Home Blog Page 237

तेंदुए ने फिर किया हमला, चार ग्रामीण घायल

10
तेंदुए का प्रतीकात्मक फोटो

मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर गंभीर नहीं वन विभाग

तेंदुए के हमलों से रैपुरा-मोहन्द्रा क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल

वन कर्मचारियों-अधिकारियों की हड़ताल से बेपटरी हुई व्यवस्था

पन्ना। रडार न्यूज  मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष का आगाज हो चुका है। पिछले 24 घंटे में यहां तेंदुए के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं में 20 लोग घायल हुए है। जबकि जिला मुख्यालय पन्ना के समीप पन्ना टाईगर रिजर्व के बफर जोन के जंगल में बाघ ने एक श्रमिक को अपना शिकार बना लिया। वन्य प्राणियों के हमले की घटनाएं ऐसे समय सामने आ रही है जब प्रदेशव्यापी हड़ताल के तहत् पन्ना जिले के समस्त वनकर्मी और रेंजर्स अपनी मांगों के निराकरण को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। वन कर्मचारी एवं अधिकारी संघ की संयुक्त हड़ताल के पहले ही दिन गुरूवार 24 मई को तेंदुए और बाघ के हमलों की चिंताजनक खबरें आने से समूचे पन्ना जिले में लोगों का जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। यदि शीघ्र ही मानव-वन्यप्राणी संघर्ष को रोकने के लिए कारगर कदम नहीं उठाये गये तो यह संकट बेदह गंभीर रूप ले सकता है। उल्लेखनीय है कि पन्ना जिले के दक्षिण वन मण्डल के रैपुरा वन परिक्षेत्रांतर्गत एक तेंदुए ने गुरूवार तड़के 3ः30 बजे आधा दर्जन गांवों में घरों के बाहर सो रहे लोगों पर हमला किया था। जिसमें 16 ग्रामीण घायल हुए थे। चार घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु पड़ोसी जिला कटनी के लिए रेफरल किया गया। महज 18 घंटे के अंदर रैपुरा वन परिक्षेत्र के ही ग्राम मक्केपाला में पुनः गुरूवार रात्रि करीब 8 बजे तेंदुए ने हमला कर चार लोगों को घायल कर दिया। घायलों में वृद्ध और बच्चे शामिल है।

इन्हें किया घायल-

तेंदुए के हमले में गंभीर रूप से घायल वृद्धा रूपरानी पत्नी बरई आदिवासी को प्राथमिक उपचार के बाद दमोह के लिए रेफरल किया गया है। अन्य तीन घायलों डरे आदिवासी पिता लच्छू आदिवासी, अखिलेश पिता प्रमोद आदिवासी, दान सिंह पिता मिलन आदिवासी को मामूली जख्म होने पर स्वास्थ्य केन्द्र रैपुरा में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। 24 घंटे के अंदर तेंदुए के लगातार दो बार हमले और इसी बीच पन्ना के समीप बाघ द्वारा एक तेंदुपत्ता श्रमिक बेटूलाल आदिवासी को शिकार बनाने की चिंताजनक घटनायें सामने आने से वन परिक्षेत्र रैपुरा और मोहन्द्रा के ग्रामीणों में दहशत में है। वन क्षेत्र से सटे इस दूरस्थ इलाके में तेंदुए के आंतक का यह खौफ ही है कि लोग तेंदूपत्ता तोड़ने या लकड़ी लेने के लिए जंगल जाना तो दूर अपने घरों से भी बाहर निकलने में भी डर रहे है।

तेंदुए को पकड़ने जारी है प्रयास-

पवई के उप मण्डलाधिकारी आरएन द्विवेदी ने बताया कि हमलावर तेंदुए की खोजबीन लगातार जारी है लेकिन उसकी कोई लोकेशन नहीं मिल रही है। मैदानी वन अमले और अधिकारियों के हड़ताल पर होने से काफी दिक्कत आ रही है। उप वन मण्डलाधिकारी श्री द्विवेदी ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा आ चुका है उसमें कुत्ते या बकरे को रखकर तेंदुए को शिकार के लालच से पकड़ने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा यदि दिन के समय तेंदुए का लोकेशन मिलता है तो उसे ट्रंकुलाइज (बेहोश) करके पकड़ने की पूरी तैयारी है। उन्होंने बताया कि हमारा पूरा जोर फिलहाल लोगों को सुरक्षित करने पर है इसके लिए मोहन्द्रा-रैपुरा के सीमावर्ती ग्रामों में मुनादी कराकर लोगों को हिदायत दी जा रही है कि अकेले घर से बाहर न निकलें। रात्रि में बाहर न सोयें और तेंदुए के खतरे को देखते हुए सतर्क रहें।

