पन्ना में स्थित रोमन स्थापत्य कला का बेजोड़ नमूना श्री बल्देव जी का भव्य मंदिर।
* भव्य और बेजोड़ स्थापत्य कला से परिपूर्ण पन्ना के मदिरों को राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी नई पहचान
* पवित्र नगर मंच का दावा- “बढ़ेंगी पर्यटन गतिविधियां, मिलेगा रोजगार; क्षेत्र का होगा विकास”
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड अंचल का पन्ना जिला क्षेत्रवासियों के लिए प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है। पन्ना के भव्य प्राचीन मंदिर और उनकी अनूठी स्थापत्य कला सहज ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। पन्ना के बुंदेली राजाओं के शासनकाल में निर्मित मंदिर, महल अन्य धरोहर कला व संस्कृति के उत्कृष्ट नमूने हैं। इस तपोभूमि पर बुंदेलखंड वासियों की अटूट आस्था के केन्द्र भगवान श्री जुगल किशोर जू तथा बल्देव जी के अद्वितीय मंदिर स्थापित है। जिनके दर्शन करने के लिए दूर-दूर से लोग पन्ना आते हैं। यहां प्रत्येक वर्ष श्री बल्देव जी मंदिर में हलधर भगवान (बलरामजी) बलदाऊ जी का जन्मोत्सव हरछठ (हलषष्ठी) एवं श्री जुगल किशोर मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी वृदांवन की तर्ज पर बड़ी ही धूमधाम, हर्षोल्लास तथा भक्तिभाव के साथ मनाई जाती है। दोनों ही जन्मोत्सवों में सम्मलित होने के लिए आसपास के कई जिलों के श्रद्धालु बड़ी तादाद में पन्ना पहुँचते हैं।
भगवान श्री कृष्ण की सोलह कलाओं पर आधारित पन्ना में स्थित श्री बल्देव जी का अदिव्तीय मंदिर।
पवित्र नगरी पन्ना के इन दोनों भव्य धार्मिक आयोजनों की महिमा और उसे लेकर अंचल के धर्मप्रेमियों के आपार उत्साह एवं आस्था को दृष्टिगत रखते हुए लंबे समय से हरछठ तथा जन्माष्टमी को राज्य स्तरीय उत्सव घोषित करने की मांग की जा रही है। ताकि दोनों ही धार्मिक उत्सवों का आयोजन और अधिक बेहतर एवं व्यवस्थित तरीके से हो सके। पवित्र नगर मंच पन्ना ने एक बार फिर हरछठ तथा जन्माष्टमी पर्व को राज्य स्तरीय महोत्सव घोषित कराने की मांग प्रमुखता से उठाई है। आज इस संबंध में श्री बल्देव जी मंदिर प्रांगण में पवित्र नगर मंच पन्ना के संयोजक कैलाश मोदी के द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में मंच के संयोजक लक्ष्मीकांत शर्मा एवं वीर भानू धामी विशेष रूप से मौजूद रहे।
पन्ना में स्थित श्री जुगुल किशोर जी के प्रसिद्ध मंदिर का विहंगम दृश्य।
पवित्र नगर मंच पन्ना के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि, हरछठ तथा जन्माष्टमी पर्व को राज्य स्तरीय महोत्सव घोषित करने की मांग को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पर पूर्व में चार बार ज्ञापन सौंपे गए। इसके अलावा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया है। लेकिन जन आस्था और पन्ना की गौरवशाली पहचान से जुड़ी न्यायोचित मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी।
प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए पवित्र नगर मंच पन्ना के पदाधिकारीगण।
पवित्र नगर मंच के संरक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा व संयोजक कैलाश मोदी ने संयुक्त रूप से बताया कि, वर्तमान मे मध्य प्रदेश सरकार की राज्य स्तरीय उत्सव सूची में महाकाल उज्जैन, ओंकारेश्वर, आदि शंकराचार्य प्रतिमा सकलनपुर, पीताम्बरा पीठ दतिया, चित्रकूट, महैर तथा शनिश्चरा मंदिर को शामिल है। इस सूची मे पन्ना जिले के दोनों मंदिरों के उत्सव को भी शामिल किया जाए। राज्य स्तरीय उत्सव में हरछठ तथा जन्माष्टमी पर्व को शामिल किए जाने से पन्ना आने वाले दर्शनार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। यहां के मंदिरों को राष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन के नक़्शे में नई पहचान मिलेगी। पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने से पन्ना में रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा। जिसका लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा, साथ ही इससे क्षेत्र का तेज गति से विकास संभव हो सकेगा।
