* राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की मंजूरी के लिए छोड़ा फैसला
* 121 विधायकों के समर्थन का कमलनाथ ने दावा पेश किया
* कांग्रेस की 114 सीटें, बसपा-सपा और निर्दलीय विधायकों का मिला समर्थन
भोपाल। रडार न्यूज मध्यप्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। बुधवार को यहां विधायक दल की बैठक में कमलनाथ को नेता चुन लिया गया है। हालांकि, इस फैसले को अंतिम स्वीकृति के लिए कांग्रेस आलाकमान को भेजा जाएगा। इसके बाद कमलनाथ के चुने जाने की औपचारिक घोषणा की जाएगी। विधायक दल की बैठक के बाद कांग्रेस की मीडिया प्रवक्ता शोभा ओझा ने बताया कि सीएम के चेहरे का फैसला कांग्रेस आलाकमान करेगा। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने इस बारे में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को इस बारे में निर्णय लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि विधायकों से इस बारे में गहन चर्चा की गई है। कमलनाथ का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है और इस निर्णय से राहुल गांधी को अवगत कराया जाएगा। इसके बाद सब कुछ तय होगा। आरिफ अकील ने इस बारे में प्रस्ताव रखा था।
बसपा, सपा और निर्दलीय विधायकों का समर्थन मिलने के बाद अपना नेता चुनने के लिए कांग्रेस के विधायकों ने बुधवार 12 दिसंबर को देर शाम भोपाल में बैठक की। इस महत्पूर्ण बैठक में भाग लेने के लिए कांग्रेस के सभी निर्वाचित विधायकों के साथ वरिष्ठ नेता और केंद्रीय पर्यवेक्षक एके एंटनी यहां पहुंचे। पार्टी के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया,कांतिलाल भूरिया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, विवेक तन्खा भी इस बैठक में मौजूद रहे।
राज्यपाल से की मुलाकात
मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए आवश्यक समर्थन जुटाने के बाद बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की और 121 विधायकों के समर्थन का दावा किया। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और सीएम पद के दावेदार माने जा रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। मप्र में बहुमत के लिए 116 की संख्या जरूरी है। कांग्रेस को 114, भाजपा को 109 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को सपा-बसपा ने समर्थन दिया है। कमलनाथ बुधवार को शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात करने पहुंचे। शिवराज ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।
रिटर्निंग ऑफीसर से चुनावी जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त करते पन्ना सीट से भाजपा के उम्मीदवार बृजेन्द्र प्रताप सिंह।
* पवई केे नायक बने प्रहलाद, पन्ना से बृजेन्द्र ने बजाया जीत का डंका
* गुनौर में शिवदयाल को मिला सेवा का अवसर
* पवई सीट पर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मुकेश नायक को मिली करारी शिकस्त
पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2018 की मतगणना पन्ना जिला मुख्यालय के पाॅलीटेक्निक महाविद्यालय स्थित मतगणना कक्षों में मंगलवार 11 दिसंबर देर शाम सम्पन्न हुई। विधानसभावार रिटरिंग आॅफीसर द्वारा घोषित चुनाव परिणाम के अनुसार पन्ना सीट से भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह को 68359 और निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी शिवजीत सिंह को 47651 वोट मिले। इस तरह बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने 20708 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज कराई है। मतगणना के शुरूआती चरणों से ही भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने बढ़त बनाये रखी जोकि अंत तक कायम रही। मतदान के बाद से ही पन्ना सीट पर बृजेन्द्र प्रताप सिंह की जीत के कयास लगाये जा रहे थे लेकिन, 20 हजार से अधिक मतों के अंतर से वे चुनाव जीतेगें इसका अंदाजा किसी को नहीं था।
