Home Blog Page 191

महिला एसआई ने शासकीय आवास में फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

0
पीएसआई अनामिका सिंह कुशवाहा के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाते पुलिसकर्मी।

* पन्ना जिले के सिमरिया पुलिस थाना परिसर की घटना

* मोहन्द्रा चौकी प्रभारी के रूप में कुछ दिन पूर्व हुई थी नवीन पदस्थापना

पन्ना। रडार न्यूज मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में प्रशिक्षु एसआई सुश्री अनामिका सिंह कुशवाहा 25 ने गरुवार रात 9:30 बजे सिमरिया पुलिस थाना परिसर में स्थित अपने शासकीय आवास में फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रात्रि में करीब 9 बजे तक वे सिमरिया थाना बैठी रहीं। इसके बाद वे किसी को बिना कुछ बताये अपने शासकीय आवास पहुँची और आत्मघाती कदम उठा लिया। अनामिका ने ऐसा कदम क्यों उठाया, प्रारंभिक पुलिस जाँच में इसका पता नहीं चल सका। उधर, इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। जवान बेटी द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की सूचना मिलने पर शुक्रवार 4 जनवरी को तड़के अनामिका के परिजन सागर से सिमरिया पहुँच चुके थे। परिजनों की मौजूदगी में शव को फाँसी के फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
फाँसी के फंदे से शव को उतारते पुलिसकर्मी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना बी.के.एस. परिहार ने बताया कि एसपी विवेक सिंह को गुरुवार 3 जनवरी को सभी थाना और चौकी प्रभारियों से रेडियो ट्रांसमिशन के द्वारा बात करनी थी, जिसमें प्रशिक्षु एसआई अनामिका सिंह कुशवाहा अनुपस्थित रहीं। एसपी ने अनामिका के संबंध में थाना प्रभारी सिमरिया याकूब खान से बात की और उनसे बात कराने को कहा। थाना प्रभारी अनामिका के शासकीय आवास पहुँचे तो दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण आवाज लगाई पर अंदर से कोई जबाब नहीं मिला। काफी देर तक अंदर से कोई आवज न आने पर दरवाजा तोड़कर देखा तो अंदर पंखे से बंधे दुपट्टे के सहारे फाँसी के फंदे पर उनकी लाश लटकी थी। अनमिका के द्वारा आत्महत्या करने की जानकारी मिलते ही रात्रि में पुलिस अधीक्षक पन्ना विवेक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी.के.एस. परिहार और पवई एसडीओपी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकरी ली। शुक्रवार को सभी अधिकारी पुनः सिमरिया गए और अनमिका के परिजनों की उपस्थित में संपूर्ण कार्यवाही की गई।
पीएसआई अनामिका सिंह कुशवाहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री परिहार ने बताया कि फिलहाल इस घटना पर मर्ग कायम कर मामले को जाँच में लिया गया है, मृतिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और सम्पूर्ण जाँच उपरांत ही आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो पाएगी। उधर, प्रशिक्षु एसआई सुश्री अनामिका सिंह कुशवाहा द्वारा आत्महत्या करने से उनके के परिजन हैरान हैं, उन्हें यह यकीन ही नहीं हो रहा है कि मजबूत इरादों वालों उनकी बेटी आत्महत्या कैसे कर सकती है ! उन्हें खुद भी यह समझ नहीं आ रहा है कि, आखिर ऐसा क्या कारण था जिसके चलते अनामिका को आत्मघाती कदम उठाना पड़ा। मालूम होकि पीएसआई अनामिका सिंह सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम छीर की रहने वाली थीं। सामान्य परिवार से आने वाली अनामिका तीन बहनों में सबसे बड़ी थीं, उनका कोई सगा भाई नहीं था। घर की बड़ी बेटी होने और नौकरी में होने के कारण माता-पिता को उनसे काफी उम्मीदें थीं। शायद यही वजह है कि उनके आत्महत्या करने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।उल्लेखनीय है कि अनामिका को हाल ही में सिमरिया थाना के अंतर्गत पुलिस चौकी मोहन्द्रा का प्रभारी बनाया गया था।

अपराधियों में खौफ के साथ जनता के प्रति संवेदनशीलता जरूरी : मंत्री श्री बच्चन

0
गृह एवं जेल मंत्री बाला बच्चन ने पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की।

* गृह एवं जेल मंत्री श्री बाला बच्चन ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक

भोपाल। रडार न्यूज गृह एवं जेल मंत्री बाला बच्चन ने पुलिस व्यवस्थाओं में कसावट लाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का अपराधियों में खौफ और जनता के प्रति संवेदनशील होना चाहिये। गृह मंत्री श्री बच्चन आज पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। गृह मंत्री श्री बच्चन ने कहा कि संसाधनों की कमियों को दूर किया जायेगा। प्रयास ऐसे हों कि अपराधों में कमी आये। गंभीर अपराधों में तत्काल एफआईआर हो। श्री बच्चन ने कहा कि पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक का प्रयोग किया जाये। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का काम ऐसा हो कि कानून के नजरिये से मध्यप्रदेश आदर्श राज्य बन सके।

मंत्री श्री बच्चन ने सड़क दुर्घटना के बढ़ते हुए आंकड़ों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवार आंकडे़ प्रस्तुत किये जाये। सड़क दुर्घटनाओं का कारण अशिक्षा और जागरूकता में कमी हो सकती है। इस पर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि आज की आवश्यकता थाना क्षेत्रों को परिणामोन्मुखी बनाना है।

इन बिंदुओं पर हुई चर्चा

पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ल ने बैठक में पुलिस बल की गतिविधियों की जानकारी दी। पहले सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परिचय दिया। बैठक में आतंरिक सुरक्षा, साम्प्रदायिक हिंसा, किसान आंदोलन, मॉब-लिचिंग, पदोन्नति, महिला अपराध, साइबर क्राइम, डॉयल-100, सेफ सिटी और बजट पर चर्चा हुई।

खनिजों का अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण सख्ती से रोकें : खनिज मंत्री श्री जायसवाल

0
खनिज साधन मंत्री प्रदीप जायसवाल।

* खनिज साधन मंत्री प्रदीप जायसवाल ने विशेष अभियान चलाने दिये निर्देश

भोपाल। रडार न्यूज   खनिज साधन मंत्री प्रदीप जायसवाल ने समस्त जिला कलेक्टरों को खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के सख्ती से रोकने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि इस रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जाये। श्री जायसवाल ने कहा कि अभियान में जिला स्तर पर गठित टास्क फोर्स समिति का सहयोग लिया जाये। श्री जायसवाल ने निर्देश दिये कि शासन की मंशा के अनुरूप 17 फरवरी तक प्रत्येक जिले में विशेष पखवाड़ा भी आयोजित किया जाये। पखवाड़े के दौरान अभियान में की गई कार्रवाई की हर दिन समीक्षा की जाये। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भण्डारण करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई भी की जाये। प्रमुख सचिव खनिज साधन नीरज मंडलोई ने समस्त जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी किये हैं कि अभियान के अंतर्गत की गई कार्रवाई प्रतिदिन एक प्रपत्र में भेजें।

गृह तथा जेल मंत्री श्री बाला बच्चन ने कार्यभार ग्रहण किया

0
गृह एवं जेल मंत्री बाला बच्चन ने मंत्रालय में कार्यभार ग्रहण किया।
भोपाल। रडार न्यूज गृह तथा जेल मंत्री बाला बच्चन ने दो जनवरी 2019 को मंत्रालय वल्लभ भवन क्रमाँक दो के तृतीय तल पर कक्ष क्रमाँक बी-304 में पूजा अर्चना कर कार्यभार ग्रहण किया। श्री बच्चन ने मीडिया से चर्चा उपरांत विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अपर मुख्य सचिव जेल विनोद सेमवाल, प्रमुख सचिव गृह मलय श्रीवास्तव, पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

विकास के लिये सकारात्मक सोच और सबका सहयोग जरूरी : बृजेन्द्र प्रताप

0
स्वागत समारोह में मंचासीन अतिथिगण एवं पन्ना के नवनिर्वाचित विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह।

