पन्ना को मिले नए कलेक्टर: युवा आईएएस हर्ष सिंह संभालेंगे अब जिले की कमान, ऊषा परमार का भोपाल तबादला

0
284
हर्ष सिंह (आईएएस 2015 बैच)
  • बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह को मिली पन्ना की जिम्मेदारी, जल्द ग्रहण करेंगे पदभार

  • निवर्तमान पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार बनीं उद्यानिकी विभाग की अपर सचिव

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किए गए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादला आदेश के तहत पन्ना जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। राज्य शासन ने बुरहानपुर जिले के कलेक्टर हर्ष सिंह को पन्ना जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया है। वहीं, पन्ना की निवर्तमान कलेक्टर ऊषा परमार का स्थानांतरण कर उन्हें भोपाल में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का अपर सचिव बनाया गया है।
पन्ना के नए कलेक्टर बनाए गए युवा आईएएस अधिकारी हर्ष सिंह।
नवागत कलेक्टर का परिचय और अनुभव: 41 वर्षीय नवागत कलेक्टर हर्ष सिंह वर्ष 2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी हैं और वे मूलतः संस्कारधानी जबलपुर के निवासी हैं। वर्तमान में वे बुरहानपुर जिले के कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। प्रशासनिक कार्यकुशलता, त्वरित निर्णय क्षमता और योजनाओं के सख्त क्रियान्वयन के लिए पहचाने जाने वाले हर्ष सिंह आदेश जारी होने के बाद जल्द ही पन्ना पहुंचकर विधिवत रूप से नए कलेक्टर का पदभार ग्रहण करेंगे।
राज्य शासन ने निवर्तमान पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार का भोपाल तबादला कर उद्यानिकी विभाग की अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है।
पन्ना जिले में नई उम्मीदें: सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी इस आदेश के बाद पन्ना जिले के प्रशासनिक महकमे और आम जनता में नए नेतृत्व को लेकर खासा उत्साह है। उम्मीद जताई जा रही है कि नए कलेक्टर के पदभार संभालने के बाद जिले की जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण, सुशासन और विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी।