“प्रशासनिक अधिकारियों के अनुभव की विविधता ही उनकी पूंजी”
* मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मुख्य सचिव बी. पी. सिंह को दी औपचारिक विदाई
भोपाल। रडार न्यूज मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है कि भारत ही शायद ऐसा एकमात्र देश है, जहाँ प्रशासनिक अधिकारी को अपने सेवाकाल के दौरान सर्वाधिक अनुभव होते हैं। अनुभव की विविधता ही उनकी पूंजी बन जाती है और सेवाकाल समाप्त होते-होते वे ज्ञान का जलाशय बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह भी विचार करने की आवश्यकता है कि समृद्ध अनुभवों का लाभ प्रदेश और समाज को कैसे और किस रूप में मिले। श्री नाथ ने आज यहां मंत्रालय में सेवानिवृत हो रहे मुख्य सचिव बसंत प्रताप सिंह को औपचारिक विदाई दी। श्री नाथ ने कहा कि श्री सिंह ने कर्तव्यनिष्ठा और कर्मठता के साथ प्रदेश को अपनी सेवाएँ दी हैं । प्रशासनिक सेवा में उनके योगदान को याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को अचीवमेंट और फुलफिलमेंट का हमेशा ध्यान रखना चाहिये और लक्ष्य तय करना चाहिये। उन्होने कहा कि दोनों में संतुलित मिलाप होना चाहिये। प्रशासनिक सेवा से जुड़े अधिकारियों को हमेशा फुलफिलमेंट की तरफ बढ़ना चाहिए क्योंकि उन्होंने सेवा में चयनित होकर अचीवमेंट तो पहले ही हासिल कर लिया है। श्री नाथ ने विनोदपूर्ण लहजे में कहा कि हर प्रशासनिक सेवक सेवानिवृत्त होता है लेकिन राजनीति में सेवानिवृत्ति जनता तय करती है।
मुख्यमंत्री साफ नजरिया रखने वाले राजनेता
सेवानिवृत्त हो रहे मुख्य सचिव श्री सिंह ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री कमल नाथ के साथ काम करने का बहुत कम समय मिला। उन्होंने कहा कि श्री नाथ एक साफ नजरिया रखने वाले राजनेता है। उनके निर्देशों में स्पष्टता होती है। इसलिए उनके परिणाम भी अच्छे और जल्दी मिलते हैं । मुख्यमंत्री ने श्री सिंह को स्मृति स्वरूप उपहार भेंट किया। अपर मुख्य सचिव प्रभांशु कमल ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन श्रीमती अरुण रश्मि शमी ने आभार व्यक्त किया।
हीरों की नीलामी | मजदूर बना करोड़पति, 42 कैरेट का नायाब हीरा 2.55 करोड़ में बिका
* झाँसी के ज्वेलर्स राहुल अग्रवाल ने सर्वोच्च बोली लगाकर हीरा खरीदा
* 57 साल बाद मजदूर मोतीलाल को मिला था दूसरा सबसे बड़ा हीरा
* पन्ना में एक और मजदूर को मिला उज्जवल क़िस्म का हीरा
शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज हीरों के खनन लिए विश्व विख्यात मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में करीब ढ़ाई माह पूर्व मजदूर मोतीलाल प्रजापति को मिला उज्जवल किस्म का बेशकीमती नायाब हीरा 2 करोड़ 55 लाख रुपये में बिका है। 42 कैरेट 59 सेंट वजन के इस हीरे को पन्ना में चल रही हीरों की नीलामी में झाँसी, उत्तर प्रदेश के ज्वेलर्स राहुल अग्रवाल ने सर्वोच्च बोली लगाकर खरीदा है। इस हीरे के लिए 6 लाख रुपये प्रति कैरेट की दर से बोली लगाई गई। उधर, नीलामी में उम्मीद से अधिक राशि मिलने से मजदूर मोतीलाल और उसके भाई रघुवीर प्रजापति करोड़पति बन गए हैं। हीरे की चमक से दुर्दिन रुपी अँधेरा मिटने और सम्मानपूर्वक खुशहाल जिंदगी की तमन्ना पूरी होने की ख़ुशी दोनों भाईयों के चेहरों पर साफ़ झलक रही है। इनकी जिंदगी ने जिस तेजी से करवट ली है, उससे एक बार फिर यह यह साबित हुआ है कि “रत्नगर्भा वसुंधरा पन्ना में लोगों की किस्मत चमकते देर नहीं लगती, यहां किस्मत जब किसी पर मेहरबान होती है तो वह एक झटके में ही रंक से राजा बन जाता है।”
