Home Blog Page 214

स्वतंत्रता दिवस आज | मंत्री सुश्री मेहदेले ध्वजारोहण कर लेंगी परेड की सलामी

0
सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले मंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग़।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छात्र-छात्राएं देंगी प्रस्तुति

पन्ना। रडार न्यूज  स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय के पुलिस परेड मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह प्रातः 9 बजे मुख्य अतिथि सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले मंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा ध्वजारोहण से प्रारंभ होगा। इसके बाद मुख्य अतिथि सुश्री महदेले जिला पुलिस बल, नगर सैनिक, एनसीसी की संयुक्त परेड की सलामी लेंगी। परेड के निरीक्षण के बाद वे मुख्यमंत्री जी के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगी। इसके बाद समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह का समापन पुरस्कार वितरण से होगा। समारोह में भाग लेने के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सांसद, विधायकगणों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी नगरपालिका, विकासखण्डों, नगर परिषद तथा ग्राम पंचायतों में भी समारोहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी प्राथमिक तथा माध्यमिक शालाओं में विशेष मध्यान्ह भोज आयोजित किया जाएगा।

जिला पंचायत में अध्यक्ष आज करेंगे ध्वजारोहण

राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2018 को जिला पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष रविराज सिंह यादव ध्वजारोहण करेंगे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने जिला पंचायत के सभी सदस्यों, अधिकारियों तथा कर्मचारियों से इस अवसर पर उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।

शहीदों के माता-पिता को मिलेगी सम्मान निधि की 40 प्रतिशत राशि और 5 हजार रूपये पेंशन

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भिण्ड में शहीदों के परिजनो को सम्मानित किया।

प्रदेश में हर वर्ष 14 अगस्त को मनेगा शहीद सम्मान दिवस 

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भिण्ड में शहीदो के परिजन को किया सम्मानित 

भोपाल । रडार न्यूज   मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भिण्ड में शहीद  सम्मान दिवस समारोह में घोषणा की कि शहीदों को राज्य शासन द्वारा दी जाने वाली 1 करोड़ रूपये की सम्मान निधि में से 60 प्रतिशत राशि शहीद के वैधानिक वारिस और 40 प्रतिशत राशि शहीद के माता-पिता को दी जायेगी ताकि वे सम्मान पूर्वक जीवन जी सकें। इसी के साथ, शहीदों के माता-पिता को जीवन-यापन के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा 5 हजार रुपये प्रति माह की पेंशन भी दी जायेगी। साथ ही शहीद के वारिस को नौकरी, फ्लैट अथवा आवासीय प्लॉट दिया जायेगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भिण्ड में छत्तीसगढ़ सुकमा नक्सली हमले में शहीद जितेन्द्र सिं‍ह के पिता रामवीर सिंह को एक करोड़ रूपये की सम्मान राशि का चेक दिया।

श्री चौहान ने कहा कि शहीदों के नाम पर सार्वजनिक मार्ग, चौराहों और स्थलों का नामकरण किया जायेगा। स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर शहीदों की प्रतिमाएँ लगायी जायेगी। मुख्यमंत्री ने समारोह में भिण्ड जिले के 119 शहीदों के परिजनों को शॉल, श्रीफल, सम्मान-पत्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शहीदों का राष्ट्र पर कर्ज है। हम मध्यप्रदेश में शहीदों की शहादत को नमन करते हुए परिजनों को सम्मानित करने की परंपरा कायम करेंगे। उन्होंने कहा कि शहीदों का स्मरण कर हम उनके कर्ज को उतारने का प्रयास करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि आजादी के बाद सीमांत की रक्षा, आतंकवाद जैसी कार्यवाहियों में देश के 30 हजार जवानों ने शहादत दी है। इनमें से अकेले मध्यप्रदेश के 602 शहीदों को अब तक सूचीबद्ध किया गया है। इनमें भिण्ड, मुरैना और ग्वालियर जिले के शहीदों की संख्या सर्वाधिक है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भिण्ड में छतीसगढ़ सुकमा नक्सली हमले में शहीद जितेन्द्र सिं‍ह के फोटो पर माल्यार्पण किया।