पहले भी किया था हमला-

दक्षिण वन मण्डल अंतर्गत तेंदुओं के बढ़ते आंतक के बीच इनके हमले में बेकसूर ग्रामीणों के घायल होने की यह पहली घटना नहीं है। कुछ माह पूर्व रैपुरा व शाहनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत एक तेंदुए ने कई गांवों में उत्पात मचाया था। वन विभाग के अमले द्वारा तेंदुए को समय रहते न पकड़ पाने के कारण कुएं में गिरने से उसकी असमय मौत हो गई थी। वहीं कुछ समय पूर्व दक्षिण वन मण्डल के ही वन परिक्षेत्र पवई के अंतर्गत क्लच वायर का फंदा लगाकर तेंदुए के शिकार करने की हैरान करने वाली घटना सामने आई थी। जंगली जानवर जंगल से बाहर निकलने के लिए क्यों विवश है? इसकी वजह क्या वन क्षेत्र के अंदर भीषण जल संकट होना है या फिर अन्य कोई कारण है। वजह चाहे जो भी हो पर इस विकट समस्या का समय रहते समाधान किया जाना आवश्यक है ताकि गंभीर रूप लेते मानव वन्यप्राणी संघर्ष को रोका जा सके।

प्रदेशवासियों की जिंदगी को खुशहाल बनाना ही जीवन का उद्देश्य : श्री चौहान

10
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी तहसील के भड़कुल ग्राम में जन-संवाद कार्यक्रम में हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये।

 सीहोर जिले में विकास यात्रा एवं जनसंवाद में शामिल हुए मुख्यमंत्री

भोपाल। रडार न्यूज़  मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर जिले में बुदनी विकासखण्ड के ग्राम माथनी, भड़कुल, बोरदी और बोरी में विकास यात्रा करते हुए जन-संवाद के जरिये ग्रामीणों से सीधी बातचीत कर उन्हें शासकीय योजनाओं-कार्यक्रमों की जानकारी दी। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेशवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर उनके जीवन को खुशहाल बनाना ही मेरे जीवन का लक्ष्य है। इसके लिये दिन-रात चिंतन करता हूँ। नित नई जन-कल्याणकारी योजनाएँ बनाकर उनका सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करता हूँ। जन-संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीण अंचल में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हित-लाभ वितरित भी किये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बेटियाँ खुश रहेंगी, तो प्रदेश खुश रहेगा। महिला सशक्तिकरण के प्रयास निरन्तर जारी हैं। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में अप्रत्याशित सुधार होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश मे सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय के उद्देश्य से कार्य किये जा रहे हैं। श्री चौहान ने कहा कि सम्पूर्ण बुधनी विधानसभा क्षेत्र में नर्मदा जल हर घर में पहुँचाया गया है। अब हर खेत को सिंचित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश मे सभी पात्र लोगों को रहने की जमीन का पट्टा देकर उनके लिये पक्का मकान बनाया जाएगा। इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री रामपाल सिंह, वन विकास निगम के अध्यक्ष गुरू प्रसाद शर्मा, वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राजपूत, अपेक्स बैंक के प्रशासक रमाकांत भार्गव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला मरेठा, अन्य जन-प्रतिनिधि तथा बडी संख्या मे ग्रामीण उपस्थित रहे।

देश की गरिमामयी संस्कृति की रक्षा में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका

0
जनसम्पर्क,जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने गुरूवार को बालाघाट में वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया।