महीने भर की मेहनत में हुए मालामाल

मालूम होकि जिला मुख्यालय पन्ना के समीप ग्राम कृष्णा कल्याणपुर में पट्टा लेकर हीरे की उथली खदान लगाने वाले मजदूर मोतीलाल प्रजापति और उसके भाई को महज महीने भर की मेहनत में ही 9 अक्टूबर 2018 को 42 कैरेट 59 सेंट का उज्जवल किस्म का बेशकीमती नायाब हीरा मिला था। पन्ना जिले की उथली हीरा खदानों में पिछले 57 साल में मिले नायब हीरों की सूची में यह दूसरा सबसे बड़ा और जैम क्वॉलिटी का हीरा है। जिला मुख्यालय पन्ना में स्थित देश के एकमात्र हीरा कार्यालय के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार पूर्व में 15 अक्टूबर 1961 में पन्ना के ही रसूल मोहम्मद को महुआटोला की उथली खदान में 44 कैरेट 55 सेंट का सबसे बड़ा हीरा मिला था।
सम्मानपूर्वक करेंगे जीवन यापन

बहुमूल्य हीरे को अच्छा भाव मिलने की खबर फैलने के बाद से मोतीलाल प्रजापति और उसके भाईयों के घर पर उत्सव जैसा माहौल है। रंक से राजा बने प्रजापति परिवार के सदस्यों की ख़ुशी का ठिकाना नहीं है। पन्ना के बेनीसागर मोहल्ला स्थित इनके घर पर दोपहर से ही परचितों और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा है। श्रमिक मोतीलाल ने “रडार न्यूज” को बताया कि ईश्वर की असीम अनुकंपा उसे बहुमूल्य हीरे के रूप में छप्पर फाड़कर मिल गया है। वह खुद को भाग्यशाली मानता कि उसे महज महीने भर की मेहनत में ही बेशकीमती बड़ा हीरा मिल गया जबकि अधिकांश लोग पूरी जिंदगी खदान खोदते रहते हैं और उन्हें एक अदद हीरा नहीं मिलता। मोतीलाल ने कहा कि हीरे की बिक्री से जो राशि प्राप्त होगी उसे वह और उसके भाई आपस में बांट लेंगे। अपने बच्चों का विवाह करने के बाद शेष राशि से वह कोई व्यवसाय करेंगे ताकि मजदूरी छोड़कर सम्मानपूर्वक जीवनयापन संभव हो सके।
एक और मजदूर की चमकी किस्मत

उज्जवल किस्म के हीरों की धरती पन्ना में कब किसकी किस्मत चमक उठे अंदाजा लगाना मुश्किल है। मजदूर मोतीलाल प्रजापति के करोड़पति बनने की चर्चाओं के बीच शनिवार 29 दिसम्बर को यहां एक और मजदूर राधेश्याम सोनी को 18.13 कैरेट वजन का बेशकीमती जैम क्वॉलिटी का हीरा मिला है। इस हीरे की कीमत भी एक करोड़ से अधिक होने की चर्चाएं हैं। पन्ना के समीपी ग्राम जनकपुर निवासी मजदूर राधेश्याम सोनी को यह हीरा कृष्णा कल्याणपुर(पटी) में स्थित उथली हीरा खदान में मिला है। राधेश्याम पेशे से लघु कृषक और मजदूर हैं, आर्थिक तंगी के चलते आभाव की जिंदगी जी रहे इस युवा ने अपनी किस्मत आजमाने के लिए अपने दोस्तों के साथ मिलकर हीरा खदान लगाई थी। आज जब खदान में निकली कंकड़ युक्त चाल (ग्रेवल) को अनाज की तरह बीनने के दौरान एक बेहद तेज चमकदार सफ़ेद पत्थर दिखा तो राधेश्याम सोनी और उसके साथियों के चेहरों पर ख़ुशी की लहर दौड़ गई। यह कोई मामूली पत्थर नहीं बल्कि बेशकीमती रत्न हीरा था, जिसे पाने की तमन्ना वे न जाने कब से संजों रहे थे। उक्त हीरे को लेकर राधेश्याम आज पन्ना के हीरा कार्यालय पहुंचे जहां उनके द्वारा हीरे को जमा कराया गया है।
