Home Blog Page 222

जमीनी विवाद के चलते लाठी-कुल्हाड़ी से हमला कर किसान की हत्या

10
मृतक राजकुमार लोध।

पन्ना जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ममनीपुर की घटना

चार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण

जमीनी विवाद की दो घटनाओं में चार की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

पन्ना रडार न्यूज़  मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में बुधवार का दिन जमीनी विवादों से उपजे दो ख़ूनी संघर्षों के नाम रहा। जिनमें चार लोगों की मौत हो गई। एक वारदात पन्ना जिले के पवई थाना अंतर्गत हुई जिसमें दोनों पक्षों के तीन लोग मारे गए। जबकि दोनों पक्षों के दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दूसरी वारदात धरमपुर थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी खोरा के ग्राम ममनीपुर में लोधी समाज के लोगों के बीच हुई। जहां खेत की जुताई करने गए एक किसान राजकुमार पिता मंगल सिंह लोध 45 साल की गांव के ही स्वजातीय लोगों ने लाठी-कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या कर दी। मृतक के छोटे भाई रासकिशोर लोध ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए बताया कि वह आज सुबह ट्रेक्टर लेकर अपने भाई राजकुमार लोध का खेत जोतने गया था। सुबह करीब 10 बजे वहां राजकुमार पिता बाबू लाल लोध, संतराम पिता बाबू लाल लोध, विजय पिता बाबू लाल लोध, अशोक पिता बाबू लाल लोध, गौतम पिता राजकुमार लोध लाठी-कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे और राजकुमार लोध को घेरकर उसके ऊपर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। खून से लथपथ राजकुमार लोध के जमीन पर गिरते ही हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। मरणासन्न स्तिथि में राजकुमार पिता मंगल सिंह लोध 45 साल को समुचित उपचार हेतु परिजन पन्ना लेकर आये। यहां जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान शाम करीब 4 बजे राजकुमार की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि कृषक राजकुमार लोध के सिर और पैर में गंभीर आईं थीं। उल्लेखनीय है कि मकान बनाने को लेकर राजकुमार लोध और संतराम लोध के बीच विवाद चल रहा था। जिसके चलते संतराम और उसके परिजनों ने बुधवार 4 जुलाई की सुबह मौका पाकर एक राय होकर हत्या की जघन्य वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद से ग्राम ममनीपुर में तनाव मिश्रित मातम का माहौल है। धरमपुर थाना पुलिस ने इस वारदात पर फ़िलहाल संतराम पिता बाबू लाल लोध व उसके तीन भाइयों राजकुमार लोध, विजय लोध, अशोक लोध के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। वारदात के बाद से फरार उक्त आरोपियों की पुलिस द्वारा सरगर्मी से तालश की जा रही है।

दबंगों ने चलाई गोलियां, तीन की मौत, दो घायल

0
बहु के शव पास बैठे विलाप करते परिजन ।

पन्ना जिले के सिमराखुर्द ग्राम में जमीनी विवाद पर हुआ खूनी संघर्ष

पन्ना। रडार न्यूज़ मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना के ग्राम सिमराखुर्द में दो परिवारों के बीच में चल रहे जमीनी विवाद में दबंगों के हस्तक्षेप ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जिसमें दोनों पक्षों के तीन लोगों की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। इस सनसनीखेज घटना में गोली लगने के कारण गंभीर रूप से घायल एक 20 वर्षीय को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पवई में भर्ती कराया गया है। इस वारदात के बाद से सिमराखुर्द में बेहद तनावपूर्ण स्थिति निर्मित है। विवाद बढ़ने के मद्देनजर आसपास के थानों से पुलिस बल बुलाकर वहां तैनात किया गया है।

गोली लगने से हुई ससुर और बहू की मौत-

वृद्ध के शव का मुआयना करते पुलिस अधिकारी ।

घटना स्थल पर पहुंचे स्थानीय पत्रकार सतीष पटेल व अजित बढ़ोलिया ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम सिमराखुर्द के किशुन चौधरी और अनार खान पिता अमीरा खान 70 वर्ष के बीच लम्बे समय से जमीनी विवाद चल रहा है। बुधवार को गांव के दबंग जगदीश सिंह उर्फ बड़े राजा व रघुवीर सिंह ठाकुर द्वारा किशुन चौधरी की ओर से जमीनी विवाद में हस्तक्षेप करते हुए अनार खान के घर उसे धमकाने पहुंचे। अनार खान ने जब दोनों भाईयों से इस मामले में दखलंदाजी न करने की बात कही तो उनके बीच वाद-विवाद बढ़ गया। जगदीश सिंह और उसका छोटा भाई रघुवीर सिंह अपने घर आये और रायफल उठाकर वापिस अनार खान के घर पहुंचकर दिनदहाडे़ ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे। इस घटना में गोली लगने से अनार खान पिता अमीरा खान 70 वर्ष, उसकी बहू हसीना बानो पत्नी अमजद खान 25 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गोली लगने से अकरम खान पुत्र अकबर खान 20 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं रघुवीर सिंह के भी घायल होने की खबर मिली है।

लाठी-डंडों से की हत्या-

वहीं दबंगों से पिता और भाभी की मौत का बदला लेने के लिए अनार खान के परिजनों ने जगदीश सिंह उर्फ बड़े राजा की बंदूक छुड़ाकर लाठियों से हमलाकर और पत्थर पटकर मार डाला। जगदीश सिंह का खून से लथपथ शव अनार खान के घर पर बकरियों की सार में मिला। इस भीषण खूनी संघर्ष के बाद से ग्राम सिमराखुर्द में तनावपूर्ण मातम का माहौल निर्मित है। इस जघन्य हत्याकाण्ड से पूरा इलाका दहल उठा है। इस क्षेत्र में पूर्व में भी कई दहला देने वाले काण्ड हो चुके है, क्षेत्रवासी अत्यंत ही दहशत में है। उधर तीन-तीन हत्यायें होने के करीब एक घंटे बाद भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीकेएस परिहार, पवई एसडीएम अभिषेक सिंह, सिमरिया थाना प्रभारी डीके सिंह ने घटना का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों व ग्रामीणों को शांति बनाये रखने की समझाईस दी गई। वहीं पन्ना से अतिरिक्त पुलिस बल को सिमराखुर्द भेजा गया जिसे शांति व कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए तैनात किया गया है।

