Home Blog Page 35

खजुराहो संसदीय क्षेत्र-08 : सांसद वीडी शर्मा ने क्षेत्र को सिर्फ लूटने का काम किया, कुछ देने का काम नहीं किया : संजय यादव

0
पन्ना के सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त खजुराहो लोकसभा प्रभारी एवं पूर्व विधायक संजय यादव। (मध्य में)

*     कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी ने खजुराहो सांसद पर बोला करारा हमला

*     डबल इंजन की सरकार में एक भी ऐसा काम नहीं कराया जिसे उपलब्धि के तौर पर बता सकें

*     40 करोड़ की सांसद निधि को क्षेत्र के विकास में ईमानदारी से नहीं किया खर्च

*     पूर्व खनिज मंत्री पर निशाना साधते हुए बताया रेत माफियाओं का संरक्षणदाता

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) केन्द्र व मध्य प्रदेश में दोनों जगह भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार है, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा सेकेण्ड सीएम माने जाते हैं, लेकिन इसके बाद भी पांच साल में सांसद ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक भी ऐसा काम नहीं कराया जिसे वह अपनी उपलब्धि के तौर पर बता सकें। सांसद वीडी शर्मा ने खजुराहो संसदीय क्षेत्र को सिर्फ लूटने का काम किया है, कुछ भी देने का काम नहीं किया है। उन्होंने अपनी सांसद निधि भी किसी गांव में खर्च नहीं की, फिर पांच वर्ष की सांसद निधि के करीब 40 करोड़ रुपए कहां चले गए ? यह बड़ा महत्वपूर्ण सवाल है। लेकिन कोई आवाज़ इसलिए नहीं उठाता क्योंकि वीडी शर्मा की सरकार है। वह आवाज उठाने-विरोध करने वालों को झूठे केस में फंसा देते या फिर पिटाई करवा देते हैं, यही उनका असली चरित्र है। राजनीति में आने के बाद से वीडी (विष्णु दत्त शर्मा) ने सिर्फ दो ही काम किए गुंडागर्दी और लूट। यह गंभीर आरोप कांग्रेस के नवनियुक्त खजुराहो लोकसभा प्रभारी एवं बरगी के पूर्व विधायक संजय यादव ने लगाए हैं। खजुराहो संसदीय क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद बीते दिवस पन्ना पहुंचे श्री यादव ने क्षेत्र में की बदहाली, जनता की उपेक्षा, अराजकता और बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों पर क्षेत्रीय सांसद वीडी शर्मा को आड़े हाथों लेते हुए उन पर जमकर हमला बोला।
विष्णु दत्त शर्मा, सांसद खजुराहो संसदीय क्षेत्र।
कांग्रेस के नवनियुक्त लोकसभा प्रभारी संजय यादव ने स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा में खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) पर कटाक्ष करते हुए कहा- उनको अपने निर्वाचन क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी नहीं है, यह भी पता नहीं कौन सा गांव कहां पर स्थित है? असल में वह यदा-कदा ही क्षेत्र के भ्रमण पर आते है, और जब भी आते हैं तो सांसद महोदय का दौरा सूबे के सीएम की तर्ज पर होता है। इसलिए जमीनी स्थिति से रूबरू नहीं पाते। लोकसभा प्रभारी श्री यादव ने कहा, मुझे बड़ा आश्चर्य होता है केन्द्र में और राज्य दोनों ही जगह भाजपा की सरकार होने के बाद भी खजुराहो सांसद अपने क्षेत्र में सिंचाई के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं करा पाए। रोजगार की भी कोई व्यवस्था नहीं, शिक्षा और चिकित्सा की हालत भी बदतर है। इन पांच सालों में सांसद की कोई उपलब्धि नहीं है। जनहित या क्षेत्र के विकास का एक भी ऐसा काम नहीं जिसका उल्लेख किया जा सके। दरअसल, वीडी शर्मा जी को विकास कार्य कराने तरीका ही मालूम नहीं और ना ही विकास से उनका दूर-दूर तक कोई लेना-देना है। सांसद के तौर पर विकास के जिन कार्यों को सहजता से कराया जा सकता है, उन कार्यों को भी नहीं किया। पूर्व विधायक संजय यादव ने सांसद वीडी शर्मा के नाकारेपन पर बेहद तल्ख़ टिप्पणी करते हुए कहा कि, “खजुराहो संसदीय क्षेत्र का बड़ा दुर्भाग्य है, इस क्षेत्र को ऐसे सांसद मिले जिन्होंने यहां की जनता को ठगने और लूटने का काम किया है। साथ ही क्षेत्र में दहशत का वातावरण निर्मित किया है।”

भाजपा सांसदों ने किया निराश

कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा, इस संसदीय क्षेत्र (वर्तमान में खजुराहो संसदीय क्षेत्र, पूर्व में दमोह-पन्ना क्षेत्र ) के लोग पिछले 30-35 साल से लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी को अपना पूर्ण समर्थन देकर प्रचंड बहुमत से विजयी बना रहे हैं। इस दौरान केन्द्र में पांच साल तक स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार रही और पिछले 10 साल से मोदी सरकार काबिज है। इतना ही नहीं प्रदेश में भी लगभग 20 साल से भाजपा की ही सरकार है। बावजूद इसके बुंदेलखंड अंचल का यह इलाका विकास की दौड़ में काफ़ी पीछे है। अधिकांश गांवों में बुनियादी सुविधाओं को भी लोग मोहताज हैं। क्षेत्र की बदहाली से पता चलता है कि भाजपा सांसदों ने चुनाव के समय जनता से जो वादे किए उन्हें ईमानदारी से पूरा नहीं किया। भाजपा सांसदों ने इस क्षेत्र के लोगों को निराश किया है। आपने बताया कि, केन्द्र में जब डॉ. मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार थी तब हजारों करोड़ रुपए का विशेष पैकेज बुंदेलखंड के विकास के लिए दिया गया था। लेकिन बुंदेलखंड विशेष पैकेज की राशि को जनता की खुशहाली के लिए खर्च न करके राज्य की भाजपा सरकार ने इसे दोनों हाथों से लूटने का काम किया है।

जनता ने जिताया-ईव्हीएम ने चुनाव हराया

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त खजुराहो लोकसभा प्रभारी एवं पूर्व विधायक संजय यादव।
कांग्रेस के खजुराहो लोकसभा प्रभारी श्री यादव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, मध्यप्रदेश में संपन्न हुए हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की कहीं से भी स्थिति ख़राब नहीं थी। लेकिन यह चुनाव असामान्य चुनाव था, जैसा दिख रहा था वैसा हो नहीं रहा था। मीडिया के ओपीनियन पोल एवं एग्जिट पोल्स, ख़ुफ़िया एजेंसियों की रिपोर्ट और आमजनता खुद भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा कर रही थी। बैलेट पेपर में कांग्रेस 199 सीटें जीती है। कांग्रेस की चुनावी हार के कारणों में ईव्हीएम मशीनों के साथ शराब, रुपया वितरण और सत्ता का दुरूपयोग भी शामिल है। हम लोग जब गांवों में जाते हैं तो लोग पूंछते हैं- “हमारा वोट कहां चला गया, हमने तो बदलाव के लिए कांग्रेस को वोट दिया था।” भाजपा ने विधानसभा में कांग्रेस को हारने के लिए चुनाव में छल-कपट के साथ-साथ ईव्हीएम की तकनीकी लूप-पोल्स का भरपूर उपयोग किया है।

मंत्री के संरक्षण में खुलेआम लुटती रही रेत

लोकसभा प्रभारी संजय यादव ने, पूर्व खनिज मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह का नाम लिए बगैर उन्हें भी निशाने लिया। उन्होंने कहा कि, यहां स्थानीय मंत्री के संरक्षण में खुलेआम बड़े पैमाने पर रेत की लूट की गई। पन्ना से निकलने वाली रेत का अवैध परिवहन पड़ोसी जिलों के लिए किया गया। जिससे शासन को करोड़ों रुपए के राजस्व की क्षति उठानी पड़ी। पिछले चार सालों में पन्ना से जितनी रेत निकाली गई उतना खनिज राजस्व इस जिले को नहीं मिला। जिला खनिज प्रतिष्ठान मद की राशि करोड़ों रुपए की बनती है। इस राशि से विकास के अनेक कार्य कराए जा सकते थे लेकिन डीएमफ (जिला खनिज प्रतिष्ठान मद) की राशि का भी कुछ पता नहीं चलता है।

पांच साल तक सिर्फ पत्र लिखते रहे

कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय यादव ने एक सवाल के जवाब में बताया कि, खजुराहो संसदीय क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मैनें अनेक लोगों से बात की। उनसे मौजूदा सांसद द्वारा कराए गए विकास कार्यों के संबंध में पूंछा। सभी ने एक ही जवाब दिया कि सांसद वीडी शर्मा ने कोई कार्य नहीं कराया। क्षेत्र के दौरे पर भी वह कभी-कभार ही आते हैं। इस दौरान सांसद जी के साथ मुख्यमंत्री की तरह नेताओं और सुरक्षाकर्मियों का काफिला रहता है। क्षेत्र के नागरिक उनसे सहजता से भेंट तक नहीं कर सकते। लोगों ने बताया, विकास के नाम पर सांसद ने पांच साल तक सिर्फ झूठे वादे किए, सपने दिखाए, केन्द्रीय मंत्रियों को पत्र लिखे या फिर दिल्ली में उनसे भेंटकर मांग पत्र सौंपने का काम किया है। किसी भी मांग को पूरा कराने के लिए ठोस पहल नहीं की गई। यहां तक कि घोषणाओं को भी अमलीजामा नहीं पहनाया गया।

कांग्रेस प्रदर्शन कर मांगेगी हिसाब

खजुराहो सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ आंदोलन की रणनीति को लेकर पन्ना के सर्किट हाउस में कांग्रेसजनों से चर्चा करते लोकसभा प्रभारी संजय यादव।
लोकसभा प्रभारी श्री यादव ने बताया कि, खजुराहो संसदीय क्षेत्र के नाकारा-निकम्मे सांसद से पांच साल का हिसाब मांगने के लिए शीघ्र ही पन्ना जिला मुख्यालय सहित समूचे संसदीय क्षेत्र के समस्त विधानसभा मुख्यालयों में कांग्रेस पार्टी के द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें सांसद की लूट, गुंडागर्दी और सांसद निधि के खर्च के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। आमजनता को यह मालूम होना चाहिए कि सांसद ने पांच साल की सांसद निधि कहां खर्च की? इसलिए हम पुरजोर तरीके से यह मांग करेंगे कि “सांसद हिसाब दो, जनता को जवाब दो।” प्रेसवार्ता के दौरान जिला कांग्रेस प्रभारी जीवन पटेल, पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवजीत सिंह, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिव्यारानी सिंह, श्रीमती शारदा पाठक, केशव प्रताप सिंह, पवन जैन, दीपचन्द्र अग्रवाल, मनीष मिश्रा, सेवालाल पटेल, रामकिशोर मिश्रा, वीरेन्द्र द्विवेदी, संजय पटेल, राजबहदुर पटेल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।

केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट : ढोड़न बांध और लिंक नहर निर्माण के लिए शीघ्र पूर्ण करें भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई

0
केन-बेतवा लिंक परियोजना संचालन समिति की 5वीं समीक्षा बैठक में अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश देती जल शक्ति मंत्रालय की सचिव सुश्री देबाश्री मुखर्जी।

*       परियोजना संचालन समिति की 5वीं समीक्षा बैठक संपन्न

*      अधिकारियों को एकजुटता के साथ कार्यों को समय पर पूरा करने दिए निर्देश

पन्ना। (www.radarnews.in) जल शक्ति मंत्रालय की सचिव सुश्री देबाश्री मुखर्जी की अध्यक्षता में पांचवी केन-बेतवा लिंक परियोजना प्राधिकरण संचालन समिति की बैठक शुक्रवार को खजुराहो के एक निजी होटल में सम्पन्न हुई। बैठक में मनीष सिंह प्रमुख सचिव जल संसाधन विभाग मध्य प्रदेश, सुबोध यादव संयुक्त सचिव भारत सरकार, छतरपुर कलेक्टर संदीप जीआर, पन्ना कलेक्टर हरजिंदर सिंह, मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के जल संसाधन विभाग, वन विभाग, फील्ड के प्रतिनिधि, क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जल शक्ति मंत्रालय, सचिव, देबाश्री मुखर्जी ने बुन्देलखण्ड क्षेत्र के लिए केन-बेतवा लिंक परियोजना (Ken-Betwa Link Project) के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने निर्माण में सर्वोत्तम प्राथमिकताओं, गुणवत्ता, सामुदायिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण एवं जैव विविधता के हितों की रक्षा पर जोर दिया। ढोड़न बांध और लिंक नहर के लिए समय पर भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही के सम्बंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही बांकी सभी डीपीआर को समय पर पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने संयुक्त रूप से अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा सभी एकजुट होकर काम करें, जिससे समयानुसार कार्य को पूर्ण किया जा सके।

