Home Blog Page 93

किस्मत चमकी : गरीब मजदूर रतनलाल को मिले बेशक़ीमती रत्न ने बनाया लखपति

0
पन्ना के हीरा कार्यालय में नीलामी हेतु हीरा जमा कराने के बाद बाहर निकलता खड़ा मजदूर रतनलाल प्रजापति।
  •  पन्ना के समीप हीरापुर टपरियन की उथली खदान में मिला हीरा

  •  नीलामी में रखा जायेगा 8.22 कैरेट वजन वाला उज्जवल किस्म का कीमती हीरा

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती ने आज फिर एक गरीब मजदूर की किस्मत का सितारा चमका दिया। पन्ना शहर के बेनीसागर मोहल्ला निवासी रतनलाल प्रजापति 45 वर्ष को हीरापुर टपरियन की उथली खदान से उज्जवल किस्म का 8.22 कैरेट वजन का हीरा मिला है। इस हीरे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। कई साल तक खदान खोदने के बाद पहली बार हीरा मिलने से रतनलाल के घर में उत्सव का माहौल है। वर्षों पुरानी तमन्ना पूरी होने पर रतनलाल ने इसे ईश्वर की असीम अनुकंपा बताया है। आज अपने साथियों को लेकर पन्ना के संयुक्त कलेक्ट्रट भवन पहुंचे रतनलाल प्रजापति ने वहां स्थित हीरा कार्यालय में विधिवत अपना हीरा जमा करा दिया।
जिला हीरा एवं खनिज अधिकारी रवि पटेल ने बताया कि 8.22 कैरेट वजन का यह हीरा उज्जवल किस्म का है जो गुणवत्ता और कीमत के लिहाज से अच्छा माना जाता है। आपने बताया कि आगामी 21 सितम्बर से पन्ना में उथली खदानों से प्राप्त हुए हीरों की होने वाली खुली नीलामी में इस हीरे को भी रखा जायेगा। हीरा कार्यालय पन्ना के पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि पूर्व घोषणानुसार नीलामी में 139 नग हीरे रखे जा रहे थे, जिनका वजन 156.46 कैरेट था। लेकिन इस बीच 5 नग हीरे और जमा हुए हैं। इस तरह से अब नीलामी में रखे जाने वाले हीरों की संख्या बढ़कर 144 तथा वजन 181.50 कैरेट हो गया है। हीरा पारखी ने बताया कि इसके पूर्व 6.41 कैरेट वजन का हीरा गत 9 सितम्बर को किशोरगंज पन्ना निवासी प्रसून जैन को मिला था।

आगे का जीवन आसान हो जाएगा

बेशकीमती हीरा पाकर सुर्खियों में आए गरीब मजदूर रतनलाल प्रजापति ने बताया कि वह पिछले कई सालों से लगातार हीरे की खदान लगाता आ रहा है। लेकिन कई वर्षों तक अथक परिश्रम करने के बाद भी हीरा न मिलने से कई बार थोड़ी निराशा जरूर हुई लेकिन मैंने कभी उम्मीद का दामन नहीं छोड़ा और अनवरत हीरों की तलाश जारी रखी। रतनलाल का कहना है कि उसे पूरा भरोसा था कि रत्नगर्भा धरती पर एक ना एक दिन उसकी तमन्ना भी पूरी होगी। आखिरकार वर्षों की मेहनत का फल आज ईश्वर ने बेशकीमती हीरे के रूप में दिया है। रतनलाल ने बताया कि वह हीरा खदान में काम करने के साथ-साथ सिलाई का भी काम करता है, इसी से परिवार का गुजारा किसी तरह चलता था। लेकिन अब हीरा मिलने से सारे कष्ट दूर हो जाएंगे। अपनी ख़ुशी का इज़हार करते हुए रतनलाल ने बताया कि वह जल्दी ही पिता बनने वाला है। हमने जो कष्ट झेला है वह मेरी संतान को नहीं झेलना पड़ेगा। हीरे की नीलामी से मिलने वाली राशि से उसे पढ़ा लिखाकर काबिल बनाऊंगा ताकि वह सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सके।

पन्ना के गरीब मजदूर रतनलाल प्रजापति को मिले हीरे का वीडियो देखें –

2

27% ओबीसी आरक्षण : कमलनाथ के नेतृत्व वाली पूर्व कांग्रेस सरकार के कामों का झूठा श्रेय ले रही भाजपा

0
पन्ना में आयोजित हुए जनसंसद संवाद कार्यक्रम में शामिल कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के पदाधिकारीगण एवं स्थानीय कांग्रेस नेता।

*   पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पवन पटेल ने लगाया आरोप

*   पन्ना में पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के जन संसद संवाद कार्यक्रम में बताई सच्चाई