रिटर्निंग ऑफीसर से चुनावी जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त करते पवई सीट से भाजपा के उम्मीदवार प्रहलाद सिंह लोधी।
पन्ना जिले की चर्चित पवई सीट से कांग्रेस के माजूदा विधायक एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता मुकेश नायक को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। पवई से अंतिम समय में भाजपा प्रत्याशी घोषित किये गये प्रहलाद सिंह लोधी को रिकार्ड 79647 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी दिग्गज कांग्रेस नेता एवं विधायक मुकेश नायक 55967 वोट ही हांसिल कर सके। घोषित नतीजे के अनुसार पवई सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रहलाद सिंह लोधी ने 23680 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज कराई है। पवई सीट से प्रहलाद सिंह लोधी की शानदार जीत को देखते हुए यह माना जा रहा है कि यहां चुनाव में क्षेत्रीय प्रत्याशी का मुद्दा काम कर गया है। पवई में बाहरी होने के कारण कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश नायक को हार का मुंह देखना पड़ा है। इसके अलावा कांग्रेस के बागी प्रत्याशियों ने भी मुकेश नायक को निपटाने में अहम भूमिका निभाई है।
रिटर्निंग ऑफीसर से चुनावी जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त करते गुनौर सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार शिवदयाल बागरी।
वहीं पन्ना जिले की अनुसूचित जाति के लिए गुनौर सीट पर कांटे की टक्कर में कांग्रेस प्रत्याशी शिवदयाल बागरी विजयी हुए है। पिछला चुनाव हारने वाले शिवदयाल बागरी को इस बार 57658 वोट मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार वर्मा ने 55674 मत प्राप्त किये। कड़ी टक्कर के बीच कांग्रेस प्रत्याशी शिवदयाल बागरी ने 1984 मतों के अंतर से जीत हांसिल करते हुए पन्ना जिले से कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने से बचा लिया।
मतगणना कार्य में जुटे अधिकारी-कर्मचारी प्रत्याशियों की ओर से उसे देखते गणना एजेंट।
* रिटर्निंग अधिकारियों ने जारी किये विधानसभावार परिणाम
पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना जिला मुख्यालय में स्थित पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में विधानसभा चुनाव 2018 की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। जिले की तीनों विधानसभा सीटों की मतगणना के चौथे चरण के नतीजे आ चुके हैं। रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा जारी चौथे चरण के परिणाम अनुसार पन्ना सीट पर भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह, गुनौर सीट पर कांग्रेस के शिवदयाल बागरी और पवई सीट पर भाजपा उम्मीदवार प्रह्लाद सिंह लोधी काफी आगे चल रहे हैं। चौथे चरण के चुनाव परिणाम इस तरह हैं-
पन्ना। रडार न्यूज जिला मुख्यालय पन्ना के पॉलीटेक्निक महाविद्यालय स्थित मतगणना केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच डाक मतपत्रों की गिनती शुरू हो गई है। इसके बाद प्रात: 08:30 बजे से ईवीएम से मतगणना प्रारंभ होगी। डाक मतपत्रों की गिनती से कुछ हद तक यह पता चलेगा कि इस बार के विधानसभा चुनाव में शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों का झुकाव किस दल की ओर रहा है। मतदान कराने में जिनकी ड्यूटी लगाई गई थी उन अधिकारियों-कर्मचारियों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया था।
* प्रदेश के 51 मतगणना केन्द्रों 15 हजार कर्मचारी तैनात