इसके पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम में स्वयं का सम्मान करवाने से इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेशभर में शहीद सम्मान दिवस मनाया जा रहा है। इसलिये आज केवल शहीदों के परिजनों और वीर नारियों का सम्मान किया जाये। समारोह में सामान्य प्रशासन और नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लालसिंह आर्य, सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, विधायक  नरेन्द्र सिंह कुशवाह, चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, राज्य बीज निगम के उपाध्यक्ष  मुन्नासिंह भदौरिया, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष  के.पी. सिंह भदौरिया, अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव  बसंत प्रताप सिंह, पुलिस महानिदेशक ऋषिकुमार शुक्ला, मध्यप्रदेश सैनिक कल्याण बोर्ड के निर्देशक बिग्रेडियर  आर.एस. नौटियाल, शहीदों के परिजन और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे। 

कोर्ट मैरिज करने आया प्रेमी युगल क्यों पहुंचा हवालात !

0
सांकेतिक फोटो।

पन्ना कलेक्ट्रेट से दोनों को पकड़कर पुलिस ले गई कोतवाली थाना

कतिपय संगठनों के विरोध के कारण वैवाहिक बंधन में नहीं बंध पाए दो बालिग

पन्ना। रडार न्यूज  हमारा समाज चाहे कितना भी आधुनिक क्यों न हो, पर आज आम सोच यही है कि बच्चों की जिंदगी पर माता-पिता का पूरा अधिकार है। बच्चों को अपनी जिंदगी हर फैसला उनसे पूंछकर ही लेना चाहिए। बात अगर शादी की हो तो माता-पिता की राय का काफी महत्व समझा जाता है। जिसे जीवनसाथी चुना है अगर वह अंतरजातीय है तो उससे विवाह के लिए परिवार को राजी करना आसान नहीं होता है। यदि प्रेमी जोड़ा अंतरधार्मिक है तो समस्या कहीं अधिक जटिल हो जाती है। दरअसल समाज में स्वीकार्यता ना होने के कारण अंतरधार्मिक विवाह को किसी गंभीर अपराध या पाप की तरह देखा जाता है। यही वजह है कि अंतरधार्मिक जोड़े की शादी के लिए प्रायः उनके परिवार के लोग ही राजी नहीं होते और समाज तो हमेशा ही इनके खिलाफ रहता है। कस्बाई और ग्रामीण इलाकों में तो अंतरधार्मिक विवाहों पर खासा बबाल मचता है। कतिपय संगठन अपने राजनैतिक उद्देश्य की पूर्ती के लिए युवक और युवती का धर्म देखकर इनका समर्थन या विरोध करते हैं। मध्यप्रदेश के पन्ना में सोमवार को कुछ ऐसा ही हुआ। यहां एक अंतरधार्मिक प्रेमी जोड़े को कानूनी रूप से विवाह करने के लिए हर कदम पर विरोध और अड़चनों का सामना करना पड़ा।

अलग-अलग धर्मों से ताल्लुक रखने वाला प्रेमी युगल कतिपय संगठनों के विरोध और उसके दबाब में पन्ना कोतवाली थाना पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के कारण कानूनी रूप से विवाह बंधन में नहीं बंध सका। दोनों बालिगों को पुलिस कानून व्यवस्था बिगड़ने व डायल 100 पर युवती के परिजनों द्वारा की गई शिकायत का हवाला देकर पन्ना कलेक्ट्रेट कर्यालय से कोतवाली थाना ले गई। उधर युवती को खोजते हुए उसके भाई कुछ ही देर बाद वहां पहुंच गए। दोनों भाईयों ने पुलिस की मौजूदगी में बहिन से जब घर चलने को कहा तो उसने प्रेमी को छोड़कर कहीं भी जाने से साफ़ इंकार कर दिया।