प्रभावित कर रहे उचित मुआवजा की मांग

उल्लेखनीय है कि, विवादित केन-बेतवा लिंक परियोजना (Ken-Betwa Link Project) के निर्माण के लिए पन्ना एवं छतरपुर जिले में जारी भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही का प्रभावित ग्रामीण और किसान लंबे समय से कड़ा विरोध कर रहे हैं। भूमि अधिग्रहण के एवज में दी जाने वाली मुआवजा राशि को लेकर परियोजना प्रभावितों के द्वारा अपर्याप्त बताते हुए उचित मुआवजा राशि देने की पुरजोर मांग की जा रही है। प्रभावितों का कहना है, अगर उचित मुआवजा नहीं मिला तो वह मर जाएंगे मगर अपनी एक इंच जमीन नहीं छोड़ेंगे। इस गतिरोध के कारण परियोजना के लिए जारी भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही प्रभावित है।

 

 

जनसम्पर्क विभाग में सत्कार मद की राशि का दुरूपयोग, पत्रकारों ने जताई नाराजगी

0
पन्ना कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए जिले के अधिमान्य पत्रकार।

*      पत्रकार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से की मुलाकात

*     समस्याओं के निराकरण को लेकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश शासन द्वारा अधिमान्य पन्ना जिले के पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर हरजिंदर सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्याओं के निराकरण के संबंध में ज्ञापन सौंपा है। केन्द्र व राज्य स्तर की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किए गए। ज्ञापन में पत्रकारों ने जनसम्पर्क विभाग में पत्रकार सत्कार निधि के दुरूपयोग पर कड़ी आपत्ति जताई है। साथ ही अधिमान्य पत्रकारों की सूची बनाने, नियमित रूप से प्रेस टूर आयोजित और शासकीय विश्राम गृह आरक्षण की सुविधा प्रदान करने सहित अन्य मांगों के निराकरण की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है।
अधिमान्य पत्रकार संघ के अध्यक्ष बृजेंद्र गर्ग व सचिव शिवकुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गत दिवस सौंपे गए ज्ञापन में पत्रकारों की समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। जिसमें शासन से मान्यता प्राप्त पत्रकारों की फोटो युक्त सूची जनसंपर्क विभाग में अलग से संधारित किया जाए एवं इस लिस्ट को जिले के समस्त शासकीय कार्यालय में उपलब्ध कराया जाए। शासकीय कार्यक्रमों एवं मीटिंग के आमंत्रण में आमंत्रण पत्र भेजने की परंपरा रही है। लेकिन बीते कुछ समय से आमंत्रण पत्र नहीं भेजे जा रहे हैं, इस कारण पत्रकार शासकीय कार्यक्रमों में नहीं पहुंच पाते। अधिमान्य पत्रकार संघ द्वारा जनसम्पर्क कार्यालय पन्ना में पत्रकार सत्कार निधि के अपव्यय पर गहरी चिंता और नाराजगी जाहिर की गई। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है, शासन से प्राप्त होने वाली पत्रकार सत्कार निधि को पत्रकरों पर ही व्यय करना सुनिश्चित किया जाये।
समाचार संकलन के लिए जिला मुख्यालय से बाहर गए अधिमान्य पत्रकारों को रेस्ट हाउस में रुकने की आरक्षण करने की पात्रता के निर्देश जारी किए जाएं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पत्रकारों के लिए अस्पताल में अलग से प्राइवेट बार्ड आरक्षित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अधिमान्य पत्रकारों के लिए कलेक्ट्रेट या अन्य उचित स्थान पर कार्यालय हेतु भवन या कमरा प्रदान किया जाए। अधिमान्य पत्रकारों को शासकीय आवास के अलॉटमेंट की व्यवस्था करने की कार्यवाही की जाए साथ ही जिले में समाचार संकलन के लिए जाने वाले अधिमान्य पत्रकारों को प्राइवेट बस में निशुल्क पास की व्यवस्था की जाए। अधिमान्य पत्रकारों को शासकीय विज्ञापनों में प्राथमिकता दी जाए और विशेष त्योहारों में विज्ञापन सुनिश्चित किया जाए, कलेक्टर एवं पत्रकारों के बीच त्रैमासिक बैठक नियमित कराई जाए।
जिले के महत्वपूर्ण विकास कार्य व निर्माण कार्यों की अवलोकन के लिए अधिमान्य पत्रकारों के प्रेस टूर सुनिश्चित कराया जाए। इसी प्रकार प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन में रेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त पत्रकारों को रेल यात्रा में 50 फ़ीसदी कंसेशन दिए जाने की व्यवस्था थी। कोरोनाकाल के दौरान भारत सरकार द्वारा यह व्यवस्था अस्थाई रूप से बंद कर दी गई थी। अन्य लोगों को यह छूट प्रदान कर दी गई लेकिन पत्रकार कोटा बहाल नहीं किया गया है। ज्ञापन के माध्यम से आग्रह किया गया कि रेल मंत्रालय को आदेश जारी करते हुए कंसेशन कोटा बहाल कराने सहित अन्य मांगें शामिल है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख लोगों में मनीष मिश्रा, इंद्रमणि पांडे, बीएन जोशी, संजय तिवारी, नईम खान, मुकेश विश्वकर्मा, अनिल तिवारी, बालकृष्ण शर्मा, अमित खरे, लक्ष्मी नारायण चिरौलिया, राजेश पांडे, राकेश पांडे, बृज किशोर द्विवेदी शामिल थे।

स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति प्राथमिकता से करें पूर्ण – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

0
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति के संबंध में बैठक ली।

  आयोजित परीक्षाओं के परिणाम शीघ्र जारी करने के निर्देश

भोपाल। (www.radarnews.in) उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने निर्देश दिये हैं कि स्वास्थ्य विभाग के स्वीकृत पदों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए आवश्यक औपचारिकताओं को अविलंब पूरा करें। स्वीकृत पद के लिए मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा परीक्षा आयोजित की जा चुकी हैं। उनके अंतिम परिणाम जारी करने के संबंध में विभागीय सामंजस्य के विषयों को प्राथमिकता से निराकृत करें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने आज मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति के संबंध में बैठक ली।