*   दो सरपंचो सहित एक दर्जन लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के अध्यक्ष एवं राज्य सभा सदस्य राजमणि पटेल के निर्देशानुसार रविवार 12 सितम्बर को पन्ना जिला मुख्यालय के स्थानीय संकल्प गार्डन में पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजबहादुर पटेल के संयोजन में जन संसद संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आये लोग शामिल हुए। प्रदेश महासचिव पवन पटेल के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलनाथ के द्वारा ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण व सर्वणों को 10 प्रतिशत तथा 27 लाख किसानों के कर्जमाफी किये जाने पर आभार यात्रा भोपाल से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया, उसको लेकर आज दमोह होते हुये पन्ना पहुंचे। जिसका जगह जगह पर स्वागत किया गया। महासचिव श्री पटेल ने कहा कि 15 महीनों के अल्प कार्यकाल में कमलनाथ ने ऐसे उल्लेखनीय कार्य किये है जो सदैव याद किये जायेंगे। इन विपरीत परिस्थितियों में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, वहीं अपने वायदा अनुसार किसानों के कर्ज माफ किये गये, लेकिन भाजपा आरक्षण में झूठा श्रेय लेना चाहती है। प्रदेश की जनता यह सच्चाई को जानती है।
श्री पटेल ने कहा कि कुछ नया पैदा करने के लिये सरकार बनायी जाती है, क्या ये केन्द्र सरकार जनता के हित में है। मंहगाई इतनी बढ़ा देना, सरकारी उपक्रम बेंचना, रोजगार खत्म कर देना, संविधान को बदल कर कमजोर करना, देश से छोटे व्यापार खत्म कर देना और कई कंपनियों को बर्बाद करके बंद होने पर मजबूर कर देना यह सब एक षडयंत्र के तहत किया जा रहा है। उन्होने कहा कि इसी तरह प्रदेश की भाजपा सरकार से आमजन त्रस्त है चंहुओर आरजक ता का माहौल, गरीब, किसान, आदिवासी, दलित परेशान है, पिछड़ो व कमजोर तबके के लोगो के ऊपर खुलेआम अत्याचार हो रहे है लेकिन सरकार मूकदर्शक बैठी हुई है।
जनसंसद संवाद कार्यक्रम को विधाराम वर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष, स्वराज सिंह उपाध्यक्ष, दिग्विजय सिंह सचिव, इस्तेयाक अहमद लोकसभा अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग, मारूफ हनफ़ी प्रदेश प्रवक्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पवन जैन, शिवजीत सिंह, डी.के.दुबे, सेवालाल पटेल, गिरधारी लोधी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पन्ना अनीश खान, जीवल लाल सिद्धार्थ, अरविंद मोहन सोनी, दीपक तिवारी, स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी, कदीर खान, वैभव थापक, अजय पाल लोधी, अक्षय तिवारी, सौरभ पटेरिया, अरविंद सोनी, केशरी अहिरवार, बद्री पटेल, राजा बाबू पटेल, नरेन्द्र विश्वकर्मा, मदन यादव, अवधेष यादव, जयराम यादव आदि ने संबोधित किया।
कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग की आभार यात्रा के दमोह से होते हुए पन्ना पहुँचने पर भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग अध्यक्ष राजबहादुर पटेल ने किया, उनके ही नेतृत्व व प्रेरणा से दो सरपंचों लखन लोधी व हरिदास आदिवासी ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा जिनलोगों ने सदस्यता ग्रहण की है उनमें तेज सिंह यादव भसुंड़ा, धीरेन्द्र सिंह यादव अमहा, छत्रपति कुशवाहा पाठा, राजेन्द्र पटेल बरियारपुर, घनश्याम आदिवासी भसूंड़ा, बच्चू, रामरतन आदिवासी, नवीन सिंह, प्रीतम पटेल, संत कुमार, उमा प्रसाद विश्वकर्मा शामिल रहे।
2

युवा नेता दुर्गेश शिवहरे भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी बनाए गए

0
दुर्गेश शिवहरे, नव नियुक्त भाजपा, जिला मीडिया प्रभारी, पन्ना।

*   पन्ना के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और युवाओं ने दी बधाई

पन्ना। (www.radarnews.in) भारतीय जनता पार्टी के पन्ना जिलाध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया ने युवा नेता दुर्गेश शिवहरे को भाजपा का जिला मीडिया प्रभारी नियुक्त किया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर की सहमति से युवा नेता दुर्गेश को जिला मीडिया प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी एवं प्रखर वक्ता दुर्गेश पेशे से पत्रकार होने के साथ-साथ पन्ना के सफल व्यवसायी भी हैं। समाजसेवा के क्षेत्र में भी वे काफी सक्रिय है। उनकी स्वयंसेवी संस्था मासूम ने निर्धन परिवारों के छात्रों को निःशुल्क कोचिंग दिलाने तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी सहरानीय कार्य किये हैं। यही वजह है कि युवा नेता दुर्गेश शिवहरे को भाजपा जिला मीडिया प्रभारी बनाए जाने के निर्णय का पार्टी के युवा नेताओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने स्वागत किया है। अधिकांश लोगों ने सोशल मीडिया पर दुर्गेश को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए अपनी प्रतिक्रिया में कहा है, जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सुयोग्य व्यक्ति को सौंपी गई है, निश्चित ही भाजपा को आगामी समय में इसका लाभ मिलेगा। प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया में कार्य करने का अनुभव रखने और वर्तमान में पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे श्री शिवहरे स्थानीय पत्रकारों से अपने मित्रवत सबंधों के लिए जाने जाते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष पन्ना राम बिहारी चौरसिया के द्वारा जारी जिला मीडिया प्रभारी का नियुक्ति पत्र।
उच्च शिक्षित, स्वाभाव से विनम्र, मृदुभाषी और मुद्दों की बारीक समझ रखने वाले दुर्गेश के कार्यानुभव एवं सशक्त पृष्ठभूमि को देखते हुए यह उम्मीद की जा रही है कि वे पन्ना जिले में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष को मीडिया में बेहतर तरीके रखते हुए पार्टी के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने अपनी नियुक्ति पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं जिलाध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया के प्रति आभार व्यक्त किया है। दुर्गेश ने अपनी नियुक्ति पर संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा, पार्टी ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताते हुए जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का हर संभव प्रयास करूँगा।उल्लेखनीय है कि अजय पाठक को जिला सह मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
2

