Home Blog Page 122

MP के पन्ना टाइगर रिज़र्व से दीपावली के दिन आई दुखद खबर !

0
घटनास्थल का मुआयना करते हुए वन्यप्राणी चिकित्सक संजीव कुमार गुप्ता एवं मौके पर मौजूद पार्क के कर्मचारी।

* बाघिन को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

* एक साल के अंदर असमय काल कवलित हुए आधा दर्जन बाघ

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघों की असमय मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दीपावली के दिन भी पार्क से एक दुखद खबर आई है। पार्क की पन्ना कोर रेन्ज की सीमा से सटे कटनी-कानपुर स्टेट हाइवे पर अकोला के समीप अज्ञात वाहन ने एक बाघिन को कुचल दिया। इस हादसे में बुरी तरह ज़ख़्मी बाघिन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृत बाघिन की आयु करीब 10 माह है। युवा अवस्था की दहलीज पर खड़ी बाघिन की असमय मौत होना पन्ना टाइगर रिजर्व के लिए बड़ी क्षति है।
घटना की सूचना मिलने पन्ना टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा, डिप्टी डायरेक्टर जरांडे ईश्वर रामहरि एवं वन्यप्राणी चिकित्सक संजीव कुमार गुप्ता सहित तमाम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। बाघिन की मौत की जांच शुरू कर दी गई है। उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दीपावली के त्यौहार के दिन सड़क दुर्घटना में बाघिन की असमय मौत होने की दुखद खबर आने के बाद से पन्ना टाइगर रिजर्व में शोक की लहर व्याप्त है। पार्क के अधिकारियों के घटना स्थल पर मौजूद होने के कारण उनसे सम्पर्क नहीं हो सका। इस कारण सड़क दुर्घटना के संबंध में विस्तृत एवं आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं मिल सकी।
सूत्रों से पता चला है, सड़क दुर्घटना का शिकार हुई बाघिन का सिर बुरी तरह से कुचलने के कारण उसकी मौत हुई है। मृत बाघिन की पहचान बाघिन पी-235 की संतान के रूप में होने की चर्चा है। उल्लेखनीय है कि, पन्ना में लगभग 11 माह के अंदर बाघ की मौत की यह छठवीं घटना है। कुछ समय पूर्व पन्ना की केन नदी में गिरे एक युवा बाघ का अज्ञात शिकारी सिर समेत अन्य अंग काटकर ले गए थे। हालांकि इस मामले का खुलासा हो चुका और शिकारी जेल में हैं।
2

सड़क दुर्घटना : ख़तरनाक मड़ला घाटी में 100 फिट गहरी खाई में गिरा ट्रक, जानिए कैसे बची ड्राइवर और क्लीनर की जान !

0
पन्ना-छतरपुर मार्ग में पड़ने वाली मड़ला घाटी की खाई में गिरे ट्रक का मलबा।

*    दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के उड़े परखच्चे, कबाड़ में हुआ तब्दील