* मण्डी प्रांगण में आयोजित हुआ पन्ना विधायक का स्वागत समारोह

* मण्डी अध्यक्ष मीना पाण्डेय की उपलब्धियों को वक्ताओं ने सराहा

पन्ना। रडार न्यूज  किसी भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिये सकारात्मक सोच व सभी का सहयोग जरूरी है। नकारात्मक सोच के साथ विकास संभव नहीं है। इसलिये हमने यह तय किया है कि पन्ना के विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिये जल्दी ही एक सर्वदलीय बैठक बुलाई जाये, जिसमें पन्ना के विकास पर चर्चा हो। यह बात पन्ना विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कृषि उपज मण्डी पन्ना के प्रांगणमेंआयोजित स्वागत समारोह में कही। उन्होंने कहा कि पन्ना की रत्नगर्भा धरती से बेशकीमती हीरे निकलते हैं, हीरों से ही पन्ना की पहचान है। इस पहचान को हम किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने देंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह।
समारोह को संबोधित करते हुये पन्ना विधायक ने कहा कि पन्ना जिले की अधिसंख्य आबादी किसानों की है, यहां रोजगार का सिर्फ एक ही साधन खेती व किसानी है। पन्ना शहर के चारों तरफ जंगल है, इसलिये यहां औद्योगिक विकास नहीं हो सका। तमाम व्यवधानों, गतिरोधों और संसाधनों की कमी के बावजूद मण्डी अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय ने अपने दायित्वों का निर्वहन कुशलता के साथ करते हुये जिस तरह से विकास के कार्य कराये हैं, वे निश्चित ही सराहनीय हैं। विधायक श्री सिंह ने मौजूदा समय मण्डियों में हो रही धान व उड़द की खरीदी पर सवाल उठाते हुये कहा कि जिस तरह से छन्ना लगाकर उड़द की खरीदी हो रही है, उससे किसान परेशान हैं। मण्डियों में जिस तरह से ग्रेडिंग की जारही है वह समझ से परे है। आपने कहा कि किसानों से जुड़ी इस समस्या पर वे कलेक्टर से चर्चा करेंगे तथा इस मामले को विधानसभा में भी उठाऊँगा। श्री सिंह ने कहा कि मीडिया के माध्यम से पन्ना के विकास हेतु जो भी सकारात्मक बातें प्रकाश में आयेंगी, उन पर गौर किया जायेगा।

शुरू हो स्मार्ट सिटी बनाने का कार्य

विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट करतीं पन्ना मंडी की अध्यक्ष मीना पाण्डेय।
मन्दिरों और तालाबों के शहर पन्ना को स्मार्ट सिटी बनाने के लिये राशि स्वीकृत हुई है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कार्य शुरू नहीं हुआ। पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि योजना के अनुरूप पन्ना को स्मार्ट सिटी बनाने के लिये सुनियोजित तरीके से कार्य शुरू किया जाना चाहिये, इसमें देरी व लापरवाही उचित नहीं है। इसी तरह पन्ना के नजरबाग स्टेडियम का भी कार्य प्रारम्भ नहीं हुआ। आपने कहा कि यहां के प्राचीन तालाबों के सौन्दर्यीकरण व उन्हें गन्दगी और प्रदूषण से मुक्त रखने के लिये भी जरूरी उपाय करने होंगे ताकि नगरवासियों को जल संकट से जूझना न पड़े। आपने कहा कि बफर जोन के निर्माण में ग्राम सभाओं का अनुमोदन लिया गया या नहीं यह जानने की जरूरत है।

मण्डी पदाधिकारियों का हुआ सम्मान

स्वागत समारोह में उपस्थित गणमान्य नागरिक व पत्रकार।
कृषि उपज मण्डी पन्ना की अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय का कार्यकाल पूरा होने पर अध्यक्ष द्वारा मण्डी के सभी पदाधिकारियों व कर्मचारियों का सम्मान किया गया। इस मौके पर श्रीमती पाण्डेय ने कहा सभी का पूरे कार्यकाल के दौरान जिस तरह से मुझे रचनात्मक सहयोग मिला है, उसके लिये मैं सभी के प्रति अनुग्रहीत हूँ। सभी के सहयोग से ही विकास के अनेकों कार्य व सर्व सुविधा युक्त फल-सब्जी मण्डी का निर्माण संभव हुआ है। कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष सतानंद गौतम, महेन्द्र प्रताप सिंह यादव तथा विष्णु पाण्डेय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन हरिशंकर मिश्रा ने किया। इस मौके पर मण्डी के पदाधिकारी, सदस्य, गणमान्य नागरिक व पत्रकार उपस्थित रहे।

खेलों के विकास में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी : मंत्री श्री पटवारी

0
खेल एवं युवा कल्याण तथा उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने मंत्रालय में जिला खेल अधिकारियों की बैठक ली।