जल जीवन मिशन में 2521 करोड़ से अधिक के कार्य मंजूर

0
सांकेतिक चित्र।

*   ग्रामीण क्षेत्र की अब तक की सर्वाधिक 2840 जलसंरचनाएँ शामिल

भोपाल।(www.radarnews.in) प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्र की जल व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार की कारगर पहल निरंतर जारी है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने 2521 करोड़ 23 लाख 44 हजार रूपये लागत की जलप्रदाय योजनाओं की जल जीवन मिशन में मंजूरी दी है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र की अब तक की सर्वाधिक 2840 जलसंरचाएँ शामिल हैं।
अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मलय श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश के 45 जिलों की ग्रामीण जलप्रदाय योजनाओं से जुड़े 2840 प्राप्त प्रस्तावों का नियमानुसार परीक्षण कर सक्षम अनुमोदन उपरांत स्वीकृति जारी की गई है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा पहलीबार इतनी बड़ी राशि की जलप्रदाय योजनाओं की एकजाई मंजूरी दी गई है। विभाग का मैदानी अमला यथाशीघ्र जलप्रदाय योजनाओं को पूरा कर ग्रामीण आबादी को नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करेगा।
प्रदेश की समूची ग्रामीण आबादी को घरेलू नल कनेक्शन से पेयजल की आपूर्ति किए जाने के लिए राष्‍ट्रीय जल जीवन मिशन के अन्तर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा निरंतर जल -संरचनाओं की स्थापना एवं विस्तार के कार्य किये जा रहे हैं। प्रदेश में अब तक करीब 3260 ग्रामों के शत-प्रतिशत घरों में नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा चुकी है।
जल जीवन मिशन जल गुणवत्ता प्रभावित ग्रामों, सांसद आदर्श ग्रामों तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति बहुल्य ग्रामों को प्राथमिकता में रखा जाता है। लोक स्वास्‍थ्य यांत्रिकी विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष (31 मार्च 22) तक ग्रामीण आबादी को कुल 22 लाख 805 नल कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा था। विभाग द्वारा एकजाई 2840 जलप्रदाय योजनाओं की इस मंजूरी से आगामी माहों में विभाग की सुनियोजित और समयबद्ध कार्रबाई से शेष लक्ष्य को पूरा किया जायेगा।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा दी गई स्वीकृति में भोपाल जिले की 31, रायसेन 53, सीहोर 17, विदिशा 37, राजगढ़ 37, होशंगाबाद 97, बैतूल 194, हरदा 44, धार 34, झाबुआ 14, खरगोन 148, बड़वानी 07, खण्डवा 57, उज्जैन 29, नीमच 03, शाजापुर 29, रतलाम 80, आगर मालवा 11, देवास 107, मंदसौर 64, ग्वालियर 28, अशोकनगर 19, शिवपुरी 39, दतिया 02, गुना 23, मुरैना 266, श्योपुर 27, भिण्ड 46, सागर 82, पन्ना 11, छतरपुर 57, टीकमगढ़ 06, जबलपुर 205, कटनी 57, मण्डला 90, बालाघाट 28, नरसिंहपुर 26, डिण्डौरी 51, छिन्दवाड़ा 207, सिवनी 183, रीवा 145, सतना 23, सीधी 55, शहडोल 40, तथा अनूपपुर जिले की 31 जल संरचनाएँ शामिल हैं। मिशन में नवीन जलप्रदाय योजनाओं के साथ ही विभिन्न ग्रामों में पूर्व से र्निमित पेयजल अधोसंरचनाओं को नए सिरे से तैयार कर रेट्रोफिटिंग के अन्तर्गत भी कार्य किये जायेंगे।
2

राष्ट्रीय वन शहीद दिवस : वन्य-प्राणियों की रक्षा करते शहीद 3 वन कर्मियों के परिजन हुए सम्मानित

0
प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन बल प्रमुख रमेश कुमार गुप्ता ने शहीद वन कर्मी के परिजन को एक-एक लाख रूपये के चेक प्रदान किया।
  •  सम्मान समारोह में एक-एक लाख रूपये के चेक और प्रशस्ति-पत्र किये गये भेंट

भोपाल। (www.radarnews.in) प्रधान मुख्य वन्य संरक्षक एवं वन बल प्रमुख रमेश कुमार गुप्ता ने कहा है कि वन विभाग के वनकर्मी प्रदेश के जंगलों की सुरक्षा और वन्य-प्राणियों के संरक्षण कार्य में अपने प्राणों की आहूति देकर कर्त्तव्य-परायणता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते है। ऐसे शहीद वनकर्मियों के बलिदान पर विभाग फक्र करता है। श्री गुप्ता राष्ट्रीय वन शहीद दिवस के मौके पर चार इमली स्थित वन विश्राम गृह परिसर में कर्त्तव्य के दौरान शहीद वनकर्मियों के परिजन को सम्मानित कर रहे थे।
कार्यक्रम में तीन शहीद वनकर्मियों के परिजन को एक-एक लाख रूपये का चेक और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) आलोक कुमार सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।

शहीद वनकर्मी

प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी आलोक कुमार ने शहीद वन कर्मी के परिजनों प्रशस्ति पर दिए।
शहीद मदन लाल वर्मा : वन मण्डल देवास में वन रक्षक के पद पर कार्यरत मदनलाल वर्मा 4 फरवरी 2021 को वन क्षेत्र की पुंजापुरा परिक्षेत्र की बीट रतनपुर में वन्य-प्राणी शिकारियों से हुई मुठ-भेड़ के दौरान गोली लगने से वीरगति को प्राप्त हुए थे। वन मण्डलाधिकारी देवास ने वनकर्मियों के शहीद दिवस के दिन आज ही रतनपुर बीट का नाम शहीद मदनलाल वर्मा के नाम रखे जाने के आदेश जारी किए हैं।
शहीद राज परीक्षित : सतपुड़ा टाइगर रिजर्व होशंगाबाद में वन रक्षक के पद पर कार्यरत राज परीक्षित भट्ट 5 मई 2021 को वन क्षेत्र में हुई अग्नि दुर्घटना को नियंत्रित करने के प्रयासों के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे।
शहीद सूर्यप्रकाश ऐडे : वन मण्डल बालाघाट में वन रक्षक के पद पर कार्यरत रहे सूर्यप्रकाश ऐडे वन क्षेत्र में 12 अप्रैल 2021 को हुई अग्नि दुर्घटना को नियंत्रित करने के प्रयास में वीरगति को प्राप्त हुए थे।
2

