Home Blog Page 167

मध्यप्रदेश को मिलावट-मुक्त प्रदेश बनाने खाद्य-पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए : श्री मोहंती

0
मुख्य सचिव एस.आर. मोहन्ती ने जबलपुर में खाद्य सुरक्षा संबंधी संभाग स्तरीय बैठक को संबोधित किया।

* मुख्य सचिव ने जबलपुर में संभाग स्तरीय बैठक में दिए निर्देश

भोपाल। (www.radaranews.in) मुख्य सचिव एस.आर. मोहन्ती ने कहा है कि खाद्य-पदार्थों में मिलावटखोरी मानव जीवन और स्वास्थ्य के प्रति जघन्य अपराध से कम नहीं है। मध्यप्रदेश को मिलावट-मुक्त प्रदेश बनाने की दिशा में खाद्य और पेय पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरूद्ध नियमित रूप से प्रभावी कार्यवाही की जाए। मुख्य सचिव ने यह निर्देश जबलपुर संभाग के कलेक्टर और वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में संभागीय समीक्षा के दौरान दिए।
श्री मोहंती ने आरसीएमएस में दर्ज राजस्व प्रकरणों को अभियान चलाकर निराकृत करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीष्म काल में पेयजल का संकट उत्पन्न न हो, इसकी कार्ययोजना अभी से तैयार करने के निर्देश भी दिए। मुख्य सचिव ने जिलों में वर्षा और अतिवृष्टि-राहत तथा फसलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में आपदा-प्रबंधन के उपायों के चलते अतिवृष्टि और बाढ़ से ज्यादा क्षति नहीं हुई है। सभी कलेक्टर खरीफ फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की आवश्यक तैयारियाँ अभी से पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि खरीफ और रबी की समर्थन मूल्य पर खरीदी में किसी भी स्थिति में नान एफएक्यू जिन्स की खरीदी नहीं की जानी चाहिए।

राजस्व प्रकरणों की ली जानकारी

मुख्य सचिव ने आरसीएमएस पर दर्ज राजस्व प्रकरणों के जिलेवार पंजीयन और निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आगामी 3 माह के भीतर पंजीकृत होने वाले राजस्व प्रकरणों की तुलना में अधिकाधिक संख्या में प्रतिमाह निराकरण भी दर्ज हो। उन्होंने जिलेवार खरीफ फसलों की बोनी, खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण तथा रबी फसल के लिये अग्रिम खाद भण्डारण के बारे में भी जानकारी ली।

वनाधिकार के अमान्य दावों का करें पुनर्सत्यापन

मुख्य सचिव ने विभिन्न जिलों में वनाधिकार के पट्टों के अमान्य दावों और शासन के निर्देशानुसार अमान्य दावों के ऑनलाईन पुनर्सत्यापन कार्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही वनाधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिये। वनमित्र सॉफ्टवेयर द्वारा अमान्य दावों के सत्यापन और हितग्राहियों के दावे के साक्ष्य के लिये संबंधित क्षेत्र और ग्राम सभाओं में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाये। मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त सीएम मॉनिट के प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की।

जबलपुर के विकास का “विजन डाक्यूमेंट” सौंपा

मुख्य सचिव ने कहा कि आगामी माह के त्यौहारों के मद्देनजर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समन्वित रूप से कानून-व्यवस्था की स्थिति को मजबूत रखें। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अपना इन्फॉरमेशन नेटवर्क भी मजबूत बनाये रखें। मुख्य सचिव ने संभाग के प्रत्येक जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण के विरुद्ध की गई कार्यवाही की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन पर सख्त कार्यवाही की जाये। राज्य सभा सदस्य विवेक कृष्ण तन्खा ने मुख्य सचिव को जबलपुर के चहुँमुखी विकास का “विजन डाक्यूमेंट” सौंपा।

गुड न्यूज : विदेशों से आयात होने वाली 800 करोड़ की अगरबत्ती की काड़ी का प्लांट प्रदेश में स्थापित होगा

0
मुख्यमंत्री कमलनाथ की मंत्रालय में आई.टी.सी. कंपनी के चेयरमेन श्री संजीव पुरी एवं सीईओ श्री चितरंजन दास के साथ बैठक हुई।