स्वास्थ्य विभाग का अमला पूरी आबादी से संबंधित

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने निर्देश दिये कि स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति का कार्य कर्मचारी चयन मंडल प्राथमिकता के साथ करे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सेवाभाव से कार्य करें क्योंकि स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक मेडिकल स्टाफ़ संपूर्ण स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए अहम हैं, प्रदेश की पूरी आबादी से संबंधित हैं। उन्होंने निर्देश दिये कि विभागीय सामंजस्य के विषयों में संबंधित अधिकारी प्राथमिकता से नियमित संपर्क कर निराकरण कराना सुनिश्चित करें। उप मुख्यमंत्री ने एएनएम के 2576 पद, रेडियोग्राफ़र के 140 पद, लैब टेक्नीशियन के 265 पद और फार्मासिस्ट ग्रेड-2 के 472 पद कुल 3453 पद के परिणाम कर्मचारी चयन मंडल द्वारा शीघ्र जारी किए जाने के लिए कहा।
नवीन स्वीकृत पदों की मांग शीघ्र प्रेषित करें
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नवीन स्वीकृत पदों के संबंध में लोक सेवा आयोग एवं कर्मचारी चयन मंडल को शीघ्र मांग प्रेषित करने के निर्देश दिये, जिससे भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जा सके। उल्लेखनीय है कि बैकलॉग और नवीन स्वीकृत पद मिलाकर विशेषज्ञ के 441 पद, चिकित्सा अधिकारी के 470 पद और दंत चिकित्सक के 156 पदों पर भर्ती के लिये लोक सेवा आयोग को मांग प्रेषित की जानी है। उप मुख्यमंत्री ने एनएचएम द्वारा भर्ती किए जाने वाले स्वास्थ्य स्टाफ के पदों, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती की नियुक्ति के संबंध में वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिये।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मो. सुलेमान, अपर मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल मलय श्रीवास्तव, आयुक्त स्वास्थ्य डॉ. सुदाम खाड़े, मिशन संचालक एनएचएम प्रियंका दास, संचालक कर्मचारी चयन मंडल शणमुख प्रिया मिश्रा, संचालक स्वास्थ्य दिनेश श्रीवास्तव एवं विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का हुआ आगाज़ : राहुल गांधी बोले- “प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर के आंसू पोंछने नहीं आए, ये शर्म की बात”

0
मणिपुर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी। Courtesy: (Congress Party 'X')

*     राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिखाई हरी झंडी

*     यात्रा के दौरान कड़ाके ठंड में सफ़ेद टी-शर्ट में नजर आए राहुल

(www.radarnews.in) “भारत जोड़ो यात्रा” के बाद अब कांग्रेस सांसद एवं पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व रविवार14 जनवरी को मणिपुर से “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” शुरू हुई। राहुल गांधी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंचे। इसके बाद इंफाल के थोबल में खोंगजोम युद्ध स्मारक का दौरा कर अमर शहीदों को नमन किया। इसके बाद यहीं से यात्रा शुरू हुई। यात्रा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हरी झंडी दिखाई। “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” के जरिए कांग्रेस पार्टी ने बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय जैसे अन्य ज्वलंत मुद्दों को लोकसभा चुनाव में विमर्श के केंद्रबिंदु में लाने की कोशिश है। यात्रा का समापन 67 दिन बाद मुंबई में होगा। “भारत जोड़ो यात्रा” की तर्ज पर रविवार को “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” में भी राहुल गांधी कड़ाके की ठंड के बीच सिर्फ सफ़ेद टी-शर्ट पहने नजर आए।

बीजेपी और आरएसएस के लिए मणिपुर भारत का हिस्सा नहीं

यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मणिपुर में भाई-बहन, माता-पिता आंखों के सामने मरे और आज तक हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री मणिपुर में आपके आंसू पोछने, आपसे गले मिलने, आपका हाथ थामने नहीं आए। ये शर्म की बात है। राहुल ने कहा- मणिपुर में पिछले आठ माह से जारी हिंसा में शासन का बुनियादी ढांचा फेल हो गया है, यह शर्मनाक है कि प्रधानमंत्री ने राज्य का दौरा नहीं किया। शायद नरेन्द्र मोदी, बीजेपी और आरएसएस के लिए मणिपुर भारत का हिस्सा नहीं है। आपका दुःख-आपका दर्द, उनका दुःख और उनका दर्द नहीं है। भारतीय जनता पार्टी की राजनीति के कारण मणिपुर ने वह खो दिया है जो उसके पास कीमती था।
मणिपुर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के शुभारंभ अवसर पर आयोजित सभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राष्ट्रीय ध्वज प्राप्त करते हुए सांसद राहुल गांधी।
उन्होंने कहा, पिछली बार हमने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की। चार हजार किलोमीटर की इस पैदल यात्रा में हमने भारत को जोड़ने, नफरत मिटाने और एक धर्म-एक जाति को दूसरी जाति से मिलाने की बात की। यात्रा के दौरान लोगों से बातचीत की उनका दर्द सुना। यात्रा मुश्किल थी लेकिन इसका अनुभव अनूठा था। राहुल ने बताया, लोगों ने कहा कन्याकुमारी से कश्मीर तक यात्रा की है तो पूर्व से पश्चिम की यात्रा भी होनी चाहिए। सवाल उठा भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू कहां से होनी चाहिए? इस पर अलग-अलग मत थे, लेकिन मैनें साफ़ कहा भारत जोड़ो न्याय यात्रा इस समय सिर्फ मणिपुर से शुरू हो सकती है और कहीं से शुरू नहीं हो सकती। गांधी ने कहा, मणिपुर बीजेपी और आरएसएस की नफरत की राजनीति का प्रतीक चिन्ह बनाया है, जिससे यहां के लोगों को वह सबकुछ खोना पड़ा जो मूल्यवान था।

धर्म की राजनीति कर लोगों को भड़कती है बीजेपी

मणिपुर में “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” के शुभारंभ के अवसर पर कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ‘राम-राम का जाप करते रहते हैं, लेकिन उन्हें वोट मांगने के लिए ऐसा नहीं करना चाहिए’। उन्होंने कहा, बीजेपी धर्म को राजनीति से जोड़ती है, लोगों को भड़काती है, हम धर्मनिरपेक्षता, समानता, सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करते हैं। राहुल गांधी आपका दर्द बांटने, आपकी समस्याओं पर बात करने के लिए मणिपुर आए हैं। लोगों के लिए रोजगार सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस न्याय यात्रा निकाल रही है, यह महंगाई के खिलाफ और किसानों के अधिकारों के लिए है। संविधान, लोकतंत्र को बचाने और फासीवादी ताकतों को रोकने के लिए भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली जा रही है।

Congress Party : आज मणिपुर से शुरू होगी राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ : 6700 किलोमीटर की दूरी तय कर 15 राज्यों से गुजरेगी, यहां पढ़ें पूरी जानकारी

0

*    राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी

*    कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश बोले- अन्याय से लड़ने के लिए न्याय