*    पन्ना-छतरपुर नेशनल हाइवे क्रमांक-39 पर हुई दुर्घटना

*    क्षतिग्रस्त ट्रक की हालत देखकर कांप उठता है राहगीरों का कलेजा

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-39 पर पन्ना-छतरपुर के बीच पड़ने वाली ख़तरनाक़ मड़ला घाटी में गुरुवार को सीमेन्ट से लोड एक ट्रक करीब 100 गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में ट्रक के परखच्चे उड़ गए। लेकिन, अच्छी बात यह रही कि ट्रक का ड्राइवर और क्लीनर इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। कबाड़ में तब्दील हो चुके ट्रक की हालत व घटनास्थल का दृश्य दिल दहला देने वाला है। इस दुर्घटना के बारे सोचकर ट्रक के ड्रायवर और क्लीनर के सकुशल होने की बात अविश्वसनीय सी लगती है। क्योंकि, उनका बच निकलना महज एक इत्तेफाक है। आपने वह कहावत तो सुनीं होगी “जाको राखे साईंयां मार सके ना कोई।” बस यह समझिए कि दोनों पर यह कहावत ही चरितार्थ हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार 5 नवंबर को ट्रक क्रमांक एमपी-16-एच-1831 सीमेन्ट लेकर मैहर से भिण्ड के लिए निकला था। पन्ना से छतरपुर जाने पर घाट शुरू होने के पूर्व सड़क किनारे मोड़ पर प्रसिद्ध भैरव मंदिर पड़ता है, जहां सुरक्षित यात्रा के लिए मान्यता अनुसार राहगीर सिर झुकाते और भगवान को प्रसाद चढ़ाते हैं। दोपहर लगभग 2:30 बजे जब उक्त ट्रक हादसों की घाटी बन चुकी मड़ला घाटी पर पहुंचा तो आगे का रास्ता तय करने के पूर्व ड्राइवर अनिल अहिरवार पिता अजुद्दी अहिरवार 25 वर्ष निवासी ग्राम लहेरापुरवा थाना नौगांव जिला छतरपुर ने भैरव टेक मंदिर के सामने ट्रक रोक दिया। ट्रक का क्लीनर/हेल्पर तुरंत नीचे उतरा और मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए चला गया। क्लीनर को थोड़ा समय लगते देख ड्रायवर अनिल ट्रक को साइड में व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने के बाद स्वयं भी नीचे उतर आया और मंदिर में माथा टेकने चला गया।
तभी ढलान पर खड़ा ट्रक अचानक बगैर स्टार्ट किए और बिना ड्राइवर के ही चल पड़ा। ट्रक को रोकने के लिए अनिल दौड़कर उस पर चढ़ तो गया लेकिन तब तक घाटी की सुरक्षा दीवार को तोड़कर उसका अगला हिस्सा हवा में लटक गया। ट्रक को गहरी खाई में गिरते देख ड्राइवर अनिल अहिरवार ने अंतिम क्षणों में अपनी जान बचाने के लिए सड़क की तरफ छलांग लगा दी। उधर, पलक झपकते ही तेज धमाके जैसी तेज़ आवाज के साथ ट्रक करीब 100 गहरी खाई में समा गया। धड़कने रोक देने और मौत के ख़ौफ़ की सिहरन पैदा कर देने वाली इस भीषण दुर्घटना में बाल-बाल बचा ड्राइवर, हेल्पर एवं आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शी कुछ देर के लिए सन्न रह गए। थोड़ी देर बाद खुद को संभालने के उपरान्त जब गहरी खाई में गिरे ट्रक को देखा तो उसकी बॉडी और चेचिस अलग हो चुकी थी। ट्रक की बॉडी के परखच्चे उड़ने से वह पूरी कबाड़ में तब्दील हो चुका है।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के मलबे को देखते हुए राहगीर।
खतरनाक मड़ला घाटी की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार, खाई में पड़ा ट्रक का मलबा, सीमेंट की बिखरीं हुई बोरियां और जंगल का सन्नाटा सड़क दुर्घटना की भयावहता को चींख-चींखकर बयां कर रहे हैं। ड्राइवर के अनुसार यह दुर्घटना ट्रक का ब्रेक फेल होने की वजह से हुई है। जबकि कुछ लोग इसे ड्राइवर की लापरवाही का नतीजा बता रहे हैं। इनका मानना है कि घाटी की ढलान में ट्रक की पार्किंग में लापरवाही बरती गई। कारण चाहे जो भी हो लेकिन मड़ला घाटी से होकर गुजरने के दौरान जिसकी भी नजर इस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के मलबे पर पड़ती है उसका कलेजा काँप उठता है और ट्रक ड्राइवर व हेल्पर का क्या हुआ होगा ? यह विचार दिमाग में कौंद जाता है। बताते चलें कि यह दुर्घटना उसी मड़ला घाटी में हुई है जहां करीब 5 पूर्व पुलिया के नीचे गिरी एक यात्री बस में आग लगने से दो दर्जन यात्री जिंदा जल गए थे।
2

एनएमडीसी की हीरा खनन परियोजना ने जिला चिकित्सालय को प्रदान किए दो एम्बुलेन्स वाहन

