लोकतंत्र को सशक्त बनाने अमानगंज के निःशक्त मतदाताओं ने शत-प्रतिशत डाले वोट
* बुजुर्ग मतदाताओं का मतदान केन्द पहुंचने पर किया गया स्वागत
* पन्ना जिले में मतदान को लेकर महिलाओं में रहा उत्साह
पन्ना। रडार न्यूज विधानसभा निर्वाचन 2018 में निर्वाचन आयोग द्वारा विकलांग मतदाताओं को उनका मताधिकार सुगम्य रूप से दिलाने के लिए पहली बार कई आवश्यक व्यवस्थायें की गईं। इसी का ही परिणाम है कि 28 नवंबर को जिले के विकलांग मतदाता अधिक से अधिक संख्या में मतदान केन्द्र पहुंचे और अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसी कड़ी में नगर परिषद अमानगंज के समस्त विकलांग मतदाताओं की संख्या 31 में से एक मतदाता बाहर है जबकि शेष ने शत प्रतिशत मतदान किया। मतदान को लेकर दिव्यांग मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला।

इसी तरह बुजुर्ग मतदाताओं के मतदान केन्द्र पहुंचने पर फूलमाला पहनाकर एवं तिलक लगाकर उनका स्वागत किया गया और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य मतदान करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। बुजुर्ग मतदाताओं के लिए बैठक व्यवस्था भी की गयी थी।
मतदान के लिए आगे आयी नारी शक्ति

विधानसभा निर्वाचन 2018 के अन्तर्गत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खत्री के निर्देशन पर स्वीप गतिविधियों के तहत महिला मतदाताओं को जागरूक करने हेतु विशेष प्रयास किए गए हैं। इसी का परिणाम 28 नवंबर को मतदान केन्द्रों पर देखने को मिला। जिले में मतदान को लेकर महिला मतदाताओं में उत्साह देखा गया। जिले की नारी शक्ति ने भी लोकतंत्र को सशक्त बनाने में आगे आकर अपनी भूमिका निभायी।
जन ने स्वीकार किया तंत्र का अनुरोध | अधिकारियों के आश्वासन के बाद कुड़रा में हुई वोटिंग
* जिला निर्वाचन अधिकारी की पहल ने दिखाया असर
* 324 में से 221 ग्रामीणों ने डाले वोट, कतार में खड़े कई मतदाता
पन्ना। रडार न्यूज जिला निर्वाचन अधिकारी पन्ना मनोज खत्री की विशेष पहल के फलस्वरूप कुड़रा के ग्रामीणों ने आखिरकार मतदान का बहिष्कार सामूहिक समाप्त कर दिया। बुधवार 28 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे के बाद यहां ग्रामीणों द्वारा उत्साहपूर्वकअपने मताधिकार उपयोग किया गया। जिसके चलते महज पौने दो घंटे में ही वहां कुल 324 मतदाताओं में से 221 मतदाता वोट डाल चुके थे, समाचार लिखे जाने तक 17 वोटर मतदान केंद्र के बाहर लाइन में लगे थे। कुड़रा में मतदान का सामूहिक बहिष्कार समाप्त कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अजयगढ़ सीईओ, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों के एक दल को वहां भेजा गया। जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों की ओर से सड़क निर्माण संबंधी मांग को यथा शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन मिलने के बाद कुड़रा के ग्रामीण मतदान करने के लिए राजी हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर पन्ना मनोज खत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि कुड़रा की पहुंच मार्ग निर्माण की समस्या के समाधान हेतु स्थानीय ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया है। अधिकारियों से चर्चा उपरांत ग्रामीणों की नाराजगी दूर हो गई और उनके द्वारा सहर्ष अपने मताधिकार का उपयोग किया गया।
उल्लेखनीय है कि पन्ना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक -60 के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत धरमपुर के ग्राम कुड़रा के ग्रामीणों ने गांव के मार्ग निर्माण की मांग को लेकर करीब एक माह पूर्व मतदान का सामूहिक बहिष्कार करने का ज्ञापन एसडीएम अजयगढ़ को सौंपा था। सड़क निर्माण को लेकर प्रशासन की और से समय रहते कोई ठोस आश्वासन न में मिलने की स्थिति कुड़रा ग्राम के वाशिंदों ने अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार आज सुबह विधानसभा चुनाव-2018 के मतदान का सामूहिक रूप से बहिष्कार कर दिया। जोकि दोपहर 3 बजे तक जारी रहा। बुधवार 28 नवंबर को सुबह 10 :25 बजे तक सिर्फ 2 वोट पड़े थे। इस खबर से हरकत में आये प्रशासन ने आनन-फानन में गांव में ही तैनात अन्य कर्मचारियों तथा मध्यान्ह भोजन व्यवस्था से जुड़े समूह की महिलाओं आदि को प्रेरित कर मतदान कराया गया। इस तरह दोपहर 3 बजे तक कुड़रा में सिर्फ 10 लोगों ने ही वोट ही डाले थे। दोपहर बाद मतदान का सामूहिक बहिष्कार समाप्त कराने में सफलता मिलने पर जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
