लोकायुक्त पुलिस के द्वारा दर्ज किए गए प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की माँग का ज्ञापन पुलिस अधीक्षक पन्ना को सौंपने के बाद बाहर आते वन कर्मचारी।
* PTR के लेखापाल को फर्जी प्रकरण में फंसाने का कर्मचारी संगठनों ने लगाया आरोप
* लोकायुक्त पुलिस की ट्रैप कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
पन्ना। (www.radarnews.in) क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व के कार्यालय में पदस्थ लेखापाल रमेश कुमार शुक्ला को लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने मंगलवार 26 सितम्बर को वन सुरक्षा श्रमिक से तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। पन्ना के तीनों वन मण्डलों के कर्मचारियों ने लोकायुक्त पुलिस की इस ट्रैप कार्रवाई का एकजुटता के साथ कड़ा विरोध किया था और सुरक्षा श्रमिक बृजेश रैकवार पर लेखापाल को सुनियोजित साजिश के तहत रिश्वत के फर्जी प्रकरण में फंसाने के गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले में कर्मचारी संगठनों का विरोध प्रदर्शन जारी है। लोकायुक्त पुलिस के द्वारा दर्ज किए गए प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर वन कर्मचारी संघ के तत्वाधान में पुलिस अधीक्षक पन्ना को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन की प्रतियां आवश्यक कार्रवाई हेतु अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी प्रेषित की गई हैं।
पन्ना टाइगर रिजर्व के लेखापाल के विरुद्ध लोकायुक्त पुलिस द्वारा दर्ज किए गए प्रकरण के विरोध स्वरूप अपनी एकजुटता प्रदर्शित करते वन कर्मचारी।
वन कर्मचारी संघ ने ज्ञापन माध्यम से बताया है, पन्ना टाईगर रिजर्व पन्ना में आकस्मिक श्रमिक के पद पर कार्यरत बृजेश कुमार रैकवार कार्यालय की स्थापना शाखा में कार्यरत है। बृजेश ने अपने पिता के इलाज हेतु रमेश कुमार शुक्ला लेखापाल से बीस हजार रुपए उधार लिए थे। लेकिन कई माह व्यतीत होने के बाद भी रुपए वापस नहीं लौटाए। चूंकि लेखापाल श्री शुक्ला को दिनांक 30 नवंबर 2023 सेवानिवृत्त होना है, जिसके मद्देनजर उनके द्वारा बृजेश से रुपए वापस करने की मांग लगातार की जाती रही है। आरोप लगाया गया है कि, उधारी की राशि वापस न देना पड़े जिसके लिए बृजेश ने रमेश कुमार शुक्ला लेखापाल के विरूद्ध कुशल श्रमिक से उच्च कुशल का पारिश्रमिक बढ़ाये जाने का षणयंत्र कर लोकायुक्त सागर में कूटरचना कर फर्जी शिकायत की गई। जिसमें लेखापाल पर पारिश्रमिक बढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग करने का झूठा आरोप लगाया गया। दिनांक 26 सितंबर को कथित तौर पर बृजेश उधारी की राशि में तीन हजार रुपए लौटाने लेखापाल रमेश कुमार शुक्ला के आवास पर पहुंचा था। लेकिन लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप कार्रवाई कर श्री शुक्ला को रुपए लेते समय गिरफ्तार कर लिया। लेखापाल के विरूद्ध की गई इस प्रकार की कूटरचित फर्जी कार्यवाही के विरोध में पन्ना टाईगर रिजर्व, उत्तर वनमण्डल पन्ना एवं दक्षिण वनमण्डल पन्ना के समस्त कर्मचारियों में गहरा असंतोष एवं भय व्याप्त है।
बुधवार 27 सितंबर को इस मामले में अध्यक्ष वन कर्मचारी संघ जिला शाखा पन्ना पन्ना के अध्यक्ष महीप कुमार रावत एवं मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ जिला शाखा पन्ना के अध्यक्ष बीपी परौहा एवं मध्यप्रदेश वन एवं वन्यप्राणी संरक्षण कर्मचारी संघ जिला इकाई पन्ना के अध्यक्ष रामनेरश सिंह राजपूत के नेतृत्व में वन कर्मचारियों द्वारा पुलिस अधीक्षक पन्ना को एक ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारी संगठनों ने लोकायुक्त सागर द्वारा की गई ट्रैप कार्यवाही की निष्पक्ष जांच करवाकर लेखापाल को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारी नेताओं के प्रतिनिधि मंडल को बताया कि उनका ज्ञापन आवश्यक कार्रवाई हेतु लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सागर को प्रेषित किया जाएगा।
खबर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नीचे दी गई लिंक को क्लिक करें-
कार्यालय क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व। (फाइल फोटो)
* सुरक्षा श्रमिक से मानदेय वृद्धि के नाम पर 20 हजार की रिश्वत मांगने का है आरोप
* लेखापाल के समर्थन में वन कर्मचारियों ने जमकर किया हंगामा
* बोले- सुनियोजित साजिश के तहत रिश्वत के झूठे मामले में फंसाया गया
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना में लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप कार्रवाई की है। यहां लोकायुक्त की टीम ने पन्ना टाइगर रिजर्व के लेखापाल रमेश कुमार शुक्ला को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मानदेय वृद्धि के आदेश पर कार्रवाई करने के एवज में सुरक्षा श्रमिक बृजेश रैकवार से लेखापाल ने रिश्वत मांगी थी। लोकायुक्त पुलिस की ट्रैप कार्रवाई के विरोध स्वरूप एकजुट वन कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र संचालक कार्यालय पन्ना टाइगर रिजर्व में जमकर हंगामा किया गया। वन कर्मचारियों के अनुसार, लेखापाल रमेश शुक्ला को सुनियोजित साजिश के तहत रिश्वत के झूठे मामले में फंसाया गया है। आक्रोशित वन कर्मचारियों के हंगामे के चलते तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। जिससे लोकायुक्त पुलिस टीम को एतिहायत के तौर पर कोतवाली थाना पन्ना पुलिस को मौके पर मदद के लिए बुलाना पड़ा।
सुरक्षा श्रमिक से रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार पन्ना टाइगर रिजर्व का लेखापाल रमेश कुमार शुक्ला।
लोकायुक्त पुलिस के डीएसपी राजेश खेड़े ने जानकारी देते हुए बताया, मंगलवार 26 सितम्बर 2023 को पन्ना टाइगर रिजर्व के लेखापाल रमेश शुक्ला को उनके शासकीय आवास पर सुरक्षा श्रमिक बृजेश रैकवार से तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा श्रमिक से मानदेय वृद्धि आदेश पर कार्रवाई करने के एवज में लेखापाल ने रिश्वत मांगी थी। जिसकी शिकायत सुरक्षा श्रमिक ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय सागर में की। शिकायत की तस्दीक करने के बाद ट्रैप कार्यवाही की गई है। शिकायतकर्ता बृजेश रैकवार ने बताया कि, सुरक्षा श्रमिकों के मानदेय वृद्धि का आदेश काफी समय से लंबित था। इस पर अमल कराने के संबंध में लेखापाल रमेश शुक्ला से आग्रह करने पर उनके द्वारा 20 हजार रुपए की मांग की गई थी। प्रथम किश्त के रूप में दो उन्हें हजार रुपए दिए थे। मंगलवार को दूसरी किश्त के रूप में लेखापाल रमेश शुक्ला को उनके आवास पर तीन हजार रुपये दिए, तभी लोकायुक्त पुलिस ने दबिश देकर शुक्ला को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए लेखापाल को उनके कार्यालय ले गई।
