Home Blog Page 36

अब अज्ञात असामाजिक तत्वों ने कुएं के पानी में घोला जहरीला पदार्थ

0
कुएं के पानी में अज्ञात असमाजिक तत्वों के द्वारा जहरीला पदार्थ घोलने से प्रभावित मोहल्लेवासी।

*    सैंकड़ों मछलियां व जलीय जीव बेमौत मरने से मचा हड़कंप

मोहन्द्रा। (www.radarnews.in) पन्ना जिले के सिमरिया थाना अंतर्गत आने वाले मोहन्द्रा कस्बे में अपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। एक के बाद एक लगातार अपराध घटित होने से आम आदमी भय युक्त वातावरण में रहने को मजबूर है। अभी मोहन्द्रा में पत्रकार के घर में पेट्रोल चिड़ककर आग लगाने का मामला ठंडा भी नहीं हुआ कि इसी मोहल्ले के एक सार्वजनिक कुएं में अज्ञात सामाजिक तत्वों ने विषैला पदार्थ कुएं में डाल दिया। जिसके कारण कुएं की सैंकड़ों छोटी-बड़ी मछलियों के साथ कछुए भी बेमौत मर गए। कुएं के बगल में रहने वाली सुशीला कबीरपंथी बताती हैं कि लगभग आधा सैकड़ा लोगों की जल आपूर्ति के लिए यही कुआं एक साधन है। जिसमें अज्ञात लोगों द्वारा कोई विषैला पदार्थ मिला दिया गया। मोहल्ले के लोगों को इसकी भनक तब लगी जब वह सुबह पानी भरने गए और बाल्टी में मरी हुई मछलियां आ गई। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद ग्राम पंचायत मोहंद्रा के सरपंच अरुण चौरसिया ने स्थानीय पुलिस चौकी में एक शिकायती आवेदन पत्र देकर पानी की जांच कराने की बात कही है।
2

शैक्षणिक सत्र 2022-23 के मूल्यांकन कार्य का नहीं मिला भुगतान, इस बार पुनः लगा दी ड्यूटी

0
प्रतीकात्मक चित्र।

*      जन शिक्षा केन्द्र खोरा के शिक्षकों ने डीपीसी को संयुक्त रुप से आवेदन सौंपकर दी चेतावनी

राजेंद्र कुमार, पन्ना।(www.radarnews.in) जिले के जनपद शिक्षा केन्द्र अजयगढ़ अंतर्गत आने वाली शालाओं के शिक्षकों को पिछले शैक्षणिक सत्र 2022-23 में कक्षा 5वीं तथा 8वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य का भुगतान आज तक नहीं मिला। साल भर का लंबा अरसा गुजरने के बाद भी पिछले मूल्यांकन कार्य का भुगतान न मिलने से परेशान शिक्षकों की वर्तमान सत्र 2023-24 में पुनः मूल्यांकन कार्य में ड्यूटी लगा दी गई। इससे शिक्षकों में नाराजगी व्याप्त होना स्वाभाविक है। जन शिक्षा केन्द्र खोरा के अंतर्गत आने वाली शालाओं के प्रभावित शिक्षकों ने विगत दिनों इस संबंध में जिला परियोजना समन्वयक (DPC), सर्व शिक्षा अभियान जिला शिक्षा केन्द्र पन्ना को सामूहिक रूप से लिखित आवेदन पत्र कार्यवाही हेतु सौंपा है।
आवेदन पत्र में उल्लेख किया है कि वर्ष 2022-23 में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अजयगढ़ में जन शिक्षा केन्द्र  शिक्षकों से कक्षा 5वीं तथा 8वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य कराया गया था। जिसके मानदेय का भुगतान आज दिनांक तक नहीं किया गया। शिक्षकों ने आवेदन पत्र के माध्यम से स्पष्ट चेतावनी दी है,यदि शीघ्र ही लंबित मानदेय का भुगतान सुनिश्चित नहीं कराया गया तो इस वर्ष का मूल्यांकन कार्य प्रभावित हो सकता है।
2

बड़ी खबर : लोकसभा चुनाव की घोषणा के बीच मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के सभी बैंक खातों के उपयोग पर लगाई रोक

0
लोकसभा चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी के सभी बैंक खातों को फ्रीज किए जाने के मुद्दे पर केन्द्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे। उनके दांईं तरफ बैठी पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी एवं सांसद राहुल गांधी।

*       बैंक अकाउंट फ्रीज पर मोदी सरकार पर कांग्रेस ने बोला बड़ा हमला

*       हमारे खाते फ्रीज नहीं किए बल्कि लोकतंत्र को किया गया है फ्रीज

*       ‘कांग्रेस नेता यात्रा नहीं कर सकते, टिकट तक के लिए पैसे नहीं’

दिल्ली में गुरुवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस अवसर पर श्री खड़गे ने कहा कि लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा हो चुकी है। देश के हर नागरिक चुनाव में भाग लेने के लिए उत्सुक है। किसी भी लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी चुनाव अनिवार्य होता है। साथ ही यह भी होता है कि सभी राजनीतिक दल के लिए लेवल प्ले ग्राउंड हो अर्थात सभी के पास समान रुप से संसाधन हो। ऐसा नहीं कि जो सत्ता में है उनका अधिकार ज्यादा हो। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जो इलेक्टोरल बॉन्ड (चुनावी चंदा) से जुड़े जो तथ्य निकलकर सामने आए, वो बहुत चिंताजनक है। शर्मनाक भी है क्योंकि इससे हमारे देश की छवि को आघात पहुंचा है।

