Home Blog Page 197

क्राइम : फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में 7 कर्मचारी सोते रहे और अज्ञात चोर लॉकर समेत 10 लाख कैश चुरा ले गए

0
पन्ना के आगरा मोहल्ला में चौराहे के समीप स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ब्रांच ऑफिस।

* 90 किलो वजनी लॉकर उठा ले गए चोर पर किसी को भनक तक नहीं लगी

* पन्ना शहर में बैंक ऑफ इंडिया के बाजू में चोरी की वारदात से फैली सनसनी

* माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूंछतांछ में जुटी पुलिस

शादिक खान,पन्ना। रडार न्यूज    मध्यप्रदेश के पन्ना शहर में स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ब्रांच ऑफिस से दरम्यानी रात लॉकर समेत 10 लाख से अधिक कैश चोरी होने की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मचा है। शहर के आगरा मोहल्ला में बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बाजू में हुई चोरी की घटना का हैरान करने वाला पहलू यह है कि, फाइनेंस कंपनी के ऑफिस के जिस कमरे में ब्रांच मैनेजर समेत 7 कर्मचारी सोये हुए थे वहां से अज्ञात चोर इतना वजनी लॉकर उठाकर ले गये लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। जबकि फाइनेंस कंपनी का ऑफिस मकान के प्रथम तल में स्थित होने से लोहे की सीढ़ियों के रास्ते 90 किलो वजनी लॉकर को नीचे लाना आसान नहीं है।
इन औजारों का उपयोग कर अज्ञात चोरों द्वारा अंदर से लॉक कमरों को खोला।
जाहिर है चोरी की इस बड़ी वारदात को कई शातिर अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया है। जिस तरह का घटनाक्रम बताया जा रहा है उससे प्रथम दृष्टया माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ही संदेह के घेरे में हैं। बुधवार 5 दिसंबर की सुबह चोरी की घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पन्ना कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद कुजूर एवं एफएसएल टीम ने स्थल का निरीक्षण कर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को हिरासत में लेकर उनसे सघन पूंछतांछ शुरू कर दी है। इसके अलावा शातिर चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास के निजी और चोराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है।

कुछ घंटे पहले ही आये थे रुपये

ऑफिस का वह कमरा जिसमें लॉकर रखा था और कर्मचारी सो रहे थे।
पन्ना के आगरा मोहल्ला चौराहा के समीप बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बाजू में स्थित माइक्रो फाइनेंस कंपनी क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ब्रांच ऑफिस में हुई चोरी की वारदात में कि मंगलवार 4 दिसंबर की रात्रि 8 बजे ही कटनी से करीब 8 लाख रुपये कैश स्व सहायता समूहों को ऋण वितरण हेतु आये थे। शेष राशि स्थानीय स्तर हुए कलेक्शन की थी। ब्रांच मैनेजर राजेश साहू ने बताया कि कटनी से मंगवाई गई राशि की इंट्री सहित अन्य कागजी कार्रवाई देर रात 11:30 बजे तक चलती रही फिर सभी लोग ऑफिस में ही सो गए। गौर करने वाली बात यह है अज्ञात शातिर चोरों ने इसके कुछ ही घंटे बाद जिस समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया उस समय माइक्रो फाइनेंस कंपनी के लॉकर में पर्याप्त कैश रखा था।
सवाल उठ रहा है कि चोरी की घटना की टाइमिंग क्या महज एक संयोग है या फिर ऑफिस के कर्मचारियों के अलावा किसी और को कैश आने की पुख्ता जानकारी थी। जिस कमरे में पूरा स्टॉफ सोया हुआ था वहां से लॉकर समेत 10 लाख 50 हजार रुपये चोरी होने की किसी को भी भनक न लगने से लोग कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध मान रहे है। अंदर से लॉक कमरों के दरवाजों में छोटा सा सुराख़ करके जिस तरह आसानी उन्हें खोला गया वह भी हैरान करने वाला है। मैनेजर राजेश साहू के अनुसार चोरी की घटना का पता बुधवार सुबह तब चला जब नींद से जागे कर्मचारी शंकर कुशवाहा ने लॉकर गायब देख और कमरे का लॉक खुला हुआ पाकर उन्हें व अन्य सहकर्मियों को इसकी जानकारी दी। उधर मकान मालकिन वृद्धा सियारानी साहू ने पत्रकारों को बताया कि रात में उसने जूतों की आहट से सुनी थी, लेकिन नींद में होने के कारण वह समझीं कि सुबह हो चुकी है और शायद कंपनी के कर्मचारी व्यायाम कर रहे हैं। सुबह जब वृद्धा सियारानी जागीं तो चोरी होने का पता चलते ही उनके होश उड़ गए।