* 230 ऑब्जर्वर की उपस्थिति में होगी मतगणना
* ईव्हीएम से कुछ देर में बाहर आयेगी नई सरकार
भोपाल। रडार न्यूज मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 के लिये 51 मतगणना केन्द्रों पर रिटर्निंग अधिकारी द्वारा मंगलवार 11 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से मतगणना प्रारम्भ की जायेगी। विधानसभा वार 230 ऑब्जर्वर को तैनात किया गया है। मतगणना के पूर्व ईव्हीएम स्ट्रांग रूम को कलेक्टर-रिटर्निंग अधिकारी, आब्जर्वर तथा अभ्यर्थियों-अभिकर्ता की उपस्थिति में खोला जायेगा। समस्त 230 विधानसभाओं के लिये 306 हॉल में मतगणना होगी। इसमें 3220 टेबिलें मतगणना के लिये लगाई गई है।मतगणना के लिए रिजर्व कर्मियों सहित लगभग 15,000 अधिकारियों-कर्मचारियों को लगाया गया है। मतगणना कर्मियों का तीन रेण्डमाईजेशन किया जाना है। प्रथम रेण्डमाईजेशन मतगणना के 7 दिवस पूर्व किया जा चुका है। द्वितीय रेण्डमाईजेशन भी 24 घण्टे पहले आर्ब्जवर की उपस्थिति में किया जा चुका है तथा तीसरा रेण्डमाईजेशन आर्ब्जवर की उपस्थिति में मतगणना दिवस को सुबह किया जाएगा, जिसमें विधानसभा वार टेबिल आवंटन किया जायेगा। मतगणना शुरू होने के साथ ही जनता का फैसला आने लगेगा। दोपहर तक यह पता चल जायेगा मतदाताओं ने इस बार किसे चुना है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतगणना की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाकर रिकॉर्डिंग की जायेगी।
सीसीटीवी कैमरों से रिकॉर्डिंग होगी
सभी जिलों के मतगणना केंद्र परिसर में 5-5 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं ताकि कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। इसके साथ ही प्रत्येक मतगणना हॉल में 3-3 सीसीटीवी कैमरे का उपयोग किया जायेगा। इस प्रकार मतगणना प्रक्रिया की पूरी रिकॉर्डिंग सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से उपलब्ध रहेगी।
आयोग की वेबसाइट पर देखें चुनाव परिणाम
विधानसभा निर्वाचन-2018 की मतगणना 11 दिसम्बर 2018 को प्रात: 8:00 बजे से प्रत्येक जिला मुख्यालय पर प्रारंभ होगी। सर्व प्रथम पोस्टल बैलेट की गणना प्रारंभ होगी। प्रात: 08:30 बजे से ईवीएम से मतगणना प्रारंभ होगी। मतगणना के परिणाम भारत निर्वाचन आयोग की वेब साईट www.eciresults.nic.in पर देखे जा सकेंगे। इसकी लिंक www.ceomadhyapradesh.nic.in की वेबसाईट पर दी जा रही है। इस लिंक से भी परिणाम देखे जा सकेंगे। रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा प्रत्येक चक्र की गणना पूर्ण होने के उपरांत प्रत्याशियों को प्राप्त मतों की स्थिति की जानकारी निर्वाचन आयोग की वेबसाईट पर तत्काल अपलोड की जायेगी।
* बोले, निजी कारणों से मैनें तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दिया
* मोदी सरकार और रिज़र्व बैंक के बीच कई मुद्दों पर लंबे समय से था विवाद
* राजन ने कहा आरबीआई की घटनाओं पर भारतीयों को चिंता करनी चाहिये
नई दिल्ली/मुंबई। रडार न्यूज। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इसकी वजह निजी बताई है। पिछले कुछ महीनों से सरकार और रिजर्व बैंक के बीच कुछ मुद्दों पर विवाद चल रहा था। इस दौरान केंद्र सरकार ने आरबीआई एक्ट की धारा 7 का भी इस्तेमाल किया था। हालांकि, बाद में विवाद सुलझने की खबरें आईं थीं। पिछले महीने 19 नवंबर को आरबीआई की बोर्ड बैठक में विवाद के कुछ मुद्दों पर सहमति भी बन गई थी। इसके बाद यह आशंका समाप्त हो गई कि उर्जित पटेल इस्तीफा देंगे। लेकिन सोमवार 10 दिसंबर को अचानक उन्होंने अपने पद से इस्तीफे का ऐलान कर सबको चौंका दिया। आरबीआई गवर्नर उर्जित पटेल के इस्तीफे की खबर आने के बाद उनके फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियायें आ रही हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक के केंद्रीय बोर्ड के सदस्य एस. गुरुमूर्ति ने उर्जित पटेल के इस्तीफे को चौंकाने वाला बताया है। उनका कहना है कि पिछली बैठक काफी अच्छे माहौल में हुई थी। ऐसे में पटेल का इस्तीफा झटके की तरह है।
