Home Blog Page 232

75 प्रतिशत अंक लाने वाले सभी स्टूडेंट्स को मिलेगा लैपटाॅप

12

कैरियर कांउसिलिंग कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की  घोषणा 

 जिले में खुलेगा कैरियर मार्गदर्शन केन्द्र 

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के हर प्रश्न का दिया समाधानकारक जवाब 

भोपाल  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 75 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले सभी विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिये लैपटॉप दिये जायेंगे। मुख्यमंत्री आज यहां ‘मुख्यमंत्री कैरियर काउंसलिंग पहल – हम छू लेंगे आसमाँ’ के दूसरे चरण के काउंसिलिंग सत्र को संबोधित कर रहे थे। स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास विभागों के संयुक्त तत्वावधान में 70 प्रतिशत से कम नंबर लाने वाले विदयार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन देने के लिए यह विशेष आयोजन किया गया। सभी जिलों में विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के संदेश को दूरदर्शन और आकाशवाणी के लाइव प्रसारण के माध्यम से सुना और आकाशवाणी के फोन इन कार्यक्रम के माध्यम से कैरियर संबंधी सवाल भी पूछे। मुख्यमंत्री ने संवेदनशील अभिभावक के रूप में विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिये।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने “हम छू लेंगे आसमाँ” कार्यक्रम में विद्यार्थियों के प्रश्नों के जवाब दिये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में उत्कृष्ट विद्यालय में कैरियर काउंसलिंग केन्द्र प्रारंभ किया जायेगा। काउंसलिंग सत्र समाप्त होने के बाद भी किसी बच्चे को जरूरत हो, तो वह उन केन्द्रों में जाकर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कम अंकों से घबराने और निराश होने की जरूरत नहीं है। कैरियर के कई रास्ते खुले है। कौशल और संपन्न मानव संसाधन की हर क्षेत्र में जरूरत है। उन्होंने विद्यार्थियों का आव्हान किया कि वे अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों का सम्मान करें। जो विषय पढ़ने में मन लगे, आनंद मिले, उसमें आगे बढें। जो कैरियर मन के करीब हो, उसे चुनें। उन्होंने कहा कि सबसे पहले लक्ष्य तय करें। फिर एक साफ-सुथरा रोडमेप बनायें और पूरी मेहनत से रोडमेप पर चलते रहें। सफलता अवश्य मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने गुरूदेव रविंद्रनाथ टैगोर, महात्मा गांधी, अमिताभ बच्चन, सचिन तेंदुलकर, महाकवि कालिदास, तुलसीदास, स्वामी विवेकानंद, जॉर्ज वाशिंगटन जैसे महान व्यक्तियों का उदाहरण देते हुए बताया कि परीक्षा में कम नंबर आने के बावजूद उन्होने अपने जीवन में महान कार्य किए हैं। उनके कार्यों को दुनिया याद करती है। ये हस्तियाँ कई पीढि़यों के लिये के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। श्री चौहान ने कहा कि सफलता के लिए कुछ कर गुजरने की तड़प होना जरूरी है। उन्होने कहा कि 10वीं और 12वीं पास होने वाले बच्चों के लिए विषय चुनना और आगे बढ़ने के लिए कैरियर चुनना कठिन काम होता है। उन्हें अच्छे मार्गदर्शन की जरूरत होती है। इसलिये कैरियर मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है। हर जिले और ब्लाक स्तर पर कैरियर मार्गदर्शन उपलब्ध है। उन्होने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि कैरियर मार्गदर्शकों के पास जाएँ, उनसे चर्चा करें, उन्हें अपनी रूचि बताएं। साथ ही भविष्य के लिये मार्गदर्शन प्राप्त करें और फिर अपना रास्ता तय करें।

प्रतिभाशाली गरीब विद्यार्थियों की फीस भरेगी सरकार-

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने “हम छू लेंगे आसमाँ” कार्यक्रम में विद्यार्थियों के प्रश्नों के जवाब दिये।

श्री चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री जन कल्याण योजना के अंतर्गत ऐसे सभी बच्चों की उच्च शिक्षा की फीस भरने का पूरी व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की गई है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों की पढ़ाई के लिए पैसों की कमी और असुविधाओं को बाधा नहीं बनने देंगे। हर बच्चे के लिए आसमान खुला है। भगवान ने सब बच्चों को एक समान बुद्धि दी है। बच्चों को अपनी बुद्धि का सही समय पर बेहतर से बेहतर उपयोग करना सीखना है। हर विद्यार्थी को आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में आने वाले नंबर जरूरी हैं लेकिन सिर्फ नंबर ही सब कुछ नहीं है। अच्छा क्रिकेट खिलाड़ी भी कई बार शून्य पर आउट होता है। कोई किसी से कम नहीं। हर विदयार्थी अनोखा है। विद्यार्थी को जीतने के लिए आगे बढ़ना। हर विद्यार्थी मध्यप्रदेश का भविष्य है। उन्हें संभालने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। सरकार की मंशा है कि वे रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें।