एमपीईबी की चोरी का नहीं हुआ खुलासा

कंपनी के कर्मचारियों से घटना के संबंध में पूंछतांछ करते कोतवाली थाना पन्ना के निरीक्षक अरविंद कुजूर।
पन्ना के आगरा मोहल्ला चौराहे के समीप ही कुछ समय पूर्व मध्य पूर्व क्षेत्र विधुत वितरण कंपनी लिमिटेड संभाग के कार्यालय परिसर में स्थापित एटीपी मशीन के लॉकर से भी लाखों रूपये की चोरी होने का मामला प्रकाश में आया था। शहर के उपभोक्ताओं द्वारा जमा की गई विधुत बिल की राशि चोरी होने की घटना के कई माह गुजरने के बाद भी पन्ना कोतवाली थाना पुलिस खुलासा नहीं कर सकी। आज इसी इलाके में चोरी की दूसरी बड़ी वारदात सामने आने से पुलिस की सक्रियता के साथ-साथ रात्रि गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं। जिनका जबाब फ़िलहाल कोतवाली थाना पुलिस के पास नहीं है। अब देखना यह है कि पन्ना पुलिस माइक्रो फाइनेंस कंपनी क्रेडिट ऍक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ऑफिस में हुई लाखों की चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है, या फिर इस मामले का हश्र भी एमपीईबी ऑफिस की चोरी की तरह होता है।

इनका कहना है

“फाइनेंस कंपनी के कार्यालय से 10 लाख से अधिक रुपये चोरी हुए हैं, अज्ञात चोर लॉकर समेत रुपये ले गए। मैनेजर और कर्मचारी रात्रि में जिस कमरे में सोये हुए थे उसी में चोरी हुई जिसका बुधवार सुबह पता चला। संदिग्ध घटना की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है, कर्मचारियों से भी आवश्यक पूंछतांछ की जा रही है।”

अरविंद कुजूर निरीक्षक, कोतवाली थाना पन्ना।

स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, 25 बच्चे घायल

0
सड़क किनारे पलटा पड़ा सरस्वती ज्ञान मंदिर पटोरी का स्कूल वाहन।

* पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के महगवां मोड़ की घटना

* सुरक्षा के मापदंडों को खुलेआम रौंदते हुए दौड़ रहा था स्कूल वाहन

रविशंकर सोनी, पवई। रडार न्यूज   मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक तेज रफ्तार स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में 25-30 घायल हुए हैं। दुर्घटना का शिकार हुए बच्चे डरे हुए हैं। उन्हें उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थय केंद्र पवई में भर्ती कराया गया है। उधर, दुर्घटना का पता चलने के बाद से अपने बच्चों को लेकर चिंतित अभिभावक स्वास्थय केंद्र पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार 4 दिसंबर को पन्ना के पवई थाना क्षेत्र के ग्राम महगवां व पिपरिया के बच्चे पढ़ने के लिए रोज की तरह स्कूल वाहन क्रमांक- एमपी 35-टी-0879 से पटोरी ग्राम में स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर जा रहे थे। तेज रफ्तार टाटा मैजिक वाहन जब महगवां मोड़ के समीप पहुंचा तभी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।

इन्हें आईं चोटें

प्राथमिक उपचार हेतु समुदाययिक स्वास्थय केंद्र पवई में भर्ती घायल बच्चे।
सुबह करीब 9 बजे हुई इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस का डॉयल 100 वाहन और 108 एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंच गई। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों व पुलिस द्वारा घायल बच्चों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकला गया। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें पवई लाकर सामुदायिक स्वास्थय केंद्र में भर्ती कराया गया। घायल छात्र-छात्राओं में रूचि सिंह 11, नम्रता सिंह 7, प्रगति सिंह10, सचिन 8, अम्रता सिंह 11, रूबी सिंह 10, बुद्ध सिंह 8, रूपाली सिंह 11, के अलावा अन्य बच्चों को भी चोटें आईं है। राहत की बात यह है सभी बच्चों को मामूली चोटें आईं है, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद बच्चों को उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया है।

