Home Blog Page 82

बीस साल की कड़ी मेहनत के बाद चमकी क़िस्मत, पन्ना में मिला एक करोड़ का बेशकीमती हीरा

0
पन्ना जिले में कृष्णा-कल्याणपुर (पटी) की उथली हीरा खदान में मिला 26.11 कैरेट का उज्जवल किस्म का बेशकीमती हीरा।

*   उथली खदान से निकला अब तक का चौथा सबसे बड़ा हीरा

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) बेशक़ीमती रत्न हीरों के लिए विश्विख्यात पन्ना की धरती ने कई साल बाद एक नायाब हीरा उगला है। यहां की उथली खदान में 26.11 कैरेट वजन का जैम क्वॉलिटी का बहुमूल्य हीरा मिला है। एक करोड़ रुपए से भी अधिक की कीमत वाले इस हीरे ने पन्ना के किशोरगंज निवासी सुशील कुमार शुक्ला की किस्मत चमका दी है। निम्न मध्यवर्गीय परिवार से आने वाले सुशील पिछले बीस साल से हीरे की खोज में जुटे थे, उनकी तमन्ना लंबे इंतज़ार और अथक परिश्रम के बाद अब जाकर पूरी हुई है। नायाब हीरे को पन्ना स्थित जिला हीरा कार्यालय में जमा कराया गया है। जिसे आगामी 24 फरवरी को आयोजित हीरों की नीलामी में बिक्री हेतु रखा जाएगा। पन्ना की उथली खदानों में मिलने वाले हीरों में यह अब तक का आकार में चौथा सबसे बड़ा हीरा है।
प्राप्त जानकारी अनुसार पन्ना निवासी सुशील पिछले बीस साल से लगातार हीरा खदान की खुदाई कर रहे हैं। उन्होंने जनवरी महीने अपने पांच दोस्तों के साथ मिलकर जिला मुख्यालय के नजदीक कृष्णा-कल्याणपुर (पटी) में खदान लगाई थी। जिसमें गत दिवस उन्हें 26.11 कैरेट का उज्जवल किस्म का बेशकीमती हीरा मिला है। हीरे की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से भी अधिक होने की चर्चाएं हैं। बीस साल की कड़ी मेहनत का फल नायाब हीरे के रूप में मिलने से सुशील और उसके साथियों की ख़ुशी देखते ही बनती है। सोमवार 21 फरवरी को सभी साथियों ने पन्ना के संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन स्थित जिला हीरा कार्यालय पहुंचकर हीरा जमा करा दिया।
हीरा कार्यालय के बाहर सुशील ने पत्रकारों को बताया कि, वह पिछले 20 साल से हीरे की खोज के लिए खदान की खुदाई कर रहे हैं। अलग-अलग स्थानों पर कई खदानें खोदी क्योंकि शुरू से ही मन में यह विश्वास था कि रत्नगर्भा धरती पर उनकी तमन्ना भी एक ना एक दिन जरूर पूरी होगी। वे बताते हैं, हीरा मिलने का इंतजार बेशक बहुत लंबा रहा, इस दौरान कई बार हताशा-निराशा ने भी घेरा, आर्थिक समस्याएं भी आईं लेकिन मैंने हार नहीं मानी और पूरी लगन लगातार परिश्रम करता रहा। जिसका फल मुझे उम्मीद से कहीं ज्यादा मिला है। सुशील का कहना है कि, हीरे की नीलामी पश्चात उसके हिस्से में जो राशि आएगी उससे वह अपना बिजनेस शुरू करेगा ताकि आगे का जीवन बेहतर हो सके।
हीरा धारक सुशील कुमार शुक्ला के द्वारा अपने हीरे को जिला हीरा कार्यालय में जमा करने के बाद रशीद प्रदान करते हुए पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्र एवं एसपी धर्मराज मीना।
जिला हीरा एवं खनिज अधिकारी रवि कुमार पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि पन्ना की उथली हीरा खदानों में मिलने वाले हीरों में यह साईज के लिहाज से अब तक चौथा सबसे बड़ा हीरा है। इसके पूर्व वर्ष 1961 में पन्ना के धाम मोहल्ला निवासी रसूल मोहम्मद को अब तक का सबसे बड़ा हीरा 44.33 कैरेट का मिला था। हीरा अधिकारी श्री पटेल ने बताया कि आगामी 24 फरवरी को जिला मुख्यालय में होने वाली हीरों की नीलामी में इस हीरे को रखा जाएगा। हीरे के नीलाम होने पर रॉयल्टी एवं टीडीएस आदि की राशि काटकर शेष रकम हीराधारक के खाते में ट्रांसफर की जायेगी।