वन कर्मचारियों ने किया कड़ा विरोध
लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई को सुनियोजित साजिश और फर्जी करार देते हुए क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व के कार्यालय में हंगाम करते वन कर्मचारी।
लोकायुक्त पुलिस की ट्रैप कार्यवाही की खबर आने के साथ ही इसके पीछे की कहानी जानकर तीनों वन मंडलों के कर्मचारियों में आक्रोश फ़ैल गया। सभी वन कर्मचारी एकत्र होकर क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व के कार्यालय पहुंचे। जहां वन कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष पन्ना महीप कुमार रावत, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष पन्ना बीपी परौहा एवं पूर्व कर्मचारी नेता अनिल जैन ने लोकायुक्त पुलिस टीम के समक्ष ट्रैप कार्रवाई को लेकर कड़ा विरोध जताया। कर्मचारी नेताओं ने, लेखापाल रमेश कुमार शुक्ला के 25 सितंबर से अवकाश पर होने के बाद भी उन्हें गिरफ्तार कर कार्यालय लाने पर कड़ी आपत्ती जताई। साथ ही बताया गया कि, शिकायतकर्ता बृजेश रैकवार के पिता के बीमार होने पर कुछ माह पूर्व लेखापाल श्री शुक्ला ने उसे बीस हजार रुपए उधार दिए थे। श्री शुक्ला का रिटायर्मेंट चूंकि नजदीक है, इसलिए उनके द्वारा बृजेश से जब रुपए वापस मांगे गए तो उन्हें सुनियोजित साजिश के तहत रिश्वत मांगने के फर्जी मामले में फंसा दिया। आक्रोशित वन कर्मचारियों द्वारा लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई को साजिश करार देते हुए जमकर हंगामा किया गया। इस दौरान वन कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष महीप कुमार रावत और लोकायुक्त पुलिस टीम के बीच कई बार तीखी नोंकझोंक हुई।
मदद के लिए कोतवाली पुलिस को बुलाया
क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व बृजेन्द्र झा से उनके कक्ष में बात करते हुए लोकायुक्त डीएसपी राजेश खेड़े एवं कर्मचारी नेतागण।
वन कर्मचारियों की एकजुटता एवं आक्रोश के मद्देनजर लोकायुक्त पुलिस की टीम असहज नजर आई। आनन-फानन में ट्रैप दल के द्वारा लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सागर को मोबाइल फोन पर तनावपूर्ण स्थिति निर्मित होने की सूचना दी गई साथ ही पन्ना कोतवाली थाना पुलिस को एहतियात के तौर पर मौके पर मदद के लिए बुलाया गया। इस दौरान कर्मचारी नेताओं की मांग पर लोकायुक्त पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे डीएसपी राजेश खेड़े पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक बृजेन्द्र झा से बात करने उनके कक्ष में पहुंचे। जहां क्षेत्र संचालक के समक्ष लोकायुक्त डीएसपी और कर्मचारी नेताओं के द्वारा अपना-अपना पक्ष रखा गया। आधा घण्टे तक चली चर्चा उपरांत इस बात पर सहमति बनीं, चूंकि लोकायुक्त पुलिस ट्रैप कार्रवाई कर चुकी इसलिए वन कर्मचारियों की जो भी आपत्ती हैं, उनको लिखित में दर्ज कराया जाए। वहीं लोकायुक्त पुलिस की ओर से आश्वस्त किया गया कि लिखित में दी जाने वाली आपत्तियों को दर्ज किए गए प्रकरण की विवेचना में शामिल किया जाएगा। बता दें कि, पन्ना जिले में सम्भवतः पहली बार लोकायुक्त पुलिस की किसी कार्रवाई का इतना कड़ा विरोध देखने को मिला है। खुद लोकायुक्त पुलिस टीम को भी इस अप्रत्याशित घटनाक्रम की उम्मीद नहीं थी।
साक्ष्य के आधार पर की गई कार्रवाई
लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम के समक्ष ट्रैप कार्रवाई को लेकर अपनी आपत्ती जताते हुए वन कर्मचारी संघ जिला अध्यक्ष पन्ना महीप कुमार रावत एवं तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष पन्ना बीपी परौहा।
लोकायुक्त पुलिस सागर के डीएसपी राजेश खेड़े ने पत्रकारों को बताया कि, लोकायुक्त पुलिस प्रत्येक शिकायत की तस्दीक करने और उससे जुड़े पुख्ता साक्ष्य जुटाने के बाद ही कार्रवाई करती है। लेखापाल के मामले में भी साक्ष्य के आधार पर ही कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि लेखापाल रमेश कुमार शुक्ला को रिश्वत लेने के मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें जमानती मुचलके पर रिहा कर दिया है। बता दें कि, क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व के कार्यालय में करीब 3 वर्ष के अंतराल में लोकायुक्त पुलिस की यह दूसरी बड़ी ट्रैप कार्रवाई है। इसके पूर्व एक वनकर्मी से रिश्वत लेने के मामले में पन्ना टाइगर रिजर्व के दो लिपिकों को गिरफ्तार किया गया था।
जन आक्रोश यात्रा का काफिला गुजरने के दौरान हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए क्षेत्रीय संघर्ष समिति नेताओं के समर्थक।
* पूर्व मंत्री मुकेश नायक के खिलाफ लगाए थे आपत्तिजनक नारे
* नायक के पुत्र रोहित और सुरक्षा गार्ड के साथ की गई थी मारपीट
पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पवई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पिछले सप्ताह कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा के भ्रमण के दौरान पूर्व मंत्री मुकेश नायक के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी करने पर दो पक्षों के मध्य विवाद हो गया था। इस मामले में पवई थाना पुलिस ने पूर्व मंत्री मुकेश नायक के सहयोगी की रिपोर्ट पर चार व्यक्तियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है। विवाद के बाद से पवई में क्षेत्रीय संघर्ष समिति से जुड़े कांग्रेस नेताओं और मुकेश नायक गुट के बीच जबरदस्त तनावपूर्ण स्थिति निर्मित है।
प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस पार्टी के द्वारा सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जन आक्रोश यात्रा निकाली जा रही है। गरुवार 21 सितंबर को बुंदेलखंड अंचल की जन आक्रोश यात्रा अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार दमोह जिले से चलकर पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र में पहुंची थी। जन आक्रोश यात्रा के स्वागत के लिए पवई विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय क्षेत्रीय संघर्ष समिति गुट से जुड़े कांग्रेस नेताओं तथा पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने अपने-अपने फ्लैक्स, बैनर-पोस्टर यात्रा मार्ग किनारे स्थित विधुत पोल में लगाए गए थे। फ्लैक्स लगाने की होड़ में कुछेक स्थानों पर क्षेत्रीय संघर्ष समिति गुट से जुड़े कांग्रेस नेताओं के पूर्व से लगे पोस्टर को कवर करते हुए उनके ऊपर पूर्व मंत्री मुकेश नायक के पोस्टर लगा दिए गए। इससे उपजी नाराजगी के बीच 21 सितंबर 2023 की सुबह मोहन्द्रा से सिमरिया के बीच कई स्थानों पर मुकेश नायक के फ्लैक्स फटे हुए मिले। जन आक्रोश यात्रा के पन्ना जिले में प्रवेश से पूर्व फ्लैक्स प्रतियोगिता से कांग्रेस के दो गुटों के बीच बने तनाव पूर्ण हालात को देखते हुए यात्रा के दौरान बवाल होने की आशंका जताई थी रही थी। और हुआ भी यही।