सवार थे क्षमता से अधिक बच्चे

दुर्घटना का शिकार बच्ची के चेहरे से बयां होता दर्द और डर।
इस दुर्घटना में स्कूल प्रबंधन और मैजिक वाहन चालक की घोर लापरवाही प्रथम दृष्टया सामने आई है। वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे को बैठाया गया था। स्कूल वाहन में बच्चों की सुरक्षा हेतु आवश्यक प्रबंध भी नहीं थे। सरस्वती ज्ञान मंदिर पटोरी के प्रबंधन द्वारा सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन और शासन के द्वारा निर्धारित मापदंडों के विपरीत स्कूल वाहन का संचालन कराने का मामला सामने आया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पवई थाना पुलिस ने वाहन जब्त लिया है। वहीं प्रकरण पंजीबद्ध करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी मैजिक चालक मूरत सिंह को गिरफ्तार किये जाने की चर्चा है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।

दिव्यांग किसी से कम नहीं, अवसर मिलें तो करेंगे बेहतर प्रदर्शन- खत्री

0
विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास पुराना पन्ना में मूकबाधिर बच्चों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुतियां दीं।

 * विविध प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ मनाया गया विश्व विकलांग दिवस

पन्ना। रडार न्यूज    विश्व दिव्यांग दिवस 3 दिसंबर के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर मनोज खत्री के मुख्य आतिथ्य में सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास पुराना पन्ना में किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गयी। विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में विगत 2-3 दिवसों में जिलेभर में आयोजित की गयी विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदाय किए गए। इस दौरान दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों के लिए सद्गुरू नेत्र चिकित्सालय चित्रकूट द्वारा विशाल नेत्र परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। इस दौरान उप संचालक सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण अशोक चतुर्वेदी, सहायक संचालक शिक्षा रामप्रकाश शुक्ला, जिला परियोजना समन्वयक विष्णु त्रिपाठी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सुश्री तपस्या जैन, सहायक परियोजना समन्वयक आबिद अली, प्रधानाध्यापक माध्यमिक शाला पुराना पन्ना चन्द्रभान सेन, भारतीय साइन लेंग्वेज विशेषज्ञ श्रीमती मेघा बगोरा, सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास का स्टॉफ, अभिभावक, पत्रकारगण तथा दिव्यांग बच्चे मौजूद रहे।

सुरक्षित भविष्य के लिए करें प्रयास

प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित करते कलेक्टर मनोज खत्री।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर मनोज खत्री द्वारा मॉ सरस्वती के चित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इसके बाद स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत गाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री खत्री ने सभी बच्चों को विश्व दिव्यांग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह दिवस लोगों के बीच दिव्यांगजनों के संबंध में जागरूकता फैलाने के लिए आयोजित किया जाता है। अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, पत्रकार साथी सभी मिलकर दिव्यांगजनों को बेहतर परिवेश देने में एवं उनकी समस्याएं सही ढ़ंग से सामने रखने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से अपनी भूमिका निभाते हैं। लेकिन हमे इससे एक कदम ओर आगे बढकर सोचने एवं कार्य करने की आवश्यकता है। हमारा प्रयास केवल बच्चों को शिक्षित बनाने तथा अध्ययनकाल में उनकी देखरेख तक ही सीमित नही रहना चाहिए। यहां से जाने के बाद भी उनका भविष्य सुरक्षित रहे इस दिशा में प्रयास करने की आवश्यकता है।

बालिकाओं के लिए भी खुलेगा छात्रावास  

उप संचालक सामाजिक न्याय एवं सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास का संचालक एनजीओ इन दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी कार्य करें। इन बच्चों को आईटीआई एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज में प्रशिक्षण दिलाने एवं डिग्री डिप्लोमा कोर्स के लिए चिन्हांकित किया जाए। ताकि वे स्वयं आत्मनिर्भर बनकर परिवार के लोगों का भी सहारा बन सकें। उन्होंने कहा कि जिले में दिव्यांग बच्चों के लिए केवल एक ही बालक छात्रावास है। यहां बालक एवं बालिकाओं के लिए और छात्रावास खुल सकें इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिव्यांग किसी से कम नही हैं, अच्छे अवसर मिले तो वे बेहतर प्रदर्शन करेंगे। आइए हम सब मिलकर दिव्यांगजनों के बारे में अच्छी जागरूकता समाज में फैलाएं।
कार्यक्रम में उप संचालक सामाजिक न्याय अशोक चतुर्वेदी ने कहा कि दिव्यांग बच्चे असाधारण है और विशेष प्रतिभा के धनी है। बस उसे निखारने और उन्हें एक प्लेटफार्म देने की आवश्यकता है। सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

