Home Blog Page 30

नारायण को बसपा ज्वॉइन करने के 4 घंटे बाद सतना लोकसभा सीट से मिला टिकिट

0
राजधानी भोपाल में आज दोपहर में पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस अवसर पर बसपा के प्रदेशाध्यक्ष इंजी. रमाकांत पिप्पल ने त्रिपाठी को फूलों का गुलदस्ता देकर पार्टी में उनका स्वागत किया।

*      बहुजन समाज पार्टी ने मध्य प्रदेश की 7 सीटों पर प्रत्याशी किए घोषित

*      खजुराहो-पन्ना लोकसभा सीट से कमलेश पटेल को बनाया उम्मीदवार

*      सिद्धार्थ के बाद नारायण के आने से सतना सीट पर चुनावी मुकाबला रोचक होने के आसार

शादिक खान, भोपाल/पन्ना ।(www.radarnews.in) लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बहुजन समाज पार्टी ने आज मध्यप्रदेश की सात लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। प्रदेश के विंध्य क्षेत्र से आने वाले पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने आज दोपहर में अपने समर्थकों के साथ बसपा ज्वॉइन की। इसके करीब 4 घंटे बाद शाम को पार्टी ने उन्हें सतना लोकसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया। सतना जिले की मैहर सीट से चार बार के विधायक रहे नारायण त्रिपाठी पूर्व में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस पार्टी और भारतीय जनता पार्टी में भी रह चुके हैं। बहुजन समाज पार्टी की ओर से नारायण त्रिपाठी को चुनावी समर में उतारने से सतना संसदीय क्षेत्र का चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता दिख रहा है। भाजपा ने जहां सतना से अपने मौजूदा सांसद गणेश सिंह पर पुनः भरोसा जताया है तो वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा डब्बू को लोकसभा उम्मीदवार बनाया है। युवा विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के नाम के एलान के बाद से ही भाजपा के अंदरखाने खलबली मची है। बीच-बीच में सांसद गणेश सिंह को बदले जाने की भी चर्चाएं सुनाई दे रहीं है। इस बीच हाथी में सवार होकर नारायण त्रिपाठी के चुनावी दंगल में एंट्री करने से भाजपा का मजबूत गढ़ माने जाने वाले सतना में उसकी मुश्किलें बढ़ती दिख रहीं है।
बता दें कि भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी पिछ्ड़े वर्ग से आते हैं। दोनों ही प्रत्याशी अपनी जाति के मतदाताओं के साथ-साथ पिछड़ा वर्ग की अन्य जातियों, दलित वर्ग के मतदाताओं पर ख़ासा प्रभाव रखते हैं। संभावना जताई जा रही है कि इस बार के लोकसभा चुनाव में सतना संसदीय क्षेत्र में बहुसंख्यक वर्ग का वोट भाजपा और कांग्रेस के बीच बंटेगा। जबकि सामान्य वर्ग से ताल्लुक रखने वाले नारायण त्रिपाठी ब्राह्मण और बसपा के दलित वोट बैंक के सहारे क्या कमाल करते हैं, आने वाले समय में यह देखना काफी दिलचस्प होगा। भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह को पहले से ही एन्टी इंकम्बेंसी का सामना करना पड़ रहा है। अब नारायण के चुनावी रण में उतरने से गणेश की मुश्किलों में और अधिक इजाफा होना लगभग तय माना जा रहा। कुछ जानकार वर्तमान स्थिति को सतना लोकसभा सीट पर कांग्रेस के लिए सुनहरे अवसर के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि, आने वाले समय में चुनावी माहौल किस करवट बैठता अभी कुछ कहना बहुत जल्दबाजी होगी।

5 सामान्य और 2 आरक्षित सीटों पर बसपा प्रत्याशी घोषित

बहुजन समाज पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश की सात लोकसभा सीटों पर घोषित प्रत्याशियों की सूची।
बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने आज शाम मध्य प्रदेश की 7 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन कुमारी मायावती के आदेश पर मध्य प्रदेश इकाई के प्रदेशाध्यक्ष इंजीनियर रमाकांत पिप्पल के द्वारा 7 उम्मीदवारों की सूची जारी की गई। बसपा ने खजुराहो लोकसभा सीट से कमलेश पटेल, सतना से नारायण त्रिपाठी पूर्व विधायक, सीधी पूजन राम साकेत, छिंदवाड़ा उमाकांत बंदेवार, मंदसौर सीट से कन्हैया लाल मालवीय और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित मण्डला लोकसभा सीट से इंदर सिंह उईके एवं बैतूल सीट से अशोक भलावी के नाम पर मुहर लगाई है।
खजुराहो लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी कमलेश पटेल।
मालूम हो कि, बहुजन समाज पार्टी द्वारा खजुराहो संसदीय क्षेत्र के लिए घोषित प्रत्याशी कमलेश पटेल पन्ना जिले की देवेंद्रनगर तहसील अंतर्गत आने वाले धरमपुरा ग्राम के निवासी हैं। पेशे से किसान कमलेश पटेल पिछले तीस साल से बहुजन समाज पार्टी से सक्रिय तौर पर जुड़े हैं।

मध्य प्रदेश | पत्रकार के घर पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग

0
युवा पत्रकार के घर पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई गई आग के साक्ष्य प्रधान आरक्षक से संकलित करवाते हुए सिमरिया थाना प्रभारी व मोहन्द्रा चौकी प्रभारी।