चुनावी बॉन्ड से खजाना भरने वाली भाजपा ने रची साजिश

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि हमारे देश में पिछले 70 सालों में निष्पक्ष चुनाव हुए, उस पर प्रश्न चिन्ह उठ गया है। सुप्रीम कोर्ट ने जिस चुनावी बॉन्ड (चुनावी चंदा) को गलत ठहराया है। उस स्कीम के तहत मौजूदा सत्ता दल ने अपने लिए हजारों करोड़ रुपए भर लिया है। वहीं दूसरी तरफ सुनियोजित साजिश के तहत मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी का अकाउंट फ्रीज कर दिया है ताकि पैसे के अभाव में बराबरी में चुनाव ना लड़ पाए। ये सत्ताधारी पार्टी का खेल है। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द सच्चाई सामने आएगी। और अंत में मैं देश के संवैधानिक संस्थाओं से अपील करता हूं, फ्री और फेयर इलेक्शन चाहते है तो बैगर किसी रोक-टोक के हमारे बैंक अकाऊंट के पैसे को खर्च करने दें। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमारा खाता फ्रीज कर दिया गया है। खाता फ्रीज करना सत्ताधारी दल का खतरनाक खेल है। बीजेपी ने खुद हजारों करोड़ भर लिए और हमारे बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए।

इन परिस्थितियों में लोकतंत्र कैसे बचेगा

इस दौरान कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि हम लोकतंत्र को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। इलेक्टोरल बॉन्ड से बीजेपी को बड़ा फायदा हुआ है। अगर कांग्रेस किसी भी तरह से चुनाव प्रचार में खर्च नहीं कर सके तो चुनाव किस बात का। पिछले एक महीने से हम हमारे 285 करोड़ का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। अगर हम कोई काम नहीं कर सकते तो लोकतंत्र कैसे जिंदा रहेगा।

राहुल ने संवैधानिक संस्थाओं की चुप्पी पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए गए। किसी कोर्ट ने, चुनाव आयोग ने कुछ नहीं कहा। यहां कोई लोकतंत्र नहीं है। भारत की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी का बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया गया है और संवैधानिक संस्थानों ने कुछ भी नहीं किया। राहुल गांधी ने आगे कहा कि एक महीने पहले कांग्रेस के सारे अकाउंट फ्रीज कर दिए गए। अगर किसी भी परिवार के अकाउंट फ्रीज कर देंगे तो वे भूखे मर जाएंगे। लेकिन हमारे अकाउंट फ्रीज होने पर किसी ने चूं तक नहीं की, चुनाव आयोग से लेकर सभी ने चुप्पी तोड़ दी। बीस फीसदी भारत हमारे लिए वोट करता है।

कांग्रेस को चुनाव लड़ने से रोकने का है षड्यंत्र

लोकसभा चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी के सभी बैंक खातों के उपयोग पर मनमाने तरीके से रोक लगाए जाने के मुद्दे पर संवैधानिक संस्थाओं की चुप्पी को लेकर सवाल उठाते सांसद राहुल गांधी।
सांसद राहुल गांधी ने कहा कि बैंक खातों के बिना हम कैसे चुनाव लड़ेंगे। आप सोचिए आपके अकाउंट बंद हो जाए, एटीएम बंद हो जाए तो आप कैसे सरवाइव करेंगे। हम ना प्रचार कर सकते हैं, ना ट्रेवल कर सकते हैं, ना नेताओं को पैसे दे सकते हैं। राहुल गांधी ने आगे कहा कि चुनाव से 2 महीने पहले ये सब करना दिखाता है कि वो कांग्रेस को चुनाव ही नहीं लड़ने देना चाहते हैं। एक महीने पहले कांग्रेस के सारे अकाउंट फ्रीज कर दिए, कांग्रेस के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि इलेक्शन कमिशन ने चुप्पी साध ली। हमें 20% लोग वोट करते हैं। सारी संवैधानिक संस्थाएं चुप हैं। श्री गांधी ने कहा कि 7 साल पहले 14 लाख का इश्यू था। आज 200 करोड़ वसूल रहे हैं। जबकि नियम के मुताबिक 10 हज़ार रुपये तक की ही पेनाल्टी लग सकती है। सीताराम केसरी के वक्त के नोटिस दिए जा रहे हैं। देश में लोकतंत्र है, ये सबसे बड़ा झूठ है। हमारे खाते फ्रीज नहीं किए बल्कि लोकतंत्र को फ्रीज किया गया है। वहीं राहुल गांधी ने इस मामले पर एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “नफ़रत से भरी ‘असुर शक्ति’ ने लोकतंत्र की हत्या करने के लिए कांग्रेस के बैंक अकाउंट को फ्रीज़ कर दिया है।”

2

नारायण को बसपा ज्वॉइन करने के 4 घंटे बाद सतना लोकसभा सीट से मिला टिकिट

0
राजधानी भोपाल में आज दोपहर में पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस अवसर पर बसपा के प्रदेशाध्यक्ष इंजी. रमाकांत पिप्पल ने त्रिपाठी को फूलों का गुलदस्ता देकर पार्टी में उनका स्वागत किया।