राज्यपाल करेंगे पन्ना टाइगर रिजर्व का भ्रमण

0

एक दिवसीय प्रवास पर पन्ना के मड़ला में 20 को होगा आगमन

पन्ना। (www.radarnews.in) बाघ पुनर्स्थापना कार्यक्रम की अपार सफलता के चलते बाघों से पुनः आबाद हुआ पन्ना टाइगर रिजर्व वन्यजीव प्रेमियों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनकर उभरा है। पन्ना में बाघ रिकार्ड संख्या तक पहुँच चुके हैं, जिनका दीदार करने के लिए मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल रविवार 20 फरवरी को जिले के एक दिवसीय प्रवास पर पर्यटक ग्राम मड़ला आएंगे। राज्यपाल श्री पटेल 20 फरवरी को सुबह पन्ना टाइगर रिजर्व का भ्रमण करेंगे, इसके बाद वे मड़ला में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
राज्यपाल मंगूभाई पटेल के पन्ना जिले के एक दिवसीय प्रवास के संबंध प्राप्त जानकारी के अनुसार महामहिम राज्यपाल रविवार 20 फरवरी को सुबह 8:30 बजे खजुराहो से कार द्वारा प्रस्थान कर सुबह 9 बजे पन्ना नेशनल पार्क के फॉरेस्ट गेस्ट हाउस आएंगे। राज्यपाल श्री पटेल 9:15 से 10:45 बजे तक पन्ना नेशनल पार्क का भ्रमण कर 10:50 बजे फारेस्ट गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। आप सुबह 11:30 से दोपहर 12 बजे तक मड़ला के स्मारिका केन्द्र और दोपहर 12:10 से 12:35 बजे तक होम स्टे आर्यन कैंप का भ्रमण करेंगे। इसके बाद 12:45 से 1:40 बजे तक फारेस्ट गाइड को दूरबीन और बर्डबुक के वितरण के बाद गेस्ट हाउस में केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट के प्रेजेन्टेशन का अवलोकन कर दोपहर 2:30 बजे कार द्वारा खजुराहो रवाना होंगे।

खाद्य पदार्थों में मिलावट पर 459 के विरुद्ध FIR, 38 के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई

0
सांकेतिक चित्र।

*   मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत प्रदेश में की गई कार्रवाई

भोपाल। (www.radarnews.in) आम नागरिकों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिये मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा मिलावट से मुक्ति अभियान में अब तक 459 मिलावटखोरों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है और 38 के विरुद्ध एनएसए की कार्यवाही की गई है।
नवम्बर-2020 से शुरू किये गये मिलावट से मुक्ति अभियान में 26 हजार 360 नमूनों की जाँच की गई। इनमें 4 हजार 903 असफल नमूने पाये गये। मिलावटखोरों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 8 खाद्य प्रतिष्ठान को नष्ट किया गया। खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों में मिलावट पाये जाने पर 220 प्रतिष्ठान सील किये गये और 20 करोड़ 39 लाख रुपये की खाद्य सामग्री को जप्त किया गया। न्यायालय द्वारा अधिरोपित 3 करोड़ 79 लाख रुपये के अर्थदण्ड की वसूली भी की गई।

आंगनवाड़ी केन्द्रों में रिक्त पद पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित

0
सांकेतिक फोटो।
पन्ना।(www.radarnews.in) महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत पन्ना जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मिनी कार्यकर्ता के रिक्त पद पर भर्ती के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। प्राप्त जानकारी अनुसार पन्ना शहरी परियोजना अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 बल्देव वार्ड के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 35 में आंगनबाड़ी सहायिका, पन्ना ग्रामीण परियोजना अंतर्गत बड़ागांव-3 में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मुंटवाकला, धनौजा, बखतरी और देवरीगढ़ी-2 में आंगनबाड़ी सहायिका, अजयगढ़ परियोजना अंतर्गत हरदी-3, रामपुर, पड़रहा, बरौली-1, नरदहा-1 एवं 2 और बनहरीकला-1 में आंगनबाड़ी सहायिका, गुनौर परियोजना अंतर्गत रतनपुरा, सलेहा, नयागांव-2, पुरैना-1, धरवारा, डिघौरा और भमरहा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा नयागांव-1 और कठवरिया में आंगनबाड़ी सहायिका, शाहनगर परियोजना अंतर्गत नुनागर एवं बम्हौरी में आंगनबाड़ी सहायिका तथा पवई परियोजना अंतर्गत रमपुरा, नरगी, छिर्रहा, कुपना, हरदुआ व्यारमा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, हथकुरी और गनियारी में आंगनबाड़ी सहायिका तथा रंगिया में मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पद पर भर्ती की जाएगी।

