Home Blog Page 184

स्वच्छता सर्वेक्षण-2019 | देश के टॉप 20 शहरों में एमपी के 6 शहर, उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाईकर्मियों को मिलेगी 5-5 हजार सम्मान राशि

0
मुख्यमंत्री कमलनाथ।

सीएम कमलनाथ ने सफाईकर्मियों को दी बधाई; कहा कड़ी मेहनत का फल है सफलता

भोपाल | रडार न्यूज   मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि उन सभी सफाईकर्मियों को बोनस के रूप में पाँच-पाँच हजार रुपए की सम्मान राशि दी जायेगी जिनकी रात-दिन की मेहनत से स्वच्छता सर्वेच्छण, 2019 में मध्यप्रेदश के छह शहर ने देश के 20 टॉप शहर में अपना स्थान बनाया है। मुख्यमंत्री ने इन छह शहरों के सफाईकर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सफाईकर्मियों की कड़ी मेहनत से पूरे देश में मध्यप्रदेश का नाम रोशन हुआ है। छह शहर सर्वोच्च स्वच्छता की श्रेणी में शामिल हुए हैं। प्रदेश के नागरिकों के लिये यह गौरव का विषय है।
उल्लेखनीय है कि स्वच्छता सर्वेच्छण, 2019 में देश के 4237 शहर में टॉप 20 शहर में प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, खरगोन और नागदा शामिल है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि स्वच्छता सर्वेच्छण 2019 में इन शहरों ने सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इस सफलता में इन शहरों के आम नागरिकों की जागरूकता और जन-भागीदारी के साथ ही असली योगदान उन सफाईकर्मियों का है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत की और लगातार कर रहे हैं। उनकी कर्मठता से यह गौरव हासिल हो पाया है।

अंशुल मिश्रा हत्याकांड | चुनौती मिलने पर दोस्त बने क़ातिल, प्रीत ने विक्रम से कट्टा लेकर चलाई थी गोली, पुलिस ने दबिश देकर विक्रम को किया गिरफ्तार

0
बृजपुर थाना पुलिस की अभिरक्षा में हत्यारोपी विक्रम व्यापारी।

* आरोपी के घर से दो जिन्दा कारतूस हुए बरामद

* सड़क दुर्घटना को लेकर हुए विवाद में की थी दोस्त की हत्या

पन्ना (रुपेश जैन, बृजपुर)। रडार न्यूज  मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की बृजपुर थाना पुलिस ने बहुचर्चित अंशुल मिश्रा हत्याकांड में फरार चल रहे तीसरे और अंतिम आरोपी विक्रम व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया है। विक्रम को गुरुवार 7 मार्च की सुबह ग्राम दमचुआ स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके घर से 315 बोर के कट्टा के दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए है। इसके पूर्व पुलिस ने इसी मामले के दो अन्य आरोपियों प्रीत बुंदेला व हरिनारायण शास्त्री को गिरफ्तार किया था। वर्तमान में दोनों आरोपी न्याययिक अभिरक्षा में जिला जेल पन्ना में बंद है।

 उलाहना देने पर हुआ था विवाद

अंशुल मिश्रा के शव के पास खड़े क्षेत्र के लोग। (फाइल फोटो)
सूत्रों से पता चला है कि विक्रम व्यापारी पुत्र वीरेन्द्र व्यापारी निवासी ग्राम दमचुआ 25 वर्ष ने पुलिस को दिए अपने गए बयान में हत्याकांड के संबंध में बताया कि घटना दिनाँक 22 फरवरी 2019 को वे चारों लोग बाइक से पहाड़ीखेरा जा रहे थे। तभी रास्ते में हीरापुर ग्राम के पास एक्सीडेंट हो गया जिसमें प्रीत बुंदेला के हाथ में मामूली चोट आई थी। पहाड़ीखेरा पहुँचने पर गौतम ढाबा के बाहर प्रीत ने अंशुल उर्फ मिश्रा सुमन राज पुत्र रविशंकर मिश्रा 22 वर्ष निवासी ग्राम बृजपुर को उलाहना देते हुए सड़क दुर्घटना के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया। बस इसी बात को लेकर दोनों के बीच मुँहवाद होने लगा, इस दौरान प्रीत ने अंशुल को उससे उलझने पर गोली मारने की धमकी दे डाली। यह बात अंशुल को इतनी नाग़वार गुजरी कि सामने खड़े होकर उसने प्रीत को जातिगत और परिजनों की चुनौती देते हुए अपनी छाती (सीना) खोलकर गोली चलाने के लिए ललकारा। फिर क्या था प्रीत ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए विक्रम से कट्टा लेकर दोस्त अंशुल के सीने में गोली उतार दी और जमीन में गिरते ही उसकी मौत हो गई। मालूम हो कि घटना के समय चारों नवयुवक शराब के नशे में धुत थे। जिसके चलते वे अपने ही दोस्त के कातिल बन गए। अंशुल को गोली मारने के बाद प्रीत बुंदेला, विक्रम व्यापारी और हरिनारायण शास्त्री बाइक लेकर मौके से फरार हो गए थे।

कहाँ से आया कट्टा होगी जाँच

हत्याकांड के बाद कार्रवाई करती पुलिस की फाइल फोटो।
इस सनसनीखेज हत्याकांड को बृजपुर थाना प्रभारी कमलेश साहू और पहाड़ीखेरा चौकी प्रभारी आर.जी.दिवेदी और उनकी टीम ने गंभीरता से लेते हुए पखवाड़े भर के अंदर सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। बृजपुर थाना प्रभारी कमलेश साहू “रडार न्यूज” से चर्चा में जानकारी देते हुए बताया कि आज पकड़े गए आरोपी विक्रम व्यापारी के घर से पुलिस ने दो कारतूस बरामद किए है। पुलिस द्वारा उसे पन्ना ले जाकर न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि विक्रम ने अवैध कट्टा-कारतूस कहाँ से प्राप्त किया, इसकी भी गहनतापूर्वक जाँच की जा रही है।