*    पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहन्द्रा ग्राम की घटना

*    पूरे परिवार को जिंदा जलाने का प्रयास या फिर दहशत फैलाना था मकसद

पन्ना।(www.radarnews.in) जिले के सिमरिया थाना अंतर्गत आने वाले मोहन्द्रा ग्राम में घनी आबादी क्षेत्र के बीचोंबीच स्थित युवा पत्रकार आकाश बेहरे के घर पर बुधवार देर रात अज्ञात आपराधिक तत्वों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आगजनी की घटना रात्रि लगभग 2 से 2:30 बजे के बीच की है, उस समय पत्रकार का पूरा परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था। दरवाजे पर लगाई गई आग की लपटें कमरे के अंदर पहुंचने से पत्रकार की वृद्ध मां की अचानक नींद खुल गई। गनीमत यह रही कि आनन-फानन आग पर पूर्णतः काबू पा लिया गया, नहीं तो कोई बड़ी घटना घटित हो सकती थी। आपराधिक तत्वों के इस कृत्य से पत्रकार के परिजन सहित पड़ोसी दहशत में बताए जा रहे हैं।
बुधवार 20 मार्च की सुबह जब लोग नींद से जागे और इस सनसनीखेज घटना का पता चला तो आपराधिक तत्वों के बढ़ते दुस्साहस के बारे में जानकर क्षेत्र में आक्रोश और तनाव फ़ैल गया। यहां सवाल उठता है कि, युवा पत्रकार के घर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने वाले अज्ञात अपराधी क्या पूरे परिवार को जिंदा जलाकर मारना चाहते थे ! या फिर इस घटना के पीछे उनकी मंशा मौत की दहशत फैलाकर युवा पत्रकार को कलम चलाने (समाचार लिखने) से रोकना है ? अपराधियों का इरादा चाहे जो भी रहा हो पर लोग इस घटना को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर हमले के तौर देख रहे हैं। माना जा रहा है कि, क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध गतिविधियां संचालित होने संबंधी मसलन, अवैध शराब-गांजा बिक्री, जुआ-सट्टा, गुंडा टैक्स वसूली, बेशकीमती जमीनों पर अतिक्रमण के समाचार प्रकाशित करने से बौखलाए अपराधी तत्वों के द्वारा पत्रकार को ऐसा करने से रोकने के लिए आगजनी की घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है।
बता दें कि मोहन्द्रा निवासी युवा पत्रकार आकाश बेहरे जन सरोकार से जुड़े मुद्दों, अंचल की ज्वलंत समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाने और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अपने धारदार लेखन के लिए जाने जाते हैं। पन्ना जिले के संवेदनशील पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा ने पत्रकार के घर पर आगजनी की घटना को अत्यंत ही गंभीरता से लिया है। घटना का पता चलने पर सिमरिया के नवागत थाना प्रभारी संदीप दीक्षित व मोहन्द्रा चौकी प्रभारी ने हमराही स्टॉफ के साथ तत्परता से मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। आगजनी से सम्बंधित साक्ष्य संकलित कर पंचनामा कार्रवाई की गई। सिमरिया थाना पुलिस ने इस घटना पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 436,181 आईपीसी के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। थाना प्रभारी सिमरिया ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त करते हुए आगजनी की घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने की बात कही है। अज्ञात आरोपियों का सुराग लगाने और उन्हें दबोंचने के लिए पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साइबर सेल की मदद से भी गहन तहकीकात की जा रही है।

मध्यप्रदेश : बुलडोजर एक्शन से PWD के ठेकेदारों में जबर्दस्त हड़कंप

0
पन्ना जिले के बृजपुर-पहाड़ीखेरा क्षेत्र में भमका ग्राम से धरमपुर चैन सिंह मांर्ग पर नवनिर्मित घटिया पुलिया को बुलडोजर चलवाकर तुड़वाते हुए लोक निर्माण विभाग के तकनीकी अधिकारी।

*      पन्ना जिले में गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्यों को बुलडोजर से ध्वस्त करवाने की कार्रवाई लगातार जारी

*     अब भमका ग्राम से धरमपुर चैन सिंह मार्ग की घटिया पुलिया पर चलवाया बुलडोजर

*     PWD के तकनीकी अधिकारियों की सख्ती के चलते घटिया कार्य कराने वाले ठेकेदारों को हो रहा आर्थिक नुकसान

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले का लोक निर्माण विभाग इन दिनों अपनी बदली हुई कार्यप्राणाली को लेकर चर्चाओं में बना है। लोनिवि (PWD) अंतर्गत चल रहे समस्त निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के मानकों की कसौटी पर कसने के साथ ही समयसीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना के तकनीकी अधिकारियों की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि, विभागीय निर्माण कार्यों में गड़बड़ी पाए जाने पर बिना किसी देरी के उस हिस्से को अपने सामने ही बुलडोजर चलवाकर पूर्णतः ध्वस्त करवा दिया जाता है। फिर संबंधित ठेकेदार से ही नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराया जाता है। सिर्फ पखवाड़े भर के अंदर तीन निर्माणाधीन सड़कों की आधा दर्जन पुलियों (पाईप कल्वर्ट एवं बॉक्स कल्वर्ट) को बुलडोजर चलवाकर तुड़वा दिया।
मगर, यह साहसिक कदम उठाना ज़रा भी सहज नहीं था। मौके पर ठेकेदारों ने बुलडोजर एक्शन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और तकनीकी अधिकारियों के साथ उनकी नोंकझोंक भी हुई लेकिन उनकी एक भी नहीं चल सकी। गुणवत्ता आश्वासन को लेकर लोनिवि के तकनीकी अधिकारियों की सख़्ती के चलते विभाग के ठेकेदारों में जबर्दस्त हड़कंप मचा है। निर्माण कार्यों की सघन मॉनिटरिंग के फलस्वरूप निर्देशों को दरकिनार कर मनमाने तरीके से घटिया कार्य कराने वाले ठेकेदारों को बुलडोजर एक्शन के कारण भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विगत दिनों लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना के तकनीकी अधिकरियों द्वारा जिले के अजयगढ़ क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण कर पंचमपुर और सिद्धपुर से टिकुरिहा मार्ग में नवनिर्मित पुलियों की गुणवत्ता जांच की गई थी। जांच में घटिया पाई गईं आधा दर्जन पुलियों को पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों अपने सामने बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त करवा दिया था। इस कार्रवाई का संबंधित ठेकेदार और उनके प्रतिनिधि मौके पर विरोध करते रहे लेकिन उनकी एक नहीं सुनीं गई। इतना ही नहीं कार्य की गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों को उनके ठेके निरस्त करने संबंधी नोटिस भी थमाए गए थे।
अब इसी कड़ी में गुरुवार 14 मार्च को लोनिवि के तकनीकी अधिकारियों के द्वारा बृजपुर-पहाड़ीखेरा क्षेत्र में निर्माणाधीन भमका ग्राम से धरमपुर चैन सिंह मांर्ग लंबाई 4 किलोमीटर अनुबंधित लागत लगभग 1 करोड़ 10 लाख का निरीक्षण किया गया । इस दौरान सड़क की विभिन्न परतों अर्थवर्क, डब्ल्यूएमएम और सीआरएम की बारीकी से जांच की गई। जांच में मटेरियल की ग्रेडिंग निर्धारित अनुपात में पाई गई लेकिन नवनिर्मित पुलिया में थोड़ी गड़बड़ी सामने आने पर तकनीकी अधिकारियों ने बिना किसी देरी के ठेकेदार के ही बुलडोजर से पुलिया को अपने सामने जमींदोज करवा दिया।
बुलडोजर एक्शन को लेकर प्रभावशाली ठेकेदार के द्वारा कड़ी आपत्ती और असंतोष जताया गया। मगर, मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के लिए दृढ़ संकल्पित लोक निर्माण विभाग के तकनीकी अधिकारियों ने तमाम अपत्तियों को पूर्णतः ख़ारिज कर दिया। लगातार बुलडोजर एक्शन के चलते निर्माण कार्यों में लीपापोती करने वाले ठेकेदारों को हो रहे आर्थिक नुकसान के कारण उनमें PWD के तकनीकी अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर गहरी नाराजगी देखी जा रही है। इंसानी फितरत के मद्देनजर काफी हद तक ऐसा होना स्वाभाविक है।

आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : कार्यपालन यंत्री

जब इस संबंध लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना के कार्यपालन यंत्री एसके पाण्डेय से बात की गई तो उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि “कुछ समय बाद मेरा रिटायर्मेंट होना है इसलिए मैं नहीं चाहता कि मुझे बुढ़ापे में अनावश्यक परेशान होना पड़े। मैनें पहले ही दिन सबको बता दिया था कि कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं करूंगा। फिर भी ठेकेदार अगर मनमाने तरीके कार्य करते हुए गड़बड़ी करते हैं तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। घटिया कार्य को डिस्मेंटल कराने से होने वाला आर्थिक नुकसान भी उन्हीं को उठाना पड़ेगा। मैं तब तक किसी भी ठेकेदार के एक रुपये का भुगतान नहीं करूंगा जब तक कि कराए गए कार्य की गुणवत्ता को लेकर हमारे प्रभारी उपयंत्री, संबंधित एसडीओ ओके रिपोर्ट नहीं दे देते और मैं स्वयं भी मौके पर जाकर निरीक्षण नहीं कर लेता। पूर्ण संतुष्टि के बाद ही बिल भुगतान किया जाएगा। हमारे लिए ठेकेदार के हितों से कोई सरोकार नहीं है, हमारी तो सर्वोच्च प्राथमिकता कराए गए निर्माण कार्य का उपयोग करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित कराना है। यह तभी संभव होगा जब निर्माण कार्य पूर्णतः गुणवत्तापूर्ण हो।”

विषय से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नीचे दी गई लिंक को क्लिक कर खबर को पढ़ें –

कार्यपालन यंत्री ने घटिया पुलियों को तुड़वाया, ठेकेदार को दी चेतावनी- ‘गुणवत्ता से समझौता नहीं चलेगा’

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोलीकांड पीड़ितों से किया वादा निभाया, पहुंचाई आर्थिक सहायता राशि

0
राष्ट्रीय अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, अखिलेश यादव। (PTI)

*      मृत किसान की पत्नी को 5 लाख और चार घायलों को प्रदान किए 25-25 हजार रुपए के चेक

*     पीड़ितों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का हृदय से आभार जताया

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पिछले वर्ष जिला मुख्यालय के नजदीक हरदुआ गांव में हुए भीषण गोलीकांड के पीड़ितों से किया गया वादा निभाते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आर्थिक सहायता राशि पहुंचाई है। शनिवार को यादव समाज के लोगों और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने ग्राम पटी बजरिया पहुंचकर गोलीकांड में मृत गरीब किसान पूरन यादव की वेबा पत्नी कस्तूरी बाई यादव को पांच लाख रुपए तथा चार घायलों को 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। पीड़ितों ने आर्थिक सहायता करने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव का हृदय से आभार जताया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के द्वारा भेजा गया पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि का चेक हरदुआ गोलीकांड में मृत किसान पूरन यादव की वेबा पत्नी कस्तूरी बाई यादव को प्रदान करते हुए पन्ना के सपा नेतागण।
उल्लेखनीय है कि, करीब पांच माह पूर्व मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे पन्ना जिले के पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अजयगढ़ में अपनी पार्टी के प्रत्याशी के लोधी महेन्द्र पाल वर्मा के समर्थन में आमसभा को संबोधित करने आए थे। इस दौरान समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के स्थानीय नेताओं ने उन्हें पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले हरदुआ ग्राम में हुए बहुचर्चित गोलीकांड से अवगत कराया था। साथ ही अजयगढ़ की आमसभा के बाद सपा प्रमुख अखिलेश ने गोलीकांड में मृत गरीब किसान पूरन यादव के परिजनों तथा घायलों से भेंटकर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की थी। मवेशियों के खेत में घुसने की मामूली सी बात पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पन्ना ग्रामीण मंडल अध्यक्ष के रिश्तेदारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।
इस घटना में गोली लगने से पूरन यादव निवासी ग्राम पटी बजरिया की दर्दनाक मौत हो गई थी। जबकि गोली से निकले छर्रे लगने से राघवेन्द्र यादव, प्रताप सिंह यादव, लखन सिंह यादव, भरत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पीड़ितों ने गोलीकांड पर पन्ना पुलिस के द्वारा कथित तौर सत्ताधारी दल भाजपा के नेताओं और जनप्रतिनिधियों के दबाव में आरोपियों को बचाने के लिए पक्षपात पूर्ण कार्यवाही किये जाने के गंभीर आरोप लगाए थे। पीड़ितों की आपबीती सुनने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अखिलेश यादव मध्य प्रदेश की पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गहरी नाराजगी जताई थी। इस दौरान सपा प्रमुख ने गोलीकांड पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए निजी तौर पर आर्थिक सहायता का भरोसा दिलाया था।