जनसम्पर्क मंत्री डॉ. मिश्र ने बालाघाट में पत्रकारों को सम्मानित किया 

भोपाल। रडार न्यूज़  जनसम्पर्क, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने आज बालाघाट में पत्रकार महाअधिवेशन में वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान किया। डॉ. मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के कार्यों में पत्रकार बंधुओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारतीय संस्कृति को जीवंत और सम्माननीय बनाए रखने में मीडिया का महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है। आधुनिक समाज और संचार क्रांति के इस दौर में यह आवश्यक है कि देश की गरिमामय संस्कृति की रक्षा की जाए। इसके लिए सम्पूर्ण मीडिया जगत को सजग रहकर निरंतर कार्य करना होगा। मंत्री डॉ. मिश्र ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने पत्रकारों के हित में अनेक कदम उठाए हैं। अधिमान्यता कार्ड की नवीनीकरण अवधि एक वर्ष के स्थान पर दो वर्ष कर दी गई है। स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा योजना में अब दो लाख के स्थान पर चार लाख रुपये तक कैशलेस उपचार और आकस्मिक दुर्घटना की दशा में असमय मृत्यु हो जाने पर पाँच लाख के स्थान पर दस लाख रूपये की राशि का प्रावधान किया जा रहा है। कार्यक्रम के विशेष अतिथि किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने पत्रकारों को संबोधित किया।

बाघ के हमले में तेंदूपत्ता श्रमिक की मौत

9
प्रतीकात्मक फोटो

घायल अवस्था में लाते समय रास्ते में हुई मौत

तेंदुए के हमले में 16 ग्रामीण घायल

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में बाघ और तेंदुए के हमलों से फैली दहशत

पन्ना। रडार न्यूज  मध्यप्रदेश में गुरूवार 24 मई से वनकर्मियों और रेंजर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल के पहले ही दिन पन्ना जिले में बाघ और तेंदुए के हमले की सनसनीखेज खबरें आई है। जंगल में तेंदूपत्ता व लकड़ी लेने गये एक आदिवासी श्रमिक की बाघ के हमले में जहां दर्दनाक मौत हो गई वहीं पन्ना के ही रैपुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत एक तेंदुए ने आधा दर्जन गांवों में हमलाकर 16 ग्रामीणों को घायल कर दिया। बाघ के हमले की घटना जिला मुख्यालय पन्ना से लगभग 8 किलोमीटर दूर उत्तर वन मण्डल के अंतर्गत मनकी बीट की बताई जा रही है। उत्तर वन मण्डल के डीएफओ नरेश सिंह यादव ने बताया कि बेटूलाल पिता धनकू गौंड 40 वर्ष निवासी ग्राम मनकी जंगल से लकड़ी लेेन गया था। जहां दोपहर करीब 2 बजे पीछे से आये एक बाघ ने बेटूलाल की गर्दन पर हमला कर उसे जमीन में पटक दिया। बेटूलाल के साथ रहे गोपाल आदिवासी व छोटेलाल आदिवासी के शोर मचाने पर हमलावर बाघ मौके से भाग खड़ा हुआ। अत्यंत गंभीर रूप से घायल बेटूलाल आदिवासी को लेकर उसके साथी जब वापिस गांव मनकी जाने लगे तभी रास्ते उसने दम तोड़ दिया। सूत्रों से पता चला है कि बेटूलाल जंगल से तेंदूपत्ता तोड़ने और लकड़ी लेने सुबह जंगल गया था। बाघ के हमले में आदिवासी श्रमिक की मौत की खबर मिलने के बाद पन्ना टाईगर रिजर्व सहित उत्तर वन मण्डल के अधिकारी मौके लिए रवाना हो चुके थे। समाचार लिखे जाने तक मृतक का शव मनकी गांव में ही रखा था। बाघ के हमले में बेटूलाल की मौत के बाद से उसके गांव में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 में पन्ना टाईगर रिजर्व ने बाघ पुर्नस्थापना कार्यक्रम के अंतर्गत बाघों के उजड़े हुए संसार को पुनः आबाद किये जाने के बाद बाघ के हमले में किसी व्यक्ति की मौत होने की यह पहली घटना है। पन्ना टाईगर रिजर्व में बाघों की तादाद तेजी से बढ़ने के कारण वहां क्षेत्र कम पढ़ने लगा है। फलस्वरूप पार्क सीमा के बाहर बफर क्षेत्र से सटे सामान्य वन मण्डलों के जंगलों में बाघों का विचरण अब आम हो चुका है। कई वृद्ध व युवा बाघों ने तो पन्ना के सामान्य वन मण्डलों के जंगल में ही अपना इलाका बना रखा है।