हृदय विदारक हादसा | रेत से लोड ट्रेक्टर-ट्राली में पीछे से टकराई बाइक, 2 नवयुवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

0
रेत से लोड ट्रेक्टर-ट्राली में नीचे घुसी बाइक और दर्दनाक हादसे को बयाँ करता सड़क फैला मृतकों का खून।

* पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र में हुआ हादसा

* छतरपुर जिले के निवासी हैं दोनों मृतक, आधार कार्ड से हुई पहचान

पन्ना। रडार न्यूज    मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में रेत का परिवहन कर रहे एक ट्रेक्टर-ट्राली में पीछे से तेज रफ़्तार बाइक के टकराने से उसमें सवार दो नवयुवकों का मौके पर ही दर्दनाक दुखांत हो गया। यह हृदय विदारक हादसा मंगलवार 5 मार्च को रात्रि करीब 9:30 बजे अजयगढ़-बरियारपुर मार्ग पर बहादुरगंज ग्राम के समीप हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ़्तार बाइक पहले ट्रेक्टर-ट्राली के पिछले हिस्से से जोरदार आवाज के साथ टकराई और फिर उसके ही नीचे जा घुसी। इस भिड़ंत में बाइक चालक और पीछे बैठे युवक के सिर में बेहद गंभीर चोट आने से उनका खून सड़क पर बहने लगा और चंद पलों में ही दोनों घायलों की साँसें हमेशा के लिए थम गईं। लोगों का मानना है कि बाइक सवार युवकों ने अगर हेलमेट लगाया होता तो शायद उनकी जान बच जाती। सड़क हादसे में असमय कालकवलित हुए युवकों की पहचान उनके उनके आधार कार्ड से की गई है। मृतक अशोक आदिवासी व रामऔतार आदिवासी पड़ोसी जिला छतरपुर के ग्राम सूरजपुरा के निवासी बताए जा रहे हैं। इनकी उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच है।

क्या नशे में धुत थे मृतक !

अजयगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में रखे दोनों मृतकों के शवों को देखते स्थानीय लोग।
अजयगढ़ क़स्बा के नजदीक हुए इस हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीओपी इसरार मंसूरी ने “रडार न्यूज” को जानकारी देते हुए बताया कि बाइक सवार दोनों युवक अजयगढ़ से जब बरियारपुर की ओर जा रहे थे तभी रास्ते में बहदुरगंज ग्राम के समीप यह हादसा हुआ। बाइक सवार रेत से लोड जिस ट्रेक्टर-ट्राली से टकराए हैं वह अजयगढ़ निवासी सोनू निगम का बताया गया है। जोकि हादसे के समय बहादुरगंज की तरफ जा रहा था। फ़िलहाल यह साफ़ नहीं हो पाया है कि बाइक सवार युवक नशे में धुत थे या फिर ट्रेक्टर-ट्राली चालक की लापरवाही के कारण इतना बड़ा हादसा हुआ है। हालाँकि यह हादसा जिस स्थिति में हुआ है उसके लिए सोशल मीडिया पर कतिपय लोग बाइक सवार युवकों की घोर लापरवाही जिम्मेदार मान रहे हैं। सड़क हादसे पर अजयगढ़ थाना पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध की कार्यवाही की जा रही थी। अजयगढ़ एसडीओपी इसरार मंसूरी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को हादसे के संबंध सूचना दे दी गई है। बुधवार की सुबह पोस्टमार्टम होने के बाद दोनों शवों को परिजनों को सुपुर्द किया जायेगा। उधर इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलने के बाद से अजयगढ़ क़स्बा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

लोकसभा चुनाव | खजुराहो सीट पर दावेदारों की तादाद देखते हुए प्रत्याशी चयन में सतर्कता बरत रहीं पार्टियाँ, संगठन के फीडबैक और सर्वे रिपोर्ट के मंथन से तय होंगे भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार

0
सांकेतिक फोटो।

* बदली हुई परिस्थतियों में भाजपा के सामने अपने गढ़ को बचाने की चुनौती

* सपा-बसपा गठबंधन में सपा कोटे में सीट जाने का कांग्रेस को मिल सकता है लाभ

शादिक खान (पन्ना), सत्येंद्र गौतम (कटनी)। रडार न्यूज  लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, किसी भी समय चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है। आमचुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की तैयारियाँ तेजी से चल रही हैं, जिसे देखते हुए राजनैतिक दलों ने भी उम्मीदवारों के चयन की कवायद तेज कर दी है। मध्यप्रदेश में दोनों ही प्रमुख पार्टियों भाजपा और कांग्रेस की ओर से जीत की प्रबल संभावना वाले सुयोग्य उम्मीदवारों के चयन को लेकर जारी प्रक्रिया के तहत अपने मोर्चा, संगठन, विभाग और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से रायशुमारी की है। विधायकों-पूर्व विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से भी नाम माँगे हैं। इस तरह विभिन्न स्तर से आने वाले नामों को छानकर प्रत्येक सीट पर संभावित प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश से पार्टी हाईकमान को भेजा जा रहा है। उधर, दोनों ही पार्टियों की और से दावेदारों के नामों को लेकर अंदरूनी सर्वे भी कराए जा रहे है। जिसकी रिपोर्ट संबंधित एजेंसी द्वारा सीधे केन्द्रीय नेतृत्व को सौंपी जाएगी।
भारतीय जनता पार्टी ने संघ से भी उसकी पसंद पूँछी है। इन नामों पर मंथन करके दोनों ही पार्टियाँ सक्षम उम्मीदवारों पर दांव लगाएंगी। अंदरखाने की चर्चाओं को मानें तो मध्यप्रदेश में कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशियों के चयन में प्रदेश के क्षत्रपों की अहम भूमिका रहेगी। जबकि भाजपा के उम्मीदवार अंदरूनी सर्वे रिपोर्ट से तय होंगे। दोनों ही प्रमुख दल सोशल इंजीनियरिंग के फार्मूले के आधार पर उम्मीदवारों का चयन को तरजीह देते हुए प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से कुछ पर जहां पुराने चेहरों को फिर से चुनावी महासमर में उतार सकते हैं, तो कुछ सीटों पर नए चेहरों पर भी दांव लगाए जाने की बात कही जा रही है। पुराने चेहरों में वर्तमान एवं पूर्व सांसद से लेकर पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक बताए जा रहे हैं।
मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड अंचल की खजुराहो लोकसभा सीट की बात करें तो यहाँ कांग्रेस और भाजपा के खेमे में प्रत्याशी चयन को लेकर काफी खींचतान है। दरअसल, इसका कारण दावेदारों की तादाद ज्यादा होना है। दावेदारों के नामों पर मंथन करके दोनों ही पार्टियों की प्रदेश चुनाव समिति संभावित प्रत्याशियों के नामों का पैनल केन्द्रीय चुनाव समिति को भेज चुकी हैं। मिशन-2019 के लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त करने के लिए भाजपा और कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार के चयन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रदेश समिति से प्राप्त नामों और अन्य स्रोतों से आये नामों पर शीर्ष स्तर पर बैठकों में गहनतापूर्वक विचार-विमर्श किया जा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी की विचारधारा में आस्था रखने और आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सक्षम, स्वच्छ छवि तथा जीत की प्रबल संभावना वाले सुयोग्य दावेदार को दोनों ही पार्टियाँ संसदीय सीट से प्रत्याशी घोषित कर सकती हैं। संभवतः इस महीने के अंत तक प्रत्याशियों के नामों का ऐलान हो सकता है।
बीजेपी का मजबूत किला कहलाने वाली खजुराहो सीट पर इस बार पार्टी के सामने कई गंभीर चुनौतियाँ हैं। मसलन, प्रदेश में हुआ हालिया सत्ता परिवर्तन, बसपा-सपा गठबंधन से बने समीकरण, लगातार जीत के बाद भी अति पिछड़े इस इलाके को भाजपा सांसदों द्वारा केन्द्र से कोई महत्पूर्ण सौगात न दिला पाना और वर्तमान सांसद नागेन्द्र सिंह की निष्क्रियता चुनाव में भाजपा के लिए परेशानी का सबब साबित होगी। पार्टी के रणनीतिकारों को इसका भली-भाँति एहसास है। उल्लेखनीय है कि खजुराहो सीट के नए स्वरुप में अस्तित्व में आने के बाद यहाँ पर वर्ष 2009 में भाजपा-कांग्रेस के बीच अब तक का सबसे नजदीकी मुकाबला हुआ था। इस चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार राजा पटैरिया को भाजपा प्रत्याशी जीतेन्द्र सिंह ने करीब 27 हजार मतों के अंतर से पराजित किया था। वर्ष 2014 के चुनाव में कांग्रेस ने राजा पटैरिया को पुनः उम्मीदवार बनाया लेकिन मोदी लहर के चलते इस क्षेत्र के लोगों के लिए पूर्णतः अपरचित पूर्व मंत्री नागेंद्र सिंह करीब ढ़ाई लाख मतों के विशाल अंतर से चुनाव जीत गए। सांसद नागेन्द्र की निष्क्रियता ने इस क्षेत्र के लोगों को काफी निराश किया है। संसद में जहाँ वे अहम मुददों पर खामोश रहे वहीं चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र में उनकी उपस्थिति भी नगण्य बनी रही। हालिया विधानसभा चुनाव में सतना जिले की नागौद सीट से चुनाव जीते नागेन्द्र सिंह भी मानते हैं वे कि सांसद रहते हुए जनाकांक्षाओं की कसौटी खरे नहीं उतर सके। जिसका खामियाजा आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को भुगतना पड़ सकता है।
बहरहाल, तमाम चुनौतियों के बाबजूद पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों के आँकड़े भाजपा के इस किले को अभेद बनाते हैं। यह निष्कर्ष कांग्रेस के लिए चिंता का सबब है। चार माह पूर्व 2018 में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव परिणामों पर गौर करें तो खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाली 8 विधानसभा सीटों में सिर्फ 2 सीटें (पन्ना जिले की गुनौर और छतरपुर जिले की राजनगर) ही कांग्रेस के पास है, शेष सभी सीटों पर भाजपा का कब्ज़ा है। फलस्वरूप भाजपा के अंदर यह सोच लगातार मजबूत हो रही है कि खजुराहो सीट से टिकिट मिलने का मतलब जीत की गारण्टी है। शायद यही वजह है कि इस बार लोकसभा के टिकिट के लिए भाजपा से डेढ़ दर्जन से अधिक दावेदार सामने आये हैं। वहीं कांग्रेस से दो दर्जन नेताओं ने टिकिट के लिए दावेदारी पेश की है।