बीरा सड़क के शेष अंश भाग के निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के खनिज साधन विभाग के मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह।
* लंबे चले विवाद के बाद सड़क निर्माण के लिए भूमि देने सहमत हुए ग्रामीण
* सड़क बनने से बारिश के दिनों में आवागमन नहीं होगा बाधित
* ग्रामवासियों से संवाद कर सुनी समस्याएं
मुस्तकीम खान, अजयगढ़/पन्ना। ( www.radarnews.in) खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने आज अजयगढ़ विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम बीरा पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। साढ़े 5 करोड़ रूपए की लागत से अब सड़क के लिए जमीन देने वाले ग्रामवासियों की सहमति से बीरा पहुंच मार्ग का शेष निर्माण कार्य कराया जाएगा। सड़क के अविवादित निर्माण कार्य को पहले ही पूर्ण कर लिया गया है। बीरा के पुलिस चौकी परिसर के सामने आयोजित कार्यक्रम के मौके पर उन्होंने कहा कि सड़क बनने से अब ग्रामवासियों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। पहले बरसात के दिनों में खराब सड़क के कारण आवागमन बाधित होता था। इसके अलावा बीरा को पूर्व में लोगों की मांग पर विद्युत सब स्टेशन की सौगात भी मिली है, जिससे बिजली की समस्या का निराकरण हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि 45 किलोमीटर लम्बाई की नहरपट्टी रोड के भूमिपूजन उपरांत अब आगामी 5 सितम्बर को सड़क में बनने वाले चार पुल का भूमिपूजन भी किया जाएगा। इसी दिन नहरा-नहरी पुल और नहरपट्टी-लौलास मार्ग का भूमिपूजन तथा 30 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाली हरसा-सलैया रोड का भूमिपूजन 15 सितम्बर को होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सुलभ आवागमन के दृष्टिगत कई सड़कों का निर्माण करवाया गया है। निमहा-मोहाना सड़क भी स्वीकृत हो गई है। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, एसडीएम सत्यनारायण दर्रो एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
जनपुस्तकालय का लोकार्पण
मंत्री बृजेन्द्र प्रताप ने बीरा में एक लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित जनपुस्तकालय और स्वच्छ भारत मिशन के तहत 14 लाख 95 हजार रूपए की लागत से निर्मित फिल्टर नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया। ग्राम गुदहा और झिन्ना के स्थानीय कार्यक्रम में भी शामिल हुए। मंत्री ने गुदहा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की।
पन्ना जिले के आदिवासी बाहुल्य दूरस्थ पठारी क्षेत्र कल्दा में आदिवासी भाई-बहनों युवा समाजसेवी एवं भाजपा नेता डॉ. अमित खरे का आत्मीय स्वागत किया।
* दूरस्थ पठारी क्षेत्र कल्दा में युवा समाजसेवी डॉ. अमित ने मनाया रक्षाबंधन का त्यौहार
* गरीब आदिवासी भाई-बहनों का निःशुल्क इलाज करवाने का किया वादा
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय युवा समाजसेवी एवं भाजपा नेता डॉ. अमित खरे ने रक्षाबंधन का त्यौहार आदिवासी बाहुल्य दूरस्थ पठारी क्षेत्र कल्दा में आदिवासी बहनों-बच्चियों के साथ मनाया। सर्वप्रथम डॉ. अमित ने आदिवासी कन्याओं के पैर पखार कर पूजन किया, इसके बाद आदिवासी बहनों ने उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे। उनके द्वारा सभी बहनों को उपहार भेंट किए गए। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर डॉ. अमित द्वारा आदिवासी भाई-बहनों की निःस्वार्थ भाव से सेवा को सतत जारी रखने का संकल्प दोहराया गया। उन्होंने, पठार वासियों के बीमार पड़ने पर नि:शुल्क इलाज मुहैया कराने का वचन दिया है।