लापरवाह आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पद से पृथक

महिला एवं बाल विकास परियोजना पन्ना (ग्रामीण) द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र सिलगी-2 की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज गर्ग को कार्य में लापरवाही बरतने पर पद से पृथक किया गया है। परियोजना अधिकारी अशोक विश्वकर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उक्त आंगनबाड़ी केन्द्र के संबंध में प्राप्त शिकायत की जांच की गई थी। जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने सहित टेक होम राशन का लापरवाही पूर्ण उपयोग और उचित रखरखाव नहीं करने, बच्चों के पोषण स्तर का मापन मापदण्ड के अनुसार नहीं करने, रेडी टू ईट का अभिलेख संधारण नहीं करने और अन्य पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को पद से पृथक करने की कार्यवाही की गई है।

व्यक्ति के कर्म प्रधान होते हैं, धर्म और जाति नहीं : मंत्री बृजेन्द्र

0
संत शिरोमणि रविदास जी के जयंती कार्यक्रम को खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने संबोधित किया।

* संत शिरोमणि रविदास जी की मनाई गई जयंती

पन्ना। (www.radarnews.in) संत रविदास जी ने समाज में जागरूकता फैलाने और कुरीतियों को समाप्त करने का महान कार्य किया है। वे दूरगामी सोच के व्यक्ति और अद्भुत संत थे। समाज से छूआछूत एवं ऊंचनीच का भेदभाव मिटाने और सर्वांगीण उत्थान के लिए संत रविदास के आदर्शों का अनुशरण करना जरूरी है। सकारात्मक सोच के साथ समाज के उत्थान का प्रयास करना चाहिए। यह बात खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने स्थानीय जगन्नाथ स्वामी टाउन हॉल में संत रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति के कर्म प्रधान होते हैं, न कि धर्म और जाति। रविदास जी की शिक्षा और महान कर्मों को हर समाज याद करता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक जीवन में कई विरोधाभास भी हो सकते हैं, लेकिन समाज सुधार के लिए सही कार्य करने वाले व्यक्तियों की हमेशा मदद करना चाहिए। बच्चों को उनकी जीवनी और घटनाक्रम पढ़कर सीख लेना चाहिए। मंत्री श्री सिंह ने समाज में अलग पहचान के लिए रविदास के आदर्श और पदचिन्हों पर चलकर महान कार्य करने का आह्वान भी किया।
पवई विधायक प्रह्लाद लोधी ने कहा कि सरकार ने संतों और शहीदों के हित और कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। नागरिकों को सदैव सर्वसमाज के हित के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने शिक्षा पर ध्यान देने और नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए कहा। सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को बड़ी दिशा दी है और एक सूत्र में बांधने का काम किया है। सांसद द्वारा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए समाज के चहुंमुखी उत्थान के लिए संकल्प का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में संत रविदास जी के अनुयायियों और उपस्थिजनों ने भोपाल से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और अन्य अतिथियों के वर्चुअली उद्बोधन को देखा और सुना। संत रविदास जयंती का आयोजन विकासखण्ड मुख्यालय और ग्राम पंचायत स्तर पर भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों द्वारा संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। अतिथियों के स्वागत के बाद स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन प्रस्तुत किया गया। मंत्री श्री सिंह ने कलाकारों का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविराज सिंह यादव, उपाध्यक्ष माधवेन्द्र सिंह, कलेक्टर संजय कुमार मिश्र, जिला पंचायत सीईओ बालागुरू के., अपर कलेक्टर जे.पी. धुर्वे, नोडल अधिकारी अशोक चतुर्वेदी, जिला संयोजक आर.के. सतनामी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक और संत रविदास जी के अनुयायी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार ने किया।