सपा प्रमुख की सराहना कर रहे लोग

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के द्वारा भेजी गई आर्थिक सहायता राशि का चेक हरदुआ गोलीकांड के घायलों को प्रदान करते हुए पन्ना के सपा नेतागण।
सपा सुप्रीमो ने पीड़ितों से किया हुआ अपना वादा निभाते हुए छह लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि का चेक पन्ना पहुंचाया है। शनिवार 16 मार्च को समाजवादी पार्टी के नेतागण और यादव समाज के प्रतिष्ठित लोगों ने ग्राम पटी बजरिया पहुंचकर मृत किसान पूरन यादव की वेबा पत्नी कस्तूरी बाई यादव को पांच लाख रुपए तथा चार घायलों को 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए। पीड़ितों ने इस मुश्किल घड़ी में आर्थिक मदद भेजने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव का ह्रदय से आभार जताया है। हरदुआ गोलीकांड पीड़ितों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की खबर आने के बाद से पन्ना जिले के लोग समाजवादी पार्टी के मुखिया (SP Chief) एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सच्चा जनसेवक बताते हुए उनकी संवेदनशीलता, मानवता और सह्रदयता की मुक्त कंठ से सराहना कर रहे हैं। गोलीकांड पीड़ितों को चेक प्रदान करने वालों में सपा के पन्ना जिलाध्यक्ष दशरथ सिंह यादव, एडवोकेट सुशील खरे, राम सिंह यादव जमींदार, बाबूलाल यादव पूर्व उपाध्यक्ष बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण, बाला लोधी सरपंच उमरी, हरिराम लखेरा, यादव महासभा जिला अध्यक्ष नत्थू सिंह यादव, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अरविंद सिंह यादव, कंधी यादव, प्रताप यादव, पूर्व सरपंच कल्याण सिंह यादव शामिल रहे।

लोकसभा चुनाव 2024 : खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में 26 अप्रैल को होगा मतदान

0
लोकसभा चुनाव 2024 का कार्यक्रम घोषित होने के बाद खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पन्ना जिले में आदर्श आचार संहिता के प्रभावशील होने तथा आवश्यक चुनावी तैयारियों की जानकारी देते कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार और पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा।

*     19 लाख 94 हजार से अधिक मतदाता 2 हजार 293 मतदान केन्द्रों पर करेंगे मताधिकार का उपयोग

*     4 जून को होगी मतगणना इसी दिन घोषित किए जाएंगे परिणाम

*      पन्ना कलेक्टर ने कहा- “स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता”

पन्ना। लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत मध्य प्रदेश के खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के लिए मतदान द्वितीय चरण में 26 अप्रैल को संपन्न होगा। इसके लिए 28 मार्च को अधिसूचना जारी होगी। इसी दिन से अभ्यर्थियों से नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 4 अप्रैल निर्धारित है, जबकि 5 अप्रैल को नामांकन की संवीक्षा होगी। अभ्यर्थी द्वारा 8 अप्रैल तक अभ्यर्थिता से नाम वापस लिया जा सकेगा। मतगणना 4 जून को संपन्न कराई जाएगी। खजुराहो संसदीय क्षेत्र में आने वाले आठ विधानसभा क्षेत्रों के 19 लाख 94 हजार 330 मतदाता 2 हजार 293 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। खजुराहो संसदीय क्षेत्र में 26 अप्रैल को लोकसभा निर्वाचन संपन्न होगा, जबकि मतगणना 4 जून को करवाई जाएगी। लोकसभा क्षेत्र खजुराहो में पन्ना जिले की सभी तीन विधानसभा और कटनी एवं छतरपुर जिले की क्रमशः 3 एवं 2 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार ने 16 मार्च को लोकसभा निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के उपरांत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई प्रेस वार्ता में उक्ताशय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संपूर्ण जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है। इस अवधि में सभी राजनैतिक दलों और लोकसेवकों को निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का पालन करना जरूरी है। आदर्श आचरण संहिता के तहत समस्त अयुद्ध लाइसेंस अधिनियम के तहत निरस्त माने जाएंगे। कोलाहल अधिनियम, संपत्ति विरूपण अधिनियम, धारा 144 प्रभावशील कर दी गई है। सराय अधिनियम, मुद्रक एवं प्रकाशकों से संबंधित लोक प्रतिनिधित्व संबंधी अधिनियम 1951 की धारा 127-क का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

चुनावी तैयारियों की दी जानकारी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले में स्वतंत्र व निष्पक्ष लोकसभा निर्वाचन संपन्न कराने के दृष्टिगत की गई आवश्यक तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही मतदान एवं मतगणना दिवस की व्यवस्थाओं सहित विभिन्न टीम व दलों के गठन, ईव्हीएम की उपलब्धता, मतदान दल, निर्वाचन प्रशिक्षण, दिव्यांग मतदाताओं एवं 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को होम वोटिंग की सुविधा इत्यादि की जानकारी भी दी।

संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की होगी तैनाती

पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन के अंतर्गत सभी विधानसभा क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा प्रबंधन किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के तहत  पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी एवं वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आदर्श आचरण संहिता का पालन करने के लिए समस्त आवश्यक प्रबंध जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों के द्वारा किए जाएंगे।

मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर रहेगा जोर

जिला पंचायत सीईओ एवं स्वीप के नोडल अधिकारी संघ प्रिय ने बताया कि जिले में मतदाता जागरूकता गतिविधियों के जरिए मतदान प्रतिशत में बढ़ोत्तरी के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। गत चुनाव में कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केन्द्रों और क्षेत्रों में भी मतदाता जागरूकता की विशेष गतिविधियों के साथ लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

लोकसभा निर्वाचन 2024 : मध्य प्रदेश में चार चरण में होंगे चुनाव, जानिए आपके संसदीय क्षेत्र में कब होगा मतदान ?