* खेल मंत्री ने की विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा

* बोले, खेल भावना से हो विभाग के काम, राजनैतिक हस्तक्षेप से नहीं

भोपाल। रडार न्यूज  खेल और युवा कल्याण एवं उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने आज टी.टी. नगर स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद हॉल में आयोजित एक बैठक में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की सिलसिलेवार समीक्षा की। उन्होंने प्रदेश के जिलों से आए जिला खेल अधिकारियों से रूबरू चर्चा की और खेलों के विकास में ग्रास रूट पर आ रही कठिनाईयों की जानकारी हासिल कर जरूरी मार्गदर्शन दिया। संचालक खेल और युवा कल्याण डॉ. एस.एल. थाउसेन ने बैठक में खेल मंत्री को खेल गतिविधियों और विभागीय उपलब्धियों से अवगत कराया।
बैठक को संबोधित करते हुए खेल मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि खेलों का विकास सरकार की प्राथमिकता में शामिल है और इसके लिए किसी भी तरह की कोई कमी बाकी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्य खेल भावना से हो, राजनैतिक हस्तक्षेप से नहीं। मुख्यमंत्री कमलनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश को खेलों में अग्रणी राज्य बनाया जाएगा।

सकारात्मक भावना से करें कार्य

बैठक में खेल मंत्री जीतू पटवारी ने खेल अधिकारियों को समन्वित प्रयासों से कार्य करने की जरूरत बताते हुए कहा की टीम भावना से किए गए कार्यो में सफलता सुनिश्चित है। सभी अधिकारी सौंपे गए दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर सरकार के वचन पत्र को अमली जामा पहनाएं। खेल मंत्री ने जिला खेल अधिकारियों से कहा कि वे मुस्तैदी और गंभीरता के साथ विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन करें। खेलों को गति देने के लिए क्या कुछ किया जा सकता है इसके लिए ‘ब्लू प्रिन्ट’ तैयार करें ताकि हम प्रतिभावान खिलाड़ी तैयार कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध करा सकें। उन्होंने जिला खेल अधिकारियों को आश्वस्त किया कि खेलों के विकास हेतु आवश्यकतानुसार भूमि खेल विभाग को आबंटित हो इसके लिए हरसंभव कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में खेल मंत्री द्वारा खेल विभाग द्वारा संचालित विभिन्न खेल अकादमियों के क्रियान्वयन, विभागीय अधोसंरचनाओं, एवं खेल गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक से पूर्व खेल संचालक डॉ. एस.एल. थाउसेन ने खेल मंत्री जीतू पटवारी को पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। खेल मंत्री ने सभी अधिकारियों से परिचय भी प्राप्त किया। बैठक में उप सचिव खेल श्रीमती अंजू भदौरिया, संयुक्त संचालक खेल डॉ. विनोद प्रधान एवं बी.एस. यादव सहित समस्त जिला खेल अधिकारी मौजूद थे।

मुख्य सचिव सुधि रंजन मोहन्ती ने कार्यभार ग्रहण किया

0
प्रदेश के नव-नियुक्त मुख्य सचिव एस.आर.मोहन्ती ने मंगलवार एक जनवरी 2019 को मंत्रालय में कार्यभार ग्रहण किया।
भोपाल। रडार न्यूज  नव-नियुक्त मुख्य सचिव सुधि रंजन मोहन्ती ने एक जनवरी 2019 को प्रात: 10:30 बजे मंत्रालय में कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत श्री मोहन्ती ने नवीन एनएक्ससी भवन क्रमांक-दो का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत मीडिया से चर्चा भी की ।अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विभाग प्रभाँशु कमल, अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव जेल विनोद सेमवाल, अपर मुख्य सचिव कुटीर एवं ग्रामोद्योग श्रीमती सलीना सिंह, अपर मुख्य सचिव पशुपालन मनोज श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने श्री मोहन्ती को बधाई तथा शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नागरिकों को दी नए साल की शुभकामनाएँ

0
मुख्यमंत्री कमलनाथ।

* शांति, खुशहाली और विकास का नया संकल्प लें

भोपाल। रडार न्यूज  मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश के सभी नागरिकों को नए साल की बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने सभी के स्वस्थ और खुशहाल जीवन के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए जीवन में उत्साह, उमंग और समृद्धि की मंगलकामनाएँ की हैं। कमल नाथ ने कहा कि हम ऐसे समाज में रहते हैं, जो विविधता में एकता का प्रतीक है। यही हमारी धरोहर और शक्ति है। नए साल में हम सब प्रदेश की शांति, खुशहाली, और विकास के लिए नया संकल्प लें। प्रदेश को तरक्की की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कदम बढ़ाएं।