आरबीआई की घटनाएं चिंताजनक – राजन
आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कहा है कि आरबीआई में जो चल रहा है उस पर सभी भारतीयों को चिंता करनी चाहिए। राजन ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में महंगाई दर में कमी का श्रेय आरबीआई को मिलना चाहिए। सरकार को केंद्रीय बैंक की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए काम करना चाहिए। मालूम होकि उर्जित पटेल के पूर्व रघुराम राजन भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर थे। केंद्र की मोदी सरकार और राजन के बीच भी कई मसलों पर मतभेद थे। ब्याज की दरों और अपने बयानों को लेकर सरकार से अनबन के चलते उन्होंने जून 2016 में गवर्नर पद छोड़ने का ऐलान किया किया था। लेकिन उन्होंने सितंबर 2016 में कार्यकाल पूरा होने पर पद छोड़ा था।
रिजर्व बैंक में काम करना सम्मान की बात- उर्जित
उर्जित पटेल ने 4 सितंबर 2016 को आरबीआई गवर्नर का पद संभाला था। उनका कार्यकाल सितंबर 2019 तक था। लेकिन आज उन्होंने 9 महीने पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया। रिजर्व बैंक की वेबसाइट पर जारी अपने बयान में पटेल ने कहा- “निजी वजहों से मैंने तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफ़ा देने का फ़ैसला किया है। पिछले कई वर्षों से भारतीय रिज़र्व बैंक में विभिन्न पदों पर रहना मेरे लिए सम्मान की बात रही है। पिछले कुछ वर्षों में रिज़र्व बैंक कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और सहयोग बेहद अहम रहा। मैं इस मौके पर अपने सहयोगियों और रिज़र्व बैंक के डायरेक्टर्स के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूँ।“
उर्जित के नेतृत्व आरबीआई ने अच्छा काम किया- मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उर्जित पटेल के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा है कि उनके नेतृत्व में आरबीआई ने अच्छा काम किया था। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने उर्जित पटेल को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि उनके साथ काम का अनुभव अच्छा रहा।
* जिले में 13 से 15 दिसंबर तक मनाया जाएगा प्रतिभा पर्व
* कक्षा 3, 5, 8 के बच्चों का ओएमआर शीट आधारित मूल्यांकन किया जाएगा
पन्ना। रडार न्यूज जिला परियोजना समन्वयक विष्णु त्रिपाठी ने बताया है कि राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु प्रतिभा पर्व का आयोजन दिनांक 13 से 15 दिसंबर 2018 तक किया जाएगा। इस वर्ष के प्रतिभा पर्व में राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे (NAS) के पैटर्न में बच्चों का लर्निंग आउटकम्स आधारित उपलब्धि स्तर पर लर्निंग रिपोर्ट कार्ड प्राप्त करने के लिए सैम्पल प्रतिभा पर्व किया जाएगा। राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल द्वारा चयनित 60 प्राथमिक और 60 माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 3, 5, 8 के समस्त बच्चों का ओएमआर शीट आधारित मूल्यांकन किया जाएगा। प्रतिभा पर्व के लिए गतिविधि कैलेण्डर निर्धारित पाठ्यक्रम समय विभाग चक्र अन्य निर्देश सभी शालाओं के प्रधानाध्यापकों, जनशिक्षकों एवं बीआरसी कार्यालय को भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रतिभा पर्व की विभिन्न गतिविधियां के सत्यापन हेतु जिले में सत्यापनकर्ता अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इन सत्यापनकर्ता अधिकारियों का राज्य से प्राप्त पीपीटी के माध्यम से उन्मुखीकरण भी कराया जा रहा है। साथ ही प्रतिभा पर्व के अंतिम दिवस दिनांक 15 दिसंबर को विशेष उत्सव मनाकर छात्र-छात्राओं को सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल गतिविधि, दौड़ आदि के माध्यम से उनके व्यक्तित्व विकास हेतु आयोजन किए जाएंगे। जिसके लिए प्रति विद्यालय एक हजार रूपये की राशि भेजी जा रही है। प्रतिभा पर्व के कार्यक्रम में छात्रों के अभिभावकों को भी आमंत्रित कर अवगत कराया जा रहा है।
* विधानसभा निर्वाचन 2018 की 11 दिसंबर को होगी मतगणना
भोपाल। रडार न्यूज भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन 2018 की मतगणना में सभी 51 मतगणना केन्द्रों पर 11 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। मतगणना के दौरान प्रत्येक राउण्ड की समाप्ति पर ईवीएम मशीनों से की गई मतगणना के परिणामों की प्रेक्षक और संबंधित रिटर्निग अधिकारियों द्वारा हस्ताक्षर कर घोषणा की जायेगी। इसके साथ ही घोषणा को मतगणना कक्ष में स्थापित डिस्पले बोर्ड पर प्रदर्शित किया जायेगा। राउण्डवार मतगणना परिणाम की पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से उद्घोषणा की जायेगी। राउडण्वार रिजल्ट शीट भी अभ्यर्थी और उसके अभिकर्ता को दी जायेगी और मीडिया को अवगत कराने के लिये प्रत्येक राउंड के परिणाम की प्रति मतगणना परिसर में बनाये गये मीडिया कक्ष को दी जायेगी। राउण्ड वार मतगणना परिणाम की जानकारी रिटर्निंग अधिकारी द्वारा आयोग के काउटिंग साफ्टवेयर पर भी अपलोड की जायेगी। आयोग द्वारा निर्देशित किया गया है कि अगले राउण्ड की गिनती तब-तक प्रारंभ नहीं होगी, जब तक पहले राउण्ड की मतगणना की गिनती समाप्त होकर उसके परिणाम डिस्प्ले पर प्रदर्शित न हो जायें। यह सभी कार्यवाही रिटर्निंग अधिकारी द्वारा संम्पन्न की जाएगी।
पुलिस टीम की अभिरक्षा में खड़े लाखों रुपये की चोरी करने वाले शातिर आरोपी।
* तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए 10 लाख रुपये किये बरामद
* पुलिस ने घटना का रिक्रिएशन कराकर देखा पेंचकस से किस तरह खोले थे गेट
* शहडोल जिले के जयसिंह नगर में भी चोरी की एक वारदात को दिया था अंजाम
शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना शहर में स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ब्रांच ऑफिस ग्रामीण कूटा से 4-5 दिसंबर की दरम्यानी रात तिजोरी (लॉकर) समेत 10 लाख से अधिक नकदी रुपये रहस्मय तरीके से चोरी होने की वारदात का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। सीसीटीव्ही कैमरों से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के ही दो कर्मचारियों समेत कुल 3 लोगों को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दुर्गेश कुशवाहा पुत्र रामप्रसाद कुशवाहा निवासी मझगवां जिला कटनी, निर्मल कुशवाहा पिता सुन्दर लाल कुशवाहा व रामकिशोर चौधरी पिता राकेश चौधरी दोनों निवासी भदौरा जिला कटनी शामिल हैं। इनमें दुर्गेश कुशवाहा फाइनेंस कंपनी की पन्ना ब्रांच और निर्मल कुशवाहा शहडोल जिले की ब्रांच में पदस्थ है। पुलिस ने इनसे चोरी किये गए 10 लाख रुपये बरामद किये हैं।
पकड़े गये आरोपियों ने पुलिस की पूंछतांछ में शहडोल जिले के जयसिंह नगर थाना क्षेत्र में भी इसी वर्ष साढ़े 3 लाख रुपये चोरी की एक अन्य घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है। पन्ना पुलिस ने इस चोरी के एक लाख रूपये और कुछ सामान इन शातिर आरोपियों से जब्त किया है। चोरी की इन घटनाओं के खुलासे को पन्ना पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