मुख्यमंत्री शिवराज प्रदेश के महिला स्व-सहायता समूहों से करेंगे संवाद

0
मुख्यमंत्री, शिवराज सिंह चौहान।
भोपाल। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 14 सितम्बर को महिला स्व-सहायता समूह उन्मुखीकरण एवं संवाद कार्यक्रम में समूह की महिलाओं से वर्चुअल संवाद करेंगे। प्रात: 11 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में सभी जिला मुख्यालयों से स्व-सहायता समूह शामिल होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के समूहों की महिलाएँ विभिन्न संचार माध्यमों से कार्यक्रम से जुड़ेंगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि माँ, बहन और बेटियों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रदेश में अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से सबल बनाने के लिए स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने में बैंकों के माध्यम से आर्थिक सहयोग भी दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अभियान मध्यप्रदेश में लगातार जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 3 लाख 37 हजार से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की जा रही है। समूह द्वारा उत्पादित सामग्री को बाजार उपलब्ध कराने का काम भी राज्य सरकार कर रही है।
2

पर्यटन स्थल कालिंजर और चित्रकूट से जोड़ने वाले पन्ना-पहाड़ीखेरा मार्ग का चौड़ीकरण कार्य शीघ्र स्वीकृत होगा

0
वरिष्ठ केन्द्रीय मंत्री नितिन गड़करी से नई दिल्ली में भेंट करते हुए मध्य प्रदेश के खनिज साधन विभाग के मंत्री बृजेन्द्र सिंह।

*  केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने दिया आश्वासन

पन्ना। प्रदेश के खनिज साधन एवं एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा पन्ना विधान सभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिये निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं। विशेष रूप से क्षेत्र में सड़कों के विकास एवं शिक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में मंत्री बृजेन्द्र द्वारा विगत दिवस दिल्ली में नितिन गड़करी, मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली से सौजन्य भेंट की गई। उन्होंने भेंट के दौरान पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पन्ना से पहाड़ीखेरा मुख्य मार्ग का उन्नयन एवं चौड़ीकरण का कार्य सीआरआईएफ मद से कराये जाने की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया गया।
केन्द्रीय मंत्री गड़करी द्वारा पन्ना पहाड़ीखेरा मार्ग को शीघ्र सीआरआईएफ मद में शामिल करते हुये स्वीकृति प्रदान करने के साथ बजट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इस मार्ग के उन्नयन एवं चौड़ीकरण हो जाने से क्षेत्र के लोगों को कालिंजर एवं चित्रकूट मार्ग से जोड़ने के साथ उत्तर प्रदेश के धार्मिक स्थलों, औद्योगिक एवं शैक्षणिक संस्थानों वाले नगरों से जुड़ने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। जिससे क्षेत्र में शैक्षणिक एवं व्यवसायिक गतिविधियां तेजी से प्रगति करेंगी।

खजुराहो-दिल्ली विमान सेवा प्रारम्भ होगी

केन्द्रीय नागरिक उड्यन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से नई दिल्ली में भेंट करते हुए मध्य प्रदेश के खनिज साधन विभाग के मंत्री बृजेन्द्र सिंह।
प्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के प्रयास से कोरोना के कारण बंद हुई दिल्ली से खजुराहों वायुयान सेवा अक्टूबर माह से प्रारम्भ हो जायेगी। मंत्री श्री सिंह द्वारा दिल्ली प्रवास के दौरान केन्द्रीय नागरिक उड्यन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से सौजन्य भेंट कर बुन्देलखण्ड के विश्वविख्यात पर्यटन स्थल खजुराहो को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाली वायुयान सेवा को पुनः प्रारम्भ करने का अनुरोध किया गया। यह सेवा नागरिक उड्यन मंत्रालय द्वारा कोविड-19 के चलते बंद कर दी गई थी।
मंत्री बृजेन्द्र के अनुरोध पर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया द्वारा माह अक्टूबर से नई दिल्ली से खजुराहो वायुयान सेवा प्रारम्भ करने का आश्वासन दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने खजुराहो से मुम्बई वायुयान सेवा शीघ्र प्रारम्भ किये जाने का आश्वासन दिया गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से खजुराहो वायुयान सेवा प्रारम्भ हो जाने से बुन्देलखण्ड क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी वहीं पर्यटकों के आने से क्षेत्र में व्यवसायिक गतिविधियां बढ़ने से लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
2

भाजपा की जिला कार्यकारिणी घोषित : रविराज यादव व अंकुर त्रिवेदी को उपाध्यक्ष, राजेश वर्मा और विवेक मिश्रा महामंत्री बनाए गए

0
भारतीय जनता पार्टी जिला पन्ना के नव नियुक्त पदाधिकारीगण।

*  जिलाध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया ने डेढ़ वर्ष बाद की पदाधिकारियों की घोषणा