रक्षाबंधन के अवसर पर कल्दा पठार में युवा समाजसेवी एवं भाजपा नेता डॉ. अमित खरे ने कन्याओं के पैर पखार कर पूजन किया।
पन्ना जिले का पचमढ़ी कहलाने वाले आदिवासी बाहुल्य दूरस्थ पठारी वन क्षेत्र कल्दा के लोगों के आमंत्रण पर युवा समाजसेवी एवं भाजपा नेता डॉ. अमित खरे इस बार रक्षाबंधन का त्यौहार आदिवासी बहनों के साथ मनाया। कल्दा पहुँचने पर आदिवासी बहनों ने कलश एवं रंगोली सजाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। समाजसेवा से जुड़े कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने वाले डॉ. अमित को लेकर कल्दा पठार के लोगों में ख़ासा उत्साह देखने को मिला।
युवा समाजसेवी एवं भाजपा नेता डॉ. अमित खरे ने रक्षाबंधन का पावन पर्व कल्दा पठार में आदिवासी बहनों के साथ मनाया।
इस दौरान उन्होंने आदिवासी कन्याओं के पैर पखार कर पूजन किया। इसके बाद बड़ी संख्या में आदिवासी बहनों ने अपनी कलाई पर राखी बंधवाई। युवा समाजसेवी ने बहनों के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया और सभी को गिफ्ट दिए। उल्लेखनीय है कि, दूरस्थ पठारी वन क्षेत्र कल्दा के लोगों के लिए डॉ. खरे के द्वारा निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही है। जिसका लाभ क्षेत्र बीमार व्यक्ति एवं गर्भवती महिलाएं उठा रही हैं।
पठार क्षेत्र में अपने सेवा कार्यों को विस्तार देते हुए युवा समाजसेवी ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर क्षेत्र के गरीब आदिवासी-वनवासी भाई-बहनों के स्वास्थ्य की रक्षा करने का वचन दिया। आपने, क्षेत्रवासियों के बीमार पड़ने पर उन्हें नि:शुल्क इलाज मुहैया कराने का बड़ा वादा किया है। डॉ. अमित खरे की इस घोषणा का पठार के लोगों ने स्वागत करते हुए उनकी प्रशंसा की है।
MP : पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र के समाजसेवी डॉ. अमित खरे ने आदिवासी बाहुल्य दूरस्थ पठारी क्षेत्र कल्दा में रक्षाबंधन पर्व आदिवासी बहनों के साथ मनाया। उन्होंने कन्या पूजन के बाद आदिवासी बहनों से राखी बंधवाई। डॉ. अमित ने आदिवासी भाई-बहनों का निशुल्क इलाज कराने का वादा किया। pic.twitter.com/gxsP5UlvH6
पन्ना जिले के पर्यटक ग्राम मड़ला में आयोजित हुई कुश्ती दंगल प्रतियोगिता के मुकाबलों का शुभारंभ समाजसेवी मनोज केसरवानी द्वारा कराया गया।
* विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने नकद राशि देकर किया सम्मानित
* पर्यटक ग्राम मड़ला में हुआ इनामी कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के प्रसिद्ध पर्यटक ग्राम मड़ला में हर साल की तरह इस साल भी रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें बुंदेलखंड अंचल सहित मध्यप्रदेश के अन्य जिलों तथा पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर ताल ठोंकते हुए अपना दमखम दिखाया। पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दावपेंच आजमाते हुए जब एक-दूसरे पटखनी दी तो उपस्थित दर्शकों का रोमांच तालियों की गड़गड़ाहट व शाबाशी की बुलंद आवाज़ के रूप प्रकट हुआ। मुकाबलों के दौरान पूरे समय लोग पहलवानों का उत्साहवर्धन करते रहे।
पर्यटक ग्राम मड़ला में आयोजित हुई कुश्ती दंगल प्रतियोगिता के दौरान पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दावपेंच दिखाए।