हितग्राहीमूलक योजनाओं की स्वीकृति का वितरण

संत रविदास जयंती के मौके पर अतिथियों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितलाभ का वितरण किया गया। पवई विकासखण्ड के ग्राम देवरी निवासी पुष्पेन्द्र अहिरवार और ग्राम चड़रा निवासी बब्लू अहिरवार को नलकूप खनन एवं सबमर्सिबल पंप की 25-25 हजार रू. की अनुदान राशि तथा ग्राम निम्हा निवासी लेखराज अहिरवार और ग्राम सथनिया निवासी रवेन्द्र चौधरी को पीएससी की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने पर 20-20 हजार रू. की स्वीकृति राशि का वितरण किया गया। इसी तरह लाडली लक्ष्मी योजना में अवनी वर्मा एवं पीएम मातृ वंदना योजना में मीना वर्मा और नेहा को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

अब प्राइवेट कॉलेज और यूनिवर्सिटी के लिए भी नैक ग्रेडिंग होगी अनिवार्य

0
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक हुई।

*   उच्च शिक्षा मंत्री बोले, जल्द जारी की जाएगी गाइड लाइन

भोपाल। (www.radarnews.in) उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि है कि प्रदेश में शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ाने के मद्देनजर अब निजी महाविद्यालय और विश्वविद्यालय को भी नैक ग्रेडिंग अनिवार्य होगी। जल्द ही इसके लिए गाइड-लाइन जारी की जाएगी। डॉ. यादव मंगलवार को विभागीय गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। डॉ. यादव ने कहा कि नैक द्वारा यह दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि जिन महाविद्यालय और विश्वविद्यालय ने एक शैक्षणिक वर्ष पूर्ण कर लिया है, वे प्रोविशनल मान्यता प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन करने के लिए पात्र होंगे। अब तक यह व्यवस्था थी कि जिन संस्थानों ने छ: वर्ष पूर्ण किये हैं, वे ही नैक की प्रमाणिकता के लिए आवेदन कर सकते थे।
मंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के आतिथ्य में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 238 महाविद्यालयों का नई शिक्षा नीति के परिप्रेक्ष्य में बहुसंकाय करने की भी तैयारी की जा रही है। शैक्षणिक परिसर में कृषि को प्रमुखता देने के लिए जैविक खेती, बागवानी आदि संबंधित विषयों को भी पाठ्यक्रम से जोड़ा जाना आवश्यक है। इस वर्ष लगभग 75 हजार के करीब विद्यार्थियों ने जैविक खेती विषय को चुना है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि प्रधान राज्य है। नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन से अब युवा नई आधुनिक कृषि तकनीकों का इस्तेमाल कर आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश की संकल्पना को नया आयाम देंगे।

विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ वर्चुअल बैठक

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ आगामी परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में वर्चुअल चर्चा की। उन्होंने सेमिस्टर परीक्षाओं को सफलतापूर्वक ऑफलाइन आयोजित कराने की सभी को बधाई दी। डॉ. यादव ने कहा कि पिछले दो वर्ष से कोरोना के कारण ऑनलाइन परीक्षाओं का आयोजन कराना पड़ा, परन्तु शिक्षा की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए ऑफलाइन परीक्षा कराना आवश्यक है। यह एक बड़ी जवाबदारी है। डॉ. यादव ने कहा कि मार्च माह में होने वाली परीक्षाओं के लिए पूर्ण तैयारी करें। कोराना की स्थिति के मद्देनजर अन्य शासकीय भवनों में भी परीक्षाएँ संचालित करने की तैयारी रखें। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए शासकीय और निजी महाविद्यालयों के सेन्टर में बदलाव करें। परीक्षाओं के दौरान अन्य महाविद्यालयों के निरीक्षकों की भी व्यवस्था करें।
समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा शैलेन्द्र सिंह, प्रभारी आयुक्त श्रीमती सोनाली वायंगणकर तथा विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

सांसद सुविधा केन्द्र पर आमजन की सुनीं जाएंगी समस्याएं, तत्परता से होगा निराकरण

0
पन्ना में सांसद सुविधा केन्द्र के उद्घाटन कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, भाजपा नेतागण एवं पुलिस अधिकारी।

*   वीडी शर्मा ने पन्ना एवं कटनी जिला मुख्यालय में किया सांसद सुविधा केन्द्र का उद्घाटन