पन्ना विधानसभा : कुड़रा ग्राम में “मतदान का सामूहिक बहिष्कार” | सड़क निर्माण न होने से नाराज हैं ग्रामीण
* कलेक्टर से सड़क निर्माण का आश्वासन चाहते हैं स्थानीय लोग
* पहुंच विहीन दुर्गम ग्राम से स्वास्थय केंद्र तक पहुंचने से पहले थम जाती हैं सांसें
पन्ना। रडार न्यूज सड़क निर्माण को लेकर प्रशासन की और से समय रहते कोई ठोस आश्वासन न मिलने की स्थिति कुड़रा ग्राम के वाशिंदों ने अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार विधानसभा चुनाव-2018 के मतदान का सामूहिक रूप से बहिष्कार कर दिया। पन्ना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-60 के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत धरमपुर के ग्राम कुड़रा में बुधवार 28 नवंबर को सुबह 10 :25 बजे तक सिर्फ 2 वोट पड़े थे। दरअसल, सुबह 8 बजे वोटिंग शुरू होने के साथ ही कुड़रा से मतदान के सामूहिक रूप से बहिष्कार की खबर आने पर हरकत में आये प्रशासन ने अपनी किरकिरी को रोकने के लिए विशेष प्रयास करते हुए सबसे पहले स्थानीय आंगनवाडी कार्यकर्ता-सहायिका से मतदान कराया। इसके पश्चात् अन्य गांव में ही तैनात अन्य कर्मचारियों तथा मध्यान्ह भोजन व्यवस्था से जुड़े समूह की महिलाओं आदि को प्रेरित कर मतदान कराया गया। समूचे गांव के मतदान के बहिष्कार में शामिल होने के कारण मतदान करने वाले कर्मचारी काफी तनाव-दबाद और उलझन में नजर आये। लोकतंत्र के इस उत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाने का उल्लास इनके चेहरों पर नजर नहीं आया।
इस तरह दोपहर 3 बजे तक कुड़रा में सिर्फ 10 वोट ही पड़े थे। पन्ना जिले की जनपद पंचायत अजयगढ़ अंतर्गत आने वाला कुड़रा ग्राम बारहमासी आवागम सुविधा वाली एक अदद सड़क के आभाव में आज भी पहुंच विहीन दुर्गम ग्राम बना हुआ है। यहां हर साल कई बीमार लोग, गर्भवती महिलायें और उनके नवजात शिशु समय पर धरमपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थय केंद्र तक न पहुंच पाने के कारण असमय काल कवलित हो जाते। सड़क न होने से इस गांव के जवान युवक-युवतियों का विवाह भी नहीं हो पा रहा है। धरमपुर से करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कुड़रा ग्राम के पहुंच मार्ग निर्माण की सबसे बड़ी बाधा करीब 3 किलोमीटर का रास्ता वन क्षेत्र के अंतर्गत आना है। वन विभाग की आपत्तियों के चलते यहां सड़क निर्माण नहीं हो पा रहा है। कुड़रा के ग्रामीणों ने यह शर्त रखी है यदि कलेक्टर की ओर से सड़क निर्माण का लिखित आश्वासन मिलता है तो वे मतदान करेंगे।
इनका कहना है-
“कुड़रा के ग्रामीणों की समस्या वाकई गंभीर है, यहां की स्थिति और इनकी मांग के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया गया है। सड़क निर्माण का आश्वासन मिलने पर ग्रामीण मतदान करने की बात कह रहे हैं।”
आर.पी. सिंह, सेक्टर मजिस्ट्रेट
गरीब की लाड़ली को शिवराज सिंह ने बनाया लक्ष्मी : स्मृति ईरानी

* पन्ना विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ीखेरा में आयोजित हुई आमसभा
* राम वनगमन पथ के मामले पर कांग्रेस के ऊपर साधा निशाना
पन्ना। रडार न्यूज गरीब परिवार की बेटी को लक्ष्मी के रूप में पूजने की योजना यदि किसी सरकार ने बनाई है तो वह मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार है। पूरे देश में पहली बार गरीब की बेटी को लाड़ली लक्ष्मी बनाने का काम शिवराज सिंह चौहान ने किया है, जिसका लाभ प्रदेश की 27 लाख बेटियों को मिला है। यह बात भाजपा की स्टार प्रचारक एवं केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आज पन्ना विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ीखेरा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये कही। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह को भारी मतों से जिताने के लिये जनता से आशीर्वाद भी माँगा।
बृजेन्द्र प्रताप को विधानसभा पहुंचायें