इनका कहना है-
“पन्ना की उथली खदानों में इतने बड़े साइज का जैम क्वालिटी के हीरे मिलने से जहां मजदूर करोड़पति बना है वहीं विभाग को भी हीरे की नीलामी से अच्छा-खासा राजस्व प्राप्त हुआ है। राधेश्याम सोनी को मिला हीरा भी उज्जवल किस्म का अच्छा हीरा है, इसे आगामी नीलामी में बिक्री हेतु रखा जायेगा।”
– संतोष सिंह बघेल, जिला हीरा अधिकारी पन्ना।
मध्यप्रदेश | मंत्रियों के बीच किया विभागों का बँटवारा, मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने पास रखे 10 विभाग, जानिये किस मंत्री को क्या मिली जिम्मेदारी
* बाला बच्चन को गृह और जेल विभाग की जिम्मेदारी
* पहली बार मंत्री बने जयर्वधन सिंह को नगरीय विकास और आवास विभाग मिला
भोपाल। रडार न्यूज मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपनी कैबिनेट के गठन के बाद शुक्रवार देर रात मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। विभागों के वितरण को लेकर तीन दिनों तक चले मंथन के बाद इसमें जातीय संतुलन के साथ राजनीति समीकरणों को भी साधने की कोशिश की गई है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जनसम्पर्क समेत 10 विभाग फ़िलहाल अपने पास रखे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाला बच्चन को गृह और जेल मंत्री बनाया गया है। सज्जन सिंह वर्मा को लोक निर्माण और पर्यावरण जैसे दो अहम विभाग मिले हैं। वहीं दिग्विजय सिंह के बेटे और जयर्वधन सिंह को नगरीय विकास और आवास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। हुकूम सिंह कराड़ा को जल संसाधन विभाग सौंपा गया है। युवा नेता जीतू पटवारी को उच्च शिक्षा विभाग के साथ खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है। तुलसी सिलावट को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग मिला है। प्रदीप जायसवाल को खनिज साधन विभाग का दायित्व मिला है।
मुख्यमंत्री ने अपने पास रखे ये विभाग
मुख्यमंत्री कमलनाथ में अपने सहयोगियों को मंत्रालयों का बंटवारा करने के बाद पास जनसम्पर्क सहित 10 महत्वपूर्ण विभाग रखे हैं। इनमें औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग, जनसंपर्क विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, विमानन विभाग, लोक सेवा प्रबंधन विभाग, अप्रवासी भारतीय विभाग, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग सहित अन्य वे सभी विभाग अपने पास रखे हैं जो किसी को आवंटित नहीं किए गए।
इन मंत्रियों को आवंटित हुए ये विभाग-
डॉ. गोविंद सिंह – सहकारिता विभाग, संसदीय कार्य विभाग
प्रदीप जायसवाल – खनिज साधन विभाग
हुकुम सिंह कराड़ा – जल संसाधन विभाग
कमलेश्वर पटेल – पंजायत और ग्रामीण विकास विभाग
सुखदेव पांसे – लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग
प्रभुराम चौधरी – स्कूल शिक्षा विभाग
उमंग सिंघार – वन विभाग
गोविन्द सिंह राजपूत – राजस्व विभाग, परिवहन विभाग
आरिफ अकील – भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग
मुख्यमंत्री कमलनाथ की उर्वरक मंत्री से चर्चा का असर, जनवरी में यूरिया का कोटा बढ़कर हुआ 2.52 लाख मीट्रिक टन
* किसानों को यूरिया की सुगमता से सतत आपूर्ति को लेकर संवेदनशील हैं सीएम