प्रतिभागियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक विष्णु त्रिपाठी ने बताया कि तीन दिसंबर विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में दिव्यांग बच्चों के लिए विकासखण्ड स्तर पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन विगत दिनों किया गया है। जिसके बाद जिला स्तरीय विजेता प्रतिभागियों को कार्यक्रम में सम्मानित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सहायक परियोजना समन्वयक आबिद अली ने विश्व दिव्यांग दिवस आयोजन के इतिहास एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दिव्यांग लोगां प्रति समाज में जागरूकता लाने के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा प्रत्येक वर्ष 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र ने यह परम्परा वर्ष 1992 से प्रारंभ की है। हर साल इससे संबंधित अलग-अलग थीम रखी जाती है। इस वर्ष की थीम एजेण्डा ऑफ सस्टेनेबल डवलपमेन्ट पर आधारित है। विश्व दिव्यांग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सहायक संचालक शिक्षा रामप्रकाश शुक्ला ने अपने वेतन से 21 हजार रूपये की राशि दिव्यांग बच्चों के कल्याण के लिए प्रदाय करने की घोषणा की।

दिव्यांग बच्चों ने दी विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गयी। मूकबाधिर बच्चों द्वारा साइन भाषा विशेषज्ञ श्रीमती मेघा बगोरा के मार्गदर्शन में सामूहिक सांस्कृतिक गान प्रस्तुत किया गया। माइम नाटिका के माध्यम से साफ-सफाई रखने, एटीएम की प्रक्रिया, विभिन्न खेलों आदि के संबंध में प्रस्तुति दी गयी। दृष्टिबाधित बच्चों द्वारा वादन एवं गायन किया गया। कार्यक्रम में माय एंजल डांस गु्रप के बच्चों द्वारा भी मनोरंजक प्रस्तुति दी गयी।

मतगणना : विधानसभावार 14-14 टेबल लगेगीं, सबसे पहले डाक मतपत्रों की होगी गिनती

0
विधानसभा चुनाव की मतगणना संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खत्री।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने की मतगणना संबंधी तैयारियों की समीक्षा

पन्ना। रडार न्यूज  कलेक्ट्रट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खत्री की अध्यक्षता में विधानसभा निर्वाचन 2018 की मतगणना संबंधी तैयारियों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साह एवं पूरी निष्ठा के साथ एक टीम के रूप में कार्य करने के लिए तथा जिले में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों से एक-एक कर सम्पन्न मतदान के संबंध में फीडबैक भी लिए।

दिया जायेगा प्रशिक्षण

बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनोज खत्री ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन 2018 की मतगणना आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 दिसंबर 2018 कोप्रातः 8 बजे से शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज पन्ना में प्रारंभ होगी। जिसमें सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना की जाएगी। डाक मतपत्रों की गणना के दौरान पूरी सावधानी बरती जाए। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। जिन डाक मतपत्र के बाहरी लिफाफे में घोषणा पत्र होगा केवल उनके ही डाक मतपत्र खोले जाएंगे। उन्होंने मतगणना के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जे.पी. धुर्वे को दिए। साथ ही कहा कि मतगणना सुपरवाईजर और माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण 5 दिसंबर 2018 को आयोजित करने के संबंध में तत्काल आदेश जारी किए जाएं। इसी तरह मतगणना के बाद ईव्हीएम मशीन सीलिंग के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
              बैठक में मतगणना के दिवस के दिन मतगणना स्थल पर प्रवेश प्रक्रिया से अवगत कराते हुए उन्होंने बताया कि सभी रिटर्निंग ऑफिसर मतगणना एजेन्टों की नियुक्ति के लिए आवेदन हेतु अभ्यर्थियों को अभी से सूचित कर दें। मतगणना दिवस के कम से कम तीन दिन पहले इस संबंध में आवेदन निर्धारित प्रारूप में दो प्रतियों एवं दो फोटोग्राफ के साथ पहचान पत्र सहित अनिवार्य रूप से जमा किए जाएं। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा पास जारी मीडिया कर्मी ही मतगणना परिसर में प्रवेश कर पाएंगे। इसी तरह पासधारी अधिकृत अधिकारी, कर्मचारियों को ही मतगणना परिसर में प्रवेश दिया जाएगा।