* मुख्यमंत्री कमलनाथ की आई.टी.सी. कंपनी से हुई चर्चा में सहमति

भोपाल। (www.radarnews.in) विदेशों से आयात की जाने वाली 800 करोड़ की अगरबत्ती की काड़ी अब मध्यप्रदेश में ही बनाई जाएगी। प्रदेश के 3 लाख 70 हजार बिगड़े वनों में पंचायत एवं वन समितियों से अच्छे किस्म के बाँस के पौधों का रोपण करवाया जाएगा। आई.टी.सी. कंपनी इसके लिए प्रदेश में अगरबत्ती की काड़ी बनाने का प्लांट स्थापित करेगी। इससे प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक पैमाने पर लोगों को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज मंत्रालय में आई.टी.सी. कंपनी के चेयरमेन संजीव पुरी एवं सीईओ चितरंजन दास के साथ चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छिंदवाड़ा जिले के तामिया में कैंसर के उपचार के लिए वनौषधियों की पहचान कर उनके दवाओं में उपयोग के लिए प्र-संस्करण इकाई लगाई जाए। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मध्यप्रदेश में औषधीय फसलों के लिए 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता का डिहाइड्रेशन प्लांट लगाने के संबंध में चर्चा की।

बाँस की खेती को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगरबत्ती के लिए उपयोग होने वाली काड़ी के लिए प्रदेश के बिगड़े वनों का उपयोग कर बाँस की खेती को बढ़ावा दें। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन होगा और विदेशों में जाने वाली 800 करोड़ की राशि मध्यप्रदेश को मिलेगी। इससे प्रदेश में ग्रामीणों को बड़ी मात्रा में रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा फूड प्रोसेसिंग यूनिट के विस्तार से हम किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम दिला सकेंगे और इससे प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

बाई-बैक व्यवस्था से किसानों को होगा लाभ

आई.टी.सी. कंपनी के चेयरमेन संजीव पुरी ने बताया कि औषधि फसलों की खेती करने वाले किसानों के साथ कांट्रेक्ट फार्मिंग कर बाई-बैक व्यवस्था के तहत खरीदी कर इन उत्पादों का प्र-संस्करण किया जाएगा। नूडल्स में उपयोग होने वाली सब्जी गाजर, मटर, बींस और आलू उत्पादन को प्रोत्साहित किया जायगा। बाई-बैक व्यवस्था से किसानों को इन सब्जियों का उचित मूल्य प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने औषधीय फसलों, अगरबत्ती की काड़ी बनाने एवं सब्जी आदि की प्र-संस्करण इकाई स्थापित करने संबंधी प्रस्तावों को समयबद्ध योजना बनाकर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रस्तावों पर त्वरित कार्यवाही के लिए अपर मुख्य सचिव उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण विभाग को इसका नोडल अधिकारी बनाया है।
बैठक में मुख्य सचिव एस.आर. मोहंती, अपर मुख्य सचिव, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग इक़बाल सिंह बेंस, आयुक्त सह संचालक उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी डॉ. एम. कालीदुरई, संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास मुकेश कुमार शुक्ला, एग्री बिजनेस, आई.टी.सी. के रजनीकांत राय, उप संचालक, उद्यानिकी राजेन्द्र कुमार एवं डॉ. विजय अग्रवाल उपस्थित थे।

सब गंदा है, पर धंधा है ये…! MP के इस शहर में तेजी से पैर पसार रहा है जिस्मफरोशी का धंधा

