खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत पन्ना जिले के एक मतदान केन्द्र पर लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए कतारबद्ध खड़े मतदाता। (फाइल फोटो)
* खजुराहो लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में शाम 6 बजे तक 56.86 प्रतिशत हुआ मतदान
* ईवीएम मशीनों में कैद हुआ जनता का फैसला, 4 जून को आएंगे नतीजे
* खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत पन्ना जिले की तीन विधानसभा सीटों पर शाम 6 बजे तक 61 प्रतिशत मतदान
शादिक खान,पन्ना/भोपाल। (www.radarnews.in) लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज मध्य प्रदेश के छह संसदीय क्षेत्रों में शाम 5 बजे तक 54.83 प्रतिशत मतदान हुआ है। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के 4 घंटे बाद यानी रात्रि 10 बजे तक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्य प्रदेश की वेबसाइट पर शाम 5 बजे तक की वोटर टर्नआउट रिपोर्ट उपलब्ध थी। वोटिंग समाप्त होने पर कुल अनुमानित मतदान प्रतिशत के आंकड़े (डाटा) उपलब्ध नहीं हो सके। शाम 5 बजे तक की स्थिति में होशंगाबाद लोकसभा संसदीय क्षेत्र में सर्वाधिक 63.44 प्रतिशत मतदान हुआ था। जबकि रीवा में सबसे कम 45.2 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं लोकसभा क्षेत्र टीकमगढ़ (अजा) में 57.19 प्रतिशत, दमोह में 53.66 प्रतिशत, खजुराहो में 52.91 प्रतिशत और सतना में 57.18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में मध्य प्रदेश के छह लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में शाम 5 बजे तक हुए मतदान प्रतिशत की जानकारी।
खजुराहो क्षेत्र के मतदान प्रतिशत की विधानसभावार जानकारी
खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत पन्ना जिले के एक मतदान केन्द्र पर अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए कतारबद्ध खड़ीं महिला मतदाता।
लोकसभा निर्वाचन अंतर्गत दूसरे चरण में शुक्रवार 26 अप्रैल को खजुराहो संसदीय क्षेत्र में शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक खजुराहो लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 56.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। लोकसभा संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाली चंदला विधानसभा में 50.19 प्रतिशत राजनगर विधानसभा में 57.28, पवई विधानसभा में 60.64, गुनौर विधानसभा में 59.71, पन्ना विधानसभा में 58.61, विजयराघवगढ़ विधानसभा में 56.65, मुड़वारा विधानसभा में 54.65 और बहोरीबंद विधानसभा में 57.34 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान संपन्न होने के साथ ही उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईव्हीएम मशीनों में कैद हो गया है। विदित हो कि लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को आएंगे। यानी चुनाव नतीजे जानने के लिए करीब डेढ़ माह तक इंतजार करना पड़ेगा।
पन्ना जिले की तीनों सीटों पर 461069 मतदाताओं ने किया मतदान
लोकसभा चुनाव के लिए मतदान करने के बाद अपनी उंगली पर लगी स्याही को दिखाते हुए पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार और पुलिस अधीक्षक सांई कृष्ण एस थोटा।
खजुराहो संसदीय क्षेत्र में शामिल पन्ना जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों में बनाए गए कुल 901 मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं ने सुबह से ही पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग किया। लोकतंत्र के महापर्व पर बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं सहित महिला-पुरूष एवं युवा मतदाताओं द्वारा भी मतदान किया गया। पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार रडार न्यूज़ को बताया, पन्ना जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर शाम छह बजे तक की स्थिति अनुमानित 61 प्रतिशत मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि, मतदान प्रतिशत की वास्तविक स्थिति का पता शनिवार को चल पाएगा। क्योंकि मतदान दलों के देर रात्रि तक वापस लौटने पर डाटा संकलन किया जाएगा फिर उसे क्रॉस चेक करने के पश्चात स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पन्ना जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 461069 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 254873 पुरुष मतदाता, 206194 महिला मतदाता और 2 अन्य मतदाता शामिल हैं।
* खजुराहो, दमोह, सतना, टीकमगढ़, रीवा और होशंगाबाद लोकससभा क्षेत्रों के 12 हजार 828 मतदान केन्द्रों पर डाले जाएंगे वोट
* दूसरे चरण छह सीटों के 80 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर
भोपाल। (www.radarnews.in) लोकसभा निर्वाचन-2024 के दूसरे चरण में मध्य प्रदेश के छह लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024 को मतदान होगा। दूसरे चरण में छह लोकसभा संसदीय क्षेत्रों के लिये 80 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है। जिसमें 75 पुरूष अभ्यर्थी, 4 महिला अभ्यर्थी एवं एक थर्ड जेण्डर अभ्यर्थी लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-7 दमोह से है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-6 टीकमगढ़ (अजा) में 7 अभ्यर्थी, क्रमांक-7 दमोह में 14 अभ्यर्थी, क्रमांक-8 खजुराहो में 14 अभ्यर्थी, क्रमांक-9 सतना में 19 अभ्यर्थी, क्रमांक-10 रीवा में 14 अभ्यर्थी एवं क्रमांक-17 होशंगाबाद में 12 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। सबसे अधिक लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-9 सतना में 19 अभ्यर्थी एवं सबसे कम लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-6 टीकमगढ़ में 7 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है। इन संसदीय क्षेत्रों मे सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जायेगा।
दूसरे चरण में 12 हजार 828 मतदान केन्द्र
श्री राजन ने बताया कि दूसरे चरण के छह लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में कुल 12 हजार 828 मतदान केन्द्र बनायें गये है। इनमें 6 सहायक मतदान केन्द्र भी शामिल हैं। दूसरे चरण में 1 हजार 136 मतदान केन्द्र महिला मतदान कर्मियों द्वारा संचालित किये जायेंगे। 498 आदर्श मतदान केन्द्र भी बनाये गये हैं। 32 मतदान केन्द्र दिव्यांग मतदान कर्मियों द्वारा संचालित किये जाएंगे।
247 करोड़ से अधिक मूल्य की विभिन्न सामग्री जब्त
