Home Blog Page 135

कोरोना संक्रमित श्रमिक के मामले में लापरवाही पड़ी भारी ! परिवार के 3 सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से मचा हड़कम्प, पन्ना जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 32

0
सांकेतिक फोटो।

* क्वारंटाइन रहे श्रमिक को सैम्पल की रिपोर्ट आने से पहले ही भेज दिया था घर ?

* गभौरा में एक ही परिवार के चार सदस्यों संक्रमित होने गांव में भय का माहौल

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से आज एक बुरी और चिंताजनक खबर आई है। जिले की गुनौर तहसील के ग्राम गभौरा निवासी कोरोना संक्रमित 48 वर्षीय प्रवासी श्रमिक के परिवार के तीन अन्य सदस्यों के सैम्पल की रिपोर्ट पॉजिटिव आने कि पुष्टि हुई है। गुड़गांव से लौटे श्रमिक परिवार के मुखिया के बाद उसकी पत्नी और दो जवान बेटों समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों के कोविड-19 से संक्रमित होने का पता चलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अंदरखाने जबरदस्त हड़कम्प मचा है। गुरुवार 25 जून को गभौरा गांव में तीन नए पॉजिटिव केस मिलने के बाद जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर अब 32 हो गई है। अब तक कोरोना के 26 मरीज इलाज के बाद पूर्णतः स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या सिर्फ 6 है। पन्ना जिला चिकित्सालय के कोविड केयर वार्ड में भर्ती इन मरीजों का इलाज जारी है।
गुनौर छात्रावास में क्वारंटीन रहे श्रमिक के कोरोना संक्रमित होने का पता चलने के बाद गभौरा गांव से वापस उसे गुनौर ले जाने के लिए पहुंचे ग्रामीण। (फाइल फोटो- कुलदीप सिंह से प्राप्त)
गुनौर तहसील के समीपी गांव गभौरा निवासी प्रवासी श्रमिक के परिवार में कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को लेकर आम चर्चा है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुनौर के प्रभारी एवं मेडिकल ऑफिसर डॉ. रीतेश दुबे की कथित घोर लापरवाही की वजह से ऐसा हुआ है ! जिसका खुलासा दो दिन पूर्व मंगलवार 23 जून को दोपहर में उस समय हुआ जब गभौरा निवासी 48 वर्षीय प्रवासी श्रमिक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने की खबर आई। गुड़गांव से अपने परिवार के साथ 18 जून को वापस गांव लौटा यह श्रमिक कुछ दिनों तक गुनौर स्थित सरकारी क्वारेंटाइन सेंटर में रहा। जहां संदेह के आधार इसका सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजा गया। लेकिन जांच रिपोर्ट आने तक इंतजार न कर उसे क्वारेंटाइन सेंटर से घर भेज दिया गया।
बगैर मास्क लगाए और सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी कर ट्रेक्टर-ट्राली से अपने परचितों के साथ गुनौर जाता हुआ गभौरा ग्राम का कोरोना संक्रमित मरीज। (फाइल फोटो- कुलदीप सिंह से प्राप्त)
अधेड़ श्रमिक के बाद में जब संक्रमित होने का पता चला तो गुनौर से लेकर पन्ना तक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के हाथ-पैर फूल गए। गंभीर लापरवाही को छिपाने के लिए आनन-फानन में उक्त श्रमिक को वापस गुनौर बुलाया गया। कोरोना संक्रमित श्रमिक मंगलवार शाम को ट्रेक्टर-ट्राली से दो अन्य लोगों के साथ जब गुनौर पहुंचा तब तक इसकी भनक मीडियाकर्मियों समेत स्थानीय लोगों को लग चुकी थी। मामले को तूल पकड़ते देख स्वास्थ्य विभाग के स्थानीय अमले ने संक्रमित को इलाज के लिए गुनौर से तुरंत एम्बुलेंस में बैठकर पन्ना जिला चिकित्सालय रवाना कर दिया था।
डॉ. एल. के. तिवारी, सीएमएचओ पन्ना।
इस मामले में कथित लापरवाहों को बचाने के लिए जांच के नाम पर लीपापोती का खेल अभी चल ही रहा था कि इस बीच गुरुवार शाम को कोरोना संक्रमित श्रमिक की पत्नी और दो जवान बेटों के सैम्पल की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। परिणामस्वरूप कई सवालों के जवाब नहीं मिल पा रहे हैं, जैसे- गभौरा निवासी कोरोना संक्रमित श्रमिक के परिवार के तीन अन्य सदस्य क्या मेडिकल ऑफिसर एवं सीएचसी गुनौर प्रभारी की लापरवाही की वजह से कोरोना संक्रमण का शिकार हुए हैं ? गुनौर के छात्रावास में क्वारंटीन किये गए प्रवासी एवं कोरोना संदिग्ध श्रमिक के सैम्पल की जांच रिपोर्ट आने तक इंतजार न कर उसे घर क्यों जाने दिया ? श्रमिक के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि के बाद उसे इलाज हेतु पन्ना ले जाने के लिए उसके घर पर एम्बुलेंस न भेजकर मरीज को असुरक्षित तरीके से गुनौर क्यों बुलाया गया ? कोरोना संक्रमण के प्रसार से जुड़े इस संवेदनशील मामले में कथित तौर पर लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध अब तक क्या कार्रवाई की गई है ?