0
साभार : दैनिक भास्कर।

*      प्रदेश में प्रभावशील हुई आदर्श आचरण आचार संहिता

*      भारत निर्वाचन आयोग ने की लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा

*      प्रदेश में आदर्श आचरण संहिता का सख्ती से होगा पालन : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

भोपाल। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 की तारीखों की शनिवार को घोषणा कर दी गई है। इसके साथ ही प्रदेश में आदर्श आचार संहिता भी पूरी तरह से प्रभावशील हो गई है, जिसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। श्री राजन ने बताया कि प्रदेश में 4 चरणों में चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी। पहले चरण के लिए मतदान 19 अप्रैल, दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल, तीसरे चरण के लिए 7 मई और चौथे चरण के लिए मतदान प्रक्रिया 13 मई को सम्पन्न होगी। सभी चरणों की मतगणना के परिणाम एक साथ 4 जून 2024 को घोषित किए जाएंगे।
श्री राजन ने बताया कि पहले चरण में 6 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट एवं छिंदवाड़ा में 19 अप्रैल 2024 को मतदान होगा। पहले चरण के लिए अधिसूचना 20 मार्च को जारी होगी। इसी दिन से नामांकन पत्र दाखिल किये जाएंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 मार्च है। 28 मार्च को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। प्रत्याशी 30 मार्च तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 19 अप्रैल को होगा।
दूसरे चरण में 7 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद एवं बैतूल में 26 अप्रैल 2024 को मतदान होगा। इस चरण के लिए अधिसूचना 28 मार्च को जारी होगी। इसी दिन से नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल है। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 5 अप्रैल को की जाएगी। प्रत्याशी 8 अप्रैल तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 26 अप्रैल को होगा।
तीसरे चरण में 8 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल एवं राजगढ़ में 7 मई 2024 को मतदान होगा। इस चरण के लिए अधिसूचना 12 अप्रैल को जारी होगी। प्रत्याशी 19 अप्रैल तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 20 अप्रैल को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। प्रत्याशी 22 अप्रैल तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 7 मई को होगा।
इसी प्रकार चौ​थे चरण में 8 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगौन एवं खंडवा में 13 मई 2024 को मतदान होगा। इस चरण के लिए अधिसूचना 18 अप्रैल को जारी होगी। प्रत्याशी 25 अप्रैल तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 26 अप्रैल को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की जाएगी। प्रत्याशी 29 अप्रैल तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 13 मई को होगा।

राज्यस्तरीय एमसीएमसी कमेटी ने शुरू की निगरानी

अनुपम राजन, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्य प्रदेश।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्यस्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनीटरिंग कमेटी (स्टेट लेवल एमसीएमसी) द्वारा न्यूज चैनलों पर प्रसारित होने वाले विज्ञापन एवं समाचारों पर निगरानी रखने के लिये जनसम्पर्क अधिकारियों की टीम 24 घण्टे निगाह रखेगी। मध्यप्रदेश संपत्ति विरूपण अधिनियम के अंतर्गत सरकारी/ सार्वजनिक/निजी संपत्ति पर अनाधिकृत विरूपण हटाने के लिए नियत सीमा में कार्यवाही के निर्देश दिए गए है। टीमों का गठन किया जाकर अंतर्राज्यीय नाकों पर अवैध शराब, नगद राशि और मादक पदार्थों के परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।

एप से आचार संहिता के उल्लंघन की कर सकेंगे शिकायत

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जीपीएस आधारित सी-विजिल एप में 2 मिनट का वीडियो और फोटो डाउनलोड किए जा सकेंगे। कोई भी नागरिक आयोग को एप के माध्यम से शिकायत प्रेषित कर सकेंगे।
पात्र नागरिक अभी भी जुड़वा सकेंगे मतदाता सूची में नाम
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजन ने बताया कि पात्र नागरिक अभी भी अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख के 10 दिन पहले तक नागरिकों से मतदाता सूची से नाम जोड़ने के लिए आवेदन लिए जा सकेंगे। निर्धारित प्रक्रिया का पालन कर पात्र नागरिक अपना नाम वोटर लिस्ट में मतदाता के रूप में जुड़वा सकेंगे।

लोकसभा चुनाव 2024 की तारीख़ों का हुआ एलान : सात चरणों में 19 अप्रैल से 1 जून तक होंगे चुनाव, नतीजे 4 जून को आएंगे

0
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार।

*     मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों के लिए चार चरणों 19 व 26 अप्रैल और 7 व 13 मई को डाले जाएंगे वोट

*      चार राज्यों उड़ीसा, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और आंध्र प्रदेश में होंगे विधानसभा चुनाव

चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 19 अप्रैल से 7 चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव 2024; वोटों की गिनती 4 जून को। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा, दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को, तीसरे चरण का मतदान 7 मई को, चौथे चरण का मतदान 13 मई को होगा। 13 व 20 मई को पांचवां चरण, 25 मई को छठा चरण और 1 जून को आखिरी और 7वां चरण। जम्मू कश्मीर की पांच लोकसभा सीटों के लिए चुनाव पांच चरणों में होंगे।
नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तारीख़ों का एलान आज कर दिया है। लोकसभा चुनाव सात चरणों में होंगें। चुनाव की प्रक्रिया 20 मार्च से शुरू हो रही है और मतगणना 4 जून को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया लोकसभा चुनाव के लिए 20 मार्च को नोटिफिकेशन जारी होगी। पहले चरण में 19 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। दूसरा चरण के तहत 28 मार्च को नोटिफिकेशन जारी होगा और 26 अप्रैल को मतदान होगा। तीसरा चरण के तहत सात मई, चौथे चरण के तहत 13 मई और पांचवे चरण में 20 मई को वोट डाले जाएंगे। छठवें चरण में 25 मई को वोटिंग होगी। सातवें चरण में 01 जून को मतदान होगा।

