लोकसभा चुनाव 2024 : कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों पर नए लोकसभा प्रभारी किए तैनात
* खजुराहो संसदीय क्षेत्र की जिम्मेदारी आलोक चतुर्वेदी ‘पज्जन भइया’ को सौंपी
* लोस चुनाव की तारीखों का एलान होने और 22 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के बाद नियुक्त किए नए प्रभारी
भोपाल। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने सभी 29 संसदीय क्षेत्रों पर नए प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी भंवर जितेन्द्र सिंह ने रविवार 24 मार्च को प्रदेश के 29 संसदीय क्षेत्रों (लोकसभा सीटों) में प्रभारियों के दायित्व में बड़ा बदलाव करते हुए नए नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी हैं। लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान होने और प्रदेश की अधिकांश सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के बाद नए लोकसभा प्रभारी नियुक्त करने के फैसले का कांग्रेस पार्टी को चुनाव में कितना लाभ मिलेगा इसका पता तो 4 मई को नतीजे आने पर ही चलेगा।
बहरहाल प्रदेश कांग्रेस में मची भगदड़ के बीच पार्टी ने अपने कई बड़े नेताओं को लोकसभा प्रभारी का दायित्व सौंपकर यह साफ़ संदेश दे दिया है कि लोकसभा चुनाव को पूरे दमखम के साथ लड़ा जाएगा। पार्टी ने अधिकांश लोकसभा सीटों के लिए एक प्रभारी नियुक्त किए हैं तो कुछ स्थान पर दो प्रभारी भी बनाए गए है। इतने कम समय में नव नियुक्त लोकसभा प्रभारी अपने प्रभार वाले संसदीय क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के साथ मिलकर चुनावी रणनीति तैयार करने के साथ ही उसे आने वाले दिनों में किस तरह धरातल पर किस तरह से लागू करते हैं यह देखना वाकई बहुत दिलचस्प होगा।
कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए रामनिवास रावत को-मुरैना, लाखनसिंह यादव-भिंड, अशोक सिंह-ग्वालियर, जयवर्धन सिंह-गुना, नितेन्द्र राठौर-सागर, यादवेन्द्र सिंह-टीकमगढ़, मुकेश नायक और हर्ष यादव-दमोह, आलोक चतुर्वेदी-खजुराहो, राजेन्द्र कुमार सिंह-सतना, डॉ. गोविंद सिंह-रीवा, विनय सक्सेना-सीधी, डॉ. अशोक मसकोले-शहडोल, लखन घनघोरिया-जबलपुर, कदीर सोनी-मण्डला, ठाकुर रजनीश सिंह-बालाघाट का प्रभारी नियुक्त किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का गढ़ कहलाने वाले छिंदवाड़ा के लिए पार्टी ने सुनील जायसवाल, सुखदेव पांसे को-होशंगाबाद, एनपी प्रजापति और पीसी शर्मा-विदिशा, महेन्द्र जोशी-भोपाल, प्रियव्रत सिंह-राजगढ़, सज्जन सिंह वर्मा-देवास़, रवि जोशी-उज्जैन, मीनाक्षी नटराजन और नरेन्द्र नाहटा-मंदसौर, बाला बच्चन-रतलाम, उमंग सिंघार-धार, शोभा ओझा और सत्यनारायण पटेल-इंदौर, डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ-खरगौन, आरके दोगने-खंडवा और आरिफ मसूद एवं सुखदेव पांसे को बैतूल लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस की ये छह सीटें अब भी हैं होल्ड

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शनिवार 23 मार्च की देर रात चौथी लिस्ट जारी की थी। इसमें 11 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेश की कुल 45 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए थे। सूची में मध्य प्रदेश के 12 संसदीय क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम का एलान किया गया। मध्यप्रदेश की राजगढ़ सीट से पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। रतलाम लोकसभा सीट से वरिष्ठ आदिवासी नेता कांतिलाल भूरिया को टिकिट मिला है। जबलपुर सीट से दिनेश यादव और इंदौर सीट से अक्षय बम के नाम पर पार्टी ने मुहर लगाई है।