सांकेतिक फोटो।

युवती ने बड़े ही बेबाक अंदाज में सबके सामने एक महिला एएसआई को बताया कि वे दोनों अजयगढ़ थाना क्षेत्र के एक ही गांव में पड़ोस में रहते हैं। उनके बीच पिछले पांच साल से प्रेम संबंध हैं। इसकी जानकारी दोनों के परिवार वालों को है। युवती ने बताया कि घर के लोग मेरे ऊपर इच्छा के विरुद्ध विवाह करने का दबाब डाल रहे हैं। मना करने पर उसके साथ कई बार मारपीट भी की गई। युवती के अनुसार वह कक्षा 11वीं उत्तीर्ण है, अंकसूची के आधार पर वर्तमान में उसकी उम्र 20 वर्ष है, इसलिए वह अपने जीवन का निर्णय लेने में सक्षम व स्वतंत्र है। इस दौरान वह बार-बार यह आरोप लगाती रही कि कथिततौर पर उसके अधिवक्ता ने उनके साथ धोखा किया है। विवाह कराने के नाम पर मोटी फीस लेने के बाद भी संकट में हमारी कोई मदद नहीं की। युवती ने कोतवाली पुलिस से चेतावनी भरे लहजे कहा कि यदि उसे किसी के दबाब में प्रेमी से विवाह करने से रोका गया तो वह अपनी जान दे देगी।

सांकेतिक फोटो।

युवती के इन तेवरों को देखते हुए पुलिस ने उसके गुम होने संबंधी डायल 100 पर हुई शिकायत की जाँच का हवाला देकर काफी समझाइश के बाद बमुश्किल भाइयों के साथ अजयगढ़ थाना जाने के लिए राजी किया। सोमवार की शाम युवती को अपनी सुपुर्दगी में लेकर उसके दोनों भाई अजयगढ़ के लिए रवाना हो गए। जबकि युवक को पूंछतांछ के लिए थाना में रातभर रोक कर रखा गया। उक्त युवक की आयु करीब 23 वर्ष है। वर्तमान में वह इंदौर में प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग कर रहा है। मंगलवार की सुबह युवक के परिजनों के आने पर कोतवाली थाना पुलिस ने उसे भी सुपुर्दगी में देकर छोड़ दिया। इस प्रकरण में कोतवाली थाना पुलिस की भूमिका को लेकर जब पन्ना एसपी से पूंछा गया तो उन्होंने मामले से अनभिज्ञता जताते हुए अधीनस्थों से जानकारी लेकर जबाब देने की बात कही। कुछ समय बाद पुलिस कप्तान से पुनः सम्पर्क करने पर उनका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। उधर अजयगढ़ थाना प्रभारी ने भी मोबाइल रिसीव नहीं किया।

इनका कहना है-  “कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ संगठनों के लोग उनकी कोर्ट मैरिज का विरोध करने के लिए एकत्र हो गए थे जिससे युवक-युवती पर खतरे को देखते हुए कोतवाली थाना लाया गया था। साथ ही उक्त युवती के लापता होने के संबंध उसके परिजनों ने डायल 100 पर सूचना दी थी। युवती के संदिग्ध अवस्था कलेक्ट्रेट परिसर में देखे जाने की सूचना मिलने पर उसे परिजनों के सुपुर्द कर अग्रिम कार्रवाई हेतु अजयगढ़ थाना भेजा गया। युवक को भी आज सुबह छोड़ दिया है।”             

            अरविंद कुजूर, निरीक्षक कोतवाली थाना पन्ना

नव कलाप्रयोगों से नई पीड़ी को “श्रीरामकथा” की जीवन उपयोगिता और महत्व बताया

0
प्रस्तुति गायिका सुश्री ममता शर्मा एवं साथी बनारस द्वारा अवधी गीतों की प्रस्तुति दी गई।