जानिए किस चरण में कितनी सीटों पर डाले जाएंगे वोट

लोकसभा चुनाव 2024 में सात चरणों में वोट डाले जाएंगे। चुनाव के नतीजे चार जून को आएंगे। आयोग के द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण में 21 राज्यों की 102 सीटों पर, दूसरे चरण में 13 राज्यों की 89 सीटों, तीसरे चरण में 12 राज्यों की 94 सीटों, चौथे चरण में 10 राज्यों की 96 सीटों, पांचवें चरण में 8 राज्यों की 49 सीटों, छठे चरण में सात राज्यों की 57 सीटों और सातवें चरण में आठ राज्यों में 57 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

किस चरण में किस तारीख़ को किन राज्यों में डाले जाएंगे वोट

पहला चरण- 19 अप्रैल

पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, अंडमान निकोबार, जम्मू कश्मीर, लक्षद्वीप, पुदुच्चेरी की कुल 102 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

दूसरा चरण- 26 अप्रैल

दूसरे चरण के तहत 26 अप्रैल को असम, बिहार, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, राजस्थान, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर की कुल 89 सीटों पर मतदान होगा।

तीसरा चरण- 7 मई

तीसरे चरण के तहत 7 मई को असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दादर नागर हवेली और दमनदीव की कुल 94 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

चौथा चरण- 13 मई

चौथे चरण के तहत 13 मई को आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर की कुल 96 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

पांचवां चरण- 20 मई

पांचवें चरण के तहत 20 मई को छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रेदश, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर, लद्दाख की 49 सीटों पर मतदान होगा।

छठवां चरण- 25 मई

छठवें चरण के तहत 25 मई को बिहार, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दिल्ली की कुल 57 सीटों पर मतदान होगा।

सातवां चरण- 1 जून

सातवें चरण के तहत एक जून को बिहार, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़ की कुल 57 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

चार राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव

लोकसभा चुनावों के साथ चार राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। इनमें उड़ीसा, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और आंध्र प्रदेश शामिल हैं। ओडिशा में चार चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे. ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को वोट डाले जाएंगे। अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 20 मार्च 2024 को जारी 19 अप्रैल 2024 को मतदान होगा. अरुणाचल प्रदेश की 60 सीटों पर एक ही चरण में चुनाव होंगे। सिक्किम विधानसभा के लिए एक चरण में ही सभी 32 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. नोटिफिकेशन की तारीख 20 मार्च और वोटिंग 19 अप्रैल को होगी। आंध्र प्रदेश की सभी 175 सीटों पर 18 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी होगा और 13 मई को वोट डाले जाएंगे। तीन चरणों में 26 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव होंगे। ये चुनाव भी आम चुनावों के साथ होंगे।

पन्ना : आईएएस सुरेश कुमार पहली बार बने कलेक्टर, ग्रहण किया कार्यभार

0
पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार।

*   निवर्तमान कलेक्टर हरजिंदर सिंह को पशुपालन विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी

पन्ना।(www.radarnews.in) लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मध्य प्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग मंत्रालय भोपाल ने गुरूवार 14 मार्च की देर शाम भारतीय प्रशासनिक सेवा के तीन दर्जन से अधिक अधिकारियों की नवीन पदस्थापना आदेश तत्काल प्रभाव से जारी किए थे। इस फेरबदल से पन्ना जिला भी प्रभावित हुआ। पन्ना के कलेक्टर हरजिंदर सिंह को पशुपालन एवं डेयरी विभाग मंत्रालय भोपाल में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं 2010 बैच के आईएएस सुरेश कुमार की नवीन पदस्थापना पन्ना जिले में कलेक्टर के पद पर की है। पन्ना जिले के नवागत कलेक्टर एवं 2010 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सुरेश कुमार ने आज शाम संयुक्त कार्यालय भवन पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सुरेश कुमार की कलेक्टर पद पर पहली पदस्थापना की गई है।
नवागत कलेक्टर सुरेश कुमार ने आज शाम पन्ना के संयुक्त कार्यालय भवन पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया।
नवागत कलेक्टर श्री कुमार विगत 3 नवम्बर 2022 से राजस्व मंडल ग्वालियर में सचिव पद पर कार्यरत थे। 27 सितम्बर 1966 को जन्मे श्री कुमार मूलतः हरियाणा निवासी हैं और एमएससी एवं एलएलबी की उपाधि प्राप्त की है। नवागत कलेक्टर ने पदभार ग्रहण करने के उपरांत अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों सहित जिले की सामान्य व भौगोलिक स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय, अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र, नवागत पन्ना एसडीएम संजय कुमार नागवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

लोकसभा चुनाव में हार के डर से अपना नारा भूली भाजपा, अब हो गई कांग्रेस युक्त : डीके दुबे

0
सांकेतिक चित्र।

*     वरिष्ठ कांग्रेस नेता का दावा- ‘केन्द्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन की बनेगी सरकार’

पन्ना। (www.radarnews.in) सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी को आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी हार साफ़ तौर पर नजर आ रही है, जिससे भाजपा का राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व इतना भयभीत है कि, कांग्रेस मुक्त भारत के अपने नारे को भूलकर भाजपा को अब कांग्रेस युक्त बनाने के अभियान में जुटा है। कतिपय कांग्रेसियों को अपनी पार्टी में शामिल कराके भाजपा नेता गोदी मीडिया के जरिए लोकसभा चुनाव के समय यह नैरेटिव सेट करने में लगे हैं कि देश के जनमानस के साथ-साथ विपक्षी दलों के नेता भी तेजी से उसकी तरफ आकर्षित हो रहे हैं। लेकिन भाजपा के 10 साल के कुशासन से बेहाल आमजनता इस बार किसी भी तरह के झांसे में आने वाली नहीं है। आज पूरा देश भीषण बेरोजगारी, कमरतोड़ महंगाई, वादाखिलाफी, तानाशाही, भारी भ्रष्टाचार, भुखमरी, नफरत की सांप्रदायिक राजनीति की भंयकर चपेट में है। इस सबसे त्रस्त आम नागरिक लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार को केन्द्र की सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए पूरी तरह मन बना चुके हैं। यह दावा पन्ना जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीके दुबे ने किया है।