इस तरह दो बार में कांग्रेस पार्टी ने राज्य की 29 में से 22 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। प्रदेश की एकमात्र खजुराहो सीट कांग्रेस ने गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी को दी है। अर्थात सीट बंटवारे के तहत खजुराहो संसदीय क्षेत्र में समाजवादी पार्टी इस बार अपना उम्मीदवार उतारेगी। अब प्रदेश की छह सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होना शेष है। इनमें ग्वालियर, गुना, मुरैना, खंडवा, दमोह और विदिशा लोकसभा सीट शामिल है।
अब अज्ञात असामाजिक तत्वों ने कुएं के पानी में घोला जहरीला पदार्थ
* सैंकड़ों मछलियां व जलीय जीव बेमौत मरने से मचा हड़कंप
मोहन्द्रा। (www.radarnews.in) पन्ना जिले के सिमरिया थाना अंतर्गत आने वाले मोहन्द्रा कस्बे में अपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। एक के बाद एक लगातार अपराध घटित होने से आम आदमी भय युक्त वातावरण में रहने को मजबूर है। अभी मोहन्द्रा में पत्रकार के घर में पेट्रोल चिड़ककर आग लगाने का मामला ठंडा भी नहीं हुआ कि इसी मोहल्ले के एक सार्वजनिक कुएं में अज्ञात सामाजिक तत्वों ने विषैला पदार्थ कुएं में डाल दिया। जिसके कारण कुएं की सैंकड़ों छोटी-बड़ी मछलियों के साथ कछुए भी बेमौत मर गए। कुएं के बगल में रहने वाली सुशीला कबीरपंथी बताती हैं कि लगभग आधा सैकड़ा लोगों की जल आपूर्ति के लिए यही कुआं एक साधन है। जिसमें अज्ञात लोगों द्वारा कोई विषैला पदार्थ मिला दिया गया। मोहल्ले के लोगों को इसकी भनक तब लगी जब वह सुबह पानी भरने गए और बाल्टी में मरी हुई मछलियां आ गई। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद ग्राम पंचायत मोहंद्रा के सरपंच अरुण चौरसिया ने स्थानीय पुलिस चौकी में एक शिकायती आवेदन पत्र देकर पानी की जांच कराने की बात कही है।
शैक्षणिक सत्र 2022-23 के मूल्यांकन कार्य का नहीं मिला भुगतान, इस बार पुनः लगा दी ड्यूटी
* जन शिक्षा केन्द्र खोरा के शिक्षकों ने डीपीसी को संयुक्त रुप से आवेदन सौंपकर दी चेतावनी
राजेंद्र कुमार, पन्ना।(www.radarnews.in) जिले के जनपद शिक्षा केन्द्र अजयगढ़ अंतर्गत आने वाली शालाओं के शिक्षकों को पिछले शैक्षणिक सत्र 2022-23 में कक्षा 5वीं तथा 8वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य का भुगतान आज तक नहीं मिला। साल भर का लंबा अरसा गुजरने के बाद भी पिछले मूल्यांकन कार्य का भुगतान न मिलने से परेशान शिक्षकों की वर्तमान सत्र 2023-24 में पुनः मूल्यांकन कार्य में ड्यूटी लगा दी गई। इससे शिक्षकों में नाराजगी व्याप्त होना स्वाभाविक है। जन शिक्षा केन्द्र खोरा के अंतर्गत आने वाली शालाओं के प्रभावित शिक्षकों ने विगत दिनों इस संबंध में जिला परियोजना समन्वयक (DPC), सर्व शिक्षा अभियान जिला शिक्षा केन्द्र पन्ना को सामूहिक रूप से लिखित आवेदन पत्र कार्यवाही हेतु सौंपा है।
आवेदन पत्र में उल्लेख किया है कि वर्ष 2022-23 में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अजयगढ़ में जन शिक्षा केन्द्र शिक्षकों से कक्षा 5वीं तथा 8वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य कराया गया था। जिसके मानदेय का भुगतान आज दिनांक तक नहीं किया गया। शिक्षकों ने आवेदन पत्र के माध्यम से स्पष्ट चेतावनी दी है,यदि शीघ्र ही लंबित मानदेय का भुगतान सुनिश्चित नहीं कराया गया तो इस वर्ष का मूल्यांकन कार्य प्रभावित हो सकता है।
बड़ी खबर : लोकसभा चुनाव की घोषणा के बीच मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के सभी बैंक खातों के उपयोग पर लगाई रोक