ये हैं टिकिट के दावेदार

बीजेपी से पूर्व मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले, पूर्व विधायक विजय बहादुर सिंह बुंदेला, पूर्व विधायक गिरिराज किशोर पोद्दार, पूर्व विधायक ध्रुव प्रताप सिंह, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह गुड्डू, किसान नेता उमेश सोनी, पन्ना भाजपा जिलाध्यक्ष सतानंद गौतम, घासीराम पटेल, एडवोकेट विनोद तिवारी, पीताम्बर टोपनानी, अश्विनी गौतम, पन्ना सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष संजय नगायच, सुधीर शर्मा, विनोद टिकरिया, रमेश शुक्ला, अनुपमा सिंह लोधी, जयप्रकाश चतुर्वेदी, देवीदीन दुबे, चमनलाल आनंद शामिल हैं। उधर, भाजपा के कुछ बड़े नेताओं की नज़र भी खजुराहो सीट पर है। जबकि कांग्रेस के दावेदारों में पूर्व मंत्री राजा पटैरिया, मुकेश नायक, रामकृष्ण कुसमरिया, पूर्व विधायक सौरभ सिंह, पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, मनोज त्रिवेदी, पदमा शुक्ला, चंद्रिका प्रसाद दिवेदी, नीरज सिंह, अनुराधा शेंडगे, धीरज तिवारी गुड्डू, गिरधारी लोधी, रावेन्द्र प्रताप सिंह, निरंजन पंजवानी, सुनील मिश्रा पूर्व विधायक, अजय अहिंसा, कविता सिंह, फिरोज खान, रविन्द्र शुक्ला, बृजेन्द्र मिश्रा उर्फ़ राजा भैया, मीना यादव, शारदा पाठक, भरत मिलन पाण्डेय, दिव्यारानी सिंह, वीरेन्द्र दिवेदी, राकेश जैन कक्का के नाम चर्चा में हैं। मजेदार बात यह है कि विजराघवगढ़ विधायक संजय पाठक को प्रत्याशी बनाए जाने की अटकलें भी दोनों ही पार्टियों में स्थानीय स्तर पर लगती रहती हैं। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की अल्पमत की सरकार और भाजपा तथा कांग्रेस के विधायकों की संख्या के करीबी अंतर को देखते हुए जानकारों को लगता है कि कोई भी पार्टी फिलहाल अपने विधायक को चुनावी रण में नहीं उतारेगी।
चुनावी विश्लेषकों की मानें तो भाजपा से पूर्व मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले, पूर्व विधायक विजय बहादुर सिंह बुंदेला, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह गुड्डू, पूर्व विधायक गिरिराज किशोर पोद्दार, युवा नेता संजय नगायच और कांग्रेस से पूर्व मंत्री राजा पटैरिया, मुकेश नायक, रामकृष्ण कुसमरिया, पूर्व विधायक सौरभ सिंह, मनोज त्रिवेदी में से किसी के आमने-सामने होने पर चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। पूर्व मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले, पूर्व विधायक विजय बहादुर सिंह बुंदेला, पूर्व मंत्री राजा पटैरिया, मुकेश नायक, रामकृष्ण कुसमरिया ऐसे नाम जिनसे क्षेत्र के लोग परिचित हैं। हालाँकि रामकृष्ण कुसमरिया की समस्या यह है कि भाजपा में रहते हुए उन्हें इस क्षेत्र के लोगों ने कई बार सांसद चुना लेकिन वे जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। पिछले महीने ही कांग्रेस में शामिल हुए कुसमरिया को कांग्रेसी स्वीकार्य कर पाएंगे यह भी बड़ा सवाल है। उन्हें प्रत्याशी बनाये जाने की स्थिति में कांग्रेस नेतृत्व पर अपने वादे के विपरीत पैराशूट उम्मीदवार उतारने का तोहमत भी लग सकता है।
कांग्रेस में पूर्व मंत्री मुकेश नायक निश्चित ही बड़ा नाम है, लेकिन पवई और कटनी में उन्हें अपनी ही पार्टी के नेताओं का कड़ा विरोध झेलना पड़ सकता है। रहा सवाल पूर्व मंत्री राजा पटैरिया का तो उन्हें अवसर मिलने की स्थिति में लगातार दो चुनाव हारने के बाद भी क्षेत्र में सक्रियता बनाए रखने के फलस्वरूप मतदाताओं की सहानुभूति मिल सकती है। इनके पक्ष में एक बात यह भी है समूचे खजुराहो संसदीय क्षेत्र में गाँव-गाँव इनके अपने लोग है। क्षेत्र के मतदाता और पार्टी नेता-कार्यकर्ता भी इन्हें भलीभाँति जानते है। लेकिन, राजा पटैरिया की सबसे बड़ी परेशानी चुनावी प्रबंधन न कर पाना है जिसका नुकसान उन्हें पिछले चुनावों में हार के रूप में झेलना पड़ा है। खजुराहो संसदीय क्षेत्र में पिछड़े वर्ग के मतदाताओं की निर्णायक स्थिति को देखते हुए भाजपा से पूर्व मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले मजबूत उम्मीदवार साबित हो सकती हैं। हालाँकि पूर्व विधायक विजय बहादुर सिंह बुंदेला, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह गुड्डू, पूर्व विधायक गिरिराज किशोर पोद्दार और संजय नगायच को भी कमतर नहीं आँका जा सकता। इनका जहाँ लोगों से व्यक्तिगत जुड़ाव है वहीं युवा मतदाताओं का भी इन्हें समर्थन मिल सकता है।

कांग्रेस को वोट कर सकते हैं बसपा के वोटर ?

