Home Blog Page 186

खजुराहो लोकसभा क्षेत्र : कांग्रेस प्रत्याशी ने शुरू किया चुनाव प्रचार, बीजेपी के खेमे में खींचतान जारी, उम्मीदवार के ऐलान में देरी से कार्यकर्ता निराश

0
पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अजयगढ़ के भ्रमण के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी कविता सिंह स्थानीय पार्टी नेताओं के साथ।

* भाजपा के मजबूत किले को भेदने की बनने लगी रणनीति

* ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठकों का दौर जारी

शादिक खान, खजुराहो / पन्ना। रडार न्यूज   मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ बने खजुराहो संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस इस बार जीत का परचम लहराने की तैयारी में जुट गई है वहीं दूसरी ओर बीजेपी के प्रत्याशी की घोषणा में देरी के कारण दावेदारों के बीच जारी खींचतान से पार्टी में कलह और गुटबाजी बढ़ रही है। टिकिट की दौड़ में शामिल भाजपा नेता खुद को आगे बनाए रखने के लिए प्रत्यक्ष-परोक्ष रूप से दूसरों पर कीचड़ उछालने में जुटे हैं। सोशल मीडिया पर यह काम इन दिनों तेजी से चल रहा है। अपने नेता खिलाफ दुष्प्रचार (डर्टी पॉलिटिक्स) होने से नाराज समर्थकों में सिर फुटौवल जारी है। स्थिति यह है कि खजुराहो सीट पर कांग्रेस पार्टी ने जहाँ कई दिन पूर्व राजनगर विधायक विक्रम सिंह नातीराजा की पत्नी एवं खजुराहो नगर परिषद की अध्यक्ष कविता सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित कर चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है, वहीं भाजपा अब तक अपने किले को अपराजेय बनाए रखने योग्य उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं कर पाई है। चुनावी कार्यक्रम की उल्टी गिनती शुरू होने के मद्देनजर उम्मीदवार घोषित होने में लगातार विलम्ब होने से भाजपा कार्यकर्ता निराश है। कांग्रेस प्रत्याशी कविता सिंह ने इस स्थिति को भांपते हुए समय का पूरा सदुपयोग कर खजुराहो सीट पर इस बार इतिहास रचने की रणनीति बनाने में जुटी हैं। पूर्व छतरपुर राजघराने की बहू और पन्ना जिले के गुनौर विधानसभा क्षेत्र की बेटी कविता सिंह आत्म विश्वास से लबरेज है, उन्हें भरोसा है कि क्षेत्र से सीधा जुड़ाव होने का लाभ चुनाव में उन्हें चुनाव में अवश्य ही मिलेगा।

भाजपा सांसदों की नाकामी को बनाया मुद्दा


कांग्रेस प्रत्याशी का स्वागत करते भरत मिलन पाण्डेय।
पिछले दिनों गुनौर विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण के दौरान पार्टी नेताओं और क्षेत्रीय लोगों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी ने भावनात्मक अंदाज में बेटी के रिश्ते को उभारते हुए जोर देकर कहा कि- “बेटी कभी धोखा नहीं देती है, मैं भी जिले के लोगों को कभी धोखा नहीं दूँगी। आपकी हर उम्मीद पर खरी उतरूँगी।” कविता सिंह की यह बात लोगों के दिलों को छू गई। दरअसल, भाजपा के पूर्व एवं निवर्तमान सांसद द्वारा चुनाव के समय किये गए वादों को पूरा न करने से खुद को छला हुआ महसूस कर रहे जनमानस में व्याप्त निराशा और गुस्से को देखते हुए उन्होंने यह बात कही थी। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के पक्ष में जनमत निर्माण के लिए प्रत्याशी के साथ-साथ उनके विधायक पति विक्रम सिंह पसीना बहा रहे है।
गुनौर विस क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी कविता सिंह।
कविता सिंह जहाँ लोकसभा क्षेत्र में ब्लॉक स्तर पर पहुँचकर पार्टी पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं तथा आमजन से सीधे रूबरू हो रहीं है वहीं उनके पति पार्टी नेताओं सहित प्रमुख लोगों के घर पहुँचकर समर्थन प्राप्त करने के साथ-साथ चुनाव प्रचार में जुटने के लिए उन्हें सक्रिय कर रहे हैं। इस कवायद का उद्देश्य सबके सुझाव लेकर एक बेहतर चुनावी रणनीति तैयार करना है ताकि कई दशक बाद भाजपा को उसके मजबूत गढ़ में शिकस्त दी जा सके। फ़िलहाल जहाँ कांग्रेस की चुनावी तैयारियां तेजी से चल रहीं है और उसके खेमे में उत्साह का माहौल बना है वहीं भाजपा प्रत्याशी की घोषणा में देरी होने तथा हर दिन नए नाम चर्चाओं में आने से पार्टी कार्यकर्ता निराश है। भाजपा के अंदर अब यह आशंका भी गहराने लगी है कि इस पशोपेश की स्थिति में चुनौती का सही आँकलन करके अंतिम समय में यदि सशक्त उम्मीदवार का चयन नहीं किया गया तो पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

इनका कहना है –

“खजुराहो सीट पर उम्मीदवार के नाम के ऐलान में थोड़ी देर अवश्य हो रही है, पर भरोसा रखिये निर्णय दुरुस्त ही होगा। हमारे यहाँ व्यक्ति नहीं बल्कि पार्टी महत्वपूर्ण होती है। इसलिए पार्टी जिसे भी अपना प्रत्याशी घोषित करती है सब मिलकर उसे विजयी बनाने में जुट जाते है। प्रत्याशी चाहे जो भी हो खजुराहो सीट पर इस बार भी बीजेपी ही जीतेगी क्योंकि क्षेत्र का जनमानस हमारे साथ है। हालिया विधानसभा चुनाव के नतीजे इसका प्रमाण है। लोग केन्द्र में मोदी जी के नेतृत्व में एक मजबूत सरकार चाहते जो देश को सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ विकास के पथ पर आगे ले जाने में सक्षम है। खजुराहो क्षेत्र को रेल लाइन की सौगात, चौड़ीं सड़कें मोदी जी के ही कार्यकाल में मिली है।