पहले भी की कई लापरवाही

(फाइल फोटो)
उल्लेखनीय है कि कोरोना संकटकाल में पन्ना जिले के स्वास्थ्य विभाग की यह पहली लापरवाही नहीं है। इसके पूर्व एक टीबी मरीज को जिला चिकित्सालय में सामान्य मरीजों के साथ भर्ती करके उसका इलाज किया गया बाद में वह कोरोना से संक्रमित भी निकला। अभी ज्यादा दिन नहीं हुए जब बाँधीकला गांव के एक मासूम बच्चे को कोरोना संदिग्ध वार्ड में भर्ती कर उसका सैम्पल जांच के लिए भेजा गया लेकिन रिपोर्ट आने से पूर्व बीमार बच्चे की मौत हो गई। पन्ना जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने रिपोर्ट आने तक इंतजार न कर कोरोना संदिग्ध रहे मृत बच्चे का शव अंतिम संस्कार के लिए उसके परिजनों को सौंप दिया। इस मामले को जब स्थानीय मीडियाकर्मियों के द्वारा प्रमुखता से उठाया गया तो अपनी गलती पर पर्दा डालते हुए बच्चे के माता-पिता समेत अंतिम संस्कार में शामिल हुए अन्य परिजनों को रातों-रात पन्ना लाकर छात्रावास में क्वारंटीन कर दिया। हालांकि इस घटनाक्रम के बाद उक्त बच्चे की रिपोर्ट निगेटिव आने का दावा किया गया।

सम्पर्क में आए 13 व्यक्ति चिन्हित

सांकेतिक फोटो।
जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने गुरुवार 25 जून की देर रात कोविड ब्रीफिंग जारी करते हुए बताया कि गभौरा निवासी कोरोना संक्रमित श्रमिक के परिवार के आज तीन अन्य सदस्यों पत्नी एवं एवं दो पुत्रों की रिपोर्ट आने पर उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। आपने बताया कि परिवार के मुखिया के संक्रमित पाए जाने पर प्रथम सम्पर्क के तौर उसके परिवार इन तीन सदस्यों को चिन्हित कर सैम्पल लिए गए थे। आज तीनों सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उनके कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग में 3 प्राइमरी कॉन्टेक्ट और 10 सेकेण्ड्री कॉन्टेक्ट व्यक्तियों की पहचान की गई है। इन सभी को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर इनके सैम्पल जांच हेतु भजे जा रहे हैं। छोटे से गांव गभौरा में एक ही परिवार के चार सदस्यों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि के बाद गांव के लोग काफी डरे हुए हैं। उन्हें स्वयं के एवं अपने परिजनों के संक्रमित होने का भय सता रहा है। वहीं जिले में प्रवासियों की वापसी के बीच कोरोना संक्रमण के मामले और खतरा दोनों ही लगातार बढ़ रहा है।

48 घण्टे में मिले 7 नए पॉजिटिव

सांकेतिक फोटो।
कुछ दिन पूर्व महज कुछ देर के लिए कोरोना संक्रमण मुक्त घोषित हो चुके पन्ना जिले में इसके बाद से लगातार संक्रमण के नए मामले सामने आ रहे हैं। कोरोना की प्रभावी रोकथाम के प्रशासन के दावों से इतर यह स्थिति निश्चित तौर चिंताजनक है। पिछले 48 घण्टे में ही जिले कोरोना पॉजिटिव 7 नए केस की पुष्टि हुई है। इसी के साथ जिले में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर अब 32 हो गई है। बताते चलें कि सोमवार 23 जून को जिले में कोरोना के तीन पॉजिटिव मरीज मिले थे। इसके अगले दिन 24 जून को उत्तर प्रदेश के राठ से पन्ना आए 25 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटव आई थी। आज पुनः तीन व्यक्तियों के कोरोना संक्रमित होने का पता चला है। ये तीनों एक ही परिवार के सदस्य हैं। राहत की बात यह है कि अब तक 26 मरीज कोविड केयर सेंटर पन्ना में अच्छी देखरेख एवं उपचार के चलते पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। इस तरह वर्तमान में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या अब 6 है। जिनको कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

 

बेरोजगार युवाओं का भविष्य सुनहरा बनाने प्रशिक्षण देकर रोजगार भी दिलाया जाएगा

0
मिशन सुनहरा कल प्रोग्राम के सम्बंध में पत्रकारों को जानकारी देते हुए समाज सेवी संस्था समर्पित के प्रमुख अनुराग शर्मा (दाईं तरफ) एवं संस्था के अन्य पदाधिकारी।

* पन्ना की उदीयमान समाजसेवी संस्था समर्पित ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

पन्ना।(www.radarnews.in) जिले की उदयीमान समाजसेवी संस्था समर्पित के पुराना पन्ना स्थित कार्यालय में मंगलवार 23 जून को सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर समर्पित समाजसेवी संस्था के प्रमुख अनुराग शर्मा ने पूरे देश में फैली कोरोना महामारी के चलते जिले में पिछले दो माह में संस्था द्वारा किये गये कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस से बचाव हेतु लोगों को सतर्कता बरतने एवं जागरूक करने के लिए जिले भर में कार्यक्रम आयोजित कर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन, मास्क लगाने एवं बार-बार साबुन से हाथ धोने के सम्बंध में बताया गया।
श्री शर्मा के अनुसार उनकी संस्था का मुख्य उद्देश्य युवा वर्ग के शारीरिक, आर्थिक, शैक्षणिक, बौद्धिक, चारित्रिक, मानसिक व सांस्कृतिक विकास हेतु यथाशक्ति के साथ काम करना, महिलाओं को स्वास्थ्य सबंधी जानकारी देना, बाल विवाह रोकना, सामाजिक जागरूकता पर कार्य करना, समाज के गरीब, पिछड़े एवं असहाय लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराना तथा विधिक साक्षरता कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को जागरूक करने एवं नशमुक्ति के लिए प्रेरित करना है। इन विषयों पर लगातार कार्यक्रम आयोजित कर सामाजिक बदलाव लाने के लिए संस्था द्वारा ईमानदार प्रयास करने की अपनी प्रतिबद्धता जताई गई।
समर्पित संस्था प्रमुख अनुराग शर्मा ने बताया फिलहाल उनकी संस्था द्वारा “मिशन सुनहरा कल योजना” के तहत् जिलेभर के बेरोजगार नवयुवकों को रोजगारमूलक प्रशिक्षण दिया जायेगा। जिससे युवाओं की कार्यकुशलता-दक्षता बढ़ेगी और उन्हें जिले में ही रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होने से पलायन में कमी आएगी। आपने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त कोई युवा अगर रोजगार प्राप्त करने में असफल रहता है तो संस्था के द्वारा रोजगार दिलाने में उसकी मदद की जायेगी।