तेंदुए के हमले में 16 ग्रामीण घायल

9

गंभीर रूप से घायल 4 व्यक्ति कटनी के लिए रेफरल

पन्ना जिले के रैपुरा वन परिक्षेत्र में तेंदुए की दहशत

पन्ना। रडार न्यूज  मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में दक्षिण वन मण्डल के रैपुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत गुरूवार तड़के एक तेंदुए ने हमला कर 16 लोगों को घायल कर दिया। घायलों में चार ग्रामीणों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पड़ोसी जिला कटनी के लिए रेफरल किया गया है। तेंदुए के हमले की सुबह-सुबह खबर फैलने के बाद से ही क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पवई के उप वन मण्डलाधिकारी आरएन द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरूवार 24 मई 2018 को तड़के करीब 3ः30 बजे एक तेंदुआ जंगल से निकलकर ग्राम मुरता में घुस गया जहां गर्मी के चलते बाहर सो रहे 6 ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में वृद्ध, बच्चे और महिलायें शामिल है। घायलों की चींख-पुकार और ग्रामीणों के हल्लाबोल से तेंदुआ भागकर चन्हाई ग्राम पहुंचा जहां उसके द्वारा एक व्यक्ति को घायल किया गया। इसके पश्चात उक्त तेंदुआ लगातार आगे बढ़ते हुए आबादी क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों को घायल करता गया। रात्रि 3ः30 बजे से शुरू हुए तेंदुए के हमले सुबह करीब 6 बजे तक जारी रहे। जिसमें कुलुआखेरा अलौनी, झालाडुमरी, मुरता, बीरमपुरा व मक्केपाला में ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें लहुलुहान कर दिया।

15 किमी क्षेत्र के 6 गांवों में किया हमले-

श्री द्विवेदी ने बताया कि मुरता से लेकर बीरमपुरा तक लगभग 15 किलोमीटर के क्षेत्र में स्थित आधा दर्जन ग्रामों में तेंदुए द्वारा दहशत फैलाई गई। घायलों में रामसेवक पिता हल्कू आदिवासी निवासी अलौनी, वीरन पिता रतन सिंह निवासी मक्केपाला, बड़ी बहू पति सुखलाल आदिवासी निवासी चनहाई, फूलबाई पति विष्वनाथ आदिवासी, खेमवती आदिवासी, सुन्दर पति पहाड़ी आदिवासी, हल्के पिता गबडू आदिवासी, कुमारी रीना पिता जवाहर बसोर, कल्ला पिता उदूला बंजारा सभी निवासी ग्राम मुरता व किषोरी पिता लुलारे आदिवासी कुलुआखेरा आदि शामिल है।

तेंदुआ को पकड़ने चलाया जायेगा रेस्क्यू आॅपरेशन-

उप वन मण्डलाधिकारी पवई श्री द्विवेदी ने बताया कि वे सुबह करीब 7 बजे मौके पर पहुंच गये थे, सभी घायलों का प्राथमिक स्वास्थ्य रैपुरा में उपचार कराया गया। जहां चार घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डाॅ. राजवीर लोहिया ने उन्हें कटनी के लिए रेफरल कर दिया। तेंदुए के हमले का षिकार बनी वृद्धा बड़ी बहु की हालत नाजुक बनी है। तेंदुए ने उसके चेहरे पर हमला करते हुए नाक और मुंह को बड़े हिस्से को बुरी तरह नोंच डाला है। पवई के उप वन मण्डलाधिकारी आरएन द्विवेदी ने बताया कि हमलावर तेंदुए को पकड़ने के लिए पन्ना में रेस्क्यू टीम तैयार है लोकेषन मिलते ही उसे पकड़ा जायेगा।