आशीष तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी भाजपा पन्ना।

” अति पिछड़े इस क्षेत्र के लोगों ने विकास की उम्मीद में लगातार कई बार भारतीय जनता पार्टी के सांसदों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाकर दिल्ली भेजा है, लेकिन वे संसद में क्षेत्र की जनता की आवाज को बुलंद नहीं कर सके। चुनाव के समय जो वादे किये उन्हें भी पूरा नहीं किया। जनसमस्याओं के निराकरण और विकास से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सांसदों ने घोर उदासीनता बरती है। इनके नाकारेपन का खामियाजा आज समूचे खजुराहो संसदीय क्षेत्र के लोग भुगत रहे हैं। भाजपा के झूठे वादों के कारण ही लोगों ने प्रदेश की शिवराज सरकार को उखाड़ फेंका है, अब बारी केन्द्र की मोदी सरकार की है। रहा सवाल खजुराहो सीट का तो कांग्रेस पार्टी ने यहाँ से योग्य एवं क्षेत्रीय प्रत्याशी के रूप में कविता सिंह को उतारा है, इस बार खजुराहो सीट पर कांग्रेस पार्टी जीत की इबारत लिखेगी।”

मनोज गुप्ता, कांग्रेस नेता विधानसभा क्षेत्र पन्ना।

लोकसभा चुनाव-2019 : अंतर्राज्यीय सीमावर्ती नाकों और मतदान केन्द्रों का कलेक्टर-एसपी ने किया सघन निरीक्षण

0

* मतदान केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं की ली गई जानकारी

* गड़बड़ी को रोकने प्रत्येक नाके पर सतत निगरानी बनाए रखने के दिए निर्देश

पन्ना। रडार न्यूज   खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पन्ना जिले में निष्पक्ष एवं स्वतंत्र निर्वाचन संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे है। उत्तर प्रदेश के बाँदा जिले की सीमा से सटे पन्ना जिले में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पन्ना मनोज खत्री एवं पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी द्वारा संयुक्त रूप से भ्रमण कर अजयगढ़ जनपद क्षेत्र की अन्तर्राज्यीय सीमा में स्थापित नाकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नाकों पर नियुक्त एफएसटी एवं एसएसटी टीमों से चर्चा कर जानकारी हांसिल की। कलेक्टर ने दल के सदस्यों को निर्देश दिए कि नाकों पर सतत निगरानी बनाए रखें। जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। पुलिस अधीक्षक श्री अवस्थी ने दल के सदस्यों को निर्देश देते हुए कहा कि नाकों से गुजरने वाले वाहनों का पूर्ण विवरण पंजीबद्ध किया जाना चाहिए।
मतदाताओं को मिलें सुविधायें
कलेक्टर मनोज खत्री ने सीमा से लगे विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदी में स्थापित मतदान केन्द्र क्रमाँक 121 एवं 122 का निरीक्षण कर बीएलओ से चर्चा करते हुए पूर्व के मतदान प्रतिशत की जानकारी एवं मतदान केन्द्र के मतदाताओं के संबंध में चर्चा की। इसी प्रकार माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला नरदहा, देबलपुर आदि के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशानुसार मतदान केन्द्र पर मतदाताओं के लिए सुविधाएं होनी चाहिए। मतदान केन्द्र पर मतदाताओं के लिए छायावान, पेयजल की व्यवस्था के साथ-साथ महिला एवं पुरूष के लिए पृथक-पृथक शौचालय स्थापित होना चाहिए। उन्होंने मतदान का प्रतिशत बढाने के लिए चुनावी पाठशाला का संचालन कर मतदाता जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

सीसीटीव्ही कैमरों का बैकअप सुरक्षित रखें

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने रामनगर, हरनामपुर, रामनई, बरौली, तरौनी, मोकछ, छनेहा, अजयगढ़ की सीमा पर स्थित अन्तर्राज्यीय वन नाका पन्ना आदि का निरीक्षण किया। मौके पर स्थापित सीसीटीव्ही कैमरों के संचालन की व्यवस्था, कैमरों का बैकअप रखने की व्यवस्था, नाकों से गुजरने वाले वाहनों की पंजी का संधारण आदि अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सीसी टीवी कैमरे निरंतर चालू रखे जाएं। विद्युत अपरोध की स्थिति से निपटने के लिए सीसीटीव्ही कैमरों को बैट्ररी से जोड़कर चालू रखा जाए। प्रत्येक नाके पर सुरक्षा प्वाइंट बनाकर जवान को तैनात रखा जाए। नेटवर्क के संबंध में चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अवस्थी ने कहा कि जहां नेटवर्क की परेशानी है वहां मोबाईल फोन के माध्यम से बैकअप लेकर सुरक्षित रखा जाए। राज्य की सीमा से आने वाली शराब अथवा अन्य सामग्री जो मतदान को प्रभावित करती हो उस पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।

लापरवाही की तो होगी कठोर कार्यवाही

कलेक्टर मनोज खत्री ने निर्वाचन के लिए गठित दलों को निर्देश दिए कि हमें निष्पक्ष एवं स्वतंत्र निर्वाचन को सम्पन्न कराने के लिए हरसंभव प्रयास करने हैं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। हमारे द्वारा जो भी निर्वाचन संबंधी कार्य किए जा रहे हैं उसमें पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वाहनों का निरीक्षण पूरी मुस्तैदी के साथ करें। ऐसे व्यक्तियों पर भी कड़ी नजर रखी जाए जो मतदान को प्रभावित कर सकते हैं। क्षेत्र में ऐसे वातावरण का निर्माण किया जाए जिसमें आम मतदाता बगैर किसी भय के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का उपयोग कर सके। इस निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अजयगढ़ सुश्री आयुषी जैन, जनपद पंचायत अजयगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.के. मिश्रा के साथ राजस्व एवं पुलिस के क्षेत्रीय अधिकारी, कर्मचारी साथ रहे।

लोकसभा चुनाव-2019 : मध्य प्रदेश में बीजेपी ने अपने 2 और सांसदों के टिकिट काटे, बालाघाट, राजगढ़ व खरगोन सीट पर प्रत्याशी घोषित