सांकेतिक फोटो।
मध्यप्रदेश में बहुजन समाज पार्टी BSP और समाजवादी पार्टी SP के बीच हुए गठबंधन के तहत खजुराहो सीट सपा के खाते में गई है। अर्थात इस सीट पर समाजवादी पार्टी की ओर से अपना उम्मीदवार उतारा जाएगा। लेकिन सपा के उम्मीदवार को बसपा के मतदाता वोट करेंगे इस बात को लेकर बसपा के अंदर ही संशय बरक़रार है। दरअसल, इन्हें डर है कि बसपा उम्मीदवार के न होने पर उसका आधार वोट बैंक कहे जाने वाले दलित मतदाता कांग्रेस के पक्ष में वोट कर सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो भाजपा के किले में सेंध लग सकती है। दलित मतदाता कांग्रेस के साथ इसलिए भी जा सकते हैं क्योंकि बसपा से पहले वे कांग्रेस में ही थे। खजुराहो संसदीय क्षेत्र में दलित मतदाताओं की तादाद भी 2 लाख से अधिक बताई जाती है। इसके अंतर्गत आने वाली पन्ना जिले की गुनौर और छतरपुर की चंदला विधानसभा सीट अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है।
सांकेतिक मानचित्र।
जानकारों की मानें बसपा का 20-25 फीसदी वोट भी यदि कांग्रेस के साथ आया तो भाजपा मुश्किल में पड़ सकती है। वैसे भी, इस समय किसानों की कर्जमाफ़ी, विवाह योजना की सहायता राशि में दोगुनी वृद्धि और बेरोजगार युवाओं के पंजीयन के चलते माहौल कुछ हद तक कांग्रेस के पक्ष में है। इन परिस्थितियों में कांग्रेस पार्टी यदि दलितों को अपनी ओर खींचने अथवा उनके वोटों में सेंध लगाने में सक्षम प्रत्याशी पर दाँव लगाती है तो उसकी संभावना कहीं बेहतर हो सकती है। उधर, समाजवादी पार्टी से अभी तक कोई दावेदार सामने सामने नहीं आया है। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे खजुराहो संसदीय क्षेत्र में सपा का कोई निश्चित वोट बैंक भी नहीं है, यह प्रत्याशी, जातिगत समीकरणों और परिस्थितियों के आधार पर घटता-बढ़ता रहता है। कुल मिलाकर इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच रोचक मुकाबला होने के आसार हैं, लेकिन चुनावी तस्वीर प्रत्याशी घोषित होने के बाद ही साफ़ होगी।

जांबाज जवानों और शहीदों के बलिदान के कारण आज हम और हमारा देश सुरक्षित है : मुख्यमंत्री कमलनाथ

0
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शौर्य स्मारक में “एक शाम देश के नाम” कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया।

* “एक शाम देश के नाम” कार्यक्रम में मध्यप्रदेश सरकार शहीद परिवारों के साथ

भोपाल। रडार न्यूज   मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि देश के जांबाज जवानों और शहीदों के बलिदान का ही नतीजा है कि आज हम लोग हमारा देश सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश शहीद परिवारों के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है उनकी हर समस्या का समाधान सरकार करेगी। उन्होंने छतरपुर के आरक्षक शहीद बालमुकुंद प्रजापति के परिवार को आश्वस्त किया कि उन्हें शीघ्र ही पिछले दो साल से रुकी पेंशन शुरु की जायेगी। मुख्यमंत्री आज शौर्य स्मारक में मध्यप्रदेश सरकार और एक निजी चैनल द्वारा आयोजित देश भक्ति कार्यक्रम ”एक शाम देश के नाम” में बोल रहे थे।

जवानों का साहस देख होता है गर्व

मुख्यमंत्री ने शौर्य स्मारक में “एक शाम देश के नाम” कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि जब मैं देहरादून में पढ़ रहा था तो हमारे स्कूल के एक तरफ सैनिक स्कूल था। मेरी बड़ी इच्छा थी की मैं फौजी बनूं। मैंने एनडीए की भी तैयारी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लेकिन जब मैं सेना, सीआरपीएफ, पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के जवानों का साहस देखता हूँ तो मुझे बड़ा गर्व होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मैं देश प्रेम के गाने सुन रहा था। इसमें पूरे भारत की झलक दिखलाई दे रही थी। हमारे देश में विभिन्न जाति, संस्कृति, भाषा, धर्म होने के बावजूद हम एक झण्डे के नीचे खड़े रहते हैं और देश के प्रति हमारा जज्बा एक रहता है। उन्होंने कहा कि आज अपने देश की इस महानता के प्रतीक को शौर्य स्मारक के इस स्थान पर देख रहा हूँ।

शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सीआरपीएफ के जवान शहीद अश्वनी कुमार काछी जबलपुर, शहीद मनोज चौरे बैतूल, शहीद मनमोहन सिंह परिहार सतना, सेना के जवान शहीद रंजीत सिंह तोमर दतिया, शहीद रामेश्वर प्रसाद पटेल जबलपुर, शहीद जगराम सिंह तोमर मुरैना, मध्यप्रदेश पुलिस के शहीद एएसआई, अमृतलाल भिलाला, आरक्षक शहीद अरविंद सेन अलीराजपुर, रायेसन के आरक्षक शहीद इन्द्रपाल सिंह सेंगर, आरक्षक शहीद बालमुकुंद प्रजापति छतरपुर, और शहीद श्री रमाशंकर यादव भोपाल के परिजनों को सम्मानित किया।

इनकी रही उपस्थिति

इस अवसर पर चिकित्सा एवं संस्कृति मंत्री डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ, वाणिज्यिक कर मंत्री ब्रजेन्द्र सिंह राठौर, जनसंपर्क एवं विधि विधायी मंत्री पी.सी. शर्मा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सुखदेव पांसे, विधायक आरिफ मसूद, पुलिस महानिदेशक वी.के. सिंह, अपर मुख्य सचिव गोपाल रेड्डी, आयुक्त जनसंपर्क पी. नरहरि, आयुक्त भोपाल श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव और दिलीप तिवारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में सेना और सीआरपीएफ के जवानों और मुम्बई से आये कलाकारों ने देश भक्ति गीत प्रस्तुत किये। कार्यक्रम में सेना, सीआरपीएफ, पुलिस के जवान और एनसीसी स्काउट गाईड के छात्र-छात्राओं के साथ शहीदों के परिजन और नागरिक उपस्थित थे।

संवेदनशीलता | मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सुनी इंदौर की छठवीं कक्षा की छात्रा की गुहार