सब इंजीनियर से रुपए लूटने और महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने वाले बदमाश गिरफ्तार

0
उपयंत्री से लूटपाट करने के आरोप में गिरफ्तार नवयुवक बदमाश पुलिस टीम की अभिरक्षा में एवं घटना के खुलासे की जानकारी देते हुए एसपी पन्ना।

* मोहन्द्रा घाटी के नीचे रास्ता रोककर सब इंजीनियर से की थी लूटपाट

* महिला का मंगलसूत्र छीनने वाला बदमाश निकला नपा का सफाई कर्मचारी

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में बीते दिनों शाहनगर जनपद पंचायत में पदस्थ उपयंत्री राजेश रावत के साथ मोहन्द्रा घाटी के नीचे हुई लूटपाट और पन्ना में मार्निग वॉक के दौरान एक महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने की सनसनीखेज घटनाओं का पुलिस ने तत्परता से खुलासा करने का दावा करते हुए इन वारदातों को अंजाम देने के आरोप में पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पन्ना पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी द्वारा आज प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी गई।
उपयंत्री राजेश रावत शनिवार 20 जून की शाम शाहनगर से बोरी-मलघन होते हुए अपनी बाइक से जब वापस अमानगंज लौट रहे थे तो मोहन्द्रा घाटी के नीचे दो नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया था और मारपीट कर 20,000 हजार रूपये नकद व मोबाइल छीनकर भाग गए थे। अपने साथ घटित घटना की सूचना पीड़ित उपयंत्री रावत द्वारा मोहन्द्रा पुलिस चौकी में दी गई जिस पर सिमरिया थाना में अपराध क्रमांक 285/2020 धारा 395, 397 भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। डकैती की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक छतरपुर रेंज छतरपुर द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी पर 20000 रूपये का ईनाम घोषित किया गया। पुलिस अधीक्षक पन्ना मयंक अवस्थी ने बताया कि उनके द्वारा अज्ञात बदमाशों की धरपकड़ के लिए पवई एसडीओपी आर.पी. यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिमरिया एवं उपनिरीक्षक सुरेन्द्र द्विवेदी के नेतृत्व मे एक पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास के लोगों से पूंछतांछ, सीसीटीव्ही फुटेज, लुटे गए मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही उपेन्द्र सिंह पिता कल्लू उर्फ रूद्र प्रताप सिंह 22 वर्ष निवासी रेहुँटा थाना पवई को हिरासत में लेकर सख्ती से पूंछतांछ की गई। पुलिस के अनुसार उपेन्द्र ने अपना जुर्म कबूल करते हुए अपने दोस्तों- पवन सिंह पिता राजेन्द्र सिंह 20 साल निवासी मुड़वारी, सचिन दुबे पिता बैजनाथ दुबे 23 साल निवासी हिनौता, स्वपनिल सिंह पिता लड्डू सिंह 20 साल निवासी मेहगवाँ पिपरिया, बिज्जू उर्फ बृजपाल सिंह पिता हरपाल सिंह सेंगर 20 साल निवासी पैरोटी एवं एक नाबालिग साथी के सहयोग से वारदात को अंजाम देने की जानकारी दी। पुलिस ने उपेन्द्र के अलावा उसके तीन अन्य साथियों बिज्जू उर्फ बृजपाल सिंह, पवन सिंह, सचिन दुबे को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ओप्पो कंपनी का मोबाइल एवं एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल, नकद 11,800/- रूपये एवं घटना में शामिल 1 मोटर साइकिल जप्त की है। इन आरोपियों ने पूंछतांछ में पवई थाना अंतर्गत बैटरी चोरी की एक अन्य घटना को भी अंजाम देने का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक पन्ना मयंक अवस्थी ने प्रेसवार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में बताया कि इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं। उन्होंने नवयुवक लुटेरों से अन्य अपराधों का खुलासा होने की उम्मीद जताते हुए कहा कि रिमाण्ड पर लेकर इनसे विस्तृत पूंछतांछ की जायेगी।

सफाई कर्मचारी ने की थी महिला से लूट

पन्ना में सोमवार 22 मई की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलीं कटरा मोहल्ला निवासी महिला का मंगलसूत्र छीनने वाले अज्ञात युवक की पहचानकर कर कोतवाली थाना पुलिस ने 48 घण्टे के अंदर उसे गिरफ्तार करने का दावा किया है। आरोपी युवक विकास उर्फ कालू बाल्मीकि पिता भगवानदास बाल्मीकि 30 वर्ष रजाबाबू कालोनी के पीछे बेनीसागर मोहल्ला पन्ना का रहने वाला हैविकास उर्फ़ कालू नगर पालिका पन्ना में अस्थाई सफाई कर्मचारी के रूप में पदस्थ है। इसकी गिरफ्तारी घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज के आधार पर होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने विकास के घर से महिला का लूटा हुआ मंगलसूत्र जप्त होने का दावा किया है।
महिला का मंगलसूत्र लूटने के आरोप में गिरफ्तार नपा पन्ना का अस्थाई सफाई कर्मचारी पुलिस अभिरक्षा में एवं मामले के खुलासे की जानकारी देते हुए एसपी पन्ना।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को पन्ना के कटरा मोहल्ला में रहने वाली एक महिला अपने पति के साथ सुबह 5 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकली थी तभी रास्ते में यूनियन बैंक के पास एक नकाबपोश युवक महिला के गले से मंगलसूत्र छीनकर भाग निकला। करीब 30,000/-रुपये मूल्य के मंगलसूत्र की लूट के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात युवक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 516/2020 धारा 392 भादवि का प्रकरण कायम किया गया। लूट की इस हैरान करने वाली घटना का तत्परता से खुलासा कर आरोपी की धरपकड़ में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक हरी सिंह ठाकुर एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोरोना अपडेट : पन्ना जिले में आज 3 नए पॉजिटिव केस मिलने से मचा हड़कम्प, संक्रमितों की कुल संख्या हुई 29