0
BBC News (सांकेतिक चित्र)

* अय्याशी का अड्डा बना जिला चिकित्सालय पन्ना का परिसर

* जानकारी के बाद भी रोकथाम को लेकर कार्यवाही नहीं करते जिम्मेदार

पन्ना। (www.radarnews.in) जिस्मफरोशी का धंधा सभ्य समाज के माथे पर बेशक एक बदनुमा दाग है लेकिन इस स्याह पहलू का निर्माण करने वाला भी स्वयं हमारा समाज ही है। इस पर आप बात करें या न करें या फिर घृणावश आप इसे अनदेखा करें लेकिन इससे न तो सच्चाई बदलेगी और ना ही समस्या का समाधान संभव होगा। यह अनैतिक धंधा जिस तेजी से फल-फूल रहा है उससे पवित्र नगर पन्ना की फिजा दूषित हो रही है। इस गंदे धंधे में कमसिन युवतियों से लेकर अधेड़ उम्र की महिलायें तक सक्रिय है। कतिपय युवतियां और महिलायें गरीबी, मजबूरी और लालच के चलते अपने जिस्म को बेंच रही है तो वहीं कुछ ऐसी भी है जिनके लिये अब यह धंधा बन चुका है। पन्ना शहर में बकायदा कई सेक्स रैकेट चल रहे है, जिन्हें कतिपय व्हाईट काॅलर वाले लोग और कुछ महिलायें ही ऑपरेट कर रहीं है।
सांकेतिक चित्र।
पन्ना का जिला चिकित्सालय परिसर अघोषित तौर पर देह व्यापार का अड्डा बन चुका है। आप यकीन करें या न करें लेकिन सच्चाई यही है। सुबह 10 बजे के बाद से लेकर देर रात तक आपको वहां कुछ संदिग्ध महिलायें और युवतियां मेकअप किए घूमतीं हुई और मोबाइल फोन पर बात करते हुए मिल जायेंगी। ग्राहकों से ऑनलाइन सेटिंग होते ही संबधित व्यक्ति जिला चिकित्यालय परिसर पहुंच कर उन्हें वहां से सुरक्षित स्थान पर ले जाता है। दिन के उजाले में तो ये अन्यत्र जाते है पर शाम ढ़लते ही जिला चिकित्सालय की छत, प्राईवेट वार्ड, शौंचालय और परिसर के ऐसे स्थान जहां पर किसी की नजर न पड़े वहां अनैतिक गतिविधियां चलती है।
फाइल फोटो।
हैरान करने वाली बात है कि वेश्यावृत्ति के इस धंधे में स्वास्थ्य विभाग की ही कुछ मैदानी कर्मचारी कथित तौर पर लिप्त है। इनके दलाल भी जिला चिकित्सालय के आस-पास के होटलों और चाय की गुमटियों में बैठ कर ग्राहक तलाशते रहते है। ये 200-500 और 1000 हजार रुपए तक लेकर युवतियों-महिलाओं से सीधा संपर्क करा देते हैं। विचारणीय प्रश्न है कि, जिला चिकित्सालय में सुरक्षा गार्ड 24 घण्टे तैनात रहते है और पुलिस चौकी भी यहां स्थापित है बाबजूद इसके अनैतिक गतिविधियां बेरोकटोक कैसे चल रहीं है। सूत्र बताते हैं कि सबकुछ जानने के बाद भी वेश्यावृत्ति की रोकथाम के लिये इनके द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जाती है। जिला चिकित्सालय के कर्मचारियों और आसपास के होटल वालों से आप ऑफ रिकार्ड बात करें तो पता चल जायेगा की कई बार रंगे हांथ लोगों को अपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया लेकिन किसी तरह की कोई कार्यवाही नहीं की गई।
सांकेतिक चित्र।
पन्ना के बादशाह साईं चौराहे पर बुधवार 28 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे एक महिला को जब दूसरी महिला की सरेराह बेदम पिटाई करते हुए लोगों ने देखा तो कुछ देर के लिए सब दंग रह गए। मारपीट का यह मामला भी कथित तौर पर वेश्यावृत्ति से ही जुड़ा है। पन्ना जिला चिकित्सालय परिसर से देह व्यापार संचालित होने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भलीभांति है लेकिन वे लगातार इसे अनदेखा कर रहे है। जबकि पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को चाहिये कि वेश्यावृत्ति की रोकथाम के लिये तत्परता से आवश्यक कदम उठाए जाएं। ताकि जिला चिकित्सालय परिसर सहित शहर की आबोहवा बेहतर हो सके। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा महिला सशक्तिकरण विभाग को भी आगे आकर इस दलदल से महिलाओं और युवतियों को बाहर निकालने की पहल करते हुए उन्हे सम्मानपूर्वक जीवन यापन करने के लिये शासन की योजनाओं का लाभ दिलाकर मुख्यधारा से जोड़ा जाए।

जम्मू -कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना पूरा किया : राकेश सिंह

0
पन्ना में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह।

* भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पन्ना में किया पार्टी के जिला कार्यालय का उद्घाटन

* बोले- कार्य, कार्यकर्ता और कार्यालय तीनों का आपस में है संबंध

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को इसी माह 5 अगस्त को निष्प्रभावी कर दिया गया था। केन्द्र की मोदी सरकार और भाजपा के नेता इस फैसले को कई मायनों में ऐतिहासिक बता रहे हैं। मध्य प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद राकेश सिंह ने कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूँ कि जिस दिन जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाए जाने की का फैसला हुआ उस दिन मैं सदन में उपस्थित था। हम सब कार्यकर्ता सौभाग्यशाली है कि हमारे पूर्वज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जो सपना देखा था- एक देश, एक निशान, एक प्रधान का इस फैसले से वह सपना पूरा हो गया है। वे मंगलवार 27 अगस्त को पन्ना में भाजपा के जिला कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह द्वारा विधिवत् पूजा-अर्चना के साथ फीता काटकर समारोहपूर्वक भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पन्ना का उद्घाटन किया गया।