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजन ने बताया है कि लोकसभा निर्वाचन-2024 की आदर्श आचार संहिता प्रभावशील होने के बाद पुलिस एवं अन्य एन्फोर्समेंट एजेंसियों द्वारा 25 अप्रैल तक 20 करोड़ 73 लाख रूपये नगद राशि सहित 247 करोड़ 57 लाख रूपये मूल्य की विभिन्न सामग्रियां जब्त की गयी हैं। गौरतलब है कि लोकसभा निर्वाचन-2019 में आदर्श आचार संहिता के दौरान 85 करोड़ 12 लाख रूपये मूल्य की विभिन्न सामग्रियां जब्त की गयी थीं। गत 25 अप्रैल तक 23 लाख 19 हजार लीटर से अधिक अवैध मदिरा (शराब) भी जब्त की गयी है, जिसका मूल्य 34 करोड़ 33 लाख रूपये है। इसी तरह 22 करोड़ 30 लाख रूपये मूल्य के 16 हजार 742 किलोग्राम से अधिक ड्रग्स और 11 करोड़ 74 लाख रूपये मूल्य की 2 हजार 155 किलोग्राम से अधिक कीमती धातुएँ भी जब्त की गई हैं। साथ ही 158 करोड़ 47 लाख रूपये मूल्य की अन्य मूल्यवान सामग्रियां भी जब्त की गई हैं।
* लोकसभा चुनाव को लेकर खजुराहो संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं में नहीं दिलचस्पी
* पहली बार कांग्रेस पार्टी समेत अन्य प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के बगैर होगा चुनाव
* 1989 से लगातार चुनाव जीत रहे भाजपा सांसदों की क्षेत्र के विकास को लेकर एक भी उल्लेखनीय उपलब्धि नहीं
* चुनाव में रोजगार, पलायन, महंगाई, खनिज संसाधनों की लूट, मेडिकल कॉलेज, शिक्षा संस्थान और बुनियादी सुविधाओं के आभाव के मुद्दे रहे हावी
शादिक पन्ना। (www.radarnews.in) लोकसभा चुनाव 2024 के कार्यक्रम अनुसार दूसरे चरण में मध्य प्रदेश के छह संसदीय क्षेत्रों में शुक्रवार 26 अप्रैल को मतदान होना है। जिसमें खजुराहो लोकसभा क्षेत्र भी शामिल है। मतदान की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी लेकिन खजुराहो क्षेत्र के मतदाताओं का लोकतंत्र के महापर्व को लेकर किसी तरह का कोई उत्साह न दिखाना चिंताजनक है। मतदाताओं की अरुचि का एक बड़ा कारण इस बार मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस समेत अन्य प्रमुख दलों के प्रत्याशियों का चुनाव मैदान में न होना माना जा रहा है। मैदान खाली होने के परिणामस्वरूप मुकाबले को एकतरफ़ा मानकर चल रहे भाजपा प्रत्याशी एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) अपनी लगातार दूसरी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त नजर आ रहे हैं। उनका पूरा जोर जीत का रिकार्ड बनाने पर है। खजुराहो लोकसभा संसदीय क्षेत्र में भाजपा के विष्णु दत्त शर्मा सहित कुल 14 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर लगी है। यहां भाजपा के नेतागण अपने प्रदेश अध्यक्ष की 10 लाख मतों के अंतर से ऐतिहासिक जीत का दावा कर रहे हैं। जबकि बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी कमलेश पटेल और इंडिया गठबंधन समर्थित ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी पूर्व आईएएस आरबी प्रजापति (राजा भइया प्रजापति) भाजपाईयों के दावों को अति आत्मविश्वास करार देते हुए अपनी-अपनी जीत की बात कह रहे हैं। दोनों ही क्षेत्रीय प्रत्याशियों का दावा है, खजुराहो संसदीय क्षेत्र की जनता इस बार बाहरी प्रत्याशी (वीडी शर्मा) को खदेड़कर स्थानीय व्यक्ति को अपना सांसद चुनने का मन बना चुकी है। किसके दावे में कितना दम है, इसका पता तो मतदान के बाद चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ही चलेगा।
खजुराहो लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी कमलेश पटेल।
बहरहाल, खजुराहो के मौजूदा सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा के पांच साल के कार्यकाल को लेकर लोगों में गहरा असंतोष व्याप्त है। शर्मा ने चुनाव के समय क्षेत्र की जनता से जो वायदे किए थे चुनाव जीतने के बाद उन्हें पूरा करने की सुध तक नहीं ली। सांसद के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का ओहदा मिलने के बाद प्रदेश में शर्मा की राजनैतिक हैसियत मुख्यमंत्री के बाद नंबर दो की रही। बावजूद इसके डबल इंजन की सरकार में वीडी अपने बलबूते खजुराहो संसदीय क्षेत्र को एक भी उल्लेखनीय उपलब्धि नहीं दिला सके। विपक्षी दलों के नेता इसके लिए उन्हें नाकार सांसद घोषित कर चुके हैं।
सांसद शर्मा पर यह भी आरोप लगता रहा है कि, वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में जनप्रतिनिधि की तरह जनता के बीच न आकर व्हीव्हीआईपी की तरह दर्शन देने आते हैं। क्षेत्र के दौरे पर रहने के दौरान पूरे समय पार्टी के चुनिंदा नेताओं और चमचों-चाटुकारों से घिरे रहने के कारण आमजन का सांसद से मिलना कभी सहज नहीं रहा। कहा तो यह भी जाता है कि, सांसद जी अधिकांशतः सरकारी कार्यक्रमों या फिर पार्टी के कार्यक्रमों में शिरकत करने के लिए ही क्षेत्र के दौरे के पर आते हैं। विपक्ष के इन आरोपों को श्री शर्मा पूर्व में अनेक मौकों पर खुद को बदनाम करने की साजिश बताकर सिरे से ख़ारिज करते रहे हैं। साथ ही खजुराहो क्षेत्र में पिछले पांच साल में हुए कुछ कार्यों को भी उनके द्वारा अपनी उपलब्धि के तौर पर गिनाया गया। लेकिन विडंबना यह है कि, उन्हीं कार्यों का श्रेय लेते हुए क्षेत्र के विधायक विधानसभा चुनाव के समय जनता से वोट मांग चुके हैं। इससे विपक्ष को सांसद के रूप में वीडी की उपलब्धि पर सवाल उठाने का मौका मिल गया। सांसद निधि के खर्च का हिसाब सार्वजानिक न करने तथा सांसद निधि से सरस्वती शिशु स्कूलों को बड़ी राशि आवंटित करने को लेकर भी विपक्ष के नेतागण सांसद वीडी शर्मा पर हमला बोलते रहे हैं।
ऊपर से ख़ामोशी पर अंदरखाने हलचल
आरबी प्रजापति, सेवानिवृत आईएएस एवं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक प्रत्याशी खजुराहो लोकसभा सीट।
भाजपा का अभेद दुर्ग माने जाने वाले खजुराहो संसदीय क्षेत्र में मतदान की पूर्व संध्या तक ऊपर से चुनावी माहौल भले ही पूरी तरह शांत नजर आ रहा हो लेकिन अंदरखाने क्षेत्रीयता, जाति और वर्ग के आधार पर प्रभावी तरीके से वोटरों की गोलबंदी की जा रही है। इस अंदरूनी हलचल के बावजूद बहुसंख्यक मतदाताओं में चुनाव के प्रति कोई दिलचस्पी नहीं। इसका सीधा दुष्प्रभाव मतदान प्रतिशत बढ़ाने के प्रयासों पर पड़ सकता है। वहीं मतदाताओं की अरुचि के परिणामस्वरूप रिकार्ड मतों से जीत का दावा करने वाले भाजपाइयों की अब सांसें फूल रही हैं। भाजपाईयों का मानना है वीडी की जीत का अंतर जितना बड़ा होगा उसके ही आधार पर उनके राजनैतिक कद का निर्धारण किया जाएगा। अब सवाल उठता है, मोदी लहर में पिछला चुनाव करीब पांच लाख मतों के अंतर से जीतने वाले वीडी शर्मा इस बार प्रतिकूल माहौल में क्या वाकई अपनी जीत का अंतर दो गुना (दस लाख) कर पाएंगे या फिर उनका यह दावा महज प्रतिद्वंदियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनांने की रणनीति का हिस्सा है? इसका जवाब तो आने वाला वक्त ही बातएगा।
सत्ता विरोधी लहर को चुनाव प्रचार से किया कमजोर !