श्रीरामकथा के नव कलाप्रयोगों पर एकाग्र ‘‘रामायणम’’ समारोह का हुआ समापन

पारम्परिक नृत्य शैलियों के समन्वय से श्रीरामकथा नृत्य नाट्य की प्रस्तुति

अवधी गीतों में राम जन्म से लेकर राम वनवास तक के प्रसंगो को सुनाया

चित्रकूट। रडार न्यूज    मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा तुलसी शोध संस्थान, चित्रकूट में श्रीरामकथा के नव कलाप्रयोगों पर एकाग्र तीन दिवसीय प्रतिष्ठा आयोजन ‘रामायणम’ का आयोजन 11 से 13 अगस्त 2018 तक तुलसी भवन के नवनिर्मित ऑडिटोरियम में किया गया। श्रीरामकथा के कलारूपों की भारत के अनेक प्रान्तों की गायन, नृत्य, नाट्य आदि शौलियों में गान, मंचन और अभिनय की सुदीर्ध परम्परा है। रामकथा आख्यान विश्व की ऐसी मूल्य निर्मिति की कथा है जिसका विस्तार अन्य देशों में भी हैं। समकाल में हो रहे परिवर्तनों से कलाएँ भी अछूती नहीं है। ऐसे समय में हमारा दायित्व है कि नई पीढ़ी को मूल्यों के इस महाग्रन्थ की शास्वत जीवन उपयोगिता और महत्व के बारे में बताया जाये।

समकाल में कलाएँ इसका सशक्त माध्यम है। इस दृष्टि से रामकथा के नव कलाप्रयोगों को आधार बनाकर तीन दिवसीय ‘रामायणम’ समारोह की परिकल्पना की गई हैं। जिस तहर से पिछले दो दिनों में नवाचारी प्रयोगों को सुधि दर्शक-श्रोताओं की सराहना और प्रतिक्रिया मिली है तथा बच्चों और युवाओं ने जिस गभीरता के साथ कथा को देखा-सुना है, उससे इस आयोजन की सार्थकता श्री राम की लीला चित्रकूट में आशाजनक लगती है। बशर्ते इसकी गंभीरता को समझा जाये।
समारोह के समापन दिवस 13 अगस्त, 2018 को पहली प्रस्तुति गायिका -सुश्री ममता शर्मा एवं साथी -बनारस द्वारा अवधी गीतों में राम जन्म से लेकर राम वनवास तक के प्रसंगो पर आधारित गीतों की प्रस्तुतियाँ दी गई। दूसरी प्रस्तुति तिरूअनंतपुरम केरल से पधारे जॉय कृष्नन और साथियों द्वारा केरल की पारम्परिक नृत्य शैली केरलानादनम और शास्त्रीय नृत्य शैली भरतनाट्यम और कुचीपुड़ी के समन्वय से श्रीरामकथा नृत्य नाट्य की प्रस्तुतियाँ प्रकाश और ध्वनि के साथ कलाकारों के अद्भुत कला को देखकर दर्शकों द्वारा बार-बार तालियों से अभिवादन एवं मंत्रमुग्ध कथा का श्रवण करते रहे।

 

ग्रामवासी ग्राम-सभाओं में अनिवार्य रूप से भागीदारी करें – गोपाल भार्गव

0
मंत्री गोपाल भार्गव।

15 अगस्त से हर ग्राम में होगी ग्राम-सभाएँ 

भोपाल। रडार न्यूज  पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा है कि ग्रामसभा पंचायत राज व्यवस्था का आधार है। इनके जरिये प्रत्येक ग्रामवासी ग्राम विकास में भागीदार बन सकता है। ग्राम सभा निर्वाचित प्रतिनिधियों और उनके कार्यों का सामाजिक मूल्यांकन करती है। इसलिए जरूरी है कि प्रत्येक ग्रामवासी अनिवार्य रूप से ग्राम सभा में भागीदारी दर्ज करवाये।

मंत्री श्री भार्गव ने कहा कि मध्यप्रदेश पंचायत राज और ग्राम स्वराज अधिनियम-1993 के प्रावधानों के तहत 15 अगस्त, 2018 से चरणबद्ध ग्राम-सभाएँ की जायेगी। ग्राम-सभाओं में पंच परमेश्वर योजना की प्रगति, प्रधानमंत्री आवास की प्रगति, आवास एप, पंजीयन पर चर्चा, ग्राम को खुले में शौच से मुक्त और कचरा-मुक्त, कीचड़-मुक्त करने ग्राम पंचायत में अनिवार्य करारोपण एवं वसूली, आँगनवाड़ी पोषण आहार, मध्यान्ह भोजन, पेंशन योजनाओं, नशामुक्ति, स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी। आयुक्त पंचायत राज शमीमउद्दीन ने बताया कि ग्राम-सभाओं में जिला कलेक्टर की ओर से एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जायेगी। ग्रामसभा की सूचना पंचायत भवन के सूचना-पटल और सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिये गये हैं।