0

*   जिला चिकित्सालय की सुविधाओं को बढ़ाने निरंतर सहयोग दे रही एनएमडीसी लिमिटेड

*   स्वास्थ्य कर्मियों को ऑक्सीमीटर उपलब्ध कराने 5 लाख 64 हजार रूपये दिया का चेक

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) एनएमडीसी लिमिटेड की हीरा खनन परियोजना मझगवां के द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व का बखूबी निर्वाहन करते हुए पन्ना जिला चिकित्सालय की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए निरंतर आर्थिक सहयोग व आवश्यक सामग्री प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में एनएमडीसी लिमिटेड के द्वारा जिला चिकित्सालय को दो नए एम्बुलेंस वाहन प्रदान किये गए हैं। प्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम विभाग मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में एनएमडीसी लिमिटेड हीरा खनन परियोजना के द्वारा जिला चिकित्सालय को दो एम्बुलेन्स वाहन उपलब्ध कराए गए। साथ ही बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को ऑक्सीमीटर उपलब्ध कराने के लिए 5 लाख 64 हजार रूपये का चैक संयुक्त रूप से मंत्री श्री सिंह एवं कलेक्टर पन्ना के द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एल.के. तिवारी को सौंपा गया।
इस अवसर पर मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि एनएमडीसी लम्बे समय से जिले में हीरे का उत्खनन कर रही है। यह एशिया महाद्वीप की एक मात्र ऐसी खदान है जो पूरी तरह आधुनिक, तकनीकी संचालित है। इस परियोजना द्वारा खदान क्षेत्र के आसपास बहुत सारे समाज सेवा के कार्य किए जाते हैं। समीप के गांव में शिक्षा, पेयजल, परिवहन आदि की सुविधाएं दी जा रहीं हैं। इसके अलावा इनके द्वारा जिला चिकित्सालय में निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है। आगे भी अन्य सहयोग प्रदान करते रहेंगे। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि परियोजना प्रबंधक द्वारा मैंने चर्चा करते हुए कहा है कि नगर मुख्यालय पर कोई ऐसा काम किया जाए जिससे जिला मुख्यालय में पहचान बन सके। इसके लिए धरम सागर तालाब के चारों ओर पाथ-वे बनाने के संबंध में कहा गया है। इस पर परियोजना प्रबंधक द्वारा कार्य कराने का आश्वासन दिया गया है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि परियोजना को आगे आने वाले समय में संचालित रखने के लिए राज्य शासन एवं केन्द्र शासन से स्वीकृति प्रदान कराने में हरसंभव सहायता की जाएगी। इस परियोजना से यहां के लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता है इसलिए जिले में इस परियोजना को निरंतर चालू रखने के प्रयास किए जाएंगे।
कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने कहा कि परियोजना द्वारा आवश्यक जनसेवा के कार्य किए जा रहे हैं। इनके द्वारा स्वविवेक से आक्सीमीटर के लिए 5 लाख 64 हजार रूपये की राशि प्रदान की गयी है। इस राशि से आक्सीमीटर क्रय किए जाकर घरों पर आइसोलेट किए जाने वाले कोरोना पाॅजिटिव मरीजों के स्वास्थ्य की जांच निरंतर हो सकेगी। उन्होंने अपेक्षा करते हुए कहा कि एनएमडीसी द्वारा आगामी समय में जिला चिकित्सालय को शव वाहन उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में हीरा खनन परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक एनएमडीसी एस.के. जैन ने कहा कि परियोजना को आगे संचालित रखने की स्वीकृति प्राप्त हो जाने पर यह परियोजना निरंतर सामाजिक कार्यों में अपना सहयोग करती रहेगी। सम्पन्न हुए कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधक भूपेन्द्र कुमार द्वारा उपस्थितों के प्रति विनम्र आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में हीरा खनन परियोजना के श्रमिक संघ के पदाधिकारी समरबहादुर सिंह, भोला प्रसाद सोनी, सोमेन्द्र प्रताप सिंह, सिविल सर्जन डाॅ. व्ही.एस. उपाध्याय, डाॅ. गुंजन सिंह, अन्य चिकित्सकगण, पत्रकारगण एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
2

IPL 2020 : क्रिकेट सट्टा के ख़िलाफ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई लगातार जारी, कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के मैच में दांव लगवाते दो और सटोरिये गिरफ़्तार

0
पन्ना कोतवाली थाना पुलिस टीम की अभिरक्षा में पकड़े गए दोनों सटोरिए।

*   छापेमारी में पुलिस के हाथ लगा 10-12 लाख के अवैध लेन-देन के रिकार्ड वाला रजिस्टर

*   आरोपियों से जब्त 2 मोबाइल में भी सट्टा की सामग्री और संदिग्ध लेन-देन का है ब्यौरा

*   राशि के आदान-प्रदान के लिये उपयोग किये गये खातों की जांच से सटोरियों के नेटवर्क का होगा पर्दाफ़ाश

*   छोटे सटोरियों की धरपकड़ के चलते पुलिस का शिकंजा कसने से बड़े “मगरमच्छ” हुए अंडर ग्राउण्ड

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) कोतवाली थाना पन्ना पुलिस ने इंडियन प्रीमियर लीग 2020 (आईपीएल) के क्रिकेट मैचों में सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ इस बार काफी देर से कार्रवाई शुरू की। मगर, पिछले कुछ दिनों से जिस ताबड़तोड़ अंदाज में ठोस और प्रभावी मुहिम पुलिस के द्वारा लगातार चलाई जा रही उससे सटोरियों के कैम्प में जबरदस्त हड़कंप मचा है। सट्टा के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लक्ष्य को हांसिल करने के मकसद से पन्ना पुलिस अब तक कई महत्वपूर्ण कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए करीब एक दर्जन सटोरियों को गिरफ़्तार कर चुकी है।
बीते दिवस ही कोतवाली थाना पुलिस ने कोलकाता नाइट राइडर्स vs राजस्थान रॉयल्स के मैच में सट्टा खिलाने के आरोप में दो सटोरियों प्रियांक उर्फ शनि शर्मा निवासी धाम मोहल्ला पन्ना और विजय कुमार ओमरे निवासी मोहल्ला बेनीसागर पन्ना को रंगे हाथ पकड़ा है। एक के बाद एक कई एजेण्ट और फंटरों की धरपकड़ के चलते पुलिस का शिकंजा कसते देख घबराए बड़े सटोरिए फिलहाल अंडर ग्राउण्ड (भूमिगत) हो गए हैं। पुलिस के हाथ इनके गिरेबान तक कब तक पहुँचते इस पर सबकी नजरें टिकीं है।