दिखने लगा सकारात्मक परिवर्तन

इस अवसर पर उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्य, कार्यकर्ता व कार्यालय तीनों का दिया और बाती की तरह आपस में संबंध है। तीनों मिलकर भाजपा के विचार को मजबूत करते है। कार्यकर्ता अपना सर्वस्व पार्टी के लिये लगाता है और कार्यालय से पार्टी का नियंत्रण होता है, कार्यालय हमारे कार्य का मंदिर है। भाजपा में कार्यालय का स्थान सर्वश्रेष्ठ है। कार्यालय में पार्टी के अध्यक्ष, पदाधिकारी, पूर्ण कार्यकालिक कार्यकर्ता रहते है और पार्टी की विचारधारा के अनुसार गतिविधियों का संचालन करते है और इस कार्यालय में इनके साथ भाजपा का विचार रहता है जो हमें दिखाई नहीं देता। हमारी पार्टी में कार्यकर्ताओं का निर्माण होता है। पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचार अन्तोदय पर आज पार्टी काम कर रही है और इससे सकारात्मक परिवर्तन देश में दिखाई पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व अमित शाह के नेतृत्व में अन्तोदय की कल्पना के अनुसार योजनायें तैयार की जा रही है जिनका लाभ सीधे लोगों को मिल रहा है।

पूर्वजों की निः स्वार्थ मेहनत का मिला लाभ

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारा विचार कार्यालय का प्राण है और हमें अपने जीवन में आगे बढ़ना है तो सकारात्मक सोच के साथ काम करना चाहिये। हमारे पूर्वजों ने विपरीत समय में पार्टी के लिये काम किया है। आज मैं उन पूर्वजों को श्रृद्धापूर्वक याद करते हुए सिर झुका रहा हॅू। हमारे पूर्वजों ने कार्यकर्ताओं का निर्माण किया और अनेकों वर्ष तक देश के उत्थान का सपना देखते हुए पार्टी को मजबूत किया जबकि उन्होंने बदले में कुछ भी पाने की इच्छा नहीं की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि हम रहें न रहें पार्टी रहनी चाहिये, पार्टी का झण्डा ऊँचा रहना चाहिए।

बिजली गुल तो याद आ जाता है कांग्रेस की है सरकार

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद राकेश सिंह ने मध्य प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए कहा कि सारे देश में मध्य प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं की तारीफ होती है और कहा जाता है कि मध्य प्रदेश का संगठन मजबूत व अनुशासित है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए आपने कहा कि मध्य प्रदेश में विकास की योजनाएं सरकार ने बंद कर दी है। विधुत कटौती शुरू हो गई है। अब लाइट आती है जाती है तो लोगों को याद आ जाता है कि कांग्रेस की सरकार प्रदेश में है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को हर समय संघर्ष करना चाहिए क्योंकि आने वाला कल हमारा-भाजपा का है।

एकजुटता के साथ काम करना है

भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा।
कार्यक्रम को खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने संबोधित करते हुये कहा कि विपरीत परिस्थितियों में कार्यकर्ताओं के संघर्ष से आज भाजपा का संगठन ऊँचाइयों तक पहुंचा है। हमारे कार्यकर्ता छोटी सी सूचना में एकत्र होकर कार्यक्रम आयोजित करते है और वह कार्यक्रम सफल होते है। उन्होंने कहा कि कार्यालय में हमारे विचारों का निर्माण होता है, कार्यालय हमारा मंदिर है और हम उसके पुजारी है और इस कार्यालय में रहने वाला संगठन भाव का विचार हमारा भगवान है। हमें देश के लिए, सामाज के लिए, विचाराधार के लिए एकजुटता के साथ काम करना है। पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने मंच से अपन उद्बोधन में कहा कि इस जिले के कार्यकर्ताओं ने यह लक्ष्य रखा था कि हम शीघ्र ही अपने कार्यालय का निर्माण करेंगे और आज वह दिन पूरा हो गया है। पार्टी जिलाध्यक्ष सतानंद गौतम ने स्वागत भाषण में बताया कि पन्ना जिला कार्यालय का भूमिपूजन 2012 में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा द्वारा किया गया था और पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं ने समर्पण भाव से इस कार्यालय के निर्माण में सहयोग किया है। मैं उन सभी कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हॅू।