नफरत के खिलाफ प्रेम और भाईचारे का दिया संदेश

0

युवक कांग्रेस ने निकाली नफरत छोड़ो-गांधी संदेश यात्रा

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रतिमा पर किया मल्यापर्ण

पन्ना। रडार न्यूज   केंद्र की मोदी सरकार की ध्रुवीकरण की राजनीति के कारण हाल के कुछ वर्षों में समाज के विभिन्न वर्गों के बीच कटुता और संघर्ष बढ़ा है। देश की एकता-अखंडता, शांति और सौहार्द को खतरे में डालने वाले घृणा के इस माहौल के खिलाफ मानववीय मूल्यों को मजबूत करने के लिए युवक कांग्रेस के 48 वें स्थापना दिवस के अवसर पर पन्ना में जिला युवक कांग्रेस के तत्वाधान में नफरत छोड़ो गांधी संदेश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा स्थानीय गल्ला मण्डी से जिला युवक कांग्रेस के नवनियुक्त कार्यवाहक अध्यक्ष वैभव थापक के नेतृत्व में निकाली गयी जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुये गांधी चौक पहुंची जहां पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर मल्यापर्ण कर उन्हे श्रृद्धांलजली अर्पित की गयी। यात्रा के माध्यम से युवाओं ने नगर के लोगों को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। यात्रा में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेतागण आगे-आगे चल रहे थे। साथ ही युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने हाथों में बड़े-बड़े तिरंगा झण्डा लिये थे। आयोजित की गयी संदेश यात्रा में जिला युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शिवजीत सिंह भैया राजा ने कहा कि यह देश सभी जाति सम्प्रदायों धर्मों का देश है यहां पर सभी एक साथ मिल कर रहते है इसीलिये हमें नफरत फैलाने वालों से दूर रहते हुये देश की रक्षा करना है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुंवर ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारत की एकता-अखण्डता को कायम रखते हुये सांप्रदायिक शक्तियों को बेनकाब करना है।

कांग्रेस सबको साथ लेकर चलती है

पूर्व नपा अध्यक्ष शारदा पाठक ने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो सभी जाति धर्मों समाज के लोगों को लेकर एक साथ चलती है। कांग्रेस उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा ने युवक कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर सभी को बधाई देते हुये कहा कि युवक कांग्रेस पार्टी की मुख्य रीड़ है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनीष खान ने कहा कि इतिहास साक्षी है, संकट के समय युवा शक्ति में इस देश को भारतीय और मानवीय मूल्यों के अनुसार हमेशा ही सही दिशा देने का काम किया। अपने महान बलिदानी नेताओं के पदचिन्हों पर चलते हुए युवा कांग्रेस आज वही काम कर रही है। किसान कांग्रेस अध्यक्ष शशिकांत दीक्षित ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम होने से आम जनमानस में अच्छा संदेश जाता है। युवक कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष दीपक तिवारी ने नफरत छोड़ो गांधी संदेश यात्रा को पूरे जिले में ले जाने की बात कही। यात्रा के संयोजक वैभव थापक ने कहा कि भारतीय सभ्यता और संस्कृति पूरी दुनिया को एक परिवार मानती है। हम किसी से धर्म, जाति, भाषा या नस्ल आदि के आधार पर भेद नहीं करते। लेकिन वर्तमान में सत्ता में बैठी ताकतें अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए लगातार साम्प्रदायिक राजनीति को प्रत्यक्ष-परोक्ष रूप से बढ़ावा दे रही है। चुनावी लाभ के लिए नफरत और हिंसा की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की जानबूझकर अनदेखी की जा रही। समाज को तोड़ने वाले मानवता के खिलाफ जघन्य अपराध कर हैं। इन्हें बेनकाब करने और इनके घृणित कृत्यों को असफल करने का काम युवा कांग्रेस सदैव करती रहेगी। श्री थापक ने कहा कि हम तोड़ने कि नहीं बल्कि जोड़ने की राजनीति करते हैं।

