जनता को आभास होगा कि सरकार उसकी सेवा के लिये है- कमलनाथ
* शासन में लापरवाही और सुस्ती के बर्दाश्त नहीं की जायेगी
* वचन पत्र के क्रियान्वयन की समयबद्ध कार्य योजना बनेगी
* मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक में दिए निर्देश
भोपाल। रडार न्यूज मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि शासन में लापरवाही और सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके प्रति सरकार जीरो टालरेंस होगी। जनसेवा सरकार का प्राथमिक दायित्व होगा। जनता को यह आभास होगा कि सरकार उसकी सेवा के लिये है। श्री नाथ आज यहां मंत्रालय में मंत्री-परिषद और अधिकारियों की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्य सचिव बी.पी. सिंह भी मौजूद थे।
जनहित के कार्यों में न हो हीला-हवाली
मुख्यमंत्री श्री नाथ ने निर्देश दिये कि जनहित के कार्य बिना हीला-हवाली के हों। नियमानुसार किये जा सकने वाले कार्य नियमित कार्य-प्रणाली से सुनिश्चित किये जायें। मुख्यमंत्री के समक्ष केवल ऐसे विषय लाए जायें, जो नियमित व्यवस्था में नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि विभाग के संचालन का दायित्व विभागीय मंत्री का होगा। प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संचालन का दायित्व मुख्यमंत्री सचिवालय का नहीं बल्कि विभाग का होगा। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा कि वचन पत्र के समस्त बिंदुओं के क्रियान्वयन का उत्तरदायित्व संबंधित विभाग का होगा। विभाग इसके क्रियान्वयन की समयबद्ध कार्ययोजना बना लें। उन्होंने कहा कि नये नजरिए के साथ व्यवस्था को देखें। परिवर्तन नवाचार के लिये यह आवश्यक हैं। उन्हें अमल करने का प्रयास करें। नियम-कायदों में केवल परिवर्तन पर्याप्त नहीं होगा।
वचन पत्र के बिंदुओं पर होगा अमल
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मंत्री-परिषद की बैठक के साथ ही विभागीय बैठकें भी शीघ्र ही आयोजित की जाएंगी। इससे सभी मंत्रीगण विभागों की कार्य प्रणाली से परिचित रहेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रथम बैठक ऊर्जा विभाग की होगी। इसके बाद कृषि विभाग की बैठक होगी। शीघ्र ही अन्य विभागों की बैठकों की समय-सारणी जारी की जाएगी। मुख्य सचिव बी.पी. सिंह ने बताया कि वचन पत्र के अनुसार कार्रवाई का प्रारूप संबंधित विभागों द्वारा तैयार कर लिया गया है। विभागीय मंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त कर उसे प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि प्रदेश में योग्य और कर्मठ अधिकारियों की टीम है, जो समय-सीमा में कार्य करने में दक्ष हैं। बैठक के प्रारंभ में समस्त अधिकारियों ने अपना परिचय दिया। बैठक में सभी विभागों के प्रमुख सचिव, विभाग के सचिव और विभागाध्यक्ष मौजूद थे।
मध्यप्रदेश | 28 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ, इनमें 1 निर्दलीय और 2 महिलाएं शामिल
* मालवा-निमाड़ अंचल से सर्वाधिक 8 विधायक बने मंत्री
* बुंदेलखंड से गोविंद सिंह राजपूत और बृजेन्द्र सिंह को मिला मौका
* मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश के दिग्गज नेताओं से चर्चा कर तय किये नाम
भोपाल। रडार न्यूज मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार के मंत्रिमंडल का मंगलवार 24 दिसम्बर को शपथ ग्रहण समारोह पूर्वक संपन्न हुआ। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा प्रदेश के 28 विधायकों को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मंत्री बनने वालों में निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल, दाे महिला नेत्रियाँ विजयलक्ष्मी साधौ व इमरती देवी और एक मुस्लिम- आरिफ अकील शामिल हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ के मंत्रिमंडल में 15 विधायक ऐसे हैं, जोकि पहली बार मंत्री बने हैं। कांग्रेस से पहली बार विधायक बने 55 नए चेहरों में से किसी को भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गई। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार को समर्थन दे रहे बसपा और सपा के विधायकों को मंत्रिमंडल स्थान नहीं मिला है। हालाँकि, मंत्री पद के लिए इनकी ओर से काफी दबाब बनाया गया था। राजभवन में आज आयोजित हुए मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया उपस्थित रहे। राज्यपाल ने नवनियुक्त मंत्रियों को शपथ लेने के बाद बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शपथ ग्रहण कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव बी.पी. सिंह ने किया।
इन्होंने ली मंत्री पद की शपथ

मंत्री पद की शपथ लेने वालों में सज्जन सिंह वर्मा, हुकुम सिंह कराड़ा, विजयलक्ष्मी साधौ, गोविंद सिंह, बाला बच्चन, आरिफ अकील, बृजेंद्र सिंह राठौर, प्रदीप जायसवाल (निर्दलीय), लाखन सिंह यादव, तुलसी सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, इमरती देवी, ओमकार सिंह मरकाम, डॉ. प्रभुराम चौधरी, प्रियव्रत सिंह, सुखदेव पांसे, उमंग सिंघार, हर्ष यादव, जयवर्धन सिंह, जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, लखन घनघोरिया, महेंद्र सिंह सिसोदिया, पीसी शर्मा, प्रद्युम्न सिंह तोमर, सचिन सुभाष यादव, तरुण भनोत व सुरेन्द्र सिंह बघेल शामिल हैं।
दिल्ली में बनीं सहमति
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री कमलनाथ के मंत्रीमंडल का स्वरुप दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गाँधी की सहमति से फाइनल हुआ। दिल्ली में राहुल गाँधी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत मध्यप्रदेश के दिग्गज नेताओं के साथ बैठक की थी, जिसमें सभी से खुलकर चर्चा उपरांत 28 नामों को स्वीकृति दी गई थी।
विधानसभा सत्र 7 जनवरी से
जानकारी अनुसार मध्यप्रदेश विधानसभा का सत्र 7 जनवरी से शुरू हो रहा है, जिसमें सभी विधायकों को प्रोटेम स्पीकर शपथ दिलाएंगे, जो कि सदन का वरिष्ठ नेता होता है। इस पद के लिए अभी भाजपा से गोपाल भार्गव का नाम आगे है। यह सत्र 11 जनवरी तक चलेगा।
लुटेरों का आतंक | बाइक सवार युवकों को डण्डों से पीटा, चालक की मौत होने पर लूटपाट कर फरार हुए बदमाश
* पन्ना-अमानगंज मार्ग पर छापा नाला के समीप हुई वारदात
* रात भर नाले में पड़ा रहा मृतक का शव, दर्द से कराहता रहा साथी
पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना जिले का कोतवाली थाना सोमवार 24 दिसम्बर को हत्या-लूट और बैंक के अंदर हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज़ चोरी की घटनाओं को लेकर सुर्ख़ियों में रहा। यहां अज्ञात बदमाशों द्वारा एक युवक की नृशंस हत्या कर उसके साथी से लूटपाट करने की खबर आने से सुबह-सुबह लोग दहशत में आ गए। इस जघन्य वारदात को रविवार 23 दिसम्बर की शाम कटनी-कानपुर स्टेट हाइवे पर पन्ना-अमानगंज के बीच छापा नाला के समीप तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा अंजाम दिया गया। लुटेरों के हमले में घायल हुए युवक रामकिशोर पिता काशी प्रसाद यादव 25 वर्ष को आज सुबह पन्ना लाकर उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जबकि पुलिस जांच और एफएसएल टीम की जांच के चलते मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शाम के समय पन्ना लाया जा सका। इस घटना पर फ़िलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को गहन जांच में लिया है।
वनकर्मी की मदद से बची जान

घायल रामकिशोर यादव निवासी ग्राम सलैया थाना जिला छतरपुर ने वारदात के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वह रविवार 23 दिसम्बर की शाम अपने गांव के ही राम सिंह पिता शंकर सिंह गौंड़ 40 वर्ष के साथ पन्ना से अमानगंज की ओर मोटर साइकिल से जा रहे थे। शाम करीब 6-7 बजे रास्ते में छापा नाला के समीप मिले तीन लोगों ने उनके ऊपर डण्डों से हमला कर दिया। सिर पर डंडे के प्रहार से राम सिंह की बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों वहीं गिर गए। अचेत अवस्था में पड़े राम सिंह गौंड़ को और उसे बदमाशों ने नाले में फेंक दिया जबकि उनकी बाइक को जंगल में ही छिपा दिया। इसके बाद हमलावर उनकी जेबों में रखे रूपए और मोबाइल लेकर फरार हो गए। कड़ाके की सर्दी में दोनों पूरी रात नाले में पड़े रहे।

सुबह जब रामकिशोर यादव होश में आया तो उसने मदद के लिए चींखना-चिल्लाना शुरू किया। इस दौरान वहाँ से गुजर रहे एक वन रक्षक ने जब उसकी दर्दभरी चीखें सुनीं और नीचे उतर कर देखा तो नाले दो लोग घायल अवस्था में पड़े मिले। वन रक्षक ने समझा कि उनका एक्सीडेंट हुआ है, पर जब घायल रामकिशोर ने आपबीती सुनाई तो सच्चाई का पता चला। वन रक्षक ने आनन-फानन डॉयल 100 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया और फिर घायल रामकिशोर यादव को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय पन्ना ले जाया गया।
घटना को संदिग्ध मान रही पुलिस

कोतवाली थाना पन्ना की पुलिस चौकी बराछ के अंतर्गत हुई इस घटना को लेकर चौकी प्रभारी राजेंद्र नामदेव का कहना है कि मृतक राम सिंह पिता शंकर सिंह गौंड़ 40 वर्ष के सिर, मुँह में चोटें आईं है और उसके दाँत टूटे हैं। घटनास्थल से फ़िलहाल ऐसे साक्ष्य नहीं मिले हैं कि लूटपाट के इरादे से हत्या करना साबित हो। सुबह-सुबह इस वारदात का पता चलने पर पुलिस द्वारा मृतक और घायल युवकों के परिजनों को घटना के संबंध सूचना दी गई। दोपहर तक दोनों युवकों के परिजन मौके पर पहुँच चुके थे, पुलिस द्वारा इनसे यह पता करने की कोशिश की जा रही है कि उनका किसी से विवाद तो नहीं हुआ था या फिर किसी से कोई रंजिश तो नहीं चल रही थी। चौकी प्रभारी बराछ का कहना है कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में इस घटना पर मर्ग कायम कर हर पहलू से गहन जांच-पड़ताल की जा रही है, फ़िलहाल कुछ कहना संभव नहीं है। घायल युवक के पूरी तरह होश में आने पर उसके बयान दर्ज किये जायेंगे और मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है-
“प्रारंभिक पुलिस जांच में मृतक और घायल युवक का विवाद होने की बात सामने आई है, फ़िलहाल लूटपाट के साक्ष्य नहीं पाए गए। पुलिस घटना की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है जल्दी ही इसकी वास्तविकता को सामने लाया जायेगा।”
– विवेक सिंह, पुलिस अधीक्षक पन्ना।
क्रिसमस के लिए सजाये चर्च, कुछ घंटे बाद मध्य रात्रि में मनाया जायेगा प्रभु यीशु का जन्मोत्सव
* महापर्व को लेकर उत्साह के साथ भक्तिभाव में डूबे मसीही समाज के लोग
पन्ना। रडार न्यूज परमपिता परमेश्वर के पुत्र प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव यानि क्रिसमस पर्व की तैयांरयां पन्ना में पूरी हो चुकीं हैं, बस कुछ ही घंटे बाद प्रभु यीशु मसीह का जन्मोत्सव परम्परागत तरीके हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। क्रिसमस पर्व के लिए शहर के सभी चर्चों का रंगरोगन कर उनकी एलईडी लाईटों से आकर्षक विघुत सज्जा की गई है। क्रिसमस से पूर्व के कार्यक्रम भी यहां मसीही समाज द्वारा उत्साह और भक्तिभाव के साथ आयोजित किये जा रहे हैं। फादर जोसफ़ ने बताया कि सेंट जोसेफ कैथोलिक चर्च में प्रभु यीशु का अवतरण दिवस क्रिसमस के कार्यक्रम सोमवार 24 दिसम्बर की रात्रि 11:30 बजे से शुरू हो जायेंगे। मध्यरात्रि में जैसे ही घड़ी में 12 बजेंगे प्रभु यीशू का चरनी में जन्म होगा। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना की जायेगी और क्रिसमस का संदेश दिया जायेगा।

ईसीआई चर्च पन्ना के प्रमुख फादर सॉलोमन थापा ने बताया कि क्रिसमस पर्व के उपलक्ष्य पर विशेष प्रार्थना चर्च में मंगलवार 26 दिसम्बर को सुबह आयोजित होगी। मालूम होकि महापर्व क्रिसमस की तैयारियां वैसे तो दिसम्बर माह की 1 तारीख से ही शुरू हो जातीं हैं। पर जैसे-जैसे क्रिसमस नजदीक आता है तैयारियां तेज हो जाती हैं। शहर के सेंट जोसेफ चर्च, जेसुपाल आश्रम और बाबा बादशाह साईं कॉलोनी में स्थित ईसीआई चर्च को क्रिसमस के लिए विशेष तौर पर सजाया-संवारा गया है। यहां प्रभु यीशू के जन्म के लिए चरनी बनाई बनाई गई है। गिरिजाघरों और मसीही समाज के लोगों के घरों पर लगा शुभ तारा शांतिदूत प्रभु यीशू के अवतरण की राह दिखा रहा है।