बच्चों को दी शुभकामनाएँ

मुख्यमंत्री कमल नाथ ने छिंदवाड़ा में पुलिस विभाग के कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को पुरस्कृत किया।
श्री नाथ ने दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों को भी शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे अपनी तैयारियां तेज कर दें। वे प्रदेश की नींव हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी छोटी बातों में उलझ कर समय नष्ट करने का नहीं, बल्कि आगे देखने और सुनहरा भविष्य निर्माण करने का समय है।

प्रदेश के 6 जिलों में शीतलहर से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे प्रारंभ

0
सांकेतिक फोटो।

* किसान कल्याण विभाग ने राजस्व विभाग से किया अनुरोध

भोपाल। रडार न्यूज  प्रदेश में इन दिनों शीतलहर का प्रभाव चल रहा है। आने वाले दिनों में पाला पड़ने की भी संभावना व्यक्त की गई है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने राजस्व विभाग से रबी की फसलों को पहुँचे नुकसान का आरबीसी 6-4 के तहत सर्वे किये जाने का अनुरोध किया है। इस संबंध में प्रमुख सचिव, कृषि डॉ. राजेश राजौरा ने राजस्व विभाग को पत्र भी लिखा है।
किसान कल्याण विभाग की ओर से जानकारी दी गई है कि नीमच, बुरहानपुर, विदिशा, धार, देवास और इंदौर कलेक्टर द्वारा उनके जिलों में फसलों को पहुँचे नुकसान के सर्वे का आदेश संबंधित तहसीलदारों को दिया जा चुका है। कृषि विभाग द्वारा किये गये सर्वे में 10 प्रतिशत, 11 से 30 प्रतिशत, 30 प्रतिशत से अधिक प्रभावित क्षेत्र का प्रारंभिक सर्वे किया गया है। इनमें चना, मसूर, मटर, अरहर और उद्यानिकी फसलों को मुख्य रूप से नुकसान पहुँचा है। कुछ क्षेत्रों में गेहूँ की फसलें भी प्रभावित हुई हैं। कृषि विभाग के मैदानी अमले को किसानों से सतत सम्पर्क कर उन्हें सम-सामयिक सलाह देने के लिये कहा गया है।

पुलिस के डायल 100 वाहन से एएसआई ने की अनाज की कालाबाजारी, ख़ाकी में दाग लगाने वालों पर पांच दिन बाद भी नहीं हुई कार्यवाही

0
देवेन्द्रनगर पुलिस थाना का वह डायल 100 वाहन जिसका उपयोग राशन की कालाबाजारी में किया गया

* प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों की शिकायत पर तहसीलदार व टीआई ने की थी जांच