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) खजुराहो-पन्ना संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने शनिवार 5 फरवरी को पन्ना में सांसद सुविधा केन्द्र का उद्घाटन किया। इस केन्द्र पर खजुराहो संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पन्ना जिले के नागरिकों की समस्याएं सुनीं जायेंगीं और उनका निराकरण किया जाएगा। पन्ना में सुविधा केन्द्र के शुभारंभ अवसर खनिज एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रामबिहारी चौरसिया एवं अन्य पार्टी पदाधिकारी-कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उक्ताशय की जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दुर्गेश शिवहरे ने प्रेस में जारी विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पूजन-पाठ के साथ सांसद सुविधा केंद्र का उद्घाटन करने के बाद कहा कि शनिवार को खजुराहो लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कटनी जिला तथा पन्ना जिला के सुविधा केंद्रों का उद्घाटन किया गया है। आपने बताया कि पन्ना जिले के नागरिक अब आसानी से अपनी समस्या से अवगत करा सकेंगे, जिनका तत्परता से संतोषजनक निराकरण कराया जाएगा।
पन्ना में सुविधा केन्द्र के उद्घाटन के पूर्व पूजा-अर्चना करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा एवं बगल में बैठे खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह।
सांसद श्री शर्मा ने कहा कि यह सुविधा केन्द्र (कार्यालय) आमजन की समस्याओं से अवगत होने और उनसे जीवंत सम्पर्क को मजबूत करने का आधार बनेगा। इसके माध्यम से क्षेत्र के लोगों की सेवा और भी बेहतर तरीके से संभव हो सकेगी। यहां आने वाले लोगों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि, पन्ना के सिविल लाइन क्षेत्र में सिंचाई कॉलोनी के सामने स्थित सांसद सुविधा केन्द्र पर जिले के लोग प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अपनी समस्याओं को दर्ज करा सकते हैं। प्राथमिकता से समस्या के समाधान पश्चात संबंधित को बकायदा सूचित किया जाएगा।

सीएम को अफसरों ने किया गुमराह ! भाजपा नेता को जल जीवन मिशन का लाभार्थी बताकर कराया वर्चुअल संवाद

0
मुख्यमंत्री से भाजपा नेता राकेश सोनी का संवाद कराया गया जोकि रामनगर के निवासी ही नहीं है।