क्रिसमस के पूर्व परम्परानुसार पिछले कुछ दिनों से शहर में मसीही समाज के घरों में सामूहिक रूप से कैरोल सिंगिंग के कार्यक्रम आयोजित किये गए। इस दौरान मसीही समाज के लोगों के घरों में यीशू की बाल्यवस्था प्रतीक रुपी प्रतिमा ले जाकर सभी को प्रभु के जन्मोत्सव का संदेश दिया गया । उल्लेखनीय है कि क्रिसमस को लेकर शहर की दुकानें गिफ्ट आईटम, ग्रीटिंग्स और सजावटी समानों की मांग बढ़ गई है। कई उत्साही बच्चों ने सांता क्लॉज की वेशभूषा धारण करने के लिए खास किस्म की ड्रेस खरीदी है।
बैंकों के अंदर भी सुरक्षित नहीं ग्राहक ! पन्ना में एसबीआई की मैन ब्रांच से एमपीईबी के लिपिक के 7 लाख रुपए चोरी, नोटों से भरा बैग ले उड़ा बालक
* सीसीटीव्ही कैमरों में कैद हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात
* बैग चुराने वाले अज्ञात बालक की पहचान करने में जुटी पुलिस
शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना जिला मुख्यालय में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के अंदर से एमपीईबी के लिपिक के 7 लाख रुपये चोरी होने से हड़कंप मच गया। कैशियर के काउंटर के पास से नोटों से भरा बैग एक लड़के के द्वारा चोरी किया गया है। उसकी करतूत बैंक के सीसीटीव्ही कैमरों में कैद हुई है। चोरी की इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। बड़े ही शातिर तरीके से चोरी की घटना को अंजाम देने वाले पीली टी-शर्ट वाले लड़के का सुराग लगाने के प्रयास शुरू हो गये हैं।

उधर, स्टेट बैंक के अंदर से ग्राहक का नोटों से भरा बैग चोरी होने के बाद से पन्ना जिले में स्थित विभिन्न बैंकों के अंदर की सुरक्षा-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न चिन्ह लग गया है। क्योंकि, इस तरह की घटनाएं पहली बार नहीं हुई है। कुछ माह पूर्व जिले के अजयगढ़ क़स्बा स्थित स्टेट बैंक की शाखा में भी एक बुजुर्ग ग्राहक के साथ ऐसी ही वारदात हुई थी। पन्ना स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में भी पहले कई बार बैंक के अंदर से ग्राहकों के रुपये चोरी होने की हैरान करने वाली घटनायें सामने आईं है। यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति तब है जबकि इन बैंकों में सशस्त्र सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। फिर भी बैंक के अंदर सक्रिय रहने वाले चोर, लुटेरे ग्राहकों को लगातार अपना निशाना बना रहे हैं, जिससे ग्राहक और उनके रुपयों की सुरक्षा भगवन भरोसे प्रतीत होती है।
पलक झपकते ही गायब हुआ बैग

मध्य पूर्व क्षेत्र विधुत वितरण कम्पनी लिमिटेड संभाग पन्ना के शहरी वितरण केंद्र में पदस्थ हेड कैशियर मुबीन खान ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले तीन दिन बैंक की छुट्टी होने के दौरान बिजली बिलों की जो राशि ग्राहकों के द्वारा जमा की गई थी उसे लेकर सोमवार 24 दिसम्बर को बैंक में जमा करने आया था। भारतीय स्टेट बैंक की बेनीसागर मोहल्ला स्थित मुख्य शाखा में कैशियर के काउंटर के बाजू नोटों से भरा बैग रखकर बाउचर भरने लगा इसी दौरान पलक झपकते ही मेरा बैग गायब हो गया। इससे कुछ देर के लिए बैंक के अंदर-बाहर हड़कंप मच गया। बड़े ही रहस्मय तरीके से गायब हुए बैग का पता लगाने के लिए बैंक मैनेजर ने जब सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज खंगाले तो पीले रंग की टी-शर्ट पहने एक लड़का मुबीन खान के पीछे बैंक के अंदर प्रवेश करता हुआ नजर आता है, कुछ देर बाद वही लड़का मौका पाकर बड़ी ही सफाई से नोटों से भरा बैग लेकर चंपत हो जाता है।