चंद घण्टे बाद जन आक्रोश यात्रा लेकर यात्रा प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव दमोह जिले के गैसाबाद से होते सिमरिया के रास्ते पन्ना जिले में प्रवेश कर मोहन्द्रा पहुंचे, जहां क्षेत्रीय संघर्ष समिति गुट से जुड़े कतिपय कांग्रेस नेताओं ने भड़काऊ और आपत्तिजनक नारेबाजी की। पूर्व मंत्री मुकेश नायक के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए उनके द्वारा गाली-गलौंज की गई। अन्य नेताओं के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह हंगामा शांत हुआ।
इसके बाद सिमरा ग्राम से जन आक्रोश यात्रा का काफिला गुजरने के दौरान पूर्व मंत्री मुकेश नायक का विरोध कर रहे छोटे राजा उर्फ राघवेन्द्र सिंह, तरूण सिकरवार, महेन्द्र कुशवाहा एवं अजयपाल लोधी ने कथित तौर पर पुनः गाली-गलौंज की गई। पूर्व मंत्री मुकेश नायक के पुत्र रोहित नायक के द्वारा गाली-गलौंज देने से मना करने पर उनके साथ हाथापाई गई। रोहित को बचाने आए सुरक्षा गार्ड के साथ भी उक्त लोगों के द्वारा मारपीट की गई। रीतेश चौरे पिता रामकृष्ण चौरे 32 वर्ष निवासी इटारसी जिला होशंगाबाद ने घटना की रिपोर्ट पवई थाना में की है। कांग्रेस नेता मुकेश नायक के साथ रहने वाले रीतेश ने अपनी रिपोर्ट में घटना स्थल पवई क़स्बा का बताया है। पवई पुलिस ने इस मामले में पूर्व से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त छोटे राजा उर्फ राघवेन्द्र सिंह निवासी कुम्हारी, तरूण सिकरवार निवासी पवई, महेन्द्र कुशवाहा निवासी कुंवरपुर तथा अजयपाल लोधी निवासी बड़खेरा के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34 के तहत आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
उल्लेखनीय है कि, क्षेत्रीय संघर्ष समिति पवई, पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय कांग्रेस नेताओं का गुट है। इस समिति के द्वारा विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी की ओर से पवई के स्थानीय नेताओं को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। क्षेत्रीय संघर्ष समिति गुट से जुड़े नेतागण पिछले कई चुनाव से पूर्व मंत्री मुकेश नायक सहित अन्य बाहरी नेताओं को उम्मीदवार बनाए जाने का विरोध कर रहे हैं।
* विधिक साक्षरता शिविर में प्ली बारगेनिंग के प्रावधानों एवं निःशुल्क विधिक सहायता की दी गई जानकारी
पन्ना।(www.radarnews.in) प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन एवं जिला न्यायाधीश सह सचिव राजेन्द्र कुमार पाटीदार की अध्यक्षता में आज जिला जेल पन्ना में विधिक साक्षरता शिविर एवं निरीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के समन्वय से जेल में बंदियों के लिए वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
समय पूर्व जमानत पर रिहाई के संबंध में बताया
जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव राजेन्द्र कुमार पाटीदार ने शिविर में उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित आदेश के पालन में अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी विशेष अभियान 2023 के तहत जिला जेल में निरूद्ध पात्र बंदियों के समय पूर्व जमानत पर रिहाई के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जेल अधीक्षक को निर्धारित प्रपत्र में सभी विचाराधीन बंदियों की जानकारी देने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उच्च न्यायालय के निर्णय के पालन में जिला जेल में निरूद्ध विदेशी मूल के बंदियों की जानकारी ली गई। इस दौरान विदेशी मूल का कोई नागरिक निरूद्ध नहीं पाया गया। निरीक्षण के दौरान जारी निर्देशों और जेल मैनुअल के पालन में जेल प्रशासन द्वारा की जा रही कार्यवाही का जायजा भी लिया गया।
बंदियों के स्वास्थ्य की ली जानकारी
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेन्द्र सिंह शाक्य द्वारा प्ली बारगेनिंग के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देने के साथ ही बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के माध्यम से अधिवक्ता प्रदान किए जाने संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई। बंदियों के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली गई। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी देवेन्द्र सिंह परस्ते ने बंदियों के विधिक अधिकार व कर्त्तव्यों और उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशा निर्देशों के पालन में विचाराधीन पात्र बंदियों की समय पूर्व जमानत पर रिहाई के बारे में बताया। नालसा-सालसा द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी गई। जेल अधीक्षक आर.पी. मिश्रा ने आभार व्यक्त कर बंदियों से शिविर में प्राप्त जानकारी का लाभ उठाने का आग्रह किया।
पन्ना में जन आक्रोश यात्रा की आमसभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव।
* कांग्रेस पार्टी की जन आक्रोश यात्रा में बुंदेलखंड अंचल के पन्ना जिले में उमड़ा जन सैलाब
* मध्यप्रदेश की जनता को 18 साल से धोखा दे रहे शिवराज माफ़ी यात्रा निकालें * पूर्व केन्द्रीय मंत्री का आरोप, अवैध रेत खनन से वीडी और बृजेन्द्र हर महीने कर रहे 15 करोड़ की काली कमाई
* अरुण का दावा- “प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की प्रचण्ड बहुमत की सरकार बनेगी”
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) जन आक्रोश यात्रा लेकर पन्ना पहुंचे बुंदेलखंड के प्रभारी एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पन्ना के श्री जुगुल किशोर जी मंदिर परिसर में आमसभा को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, प्रदेश में हर तरफ अराजकता का माहौल है। भ्रष्टाचारियों और माफियाओं का बोलबाला है। आए दिन बड़े-बड़े घपले-घोटाले हो रहे है। यह सरकार 50 फीसदी कमीशन वाली सकरार है। इस जनविरोधी सरकार को लेकर जनमानस में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाता शिवराज की महाभ्रष्ट सरकार को हटाकर प्रदेश में कमलनाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने का मन बना चुके हैं।
