Home Blog Page 207

मध्यप्रदेश | भाजपा ने 177 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, पवई से बृजेंद्र और गुनौर से राजेश को मिला टिकिट

0

* पन्ना विधानसभा सीट से प्रत्याशी को लेकर कयासों का दौर जारी

* अगले कुछ दिनों में घोषित होंगे शेष 53 प्रत्याशियों के नाम

* बुधनी विधानसभा सीट से सीएम शिवराज लड़ेंगे चुनाव

* मंत्री गौरीशंकर शेजवार की जगह उनके बेटे को मिला टिकिट

भोपाल/नई दिल्ली रडार न्यूज   मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार 2 नवंबर को 230 विधानसभा सीटों में से 177 पर उम्मीदवारों के नाम पहली सूची जारी कर दी। शेष 53 सीटों पर अगले कुछ दिनों में प्रत्याशियों के नामों की घोषणा हो सकती है। जारी सूची के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी सीट से ही चुनावी समर में उतरेंगे। पन्ना जिले की चर्चित पवई विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह और अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित गुनौर सीट से मौजूदा विधायक महेंद्र बागरी की टिकिट काटते हुए पूर्व विधायक राजेश वर्मा को उम्मीदवार घोषित किया गया है। पन्ना सीट पर फिलहाल प्रत्याशी के नाम का ऐलान न होने से कई तरह के कयास लगाए जा रहे है। पन्ना सीट मंत्री कुसुम सिंह की परंपरागत सीट है। बढ़ते इंतजार के बीच यहां पर लोगों की दिलचस्पी इस बात को लेकर है कि भाजपा पन्ना से पुनः अपनी सबसे सशक्त, सफल और स्वाभाविक दावेदार कुसुम महदेले को ही चुनावी मैदान उतारती या फिर उनकी उम्र को आधार मानकर किसी नये नेता को मौका दिया जायेगा।
सांकेतिक फोटो।

भाजपा की जारी सूची के अनुसार मंत्री माया सिंह का ग्वालियर पूर्व सीट से टिकट कट गया है। उल्लेखनीय है एक दिन पूर्व दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक संपन्न हुई थी। जिसमें उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया था। इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए थे। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में बनी के पश्चात् इस समिति के सचिव जगत प्रकाश नड्डा के हस्ताक्षर से आज भाजपा ने पहली सूची जारी की है।

चला भाई-भतीजावाद

खजुराहो सांसद नागेंद्र सिंह को नागौद से प्रत्याशी बनाया है। मंत्री हर्ष सिंह का टिकिट काटकर उनके बेटे विक्रम सिंह को रामपुर बघेलान से उम्मीदवार बनाया गया है।
मंत्री गौरीशंकर शेजवार की जगह उनके बेटे मुदित शेजवार को उम्मीदवार बनाया।
छतरपुर जिले की चंदला सीट से विधायक आरडी प्रजापति का टिकिट काटकर उनके पुत्र राकेश प्रजापति को प्रत्याशी बनाया गया।
छतरपुर से विधायक एवं मंत्री ललिता यादव को इस बार बड़ा मलहरा सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है।
देवास सांसद मनोहर ऊंटवाल को आगर सीट से उम्मीदवार बनाया है।
व्यापमं घोटाले के आरोपी पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा के भाई उमाकांत शर्मा को सिरोंज सीट से टिकिट दिया है।
सुमावली से विधायक सत्यपाल सिंह का टिकिट काटकर उनके भाई सतीश सिकरवार को ग्वालियर पूर्व से टिकिट दिया गया है। ग्वालियर पूर्व से विधायक एवं मंत्री माया सिंह का टिकिट कट गया है।
भाजपा के उम्मीदवारों की सूची-

 

 

2

कांग्रेस | टिकिट बंटवारे पर दिग्विजय और सिंधिया में तकरार, राहुल के सामने हुई बहस

0
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह व ज्योतिरादित्य सिंधिया।

विवाद को सुलझाने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बनाई कमेटी

आज देर शाम जारी हो सकती है कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची

भोपाल। रडार न्यूज   मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए टिकिट वितरण को लेकर कांग्रेस में प्रदेश के शीर्ष नेताओं के बीच गुटबाजी के चलते तकरार होने की चर्चायें सुनाई दे रही हैं। मीडिया में आ रहीं ख़बरों के अनुसार बुधवार को दिल्ली में देर रात तक चली कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच कुछ टिकिटों को लेकर बहस हो गई। यह सब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में हुआ। कथित तौर पर हुए इस विवाद को सुलझाने के लिए राहुल गांधी ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में कांग्रेस के सीनियर नेता अशोक गहलोत, वीरप्पा मोइली और अहमद पटेल शामिल हैं।
मालूम हो कि कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन के लिए बुधवार को केंद्रीय चुनाव समिति की तीसरी और आखिरी बैठक थी, जिसमें उभरे विवाद को सुलझाने के लिए चुनाव समिति ने दिग्विजय और सिंधिया के साथ देर रात तक बैठक की। हालांकि, इस मसले पर मीडिया में आ रहीं रिपोर्ट पर वीरप्पा मोइली ने स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश में टिकिट वितरण को लेकर उनकी पार्टी के नेताओं के बीच किसी तरह कोई विवाद नहीं है। इस बीच गुरुवार देर शाम कांग्रेस की पहली सूची जारी होने की उम्मीद की जा रही है। इस सूची में उन सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित हो सकते जिन पर पहले सहमति बन चुकी है।
2

प्रदेश के पुलिस थानों में जमा कराये गये 2 लाख 48 हजार 493 शस्त्र

0
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी व्ही.एल. कान्ता राव।

कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से की गई आवश्यक कार्यवाही

भोपाल । रडार न्यूज  मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी व्ही.एल. कान्ता राव ने बताया है कि आदर्श आचरण संहिता लगने के बाद 6 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2018 तक प्रदेश में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से 25 हजार 611 गैर जमानती वारंट तामील करवाये गये हैं। साथ ही 2 हजार 343 अवैध हथियार जब्त किये गये हैं और 2 लाख 48 हजार 493 शस्त्र थानों में जमा कराये गये हैं। सम्पत्ति विरूपण के अन्तर्गत 15 लाख 22 हजार 812 प्रकरण पंजीबद्ध किये गये हैं, जिनमें से 14 लाख 71 हजार 703 प्रकरणों में कार्यवाही की गयी है। शासकीय सम्पत्ति विरूपण में 11 लाख 84 हजार 234 प्रकरण पंजीबद्ध कर 11 लाख 52 हजार 111 प्रकरणों में कार्यवाही की गई है। निजी सम्पत्ति विरूपण के अंतर्गत 3 लाख 38 हजार 578 प्रकरण पंजीबद्ध कर 3 लाख 19 हजार 592 प्रकरणों में कार्यवाही की गई है। वाहनों के दुरूपयोग पर 9 हजार 54 प्रकरण पंजीबद्ध किये गये हैं।
2

बड़ी मात्रा में अवैध देशी-हाथ भट्टी शराब जप्त

0
सांकेतिक फोटो।

पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण किया पंजीबद्ध

पन्ना। रडार न्यूज  कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनोज खत्री के निर्देशन में एवं इन्द्रजीत सिंह चौहान जिला आबकारी अधिकारी पन्ना के मार्गदर्शन में अवैध देशी-विदेशी मदिरा पर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी उपनिरीक्षक रमाकांत बघेल हमराह आबकारी बल द्वारा रविवार 27 अक्टूबर 2018 को आरोपी गणेश यादव निवासी मुटवाकला कब्जे से 21 पाव देशी मदिरा सादा एवं आरोपी महेन्द्र यादव निवासी मुटवाकला कब्जे से 19 पाव देशी मदिरा सादा जप्त की गयी। वृत्त पवई अन्तर्गत सहायक जिला आबकारी अधिकारी शोभनाथ राय, एम.एल. चौधरी आबकारी उपनिरीक्षक संभागीय उड़नदस्ता सागर, आबकारी उपनिरीक्षक कृष्णकुमार पटेल एवं सुश्री दीपाली भोजक हमराह आबकारी बल द्वारा आरोपी श्रीमती पूनम लोधी निवासी हरदुआ के कब्जे से 5 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब एवं 90 किलो महुआ लाहन, आरोपी ओमप्रकाश लोधी निवासी बनौली के कब्जे से 2 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब तथा आरोपी श्रीमती भाना बाई आदिवासी निवासी टपरन बनौली के कब्जे से 4 लीटर हथ भट्टी महुआ शराब जप्त की गयी। इस प्रकार कुल 5 प्रकरणों में 18.2 बल्क लीटर देशी-हाथ भट्टी मदिरा जप्त कर आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1)के अन्तर्गत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।

2

कार्रवाई | पेट्रोल पंप में डकैती डालने की योजना बना रहे 4 सशस्त्र युवकों को पुलिस ने दबोंचा