खजुराहो लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन समर्थित ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक प्रत्याशी आरबी प्रजापति का पंपलेट।
विदित हो कि, कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की एकमात्र खजुराहो सीट गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी को दी थी। लेकिन यहां से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी मीरा दीपक यादव का नामांकन फार्म निरस्त हो गया था। इंडिया गठबंधन की ओर से कोई डमी नामांकन न होने पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आमआदमी पार्टी ने फॉरवर्ड ब्लॉक ऑफ इंडिया के प्रत्याशी पूर्व आईएएस आरबी प्रजापति को अपना समर्थन दिया है। इनका चुनाव चिन्ह शेर है। मैदान मुख्य विपक्षी दलों के उम्मीदवार न होने के बावजूद भाजपा प्रत्याशी ने चुनाव को पूरी गंभीरता से लिया। अपने समर्थन में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुकांत साय और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभाएं-रोड शो आयोजित कराए। इसकी तुलना में बसपा प्रत्याशी कमलेश पटेल और इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार आरबी प्रजापति का चुनाव प्रचार बेहद ही कमजोर रहा। चुनाव प्रचार में सबसे आगे रहने वाले भाजपा प्रत्याशी की रणनीति को लेकर जानकारों मानना है, इस बार सबको पता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लहर नहीं है बल्कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरूपयोग, विपक्ष के दमन और सांप्रदायिक तनाव को बढ़ाने जैसे मुद्दों पर मोदी सरकार से जनता काफी नाराज़ है। इसके आलावा खजुराहो क्षेत्र की जनता ने भाजपा सांसदों पर जितने बार भरोसा जताया है उतनी संख्या में उनकी उपलब्धि भी नहीं है। क्षेत्र में बड़े नेताओं की सभाएं करवाकर और चुनाव प्रचार अभियान के दौरान लोगों के बीच पहुंचकर वीडी ने भाजपा और अपने प्रति नाराजगी को दूर करने का भरसक प्रयास किया है। हालांकि, इसमें वे कितने सफल रहे इसका पता तो आगामी 4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने पर चलेगा।
रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद लोकायुक्त पुलिस टीम सागर की अभिरक्षा में बैठे सहायक उप निरीक्षक चन्द्रशेखर पाण्डेय। (पीले घेरे में)
* मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के देवेन्द्रनगर थाना का मामला
* मारपीट के प्रकरण में आरोपी की जमानती कार्रवाई और जब्ती करने के एवज में में मांगी थी रिश्वत
* करीब डेढ़ वर्ष के बाद देवेन्द्रनगर थाना स्टॉफ के विरुद्ध लोकायुक्त की दूसरी ट्रैप कार्रवाई
* पिछली कार्रवाई के दौरान देवेन्द्रनगर थाना की तत्कालीन प्रभारी और आरक्षक हो गया था फरार
शादिक खान, पन्ना/ रमेश अग्रवाल, देवेन्द्रनगर। (www.radarnews.in) लोकायुक्त पुलिस संगठन सागर की टीम ने आज पन्ना जिले के देवन्द्रनगर पुलिस थाना में पदस्थ एएसआई (सहायक उप निरीक्षक) चन्द्रशेखर पाण्डेय को 6,000/- (छह हजार) रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। मारपीट के एक प्रकरण में आरोपी भागवत पटेल का जमानती मुचलका भरने और घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडा जब्त करने की कार्रवाई के एवज में एएसआई ने उसके ससुर भीमकेश पटेल से रिश्वत मांगी थी। रुपए न देने पर एएसआई द्वारा उसके दामाद को अवैध रूप से कट्टा रखने के फर्जी प्रकरण में जेल भेजने की धमकी दी जा रही थी। लोकायुक्त पुलिस ने फरियादी के साथ मिलकर ट्रैप कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए घूसखोर एएसआई को दबोंच लिया। सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई की खबर आते ही देवेन्द्रनगर थाना समेत जिले के पुलिस महकमे और प्रशासनिक हलकों में जबर्दस्त हड़कंप मचा रहा। इधर, देवेन्द्रनगर क़स्बा में भी अचानक काफी हलचल बढ़ गई। दरअसल, देवेन्द्रनगर थाना में पदस्थ किसी पुलिस अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध लगभग डेढ़ वर्ष के अंतराल के बाद लोकायुक्त पुलिस की यह दूसरी बड़ी ट्रैप कार्रवाई है।
ट्रैप कार्यवाही के संबंध में पत्रकारों को जानकारी देते हुए लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय सागर की टीम।
भ्रष्टाचारियों का चारागाह बने पन्ना जिले के सरकारी कार्यालयों में बगैर रिश्वत के आमआदमी का कोई काम नहीं होता। जिससे परेशान होकर आमलोग भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाने के लिए लगातार लोकायुक्त पुलिस संगठन की मदद ले रहे हैं। ऐसा ही एक मामला जिले के देवेन्द्रनगर थाना अंतर्गत सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 अप्रैल को भीमकेश पटेल निवासी थाना नागौद जिला सतना ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय सागर में शिकायती आवेदन पत्र प्रस्तुत किया था। जिसमें बताया गया कि मेरे दामाद भागवत पटेल ने विरुद्ध थाना देवेन्द्रनगर में मारपीट का अपराध पंजीबद्ध है। भाई-भाई के आपसी विवाद में दर्ज प्रकरण में दामाद का जमानती मुचलका भरने और घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे की जब्ती की कार्रवाई करने के एवज में देवेन्द्रनगर थाना में पदस्थ एएसआई (सहायक उपनिरीक्षक) चन्द्रशेखर पाण्डेय के द्वारा 10 हजार रुपए की मांग की जा रही है। लोकायुक्त पुलिस द्वारा शिकायत की तस्दीक करने पर फरियादी भीमकेश पटेल से एएसआई ने दस हजार रुपए की डिमांड की। रिश्वत की राशि को लेकर दोनों के बीच हुई चर्चा में 8,000/- (आठ हजार रुपए) रुपए देने पर सहमति बनी। फरियादी मौके पर ही एएसआई पाण्डेय को 2,000/- (दो हजार) रुपए दे दिए और शेष राशि दूसरी किश्त में 24 अप्रैल को देना तय हुआ।
रुपयों की मांग वार्ता से शिकायत का सत्यापन होने पर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देशन में ट्रैप कार्रवाई का फुलप्रूफ प्लान तैयार कर ट्रैप दल का गठन किया गया। पूर्व चर्चा के मुताबिक़ आज दोपहर में करीब 1 बजे सहायक उप निरीक्षक पाण्डेय ने बड़ौरा पहुंचकर इंद्रपाल पटेल के घर पर फरियादी भीमकेश को रुपए लेकर बुलाया। जहां थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंचकर फरियादी ने एएसआई को रिश्वत की राशि सौंप दी। इसके अगले ही पल वहां लोकायुक्त पुलिस की टीम ने दबिश देकर सहायक उप निरीक्षक चन्द्रशेखर पाण्डेय को रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने एएसआई के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