रमेश अग्रवाल, देवेन्द्रनगर(पन्ना) रडार न्यूज  मध्यप्रदेश का पन्ना जिला पुलिस के डायल 100 वाहन के दुरूपयोग को लेकर एक बार फिर सुर्ख़ियों में है, जिसके कारण पुलिस विभाग की काफी बदनामी हो रही है। इस बार जिले के पुलिस थाना देवेन्द्रनगर के डायल 100 वाहन का उपयोग गरीबों के राशन की कालाबाजारी करने के लिए किया गया। सरकारी अनाज की इस तरह कालाबाजारी करने वाले कोई और नहीं बल्कि रात्रि गस्त ड्यूटी के लिए डायल 100 वाहन में तैनात रहे पुलिसकर्मी हैं। इस घटनाक्रम के प्रत्यक्षदर्शी व लिखित शिकायत करने वाले ग्रामीणों के अनुसार पुलिस वाहन का दुरूपयोग कर सरकारी राशन की कालाबाजारी में करने में सहायक उपनिरीक्षक मान सिंह, प्रधान आरक्षक कुंजबिहारी व आरक्षक कृष्ण प्रताप सिंह यादव लिप्त हैं।
पुलिस के डायल 100 वाहन का राशन की कालाबाजारी में उपयोग किये जाने की जानकारी देते ग्रामीण।
ग्रामीणों का आरोप है कि 27 दिसम्बर की रात्रि 1 बजे के सहायक उपनिरीक्षक मान सिंह व प्रधान आरक्षक कुंजबिहारी व आरक्षक कृष्ण प्रताप सिंह यादव द्वारा ग्राम सिमरी मड़ैयन उपभोक्ता दुकान के विक्रेता जगदीश सिंह राजपूत के साथ मिलकर शासकीय अनाज की कालाबाजारी की गई। जिसकी शिकायत अगले दिन ग्राम के प्रत्यक्षदर्शियों रमेश पटेल व अन्य लोगों ने तहसीलदार तथा देवेन्द्रनगर थाना टीआई से की गई। प्रत्यक्षदर्शी रमेश पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 दिसम्बर की रात्रि में 1 बजे डायल 100 वाहन शासकीय उचित मूल्य दुकान पर आया जिसमें सेल्समैन जगदीश राजपूत द्वारा 7 बोरा गेंहू खरीदी केंद्र से निकालकर पुलिस वाहन में रखा गया। प्रत्यक्षदर्शी रमेश द्वारा मौके पर ही जब वाहन में बैठे पुलिसकर्मियों से इस सम्बंध में पूछा गया कि साहब यह क्या हो रहा है, तो उन्होंने रमेश से उसका नाम पूंछा और गाड़ी स्टार्ट कर चले गए। ग्रामीणों की शिकायत पर तहसीलदार व टीआई द्वारा मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्यवाही तो की गई लेकिन पांच दिन बीतने के बाबजूद भी सेल्समैन व डायल 100 का दुरुपयोग करने वाले पुलिसकर्मियों पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई।
ग्राम सिमरी मड़ैयन के ग्रामीणों से राशन की कालाबाजारी के सम्बन्ध में बयान लेते थाना प्रभारी देवेंद्रनगर।
अपनी घटिया हरकत से पूरे पुलिस महकमे की बदनामी कराने वालों के खिलाफ तत्परता से कार्रवाई करके संदेश देने के बजाय जिम्मेदार अधिकारी मामले में उदासीनता बरत रहें है। इससे लेटलतीफी से जहां गलत कार्यों में लिप्त पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा वहीं आमआदमी इनके गलत कार्यों का विरोध करने के लिए सामने नहीं आएंगे। उधर, कतिपय पुलिसकर्मियों की खुलेआम कालाबाजारी में संलिप्तता से इनकी भय मुक्त मानसिकता का पता चलता है। इसे बिडंबना ही कहा जायेगा कि अपराध की रोकथाम करने वाले आज खुद ही बेखौफ होकर अपराध कर रहे हैं। इन हालत में पुलिस से आमजन और उनकी जान माल की सुरक्षा की उम्मीद भला कैसे की जा सकती है। मालूम होकि पन्ना जिले में इसके पूर्व एक कुख्यात अपराधी ने अमानगंज थाना के डायल 100 वाहन में तैनात पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर उक्त वाहन से एक युवती का अपहरण किया था। लेकिन, देवेंद्रनगर थाना का मामला अलहदा है क्योंकि इसमें पुलिसकर्मी ही डायल 100 वाहन के दुरूपयोग से लेकर सरकारी अनाज की कालाबाजारी करने तक में सीधे तौर पर में लिप्त हैं।
इनका कहना है:-
“मैनें स्वयं गांव जाकर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लेकर पंचनामा कार्यवाही की है, इस मामले जो भी जांच उपरांत दोषी पाया जायेगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही का प्रस्ताव वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जायेगा।”

– उमेश तिवारी, तहसीलदार देवेन्द्रनगर

“गांव पहुंचकर ग्रामीणों व 100 डायल में उस दिन तैनात कर्मचारियों के बयान लिए गए है। जिसमें एक एएसआई, प्रधान आरक्षक व आरक्षक के नाम सामने आ रहे है। प्रतिवेदन बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेजा जा चुका है।”

– हिमांशु चौबे, निरीक्षक पुलिस थाना देवेन्द्रनगर

“मुझे सूचना मिली की उपभोक्ता दुकान का ताला टूटा है। पुलिस का वाहन सलेहा मार्ग की ओर जा रहा था तभी उस वाहन में बैठकर उनके साथ चला गया।कोई अनाज चोरी नही हुआ। गांव वालों के द्वारा मुझे रंजिश के तहत फंसाया जा रहा है।”

– जगदीश सिंह राजपत, सेल्समैन ग्राम सिमरी मड़ैयन