मचारियों तथा मध्यान्ह भोजन व्यवस्था से जुड़े समूह की महिलाओं आदि को प्रेरित कर मतदान कराया गया। समूचे गांव के मतदान के बहिष्कार में शामिल होने के कारण मतदान करने वाले कर्मचारी काफी तनाव-दबाद और उलझन में नजर आये। लोकतंत्र के इस उत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाने का उल्लास इनके चेहरों पर नजर नहीं आया। इस तरह दोपहर 3 बजे तक कुड़रा में सिर्फ 10 वोट ही पड़े थे। पन्ना जिले की जनपद पंचायत अजयगढ़ अंतर्गत आने वाला कुड़रा ग्राम बारहमासी आवागम सुविधा वाली एक अदद सड़क के आभाव में आज भी पहुंच विहीन दुर्गम ग्राम बना हुआ है। यहां हर साल कई बीमार लोग, गर्भवती महिलायें और उनके नवजात शिशु समय पर धरमपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थय केंद्र तक न पहुंच पाने के कारण असमय काल कवलित हो जाते। सड़क न होने से इस गांव के जवान युवक-युवतियों का विवाह भी नहीं हो पा रहा है। धरमपुर से करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कुड़रा ग्राम के पहुंच मार्ग निर्माण की सबसे बड़ी बाधा करीब 3 किलोमीटर का रास्ता वन क्षेत्र के अंतर्गत आना है। वन विभाग की आपत्तियों के चलते यहां सड़क निर्माण नहीं हो पा रहा है। कुड़रा के ग्रामीणों ने यह शर्त रखी है यदि कलेक्टर की ओर से सड़क निर्माण का लिखित आश्वासन मिलता है तो वे मतदान करेंगे।
इनका कहना है-
“कुड़रा के ग्रामीणों की समस्या वाकई गंभीर है, यहां की स्थिति और इनकी मांग के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया गया है। सड़क निर्माण का आश्वासन मिलने पर ग्रामीण मतदान करने की बात कह रहे हैं।”

आर.पी. सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट

2

गरीब की लाड़ली को शिवराज सिंह ने बनाया लक्ष्मी : स्मृति ईरानी

0
पहाड़ीखेरा ग्राम में आमसभा को संबोधित करतीं केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एवं समीप खड़े बृजेन्द्र प्रताप सिंह।

* पन्ना विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ीखेरा में आयोजित हुई आमसभा

* राम वनगमन पथ के मामले पर कांग्रेस के ऊपर साधा निशाना

पन्ना। रडार न्यूज    गरीब परिवार की बेटी को लक्ष्मी के रूप में पूजने की योजना यदि किसी सरकार ने बनाई है तो वह मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार है। पूरे देश में पहली बार गरीब की बेटी को लाड़ली लक्ष्मी बनाने का काम शिवराज सिंह चौहान ने किया है, जिसका लाभ प्रदेश की 27 लाख बेटियों को मिला है। यह बात भाजपा की स्टार प्रचारक एवं केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आज पन्ना विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ीखेरा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये कही। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह को भारी मतों से जिताने के लिये जनता से आशीर्वाद भी माँगा।

बृजेन्द्र प्रताप को विधानसभा पहुंचायें

आमसभा में बड़ी संख्या में उपस्थित पहाड़ीखेरा क्षेत्र की महिलायें और पुरुष।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से तकरीबन 3 घण्टे विलम्ब से पहाड़ीखेरा पहुँची केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राम वन पथ गमन मार्ग के निर्माण की बात पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने कोर्ट में एफिडेबिड देकर राम के अस्तित्व को ही नकार दिया, आज चुनाव के समय वह राम वन पथ गमन मार्ग के निर्माण की बात करती है। उन्होंने कहा कि मैं आपसे यह कहना चाहती हूँ कि राम का नाम इन्हें तब याद आता है जब पराजय सामने दिखती है। केन्द्रीय मंत्री ने उपस्थित जन समुदाय की ओर मुखातिब होकर कहा कि ऐसी पार्टी को अपना आशीर्वाद न दें बल्कि उस पार्टी को अपना आशीर्वाद दें जिसने हर घर में विकास की गंगा पहुँचाकर राम राज्य की कल्पना को साकार करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर से शिवराज सिंह को मुख्यमंत्री बनायें और विकास के लिये समर्पित युवा बृजेन्द्र प्रताप सिंह को विधानसभा ले जायें। आमसभा में भाजपा प्रत्याशी सहित भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी व बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित रहे।
2

मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की चुनावी आमसभा 26 को अजयगढ़ में

0
पूर्व क्रिकेटर एवं मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू।

* कांग्रेस प्रत्याशी शिवजीत सिंह के पक्ष में आमसभा को करेंगे संबोधित

* पूर्व क्रिकेटर सिद्धू के आगमन को लेकर पन्ना जिले में उत्साह का माहौल

पन्ना। रडार न्यूज   भारत के पूर्व क्रिकेटर एवं पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करने के लिए आ रहे हैं। पन्ना जिले के अजयगढ़ क़स्बा में सोमवार 26 नवंबर को दोपहर 11 बजे मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू विशाल आमसभा को संबोधित कर पन्ना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी शिवजीत सिंह को विजयी बनाने के लिए मतदाताओं से वोट रुपी अपना आशीर्वाद देने की अपील करेंगे। सिद्धू के अजयगढ़ आगमन का कार्यक्रम तय होने की आज सुबह खबर आने के बाद से ही समूचे पन्ना जिले में ख़ुशी और उत्साह का माहौल है। क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू के दौरे को लेकर युवाओं तथा खिलाड़ियों में खासी उत्सुकता देखी जा रही है। अजयगढ़ के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व क्रिकेटर, टीव्ही कलाकार एवं पंजाब सरकार के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू सोमवार 26 नवंबर को दोपहर 11 बजे हैलीकॉप्टर से अजयगढ़ आयेंगे और यहां छोटी फील्ड में पन्ना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी शिवजीत सिंह भैया राजा के पक्ष में विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे।

गुनौर में भी होगी आमसभा

मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू।
अजयगढ़ के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री गर्ग ने बताया कि देश की जानी-मानी हस्ती नवजोत सिंह सिद्धू को देखने और सुनने के लिए उनके प्रशंसकों की आपार भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए आमसभा में पहुँचने वाले लोगों के लिए बैठक व्यवस्था का बेहतर इंतजाम किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पहली बार पन्ना जिले के दौरे पर आ रहे हैं। पन्ना विधानसभा क्षेत्र के अजयगढ़ कस्बा में आमसभा को संबोधित करने के बाद श्री सिद्धू हैलीकॉप्टर से पन्ना जिले के ही विकासखंड मुख्यालय गुनौर के लिए प्रस्थान करेंगे। जहां वे आरक्षित गुनौर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार शिवदयाल बागरी के पक्ष में गुनौर के कॉलेज ग्राउण्ड में दोपहर 2 बजे से आमसभा को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रचार समाप्ति के महज कुछ घंटे पहले पन्ना जिले में होने वाली मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की दो बड़ी आमसभाओं का संबंधित कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनाव में कितना लाभ मिलता है यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
2