0
सांकेतिक फोटो।

* ऐतिहासिक रथ यात्रा निकलने से पूर्व आई इस खबर ने बढ़ाई प्रशासन की चिंता

* कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता

पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में प्रवासियों की वापसी के बीच कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। आज तीन प्रवासी व्यक्तियों के सैम्पल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी के साथ जिले में कोविड-19 से संक्रमण के मामलों की कुल संख्या बढ़कर अब 29 हो गई है। कोरोना के तीन नए मरीजों में एक केस जिला मुख्यालय पन्ना में ब्लॉक (जनपद) तिराहा के समीप मिला है। जबकि शेष दो केस सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अमानगंज अंतर्गत मिले हैं। जिसमें एक अमानगंज कस्बा के वार्ड क्रमाँक-7 का और एक गभोरा गाँव का रहने वाला है।
सांकेतिक फोटो।
जिले में कोरोना के एक साथ तीन नए केस मिलने की खबर प्रशासनिक अधिकारियों को आज दोपहर में उस समय लगी जब शहर में कुछ ही देर बाद ऐतिहासिक रथ यात्रा निकालने वाली थी। इस चिंताजनक खबर को लेकर प्रशासन में आंतरिक खलबली मची रही। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पन्ना डॉ. एल. के. तिवारी ने जिले में कोरोना के तीन नए केस मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच में संक्रमित निकले तीनों व्यक्ति प्रवासी हैं, फिलहाल घबराने जैसी कोई बात नहीं है, क्योंकि वे सभी क्वारंटीन हैं। उन्होंने बताया कि तीनों कोविड मरीजों के सम्बंध में विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के बाद ही उनके सम्बंध में डिटेल बता पाऊंगा।
सूत्रों से पता चला है कि अमानगंज में मिला 28 वर्षीय नवयुवक मरीज के वार्ड क्रमांक-7 का रहने वाला है। दिनांक 19 मई को वह नोएडा से वापस अमानगंज लौटा था। एहतियात के तौर कोरोना जांच के लिए स्थानीय स्वास्थ्य अमले ने इसका सैम्पल भेजकर उसे स्थानीय छात्रावास में ही क्वारंटीन कर दिया था। मंगलवार 23 जून को दोपहर में युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने की खबर मिलने के बाद उसे इलाज के लिए पन्ना जिला चिकित्सालय स्थित कोविड वार्ड में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही थी।
सांकेतिक फोटो।
वहीं पन्ना में ब्लॉक तिराहा के समीप मिला 32 वर्षीय संक्रमित युवक अमानगंज तहसील के द्वारी ग्राम का रहने वाला है। यह युवक कुछ दिन पूर्व दिल्ली से लौटकर अपने गांव आया और फिर पन्ना स्थित अपने मायके में रह रही पत्नी के पास आ गया। प्रवासी युवक के सम्बंध में जानकारी मिलने पर पन्ना में इसका सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजा गया और उसे होम क्वारंटीन कर दिया। आज जब इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने की भनक मोहल्ले के लोगों को लगी तो हड़कम्प मच गया। उल्लेखनीय है कि पन्ना जिला मुख्यालय में कोरोना का यह चौथा केस है। इसके पूर्व पन्ना में 19 जून को काष्ठागार के समीप निवासरत एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया था।
सांकेतिक फोटो।
समाचार लिखे जाने तक अमानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अंतर्गत ग्राम गभोरा निवासी 48 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति के सम्बंध में जानकारी नहीं मिल सकी। स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा कोरोना पॉजिटिव तीनों व्यक्तियों की ट्रेवल हिस्ट्री एवं उनके सम्पर्क में आये लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही उन्हें इलाज के लिए पन्ना जिला चिकित्सालय में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही थी। मालूम हो कि पन्ना में पूर्व में कोरोना संक्रमित 21 मरीज इलाज के बाद पूर्णतः स्वस्थ होकर वापस घर लौट चुके हैं।

सावधान : अब मच्छरों के चक्कर में बिना सर्च वारंट के हो सकती है आपके घर की तलाशी !

0
सांकेतिक फोटो।

* मच्छर जनित बीमारियाँ अब एमपी में अधिसूचित संक्रामक रोग घोषित

* राजपत्र में प्रकाशन के बाद स्वास्थ्य विभाग और नगरीय निकायों को मिले कई अधिकार

* लार्वा सर्वे और दवा के छिड़काव के लिए घर के अंदर की कर सकेंगे तलाशी

* प्रायवेट अस्पतालों और दवा दुकानों को भी देनी होगी मरीजों की जानकारी

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच राज्य सरकार ने मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। गज़ट नोटिफिकेशन के बाद मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया एवं जैपनीज़ एनसेफ़लाइटिस को अब अधिसूचित संक्रामक रोग घोषित किया गया है। अर्थात मच्छर जनित बीमारियां भी अब अधिसूचित संक्रामक रोगों (नोटिफाइड इंफेक्शियस डिसीज़) की श्रेणी में आएंगीं। इससे इन बीमारियों के संक्रमण वाले इलाकों में रोकथाम के लिए कार्य करने वाला मलेरिया, स्वास्थ्य विभाग एवं नगरीय निकायों का अमला अब कहीं अधिक प्रभावी तरीके अपना काम कर पाएगा।
सांकेतिक फोटो।
उदाहरण के लिए अगर कोई मकान मालिक मच्छरों से फैलने वाले संक्रमण की रोकथाम में आपेक्षित सहयोग नहीं करता है तो मलेरिया विभाग और नगरीय निकाय के कर्मचारी बिना किसी सर्च वारंट के उस घर के अंदर जाकर लार्वा सर्वे और मच्छर नाशक दवा का छिड़काव कर सकेंगे। इसके अलावा अगर किसी घर में बड़ी तादाद में मच्छर के लार्वा पाए जाते हैं तो मकान मालिक के विरुद्ध कार्रवाई करने का अधिकार भी इनके पास होगा। घर में मच्छरों को पैदा होने से रोकने के लिए आवश्यक उपाए न करने पर घर के मालिक के विरुद्ध अब प्रभावी कार्रवाई हो सकेगी।