डीआईजी सिमराखुर्द पहुंचे-

जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हुए ख़ूनी संघर्ष में तीन लोगों जघन्य हत्या की सुचना मिलते ही छतरपुर रेंज के डीआईजी अनिल महेश्वरी शाम लगभग 4 बजे सिमराखुर्द पहुंचे।

एहतियात के तौर पर ग्राम सिमराखुर्द में तैनात पुलिसबल ।

पड़ोसी जिला दमोह से भी अतिरिक्त पुलिस जवान सहयोग के लिए मौके पर मौके पर पहुँच चुके थे। डीआईजी श्री महेश्वरी ने स्थानीय पुलिस अधिकारीयों से घटना के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की तथा घटनास्थल का दौरा कर मृतकों के परिजनों से भी मिले। उल्लेखनीय है कि दबंगों के प्रभाव वाले इस इलाके में पूर्व कई बेहद जघन्य हत्याकाण्ड हुए हैं जिनकी गूंज प्रदेश स्तर तक रही है। इन हत्याकाण्डों में अब तक कई लोग मारे जा चुके हैं, यहां कई सालों से चल रहे ख़ूनी संघर्षों के बेहद रक्त-रंजित इतिहास को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस किसी भी स्तिथि निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया से मिले पदक विजेता खिलाड़ी 

155
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया से म.प्र.वाटर स्पोटर्स अकादमी के पदक विजेता खिलाड़ियों ने सौजन्य भेंट की।

भोपाल। खेल और युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया से आज यहाँ जकार्ता में पिछले दिनों आयोजित एशियन सेलिंग चैम्पियनशिप में देश को कांस्य पदक दिलाने वाली मध्यप्रदेश वाटर स्पोर्ट्स अकादमी की प्रतिभावान सेलिंग खिलाड़ी एकता यादव और शैला चार्ल्स  तथा कोरिया में गत दिवस आयोजित एशियन जूनियर रोइंग चैम्पियनशिप में देश को दो रजत पदक दिलाने वाले मध्यप्रदेश वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के होनहार रोइंग खिलाड़ी मंगल सिंह, नीतेश भारद्वाज, रोहित सेंधव और विजय पाल सिंह ने सौजन्य भेंट की। खेल मंत्री ने वाटर स्पोर्ट्स अकादमियों के खिलाड़ियों द्वारा एशियन सेलिंग चैम्पियनशिप और एशियन जूनियर रोइंग चैम्पियनशिप में किए गए शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक जीतकर देश और प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं, जिन पर हमें गर्व है। इस अवसर पर संचालक खेल और युवा कल्याण डाँ. एस.एल. थाउसेन, वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के सेलिंग प्रशिक्षक जी.एल. यादव एवं रोइंग प्रशिक्षक कैप्टन दलबीर सिंह मौजूद थे। 

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया से रोइंग के पदक विजेता खिलाड़ियों ने सौजन्य भेंट की।

उल्लेखनीय है कि जकार्ता में पिछले दिनों आयोजित एशियन सेलिंग चैम्पियनशिप के 49cr FX क्लास बोट इवेन्ट में मध्यप्रदेश वाटर स्पोर्ट्स अकादमी की सेलिंग खिलाड़ी एकता यादव और शैला चार्ल्स की जोड़ी ने देश को कांस्य पदक दिलाया। इसी तरह कोरिया में गत दिवस आयोजित एशियन जूनियर रोइंग चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ी मंगल सिंह और नीतेश भारद्वाज की जोड़ी ने जूनियर मेन क्वाटरपूल स्कल तथा रोहित सेंधव और विजय पाल सिंह की जोड़ी ने जूनियर मेन कॉक्सलेस फोर इवेन्ट में एक-एक रजत पदक देश को दिलाए।

जनता को सुशासन देना सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री श्री चौहान

286
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय में समाधान ऑनलाइन में जन शिकयतों का निराकरण किया।

मुख्यमंत्री ने समाधान ऑनलाइन में किया जन शिकायतों का निराकरण 

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जनता को सुशासन देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारीगण जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुये, उसी दिन निराकरण करने का प्रयास करें। श्री चौहान आज यहाँ मंत्रालय में समाधान ऑनलाइन के दौरान ‘समाधान एक दिन” और ‘लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम’ के अंतर्गत हुई कार्यवाही की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों की दर्जन भर जन शिकायतें सुनी और उनका समाधान तथा संबंधितों को 7 लाख रूपये से अधिक राशि का भुगतान कराया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम के तहत जनता को समय पर सेवायें नहीं उपलब्ध कराने वाले अधिकारियों पर जुर्माना लगाया जाये। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को बधाई और प्रशस्ति पत्र दिये। साथ ही कमजोर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिये। उन्होंने संबल योजना के अंतर्गत जहाँ पंजीयन कम हुआ है, वहाँ पंजीयन संख्या बढ़ाने के प्रयास करने के निर्देश दिये। सभी पात्र गर्भवती महिलाओं का पंजीयन और प्रसूति सहायता देना सुनिश्चित करने, भूमि का पट्टा देने आदि के निर्देश दिये। इसी तरह आकांक्षी विकासखण्डों में आवश्यक कार्य कराने के निर्देश दिये।