सेना में जाने के लिये मार्गदर्शन देने की होगी व्यवस्था-

मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर के बच्चों के कैरियर संबंधी सवालों के फोन-इन कार्यक्रम के माध्यम से जवाब दिए। सेना में भर्ती होने और सेना में नौकरी करने के लिए उचित मार्गदर्शन मांगने से संबंधित सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सेना में जाने के इच्छुक बच्चों की आवश्यक तैयारी और मार्गदर्शन के लिए जल्दी ही संस्थान की व्यवस्था की जाएगी। एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि आवश्यकतानुसार कृषि महाविद्यालय खोले जाएंगे। पढ़ाई के साथ-साथ स्पोर्ट्स में कैरियर बनाने से संबंधित सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि पढ़ाई और खेल में समन्वय रखना जरूरी है। खेलों में उत्कृष्टता का प्रदर्शन करने वाले बच्चों को विशेष सुविधाएं दी गई हैं। उन्हें सरकारी नौकरियों में भी अवसर दिए जा रहे हैं।

मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष सुधि रंजन मोहंती ने कैरियर काउंसलिंग पहल के संबंध में कहा कि मुख्यमंत्री की विशेष पहल पर इसकी शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि 70 प्रतिशत से ऊपर अंक लाने वालों की काउंसलिंग पहले चरण में 21 मई से 31 मई तक हो चुकी है। इसमें एक लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने भाग लिया और मार्गदर्शन प्राप्त किया। आठ जून से 15 जून तक काउंसलिंग का द्वितीय चरण आयोजित किया गया है। इसके लिए 1850 कैरियर मार्गदर्शक विशेष रूप से आमंत्रित किए गए हैं। इस मौके पर संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव भी मौजूद थे।

प्रदेश के प्रत्येक मजरे-टोले का पूर्ण विद्युतीकरण किया जायेगा

10

सीहोर जिले में ग्रामीणों के बीच पहुँचे मुख्यमंत्री श्री चौहान 

भोपाल   मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के प्रत्येक मजरे-टोले का पूर्ण विद्युतीकरण किया जायेगा। समाज के गरीब एवं कमजोर वर्गों तथा किसानों की भलाई के लिये प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। श्री चौहान आज विकास यात्रा में मौसम की बेरूखी के बाद भी सीहोर जिले में ग्राम किशनपुर, अकोला और शाहगंज पहुँचे। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अंचलों में लगभग 270 करोड़ के निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर जिले के बुधनी तहसील के ग्रामीण अंचलों में विकास यात्रा के दौरान कार्यक्रम में कन्या-पूजन किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्रामीणों को राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में विकास का रथ अब रूकेगा नहीं। प्रत्येक जरूरतमंद और मेहनतकश व्यक्ति को सम्मान मिलेगा और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री जन-कल्याण (संबल) योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना गरीबों, किसानों और सभी मेहनतकश लोगों के जीवन को खुशहाल बनाने के लिये लागू की जा रही है। श्री चौहान ने बताया कि 10 जून को प्रदेश के किसानों को कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत कृषि उपज की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुँचाई जायेगी। इसके बाद 13 जून को संबल योजना का क्रियान्वयन शुरू होगा। इस योजना में पंजीकृत हितग्राहियों को विभिन्न लाभकारी योजनाओं के हित-लाभ दिये जायेंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान का ग्रामीण अंचलों में आत्मीय स्वागत हुआ। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को अपने मन की हर बात बताई। मुख्यमंत्री ने भी ग्रामीणों को उनकी हरेक समस्या का निराकरण करने का विश्वास दिलाया। सीहोर जिले की विकास यात्रा में मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ जिले के प्रभारी मंत्री रामपाल सिंह, अपेक्स बैंक के सीईओ रमाकांत भार्गव, राज्य भंडार निगम के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, वन विकास निगम के अध्यक्ष गुरूप्रसाद शर्मा और अन्य जन-प्रतिनिधि भी गाँव-गाँव पहुँचे।

मध्यप्रेदश में विस चुनाव से पहले हार्दिक ने बढ़ाई सक्रियता

226

पन्ना पहुंचे पाटीदार नेता हार्दिक पटेल का हुआ भव्य स्वागत्

पन्ना। रडार न्यूज गुजरात के युवा पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शुक्रवार शाम सतना से भोपाल के लिए रवाना होते हुए श्री पटेल कुछ देर के लिए पन्ना में रूके जहां सतना-कटनी तिराहे पर कांग्रेस नेताओं, किसानों और समर्थकों द्वारा उनका स्वागत किया गया। गुजरात की दर्ज पर हार्दिक पटेल मध्यप्रदेश में भी पिछड़े वर्ग को एकजुट करने में जुटे है। पहली बार पन्ना आये श्री पटेल का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इसके बाद वे युवा नेता जीतेन्द्र जाटव के घर पर पहुंचे जहां कुछ देर रूकने के बाद वापिस भोपाल के लिए रवाना हो गये। अपने अल्प प्रवास के दौरान हार्दिक पटेल ने पन्ना के किसानों की स्थिति, उनकी समस्याओं और पिछड़े वर्ग के लोगों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने उन्हें पन्ना में आकर सभा करने के लिए आमंत्रित किया। जिसे विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हुए श्री पटेल ने आगामी समय में पुनः पन्ना आने का वादा किया।