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से तकरीबन 3 घण्टे विलम्ब से पहाड़ीखेरा पहुँची केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राम वन पथ गमन मार्ग के निर्माण की बात पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने कोर्ट में एफिडेबिड देकर राम के अस्तित्व को ही नकार दिया, आज चुनाव के समय वह राम वन पथ गमन मार्ग के निर्माण की बात करती है। उन्होंने कहा कि मैं आपसे यह कहना चाहती हूँ कि राम का नाम इन्हें तब याद आता है जब पराजय सामने दिखती है। केन्द्रीय मंत्री ने उपस्थित जन समुदाय की ओर मुखातिब होकर कहा कि ऐसी पार्टी को अपना आशीर्वाद न दें बल्कि उस पार्टी को अपना आशीर्वाद दें जिसने हर घर में विकास की गंगा पहुँचाकर राम राज्य की कल्पना को साकार करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर से शिवराज सिंह को मुख्यमंत्री बनायें और विकास के लिये समर्पित युवा बृजेन्द्र प्रताप सिंह को विधानसभा ले जायें। आमसभा में भाजपा प्रत्याशी सहित भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी व बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित रहे।
मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की चुनावी आमसभा 26 को अजयगढ़ में
* कांग्रेस प्रत्याशी शिवजीत सिंह के पक्ष में आमसभा को करेंगे संबोधित
* पूर्व क्रिकेटर सिद्धू के आगमन को लेकर पन्ना जिले में उत्साह का माहौल
पन्ना। रडार न्यूज भारत के पूर्व क्रिकेटर एवं पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करने के लिए आ रहे हैं। पन्ना जिले के अजयगढ़ क़स्बा में सोमवार 26 नवंबर को दोपहर 11 बजे मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू विशाल आमसभा को संबोधित कर पन्ना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी शिवजीत सिंह को विजयी बनाने के लिए मतदाताओं से वोट रुपी अपना आशीर्वाद देने की अपील करेंगे। सिद्धू के अजयगढ़ आगमन का कार्यक्रम तय होने की आज सुबह खबर आने के बाद से ही समूचे पन्ना जिले में ख़ुशी और उत्साह का माहौल है। क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू के दौरे को लेकर युवाओं तथा खिलाड़ियों में खासी उत्सुकता देखी जा रही है। अजयगढ़ के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व क्रिकेटर, टीव्ही कलाकार एवं पंजाब सरकार के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू सोमवार 26 नवंबर को दोपहर 11 बजे हैलीकॉप्टर से अजयगढ़ आयेंगे और यहां छोटी फील्ड में पन्ना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी शिवजीत सिंह भैया राजा के पक्ष में विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे।
गुनौर में भी होगी आमसभा

अजयगढ़ के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री गर्ग ने बताया कि देश की जानी-मानी हस्ती नवजोत सिंह सिद्धू को देखने और सुनने के लिए उनके प्रशंसकों की आपार भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए आमसभा में पहुँचने वाले लोगों के लिए बैठक व्यवस्था का बेहतर इंतजाम किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू पहली बार पन्ना जिले के दौरे पर आ रहे हैं। पन्ना विधानसभा क्षेत्र के अजयगढ़ कस्बा में आमसभा को संबोधित करने के बाद श्री सिद्धू हैलीकॉप्टर से पन्ना जिले के ही विकासखंड मुख्यालय गुनौर के लिए प्रस्थान करेंगे। जहां वे आरक्षित गुनौर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार शिवदयाल बागरी के पक्ष में गुनौर के कॉलेज ग्राउण्ड में दोपहर 2 बजे से आमसभा को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रचार समाप्ति के महज कुछ घंटे पहले पन्ना जिले में होने वाली मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की दो बड़ी आमसभाओं का संबंधित कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनाव में कितना लाभ मिलता है यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
मध्यप्रदेश का विकास और जन कल्याण मेरी ड्यूटी : शिवराज
* मुख्यमंत्री ने अजयगढ़ में विशाल आमसभा को किया संबोधित
* भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप को जिताने जनता से माँगा आशीर्वाद