0
सांकेतिक फोटो।

आरोपियों से 2 देशी कट्टा, 4 जिंदा कारतूस, चाकू और नकदी जप्त

अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकला एक आरोपी

पन्ना। रडार न्यूज   जिले की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चार सशस्त्र युवकों को गिरफ्तार किया है, पुलिस का दावा है कि पकड़े गए आरोपी मिश्रा पेट्रोल पंप में डकैती डालने की योजना बना रहे थे। इनका एक साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकलने में सफल हो गया। देवेंद्रनगर थाना के ग्राम बड़वारा स्थित आम के बगीचे की पुलिस पार्टियों द्वारा घेराबंदी कर पकड़े बदमाशों में सूरत खां पिता इस्लाम खां 28 वर्ष, अनीस खां पिता इस्लाम खां 17 साल दोनों निवासी बडागाँव झिर थाना देवेन्द्रनगर, निगम खां पिता मजहम खां 29 वर्ष और निकत खां पिता अब्दुल समद उम्र 19 साल निवासी परषोत्तमपुर थाना कोतवाली पन्ना शामिल हैं। कोतवाली थाना पन्ना के निरीक्षक अरविंद कुमार कुजूर द्वारा उक्त आरोपियों की गिरफ़्तारी के संबंध में सोशल मीडिया पर जारी विवरण के अनुसार इनसे पास से दो 12 बोर के देशी कट्टा, 4 नग जिंदा कारतूस एक लोहे की साँग व एक चाकू, दो चालू टार्च, 3470 रूपये व अन्य सामग्री जप्त होना बताया गया है। पूंछतांछ में इनके द्वारा भागने वाले बदमाश का नाम अब्दुल समद पिता मजहम खां 45 निवासी ग्राम पुरषोत्तमपुर पन्ना का होना बताया गया। जिसकी टीआई श्री कुजूर ने तलाश जारी होने की जानकारी दी है। उन्होंने पकड़े गए बदमाशों तथा उनसे जप्त सामग्री का फोटो भी जारी की है।

पुलिस अधिकारी-कर्मचारी होंगे पुरस्कृत

पकड़े गए आरोपी और उनसे जप्त हथियार व अन्य सामग्री।
प्राप्त जानकारी अनुसार बुधवार 24 अक्टूबर को पुलिस थाना देवेन्द्रनगर में मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि बड़वारा ग्राम मौजा मे पाँच बदमाश हथियार से लैश होकर डकैती डालने की योजना बना रहे है, जोकि आज कहीं न कहीं वारदात को अंजाम देंगे। उप निरीक्षक व्ही.पी.दुबे द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस अधीक्षक पन्ना विवेक सिंह द्वारा टीम का गठन कर अति पुलिस अधीक्षक बी. के.एस. परिहार मार्गदर्शन एवं एसडीओपी पन्ना उमराव सिंह के नेतृत्व में कार्यवाही के लिये थाना कोतवाली पन्ना से थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार कुजूर और हमराही बल को निर्देशित किया गया। पुलिस टीमें जब मुखबिर के बताये स्थान आम का बगीचा बड़वारा तरफ पहुंची तो देखा कि बगीचे मे टार्च जलाये पांच लोग आपस मे बात कर रहे थे, कि चलो अब समय हो गया है मिश्रा प्रेट्रोल पंप मे डकैती डालना है। उक्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु पुलिस टीमें जब नजदीक पहुंची तो आरोपी पुलिस को देख भागने लगे जिनमें से चार आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों सूरत खां, अनीस खां, निगम खां और निकत खां के विरुद्ध थाना देवेन्द्रनगर मे अपराध क्रमांक 279/18 धारा 399 , 402 भादवि 25/27 आर्म्स एक्ट का प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया है। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह उक्त आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है ।
2

क्राइम | बोलेरो से कट मारकर बाइक सवार बैंककर्मी को गिराया फिर मारपीट कर लूट ले गए सामान

0
फाइल फोटो।

पन्ना में शातिर बदमाशों ने लूटपाट की सनसनीखेज वारदात को दिया अंजाम

ऐक्सिस बैंक कर्मचारी के साथ हुई लूट की 2 दिन बाद भी पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट

पन्ना। रडार न्यूज   कोतवाली थाना पन्ना की ककरहटी पुलिस चौकी अन्तर्गत ऐक्सिस बैंक कर्मचारी अशोक कुमार दहायत पिता बिहारी लाल दहायत ग्राम अमरी थाना गुनौर के साथ मारपीट कर बोलेरो में सवार चार अज्ञात नकाबपोश बदमाश उनका मोबाइल फोन और आईपैड छुड़ाकर देवेंद्रनगर की और भाग गए। लूट की यह सनसनीखेज वारदात बुधवार 24 अक्टूबर 2018 की शाम तकरीबन 7 बजे ग्राम सकरिया-ककरहटी के बीच नाला की बताई जा रही है। लूट का शिकार हुए बैंककर्मी द्वारा वारदात की लिखित सूचना आनन-फानन ककरहटी पुलिस चौकी में दी गई। लेकिन घटना के दो दिन गुजरने के बाद भी अज्ञात दुस्साहसिक लुटेरों का सुराग लगाना तो दूर पुलिस अब तक उक्त घटना की सच्चाई का पता भी नहीं कर पाई है। कोतवाली थाना पन्ना के प्रभारी अरविंद कुमार कुजूर का कहना है कि लूट की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही थी, इसलिए सीधे आपराधिक प्रकरण दर्ज न कर घटना की जांच की जा रही है। लूट जैसे बेहद गंभीर मामले की जांच कब पूरी होगी और अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध एफआईआर कब दर्ज की जाएगी इस संबंध उन्होंने कुछ भी नहीं बताया। उधर लूट की सनसनीखेज वारदात की खबर फैलने के बाद इलाके के लोग दहशत में है। क्षेत्र में चर्चा है कि सकरिया-ककरहटी मार्ग पर लोग जब शाम 7 बजे सुरक्षित नहीं है तो देर रात इस मार्ग आवागमन करना मतलब जानमाल का खतरा मोल लेना है।

सड़क पर गिरते ही टूट पड़े बदमाश

पीड़ित ऐक्सिस बैंक कर्मचारी अशोक कुमार दहायत।
ऐक्सिस बैंक कर्मचारी अशोक कुमार दहायत पिता बिहारी लाल दहायत ग्राम अमरी थाना गुनौर ने बताया कि बुधवार की शाम वह बाइक से अपने गांव अमरी जा रहा था, रास्ते में ग्राम सकरिया-ककरहटी के बीच स्थित नाला में सफेद कलर की बोलेरो जीप के कट मारने पर वह अनियंत्रित होकर गिर गया। अशोक कुमार खुद को संभाल पाते कि बोलेरो से उतरे दो नकाबपोश बदमाश उनके साथ मारपीट कर बैग छीनने लगे। इस बीच एक अन्य व्यक्ति वाहन से उतरा और डंडे से हमला कर मोबाइल फोन, आईपैड, घड़ी, ड्राईविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, पेन कार्ड सहित अन्य जरूरी समान छुड़ाकर बोलेरो से देवन्द्रनगर की और भाग निकले। इस अप्रत्याशित घटना का शिकार बना बैंककर्मी भयभीत होने के कारण बोलेरो का नंबर सही तरीके से नहीं देख पाया, सिर्फ एमपी 34 उसकी समझ में आया और उसमें चार नकाबपोश सवार थे। अशोक द्वारा लूट की वारदात की सूचना तत्परता से समीपी पुलिस चौकी ककरहटी में दी गई। पीड़ित का आरोप है कि उसे कई घंटे तक चौकी में बैठाने के बाद भी फिर रिपोर्ट नहीं लिखी गई। पीड़ित ने चौकी पुलिस के इस रवैये को देखते पुलिस कप्तान पन्ना से घटना की एफआईआर दर्ज करने के निर्देश देने और अज्ञात बदमाशों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार किये जाने की है।

इनका कहना-

“इस कथित घटना में गए सामान की कीमत कुछ पत्रकार बढ़ा-चढ़ा कर लिख रहे हैं जबकि बैंककर्मी ने पुलिस को सिर्फ अपना मोबाइल फोन और आईपैड बदमाशों द्वारा छुड़ाकर ले जाने की जानकारी दी है। जिसका मूल्य 20 हजार से भी कम है। ऐक्सिस बैंक कर्मचारी अशोक कुमार के घटना को लेकर बयानों में अंतर् होने से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था इसलिए सीधे रिपोर्ट न दर्ज कर घटना की सत्यता की सूक्ष्मता से की जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लिया है।”