0
सांकेतिक फोटो।
भोपाल। रडार न्यूज   भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार 29 मार्च को लोकसभा चुनाव के लिए 11 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इसमें कर्नाटक, राजस्थान, मध्यप्रदेश की 3-3 सीटों और जम्मू-कश्मीर तथा महाराष्ट्र की एक-एक सीट पर उम्मीदवार घोषित किए गए है। मध्य प्रदेश में बीजेपी ने अपने दो सांसदों बालाघाट से बोध सिंह भगत और खरगोन सीट से सुभाष पटेल का टिकिट काटते हुए वहाँ नए चेहरों को चुनावी समर में उतारने का ऐलान किया है। पार्टी ने बालाघाट से ढाल सिंह बिसेन, खरगोन से गजेंद्र पटेल और राजगढ़ से रोडमल नगर को टिकिट दिया है। इसके पूर्व भी बीजेपी ने एमपी में अपने 5 सांसदों के टिकिट काटे थे। खरगोन और बालाघाट सीट से मौजूदा सांसदों के टिकिट काटने के निर्णय के पीछे पार्टी सूत्रों द्वारा उनका औसत प्रदर्शन, सर्वे रिपोर्ट में खराब स्थिति, स्थानीय स्तर पर विरोध अदि कारण बताए जा रहे है।

एमपी में बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी

बालाघाट – ढाल सिंह बिसेन
खरगोन  – गजेंद्र पटेल
राजगढ़  – रोडमल नागर

बड़ी क्षति | रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर जिस तेंदुए को कड़ी मशक्कत से पकड़ा 24 घण्टे बाद उसकी हुई संदिग्ध मौत

0
तेंदुए को पिंजरे में कैद कर ले जाते पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम के सदस्य।

* वन विभाग की लापरवाही या फिर दवा के रिएक्शन ने ली जान

* मंगलवार को जरुआपुर ग्राम में एक घर से पकड़ा गया था तेंदुआ

* किसान पर हमला करने के बाद एक घर में घुस गया था तेंदुआ

शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज   उत्तर वन मंडल पन्ना के वन परिक्षेत्र पन्ना अंतर्गत आने वाली केरवन बीट के ग्राम जरुआपुर से मंगलवार को वन विभाग और पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम ने 10 घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद जिस तेंदुए को पकड़ा था 24 घण्टे बाद उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी स्वयं उत्तर वन मंडल के डीएफओ नरेश सिंह यादव ने दी है। बुधवार 27 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे तेंदुए की मौत वन विभाग की अभिरक्षा में होने की संक्षिप्त सूचना उनके द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई। चंद लाइनों के इस विवरण में उन्होंने यह नहीं बताया है कि तेंदुए की मौत अचानक कैसे और किन परिस्थितियों में हुई है। जबकि जरुआपुर ग्राम से पकड़े जाने के बाद तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ्य और सामान्य नजर आ रहर था। ऐसे में महज 24 घण्टे बाद उसकी मौत की दुखद खबर आने के बाद हर कोई हैरान है। इस असमान्य घटना को लेकर कई तरह की आशंकायें जताई जा रही हैं।
पिंजरे में कैद तेंदुए का जीवित अवस्था का फोटो।
कुछ लोगों का मानना है कि घर में घुसे तेंदुए को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सुरक्षित पकड़ने के बाद उसकी प्राथमिक स्तर समुचित देखभाल नहीं की गई। इस लापरवाही के ही कारण तेंदुए की मौत हुई है। यह संदेह भी जताया जा रहा है कि दवा के रिएक्शन के कारण तेंदुआ अचानक काल-कवलित हुआ है। हालाँकि, इसके उलट उत्तर वन मंडल पन्ना के डीएफओ का दावा है कि उक्त तेंदुए की पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. संजीव गुप्ता द्वारा बेहतर देखभाल की गई। और तेंदुए को बचाने के लिए हर सम्भव प्रयास किया। बहरहाल वजह चाहे जो भी लेकिन एक बात स्पष्ट है कि पूर्ण व्यस्क तेंदुए की मौत वन विभाग के लिए बड़ी क्षति है। श्री यादव ने जानकारी देते हुए बतया कि मृत तेंदुए की उम्र लगभग 8-9 वर्ष थी। उसका पोस्टमार्टम गुरुवार 28 मार्च की सुबह 9:30 बजे डॉ. संजीव गुप्ता और उनकी टीम के द्वारा किया जाएगा। जिसकी आवश्यक व्यवस्थायें उनके द्वारा की जा रही है।

ट्रेंकुलाइज कर पकड़ा था तेंदुआ

तेंदुए के रेस्क्यू ऑपरेशन को देखते ग्रामीण।
पन्ना के समीपी ग्राम जरुआपुर में मंगलवार 26 मार्च की सुबह करीब 4 बजे जंगल की और से आये एक तेंदुए ने स्थानीय किसान पंचम सिंह यादव के ऊपर हमला कर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद उसने बकरी के सात नग मेमनों को अपना शिकार बनाया और फिर शोरगुल होने पर समीप स्थित घर में घुसकर छिप गया। गाँव में खूँखार तेंदुए हमले और उसके घर में घुसे होने की खबर फैलते ही जरुआपुर में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। सुबह करीब 9 वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को शुरू किया गया। 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 4 बजे तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित पकड़ कर बड़े से पिंजरे में कैद किया गया। बाद में उसे सुरक्षित स्थान पर स्मृति वन ले जाया गया था।
नरेश सिंह यादव, डीएफओ उत्तर वन मंडल पन्ना।
उल्लेखनीय है कि पन्ना जिले पिछले कुछ समय से वन्य जीवों के शिकार और इंसानों पर उनके हमले की घटनाओं में चिंताजनक तेजी से इजाफा हुआ है। उधर, जिले के संरक्षित और सामान्य वन क्षेत्र में तैनात अधिकारी-कर्मचारी जंगल के अंदर तथा बाहर वन्यजीवों को सुरक्षा प्रदान करने के मोर्चे पर लगातार असफल साबित हो रहे हैं। करीब दो वर्ष पूर्व पन्ना जिले के दक्षिण वन मंडल अंतर्गत शाहनगर-रैपुरा वन परिक्षेत्र के कई गाँवों में स्थानीय लोगों पर हमला करने वाले एक तेंदुआ को समय रहते रेस्क्यू न किये जाने के कारण भागते हुए कुएँ में गिरने से उसकी मौत हो गई थी। जिले के हालात इतने अधिक ख़राब हो चुके हैं कि पन्ना की बहुमूल्य वन संपदा और वन्यजीव खनन माफियाओं, शिकारी गिरोहों तथा वन्यजीवों के अंगों की तस्करी करने वाले अपराधियों के निशाने पर है। इसके बाद भी वन अमले की उदासीनता और अकर्मण्यता जारी है।