*  मंत्री बृजेन्द्र प्रताप और सांसद विष्णु दत्त शर्मा के करीबियों को मिला महत्व

*  22 पदाधिकारियों में आठ उपाध्यक्ष, तीन महामंत्री और छह महिलाएं शामिल

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) भारतीय जनता पार्टी के पन्ना जिलाध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया ने बहुप्रतीक्षित जिला पदाधिकारियों के नामों की आज घोषणा कर दी। करीब डेढ़ वर्ष बाद घोषित जिला पदाधिकारियों की सूची में 22 नाम शामिल हैं। जिसमें आठ नेताओं को उपाध्यक्ष और तीन को महामंत्री के अहम पद से नवाजा गया है। घोषित जिला कार्यकारिणी में आधा दर्जन महिलाओं को भी स्थान मिला है। भाजपा जिलाध्यक्ष रामबिहारी ने अपनी टीम में युवाओं को भरपूर मौका देने के साथ अनुभवी नेताओं को शामिल किया है। साथ ही राजनैतिक लिहाज से महत्वपूर्ण जातिगत समीकरणों को भी साधने की कोशिश की है। नव नियुक्त पदाधिकारियों के नामों की सूची आने के बाद से ही यह चर्चा आम है कि, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय सांसद विष्णु दत्त शर्मा और खनिज साधन विभाग के मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के करीबियों को खासी तरज़ीह दी गई है। हालांकि, जमीन से जुड़े कई कर्मठ नेताओं को जिला पदाधिकारियों की सूची में स्थान न मिलने से पार्टी में आंतरिक तौर पर असंतोष की सुगबुगाहट होने की चर्चाएं जोर पकड़ रही है।
बीजेपी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पन्ना जिलाध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया द्वारा जिला पदाधिकारियों के नाम की सूची भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की सहमति से जारी की गई है। उन्होंने बताया, जिला मीडिया प्रभारी व जिला कार्यसमिति के सदस्यों के नाम की घोषणा होना अभी शेष है।

भाजपा की नवगठित जिला कार्यकारिणी एक नजर में –

जिला उपाध्यक्ष – रविराज यादव, बृजेंद्र मिश्रा, सुशील त्रिपाठी, अंकुर त्रिवेदी, संजय सुल्लेरे, रामायण लोधी, श्रीमती सुषमा सिंह, श्रीमती सुधा पटेल। जिला महामंत्री – पूर्व विधायक राजेश वर्मा, विवेक मिश्रा (बॉबी), दीपेंद्र सिंह। जिला मंत्री – राकेश जैन, श्रीमती कविता रैकवार, कैलाश गुप्ता, श्रीमती अमिता बागरी, कमल लालवानी, श्रीमती पूनम यादव, श्रीमती सुनैना सिंह, गिरधारी लाल चौधरी।   कोषाध्यक्ष – मदन मोहन पाण्डेय
सह कोषाध्यक्ष – दशरथ गुप्ता। जिला कार्यालय मंत्री – अभिलाष साहू।
2

वाहवाही लूटने की होड़ : चेन स्नेचिंग की घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर चित्रकूट में भिड़ी पन्ना और सतना की पुलिस

0
चेन लूटने वाले बदमाशों को सतना पुलिस के द्वारा रास्ते में गाड़ी रोककर नीचे उतारने का विरोध करते हुए पन्ना जिले के पुलिसकर्मी।

*   दोनों जिलों के पुलिसकर्मियों के बीच हुई धक्का-मुक्की के वीडियो सोशल मीडिया पर हुए वायरल

*   आरोपियों को अपनी हिरासत में लेने के लिए सड़क पर हुई खींचतान ने कराई पुलिस महकमे की फजीहत 