निजी अस्पतालों को देनी होगी पूरी जानकारी

मध्य प्रदेश शासन के राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना।
कोरोना संकटकाल के दौरान मच्छर जनित बीमारियों को संक्रामक रोगों की फेहरिस्त में शामिल करने का आदेश जारी होने के बाद से इससे जुड़े नियम-कानून समस्त निजी हॉस्पिटल-नर्सिंग होम पर भी लागू होंगे। जिला मलेरिया अधिकारी पन्ना हरिमोहन रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि निजी अस्पताल अगर किसी मच्छर जनित बीमारी से पीड़ित मरीज का इलाज करते हैं तो उन्हें इसकी जानकारी मलेरिया और स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी। इससे इन बीमारियों के संक्रमण की सही स्थिति का पता लगाने में आसानी होगी। एक्ट में शामिल न होने के कारण अभी तक निजी अस्पताल मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, जैपनीज़ एनसेफ़लाइटिस से पीड़ित मरीजों के इलाज की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को नहीं देते थे। लेकिन अब निजी अस्पतालों के लिए जानकारी देना कानूनी रूप से बंधनकारी होगा। श्री रावत ने बताया कि मेडीकल स्टोर से दवाएं खरीदने वाले मरीजों की जानकारी भी अब मंगाई जा सकती है।

अपमानजनक टिप्पणी को लेकर उपजा आक्रोश, न्यूज़ एंकर और चैनल के सीईओ के ख़िलाफ़ FIR दर्ज करने सौंपा ज्ञापन

0
पुलिस अधीक्षक पन्ना मयंक अवस्थी को ज्ञापन सौंपते हुए मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि।

* मुस्लिम समाज और अल्प संख्यक कोंग्रेस ने की कार्रवाई की मांग

राजेन्द्र कुमार लोध, पन्ना। (www.radarnews.in) हिन्दी समाचार चैनल न्यूज़ 18 इण्डिया के एंकर अमीश देवगन पर 16 जून को प्रसारित होने वाले अपने शो में सूफ़ी संत हज़रत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है। देश और दुनियाभर के मुस्लिमों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने एवं आस्था को ठेस पहुँचाने वाले एंकर की टिप्पणी को लेकर जबरदस्त रोष व्याप्त है। इस मामले में विवादित एंकर और चैनल के सीईओ के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर लोग जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में गत दिवस पन्ना में मुस्लिम समाज की ओर से पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी को ज्ञापन सौंपकर न्यूज़ 18 इण्डिया के न्यूज़ एंकर अमीश देवगन एवं सीईओ राहुल जोशी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करते हुए दोनों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की गई है। वहीं अमीश के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अल्पसंख्य कोंग्रेस पन्ना के जिला अध्यक्ष कदीर खान के नेतृत्व में कोतवाली थाना पन्ना के टीआई हरि सिंह ठाकुर को भी एक ज्ञापन सौंपा गया।

सूफी संत पर सबकी है आस्था

मुस्लिम समाज ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि, हज़रत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती पर न्यूज़ 18 इण्डिया के एंकर अमीश देवगन की अपमानजनक टिप्पणी को लेकर देश-दुनियाभर में तीखी आलोचना हो रही है। इसे लेकर मुस्लिम समाज के अलावा दूसरे धर्मों को मानने वाले लोगों में भी काफी गुस्सा देखा जा रहा है। क्योंकि ख़्वाजा गरीब नवाज और उनकी विश्व प्रसिद्द दरगाह देशवासियों की आस्था का केन्द्र है। जहाँ हर दिन सभी धर्मों के लोग पूरी अकीदत के साथ दरगाह में हाज़िरी लगाकर मन्नत मांगते हैं। न्यूज़ एंकर अमीश देवगन ने सूफी संत ख़्वाजा गरीब नवाज़ पर अपमानजनक टिप्पणी करके करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था और भावनाओं को आहत किया है। पुलिस अधीक्षक पन्ना से मांग की गई है कि देश में सौहार्द के माहौल को कायम रखने के लिए जरूरी है कि न्यूज़ 18 इण्डिया के एंकर अमीश देवगन एवं सीईओ राहुल जोशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दोनों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष वक्फ़ बोर्ड पन्ना हाजी अब्दुल हमीद, एजाज़ खान, आकिल बेग, शाहनवाज खान, मिस्ठर राईन मुख्य रूप से शामिल रहे।

किया है अक्षम्य अपराध

पन्ना कोतवाली थाना टीआई हरी सिंह ठाकुर को ज्ञापन सौंपते हुए अल्पसंख्यक कोंग्रेस के पदाधिकारीगण।
अल्पसंख्यक कोंग्रेस पन्ना के ज्ञापन में कहा गया है कि सूफ़ी संत हज़रत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती पर बेहद अपमानजनक एवं अनाप-शनाप टिप्पणी से न सिर्फ मुस्लिम समाज बल्कि देश की गंगा-जमुनी तहजीब पर विश्वास रखने वाले करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इनकी धार्मिक आस्था को भी ठेस पहुँची है। इस तरह का घटिया कृत्य अस्वीकार्य और अक्षम्य है। अल्पसंख्यक कोंग्रेस ने इस संवेदनशील मामले पर न्यूज़ एंकर अमीश देवगन के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करते हुए उसे तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में अल्पसंख्य कोंग्रेस पन्ना के जिला अध्यक्ष कदीर खान, अब्दुल हमीद, रियासत खान, डॉ. सरफराज फारुकी, आकिल बेग, करामतुल्लाह खान मुख्य रूप से शामिल रहे।