*      बहुजन समाज पार्टी ने मध्य प्रदेश की 7 सीटों पर प्रत्याशी किए घोषित

*      खजुराहो-पन्ना लोकसभा सीट से कमलेश पटेल को बनाया उम्मीदवार

*      सिद्धार्थ के बाद नारायण के आने से सतना सीट पर चुनावी मुकाबला रोचक होने के आसार

शादिक खान, भोपाल/पन्ना ।(www.radarnews.in) लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बहुजन समाज पार्टी ने आज मध्यप्रदेश की सात लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। प्रदेश के विंध्य क्षेत्र से आने वाले पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने आज दोपहर में अपने समर्थकों के साथ बसपा ज्वॉइन की। इसके करीब 4 घंटे बाद शाम को पार्टी ने उन्हें सतना लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया। सतना जिले की मैहर सीट से चार बार के विधायक रहे नारायण त्रिपाठी पूर्व में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस पार्टी और भारतीय जनता पार्टी में भी रह चुके हैं। बहुजन समाज पार्टी की ओर से नारायण त्रिपाठी को चुनावी समर में उतारने से सतना संसदीय क्षेत्र का चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता दिख रहा है। भाजपा ने जहां सतना से अपने मौजूदा सांसद गणेश सिंह पर पुनः भरोसा जताया है तो वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा डब्बू को लोकसभा उम्मीदवार बनाया है। युवा विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के नाम के एलान के बाद से ही भाजपा के अंदरखाने खलबली मची है। बीच-बीच में सांसद गणेश सिंह को बदले जाने की भी चर्चाएं सुनाई दे रहीं है। इस बीच हाथी में सवार होकर नारायण त्रिपाठी के चुनावी दंगल में एंट्री करने से भाजपा का मजबूत गढ़ माने जाने वाले सतना में उसकी मुश्किलें बढ़ती दिख रहीं है।
बता दें कि भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी पिछ्ड़े वर्ग से आते हैं। दोनों ही प्रत्याशी अपनी जाति के मतदाताओं के साथ-साथ पिछड़ा वर्ग की अन्य जातियों, दलित वर्ग के मतदाताओं पर ख़ासा प्रभाव रखते हैं। संभावना जताई जा रही है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में सतना संसदीय क्षेत्र में बहुसंख्यक वर्ग का वोट भाजपा और कांग्रेस के बीच बंटेगा। जबकि सामान्य वर्ग से ताल्लुक रखने वाले नारायण त्रिपाठी ब्राह्मण और बसपा के दलित वोट बैंक के सहारे क्या कमाल करते हैं, आने वाले समय में यह देखना काफी दिलचस्प होगा। भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह को पहले से ही एन्टी इंकम्बेंसी का सामना करना पड़ रहा है। अब नारायण के चुनावी रण में उतरने से गणेश की मुश्किलों में और अधिक इजाफा होना लगभग तय माना जा रहा। कुछ जानकार वर्तमान स्थिति को सतना लोकसभा सीट पर कांग्रेस के लिए सुनहरे अवसर के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि, आने वाले समय में चुनावी माहौल किस करवट बैठता अभी कुछ कहना बहुत जल्दबाजी होगी।

5 सामान्य और 2 आरक्षित सीटों पर बसपा प्रत्याशी घोषित

बहुजन समाज पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश की सात लोकसभा सीटों पर घोषित प्रत्याशियों की सूची।
बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने आज शाम मध्य प्रदेश की 7 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन कुमारी मायावती के आदेश पर मध्य प्रदेश इकाई के प्रदेशाध्यक्ष इंजीनियर रमाकांत पिप्पल के द्वारा 7 उम्मीदवारों की सूची जारी की गई। बसपा ने खजुराहो लोकसभा सीट से कमलेश पटेल, सतना से नारायण त्रिपाठी पूर्व विधायक, सीधी पूजन राम साकेत, छिंदवाड़ा उमाकांत बंदेवार, मंदसौर सीट से कन्हैया लाल मालवीय और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित मण्डला लोकसभा सीट से इंदर सिंह उईके एवं बैतूल सीट से अशोक भलावी के नाम पर मुहर लगाई है।
खजुराहो लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी कमलेश पटेल।
मालूम हो कि, बहुजन समाज पार्टी द्वारा खजुराहो संसदीय क्षेत्र के लिए घोषित प्रत्याशी कमलेश पटेल पन्ना जिले की देवेंद्रनगर तहसील अंतर्गत आने वाले धरमपुरा ग्राम के निवासी हैं। पेशे से किसान कमलेश पटेल पिछले तीस साल से बहुजन समाज पार्टी से सक्रिय तौर पर जुड़े हैं।
2

मध्य प्रदेश | पत्रकार के घर पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग

0
युवा पत्रकार के घर पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई गई आग के साक्ष्य प्रधान आरक्षक से संकलित करवाते हुए सिमरिया थाना प्रभारी व मोहन्द्रा चौकी प्रभारी।