भोपाल। रडार न्यूज मुख्यमंत्री कमलनाथ के केन्द्रीय उर्वरक मंत्री से चर्चा का प्रभावी परिणाम सामने आया है। केन्द्र सरकार ने प्रदेश में रबी सीजन के दौरान किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार यूरिया उपलब्ध करवाने के लिये जनवरी माह का कोटा बढ़ाकर 2.52 लाख मी. टन कर दिया है। साथ ही यूरिया ट्रांजिट के लिये रैक की उपलब्धता भी बढ़ी है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कमल नाथ ने इस संबंध में सीधे केन्द्रीय उर्वरक मंत्री और केन्द्रीय रेल मंत्री से चर्चा की थी।
कलेक्टर्स के साथ 29 को वीडियो कॉन्फ्रेंस
मुख्यमंत्री कमल नाथ के निर्देश पर दिनांक 29 दिसम्बर, 2018 को सुबह 11 बजे मंत्रालय में कृषि विकास और किसान-कल्याण तथा सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जिला कलेक्टर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की जायेगी। वीडियो कॉन्फ्रेंस में किसानों को उर्वरक की सुलभता, उपलब्ध यूरिया सहित अन्य उर्वरकों का किसानों को वितरण आदि पर प्रमुखता से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये जायेंगे।
यूरिया की आपूर्ति के कोटे को बढ़ाया

मध्यप्रदेश को जनवरी माह में पूर्व में यूरिया का कोटा एक लाख 75 हजार मीट्रिक टन आवंटित किया गया था। कोटा बढ़ाये जाने के संबंध में मुख्यमंत्री कमल नाथ ने पिछले दिनों केन्द्रीय उर्वरक एवं रसायन मंत्री सदानंद गौड़ा से फोन पर चर्चा की थी। जनवरी माह में 2 लाख 14 हजार मीट्रिक टन यूरिया देश में निर्मित प्लांट से आयेगा, जबकि 38 हजार मीट्रिक टन देश के बंदरगाहों से आयेगा। किसानों को लगातार यूरिया मिलता रहे, इसके लिये किसान-कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने केन्द्र से प्लांट से यूरिया की आपूर्ति किये जाने का अनुरोध किया था। राज्य सरकार के इस अनुरोध पर ही केन्द्र सरकार ने प्लांट से यूरिया की आपूर्ति के कोटे को बढ़ाया है।
व्यवस्थित तरीके से वितरण के निर्देश
प्रदेश को दिसम्बर माह में 3 लाख 70 हजार मीट्रिक टन यूरिया आवंटित किया गया है। इसमें से करीब 3.05 लाख मीट्रिक टन यूरिया आ चुका है। शेष 0.45 लाख मी. टन यूरिया ट्रांजिट में है। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से प्रतिदिन यूरिया की 10 रेक्स आ रही हैं। प्रमुख सचिव कृषि विकास एवं किसान-कल्याण डॉ. राजेश राजौरा ने बताया कि प्रदेश को मिल रहे यूरिया को व्यवस्थित तरीके से वितरण और इस पर लगातार नजर रखने के निर्देश जिला कलेक्टर्स को दिये गये हैं।
“राष्ट्र के लिए बलिदान देने वालों की पार्टी है कांग्रेस” : अनीस खान

* ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पन्ना ने मनाया पार्टी का स्थापना दिवस
* मरीजों को बांटे फल, निष्ठावान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का किया सम्मान