किसानों को शेष राशि का शीघ्र भुगतान करें-

श्री चौहान ने किसानों को चना, मसूर की बिक्री राशि, भावांतर की राशि एवं किसान समृद्धि योजना की शेष प्रोत्साहन राशि का शीघ्र भुगतान करने के अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया है कि किसानों को अपनी उपज की बिक्री में किसी भी तरह की तकलीफ नहीं होनी चाहिये। कोई भी जायज किसान इससे वंचित नहीं रहना चाहिये तथा इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होना चाहिये। इस दौरान बताया गया कि 4 से 31 जुलाई तक कृषि उपज मंडियों में उड़द और मूंग की खरीदी की जायेगी।

सहरिया, भारिया और बैगा महिलाओं को गत दिसम्बर माह से मिलेंगे एक हजार रूपये-

मुख्यमंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजाति सहरिया, भारिया और बैगा महिलाओं को एक हजार रूपये प्रति माह मिलना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पैसे की कोई कमी नहीं है। सभी पात्र बहनों को यह राशि विगत दिसम्बर माह से दी जा रही है। जिन हितग्राहियों को यह राशि नहीं मिली है, उनके बैंक खातों में शीघ्र पहुँचायी जाये। वे अपने बच्चों को पौष्टिक आहार दे सकें। उन्होंने चरण पादुका योजना के अंतर्गत शेष बचे हितग्राहियों को शीघ्र जूते-चप्पल, साड़ी एवं पानी की कुप्पी वितरित करने के निर्देश दिये हैं।

अपराधियों से पूरी दृढ़ता और कठोरता से निबटें-

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि अपराधियों के विरूद्ध सघन अभियान चलाया जाये। साथ ही अवैध शराब और अश्लील साहित्य के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान को और तेज किया जाये। उन्होंने कहा है कि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सरकार के लिये सर्वोपरि है। बेटियों के विरूद्ध होने वाले अपराधों के प्रति पूरी संवेदना रखें तथा अपराधियों से पूरी दृढ़ता और कठोरता से निबटें। उन्होंने बताया कि सतना की घटना में पीड़ित बच्ची को एम्स में इलाज के लिये एयर एंबूलेंस से दिल्ली भेजा गया।

बेटियों के अपराधियों को फाँसी की सजा दिलाने का प्रयास-

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इसके पहले मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बेटियों के साथ हुई घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त  की है। इसे गम्भीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इन नराधमों को फाँसी की सजा दिलाने के पूरे प्रयास करें। मंदसौर और सतना की घटनाओं की शीघ्र विवेचना पूरी कर चालान प्रस्तुत किया जाए। ग्वालियर की घटना का चालान प्रस्तुत हो गया है। उसकी जल्दी सुनवायी पूरी कराने तथा इंदौर और धार की घटनाओं पर अपराधियों को न्यायालयों द्वारा फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है, उसकी माननीय उच्च न्यायालय से शीघ्र पुष्टि कराने का प्रयास करें, जिससे अपराधियों को फाँसी पर लटकाया जा सके। श्री चौहान ने स्पष्ट कहा की समाज में ऐसे नरपिशाचों के लिए कोई जगह नही हैं। हम उन्हें फाँसी तक नहीं छोड़ेंगे।

12 आवेदकों की समस्याओं का समाधान हुआ-

शिवपुरी की तहसील कोलारस के ग्राम अटरनी निवासी इन्द्र सेन ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में 5 लाख रूपये का ऋण लिया था। इसकी अनुदान राशि डेढ़ लाख रूपये प्राप्त हुई। इसी तरह राजगढ़ के ग्राम जोगीपुरा निवासी मांगीलाल सोंधिया की पत्नी की कुंए में गिरने से मृत्यु हो गई थी जो प्रधानमंत्री जन-धन बीमा योजना में बीमित थी। किन्तु कंपनी द्वारा उनका बीमा दावे का भुगतान नहीं किया जा रहा था। समाधान ऑनलाइन में प्रकरण प्राप्त होने पर दो लाख रूपये का भुगतान मिल गया। घटना का विवरण मिलने पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बीमा कंपनी की भूमिका पर गहन अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रकरण की वस्तुस्थिति से केन्द्र सरकार को अवगत करायेंगे। खंडवा, हरसूद के ग्राम प्रतापपुरा निवासी लक्ष्मण सिंह यादव 40 प्रतिशत नि:शक्त है, फिर भी उन्हें नि:शक्त विवाह प्रोत्साहन योजना का लाभ नहीं मिला था। समाधान में आवेदन करने पर उन्हें एक लाख रूपये की सहायता राशि प्राप्त हो गई। कटनी जिले के रीठी विकासखंड गांव बिलेरी निवासी श्री सुनीत कुमार पटेल ने 217 क्विंटल से अधिक धान का समिति मे विक्रय किया था। बोनस की राशि 43 हजार 520 रूपये का भुगतान प्राप्त हो गया। नरसिंहपुर विकासखण्ड चॉपरपाठा गांव अजसरा निवासी श्री विनोद साहू को कृषि विभाग से पाइप क्रय करने के अनुदान की राशि 4500 रूपये का भुगतान मिल गया। खरगोन के विकासखण्ड बड़वाह ग्राम बेतालिया निवासी श्री सुंदरलाल हिरवे को प्रधानमंत्री आवास की चौथी किश्त की मजदूरी का भुगतान 10 हजार 344 रूपये प्राप्त हुआ। बालाघाट तहसील वारासिवनी के गांव कोसते निवासी संतोष मदनकर को मनरेगा की सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण की 23 दिन की मजदूरी का भुगतान प्राप्त हुआ। ग्वालियर लश्कर निवासी सुश्री रजनी राठौर को बी एड की छात्रवृत्ति राशि 7 हजार 830 रूपये का भुगतान प्राप्त हुआ। दमोह विकासखण्ड जबेरा गांव सिगरामपुर निवासी हरिराम चौधरी को भवन निर्माण मजदूरी का 26 हजार 4 सौ रूपये का भुगतान मिला। सतना के ग्राम रामनगर निवासी वैभव पांडे को विक्रमादित्य छात्रवृत्ति योजना की राशि 2 हजार का भुगतान प्राप्त हुआ। डिंडोरी विकासखण्ड बजंग गांव गीधा निवासी सुरेश कुमार ठाकुर के भवन में आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावास रिक्त करने के बाद भी किराया नहीं दिया समाधान में प्रकरण प्रस्तुत करने पर उन्हें शेष किराया राशि एक लाख 52 हजार 216 रूपये प्राप्त हो गए।