अजयगढ़ (पन्ना)। रडार न्यूज मध्यप्रदेश का विकास और जनता का कल्याण करना मेरी ड्यूटी है, लेकिन मेरे ऐसा करने से कांग्रेसियों को गुस्सा आता है। बिनापानी के जैसे मछली तड़पती है, उसी तरह कांग्रेसी बिना सत्ता के तड़प रहे हैं। उक्ताशय के उद्गार प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को सायं 4 बजे पन्ना विधानसभा क्षेत्र के अजयगढ़ में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुये व्यक्त किये। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह को जिताने के लिये आशीर्वाद माँगा और कहा कि इस क्षेत्र की सारी समस्याओं का निराकरण किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के 70 सालों में 54 साल कांग्रेस और 15 साल मैंने सरकार चलाई है। बीते 15 सालों में भाजपा ने विकास के जितने कार्य किये हैं, क्या कांग्रेस ने किया? उन्होंने कहा कि 15 वर्ष पहले हमें मध्यप्रदेश बीमारू राज्य के रूप में मिला था, लेकिन हमने इन 15 वर्षों में मध्यप्रदेश को पहले विकासशील बनाया, फिर विकसित और अब समृद्धशाली मध्यप्रदेश बनाना है।
सरकार बनने पर समस्याओं का करेंगे समाधान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी के विज्ञापन गुस्सा आता है पर तंज कसते हुये कहा कि क्या आप लोगों को मुझ पर गुस्सा आता है? आपने कहा कि बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने अजयगढ़ क्षेत्र की जो समस्यायें बनाई हैं, सरकार बनते ही उनका निराकरण किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के खेतों तक पानी पहुँचाने का काम किया जा रहा है। छोटे किसानों को प्रति एकड़ के हिसाब से पैसा उनके खाते में डलवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि 2022 तक जिले में कोई भी ऐसा गरीब नहीं बचेगा, जिसके पास पक्का मकान न हो। आपने यह भी कहा कि प्रदेश की बेटियों को जो 75 फीसदी से अधिक अंक लायेंगी, उन्हें स्कूटी प्रदान की जायेगी। मुख्यमंत्री से पहले आम सभा को भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर दूसरे दलों के कई नेताओं व पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के हाथों भाजपा की सदस्यता भी गृहण की।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कल अजयगढ़ में चुनावी आमसभा को करेंगे संबोधित

* भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप ने आमसभा की तैयारियों का लिया जायजा
* सीएम की आमसभा को लेकर अजयगढ़-धरमपुर क्षेत्रवासियों में उत्साह
रिजवान खान, अजयगढ़(पन्ना)। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के स्टार प्रचारक शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार 23 नवंबर को पन्ना जिले के पन्ना विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह के पक्ष में अजयगढ़ क़स्बा में चुनावी आमसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री की सभा को सफल बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप ने गुरुवार देर शाम तक स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों के साथ मिलकर सभी आवश्यक तैयारियों को अपनी देखरेख पूर्ण कराया। आमसभा में भीड़ जुटाने के लिए श्री सिंह द्वारा स्थानीय पार्टी नेताओं के साथ अजयगढ़ नगर में जनसंपर्क कर लोगों को आमसभा में पहुंचने के लिए आमंत्रण दिया गया। इसके अलावा गुरुवार को अजयगढ़ का साप्ताहिक बाजार करने आये क्षेत्रांचल वासियों से भी भेंट कर उनसे आमसभा में शामिल होने की अपील की गई। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री की आमसभा का आयोजन स्थानीय रामलीला प्रांगण में शुक्रवार 23 नवंबर को दोपहर 2 बजे से किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की सभा को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पन्ना विधानसभा क्षेत्र भारतीय जनता पार्टी के समस्त नेताओं ने अजयगढ़-धरमपुर क्षेत्रवासियों से मुख्यमंत्री की आमसभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह के पक्ष में इसके पूर्व 19 नवंबर को केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने धरमपुर क्षेत्र के खोरा ग्राम में विशाल आमसभा को संबोधित किया था।
पन्ना विधानसभा क्षेत्र : बसपा प्रत्याशी के प्रचार से पार्टी कार्यकर्ताओं ने क्यों बनाई दूरी !