*    पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहन्द्रा ग्राम की घटना

*    पूरे परिवार को जिंदा जलाने का प्रयास या फिर दहशत फैलाना था मकसद

पन्ना।(www.radarnews.in) जिले के सिमरिया थाना अंतर्गत आने वाले मोहन्द्रा ग्राम में घनी आबादी क्षेत्र के बीचोंबीच स्थित युवा पत्रकार आकाश बेहरे के घर पर बुधवार देर रात अज्ञात आपराधिक तत्वों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आगजनी की घटना रात्रि लगभग 2 से 2:30 बजे के बीच की है, उस समय पत्रकार का पूरा परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था। दरवाजे पर लगाई गई आग की लपटें कमरे के अंदर पहुंचने से पत्रकार की वृद्ध मां की अचानक नींद खुल गई। गनीमत यह रही कि आनन-फानन आग पर पूर्णतः काबू पा लिया गया, नहीं तो कोई बड़ी घटना घटित हो सकती थी। आपराधिक तत्वों के इस कृत्य से पत्रकार के परिजन सहित पड़ोसी दहशत में बताए जा रहे हैं।
बुधवार 20 मार्च की सुबह जब लोग नींद से जागे और इस सनसनीखेज घटना का पता चला तो आपराधिक तत्वों के बढ़ते दुस्साहस के बारे में जानकर क्षेत्र में आक्रोश और तनाव फ़ैल गया। यहां सवाल उठता है कि, युवा पत्रकार के घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने वाले अज्ञात अपराधी क्या पूरे परिवार को जिंदा जलाकर मारना चाहते थे ! या फिर इस घटना के पीछे उनकी मंशा मौत की दहशत फैलाकर युवा पत्रकार को कलम चलाने (समाचार लिखने) से रोकना है ? अपराधियों का इरादा चाहे जो भी रहा हो पर लोग इस घटना को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर हमले के तौर देख रहे हैं। माना जा रहा है कि, क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध गतिविधियां संचालित होने संबंधी मसलन, अवैध शराब-गांजा बिक्री, जुआ-सट्टा, गुंडा टैक्स वसूली, बेशकीमती जमीनों पर अतिक्रमण के समाचार प्रकाशित करने से बौखलाए अपराधी तत्वों के द्वारा पत्रकार को ऐसा करने से रोकने के लिए आगजनी की घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है।
बता दें कि मोहन्द्रा निवासी युवा पत्रकार आकाश बेहरे जन सरोकार से जुड़े मुद्दों, अंचल की ज्वलंत समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाने और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अपने धारदार लेखन के लिए जाने जाते हैं। पन्ना जिले के संवेदनशील पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा ने पत्रकार के घर पर आगजनी की घटना को अत्यंत ही गंभीरता से लिया है। घटना का पता चलने पर सिमरिया के नवागत थाना प्रभारी संदीप दीक्षित व मोहन्द्रा चौकी प्रभारी ने हमराही स्टॉफ के साथ तत्परता से मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। आगजनी से सम्बंधित साक्ष्य संकलित कर पंचनामा कार्रवाई की गई। सिमरिया थाना पुलिस ने इस घटना पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 436,181 आईपीसी के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। थाना प्रभारी सिमरिया ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त करते हुए आगजनी की घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने की बात कही है। अज्ञात आरोपियों का सुराग लगाने और उन्हें दबोंचने के लिए पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साइबर सेल की मदद से भी गहन तहकीकात की जा रही है।
2

मध्यप्रदेश : बुलडोजर एक्शन से PWD के ठेकेदारों में जबर्दस्त हड़कंप

0
पन्ना जिले के बृजपुर-पहाड़ीखेरा क्षेत्र में भमका ग्राम से धरमपुर चैन सिंह मांर्ग पर नवनिर्मित घटिया पुलिया को बुलडोजर चलवाकर तुड़वाते हुए लोक निर्माण विभाग के तकनीकी अधिकारी।

*      पन्ना जिले में गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्यों को बुलडोजर से ध्वस्त करवाने की कार्रवाई लगातार जारी

*     अब भमका ग्राम से धरमपुर चैन सिंह मार्ग की घटिया पुलिया पर चलवाया बुलडोजर

*     PWD के तकनीकी अधिकारियों की सख्ती के चलते घटिया कार्य कराने वाले ठेकेदारों को हो रहा आर्थिक नुकसान