अरविंद कुमार कुजूर निरीक्षक कोतवाली थाना पन्ना।

2

शरदपूर्णिमा महोत्सव| पूनम की रात रासमण्डल में विराजमान हुए अखण्ड रास के रचईया

0
ब्रम्ह चबूतरे पर श्री बंगला जी मंदिर से रासमण्डल के लिये जाती श्रीजी की सवारी।

जागनी रास के रस में डूबे रहे पचास हजार से अधिक श्रृद्धालु सुन्दरसाथ

अमृतपान और नैनों को तृप्त कर मंत्रमुग्ध हुए सुन्दरसाथ

विद्वानों एवं धर्मगुरूओं ने बताया श्री रास का गहन अध्यात्मिक महत्व

अंतर्राष्ट्रीय शरदपूर्णिमा महोत्सव में पूनम की महारास का दिन विशेष था। अखण्ड मुक्तिदाता निष्कलंक बुद्ध अवतार श्री प्राणनाथ जी 5 दिनों तक चलने वाले इस महारास में सुन्दरसाथ के साथ साक्षात उन्हें रासमण्डल में परमधाम के वास्तविक सुख एवं अध्यात्मिक दृष्टिकोण से रत करते हुए उनका जीवन धन्य करेंगे। शरदपूर्णिमा के अवसर पर पचास हजार से अधिक सुन्दरसाथ ने श्री जी को निहारकर अपने नैनों को तृप्त किया। जैसे ही मध्य रात्रि में बंगला जी दरबार साहब से श्री जी की सवारी रासमण्डल के लिए निकली वैसे ही रास के रचइया की, श्री प्राणनाथ एेयारे के जयकारों से पन्ना पवित्र नगरी गूंज उठी।
सिर पर कलश रखीं हईं सुंदर बालिकायें।

पन्ना। रडार न्यूज    प्रणामी धर्म का सबसे पवित्र धाम श्री गुम्बट जी मंदिर जिसका प्रांगण ब्रम्ह चबूतरा (रास मण्डल) कहा जाता है। क्योंकि यहीं पर श्री प्राणनाथ जी ने अपने परम स्नेही सुंदरसाथ जी को श्री राज जी-श्यामा जी की अलौकिक अखण्ड रासलीला, जागिनी रास का दर्शन कराया था इसीलिये इसे जागिनी लीला भी कहा जाता है। उसी समय से अंतराष्टीय शरद पूर्णिमा महोत्सव के नाम से प्रतिवर्ष पांच पद्मावतीपुरी धाम पन्ना संपूर्ण विश्व की मुक्तिपीठ है। यहां विराजमान साक्षात अक्षरातीत पूर्णब्रम्ह के अलौकिक रास के आनंद में सराबोर होते हैं। इस आनंद में सराबोर होने पन्ना पहुंचे पचास हजार से अधिक सुन्दरसाथ उस क्षण के प्रत्यक्षदर्शी बने जब श्री प्राणनाथ जी की शोभयात्रा श्री बंगला जी मंदिर से निकलकर रासमण्डल में पधराई गई। बुधवार की रात जैसे ही श्रीजी की भव्य सवारी बंगला जी दरबार साहब से रासमण्डल में आई तो वहां उपस्थित हजारों सुंदरसाथ अपने पिया के साथ प्रेम रंग में डूब गये. यह अखण्ड रास का आयोजन पांच दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय शरद पूर्णिमा उत्सव के रूप में रात-दिन चलेगा।

सिंहासन को कंधों पर निकली सवारी-

पूनम की रात्रि में दूधिया लाईट से जगमगाता श्री प्राणनाथ जी मंदिर।

क्षर और अक्षर से भी परे जो मूल-मिलावा श्री राज के साथ जागिनी रास महोत्सव का शुभारंभ इसी बंगला जी मंदिर से होता है। इस महोत्सव में प्रणामी धर्म के सभी गादीपति, धर्मगुरू व संतगण उपस्थित रहकर कार्यक्रम में शामिल होते हैं। सर्वप्रथम श्री बंगला जी मंदिर में सेवा, पूजा व आरती हुई। तत्पश्चात श्री राज जी महाराज के दिव्य सिंहासन को मंदिर के पुजारियों द्वारा अपने कंधों पर लेकर श्री प्राणनाथ जी के जयघोष के साथ शोभयात्रा रात्रि ठीक 12 बजे निकली। शोभायात्रा निकलते ही उपस्थित हजारों की संख्या में प्रणामी धर्मावलम्बी सुंदरसाथ की भावनायें व उत्साह कुछ ध्सा दिखा जैसे कि श्री प्राणनाथ जी स्वयं पालकी में विराजमान हों। शोभायात्रा ब्रम्ह चबूतरे पर ही स्थित रासमण्डल में पधराई गई।