ये रहे शामिल

कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोगों में डी.के.दुबे, मुरारी लाल थापक, कमलेश रावत, मनोज सेन, पुष्पेन्द्र सिंह, मौसम खान, रामदास जाटव, शिवप्रकाश दीक्षित, के.पी.ङ्क्षसह बुंदेला, बाला प्रसाद लोधी, सरदार सिंह यादव, उमाशंकर बाजपेयी, भोले कुशवाहा, सौरभ पटैरिया, दीपू दीक्षित, भूरे आदिवासी, अंका रिछारिया, के.डी.बुंदेला, आकाश पराशर, लोकेन्द्र यादव, पिंकू सिद्दीकी, मोहम्मद जाफर, शेख मोहम्मद, राजा तिवारी, राजेश कुशवाहा, अनुराग मसीह, विकास तिवारी, सिद्धार्थ शर्मा, अंकित रजक सहित काफी संख्या में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल थे।

श्रीरामकथा के नव कलाप्रयोगों पर एकाग्र ‘‘रामायणम’’ समारोह

0
‘‘रामायणम’’ समारोह में अपनी प्रस्तुति देतीं कलाकार।

रामनाट्यम की प्रस्तुति भरटनाट्य, कुचीपुड़ी और मोहिनीअट्टम नृत्य शौलियों में हुई

श्रीरामजन्म से श्रीराम राज्याभिषेक की भावपुर्ण लीलाओं ने किया मंत्रमुग्ध

चित्रकूट। रडार न्यूज  तुलसी शोध संस्थान चित्रकूट में मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा श्रीरामकथा के नव कलाप्रयोगों पर एकाग्र तीन दिवसीय प्रतिष्ठा आयोजन ‘रामायणम’ का आयोजन 11 से 13 अगस्त 2018 तक तुलसी भवन, तुलसी शोध संस्थान, नयागांव, चित्रकूट के ऑडिटोरियम में किया जा रहा है। श्रीरामकथा के कलारूपों की समृद्ध सांस्कृतिक परम्परा पूरे देश में हैं नहीं बल्कि अन्य देशों थाईलैण्ड, इण्डोनेशिया, श्रीलंका, वियतनाम, लाओस, मारीशस, कम्बोडिया आदि में भी प्रचलित है। हमारे देश में श्रीराम और श्रीकृष्ण दो ऐसे चरित आख्यान हैं जिन पर प्रायः सभी कलाविधाओं में गायन और मंचन के माध्यम से जनसामान्य के समक्ष अपने इष्ट के आदर्श और कथा के व्यावहारिक पक्ष को प्रस्तुत किया जाता है।