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले का लोक निर्माण विभाग इन दिनों अपनी बदली हुई कार्यप्राणाली को लेकर चर्चाओं में बना है। लोनिवि (PWD) अंतर्गत चल रहे समस्त निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के मानकों की कसौटी पर कसने के साथ ही समयसीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना के तकनीकी अधिकारियों की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि, विभागीय निर्माण कार्यों में गड़बड़ी पाए जाने पर बिना किसी देरी के उस हिस्से को अपने सामने ही बुलडोजर चलवाकर पूर्णतः ध्वस्त करवा दिया जाता है। फिर संबंधित ठेकेदार से ही नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराया जाता है। सिर्फ पखवाड़े भर के अंदर तीन निर्माणाधीन सड़कों की आधा दर्जन पुलियों (पाईप कल्वर्ट एवं बॉक्स कल्वर्ट) को बुलडोजर चलवाकर तुड़वा दिया।
मगर, यह साहसिक कदम उठाना ज़रा भी सहज नहीं था। मौके पर ठेकेदारों ने बुलडोजर एक्शन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और तकनीकी अधिकारियों के साथ उनकी नोंकझोंक भी हुई लेकिन उनकी एक भी नहीं चल सकी। गुणवत्ता आश्वासन को लेकर लोनिवि के तकनीकी अधिकारियों की सख़्ती के चलते विभाग के ठेकेदारों में जबर्दस्त हड़कंप मचा है। निर्माण कार्यों की सघन मॉनिटरिंग के फलस्वरूप निर्देशों को दरकिनार कर मनमाने तरीके से घटिया कार्य कराने वाले ठेकेदारों को बुलडोजर एक्शन के कारण भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विगत दिनों लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना के तकनीकी अधिकरियों द्वारा जिले के अजयगढ़ क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण कर पंचमपुर और सिद्धपुर से टिकुरिहा मार्ग में नवनिर्मित पुलियों की गुणवत्ता जांच की गई थी। जांच में घटिया पाई गईं आधा दर्जन पुलियों को पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों अपने सामने बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करवा दिया था। इस कार्रवाई का संबंधित ठेकेदार और उनके प्रतिनिधि मौके पर विरोध करते रहे लेकिन उनकी एक नहीं सुनीं गई। इतना ही नहीं कार्य की गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों को उनके ठेके निरस्त करने संबंधी नोटिस भी थमाए गए थे।
अब इसी कड़ी में गुरुवार 14 मार्च को लोनिवि के तकनीकी अधिकारियों के द्वारा बृजपुर-पहाड़ीखेरा क्षेत्र में निर्माणाधीन भमका ग्राम से धरमपुर चैन सिंह मांर्ग लंबाई 4 किलोमीटर अनुबंधित लागत लगभग 1 करोड़ 10 लाख का निरीक्षण किया गया । इस दौरान सड़क की विभिन्न परतों अर्थवर्क, डब्ल्यूएमएम और सीआरएम की बारीकी से जांच की गई। जांच में मटेरियल की ग्रेडिंग निर्धारित अनुपात में पाई गई लेकिन नवनिर्मित पुलिया में थोड़ी गड़बड़ी सामने आने पर तकनीकी अधिकारियों ने बिना किसी देरी के ठेकेदार के ही बुलडोजर से पुलिया को अपने सामने जमींदोज करवा दिया।
बुलडोजर एक्शन को लेकर प्रभावशाली ठेकेदार के द्वारा कड़ी आपत्ती और असंतोष जताया गया। मगर, मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के लिए दृढ़ संकल्पित लोक निर्माण विभाग के तकनीकी अधिकारियों ने तमाम अपत्तियों को पूर्णतः ख़ारिज कर दिया। लगातार बुलडोजर एक्शन के चलते निर्माण कार्यों में लीपापोती करने वाले ठेकेदारों को हो रहे आर्थिक नुकसान के कारण उनमें PWD के तकनीकी अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर गहरी नाराजगी देखी जा रही है। इंसानी फितरत के मद्देनजर काफी हद तक ऐसा होना स्वाभाविक है।

आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : कार्यपालन यंत्री

जब इस संबंध लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना के कार्यपालन यंत्री एसके पाण्डेय से बात की गई तो उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि “कुछ समय बाद मेरा रिटायर्मेंट होना है इसलिए मैं नहीं चाहता कि मुझे बुढ़ापे में अनावश्यक परेशान होना पड़े। मैनें पहले ही दिन सबको बता दिया था कि कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं करूंगा। फिर भी ठेकेदार अगर मनमाने तरीके कार्य करते हुए गड़बड़ी करते हैं तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। घटिया कार्य को डिस्मेंटल कराने से होने वाला आर्थिक नुकसान भी उन्हीं को उठाना पड़ेगा। मैं तब तक किसी भी ठेकेदार के एक रुपये का भुगतान नहीं करूंगा जब तक कि कराए गए कार्य की गुणवत्ता को लेकर हमारे प्रभारी उपयंत्री, संबंधित एसडीओ ओके रिपोर्ट नहीं दे देते और मैं स्वयं भी मौके पर जाकर निरीक्षण नहीं कर लेता। पूर्ण संतुष्टि के बाद ही बिल भुगतान किया जाएगा। हमारे लिए ठेकेदार के हितों से कोई सरोकार नहीं है, हमारी तो सर्वोच्च प्राथमिकता कराए गए निर्माण कार्य का उपयोग करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित कराना है। यह तभी संभव होगा जब निर्माण कार्य पूर्णतः गुणवत्तापूर्ण हो।”

विषय से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नीचे दी गई लिंक को क्लिक कर खबर को पढ़ें –

कार्यपालन यंत्री ने घटिया पुलियों को तुड़वाया, ठेकेदार को दी चेतावनी- ‘गुणवत्ता से समझौता नहीं चलेगा’

2

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोलीकांड पीड़ितों से किया वादा निभाया, पहुंचाई आर्थिक सहायता राशि

0
राष्ट्रीय अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, अखिलेश यादव। (PTI)

*      मृत किसान की पत्नी को 5 लाख और चार घायलों को प्रदान किए 25-25 हजार रुपए के चेक

*     पीड़ितों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का हृदय से आभार जताया

