मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कल अजयगढ़ में चुनावी आमसभा को करेंगे संबोधित

0
1200
अजयगढ़ के रामलीला प्रांगण में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की शुक्रवार होने वाली आमसभा की तैयारियों का जायजा लेते भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह।

* भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप ने आमसभा की तैयारियों का लिया जायजा

* सीएम की आमसभा को लेकर अजयगढ़-धरमपुर क्षेत्रवासियों में उत्साह

रिजवान खान, अजयगढ़(पन्ना)। रडार न्यूज  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के स्टार प्रचारक शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार 23 नवंबर को पन्ना जिले के पन्ना विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह के पक्ष में अजयगढ़ क़स्बा में चुनावी आमसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री की सभा को सफल बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप ने गुरुवार देर शाम तक स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों के साथ मिलकर सभी आवश्यक तैयारियों को अपनी देखरेख पूर्ण कराया। आमसभा में भीड़ जुटाने के लिए श्री सिंह द्वारा स्थानीय पार्टी नेताओं के साथ अजयगढ़ नगर में जनसंपर्क कर लोगों को आमसभा में पहुंचने के लिए आमंत्रण दिया गया। इसके अलावा गुरुवार को अजयगढ़ का साप्ताहिक बाजार करने आये क्षेत्रांचल वासियों से भी भेंट कर उनसे आमसभा में शामिल होने की अपील की गई। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री की आमसभा का आयोजन स्थानीय रामलीला प्रांगण में शुक्रवार 23 नवंबर को दोपहर 2 बजे से किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की सभा को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पन्ना विधानसभा क्षेत्र भारतीय जनता पार्टी के समस्त नेताओं ने अजयगढ़-धरमपुर क्षेत्रवासियों से मुख्यमंत्री की आमसभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रत्याशी बृजेन्द्र प्रताप सिंह के पक्ष में इसके पूर्व 19 नवंबर को केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने धरमपुर क्षेत्र के खोरा ग्राम में विशाल आमसभा को संबोधित किया था।