कुश्ती दंगल प्रतियोगिता को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मड़ला पहुंचे थे। ईनामी दंगल प्रतियोगिता का आयोजन राकेश तिवारी पहलवान के द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं कांग्रेस के युवा नेता मनोज केसरवानी, दशरथ यादव पहलवान और रामनरेश यादव मौजूद रहे। इनामी दंगल प्रतियोगिता के मुकाबलों का शुभारंभ कांग्रेस नेता मनोज गुप्ता (केसरवानी) के द्वारा परम्परानुसार पहलवानों का परिचय कराने के बाद आपस में उनके हाथ मिलवाकर कराया गया। प्रतियोगिता के अंत में अतिथियों ने विजेताओं को नकद राशि सम्मानित किया।
खेलों में करियर बनाकर नाम रोशन करें : मनोज
कुश्ती दंगल प्रतियोगिता के मुकबलों के दौरान पहलवानों का उत्साहवर्धन करने के लिए नगड़िया की थाप के बीच दर्शक तालियां बजाते रहे।
इस अवसर पर समाजसेवी मनोज केसरवानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि, कुश्ती दंगल भारत के सबसे प्राचीन खेलों में से एक है। इसका उल्लेख हमारे हजारों वर्ष पुराने धर्मग्रथों में मल्लयुद्ध के रूप में मिलता है। अनेक भारतीय पहलवानों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में देश का नाम रोशन किया है। कुश्ती दंगल प्रतियोगिता को बल-बुद्धि से मजबूत लोगों का खेल माना जाता है। क्योंकि शारीरिक सौष्ठव मात्र से कोई पहलवान अपने प्रतिद्वंदी को पटखनी नहीं दे सकता है। यदि शारीरिक मजबूती के साथ पहलवान मानसिक रूप से भी मजबूत है और उसमें तुरंत सही निर्णय लेने की क्षमता है, अर्थात कब-कौन सा दांव चलना है तो निश्चित ही उसे विजय श्री प्राप्त होती है।
विजेता पहलवानों को समाजसेवी मनोज केसरवानी, पहलवान दशरथ यादव व जयराम यादव के द्वारा नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उन्होंने युवाओं से आव्हान करते हुए कहा कि, वह अपनी रुचि अनुरूप खेलों हिस्सा लें, क्योंकि खेलों से तनमन स्वस्थ रहता है और व्यक्ति के व्यक्तित्व का सम्पूर्ण विकास होता है। खेल को करियर बनाकर आप स्वयं का और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। इस अवसर पर किसान एवं आदिवासी नेता जयराम यादव ने सभी उपस्थित लोगों आभार प्रकट किया।
पन्ना जिले के अजयगढ़ ब्लॉक अंतर्गत झिन्ना ग्राम में आयोजित हुई जयस की बैठक में उपस्थित सगठन के पदाधिकारी।
* अजयगढ़ के झिन्ना ग्राम में आयोजित की गई जयस की ब्लॉक स्तरीय बैठक
पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल झिन्ना स्थित प्रसिद्ध हनुमान जी मंदिर के समीप जय आदिवासी शक्ति (JAYS) संगठन की ब्लॉक स्तरीय बैठक का आयोजन गत दिवस अजयगढ़ विकासखण्ड अध्यक्ष अखिलेश कुमार कोंदर की अध्यक्षता में किया गया। जयस संगठन द्वारा आयोजित विकासखण्ड स्तरीय इस बैठक में संगठन के जिलाध्यक्ष मुकेश गौंड़, प्रवक्ता जयराम यादव, कोषाध्यक्ष राजकुमार कोंदर, विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजित बैठक में विकासखण्ड के सभी ग्रामों में जयस संगठन की बूथ स्तरीय कमेटी गठित करने, संगठन से समाज के पिछड़े, गरीब, शोषित-वंचित वर्ग के लोगों जोड़ने, साथ ही आदिवासी-पिछड़ा समाज के हित में काम करने वाले प्रतिष्ठित ग्रामीणों को भी संगठन में शामिल किए जाने पर चर्चा की गई। बैठक पदाधिकारियों ने सुझाव दिया गया कि, जयस द्वारा किए जाने वाले कार्यों से संगठन की सामाजिक, राजनैतिक और आर्थिक क्षेत्र में भूमिका मजबूत बनाया जाए। इसके लिए सतत रूप से काम करने का निर्णय लिया गया।
सामूहिक प्रयासों से बढ़ी संगठन की शक्ति