पिछड़े वर्गों और किसानों के लिए जारी रहेगा संघर्ष-

पाटीदार आरक्षण आंदोलन चलाने वाले हार्दिक पटेल का कहना है कि मध्यप्रदेश में अब तक वे जहां-जहां भी वे गये है वहां पिछड़े वर्ग के लिए लोगों की स्थिति अच्छी नहीं है। पिछड़े वर्ग के लोगों को नौकरियों में पर्याप्त आरक्षण नहीं मिल रहा है। यहां के किसान भी काफी परेशान है। उन्हंे उपज का वास्तविक मूल्य नहीं मिल पा रहा है। कर्ज के बोझ तले दबे किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। युवा फायर ब्राण्ड नेता हार्दिक पटेल ने जोर देते हुए कहा कि वे गुजरात की दर्ज पर मध्यप्रदेश में भी पिछड़े वर्गों और किसानों की हितों के लिए संघर्ष करते रहेगें। पन्ना में श्री पटेल का स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से किसान नेता अजयवीर सिंह बमुरी, मीना सिंह यादव, बाला प्रसाद लोधी, मनीष मिश्रा, जीतेन्द्र जाटव, मनोज कुशवाहा आदि लोग शामिल रहे।

एमपी में पुलिस के संरक्षण में चल रहा पशु तस्करी का धंधा!

0
गौवंशीय पशुओं से भरे इसी ट्रक से वसूली को लेकर कटनी और पन्ना जिले की पुलिस के बीच हांथापाई हुई।

पशु तस्करों से वसूली को लेकर भिड़ी दो जिलों की पुलिस

पन्ना के शाहनगर थाना प्रभारी के साथ कटनी के आरक्षक ने की मारपीट

गौवंश का परिवहन कर रहे वाहन से वसूली को लेकर हुआ था विवाद

बदनामी के डर से जांच के नाम पर मामले को दबाने में जुटे पुलिस अधिकारी

पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश अजब है-गजब है, यहाँ जो कुछ भी हो रहा है शायद वह कम ही है। गौवंशीय पशुओं के संरक्षण की दुहाई देने वाली शिवराज सरकार के राज में उनकी ही पुलिस के संरक्षण में पशु तस्करी का गोरखधंधा चल रहा है। गुरूवार की रात पन्ना और पड़ोसी जिले कटनी पुलिस के बीच पशु तस्करों से वसूली को लेकर हुआ विवाद इस बात का प्रमाण है। गौवंशीय पशुओं का परिवहन कर रहे ट्रक से इन्ट्री वसूली को लेकर दोनाेें जिलों के सीमावर्ती थानांे की पुलिस आपस में उलझ गई और देखते ही देखते उनके बीच मारपीट की नौबत आ गई। पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली इस घटना में पन्ना के शाहनगर थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल आठ्या के साथ कटनी जिले के कुठला थाना के आरक्षक अजय दुबे के ऊपर मारपीट करने के आरोप लग रहे है। वहीं कटनी पुलिस का कहना है कि शाहनगर थाना प्रभारी उनके क्षेत्र मेें आकर अपने पद का रौब दिखाते हुए गौवंश से भरे ट्रक को छोड़ने का अनुचित तरीके से दबाव डाल रहे थे, मना करने पर वह गालीं-गालौंज पर उतर आये।

वाहन छोड़ने से मना करने पर हुई हाथापाई

कटनी जिले के कुठला थाना में बैठे शाहनगर थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल आठ्या।

कटनी पुलिस के अनुसार पन्ना जिले के शाहनगर थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल आठ्या गुरूवार रात को मवेशियों से भरे एक ट्रक को छोड़ने के लिए अपने थाना क्षेत्र से लगी कटनी जिले की सीमा तक पहुंच गये। कटनी जिला सीमा प्रवेश पर कुठला थाना क्षेत्र है। जहां कुठला थाने का पुलिस बल रात्रि में चैकिंग प्वाइंट लगाकर वाहनों की चैकिंग कर रहा था। शाहनगर की ओर से आये मवेशियों से भरे ट्रक कमांक एचआर 73-0985 को कुठला पुलिस ने रोक लिया। वाहन चालक ने बातचीत करने के बाद किसी को फोन लगाया और चंद मिनट बाद ही डायल 100 वाहन से शाहनगर थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल आठ्या मौके पर पहुंच गये। कथिततौर पर चैक पोस्ट पर वाहन को रोकने से नाराज श्री आठ्या स्थानीय पुलिसकर्मीयों पर बरस पड़े। आगबबूला टीआई को समझाने के लिए कुठला थाने के आरक्षक अजय दुबे ने बातचीत करने का प्रयास किया लेकिन थाना प्रभारी किसी की सुनने को तैयार नहीं थे, जिसको लेकर हुये विवाद में मामला झूमाझटकी और हांथापाई तक पहुंच गया।