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पिछले वर्ष जिला मुख्यालय के नजदीक हरदुआ गांव में हुए भीषण गोलीकांड के पीड़ितों से किया गया वादा निभाते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आर्थिक सहायता राशि पहुंचाई है। शनिवार को यादव समाज के लोगों और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने ग्राम पटी बजरिया पहुंचकर गोलीकांड में मृत गरीब किसान पूरन यादव की वेबा पत्नी कस्तूरी बाई यादव को पांच लाख रुपए तथा चार घायलों को 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। पीड़ितों ने आर्थिक सहायता करने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव का हृदय से आभार जताया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के द्वारा भेजा गया पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि का चेक हरदुआ गोलीकांड में मृत किसान पूरन यादव की वेबा पत्नी कस्तूरी बाई यादव को प्रदान करते हुए पन्ना के सपा नेतागण।
उल्लेखनीय है कि, करीब पांच माह पूर्व मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे पन्ना जिले के पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अजयगढ़ में अपनी पार्टी के प्रत्याशी के लोधी महेन्द्र पाल वर्मा के समर्थन में आमसभा को संबोधित करने आए थे। इस दौरान समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के स्थानीय नेताओं ने उन्हें पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले हरदुआ ग्राम में हुए बहुचर्चित गोलीकांड से अवगत कराया था। साथ ही अजयगढ़ की आमसभा के बाद सपा प्रमुख अखिलेश ने गोलीकांड में मृत गरीब किसान पूरन यादव के परिजनों तथा घायलों से भेंटकर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की थी। मवेशियों के खेत में घुसने की मामूली सी बात पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पन्ना ग्रामीण मंडल अध्यक्ष के रिश्तेदारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।
इस घटना में गोली लगने से पूरन यादव निवासी ग्राम पटी बजरिया की दर्दनाक मौत हो गई थी। जबकि गोली से निकले छर्रे लगने से राघवेन्द्र यादव, प्रताप सिंह यादव, लखन सिंह यादव, भरत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पीड़ितों ने गोलीकांड पर पन्ना पुलिस के द्वारा कथित तौर सत्ताधारी दल भाजपा के नेताओं और जनप्रतिनिधियों के दबाव में आरोपियों को बचाने के लिए पक्षपात पूर्ण कार्यवाही किये जाने के गंभीर आरोप लगाए थे। पीड़ितों की आपबीती सुनने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अखिलेश यादव मध्य प्रदेश की पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गहरी नाराजगी जताई थी। इस दौरान सपा प्रमुख ने गोलीकांड पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए निजी तौर पर आर्थिक सहायता का भरोसा दिलाया था।

सपा प्रमुख की सराहना कर रहे लोग

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के द्वारा भेजी गई आर्थिक सहायता राशि का चेक हरदुआ गोलीकांड के घायलों को प्रदान करते हुए पन्ना के सपा नेतागण।
सपा सुप्रीमो ने पीड़ितों से किया हुआ अपना वादा निभाते हुए छह लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि का चेक पन्ना पहुंचाया है। शनिवार 16 मार्च को समाजवादी पार्टी के नेतागण और यादव समाज के प्रतिष्ठित लोगों ने ग्राम पटी बजरिया पहुंचकर मृत किसान पूरन यादव की वेबा पत्नी कस्तूरी बाई यादव को पांच लाख रुपए तथा चार घायलों को 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए। पीड़ितों ने इस मुश्किल घड़ी में आर्थिक मदद भेजने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव का ह्रदय से आभार जताया है। हरदुआ गोलीकांड पीड़ितों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की खबर आने के बाद से पन्ना जिले के लोग समाजवादी पार्टी के मुखिया (SP Chief) एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सच्चा जनसेवक बताते हुए उनकी संवेदनशीलता, मानवता और सह्रदयता की मुक्त कंठ से सराहना कर रहे हैं। गोलीकांड पीड़ितों को चेक प्रदान करने वालों में सपा के पन्ना जिलाध्यक्ष दशरथ सिंह यादव, एडवोकेट सुशील खरे, राम सिंह यादव जमींदार, बाबूलाल यादव पूर्व उपाध्यक्ष बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण, बाला लोधी सरपंच उमरी, हरिराम लखेरा, यादव महासभा जिला अध्यक्ष नत्थू सिंह यादव, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अरविंद सिंह यादव, कंधी यादव, प्रताप यादव, पूर्व सरपंच कल्याण सिंह यादव शामिल रहे।
2

लोकसभा चुनाव 2024 : खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में 26 अप्रैल को होगा मतदान

0
लोकसभा चुनाव 2024 का कार्यक्रम घोषित होने के बाद खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पन्ना जिले में आदर्श आचार संहिता के प्रभावशील होने तथा आवश्यक चुनावी तैयारियों की जानकारी देते कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार और पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा।

*     19 लाख 94 हजार से अधिक मतदाता 2 हजार 293 मतदान केन्द्रों पर करेंगे मताधिकार का उपयोग

*     4 जून को होगी मतगणना इसी दिन घोषित किए जाएंगे परिणाम

*      पन्ना कलेक्टर ने कहा- “स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता”

पन्ना। लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत मध्य प्रदेश के खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान द्वितीय चरण में 26 अप्रैल को संपन्न होगा। इसके लिए 28 मार्च को अधिसूचना जारी होगी। इसी दिन से अभ्यर्थियों से नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 4 अप्रैल निर्धारित है, जबकि 5 अप्रैल को नामांकन की संवीक्षा होगी। अभ्यर्थी द्वारा 8 अप्रैल तक अभ्यर्थिता से नाम वापस लिया जा सकेगा। मतगणना 4 जून को संपन्न कराई जाएगी। खजुराहो संसदीय क्षेत्र में आने वाले आठ विधानसभा क्षेत्रों के 19 लाख 94 हजार 330 मतदाता 2 हजार 293 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। खजुराहो संसदीय क्षेत्र में 26 अप्रैल को लोकसभा निर्वाचन संपन्न होगा, जबकि मतगणना 4 जून को करवाई जाएगी। लोकसभा क्षेत्र खजुराहो में पन्ना जिले की सभी तीन विधानसभा और कटनी एवं छतरपुर जिले की क्रमशः 3 एवं 2 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार ने 16 मार्च को लोकसभा निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के उपरांत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई प्रेस वार्ता में उक्ताशय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संपूर्ण जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है। इस अवधि में सभी राजनैतिक दलों और लोकसेवकों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का पालन करना जरूरी है। आदर्श आचरण संहिता के तहत समस्त अयुद्ध लाइसेंस अधिनियम के तहत निरस्त माने जाएंगे। कोलाहल अधिनियम, संपत्ति विरूपण अधिनियम, धारा 144 प्रभावशील कर दी गई है। सराय अधिनियम, मुद्रक एवं प्रकाशकों से संबंधित लोक प्रतिनिधित्व संबंधी अधिनियम 1951 की धारा 127-क का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