माइक्रो फाइनेंस कंपनी का ब्रांच ऑफिस जहां पर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।
उल्लेखनीय है कि फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में जिस रात चोरी हुई थी वहां ब्रांच मैनेजर समेत कंपनी के 7 कर्मचारी अंदर सो रहे थे लेकिन किसी को भी तिजोरी चोरी होने की भनक नहीं लगी। अगले दिन सुबह जब कर्मचारी नींद से जागे तो रुपयों की तिजोरी गायब देख उनके होश उड़ गए थे। चोरी की सनसनीखेज घटना के प्रकाश में आने के बाद से ही लोग फाइनेंस कंपनी के किसी न किसी कर्मचारी का इसमें हाथ होने का संदेह जता रहे थे। पुलिस द्वारा किये गए चोरी के खुलासे में खुलासे में कंपनी के दो कर्मचारियों की मुख्य भूमिका होने से लोगों का संदेह सच साबित हुआ है। हालांकि पकड़े गए आरोपियों में वे कर्मचारी शामिल नहीं है जोकि घटना दिनांक को ऑफिस में सोये हुए थे।
क्या था मामला
पत्रकारों को चोरी की घटना के खुलासे की जानकारी देते हुए पन्ना पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह।
पन्ना पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने शनिवार 8 दिसंबर को पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि महिला समूहों को ऋण वितरण करने वाली क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ब्रांच ऑफिस के मैनेजर राजेश साहू पिता सालिकराम साहू 26 ने कोतवाली थाना पन्ना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4-5 दिसंबर की दरम्यानी रात हम लोग ऑफिस में सोए हुए थे, सुबह देखा तो ऑफिस में रखी तिजोरी (लॉकर) गायब मिला। तिजोरी में 10 लाख 56 हजार रुपये रखे थे। राजेश ने पुलिस को बताया कि 4 दिसंबर की रात को ही हम लोग कटनी की ब्रांच से 10 लाख रुपये लेकर आये थे। तिजोरी समेत राशि चोरी की घटना को अज्ञात चोर द्वारा ऑफिस के गेट में होल करके अंजाम दिया गया था। इस घटना पर कोतवाली थाना पुलिस द्वारा चोरी का मामला दर्ज कर प्रकरण को विवेचना में लिया गया। लाखों रुपये की इस सनसनीखेज वारदात को चुनौती के रूप में लेते हुए पुलिस कप्तान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तत्पश्चात आरोपियों की गिरफ़्तारी हेतु 10 हजार का इनाम घोषित करते हुए हर पहलू से जांच कर अपराधियों का जल्द से जल्द सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीव्ही कैमरों में दिखे संदेही
इस तरह होल पेंचकस से खोले गए थे ऑफिस के गेट।
चोरी की घटना के खुलासे के लिए पन्ना कोतवाली टीआई अरविंद कुजूर द्वारा पन्ना शहर में लगे सीसीटीव्ही कैमरों को खंगाला गया, जिसमें कुछ संदेही उसी इलाके में मोटरसाईकिल से घूमते हुए नजर आये। इस अहम् सुराग के आधार पर घटना दिनांक को फाइनेंस कंपनी के ब्रांच ऑफिस में सोये कर्मचारियों से कड़ाई से पूंछतांछ की गई। जिसमें मैनेजर राजेश साहू ने बताया कि उसने दुर्गेश कुशवाहा हेलमेट के संबंध में बातचीत की थी। इस दौरान उसने कटनी जाने की बात कही थी। मालूम हो कि दुर्गेश कुशवाहा इसी कंपनी का कर्मचारी है जोकि पन्ना में पदस्थ है और घटना के पूर्व से छुट्टी पर था। कटनी रुपये लेने जाना पड़ता है यह बात उसे भलीभांति पता थी। दुर्गेश जब वापस पन्ना लौटा तो संदेह के आधार पर कोतवाली पुलिस द्वारा अभिरक्षा में लेकर उससे कड़ाई से पूंछतांछ की गई।
इस दौरान उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि चोरी की घटना को निर्मल कुशवाहा व रामकिशोर चौधरी दोनों निवासी भदौरा जिला कटनी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। टीआई अरविंद कुजूर ने दुर्गेश को अपने साथ कटनी ले जाकर उसके दोनों सहयोगियों को हिरासत में ले लिया। चोरी किये गए 10 लाख रुपये भी इनसे बरामद कर लिए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल को जप्त किया है। विदित हो कि आरोपी निर्मल कुशवाहा माइक्रो फाइनेंस कंपनी क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ब्रांच ऑफिस शहडोल में तैनात है।