इंट्री शुल्क लेकर निकाल रहे थे वाहन-

उधर, पन्ना पुलिस का कहना है कि बीते कुछ दिनों से मवेशियों से भरे वाहनों को जिले की सीमा से निकालने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायत थी कि पुलिस रूपये लेकर वाहनों को छोड़ रही है।

हंगामा बढ़ने पर कुठला थाना पहुंचे सीएसपी ने दोनों पक्षों को सुनकर विवाद की जानकारी ली।

कल रात शाहनगर थाना प्रभारी मुखबिर से मिली सूचना पर जब सीमावर्ती क्षेत्र में पहुंचे तो गौवंशीय पशुओं से भरे ट्रक से वसूली कर रहे कुछ लोग मौके से भाग खड़े हुए। पीछा करते हुए शाहनगर थाना प्रभारी पड़ोसी जिला कटनी के कुठला थाना के सीमा में पहुंच गये। जहां पर आरक्षक अजय दुबे ट्रक चालक से कथिततौर पर रूपये लेकर सीमा पार कराने का सौदा कर रहा था। श्री आठ्या को देखते ही वह सकते में आ गया। शाहनगर थाना प्रभारी ने जब उसे फटकार लगाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही तो दोनों के बीच विवाद हो गया। मामले के तूल पकड़ने पर आरक्षक ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुलाकर शाहनगर थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल आठ्या के साथ मारपीट कर दी। दो जिलों की पुलिस की आपसी लड़ाई की खबर जब देर रात वरिष्ठ अधिकारियों को लगी तो इस घिनौने कृत्य से विभाग की बदमानी के डर से मामले की जांच का हवाला देते हुए इसे दबाने की कवायद शुरू हो गई। दोनों ही जिलों के अधिकारी इस मामले पर खुलकर कुछ बोलने के बजाय गोलमोल जबाब दे रहे है।

इनका कहना है-

‘‘शाहनगर थाना प्रभारी रामेश्वर दयाल आठ्या के साथ कटनी के कुठला के आरक्षक द्वारा अभ्रदता की गई है। जहां तक मुझे मामले की जानकारी है, रात्रि में शाहनगर थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गौवंशीय पशुओं से भरे वाहन से वसूली कर रहे है। थाना प्रभारी जब मौके पर पहुंचे तो संदिग्ध व्यक्ति भाग खड़े हुए, जिनका पीछा करते हुए थाना प्रभारी कुठला थाने की सीमा पर पहुंच गये जहां यह विवाद हुआ। इस मामले की जांच कुठला थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पशुओं का परिवहन करने वाले वाहनों से इंट्री वसूली की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी ही दे सकते है।‘‘
                                                                       बी.के.एस परिहार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना।

गरीबों का गृह प्रवेश कराकर बांटे गैस कनेक्शन

0
विकास यात्रा के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह।

पवई विधानसभा क्षेत्र के ग्रामों में पहुंची विकास यात्रा

रैपुरा (पन्‍ना)। रडार न्‍यूज मध्यप्रदेश में आसन्न विधानसभा चुनाव से ठीक पहले तथा केन्द्र की नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व वाली सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा गांव-गांव विकास यात्रा निकाली जा रही है। इसका उद्देश्य प्रदेश व केन्द्र की भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों से जन-जन को अवगत कराना है। पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र के रैपुरा मण्डल अंतर्गत गुरूवार को पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में विकास यात्रा ने ग्राम बघवार, रूपझिर, रैपुरा, बागरौड़ आदि ग्रामों का भ्रमण किया। इस अवसर पर बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव, किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश सोनी प्रमुख रूप से यात्रा में शामिल रहे। भाजपा के प्रदेश मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी ग्रामों में लोगों से सीधे रूबरू होते हुए उन्हें बताया कि प्रदेश की शिवराज सरकार द्वारा किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने के लिए भावांतर योजना चलाई जा रही है। पिछले वर्षों में किसानों से उपार्जित गेंहू की बोनस राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई है। विभिन्न श्रेणी के श्रमिकों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना चलाई जा रही है। गरीबों और किसानों को सस्ती दरों पर बिजली प्रदाय करने का निर्णय भी मुख्यमंत्री शिवराज  चौहान ने लिया है। श्री सिंह ने बताया कि केन्द्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा गरीब बहिनों की आंखों से धुएं के आंसू पोंछने के लिए उज्जवला योजना अंतर्गत निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किये जा रहे है। बुविप्रा उपाध्यक्ष महेन्द्र यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चार वर्ष के शासनकाल में भारत की प्रतिष्ठा और गौरव अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है। मोदी सरकार भ्रष्टाचार पर कड़ा सिंकजा कसते हुए गरीबों का जीवन स्तर संवारने के लिए ईमानदारी से कार्य कर रही है। किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश सोनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि गांवों को स्वच्छ और निर्मल बनाने की यह योजना आज जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति के घरों में शौंचालय का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही गरीबों को सम्मानपूर्वक रहने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत पक्की छत मुहैया कराई जा रही है। आपने कहा कि प्रदेश की शिवराज और केन्द्र की मोदी सरकार ने विकास और सेवा के नये प्रतिमान स्थापित किये है।