बघेलखण्ड के लोकगीतों से की शुरूआत

रामायणम समारोह में दूसरे दिन की प्रस्तुतियों की शुरूआत में बघेलखण्ड अचंल में पारम्परिक रूप से गाये जाने वाले श्रीराम से संबंधीत लोकगीतों की प्रस्तुति शशिकुमार पाण्डे और साथी कलाकारों द्वारा दी गई। श्री पाण्डे ने लोक की इस समृद्ध परम्परा से चुने हुये गीतों की प्रस्तुति दी जिसमें प्रमुख संस्कारों को समाहित किया गया। श्री पाण्डे ने अपने गायन का प्रारंभ पारम्परिक भगत गाकर जिसमें- “सीता कहहे दूनौ रैया रे मुनईया, सोहर-रामा की फूली फुलबरिया, बरूआ-मोरे राम रिसाने जायें सोहाग-कहमा बिताईऊ सीता, नहछू-बुलाये देते हो सलगी समूची नगर अयोध्या का, गइलहाई-लक्षिमन लिहेबान राम हिरनिया मारे, सुआगीत-सिया हरे रामन जाय, परछन-बियाह लाये रघुवर जानकी का और समापन में कजरी-हरे हरे दशरथ राज दुलारे” से किया। दूसरी प्रस्तुति श्रीलेयम् नाट्य कला समिति-भोपाल के चालीस से अधिक कलाकारों ने वाल्मिकी कृत रामायण के आधार पर रामनाट्यम की प्रस्तुति भरटनाट्य, कुचीपुड़ी और मोहिनीअट्टम नृत्य शौलियों के साथ भोपाल से पधारे वरिष्ठ और युवा निर्देशक एम.शाजी के निर्देशन में हुई। रंगभूषा, वेशभूषा, अभिनय और भावपूर्ण इस लीला प्रस्तुति को अन्त तक दर्शक , श्रोताओं ने भरी आँखो से निहारा।

प्रकाश और ध्वनि के साथ कलाकारों के अद्भुत समन्वय की सराहा

श्रीरामजन्म से श्रीराम राज्याभिषेक तक के प्रसंगों की एक घंटा पन्द्रह मिनट की सुगंठित इस प्रस्तुति में प्रायः सभी प्रमुख लीलाओं जिनमें रामजन्म, गुरूकुल ऋषियों के यज्ञ की असुरों से रक्षा, पुष्पवाटिका, वनगमन, चित्रकूट निवास, भरत मिलाप, अरण्य प्रस्थान, ऋषियों का आर्षीवाद, असुरों का वध, शूर्पणखा, सीताहरण, सुग्रीव-मिलन, माता सीता की खोज, अशोक वाटिका, लंकादहन, युद्ध और श्रीराम राज्याभिषेक तक के प्रसंगों को सुन्दर दृष्य बंध के साथ संयोजित किया गया। प्रकाश और ध्वनि के साथ कलाकारों के अद्भुत समन्वय को दर्शक ने बार-बार तालियों से न केवल सराहा बल्कि मंत्रमुग्ध हो अलग-अलग उम्र के प्रभु श्रीराम, माता सीता और श्री लक्ष्मण के सुन्दर स्वरूपों के दर्शन करते हुए कथा का श्रवण करते रहे। समारोह के समापन दिवस 13 अगस्त, 2018 को सुश्री ममता शर्मा एवं साथी-बनारस द्वारा अवधी गीतों में श्रीराम के गीतों के गायन तथा तिरूअनंतपुरम केरल से पधारे जॉय कृष्नन और साथियों द्वारा केरल की पारम्परिक नृत्य शैली केरलानादनम और शास्त्रीय नृत्य शैली भरतनाट्यम और कुचीपुड़ी के समन्वय से श्रीरामकथा नृत्य नाट्य की प्रस्तुति देंगे।

सिर्फ डिग्री लेने से काम नहीं चलेगा, अपने आपको स्किल्ड करें स्टूडेंट- उमाशंकर गुप्ता

0
राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने भोपाल के वार्ड-30 में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

राजस्व मंत्री ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया

भोपाल। रडार न्यूज    राजस्व, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने रविवार को भोपाल के वार्ड-30,33 और 46 के मेधावी स्टूडेंटस को सम्मानित किया। गुरुजनों और कक्षा 12वीं तथा 10वीं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को भी इस मौके पर सम्मानित किया गया। श्री गुप्ता ने कहा कि स्टूडेंटस की जिज्ञासा को दबाने के बजाए उनका समाधान करें। उन्होंने कहा कि क्यों और कैसे की प्रवृत्ति के कारण ही नई-नई खोज होती हैं। श्री गुप्ता ने कहा कि सिर्फ डिग्री लेने से काम नहीं चलेगा। डिग्री के साथ अपने आपको स्किल्ड करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्कूल में सिर्फ क्लास रूम में ही नहीं, स्कूल परिसर में होने वाली गतिविधियों से भी सीखता है। शिक्षक इस बात का ध्यान रखें कि स्टूडेंट स्कूल में अच्छी बातें सीखें। कार्यक्रम में स्थानीय जन-प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