खजुराहो लोकसभा क्षेत्र : टिकिट को लेकर दिग्गजों के बीच घमासान, ऊहापोह की स्थिति में फंसी भाजपा, कांग्रेस ने क्षेत्रीय प्रत्याशी घोषित कर बढ़ाई मुश्किल

0
सांकेतिक फोटो।

* बदली परिस्थितियों में भाजपा के सामने अपने गढ़ को बचाने की चुनौती

* भाजपा प्रत्याशी के नाम के ऐलान पर टिकीं जनमानस की नजरें

* सपा-बसपा गठबंधन के चलते बन सकती है त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति

शादिक खान, खजुराहो/पन्ना। रडार न्यूज   भारतीय जनता पार्टी अपने मजबूत गढ़ खजुराहो संसदीय क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन को लेकर असमंजस की स्थिति में है। शीर्ष स्तर पर कई दौर की बैठकों में विचार-विमर्श के बाद भी किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि खजुराहो से टिकिट को लेकर भाजपा के कई दिग्गज नेता कतार में हैं। अंतिम दौर में उम्मीदवार के रूप में अपने नाम का ऐलान कराने के लिए दावेदारों ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस बीच कांग्रेस ने इस सीट को जीतने की रणनीति के तहत क्षेत्रीय प्रत्याशी का दाँव चलते हुए पूर्व छतरपुर राजघराने की महारानी कविता सिंह को प्रत्याशी घोषित कर बीजेपी के लिए उम्मीदवार के चयन को लेकर उसकी उलझन को बढ़ा दिया है। केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल नेताओं के समक्ष दुविधा यह है कि वे मौजूदा हालात में क्षेत्रीय प्रत्याशी के मुकाबले में क्षेत्रीय व्यक्ति को उतारें, जातिगत समीकरणों को साधें या फिर टिकिट वितरण में बड़े नेताओं की सिफारिशों को तवज्जो दें। फैसला लेते समय उसे यह भी सुनिश्चित करना है कि खजुराहो के गढ़ में पार्टी के कब्जे को बरकरार रखने में सक्षम तथा जीत की प्रबल सम्भवना वाले दावेदार को ही चुनावी समर में उतारा जाए। इसलिए बीजेपी की प्रदेश इकाई द्वारा भेजे गए दावेदारों के पैनल में शामिल प्रत्त्येक नाम पर गहन विचार-मंथन कर संभावित चुनौतियों और कसौटी पर उन्हें परखा जा रहा है।
उधर, पैनल और सर्वे के अलावा भी कई नामों पर विचार होने की चर्चाएं है। जिन दावेदारों के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे उनमें पूर्व विधायक विजय बहादुर सिंह बुंदेला, ध्रुव प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री ललिता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पन्ना रविराज सिंह यादव, बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, घासीराम पटेल, किसान नेता उमेश सोनी, विधायक संजय पाठक, जिला सहकारी बैंक पन्ना के पूर्व अध्यक्ष एवं फायर ब्रांड नेता संजय नगायच, समाजसेविका नंदिता पाठक, पूर्व विधायक गिरिराज किशोर पोद्दार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पन्ना माधवेंद्र सिंह, एडवोकेट विनोद तिवारी, रामऔतार पाठक बब्लू, जयप्रकाश चतुर्वेदी शामिल हैं। इसके अलावा खजुराहो के पूर्व सांसद स्वर्गीय जीतेन्द्र सिंह बुंदेला की पत्नी, अभिनेता राजा बुंदेला, पूर्व रीवा रियासत के महाराज पुष्पराज सिंह के नाम भी विचार की प्रक्रिया में आए हैं। कुल मिलाकर इतने नामों के बीच सबसे मजबूत और जिताऊ उम्मीदवार का चयन करना भारतीय जनता पार्टी के लिए आसान नहीं है।

कटनी कार्ड बन सकता है काट !

विदित हो कि मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड अंचल के खजुराहो संसदीय क्षेत्र का नया स्वरुप वर्ष 2004 में चुनाव के पूर्व हुए परिसीमन से अस्तित्व में आया है। वर्तमान में इसके अंतर्गत तीन जिले छतरपुर, पन्ना और कटनी के क्रमशः आठ विधानसभा क्षेत्र- चंदला, राजनगर, पन्ना, गुनौर, पवई, बहोरीबंद, मुड़वारा, विजराघगढ़ आते है। चुनावी विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस ने जिस तरह कविता सिंह के नाम पर मुहर लगाकर क्षेत्रीय प्रत्याशी की मांग को पूरा करते जनभावनाओं को अपने पक्ष में करने का दाँव चला है, उसके मद्देनजर इसकी काट के तौर पन्ना या कटनी जिले के किसी सुयोग्य नेता को उम्मीदवार घोषित करने को लेकर बीजेपी को गंभीरता पूर्वक विचार करना चाहिए। प्रत्याशी चयन में खजुराहो संसदीय क्षेत्र के जातिगत समीकरणों साधने की रणनीति भी भाजपा का मजबूत पक्ष साबित हो सकती है।
कांग्रेस प्रत्याशी कविता सिंह।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस प्रत्याशी कविता सिंह छतरपुर जिले की राजनगर सीट से आती हैं जहाँ से उनके पति विक्रम सिंह नातीराजा विधायक हैं। जबकि कविता सिंह का मायका पन्ना जिले के गुनौर विधानसभा क्षेत्र में स्थित है। इस तरह पन्ना व छतरपुर दोनों ही जिलों से उनके सीधे जुड़ाव और पूर्व राजपरिवार का सदस्य होने का आकर्षण तथा प्रभाव का सामना बीजेपी कैसे करती है, आगामी समय में यह देखना दिलचस्प होगा। महिला होने के नाते कांग्रेस प्रत्याशी को महिलाओं और युवाओं का अच्छा खासा समर्थन मिलने की बात कही जा रही है। भाजपा के अंदर कुछ लोग मानते कि इन परिस्थतियों में विजराघवगढ़ विधायक संजय पाठक को उम्मीदवार बनाना उचित निर्णय साबित हो सकता है। इससे कटनी जिले में भाजपा के पक्ष में जहाँ माहौल बनेगा वहीं संजय का युवाओं से जुड़ाव, उनकी हाईप्रोफाइल लाइफ स्टाइल, चुनाव लड़ने का तरीका भी कांग्रेस के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। लोकप्रियता के मामले में भी वे कविता सिंह पर भारी पड़ेंगे। पर सवाल यह है कि प्रदेश में कांग्रेस की अल्पमत की सरकार होने के कारण सत्ता परिवर्तन की आस लगाए बैठी बीजेपी लोकसभा चुनाव में क्या अपने विधायक को उतारने का जोखिम मोल लेगी ? इसका जबाब समय आने पर ही पता चलेगा।