उमड़ा भक्तों का सैलाब-

अमृत रूपी खीर का प्रसाद लेने के लिये लालयित श्रृद्धालुगण।

श्री राज जी की शोभयात्रा की एक झलक पाने के लिये बेताब रहे लगभग एक लाख सुंदरसाथ उस क्षणिक दर्शन पाने के लिये बेताब दिखे जो कभी श्री प्राणनाथ जी ने साक्षात जागिनी लीला कर इसी ब्रम्ह चबूतरे में सुंदरसाथ को दिखाया था। शाम 6 बजे से ही पूरा ब्रम्ह चबूतरा लहराते‘-उफनाते मानव सागर की तरह दिखने लगा. देश के कोने-कोने से आये सुंदरसाथ पारम्पारिक वेश-भूषा में सुसज्जित जन अपनी-अपनी बोलियों में भजन-कीर्तन करते नजर आये। दिल खोलकर सुधबुध भूलकर ऐसा नृत्य कर रहे थे मानों वे स्वयं परमात्मा श्री राज जी महाराज के साथ रास रमण कर रहे हों। ऐसी अनुभूति शायद ही कहीं देखने को मिलती हो जहां देश-विदेश के लोग समरसता की भावना से एकत्रित होकर एक ही भाव में प्रेम के रस में डूबे नजर आये।

2

मप्र विधानसभा चुनाव | बसपा ने 50 प्रत्याशियों की दूसरी सूची की जारी, गुनौर सीट से जीवनलाल सिद्धार्थ का नाम

0
सांकेतिक फोटो।

पन्ना जिले की पवई और पन्ना सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा होना शेष

दोनों सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के बागियों दांव लगा सकती है बहुजन समाज पार्टी

भोपाल/पन्ना। रडार न्यूज  मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट शुक्रवार 26 अक्टूबर को जारी की है। इस सूची में 50 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है। बीएसपी प्रमुख मायावती के अनुमोदन पश्चात मध्यप्रदेश के पार्टी अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार और राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी रामअचल राजभर के हस्ताक्षर से जारी सूची में महाकौशल, ग्वालियर-चंबल, रीवा संभाग, बैतूल की कुछ सीटों, पन्ना जिले की गुनौर तथा भोपाल जिले की बैरसिया सीट के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है।
इंजीनियर जीवनलाल सिद्धार्थ
पन्ना जिले में बहुजन समाज पार्टी के प्रभाव वाली अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित गुनौर विधानसभा सीट पर पार्टी ने एक बार फिर इंजीनियर जीवनलाल सिद्धार्थ पर भरोसा जताया है। इसके पूर्व गुनौर-अमानगंज सीट से जीवनलाल वर्ष 1998 से लेकर 2008 तक लगातार तीन बार बसपा उम्मीदवार के रूप चुनावी समर में उतर चुके हैं। आरक्षित सीट गुनौर में बसपा की मजबूत स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2003 व 2008 के चुनाव में सिद्धार्थ निकटतम प्रतिद्वंदी रहे है, तब यहां भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए थे। जबकि कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार दोनों ही चुनावों में तीसरे पायदान रहे है। फिलहाल मध्यप्रदेश में प्रत्याशियों की घोषणा के मामले में बहुजन समाज पार्टी सत्ताधारी दल भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस से आगे है। अभी इन दोनों दलों में दावेदारों के नामों पर मंथन चल रहा है जबकि बसपा ने अब तक 72 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। मालूम हो कि बसपा ने पहली सूची में 22 प्रत्याशी घोषित किये थे।

बसपा की दूसरी सूची एक नजर में-

पहला पेज।
दूसरा पेज।
तीसरा पेज।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

2

द बर्निंग वैन | घाटी में गिरी मारुति वैन में हुआ ब्लास्ट, एक व्यक्ति जिंदा जला

0
जली हुई मारुती वैन और उसमें मृत व्यक्ति के कंकाल को देखते राहगीर।

पन्ना जिला मुख्यालय से 17 किलोमीटर दूर अजयगढ़ घाटी में हुआ हादसा

मौके पर पहुंचा दमकल वाहन और पुलिस, वैन से मृत व्यक्ति का कंकाल बरामद

करीब 4 वर्ष पूर्व मड़ला घाटी में हुए भीषण हादसे की भयावह यादें हुई ताजा

शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक मारुति वैन के घाटी मोड़ में अनियंत्रित होकर कई फिट नीचे गिरने से उसके सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इस दर्दनाक हादसे के समय वैन में बीच की सीट में बैठा अज्ञात जिंदा जल गया। पूर्णतः जल चुकी वैन से पुलिस ने मृत अज्ञात व्यक्ति का कंकाल बरामद किया है। हादसे के बाद से मारुति वैन के चालक और उसमें सवार रहे अन्य व्यक्तियों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उक्त लोग कहां और किस हालत में है। यह सनसनीखेज हादसा जिला मुख्यालय पन्ना से करीब 17 किलोमीटर दूर अजयगढ़ घाटी में मंगलवार 23 अक्टूबर 2018 को रात्रि करीब 8 :45 बजे हुआ। मारुति वैन में आग लगने की सूचना मिलने पर पन्ना से दमकल वाहन तुरंत मौके पर पहुंच गया और दमकलकर्मियों द्वारा पानी की बौछार छोड़कर वैन की आग को कुछ ही मिनिट में पूरी तरह बुझा दिया लेकिन तब तक उसके अंदर फंसा रहा अज्ञात व्यक्ति आग की लपटों में जिन्दा जलकर कंकाल बन चुका था।