सबकुछ इतनी तेजी से हुआ कि बैंक के अंदर आसपास मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। बैंक के प्रवेश द्वार पर तैनात रहने वाला गार्ड भी उस शातिर लड़के को खाली हाथ अंदर आते और बैग लेकर निकलते हुए गौर नहीं कर पाया। एमपीईबी के पीड़ित लिपिक मुबीन खान ने बताया कि चोरी हुए बैग 6 लाख 95 हजार रुपये रखे थे। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व पन्ना में एमपीईबी के संभागीय कार्यालय परिसर में स्थित बिजली बिल जमा करने वाली एटीपी मशीन का लॉकर तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इसका खुलासा भी अब तक नहीं हो पाया है।
इनका कहना है-
“पहले एटीपी मशीन में और अब बैंक के अंदर से कैशियर का बैग चोरी होने की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। पुलिस को घटना की जानकारी दी जा चुकी है, एक लड़के ने बैग चोरी किया है जोकि सीसीटीव्ही कैमरों में नजर आ रहा है।”
– ओपी सोनी, कार्यपालन अभियंता एमपीईबी पन्ना।
“सीसीटीव्ही कैमरों से हांसिल फुटेज के आधार पर आरोपी बालक की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास किये जा रहे हैं, तकरीबन 6 लाख से अधिक की चोरी हुई है। इस चोरी का जल्दी खुलासा होने की उम्मीद है, कोतवाली पुलिस की टीम इस काम में जुटी है।
– विवेक सिंह, एसपी पन्ना।
प्रदेश में 2 लाख मीट्रिक टन यूरिया किसानों को वितरित, मुख्यमंत्री कमलनाथ के प्रयास से यूरिया की आपूर्ति में आई तेजी
* रेल्वे से लगातार मिल रही हैं यूरिया की रेक्स
* 45 हजार मीट्रिक टन यूरिया एक-दो दिन में आयेगा
भोपाल। रडार न्यूज प्रदेश में किसानों को रबी सीजन के दौरान आवश्यकतानुसार यूरिया की आपूर्ति के लिये कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। प्रदेश में अब तक 2 लाख मीट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति किसानों को वितरित की जा चुकी है। यूरिया की 7 रेक्स पहुँच चुकी हैं और संबंधित जिलों में इनका वितरण किया जा रहा है। करीब 45 हजार मीट्रिक टन यूरिया एक-दो दिन में प्रदेश के रेक्स पाइंट पर पहुँचेगा। इसके वितरण के लिये भी कृषि एवं सहकारिता विभाग के मैदानी अमले को निर्देश दिये गये हैं। इसके अलावा 76 हजार मीट्रिक टन डी.ए.पी., 6000 मीट्रिक टन काम्प्लेक्स की आपूर्ति किसानों को रबी सीजन के दौरान की गई है। इस बार प्रदेश में 4 लाख 10 हजार मीट्रिक टन यूरिया आपूर्ति की सहमति केन्द्रीय मंत्रालय द्वारा दी गई है।
यूरिया की निरंतर आपूर्ति के संबंध में पिछले दिनों मुख्यमंत्री कमलनाथ ने केन्द्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल और उर्वरक एवं रसायन मंत्री सदानंद गौड़ा से फोन पर बात की थी। इसके बाद से प्रदेश में यूरिया की आपूर्ति में तेजी आ गई है।
मंडीदीप रेक पाइंट पर 1226 मीट्रिक टन यूरिया जल्द पहुँच रहा है। इसका वितरण रायसेन, भोपाल और सीहोर के किसानों को किये जाने की व्यवस्था की जा रही है। इसी तरह रतलाम रेक पाइंट पर 4048 मीट्रिक टन यूरिया पहुँच रहा है। इसका वितरण रतलाम, धार, मंदसौर और उज्जैन जिले के किसानों को किया जायेगा।
कोटा के चम्बल फर्टिलाइजर प्लांट और गुना के नेशनल फर्टिलाइजर प्लांट से मध्यप्रदेश को प्राथमिकता के साथ यूरिया की आपूर्ति किये जाने की सहमति दी गई है। इससे प्रदेश में आने वाले दिनों में यूरिया की आपूर्ति में और तेजी आयेगी। देश के ईस्ट और वेस्ट पोर्ट से भी डी.ए.पी. के स्थान पर यूरिया की सप्लाई को विशेष प्राथमिकता दिये जाने को कहा गया है।
शिकारियों के निशाने पर पन्ना के वन्य जीव | जंगल में करंट बिछाने वाले शिकारी की अपने ही जाल में फंसने से मौत, एक तेंदुआ भी मृत मिला