(www.radarnews.in) राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस की “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” आज 14 जनवरी से शुरू होने जा रही है। राहुल गांधी दोपहर 11 बजे इंफाल पहुंचेंगे और पहले खोंगजोम युद्ध स्मारक जाएंगे। संभावना जताई जा रही है कि इस यात्रा में इंडिया गठबंधन के अन्य दलों के नेता भी शामिल हो सकते हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने गठबंधन के तमाम नेताओं को यात्रा में शामिल होने के लिए न्योता भेजा है। शनिवार को कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा किया।
जयराम रमेश ने बताया कि यात्रा से पहले थोबल में एक सभा होगी, जिसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। कांग्रेस महासचिव ने बताया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी स्थानीय लोगों से मिलेंगे और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। यात्रा के दौरान राहुल गांधी लोगों को बताएंगे कि जनता तक न्याय पहुंचाने के लिए कांग्रेस के मन में क्या है? ये एक राजनीतिक पार्टी की वैचारिक यात्रा है, न कि कोई चुनावी यात्रा। अपनी पिछली यात्रा में राहुल गांधी का संदेश नफरत से लड़ने के लिए मोहब्बत था, लेकिन इस यात्रा का संदेश अन्याय से लड़ने के लिए न्याय है।
कांग्रेस महसचिव ने कहा, बीते दस साल में जिस तरह का अन्याय हुआ है, उसके जवाब में यह न्याय यात्रा निकली जा रही है। न्याय भारतीय संविधान की नींव है। उसके बिना स्वतंत्रता, बराबरी और भाईचारा संभव नहीं है। ये कहते हैं कि हम सबसे बड़े लोकतंत्र हैं, लेकिन हकीकत है कि आज लोकतंत्र कम और एकतंत्र ज्यादा है। जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, पीएम मोदी हमें अमृतकाल के सपने दिखा रहे हैं, लेकिन बीते दस साल अन्यायकाल के हैं। पिछले 10 साल में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक जो अन्याय हुआ है उसके चलते ये यात्रा निकाली जा रही है।

मणिपुर का दौरा करें पीएम मोदी

उल्लेखनीय है कि, मणिपुर में बीते कई महीनों से हिंसा की आग में जल रहा है। कांग्रेस की मांग है कि पीएम मोदी राज्य का दौरा करें और वहां के लोगों से हालचाल जानें। इस मुद्दे पर जयराम रमेश ने कहा कि बीते आठ महीने से पीएम मोदी ने मणिपुर का न कोई दौरा किया है और न ही सीएम से मुलाकात की। उन्होंने बस यहां के सांसद और अपने विदेश राज्य मंत्री से ही मुलाकात की।

67 दिनों में तय करेगी 6700 किलोमीटर की दूरी

बता दें कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर, इंफाल से शुरू होगी और नागालैंड, आसाम, अरुणचाल होते हुए ये देश के 15 राज्यों से गुजरेगी और अंत में मुंबई पहुंचेंगे। 110 जिलों से होते हुए यह यात्रा 100 लोकसभा सीटें और 337 विधानसभा सीटें कवर करेगी। करीब 6700 किमी दूरी तय करके यह यात्रा मुंबई में संपन्न होगी। यह 67 दिनों का सफर होगा और हर दिन दो बार राहुल गांधी का संबोधन होगा। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी समाज के विभिन्न वर्गो से, संगठनों से बात करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधानों पर विचार-विमर्श करेंगे। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का मंच से एनजीओ, पत्रकारों, किसान, छोटे व्यापारी, दलित-पिछड़े वर्ग, आदिवासियों और बौद्धिक वर्ग को जोड़ा जाएगा।

 

पन्ना पहुंचे राज्यपाल मंगू भाई पटेल, आदिवासी बच्चों ने स्केटिंग से दिखाए करतब

0
पन्ना जिले चौपरा ग्राम में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम को संबोधित किया।

*    राज्यपाल ने चौपरा ग्राम में उथली हीरा खदान का किया भ्रमण

*    चौपरा और जनवार के ग्रामवासियों से कहा बच्चों को जरूर पढ़ाएं

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल शनिवार 13 जनवरी को पन्ना पहुंचे। वे यहां ग्राम पंचायत सकरिया के चौपरा गांव में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा, जिले तीनों भाजपा विधायक सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि पहली बार कोई यात्रा गांव-गांव पहुंच कर लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान करने का माध्यम बनी है। विकसित भारत संकल्प यात्रा के जरिए सरकार आपके द्वार की परिकल्पना साकार हुई है। उन्होंने कहा कि पहले आम नागरिकों को आवेदन देने के लिए शासकीय कार्यालय जाना पड़ता था और योजनाओं के लाभ मिलने का समय भी निर्धारित नहीं होता था, लेकिन अब यात्रा के माध्यम से पात्र नागरिकों तक सुविधाओं व योजनाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित हुई है। राज्यपाल ने लोगों से शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर जीवन में बदलाव व उन्नति की बात कही।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने पन्ना जिले चौपरा ग्राम में उथली हीरा खदान का अवलोकन किया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से कोई भी गरीब व्यक्ति सरकारी योजनाओं की पहुंच से वंचित नहीं रहेगा। लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिलने से निःशुल्क उपचार का अधिकार भी मिला है। वर्तमान केन्द्र व राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की अवधारणा पर कार्य कर रही है।

स्केटिंग प्रदर्शन से हुए अभिभूत

पन्ना जिले दौरे पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने जनवार ग्राम पहुंचकर स्केटिंग करने वाले आदिवासी बच्चों और ग्रामीणों से संवाद किया।
राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के बाद चौपरा गांव में ही उथली हीरा खदान का अवलोकन किया और हीरा खनन प्रक्रिया की खनिज अधिकारी रवि पटेल से जानकारी प्राप्त की। तदुपरांत राज्यपाल नजदीकी ग्राम जनवार पहुंचे। जनवार आगमन पर स्वसहायता समूह की महिलाओं ने कलश यात्रा के माध्यम से राज्यपाल का स्वागत किया। यहां के आदिवासी परिवार के बच्चों द्वारा आकर्षक स्केटिंग खेल की विधा का प्रदर्शन भी किया गया। बच्चों के प्रदर्शन से राज्यपाल अभिभूत हुए और ताली बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन किया। उन्होंने कहा कि यह खेल व्यायाम के साथ बैलेंस स्थापित करने की कला भी है। कम उम्र में इस खेल में पारंगत बच्चों की सराहना की। साथ ही स्केटिंग के खेल में अच्छे प्रदर्शन और पदक जीतने के अलावा पढ़ाई पर भी ध्यान केन्द्रित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि हुनर के साथ बेहतर अध्ययन भी जरूरी है। आपने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि बच्चों जरूर पढ़ाएं। जनवार में राज्यपाल को एक जिला-एक उत्पाद के तहत महिला स्वसहायता समूहों द्वारा आंवला से निर्मित उत्पाद भी भेंट किए गए।

विदेशों में किया नाम रोशन

पन्ना जिले के जनवार ग्राम में राज्यपाल मंगू भाई पटेल को स्केटिंग से करतब दिखाते हुए आदिवासी बच्चे।
सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि पन्ना जिले के छोटे से आदिवासी बाहुल्य ग्राम जनवार में राज्यपाल का आगमन सौभाग्य की बात है। सांसद ने राज्यपाल श्री पटेल को बताया इस गांव के बच्चे विदेश तक होकर आए हैं। ये बच्चे स्केटिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विदेशों में भी देश का नाम रोशन कर रहे हैं। जो गरीब आदिवासी बच्चे देश कभी स्कूल नहीं जाते थे वे अब देश के लिए मेडल जीत रहे हैं। इस अवसर पर पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, गुनौर विधायक राजेश वर्मा, पवई विधायक प्रह्लाद लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष गीता कोरी, सरपंच गोविन्द चौधरी सहित पुलिस उप महानिरीक्षक ललित शाक्यवार, पन्ना कलेक्टर हरजिंदर सिंह जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय, पुलिस अधीक्षक सांई कृष्ण एस थोटा भी उपस्थित रहे।