कागजों पर बच्चों को बांट रहे मध्यान्ह भोजन

1182
बंद पड़ी जनवार के आंगनवाड़ी के बाहर बैठे बच्चे।

स्कूलों-आंगनवाड़ी केन्द्रों में लटक रहे ताले

ग्रीष्मकालीन अवकाश में ठप्प पड़ी मध्यान्ह भोजन व्यवस्था

पन्ना। रडार न्यूज  सरकारी स्कूलों में वर्तमान में ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है। प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के बच्चों को ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी मध्यान्ह भोजन वितरित करने शासन के निर्देश है। लेकिन पन्ना जिले की शालाओं में इस पर ईमानदारी से अमल नहीं हो रहा है। जमीनी सच्चाई यह है कि 95 फीसदी शालाओं में ताले लटक रहे है। मध्यान्ह भोजन पकाने वाले समूह और शिक्षकों के बीच सांठगांठ के चलते दर्ज बच्चों को एमडीएम का वितरण कागजों पर किया जा रहा है। मजेदार बात यह है कि मध्यान्ह भोजन वितरण की हर स्तर पर फर्जी रिपोर्टिंग की जा रही है ताकि बच्चों के निवालों की राशि को मिलकर डकारा जा सके। वहीं इस प्रचण्ड गर्मी के समय आंगनवाड़ी केन्द्रों में भी अघोषित अवकाश की स्थिति देखी जा रही है। कहीं केन्द्रों में ताले जड़े है तो कहीं पर बच्चे ही नदारत है। शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को लापरवाह और भ्रष्ट मैदानी अमला किस तरह पलीता लगा रहा है, गुरूवार को जिला मुख्यालय पन्ना के समीपी ग्राम जनवार में इसकी बानगी देखने को मिली।

आंगनवाड़ी केन्द्र जनवार –

रडार न्यूज की टीम समाजिक कार्यकर्ताओं के साथ सुबह 8ः40 बजे जनवार की आदिवासी बस्ती पहुंची तो वहां आंगनवाड़ी केन्द्र में ताला लटक रहा था। केन्द्र के बाजू में स्थित हैण्डपम्प पर नहाने आये बच्चे वहां भीड़ होने के कारण अपना नम्बर आने के इंजतार में आंगनवाड़ी की सीढ़ियों में बैठे खेल रहे थे। पास में रहने वाली केशकली पत्नी बाना आदिवासी ने चर्चा के दौरान बताया कि आंगनवाड़ी में बच्चों को नाश्ता नहीं मिलता, दोपहर के समय सिर्फ भोजन मिलता है। केशकली की चार साल की बेटी का नाम इसी आंगनवाड़ी में दर्ज है। उसने बताया कि सहायिका सियाबाई आदिवासी सुबह करीब 10 बजे आंगनवाड़ी खोलती है। इस केन्द्र में पदस्थ कार्यकर्ता शोभा यादव पन्ना में रहती है और वे महीने में दो-चार दिन ही कुछ घंटों के लिए आती है।

आंगनवाड़ी केन्द्र नवीन झालर-

झालर के आंगनवाड़ी केन्द्र में लटकता ताला।

जनवार के समीप स्थित विस्थापित ग्राम नवीन झालर की आंगनवाड़ी भी बंद मिली। सुबह 9ः27 बजे केन्द्र पर ताला लटक रहा था। सहायिका जमुना यादव को उसके घर से बुलाकर जब केन्द्र न खुलने का कारण पूंछा तो बताया गया कि गर्मी अधिक होने के कारण बच्चे नहीं आते। दोपहर के समय कुछ बच्चे सिर्फ खाना खाने के लिए ही केन्द्र में आते है। यहां पर भी बच्चों को नाश्ता का वितरण नहीं हो रहा है। सहायिका जमुना यादव ने बताया कि उनके केन्द्र पर 0 से लेकर 6 वर्ष तक के कुल 20 बच्चे दर्ज है। इस केन्द्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नयनतारा श्रीवास्तव पन्ना में रहती है, जोकि यदाकदा ही नवीन झालर आती है। आंगनवाड़ी का अपना कोई भवन न होने से यह एक कच्चे जर्जर मकान में संचालित हो रही है।

मिनी आंगनवाड़ी केन्द्र जनवार-

समाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को जानकारी देती आंगनवाड़ी कार्यकर्ता विमलेश यादव।

नवीन झालर ग्राम से वापिस लौटते हुए पुनः जनवार पहुंचने पर मुख्य मार्ग किनारे प्राथमिक शाला भवन में संचालित मिनी आंगनवाड़ी केन्द्र में प्रातः 10ः47 बजे तक एक भी बच्चा उपस्थित नहीं था। जबकि इस केन्द्र में 60 बच्चे दर्ज है। जिसमें 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों की संख्या 26 बताई गई है। केन्द्र में रसोईया के साथ बैठी कार्यकर्ता विमलेश यादव अपनी दैनिक रिपोर्टिंग की कागजी खानापूर्ति कर रहीं थी। गौर करने वाली बात यह है कि इस केन्द्र में ही अकेले 11 कुपोषित बच्चे दर्ज है। जिनमें से कुछ मध्यम श्रेणी के कुपोषित है। बच्चों की अनुपस्थिति के सवाल पर कार्यकर्ता ने बिना किसी लाग-लपेट के बताया कि गर्मी अधिक होने के कारण बच्चों को उनके अभिभावक केन्द्र पर नहीं भेजते। दोपहर में भोजन पकने पर कुछ बच्चों को बुलाकर खाना खिला देते है। इस केन्द्र पर भी बच्चों को नाश्ता न मिलने की बात सामने आई है।