पन्ना के अजयगढ़ में 2 नए पॉजिटिव केस मिले, संक्रमितों की कुल संख्या अब 25 हुई, कोरोना के एक्टिव केस सिर्फ 4

0
अजयगढ़ में कोरोना के दो नए मरीज मिलने के बाद उस इलाके को सील कराकर कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया।

* दिल्ली से लौटे प्रवासी श्रमिकों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव

* नए केस मिलने के बाद अजयगढ़ क़स्बा का आधा इलाका कंटेनमेंट जोन बना

* अजयगढ़ क़स्बा में संक्रमित मरीजों की संख्या हुई 4, पूर्व में पिता-पुत्र निकले थे पॉजिटिव

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में आज कोरोना के तीन नहीं बल्कि दो नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एल. के. तिवारी ने की है। दोनों संक्रमित व्यक्ति प्रवासी श्रमिक हैं और अजयगढ़ क़स्बा के अलग-अलग वार्डों के रहने वाले हैं। सोशल मीडिया पर दोपहर में अजयगढ़ क़स्बा में तीन संक्रमित मरीज मिलने की खबर आने के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि अजयगढ़ में दो नए केस मिलने के बाद जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर अब 25 हो गई है। जिसमें एक्टिव केस सिर्फ 4 हैं। पूर्व में कोरोना के 21 मरीज उपचार के बाद पूर्ण स्वस्थ स्वस्थ होकर जिला चिकित्सालय से अपने घर लौट चुके हैं। अजयगढ़ क़स्बा में कोविड-19 संक्रमण के दो नए मरीज मिलने के बाद अब यहां नगरीय क्षेत्र में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4 हो गई है। इसके पूर्व भी वहां 2 संक्रमित मिले थे जो कि रिश्ते में पिता-पुत्र हैं।
सांकेतिक फोटो।
नए केस मिलने के बाद अजयगढ़ क़स्बा का आधा इलाका कंटेनमेंट जोन में तब्दील हो चुका है। इस छोटे से कस्बे का आधा इलाका सील होने से वहां के रहवासियों समेत क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। अजयगढ़ तहसील मुख्यालय होने से वहां प्रतिदिन बड़ी तादाद में क्षेत्र के लोग अपने शासकीय एवं अन्य कार्य के सिलसिले में आते हैं। जाहिर है, अब इन्हें भी कंटेनमेंट जोन की पाबंदियों से जूझना पड़ेगा।
सांकेतिक फोटो।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों महज कुछ घण्टे के लिए पन्ना जिले के कोरोना मुक्त घोषित होने के बाद से लेकर अब तक चार नए केस मिल चुके हैं। गुरुवार 18 जून को अजयगढ़ में मिले दो नए पॉजिटिव मरीजों के सम्बंध मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एल. के. तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इनमें से एक वार्ड क्रमांक-14 का निवासी है, जिसकी आयु 50 वर्ष और दूसरा वार्ड क्रमांक-2 में रहने वाला 18 वर्षीय नवयुवक है। ये दोनों ही प्रवासी श्रमिक हैं जो कि कोरोना हॉटस्पॉट बनीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से 13 जून को वापस अजयगढ़ लौटे थे। संदेह के आधार पर इनके सैम्पल लेकर जांच के लिए भेजे गए। इनकी रिपोर्ट आज दोपहर में पॉजिटिव आने पर दोनों मरीजों के प्राथमिक सम्पर्क में आये व्यक्तियों तथा ट्रेवल हिस्ट्री की जानकारी जुटाई गई। दोनों को इलाज के लिए पन्ना जिला चिकित्सालय के कोविड संक्रमित वार्ड में भर्ती कराया गया है। उधर, इनके सम्पर्क में आने वाले व्यक्तियों को आइसोलेट करने की कार्रवाई जारी है।

नोएडा से लौटा युवक निकला पॉजिटिव, पन्ना जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 23 हुई

0
पन्ना जिले के देवेन्द्रनगर क़स्बा में कोरोना मरीज मिलने के बाद इलाके को सील कर कंटेनमेंट जोन बनाने की कार्रवाई कराते हुए अधिकारी-कर्मचारी।

* देवेन्द्रनगर के वार्ड क्रमाँक एक राणा कॉलोनी में मिला नया केस

* सैम्पल लेने के बाद युवक को कर दिया था होम आइसोलेट

* जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इलाज के लिए पन्ना कोविड सेंटर लाया गया

* प्राथमिक सम्पर्क में आए पाँच परिजनों को तुरंत क्वारेंटाइन सेण्टर में शिफ्ट किया