उद्योगपति मित्रों का कर्जमाफ कर की गई चंदा उगाही

प्रेस में जारी अपने बयान में वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री दुबे ने कहा कि, मोदी सरकार ने देश को कर्ज के दलदल में बुरी तरह धकेल दिया है। देश नहीं बिकने दूंगा का नारा लगाने वाली मोदी सरकार ने सार्वजनिक उपक्रमों (सरकारी कंपनियों) को अपने उद्योगपति मित्रों को बेंचने कोई कसर नहीं छोड़ी, सिर्फ इतना ही नहीं चुनिंदा बड़े उद्योगपतियों का लाखों करोड़ का कर्ज माफ़ करके देश को भारी आर्थिक क्षति पहुंचाई है। कर्जमाफी की रियायत के बदले में मोदी जी के उद्योगपति मित्रों ने इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए भारतीय जनता पार्टी को इतिहास में अब तक का सबसे अधिक चंदा दिया है। उद्योगपतियों से हजारों करोड़ रुपए का चंदा लेने के लिए केन्द्र की भाजपा सरकार अनेक कानूनों में मनमाने संशोधन करके इलेक्टोरल बॉन्ड की अपारदर्शी स्कीम लेकर आई थी। देश की सर्वोच्च अदालत ने हाल ही में इलेक्टोरल बॉन्ड को पूरी तरह से असंवैधानिक-अपारदर्शी और भ्रष्टाचार का पर्याय करार दिया है। दरअसल, इससे लोगों को पता ही नहीं चलता था कि इलेक्टोरल बॉन्ड को स्टेट बैंक से किसने खरीदा और फिर उससे किस पार्टी को चंदा दिया।

इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए बीजेपी ने जुटाया कालाधन

पन्ना जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीके दुबे।
वरिष्ठ नेता डीके दुबे का आरोप है कि, विदेशी बैंकों में जमा कालाधन वापस लाने की बड़ी-बड़ी बातें करने वाली भाजपा इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिये पिछले कई सालों से स्वयं कालाधन जोड़ने के अभियान में जुटी थी। सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक निर्णय के फलस्वरूप शुक्रवार 15 मार्च की देर शाम तक इलेक्टोरल बॉन्ड की अधिकांश जानकारी सार्वजनिक होने पर देश के लोगों को भाजपा के चंदे के कालेधंधे का पता चल जाएगा। इसकी जानकारी एवं आंकड़ों के विश्लेषण से पूरा देश-दुनिया जान पाएगी कि इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए भाजपा को हजारों करोड़ रुपए का चंदा किस उद्योगपति या शैल कंपनियों (फर्जी कंपनियों) से प्राप्त हुआ। उसके बदले में मोदी सरकार ने उनको कौन-कौन सी रियायतें दी है? दरअसल, इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम और कोरोनाकाल में बनाया गया पीएम केयर फंड मोदी सरकार के भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण है।

भाजपा को लोस चुनाव में सबक सिखाएगी जनता

आपने कहा कि, प्रतिवर्ष 2 करोड़ सरकारी नौकरियां देने, कालाधन वापस लाने, महंगाई कम करने, भ्रष्टाचार मिटाने, प्रत्येक भारतीय के खाते में 15-15 लाख रुपये आने जैसे भाजपा के चुनावी वादों पर भरोसा करके पूरा देश ठगा हुआ महसूस कर रहा है। अंधभक्तों को छोड़कर देश के बहुसंख्यक नागरिक आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के जुमलेबाजों को सबक सिखाने के लिए पूरी तरह तैयार बैठे हैं।

कांग्रेस छोड़कर जाने वाले नेतागण पछताएंगे

प्रतीकात्मक फोटो।
प्रखर वक्ता डीके दुबे ने कहा कि, मोदी सरकार की गलत आर्थिक एवं जनविरोधी नीतियों तथा बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाले अनुचित निर्णयों का खामियाजा पूरा देश भुगत रहा है। मौजूदा हालात में बेरोजगार युवा, अग्निवीर स्कीम प्रभावित नौजवान, देश को गौरान्वित करने वाले खिलाड़ी, महिलाएं, नौकरीपेशा लोग, मध्यम और छोटे उद्योगपति, फुटकर व्यापारी, गरीब, मजदूर, किसान एवं आम नागरिक समेत आज समाज का हर वर्ग कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है। देश को बचाने के लिए जारी संघर्ष के निर्णायक दौर में पहुँचने पर कांग्रेस के कुछ साथी भाजपा की चरण चुंबक मीडिया के द्वारा बनाए बनाए झूठे माहौल के झांसे में आकर दलबदल कर रहे हैं। कांग्रेस को छोड़ने वाले साथी देर-सबेर अपने निर्णय पर अवश्य ही पछताएंगे। दुबे ने आगे कहा कि, कांग्रेस के जो नेता आज पार्टी छोड़कर गए हैं उनको भाजपा में कुछ भी मिलने वाला नहीं है। भाजपा-आरएसएस में लोकतंत्र, तार्किकता, स्वतंत्र चेतना, वैज्ञानिक सोच, समता, धर्मनिर्पेक्षता के मूल्यों में आस्था रखने वाले कार्यकर्ता-पदाधिकारियों के लिए कोई स्थान नहीं है, इन संगठनों में रहने और आगे बढ़ने के लिए अंधभक्त होना अनिवार्य योग्यता है।

दलबदल : हाथ का साथ छोड़कर कई कांग्रेस नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

0
वरिष्ठ नेता रविन्द्र शुक्ला ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा के हाथों भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

*    भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं वीडी शर्मा ने गमछा पहनाकर पार्टी में किया शामिल

*    बीजेपी की सदस्यता लेने वालों में रविन्द्र शुक्ला, मनोज केशरवानी, परमानंद शर्मा, सुखदेव मिश्रा एवं सृजन यादव शामिल