रूपझिर तक बनाओ नहर –

उज्जवला योजना के तहत् महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरित करते भाजपा नेता।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया गया। साथ ही उज्जवला योजना अंतर्गत महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किये गये। पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने विकास यात्रा पश्चात ग्रामीणों से उनकी समस्यायें सुनीं और मौके पर ही उनका निराकरण कराया गया। रूपझिर के ग्रामीणों द्वारा खेतों की सिंचाई हेतु अधूरी पड़ी इमलिया बांध की नहर का निर्माण कराने की ओर ध्यान आकृष्ट कराया जिस पर श्री सिंह ने कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग पवई से मोबाईल पर चर्चा करते हुए उन्हें वर्षाकाल के पश्चात रूपझिर तक नहर का निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिये। साथ ही कृषि की विद्युत लाईन को गांव के बाहर से निकालने हेतु कार्यपालन अभियंता ओपी सोनी से चर्चा की गई।

ये रहे उपस्थित-

रैपुरा मण्डल में विकास यात्रा में भ्रमण के दौरान किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष जागेश्वर शुक्ला, बीपी लोधी, मंडल अध्यक्ष राकेश जैन, गुड्डू चौबे, पूरन जमींदार, मंगल जमींदार, सुखराम लोधी, सुरेंद्र पाण्डेय, लखन साहू, युवा मोर्चा जिला मंत्री आशीष सोनी, मंडल अध्यक्ष अमित कुशवाहा, आईटी सेल सुमित, विक्की अग्रवाल, रूप चंद, हाकम यादव, गुड्डू यादव, तखत सिंह आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना से खुश हैं बुजुर्ग

1

 भोपाल प्रदेश के हजारों बुजुर्ग मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना का लाभ उठा रहे हैं और प्रदेश के बाहर स्थापित तीर्थ-स्थलों के दर्शन कर अपने आपको तृप्त महसूस कर रहे हैं, खुश हैं। देवास जिले के चंपालाल पटेल, बसंती बाई और देवकरण पटेल ने हाल ही में वैष्णों देवी तीर्थ-स्थल की यात्रा की। चंपालाल पटेल कहते हैं कि मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना से हमारा वो सपना पूरा हुआ, जो हम कभी सिर्फ सोचते थे। हम सौभाग्यशाली हैं कि बुढ़ापे में तीर्थ-दर्शन कर पा रहे हैं। महिला तीर्थ यात्री बसंती बाई वैष्णो देवी की यात्रा अपने पति के साथ कर रही हैं। बहुत खुश हैं कि इस यात्रा में उनके खाने-पीने और स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 65 साल से ज्यादा उम्र के गैर-आयकरदाता तीर्थ-यात्रियों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ मिलता है। इस योजना में 60 प्रतिशत दिव्यांग व्यक्ति भी तीर्थ-दर्शन यात्रा के लिये पात्र हैं।

संबल योजना की निगरानी समिति में होगी महिलाओं की भागीदारी – मुख्यमंत्री

11
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छिंदवाड़ा में असंगठित श्रमिक सम्मेलन में तेन्दूपत्ता संग्राहकों को चरण-पादुका पहनाई।