पन्ना। रडार न्यूज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का 134वां स्थापना दिवस शुक्रवार 28 दिसम्बर को ब्लाक कांग्रेस कमेटी पन्ना के तत्वाधान में जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों का फल वितरण कर एवं वरिष्ठ निष्ठावान कार्यकर्ताओं का सम्मान कर मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल चौराहे पर आयोजित सम्मान समारोह के मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इस मौके पर देश को अंग्रेजों से आजादी दिलाने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीद कांग्रेसियों को नमन किया गया। इस मौके पन्ना विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी शिवजीत सिंह भईयाराजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता भास्कर देव बुंदेला, रामकिशोर मिश्रा एवं मुरारीलाल थापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पन्ना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनीस खान द्वारा की गई। इस मौके पर वरिष्ठ एवं निष्ठावान कांग्रेसी राजाराम जड़िया, शंकर दुबे, बालकिशोर शर्मा, मुन्नीलाल वंशकार, श्रीमति जुबेदा खातून, गीता बाई वंशकार, रामचरण अहिरवार, केपी सिंह बुंदेला, रसीद सौदागर, नन्द किशोर मिश्रा, मुख्तयार बेग, रामदास जाटव, आलाक शर्मा, असलम खान, रामऔतार तिवारी सहित का सम्मान किया गया।
कांग्रेस की विचारधारा सबको जोड़ती है

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि शिवजीत सिंह ने कहा कि कांग्रेस एक विचारधार है, जोकि सबको जोड़ने पर विश्वास रखती है, तोड़ने पर नहीं। मुझे पार्टी ने विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाकर मौका दिया, हम सफल नहीं रहे, लेकिन मैं निरंतर शोषित पीड़ित वंचितों के हकों के लिए संघर्ष करूंगा। भास्कर देव बुंदेला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सदैव देश के लिए काम किया है। हमारा 134 वर्ष का गौरवशाली इतिहास है, जिसे कोई मिटा नहीं सकता, कांग्रेस मुक्त भारत का सपना देखने वालों को प्रदेश की जनता ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। कार्यक्रम को रामकिशोर मिश्रा, सुशील खरे, मुरारीलाल थापक ने भी संबोधित किया।
माफ़ किया ऋण, बढ़ाई विवाह सहायता राशि

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अनीस खान ने कहा कि कांग्रेस बलिदानियों की पार्टी है, कांग्रेस के महान नेताओं ने सिर्फ देशको आजादी ही नहीं दिलाई, बल्कि देश का निर्माण भी किया है। कांग्रेस ऐसी पार्टी है, जिसमें आंतरिक लोकतंत्र मजबूत है, अधिनायकवाद नहीं हैं। श्री खान ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने शपथ ग्रहण करने के बाद कांग्रेस के वचन पत्र को ढ़ाई घंटे के अंदर लागू करते हुए जिस तरह प्रदेश के अन्नदाता किसानों को राहत दी है तथा बेटियों के विवाह सहायता राशि बढ़ाकर 51 हजार की है। मुख्यमंत्री के द्वारा लगतार वचन पत्र को पूरा करने का काम जारी है। इससे स्पष्ट हो चुका है कि कांग्रेस की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं हैं।
इनकी रही उपस्थित
इस दौरान प्रमुख रूप से रामऔतार तिवारी, अक्षय तिवारी, सुखदेव मिश्रा, राकेश गर्ग, रामेश्वर खरे, श्रीराम पाठक, बाबू तिवारी, सगीर बेग, महमूद खान, शेख मोहम्मद, राम बहोरी लोधी, संतोष सोनी, वीरेन्द्र रैकवार, दयाराम लोधी, अशोक वर्मा, रामविशाल लोधी, राघवेन्द्र राजा, मनीष कुमार, यादवेन्द्र सिंह, बबली यादव, वंशीधर आदिवासी, सोकी यादव, सुलेमान खान, महमूद खान, हाकिम सिंह बुंदेला, मोहम्मद अबरार खान, यूनिस खान, आशीष यादव, अनीस पिंकू सिद्दीकी, छोटे राजा, सत्यजीत सिंह, जगदेव सिंह खज्जू राजा, इरशाद मोहम्मद, रियासत खान, आलोक शर्मा, इरफान खान, सरदार सिंह यादव, बाला प्रसाद लोधी, विजय शंकर गर्ग, डमरूलाल सेन, निक्की खान, सानू खान, डा. कदीर, रामचरण कुशवाहा, अशोक अहिरवार, सरदार सिंह यादव, हरिनारायण सेन, सुरेन्द्र सिंह, राकेश तिवारी, रामदेव सेन, पुष्पेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन राकेश गर्ग ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अजयगढ़ द्वारा किया गया।