ये रहे मंचासीन

इस अवसर पर पर पूर्व मंत्री कुसुम सिंह महदेले, संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी, विधायक बृजेन्द्रप्रताप सिंह, प्रहलाद लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष रविराज यादव, पूर्व सहकारी बैंक अध्यक्ष संजय नगायच, पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश चतुर्वेदी, बाबूलाल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष छतरपुर पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, सहकारी बैंक अध्यक्ष छतरपुर करूणेन्द्र प्रताप सिंह, नगरपालिक अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, पूर्व विधायक राजेश वर्मा, महेन्द्र बागरी, गोरेलाल अहिरवार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशुतोष महदेले, जिला पंचायत अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, नगरपंचायत अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, जिला सदस्यता प्रभारी बृजेन्द्र गर्ग मुख्य रूप से मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन पार्टी महामंत्री विवेक मिश्रा द्वारा किया गया व आभार प्रदर्शन पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश चतुर्वेदी द्वारा किया गया। अपने पन्ना प्रवास के दौरान आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने स्व.बृजेन्द्र सिंह बुन्देला व दिलीप शिवहरे के निवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।

जंगल में मिला मादा तेंदुआ का शव, गर्दन की हड्डी टूटी और शरीर पर दांतों के हैं निशान

0
सांकेतिक फोटो।

* उत्तर वन मण्डल पन्ना की विश्रामगंज रेन्ज अंतर्गत कौआ सेहा बीट की घटना

* बाघ या फिर किसी तेंदुए के साथ संघर्ष में दो दिन पूर्व मौत होने की संभावना

पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के उत्तर वन मण्डल की विश्रामगंज रेन्ज अंतर्गत कौआ सेहा बीट से एक मादा तेंदुआ का शव बरामद हुआ है। वन विभाग के अधिकारियों द्वारा मादा तेंदुआ की मौत आपसी संघर्ष में होने की संभावना जताई जा रही है। उसके सभी अंग सुरक्षित होने का दावा किया गया है। शव करीब दो दिन पुराना है। पन्ना टाईगर रिजर्व के वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. संजीव गुप्ता के द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके पश्चात शव को जंगल में ही जला दिया गया। ऐसा माना जा रहा है कि मादा तेंदुआ की मौत किसी बाघ या फिर तेंदुआ के साथ ही संघर्ष में हुई है। मंगलवार 27 अगस्त को दोपहर के समय वन विभाग के अधिकारियों को जंगल में एक तेंदुआ मृत अवस्था में पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुँचकर देखा तो पन्ना के समीप कौआ सेहा बीट के वन कक्ष क्रमांक पी-316 में मादा तेंदुआ का शव बरामद हुआ।
उत्तर वन मण्डल पन्ना के डीएफओ नरेश सिंह यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि मृत तेंदुआ की उम्र तकरीबन 3 वर्ष है। उसकी गर्दन की हड्डी टूटी पाई गई और गले के आसपास दांतों के निशान मिले है। मृत मादा तेंदुआ के सभी अंग पूर्णतः सुरक्षित पाए गए। इसके मद्देनजर डीएफओ श्री यादव ने किसी बाघ या तेंदुए के साथ संघर्ष में उसकी मौत होने की संभावना व्यक्त की है। वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि मादा तेंदुआ की मौत तकरीबन 30 से 48 घण्टे पूर्व हुई है। शाम के समय तेंदुए के शव का का पोस्टमार्टम होने के पश्चात उसे जंगल में ही जला दिया गया। इस दौरान विश्रामगंज वन परिक्षेत्र के रेंजर महेन्द्र सिंह धाकड़ सहित वनकर्मी उपस्थित रहे।

तादाद बढ़ने के साथ बढ़ा आपसी संघर्ष

Daily mail (सांकेतिक फोटो)
पन्ना टाईगर रिजर्व में वर्ष 2009 में बाघ पुनर्स्थापना योजना लागू होने के बाद यहां बाघों का उजड़ा हुआ संसार तो पुनः आबाद हुआ ही है, इस योजना की ऐतिहासिक सफलता के फलस्वरूप पन्ना में बाघों के कुनबे की तेजी से बढ़ती तादाद नए रिकार्ड भी कायम कर रही है। पन्ना टाईगर रिजर्व में बाघ के साथ-साथ दूसरे वन्यजीवों के बेहतर के संरक्षण-संवर्धन के फलस्वरूप तेंदुओं तथा शाकाहारी वन्यप्राणियों की संख्या में भी सतत इजाफा हो रहा है। परिणामस्वरूप अब यहां बाघों-तेंदुओं के बीच अच्छे क्षेत्रों में कब्जे, शिकार एवं मादाओं को लेकर संघर्ष लगातार बढ़ रहा है। जानकारों के अनुसार वन्यजीवों के बीच होने वाला संघर्ष इतना खतरनाक और भयावह होता है कि इसमें कई बार किसी एक जान तक चली जाती है।