-
दक्षिण वन मंडल पन्ना के शाहनगर वन परिक्षेत्र की घटना
-
पुलिस ने मृत शिकारी के दो साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर भेजा जेल
-
शिकार की घटना का स्थानीय वन अमले को सप्ताह भर बाद चला पता
शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में बाघ समेत दूसरे वन्य जीवों पर गंभीर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। यहां के संरक्षित और सामान्य वन क्षेत्रों में स्वछंद विचरण करने वाले वन्यजीव अब जरा भी सुरक्षित नहीं है। दरअसल, यहाँ पिछले कुछ महीनों से शिकारी गिरोहों के सक्रिय होने से वन्यजीवों के शिकार की घटनाएं चिंताजनक तेजी से बढ़ गई हैं। बड़े पैमाने पर पत्थर के अवैध उत्खनन के लिए बदनाम पन्ना जिले का दक्षिण वन मंडल वन्य जीवों के शिकार की सनसनीखेज घटनाओं को लेकर कुछ समय से सुर्ख़ियों में बना है। शिकार का ताज़ा मामला शाहनगर वन परिक्षेत्र की टिकरिया बीट अंतर्गत प्रकाश में आया है। यहां के वन कक्ष क्रमांक- पी-975, 976 में 12 दिसम्बर को वन्य जीवों के शिकार के लिए मैन विधुत लाइन में नंगे तार डालकर करंट प्रवाहित करने के दौरान उसकी चपेट में आने से एक शिकारी सौखीलाल चौधरी पुत्र लोटा चौधरी 38 वर्ष की मौत हो गई थी। शाहनगर थाना पुलिस ने इस घटना की मर्ग जांच बाद मृतक के दो साथियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करते हुए कुछ दिन पूर्व उन्हें जेल भेज दिया। सप्ताह भर बाद पता चला है कि करंट लगने से सिर्फ शिकारी भर की मौत नहीं हुई थी बल्कि, एक मादा तेंदुआ भी इसकी चपेट में आने से बेमौत मारा गया है।
रेंजर शाहनगर रामबिहारी खरे ने “रडार न्यूज” को जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार 19 दिसम्बर को दोपहर में उन्हें टिकरिया बीट में तेंदुए का क्षत-विक्षत शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुँचकर जांच करने पर पता चला कि वन्य जीवों के शिकार के लिए लगाए गए करंट के तार के सम्पर्क में आने से मादा तेंदुआ की भी मौत हुई है। शव की हालत देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि तेंदुआ की मौत भी 7-8 दिन पूर्व हुई है। गुरुवार 20 दिसम्बर को मृत तेंदुए का पशु चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराने के बाद उसके क्षत-विक्षत शव को जला दिया गया। जबकि बिसरा आदि को जांच के लिए सागर स्थित फॉरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। वहीं, करंट लगाकर मादा तेंदुआ का शिकार करने के मामले में वन विभाग द्वारा संदेही आरोपी बिसालिया चौधरी निवासी टिकरिया की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
क्या है मामला
शिकार की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगा पाने बुरी तरह नाकाम साबित हो रहे दक्षिण वन मंडल पन्ना के जिम्मेदार अधिकारी अपनी विफलताओं को छिपाने और बदनामी से बचने के लिए मीडियाकर्मियों को जानकारी से कन्नी काट रहे हैं। मादा तेंदुआ की मौत को लेकर वन विभाग के सूत्रों से हांसिल जानकारी अनुसार अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि शिकारी सौखीलाल चौधरी पुत्र लोटा चौधरी 38 निवासी टिकरिया ने वन्य जीवों के शिकार के लिए अपने स्वजातीय परचितों सुनील चौधरी 27 वर्ष व उसके पिता बिसालिया चौधरी निवासी ग्राम टिकरिया एवं बिसालिया चौधरी के ही दामाद दयाराम चौधरी पुत्र प्यारेलाल चौधरी 32 वर्ष निवासी ग्राम भिलसायं के साथ मिलकर 12 दिसम्बर को मैन विधुत लाइन में तार डालकर टिकरिया के जंगल में करंट का जाल बिछाया था। इस दौरान गलती से सौखीलाल चौधरी खुद ही करंट की चपेट में आ गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। शाहनगर थाना प्रभारी अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में मृतक के साथियों सुनील चौधरी एवं दयाराम चौधरी के खिलाफ आईपीसी की 304, 34 के तहत आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध करते हुए दोनों को 15 दिसम्बर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पवई जेल भेज जा चुका है।
जिम्मेदारों ने बरती लापरवाही
उल्लेखनीय है कि वन, वन्य प्राणियों एवं वन संपदा की सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाले विभागीय अधिकारी और मैदानी अमला अपने दायित्वों का निर्वहन कितनी सजगता व ईमानदारी से कर रहा है, मादा तेंदुआ के शिकार की घटना से यह साफ़ जाहिर हो चुका है। जंगल में शिकारियों की लगातार बढ़ती सक्रियता के बीच वन अमला इतना चौकस है कि तेंदुए के शिकार का पता उसे सप्ताह भर बाद चला ? शाहनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुछ समय पहले भी कई स्थानों पर शिकारियों द्वारा जंगल में करंट के तार बिछाने का पता चला था लेकिन, जिम्मेदारों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। जिसका दुष्परिणाम मादा तेंदुआ का शिकार होने के रूप सामने आया है। तेंदुए के शिकारी तो देर-सबेर पकड़े ही जायेंगे पर इस क्षति के लिए उत्तरदायी अकर्मण्य अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध क्या कार्यवाही होती है यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
नहीं थम रहीं शिकार की घटनायें