कश्मीर से कन्याकुमारी की यात्रा पर निकला साइकिल मैन नीरज, किसानों को मोटे अनाज उत्पादन के प्रति कर रहा जागरूक

0
कृषि विज्ञान केन्द्र पन्ना में विगत दिवस साइकिल मैन ऑफ इंडिया नीरज कुमार का आत्मीय स्वागत हुआ।

*     पन्ना पहुँचने पर कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों ने किया सम्मान

*     कृषि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ मिलेट्स पर की चर्चा

*     पूर्व में भी कई बार कर चुके हैं हजारों किलोमीटर की साइकिल यात्रा

पन्ना। (www.radarnews.in) साइकिल मैन ऑफ़ इण्डिया के नाम से विख्यात हरियाणा के सोनीपत निवासी नीरज कुमार प्रजापति गत दिवस मध्यप्रदेश के पन्ना पहुंचे। किसानों को मोटे अनाज के उत्पादन और जैविक खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नीरज ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से लेकर कन्याकुमारी तक की 4,200 किलोमीटर लंबी यात्रा एक दिसंबर को शुरू की थी। कड़ाके की ठंड में साइकिल से सैंकड़ों किलोमीटर सफर तय करने के बाद शनिवार 30 दिसम्बर 2023 को नीरज ने पन्ना पहुंचकर कृषि विज्ञान केन्द्र का भ्रमण किया। यहां उन्होंने लक्ष्मीपुर स्थित कृषि महाविद्यालय पन्ना के छात्र-छात्राओं से मिलेट्स (मोटे अनाज) के साथ कृषि से संबंधित अन्य विषयों पर चर्चा की। युवा नीरज इससे पहले भी कई बार हजारों किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर चुके हैं।

साइकिल मैन ऑफ इंडिया (Bicycle Man of India) नीरज कुमार के रीवा-सतना से होते हुए पन्ना पहुंचने कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानकों ने उनका स्वागत और सम्मान किया। नीरज की साईकिल यात्रा 31 जनवरी को कन्याकुमारी में समाप्त होगी। उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य किसानों और आमलोगों को मोटे अनाज (Millets) के प्रति जागरूक करना है।

संयुक्त राष्ट्र संघ ने दिया प्रशस्ति पत्र

बता दें कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष के रूप में घोषित किया गया था। इसी परिप्रेक्ष्य में नीरज कुमार प्रजापति देशभर में मोटे अनाज (श्री अन्न) के प्रोत्साहन तथा जैविक खेती के प्रति किसानों को जागरुक करने व उसके प्रचार-प्रसार के लिए दिनांक 01 दिसम्बर 2023 को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में स्थित लाल चौक से कन्याकुमारी तक की 4,200 किलोमीटर की साईकिल यात्रा शुरू की है। नीरज देश के विभिन्न राज्यों के जिले में स्थित कृषि विज्ञान केन्द्रों में प्रवास करते हुए मोटे अनाज के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। उनकी साइकिल यात्रा 31 जनवरी 2024 को कन्याकुमारी पहुंचकर समाप्त होगी। युवा नीरज को मोटे अनाज के प्रोत्साहन हेतु साइकिल यात्रा अभियान के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ के द्वारा प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किया गया है।

शाल एवं श्रीफल से किया सम्मान

नीरज के कृषि विज्ञान केन्द्र पन्ना पहुंचने पर वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. पीएन त्रिपाठी, वैज्ञानिक डॉ. आरके जायसवाल, डॉ. आरपी सिंह एवं देशराज प्रजापति ने शाल एवं श्रीफल देकर उनका सम्मान किया। कृषि विज्ञान केन्द्र पन्ना प्रवास के दौरान श्री प्रजापति ने कृषि महाविद्यालय पन्ना के छात्र-छात्राओं से मोटे अनाज के साथ-साथ कृषि से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा कर उनका मार्गदर्शन किया। केन्द्र के समस्त वैज्ञानिकों के साथ नीरज कुमार प्रजापति ने मोटे अनाज की खेती, मूल्य संवर्द्धन एवं बाजार से संबंधित विषयों पर भी परिचर्चा हुई।
इसलिए कहा जाता है साइकिल मैन ऑफ इंडिया
नीरज कुमार प्रजापति के मोटे अनाज के प्रोत्साहन हेतु साइकिल यात्रा अभियान में केंद्र सरकार और राज्य सरकारें उनकी जरुरी मदद कर रही हैं। ताकि देश के किसान प्राकृतिक खेती को अपनाकर इसे और भी बेहतर बना सकें। वे साइकिल से गांव-गांव जाकर किसानों को मोटे अनाज और जैविक खेती के प्रति जागरुक कर रहे हैं। नीरज जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए अब तक करीब 50 हजार किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने एक लाख 11 हजार किलोमीटर तक साइकिल से यात्रा करने का संकल्प ले रखा है। इसलिए उन्हें साइकिल मैन ऑफ इंडिया भी कहा जाता है। मोटे अनाज (मिलेट्स) को ताकत का पावर हाउस भी कहा जाता है। नीरज कुमार ने बताया कि इसमें दूसरे अनाज से अधिक फाइबर व मिनरल्स पाया जाता है।

बड़ी खबर : “अभी लागू नहीं होगा हिट-एंड-रन का नया कानून”

0
हिट एंड रन के नए कानून के विरोध स्वरूप पन्ना के नजदीक एनएच 39 ट्रक खड़े करके चक्काजाम कर प्रदर्शन करते ड्राइवर्स। (फाइल फोटो)