नहीं होती सतत् निगरानी-

             मालूम हो कि वर्तमान में आंगनवाड़ी केन्द्रों की दैनिक रिपोर्टिंग मोबाईल एप्प के जरिये आॅनलाईन हो रही है। जिसमें दैनिक उपस्थिति से लेकर बच्चों के वजन, गृह भेंट, पोषण आहार वितरण आदि की जानकारी प्रतिदिन दर्ज की जाती है। मिनी आंगनवाड़ी केन्द्र जनवार की कार्यकर्ता विमलेश यादव ने दैनिक रिपोर्टिंग की हकीकत बयान करते हुए कहा कि जिस दिन 10-12 बच्चे भोजन करने आते है उस दिन का फोटो अपलोड करतीं है। जिस दिन बच्चे कम होते है उस दिन का फोटो पोस्ट नहीं करतीं ताकि कम उपस्थिति को लेकर सवाल खड़े न हो। इससे साफ जाहिर है कि व्यवस्था बेहतर बनाने और पारदर्शिता बढ़ाने के नाम पर रिपोर्टिंग के तौर-तरीकों में समय के साथ भले ही तकनीकी बदलाव हो चुका है लेकिन योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। आंगनवाड़ी केन्द्रों की इस बदहाली के ही कारण पन्ना जिले के माथे पर लगे गंभीर कुपोषण, शिशु मृत्यु दर की अधिकता और बाल मृत्यु दर के कलंक मिट नहीं पा रहे है। आंगनवाड़ी केन्द्रों के संचालन में व्याप्त भर्रेशाही के मद्देनजर क्षेत्रीय सुपरवाईजर और एकीकृत बाल विकास परियोजना अधिकारी की भूमिका पर भी प्रश्न चिन्ह लग रहा है।

शालाओं के नहीं खुलते ताले-

ग्रीष्मकालीन अवकाश में ठप्प पड़ी शालाओं में मध्यान्ह भोजन वितरण व्यवस्था।

                ग्राम नवीन झालर की प्राथमिक शाला और जनवार स्थित प्राथमिक व माध्यमिक शाला में ग्रीष्मकालीन अवकाश के समय बच्चों को मध्यान्ह भोजन का वितरण नहीं हो रहा है। पृथ्वी ट्रस्ट के अध्यक्ष यूसुफ बेग व रविकांत पाठक से चर्चा के दौरान पहचान उजागर न करने की शर्त पर ग्रामीणों ने बताया कि जब से गर्मी की छुट्टियां पड़ी है तब से एक भी दिन शाला के बच्चों को मध्यान्ह भोजन नहीं बांटा गया है। आंगनवाडी के दो-चार बच्चों को घरों से लाकर मध्यान्ह भोजन वितरण की औपचारिकता पूरी की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि झालर और जनवार की शालाओं के जब ताले ही नहीं खुलते तो वहां मध्यान्ह भोजन वितरण का सवाल ही नहीं उठता।

इनका कहना है-

      ‘‘यह बात सही है कि कई आंगनवाड़ी केन्द्र नियमित रूप से नहीं खुल रहे है। उनकी कार्यकर्ता और सुपरवाईजर अपने मुख्यालय में निवास नहीं कर रही है। इन सभी के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। आपके द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार संबंधितों को नोटिस जारी कर उनसे जवाब तलब किया जायेगा।‘‘
– रेखा बाला सक्सेना, परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास पन्ना।

       ‘‘जनवार-झालर की शालाओं में मध्यान्ह भोजन वितरण न होने की मुझे जानकारी नहीं है। सीएसी से बात करके तुरंत व्यवस्था शुरू कराई जायेगी।‘‘
-विष्णु त्रिपाठी, जिला परियोजना समन्वयक सर्वशिक्षा अभियान पन्ना।

सहकारी बैंक महाप्रबंधक 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

11

 