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रवक्ता जयराम यादव ने कहा कि, जयस संगठन का सर्वाेपरी उददेश्य आदिवासी समाज को उनके अधिकार दिलाना और समाज में उनकी आर्थिक,राजनैतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में बराबरी पर लाना है। इसके साथ ही साथ अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग के साथ मिलकर उनके लिए संघर्ष करना जयस संगठन का लक्ष्य है। इसके लिए बूथ स्तर एवं ग्राम स्तर पर मजबूत एवं सक्रिय संगठन तैयार करना है। सामूहिक प्रयासों से हमारी शक्ति लगातार बढ़ रही है। हम इस स्थिति में है कि अब हर किसी की नजर हम पर है, ऐसे में हमें और अधिक सर्तकता के साथ काम करना है। आयोजित बैठक में ब्लॉक उपाध्यक्ष आशाराम कोंदर, सचिव पहाड़ सिंह, ब्लॉक प्रवक्ता सूरज आदिवासी, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश, संरक्षक राजेन्द्र खैरवार, मीडिया प्रभारी कमलेश, संगठन मंत्री रूपलाल, साहिल,बृजगोपाल,रामबाबू, कल्ला,रतिराम, वीरू, शुकना, बट्टे सहित विकासखण्ड के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश के पन्ना की जिला जेल में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर अपने कैदी भाई की कलाई पर राखी बांधते हुए बहन।
* जिला जेल पन्ना एवं उप जेल पवई में विशेष व्यवस्था के बीच मनाया गया रक्षाबंधन का त्यौहार
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व आज है। इस दिन हर बहन अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उसकी लंबी उम्र की प्रार्थना करती है और उनसे अपनी रक्षा का वचन लेती हैं। इसी क्रम में बुधवार को सुबह जिला जेल पन्ना में रक्षाबंधन का त्यौहार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनाया गया। कैदी भाइयों को राखी बाँधने के लिए बड़ी संख्या में बहनें जेल पहुंची। जेल की चारदीवारी में बंद कैदी लंबे अर्से बाद जब अपनी बहनों से मिले तो दोनों की आंखें नम हो गईं। भाई-बहन के इस पवित्र प्रेम को देखकर जेल स्टॉफ भी भावुक हो गया।
जिला जेल पन्ना में बंद कैदी भाइयों को राखी बाँधने रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में बहनें पहुंची।
जिला जेल पन्ना में रक्षाबंधन का पर्व बुधवार 30 अगस्त को सुबह 8 बजे से लेकर करीब 2 बजे तक विशेष सुरक्षा प्रबंध के दायरे में मनाया गया। जेल में बंद बंदियों को राखी बांधने के लिए आने वाली बहनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इस बात का पूरा ख़्याल रखते हुए जेल मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पन्ना में विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। दूर-दूर से जिला जेल पहुंचीं बहनों, बच्चों एवं परिजनों को मुलाकात काउण्टर में पंजीयन कराने के उपरान्त टोकन अनुसार क्रमबद्ध तरीके चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंदर प्रवेश दिया गया।
पन्ना जिले की उप जेल पवई में भी रक्षाबंधन के त्यौहार पर कैदी भाइयों से उनकी बहनों ने विशेष मुलाकत कर रक्षा सूत्र बांधा।
बहनों को अपने साथ सिर्फ रक्षा सूत्र व सीमित मात्रा में मिठाई ले जाने की अनुमति दी गई, शेष अन्य सामग्री पूर्णतः प्रतिबंधित रही। अक्षत, हल्दी, तिलक, थाली की व्यवस्था जेल प्रशासन द्वारा की गई थी। लंबे अर्से बाद जेल में बहनों से मिलकर कैदी भाइयों की आंखें नम हो गईं। भावुक करने वाले इन पलों में नम आंखों से बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान बहनों ने अपने भाइयों की दीर्घायु और जेल से जल्द रिहाई की कामना की। वहीं भाइयों ने बहनों को उनकी रक्षा का वचन दिया। उप अधीक्षक जिला जेल पन्ना राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि, प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 30 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर जिला जेल पन्ना में परिरूद्ध बंदियों को उनकी बहनों द्वारा राखी बांधने की विशेष व्यवस्था की गई थी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर निर्धारित समय तक जिला जेल के 185 बंदियों से महिलाओं (बहनों), पुरुष एवं बच्चों सहित कुल 682 परिजनों के द्वारा विशेष खुली मुलाकत की गई। जिसमें बहनों की संख्या 408 रही।
राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा, उप अधीक्षक, जिला जेल पन्ना (म.प्र.) ।
उप जेल अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा ने बताया कि जहां बहन बेटियां राखी का त्यौहार मनाने आपने मायके पहुंच गई है और हर तरफ ख़ुशी का माहौल है, वहीं दूसरी और जो जेल में कैदी बंद है उनकी बहनों के लिए ये कोई ख़ुशी की बात तो नहीं है पर जेल में बंद भाइयों की कलाई सुनी ना रहे इसके लिए दूर-दूर से बहनें पन्ना की जिला जेल पहुंची और भाइयों को राखी बांधी। भाइयों से मिलकर कई बहनों की आंखें छलक उठीं। मुलाक़ात के दौरान भावुक हुई एक बहन की अचानक तबियत बिगड़ गई, जिन्हें जेल की मेडिकल टीम के द्वारा तत्परता से आवश्यक उपचार देकर पूर्णतः सामान्य स्थिति में लाया गया।
पन्ना जिले की उप जेल पवई में भी रक्षाबंधन के त्यौहार पर कड़े सुरक्षा प्रबंध के बीच कैदी भाइयों से उनकी बहनों की विशेष मुलाक़ात कराई गई।
उधर, जिले के पवई क़स्बा स्थित उप जेल में भी रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लाष से मनाया गया। बड़ी संख्या में बहनों ने पवई जेल पहुंचकर कैदी भाइयों को राखी बांधी। बंदियों से उनकी बहनों की मुलाकात विशेष सुरक्षा प्रबंध के दायरे में कराई गई। बुधवार को दिन में जहां पन्ना और पवई जेल में रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया वहीं मुहूर्त के अनुसार घरों में रात्रि के समय भाइयों की कलाई पर राखी बांधी गई। जानकारों की मानें तो रक्षाबंधन का त्यौहार गुरूवार 31 अगस्त को भी मनाया जाएगा।
MP : रक्षाबंधन पर बहनों ने बड़ी संख्या में पन्ना जिला जेल पहुंचकर कैदी भाइयों को राखी बांधी। जेल में विशेष व्यवस्था देखने को मिली। जेल की चारदीवारी के अंदर भाई-बहन आज जब लंबे अर्से बाद मिले तो उनकी आँखें छलक उठीं। जेल में 185 बंदियों से बहनों सहित कुल 682 परिजनों ने मुलाक़ात की। pic.twitter.com/fcYyQUUT6i
* राज्य मंत्री राहुल सिंह लोधी को कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग आवंटित
भोपाल (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के 2 माह पूर्व शनिवार 26 अगस्त को मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के मंत्रिमंडल में तीन नए मंत्री बनाए गए थे। राजभवन में राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने गौरीशंकर बिसेन, राजेंद्र शुक्ल को मंत्री पद की तो वहीं राहुल लोधी को राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाई थी। आज मध्यप्रदेश शासन द्वारा नव नियुक्त मंत्रियों और राज्य मंत्री को विभाग आवंटित करने संबंधी आदेश जारी कर दिये गये हैं।
शासन द्वारा जारी अधिसूचना अनुसार मंत्री गौरीशंकर चतुर्भुज बिसेन को नर्मदा घाटी विकास, मंत्री राजेन्द्र शुक्ल को जनसम्पर्क और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और राज्य मंत्री राहुल सिंह लोधी को कुटीर एवं ग्रामोद्योग (स्वतंत्र प्रभार) और वन विभाग का प्रभार सौंपा गया है। बता दें कि, राज्य मंत्री बने राहुल सिंह लोधी पहली बार के विधायक हैं। वह 2018 में टीकमगढ़ जिले के खरगापुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए। राहुल पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के भतीजे है। बुंदेलखंड एवं ग्वालियर-चंबल अंचल में लोधी मतदाता बड़ी तादाद में है। गौरी शंकर बिसेन और राहुल लोधी को मंत्री बनाकर भाजपा प्रदेश में ओबीसी वोटर को साध रही है। प्रदेश में पिछड़े वर्ग (ओबीसी वोटर) की तादाद 45 प्रतिशत से अधिक बताई जाती है।