*    ट्रक और बस ड्राइवरों की हड़ताल के आगे केन्द्र सरकार ने घुटने टेके

नई दिल्ली। देशभर में ट्रकों के पहिए थमने से मची हाहाकार ने केंद्र की मोदी सरकार को नए साल 2024 में हिलाकर रख दिया है। बस और ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल के व्यापक असर को देखते हुए केंद्र सरकार ने आश्वासन दिया है कि, हिट-एंड-रन के खिलाफ लाए गए विवादस्पद कानून को लागू करने से पहले उनसे चर्चा की जाएगी। सरकार के साथ लंबी वार्ता के बाद ऑल इण्डिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने कहा कि, हमने ऑल इण्डिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। सरकार बताना चाहती है कि नया नियम अभी लागू नहीं किया गया है। भारतीय न्याय संहिता 106/2 को लागू करने से पहले हम ऑल इण्डिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। उसके बाद ही हम कोई निर्णय लेंगे।
ऑल इण्डिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के अध्यक्ष बाल मलकित ने स्पष्ट किया है, नए क़ानून लागू नहीं किए गए हैं। इसे ऑल इण्डिया ट्रांसपोर्ट कांग्रेस से सलाह-मशविरा के बाद ही लागू किया जाएगा। केन्द्र सरकार ने एक सर्कुलर जारी कर ऑल इण्डिया ट्रांसपोर्ट कांग्रेस तथा सभी वाहन चालकों से अपने-अपने काम पर लौटने की अपील की है। ऑल इण्डिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने भी ड्राइवरों से हड़ताल ख़त्म करने का आव्हान किया है।
पन्ना के बस स्टैण्ड में प्राइवेट मोटर कर्मचारी कल्याण युवक मण्डल पन्ना के बैनर तले आंदोलित बस-ट्रक-टैक्सी चालक-परिचालक और क्लीनर। (फाइल फोटो)
उल्लेखनीय है कि, हिट एंड रन के नए क़ानून में भारतीय न्याय संहिता के तहत सड़क हादसे के बाद ड्राइवर अगर मौके से भाग जाता है तो उसे 10 साल की कैद और 7 लाख रुपए जुर्माना के कड़े प्रावधान किए गए हैं। इसे कला क़ानून करार देते हुए कई राज्यों में ट्रक-बस और टैंकर चालक सोमवार को हड़ताल पर चले गए थे। हड़ताल के दूसरे दिन में प्रवेश करने के बीच देश भर में सैंकड़ों पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल का स्टॉक समाप्त हो गया था। साथ ही हड़ताल के कारण सामान सप्लाई की चेन टूटने लगी थी।
हड़ताल के कारण हाहाकार मचते देख मोदी सरकार बैकफुट पर आ गई। सरकार ने ऑल इण्डिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर हड़ताल को समाप्त कराने का रास्ता निकालते हुए देर रात ऐलान किया गया कि नए कानून के प्रावधान अभी लागू नहीं हुए हैं। भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (2) को लागू करने से पहले ऑल इण्डिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस से विचार-विमर्श करने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।
विषय से सबंधित अधिक जानकारी के लिए नीचे दी गई लिंक को क्लिक करके खबर को पढ़ें-

वाहनों की रफ़्तार पर आक्रोश का ब्रेक ! MP में हिट एंड रन के नए कानून के विरोध में सड़कों पर उतरे ड्राइवर

वाहनों की रफ़्तार पर आक्रोश का ब्रेक ! MP में हिट एंड रन के नए कानून के विरोध में सड़कों पर उतरे ड्राइवर

0
हिट एंड रन के नए कानून के विरोध स्वरूप पन्ना के नजदीक एनएच 39 ट्रक खड़े करके चक्काजाम कर प्रदर्शन करते ड्राइवर्स। (फाइल फोटो)

*    आक्रोशित ड्राइवरों ने मोदी सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन, चक्काजाम कर भरी हुंकार

*     काला-कानून वापस होने तक अनिश्चित कालीन हड़ताल को जारी रखने का किया ऐलान

*     अब हादसा होने की स्थिति में ड्राइवर को 10 साल की सजा और 7 लाख के जुर्माने का प्रावधान

शादिक खान, पन्ना/भोपाल। (www.radarnews.in) केन्द्र सरकार के द्वारा लाए गए हिट एंड रन के नए लॉ (कानून) के खिलाफ देश भर में गुस्सा देखा जा रहा है। नए कानून में सज़ा की अवधि में वृद्धि के विरोध स्वरूप के देश के कई राज्यों में बस-ट्रक-टैक्सी ड्राइवरों और ट्रांसपोर्ट आपरेटर्स द्वारा चक्काजाम किया जा रहा है। हिट एंड रन के नए कानून को वापस लेने की मांग को लेकर अनेक राज्यों में बस-ट्रक ड्राइवर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस बेमियादी हड़ताल का सोमवार को मध्य प्रदेश में भी व्यापक असर देखा गया। नव वर्ष 2024 के पहले दिन प्रदेश भर के बस स्टैण्ड में ड्राइवरों ने अपनी बसें खड़ी कर दी तो वहीं हाईवे पर ट्रकों के पहिए थमे नजर आए। बसें नहीं चलने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तो वहीं हाईवे पर चक्काजाम के चलते कई घंटों तक वाहनों का आवगमन पूर्णतः बंद रहा। उधर, पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल भरवाने वाहनों की कतारें नजर आ रही हैं।
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में भी हिट एंड रन के नए कानून का सोमवार को भारी विरोध हुआ। इस कानून से प्रभावित वाहन चालकों ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम कर अपना विरोध दर्ज़ कराया। पन्ना जिला मुख्यालय के बस स्टैण्ड में बसों को खड़ा करके ड्राइवरों सहित बस परिचालक और क्लीनर ने संयुक्त रूप ने हिट एंड रन के नए कानून का विरोध करते इसे काला कानून करार दिया। वाहन चालकों का कहना है नए कानून के प्रावधान अत्यंत ही शख्त और पूर्णतः अव्यवहारिक हैं। इसके लागू होने पर जेल में जिंदगी काटने से बेहतर है कि हम स्टीयरिंग (वाहन चलाना) छोड़कर मजदूरी करने लगें। पन्ना में प्राइवेट मोटर कर्मचारी कल्याण युवक मण्डल के तत्वाधान में हुए इस विरोध-प्रदर्शन के चलते कई घंटों तक बसों के पहिए थामे रहने से स्थानीय बस स्टैण्ड में मौजूद यात्री अपने गंतव्य स्थल पर पहुँचने के लिए काफी परेशान नजर आए। वहीं पन्ना के बाहरी इलाके में नेशनल हाईवे 39 पर अजयगढ़ बाईपास मार्ग तिराहा के समीप सड़क पर ट्रक खड़े करके ड्राइवरों ने चक्काजाम कर दिया। इस कारण करीब आधा घण्टे नेशनल हाईवे पर वाहनों के पहिये थमे रहे।

नए कानून में बढ़ाई सजा की अवधि

बता दें कि, भारतीय न्याय संहिता 2023 में हुए संशोधन के बाद अब हिट एंड रन के मामलों में दोषी ड्राइवर पर 7 लाख रुपए तक का जुर्माना और 10 साल तक कैद का प्रावधान है। नए कानून के तहत सड़क हादसे के बाद भागने और घातक दुर्घटना की सूचना न देने पर ड्राइवरों को 10 साल तक की जेल हो सकती है। इससे पहले, सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर आईपीसी की धारा 304ए (लापरवाही से मौत) के तहत आरोपी ड्राइवर को केवल दो साल तक की जेल हो सकती थी। नए कानून में सजा की अवधि बढ़ाने को लेकर देश भर में ड्राइवरों के द्वारा पुरजोर विरोध किया जा रहा है।