चुनावी तैयारियों की दी जानकारी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले में स्वतंत्र व निष्पक्ष लोकसभा निर्वाचन संपन्न कराने के दृष्टिगत की गई आवश्यक तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही मतदान एवं मतगणना दिवस की व्यवस्थाओं सहित विभिन्न टीम व दलों के गठन, ईव्हीएम की उपलब्धता, मतदान दल, निर्वाचन प्रशिक्षण, दिव्यांग मतदाताओं एवं 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को होम वोटिंग की सुविधा इत्यादि की जानकारी भी दी।

संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की होगी तैनाती

पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन के अंतर्गत सभी विधानसभा क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा प्रबंधन किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के तहत  पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी एवं वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आदर्श आचरण संहिता का पालन करने के लिए समस्त आवश्यक प्रबंध जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों के द्वारा किए जाएंगे।

मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर रहेगा जोर

जिला पंचायत सीईओ एवं स्वीप के नोडल अधिकारी संघ प्रिय ने बताया कि जिले में मतदाता जागरूकता गतिविधियों के जरिए मतदान प्रतिशत में बढ़ोत्तरी के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। गत चुनाव में कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केन्द्रों और क्षेत्रों में भी मतदाता जागरूकता की विशेष गतिविधियों के साथ लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
2

लोकसभा निर्वाचन 2024 : मध्य प्रदेश में चार चरण में होंगे चुनाव, जानिए आपके संसदीय क्षेत्र में कब होगा मतदान ?

0
साभार : दैनिक भास्कर।

*      प्रदेश में प्रभावशील हुई आदर्श आचरण आचार संहिता

*      भारत निर्वाचन आयोग ने की लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा

*      प्रदेश में आदर्श आचरण संहिता का सख्ती से होगा पालन : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

भोपाल। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 की तारीखों की शनिवार को घोषणा कर दी गई है। इसके साथ ही प्रदेश में आदर्श आचार संहिता भी पूरी तरह से प्रभावशील हो गई है, जिसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। श्री राजन ने बताया कि प्रदेश में 4 चरणों में चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी। पहले चरण के लिए मतदान 19 अप्रैल, दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल, तीसरे चरण के लिए 7 मई और चौथे चरण के लिए मतदान प्रक्रिया 13 मई को सम्पन्न होगी। सभी चरणों की मतगणना के परिणाम एक साथ 4 जून 2024 को घोषित किए जाएंगे।
श्री राजन ने बताया कि पहले चरण में 6 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट एवं छिंदवाड़ा में 19 अप्रैल 2024 को मतदान होगा। पहले चरण के लिए अधिसूचना 20 मार्च को जारी होगी। इसी दिन से नामांकन पत्र दाखिल किये जाएंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 मार्च है। 28 मार्च को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। प्रत्याशी 30 मार्च तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 19 अप्रैल को होगा।
दूसरे चरण में 7 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद एवं बैतूल में 26 अप्रैल 2024 को मतदान होगा। इस चरण के लिए अधिसूचना 28 मार्च को जारी होगी। इसी दिन से नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल है। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 5 अप्रैल को की जाएगी। प्रत्याशी 8 अप्रैल तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 26 अप्रैल को होगा।
तीसरे चरण में 8 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल एवं राजगढ़ में 7 मई 2024 को मतदान होगा। इस चरण के लिए अधिसूचना 12 अप्रैल को जारी होगी। प्रत्याशी 19 अप्रैल तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 20 अप्रैल को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। प्रत्याशी 22 अप्रैल तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 7 मई को होगा।
इसी प्रकार चौ​थे चरण में 8 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगौन एवं खंडवा में 13 मई 2024 को मतदान होगा। इस चरण के लिए अधिसूचना 18 अप्रैल को जारी होगी। प्रत्याशी 25 अप्रैल तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 26 अप्रैल को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। प्रत्याशी 29 अप्रैल तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 13 मई को होगा।

राज्यस्तरीय एमसीएमसी कमेटी ने शुरू की निगरानी

अनुपम राजन, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्य प्रदेश।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्यस्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनीटरिंग कमेटी (स्टेट लेवल एमसीएमसी) द्वारा न्यूज चैनलों पर प्रसारित होने वाले विज्ञापन एवं समाचारों पर निगरानी रखने के लिये जनसम्पर्क अधिकारियों की टीम 24 घण्टे निगाह रखेगी। मध्यप्रदेश संपत्ति विरूपण अधिनियम के अंतर्गत सरकारी/ सार्वजनिक/निजी संपत्ति पर अनाधिकृत विरूपण हटाने के लिए नियत सीमा में कार्यवाही के निर्देश दिए गए है। टीमों का गठन किया जाकर अंतर्राज्यीय नाकों पर अवैध शराब, नगद राशि और मादक पदार्थों के परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।