टीव्ही के सामने बैठकर खिला रहे थे सट्टा

पन्ना पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन में सटोरियों के खिलाफ जारी मुहिम के अंतर्गत निरंतर सार्थक नतीजे सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार 01 नवंबर की रात मुखबिर से मिली सूचना पर पन्ना कोतवाली थाना प्रभारी एवं निरीक्षक अरुण सोनी के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने शहर के धाम मोहल्ला में स्थित एक घर की घेराबंदी कर दबिश देते हुए वहाँ से दो युवकों को हिरासत में लिया है। इनकी पहचान प्रियांक उर्फ शनि शर्मा निवासी धाम मोहल्ला पन्ना एवं विजय कुमार ओमरे निवासी बेनीसागर मोहल्ला पन्ना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के समय प्रियांक उर्फ शनि शर्मा अपने घर में लाइट के उजाले में अपने दोस्त के साथ एलईडी (टेलीविजन) के सामने मोबाइल लिये एक कॉपी में हिसाब-किताब लिख रहा था।
पूंछतांछ में दोनों ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने का जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) vs राजस्थान रॉयलस (RR) के मैच पर सट्टा का दांव लगवा रहे थे। इनके मोबाइल चेक किये जाने पर आईपीएल सट्टा से संबंधी कन्टेन्ट पाये गये जिस पर से पुलिस द्वारा दोनों आरोपियो के मेमोरेण्डम कथन दर्ज किये। दोनों ने पुलिस को दिए गए अपने बयान में बताया है, वे ऑनलाइन साफ्टवेयर के माध्यम से नगद रूपये को क्वाइन (COIN) मे बदलकर क्रिकेट टीमों की हार-जीत, रन बनने-नहीं बनने, चौके-छक्के पड़ने-नहीं पड़ने, खिलाड़ियों के आउट होने नही होने आदि संभावनाओ पर क्वाइन (COIN) लगाकर हार-जीत का खेल खिलाकर अवैध लाभ प्राप्त करते हैं। आरोपियो ने बताया कि, सट्टा में 01 क्वाइन की कीमत 01 रूपये के बराबर होती है।

रजिस्टर की एंट्री और बैंक खातों की होगी जांच

पकड़े गए दोनों आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 21,700 रूपये नगद, 2 मोबाइल कीमती करीब 20 हजार रूपये, 1 टेलीविजन मय सेटअप बॉक्स के कीमती करीब 10 हजार रूपये, मोबाइल में कुल 5 लाख 6 हजार क्वाइन का वर्चुअल एमाउण्ट (डिजिटल करेन्सी) एवं एक रजिस्टर जिसमें करीब 10-12 लाख रुपए के अवैध लेन-देने संबंधी जानकारी उनके द्वारा दर्ज की गई है।
सटोरियों से जब्त मोबाइल फोन एवं टीव्ही आदि सामान।
सट्टा के विरूद्द चलाए जा रहे अभियान इस अवैध गतिविधि के जिले से उन्मूलन तक लगातार कठोरता से कार्रवाई जारी रखने के लिए संकल्पित पन्ना पुलिस ने कई स्तर पर फैले सटोरियों के नेटवर्क का पता लगाने के लिए आइपीएल सट्टे की राशि के ऑनलाइन आदान-प्रदान के लिये उपयोग किये गये संबंधित बैंक खतों की जानकारी और रजिस्टर की एंट्री की गहन जांच-पड़ताल कर अवैध गतिविधि में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध अग्रिम कार्यवाही करने की बात कही है। पुलिस के इस ऐलान के बाद सट्टा खिलाने व् खेलने वालों और सटोरियों से जुड़े लोगों में खलबली मची है। सटोरिए प्रियांक उर्फ शनि शर्मा एवं विजय कुमार ओमरे दोनों निवासी पन्ना के विरुद्ध थाना कोतवाली पुलिस ने सट्टा अधिनियम के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है।
2

पन्ना के दो ग़रीब किसानों की चमकी किस्मत, उथली खदान में बेशक़ीमती हीरे मिलने से एक ही झटके में बने लखपति

0
पन्ना के हीरा कार्यालय में नीलामी हेतु किसानों के द्वारा जमा कराए गए बेशक़ीमती हीरे।