आयोग के निर्देशानुसार होंगी व्यवस्थायें  

बैठक में उपस्थित जिला स्तरीय अधिकारीगण।
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री खत्री ने बताया कि मतगणना के लिए विधानसभावार 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। मतगणना के लिए बैठक व्यवस्था आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत की जाएगी। मतगणना कक्ष में किसी भी तरह की लापरवाही एवं अनुशासनहीनता स्वीकार नही की जाएगी। मीडिया के लिए मीडिया सेंटर बनाया जाएगा। जिसमें सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी को दिए। इस दौरान बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी जे.पी. धुर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीकेएस परिहार, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अशोक चतुर्वेदी, सभी रिटर्निंग ऑफिसर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख एवं कार्यालय प्रमुख मौजूद रहे।

24 घंटे संगीनों के साये स्ट्रांग रूम, अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि भी कर रहे निगहबानी

0
स्ट्रॉग रूम की निगरानी करते सशस्त्र केन्द्रीय सुरक्षा बल।

* स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था के लिये कलेक्टर एवं एसपी जिम्मेदार

भोपाल । रडार न्यूज   मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी व्ही. एल. कान्ता राव ने बताया की प्रदेश में मतदान पूर्ण होने के बाद सभी ईव्हीएम एवं व्ही.व्ही.पैट स्ट्रॉग रूम में जमा की जा चुकी है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक जिलों के स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा तथा प्रोटोकॉल के सावधानी पूर्वक क्रियान्वयन कर रहे हैं। श्री राव ने कहा कि सभी 51 जिलों में स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा केन्द्रीय सुरक्षा बल द्वारा 24 घण्टे की जा रही है। इसके साथ ही दूसरा घेरा विशेष सशस्त्र बल द्वारा संपादित किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था मतगणना पूर्ण होने तक यथावत रहेगी। स्ट्रॉग रूम में डबल लॉक सिस्टम है, जिसकी एक चाबी जिला निर्वाचन अधिकारी के पास तथा दूसरी चाबी संबंधित क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी के पास है। केन्द्रीय पुलिस बल स्ट्रॉग रूम की आंतरिक परिधि सुरक्षा व्यवस्था में तैनात है तथा राज्य के सशस्त्र पुलिस बल बाहरी परिधि में सुरक्षा के लिए तैनात हैं।

स्क्रीन पर दिखेगा प्रवेश द्वार

पन्ना के पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित स्ट्रॉग रूम का अवलोकन करते कलेक्टर मनोज खत्री।
अभ्यर्थियों को स्ट्रांग रूम के सुरक्षा इंतजाम पर गहन नजर रखने के लिए अपने प्रतिनिधियों को तैनात करने के लिए लिखित में सूचना दी गई है। उन्हें आंतरिक परिधि के बाहर रहने की अनुमति दी गई, जहां से वे स्ट्रॉग रूम के प्रवेश द्वार को देख सकें, यदि स्ट्रांग रूम के प्रवेश द्वार को सीधे नहीं देखा जा सकता है तो ऐसी अवस्था में सीसीटीवी की व्यवस्था है जिससे वे स्ट्रांग रूम के प्रवेश द्वार की निगरानी स्क्रीन पर देख सकें। स्ट्रॉग रूम के पास नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यशील है।
पुलिस अधिकारी के साथ एक राजपत्रित अधिकारी को स्ट्रॉग रूम की सुरक्षा के लिए 24 घंटे ड्यूटी पर रखा गया है। स्ट्रॉग रूम के अंदर एवं आस-पास अग्निशामकों का पर्याप्त इंतजाम किया गया है। केन्द्रीय पुलिस बल द्वारा लॉगबुक रखी जाती है, जिसमें द्वितीय सुरक्षा घेरा अर्थात मध्य परिधि को पार करने वाले व्यक्तियों के नाम, मोबाईल नम्बर, दिनांक, समय, इत्यादि जानकारी की प्रविष्टि की जाती है। जिसमें प्रेक्षकों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों, अभ्यर्थियों, अभिकर्ताओं या किसी अन्य व्यक्ति के दौरे भी शामिल होते है।
स्ट्रॉग रूम की परिधि में आने जाने वाले व्यक्तियों के रिकॉर्ड के लिये केन्द्रीय सुरक्षा बल को वीडियो कैमरा उपलब्ध करवाये गये है। स्ट्रॉग रूम में 24 गुणा 7 विधुत की उपलब्धता के लिये विधुत जेनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है, ताकि स्ट्रॉग रूम की रिकॉर्डिंग-सुरक्षा प्रभावित न हो।