0
मुख्यमंत्री कमलनाथ।

* इंदौर में की सभी बच्चों के लिए बेडमिंटन प्रशिक्षण की व्यवस्था

भोपाल रडार न्यूज  मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इंदौर की कक्षा छठवीं की छात्रा ईवा शर्मा की गुहार पर इंदौर कलेक्टर को बच्चों के लिए बेडमिंटन प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए एसजीएसआईटीएस कॉलेज के बेडमिंटन हॉल को बच्चों के प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध करवाया। इंदौर की कक्षा छठवीं की छात्रा कु. ईवा शर्मा ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था कि चुनावी प्रक्रिया के लिए जिला प्रशासन ने नेहरू स्टेडियम को अपने आधिपत्य में ले लिया है। इसके कारण, बच्चों का बेडमिंटन प्रशिक्षण प्रभावित हो रहा है। उसने पत्र में यह भी लिखा कि चुनाव प्रक्रिया के बाद स्टेडियम का वुडन कोर्ट भी खराब हो जाता है।

आपकी समस्या का निदान मुझे करना चाहिए

मुख्यमंत्री ने ईवा को लिखे पत्र में कहा कि निश्चित तौर पर आपकी व्यथा ठीक है। इंदौर के नेहरू स्टेडियम में ही चुनावी प्रक्रिया कई वर्षों से संपन्न करवाई जाती है। आगामी लोकसभा चुनाव संपन्न होना है। उसके लिये चुनावी प्रक्रिया के कार्य भी इस साल नेहरू स्टेडियम में संपन्न होना है। चुनाव लोकतंत्र का महापर्व होता है और यह हम सभी की भागीदारी से संपन्न होता है। मुख्यमंत्री ने ईवा को लिखा कि हालाँकि आपका पत्र देश के प्रधानमंत्री को संबोधित था लेकिन मैंने पत्र देखकर यह माना कि मुख्यमंत्री के रूप में मुझे आपकी समस्या का निदान करना चाहिए।

बनाई वैकल्पिक व्यवस्था

सांकेतिक फोटो।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि नेहरू स्टेडियम का बेडमिंटन हॉल तो अभी लोक सभा निर्वाचन प्रक्रिया के कार्य प्रारंभ होने से आपको उपलब्ध नहीं करवा पा रहा हूँ लेकिन चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने तक वैकल्पिक व्यवस्था की है। इंदौर के जिलाधीश को निर्देश दिए हैं कि तत्काल इस समस्या का हल निकालें। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बेडमिंटन खिलाड़ियों की इंदौर के एसजीएसआईटीएस कॉलेज में शाम 3 से 5 बजे तक बेडमिंटन हॉल की व्यवस्था प्रशिक्षण के लिए कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश भी दिए हैं कि चुनाव कार्य के दौरान नेहरू स्टेडियम के बेडमिंटन हॉल का वुडन कोर्ट खराब न हो, इसका भी पूरा ध्यान रखा जाए।

मंत्री जयवर्द्धन सिंह ने किसानों को सौंपे 32 करोड़ के फसल ऋण माफी प्रमाण-पत्र

0
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्द्धन सिंह ने नरसिंहगढ़ में जय किसान फसल ऋण माफी योजना में किसानों को प्रामण पत्र वितरित किये।

* किसानों को खेती के लिए मिलेगी पर्याप्त बिजली और सिंचाई के लिये पानी

भोपाल। रडार न्यूज नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्द्धन सिंह ने राजगढ़ जिले की नरसिंहगढ़ तहसील में जय किसान फसल ऋण माफी योजना में पात्र किसानों को 32 करोड़ एक लाख 33 हजार 929 रूपये के ऋण माफी प्रमाण-पत्र तथा सम्मान ताम्र-पत्र प्रदान किये। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती के लिये पर्याप्त बिजली एवं सिंचाई के लिये उपयुक्त संसाधन उपलब्ध कराये जायेंगे।

गौवंश की होगी बेहतर देखभाल

मंत्री जयवर्द्धन सिंह ने फसल ऋण माफी योजना के कार्यक्रम को संबोधित किया।
मंत्री जयवर्द्धन सिंह ने कहा कि प्रदेश में खेती के लिए बिजली, पानी, बीज और खाद की बेहतर व्यवस्थाएँ ही किसानों को समृद्ध और खुशहाल बनाएँगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद, तलेन को 2 करोड़ रूपये का विशेष पैकेज उपलब्ध करवाया गया है, जिससे सभी लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण किये जायेंगे। जिले में प्रत्येक विकासखंड की पाँच बड़ी पंचायतों में गौ-शालाओं का निर्माण कराया जायेगा, जिससे गौ-वंश की अच्छी देखभाल हो सके। जयवर्द्धन सिंह ने कहा कि नरसिंहगढ़ तहसील को समृध्द बनाया जायेगा। यहाँ सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध करायी जायेंगी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गिरीश भंडारी उपस्थित थे।

अतिथि शिक्षकों से मंत्री बोले- “वचन पूरा करने से कोई ताकत नहीं रोक सकती”

0
जनसम्पर्क मंत्री पी.सी. शर्मा शाहजहॉनी पार्क में अतिथि शिक्षकों के प्रान्तीय सम्मेलन को संबोधित किया

* अतिथि शिक्षक संघ के प्रांतीय सम्मेलन में शामिल हुए जनसम्पर्क मंत्री

* शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण के निराकरण का दिलाया भरोसा  

भोपाल। रडार न्यूज  जनसम्पर्क मंत्री पी.सी. शर्मा ने आज शाहजहाँनी पार्क में अतिथि शिक्षक संघ के प्रांतीय सम्मेलन में शिक्षकों को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा दिये गये वचनों को पूरा करने से कोई नहीं रोक सकता। जो वचन दिये गये हैं, उन्हें एक-एक कर पूरा किया जायेगा। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण किया जायेगा। मंत्रालय में गत दिनों विभिन्न गैर-मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों से चर्चा की जाकर रूपरेखा तैयार कर ली गयी है। शीघ्र ही इस संबंध में मुख्यमंत्री से मिलकर आवश्यक कार्यवाही के लिये अनुरोध किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों की माँगों को पूरा किया जा रहा है।
मंत्री श्री शर्मा ने सम्मेलन के दौरान ही प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा रश्मि अरुण शमी और आयुक्त लोक शिक्षण जयश्री कियावत से अतिथि शिक्षकों की माँगों को पूरा करने के संबंध में मोबाइल फोन पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये।