थाना से छोड़ने पर भी लिए थे रुपए
रिश्वत की मांग से परेशान होकर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय सागर में शिकायत करने वाला फरियादी भीमकेश पटेल।
भीमकेश पटेल निवासी थाना नागौद जिला सतना ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि विगत दिनों उनके दामाद भागवत पटेल का अपने भाई के साथ विवाद हुआ था। जिसके बाद देवेन्द्रनगर थाना पुलिस ने भागवत पटेल को पकड़कर थाना के लॉकप में बंद कर दिया था। जब मैं थाना पहुंचा तो वहां पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर पाण्डेय के द्वारा 20,000/- (बीस हजार) रुपए की मांग की गई। रुपए न देने पर एएसआई पाण्डेय द्वारा दामाद को अवैध रूप से कट्टा रखने के फर्जी प्रकरण में जेल भेजने की धमकी दी। इससे भयभीत भीमकेश ने 6,000/- (छह हजार) रुपए देकर किसी तरह दामाद को थाना से छुड़ाया और शेष राशि कुछ दिन बाद में देने की बात कही। रिश्वत की नाजायज मांग से परेशान होकर भीमकेश पटेल ने इसके बाद लोकायुक्त पुलिस सागर से सम्पर्क किया।
MP : लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने आज पन्ना जिले के देवेन्द्रगर पुलिस थाना में पदस्थ एएसआई चन्द्रशेखर पाण्डेय को भीमकेश पटेल से 6,000/- (छह हजार) रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मारपीट के मामले का चालान पेश करने के एवज में ASI ने रिश्वत की मांग की थी। pic.twitter.com/cknBJJ0JbZ
बता दें कि, देवेन्द्रनगर थाना के किसी कर्मचारी के विरुद्ध हाल के कुछ महीनों में लोकायुक्त पुलिस की यह दूसरी ट्रैप कार्रवाई है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने देवेन्द्रनगर थाना की तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक ज्योति सिंह राजपूत और आरक्षक अमर बागरी को रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। लेकिन ट्रैप कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त पुलिस को कथित तौर पर देवेन्द्रनगर थाना पुलिस के भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। जिसका लाभ उठाते हुए निरीक्षक ज्योति सिंह राजपूत और आरक्षक अमर बागरी मौके से फरार हो गए थे। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के सामने आने पर लोकायुक्त पुलिस के साथ-साथ पन्ना पुलिस की भी काफी बदनामी हुई थी। देवेंद्रनगर के लोगों ने संभवत पहली बार ऐसा नाजारा देखा था जब रिश्वतखोर पुलिस निरीक्षक और आरक्षक को गिरफ्तार करने के लिए लोकायुक्त पुलिस के जवान उनके पीछे दौड़ रहे थे।
विषय से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नीचे दी गई लिंक को क्लिक करके खबर को पढ़ें –
पन्ना।(www.radarnews.in) लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के दूसरे चरण में मध्यप्रदेश के खजुराहो समेत छह लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में 26 अप्रैल को वोटिंग होगी। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के 19 लाख 97 हजार 483 मतदाता अपने सांसद को चुनने के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। अद्यतन स्थिति अनुसार खजुराहो संसदीय क्षेत्र में 10 लाख 47 हजार 668 पुरूष मतदाता, 9 लाख 49 हजार 783 महिला मतदाता और 32 अन्य मतदाता शामिल हैं। गत 8 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 19 लाख 94 हजार 330 मतदाता दर्ज थे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख के दस दिवस पूर्व तक भी नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। इसके अतिरिक्त एक अप्रैल 2024 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाता भी मतदान के लिए पात्र हुए हैं। 4 अप्रैल 2024 को प्रकाशित मतदाता सूची अनुसार 3 हजार 153 नये मतदाता खजुराहो लोकसभा में दर्ज हुए हैं। इन्हें भी 26 अप्रैल को मतदान करने का अवसर मिलेगा। लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत 2293 मतदान केन्द्रों पर मतदान दिवस को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। चंदला विधानसभा में 255, राजनगर में 273, पवई में 334, गुनौर में 277, पन्ना में 290, विजयराघवगढ़ में 280, मुड़वारा में 289 और बहोरीबंद विधानसभा में 295 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
पवई विधानसभा में सर्वाधिक मतदाता
खजुराहो लोकसभा सीट अंतर्गत पवई विधानसभा में सर्वाधिक 2 लाख 84 हजार 718 मतदाता है, जबकि गुनौर विधानसभा में सबसे कम 2 लाख 34 हजार 795 मतदाता हैं। पन्ना विधानसभा में मतदाताओं की संख्या 2 लाख 52 हजार 869 है। कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा में 2 लाख 39 हजार 263 मतदाता, मुड़वारा में 2 लाख 49 हजार 689 मतदाता एवं बहोरीबंद विधानसभा में 2 लाख 46 हजार 355 मतदाता हैं, जबकि छतरपुर जिले की चंदला विधानसभा में 2 लाख 37 हजार 841 एवं राजनगर विधानसभा में 2 लाख 51 हजार 953 मतदाता हैं। सभी आठ विधानसभा में 1 हजार 53 सर्विस वोटर्स हैं। सर्वाधिक जेण्डर रेशो मुड़वारा विधानसभा में 964.41 और सबसे कम चंदला में 851.28 है।
नगरीय क्षेत्र में 116 मतदान केन्द्र
पन्ना जिले में लोकसभा चुनाव के लिए सभी 7 नगरीय निकायों में 116 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत 785 मतदान केन्द्र हैं। पवई विधानसभा के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र में क्रमशः 10 एवं 324, गुनौर में 37 एवं 240 तथा पन्ना विधानसभा में 69 एवं 221 मतदान केन्द्र हैं। जिले में 128 संवेदनशील, 2 वल्नरेबल और 771 सामान्य मतदान केन्द्र हैं। लोकसभा निर्वाचन में वाहनों के उपयोग के लिए जिले के तीनों विधानसभा में 202 रूट निर्धारित किए गए हैं। रिजर्व सहित 144 मिनी बस, 86 बड़ी बस, सेक्टर के लिए 107 जीप, अन्य निर्वाचन कार्य के लिए 92 जीप, एसएसटी के लिए 16 जीप, एफएसटी के लिए 9 जीप सहित 17 ट्रैक्टर और मतदान सामग्री एवं ईव्हीएम परिवहन के लिए 6 ट्रक का भी अधिग्रहण किया गया है।
* MP में खजुराहो समेत छह लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में 26 अप्रैल को होगी वोटिंग