* बैंक अकाउंट फ्रीज पर मोदी सरकार पर कांग्रेस ने बोला बड़ा हमला
* हमारे खाते फ्रीज नहीं किए बल्कि लोकतंत्र को किया गया है फ्रीज
* ‘कांग्रेस नेता यात्रा नहीं कर सकते, टिकट तक के लिए पैसे नहीं’
दिल्ली में गुरुवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस अवसर पर श्री खड़गे ने कहा कि लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा हो चुकी है। देश के हर नागरिक चुनाव में भाग लेने के लिए उत्सुक है। किसी भी लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी चुनाव अनिवार्य होता है। साथ ही यह भी होता है कि सभी राजनीतिक दल के लिए लेवल प्ले ग्राउंड हो अर्थात सभी के पास समान रुप से संसाधन हो। ऐसा नहीं कि जो सत्ता में है उनका अधिकार ज्यादा हो। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जो इलेक्टोरल बॉन्ड (चुनावी चंदा) से जुड़े जो तथ्य निकलकर सामने आए, वो बहुत चिंताजनक है। शर्मनाक भी है क्योंकि इससे हमारे देश की छवि को आघात पहुंचा है।
आज कांग्रेस पार्टी के बैंक अकाउंट फ्रीज नहीं किए गए हैं।
ये भारत के लोकतंत्र को फ्रीज किया गया है।
: @RahulGandhi जी#BJPFreezesIndianDemocracy pic.twitter.com/0U4NcAilB7
— Congress (@INCIndia) March 21, 2024
चुनावी बॉन्ड से खजाना भरने वाली भाजपा ने रची साजिश
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि हमारे देश में पिछले 70 सालों में निष्पक्ष चुनाव हुए, उस पर प्रश्न चिन्ह उठ गया है। सुप्रीम कोर्ट ने जिस चुनावी बॉन्ड (चुनावी चंदा) को गलत ठहराया है। उस स्कीम के तहत मौजूदा सत्ता दल ने अपने लिए हजारों करोड़ रुपए भर लिया है। वहीं दूसरी तरफ सुनियोजित साजिश के तहत मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी का अकाउंट फ्रीज कर दिया है ताकि पैसे के अभाव में बराबरी में चुनाव ना लड़ पाए। ये सत्ताधारी पार्टी का खेल है। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि बहुत जल्द सच्चाई सामने आएगी। और अंत में मैं देश के संवैधानिक संस्थाओं से अपील करता हूं, फ्री और फेयर इलेक्शन चाहते है तो बैगर किसी रोक-टोक के हमारे बैंक अकाऊंट के पैसे को खर्च करने दें। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमारा खाता फ्रीज कर दिया गया है। खाता फ्रीज करना सत्ताधारी दल का खतरनाक खेल है। बीजेपी ने खुद हजारों करोड़ भर लिए और हमारे बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए।
इलेक्टोरल बॉन्ड से BJP ने हजारों करोड़ से ज्यादा अपने अकाउंट में भर लिए हैं।
दूसरी तरफ साजिशन कांग्रेस के बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए गए हैं।
इसलिए कि हम पैसों के अभाव में बराबरी से चुनाव न लड़ पाएं।
ये BJP का खतरनाक खेल है। pic.twitter.com/4qAuhPeN4n
— Congress (@INCIndia) March 21, 2024
इन परिस्थितियों में लोकतंत्र कैसे बचेगा
इस दौरान कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि हम लोकतंत्र को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। इलेक्टोरल बॉन्ड से बीजेपी को बड़ा फायदा हुआ है। अगर कांग्रेस किसी भी तरह से चुनाव प्रचार में खर्च नहीं कर सके तो चुनाव किस बात का। पिछले एक महीने से हम हमारे 285 करोड़ का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। अगर हम कोई काम नहीं कर सकते तो लोकतंत्र कैसे जिंदा रहेगा।
The electoral bonds have benefitted the BJP massively.
On the other hand, the finances of the principal opposition party, the Indian National Congress, are under determined assault.