मड़ला घाटी में फेंक दी थी तिजोरी
पकड़े गए चोरों से जप्त चुराए गए रुपये और वह लॉकर जिसमें रुपये रखे थे।
पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कटनी से तीनों आरोपियों को पन्ना लाकर उनसे घटना के संबंध में सिलसिलेवार पूंछतांछ की गई। आरोपियों ने बताया कि 4-5 दिसंबर की रात 12 बजे पन्ना आकर नुकीले पेंचकस की मदद से ऑफिस के दरवाजों को खोला गया। फिर कमरे में रखी तिजोरी को उठाकर मोटरसाईकिल से मड़ला घाटी ले गए। जहां छेनी-हथोड़ी की मदद से तिजोरी का ताला खोलकर रुपये निकाल लिए और उसे वहीं पर छोड़कर मोटरसाईकिल से अपने घर चले गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरी की इस रहस्मयी घटना का अपराधियों से रिक्रिएशन कराकर यह देखा गया कि उनके द्वारा पेंचकस से किस तरह ऑफिस के गेट खोले गए थे। पुलिस अधीक्षक ने एक सवाल के जबाब में बताया कि चोरी की घटना के समय ऑफिस में सो रहे कर्मचारियों की अब तक की जांच में किसी तरह की संलिप्तता सामने नहीं आई है, हालांकि पकड़े गए आरोपियों को रिमांड में लेकर इस संबंध गहन पूंछतांछ की जाएगी। साथ ही यह पता लगाया जायेगा कि इनके द्वारा पूर्व में जयसिंह नगर के आलावा चोरी की अन्य किसी घटना को अंजाम तो नहीं दिया गया।
डाक मतपत्रों को विधानसभावार छंटनी के बक्सों से बाहर निकालते प्रशासनिक अधिकारी।
* राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निकाले गए डाक मतपत्र
* छंटनी करने के बाद बक्सों में सीलकर कोषालय में जमा कराया
पन्ना। रडार न्यूज भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत विधानसभा निर्वाचन 2018 की मतगणना 11 दिसंबर 2018 को की जाएगी। जिसमें प्रातः 8 बजे से सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना की जाएगी। डाक मतपत्रों को गणना हेतु तैयार करने के क्रम में गुरुवार 6 दिसंबर 2018 को अब तक प्राप्त डाक मतपत्रों की विधानसभावार छंटनी का कार्य कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुआ। जिसमें डाक द्वारा प्राप्त एवं सुविधा केन्द्रों द्वारा प्राप्त डाक मतपत्रों के बक्सों को राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खोला गया और डाक मतपत्रों की विधानसभावार छंटनी की गयी। इस सम्पूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गयी है।
पन्ना विस के सर्वाधिक 1627 डाक मतपत्र
डाक मतपत्रों की छंटनी की प्रक्रिया का अवलोकन करते राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार छंटनी के दौरान विधानसभा 58-पवई के लिए 936 सामान्य मतदाताओं के डाक मतपत्र प्राप्त हुए हैं जबकि सेवा मतदाताओं की संख्या शून्य रही। विधानसभा 59-गुनौर के लिए 667 सामान्य मतदाताओं के एवं 7 सेवा मतदाताओं के डाक मतपत्र प्राप्त हुए हैं। इस तरह विधानसभा गुनौर के लिए कुल 674 डाक मतपत्र प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार विधानसभा 60-पन्ना के लिए 1601 सामान्य डाक मतपत्र एवं 26 सेवा मतदाताओं के डाक मतपत्र, कुल 1627 डाक मतपत्र प्राप्त हुए हैं। इस तरह छंटनी के दौरान प्राप्त कुल 3237 डाक मतपत्रों को विधानसभावार पृथक-पृथक बाक्स में सीलकर कोषालय में जमा किया गया है। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जे.पी. धुर्वे, रिटर्निंग ऑफिसर पवई अभिषेक सिंह ठाकुर, रिटर्निंग ऑफिसर गुनौर एस.सी. परस्ते, रिटर्निंग ऑफिसर पन्ना बी.बी. पाण्डेय, नोडल अधिकारी डाक मतपत्र विष्णु त्रिपाठी के साथ संबंधित विधानसभाओं के सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं पत्रकार मौजूद रहे।