“फर्जी इनकम टैक्स ऑफिसर” ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई अफसरों से की लाखों की ठगी
* पन्ना आरटीओ को इनकम टैक्स का नोटिस भेजकर मांग रहे थे रुपये
* ठगी करने वाले दो शातिर आरोपी पन्ना पुलिस के हत्थे चढ़े
* एमबीए करने के बाद नौकरी न मिलने और बिज़नेस में घाटा लगने पर बना ठग
शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज हिंदी फिल्मों के सुपर स्टार अक्षय कुमार अभिनीत चर्चित फ़िल्म “स्पेशल-26” याद है, जिसमें वे और उनके साथी फ़र्जी इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर ठगी करते हैं। कुछ हद तक इसी तर्ज पर फ़र्जी इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर बड़े सरकारी अधिकारियों को ठगने वाले दो शातिर आरोपियों को पन्ना पुलिस गिरफ़्तार ने गिरफ्तार किया है। इनके द्वारा मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई अधिकारियों को इनकम टैक्स का नोटिस भेजकर मामले को रफा-दफा करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का खुलासा हुआ है। पन्ना के आरटीओ की शिकायत पर फर्जी आयकर अधिकारी बने ठगों का भंडाफोड़ करते हुए उन्हें पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अश्वनी सिहं पिता शोवरन सिंह 34 एवं विभूति सोनी पिता राजेन्द्र प्रसाद सोनी 32 दोनों निवासी मैहर जिला सतना के रुप में हुई है। पन्ना पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि फ़िल्मी अंदाज में ठगी करने वाला मुख्य आरोपी अश्वनी सिहं पूना (महाराष्ट्र) से एमबीए पासआउट है। नौकरी न लगने के कारण अश्वनी सात वर्ष तक जबलपुर मे इंटरनेट कैफे चलाता था, जिस कारण वह कम्प्यूटर के कार्य दक्ष है। इस धंधे में उसे नुकसान हुआ और उस पर दो तीन लाख का कर्ज हो गया था, तभी उसके मन मे फर्जीवाड़ा करके पैसा कमाने का लालच आया।
रिक्शा चालक के खाते मंगवाते थे रुपए
फर्जीवाड़े में पकड़े जाने से बचने के लिए अश्वनी सिहं ने अज्ञात नाम से कटनी से ज्यादा पैसे देकर सिम खरीदी तथा कटनी से ही आयुक्त आयकर विभाग के नाम की सील बनवायी थी। इसने कटनी के ही एक रिक्शा चालक को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का लालच देकर उसके नाम पर बैंक खाता खुलवाकर उसका एटीएम कार्ड यह कहकर अपने पास रख लिया था, कि एटीएम कार्ड जमा करने पर ही तुम्हारे खाते में आवास योजना की राशि आएगी। ये लोग इंटरनेट से शासकीय अधिकारियों के नाम-पता व मोबाइल नम्बर निकालकर अज्ञात नाम के सिम से आरोपी उन्हें फोन किया करते थे और स्वंय को आयकर अधिकारी बताते हुए बात किया करते थे। फिर आयकर का फर्जी नोटिस बनाकर उनके पते पर भेजते थे और कुछ दिन बाद उसे वापस फोन कर मामले को रफा-दफा करने के लिये रुपयों के लेनदेन की बात करते थे। संबंधित अधिकारी के राजी होने पर रिक्शे वाले का खाता नंबर देकर उक्त खाते में रुपये डलवाते थे। बाद में एटीएम की मदद से रुपये निकालकर आपस में हिस्सा बांट कर लेते थे ।