* सोशल मीडिया पर वायरल हो रही बसपा नेताओं के सामूहिक त्यागपत्र वाली सूची
* बसपा सुप्रीमो पर पन्ना का टिकिट बेंचने का पूर्व प्रत्याशी ने लगाया था आरोप
शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज चुनावी मौसम में राजनैतिक दलों के नेताओं-कार्यकर्ताओं का बगावत करना या नाराज होना नई बात नहीं है। इस स्थिति से कमोबेश सभी पार्टियों और उनके प्रत्याशियों को जूझना पड़ता है। अंतर सिर्फ इतना रहता है, कहीं पर इस तरह की स्थिति कम तो कहीं अधिक प्रभावी होती। किसी भी प्रत्याशी के चुनावी आंकलन में विश्लेषक इस फैक्टर को काफी अहम् मानते है। दरअसल, यह माना जाता है कि अपनों के विरोध का सीधा असर चुनावी माहौल पर पड़ता है। शायद इसीलिए आंतरिक असंतोष को रोकने, रूठों को मनाने और बागियों शांत कर वापस अपने खेमे में लाने के लिए राजनैतिक दल हर संभव प्रयत्न करते है। पन्ना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-60 की बात करें तो यहां भाजपा, कांग्रेस, बसपा और सपा प्रत्याशी अपनों के असंतोष और भितरघात से जूझ रहे हैं। नेताओं के असंतुष्ट होने का कारण जाहिर तौर पर राजनैतिक महत्वकांक्षा है। दरअसल, इन्हें लगता है कि इसी तरह अगर चुनाव के समय बाहरी नेता आकर टिकिट पाते रहे तो वे क्या सिर्फ पार्टी का काम करने और बाहरी नेताओं को ढ़ोने के लिए है। लेकिन बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी अनुपमा चरण सिंह यादव का मामला थोड़ा अलग है। श्री मती यादव को उनकी पार्टी के ही लोग स्वीकार्य नहीं कर पा रहे। विरोध का कारण अनुपमा चरण सिंह यादव का बाहरी होना है। इसके अलावा टिकिट मिलने से पूर्व वे बसपा की सदस्य तक नहीं रहीं। कारोबारी पृष्ठभूमि वाले उनके पति चरण सिंह यादव कुछ महीने पहले तक समाजवादी पार्टी में सक्रिय रहे हैं। इसलिए बहुजन समाज पार्टी में वर्षों से सक्रिय रहे क्षेत्रीय नेताओं की उपेक्षा कर अनुपमा चरण सिंह यादव को प्रत्याशी बनाये जाने से नाराज दर्जनभर पदाधिकारी सामूहिक रूप से पार्टी से इस्तीफा दे चुके हैं। इनकी सूची सोशल मीडिया पर उपलब्ध है। जिसमें कहा गया है कि पार्टी के प्रति समर्पित स्थानीय नेताओं की उपेक्षा कर बाहरी व्यक्ति को प्रत्याशी बनाये जाने का हम विरोध करते हैं और संतोष दुबे के नेतृत्व में अपने पद तथा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक त्याग पत्र देते हैं। विदित हो कि बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष संतोष दुबे पन्ना सीट से टिकिट के एकमात्र दावेदार रहे हैं। बसपा में कई वर्षों से सक्रिय होने और पन्ना विधानसभा क्षेत्र का मूल निवासी होने के कारण वे टिकिट के स्वाभाविक प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। लेकिन अंतिम समय में बसपा ने पन्ना सीट से पहले अपने निष्कासित नेता महेन्द्र पाल वर्मा को उम्मीदवार घोषित और इसके कुछ ही घंटे बाद वर्मा का टिकिट काटकर आनन-फानन में बड़े ही नाटकीय तरीके से उत्तर प्रदेश से ही ताल्लुक रखने वाली अनुपमा चरण सिंह यादव को प्रत्याशी घोषित कर दिया था। टिकिट कटने से नाराज महेंद्र पाल बसपा सुप्रीमो पर पन्ना का टिकिट बेंचने का आरोप लगा चुके हैं।