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पन्ना जिले में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस नेताओं का भाजपा में शामिल होने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को पन्ना जिला मुख्यालय में आयोजित हुए ‘सोशल मीडिया वॉलेंटियर्स मीट’ के कार्यक्रम में मुख्य अथिति के रूप में शामिल रहे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा के हाथों जिले के कई कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। हाथ का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले कांग्रेसियों में मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस कमेटी पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ नेता रविन्द्र शुक्ला, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष मनोज केशरवानी, जनपद पंचायत गुनौर के उपाध्यक्ष परमानंद शर्मा, वरिष्ठ नेता सुखदेव मिश्रा एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री सृजन सिंह यादव शामिल हैं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) ने कांग्रेस नेताओं को पार्टी का अंगवस्त्र (गमछा) पहनाकर भाजपा परिवार में शामिल किया।
बता दें कि, मंगलवार 12 मार्च को कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए रविन्द्र शुक्ला की गिनती जिले के दिग्गज कांग्रेस नेताओं में होती थी। श्री शुक्ला का लंबे समय तक जिले की सहकारिता के क्षेत्र में प्रभावी दखल रहा है। वह लगभग 15 वर्षों तक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक पन्ना के संचालक, जिला सहकारी थोक उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष, जिला सहकारी भूमि विकास बैंक के डायरेक्टर, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मड़ला के अध्यक्ष एवं प्रदेश सहकारिता विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर आसीन रहे। वरिष्ठ और अनुभवी नेता रविन्द्र शुक्ला के पन्ना भाजपा विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह के साथ मधुर सबंध होने की कांग्रेस के अंदर पिछले कुछ समय से काफी चर्चाएं रहीं। इसलिए यह माना जा रहा है कि श्री शुक्ला को भारतीय जनता पार्टी में शामिल कराने में पर्दे के पीछे पन्ना विधायक बृजेन्द्र सिंह ने अहम् भूमिका अदा की है। सभी से अच्छे संबंध रखने के हिमायती, आकर्षक एवं सौम्य व्यक्तित्व और शालीन व्यवहार के धनी रविन्द्र शुक्ला के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने से पन्ना जिले में कांग्रेस पार्टी को निःसंदेह तगड़ा झटका लगा है। कांग्रेस में बड़ा और बेदाग ब्राह्मण चेहरा रहे शुक्ला के जाने से भाजपा संगठन को मजबूती मिलेगी।
युवा नेता एवं व्यवसायी मनोज केशरवानी बीते दिवस कांग्रेस छोड़कर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी शामिल हो गए।
जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना के कोषाध्यक्ष रहे मनोज केशरवानी भी भाजपा में शामिल हो गए। समाजसेवा से जुड़े कार्यों में सदैव सक्रिय रहने व खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने वाले युवा नेता एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी मनोज नगर पालिका परिषद पन्ना के पार्षद रह चुके हैं। माना जाता है कि कांग्रेस में रहते हुए इनके पन्ना भाजपा विधायक बृजेन्द्र सिंह समेत भाजपा के अन्य नेताओं से व्यक्तिगत संबंध काफी प्रगाढ़ रहे। युवा नेता मनोज कांग्रेस से पन्ना विधानसभा सीट और पन्ना नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद हेतु टिकिट की दौड़ में शामिल रहे हैं। वहीं गुनौर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव परमानंद शर्मा ने भी मंगलवार को पांच जनपद पंचायत सदस्यों सहित भाजपा गमछा पहन लिया। सलेहा निवासी युवा नेता परमानंद कांग्रेस की पृष्ठभूमि वाले प्रतिष्ठित परिवार से आते हैं। इनके चाचा-चाची रमाकांत शर्मा व जिला पंचायत सदस्य ममता शर्मा की गिनती कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में होती है। परमानंद के आने से सलेहा-गुनौर क्षेत्र में भाजपा पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी। अजयगढ़ क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुखदेव मिश्रा ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। श्री मिश्रा पन्ना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे भरत मिलन पाण्डेय के सगे मामा हैं।
कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन करने वाले पिछड़े वर्ग के युवा नेता सृजन सिंह यादव को गले लगाकर स्नेह देते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा के हाथों पार्टी की सदस्यता लेने वालों में युवा नेता एवं किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री और टीकमगढ़ जिला प्रभारी सृजन सिंह यादव शामिल हैं। सृजन कांग्रेस आईटी सेल के प्रदेश सचिव की भी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। विदित हो कि, युवा नेता सृजन सिंह यादव कृषि उपज मंडी पन्ना के पूर्व अध्यक्ष स्व. रणधीर सिंह यादव व पन्ना विधानसभा सीट से कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी रहीं मीना सिंह यादव के सुपुत्र हैं। कम उम्र में कांग्रेस में कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे और कांग्रेस की पृष्ठभूमि वाले परिवार से आने वाले युवा नेता सृजन का बीजेपी ज्वाइन करना चर्चा का विषय बना है। सृजन का भाजपा में जाना कांग्रेस के लिए निश्चित किसी झटके से कम नहीं है। पहले से ही कई मोर्चों पर जूझ रही कांग्रेस पार्टी का इस मुश्किल समय में अगर युवा नेता साथ छोड़ेंगे तो कांग्रेस संगठन में युवा जोश, उत्साह और सक्रियता का संचार कैसे होगा? कांग्रेस संगठन में अहम पदों पर बैठे नेताओं को इस पर गंभीर चिंतन करने की जरूरत है।

कार्यकर्ताओं को देवतुल्य मानने वाली पार्टी में शामिल होना गर्व की बात

इनके आलावा पन्ना नगर के अजयगढ़ चौराहा निवासी सक्रिय कांग्रेस नेता अज्जू गर्ग सहित अन्य कई लोगों भी भाजपा (BJP) की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा ज्वॉइन करने वाले नेताओं ने पार्टी की विचारधार, रीति-नीति पर भरोसा जताया है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी के ठोस और दूरदर्शी निर्णयों के फलस्वरूप विकसित भारत का सपना तेज़ी से साकार हो रहा है। इनका कहना है कि, अपने कार्यकर्ताओं को देवतुल्य मानने वाली विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी में शामिल होकर हमें गर्व का अनुभव हो रहा है।