भोपाल। लोकसभा निर्वाचन-2024 के दूसरे चरण में मध्यप्रदेश के जिन 6 लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार 26 अप्रैल को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होना है, वहां पर 24 अप्रैल की शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार बंद हो जायेगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में मतदान समाप्ति के लिये निर्धारित समय के 48 घण्टे से पहले से चुनाव प्रचार बंद करने का प्रावधान है। प्रचार-प्रसार समाप्त होने की समय-सीमा के बाद बाहरी क्षेत्र के व्यक्तियों को, जो उस लोकसभा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता नहीं हैं, उन्हें वह निर्वाचन क्षेत्र छोड़ना होता है। इस हेतु सघन निगरानी अभियान चलाया जाता है। दूसरे चरण में मध्यप्रदेश के लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-6 टीकमगढ़ (अजा), क्रमांक-7 दमोह, क्रमांक-8 खजुराहो, क्रमांक-9 सतना, क्रमांक-10 रीवा एवं क्रमांक-17 होशंगाबाद में 26 अप्रैल को मतदान होना है।
ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना में विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित जन जागरूकता कार्यक्रम में पृथ्वी को बचाने की प्रतिज्ञा लेते हुए भाई-बहनें।
* ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना में विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित हुआ जन जागरूकता कार्यक्रम
पन्ना। (www.radarnews.in) प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना (मध्य प्रदेश) में 22 अप्रैल को ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ जन जागरूकता कार्यक्रम के रूप मनाया गया। कार्यक्रम की मख्य वक्ता एवं राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना की प्रमुख ब्रह्माकुमारी सीता बहनजी ने भारत की धार्मिक मान्यताओं और संस्कृति का उदाहरण देते हुए बड़े ही सरल-सहज तरीके से धरती के महत्व को विस्तार से समझाया। आपने पृथ्वी पर उपलब्ध संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से मानव अन्य जीवों के समक्ष उपन्न संकट की भयावहता को रेखांकित करते हुए सभी से पृथ्वी को बचाने का आव्हान किया।
बहनजी ने सभी कार्यक्रम में उपस्थित भाई-बहनों को पृथ्वी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए बताया कि, पृथ्वी दिवस एक वार्षिक आयोजन है, जिसे पूरी दुनिया में 22 अप्रैल को पर्यावरण संरक्षण की जागृति के लिए 192 देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके मनाया जाता है। वर्ष 1970 से पृथ्वी दिवस को मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह भूमि जोकि हमारी जननी है इसकी रक्षा करना है, इसे सुरक्षित रखना हम सबका कर्तव्य है। प्रतिदिन सवेरे जागते ही धरती मां को नमन करने की संस्कृति हमारी ही है। पृथ्वी हमारी माता है, पूरे ब्रह्मांड में कहीं पर भी पृथ्वी के बिना जीवन यापन असंभव है, क्योंकि जीवन की निरंतरता के लिए आवश्यक प्रत्येक महत्वपूर्ण संसाधन जैसे कि ऑक्सीजन, पानी, वायु इत्यादि केवल इस सृष्टि पर ही उपलब्ध है। लेकिन आज मनुष्य की अनैतिकता के कारण पृथ्वी अपनी ही संरचना को नष्ट कर रही है हमारे ही कर्मों ने आज पृथ्वी पर रहने वाले सभी जीवों के जीवन को संकट में डाल दिया है।
बहनजी पृथ्वी पर लगातार गहराते संकट की भयाहता की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए बताया कि, संपूर्ण विश्व में व्याप्त विषाक्त वातावरण, वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, वनों की कटाई तथा प्राकृतिक संसाधनों के अनियंत्रित दोहन के कारण पृथ्वी पर मौजूद जीवन में तेजी से जहर घुल रहा है। इसलिए पर्यावरण के विषयों पर ध्यान देना अति आवश्यक हो गया है। हमें पृथ्वी को बचाने के लिए अपने अप्राकृतिक जीवन में शीघ्र ही बदलाव लाने की बहुत आवश्यकता है।
धरती मां की सुनों पुकार
राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना में विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित जन जागरूकता कार्यक्रम समापन के बाद पौधरोपण करते भाई-बहनें।
ब्रह्माकुमारी बहनजी ने कविता पाठ के माध्यम से धरती की पीड़ा को महसूस कराते हुए कहा कि “धरती मां की पुकार सुनो : मैं धरती हूं, तुम सब की मां” तुम्हारी प्यास बुझाने के लिए जिसने पानी उपलब्ध कराया, पानी के लिए नदियां उपलब्ध कराई, सांस लेने के लिए हवा, भूख मिटाने के लिए अन्न उपलब्ध कराया, अन्न के लिए जमीन और उस पर लहराती फसले उपलब्ध कराई, हमेशा सूरज के तप को बर्फ की पहाड़ियों की शीत को सहनकर अपनी धुरी पर दिन-रात दौड़ने वाली अंतरिक्ष की परिक्रमा करने वाली आज उसी मां की यह हालत हो चुकी है कि कंक्रीट के जंगलों के भार से ज्यादा व्यक्ति की लालच से हिल रही हूं। मानव की मनमानी चाहतों और महत्वाकांक्षाओं से आज धरती मां डसी जा रही हूं, मानव आकाश में आशियाने बनाता जा रहा है और मैं धरती मां होकर भी नीचे धसती जा रही हूं।
पौधे लगाने और प्लास्टिक का उपयोग न करने की प्रतिज्ञा
राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना में विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य पर रोपित पौधों को पानी देते हुए ब्रह्माकुमारी सीता बहनजी।
कार्यक्रम के अंत में आपने सभी को अपने-अपने घरों में गृह वाटिका लगाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि जहां भी खाली जगह हो वहां पौधारोपण करें लेकिन सिर्फ लगाना ही महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि उस पौधे को वृक्ष बनाने के लिए की बच्चे जैसी देखभाल भी करनी है। तदुपरांत सभी ने पौधारोपण किया और पर्यावरण को बचाने के लिए प्रतिज्ञा की गई कि- हम अपनी धरती को प्रदूषित होने से बचाएंगे, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे, पानी बचाएंगे, बिजली बचाएंगे, पौधे लगाएंगे, पेड़ बचाएंगे, धरती को शक्तिशाली बनाएंगे, स्वच्छ भारत बनाएंगे, स्वर्णिम भारत बनाएंगे।
खजुराहो में इंडिया गठबंधन के लोकसभा स्तरीय कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते पीसीसी चीफ जीतू पटवारी एवं बगल से हाथ जोड़कर खड़े इंडिया गठबंधन समर्थित ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी आर.बी. प्रजापति।
* खजुराहो में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों की बैठक आयोजित
* इंडिया अलायंस के नेताओं ने ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी आर.बी. प्रजापति को विजयी बनाने की अपील