पन्ना के नेता गुनौर में कर रहे प्रचार

लेकिन बात यहीं खत्म नहीं होती, पन्ना में बसपा के खेमे में अभी भी सब कुछ सामान्य नहीं है। अंदरखाने ऐसी चर्चायें हैं कि अपवाद स्वरुप कुछ लोगों को छोड़कर बसपा के अधिकांश कार्यकर्ता-पदाधिकारी अपनी पार्टी प्रत्याशी अनुपमा चरण सिंह यादव के पक्ष में प्रचार नहीं कर रहे हैं। बसपा का वोट बैंक समझे जाने वाले तबके में भी यह बात तेजी से फ़ैल रही है। पन्ना विधानसभा क्षेत्र के बसपा पदाधिकारियों की नाराजगी का हाल यह है कि वे अपने कार्य क्षेत्र के बजाय पन्ना जिले के ही आरक्षित गुनौर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी इंजीनियर जीवनलाल सिद्धार्थ के पक्ष में गांव-गांव घूमकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। उधर, पन्ना में बसपाईयों की जगह एक खास वर्ग के लोगों की प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका होने के साथ-साथ प्रत्याशी के पक्ष में इनकी गोलबंदी का नकारात्मक असर पड़ने सरीकी धारणाओं को बल मिल रहा हैं। हालांकि, बहुजन समाज पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप अहिरवार इन सब बातों को सिरे से नकार रहे हैं। श्री अहिरवार का दावा है कि अनुपमा चरण सिंह यादव के प्रचार में पन्ना के सभी पार्टी कार्यकर्ता-पदाधिकारी पूरी निष्ठा के साथ जुटे हैं। बसपा नेताओं के सामूहिक इस्तीफों और टिकिट बेंचने के आरोप लगने के सवाल पर उनका कहना है यह सबकुछ एक नेता के इशारे पर हुआ है। टिकिट बेंचने के आरोप पूर्णतः निराधार हैं, इस तरह के घिनौने आरोपों को मीडिया पता नहीं क्यों तूल दे रहा है।
“मुझे तो किशोर जी ने बुलाया है”

पन्ना सीट से बहुजन समाज पार्टी की प्रत्याशी अनुपमा सिंह यादव के पति चरण सिंह यादव यहां से चुनाव लड़ने और बाहरी होने के सवाल पर कहते हैं कि उन्हें यहां पर श्री जुगल किशोर जी ने बुलाया है। पन्ना से मेरा नाता पुराना है, यहां की आवोहवा, घने जंगल, शांत प्राकृतिक वातावरण और सरल स्वाभाव के लोगों ने उन्हें काफी प्रभावित-आकर्षित किया है। इनका दावा है वे यहां के पिछड़ेपन, पलायन और गरीबी को दूर कर खुशहाली लाना चाहते हैं। उधर सोशल मीडिया सहित अखबारों में ख़बरें आ रहीं है खनन कारोबार से प्रत्यक्ष-परोक्ष रूप से जुड़े धनाढ्य बाहुबलियों की नजर पन्ना की बहुमूल्य खनिज संपदा पर है। गरीबी, अशिक्षा, शोषण, और जागरूकता के आभाव में पन्ना जिला कई दशकों से खनन माफियाओं, सामंती सोच वाले कतिपय प्रभावशाली परिवारों और अधिकारियों का चरागाह बना है। पन्ना को प्रकृति से मिली बेशुमार नेमतें हीरा, पत्थर, रेत और प्रचुर वन संपदा ही अब यहां के लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। दरअसल, पन्ना में ठिकाना बनाने की तमन्ना में कतिपय नेतागण खुद को विकास पुरुष बताकर तो कोई समाजसेवी का चोला पहनकर या फिर धनबल और जातिगत भावनाओं को उभार कर यहां का माहौल ख़राब करने में लगे है। पन्ना का प्रबुद्ध वर्ग इस बात को भलीभांति महसूस कर रहा है और यहां के भविष्य को लेकर आशंकित व चिंतित भी है। वे तर्कसंगत तरीके से यह सवाल उठा रहे हैं, बाहरी नेताओं ने यदि वाकई अपने क्षेत्र या कर्मभूमि