अब तक इन अधिकारियों से की ठगी
पुलिस अधीक्षक पन्ना विवेक सिंह ने बतया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पूँछतांछ में पूर्व में आयुक्त आदिम जाति विभाग कोरबा, कवर्धा, कोरिया, रायपुर (छत्तीसगढ़) को नोटिस भेजा था और फोन पर बात करके सभी से आठ- नौ लाख रूपये कमाये थे। साथ ही आरटीओ (परिवहन अधिकारी) जबलपुर को भी नोटिस भेजा था और उससे से भी पैसे प्राप्त हुय़े थे । इसके अलावा इनके द्वारा दमोह, सागर, मंदसौर, विदिशा एवं पन्ना के आरटीओ को फोन लगाया एवं फर्जी नोटिस भेजा था।
शिकायत होने पर पकड़े

जिला परिवहन अधिकारी पन्ना सुनील शुक्ला ने पिछले दिनों 21 दिसम्बर को कोतवाली थाना पन्ना आकर लिखित रिपोर्ट की कि मेरे मोबाइल नम्बर पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाईल नम्बर 6262665951 से कॉल कर स्वंय को आयकर अधिकारी भोपाल का बता रहा है। उसके द्वारा मेरे विरूद्द आयकर विभाग का नोटिस भेजना की बात कही गई और उसकी सॉफ्ट कॉपी मेरे मोबाईल में भेजी गयी है, जो फर्जी लग रही है। रिपोर्ट पर थाना में उसी दिन अपराध क्रमांक- 798/18 धारा 420,467, 468, 471,34 ताहि के तहत अपराध कायम कर विवेचना मे लिया गया। कोतवाली थाना पन्ना के निरीक्षक अरविंद कुजूर के द्वारा साइबर सेल से मोबाइल की लोकेशन पता कर और मुखबिर की मदद से दोनों आरोपियों अश्वनी सिहं पिता शोवरन सिंह 34 एवं विभूति सोनी पिता राजेन्द्र प्रसाद सोनी 32 को मैहर जिला सतना से गिरफ्तार कर पन्ना लाया गया। जहां पुलिस की पूंछतांछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने शातिर ठगों को पकड़ने में अहम भूमिका अदा करने वाले निरीक्षक अरविंद कुजूर और उनकी टीम को पुरूष्कृत करने की घोषणा की है।
एसजीएफआई नेशनल स्कूल गेम्स में अंशिता ने जीता स्वर्ण पदक
भोपाल। रडार न्यूज इंदौर में एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) द्वारा 26 से 31 दिसम्बर, 2018 तक आयोजित नेशनल स्कूल गेम्स में मध्य प्रदेश राज्य मार्शल आर्ट कराते अकादमी की अंशिता रावत ने अंडर-14 (-42 किलोग्राम भारवर्ग) में पहला स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्णिम शुरूआत की। अंशिता रावत ने व्यक्तिगत कुमीते स्पर्धा में आज खेले गए कश्मकश फायनल मुकाबले में आसाम की खिलाड़ी को 1-0 से परास्त कर स्वर्ण पदक जीता।
नेशनल स्कूल गेम्स में अकादमी की खिलाड़ी अंशिता द्वारा किए गए प्रदर्शन की सराहना करते हुए संचालक खेल और युवा कल्याण डाँ. एस.एल. थाउसेन ने प्रसन्नता व्यक्त की और बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि 31 दिसम्बर तक चलने वाले नेशनल स्कूल गेम्स में अकादमी के खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेगें और मैडल जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे। उल्लेखनीय है कि नेशनल स्कूल गेम्स में अकादमी के चार खिलाड़ी भागीदारी कर रहे हैं इनमें अंशिता के अलावा अंडर-14 में प्रीतिश वर्मा तथा अंडर-17 में गार्गी सिंह और अशनी सिंघा शामिल है।
बॉक्सर आयुषी और रूचिर के पंचों ने मध्यप्रदेश को दिलाये पदक