उत्कृष्ट अधिकारी सम्मानित हुये-

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लेवल वन स्तर पर मई माह में अधिकतम संतुष्टि के साथ सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण के लिए 9 अधिकारियों को बधाई और प्रशस्ति पत्र दिलवाये। मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित होने वाले अधिकारियों में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी गुना दीपक मांझी, सहायक यंत्री नगरीय विकास एवं आवास सागर अरविंद पटेरिया, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंदसौर, उपायुक्त सहकारिता अशोक कुमार शुक्ला बैतूल, सहायत यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी होशंगाबाद नरेश कुवाल, तहसीलदार होशंगाबाद आलोक पारे, सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग अल्प संख्यक कल्याण जबलपुर आशीष दीक्षित और कनिष्ठ अभियंता ऊर्जा रीवा ए.के.चौधरी शामिल हैं।

इसी तरह समाधान एक दिन के उत्कृष्ट प्राधिकारियों को जून माह में शतप्रतिशत प्रकरणों का एक दिवस में निराकरण करने पर सम्मानित किया गया। श्रेणी ए में तहसीलदार लखनादौन जिला सिवनी राकेश कुमार चौरसिया, विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवास एफ.बी. मानेकर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आगर मालवा जे.सी.राठौर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत आष्टा जिला सीहोर नवल मीणा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी देवास आर.के. विश्वकर्मा, श्रेणी बी में मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमानगंज पन्ना, मोहम्मद हसन, नगर निगम इंदौर के सहायक आयुक्तद्वय निर्रजय भट्ट, शरद पाराशर, तहसील अमानगंज जिला पन्ना रविन्द्र सिंह चौहान और विदिशा के श्री कौरव को सम्मानित किया गया।

नरपिशाच धरती पर रहने लायक नहीं, उनकी सजा सिर्फ फांसी है- मुख्यमंत्री श्री चौहान

276

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर, मंदसौर और सतना में मासूम बेटियों से हुई ज्यादती की घटनाओं के संबंध में कहा है कि ये घटनाएं हृदय विदारक हैं, अंदर तक झकझोर देती हैं। जो लोग ऐसा काम करते हैं, वे राक्षस हैं, नरपिशाच हैं। ऐसे लोग धरती पर रहने लायक नहीं हैं। ऐसे व्यक्तियों को फाँसी के फंदे पर लटकाना चाहिये। इसके बिना खौफ पैदा नहीं होगा।

श्री चौहान ने आज यहां इलेट्रानिक मीडिया में अपना वक्तव्य देते हुए कहा कि अक्सर देखा गया है कि निचली अदालत में दरिंदों को फाँसी की सजा हो जाती है। फिर ऊपरी अदालतों में प्रकरण जाता है और प्रक्रिया लंबी हो जाती है। दुष्टों को फाँसी देने में देर हो जाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जल्दी सुनवाई के लिये फास्ट ट्रेक कोर्ट बनाने के लिये सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस को पत्र लिखकर अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि उच्च अदालतों में भी फास्ट ट्रेक कोर्ट बनाकर सुनवाई होना चाहिये ताकि जल्दी से जल्दी ऐसे नरपिशाचों को फांसी हो सके।

श्री चौहान ने कहा कि वे अभियान चलायेंगे कि मासूम बेटियों से ज्यादती करने वाले दरिदों को किसी भी कीमत पर फाँसी की सजा मिले। उन्होंने कहा कि बलात्कारियों को जेल से कदापि नहीं छोड़ा जाना चाहिये। ऐसे लोग मानसिक रूप से विकृत हैं। वे दोबारा समाज में आकर फिर घिनौना काम करेंगे। इनका सही ठिकाना यह दुनिया नहीं है। श्री चौहान ने कहा कि मुझे दरिंदगी का शिकार हुई बेटियों के स्वास्थ्य की चिंता है। उनके स्वास्थ्य की रक्षा करना मेरी सरकार का परम कर्तव्य है।

16 करोड़ के बिल माफ होने से 20133 हितग्राहियों को मिली राहत

1648

सरल बिजली बिल तथा बकाया बिल माफी योजना का शुभारंभ

जिले के सभी विकासखण्डों में कार्यक्रम आयोजित

पन्ना। राडार न्यूज़ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान द्वारा 3 जुलाई 2018 को करौंद भोपाल से सरल बिजली तथा मुख्यमंत्री बकाया बिल माफी योजना का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में जिले के पाॅंचों विकासखण्डों में भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योजना के तहत अब तक जिले में 20133 असंगठित श्रमिकों एवं बीपीएल कार्डधारी हितग्राहियों के 16 करोड़ 37 लाख रूपये के बिल माफ किए गए हैं। खण्ड स्तरीय कार्यक्रमों में भोपाल से मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी हितग्राहियों द्वारा देखा गया।