पन्ना जिले के दक्षिण वन मंडल अंतर्गत इस वर्ष शिकार के सबसे ज्यादा मामले सामने आये हैं। अभी कुछ दिन पूर्व 14 दिसंबर को रात्रि में पवई वन परिक्षेत्र अंतर्गत शिकार में लिप्त एक गिरोह के ठिकाने से वन विभाग के अमले ने 687 नग एक्सप्लोसिव डायनामाईट, शिकार में उपयोग होने वाला जीआई तार व खूटियाँ, एक एयरगन, एक कुल्हाड़ी, मृत बेजुबान वन्य जीव, सागौन की लकड़ी और इंडिगो कार को जब्त किया था। इसके आलावा शिकारियों द्वारा बिछाये गए करंट के तार के संपर्क में आने से मौके पर एक गाय जलती हुई मिली। वहीं एक जंगली बिल्ली एवं एक कबरबिज्जू करन्ट में फंसकर जली हुए अवस्था में मृत पाये गये थे। इसके पूर्व दक्षिण वन मंडल अंतर्गत ही दो तेंदुओं, एक भालू का शिकार हुआ था। वन्य जीवों के अंगों का गैरकानूनी कारोबार कर रुपये कमाने के उद्देश्य से तस्करों-शिकारियों ने नर भालू के शिकार के बाद उसका प्राइवेट पार्ट सहित उसके शरीर के कई अंग निकालकर सुरक्षित रख लिए थे। जिन्हें बाद में शिकारियों की निशानदेही पर वन अमले ने जब्त कर लिया था। पन्ना जिले के उत्तर वन मंडल में भी इस वर्ष अब तक दो तेंदुओं के शिकार की घटनाएं सामने आई हैं।
कहीं फिर बाघ विहीन न हो जाये पन्ना !

चिंताजनक बात यह है कि कड़ी सुरक्षा वाले पन्ना टाईगर रिज़र्व में भी शातिर शिकारियों ने अपना जाल फैला रखा है। इसका खुलासा कुछ माह पूर्व पन्ना टाईगर रिज़र्व अंतर्गत एक युवा बाघिन का शिकार फंदा लगाकर किये जाने की घटना से हुआ था। बताते चलें कि वर्तमान में पन्ना टाईगर रिज़र्व में करीब तीन दर्जन बाघ हैं। जिसमें एक दर्जन बाघ टाईगर रिज़र्व से सटे पन्ना के उत्तर एवं दक्षिण वन मंडल के जंगल तथा पड़ोसी जिलों के जंगलों में अपना रहवास बनाये हुए हैं। पन्ना जिले के वन क्षेत्रों में पत्थर खनन माफिया, सागौन तस्करों और शिकारी गिरोहों की मौजूदगी के परिणामस्वरूप लगातार बढ़ती शिकार घटनाओं के मद्देनजर यह कहना गलत नहीं होगा यहां के बाघ और दूसरे बेजुबान वन्यजीव अब सुरक्षित नहीं हैं। जानकारों का मानना है कि वन्य जीवों की सुरक्षा में बरती जा रही घोर आपराधिक लापरवाही पर समय रहते यदि प्रभावी अंकुश नहीं लगा तो पन्ना के जंगल पुनः बाघ विहीन हो सकते हैं।
इनका कहना है-
“मैंने स्थानीय अधिकारियों के साथ गुरुवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया था। मृत तेंदुए को भी देखा था, डॉग स्कवॉड से मिले सुराग के आधार शिकार के मामले में फरार एक व्यक्ति की तलाश की जा रही है। शिकार की घटनाओं की रोकथाम को लेकर वन अमला पूरी तरह सजग है, शिकारियों को पकड़ने और तार जप्त करने की लगातार कार्रवाई की जा रही है। बाघों के मूवमेंट पर भी नजर रखी जा रही है।”
– राघवेंद्र श्रीवास्तव, मुख्य वन संरक्षक वृत्त छतरपुर
राष्ट्रीय बालरंग समारोह : स्कूली बच्चों ने दीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ

* तीन दिवसीय बालरंग के पहले दिन हुई राज्य-स्तरीय प्रतियोगिता
* बालरंग के आयोजन ने मध्यप्रदेश को विशिष्ट पहचान दिलाई – श्रीमती कियावत
भोपाल। रडार न्यूज भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आज से तीन दिवसीय बालरंग समारोह शुरू हुआ। समारोह के पहले दिन राज्य-स्तरीय प्रतियोगिताएँ हुईं। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न संभागों के स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।
समारोह का शुभारंभ आयुक्त, लोक शिक्षण जयश्री कियावत ने किया। श्रीमती कियावत ने कहा कि बालरंग के आयोजन ने मध्यप्रदेश को विशिष्ट पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि बालरंग बच्चों को सीखने-सिखाने की गतिविधियों का महापर्व है। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि देश की वैभवशाली सांस्कृतिक धरोहर नृत्य, गायन, वादन और अन्य कलाओं में विद्यार्थी बालरंग से प्रेरणा लेकर बड़े मंचों पर अपनी बेहतर प्रस्तुतियाँ देंगे।
गौरवशाली परम्पराओं का प्रदर्शन