वनकर्मियों पर हमला करने वाले 3 आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े, अवैध हीरा खदान पर कार्यवाही से बौखलाकर किया था हमला

0
पुलिस टीम की अभिरक्षा में वनकर्मियों के हमलावर।

* एक माह से फरार चल रहा था हीरा खदान माफिया और उसके साथी

* वन कर्मचारी संघ ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दो दिन पूर्व सौंपा था ज्ञापन

पन्ना। (www.radarnews.in) उत्तर वन मण्डल पन्ना के वनकर्मियों पर प्राणघातक हमला करने के बाद करीब एक माह से फरार चल रहे हीरा खदान माफिया एवं प्रकरण के मुख्य आरोपी रज्जन महाराज समेत उसके दो साथियों को पुलिस ने सोमवार 26 को अजयगढ़ क़स्बा के माधौगंज से गिरफ्तार कर लिया है। इनके विरुद्ध पुलिस थाना बृजपुर में अपराध क्रमांक 137/19 धारा 341,147,148,149, 353, 332, 186, 294, 506, 325 ताहि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध है। इस मामले के कुछ आरोपियों को पुलिस घटना के कुछ ही दिन बाद गिरफ्तार कर लिया था। करीब एक माह पूर्व उत्तर वन मण्डल पन्ना की विश्रामगंज रेन्ज अंतर्गत रोहनिया बीट में चल रही अवैध हीरा खदानों पर वन विभाग की टीम ने छापा मारकर दो लोगों को गिरफ्तार किया था। अपनी खदानों पर कार्यवाही होने और दो साथियों को गिरफ्तार किए जाने से बौखलाए रज्जन महाराज निवासी माधौगंज अजयगढ़ ने वन विभाग की टीम को रास्ते में रोककर में वनकर्मियों के ऊपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया था।
पुलिस अधीक्षक पन्ना के नाम पर ज्ञापन सौंपने के लिए जाते कर्मचारी नेतागण एवं वनकर्मी।
रज्जन और उसके साथी वनकर्मियों को घायल दहशत और आतंक के बल पर उनकी अभिरक्षा से अपने दो सहयोगियों को छुड़ाकर वाहनों से भाग निकले थे। शनिवार 24 अगस्त को वन कर्मचारी संघ पन्ना के जिलाध्यक्ष महीप कुमार रावत के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक पन्ना के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीकेएस परिहार को एक ज्ञापन सौंपकर वनकर्मियो पर हमला करने के मामले में एक माह से फरार मुख्य आरोपी रज्जन महराज निवासी अजयगढ़ सहित उसके शेष साथियों को अतिशीघ्र गिरफ्तार करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था। हमलावरों की गिरफ्तारी में देरी के चलते वनकर्मी भयमुक्त होकर फील्ड में अपने दायित्वों का निर्वाहन भी सही तरीके से नहीं कर पा रहे थे। फलस्वरूप बृजपुर थाना पुलिस की ओर से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्परता से कार्यवाही कर 48 घण्टे के अंदर शेष आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने पर वन कर्मचारी संघ ने पुलिस की सराहना की है।

स्कॉर्पियो और पिकअप वाहन जब्त

हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना से चर्चा करते कर्मचारी नेतागण।
बृजपुर थाना प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि मुखबिर से फरार आरोपी रज्जन महाराज एवं उसके साथियों के संबंध में मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर कार्यवाही करते हुए अजयगढ़ से सोमवार 26 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। रज्जन महाराज के अलावा पकड़े गए उसके अन्य दो साथियों में विनोद पटेल पिता राजकुमार पटेल 28 साल एवं हरिओम उर्फ चुन्नू मिश्रा पिता भोला मिश्रा 30 वर्ष निवासी नयागांव थाना नयागांव जिला सतना शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक एमपी-19- एच-0991 एवं पिकअप वाहन यूपी-96-ए-9099 को जप्त किया गया है। पुलिस ने इनसे एक डण्डा भी जब्त किया है। जिससे वन कर्मियों के ऊपर हमला किया गया था। पकड़े गए तीनों आरोपियों को न्यायलय में पेश किया गया। जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जिला जेल पन्ना भेजा गया। फरार आरोपियों की धरपकड़ में थाना प्रभारी बृजपुर राकेश तिवारी, प्रधान आरक्षक दद्दू सिंह, आरक्षक गिरधारी साहू, हेमराज भलावी, अनिल बागरी, बबलू कुमार, पदम सिंह, महिला आरक्षक पुनीता शर्मा एवं शिखा शुक्ला की अहम भूमिका रही।