पन्ना जिले की मुड़वारी पंचायत की सरपंच के पति हैं नेताजी

सीएम को रामनगर के जल जीवन मिशन के लाभार्थी ग्रामीणों से करना था संवाद

गांव के पहुंच मार्ग विहीन होने से असंतुष्ट और नाराज थे रामनगर के वाशिंदे

आनन-फानन में कार्यक्रम स्थल में बदलाव कर पवई में आयोजित किया जनसंवाद

मुख्यमंत्री से संवाद न कराए जाने से सड़क निर्माण की मांग नहीं उठा सके रामनगरवासी

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के अफसरों पर सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को गुमराह करने का गंभीर आरोप लग रहा है। क्योंकि, उनके द्वारा जल जीवन मिशन के वास्तविक लाभांवित रामनगर के ग्रामीण परिवारों से मुख्यमंत्री का वर्चुअल संवाद न कराकर भाजपा के नेता से संवाद कराया गया। हद तो उस वक्त हो गई जब जिला जनसम्पर्क कार्यालय पन्ना और जनसम्पर्क संचालनालय भोपाल से जारी इस कार्यक्रम के समाचारों में भाजपा नेता राकेश सोनी को रामनगर ग्राम का निवासी एवं जल जीवन मिशन का लाभार्थी बता दिया। रामनगर के वाशिंदे इस सरकारी प्रोपेगंडा को लेकर खासे नाराज हैं। मुख्यमंत्री से संवाद न कराए जाने के कारण उपेक्षित-अपमानित महसूस कर रहे इन ग्रामीणों की शिकायत है कि उनके नाम पर झूठ और भ्रम फैलाया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, भाजपा नेता राकेश सोनी मुड़वारी पंचायत की सरपंच सविता सोनी के पति हैं और वह रामनगर में नहीं बल्कि मुड़वारी में रहते हैं। अब सवाल उठता है कि पन्ना जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने राकेश सोनी की पहचान छुपाने का धतकरम आखिर क्यों किया ? इस सवाल का जवाब रामनगर गांव से गत दिनों आईं ख़बरों में छिपा है।
उल्लेखनीय है कि जल जीवन मिशन से प्रदेश के लाभान्वित ग्रामों के रहवासियों से मुख्यमंत्री को शुक्रवार 4 फ़रवरी 2022 को वर्चुअल संवाद करना था। पन्ना जिले में इस संवाद के लिए पवई विधानसभा क्षेत्र की मुड़वारी पंचायत के रामनगर ग्राम का चयन किया गया। दो नदियों के संगम किनारे स्थित छोटे से गांव रामनगर में जल जीवन मिशन अंतर्गत हाल ही में घरों में नल से जल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मजेदार, बात यह कि स्थानीय लोगों के लिए पेयजल की सहज उपलब्धता कभी इतना बड़ा मुद्दा ही नहीं था जितना पहुँच मार्ग का है।
नदी से बमुश्किल 300-400 मीटर की दूरी पर स्थित रामनगर ग्राम के वाशिंदों का निस्तार के लिए नदी जाना उनकी दिनचर्चा में शामिल है। नदी संगम के नजदीक रहने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को शायद ही कभी जल संकट से जूझना पड़ा। लेकिन रामनगर के लोगों को जिस एक बुनियादी सुविधा का आभाव सबसे अधिक पीड़ा देता है वह पहुँच मार्ग है।
देश की आजादी के सात दशक बाद भी रामनगर के लोगों को एक अदद पहुँच मार्ग नसीब नहीं हो सका। बारहमासी सुगम आवागमन सुविधा का आभाव होने के कारण बारिश के मौसम में गांव की गर्भवती महिलायें तथा बीमार व्यक्ति समय पर स्वास्थ्य केन्द्र नहीं पहुँच पाते। नतीजतन कई बार प्रसव पीड़ा के चलते जच्चा-बच्चा एवं बीमार व्यक्ति की असमय ही मौत हो जाती है। इसके अलावा सड़क के आभाव में गांव के बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

सड़क निर्माण न होने से असंतुष्ट हैं रामनगरवासी

पवई में आयोजित हुए जल जीवन मिशन के लाभार्थी रामनगर ग्राम के परिवारों से जनसंवाद के कार्यक्रम में उपस्थित लोग।
जल जीवन मिशन से प्रदेश के लाभान्वित ग्रामों में शामिल पन्ना जिले के रामनगर का विगत दिनों जब प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के वर्चुअल संवाद के लिए चयन किया तो गांव के लोगों ने इसे एक अवसर के रूप में देखा। कार्यक्रम को सरकारी स्क्रिप्ट के अनुसार संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों के सिलसिले में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने रामनगर पहुंचकर गांव वालों को कोचिंग दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि उन्हें मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान क्या कहना है, घर-घर नल से जल पहुंचाने की सौगात के लिए किस तरह प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का धन्यवाद/आभार ज्ञापित करना है। और महिलाओं को इस सुविधा के लिए “धन्य भाग्य हमारे” जैसे अंदाज में अपने सुखद अनुभव साझा करने हैं। इसके पीछे मंशा सरकारी प्रोपेगंडा के जरिए गांव की गुलाबी तस्वीर पेश कर प्रदेश में विकास की धारा प्रवाहित होने वाले नैरेटिव को मजबूती प्रदान करना था। चतुर-चालाक अफसर ऐसा करके मुख्यमंत्री को अभिभूत/आत्ममुग्ध कर उनकी गुड बुक में अपने अंक बढ़ाने की जुगत में थे। लेकिन भोले-भाले निश्छल ग्रामीणों की साफ़गोई ने उनके प्लान पर पानी फेर दिया।
रामनगर में कार्यक्रम के आयोजन से जुड़ीं तैयारियों के सिलसिले में पहुंचे अफसरों ने स्थानीय लोगों को जब सीएम से संवाद करने का सलीका सिखाया तो ग्रामीणों ने उन्हें निपट गंवई शैली में दो टूक समझा दिया, गांव में नल से घर-घर जल पहुंचा अच्छी बात है लेकिन उनकी ज्वलंत समस्या सड़क की है। जिसके आभाव का दंश वे कई पीढ़ियों झेल रहे हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया, सीएम से वर्चुअल संवाद का अगर अवसर मिला तो इस मौके पर उन्हें गांव की एक्चुअल समस्या से रूबरू कराया जाएगा। साथ ही यह बताया जाएगा कि उनकी सरकार भी पिछली सरकारों के ही नक़्शे कदम पर है, जिसने पिछले 17 साल में गांव के पहुँच मार्ग के निर्माण की सुध नहीं ली।”