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिला मुख्यालय में सोमवार 6 सितंबर की सुबह सिविल लाइन पुलिस चौकी के समीप बाइक सवार दो शातिर बदमाश सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी की पत्नी के गले से सोने की चेन खींचकर भाग निकले थे। लूट की इस सनसनीखेज घटना से मचे हड़कंप के बीच कुछ घंटे बाद चेन स्नेचरों को पकड़े जाने की खबर आई। पन्ना पुलिस ने दावा किया कि, आरोपियों को पन्ना और सतना जिले की पुलिस के द्वारा ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार किया गया। दो पड़ोसी जिलों की पुलिस टीमों की चर्चित संयुक्त कार्रवाई से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। वीडियो में बदमाशों को अपनी हिरासत में लेने के लिए पन्ना और सतना जिले के पुलिसकर्मी चित्रकूट में एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करते हुए आपस में भिड़ते हुए नजर आ रहे हैं। बदमाशों को एक गाड़ी से उतारकर जबरन दूसरे वाहन में बैठाने के लिए पुलिसकर्मी बीच सड़क पर खींचतान कर जिस तरह का शक्ति प्रदर्शन करते दिख रहे हैं, वह न सिर्फ अशोभनीय है बल्कि कथित ज्वाइंट ऑपरेशन के दावे के उलट विरोधाभासी कहानी बयां करता है। जिससे पूरी कार्रवाई को लेकर कई गंभीर सवाल उठ रहे है।
क्योंकि सोशल मीडिया पर इस अजब-गजब ज्वाइंट ऑपरेशन के वायरल वीडियो को चेन स्नेचरों की धरपकड़ को लेकर पन्ना और सतना जिले की पुलिस के बीच श्रेय (वाहवाही) लूटने की मची होड़ के मैसेज के साथ शेयर किया गया है। एमपी पुलिस की फजीहत कराने वाले इस ज्वाइंट ऑपरेशन के वीडियो वायरल होने से पुलिस महकमे में खलबली मची है। पुलिस के आला अधिकारी इस पर टिप्पणी करने से बच रहे हैं। इस कारण चित्रकूट के घटनाक्रम की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।
पन्ना में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल से भागते हुए लूट के आरोपियों की तस्वीर सीसीटीव्ही कैमरों में कैद हुई।
उल्लेखनीय है कि सोमवार 6 सितम्बर की सुबह पन्ना की इन्द्रपुरी कॉलोनी में सिविल लाइन पुलिस चौकी के नजदीक रहने वाले सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी संतोष शर्मा की पत्नी रजनी शर्मा जब घर के सामने साफ़-सफाई कर रहीं थीं तभी सफ़ेद रंग की टीव्हीएस अपाचे बाइक से आये दो बदमाश पता पूंछने का बहाना कर महिला के गले की चेन खींच ले गए। इसी तरह की एक अन्य घटना को अंजाम दिए जाने की चर्चा रही। सेवानिवृत्त एएसआई के द्वारा पत्नी की सोने की चेन को लूटकर फरार होने वाले बदमाशों की सूचना तत्परता से पुलिस को दी गई। फलस्वरूप सीसीटीव्ही फुटेज में कैद बाइक सवार दोनों बदमाशों के फोटो सोशल मीडिया पर जारी करते हुए पुलिस अधिकारियों के द्वारा आसपास के सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट कर तगड़ी नाकेबंदी कराई गई।
फरार बदमाशों की सरगर्मी से तालश में जुटी पन्ना पुलिस को कथित तौर पर उनकी लोकेशन चित्रकूट के एक होटल में होने की जानकारी मिली। आनन-फानन में पन्ना से पुलिस की टीमें चित्रकूट के लिए रवाना हो गईं। इस बीच सतना जिले की चित्रकूट पुलिस को बदमाशों की मौजूदगी की भनक लग गई। चित्रकूट पुलिस के जवान उक्त होटल की घेराबंदी कर जब बदमाशों को दबोंचने ही वाले थे तभी पन्ना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुँच गई। सूत्रों और जन चर्चाओं के अनुसार होटल से ठहरे बदमाशों को सतना जिले की पुलिस के सहयोग से पन्ना पुलिस के द्वारा अपनी हिरासत में लिया गया।
सतना जिले में पकड़े गए चेन स्नैचरों से जब्त की गई घटना में प्रयुक्त सफ़ेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल।
लूट की वारदात के कुछ ही घण्टे बाद शातिर बदमाशों को दबोंच लेने से उत्साहित पन्ना पुलिस के द्वारा आरोपियों को होटल से सीधे पन्ना ले जाने की योजना को देखते हुए सतना की पुलिस टीम ने आपत्ति दर्ज कराते हुए बताया कि सतना पुलिस अधीक्षक चित्रकूट में ही मौजूद हैं, पहले उनके पास चलते वहां जो तय होगा उसका पालन किया जाएगा। कड़ी मशक्क्त के बाद अन्तर्राज्जीय चेन स्नेचरों की धरपकड़ के रूप में मिली महत्वपूर्ण सफलता के हाथ से फिसलने अथवा इसे सतना पुलिस के साथ साझा करने की आशंका से घिरी पन्ना पुलिस की टीम पुलिस अधीक्षक सतना के पास ना जाकर अपनी गाड़ियां लेकर पन्ना की तरफ निकल पड़ी।
कथित तौर पन्ना पुलिस के हैरान करने वाले इस अप्रत्याशित रवैये से क्षुब्ध सतना जिले की पुलिस ने बिना किसी देरी के बड़ा एक्शन लेते हुए पन्ना पुलिस की गाड़ियों का पीछा कर उन्हें घेर लिया। और फिर रास्ते में रोककर उनकी गाड़ी में बैठे चेन स्नेचरों को भारी धक्का-मुक्की, तीखी नोंक-झोंक के बीच बाहर निकालकर अपनी हिरासत में ले लिया। कथित तौर पर अकेले श्रेय लेने अथवा वाहवाही बटोरने की होड़ में पन्ना पुलिस के कतिपय अधिकारियों-कर्मचारियों के द्वारा की गई ओछी हरकत के चक्कर में पवित्र नगरी चित्रकूट में दिनदहाड़े बीच सड़क पर जो तमाशा हुआ उसे वीडियो में देखा जा सकता है।
अकेले ही सेहरा लूटने की हवश में पन्ना पुलिस के कतिपय अफसरों के द्वारा टीम भावना के विपरीत जाकर कथित तौर किये गए अनुचित आचरण से भड़की सतना जिले की पुलिस की ओर से जिस तरह की जवाबी कार्रवाई की गई उसने पुलिस महकमे को शर्मसार कर दिया है। बेहद हैरान करने वाले इस घटनाक्रम ने पन्ना पुलिस की कार्यशैली को एक बार फिर उजागर किया है। सूत्रों की मानें तो चित्रकूट के घटनाक्रम ने इस कदर तूल पकड़ा कि अपने मातहतों की होशियारी की चक्कर में शर्मिंदा हुए पन्ना पुलिस अधीक्षक को सोमवार को ही चित्रकूट जाकर सतना जिले के पुलिस अधीक्षक से मुलाक़ात करनी पड़ी। इस सुलह-सफाई के बाद भी पन्ना पुलिस टीम के रवैये को लेकर सतना पुलिस की नाराजगी कम नहीं हुई। नतीजतन सतना पुलिस ने चेन स्नेचरों को पन्ना पुलिस के हवाले नहीं किया।
(फाइल फोटो)
चित्रकूट से बड़े बेआबरू होकर पुलिस टीम के खाली हाथ पन्ना लौटने के बाद सोमवार को देर रात स्थानीय स्तर पर पुलिस के द्वारा सोशल मीडिया में प्रेस विज्ञप्ति जारी कराई गई। जिसमें यह बताया गया कि पन्ना पुलिस और सतना जिले की पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर खतरनाक बावरिया गैंग शामली उत्तर प्रदेश के 3 चेन लुटेरों को पकड़ा है। पन्ना में लूट की घटना में बदमाशों के द्वारा प्रयुक्त मोटरसाइकिल को पुलिस ने जब्त किया है। प्रेस विज्ञप्ति में पन्ना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के हवाले से बताया गया है, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय से पुलिस रिमांड में लेकर लूटी गई संपत्ति बरामद की जाएगी।
बताते चलें कि, पुलिस के इस चर्चित ज्वाइंट ऑपरेशन की दबी हुई सच्चाई से जुड़ीं खबरें सोमवार को दोपहर के बाद से ही जनचर्चा में रहीं मगर इस अनूठे ज्वाइंट ऑपरेशन के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आज सामने आए हैं। उल्लेखनीय है कि रडार न्यूज़ (हिंदी) सोशल मीडिया पर वायरल पन्ना और सतना जिले की पुलिस के बीच बदमाशों को अपनी हिरासत में लेने के चक्कर में हुई धक्का-मुक्की संबंधी वीडियोज़ की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकता है। इस संबंध सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों और वायरल वीडियो की वास्तविकता जानने के लिए पन्ना के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ।