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पी.वी. सिंधु को वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप जीतने पर दी बधाई

0
Times of india
भोपाल। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भारत की स्टार शटलर पी.वी. सिंधु को वर्ल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप जीतने पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पी.वी. सिंधु उन लाखों लोगों की प्रेरणा बन गई हैं, जो अपने परिश्रम और लगन से देश को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की प्रतिभा पर हर नागरिक को गर्व है।

प्रदेश में पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट शीघ्र ही लागू किया जायेगा : मंत्री पी.सी. शर्मा

0
जनसम्पर्क मंत्री पी.सी. शर्मा ने नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स की राष्ट्रीय कार्य समिति बैठक को सम्बोधित किया।

* जनसंपर्क विभाग पत्रकारों एवं सरकार के बीच का सेतु : आयुक्त श्री नरहरि

* नेशनल जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक संपन्न

भोपाल। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री कमलनाथ की सरकार प्रदेश में पत्रकार प्रोटेक्शन एक्ट लागू किये जाने के लिए वचनबद्ध है। यह बात जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा ने जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश ‘जम्प’ द्वारा आयोजित नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में कही। कार्यक्रम में आयुक्त जनसम्पर्क पी. नरहरि ने जनसम्पर्क विभाग को पत्रकारों एवं सरकार के बीच का सेतु बताया। कार्यसमिति की बैठक संबंधी रूप-रेखा पर जम्प के महासचिव डॉ. नवीन आनंद जोशी ने विस्तार से प्रकाश डाला। मंत्री श्री शर्मा ने आयोजकों को आश्वास्त किया कि उनके द्वारा दिये जाने वाले मसौदे पर विभाग गंभीरता से विचार-विमर्श कर निर्णय लेगा।
कार्यसमिति में एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रज्ञानंद चौधरी, महासचिव शिवकुमार अग्रवाल, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील अश्विनी दुबे सहित जर्नलिस्टस यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश के पदाधिकारी और देश-प्रदेश से आये पत्रकार उपस्थित थे। आभार जम्प के कार्यवाहक अध्यक्ष खिलावन चंद्राकर ने माना।

मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने स्व. अरुण जेटली को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

0
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज नई दिल्ली में पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली के निवास पहुँचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

* कमलनाथ ने साथियों से साझा किये श्री जेटली के साथ अपने संस्मरण

भोपाल। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने आज श्री जेटली के नई दिल्ली निवास पर पहुंचकर उनकी पार्थिव देह पर पुष्प-चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के सदस्यों को ढाढस बँधाया । कमलनाथ ने ईश्वर से प्रार्थना की कि उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी स्व.श्री अरुण जेटली को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने श्री जेटली के साथ अपने संस्मरणों को साझा करते हुए कहा कि अरुण जी ने अपना राजनीतिक जीवन छात्र राजनीति से शुरू किया था और मैं तब से उनसे संपर्क में था। उनसे मेरा पुराना और गहरा मित्रवत् सम्पर्क था और हम कई बार साथ बैठकर कई विषयों पर चर्चा करते थे। वे मुझसे कई विषयों पर सलाह मांगते थे। उनका व्यक्तित्व ऐसा था कि हर पार्टी में उनके मित्र थे और उन्होंने सभी से मित्रता निभाई। आज अरुण जी नहीं हैं। उन्होंने देश की राजनीति में अपना स्थान बनाया है। उन्होंने देश के आर्थिक और कानूनी विषयों में अपनी विशेष छाप छोड़ी है। बहुत कम लोग होते हैं, जो अपना स्थान इतने सारे क्षेत्रों में बना पाते हैं।

वनकर्मियों के हमलावरों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोश, ज्ञापन सौंपकर वन कर्मचारी संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

0
पुलिस अधीक्षक पन्ना के नाम पर ज्ञापन सौंपने के लिए जाते कर्मचारी नेतागण एवं वनकर्मी।