बालरंग समारोह के पहले दिन सांस्कृतिक, साहित्यिक, संस्कृत और योग की विभिन्न बच्चों ने प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रतियोगिताओं में दिव्यांग बच्चों द्वारा दी गई प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केन्द्र रहीं। आज से लघु भारत प्रदर्शनी भी प्रारंभ हुई। प्रदर्शनी में विभिन्न राज्यों की संस्कृति एवं गौरवशाली परम्पराओं का आकर्षक ढंग से प्रदर्शन किया गया। समर्थ प्रदर्शनी के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों का स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक ढंग से प्रदर्शन किया गया। बालरंग में स्कूली बच्चों ने प्रदेश के प्रसिद्ध व्यंजनों के स्टॉल भी लगाये हुए हैं। बालरंग समारोह में 20 और 21 दिसम्बर को राष्ट्रीय लोक-नृत्य प्रतियोगिता होगी। समारोह में स्काउट कैम्प में जंगल कैम्प, रिवर क्रॉसिंग, मंकी ब्रिज, कमाण्डो ब्रिज की जानकारी स्कूल के बच्चों को दी जा रही है।
राज्यपाल करेंगी समारोह का शुभारंभ

भोपाल स्थित इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में आज से बालरंग समारोह शुरू हुआ।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल गुरुवार, 20 दिसम्बर को मानव संग्रहालय में राष्ट्रीय बालरंग समारोह का शुभारंभ प्रात: 10 बजे करेंगी। राष्ट्रीय बालरंग समारोह में हिमाचल प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, हरियाणा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, झारखण्ड, तेलंगाना, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, नागालैण्ड, सिक्किम, त्रिपुरा, मणिपुर राज्य के अलावा दो केन्द्र शासित प्रदेश दादर एवं नगर हवेली और दिल्ली के स्कूली बच्चे सहभागिता कर रहे हैं। राष्ट्रीय बालरंग समारोह में विभिन्न राज्यों के लोक-नृत्यों की प्रस्तुतियाँ दी जायेंगी।
अच्छी खबर | मध्यप्रदेश में पुलिस बल को मिलेगा एक दिन का साप्ताहिक अवकाश
* मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पुलिस अधिकारियों को दिये निर्देश
* बोले सीएम, अपराधिक गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस रखें
भोपाल। रडार न्यूज मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद कमलनाथ एक्शन मोड में आ चुके हैं। मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के कुछ ही घंटे बाद उन्होंने जिस तरह किसानों की कर्ज माफ़ी के आदेश जारी किये हैं उससे यह साबित हो चुका। मुख्यमंत्री श्री नाथ ने चुनावी वादों को पूरा करने और लोगों को एक अच्छी सरकार देने की दिशा में तेजी से प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने आज पुलिस मुख्यालय में प्रदेश में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस महत्पूर्ण बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों से चर्चा करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था, आंतरिक चुनौतियों, उपलब्ध संसाधनों एवं पुलिस बल की समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों के लिए अच्छी खबर यह है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बैठक में पुलिस बल में साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
महिला अपराधों की प्रति रहें संवेदनशील
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि पुलिस बल में साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था की जाये। किसी भी प्रकार की आपराधिक और गैर कानूनी गतिविधियों के प्रति जीरो टालरेंस रखें। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिये समग्र दृष्टिकोण के साथ रणनीति बनायी जाये। महिलाओं के विरुद्ध अपराध के नियंत्रण के लिये संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ कार्य किया जाये। श्री नाथ ने पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि गुड-गवर्नेंस का प्रमुख आधार पुलिस बल है। राज्य की छवि पुलिस व्यवस्था पर निर्भर है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव गृह मलय श्रीवास्तव, पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
सड़क दुर्घटनाओं को रोकें
मुख्यमंत्री श्री नाथ ने पुलिस बल के लिये साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था में तकनीकी संसाधनों को आधुनिक किया जाये। पुलिस बल के लिये आपात परिस्थितियों में अवकाश उपयोग नहीं करने पर क्षतिपूर्ति की व्यवस्था हो। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसके लिये सड़क नियोजन और प्रतिरक्षात्मक उपायों परसमेकित रूप से कार्य किया जाये।
समाज की रक्षक है पुलिस