चालक और सहयात्रियों की तलाश जारी

द बर्निंग वैन बनी मारुती में बीच की सीट में पड़ा मृत व्यक्ति का कंकाल।

पुलिस अधीक्षक पन्ना विवेक सिंह ने रडार न्यूज को बताया कि मारुति वैन क्रमांक UP- 71- P-3699 की स्थिति को देखते हुए प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह पन्ना से अजयगढ़ की और जा रही थी। रास्ते में घाटी के खतरनाक मोड़ पर वैन चालक वाहन को सही तरीके से काट नहीं पाया। जिससे उक्त वाहन के कई फिट नीचे गिरने से उसमें लगी गैस किट के सिलेंडर में विस्फोट हो गया और भीषण आग लग गई। अचानक हुए इस हादसे के कारण वैन के अंदर बीच की सीट में बैठा अज्ञात व्यक्ति समय रहते बाहर नहीं निकल पाया जिससे वह जिन्दा जल गया। हादसे के बाद से वैन चालक और उसमें सवार रहे व्यक्तियों के संबंध में अब कुछ भी पता नहीं चल सका। कंकाल में तब्दील हो चुके मृत व्यक्ति की शिनाख्त हेतु पुलिस उसके साथ यात्रा कर रहे लोगों की खोजबीन में जुटी है। आज की इस दर्दनाक घटना ने पन्ना जिले की मड़ला घाटी में करीब चार वर्ष पूर्व एक तेज रफ़्तार बस के पुलिया के नीचे गिरने और उसमें आग लगने से तकरीबन दो दर्जन लोगों के जिंदा जलने की दिल दहला देने वाले हादसे की यादें ताजा कर दी हैं।

जर्जर घाटी मार्ग बन रहे हादसों का कारण

मड़ला घाटी में मोड़ पर ढ़ह चुकी पुलिया की सुरक्षा दीवार और गड्ढ़ों में तब्दील सड़क।

उल्लेखनीय है कि वन विभाग की आपत्तियों के चलते पन्ना जिले की बेहद खतरनाक-खस्ताहाल मड़ला और अजयगढ़ घाटी का चौड़ीकरण तथा निर्माण कार्य लंबे समय से नहीं हो पा रहा है। जिससे अत्यंत ही जर्जर हो चुकी इन दोनों ही घाटियों से होकर गुजरना (यात्रा करना) बेहद ही जोखिम भरा हो गया है। परिणामस्वरूप इन दोनों ही घाटी मार्गों पर आये दिन गंभीर हादसे हो रहे रहे हैं। चिंताजनक पहलू यह कि दोनों घाटी मार्गों की जर्जर हालत के कारण लगातार हो रहे हादसों में लोगों के असमय काल-कवलित होने के बाद भी इनके पुनर्निर्माण के लिए समय रहते जनप्रतिनधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की और से कोई ठोस प्रयास नहीं किये गए। इनकी बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों घाटियों की सुरक्षा दीवार जगह-जगह क्षतिग्रस्त होकर ढ़ह चुकी है और रास्ते में पड़ने वाले दशकों पुराने पुल-पुलिया भी धसकने की कगार पर पहुंच चुके हैं। मालूम होकि पन्ना जिले की मड़ला घाटी पन्ना-छतरपुर के बीच नेशनल हाइवे क्रमांक-39 में और अजयगढ़ घाटी कटनी-कानपुर अंतर्राज्जीय राजमार्ग क्रमांक-47 में पन्ना-बांदा के बीच स्थित है। इन दोनों ही महत्वपूर्ण मार्गों से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन निकलते हैं इसलिए इन मार्गों पर बढ़ते हादसों का बड़ा कारण बनी घाटी मार्ग की खस्ताहाल स्थिति में आवश्यक सुधार तथा चौड़ीकरण सहित इनका नए सिरे से निर्माण प्राथमिकता के साथ कराना बेहद जरुरी हो गया है। यदि इस दिशा तत्परता से ईमानदार प्रयास नहीं किये गए तो मड़ला घाटी जैसे भयानक सड़क हादसों की पुनरावृत्ति का खतरा बना रहेगा।