* एक माह पूर्व अवैध हीरा खदानों पर कार्यवाही के दौरान हुआ था हमला

* पन्ना की विश्रामगंज रेन्ज अंतर्गत रोहनिया में चल रही थी अवैध हीरा खदानें

पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के उत्तर वन मंडल की विश्रामगंज रेंज अंतर्गत इटवां सर्किल में चल रहीं अवैध हीरा खदानों पर पिछले माह कार्यावाही करने गई वन विभाग की टीम पर हीरा खदान माफिया और उनके गुर्गो ने प्राणघातक हमला किया था। वनकर्मियों की बेदम पिटाई कर हमलावर अपने दो साथियों को छुड़ा ले गये थे। बृजपुर थाना में दर्ज इस बहुचर्चित आपराधिक प्रकरण के मुख्य आरोपी रज्जन महराज सहित उसके शेष साथियों की अब तक गिरफ्तारी न होने पर मध्यप्रदेश वन कर्मचारी संघ जिला शाखा पन्ना ने असंतोष व्यक्त किया है। शनिवार 24 अगस्त को इस मामले में वन कर्मचारी संघ पन्ना के जिलाध्यक्ष महीप कुमार रावत के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक पन्ना के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीकेएस परिहार को एक ज्ञापन सौंपा गया। जिसके माध्यम से वन कर्मचारी संघ ने वनकर्मियों पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी रज्जन महराज निवासी अजयगढ़ सहित उसके शेष साथियों को अति शीघ्र गिरफ्तार करने की पुरजोर मांग की है। ताकि क्षेत्र के वनकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन भयमुक्त हो कर कर सकें।
इस अवसर पर बी.पी. परौहा अध्यक्ष तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ जिला पन्ना एवं ओ.पी. शर्मा प्रांतीय सचिव वन कर्मचारी संघ विशेष रूप से उपस्थित थे। सौंपे गए ज्ञापन की काॅपी आवश्यक कार्यावाही हेतु पन्ना कलेक्टर कर्मवीर शर्मा एवं उत्तर वन मंडल के डीएफओ नरेश सिंह यादव को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारी नेताओं ने उन्हें अपनी भावनाओं से अवगत कराया गया। इसके पश्चात कर्मचारी नेताओं पत्रकारों से चर्चा में बताया कि इस घटनाक्रम को एक माह हो चुके है लेकिन अब तक मुख्य आरोपी सहित अन्य हमलावरों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। यदि शीघ्र ही इन आरोपियों को पकड़ा नहीं गया तो वन कर्मचारी संघ को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिये विवश होना पड़ेगा। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। कर्मचारी नेताओं की मांग को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीकेएस परिहार ने उन्हें तत्परता से शेष आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।

क्या है मामला

हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना से चर्चा करते कर्मचारी नेतागण।
उत्तर वन मंडल पन्ना के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर दिनांक 23 जुलाई 2019 को विश्रामगंज रेंज की रोहनिया बीट में चल रही अवैध हीरा खदानों पर कार्यावाही करने के लिये सर्किल इटवां का स्टाॅफ अखलेशचौहान, संजय पटेल, अंजनी दीक्षित, प्राताप सिंह, सुरक्षा श्रमिक रंजीत सिंह आदि मौके पर गये थे। जहां अवैध हीरा रूप से हीरा खदान खोद रहे आरोपियों को रंगे हांथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये आरोपियों को वनकर्मी जब बाबूपुर चैकी ले कर जा रहे थे तभी रास्ते में घात लगाये बैठे अपराधी रज्जन महराज निवासी अजयगढ़ एवं उसके 10-12 अन्य साथियों ने लाठी-डंडों से वनकर्मियों के ऊपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। वनकमियों को गम्भीर रूप से घायल कर हमलावर अपने साथियों को उनकी अभिरक्षा से छुड़ाकर वाहनों से भाग निकले थे। इस मामले में बृजपुर थाना पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है लेकिन कई महत्वपूर्ण गिरफ्तारियां होना अभी भी शेष है।

ज्ञापन सौंपने वालों में ये रहे शामिल

उत्तर वन मंडल कार्यालय पन्ना के बाहर खड़े कर्मचारी नेतागण एवं वनकर्मी।
वनकर्मियों के हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से बी.पी. परौहा अध्यक्ष तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ जिला पन्ना, महीप रावत वन कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष पन्ना, ओपी शर्मा प्रांतीय सचिव वन कर्मचारी संघ, संजय पटेल, अखिलेश सिंह चैहान, अजीत खरे, विवेक द्विवेदी, अरुण त्रिवेदी, संजय रेले, राजीव द्विवेदी, बृजेंद्र पटेल, के.के. विश्वकर्मा, कमलेश त्रिपाठी, ओम प्रकाश कुरेले, अजय गुप्ता, राजीव वर्मा, सरिता धुर्वे, घनश्याम सिंह चौहान, महरूब खान सहित अन्य वनरक्षक, वनपाल एवं वन क्षेत्रपाल शामिल थे।