इसलिए बदला गया कार्यक्रम स्थल

सड़क के मुद्दे पर रामनगर के ग्रामीणों के असंतुष्ट होने के चलते उनके अंदर छिपी नारजगी की तपिश का एसी में बैठने वाले अफसरों को एहसास हो गया। अधिकारी इस बात पर एक राय थे कि ग्रामीण उनकी मंशानुरूप सीएम से संवाद न करके पहुंच मार्ग निर्माण की अपनी मांग को प्रमुखता से उठाकर असहज स्थिति पैदा कर सकते हैं। इसलिए कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर गहन विचार-विमर्श के बाद पन्ना जिले के शीर्ष अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ सीएम से संवाद करने के चयनित जल जीवन मिशन के वास्तविक लाभार्थी/हितग्राही तक बदल दिए गए। शुक्रवार 4 फरवरी को आनन-फानन रामनगर के बजाए जनपद पंचायत मुख्यालय पवई में सीएम का वर्चुअल संवाद आयोजित किया गया।

वास्तविक लाभार्थियों को किया गया उपेक्षित

पवई में हुए जनसंवाद में रामनगर के लोगों की मौजूदगी में अधिकारियों ने मुड़वारी पंचायत की सरपंच के पति एवं भाजपा नेता राकेश सोनी को रामनगर ग्राम का निवासी बताकर मुख्यमंत्री एवं शीर्ष अधिकारियों से उसका संवाद कराया। जिले के अफसरों के इस कारनामे से रामनगरवासी न सिर्फ हैरान हैं बल्कि खासे नाराज भी हैं। क्योंकि सच्चाई यह है कि राकेश सोनी रामनगर में नहीं मुड़वारी ग्राम में रहते हैं। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से व्यथित एक ग्रामीण ने अपनी पहचान उजागर न करने की शर्त पर रडार न्यूज़ से कहा कि, पन्ना के मौजूदा अधिकारी जब प्रदेश के मुख्यमंत्री को सार्वजानिक तौर पर गुमराह कर उनके सामने फर्जी हितग्राही को प्रस्तुत करके गांव की गुलाबी तस्वीर दिखा सकते हैं तो ऐसे अधिकारी अपना रोजमर्रा का प्रशासनिक कामकाज कितनी ईमानदारी से करते होंगे! इस बात का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। उधर, जब इस संबंध में पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्र से पवई के पत्रकारों ने सवाल पूंछे तो उन्होंने रामनगर की समस्याओं से अवगत होने तथा उनका शीघ्र निराकरण कराने की बात कही है।

 

बापू के आदर्श और मूल्य जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि- राज्यपाल श्री पटेल

0
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य-तिथि पर हुई सर्वर्धम प्रार्थना में अपने विचार रखे।