रमेश अग्रवाल, देवेन्द्रनगर/पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में प्रवासियों की वापसी के चलते कोरोना संक्रमित केस की संख्या लगातर बढ़ रही है। आज यहाँ कोरोना पॉजिटिव एक नया केस मिलने के बाद कुल संक्रमित व्यक्तियों की संख्या बढ़कर अब 23 हो गई है। जिसमें एक्टिव केस की संख्या सिर्फ 2 है। पूर्व में 21 कोरोना मरीज उपचार के बाद पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। कोरोना पॉजिटिव नया मरीज देवेन्द्रनगर क़स्बा के वार्ड क्रमाँक-1 राणा कॉलोनी में मिला है। संक्रमित की आयु 30 वर्ष है और वह 13 जून को नोएडा उत्तरप्रदेश से वापस अपने घर लौटा था।
कोरोना संक्रमित मरीज को इलाज के लिए पन्ना ले जाने बुलाई गई एम्बुलेंस।
नोएडा स्थित एक कम्पनी में जॉब करने वाले इस युवक ने वापस देवेन्द्रनगर लौटकर स्वयं बीएमओ डॉ. अभिषेक जैन से सम्पर्क किया और स्क्रीनिंग कराने के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गया था। संदेह के आधार पर युवक का सैम्पल लेकर जांच हेतु सागर भेजा गया और उसे होम आइसोलेट कर दिया गया। जिसकी रिपोर्ट मंगलवार शाम को पॉजिटिव आने पर आनन-फानन में उसे एम्बुलेंस से पन्ना लाकर जिला चिकित्सालय स्थित कोविड केयर वार्ड में शिफ्ट किया गया है।
उधर, देवेन्द्रनगर क़स्बा में कोरोना का पहला केस मिलने की खबर आने के बाद आज दोपहर से ही यहाँ हड़कम्प मचा रहा। युवक को उपचार के लिए पन्ना रवाना करने के साथ ही प्रभारी तहसीलदार देवेन्द्रनगर सुश्री दिव्या जैन, बीएमओ डॉ. अभिषेक जैन, नगर परिषद् देवेन्द्रनगर सीएमओ मेहमूद हसन  के द्वारा उसके घर के आसपास के इलाके को कंटेनमेंट जोन में तब्दील करने की कार्रवाई शुरू कर पूरे इलाके में अनाधिकृत प्रवेश को वर्जित करते हुए सभी मार्गों की बैरीकेटिंग कराकर इलाके को सील किया गया । इसके पूर्व संक्रमित पाए गए युवक के प्राथमिक सम्पर्क में आये व्यक्तियों और उसकी यात्रा की जानकारी प्राप्त की गई। प्रभारी तहसीलदार देवेन्द्रनगर सुश्री दिव्या जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि युवक ने अपने मोबाइल फोन पर आरोग्य सेतु एप्प इंस्टॉल किया हुआ था। फिलहाल उसके प्राथमिक सम्पर्क में आये माता-पिता एवं अन्य पाँच परिजनों को एहतियात के तौर पर तुरंत बड़ागाँव स्थित छात्रावास में आइसोलेट किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अमले को आवश्यक कार्रवाई के सम्बंध निर्देश देते हुए बीएमओ देवेन्द्रनगर डॉ. अभिषेक जैन।
उल्लेखनीय है क़ि पन्ना जिला चिकित्सालय स्थित कोविड केयर वार्ड में पूर्व से एक कोरोना संक्रमित मरीज गुनौर (सिली) निवासी प्रवासी युवा श्रमिक भर्ती है। देवेन्द्रनगर निवासी नए पॉजिटिव मरीज को यहाँ शिफ्ट किये जाने क के बाद कोविड वार्ड में भर्ती तथा जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर अब दो हो गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पन्ना डॉ. एल. के. तिवारी ने देवेन्द्रनगर में कोविड-19 संक्रमित नया मरीज मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि उसके प्राथमिक और दिव्तीय सम्पर्क में आये व्यक्तियों और ट्रेवल हिस्ट्री आदि की आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

सूचना के अधिकार से जानकारी मांगने पर झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने का आरोप

0
सांकेतिक फोटो।

* कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को आवेदन पत्र देकर कार्रवाई की मांग

पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के आदिम जाति कल्याण विभाग से सम्बंधित जानकारी सूचना के अधिकार के तहत मांगने वाले आवेदक ने विभाग के क्षेत्र संयोजक पर उन्हें धमकाने और झूठे प्रकरण में फंसाने का आरोप लगाया है। इसकी लिखित शिकायत कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ता रामकृष्ण गोस्वामी निवासी ग्राम गहरा ने बताया कि आदिम जाति कल्याण विभाग पन्ना में वर्ष 2017 में हुई चौकीदार-रसोईया आदि की भर्ती में कथित तौर पर अनियमितता की गई थी। जिसकी जानकारी उनके द्वारा सूचना के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत चाही गई है।
रामकृष्ण ने अपनी शिकायत में यह उल्लेख किया है कि, सोमवार 15 जून 2020 को जब वह आदिम जाति कल्याण विभाग कार्यालय पहुंचे और उन्होंने लगाए गए सूचना के अधिकार के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए सम्पर्क किया तो कथित तौर पर क्षेत्र संयोजक आर. के. सतनामी द्वारा जानकारी नहीं दी गई। आवेदक का आरोप है कि क्षेत्र संयोजक द्वारा उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा गया कि यदि मेरे खिलाफ सूचना का अधिकार लगाया तो तुम्हारे ऊपर झूठा मुकदमा दर्ज करा दूंगा और जान से मारकर फिकवा दूंगा। इससे भयभीत होकर पीड़ित रामकृष्ण गोस्वामी द्वारा सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम एवं पुलिस अधीक्षक से घटनाक्रम की लिखित शिकायत की गई है।

इनका कहना है –

“वर्ष 2017 में हुई भर्ती में रामकृष्ण गोस्वामी के छोटे भाई रामकरण गोस्वामी का नाम वेटिंग लिस्ट में आया था। लेकिन मैरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों ने ज्वाइन कर लिया इसलिए उनका नंबर क्लीयर नहीं हो पाया। भर्ती के समय मैं पन्ना जिले में पदस्थ ही नहीं था, भर्तियां तत्कालीन डीईओ भागवेंद्र सिंह के समय हुई थीं। विभाग के मुखिया वर्तमान में एडीएम साहब हैं, जानकारी उन्हें ही देनी। मेरे ऊपर झूठे आरोप लगाकर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।”