* मिठाई की दुकान में मिली एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक
* संयुक्त टीम ने चंद दुकानों की जांच करके खानापूर्ति पूरी की
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) शहर में स्थित खाद्य सामग्री की अनेक दुकानों में मिलावटी, दूषित और एक्सपायरी डेट की सामग्री की भरमार है। इसकी जानकारी के बावजूद दुकानों की जांच कर खाद्य सामग्री के नियमित रूप से नमूने लेने की कार्रवाई करने में जिम्मेदारों के द्वारा लंबे समय से जानबूझकर शिथिलता बरती जा रही है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि कार्रवाई न करने के एवज में दुकानदार उन्हें फीलगुड का एहसास कराते हैं। प्रत्येक दुकान से मामला फिक्स होने के चलते खाद्य सामग्री के नमूने लेने की कार्रवाई महज खानपूर्ति तक सीमित होकर रह गई है। मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक दूषित-मिलवाटी खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के बजाए पन्ना में कार्रवाई की औपचारिकता निभाई जा रही है।
जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि, रक्षाबंधन पर्व से चंद घण्टे पूर्व जिला मुख्यालय में संयुक्त टीम को खाद्य प्रतिष्ठानों में बिकने वाली खाद्य सामग्री की शुद्धता-गुणवत्ता जांचने का ख्याल आया। फलस्वरूप राजस्व, खाद्य और नापतौल विभाग के अधिकारियों ने आज दोपहर में शहर की चंद मिष्ठान दुकानों की जांच की और खाद्य सामग्री की जांच के लिए नमूने लिए। इस दौरान श्री कृष्णा मिष्ठान भण्डार में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक मिलने पर समक्ष में नष्ट करवाया गया। इसी तरह एक अन्य प्रतिष्ठान में तौलकांटे में गड़बड़ी पाए जाने पर जप्त करने की कार्यवाही भी की गई।
जिला कलेक्टर हरजिंदर सिंह के द्वारा रक्षाबंधन सहित अन्य त्यौहारों के दृष्टिगत अधिकारियों का दल गठित कर खाद्य दुकानों के औचक निरीक्षण एवं गुणवत्ता जांच के निर्देश दिए गए हैं। टीम में प्रभारी तहसीलदार शशिकांत दुबे, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी प्रदीप त्रिपाठी एवं कल्लू पटेल, खाद्य एवं औषधि निरीक्षक राजेश राय एवं नीतू खरे तथा नापतौल निरीक्षक अर्चना मिश्रा शामिल हैं।
एमपी के सागर जिले में दलित युवक की पीटपीट कर नृशंस हत्या किए जाने और उसकी माँ को निर्वस्त्र कर पीटने की घटना के विरोधस्वरूप पन्ना में प्रदर्शन करते युवा कांग्रेस कार्यकर्ता।
* पन्ना में पुरानी कचहरी में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर किया प्रदर्शन
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के सागर जिले की खुरई तहसील के ग्राम बरौंदा नौनागिर में अनुसूचित जाति के युवक नितिन अहिरवार को न्याय मांगने पर उसे दबंगो द्वारा इतना पीटा गया कि उसे गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। इतना ही नहीं अपने बेटे को बचाने आई उसकी मां को भी निर्वस्त्र कर पीटा गया। जिससे महिला का हाथ टूट गया। यह घटना प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह के समर्थकों के द्वारा किए जाने का आरोप लगाते हुए इसके विरोध में आज मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया के निर्देशानुसार प्रदेश भर प्रदर्शन किया गया। सागर की नृशंस और अमानवीय घटना के विरोध स्वरूप पन्ना में आज पुरानी कचहरी चौराहे पर जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी के नेतृत्व में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओ व पदाधिकारियों ने प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह का पुतला फूंकते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
मंत्री के संरक्षण में दलितों पर अत्याचार !