गांधी भवन न्यास में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित

भोपाल। (www.radarnews.in) राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने कहा कि सच्चा वैष्णव तो वही है जो दूसरे की पीड़ा को समझे। उनको दूर करने के लिए सदैव तत्पर रहे। अपनी वाणी, कर्म, वचन और जीवन को शुद्ध रखें। विश्व शांति के यह सूत्र प्रसिद्ध साहित्यकार नरसी मेहता के भजन “वैष्णव जन तो तेने कहिए, जे पीर पराई जाणे रे” में समाहित है। बापू को यह भजन अत्यंत प्रिय था। इस भजन में बापू का पूरा जीवन दर्शन समाया हुआ है। इन आदर्श और मूल्यों को अपने जीवन में उतारना ही बापू को सच्ची श्रद्धांजलि है।
राज्यपाल श्री पटेल राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 74वीं पुण्य-तिथि पर गांधी भवन न्यास में सर्वधर्म प्रार्थना सभा को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र भी बापू के दर्शन और सिद्धांतों पर आधारित है। हम सभी को इन आदर्शों का पालन करते हुए विश्व में अमन, शांति और भाईचारे का संदेश देना चाहिए।
राज्यपाल श्री पटेल ने गांधी जी की प्रतिमा और गांधी स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। प्रार्थना सभा में जवाहर लाल नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भेल के विद्यार्थियों द्वारा वैष्णव जन तो तेने कहिए जे पीर पराई जाणे रे भजन और रामधुन “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम” गाकर गांधी जी को श्रद्धांजलि दी गई।
प्रार्थना सभा में जिला स्तरीय गांधी ज्ञान प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार खालसा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा आकृति गुप्ता, द्वितीय पुरस्कार टीएम कान्वेंट की छात्रा संजना पटेल, तृतीय पुरस्कार शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्टेशन क्षेत्र के मुनाफ अहमद और सांत्वना पुरस्कार विक्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भेल की छात्रा मेघा अहिरवार को दिया गया।
गांधी भवन न्यास के सचिव दयाराम नामदेव, फादर डॉ. आनंद मुटुगल, पंडित महेन्द्र शर्मा, भन्ते शाक्य सागर, प्रोफेसर डॉ. मनोज जैन, हाजी मो. हारून, शैक मुर्तजा अली, हाजी कलीम हारून, गुरूचरण सिंह अरोरा, हाजी इमरान हारून, गुरून्द्र सिंह, राजेन्द्र कोठारी, प्रजापति ब्रह्मकुमारी संगठन और ईश्वरीय विश्वविद्यालय सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, छात्र-छात्राएँ और आमजन उपस्थित थे।

खनिज साधन मंत्री ने चौपाल में ग्रामवासियों से किया संवाद

0
निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करते हुए खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह।

*   जरधोबा और रामनगर में विकास कार्य का भूमिपूजन और लोकार्पण

पन्ना। (www.radarnews.in) खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने शनिवार को जनपद पंचायत पन्ना अंतर्गत विभिन्न ग्रामों का भ्रमण किया। उन्होंने ग्रामवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर गांव के बुजुुर्ग व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया। मंत्री श्री सिंह ने ग्राम पंचायत जरधोबा में ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम में बुनियादी सुविधाओं का विकास होगा। गांव विस्थापित नहीं होने पर यहां के लोगों को सभी शासकीय योजनाओं का लाभ मिलेगा। यहां 118 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। शेष गरीब और कच्चे मकान वाले हितग्राहियों को आवास प्लस योजना में सर्वे के माध्यम से चयन कर पक्के आवास का लाभ दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की किसान सम्मान निधि, खाद्यान्न वितरण, संबल, उज्ज्वला योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिल रहा है। स्वामित्व योजना में लोगों को भू-अधिकार पत्र दिलाया जाएगा। हर घर में नल से जल की सुविधा का लाभ भी ग्रामवासियों को मिलेगा।उन्होंने कहा किजनभागीदारी से सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही बिजली, सड़क, तालाब गहरीकरण और स्कूल उन्नयन का कार्य भी होगा।
मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने अकोला से जरधोबा तक सड़क निर्माण के लिए भी कहा। खनिज मंत्री ने हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए। यहां 3 लाख 45 हजार लागत राशि के सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य का भूमिपूजन और 5 लाख रूपये लागत राशि के सीसी रोड एवं नाली निर्माण का लोकार्पण किया गया।

रामनगर बनेगा राजस्व ग्राम

कोरोना वायरस संक्रमण की तीसरी लहर के बीच जनचौपाल में उपस्थित ग्रामीणजन संक्रमण से बचाव को लेकर बेपरवाह नजर आये। जनचौपाल में अधिकांश ग्रामीण बिना मास्क/फेसकवर के शामिल हुए और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया गया।
खनिज मंत्री बृजेन्द्र सिंह द्वारा रामनगर में 16 लाख 18 हजार रूपये की लागत से रमपुरा तालाब योजना के नहर सुधार कार्य का भूमिपूजन किया गया। इससे क्षेत्र के किसानों को बेहतर सिंचाई की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि रामनगर को राजस्व ग्राम बनाया जाएगा। इसके लिए जरूरी प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए गए। रामनगर शाला में भजन कीर्तन सामग्री प्रदान करने और शमसान घाट की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में प्रत्येक पंचायत टीम के क्रिकेट मैच होंगे। टीम को किट और सामग्री का वितरण किया जाएगा। प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग करेंगे। पूर्व में विधायक निधि से धर्मशाला निर्माण के लिए प्रदान की गई राशि से कार्य को तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविराज सिंह यादव, परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।