– आर. के. सतनामी, क्षेत्र संयोजक, आदिम जाति कल्याण विभाग पन्ना।

अनियंत्रित हैवी ट्रक की ठोकर से शिक्षक की दर्दनाक मौत, हादसे के बाद भागा ट्रक एक बाइक को कई किलोमीटर तक घसीट ले गया

0
धरमपुर थाना क्षेत्र के प्यारी गांव में शिक्षक को ठोकर मारने के बाद भागे ट्रक को विश्रामगंज घाटी में पकड़ा गया।

* पन्ना जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र के प्यारी गांव की घटना

* पुलिस ने पीछा और घेराबंदी कर विश्रामगंज घाटी में पकड़ा ट्रक

* अज्ञात आरोपी चालक और क्लीनर ट्रक से कूदकर जंगल में भागे

* अजयगढ़-धरमपुर क्षेत्र से रेत के परिवहन के चलते ट्रक-डम्फर की रहती है धमाचौकड़ी

मुस्तक़ीम खान, राजेन्द्र कुमार लोध- अजयगढ़/पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में धरमपुर थाना अंतर्गत एक बेलगाम हैवी ट्रक की ठोकर से सेवानिवृत्त शिक्षक जानकी मिश्रा 75 वर्ष निवासी नयागांव की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हृदय विदारक हादसा सोमवार 15 जून की शाम करीब 5 बजे प्यारी गांव के समीप मुख्य सड़क किनारे हुआ। भीषण सड़क हादसे को अंजाम देने के बाद अज्ञात आरोपी चालक पकड़े जाने के डर से मौके से ट्रक को अंधी रफ़्तार में दौड़ाते हुए पन्ना की ओर भागा। लेकिन इस इस भागम-भाग के चक्कर में रास्ते में सिंहपुर तिराहा के समीप सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को कुचलते अनियंत्रित ट्रक कई किलोमीटर दूर तक उसे घसीट ले गया।
सड़क और ट्रक की रगड़ से निकली चिंगारियों के चलते बुरी तरह क्षतिग्रस्त बाइक में हल्की आग लग गई। इसके बाबजूद आरोपी चालक किसी एक्शन फ़िल्म के स्टंट सीन की तरह ट्रक को दौड़ता हुआ विश्रामगंज घाटी में चढ़ा ले गया। धरमपुर थाना प्रभारी सुखेन्द्र सिंह ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आसपास के थानों को सूचना देकर चौतरफा तगड़ी घेराबंदी करा दी और फिर स्वयं पीछा करते हुए आखिरकार घाटी में ट्रक पकड़ लिया। मगर, अज्ञात आरोपी चालक और उसका क्लीनर कूदकर जंगल में भाग निकले।
बेलगाम ट्रक की ठोकर लगने से सड़क किनारे औंधे मुँह मृत अवस्था में पड़ा सेवानिवृत्त शिक्षक।
उल्लेखनीय है कि पन्ना जिले के अजयगढ़-धरमपुर क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में रेत के वैध-अवैध परिवहन के चलते शाम से लेकर अलसुबह तक ट्रक-डम्फर की अक्सर ही धमाचौकड़ी रहती है। सोमवार की शाम कथित तौर पर रेत लेने के लिए जा रहे एक तेज रफ़्तार हैवी ट्रक के चालाक ने अत्यंत ही लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए प्यारी गांव के नजदीक पैदल जा रहे सेवानिवृत्त शिक्षक जानकी मिश्रा 75 वर्ष निवासी नयागांव थाना धरमपुर को तेज ठोकर मार दी। हादसे का शिकार वृद्ध ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
आसपास मौजूद लोग जब यह देख चिल्लाए तो आरोपी चालक ट्रक को और भी अधिक तेज गति से दौड़ाते हुए पन्ना की ओर भागा। पकड़े जाने पर आमजन के कोप का भाजन बनने और गिरफ्तारी के भय से घबराया आरोपी चालक रास्ते में सिंहपुर चौराहा के समीप सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को ट्रक से कुचलते हुए अपने साथ कई किलोमीटर दूर तक घसीट ले गया। इस दौरान बाइक में रगड़ के कारण हल्की आग लग गई। गनीमत यह रही कि आग ज्यादा नहीं भड़की और ट्रक में नहीं लगी। यह दृश्य जिसने भी देखा कुछ देर के लिए अवाक् रह गया।
ट्रक के नीचे आने से बुरी तरह क्षतिग्रत और जलकर ख़ाक हुई बाइक।
सड़क हादसे का पता चलते ही धरमपुर थाना प्रभारी ने ट्रक को पकड़ने के लिए तुरंत आसपास के थानों को सूचित कर आगे के सभी रास्तों की घेराबंदी करा दी। वहीं स्वयं ट्रक का पीछा करते हुए उसे करीब 20 किलोमीटर दूर विश्रामगंज घाटी में पकड़ लिया। लेकिन ट्रक का अज्ञात आरोपी चालक और क्लीनर कूदकर जंगल की तरफ भाग गए। देर शाम जप्तशुदा ट्रक को अजयगढ़ लाकर स्थानीय पुलिस थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
सड़क हादसे में मृत सेवानिवृत्त शिक्षक के शव के लिपटकर रोते हुए परिजन।
धरमपुर थाना प्रभारी सुखेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रक ने जिस बाइक को क्षतिग्रस्त किया है वह छतैनी ग्राम के एक एक व्यक्ति की है। घटना के समय पीड़ित अपनी बाइक को सड़क किनारे खड़ी करके सिंहपुर में जरूरी सामान की खरीददारी कर रहा था। आपने बताया कि बाइक मालिक की रिपोर्ट पर अजयगढ़ थाना में अज्ञात आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध हुआ है। इसके अलावा सेवानिवृत्त शिक्षक की मृत्यु पर धरमपुर थाना में धारा 304 ए, 279, 337 आईपीसी एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया है। पकड़ा गया ट्रक पडोसी राज्य उत्त्तर प्रदेश का बताया गया है।