विकासखण्ड पन्ना में शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष रविराज सिंह यादव, जनपद अध्यक्ष श्रीमती शोभा सिंह तथा नगरपालिका अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा की उपस्थिति में किया गया। इसी क्रम में गुनौर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष माधवेन्द्र सिंह, अजयगढ़ में जनपद अध्यक्ष भरतमिलन पाण्डेय तथा नगर परिषद अध्यक्ष संजू विश्वकर्मा, शाहनगर में जनपद अध्यक्ष श्रीमती सीमादेवी पाल तथा पवई में जनपद उपाध्यक्ष अजयदेव बुन्देला की उपस्थिति में शुभारंभ कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पांचों विकासखण्डों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग एक हजार हितग्राहियों को टोकन स्वरूप सरल बिजली बिल तथा मुख्यमंत्री बकाया बिल माफी योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान कार्यपालन अभियंता विद्युत मण्डल ओ.पी. सोनी पन्ना विकासखण्ड में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहे।

असफलताओं से निराश न हों, आगे बढ़ने का साहस रखें-मुख्यमंत्री

291
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में मुख्यमंत्री कैरियर काउंसलिंग पहल - “छू लेंगे आसमाँ” के तहत विद्यार्थियों से चर्चा की।

एक लाख विद्यार्थियों को रोजगार देने चार अगस्त को लगेगा रोजगार मेला 

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विद्यार्थियों से कहा है कि वे असफलताओं से निराश नहीं हों। आगे बढ़ने की इच्छा और साहस बनाये रखें। एक राह बंद होती है, तो हजारों राहें खुलती हैं। रास्ते हजार हैं। विकल्प बहुत हैं। श्री चौहान आज यहाँ सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री केरियर काउंसलिंग पहल – ‘छू लेंगे आसमां’ के अंतर्गत तीसरे चरण की काउंसलिंग में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि केरियर काउंसलिंग स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, आदिम जाति कल्याण और कौशल विकास विभागों का संयुक्त प्रयास है। यह काउंसलिंग 12वीं कक्षा के ऐसे विद्यार्थियों के लिये आयोजित की गई है, जो परीक्षा में अपेक्षित परिणाम नहीं ला पाए।

नया इतिहास लिखने के लिये तैयार रहें-

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में मुख्यमंत्री कैरियर काउंसलिंग पहल – “छू लेंगे आसमाँ” के दौरान विद्यार्थियों से रू-ब-रू हुए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी चार अगस्त को एक लाख बच्चों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिये विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को नई ऊर्जा के साथ निरंतर आगे बढ़ते रहने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि समय और परिस्थितियां हमेशा बदलती रहती हैं। हमेशा अच्छा होने की उम्मीद रखें। निराशाओं को अपने पास नहीं फटकने दें। आगे बढ़ने का जुनून रखें और नया इतिहास लिखने केलिये तैयार रहें। श्री चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों के लिये अनूठी योजनाएं बनाई गई हैं, जिससे पैसों के अभाव के कारण उनकी पढ़ाई बीच में न छूटे। यदि वे अपना काम शुरू करना चाहते हैं, तो किसी प्रकार की बाधा न आये। उन्होंने कहा जीवन में बहुत से ऐसे क्षेत्र हैं, जहाँ कौशल सम्पन्न लोगों की हमेशा जरूरत रहती है। ऐसे क्षेत्रों का चुनाव करें और असफलता से न घबराते हुए फिर से प्रयास करें। जो लगातार कोशिश करते हैं, उनकी हार नहीं होती।

निरंतर आगे बढ़ें-

श्री चौहान ने स्वामी विवेकानंद के वक्तव्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि दुनिया में कोई काम असंभव नहीं है। उन्होंने कहा कि हताश और निराश होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। अपेक्षित परिणाम नहीं लाने पर लोगों की टिप्पणियों पर भी ध्यान देने की जरूरत नहीं है। उन्होने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे कम नंबरों के कारण अपने बच्चों को कमतर नहीं आंकें। उनकी प्रतिभा में कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में ईश्वर ने समान प्रतिभा, बुद्धि, क्षमता और ऊर्जा दी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने पर भरोसा रखें। आगे कई रास्ते हैं। कई विकल्प हैं। जीवन में निरंतर आगे बढ़ें। उन्होंने दुनिया के कुछ महान व्यक्तियों का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रारंभिक असफलताओं के बाद उन्होंने ऐसे काम किए, जो आज पूरी दुनिया याद करती है। श्री चौहान ने कहा कि अहंकार से दूर रहें, धैर्य रखें, उत्साह रखें और स्वयं पर विश्वास रखें। आगे बढने का यहीं मंत्र है।

स्मार्ट क्लास के लिये बनेगा हाल-

श्री चौहान ने सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्मार्ट क्लास के लिये 200 बच्चों की क्षमता का हाल बनवाने की घोषणा की। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में केरियर काउंसलिंग केन्द्रों में उपस्थित विद्यार्थियों के सवालों का जवाब दिया और उन्हें उत्साहवर्धक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। स्कूल शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी ने कहा कि शिक्षा और कौशल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिये मुख्यमंत्री श्री चौहान के मार्गदर्शन में अनेक योजनाएं तैयार की गई हैं। इन योजनाओं का पूरा लाभ उठायें और अपना केरियर सँवारें।

माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष एस.आर. मोहंती ने बताया कि पहले चरण की काउंसलिंग 21 से 31 मई तक आयोजित हुई थी, जिसमें 29 हजार 478 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनके नंबर 70 प्रतिशत से ऊपर थे। दूसरे चरण की काउंसलिंग 08 से 15 जून तक आयोजित की गई, जिसमें 70 प्रतिशत तक के विद्यार्थियों शामिल थे। तीसरे चरण की काउंसलिंग में वे बच्चे शामिल हो रहे हैं, जो अपेक्षित परिणाम नहीं ला पाये। तीसरे चरण की काउंसलिंग 355 केन्द्रों में चल रही है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश रोजगार बोर्ड के अध्यक्ष हेमंत देशमुख, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा श्रीमती दीप्ति गौड़ मुखर्जी, प्रमुख सचिव आदिम जाति कल्याण एस.एम. मिश्रा एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। आयुक्त लोक शिक्षण श्रीमती जयश्री कियावत ने आभार व्यक्त किया।