This is unprecedented and undemocratic! pic.twitter.com/0WjbEBUyLe
— Congress (@INCIndia) March 21, 2024
राहुल ने संवैधानिक संस्थाओं की चुप्पी पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिए गए। किसी कोर्ट ने, चुनाव आयोग ने कुछ नहीं कहा। यहां कोई लोकतंत्र नहीं है। भारत की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी का बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया गया है और संवैधानिक संस्थानों ने कुछ भी नहीं किया। राहुल गांधी ने आगे कहा कि एक महीने पहले कांग्रेस के सारे अकाउंट फ्रीज कर दिए गए। अगर किसी भी परिवार के अकाउंट फ्रीज कर देंगे तो वे भूखे मर जाएंगे। लेकिन हमारे अकाउंट फ्रीज होने पर किसी ने चूं तक नहीं की, चुनाव आयोग से लेकर सभी ने चुप्पी तोड़ दी। बीस फीसदी भारत हमारे लिए वोट करता है।
कांग्रेस को चुनाव लड़ने से रोकने का है षड्यंत्र

सांसद राहुल गांधी ने कहा कि बैंक खातों के बिना हम कैसे चुनाव लड़ेंगे। आप सोचिए आपके अकाउंट बंद हो जाए, एटीएम बंद हो जाए तो आप कैसे सरवाइव करेंगे। हम ना प्रचार कर सकते हैं, ना ट्रेवल कर सकते हैं, ना नेताओं को पैसे दे सकते हैं। राहुल गांधी ने आगे कहा कि चुनाव से 2 महीने पहले ये सब करना दिखाता है कि वो कांग्रेस को चुनाव ही नहीं लड़ने देना चाहते हैं। एक महीने पहले कांग्रेस के सारे अकाउंट फ्रीज कर दिए, कांग्रेस के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि इलेक्शन कमिशन ने चुप्पी साध ली। हमें 20% लोग वोट करते हैं। सारी संवैधानिक संस्थाएं चुप हैं। श्री गांधी ने कहा कि 7 साल पहले 14 लाख का इश्यू था। आज 200 करोड़ वसूल रहे हैं। जबकि नियम के मुताबिक 10 हज़ार रुपये तक की ही पेनाल्टी लग सकती है। सीताराम केसरी के वक्त के नोटिस दिए जा रहे हैं। देश में लोकतंत्र है, ये सबसे बड़ा झूठ है। हमारे खाते फ्रीज नहीं किए बल्कि लोकतंत्र को फ्रीज किया गया है। वहीं राहुल गांधी ने इस मामले पर एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “नफ़रत से भरी ‘असुर शक्ति’ ने लोकतंत्र की हत्या करने के लिए कांग्रेस के बैंक अकाउंट को फ्रीज़ कर दिया है।”
BJP सरकार में लोकतंत्र व विपक्षी पार्टी के ऊपर हमला हो रहा है।
कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते को बंद कर आर्थिक रुप से कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
नरेंद्र मोदी का यह हमला कांग्रेस पार्टी पर ही नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र पर है।
चुनाव की घोषणा हो चुकी है, लेकिन विपक्षी… pic.twitter.com/X7pyuJyc9w
— Congress (@INCIndia) March 21, 2024
नारायण को बसपा ज्वॉइन करने के 4 घंटे बाद सतना लोकसभा सीट से मिला टिकिट

* बहुजन समाज पार्टी ने मध्य प्रदेश की 7 सीटों पर प्रत्याशी किए घोषित
* खजुराहो-पन्ना लोकसभा सीट से कमलेश पटेल को बनाया उम्मीदवार
* सिद्धार्थ के बाद नारायण के आने से सतना सीट पर चुनावी मुकाबला रोचक होने के आसार
शादिक खान, भोपाल/पन्ना ।(www.radarnews.in) लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बहुजन समाज पार्टी ने आज मध्यप्रदेश की सात लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। प्रदेश के विंध्य क्षेत्र से आने वाले पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने आज दोपहर में अपने समर्थकों के साथ बसपा ज्वॉइन की। इसके करीब 4 घंटे बाद शाम को पार्टी ने उन्हें सतना लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया। सतना जिले की मैहर सीट से चार बार के विधायक रहे नारायण त्रिपाठी पूर्व में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस पार्टी और भारतीय जनता पार्टी में भी रह चुके हैं। बहुजन समाज पार्टी की ओर से नारायण त्रिपाठी को चुनावी समर में उतारने से सतना संसदीय क्षेत्र का चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता दिख रहा है। भाजपा ने जहां सतना से अपने मौजूदा सांसद गणेश सिंह पर पुनः भरोसा जताया है तो वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा डब्बू को लोकसभा उम्मीदवार बनाया है। युवा विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के नाम के एलान के बाद से ही भाजपा के अंदरखाने खलबली मची है। बीच-बीच में सांसद गणेश सिंह को बदले जाने की भी चर्चाएं सुनाई दे रहीं है। इस बीच हाथी में सवार होकर नारायण त्रिपाठी के चुनावी दंगल में एंट्री करने से भाजपा का मजबूत गढ़ माने जाने वाले सतना में उसकी मुश्किलें बढ़ती दिख रहीं है।