एप से आचार संहिता के उल्लंघन की कर सकेंगे शिकायत

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जीपीएस आधारित सी-विजिल एप में 2 मिनट का वीडियो और फोटो डाउनलोड किए जा सकेंगे। कोई भी नागरिक आयोग को एप के माध्यम से शिकायत प्रेषित कर सकेंगे।
पात्र नागरिक अभी भी जुड़वा सकेंगे मतदाता सूची में नाम
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजन ने बताया कि पात्र नागरिक अभी भी अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख के 10 दिन पहले तक नागरिकों से मतदाता सूची से नाम जोड़ने के लिए आवेदन लिए जा सकेंगे। निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर पात्र नागरिक अपना नाम वोटर लिस्ट में मतदाता के रूप में जुड़वा सकेंगे।
2

लोकसभा चुनाव 2024 की तारीख़ों का हुआ एलान : सात चरणों में 19 अप्रैल से 1 जून तक होंगे चुनाव, नतीजे 4 जून को आएंगे

0
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार।

*     मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों के लिए चार चरणों 19 व 26 अप्रैल और 7 व 13 मई को डाले जाएंगे वोट

*      चार राज्यों उड़ीसा, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और आंध्र प्रदेश में होंगे विधानसभा चुनाव

चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 19 अप्रैल से 7 चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव 2024; वोटों की गिनती 4 जून को। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा, दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को, तीसरे चरण का मतदान 7 मई को, चौथे चरण का मतदान 13 मई को होगा। 13 व 20 मई को पांचवां चरण, 25 मई को छठा चरण और 1 जून को आखिरी और 7वां चरण। जम्मू कश्मीर की पांच लोकसभा सीटों के लिए चुनाव पांच चरणों में होंगे।
नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तारीख़ों का एलान आज कर दिया है। लोकसभा चुनाव सात चरणों में होंगें। चुनाव की प्रक्रिया 20 मार्च से शुरू हो रही है और मतगणना 4 जून को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया लोकसभा चुनाव के लिए 20 मार्च को नोटिफिकेशन जारी होगी। पहले चरण में 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। दूसरा चरण के तहत 28 मार्च को नोटिफिकेशन जारी होगा और 26 अप्रैल को मतदान होगा। तीसरा चरण के तहत सात मई, चौथे चरण के तहत 13 मई और पांचवे चरण में 20 मई को वोट डाले जाएंगे। छठवें चरण में 25 मई को वोटिंग होगी। सातवें चरण में 01 जून को मतदान होगा।

जानिए किस चरण में कितनी सीटों पर डाले जाएंगे वोट

लोकसभा चुनाव 2024 में सात चरणों में वोट डाले जाएंगे। चुनाव के नतीजे चार जून को आएंगे। आयोग के द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में 21 राज्यों की 102 सीटों पर, दूसरे चरण में 13 राज्यों की 89 सीटों, तीसरे चरण में 12 राज्यों की 94 सीटों, चौथे चरण में 10 राज्यों की 96 सीटों, पांचवें चरण में 8 राज्यों की 49 सीटों, छठे चरण में सात राज्यों की 57 सीटों और सातवें चरण में आठ राज्यों में 57 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

किस चरण में किस तारीख़ को किन राज्यों में डाले जाएंगे वोट

पहला चरण- 19 अप्रैल

पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, अंडमान निकोबार, जम्मू कश्मीर, लक्षद्वीप, पुदुच्चेरी की कुल 102 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

दूसरा चरण- 26 अप्रैल

दूसरे चरण के तहत 26 अप्रैल को असम, बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, राजस्थान, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर की कुल 89 सीटों पर मतदान होगा।

तीसरा चरण- 7 मई

तीसरे चरण के तहत 7 मई को असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दादर नागर हवेली और दमनदीव की कुल 94 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

चौथा चरण- 13 मई

चौथे चरण के तहत 13 मई को आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर की कुल 96 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

पांचवां चरण- 20 मई

पांचवें चरण के तहत 20 मई को छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रेदश, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर, लद्दाख की 49 सीटों पर मतदान होगा।

छठवां चरण- 25 मई

छठवें चरण के तहत 25 मई को बिहार, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दिल्ली की कुल 57 सीटों पर मतदान होगा।

सातवां चरण- 1 जून

सातवें चरण के तहत एक जून को बिहार, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़ की कुल 57 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

चार राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव

लोकसभा चुनावों के साथ चार राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। इनमें उड़ीसा, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और आंध्र प्रदेश शामिल हैं। ओडिशा में चार चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे. ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को वोट डाले जाएंगे। अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 20 मार्च 2024 को जारी 19 अप्रैल 2024 को मतदान होगा. अरुणाचल प्रदेश की 60 सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होंगे। सिक्किम विधानसभा के लिए एक चरण में ही सभी 32 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. नोटिफिकेशन की तारीख 20 मार्च और वोटिंग 19 अप्रैल को होगी। आंध्र प्रदेश की सभी 175 सीटों पर 18 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी होगा और 13 मई को वोट डाले जाएंगे। तीन चरणों में 26 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव होंगे। ये चुनाव भी आम चुनावों के साथ होंगे।
2