पन्ना जिले में जन आक्रोश यात्रा के दो दिवसीय भ्रमण के दूसरे दिन शुक्रवार 22 सितंबर को जिला मुख्यालय में पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव ने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली कमीशनखोर सरकार में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। पिछले 18 साल से सत्ता के संरक्षण में हर विभाग में खुलेआम लूट मची है। 50 प्रतिशत कमीशन वाली इस सरकार ने भ्रष्टाचार में भगवान को भी नहीं छोड़ा। उज्जैन में महाकाल लोक की खण्डित मूर्तियां हम सबने देखी हैं। इसी तरह ओंकारेश्वर महाराज, रामराजा सरकार ओरछा तथा बुंदेलखंड अंचल वासियों की आस्था के केन्द्र पन्ना के भगवान श्री जुगुल किशोर जी मंदिर के निर्माण कार्यों में भारी-भ्रष्टाचार किया गया है। घपलों-घोटालों का पर्याय बन चुकी भाजपा सरकार को आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता से हटाने के लिए प्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी के साथ मजबूती से खड़ी है। जन आक्रोश यात्रा में बुंदेलखंड अंचल सहित अन्य इलाकों में उमड़ रहा आपार जन सैलाब मध्य प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का स्पष्ट संकेत दे रहा है। जन आक्रोश यात्रा बुंदेलखंड के प्रभारी अरुण यादव ने शिवराज सरकार पर शाब्दिक हमला बोलते हुए कहा, 18 साल की भ्रष्ट सरकार के मुखिया शिवराज एक बार फिर जन आशीर्वाद लेने के लिए निकले है, मैं आपके माध्यम से कहना चाहता हूँ, उन्हें माफ़ी यात्रा निकालकर माफ़ी मांगनी चाहिए। क्योंकि ‘शिव राज’ में प्रदेश की जनता को 18 साल सिर्फ धोखा मिला है।
भ्रष्टाचार में सिरमौर बना पन्ना जिला
पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव ने पन्ना जिले की केन नदी में बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध खनन को लेकर क्षेत्रीय सांसद वीडी शर्मा एवं खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, पन्ना के नेता, मंत्री, संत्री अपना अधिकाँश समय केन नदी में बिताते है। अवैध रेत खनन से मंत्री व सांसद प्रतिदिन 50 लाख रुपए की काली कमाई कर रहे हैं। इस तरह हर महीने पन्ना जिले से 15 करोड़ रुपए की रेत खुलेआम लूटी जा रही है। बहुमूल्य खनिज संसाधनों की लूट का यह खेल पिछले 3 साल से अधिक समय से बेरोकटोक चल रहा है। सत्ता का संरक्षण प्राप्त माफिया केन नदी को अवैध खनन से खोखला करने के साथ ही किसानों के खेतों, चरनोई भूमि एवं राजस्व भूमियों को रेत के लिए खदान में तब्दील करने में जुटा है। श्री यादव ने हैरानी जताते हुए कहा कि, निजी एवं सरकारी भूमियों से रेत की लूट का यह खेल बिना किसी वैध अनुमति के खजुराहो सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह की नाक के नीचे उनके अपने निर्वाचन क्षेत्र में चल रहा है। पन्ना जिला प्रदेश में भ्रष्टाचार का सिरमौर बन चुका है।
सांसद वीडी शर्मा है नाकारा
जन आक्रोश यात्रा के पन्ना पहुंचने पर आयोजित आमसभा उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग।
बुंदेलखंड अंचल में जन आक्रोश यात्रा प्रभारी अरुण यादव ने पन्ना में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) की क्षमताओं और क्षेत्र के विकास को लेकर उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने, वीडी शर्मा शर्मा को सबसे नाकारा व्यक्ति करार देते हुए पूंछा कि, सांसद निर्वाचित हुए करीब पांच साल होने को है। जिले से लेकर प्रदेश और केन्द्र में भाजपा की सरकार है। आपको सांसद निधि भी मिलती है, चारों तरफ आपकी सरकार का राज है। सांसद जी, आपने अपने कार्यकाल में खजुराहो संसदीय क्षेत्र या पन्ना जिले में क्या एक भी ऐसा कार्य अपनी सरकार से कराया है, जिससे जनमानस को लाभ मिला हो। जिससे किसानों को लाभ मिला हो…एक नहर या तालाब बनवाया हो जिससे क्षेत्र की जनता को लाभ मिला हो! इस संबंध में अगर किसी के पास कोई जानकारी हो तो मुझे अवश्य बताएं। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने विकास के मामले में पन्ना के पीछे रहने को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों पर तंज कसते हुए कहा कि, जब यहां के सांसद जी, मंत्री जी अपना नब्बे फीसदी समय केन नदी में गुजार देंगे तो फिर विकास कैसे होगा ? यहां सिर्फ अपना और अपने लोगों का विकास हो रहा है। उन्होंने जिले के मतदाताओं से आव्हान करते हुए कहा, आगामी चुनावों में ऐसे जनप्रतिनिधियों को एक जोर का झटका लगाकर वापस केन नदी में डालने का काम करना है, यह काम आपके वोट से संभव होगा। आपके वोट में इतनी ताकत है कि वह राजा को रंक और रंक को राजा बना सकता है।
भगवान हमारे साथ हैं…
पन्ना नगर में कांग्रेस पार्टी की जन आक्रोश यात्रा के भ्रमण के दौरान यात्रा प्रभारी अरुण यादव ने स्थानीय कोतवाली चौराहा में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को नमन किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने उपस्थित जन समुदाय से अपील करते हुए कहा, 2023 के विधानसभा चुनाव में आप कांग्रेस पार्टी को अपना आशीर्वाद दें, हमारी सरकार बनाने में मदद करें। आज हम पन्ना की पवित्र नगरी पर भगवान श्री जुगुल किशोर जी से भी आशीर्वाद लेंगे। भगवान हमारे साथ हैं। भगवान महाकाल, रामराजा सरकार, महाराज ओंकारेश्वर और जुगुल किशोर जी महाराज भी हमारे साथ हैं। क्योंकि उन्हें पता है कि 18 साल की इस भ्रष्ट सरकार ने कभी जनहित का काम नहीं किया है। भ्रष्टाचार करके भाजपा के नेताओं ने बजट का बंदरबांट कर लिया। पूरा रुपया इनकी जेबों में गया, जनता को कुछ भी नहीं मिला। इस बार भगवान जुगुल किशोर महाराज हमको आशीर्वाद देंगे और इनको एक जोर का झटका लगाकर मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। श्री यादव ने कहा कि, शिवराज सरकार ने मध्यप्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। प्रदेश पर वर्तमान में करीब 4 लाख करोड़ का कर्ज लद गया है। पूरे प्रदेश में भुखमरी-बेरोजगारी चरमसीमा पर है। युवाओं को सरकारी नौकरी नहीं मिल रही है, इसलिए प्रदेश की जनता में भाजपा सरकार के प्रति आक्रोश व्याप्त होना स्वाभाविक है। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि, आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की भ्रष्ट और जनविरोधी सरकार का जाना तय हो गया है। पन्ना जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर आप कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाएं जिससे यहां का चंहुमुखी विकास संभव हो सके।