मतगणना के दिन खोला जावेगा

कैमरों की निगरानी में पन्ना में स्ट्रॉग रूम को शील्ड करते कर्मचारी।

रिटर्निंग ऑफिसर को स्ट्रॉग रूम के आंतरिक परिधि तक प्रत्येक दिन सुबह एवं शाम को दौरा कर लॉगबुक एवं वीडियोग्राफी की जांच करने के निर्देश दिये गये है। रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजी जा रही है। किसी अधिकारी या किसी अन्य राजनैतिक कार्यकर्ता के वाहन सहित किसी भी वाहन को स्ट्रॉग रूम की परिधि के भीतर आने की अनुमति नहीं है, वाहनों से उतरने का बिन्दु बाहरी सुरक्षा परिधि के आगे चिन्हित किया जाता है इसके बाद केवल पैदल मार्ग होता है। मतगणना के दिन स्ट्रॉग रूम को अभ्यर्थियों-उनके प्रतिनिधियों, रिटर्निंग ऑफिसर एवं प्रेक्षक की उपस्थिति में वीडियोग्राफी की निगरानी में खोला जावेगा।

स्कूली वाहनों का विशेष चेकिंग अभियान, मापदंडों को पूरा न करने वाले 15 वाहन जप्त

0
पुलिस लाइन पन्ना में खड़े विशेष चेकिंग अभियान के तहत जब्त स्कूली वाहन।

* एसपी के निर्देश पर यातायात पुलिस पन्ना ने की कार्रवाई

पन्ना। रडार न्यूज    कुछ दिन पूर्व सतना जिले में हुए स्कूल वाहन के भीषण हादसे के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के निर्देशानुसार यातायात पुलिस द्वारा स्कूली वाहनों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार 1 दिसंबर को यातायात पुलिस द्वारा 15 स्कूली मैजिक और ऑटो जप्त कर आवश्यक दस्तावेज जैसे परमिट फिटनेस, प्रदूषण कार्ड, बीमा एवं ड्राईवर का लाइसेंस आदि चेक किए गए।
ऑटो रिक्शा में सवार स्कूली बच्चे।
इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार स्कूली वाहन में स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, बच्चों के बैठने की सीट, वाहन रंग, स्कूल का नाम, चालक का चरित्र वेरीफिकेशन संबंधी चेकिंग की गई। इन मापदंडों को पूरा ना करने वाले वाहनों को जप्त कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी यातायात सूबेदार ज्योति दुबे, प्रधान आरक्षक सज्जन प्रसाद, आरक्षक सुनील पांडे, उमाशंकर सिह, विक्रम बागले, मनोज पटेल एवं चालक शिवराज मौजूद रहे।

बच्चों को खसरा और रूबेला रोग से मुक्त बनाने के लिये चलाया जायेगा “टीकाकरण अभियान”

0
सांकेतिक फोटो।

* वर्ष 2020 तक देश-प्रदेश को मीजल्स से मुक्त करने का लक्ष्य

भोपाल। रडार न्यूज   प्रदेश के बच्चों को खसरा और रूबेला रोग से मुक्त बनाने के लिये जनवरी-फरवरी-2019 में अभियान चलाया जायेगा। भारत सरकार द्वारा इस अभियान में वर्ष 2020 तक 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों के खसरा रोग निर्मूलन और रूबेला रोग नियंत्रण के लिये लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. पल्लवी जैन ने आज अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। इसमें स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

टीका

बचाव किये जा सकने वाले रोग

बीसीजी
बचपन का क्षय रोग (या प्राथमिक स्तर)
ओपीवी
पोलियोमायलाइटिस (पोलियो)
हेपेटाइटिस-बी
हेपेटाइटिस-बी (पीलिया)
पेंटावेलेंट
डिप्थीरिया (गलघोंटू), पर्टुसिस (काली खाँसी या कुकर खाँसी), टिटनेस (धनुस्तम्भ), हिब संक्रमण जिससे निमोनिया तथा मेनिनजाइंटिस होते हैं तथा हेपेटाइटिस-बी
आरवीवी
रोटोवायरस दस्त रोग
आईपीवी
पालियोमायलाइटिस (पोलियो)
खसरा
खसरा या गोवर
एमआर
खसरा एवं रूबेला
जेई
जापानी एंसिप्लाइटिस या तीव्र एंसिप्लाइटिस सिण्ड्रोम या दिमागी बुखार
डीपीटी
डिप्थीरिया, पर्टुसिस तथा टिटनेस
टिटनेस
टिटनेस (नवजात तथा गर्भवती महिलाओं में)
पीसीवी
न्यूकोक्कल निमोनिया