बस कंडक्टर से लूटपाट के विरोध में नेशनल हाईवे पर लगाया चक्काजाम

29
घटना के बाद मौके पर पहुंची डाइल 100 पुलिस।

चलती बस में मारपीट कर बदमाश लूट ले गये 6 हजार रुपए

देवेन्द्रनगर-पन्ना के बीच बड़ागाँव के समीप हुई सनसनीख़ेज़ वारदात

पन्ना। रडार न्यूज़  एक यात्री बस में सवार कुछ बदमाश कंडक्टर के साथ मारपीट कर कट्टे की नोंक पर 6 हजार रुपए लूट ले गए। घटना देवेन्द्रनगर से 5 किलोमीटर दूर पन्ना मार्ग पर नेशनल हाइवे क्रमांक -39 पर मंगलवार रात्रि करीब 8:15 बजे हुई। बेखौफ बदमाशों की खुली गुंडागर्दी का शिकार बने कंडक्टर ने दबंग आरोपियों की गिरफ़्तारी की मांग को लेकर बस स्टॉफ के सहयोग से बीच रास्ते में बस खड़ी करके चक्काजाम लगा दिया। इससे बेहद तनाव के बीच नेशनल हाईवे-39 पर लगभग आधा घंटे तक वाहनों के पहिये पूरी तरह थमे रहे। फलस्वरूप सड़क के दोनों और सैंकड़ों वाहनों की लम्बी कतार लग गई।

वह बस जिसके कंडक्टर से लूटपाट हुई।

बड़ागाँव और गहरा नाला के बीच हुई वारदात की सूचना पीड़ित बस परिचालक अमित तिवारी द्वारा डायल 100 पुलिस को दी गई। कुछ समय बाद देवेन्द्रनगर थाना प्रभारी मनीष मिश्रा और डायल 100 पुलिस मौके पर पहुँची और हमलावरों की तत्परता से गिरफ़्तारी का भरोसा दिलाते हुए आवागमन बहाल कराया गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने रोड रेज और लूट की इस सनसनीख़ेज़ घटना को अंजाम देने वाले 3-4 बदमाशों को हिरासत में ले लिया था। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी किसी ने पुष्टि नहीं की है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार से पन्ना से सतना जा रही रमेश ट्रेवल्स की अम्बे बस क्रमांक- MP-19 P- 3156 में सवार होने के लिए बड़ागाँव के कुछ युवकों ने हाँथ हिलाकर इशारा किया पर बस नहीं रुकी। इसे अपना अपमान समझकर उक्त युवकों ने बस का पीछा किया। रास्ते में बस की रफ़्तार धीमी पड़ने पर वे सभी उसमें सवार हो गए और चलती बस में कंडक्टर से मारपीट करते हुए कट्टे की नोंक पर 6 हजार रुपए लूट कर फरार हो गए। घटना के समय बस में तकीबन दर्जनभर यात्री सवार थे। लेकिन वे सभी इतनी दहशत में थे कि किसी ने भी कंडक्टर की बेदम पिटाई कर रहे बदमाशों को रोकने या उनका विरोध करने का साहस नहीं दिखाया।

इनका कहना है-

     ” बस कंडक्टर के साथ सिर्फ़ मारपीट हुई है, कट्टे की नोंक पर किसी तरह की लूटपाट नहीं हुई है। पीड़ित की रिपोर्ट     दर्ज की जा रही है, उसके बाद ही घटना की जानकारी दे पाऊँगा। जहां बस खड़ी थी वहां रास्ता संकीर्ण होने के कारण जाम लगा किसी ने चक्काजाम लगाया नहीं था।”