बता दें कि भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी पिछ्ड़े वर्ग से आते हैं। दोनों ही प्रत्याशी अपनी जाति के मतदाताओं के साथ-साथ पिछड़ा वर्ग की अन्य जातियों, दलित वर्ग के मतदाताओं पर ख़ासा प्रभाव रखते हैं। संभावना जताई जा रही है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में सतना संसदीय क्षेत्र में बहुसंख्यक वर्ग का वोट भाजपा और कांग्रेस के बीच बंटेगा। जबकि सामान्य वर्ग से ताल्लुक रखने वाले नारायण त्रिपाठी ब्राह्मण और बसपा के दलित वोट बैंक के सहारे क्या कमाल करते हैं, आने वाले समय में यह देखना काफी दिलचस्प होगा। भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह को पहले से ही एन्टी इंकम्बेंसी का सामना करना पड़ रहा है। अब नारायण के चुनावी रण में उतरने से गणेश की मुश्किलों में और अधिक इजाफा होना लगभग तय माना जा रहा। कुछ जानकार वर्तमान स्थिति को सतना लोकसभा सीट पर कांग्रेस के लिए सुनहरे अवसर के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि, आने वाले समय में चुनावी माहौल किस करवट बैठता अभी कुछ कहना बहुत जल्दबाजी होगी।
5 सामान्य और 2 आरक्षित सीटों पर बसपा प्रत्याशी घोषित

बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने आज शाम मध्य प्रदेश की 7 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन कुमारी मायावती के आदेश पर मध्य प्रदेश इकाई के प्रदेशाध्यक्ष इंजीनियर रमाकांत पिप्पल के द्वारा 7 उम्मीदवारों की सूची जारी की गई। बसपा ने खजुराहो लोकसभा सीट से कमलेश पटेल, सतना से नारायण त्रिपाठी पूर्व विधायक, सीधी पूजन राम साकेत, छिंदवाड़ा उमाकांत बंदेवार, मंदसौर सीट से कन्हैया लाल मालवीय और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित मण्डला लोकसभा सीट से इंदर सिंह उईके एवं बैतूल सीट से अशोक भलावी के नाम पर मुहर लगाई है।

मालूम हो कि, बहुजन समाज पार्टी द्वारा खजुराहो संसदीय क्षेत्र के लिए घोषित प्रत्याशी कमलेश पटेल पन्ना जिले की देवेंद्रनगर तहसील अंतर्गत आने वाले धरमपुरा ग्राम के निवासी हैं। पेशे से किसान कमलेश पटेल पिछले तीस साल से बहुजन समाज पार्टी से सक्रिय तौर पर जुड़े हैं।
मध्य प्रदेश | पत्रकार के घर पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग

* पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहन्द्रा ग्राम की घटना
* पूरे परिवार को जिंदा जलाने का प्रयास या फिर दहशत फैलाना था मकसद
पन्ना।(www.radarnews.in) जिले के सिमरिया थाना अंतर्गत आने वाले मोहन्द्रा ग्राम में घनी आबादी क्षेत्र के बीचोंबीच स्थित युवा पत्रकार आकाश बेहरे के घर पर बुधवार देर रात अज्ञात आपराधिक तत्वों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आगजनी की घटना रात्रि लगभग 2 से 2:30 बजे के बीच की है, उस समय पत्रकार का पूरा परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था। दरवाजे पर लगाई गई आग की लपटें कमरे के अंदर पहुंचने से पत्रकार की वृद्ध मां की अचानक नींद खुल गई। गनीमत यह रही कि आनन-फानन आग पर पूर्णतः काबू पा लिया गया, नहीं तो कोई बड़ी घटना घटित हो सकती थी। आपराधिक तत्वों के इस कृत्य से पत्रकार के परिजन सहित पड़ोसी दहशत में बताए जा रहे हैं।
बुधवार 20 मार्च की सुबह जब लोग नींद से जागे और इस सनसनीखेज घटना का पता चला तो आपराधिक तत्वों के बढ़ते दुस्साहस के बारे में जानकर क्षेत्र में आक्रोश और तनाव फ़ैल गया। यहां सवाल उठता है कि, युवा पत्रकार के घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने वाले अज्ञात अपराधी क्या पूरे परिवार को जिंदा जलाकर मारना चाहते थे ! या फिर इस घटना के पीछे उनकी मंशा मौत की दहशत फैलाकर युवा पत्रकार को कलम चलाने (समाचार लिखने) से रोकना है ? अपराधियों का इरादा चाहे जो भी रहा हो पर लोग इस घटना को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर हमले के तौर देख रहे हैं। माना जा रहा है कि, क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध गतिविधियां संचालित होने संबंधी मसलन, अवैध शराब-गांजा बिक्री, जुआ-सट्टा, गुंडा टैक्स वसूली, बेशकीमती जमीनों पर अतिक्रमण के समाचार प्रकाशित करने से बौखलाए अपराधी तत्वों के द्वारा पत्रकार को ऐसा करने से रोकने के लिए आगजनी की घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है।