इनकी रही उपस्थिति
पन्ना नगर में कांग्रेस पार्टी की जन आक्रोश यात्रा के भ्रमण के दौरान यात्रा प्रभारी अरुण यादव ने स्थानीय गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।
इसके पूर्व आमसभा को जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवजीत सिंह, जिला कांग्रेस प्रभारी जीवन पटेल, पवन पटेल तथा सहप्रभारी प्रवीण खरे ने भी संबोंधित किया। इस दौरन मुख्य रूप से यात्रा के सहप्रभारी चन्द्रभूषण सिंह, गुड्डू राजा, राष्ट्रीय सचिव सीपी मित्तल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिव्यारानी सिंह, पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, केशव प्रताप सिंह, वरिष्ठ नेता रविन्द्र शुक्ला, दीपचन्द्र अग्रवाल, भरत मिलन पाण्डेय, श्रीमती शारदा पाठक, मनोज केशरवानी, पुष्पेन्द्र सिंह परमार, महेन्द्र बागरी पूर्व विधायक, फुन्दर चौधरी पूर्व विधायक, पवन जैन, श्रीमती अनुराधा शेंडगे, रामप्रसाद बंदू यादव, श्रीकांत पप्पू दीक्षित, स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी, मार्तण्ड बुन्देला, मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, श्रीमती जानकी यादव, निधि चतुर्वेदी छतरपुर, केपी सिंह बुंदेला, केशरी अहिरवार, कदीर खान, चतुरेश अहिरवार सहित भारी संख्या मे कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा के द्वारा किया गया। आमसभा के पूर्व अरुण यादव ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा की। तत्पश्चात् स्थानीय छत्रसाल पार्क से नगर के प्रमुख मार्गों कोतवाली चौराहा, कटरा बाजार, बड़ा बाजार चौराहा होते हुए जन आक्रोश यात्रा श्री जुगल किशोर जी मंदिर पंहुची परिसर पहुंची। जहां आमसभा के बाद पंचम सिंह चौराहा, गाँधी चौक, पुराना पावर हाउस चौराहा, मोहन निवास चौराहा से हरसा मोड़, झिन्ना, सब्दुआ, बनहरी होते हुए अजयगढ़ पहुंची और फिर बीरा से पड़ोसी जिला छतरपुर के चंदला विधानसभा क्षेत्र के लिए प्रस्थान कर गई।
पन्ना जिले में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा के रथ और काफिले के गुजरने के दौरान नारेबाजी करते हुए रानीपुरा के ग्रामीण।
* सीएम शिवराज, सांसद वीडी और पवई विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी
* पन्ना जिले में “यात्रा” का काफिला गुजरने के दौरान “रोड नहीं, तो वोट नहीं” के लगे नारे
* विरोध को लेकर आशंकित पुलिस ने ज्ञापन सौंपने पहुंचे किसानों को हिरासत में लिया
* कांग्रेसियों को पकड़कर थाना ले गई पुलिस, 4 घंटे बाद बिना गिरफ़्तारी के छोड़ा
शादिक खान, पन्ना। (www.radanews.in) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) के निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पन्ना जिले में पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा को तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा है। जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र के रानीपुरा ग्राम में पहुँच मार्ग का निर्माण न होने से नाराज ग्रामीणों ने यात्रा का काफिला गुजरने के दौरान “रोड नहीं, तो वोट नहीं” के नारे लगाए। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा एवं पवई के भाजपा विधायक प्रहलाद सिंह लोधी के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई। इस बवाल से हुई फजीहत के बाद हरकत में आई पन्ना पुलिस यात्रा के विरोध की आशंका में कुछ ज्यादा सख्ती करती दिखाई दी। पुलिस ने बिना किसी ठोस वजह के कुछ किसानों को हिरासत में ले लिया। अन्नदाता किसान अपनी ख़राब फसलों के मुआवजा की मांग को लेकर क्षेत्रीय सांसद को ज्ञापन सौंपने के लिए आए थे। इसी तरह गुनौर विधानसभा क्षेत्र के अमानगंज क़स्बा से जुड़ीं घोषणाओं को पूरा कराने का ज्ञापन भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को सौंपने के लिए सभा स्थल के बाहर खड़े कांग्रेस नेताओं को पकड़कर पुलिस थाना ले गई। चार घंटे तक कांग्रेसियों को थाना में बैठने के बाद बिना गिरफ़्तारी के छोड़ दिया। जन आशीर्वाद यात्रा के जिले में भ्रमण के दौरान भाजपा की जिला मंत्री अमिता बागरी के सोशल मीडिया पर वायरल इंटरव्यू ने भी पार्टी अच्छी-खासी किरकिरी कराई है।
पुलिस ने तख्तियां छीनीं तो भड़क उठे ग्रामीण
घोषणा के बाद भी सड़क निर्माण की मांग पूरी न होने से नाराज रानीपुरा के ग्रामीणों ने जन आशीर्वाद यात्रा का विरोध करने यात्रा मार्ग में नारे लिख दिए।
बीजेपी की जन आशीर्वाद यात्रा का काफिला रविवार 17 सितंबर को दोपहर के समय जब पन्ना जिले के पवई क़स्बा से सिमरिया की ओर जा रहा था तब इसे रास्ते में मोहन्द्रा के नजदीक भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सड़क किनारे खड़े रानीपुरा के ग्रामीणों द्वारा भाजपा सरकार के विकास के दावों की पोल खोलते हुए “रोड नहीं तो वोट नहीं” के नारे लगाए गए। घोषणा के बाद भी रानीपुरा पहुँच मार्ग का निर्माण न होने से नाराज ग्रामीणों द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा एवं पवई विधायक प्रहलाद लोधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने अपना कड़ा विरोध दर्ज कराने के लिए यात्रा मार्ग पर बड़े-बड़े अक्षरों में “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा लिख दिया था। और स्लोगन लिखीं तख्तियां भी लेकर आए थे। लेकिन यात्रा के गुजरने से पहले पुलिस ने विरोध की आवाज को दबाने के लिए ग्रामीणों से उनकी तख्तियां छीनकर जब्त कर ली। पुलिस की इस सख्ती से ग्रामीण भड़क उठे। परिणामस्वरूप यात्रा का काफिला गुजरने के दौरान ग्रामीणों के द्वारा उग्र नारेबाजी की गई। पहुंच मार्ग के आभाव में बारिश के सीजन में आवागमन की समस्या से जूझने को मजबूर रानीपुरा के वाशिंदों ने आगामी चुनावों में भाजपा को वोट न देने का भी संकल्प लिया है।
किसानों को वैन में बैठाकर थाना ले गई पुलिस
सिमरिया थाना के अंदर पुलिस की हिरासत में भारतीय किसान संघ से जुड़े किसान।