संविदा कर्मचारी से परमानेंट करने मांगी थी घूस 

छतरपुर। रडार न्यूज  जिले का जिला सहकारी बैंक गत चार माह से सुर्खियों में है। ऑडिटर राजेंद्र यादव एवं आरके शर्मा को लोकायुक्त में पकड़े जाने का अभी मामला शांत नहीं कि बुधवार को महाप्रबंधक जेएस ठाकुर को  50 हजार की घूस लेते हुए  दबोच लिया। पकड़े गए महाप्रबंधक ने  एक संविदा कर्मचारी को परमानेंट करने के एवज में बैंक के महाप्रबंधक ने एक लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी । जिसे बुधवार को लोकायुक्त ने रंगे हाथो पकड़ लिया ।  छतरपुर में जिला सहाकारी बैंक में महाप्रबंधक के पद पर पदस्थ जे एस ठाकुर ने संविदा कर्मचारी संतोष कुशवाहा को परमानेंट करने के एवज में एक लाख रुपए बतौर रिश्वत मांगे थे। संतोष ने इस बात की शिकायत लोकायुक्त पुलिस सागर से की थी। लोकायुक्त पुलिस सागर निरीक्षक बी एम द्विवेदी अपनी पुलिस टीम के साथ 23 मई को छतरपुर पहुंचे। सहाकारी बैंक में पदस्थ जे एस ठाकुर को ने जैसे ही शिकायतकर्ता संतोष कुशवाहा से रिश्वत की राशि 50 हजार रुपए ली, तत्काल लोकायुक्त पुलिस टीम ने घेराबंदी करके महाप्रबंधक को रंगे हाथो दबोच लिया। लोकायुक्त पुलिस द्वारा बैंक में महाप्रबंधक को रंगे हाथो पकड़ने से बैंक में मौजूद अधिकारियो और कर्मचारियो के होश उड़ गए। लोकायुक्त पुलिस महाप्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है और भ्रष्टाचार निवारण एक्ट के तहत कार्यवाही कर रही है।

रिश्वत लेते दो पटवारी रंगे हाथ पकड़ाये

26

लोकायुक्त पुलिस संगठन ने की कार्रवाई

सागर में रिश्वत लेते महिला पटवारी हुई गिरफ्तार

भोपाल। रडार न्यूज  मध्यप्रदेश के सागर जिले में लोकायुक्त पुलिस संगठन की टीम ने एक महिला पटवारी को 500 रूपये की रिश्वत लेने के आरोप में रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। भूमि विक्रय का प्रतिवेदन और नक्शा बनाने के एवज में पटवारी रितु विरवैया ने ग्रामीण अशोक यादव से रिश्वत के रूप में 500 रूपये लिये थे। सागर संभाग के ही अंतर्गत आने वाले टीकमगढ़ जिले में लोकायुक्त पुलिस द्वारा की गई ट्रेप कार्यवाई में भी एक पटवारी के ही पकडे़ जाने की खबर मिली है। लोकायुक्त पुलिस सागर के निरीक्षक बीएम द्विवेदी ने बताया कि नामांतरण से संबंधित एक प्रकरण में ढिल्ला हल्का के पटवारी जानकी सूत्रकार को 2000 रूपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। लोकायुक्त एसपी सुनील कुमार तिवारी ने घूसखोर महिला पटवारी की गिरफ्तारी के संबंध में बताया कि सेमाढाना निवासी अशोक यादव ने जमीनी बेंचने के लिए जैसी नगर तहसील के हल्का नम्बर 170 की पटवारी रितु विरवैया से भूमि का नक्शा बनवाने और प्रतिवेदन प्रदान करने के लिए आवेदन किया था। इसके एवज में महिला पटवारी द्वारा अशोक से 500 रूपये की रिश्वत की मांग की गई। इसकी शिकायत ग्रामीण ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय सागर में की। योजनाबद्ध तरीके से अशोक को 500 रूपये देकर पटवारी के घर भेजा गया। पूर्व चर्चानुसार अशोक ने जैसे ही 500 रूपये दिये तभी लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर पटवारी रितु को रंगे हाथों गिरफतार कर लिया। रिश्वत के रूप में ली गई राशि जब्त करते हुए जब पटवारी के हाथ धुलवाये गये तो गुलाबी हो गये। इस मामले में लोकायुक्त पुलिस संगठन ने महिला पटवारी के विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत् प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया है।