* लखन को 14.98 और दिलीप को 7.44 कैरेट वजन का बेशकीमती हीरा मिला

*  दोनों किसानों ने हीरा कार्यालय में नीलामी हेतु जमा कराए अपने हीरे

*  पिछले सप्ताह भी एक कृषि मजदूर को मिला था 7 कैरेट का हीरा

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती की बात निराली है। बेशक़ीमती रत्न हीरों के खनन के लिए पूरी दुनिया में विख्यात पन्ना में जब किसी की क़िस्मत चमकती है तो वह पलक झपकते ही रंक से राजा बन जाता है। जिले के दो ग़रीब किसानों के साथ आज ऐसा ही चमत्कार घटित हुआ है। जिसकी चर्चा हर किसी की ज़ुबान पर है। इन किसानों को 14.98 एवं 7.44 कैरेट वजन के जेम क्वालिटी वाले दो बेशकीमती हीरे मिले हैं। जिससे वे एक झटके में ही लखपति बन गए हैं। वर्षों पहले देखा गया सपना साकार होने से दोनों किसानों के घरों में ख़ुशी और जश्न का माहौल है। आज दोनों किसानों ने अपने हीरे पन्ना के शासकीय हीरा कार्यालय में नीलामी हेतु जमा कराए हैं। वहीं पिछले सप्ताह ग्राम बिलखुरा निवासी एक ग़रीब कृषि मजदूर बलवीर सिंह यादव को कृष्णा कल्याणपुर पटी हीरा खदान क्षेत्र से 7.2 कैरेट वजन का उज्जवल क़िस्म का हीरा मिला था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पन्ना के बाहरी इलाके में स्थित एनएमडीसी कॉलोनी के समीप रहने वाले लखन यादव को कृष्णा कल्याणपुर पटी उथली हीरा खदान क्षेत्र में 14.98 कैरेट वजन का हीरा मिला है। जबकि ग्राम जरुआपुर निवासी दिलीप कुमार मिस्त्री को जरुआपुर में ही निजी भूमि पर 7.44 कैरेट वजन का हीरा मिला है। दोनों ही हीरे उज्जवल क़िस्म के बताए जा रहे हैं। अचानक मालामाल हुए दोनों किसानों के चेहरे उनके हीरों की तरह ख़ुशी से चमक रहे हैं। हीरा मिलने को ईश्वर की अनुकम्पा बताते हुए वे कहते हैं कि वर्षों पहले उन्होंने जो सपना देखा था वह अब पूरा हो चुका है।
हीरा कार्यालय में अपने हीरे को जमा करने के पूर्व उसे ख़ुशी से पत्रकारों को दिखाते हुए किस्मत का धनी किसान।
संयुक्त नवीन कलेक्ट्रेट भवन में स्थित हीरा कार्यालय में सोमवार 02 नवंबर को पहुंचे दोनों किसानों के द्वारा अपने हीरे नीलामी के लिए जमा कराए गए। हीरा कार्यालय पन्ना के हीरा पारखी अनुपम सिंह ने इन हीरों की नियमानुसार जांच-परख और तौल कर उन्हें जमा कर लिया है। इन दोनों हीरो को आगामी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जायेगा। हीरा पारखी से अनुमानित कीमत पूछे जाने पर उन्होंने नियमों का हवाला देते हुए बताने से इंकार कर दिया। लेकिन जानकारों व शहर के हीरा पारखियों ने 7.44 वजन वाले हीरे की कीमत 20 से 25 लाख तथा 14.98 कैरेट वजन के हीरे की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी है।
2

भैरवटेक घाटी के जंगल में मिला नर कंकाल, मर्ग कायम कर पहचान में जुटी पुलिस

0
जंगल में कंकाल के समीप रखे मिले मृतक के कपड़े एवं जूते।
पन्ना।(www.radarnews.in) जिले के मड़ला थाना अंतर्गत भैरवटेक घाटी में पन्ना-छतरपुर मार्ग किनारे खिला चौपरा नाला के समीप एक नर कंकाल मिलने की खबर आते ही सनसनी फ़ैल गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच-पड़ताल में मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। शनिवार 31 अक्टूबर बकचुर के बीट गार्ड रामगोपाल आदिवासी के द्वारा मड़ला थाना पुलिस को जंगल में अज्ञात नर कंकाल पड़ा होने की सूचना दी गई। शव के पूरी तरह से कंकाल में तब्दील हो जाने से इतना तो तय है कि संबंधित व्यक्ति की मौत हुए काफी समय हो चुका है। मृतक काले रंग की पेंट-शर्ट पहने हुए है।
इसके आलावा कंकाल के ही पास नायलॉन के काले रंग जूते और सफेद शर्ट व तौलिया रखी हुई पाई गई है। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर शव की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मड़ला थाना प्रभारी के द्वारा आसपास के थानों को शव मिलने के संबंध में सूचना भेजी गई है। ताकि इस तरह का कोई व्यक्ति अगर गुम हो तो वह दस्तयाब हो सके। वहीं कंकाल का फोटो जारी करते हुए मृतक की पहचान के मड़ला थाना पुलिस अथवा पुलिस कंट्रोल रूम पन्ना को सूचना देने की आमजन से अपील की गई है।
2

अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा का दशहरा मिलन कार्यक्रम सम्पन्न