ओबीसी या ब्राह्मण चेहरा बनेगा चुनौती

क्षत्रिय समाज से आने वाली कविता सिंह के कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होने के बाद खजुराहो लोकसभा सीट पर भाजपा के रणनीतिकारों द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग और ब्राह्मण दावेदारों के नामों पर नए सिरे से मंथन किया जा रहा है। दरअसल, इस सीट के जातिगत समीकरणों पर गौर करें तो ओबीसी मतदाताओं की तादाद सर्वाधिक है। करीब 50 फीसदी से अधिक होने के कारण ओबीसी वोटर यहाँ निर्णायक स्थिति में हैं। अनुसूचित जाति को छोड़ दें तो इसके बाद ब्राह्मण मतदाता भी अच्छी संख्या में हैं। अब देखना यह है कि बीजेपी अपने गढ़ को बचाने के लिए पूर्व राजपरिवार से आने वाली क्षत्रिय प्रत्याशी कविता सिंह के सामने क्या इसी समाज के किसी दावेदार को मुकाबले में उतारती है या फिर जातिगत तथा क्षेत्रीयता के फैक्टर को ध्यान में रखते हुए किसी स्वच्छ छवि के लोकप्रिय ओबीसी या ब्राह्मण चेहरे को कड़ी चुनौती के रूप में पेश करती है।
सांकेतिक मानचित्र।
जानकारों का मानना है कि प्रत्याशी चयन में बीजेपी ने यदि जरा भी चूक की तो इस अवसर का लाभ उठाकर समाजवादी पार्टी चुनावी मुकाबले को त्रिकोणीय संघर्ष में तब्दील कर सकती है। बताते चलें कि बसपा और सपा के बीच मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर हुए गठबंधन के तहत खजुराहो संसदीय सीट समाजवादी पार्टी के खाते में आई है। अर्थात यहां समाजवादी पार्टी अपना प्रत्याशी उतारेगी जिसे बहुजन समाज पार्टी का समर्थन प्राप्त होगा। खजुराहो सीट का चुनावी इतिहास, हालिया विधानसभा चुनाव के परिणाम और भाजपा समर्थित मतदाताओं की तादाद को दृष्टिगत रखते हुए यहाँ बेशक भाजपा की स्थिति मजबूत जान पड़ती है। लेकिन, सिर्फ इसी आधार पर कोई खुशफहमी पालना बड़ी भूल होगी। दरअसल, इस चुनावी मुकाबले की तस्वीर तो भाजपा सहित अन्य पार्टियों के उम्मीदवार घोषित होने के बाद ही साफ़ होगी।

75 का फार्मूला फंसाएगा पेंच !

कुसुम सिंह मेहदेले ।
खजुराहो सीट से पूर्व मंत्री एवं भाजपा की कद्दावर नेत्री सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले ने टिकिट की मांग की है। विधानसभा चुनाव में गलत तरीके से टिकिट काटे जाने से नाराज चल रहीं सुश्री मेहदेले लोकसभा चुनाव में सशक्त उम्मीदवार साबित हो सकती हैं। लेकिन, भाजपा का 75 पार का फार्मूला उनके आड़े आने की आशंका जताई जा रही है। योग्यता, जातिगत समीकरण और जनाधार के लिहाज मेहदेले का मुकाबला करना किसी भी स्थिति में विपक्षी दलों के लिए आसान नहीं होगा। पूर्व मंत्री कुसुम मेहदेले न सिर्फ खजुराहो लोकसभा क्षेत्र से भलीभांति परिचित है बल्कि अधिकांश मतदाता भी उन्हें बेहतर तरीके से जानते है। मालूम हो कि लोकसभा चुनाव-2019 में भाजपा ने अपने कई बुजुर्ग नेताओं के टिकिट काटे हैं। जिनमें लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और कलराज मिश्र आदि नेता शामिल है। हालाँकि इन सभी नेताओं की आयु 75 वर्ष से कहीं अधिक है। उधर, तीन माह पूर्व संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 75 वर्ष के फार्मूले को शिथिल कर कई उम्रदराज नेताओं को टिकिट दिए थे। बहरहाल, अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पूर्व मंत्री एवं पिछड़े वर्ग की कद्दावर नेत्री सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले को बीजेपी लोकसभा का टिकिट देती है या फिर उम्र का पेंच फंसाकर उन्हें किनारे किया जाता है।

पन्ना में 10 घंटे तक रही खूँखार तेंदुए की दहशत, युवक को घायल करने और बकरियों को शिकार बनाने के बाद एक घर में घुसा तेंदुआ

0
तेंदुए को पिंजरे में कैद कर ले जाते पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम के सदस्य।

* पीटीआर की रेस्क्यू टीम से जरुआपुर के ग्रामीणों का हुआ विवाद

* बड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा गया तेंदुआ, लोगों ने ली राहत की साँस

* पन्ना जिले चिंताजनक तेजी से बढ़ रहे हैं वन्यजीवों के हमले

* बाघ के हमले में पिछले वर्ष एक तेंदूपत्ता श्रमिक की हो चुकी है मौत

शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज जिला मुख्यालय पन्ना के समीपी ग्राम जरुआपुर में मंगलवार की सुबह अचानक उस वक्त दहशत और अफरा-तफरी फैल गई जब जंगल से आए एक तेंदुए ने गांव के युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद तेंदुए ने कुछ बकरियों को अपना शिकार बनाया और फिर भारी शोरगुल के बीच वह एक घर में घुस गया। इसकी सूचना मिलने पर पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँची। तेंदुए को पकड़ने में हो रही देरी को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। हालाँकि कुछ लोगों के हस्तक्षेप के बाद विवाद शांत हो गया। भारी तनाव और दहशत के बीच शाम करीब 4 बजे कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को रेस्क्यू कर जब पिंजरे में कैद कर लिया गया। तब कहीं जाकर जरुआपुर के ग्रामीणों ने राहत की साँस ली।
आज के इस घटनाक्रम में पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक और नवागत उप संचालक का बेहद ही गैर जिम्मेदाराना रवैया सामने आया। तेंदुए के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान और फिर उसे काबू किये जाने के बाद पीटीआर के अफसर मीडियाकर्मियों से बात करने से बचते रहे। कथित जिम्मेदार अधिकारियों ने पहले तो मोबाइल फोन रिसीव ही नहीं किए और बाद में उनके मोबाइल बंद हो गए।