विषय से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नीचे दी गई लिंक को क्लिक कर इस खबर को पढ़ें –

बेख़ौफ़ हुए अपराधी : सनसनीख़ेज अपहरण, एटीएम लूट काण्ड और चेन स्नैचिंग की वारदातों से दहल उठा शांति का टापू
2

बेख़ौफ़ हुए अपराधी : सनसनीख़ेज अपहरण, एटीएम लूट काण्ड और चेन स्नैचिंग की वारदातों से दहल उठा शांति का टापू

0
फाइल फोटो।

*  अपराधों की रोकथाम को लेकर पन्ना पुलिस की बड़ी लापरवाही उजागर

*  पुलिस चौकी से महज चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने की चेन स्नैचिंग

*  एक दिन पूर्व दिनदहाड़े एटीएम लूटने का प्रयास करते पकड़े गए थे दो शातिर आरोपी

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के अति पिछड़े पन्ना जिले में व्याप्त प्रशासनिक अराजकता और अंधेरगर्दी इन दिनों अपने चरम पर है। जिसका लाभ उठाते माफिया, अपराधी, असमाजिक तत्व और शातिर बदमाशों ने चौतरफा लूट मचा रखी है। भ्रष्ट अफसरों को अपनी जेब में रखने वाले खनन माफिया आतंक के बल पर नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाते हुए खुलेआम पन्ना की बहुमूल्य खनिज सम्पदा- रेत, हीरा और पत्थर को लूट रहे हैं। वहीं शातिर अपराधी और बदमाश बड़े ही दुस्साहसिक तरीके फिरौती वसूली के लिए अपहरण काण्ड तथा चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देकर आम आदमी को लूटने में जुटे हैं। शांति का टापू कहलाने वाला पन्ना जिला सनसनीखेज अपराधों और बढ़ती गैर कानूनी गतिविधियों के कारण अब अशांत हो चुका है। फलस्वरूप आम लोग अपनी जानमाल की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित और भयभीत नजर आ रहे हैं।
सप्ताह भर के अंदर शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुए अपहरण काण्ड, पन्ना में शातिर आरोपियों के द्वारा दिनदहाड़े एटीएम को खोलकर उसके रुपये लूटने का प्रयास करना और घर के बाहर झाड़ू लगा रही महिला के गले से बाइक सवार बदमाश के द्वारा सोने की चेन खींचकर भाग निकलने सरीखी हैरान करने वाली घटनाओं के सामने आने से समूचा पन्ना जिला दहल उठा है। एक के बाद एक लगातार घटित इन संगीन एवं चिंताजनक वारदातों ने अपराधों की रोकथाम को लेकर पन्ना पुलिस की बड़ी लापरवाही को उजागर किया है। यह बात अलहदा है कि तीनों ही घटनाओं में शामिल कतिपय आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ चुके है, जबकि कुछ अभी भी फरार हैं। लेकिन सनसनीखेज़ घटनाओं को बड़े ही बेखौफ अंदाज में अंजाम दिया जाना यह साबित करता है कि अपराध घटित होने के पूर्व उसकी रोकथाम को लेकर पन्ना पुलिस सतर्क और सजग नहीं है। पुलिस के मुखबिर तंत्र की सक्रियता पर भी सवालिया निशान लगा है।
इन घटनाओं की सबसे चिंताजनक बात यह है कि, अपराधियों में पन्ना पुलिस का जरा भी ख़ौफ़ नहीं रहा। शातिर बदमाशों के द्वारा जिस तरह दुस्साहसिक अंदाज में दिनदहाड़े पुलिस को खुली चुनौती दी गई उसने पुलिसिंग की लचर स्थिति की पोल खोलकर रख दी है। आये दिन अपराधों के खुलासे कर अथवा फरार आरोपियों की धरपकड़ को लेकर बड़े-बड़े दावों और जांबाजी भरे किस्सों से ओतप्रोत प्रेस विज्ञप्ति-फोटो जारी करके स्थानीय मीडिया की हेडलाइंस मैनेजमेंट में कुशल पुलिस के अफसरों द्वारा अर्जित की जाने वाली वाहवाही के ऑल इज वेल वाले नैरेटिव को हालिया घटनाओं ने काफी क्षति पहुंचाई है।
पन्ना में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल से भागते हुए लूट के आरोपियों की तस्वीर सीसीटीव्ही कैमरों में कैद हुई।
मालूम हो कि, सोमवार 6 सितम्बर की सुबह पन्ना की इन्द्रपुरी कॉलोनी में सिविल लाइन पुलिस चौकी के नजदीक रहने वाले सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी संतोष शर्मा की पत्नी रजनी शर्मा जब घर के सामने साफ़-सफाई कर रहीं थीं तभी सफ़ेद रंग की टीव्हीएस अपाचे बाइक से आये दो बदमाश पता पूंछने का बहाना कर महिला के गले की चेन खींच ले गए। इसी तरह की एक अन्य घटना को अंजाम दिए जाने की चर्चा रही। सेवानिवृत्त एएसआई के द्वारा पत्नी की सोने की चेन को लूटकर फरार होने वाले बदमाशों की सूचना तत्परता से पुलिस को दी गई। फलस्वरूप सीसीटीव्ही फुटेज कैद बाइक सवार दोनों बदमाशों के फोटो सोशल मीडिया पर जारी करते हुए पुलिस अधिकारियों के द्वारा आसपास के सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट कर तगड़ी नाकेबंदी कराई गई।