               मनीष मिश्रा, थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर, जिला पन्ना

बलात्कारी हिंदू-मुसलमान नहीं, भेड़िया नजर आएगा

30
विजय शंकर चतुर्वेदी

देखने में आया है कि निर्भया काण्ड के बाद से हमारे देश में बलात्कार की लगभग हर घटना का राजनीतिकरण करने की कोशिश होती है। यह समाज और लोगों की मानसिकता में आई नई गिरावट है। बलात्कार पीड़िता से जाकर मिलना फोटो अवसर में बदल दिया जाता है। इंदौर के अस्पताल में भर्ती मंदसौर की बच्ची से जब भाजपा सांसद और विधायक सहानुभूति जताने पहुंचे तो विधायक जी ने पीड़िता के परिवारजनों से कहा कि सांसद जी का धन्यवाद दीजिए कि वह आपसे स्पेशली मिलने आए है।
इतना ही नहीं आजकल बलात्कार की खबर आते ही धार्मिक आधार पर चिंगारी भड़काने के लिए कुछ लोगों की फौज सन्नद्ध हो जाती है। स्कोर सेटल करने के लिए दरिंदगी और जघन्यता को भुलाकर लोग सवाल करने लगते हैं कि अब मोमबत्ती गैंग कहां छिप गई है? आखिर कब ये लोग दिल्ली, मेरठ, नागांव, मुंबई, ठाणे, नरेला, मुजफ्फरपुर वगैरह जाएंगे और उन बच्चियों के बलात्कार के खिलाफ कैंडल मार्च निकालेंगे जिनके आरोपी मुसलमान हैं? अमुक बलात्कार के बाद आपके मुंह में दही क्यों जम गया था?
मंदसौर में 6 साल की बच्ची के साथ हुए बलात्कार को भी कठुआकाण्ड के बरक्स रख कर देखने-दिखाने के प्रयास तेज हो गये हैं। इस प्रवृत्ति को महज सोशल मीडिया का ढीलापन या बेरोजगारों के शगल की तरह देख कर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह एक एजेण्डा के तहत अंजाम दिया जाता है। अगर पीड़िता कोई हिन्दू लड़की हुई और बलात्कारी मुसलमान तो हिंसक और घृणित प्रतिक्रियाओं की बाढ़ ही आ जाती है।
बलात्कार की घटनाओं में हिन्दू-मुसलमान-सिख-ईसाई वाला एंगल खोजना विकृत मानसिकता का द्योतक है। इसे समाज के कोढ़ की तरह देखा जाना चाहिए। पिछले कुछ समय में खबरें आई हैं कि ठाणे की 5 साल की एक लड़की का बलात्कारी मौलवी निकला। दिल्ली के 70 साल के मदरसा शिक्षक ने 9 साल की बच्ची का बलात्कारा करने के बाद उसकी हत्या याद कर दी। राजस्थान के एक मदरसा शिक्षक और उसके दोस्त ने 16 साल की लड़की का बलात्कार किया। असम के नागांव जिले में 9 साल की हिन्दू लड़की का बलात्कार 3 मुसलमान लड़कों ने किया और उसे जला कर मार डाला। बिहार में 6 साल की लड़की का बलात्कार कर उसकी हत्या करने वाला 40 साल का मोहम्मद मेराज आलम था। लेकिन इनके समर्थन में कोई खड़ा हुआ हो, ऐसा देखने-सुनने में नहीं आया। यह जरूर देखने को मिला कि उन्नाव बलात्कार काण्ड में लिप्त भाजपा विधायक को बचाने की जी-जान से कोशिश की गई, लेकिन जनाक्रोश के सामने इसमें विफलता हाथ लगी।

सांकेतिक फोटो

कठुआ काण्ड में जहां आरोपी हिंदू धर्म से संबंधित थे वहीं मंदसौर काण्ड के आरोपी मुस्लिम हैं। लेकिन दोनों जगह हुई प्रतिक्रियाओं में बुनियादी फर्क यह है कि कठुआ मामले में आरोपियों का बचाव करने के लिए हिंदू संस्थाओं से जुड़े नेता और भाजपा विधायक सड़कों पर उतर आए थे, वहीं मंदसौर में आरोपियों को फांसी दिलाने की मांग करते हुए मौलवी और काजी सड़कों पर उतर पड़े हैं और कह रहे है कि इन दरिंदों को न तो कब्र के लिए जगह दी जाएगी और न ही फातिहा पढ़ा जाएगा और तो और स्थानीय बार एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि बलात्कारी आसिफ और इमरान का केस लड़ने उनका कोई भी वकील अदालत में पेश नहीं होगा। इसके उलट आपको याद ही होगा कि कठुआ मामले में किस तरह पीड़िता की वकील को जान से मारने की धमकियां दी गई थीं। हत्यारों के समर्थन में रैलियां निकली थीं और भाई लोग जेब का पैसा खर्च करके वीडियो बना लए थे कि उस मंदिर में बलात्कार हो ही नहीं सकता था। बलात्कार स्त्री के साथ हुआ सबसे बड़ा अप्राकृतिक अत्याचार है। यह स्त्री के तन और मन को हमेशा के लिए रौंद कर रख देता है। इसे जब धर्म के आईने में रख कर भेदभाव किया जाता है तो इंसानियत शर्मसार हो उठती है। लेकिन राजनीति का मयार इतना गिर चुका है कि वह सबसे पहले पीड़िता की जाति और धर्म और वर्ग देखती है। नफा-नुकसान तोलकर प्रतिक्रियाएं दी जाती हैं। देश के कोने-कोने से रोजाना बलात्कार की हजारों रपटें आती हैं लेकिन मुश्किल से ही किसी को सजा मिल पाती है। अभी एक राष्ट्रीय सर्वे आया कि भारत में महिलाओं के जीने के लिए नरक जैसी परिस्थितियां बन चुकी हैं, लेकिन आत्मावलोकन की जगह केन्द्र सरकार की तरफ से उस सर्वे को ही झुठलाने की होड़ मच गई। ऐसी मानसिकता में स्त्रियों को न्याय कैसे मिलेगा?
न्याय होता हुआ दिखता भी नहीं है, इसीलिए बलात्कारियों को न समाज की शर्मिंदगी है, न कानून का खौफ। राजनीति और धर्म के ठेकेदारों की सरपरस्ती में सब कुछ डंके की चोट पर होता है। इसका सबसे बड़ा कारण है बलात्कार के प्रति हमारी संवेदनहीनता, बलात्कार की घटनाओं के खिलाफ लड़ाई लड़ने की हमारी कमजोर इच्छा शक्ति, महिलाओं के प्रति हमारा दोगला व्यवहार, बेटे-बेटियों की परवरिश में भेदभाव और किसी की भी बेटी के साथ हुए बलात्कार को नजरअंदाज कर जाना। इसी का फायदा उठाकर मर्दों के भीतर पलती हैवानियत मौका पाते ही झपट्टा मार देती है।
जब किसी नीच बलात्कारी के धर्म के अनुसार आपका खून खौलने की प्रतीक्षा करता है तो जांच कराइए। जरूर कहीं कुछ गड़बड़ है। और अगर किसी के कहने-समझाने पर आप ऐसा कर रहे हैं तो मनुष्यों में आपकी गिनती नहीं होगी। दूसरे की मां-बहन-बेटी को अपनी मां-बहन-बेटी की जगह रख कर देखिए, बलात्कारी हिन्दू-मुसलमान नहीं, भेड़िया नजर आएगा और आप उसे सरेआम फांसी देने की मांग करेंगे।
 (व्यक्त विचार लेखक के अपने हैं।)