छिन्दवाड़ा जिले के सिंगोड़ी में कॉलेज और अमरवाड़ा में आईटीआई खुलेगा 

मुख्यमंत्री ने छिन्दवाड़ा जिले को दी 87 करोड़ के निर्माण कार्यों की सौगात 

32 हजार तेन्दूपत्ता संग्राहकों को मिली 6 करोड़ 74 लाख बोनस राशि 

भोपाल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की भलाई के लिये क्रियान्वित मुख्यमंत्री जन-कल्याण (संबल) योजना की पंचायत और वार्ड-स्तर पर सतत निगरानी की जायेगी। निगरानी का उद्देश्य होगा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना। उन्होंने कहा कि निगरानी समिति 5 सदस्यीय होगी और इसमें महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जायेगी। श्री चौहान आज छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा नगर में तेन्दूपत्ता संग्राहक एवं असंगठित श्रमिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने छिंदवाड़ा में असंगठित श्रमिक सम्मेलन में नीट की परीक्षा में सफल 13 विद्यार्थियों के साथ।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर घोषणा की कि सिंगोड़ी में सरकारी कॉलेज और अमरवाड़ा में आईटीआई खोली जायेगी। उन्होंने कहा कि शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की पर्याप्त संख्या होने पर एमएससी पाठ्यक्रम की क्लासेस भी प्रारंभ करवाई जायेंगी। श्री चौहान ने नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके साथ फोटो निकलवाई। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हित-लाभ भी वितरित किये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सम्मेलन में छिन्दवाड़ा जिले में लगभग 87 करोड़ लागत के 21 निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। करीब 32 हजार तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों को 6 करोड़ 74 लाख रुपये बोनस राशि ऑनलाइन वितरित की। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में आये तेन्दूपत्ता संग्राहकों को चरण-पादुकाएँ पहनाईं और पानी की कुप्पी भेंट की। महिला तेन्दूपत्ता संग्राहकों को साड़ियाँ भेंट की गईं। श्री चौहान ने सम्मेलन में गरीब, श्रमिक और किसान कल्याण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संबल योजना में श्रमिकों के साथ-साथ गरीब तबके के अन्य वर्गों और ढाई एकड़ तक की भूमि के स्वामित्व वाले किसानों को भी लाभान्वित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि संबल योजना इन वर्गों को समाज की मुख्य-धारा से जोड़ेगी। सम्मेलन में राष्ट्रीय अनुसूचित-जनजाति आयोग की उपाध्यक्ष सुश्री अनुसुईया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांता ठाकुर, महापौर श्रीमती कांता सदारंग, भारिया विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला भारती, विधायक सर्वश्री चौधरी चन्द्रभान सिंह, पं. रमेश दुबे, नानाभाऊ मोहोड़ और नत्थन शाह कवरेती, महाकौशल विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतोष जैन, अन्य जन-प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में तेन्दूपत्ता संग्राहक, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

 

‘‘ताखौरी गैंगरेप काण्ड‘‘ के आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर

0

आक्रोशित ब्राह्मण समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी

वसूली में व्यस्त पन्ना पुलिस सिर उठाने लगे बेखौफ अपराधी

रैपुरा/पन्ना। रडार न्यूज   मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के ताखौरी गैंगरेप काण्ड के लगभग 72 घंटे बाद भी पुलिस वारदात में शामिल वहशी दरिंदों को गिरफतार नहीं कर पाई है। नामजद आधा दर्जन आरोपियों में अब तक एक की भी गिरफतारी न हो पाने से क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर जबरदस्त आक्रोश-असंतोष व्याप्त है। सभ्य समाज को झकझोर देने वाली इस घटना की ब्राह्मण समाज ने बेहद कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पुलिस अधीक्षक रियाज इकबाल को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे के अंदर गिरफतारी न होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

पुलिस अधीक्षक रियाज इकबाल को रैपुरा में ज्ञापन सौंपते ब्राम्‍हण समाज के लोग

बढ़ते जनाक्रोश के बीच गैंगरेप के आरोपियों रामू यादव व राजेन्द्र यादव निवासी ग्राम किशुनपाटन एवं उनके चार दोस्तों संतोष यादव, बहादुर यादव, लालू यादव, राजाभईया यादव सभी निवासी ग्राम ताखौरी की धरपकड़ के प्रयास तेज करते हुए पुलिस की चार टीमें इस काम में जुटी है। आरोपियों के गिरफतारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन अब तक पुलिस को इसमें कोई सफलता नहीं मिली है। मालूम हो कि वारदात के बाद कुछ आरोपियों के परिजन घरों में ताले लगाकर भूमिगत हो गये है। जबकि कुछ घरों में सिर्फ महिलायें ही मौजूद है। उधर 6 कामांध दरिंदों की हवश का शिकार बनी अनीता (परिर्विर्तत नाम) अभी भी उपचार हेतु कटनी जिला चिकित्सालय में भर्ती है। सूत्रों से पता चला है कि पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट में उसके साथ बलात्कार होने की पुष्टि हुई है।