ऋण मुक्ति योजना | प्रथम चरण में 36 हजार किसानों के बैंक खातों में जमा होंगे 111 करोड़

0

* प्रत्येक पात्र किसान को फसल कर्ज माफी योजना लाभ : प्रभारी मंत्री

* मंत्री डॉ. प्रभूराम चौधरी ने किसानों को कर्ज मुक्ति एवं सम्मान प्रमाण पत्र बाँटे

पन्ना। रडार न्यूज  मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जय किसान फसल कर्ज माफी योजना के अन्तर्गत जिले की प्रत्येक तहसील में समारोह आयोजित कर किसानों को कर्ज मुक्ति एवं सम्मान प्रमाण पत्र वितरित किए जा रहे हैं। प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभूराम चौधरी के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार 1 मार्च को जिले की सिमरिया, अमानगंज एवं पन्ना मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में किसानों को ऋण मुक्ति एवं सम्मान पत्र वितरित किये गए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रमाण पत्र वितरण का कार्य का शुभारंभ हो चुका है। प्रत्येक पात्र किसानों को ऋण मुक्ति एवं सम्मान पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार हर वर्ग के कल्याण की योजनाएं चला रही है। अब शासन की योजनाओं से कोई भी वर्ग वंचित नहीं रहेगा।
जिले की तीनों तहसील में आयोजित कार्यक्रमों का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने शपथ ग्रहण के साथ ही सबसे पहले किसानों की चिंता करते हुए जय किसान फसल ऋण माफी योजना की फाइल पर हस्ताक्षर किये थे। उन्होंने योजना के शुभारंभ के साथ ही प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जल्द से जल्द किसानों की सूची तैयार कर कर्ज माफी का कार्य प्रारंभ किया जाए। प्रदेश के 55 लाख किसानों को प्रथम चरण में कर्ज माफी एवं सम्मान पत्र वितरण का कार्य प्रत्येक जिले में प्रदेश के मंत्रीगण जाकर कर रहे हैं। इसके उपरांत जो भी लोग शेष रह गए हैं उनके ऋण माफी की कार्यवाही निरंतर जारी है। शेष लोगों को बैंक एवं जिला प्रशासन के अधिकारी किसानों के घर जाकर ऋण मुक्ति एवं सम्मान पत्र देंगे।

रोजगार के लिए युवा कराएं पंजीयन

प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभूराम चौधरी ने शासन की युवा स्वाभिमान स्वरोजगार योजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अभी तक राष्ट्रीय महात्मा गांधी रोजगार योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 100 का रोजगार उपलब्ध कराया जाता था। अब शहरी क्षेत्र के युवाओं के लिए यह योजना प्रारंभ की गयी है। इस योजना के तहत शहरी क्षेत्र के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर 100 का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। 21 साल से ऊपर के प्रत्येक बेरोजगार को 4 हजार रूपये महीने का भत्ता भी दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि शत-प्रतिशत युवा पंजीयन कराकर इस योजना का लाभ उठाएं। उन्हेंने मुख्यमंत्री विवाह-निकाह योजना पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अब 51 हजार रूपये की राशि दी जा रही है। इसमें 48 हजार रूपये की राशि सीधे कन्या के खाते में जाएगी। उन्होंने गौसंवर्धन-संरक्षण के उद्देश्य से प्रारंभ की गई योजना के तहत कहा कि अब प्रत्येक जनपद पंचायत में 3-3 गौशालाएं प्रथम चरण में खोली जाएंगी। इसके बाद आवश्यकता अनुसार और गौशालाएं खोली जाएंगी।
उन्होंने बताया कि वृद्धापेंशन योजना की राशि भी बढाकर 600 रूपये कर दी गयी है जो अप्रैल माह से मिलना प्रारंभ हो जाएगी। आगामी आने वाले समय में इस राशि को और भी बढाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा में सुधार लाने के लिए शिक्षक पालक संघ की बैठकें आयोजित कर अभिभावकों को शिक्षण संस्थाओं में जाकर पठन-पाठन व्यवस्था को देखने की अपील की गयी है। उन्हेंने कहा कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नही किया जाएगा। मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार के मुखिया कमलनाथ जी लगातार प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रदेश में अल्प वर्षा के मद्देनजर ग्रीष्मकाल में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए भी प्रयास किये जा रहे हैं।

गड़बड़ी करने वालों की होगी एफआईआर

कलेक्टर मनोज खत्री ने अपने उद्बोधन में बताया कि जिले में जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत किसानों को कर्ज मुक्ति एवं सम्मान पत्र का वितरण प्रारंभ कर दिया गया है। जिले में 85 हजार 339 आवेदन किए गए थे, इन आवेदनों में से 36439 आवेदनों का सत्यापन हो गया है। इन सत्यापित आवेदक किसानों को 111 करोड से अधिक की राशि ऋण मुक्ति के तहत किसानों के बैंक खातों में जमा कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 31 मार्च 2018 तक किसानों द्वारा लिए गए ऋणों को माफ किया जा रहा है। इसी तरह 12 दिसंबर 2018 तक जिन किसानों द्वारा अपने से ऋण राशि को बैंकों में जमा करा दिया गया था उन किसानों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित करने के साथ उनकी राशि को भी उनके बैंक खातों में जमा कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि किसी के द्वारा भी किसी अन्य किसान के फर्जी तरीके से ऋण लिया गया है ऐसे लोगों की जांच प्रारंभ कर दी गयी है। जांच में पकड़े गए लोगों के विरूद्ध पुलिस में प्रकरण दर्ज कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी किसान को ऐसा लगता है कि वह इस योजना के तहत पात्र है और लाभ से वंचित रह गया है वे किसान आवेदन कर सकते हैं। इसकी जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की अध्यक्षता में समितियां बनाई गयी हैं। ऐसे प्रकरण की जांच उपरांत पात्र पाए जाने वाले किसान को ऋण मुक्ति प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

इनकी रही उपस्थिति

पन्ना में किसानों को प्रमाण पत्र वितरण के कार्यक्रम को गुनौर विधायक शिवदयाल बागरी, शिवजीत सिंह, मीना यादव, जिला पंचायत सदस्य केशव प्रताप सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिव्यारानी सिंह, पन्ना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनीस खान, मनीष मिश्रा, बृजमोहन यादव, इंद्रमणि गर्ग ने सम्बोधित करते हुए शासन की योजनाओं पर प्रकाश डाला। तहसील स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री कैप्टन जयपाल सिंह, पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, अनुराधा शेंडगे, रविन्द्र शुक्ला, आनंद शुक्ला, जयनरेश दिवेदी, रावेन्द्र प्रताप सिंह, भभूत सिंह राजपूत, केपी सिंह बुंदेला, केशरी अहिरवार, मनीष शर्मा, दीपचंद्र अग्रवाल, वैभव थापक, दीपक तिवारी, मृगेंद्र सिंह एवं प्रशासनिकअधिकारी-कर्मचारी,पंच-सरपंच, गणमान्यजन नागरिक तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

लोकसभा चुनाव | देश में दूसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए “अपना बूथ सबसे मजबूत” बनाएं : स्वतंत्र देव

0
फाइल फोटो।

* प्रदेश प्रभारी ने खजुराहो संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों की पन्ना में ली बैठक

* चुनावी तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों पर की विस्तृत चर्चा

* भाजपा कार्यकर्ताओं से किया पूर्ण समर्पण के साथ काम करने का आव्हान

शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज   केन्द्र में लगातार दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लक्ष्य को हांसिल करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों ने वृहद स्तर पर आवश्यक तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। पोलिंग बूथ स्तर तक भाजपा को मजबूत बनाने के लिए पालक-संयोजकों को सक्रिय किया जा रहा है। चुनावी तैयारियों की गहन समीक्षा की जा रही है। युवाओं और नए कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट के गुर सिखाए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार 28 फरवरी को पन्ना के भाजपा कार्यालय में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री व मध्य प्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह ने खजुराहो संसदीय क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों की एक महत्पूर्ण बैठक ली। जिसमें पार्टी की चुनावी तैयारियों, पूर्व में आयोजित किये गए कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। इस बैठक में संभागीय संगठन मंत्री सागर आशुतोष तिवारी भी उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता पन्ना के भाजपा जिला अध्यक्ष सतानंद गौतम ने की।

मोदी ने बढ़ाया भारत का गौरव

मध्यप्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह ने बैठक में भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि “अपना बूथ सबसे मजबूत” के नारे को साकार करने लिए हम सबको बूथ स्तर पर काम करना है। इसके लिए उन्होंने पालक-संयोजको को सक्रिय करने के निर्देश दिए। आपने कार्यकर्ताओं से चुनाव तक पूर्णकालिक कार्यकर्त्ता की भूमिका में काम करने का आव्हान करते हुए कहा कि यह चुनाव देश को दिशा देने वाला चुनाव हैं, इस महत्पूर्ण चुनाव में हम अपना बूथ जीत गए तो यह मान लेना कि हम चुनाव जीत गए।
फाइल फोटो।
श्री सिंह ने कहा कि संगठन में नए कार्यकर्ताओं एवं युवा कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन की टीम में जोड़कर काम पर लगाएं ताकि भाजपा की नई पीढ़ी भी कुशलतापूर्वक संगठनात्मक एवं चुनावी कार्य को पार्टी की विचारधारा के साथ कर सके। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों ने सदैव जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण किया और देश के विकास के लिए काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब से देश के प्रधानमंत्री बने तभी से लगातार देश के विकास को गति देने, सुशासन स्थापित करने और भारत को शक्ति संपन्न बनाकर विश्व की महाशक्ति बनाने की दिशा में सार्थक काम कर रहे हैं। इस दौरान देश ने उन्नति के कई सौपान तय किये और दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है। केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए कार्यकर्ताओं को भी लगातार काम करना होगा।

इनकी रही उपस्थिति

सांकेतिक फोटो।
बैठक में लोकसभा के प्रभारी नंदकिशोर नापित, लोकसभा संयोजक संजीत सरकार, लोकसभा के पूर्णकालिक कार्यकर्ता गणेश पटेल ,पूर्व मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयप्रकाश चतुर्वेदी, पन्ना जिला पंचायत अध्यक्ष रविराज सिंह यादव, आशुतोष मेहदेले, संजय नगायच, जिला मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी, श्रीकांत त्रिपाठी बृजेंद्र गर्ग ,राम बिहारी चौरसिया बृजेंद्र मिश्रा, पुष्पेंद्र पटेल, यशवंत द्विवेदी, श्रीमती अमिता बागरी, मानवेंद्र सिंह राजू खरे ,नेमीचंद जैन ,उमेश शर्मा, दुर्गेश शिवहरे , लल्लू लाल रावत, उमेश निगम ,संदेश अग्रवाल, चंचल जैन आशीष तिवारी एडवोकेट, अजय पाठक धर्मेंद्र नामदेव ,राजकुमार वर्मा दीपेश व्यास आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का सफल संचालन महामंत्री विवेक मिश्रा द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन महामंत्री उमेश निगम ने किया।