बुन्देलखण्ड में 38 हजार 598 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं का काम जारी

24
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सागर जिले के खुरई में बीना सिंचाई परियोजना का ई-शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा बीना नदी संयुक्त सिंचाई परियोजना का ई-शिलान्यास 

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जो अब तक कभी नहीं हुआ, वो हम कर दिखायेंगे। खेती और सिंचाई के मामले में हम मध्यप्रदेश को दुनिया का सर्वोत्तम राज्य बनायेंगे। उन्होंने कहा कि बुन्देलखंड अंचल में वर्तमान में 38 हजार 598 करोड़ रूपये लागत की सिंचाई परियोजनायें चल रही हैं। इनका काम पूरा होने पर बुन्देलखण्ड अंचल के पांच जिलों के 25 लाख एकड़ भू-रकबे में सिंचाई होगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज सागर जिले के खुरई में लगभग 4 हजार करोड़ लागत की बीना नदी संयुक्त सिंचाई परियोजना के भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। श्री चौहान ने इस मौके पर परियोजना का ऑनलाइन ई-शिलान्यास किया। यह परियोजना पूर्ण होने पर खुरई, बीना एवं सुरखी विधानसभा क्षेत्र के 90 हजार हैक्टेयर रकबे में सूक्ष्म सिंचाई पद्धति से सिंचाई होगी। इस परियोजना के अंतर्गत करीब 21 मेगावाट जल-विद्युत का उत्पादन भी किया जायेगा।

‘पर ड्राप-मोर क्रॉप’ सिंद्धांत की होगी सिंचाई परियोजनाएँ-

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ‘पर ड्राप-मोर क्रॉप’ सिद्वांत के आधार पर मध्यप्रदेश में नई परियोजनायें मंजूर की जा रही हैं। इसमें नहर प्रणाली में भूमिगत पाईप लाइन बिछाकर उच्च दबाव पर जल प्रदाय कर सूक्ष्म सिंचाई पद्वति को अपनाया जा रहा है। श्री चौहान ने कहा कि दस बरस पहले तक प्रदेश में मात्र 7.50 लाख हेक्टेयर रकबे में सिंचाई होती थी, जो वर्ष 2017-18 में बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर तक हो गयी है। अगले पांच सालों में प्रदेश की 80 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचित कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड में बण्डा, बाणसुजारा, पवई सिंचाई परियाजनाओं पर काम जारी है। केन-बेतवा लिंक परियोजना पर उत्तरप्रदेश से चर्चा चल रही है। इस परियोजना से मध्यप्रदेश के हक का एक-एक बूंद पानी बुन्देलखण्ड को दिलाने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रस्तावित अन्य सिंचाई परियोजनाओं का भी जल्द ही भूमि-पूजन किया जायेगा। श्री चौहान ने कहा कि बीना नदी संयुक्त सिंचाई परियोजना की एजेन्सी तय कर दी गयी है। कॉन्ट्रैक्टर भी आ चुका है। अब इस परियोजना पर तेजी से काम पूरा किया जायेगा।  

नीति, नीयत और नेतृत्व से निकलती है विकास की राह-
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सागर जिले के खुरई में बीना सिंचाई परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नीति, नीयत और नेतृत्व ठीक हो, तो विकास की राह निकल ही आती है। हमारी सरकार गांवों, गरीबों, किसानों, खेतों, खलिहानों और प्रदेश के हर नागरिक के चेहरे पर विकास की मुस्कान लाने के लिये कार्य कर रही है। सरकार ने गरीबों के लिये सभी द्वार खोल दिये हैं। मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना में प्रदेश के हर गरीब के लिये रोटी, कपड़ा, मकान, पढ़ाई-लिखाई, दवाई से लेकर रोजगार तक की व्यवस्था हमने की है। हमने यह कानून बनाया है कि प्रदेश में रहने वाले हर गरीब व्यक्ति को जमीन का मालिक बनाया जायेगा। उसे आवासीय पट्टा देकर उसका पक्का मकान भी बनवाया जायेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री अन्त्योदय आवास योजना के तहत हमारी सरकार अगले चार सालों में 40 लाख गरीबों को पक्का मकान बनवाकर देगी। गरीब व्यक्ति के बच्चों की पढ़ाई की फीस सरकार भरेगी। इलाज का खर्च भी सरकार वहन करेगी। श्रमिक गर्भवती महिलाओं को 16 हजार रूपये दिये जायेंगे। सरल बिजली बिल योजना के तहत 200 रूपये पर फ्लैट रेट पर बिजली दी जायेगी। सामान्य मृत्यु पर 2 लाख और दुर्घटना मृत्यु पर 4 लाख रूपये दिये जायेंगे। अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5 हजार रूपये नकद दिये जायेंगे। उन्होंने कहा कि गरीबों और किसानों के लिये सरकार सदैव उनके साथ खड़ी है।

गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि इस परियोजना में पाईप के माध्यम से पानी खेतों तक लाया जायेगा और ड्रिप पद्धति से सिंचाई होगी। श्री सिंह ने कहा दो-तीन वर्ष के अंदर पूरे क्षेत्र में पानी पहुंच जायेगा। उन्होंने कहा सागर जिले के किसानों के लिए फसल बीमा के रूप में 242 करोड़ रूपये तथा सूखा राहत में 158 करोड़ रूपये वितरित किये गये हैं। साथ ही जिले में समर्थन मूल्य पर 300 करोड़ रूपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में डाल दी गयी है। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव, सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, विधायक इंजी. प्रदीप लारिया, महेश राय और वीरसिंह पंवार, सागर के महापौर अभय दरे, स्थानीय जनप्रतिनिधि के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण जनसमुदाय मौजूद था।