प्रदेश में वर्ष 2010 से 2017 के बीच खसरा रक्षक अभियान चलाकर 9 माह से 10 वर्ष की आयु के डेढ़ करोड़ बच्चों को मीजल्स का अतिरिक्त टीका सफलतापूर्वक दिया जा चुका है। पूर्व वर्षों में टीकों के ही माध्यम से स्माल पॉक्स (चेचक) का वर्ष 1978, पोलियो का वर्ष 2014 और मातृ-नवजात शिशु टिटनेस बीमारी का वर्ष 2015 से निर्मूलन किया जा चुका है।

एमआर वैक्सीन से दो बीमारियों का बचाव

सांकेतिक फोटो।
राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि खसरा-रूबेला टीकाकरण के लिये विस्तृत रणनीति तैयार की गई है। जिस बच्चे को खसरे का टीका (एमसीव्ही-1) लग चुका है, उसको कम से कम एक माह बाद 16-24 माह पर एमसीव्ही-2 देना होगा। नौ माह की उम्र होने पर मीजल्स टीके के स्थान पर मीजल्स-रूबेला (एमआर) वैक्सीन दी जायेगी। भविष्य में मीजल्स के स्थान पर एमआर वैक्सीन जिलों को भेजी जायेगी। इससे दो बीमारियों का बचाव होगा। अभियान के लिये संबंधित विभागों के साथ लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अद्यतन होता रहेगा। आगामी 6 एवं 7 दिसम्बर को सभी 52 जिलों के प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

 

कार्यवाही : दुर्लभ अफ्रीकन कछुओं के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

0
वन विभाग और सिवनी ने दुर्लभ अफ्रीकन कछुओं के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।

* दुनिया के तीसरे सबसे बड़े सुलकाटा प्रजाति के हैं ये कछुए

* जब्त कछुओं को सुरक्षा की दृष्टि से वन विहार में रखा गया

भोपाल। रडार न्यूज   वन विभाग और सिवनी पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान केवल अफ्रीका के सहारा रेगिस्तान में पाये जाने वाले संकटापन्न सुलकाटा प्रजाति के 6 कछुओं को जब्त किया है। आरोपी इन कछुओं को कोलकाता के रास्ते से लाकर मुम्बई ले जा रहे थे। ये कछुए आकार में दुनिया के तीसरे सबसे बड़े कछुए हैं। पूर्णत: शाकाहारी एक वयस्क कछुए का वजन 105 किलो तक होता है। जब्त कछुओं को सुरक्षा की दृष्टि से वन विहार में रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि वन विभाग की राज्य-स्तरीय टाइगर स्ट्राइक फोर्स की कई प्रदेशों में कछुआ तस्करी से संबंधित महत्वपूर्ण सफलताओं को देखते हुए यह प्रकरण भी सौंपा गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि सुलकाटा कछुए सहारा रेगिस्तान की इन्डेमिक प्रजाति है, जो पूरी दुनिया में प्राकृतिक रूप से केवल सहारा रेगिस्तान में ही पाई जाती है। अफ्रीका के देश चाड, सुडान, बुर्किनाफासो, नाइजीरिया, सेनिगल, इथोपिया आदि देशों में मिलने वाले इन कछुओं की तस्करी अफ्रीका से बांग्लादेश के रास्ते भारत तक अवैध रूप से की जाती है। संकटापन्न होने के कारण इसका व्यापार सीआईटीएस नियमों के अंतर्गत अपराध की श्रेणी में आता है।

उक्त तकनीकी पहलुओं के मद्देनजर केन्द्रीय डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यु इंटेलिजेंस को सूचित करते हुए प्रकरण हस्तांतरित कर दिया गया है। डीआरआई ने कस्टम एक्ट-1962 के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।

विधानसभा निर्वाचन- 2018 | पन्ना जिले में 74 प्रतिशत से ज्यादा मतदान, विधानसभावार आंकड़े जारी