के विकास के लिए ईमानदारी से काम किया है और निस्वार्थ भाव से लोगों की सेवा की है तो ये वहां सफल क्यों नहीं हो पाये। इनकी कर्मभूमि के लोगों ने स्वघोषित विकास पुरुष और समाजसेवियों को क्यों नकार दिया। अपने क्षेत्र में ये अगर वाकई लोकप्रिय रहे तो आज इन्हें पन्ना में जमीन तलाशने की आवश्यकता क्यों पड़ी। यह सवाल विचारणीय होने के साथ-साथ आमजन मानस को झकझोर रहे हैं। इन सवालों पर लोगों के बीच मतभेद हो सकते हैं लेकिन पन्ना का हितों का संरक्षण सभी चाहते हैं।
मंत्री कुसुम मेहदेले के ट्वीट से बीजेपी में फिर मचा हड़कंप | उमा भारती पर कसा तंज “राजनैतिक हैसियत पर उठाया सवाल”

* उमा भारती राष्ट्रीय नेता नहीं सिर्फ लोधी समाज को ठिकाने लगाने वाली नेता बनीं
* पन्ना जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने की आमसभा
शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश सरकार में पीएचई विभाग की मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी की पिछड़े वर्ग की कद्दावर नेत्री सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले ने अपने एक और ट्वीट से पार्टी में हड़कंप मचा दिया है। बिना किसी लाग-लपेट के बड़ी ही बेबाकी के साथ अपनी बात रखने वाली मंत्री मेहदेले ने इस बार बीजेपी की फायर ब्रांड नेत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को निशाने पर लिया है। लोधी समाज से आने वाली कुसुम सिंह मेहदेले ने अपने ही समाज की साध्वी एवं प्रख्यात नेत्री उमा भारती को उनकी मौजूदा राजनैतिक हैसियत बताई है। अपने ट्विटर हैंडल से उमा भारती की आमसभा का एक फोटो पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा है कि- “उमा भारती जी अब राष्ट्रीय नेता नहीं सिर्फ लोधी समाज को ठिकाने लगाने वाली नेता के रूप में उपयोग वाली नेता रह गईं हैं। पन्ना जिले के खोरा ग्राम में दिया गया भाषण यही कहता है। लोधी बहुल क्षेत्र में ही इनके भाषण करवाये जाते हैं।” सोमवार 19 नवंबर की शाम करीब 7 बजे किया गया यह ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सोमवार को पन्ना जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों- पवई, गुनौर और पन्ना में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आमसभा को संबोधित करते हुए उनके लिए वोट मांगे। पवई और पन्ना विधानसभा क्षत्रे में सुश्री भारती की आमसभा लोधी बाहुल्य इलाके में क्रमशः रैपुरा क़स्बा और खोरा ग्राम में आयोजित हुई। इसके कुछ दिन पूर्व भी भाजपा की वरिष्ठ नेत्री कुसुम मेहदेले ने एक अन्य ट्वीट कर टिकिट वितरण में अपनाये गए मापदंड पर खुलकर अपनी नाराजगी-आपत्ति जाहिर करते हुए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर पर तंज कसा था। उन्होंने अपने ट्वीट में मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का पूरा नाम न लिखकर सिर्फ तोमर लिखा था। अपना टिकिट काटे जाने से नाराज मंत्री मेहदेले के तेवरों की चर्चा समूचे जिले में हो रही है। आपसी बातचीत में लोग उनका टिकिट काटने के भाजपा के फैसले पर हैरानी जता रहे हैं। वाट्सएप पर संजय सिंह राजपूत नाम के व्यक्ति ने भी पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को लेकर बेहद तल्ख टिप्पणी करते हुए उन्हें अवसरवादी और समाज विरोधी नेता बताया है। साथ ही उनकी भूमिका पर शर्मिंदा होने का पोस्ट किया है।