बता दें कि मोहन्द्रा निवासी युवा पत्रकार आकाश बेहरे जन सरोकार से जुड़े मुद्दों, अंचल की ज्वलंत समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाने और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अपने धारदार लेखन के लिए जाने जाते हैं। पन्ना जिले के संवेदनशील पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा ने पत्रकार के घर पर आगजनी की घटना को अत्यंत ही गंभीरता से लिया है। घटना का पता चलने पर सिमरिया के नवागत थाना प्रभारी संदीप दीक्षित व मोहन्द्रा चौकी प्रभारी ने हमराही स्टॉफ के साथ तत्परता से मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। आगजनी से सम्बंधित साक्ष्य संकलित कर पंचनामा कार्रवाई की गई। सिमरिया थाना पुलिस ने इस घटना पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 436,181 आईपीसी के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। थाना प्रभारी सिमरिया ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त करते हुए आगजनी की घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने की बात कही है। अज्ञात आरोपियों का सुराग लगाने और उन्हें दबोंचने के लिए पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साइबर सेल की मदद से भी गहन तहकीकात की जा रही है।
मध्यप्रदेश : बुलडोजर एक्शन से PWD के ठेकेदारों में जबर्दस्त हड़कंप

* पन्ना जिले में गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्यों को बुलडोजर से ध्वस्त करवाने की कार्रवाई लगातार जारी
* अब भमका ग्राम से धरमपुर चैन सिंह मार्ग की घटिया पुलिया पर चलवाया बुलडोजर
* PWD के तकनीकी अधिकारियों की सख्ती के चलते घटिया कार्य कराने वाले ठेकेदारों को हो रहा आर्थिक नुकसान
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले का लोक निर्माण विभाग इन दिनों अपनी बदली हुई कार्यप्राणाली को लेकर चर्चाओं में बना है। लोनिवि (PWD) अंतर्गत चल रहे समस्त निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के मानकों की कसौटी पर कसने के साथ ही समयसीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना के तकनीकी अधिकारियों की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि, विभागीय निर्माण कार्यों में गड़बड़ी पाए जाने पर बिना किसी देरी के उस हिस्से को अपने सामने ही बुलडोजर चलवाकर पूर्णतः ध्वस्त करवा दिया जाता है। फिर संबंधित ठेकेदार से ही नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराया जाता है। सिर्फ पखवाड़े भर के अंदर तीन निर्माणाधीन सड़कों की आधा दर्जन पुलियों (पाईप कल्वर्ट एवं बॉक्स कल्वर्ट) को बुलडोजर चलवाकर तुड़वा दिया।
मगर, यह साहसिक कदम उठाना ज़रा भी सहज नहीं था। मौके पर ठेकेदारों ने बुलडोजर एक्शन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और तकनीकी अधिकारियों के साथ उनकी नोंकझोंक भी हुई लेकिन उनकी एक भी नहीं चल सकी। गुणवत्ता आश्वासन को लेकर लोनिवि के तकनीकी अधिकारियों की सख़्ती के चलते विभाग के ठेकेदारों में जबर्दस्त हड़कंप मचा है। निर्माण कार्यों की सघन मॉनिटरिंग के फलस्वरूप निर्देशों को दरकिनार कर मनमाने तरीके से घटिया कार्य कराने वाले ठेकेदारों को बुलडोजर एक्शन के कारण भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विगत दिनों लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना के तकनीकी अधिकरियों द्वारा जिले के अजयगढ़ क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण कर पंचमपुर और सिद्धपुर से टिकुरिहा मार्ग में नवनिर्मित पुलियों की गुणवत्ता जांच की गई थी। जांच में घटिया पाई गईं आधा दर्जन पुलियों को पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों अपने सामने बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करवा दिया था। इस कार्रवाई का संबंधित ठेकेदार और उनके प्रतिनिधि मौके पर विरोध करते रहे लेकिन उनकी एक नहीं सुनीं गई। इतना ही नहीं कार्य की गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों को उनके ठेके निरस्त करने संबंधी नोटिस भी थमाए गए थे।