शादिक खान, पन्ना/खजुराहो। (www.radarnews.in) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने पिछले दस सालों में लोकतंत्र को बुरी तरह से कुचला है। तानाशाही प्रवृत्ति वाली यह जनविरोधी सरकार नहीं चाहती कि देश में मजबूत और जीवंत लोकतंत्र रहे। इसलिए देश की संवैधानिक संस्थाओं को लगातार कमजोर किया जा रहा है। भाजपा और आरएसएस के नेता पूर्व में कई बार खुलकर यह बात कह चुके हैं कि उनका एजेंडा संविधान को बदलना है, लेकिन कांग्रेस पार्टी समेत अन्य विपक्षी दल किसी भी कीमत पर इन्हें सफल नहीं होने देंगे। हम देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। इंडिया गठबंधन को हमने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए ही बनाया है। यह बात मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार 20 अप्रैल को खजुराहो में इंडिया गठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों बैठक को संबोधित करते हुए कही।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक तन्खा, समाजवादी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मनोज यादव, खजुराहो लोकसभा सीट के प्रभारी पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी पज्जन, पूर्व विधायक विक्रम सिंह नाती राजा और खजुराहो लोकसभा सीट से ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी एवं रिटायर्ड आईएएस आरबी प्रजापति (राजा भइया प्रजापति) मौजूद रहे। बैठक में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले छतरपुर, पन्ना और कटनी जिले की विधानसभाओं के पूर्व विधायक और वरिष्ठ कांग्रेस और सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मोदी के उद्योगपति मित्रों और बीजेपी के आए अच्छे दिन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोदी सरकार के अच्छे दिन आएंगे के नारे पर की धज्जियां उड़ाते हुए बताया कि, अच्छे दिन के नाम पर देश के गरीब-मजदूर और आमआदमी के साथ बहुत बड़ा छलावा किया गया। अच्छे दिन सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पार्टी भाजपा और उनके उद्योगपति मित्रों के आए हैं। मोदी सरकार ने अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए देश की सरकारी संपत्ति को उन्हें बेंच दिया या फिर ठेके पर दे दिया। जिससे अडानी जैसे कई उद्योगपतियों की दौलत में बेहिसाब वृद्धि हुई और इसके एवज में उद्योगपतियों ने भारतीय जनता पार्टी को इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए हजारों करोड़ का चंदा दिया। वहीं आमआदमी कमरतोड़ महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार का दंश झलने को मजबूर है। पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी सत्ता का की आड़ में अपनी पार्टी भाजपा को उद्योगपतियों से अकूत चंदा दिलाने के लिए चंदा दो और धंधा लो योजना चलाते रहे हैं। कुछ उद्योगपतियों से सैंकड़ों करोड़ का चंदा उगाही करने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का भी खुलकर दुरूपयोग किया गया। इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम मोदी सरकार के भ्रष्टाचार सबसे बड़ा और ज्वलंत उदाहरण है।
भाजपा के दबाव में रिटर्निंग ऑफिसर ने की लोकतंत्र की हत्या
जीतू ने बताया कि, बेशक खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में सपा का बड़ा जनाधार नहीं है, फिर भी हम लोग परिवार के तौर पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रहे हैं। यह सीट में कांग्रेस को देना चाहता था लेकिन प्रदेश में गठबंधन की मजबूती के लिए यह सीट सपा को सौंपी गई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सपा प्रत्याशी मीरा दीपक यादव का नामांकन फॉर्म निरस्त कर लोकतंत्र की सरेआम हत्या की गई। पन्ना कलेक्टर एवं रिटर्निंग ऑफिसर ने यह निंदनीय कृत्य भाजपा के दबाव में किया है। अगर इसी तरह चलता रहा तो देश में पंचायत, जनपद और नगर परिषद जैसे चुनाव वन नेशन वन इलेक्शन के तहत होंगे और पूरे देश में सिर्फ एक ही पार्टी का शासन होगा।
बसपा प्रत्याशी को समर्थन देने तैयार थे लेकिन…
खजुराहो में आयोजित इंडिया गठबंधन के घटक दलों की बैठक में उपस्थित खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कांग्रेस पार्टी, समाजवादी पार्टी एवं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक कार्यकर्ता-पदाधिकारीगण।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने बैठक में महत्वपूर्ण खुलासा करते हुए बताया कि ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी एवं पूर्व आईएएस आरबी प्रजापति (राजा भैया प्रजापति) को समर्थन देने से पहले हम लोगों ने खजुराहो लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी से संपर्क कर इस संबंध में बात की। हमने कहा कि आप हमें अपनी पार्टी की ओर से एक समर्थन पत्र बनाकर भेज दीजिए। लेकिन उन्होंने पत्र भिजवाना उचित नहीं समझा। इसके बाद राजा भईया प्रजापति मुझसे मिलने भोपाल आए और उन्होंने कहा कि मुझे चुनाव लड़ने से रोकने के लिए दबाव बनाने के साथ सरकार में पद का लालच दिया जा रहा है। साथ ही प्रत्यक्ष-परोक्ष रूप से डराया और धमकाया जा रहा है, पर मैं हर हाल में चुनाव लड़ूंगा। राजा भइया के द्वारा किसी भी दबाव के आगे घुटने न टेकने और पद के लालच में आकर समझौता न करने, जनसेवा का मजबूत इरादा, इनकी योग्यता और दीर्घकालिक प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए हम लोगों ने विचार करके इन्हें समर्थन देने का निर्णय लिया है।
वादखिलाफ़ी करने वाले सांसद को सबक सिखाएं : अरुण
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि आप सभी को इन्हें जिताने के परिवार की तरह मिलकर काम करना है। लोगों को यह बताना है कि, खजुराहो लोकसभा सीट पर सेवानिवृत आईएएस ऑफिसर राजा भइया प्रजापति से क़ाबिल (योग्य) कोई भी उम्मीदवार नहीं है। खजुराहो के मौजूदा सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) ने पिछले पांच साल में इस क्षेत्र के विकास के लिए कोई काम नहीं किया। चुनाव जीतने के बाद वीडी शर्मा ने क्षेत्र की जनता की सुध लेना तक उचित नहीं समझा। इनके कार्यकाल में पूरे समय केन नदी से रेत की लूट और भ्रष्टाचार हावी रहा है। श्री यादव ने कहा कि, खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं से पूर्व में किये गए वादों को पूरा न करने और इस इलाके को चारगाह समझने वाले सांसद को सबक सिखाने का यही सुनहरा मौका है, इसे हाथ से न जाने दें। आगामी 26 अप्रैल को इंडिया गठबंधन समर्थित अपने क्षेत्र के ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) के प्रत्याशी आरबी प्रजापति राजा भइया के चुनाव चिन्ह शेर के सामने वाला बटन दबाकर रिकार्ड मतों से विजयी बनाएं। बैठक को वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक तन्खा एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने भी संबोधित किया।