क्या पानी की तलाश में आया तेंदुआ

पिंजरे में कैद तेंदुआ।
जानकारी के अनुसार मंगलवार 26 मार्च की सुबह 4 बजे जब जरुआपुर के अधिकांश ग्रामीण जब गहरी नींद में सो रहे थे तभी एक खूंखार तेंदुए ने पंचम यादव पर हमला कर उसे घायल कर दिया। तेंदुए द्वारा कुछ बकरियों को भी अपना निवाला बनाया गया। इसके बाद वह गाँव के ही एक घर में घुस गया। यह खबर फैलते ही ग्रामीण दहशत में आ गए। आनन-फानन इसकी सूचना पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन को दी गई। काफी देर बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। इस बीच ग्रामीण भरी तनाव और दहशत में रहे। जिसके चलते रेस्क्यू टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई। बड़ी मुश्किल से इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए रेस्क्यू टीम द्वारा तेंदुए को ट्रेंकुलाईज (बेहोश) करने के बाद उसे बड़ी सतर्कता के साथ सुरक्षित पिंजड़े में कैद कर ले जाया गया।
तेंदुए के रेस्क्यू ऑपरेशन को देखते ग्रामीण।
विदित होकि जरुआपुर ग्राम पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र के काफी नजदीक स्थित है और चारों तरफ से जंगल से घिरा है। वन क्षेत्र से सटे ग्रामों में यूँ तो अक्सर ही वन्यप्राणी विचरण करते देखे जा सकते है, लेकिन तेंदुए के घर में घुसने को लेकर जरुआपुर के ग्रामीण जो आशंका जाता रहे हैं उस पर भी गौर किया जाना चाहिए। इनके अनुसार जंगल में जल स्रोत सूखने के कारण गर्मी का मौसम शुरू होते ही वन्य जीव पानी की तलाश में आबादी क्षेत्र में आ रहे हैं। पार्क प्रबंधन द्वारा वन्यजीवों के लिए पानी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। इन हालात में आने वाले दिनों वन क्षेत्र से लगे हुए ग्रामों में वन्यप्राणी और मानव संघर्ष की स्थिति और भी जटिल हो सकती है। मालूम हो कि पन्ना जिले के सामान्य एवं संरक्षित वन क्षेत्रों से सटे हुए ग्रामों में पिछले कुछ समय से वन्य जीवों के हमले बढ़े हैं। महज सालभर में दर्जनों लोग इन हमलों में घायल हुए हैं। वहीं पन्ना के ही समीप पिछले वर्ष बाघ के हमले में एक तेंदूपत्ता श्रमिक को अपनी जान तक गँवानी पड़ी है।

लोकसभा चुनाव – 2019 : BJP ने एमपी में अपने 5 सांसदों के इस वजह से काटे टिकिट, प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह समेत 10 सांसदों को पुनः दिया मौका

0
सांकेतिक फोटो।

* मुरैना सांसद अनूप मिश्रा की जगह नरेन्द्र सिंह तोमर प्रत्याशी घोषित

* प्रदेश की 29 में से 15 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के नाम का ऐलान

नई दिल्ली। रडार न्यूज     भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार 23 मार्च की शाम अपनी छठवीं सूची जारी करते हुए 6 राज्यों में 47 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। इस तरह बीजेपी अब तक सर्वाधिक 297 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा जारी छठवीं सूची में मध्य प्रदेश की जिन 15 सीटों के उम्मीदवारों के नाम हैं, उनमें वर्तमान में भाजपा के ही सांसद हैं।
नरेंद्र सिंह तोमर।
प्रदेश में हालिया सत्ता परिवर्तन के बाद लोकसभा चुनाव में अपने पिछले प्रदर्शन को दोहराने के लिए बीजेपी ने 5 मौजूदा सांसदों के टिकिट काटे है। जबकि 10 सीटों पर वर्तमान सांसदों को पुनः प्रत्याशी घोषित किया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के भाँजे एवं मुरैना सांसद अनूप मिश्रा का टिकिट काटकर केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर को मुरैना से प्रत्याशी बनाया गया है। श्री तोमर अभी ग्वालियर सीट से सांसद हैं। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं आदिवासी नेत्री हिमाद्री सिंह को शहडोल सीट से टिकिट मिला है। वहीं, मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह को जबलपुर से पुनः चुनावी समर उतारा है।

इस कारण काटे गए टिकिट

राकेश सिंह।
भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश के अपने जिन 5 सांसदों के इस बार टिकट काटे हैं उनमें- भिंड सीट से डॉ. भागीरथ प्रसाद, शहडोल से ज्ञान सिंह, मुरैना से अनूप मिश्रा, बैतूल से ज्योति धुर्वे, उज्जैन से चिंतामणि मालवीय शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार मुरैना सांसद अनूप मिश्रा का क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी में विरोध होने की वजह से टिकिट नहीं मिला। भिंड सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, उज्जैन सांसद चिंतामणि मालवीय और शहडोल सांसद ज्ञान सिंह को खराब प्रदर्शन, स्थानीय स्तर विरोध तथा पार्टी के आंतरिक सर्वे में हार की आशंका के मद्देनजर यहाँ नए चेहरों पर दाँव लगाया है। जबकि, बैतूल सांसद ज्योति धुर्वे के कथित फर्जी जाति प्रमाण पत्र का मामला उछलने से उनका टिकिट कटा है। मालूम हो कि मध्यप्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं, जिसमें वर्तमान में 3 पर कांग्रेस और 26 पर बीजेपी का कब्ज़ा है। बीजेपी ने मध्य प्रदेश में जिस तरह लोकसभा चुनाव के लिए अपने 15 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करते हुए 5 मौजूदा सांसदों के टिकिट काटे हैं, इसके मद्देनजर शेष उम्मीदवारों के नाम का ऐलान होने पर अन्य कई सांसदों का पत्ता कट सकता है।