दुर्घटनास्थल पर ड्राइवर रुकेगा तो मारा जाएगा

पन्ना के बस स्टैण्ड में प्राइवेट मोटर कर्मचारी कल्याण युवक मण्डल पन्ना के बैनर तले आंदोलित बस-ट्रक-टैक्सी चालक-परिचालक और क्लीनर।
प्राइवेट मोटर कर्मचारी कल्याण युवक मण्डल पन्ना के उपाध्यक्ष अब्दुल अय्यूब, कोषाध्यक्ष अजय परमार व चालक प्रमोद रैकवार ने “रडार न्यूज़” से चर्चा में केंद्र सरकार के नए कानून को अदूरदर्शी निर्णय करार देते हुए बताया कि इसके लागू होने पर हिट एंड रन के मामलों में हर तरफ से ड्राइवर ही मारा जाएगा। इनका कहना है कि ड्राइवर कभी कोई हादसा जानबूझकर नहीं करते। एक्सीडेंट के मामलों में हमेशा गलती बड़ी गाड़ी वाले की मानी जाती है, सड़क दुर्घटना के बाद ट्रक और बस ड्राइवर को लोग कई बार इतना पीट देते हैं कि उनकी मौत हो जाती है। अब ऐसे में ड्राइवर तो मौके से भागकर अपनी जान बचाएगा ही। जबकि नए कानून के प्रावधान अनुसार हादसे के बाद ड्राइवर अगर मौके से भागता है तो उसे 7 लाख रुपए तक का जुर्माना और 10 साल तक की कैद की सज़ा हो सकती है। जरा सोचिए हादसे के बाद ड्राइवर यदि मानवता के नाते घायल की मदद के लिए मौके पर रुकता है तो पब्लिक आक्रोश से क्या वह बच पाएगा? पब्ल्कि के द्वारा की जाने वाली बेदम मारपीट में ड्राइवर की अगर मौत हो जाती है तो उसके परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी कौन लेगा? ऐसे अनेक ज्वलंत सवाल है जिनके जवाब नए कानून में नहीं है। इसलिए देश भर के ड्राइवर आंदोलित हैं। प्राइवेट मोटर कर्मचारी कल्याण युवक मण्डल पन्ना के बैनर तले आंदोलित बस-ट्रक-टैक्सी ड्राइवरों, परिचालकों तथा क्लीनर/हेल्पर की ओर प्रदेश के राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। दस बिंदुओं के इस ज्ञापन के माध्यम से भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 106 (2) में किए गए सज़ा के प्रावधान को वापस लेने की मांग की गई।

4 जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल

अजयगढ़ में हिट एंड रन के नए काले कानून को वापस लेने की मांग को लेकर प्रभारी तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए ट्रक और बस ड्राइवर्स।
पन्ना जिले के अजयगढ़, देवेन्द्रनगर और पवई में भी ड्राइवर्स स्टीयरिंग छोड़कर सड़कों पर उतर आए। नए साल के पहले दिन सोमवार को हिट एंड रन लॉ के विरोध में पवई बस स्टैण्ड में बसों को खड़ा करके ड्राइवरों ने सुबह-सुबह नारेबाज़ी शुरू कर दी। इसके बाद वाहन चालक संघ के आव्हान पर ड्राइवर नगर के तहसील तिराहा पहुंचकर धरने पर बैठ गए। जिससे बस स्टैण्ड में मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हैरान-परेशान यात्रीगण अपनी मंजिल पर पहुँचने के लिए भटकते नजर आए। इसी तरह अजयगढ़ क़स्बा में एकजुट बस और ट्रक ड्राइवर ने धरना-प्रदर्शन करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया। ड्राइवर्स की ओर से इस संबंध में राष्ट्रपति के नाम प्रभारी तहसीलदार अजयगढ़ एक ज्ञापन सौंपा गया। ड्राइवरों ने ज्ञापन के माध्यम हिट एंड रन के नए कानून के खिलाफ 4 जनवरी से बेमियादी हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। चालक कमलेश पटेल ने कहा कि उन्हें बमुश्किल 8 से 10 हजार रुपए प्रति माह तनख्वाह मिलती है, जबकि नए कानून में पर 7 लाख रुपए के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। और सजा की अवधि बढ़ाकर 10 तक कर दी गई है। एक ड्राइवर जुर्माना की इतनी बड़ी राशि कहां से लाएगा? इस कारण हमारे लिए यह काला कानून है, मोदी सरकार इसे तुरंत वापस ले। चालकों ने कहा कि अब हमारे पास सिर्फ एक ही विकल्प है, नौकरी छोड़कर घर में बैठ जाएं क्योंकि इस उम्र में दूसरा काम भी नहीं कर सकते हैं। ऐसे में परिवार के सामने भूखे मरने की नौबत आ जाएगी।

एनएच 39 ट्रक खड़े कर लगाया चक्काजाम

देवेन्द्रनगर के समीप बड़ागांव तिराहा पर ट्रक ड्राइवरों ने एनएच 39 पर चक्काजाम करके हिट एंड रन के नए कानून का विरोध किया।
देवेन्द्रनगर क़स्बा के नजदीक बड़गांव वेयर हाउस के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 पर ट्रक चालकों दोपहर के समय अचानक ट्रक खड़े करके चक्क्जाम लगा दिया। देखते ही देखते पन्ना-सतना मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई। एनएच पर वाहनों वाहनों के पहिए थमने से चंद मिनिट के अंदर जबरदस्त हड़कंप मच गया। ड्राइवरों के इस विरोध प्रदर्शन को ट्रक आनर्स का भी पूर्ण समर्थन मिला। चक्काजाम कर सांकेतिक बवाल करने वाले ट्रक ड्राइवर-हेल्पर ने दो टूक शब्दों में कहा, हिट एंड रन लॉ पर उनकी जायज आपत्तियों के मद्देनजर इस विवादित कानून को यदि तुरंत वापस नहीं लिया गया तो देश भर के बस-ट्रक-टैक्सी ड्राइवर सामूहिक रूप से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगें। जिससे यात्रियों और जरुरी सामान का परिवहन बाधित होने के कारण हाहाकार की स्थिति निर्मित हो जाएगी। इस तरह के हालात पैदा न हों केन्द्र सरकार को इस पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए काले कानून को तत्काल वापस लेने की घोषणा करनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि चक्काजाम में एम्बुलेंस के अंदर मरीज के फंसे होने की जानकारी मिलने पर देवेन्द्रनगर थाना पुलिस स्टॉफ तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस कर्मियों द्वारा हड़ताली ट्रक चालकों को समझाईश दी गई। तब कहीं जाकर हड़ताली ड्राइवरों ने चक्काजाम समाप्त किया और लगभग एक घण्टे बाद नेशनल हाईवे 39 पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।