0

*    विभागों में परामर्शदात्री समितियों की बैठकें आयोजित कराने पर हुई चर्चा

पन्ना।(www.radarnews.in) नगर के शासकीय रूद्र प्रताप विद्यालय क्रमांक-02 में रविवार 1 नवंबर को अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा का दशहरा मिलन समारोह आयोजित हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में आलोक कुमार खरे उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह यादव द्वारा की गई। दशहरा मिलन समारोह में सभी कर्मचारी साथियों ने एक दूसरे को बधाईयां दी एवं संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए अपने-अपने विचार रखे। बैठक में मोर्चा का एक कार्यालय निश्चित किये जाने के संबंध में चर्चा हुई । सभी कर्मचारियों की समस्याओं पर विभागों द्वारा निश्चित तिथि पर निर्णय किया जाये इस संबंध में चर्चा हुई । मोर्चा की आगामी बैठकें तहसील स्तर एवं ब्लाक स्तर पर भी आयोजित की जायें इस पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया ।
चर्चा में सभी कर्मचारियों ने एक स्वर में तय किया की सभी विभागों की परामर्शदात्री बैठकों का आयोजन हो इस संबंध में सभी विभाग प्रमुखों को एवं जिला कलेक्टर को पत्र जारी किया जाये । बैठक में प्रमुख रूप से आर.डी. चौरसिया संरक्षक, बी.पी.परौहा संरक्षक, कमलेश कुमार त्रिपाठी संयोजक, ओम प्रकाश शार्मा संयोजक, राम प्यारे प्रजापति कार्यवाहक अध्यक्ष, रामेश्वर खरे उप संयोजक, पुष्पराज सिंह परमार उप संयोजक, हेमेंत सिंह परमार उप संयोजक, सलीम खान उप संयोजक, डाॅ. राकेश सोनी, महमूद अहमद कुरैशी कार्यालीन सचिव, बालक राम पटेल अध्यक्ष पटवारी संघ, चतुरेश मिश्रा सचिव, संजू सेन, संजय शुक्ला अनुसूचित जाति जनजाति कर्मचारी एसोसियेशन हेतराम पटेल एवं महेन्द्र यादव प्रमुख रूप से उपस्थित थे। अंत में आभार प्रदर्शन राजकिशोर शर्मा महामंत्री एवं मुख्य प्रवक्ता संयुक्त मोर्चा द्वारा किया गया ।
2

सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर महाविद्यालय के कर्मचारी ने दी जान, सुसाइड नोट में लिखा “मुझे आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया, ये तीनों लोग हैं मेरी मौत के जवाबदार”

0
घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना के पुलिसकर्मी।
  •  सुसाइड नोट में लिखे प्रताड़ित करने वालों के नाम व मोबाईल नंबर
  •  पुलिस ने उजागर नहीं किये सूदखोरों के नाम, घटना पर मर्ग कायम कर शुरू की जांच

पन्ना। (www.radarnews.in) मनमाने ब्याज़ पर कर्ज देने वाले सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर पन्ना के छत्रसाल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी। मृत कर्मचारी हरिश्चन्द्र अहिरवार पिता सरजू अहिरवार उम्र 50 वर्ष की जेब से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने कथित तौर पर प्रताड़ित करने वाले तीन सूदखोरों के नाम, मोबाइल नम्बर और आत्महत्या करने की वजह का स्पष्ट उल्लेख करने के साथ-साथ सूदखोरों के संबंध कई चौंकाने वाले खुलासे भी किए हैं। पन्ना कोतवाली थाना पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर घटना पर मर्ग कायम करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार 01 नवंबर की सुबह शहर की पन्ना की मदार टेकरी में फूला माता मंदिर के समीप स्थित पेड़ पर बंधे फांसी के फंदे पर एक शव लटकता हुआ मिला। जिसकी शिनाख्त छत्रसाल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पन्ना के कर्मचारी हरिश्चन्द्र अहिरवार पिता सरजू अहिरवार उम्र 50 वर्ष निवासी बिजावर जिला छतरपुर, हाल निवासी गुल्लायंची मोहल्ला पन्ना के रूप में हुई। मृतक हरिशचन्द्र के कपड़ों से पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है।
अपुष्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुसाइड नोट में 31 अक्टूबर 2020 की दिनांक दर्ज है। हरिशन्द्र ने इसमें उन तीन व्यक्तियों के नाम और मोबाइल नंबर लिखें जिनसे उसने ब्याज़ पर रुपए उधार लिए थे। साथ ही रुपयों के लेन-देन के हिसाब-किताब का भी उल्लेख किया है। चर्चा है कि उक्त तीनों व्यक्तियों ने ब्याज पर उधार रुपए देने से पूर्व हरिश्चन्द्र से उसकी कई खाली चेकें हस्ताक्षर कराकर अपने पास रख ली थीं। काफी पहले ब्याज़ समेत कर्ज की अदायगी करने के बाबजूद सूदखोर बैंक में चेक लगाने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। परिणामस्वरूप रोज-रोज की इस ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर हरिश्चन्द्र आत्महत्या करने को मजबूर हो गया।

सुसाइड नोट में क्या लिखा है ?

शव को पोस्टमार्टम के लिए ऑटो रिक्शा से ले जाते हुए पुलिसकर्मी एवं मृतक के परिजन।
हरिशन्द्र अहिरवार के सुसाइड नोट के कुछ महत्पूर्ण अंश के संबंध में सूत्रों से जानकारी मिली है, लेकिन स्वतंत्र रूप इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। हरिश्चन्द्र के हस्ताक्षर वाले सुसाइड नोट में कथित तौर पर लिखा है- “जबकि इन तीनों व्यक्तियों के रुपए चुकता कर चुका हूँ। मुझे आत्महत्या करने में मजबूर किया है, इन्होंने चेक लगाने से धमकाया है। मेरी मौत के तीनों लोग जवाबदार हैं। इन तीनों व्यक्तियों के पास एक अटैची भरकर चेक रखी हुई हैं।” इसके अलावा उसने यह भी बताया है कि- “ऐसे कई कर्मचारी हैं जो आत्महत्या करने को मजबूर हो जायेंगे। सनद रहे वक्त पर काम आवे।” वहीं मृतक के युवा पुत्र राहुल अहिरवार ने भी अपने पिता के कर्ज और सूदखोरों से परेशान होने की जानकारी पुलिस को दी है। कोतवाली थाना पन्ना पुलिस ने कॉलेज के कर्मचारी हरिश्चन्द्र अहिरवार 50 वर्ष की मौत पर पंचनामा कार्रवाई उपरान्त फिलहाल मर्ग कायम किया है। मृतक के कपड़ों में मिले सुसाइड नोट को जब्त कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जिले भर में सक्रिय है सूदखोर