एमपी के घोषित भाजपा प्रत्याशी लोकसभा सीटवार –

वीरेंद्र कुमार खटीक –    टीकमगढ़
गणेश सिंह –               सतना
नरेंद्र सिंह तोमर –        मुरैना
प्रह्लाद पटेल –            दमोह
संध्या राय –                भिंड
हिमाद्री सिंह –             शहडोल
जनार्दन मिश्रा –           रीवा
राकेश सिंह –               जबलपुर
रीति पाठक –               सीधी
फग्गन सिंह कुलस्ते –    मंडला
सुधीर गुप्ता –               मंदसौर
अनिल फिरोजिया –        उज्जैन
दुर्गादास उइके –             बैतूल
नंद कुमार सिंह चौहान –  खंडवा
उदय प्रताप सिंह –           होशंगाबाद

लोकसभा चुनाव-2019 : एमपी में कांग्रेस ने घोषित किए 9 उम्मीदवार, खजुराहो सीट से कविता सिंह को टिकिट

0
सांकेतिक फोटो।

* भोपाल संसदीय क्षेत्र से दिग्विजय सिंह के नाम का ऐलान

* कांग्रेस की आठवीं सूची में 38 नाम, अब तक 219 प्रत्याशी घोषित

* क्षेत्रीय प्रत्याशी की माँग के चलते कांग्रेस ने कविता पर लगाया दाँव

नई दिल्ली। रडार न्यूज   कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए शनिवार देर रात अपनी आठवीं सूची जारी कर दी है। इस सूची में 6 राज्यों के 38 उम्मीदवारों के नाम हैं। जिसमें मध्य प्रदेश की 9 लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों के नाम शामिल है। कांग्रेस पार्टी अब तक 219 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित का चुकी है। मुख्यमंत्री कमलनाथ की घोषणा के अनुसार भोपाल लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
कविता सिंह।
बुंदेलखंड अंचल की खजुराहो लोकसभा सीट से राजनगर विधायक विक्रम सिंह नातीराजा की पत्नी कविता सिंह को टिकट दिया गया है। कविता सिंह छतरपुर के पूर्व राजघराने की महारानी है एवं वर्तमान में खजुराहो नगर परिषद की अध्यक्ष हैं। खजुराहो सीट से क्षेत्रीय व्यक्ति को टिकिट देने की जोर पकड़ती माँग के बीच कांग्रेस ने कविता सिंह को प्रत्याशी घोषित कर जनभावनाओं को अपने पक्ष में करने का दाँव चला है। कविता सिंह जहाँ छतरपुर के पूर्व राजपरिवार की बहू हैं वहीं पन्ना जिले की बेटी हैं। बीजेपी ने फिलहाल खजुराहो सीट को होल्ड पर रखा है। भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली खजुराहो संसदीय सीट पर पार्टी सम्भवतः किसी ओबीसी चेहरे को उतार कर जातिगत समीकरणों को साध सकती है। दरअसल, इस सीट ओबीसी वर्ग के मतदाता निर्णायक स्थिति में है। कांग्रेस ने मंदसौर सीट से मीनाक्षी नटराजन और रतलाम सीट से आदिवासी नेता कांतिलाल भूरिया प्रत्याशी बनाया है।

मध्यप्रदेश के कांग्रेस प्रत्याशी लोकसभा सीटवार-

कविता सिंह-         खजुराहो
प्रमिला सिंह-         शहडोल
मधु भगत-            बालाघाट
शैलेंद्र दीवान-         होशंगाबाद
दिग्विजय सिंह-      भोपाल
मीनाक्षी नटराजन-   मंदसौर
कांतिलाल भूरिया-    रतलाम
किरण अहिरवार-     टीकमगढ़
रामू टेकम –             बैतूल

बदहाली | PHC मोहन्द्रा में डॉक्टर है पर टाँके लगाने का सामान नहीं, चोटिल महिला को बिना इलाज के रेफरल किया

0
फाइल फोटो।

* होली पर हुए विवाद में लाठी-डण्डों के प्रहार से फट गया था महिला का सिर

* छुटपुट विवादों के बीच मोहन्द्रा क्षेत्र में मनाया गया होली का पर्व

आकाश बेहरे, मोहन्द्रा (पन्ना)   मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के ग्रामीण अंचल में सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल स्थिति में है। शिवराज सिंह चौहान की सरकार में ग्राम स्तर पर लोगों को प्राथमिक उपचार देने के लिए गाँव-गाँव आरोग्य केन्द्रों की स्थापना के नाम पर प्रदेश में करोड़ों रूपए खर्च किये गए। लेकिन, अधिकांश आरोग्य केन्द्र पिछली सरकार के समय से ही कागजों पर संचालित होने से ग्रामीणों को उपचार नसीब नहीं हुआ। उप स्वास्थय केन्द्रों की बात करें तो इनमें हमेशा ताला ही लटका रहता है। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की ख़राब हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बमुश्किल प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहन्द्रा को डॉक्टर मिला लेकिन यहाँ इलाज की बुनियादी सुविधायें तक नहीं है। परिणामस्वरूप यहाँ उपचार की उम्मीद में आने वाले मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
ऐसा ही एक मामला होली के दिन दिन सामने आया। मोहन्द्रा की संजय नगर काॅलोनी में दो आदिवासी परिवारों के बीच हुए विवाद में लाठी-डण्डों के प्रहार से एक महिला का सिर फट गया। घायल महिला को इलाज लिए परिजन लेकर जब स्थानीय स्वास्थ्य केन्द्र पहुँचे तो डॉक्टर ने टाँके लगाने की सामग्री न होने की बात कहते हुए उसे बिना समुचित इलाज के ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पवई के लिए रेफरल कर दिया। इस मामले ने जब तूल पकड़ा तो डॉक्टर सचिन अहिरवार ने अपना बचाव करते हुए स्वास्थ्य केन्द्र में ड्रेसर न होने के कारण टाँके न लगने की बात कही।

माँ-बेटे हुए थे घायल

घायल महिला केश बाई आदिवासी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर में कमलेश आदिवासी के बड़े बेटे का किसी बात को लेकर पड़ोसी श्यामलाल आदिवासी के लड़के से विवाद हो गया। उस समय लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद को शांत करा दिया। शाम करीब पांच बजे पुनः श्यामलाल ने अपने छोटे भाई राजू और पुत्र को साथ लेकर लाठी-डण्डों से कमलेश आदिवासी के घर में घुसकर उसकी पत्नि केशबाई आदिवासी, पुत्र अजय आदिवासी के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। हमले में केशबाई के सिर व अजय के हाथ में गंभीर चोंटे आई है। जिन्हें घायल अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहन्द्रा लाया गया। सरकारी अस्पताल के डाॅक्टर ने टाँका लगाने का जरुरी सामान न होने की बात कहकर उन्हें आवश्यक प्राथमिक उपचार दिए बगैर ही रेफरल कर दिया। इस स्थिति में बाद में उन्हें पन्ना ले जाकर मेडिकल कराया गया।