धरपकड़ में जुटी चार टीमें

पुलिस अधीक्षक ने गैंगरेप के अरोपियों की धरपकड़ के लिए पन्ना से खासतौर पर कोतवाली थाना टीआई अरविंद कुजूर, उप निरीक्षक अंजना दुबे एवं पवई से एसडीओपी बीएस परिहार के नेतृत्व में कुशल पुलिस आरक्षकों की अलग-अलग टीमें रैपुरा भेजी है। इसके अलावा रैपुरा थाना प्रभारी सुरेन्द्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस टीम पहले से ही आरोपियों की धरपकड़ हेतु चप्पे-चप्पे की खाक छानने में जुटी है। कुछ लोगों का मानना है कि इतनी बड़ी वारदात के सामने आने के बाद पुलिस ने यदि तत्परता से कार्यवाही की होती तो आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिल पाता। उल्लेखनीय है कि पन्ना जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र के ताखौरी गांव में 3 जून की मध्य रात्रि में अपने घर के आंगन में सोई अनीता 21 वर्ष का रंजिश के चलते सरपंच पुत्रों और उनके दोस्तों ने अपहरण कर बारी-बारी से उसकी आबरू को तार-तार किया था। इस सनसनीखेज वारदात के लगभग 24 घंटे बाद अनीता अचेत अवस्था में गांव में ही पड़ी मिली थी। 5 जून की देर रात रैपुरा स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार के बाद अनीता को बेहतर इलाज के लिए पड़ोसी जिला कटनी रेफरल किया गया था। जहां के जिला चिकित्सालय में अभी भी उसका इलाज जारी है।

सक्रिय हुए अपराधी-

रेत खदानों और वाहनों से इण्ट्री वसूली में व्यस्त पन्ना पुलिस की लचरता के कारण अपराधी तेजी से सक्रिय हो गये है। पन्ना के गल्ला मण्डी के समीप हवाई फायर होना, गुनौर थाना अंतर्गत इमलिया के समीप राहगीर के साथ बदमाशों द्वारा कट्टे की नाेेंक पर लूटपाट करना और घर से युवती का अपहरण कर गैंगरेप की स्तब्ध कर देने वाली जघन्य घटनायें इस बात का प्रमाण है कि पन्ना में अपराधी बेखौफ हो चुके है। अभी ज्यादा समय नहीं हुआ जब कुछ माह पूर्व अमानगंज थाना अंतर्गत जिला बदर के कुख्यात आरोपी देवराज सिंह ने पुलिस के डायल 100 वाहन का उपयोग करते हुए एक युवती का अपहरण किया था।

अवैध खनन के मामले में बुन्देलखण्ड का बेल्लारी बना पन्ना

1
प्रतीकात्‍मक फोटो

 खदान की लीज समाप्त फिर भी जारी है पत्थर खनन

कल्दा पठार में खुलेआम चल रहीं है अवैध पत्थर खदानें

पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में बहुमूल्य खनिज सम्पदा को पिछले कई सालाेें से शासन-प्रशासन के अघोषित संरक्षण मेें खुलेआम लूटा जा रहा है। अवैध खनन के मामले में बुन्देलखण्ड का बेल्लारी बन चुके इस जिले की हालत इतनी खराब है कि यहां पर हर तरफ अवैध उत्खनन चल रहा है। राजनेताओं-जनप्रतिनिधियों, माफियाआेें और प्रशासनिक अफसरों का भ्रष्ट गठबंधन रेत के लिए जहां नदी-नालों को खोखला कर रहा है, वहीं पत्थर-पटिया के लिए विंध्य पर्वत श्रृंखला के पहाड़ों का सीना चीरा जा रहा है। सफेद हीरों के अवैध उत्खनन का काला कारोबार भी यहां अपने चरम पर है। अवैध खनन की रोकथाम को लेकर प्रशासन द्वारा समय-समय पर की जाने वाली कार्यवाही महज औपचारिकता तक सीमित होकर रह गई है। परिणामस्वरूप अवैध उत्खनन पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।

प्रतिदिन लगा रहे लाखों की चपत-

पन्ना जिले में खनन माफिया कितने हावी है इसका पता इस बात से लगाया जा सकता है कि यहां के कल्दा पठार के जैतूपुरा, जनपुरा ग्रामों में स्थित जिन फर्शी पत्थर खदानांे की लीज काफी पहले समाप्त हो चुकी है उनसे अभी भी धड़ल्ले से प्रतिदिन 1 से 2 ट्रक पत्थर-पटिया निकाला जा रहा है। इसके अलावा इन दोनों ग्रामों में शासकीय भूमि, तालाब और निजी आराजी पर भी आधा दर्जन अवैध पत्थर खदानें चल रही है। खनन कारोबार से जुड़े सूत्रों की मानें तो श्रीमती रूपिन्द्रर कौर, तीरथ लोधी की ग्राम जैतूपुरा व राजकिशोर शर्मा एवं सुनील पाण्डेय की जनपुरा ग्राम में स्थित खदान की लीज कई माह पूर्व समाप्त हो चुकी है। इसकी जानकारी पवई-शाहनगर के राजस्व अधिकारियों से लेकर क्षेत्रीय खनिज निरीक्षक व जिला खनिज अधिकारी को भी है। लेकिन इसके बाद भी उक्त खदानों से प्रतिदिन लाखों रूपये मूल्य का फर्शी पत्थर निकालकर बेंचा जा रहा है। इससे शासन को दोहरी क्षति उठानी पड़ रही है। लीज समाप्ति के बावजूद फर्शी पत्थर खदानें संचालित होने से जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर प्रश्न चिन्ह लग रहा है। अघोषित तौर पर प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त पत्थर माफियाओं के हौंसले इतने बुलंद है कि वे लीज समाप्ति वाली खदानों के साथ-साथ कई अवैध खदानें भी जैतूपुरा और जनपुरा में चला रहे है। इन खदानों के पत्थर का परिवहन अन्य खदानाेें के ई-पिटपास पर किया जा रहा है।