ज्योति स्नान महोत्सव में सम्मिलित हुए जनसम्पर्क मंत्री 

0
जनसम्पर्क मंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्र ने आज दतिया में वार्षिक ज्योति स्नान पर्व में देश के सिंधी संतो से भेंट की।

हर कदम पर सिंधी समाज के साथ हूँ – मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र

भोपाल। रडार न्यूज         जल संसाधन, जनसम्पर्क एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने दतिया के गाडीखाना स्थित ज्योति मंदिर पहुंचकर पवित्र ज्योति के दर्शन किए और तीन दिवसीय ज्योति स्नान महोत्सव में भाग लिया। उन्होंने पवित्र ज्योति स्नान के समक्ष माथा टेका और दतिया में शांति सदभाव की कामना की। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, पाठय पुस्तक निगम उपाध्यक्ष  अवधेश नायक, भाजपा जिलाध्यक्ष  विक्रम सिंह बुंदेला उपस्थित थे। जनसंपर्क मंत्री ने आयोजन अवसर पर लखनऊ से आए संत  हरीशलाल, फैजावाद के  नितिनलाल, होशांगाबाद के  ओमलाल, छत्तीसगढ़ के लाल साई तथा हजारीराम पंचायत के अध्यक्ष सेठ बाटूमल का स्वागत करते हुए कहा कि सिंधी समाज प्रबुद्ध और व्यापारी समाज है मैं हर कदम आपके साथ हूँ।

पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण आवश्यक – डॉ. शेजवार

0
वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने दम्पत्ति वन महोत्सव का शुभारंभ किया।

वन मंत्री के मुख्य आतिथ्य में दम्पत्ति वन महोत्सव सम्पन्न

 नगर वन के अंतर्गत विभिन्न कार्यों का हुआ लोकार्पण 

इकॉलोजिकल पार्क परिसर में दम्पत्ति वन महोत्सव के 400 पौधे लगाये गये

भोपाल। रडार न्यूज   वन मंत्री डॉ. गौरी शंकर शेजवार ने आज यहां कटारा हिल्स क्षेत्र में स्थित इकॉलोजिकल पार्क परिसर में बरगद का पौधा लगाकर दम्पत्ति वन महोत्सव का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव वन के.के. सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख  मनोज कुमार सपरा सहित वरिष्ठ वन अधिकारियों ने परिवार के साथ पौधा रोपण किया।

वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने दम्पत्ति वन महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सपत्नीक डॉ. किरण शेजवार के साथ पौध-रोपण किया।

डॉ. शेजवार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण आवश्यक है। इसके साथ ही, लगाये गये पौधों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए। डॉ. शेजवार ने परिसर में नगर वन के अंतर्गत विभिन्न कार्यों का लोकार्पण भी किया। वन मंत्री डॉ. गौरी शंकर शेजवार ने बताया कि इस वर्ष वन विभाग तथा वन विकास निगम ने सात करोड़ पौधा रोपण के लक्ष्य को पूरा कर लिया है। इसके अंतर्गत नर्मदा कछार के 24 जिलों में चार करोड़ 75 लाख पौधे लगाये गये हैं।

वन विभाग द्वारा नगर वन के रूप में विकसित इस क्षेत्र में सभी तरफ हरियाली दिखती है। इसके कारण स्थानीय जनमानस स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हुआ है। उनके लिए यह आदर्श स्थल है। यहां आरोग्यम केन्द्र स्थापित किया गया है, जहां आयुर्वेदिक औषधियां उपलब्ध करवाई जाती हैं। परिसर में मनोरंजन सह व्यायाम केन्द्र बनाया गया है। इसी प्रकार, एक्यूप्रेशर पथ, पैदल चलने का मार्ग तथा वाटिका के साथ एक छोटा सा झरना भी बनाया गया है। इकॉलोजिकल पार्क परिसर में दम्पत्ति वन महोत्सव के तहत आज लगभग 400 पौधे लगाये गये। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।