व्यवस्थाएं चौपट, ठिकाने लगा रहे बजट

मारपीट की घटना में पीड़ित परिवार के सदस्य।
पन्ना जिले के पवई विकासखंड अंतर्गत आने वाले मोहन्द्रा क्षेत्र की करीब 50 हजार की आबादी के बीच स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक मात्र प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहन्द्रा में है। क्षेत्र में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जो यहाँ की व्यवस्थाओं से संतुष्ट हो। जरा सोचिय जब प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में टाँके लगाने सरीके मामूली सामग्री भी उपलब्ध नहीं है तो मरीजों को इलाज कैसे मिलता होगा ! निश्चित ही यह स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है। यह कोई पहली बार नहीं है, जब किसी घायल व्यक्ति को बगैर प्राथमिक उपचार के अस्पताल से लौटाया गया है। पूर्व में भी कई बार गंभीर रुप से घायल व्यक्तियों ने प्राथमिक उपचार के आभाव में दम तोड़ा है।
मालूम हो कि समूचे पन्ना जिले में पिछले कई सालों से ग्राम आरोग्य केन्द्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र पूर्ण रूपेण कागजों पर ही संचालित हो रहे हैं। जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों की स्तिथि अत्यंत ही दयनीय है। प्रति वर्ष इनके लिए आने वाले बजट का जिले में बंदरबाँट हो रहा है। इन स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए आने वाली सामग्री भी स्टॉफ के द्वारा अपने घरों में उपयोग की जा रही है। जो सामग्री-उपकरण आदि स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध हैं उसकी हालत अच्छी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की मानें तो यदि ग्राम आरोग्य केन्द्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों की सामग्री का भौतिक सत्यापन ईमानदारी से कराया जाए तो आधी से अधिक सामग्री गायब मिलेगी। बहरहाल नई सरकार और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार की ओर विशेष ध्यान देने की जरुरत है। ताकि लोगों को इलाज के लिए महँगे अस्पतालों और झोलाछाप डॉक्टरों की शरण में जाने को विवश न होना पड़े।

इनका कहना है –

“सामग्री के आभाव में नहीं बल्कि स्वास्थ्य केन्द्र में ड्रेसर न होने के कारण मरीजों को टाँके नहीं लग पाते। इस वजह से घायल महिला को पवई के लिए रेफरल किया गया था।”

डाॅ. सचिन अहिरवार, प्रभारी पीएचसी मोहन्द्रा

“ब्लॉक एवं जिला स्तरीय अधिकारी नियमित रूप से स्वास्थ्य केन्द्रों का दौरा करते है, पीएचसी मोहन्द्रा का निरीक्षण आखिरी बार मैनें कब किया था मुझे याद नहीं है। चोटिल महिला को पीएचसी मोहन्द्रा से टाँके लगाए बगैर रेफरल करना अनुचित-आपत्तिजनक है, ऐसा क्यों हुआ इसकी जाँच कराई जाएगी। ग्राम आरोग्य केन्द्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को मिलने वाले वार्षिक बजट का उपयोग सम्बंधित प्रभारी के द्वारा किया जाता है, इसके दुरूपयोग की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।”

डॉ. एल. के. तिवारी, प्रभारी सीएमएचओ पन्ना।

हादसा | बाइकों की भिड़ंत में एक नवयुवक की दर्दनाक मौत, तीन गम्भीर घायल

0
सड़क हादसे में घायल युवक का परीक्षण करते अजयगढ़ स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक।

* अजयगढ़-बाँदा मार्ग पर किशनपुर ग्राम के समीप हुआ हादसा

* घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य अजयगढ़ में भर्ती कराया

अजयगढ़ (पन्ना)। रडार न्यूज   होली की शाम मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में कटनी-कानपुर स्टेट हाईवे क्रमाँक-47 पर अजयगढ़-बाँदा के बीच किशनपुर ग्राम के समीप दो बाइकों की सीधी भिड़ंत में एक नवयुवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में तीन लोगों को गम्भीर चोटें आईं हैं। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अजयगढ़ में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक ने तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई है। सड़क हादसे में मृत युवक के शव का शुक्रवार 22 मार्च को अजयगढ़ में पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध करने की कार्रवाई की जा रही है।

घर जाते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार गाँव-गाँव घूमकर बर्तन बेंचने का काम करने वाले साजिद कुरैशी पिता कय्यूम 20 वर्ष, यामीन कुरैशी पिता याकूब 42 वर्ष व शेखू पिता फारुख कुरैशी 23 वर्ष सभी निवासी जिला हापुड़ उत्तरप्रदेश गुरुवार 21 मार्च की शाम करीब 7 एक बाइक से बाँदा की ओर जा रहे थे, अजयगढ़ से करीब 3-4 किलोमीटर दूर किशनपुर-देवगाँव के बीच पहुँचने पर विपरीत दिशा से आए विजय कुशवाहा पिता श्रीराम कुशवाहा 28 वर्ष निवासी गरड़पुर थाना अजयगढ़ की तेज रफ़्तार बाइक उनकी बाइक से टकरा गई। दोनों बाइकों की भिड़ंत इतनी जबर्दस्त थी कि अत्यंत ही गम्भीर रूप से घायल साजिद कुरैशी 20 वर्ष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में मृतक के दोनों साथियों के अलावा विजय कुशवाहा को भी चोटें आईं है। जनचर्चा अनुसार हादसे के समय बाइक चालक विजय कुशवाहा कथित तौर पर शराब के नशे में था। हालाँकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
एक्सीडेंट में युवक की मौत होने की सूचना मिलने पर अजयगढ़ थाना पुलिस, नायब तहसीलदार शारदा सोनी कुछ ही देर में मौके पर पहुँचे। मृतक और घायलों को आनन-फानन 108 एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अजयगढ़ लाया गया। ड्यूटी में तैनात डॉक्टर ने अचेत अवस्था में लाए गए साजिद का गहन परीक्षण करने के बाद उसे आधिकारिक तौर पर मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की खबर फैलने पर गुरुवार रात स्वास्थ्य केन्द्र अजयगढ़ में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोगों की भीड़ काफी देर तक जमा रही।