बस से यात्री का बैग चोरी होने की घटना का खुलासा कर पत्रकारों को जानकारी देते पन्ना पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा। (मध्य में)
* घटना में प्रयुक्त 3 मोटर साइकिल और 6 मोबाइल फोन जब्त
* पन्ना पुलिस ने तत्परता से चोरी का खुलासा कर आरोपियों को भेजा जेल
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) एक प्राइवेट कंपनी के सेल्समैन का नोटों से भरा बैग यात्री बस से चोरी होने की सनसनीखेज घटना का पन्ना पुलिस ने सिर्फ तीन दिन के अंदर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 लाख 32 रूपये नकद बरामद करने में सफलता प्राप्त की। साथ ही घटना में प्रयुक्त 3 मोटर साइकिल और आरोपियों द्वारा उपयोग किये जा रहे 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। चोरी की घटना के शातिर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में पन्ना जिला जेल भेजा गया। पन्ना पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा ने चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सरहाना करते हुए 20 हजार रुपए के नकद ईनाम से पुरुस्कृत करने की घोषणा की है।
प्राप्त जानकारी अनुसार, ग्वालियर में पेंट बनाने वाली कंपनी जय पेंटस एण्ड वार्निस प्राइवेट लिमिटेड में अशोक शर्मा पिता जीवनलाल शर्मा 55 वर्ष निवासी जीपी कान्वेंट स्कूल के पास त्यागी नगर मुरार ग्वालियर सेल्समैन के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार 17 अप्रैल 2024 को अशोक शर्मा बस से कंपनी के लेनदेन के संबंध में अमानगंज जा रहा थे। रास्ते में पन्ना के डायमंड तिराहा के पास कोई अज्ञात व्यक्ति ट्रॉली बैग चोरी कर ले गया था। बैग के अंदर कंपनी की लेनदेन की राशि कुल नकदी करीब 4 लाख 60 हजार रूपये, कागजात, कपड़े तथा अन्य सामान रखा था। फरियादी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पन्ना पुलिस अज्ञात ने आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 465/24 धारा 379 भादवि का प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया। थाना प्रभारी कोतवाली पन्ना निरीक्षक रोहित मिश्रा द्वारा मामले के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक पन्ना साईं कृष्णा एस. थोटा द्वारा मामले को गंभीरता से लेकर अज्ञात आरोपियों की तलाश एवं चोरी की गई राशि को बरामद करने पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस अधीक्षक पन्ना ने श्री थोटा ने पुलिस सायबर सेल टीम और सीसीटीव्ही कन्ट्रोल रूम प्रभारी को गठित पुलिस टीम के साथ मिलकर कार्यवाही में शामिल अज्ञात आरोपियों की तलाश पतारसी करने हेतु निर्देशित किया। घटनास्थल डायमण्ड तिराहा के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज खंगालने पर कुछ संदेही व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके संबंध में जानकारी एकत्रित की गई। मामले में पुलिस सायबर सेल टीम पन्ना से मिली जानकारी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर गठित पुलिस टीम द्वारा 2 संदेही व्यक्तियों को छतरपुर बस स्टैण्ड के पास से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। संदेहियों ने पूंछतांछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए चोरी की वारदात को 4 अन्य साथियों की मदद से अंजाम देने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे लोग घटना दिनांक को 3 बाइक से पन्ना आए थे। जहां बस स्टैण्ड में एक व्यक्ति को ट्रॉली बैग लिये देखा था। उक्त ट्रॉली बैग में ताला लगा होने पर उसके अंदर कीमती सामान होने की संभावना के चलते सभी लोगों ने चोरी की योजना बनाई थी। योजना अनुसार हम दो लोग उस व्यक्ति के साथ बस में बैठ गए। डायमण्ड तिराहा पन्ना में हमने मौका पाकर ट्रॉली बैग बस से उतार लिया और बस के पीछे आ रहे अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल में बैठकर छतरपुर आ गए थे।
आरोपियों के बताये अनुसार पुलिस टीम ने मामले के अन्य 4 आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर तस्दीक की गई। उक्त सभी आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। पकड़े गए आरोपियों में गौरीशंकर निषाद पिता हुबराज निषाद 58 निवासी शिवतारा थाना आलापुर आंबेडकर नगर, दिनेश यादव पिता चन्द्रिका यादव 32 निवासी ग्राम जोल्हापुर, दिलीप निषाद पिता रामचंद्र निषाद 25 निवासी कमईपुर थाना आलापुर जिला आंबेडकर नगर, मिठाई निषाद पिता सुरेश निषाद उम्र 44 साल निवासी ग्राम सेरवा थाना अतरैलिया जिला आजमगढ़, जुल्मी निषाद पिता बहाउ निषाद 35 निवासी ग्राम असाधार पट्टी थाना गंधारपुर जिला आजमगढ़ उत्तर प्रदेश और राधे कुमार शाह पिता बलराम शाह 22 निवासी ग्राम मढहरा थाना बैढ़न जिला सिंगरौली मध्य प्रदेश शामिल है। पुलिस टीम ने उक्त आरोपियों के कब्जे से चुराए गए ट्रॉली बैग सहित 4 लाख 32 रूपये नकद, घटना में प्रयुक्त 3 मोटर साइकिल, 6 मोबाइल जब्त कर लिए। मामले में विवेचना जारी है।
खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत पन्ना जिले के आदिवासी बाहुल्य कल्दा और कटनी जिले के बहोरीबंद में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आमसभा को संबोधित किया।
* खजुराहो लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत पन्ना जिले के आदिवासी बाहुल्य कल्दा पठार और कटनी जिले के बहोरीबंद में जनसभा को किया संबोधित
* ‘देश और प्रदेश की जनता ने तय कर लिया मोदी जी को ही बनाएंगे तीसरी बार प्रधानमंत्री’ : विष्णुदत्त शर्मा