“रोड नहीं तो वोट नहीं” के हंगामे से हुई फजीहत के बाद हरकत में आई पन्ना पुलिस जन आशीर्वाद यात्रा के विरोध की आशंका को लेकर कुछ ज्यादा ही सख्ती करनी शुरू कर दी। नतीजतन इस यात्रा बेवजह कुछ विवाद जुड़ गए। यहां महोड़ ग्राम के किसानों का मामला विशेष उल्लेखनीय है। अतिवृष्टि के कारण ख़राब हुई खरीफ की दलहनी-तिलहनी फसलों का सर्वेक्षण करवाने एवं मुआवजा वितरित करने की मांग को लेकर भाजपा नेताओं को ज्ञापन सौंपने जा रहे किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। भारतीय किसान संघ से जुड़े कृषक पुलिस को समझाने की काफी कोशिश करते रहे कि उनका मकसद यात्रा में किसी तरह का व्यवधान पैदा करना या शांति भांग करना नहीं है। वह तो सिर्फ क्षेत्रीय सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा को अपना ज्ञापन सौंपना चाहते हैं। लेकिन, पुलिस ने उनकी एक न सुनी और सभी किसानों को जबरन पुलिस वैन में बैठाकर सिमरिया थाना ले जाया गया था। जहां किसानों को कई घंटे तक हिरासत में रखने के बाद शाम को छोड़ा गया। किसानों के साथ पुलिस के घोर आपत्तिजनक बर्ताव को लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है। लोग पूंछ रहे है, सांसद महोदय से मिलने के लिए अब क्या पुलिस से अनुमति लेनी पड़ेगी ? जानकारी अनुसार, किसानों का प्रतिनिधि मंडल ओबीसी महासभा के पूर्व संभागीय सचिव त्रिलोक सिंह यादव के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपने के लिए पहुंचा था। जिसमें एडवोकेट रामखिलावन पटेल पूर्व अध्यक्ष किसान संघ, रामभगत कुशवाहा, राजेन्द्र सिंह राजपूत, नागेन्द्र सिंह, राजवेन्द्र सिंह, शारदा सिंह, निरपत सिंह, कमलेश पटेल, विनोद कुशवाहा, मोनू कुशवाहा सहित अन्य किसान शामिल थे।
ज्ञापन सौंपने खड़े कांग्रेसियों को हिरासत में लिया
अमानगंज थाना के अंदर पुलिस हिरासत में बैठे स्थानीय कांग्रेस नेता।
पन्ना जिले के आरक्षित गुनौर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले अमानगंज क़स्बा को लेकर पूर्व में प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा अनेक घोषणाएं की गईं थी। लेकिन उन पर अमल न होने से शिवराज सरकार और भाजपा नेताओं पर कोरी घोषणाएं करने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। बड़ी-बड़ी घोषणाओं पर भरोसा करके भाजपा को वोट देने वाले मतदाता भी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। ऐसे में रविवार को अमानगंज में जन आशीर्वाद यात्रा के पहुँचने और उसमें भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा के शामिल होने की जानकारी मिलने पर स्थानीय कांग्रेस नेता उन्हें अपना सौंपने के लिए सभा स्थल के बाहर खड़े हो गए। गिनती के चार कांग्रेस नेताओं की सभा स्थल के बाहर मौजूदगी की भनक लगने पर स्थानीय पुलिस अचानक सकते में आ गई। बिना किसी देरी के पुलिस बल वसीम खान पूर्व नगर अध्यक्ष, अरुण पाण्डेय, मदारी आदिवासी पूर्व पार्षद व राम भजन कुशवाहा को पकड़कर थाना ले गया। जहां करीब चार घंटे तक उन्हें हिरासत रखा गया। यात्रा के अमानगंज से पन्ना की ओर रवाना होने के बाद देर शाम कांग्रेसियों को बिना गिरफ़्तारी के छोड़ दिया। कांग्रेस नेताओं ने पत्रकारों को बताया, वह शांतिपूर्वक क्षेत्रीय सांसद को अमानगंज हॉस्पिटल, विकासखंड एवं खेल मैदान संबंधी की घोषणाओं को पूरा कराने के लिए ज्ञापन सौंपना चाहते थे। लेकिन पुलिस के द्वारा उन्हें विपक्ष की अपनी सकारात्मक भूमिका को निभाने से रोका गया।
मध्यप्रदेश : भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा को पन्ना जिले में विरोध का सामना करना पड़ा। रानीपुरा के पहुँच मार्ग का निर्माण न होने से नाराज ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाए। साथ ही CM शिवराज एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। pic.twitter.com/v36YUUdDWl
राजधानी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में सिलेक्शन होंडा पन्ना के संचालक संयोग गुप्ता एवं उनके पुत्र मृदुल गुप्ता को शील्ड व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरुष्कृत करते होंडा कम्पनी के वरिष्ठ अधिकारी।
* टू व्हीलर निर्माता कम्पनी होंडा के वरिष्ठ अधिकारियों ने शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) जापानी दो पहिया वाहन निर्माता कम्पनी होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर इंडिया, प्राइवेट लिमिटेड के पन्ना जिले एकमात्र अधिकृत डीलर सिलेक्शन होंडा को कंपनी की नई बाइक शाइन 100 सीसी की अच्छी बिक्री एवं बेहतर व्यवसायिक कार्यशैली को दृष्टिगत रखते हुए सम्मानित किया गया है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित होटल रेडिसन में 12 सितंबर 2023 को होंडा कंपनी की ओर से आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डीलरों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में होंडा कंपनी के नई दिल्ली स्थित हेड ऑफिस से पधारे कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सिलेक्शन होंडा पन्ना के शानदार परफॉर्मेंस को देखते हुए संचालक संयोग गुप्ता एवं उनके पुत्र मृदुल गुप्ता को शील्ड व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरुष्कृत किया गया है।
सिलेक्शन होंडा पन्ना के संचालक संयोग गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया देश की अग्रणी एवं सबसे विश्वसनीय दो पहिया वाहन निर्माता कंपनी होंडा मोटरसाइकिल और स्कूटर इंडिया, प्राइवेट लिमिटेड ने भारतीय ग्राहकों की आवश्यकतों को ध्यान में रखते हुए नई बाइक शाइन 100 सीसी की को कुछ माह पूर्व लॉन्च किया था। कम कीमत की इस बाइक में अनेक खूबियां हैं, जोकि 100 सीसी सेगमेंट में इसे सबसे आकर्षक और दमदार बाइक बनाती है। श्री गुप्ता के अनुसार, होंडा शाइन 100 सीसी की सफलता का मुख्य सूत्र उसकी मजबूती व 75 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज है। ब्रांड की विश्वसनीयता के बारे में सभी भलीभांति परिचित है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर होंडा कंपनी की ओर दी गई शील्ड व प्रशस्ति पत्र को प्रसन्नता के साथ दिखाते हुए सिलेक्शन होंडा पन्ना के संचालक संयोग गुप्ता एवं उनके पुत्र मृदुल गुप्ता।
होंडा टू व्हीलर डीलर संयोग गुप्ता ने एक सवाल के जवाब में कहा कि, होंडा कंपनी के द्वारा सम्मानित किया जाना जिले के लिए गौरव की बात है। हमारा जिला पिछड़ा और छोटा होने के बावजूद भी यहां अगर मेहनत, लगन, निष्ठा, ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए ग्राहकों की संतुष्टि को महत्व दिया जाए तो कठिन से कठिन व्यवसायिक लक्ष्य को भी हासिल किया जा सकता है। उनका कहना है, सिलेक्शन होंडा का ध्येय सदैव अपने ग्राहकों को ईमानदारी के साथ संतोषजनक सेवाएं देने पर केन्द्रित रहा है।
* ग्रामवासियों की समस्याएं सुनकर निराकरण के दिए निर्देश
पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना के कलेक्टर हरजिंदर सिंह ने बुधवार 13 सितंबर को जिले के गुनौर, पवई और शाहनगर विकासखण्ड के कई ग्रामों सहित दूरस्थ ग्रामों का भ्रमण कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र सहित ग्राम पंचायत कार्यालय में व्यवस्थाएं देखी। साथ ही ग्रामवासियों से संवाद कर समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम भिटारी के शासकीय प्राथमिक शाला पहुंचकर स्कूल में दर्ज बच्चों और शिक्षकों की उपस्थिति की जानकारी ली। हाजिरी पंजी का अवलोकन कर बच्चों का अक्षर और भाषा ज्ञान परखा। स्कूल में मिलने वाली अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली। ग्राम सरवारा में पन्ना जनसेवा अधियान के सर्वे कार्य की जानकारी ली और सर्वे दल को शत प्रतिशत जरूरतमंद हितग्राहियों के चिन्हांकन और लाभान्वित करने के निर्देश दिए। सर्वे दल को सभी घरों में अनिवार्य रूप से पहुंचकर सर्वे कार्य निर्धारित समय सीमा में संपादित करने के लिए कहा।
इसके उपरांत भितरी मुटमुरू में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, संबल, आयुष्मान योजनाओं के कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया। उन्होंने प्राथमिक शाला सिमरहा का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने उप स्वास्थ्य केंद्र की एएनएम से गर्भवती और धात्री माताओं के एएनसी पंजीयन, बच्चों के टीकाकरण की जानकारी ली। समक्ष में रजिस्टर भी देखा। बीएलओ से ग्राम में मतदाता सूची में दर्ज महिलाओं और नवमतदाताओं की जानकारी ली। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन किया। शासकीय माध्यमिक शाला मजरा टोला में निरीक्षण के दौरान रैंप निर्माण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्कूल के बच्चों से संवाद कर किताब भी पढ़वाई। इस दौरान निर्धारित मीनू अनुसार मध्यान्ह भोजन वितरण के निर्देश दिए। किचेन शेड का अवलोकन कर रसोइयों से चर्चा कर निर्धारित समय पर बच्चों को गर्म पका भोजन वितरण के लिए कहा।
यहां स्कूल परिसर में जल जीवन मिशन योजना के तहत नल कनेक्शन सही कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा एक बस्ती के बंद पहुंच मार्ग शुरू कराने और पुराने स्कूल भवन में जल भराव की समस्या निराकृत करने के लिए कहा। कलेक्टर श्री सिंह ने जल जीवन मिशन अंतर्गत पवई बाँध परियोजना के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। घुटेही ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचकर पन्ना जनसेवा अभियान के सर्वे दल से शत प्रतिशत हितग्राहियों के चिन्हांकन के संबंध में निर्देश दिए। यहां एएनएम से गर्भवती महिलाओं को और बच्चों के टीकाकरण के संबंध में जानकारी ली। एएनसी रजिस्टर भी देखा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से आंगनबाड़ी केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेकर बच्चों के वजन पंजी का अवलोकन किया। ग्राम पंचायत भवन में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा भी लिया।
जनपुस्तकालय कल्दा का किया लोकार्पण
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कार्यालय कल्दा परिसर में नवनिर्मित जनपुस्तकालय का लोकार्पण किया। यहां बच्चों से संवाद कर शिक्षा का महत्व बताया और जनपुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने ग्राम पंचायत में पुस्तकालय की सौगात की पहल को सराहनीय बताया। कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कल्दा पहुंचकर स्वास्थ्य सेवा व सुविधाओं की जानकारी ली। यहां पंजीयन कक्ष, वैक्सीन डिपो, दवा वितरण कक्ष और दवाईयों का स्टॉक देखा। स्थानीयजनों द्वारा स्वास्थ्य कर्मचारियों के अन्य संस्थाओं में अटैच होने के कारण होने वाली असुविधा की जानकारी दी गई। इस पर जिला कलेक्टर द्वारा संलग्न कर्मचारियों का संलग्नीकरण समाप्त करने की बात कही गई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र में उपस्थित स्टॉफ नर्स सहित अन्य कर्मचारियों को संस्थागत प्रसव के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेटरनिटी वार्ड और लेबर रूम की व्यवस्थाओं को भी देखा।
भ्रष्ट सचिव के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश
जिला कलेक्टर ने ग्राम सर्रा पहुंचकर यहां निर्माणाधीन मुर्गीपालन शेड का जायजा लिया और लाभार्थी परिवार की महिलाओं से चर्चा की। मुर्गीपालन गतिविधि के चालू होने के उपरांत दोबारा गांव में आने का भरोसा दिया। महिलाओं से लाड़ली बहना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य शासकीय सेवाओं के लाभ मिलने के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि सेल्समैन द्वारा नियमित रूप से राशन का वितरण नहीं किया जाता है। इस पर जिला कलेक्टर ने सेल्समैन को समक्ष में नियमित रूप से पात्र हितग्राहियों को राशन वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि दुकान में राशन वितरण दिवस की जानकारी भी प्रदर्शित करें। किसी भी स्थिति में पात्र परिवार के राशन से वंचित होने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने स्वसहायता समूह की महिलाओं को उचित मूल्य दुकान का संचालन सौंपने के संबंध में भी चर्चा की। ग्रामीणों की शिकायत पर सर्रा के पंचायत सचिव के विरूद्ध बगैर नाली निर्माण के 37 हजार रूपए आहरित करने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश भी दिए।
जल सोधन संयंत्र का किया अवलोकन
कलेक्टर ने पवई बांध समूह जल प्रदाय योजना के तहत 158 ग्रामों में प्रत्येक ग्रामीण परिवार को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए निर्मित पवई बांध समूह जल प्रदाय योजना के जल शोधन संयंत्र और इनटेकवेल का अवलोकन किया। सारंगपुर में स्थापित 20.62 एमएलडी क्षमता का डब्ल्यूटीपी संयंत्र बनकर तैयार हो चुका है। उन्होंने जल निगम के महाप्रबंधक से यहां उपलबध सुविधाओं और मशीन की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। साथ ही परीक्षण लैब का अवलोकन भी किया। परिसर में नेटवर्क सुविधा के विस्तार के संबंध में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने यहां पौधरोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय, एसडीएम भारती मिश्रा एवं श्रुति अग्रवाल, परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से भोपाल स्थित उनके आवास पर भेंट करते क्षेत्रीय संघर्ष समिति पवई से जुड़े कांग्रेस नेतागण।
* विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही क्षेत्रीय संघर्ष समिति पवई से जुड़े कांग्रेस नेताओं ने बढ़ाई सक्रियता