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री भूपेंद्र सिंह तानाशाह हो गए हैं और इस प्रकार से उनके संरक्षण में दलितों के ऊपर अत्याचार किया जा रहा है। श्री अवस्थी ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी दिए जाने की मांग करते हुए आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की मांग की है। पन्ना युवक कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष सौरभ पटैरिया ने दलित युवक की मारपीट कर निर्मम हत्या किए जाने पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
प्रदर्शन में ये रहे शामिल
सागर की दिल दहलाने वाली घटना को लेकर किए गए पुतला दहन एवं विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके दुबे, मार्तंड देव बुंदेला, शशिकांत दिक्षित, मनीष मिश्रा, कदीर खान, अक्षय जैन, रमन दीक्षित, अरविंद राय, अंकित शर्मा, अमित शर्मा, पिंकू सिद्दीकी, सत्यम उपाध्याय, एजाज खान, मिस्टर राइन, फैज मोहम्मद, फैयाज मोहम्मद, अमित सेन, देबू गौंड़, सुंदरम रैकवार, भूपेंद्र सिंह परमार, अजय तिवारी, रवि तिवारी, ज्ञान यादव, शालू केशरवानी, अंकित रजक, अभय व्यास, नसीम खान, रत्नेश जड़िया, सचिन जड़िया, इमरान राइन, अभिषेक चौरसिया, सजल ताम्रकार, राहुल, सुलभ जड़िया, आकाश, विवेक, वेद, प्रियेश, रोहित, नीतीश भट्ट, हिमांशु आदिवासी, सुनील अवस्थी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कांग्रेस के तारा मंडलम की बैठक में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी।
* पीपीसी मेंबर ने कहा- “खनिज मंत्री के जिले में खनिज संपदा का दोहन न हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण”
* कांग्रेस की मंडलम स्तरीय बैठक में पोलिंग बूथ जिताने का लिया संकल्प
पन्ना। (www.radarnews.in) ब्लाक कांग्रेस कमेटी पन्ना के अंतर्गत आने वाले तारा मंडलम में आज मंडलम स्तरीय बैठक का आयोजन मंडलम अध्यक्ष बाल किशोर शर्मा के संयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पीसीसी मेंबर कांग्रेस नेता श्रीकांत पप्पू दीक्षित के द्वारा की गई। सर्वप्रथम उपस्थित कांग्रेस जनों ने एक दूसरे को तिलक लगाकर स्वागत किया बैठक में उपस्थित कांग्रेस जनों को संबोधित करते हुए पीसीसी मेंबर श्रीकांत पप्पू दीक्षित ने कहा कि जब हमारा बूथ मजबूत होगा तो कांग्रेस पार्टी मजबूत होगी। हम सब की यह कोशिश होनी चाहिए कि कांग्रेस पार्टी की जो घोषणाएं विधानसभा चुनाव को लेकर कमलनाथ जी के द्वारा की गई है, उसका ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार करते हुए जनमानस तक पहुंचाएं। श्री दीक्षित ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता ने भ्रष्टाचार व अत्याचारी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार में खनिज मंत्री हमारे विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं, लेकिन जिले में खनिज का दोहन ना हो पाने के कारण हजारों की तादाद में जिले के मजदूर गरीब तपके के लोग पलायन कर रहे हैं जोकि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
पोलिंग बूथ जीत के लिए जी-जान लगा देंगे
तारा मंडलम के अध्यक्ष बालकिशोर शर्मा ने बैठक में कहा कि हमारे जो बीएलए हैं उनका प्रशिक्षण वह स्वयं देंगे। हमारे क्षेत्र के 17 पोलिंग बूथ पर पार्टी की विजय के लिए जी जान से कार्यकर्ता मेहनत करेंगे, और हमें पूर्ण विश्वास है सफलता निश्चित तौर पर मिलेगी। बैठक में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा, महामंत्री राम प्रसाद कुशवाहा, सूरज मिश्रा, बाबूलाल कुशवाहा, धनीराम कुशवाहा, मुकेश द्विवेदी, परसराम कुशवाहा, राम प्रकाश कुशवाहा, भद्दी कुशवाहा, खुशीराम कुशवाहा, राजू कुशवाहा, रामभुवन कुशवाहा, नत्थू कुशवाहा, दीपलाल कुशवाहा, राजेश कुशवाहा, गया प्रसाद गर्ग, अन्नलाल कोरी, मुकेश चौधरी, रोहित यादव, राजकुमार यादव, राम भगत पटेल, बैजनाथ कुशवाहा, अवध बिंदुआ, बृजेंद्र सिंह परमार, रूपनारायण मिश्रा, रविंद्र कुशवाहा, रामकृष्ण कुशवाहा, रोहित यादव, राजकुमार यादव, सूरज मिश्रा, सुनील अवस्थी सहित क्षेत्र के की गणमान्य जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष दीपक तिवारी द्वारा किया गया।