उल्लेखनीय है कि पन्ना जिला मुख्यालय समेत आंचलिक क्षेत्रों में सक्रिय सूदखोर बिना किसी वैध लाइसेंस के मनमाने ब्याज जमकर कर्ज बांट रहे हैं। इनके कर्ज के कुचक्र में फंसकर सैंकड़ों लोग आर्थिक रूप से कंगाल हो चुके हैं या फिर अपनी चल-अचल सम्पत्ति गँवा चुके हैं। कुछ ऐसे भी लोग हैं जो इनकी आए दिन की धमकियों से तंग आकर ख़ामोशी से मौत को गले लगा चुके हैं। सूदखोरी के इस धंधे में दबंग, आपराधिक तत्व अथवा पहुंच वाले लोग शामिल हैं। परिणामस्वरूप इनसे जरूरत पर उधार रुपए लेने वाले लोग इनके खिलाफ मुँह खोलने से भी डरते हैं। अपवाद स्वरूप कभी-कभार इनकी ज्यादती/प्रताड़ना से जुड़ा कोई प्रकरण सामने आता भी है तो वह ऐनकेन-प्रकारेण रफादफा हो जाता है। इसलिए आने वाले दिनों में यह देखना काफी महत्वपूर्ण होगा कि हरिश्चन्द्र की मौत के लिए जिम्मेदार सूदखोरों के खिलाफ पन्ना पुलिस क्या कार्रवाई करती है और कब तक करती है।

इनका कहना है –

“मृतक हरिश्चन्द्र के पास से मिले सुसाइड नोट में तीन व्यक्तियों के नाम व मोबाइल नंबर दर्ज हैं। जिनसे उसने कर्ज लिया था। मामले की गहन जाँच कर सच्चाई को सामने लाया जाएगा। जांच में यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।”

– अरुण सोनी, निरीक्षक एवं प्रभारी, थाना कोतवाली, पन्ना।

2

आइसना पत्रकार संघ के पन्ना जिलाध्यक्ष बने राकेश शर्मा, पत्रकारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दी बधाई

0

*  समूचे जिले में शीघ्र प्रारंभ होगा संगठन का सदस्यता अभियान

राजेन्द्र कुमार पन्ना।(www.radarnews.in) नगर के वरिष्ठ पत्रकार एवं समय जगत समाचार पत्र भोपाल के पन्ना ब्यूरो प्रमुख राकेश शर्मा को आइसना पत्रकार संघ का पन्ना जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति आइसना पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश भार्गव के निर्देश पर प्रदेशाध्यक्ष नवनीत जैन द्वारा की गई है। विगत दो दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय योग्य और अनुभवी पत्रकार राकेश शर्मा ने स्वतंत्र, निर्भीक और बेबाक़ पत्रकार के रूप में अपनी पहचान बनाई है। श्री शर्मा की नियुक्ति पर पन्ना जिले के पत्रकारों प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। साथ ही आइसना पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश भार्गव व प्रदेशाध्यक्ष नवनीत जैन के प्रति आभार ज्ञापित किया है।
उल्ल्खनीय है कि बीते दिवस पन्ना के पत्रकारों ने आइसना के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा के स्वागत और सम्मान में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर पत्रकार साथियों के द्वारा श्री शर्मा को पुष्पहार पहनाकर, तिलक लगाकर व मिष्ठान खिलाकर उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी गई। वहीं राकेश शर्मा को शॉल एवं श्री फल से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने अपने उद्बोधन में श्री शर्मा को आइसना जैसे प्रतिष्ठित संगठन के द्वारा पन्ना जिलाध्यक्ष का महत्पूर्ण दायित्व सौंपे जाने के निर्णय की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि वास्तविक पत्रकार के हाथों में पत्रकार संगठन की बागडोर आने का लाभ निश्चित ही जिले के पत्रकारों को मिलेगा। विषम परिस्थितियों में पत्रकारों के हितों और अधिकारों की रक्षा अब प्रभावी तरीके से संभव हो सकेगी।
पत्रकार संगठन आइसना के नव नियुक्त पन्ना जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा।
कार्यक्रम के अंत में आइसना पत्रकार संघ के नव नियुक्त पन्ना जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने विनम्रता पूर्वक कहा कि सभी साथियों ने जिस तरह से प्रेम-स्नेह, सद्भावना और एकजुटता दिखाई है, इससे संगठन को शक्ति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा, मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वाहन करते हुए संगठन के शीर्ष नेतृत्व एवं आप सभी के विश्वास और अपेक्षाओं की कसौटी पर स्वयं को खरा साबित करने के लिए हर सम्भव प्रयास प्रयत्न करूँगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही संगठन के सदस्यता अभियान का आगाज़ करते हुए समूचे जिले के सक्रिय पत्रकारों को संगठन से जोड़ते हुए जिला और ब्लॉक की कार्यकारिणी घोषित की जाएगी। कार्यक्रम में राकेश पाण्डेय, एम.एस. खान, सतीष जायसवाल, ऋषि मिश्रा, जमील खान, रामबिहारी गोस्वामी, विकास सेन, शादिक खान, दुर्गेश शिवहरे, संदीप पाण्डेय, इदरीश खान, रोहित रैकवार, अमित हार्डिया, हिम्मत खान, बलराम व्यास प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
2