जानबूझकर अनदेखी कर रहे अधिकारी-

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों कलेक्टर के निर्देश पर पवई तहसील क्षेत्र की खदानों की सीमांकन की कार्यवाही तहसीलदार व नायब तहसीलदार द्वारा की गई थी। इस दौरान कुछेक अवैध खदानें पकड़ी गई थी और उनमें मिले फर्शी पत्थर को जप्त कर तुड़वाया गया था। प्रशासन की इस हालिया कार्यवाही के बावजूद कल्दा पठार के जनपुरा और जैतूपुरा में अवैध पत्थर खदानें संचालित होने से यह बेहतर तरीके से समझा जाता है कि पन्ना में जिम्मेदार अधिकारी अवैध खनन को रोकने के लिए कितनी ईमानदारी से काम कर रहे है?

जैतूपुरा-जनपुरा की वे खदानें जिनकी लीज अवधि समाप्त हो चुकी है-

पट्टेदार का नाम स्वीकृत खदान रकवा हे. लीज अवधि
राजकिशोर शर्मा  जनपुरा  2.00 16/10/07  से 15/10/17
तीरथ प्रसाद लोधी  जैतूपुरा  2.00 07/03/08  से 06/03/18
रामकुमार  जैतूपुरा 1.650 17/04/07   से 16/04/17
कुंजबिहारी पाण्डेय  जैतूपुरा  1.00  07/01/07  से 06/01/17
सुनील पाण्डेय जनपुरा  1.00 30/11/07   से 29/11/17
रूपिन्द्रर कौर  जैतूपुरा  1.25 31/01/08   से 30/01/18
मोहन देवी बागरी  जैतूपुरा  1.00 03/03/08   से 02/03/18
मदन पाण्डेय  जैतूपुरा  1.00  24/07/07   से 23/04/17

इनका कहना है-

‘‘पत्थर खदानों के सीमांकन के दौरान कई स्थानों पर संचालित मिली अवैध खदानों के विरूद्ध कार्यवाही की गई है। फिर भी यदि किसी स्थान पर अवैध खदानें चल रही हैं तो आप मुझे नाम वाट्सएप्प कर दें, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।‘‘
                                                                     -अभिषेक सिंह, एसडीएम पवई जिला पन्ना

पौधारोपण अभियान में लम्बी आयु वाले पौधों को दें प्राथमिकता

1
उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय परिसर में वटवृक्ष का पौधा लगाया।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने बीयू परिसर में किया सड़क डामरीकरण कार्य का शिलान्यास

भोपाल। उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा है कि 15 जुलाई से 15 अगस्त तक होने वाले पौधरोपण अभियान में ऑक्सीजन उत्सर्जन और लम्बी आयु वाले पौधों को प्राथमिकता दी जाये। श्री पवैया आज बरकतउल्ला विश्वविद्यालय परिसर में सड़कों के डामरीकरणध्नवीनीकरण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने परिसर में वट-वृक्ष का पौधा भी लगाया। मंत्री श्री पवैया ने कहा कि पौधरोपण करने के बाद उसकों पालने और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी लेनी होगी। उन्होंने कहा कि भोपाल में शुरू से ही हरियाली पर विशेष ध्यान दिया गया है। विश्वविद्यालय परिसर में भी हरियाली की चिन्ता की गई है। श्री पवैया ने कहा कि परिसर में आगामी अभियान के समय वट-वृक्ष और पीपल आदि सहित लम्बी आयु वाले पौधे लगाने की योजना बनाई जाये। उन्होंने कहा कि पीढ़ियाँ चली जाती हैं, लेकिन पेड़ सैकड़ों वर्षो से भी ज्यादा समय तक छांव एवं ऑक्सीजन देते रहते हैं। श्री पवैया ने वट-वृक्ष, पीपल और तुलसी के पौधों का महत्व भी समझाया। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि परिसर में सड़कों के डामरीकरण और नवीनीकरण के काम गुणवत्ता पूर्ण हों। काम ऐसा हो कि कम से कम एक दशक तक सड़कों के मरम्मत की जरूरत नहीं पड़े। कुलपति प्रो. डी.सी.गुप्ता ने बताया कि परिसर में 12 किलो मीटर सड़क का डामरीकरण, चैड़ीकरण और नवीनीकरण किया जाएगा।