अब इसी कड़ी में गुरुवार 14 मार्च को लोनिवि के तकनीकी अधिकारियों के द्वारा बृजपुर-पहाड़ीखेरा क्षेत्र में निर्माणाधीन भमका ग्राम से धरमपुर चैन सिंह मांर्ग लंबाई 4 किलोमीटर अनुबंधित लागत लगभग 1 करोड़ 10 लाख का निरीक्षण किया गया । इस दौरान सड़क की विभिन्न परतों अर्थवर्क, डब्ल्यूएमएम और सीआरएम की बारीकी से जांच की गई। जांच में मटेरियल की ग्रेडिंग निर्धारित अनुपात में पाई गई लेकिन नवनिर्मित पुलिया में थोड़ी गड़बड़ी सामने आने पर तकनीकी अधिकारियों ने बिना किसी देरी के ठेकेदार के ही बुलडोजर से पुलिया को अपने सामने जमींदोज करवा दिया।
बुलडोजर एक्शन को लेकर प्रभावशाली ठेकेदार के द्वारा कड़ी आपत्ती और असंतोष जताया गया। मगर, मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के लिए दृढ़ संकल्पित लोक निर्माण विभाग के तकनीकी अधिकारियों ने तमाम अपत्तियों को पूर्णतः ख़ारिज कर दिया। लगातार बुलडोजर एक्शन के चलते निर्माण कार्यों में लीपापोती करने वाले ठेकेदारों को हो रहे आर्थिक नुकसान के कारण उनमें PWD के तकनीकी अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर गहरी नाराजगी देखी जा रही है। इंसानी फितरत के मद्देनजर काफी हद तक ऐसा होना स्वाभाविक है।
आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : कार्यपालन यंत्री
MP : पन्ना जिले के PWD में जारी बुलडोजर एक्शन को लेकर ठेकेदारों में जबर्दस्त हड़कंप मचा है। विभाग के तकनीकी अधिकारियों ने पखवाड़े भर के अंदर तीन सड़कों की आधा दर्जन घटिया पुलियों को बुलडोजर चलवाकर तुड़वा दिया। अफसरों का कहना है, गुणवत्ता से समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। pic.twitter.com/t6FNgp61Ju
— Radar News (@RadarNews4) March 19, 2024
जब इस संबंध लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना के कार्यपालन यंत्री एसके पाण्डेय से बात की गई तो उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि “कुछ समय बाद मेरा रिटायर्मेंट होना है इसलिए मैं नहीं चाहता कि मुझे बुढ़ापे में अनावश्यक परेशान होना पड़े। मैनें पहले ही दिन सबको बता दिया था कि कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं करूंगा। फिर भी ठेकेदार अगर मनमाने तरीके कार्य करते हुए गड़बड़ी करते हैं तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। घटिया कार्य को डिस्मेंटल कराने से होने वाला आर्थिक नुकसान भी उन्हीं को उठाना पड़ेगा। मैं तब तक किसी भी ठेकेदार के एक रुपये का भुगतान नहीं करूंगा जब तक कि कराए गए कार्य की गुणवत्ता को लेकर हमारे प्रभारी उपयंत्री, संबंधित एसडीओ ओके रिपोर्ट नहीं दे देते और मैं स्वयं भी मौके पर जाकर निरीक्षण नहीं कर लेता। पूर्ण संतुष्टि के बाद ही बिल भुगतान किया जाएगा। हमारे लिए ठेकेदार के हितों से कोई सरोकार नहीं है, हमारी तो सर्वोच्च प्राथमिकता कराए गए निर्माण कार्य का उपयोग करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित कराना है। यह तभी संभव होगा जब निर्माण कार्य पूर्णतः गुणवत्तापूर्ण हो।”
विषय से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नीचे दी गई लिंक को क्लिक कर खबर को पढ़ें –
कार्यपालन यंत्री ने घटिया पुलियों को तुड़वाया, ठेकेदार को दी चेतावनी- ‘गुणवत्ता से समझौता नहीं चलेगा’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोलीकांड पीड़ितों से किया वादा निभाया, पहुंचाई आर्थिक सहायता राशि
* मृत किसान की पत्नी को 5 लाख और चार घायलों को प्रदान किए 25-25 हजार रुपए के चेक
* पीड़ितों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का हृदय से आभार जताया