पन्ना/कटनी (www.radarnews.in) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी भारत को विकसित राष्ट्र और विश्वगुरू बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी सहित पूरा विपक्ष आज जनता का विश्वास खो चुका है। कांग्रेस के घर में भगदड़ मची है, उन्हें प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं। छत्तीसगढ़ में पांच साल मुख्यमंत्री रहे कांग्रेस नेता की भाभी ने ही भाजपा ज्वाइन कर ली। कांग्रेस अपना घर नहीं संभाल पा रही है। कांग्रेस पार्टी ने आदिवासियों के हितों और कल्याण के लिए कोई कार्य नहीं किया, उन्हें सिर्फ वोट बैंक समझा। यह बात छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पन्ना जिले के पवई विधानसभा के कल्दा एवं कटनी के बहोरीबंद में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। खजुराहो लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) के पक्ष में आदिवासियों का समर्थन जुटाने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की चुनावी सभाएं विशेष रूप से आदिवासी बाहुल्य इलाकों में आयोजित कराई गईं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भारतीय जनता पार्टी के बड़े आदिवासी चेहरे के रूप में जाने जाते हैं।
जनजातीय गौरव दिवस की सौगात दी
पन्ना जिले के आदिवासी बाहुल्य कल्दा ग्राम में आयोजित हुई छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की आमसभा में उपस्थित क्षेत्रवासी।
पवई विधानसभा के कल्दा में सभा को संबोधित करते हुए श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हर गांव सड़कों से जोड़ा गया है। गरीबों का जनधन खाता, पीएम आवास योजना, उज्जवला योजना और शौचालयों का निर्माण का किया गया है। देश को दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था और विश्वगुरू बनाने के लिए नरेन्द्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है। श्री साय ने कहा कि मोदी जी ने आदिवासी समाज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मान दिया है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की है। छत्तीसगढ़ में माता शबरी की जन्मभूमि शिवरीनारायण को नया रूप दिया है। अयोध्या में भगवान श्री रामलला का भव्य मंदिर बनाने और आदिवासियों का सम्मान बढ़ाने का काम भाजपा ने किया है। इसलिए इस चुनाव में कांग्रेस को खाता भी खोलने नहीं देना है। इसके लिए आगामी 26 अप्रैल को कमल का बटन दबाकर प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएं। श्री साय ने जनता से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास तथा राष्ट्र की समृद्धि के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विष्णुदत्त शर्मा को जिताएं।
कांग्रेस ने लूटा, भाजपा ने किया विकास
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को फूलमाला पहनाकर स्वागत करते हुए विधायक संजय पाठक एवं कटनी जिले के नेतागण।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बहोरीबंद में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि खजुराहो में कांग्रेस, सपा मैदान छोड़ चुकी हैं। एक तरह से निर्विरोध निर्वाचन हो रहा है। आज इस सभा में लोगों की भीड़ देखकर यह विश्वास हो गया है कि खजुराहो में भाजपा जीत का इतिहास बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को लूटने का काम किया है। गरीबी हटाओ का नारा देने वाली कांग्रेस के राज में गरीब बढ़ते गए। कांग्रेस 60 सालों के शासनकाल में जो कार्य आदिवासी समाज के लिए नहीं कर सकी, उससे अधिक कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दस वर्ष के कार्यकाल में किए गए हैं। कांग्रेस ने आदिवासी समाज को सिर्फ वोट बैंक समझा, लेकिन भाजपा ने मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनाकर पूरे बैगा समाज को सम्मान देने का कार्य किया है। भाजपा ने श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बनाकर देशभर के आदिवासी समाज को सम्मान दिया है। कांग्रेस पार्टी सहित पूरा विपक्ष देश की जनता का विश्वास खो चुका है। विपक्ष लगातार टूट रहा है, वहीं कांग्रेस को छोड़-छोड़कर बड़ी संख्या में बड़े-बड़े नेता और कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। देश की आजादी के बाद कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश को सिर्फ भ्रष्टाचार दिया और जनता से धोखा किया। लेकिन अब कांग्रेस का असली चेहरा देश की जनता ने पहचान लिया है।
मोदी लाए गरीबों के जीवन में सुखद बदलाव
आमसभा को संबोधित करते खजुराहो लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा।
पवई विधानसभा के कल्दा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा)ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 10 सालों में देश में गरीब कल्याण के काम हुए हैं। गरीबों का जीवन बदलने का अभियान चल रहा है। प्रधानमंत्री बनते ही श्री मोदी जी ने कहा कि देश में कोई गरीब, आदिवासी भाई झोपड़ी में नहीं रहेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीबों को पक्के घर दिए। प्रधानमंत्री जी ने तय किया कि कोई गरीब पैसों के अभाव में इलाज से वंचित नहीं रहेगा और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की। जिस तरह से पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी ने गांव-गांव को सड़कों से जोड़ने का काम किया था, प्रधानमंत्री मोदी की सरकार हर गांव के हर घर में नल से जल पहुंचाने का काम कर रही है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में जिस तरह से गरीबों के जीवन में बदलाव आया है, उसे देखते हुए देश-प्रदेश की जनता ने यह तय कर लिया है कि मोदी जी को तीसरी बार फिर प्रधानमंत्री बनाना है।
इनकी रही उपस्थिति
पन्ना जिले के पवई विधानसभा के कल्दा में आयोजित सभा के दौरान विधायक प्रहलाद लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, लोकसभा संयोजक सदानंद गौतम, विधानसभा संयोजक सुशील त्रिपाठी, दीपेंद्र सिंह परमार, पुष्पेन्द्र पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे, नगर परिषद अध्यक्ष बंसत दहायत, मंडल अध्यक्ष अरूण चौरसिया सहित जनप्रतिनिधि मंचासीन । कटनी के बहोरीबंद में सभा को पूर्व मंत्री व विधायक संजय पाठक और पन्ना जिला अध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मंच पर प्रदेश मंत्री व विधायक नंदिनी मरावी, विधायक प्रणय पाण्डे, लोकसभा सह संयोजक पीतांबर टोपनानी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा उपस्थित रहे।