2

आचार संहिता उल्लंघन का मामला : पत्रकार के खिलाफ फर्जी प्रकरण दर्ज करने का विरोध

0
कलेक्टर मनोज खत्री और एसपी विवेक सिंह से चर्चा करते पत्रकारगण।

पन्ना में पत्रकारों ने सामुहिक रूप से कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

फर्जी प्रकरण वापिस लेने और बिना जांच मामला दर्ज करने पर टीआई के निलंबन की मांग

पन्ना। रडार न्यूज  आचार संहिता प्रभावी होते ही प्रशासनिक और और पुलिस अधिकारियों की तानाशाहीपूर्ण हनक शुरू हो गई है। जिसका ताजा मामला जिले के शाहनगर क्षेत्र में विगत दिनों तब सामने आया जब ग्रामीणों दवारा बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन करते हुए क्षेत्रीय विधायक मुकेश नायक का पुतला दहन करने पर प्रदर्शनकारी ग्रामीणों के साथ-साथ इस खबर का कवरेज करने वाले पत्रकार मदन तिवारी के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन का मामला पंजीबद्ध किया गया। शाहनगर थाना पुलिस बिना किसी प्रमाण के मनमाने तरीके से पत्रकार को प्रदर्शनकारियों के साथ आरोपी बनाये जाने से पुलिस की कार्यशैली और मंशा प्रश्नचिन्ह लग गया है। पुलिस की इस कार्रवाई की तीखी आलोचना हो रही है। उधर सोमवार को जिला मुख्यालय पन्ना के पत्रकारों ने सामूहिक रूप से इसकी कड़ी निंदा करते हुए पन्ना कलेक्टर मनोज खत्री और पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह को इस मामले को इस मामले के विरोध स्वरुप ज्ञापन सौंपते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। पत्रकारों ने इस घटना को मीडिया पर हमला करार दिया है। पत्रकारों ने बिना जांच के पत्रकारों के विरूद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने को गलत बताते हुए पत्रकार मदन तिवारी के खिलाफ दर्ज मामले को वापिस लेने तथा शाहनगर थाना प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।

कैसे खबर कवर कर पाएंगे पत्रकार

ज्ञापन सौंपने के बाद कलेक्ट्रेट से बहार आते पत्रकारगण।

सौंपे गये ज्ञापन में कहा गया कि शाहनगर पुलिस की यह कार्यवाही बेहद ही निंदनीय और लोकतांत्रिक के चौथे स्तंभ पर हमला है। चुनाव के दौरान हर तरह की गतिविधियों की रिपोर्टिंग करना पत्रकारों का दायित्व है, ऐसे में कवरेज के दौरान यदि पत्रकार की उपस्थिति पर उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होता है तो चुनाव कवरेज करना संभव ही नहीं होगा। सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा है कि पत्रकार भीड़ का हिस्सा नहीं हैं, बावजूद इसके शाहनगर पुलिस ने बिना अनुमति हुए प्रदर्शन में पत्रकार मदन तिवारी की भूमिका की जांच किये बगैर ही सिर्फ शिकयत के आधार पर उनके विरूद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर लिया। ज्ञापन में लेख है कि इस तरह की घटना ने सभी पत्रकारों को भयभीत कर दिया है। चुनाव में कवरेज कैसे करें, यह सवाल बना हुआ है। क्या अब पुलिस प्रशासन और जनसंपर्क विभाग के निर्देशों पर यदि खबरों का कवरेज व प्रकाशन करना होगा, तो निष्पक्ष पत्रकारिता कैसे संभव होगी ? पत्रकारों ने मांग करते हुए कहा कि 72 घंटों के अंदर जांच कर प्रकरण से मदन तिवारी का नाम हटाया जाये, साथ ही पुलिस रिकार्ड में समाचार पत्र का नाम लिखने और बिना जांच पत्रकार पर प्रकरण दर्ज करने वाले लापरवाह थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाये।

जल्द होगी कार्यवाही- कलेक्टर

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर मनेज खत्री ने इस मामले में बिना जांच प्रकरण दर्ज करने पर खेद जताया है। वहीं पुलिस अधीक्षक विवके सिंह ने भी उक्त प्रकरण की जल्द से जल्द जांच कराकर उचित कार्यवाही का भरोसा दिया है। कलेक्टर पन्ना ने कहा कि चुनाव में इस तरह की कुछ गलतियां होती है, जिन्हें नजरअंदाज कर मीडिया को सहयोगी भूमिका निभानी चाहिए ताकि निर्वाचन का कार्य सहजता से हो संपन्न सके। उन्होंने इस प्रकरण पर जल्द कार्यवाही का भरोसा दिया।

2