0
सांकेतिक फोटो।

* पन्ना में 73, गुनौर में 72 और पवई सीट पर सर्वाधिक 77 प्रतिशत वोटिंग

* उम्मीदवारों का भविष्य ईव्हीएम में बंद, 11 दिसंबर को आएगा जनता का फैसला

पन्ना। रडार न्यूज   मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन- 2018 में पन्ना जिले की तीनों सीटों पर बुधवार 28 नवंबर को कुल 74.29 प्रतिशत मतदान हुआ। बुधवार को कुछ मतदान केन्द्रों पर शाम 5 बजे के बाद भी लाईन लगी होने के कारण उन्हें टोकन देकर मतदान की प्रक्रिया जारी रखी गयी थी। इसलिए देर रात्रि पीठासीन अधिकारियों द्वारा जिला मुख्यालय पहुंचकर मतदान सामग्री जमा कराते हुए पीठासीन की डायरी सौंपी गई जिसके आधार पर गुरुवार 29 नवंबर अधिकृत मतदान प्रतिशत की घोषणा जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज खत्री द्वारा की गई। प्राप्त जानकारी अनुसार पन्ना विधानसभा सीट पर 73.38, गुनौर में 72.01, और पवई सीट पर सर्वाधिक 77.46 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग किया गया । पिछले चुनाव के दौरान जिले का मतदान प्रतिशत 68.35 दर्ज किया गया था। गत विधानसभा निर्वाचन- 2013 की तुलना में इस बार जिले में मतदान प्रतिशत में करीब 5.94 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। हालांकि, इसके बाद भी पन्ना जिला चुनाव आयोग की ओर से दिए गये 80 प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सका। मालुम हो कि पिछले चुनाव में जिले की पवई विधानसभा सीट पर मतदान प्रतिशत 72.14, गुनौर में 63.52 एवं विधानसभा पन्ना में 68.47 दर्ज हुआ था। दोनों विधानसभा चुनावों के आंकड़ों को तुलनात्मक रूप से देखें तो इस बार पवई विधानसभा क्षेत्र के मतदान प्रतिशत में 5.32, गुनौर सीट पर 8.49 और पन्ना में 4.91 वृद्धि दर्ज हुई है। जानकारों के अनुसार मतदान प्रतशित में जो भी वृद्धि हुई है वह विभिन्न दलों के उम्मीदवारों द्वारा अपने पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए पूरा जोर लगाने और चुनाव आयोग के निर्देशानुसार चलाये गए मतदाता जागरूकता अभियान का प्रतिफल है।

5 लाख से अधिक मतदाताओं ने डाले वोट

सांकेतिक फोटो।

जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार  विधानसभा चुनाव में इस बार पवई सीट पर 256895 मतदाताओं में से 198984 ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। पन्ना सीट पर दर्ज कुल 229496 मतदाताओं में से 168408 ने वोट डाले। जबकि गुनौर विधानसभा क्षेत्र में 212160 मतदाताओं में 152779 ने वोटिंग की। इस तरह पन्ना जिले में दर्ज कुल मतदाता 698551 में से 520171 ने मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भूमिका निभाई। जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 275191 और महिला मतदाताओं की तादाद 244976 बताई जा रही है।

एनएमडीसी लिमिटेड हीरा खनन परियोजना में संविधान दिवस मनाया गया

0
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की कांस्य प्रतिमा पर माल्यार्पण करते परियोजना प्रबंधक राजीव शर्मा।

* संविधान की उद्देशिका का पाठ कर बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित की

मझगवां। रडार न्यूज   संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने की 69वीं वर्षगांठ पर दिनांक 26 नवंबर 2018 को एनएमडीसी लिमिटेड हीरा खनन परियोजना में संविधान दिवस मनाया गया । परियोजना एससी-एसटी कर्मचारी कल्याण समिति द्वारा परियोजना टाउनशिप के अंबेडकर पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं परियोजना प्रबंधक राजीव शर्मा ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की कांस्य प्रतिमा पर माल्यार्पण किया । इस अवसर पर परियोजना के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी, कर्मचारी संघ के महामंत्री समर बहादुर सिंह एवं अध्यक्ष बाबूलाल, पीएचकेएमएस के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तथा एससी-एसटी कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश अहिरवार और सचिव संजय कुमार रोहितास ने बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित किया । परियोजना के उप महाप्रबंधक कार्मिक बी.के. माधव ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का पाठ किया जिसको सभी गणमान्य अतिथियों ने दोहराया ।