“डायमण्ड पार्क” की स्थापना का सपना देख रहे पन्ना को फिलहाल “डायमण्ड म्यूजिम” की सौगात मिली

0
फाइल फोटो।

*  “डायमण्ड म्यूजिम” का कार्य इसी सप्ताह से शुरू कराने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

*   हीरे के संबंध आसानी से सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकेंगे पर्यटक

*  पन्ना की पहाड़कोठी में डायमण्ड म्यूजिम के सामने स्थापित होगा शहर का “व्यू-प्वाइंट”

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) बेशक़ीमती रत्न हीरों के खनन के लिए पूरी दुनिया में विख्यात रत्नगर्भा वसुंधरा पन्ना में हीरे से संबंधित व्यवसायिक गतिविधियों,पर्यटन एवं रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यहां डायमण्ड पार्क की स्थापना की पुरजोर मांग पिछले दो दशक से की लगातार जा रही है। प्रदेश की पिछली कोंग्रेस सरकार में पन्ना में डायमण्ड पार्क की स्थापना की सैद्धांतिक सहमति बनीं और इसके लिए स्थल चिन्हित करने तत्कालीन खनिज मंत्री प्रदीप जयसवाल ने पन्ना आकर महेन्द्र भवन का निरीक्षण भी किया। लेकिन अब तक डायमण्ड पार्क की स्थापना का कार्य सरकारी फाइलों से आगे बढ़कर धरातल पर शुरू नहीं हो सका। डायमण्ड पार्क की स्थापना के लम्बे होते इंतजार के बीच जिले के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। पन्ना में फिलहाल डायमण्ड म्यूजियम की स्थापना को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके निर्माण हेतु पन्ना की पहाड़कोठी में अपर कलेक्टर के बंगले के बाजू में स्थल भी चिन्हित किया जा चुका है। पन्ना कलेक्टर ने संजय कुमार मिश्र ने इसके निर्माण में विशेष रूचि लेते हुए सम्बंधित विभागों को चालू सप्ताह में ही डायमण्ड म्यूजियम का निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
पन्ना में पूर्व में लगी हीरों की एग्जीबिशन का फाइल फोटो।
मंगलवार 28 अक्टूबर को कलेक्टर संजय कुमार मिश्र की अध्यक्षता में डायमण्ड म्यूजियम एवं पन्ना व्यू-प्वाइंट की स्थापना संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री मिश्र ने लोक निर्माण विभाग एवं नगरपालिका को निर्देश दिए कि इसी सप्ताह कार्य प्रारंभ कराया जाए। जिससे डायमण्ड म्यूजियम की स्थापना होकर लोगों को देखने का अवसर प्राप्त हो सके। पर्यटन का सीजन प्रारंभ हो गया है। बाहर से आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को हीरे के संबंध में जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके।
पन्ना में पूर्व में लगी हीरों की एग्जीबिशन का फाइल फोटो।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पार्क के अन्दर हीरे के साथ हीरा उत्खनन एवं तरासने की पूरी प्रक्रिया हीरे का इतिहास एवं महत्व से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही हीरे से संबंधित फिल्म तैयार कर प्रदर्शित करने की व्यवस्था की जाए। म्यूजियम में प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग द्वार स्थापित किए जाएं। वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी बनाई जाए। इसके साथ व्यू-प्वाइंट की स्थापना एक साथ पूरी कर ली जाए। जिससे पर्यटक दोनों को एक साथ देख सकें। पर्यटकों के आने से पन्ना नगर में व्यवसाय को बढावा मिलेगा। जिससे यहां लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। पन्ना जिले में प्राकृतिक, धार्मिक, पुरातत्विक, ऐतिहासिक एवं डायमण्ड म्यूजियम के क्षेत्र में पर्यटन के अवसर लोगों को मिलेंगे।
सम्पन्न हुई बैठक में अपर कलेक्टर जे.पी. धुर्वे, एसडीएम पन्ना शेर सिंह मीणा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग ए.बी. साहू, परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण अरूण पटैरिया, मुख्य नगरपालिका अधिकारी यशवंत वर्मा, प्रबंधक हीरा उत्खनन परियोजना पन्ना के साथ संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
2