टीकमगढ़ में दो हजार की रिश्वत लेते पकड़ा पटवारी-

टीकमगढ़ जिले की पृथ्वीपुर तहसील के ग्राम मानपुरा, भेलसा के संतोष यादव से रजिस्ट्री का नामांतरण करने एवज में 2000 रूपये की रिश्वत लेते ढिल्ला हल्का के पटवारी जानकी सूत्रकार को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा है। यह कार्रवाई तहसील के सामने स्थित पटवारी के किराये के मकान में की गई है। पूर्व चर्चानुसार संतोष यादव ने पटवारी के आवास में पहुंचकर जैसे ही उसे 2000 रूपये दिये तभी लोकायुक्त पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

प्रदेश के हित में रिसर्च को प्रोत्साहित करें- मंत्री श्री गुप्ता

185
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने मेपकास्ट की निजी विश्वविद्यालय के कुलपतियों की इंटरएक्शन बैठक को संबोधित किया।

 

भोपाल। रडार न्यूज मध्यप्रदेश विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट) और प्रदेश स्थित निजी विश्वविद्यालय प्रदेश के हित में रिसर्च को प्रोत्साहित करें। राजस्व विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने यहा बात मेपकास्ट और निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की इंटरएक्शन बैठक में कही। बैठक में विश्वविद्यालय के कुलपति-प्रतिनिधि शामिल हुए। श्री गुप्ता ने कहा कि बैठक को सिर्फ चर्चा तक ही सीमित नहीं रखें। चर्चा के बाद निकलने वाले निष्कर्षों को कार्यरूप में परणित करने के भी प्रयास करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करें। श्री गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक विश्वविद्यालय के लिए विषय निर्धारित किये जायें। बैठक में मेपकास्ट के महानिदेशक डॉ. नवीन चन्द्रा और विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश पाण्डेय ने भी विचार व्यक्त किये। विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने रिसर्च के लिए अनुदान और प्रोजेक्ट निर्माण आदि के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिये।

मानसून पूर्व पुनर्वास स्थलों पर सभी सुविधाएँ सुदृढ़ करें

25
नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लाल सिंह आर्य ने नर्मदा घाटी विकास विभाग की गतिविधियों की समीक्षा की।

राज्य मंत्री श्री आर्य ने की नर्मदा घाटी पुनर्वास कार्यों की समीक्षा

भोपाल। रडार न्यूज  नर्मदा घाटी विकास परियोजनाओं से संबंधित पुनर्वास कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लाल सिंह आर्य ने निर्देश दिये हैं कि पुनर्वास स्थलों पर मानसून पूर्व सभी सुविधाएँ सुदृढ़ करें। श्री आर्य ने पुनर्वास कार्यों की जिलेवार जानकारी ली। बैठक में जानकारी दी गई कि सरदार सरोवर परियोजना के अंतर्गत उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार 60 लाख रूपये की पात्रता वाले 92 प्रतिशत परिवारों को धन राशि का भुगतान किया जा चुका है। प्रति परिवार 15 लाख रुपये की पात्रता वाले परिवारों में से 93 प्रतिशत परिवारों को भुगतान किया जा चुका है। राज्यमंत्री लाल सिंह आर्य ने पुनर्वास स्थलों पर पुल-पुलिया पहुँच मार्गों के निर्माण की स्थिति की समीक्षा करते हुये कहा कि जो कार्य चल रहे हैं, उन्हे गति देकर मानसून पूर्व पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाये। सरदार सरोवर परियोजना जलाशय क्षेत्र के मछुआरों को जलाशय से मत्स्याखेट करने के लिये आवश्यक प्रावधान किया जाये। श्री आर्य ने सरदार सरोवर परियोजना पुनर्वास स्थलों पर पेयजल की व्यवस्था की समीक्षा भी की। इस दौरान उन्हें बताया गया कि परियोजना के 35 पुनर्वास स्थलों को सीधे नर्मदा से उद्वहन पेयजल योजनाओं द्वारा शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाया जायेगा। इसके लिये एजेन्सी का निर्धारण हो गया है और कार्य आरम्भ हो चुका है। समीक्षा बैठक में क्षेत्रीय पुनर्वास आयुक्त सरदार सरोवर परियोजना प्रबल सिपाहा, संचालक पुनर्वास संजय गुप्ता, सदस्य अभियांत्रिकी आरपी मालवीय तथा विभिन्न जिलों से आये पुनर्वास अधिकारी उपस्थित थे।