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पिछले वर्ष जिला मुख्यालय के नजदीक हरदुआ गांव में हुए भीषण गोलीकांड के पीड़ितों से किया गया वादा निभाते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आर्थिक सहायता राशि पहुंचाई है। शनिवार को यादव समाज के लोगों और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने ग्राम पटी बजरिया पहुंचकर गोलीकांड में मृत गरीब किसान पूरन यादव की वेबा पत्नी कस्तूरी बाई यादव को पांच लाख रुपए तथा चार घायलों को 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। पीड़ितों ने आर्थिक सहायता करने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव का हृदय से आभार जताया है।

उल्लेखनीय है कि, करीब पांच माह पूर्व मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे पन्ना जिले के पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अजयगढ़ में अपनी पार्टी के प्रत्याशी के लोधी महेन्द्र पाल वर्मा के समर्थन में आमसभा को संबोधित करने आए थे। इस दौरान समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के स्थानीय नेताओं ने उन्हें पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले हरदुआ ग्राम में हुए बहुचर्चित गोलीकांड से अवगत कराया था। साथ ही अजयगढ़ की आमसभा के बाद सपा प्रमुख अखिलेश ने गोलीकांड में मृत गरीब किसान पूरन यादव के परिजनों तथा घायलों से भेंटकर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की थी। मवेशियों के खेत में घुसने की मामूली सी बात पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पन्ना ग्रामीण मंडल अध्यक्ष के रिश्तेदारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।
इस घटना में गोली लगने से पूरन यादव निवासी ग्राम पटी बजरिया की दर्दनाक मौत हो गई थी। जबकि गोली से निकले छर्रे लगने से राघवेन्द्र यादव, प्रताप सिंह यादव, लखन सिंह यादव, भरत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पीड़ितों ने गोलीकांड पर पन्ना पुलिस के द्वारा कथित तौर सत्ताधारी दल भाजपा के नेताओं और जनप्रतिनिधियों के दबाव में आरोपियों को बचाने के लिए पक्षपात पूर्ण कार्यवाही किये जाने के गंभीर आरोप लगाए थे। पीड़ितों की आपबीती सुनने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अखिलेश यादव मध्य प्रदेश की पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गहरी नाराजगी जताई थी। इस दौरान सपा प्रमुख ने गोलीकांड पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए निजी तौर पर आर्थिक सहायता का भरोसा दिलाया था।
सपा प्रमुख की सराहना कर रहे लोग

सपा सुप्रीमो ने पीड़ितों से किया हुआ अपना वादा निभाते हुए छह लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि का चेक पन्ना पहुंचाया है। शनिवार 16 मार्च को समाजवादी पार्टी के नेतागण और यादव समाज के प्रतिष्ठित लोगों ने ग्राम पटी बजरिया पहुंचकर मृत किसान पूरन यादव की वेबा पत्नी कस्तूरी बाई यादव को पांच लाख रुपए तथा चार घायलों को 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए। पीड़ितों ने इस मुश्किल घड़ी में आर्थिक मदद भेजने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव का ह्रदय से आभार जताया है। हरदुआ गोलीकांड पीड़ितों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की खबर आने के बाद से पन्ना जिले के लोग समाजवादी पार्टी के मुखिया (SP Chief) एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सच्चा जनसेवक बताते हुए उनकी संवेदनशीलता, मानवता और सह्रदयता की मुक्त कंठ से सराहना कर रहे हैं। गोलीकांड पीड़ितों को चेक प्रदान करने वालों में सपा के पन्ना जिलाध्यक्ष दशरथ सिंह यादव, एडवोकेट सुशील खरे, राम सिंह यादव जमींदार, बाबूलाल यादव पूर्व उपाध्यक्ष बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण, बाला लोधी सरपंच उमरी, हरिराम लखेरा, यादव महासभा जिला अध्यक्ष नत्थू सिंह यादव, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अरविंद सिंह यादव, कंधी यादव, प्रताप यादव, पूर्व सरपंच कल्याण सिंह यादव शामिल रहे।
लोकसभा चुनाव 2024 : खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में 26 अप्रैल को होगा मतदान