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही अब राजनीतिक सरगर्मियां तेजी से बढ़ने लगीं है। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र क्रमांक- 58 से कांग्रेस नेताओं के एक धड़े ने क्षेत्रीय (स्थानीय) व्यक्ति को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग तेज कर दी है। क्षेत्रीय संघर्ष समिति पवई के बैनर तले एकजुट कांग्रेस नेताओं द्वारा क्षेत्रीय प्रत्याशी की मांग को पूरा कराने के लिए व्यवस्थित तरीके से मुहिम चलाई जा रही है। इसी सिलसिले में पवई के नेताओं द्वारा गत दिवस राजधानी भोपाल जाकर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलनाथ, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, अजय सिंह राहुल भैया एवं कमलेश्वर पटेल समेत अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाक़ात की गई। पवई के प्रतिनिधि मंडल ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को बताया, आसन्न विधानसभा चुनाव में पवई सीट से अगर क्षेत्रीय व्यक्ति को पार्टी की ओर प्रत्याशी घोषित किया गया तो वह पूरी एकजुटता के साथ उसे प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का काम करेंगे। वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराया कि, पवई क्षेत्र की जनभावनाएं पूर्णतः क्षेत्रीय प्रत्याशी के पक्ष में है। इसलिए 2018 की तरह इस बार बाहरी प्रत्याशी थोपने की गलती को न दोहराया जाए। नहीं तो पार्टी को पुनः करारी हार का सामना करना पड़ सकता है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाक़ात करने वाले क्षेत्रीय संघर्ष समिति पवई के प्रतिनिधि मंडल में मुख्य रूप से गिरधारी लोधी, रावेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना राजा, अनिल तिवारी, अरुण पाल सिंह बुंदेला, अजय लोधी, इंजीनियर जवाहर लाल कुशवाहा, अनंतराम चौरसिया, दारा सिंह, मदन तिवारी, महेन्द्र पटेल कुंवरपुर, बहादुर सिंह लोधी, रविन्द्र पटेल, मुकेश चौरसिया शामिल रहे। इन नेताओं ने रविवार 10 सितंबर की सुबह पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से उनके भोपाल स्थित आवास पर भेंट की। जबकि दिग्विजय से इनकी भोपाल एयरपोर्ट पर हुई।
इस दौरान सभी ने एक स्वर में क्षेत्रीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाने की मांग पर जोर देते हुए कहा, पार्टी उनके बीच में से जिसे भी योग्य एवं जिताऊ उम्मीदवार समझे उसे पवई से प्रत्याशी घोषित कर दे। हमसब मिलकर संकल्प के साथ उसे जीत दिलाने के लिए काम करेंगे। लेकिन किसी भी सूरत में बाहरी व्यक्ति को प्रत्याशी न बनाया जाए। बाहरी व्यक्ति को प्रत्याशी घोषित करने पर पार्टी के अंदर जहां उसे विरोध का सामना करना पड़ सकता है। वहीं मतदाता भी बाहरी उम्मीदवार को सिरे से ख़ारिज कर देंगे। पवई के मतदाताओं का बाहरी प्रत्याशियों को जिताने का अभी तक का अनुभव अच्छा नहीं रहा है। चुनाव जीतकर जाने के बाद वह क्षेत्र में कम ही आते हैं। इससे क्षेत्र का विकास सीधे तौर पर प्रभावित होता है। क्षेत्र के लोगों से भी उनका लगाव-जुड़ाव नहीं रहता है। इसलिए जनता के सुख-दुःख से उन्हें कोई सरोकार नहीं रहता है। बाहरी व्यक्तियों को चुनने के बाद लोगों को विधायक से संबंधित अपने काम के लिए भोपाल या पन्ना तक दौड़ना पड़ता था। पवई के लोगों को अतीत में कई बार इस समस्या से जूझना पड़ा है। इसलिए क्षेत्रवासी अब विधायक चुनने में क्षेत्रीय व्यक्ति को प्राथमिकता देते हैं।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलनाथ से पवई सीट पर क्षेत्रीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाने की मांग करते हुए गिरधारी लोधी।
इन परिस्थितियों में जनभावनाओं की अनदेखी करके बाहरी प्रत्याशी थोपने पर कांग्रेस पार्टी को पवई की सीट गंवानी पड़ सकती है। क्षेत्रीय संघर्ष समिति पवई के प्रतिनिधि मंडल में शामिल रहे कांग्रेस नेता गिरधारी लोधी ने जानकारी देते हुए बताया कि, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह समेत सभी वरिष्ठ नेताओं ने उनकी न्यायोचित मांग को गंभीरता पूर्वक सुना और क्षेत्रीय व्यक्ति को ही उम्मीदवार बनाने का आश्वासन दिया है। उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय संघर्ष समिति पवई द्वारा पिछले कई विधानसभा चुनावों के समय क्षेत्रीय व्यक्ति को टिकिट देने की मांग को लगातार प्रमुखता से उठाया जाता रहा है।
पन्ना में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए जयस संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्यगण।
* जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन ने लगाया बड़ा आरोप
* पुलिस कप्तान को ज्ञापन सौंपकर विभागीय जांच कराने की उठाई मांग
पन्ना। (www.radarnews.in) जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन (JAYS) द्वारा विगत दिनों पन्ना जिले के गुनौर थाना अंतर्गत शंकरगढ तिराहा में बस चालक, परिचालक व यात्रियों के साथ मारपीट करने तथा बस आदिवासी क्लीनर युवक को निर्वस्त्र कर अमानवीयता के साथ मारपीट किये जाने की घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि गुनौर थाना पुलिस द्वारा प्राथमिक रूप से पीड़ित आदिवासी युवक के साथ हुए घटनाक्रम को छुपाने का कार्य किया गया है तथा कानून के अनुसार कार्यवाही नहीं की गई है। जिससे स्पष्ट है कि गुनौर थाने के जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों द्वारा अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन नहीं किया गया। जिसके लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच समिति का गठन कर कार्यवाही की जाये। और लापरवाह अधिकारियों को पद से हटाया जाये।
ज्ञापन में उल्लेख है कि, अमानवीय घटना का शिकार होने से पीड़ित आदिवासी युवक ओैर उसका परिवार के आहत हुआ है। साथ ही आदिवासी समाज अपने आपको अपमानित महसूस कर रहा है। जयस संगठन की मांग है कि पीड़ित आदिवासी युवक कीे आर्थिक मदद दी जाये साथ ही साथ आरोपियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाये। जिससे इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन सौंपने वालों में जयस अध्यक्ष मुकेश कुमार गौंड़, जिला प्रवक्ता जयराम यादव, जिला कार्यवाहक अध्यक्ष रामपाल सिंह, सुनील टाइगर, नंदकिशेार अहिरवार, अखिलेश कौंदर ब्लाक अध्यक्ष सहित काफी संख्या में जयस संगठन के सदस्य शामिल रहे।
घटनाक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नीचे दी गई लिंक को क्लिक करें-