अंदरखाने नाराज हैं भाजपा के नेता

उल्लेखनीय है कि पन्ना विधानसभा सीट पर भाजपा ने इस बार अंतिम समय में अप्रत्याशित निर्णय लेते हुए मंत्री कुसुम मेहदेले का टिकिट काटकर उनके स्थान पर बृजेन्द्र प्रताप सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिया। पूर्व में बृजेन्द्र प्रताप सिंह को बीजेपी ने पवई सीट से उम्मीदवार घोषित किया था। लेकिन ऐन वक्त पर चौंकाने वाला निर्णय लेते हुए पार्टी नेतृत्व ने कांग्रेस के बागी और पवई सीट से समाजवादी पार्टी से पर्चा दाखिल कर चुके प्रहलाद लोधी को अपना प्रत्याशी बना दिया। इधर, बृजेन्द्र को पवई से हटाकर पन्ना भेज दिया गया। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि समाप्ति के ठीक एक दिन पहले हुए इस हैरान करने वाले फेरबदल से पवई और पन्ना दोनों ही सीटों पर टिकिट की दौड़ में रहे भाजपा नेताओं में अंदरखाने गहरी नाराजगी और असंतोष व्याप्त है। हालांकि, मंत्री मेहदेले और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश चतुर्वेदी को छोड़कर किसी ने भी पार्टी के निर्णय के खिलाफ खुलकर बोलने का साहस नहीं दिखाया। मंत्री कुसुम सिंह मेहदेले ने कुछ दिन पूर्व एक और ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने बृजेन्द्र प्रताप सिंह को पन्ना से टिकिट देने के निर्णय पर तथ्यात्मक तरीके से सवाल उठाये थे।
रिकार्ड मतों से जीत के बाद भी टिकिट काटा

मालूम होकि मंत्री कुसुम सिंह मेहदेले ने वर्ष 2013 में यानि पिछले विधानसभा चुनाव अपनी परंपरागत पन्ना सीट से करीब 29 हजार से अधिक रिकार्ड मतों के अंतर् से जीता था। इस चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार महेंद्र पाल वर्मा निकटम प्रतिद्वंदी रहे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मीना सिंह यादव तीसरे स्थान रहीं और वे अपनी जमानत भी नहीं बचा पाईं थीं। दोनों प्रत्याशियों को जितने वोट मिले थे उससे कहीं अधिक वोटों से मेहदेले ने जीत हांसिल की थी। जबकि पवई सीट से कांग्रेस के मुकेश नायक से ब्रजेन्द्र प्रताप पिछला चुनाव साढ़े ग्यारह हजार मतों के अंतर् से हार गए थे। मोदी और शिवराज की लहर के बाबजूद बृजेन्द्र को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। बाबजूद इसके मंत्री मेहदेले का पन्ना से टिकिट काटकर बृजेन्द्र को पन्ना से उम्मीदवार बनाया गया। अपने ट्वीट में कुसुम मेहदेले ने पूंछा था कि 29 हजार वोट से जीतने वाले का टिकिट काटा गया और साढ़े ग्यारह हजार वोट से हारने वाले को किस आधार पर टिकिट दिया गया। पन्ना सीट से 6 बार विधानसभा चुनाव लड़ चुकीं सुश्री मेहदेले ने चार चुनाव बड़े अंतर् से जीते जबकि 2 बार उन्हें मामूली मतों के अंतर् से हार का सामना करना पड़ा है। वर्ष 2008 में वे महज 42 वोट के अंतर् से चुनाव हर गईं थीं। टिकिट वितरण से नाराज मंत्री मेहदेले ने इस बार भाजपा के चुनाव प्रचार से भी दूरी बना रखी है।
क्या चुनाव पर पड़ेगा असर !