इधर, सुबह-सुबह चेन स्नैचिंग की घटना की खबर आते ही शहर में दिनभर हड़कंप मचा रहा। शाम के समय पुलिस सूत्रों से पता लगा कि शातिर बदमाशों को पड़ोसी जिला सतना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पन्ना पुलिस ने सतना और पन्ना पुलिस के ज्वॉइंट ऑपरेशन में चेन स्नैचरों को पकड़ने का दावा किया है। पन्ना पुलिस ने रात्रि में प्रेस विज्ञप्ति जारी बताया चेन लूटने के मामले में गिरफ्तार 3 बदमाश बावरिया गैंग शामली, उत्तर प्रदेश के हैं। लूट की वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। प्रेस विज्ञप्ति में पन्ना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के हवाले से बताया गया है, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय से पुलिस रिमांड में लेकर लूटी गई संपत्ति बरामद की जाएगी।
उल्लेखनीय है, पन्ना में चेन स्नैचिंग की घटना के एक दिन पूर्व स्थानीय अजयगढ़ चौराहा के समीप दो शातिर बदमाशों को दिनदहाड़े कथित तौर पर एटीएम खोलकर रुपए लूटने का प्रयास करते हुए आसपास मौजूद लोगों के द्वारा पकड़ा गया था। एटीएम के अंदर जब दोनों बदमाश मशीन को खोलने में जुटे थे तभी आसपास मौजूद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए बदमाशों को एटीएम के अंदर ही कैद कर बाहर से शटर बंद कर दी थी। स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस को मौके पर बुलाकर दोनों संदिग्ध आरोपियों पकड़ाया गया। हालांकि इस पूरी कवायद के बीच शातिर बदमाशों के अन्य साथी जोकि एटीएम के बाहर की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे, वे मौका पाकर आसानी से भाग निकलने में सफल हो गए।
सतना जिले में पकड़े गए चेन स्नैचरों से जब्त की गई घटना में प्रयुक्त सफ़ेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल।
वहीं कुछ दिन पूर्व जिले के शाहनगर थाना अंतर्गत ग्राम नुनागर में उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन सुखनंदी राजपूत के पुत्र यशवंत सिंह राठौर 22 वर्ष का गांव के ही 5 आरोपियों के द्वारा अपहरण कर 12 लाख रुपए की फिरौती की मांग की गई थी। सेल्समैन के द्वारा फिरौती की रकम न देकर पुलिस को घटना की सूचना देने से नाराज अपहरणकर्ता यशवंत के ऊपर चाकू से हमला कर उसे घायल अवस्था में छोड़कर भाग निकले थे। अपहरण की वारदात में शामिल रहे मुख्य आरोपी समेत अब तक कुल चार आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
थोड़ा और पीछे जाकर देखें तो महीने भर पूर्व जिले के व्यवसायिक क़स्बा देवेन्द्रनगर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के अंदर से राइस मिल संचालक के बैग से शातिर चोरों ने रुपए पार कर सनसनी फैला दी थी। देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्रान्तर्गत ही मामूली सड़क दुर्घटना के बाद दबंगों ने बाइक सवार एक युवक को मुख्य सड़क पर दिनदहाड़े जिन्दा जला देने की विचलित करने वाली जघन्य घटना को अंजाम दिया था। इन तमाम बेहद संगीन घटनाओं को घटित होने से रोकने और जिले में लंबे समय से सक्रिय चोर-बदमाशों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा पाने में असफल रही पन्ना पुलिस के निकम्मेपन के चलते शान्ति का टापू कहलाने वाला यह जिला अब सांप्रदायिक तनाव की बढ़ती घटनाओं के लिहाज से भी संवेदनशील बन चुका है।
यह दुर्भाग्यपूर्ण और बेहद चिंताजनक स्थिति थानों में तैनात मैदानी पुलिस अमले का निहित स्वार्थपूर्ति वाली गतिविधियों पूरा फोकस होने और सत्ताधारी दल के अपने राजनैतिक संरक्षणदाताओं से प्रतिदिन मिलने वाले टास्क को जिन्न की तरह जुनूनी होकर पूरा करने की व्यस्तता के चलते निर्मित हुई है। पन्ना की पुलिस बीते एक साल से पेशेवर की तरह ईमानदारी से अपने कर्तव्य और दायित्वों का निर्वाहन करने के बजाए राजनैतिक बीन पर थिरकने का काम निर्लज्जता के साथ कर रही है। पन्ना पुलिस के कतिपय अधिकारियों-कर्मचारियों की सियासी संरक्षणदाताओं को लेकर प्रतिबद्धता खाक़ी वर्दी के फ़र्ज पर भारी पड़ने से पुलिसिंग लगभग चौपट हो चुकी है।
सांकेतिक फोटो।
अराजकता का यह माहौल इसलिए भी बना है कि स्थानीय मीडिया के बीच पुलिस की शान में कसीदे पढ़ने की अभूतपूर्व होड़ मची है। पुलिस के दावों की पड़ताल करने, घटनाओं को लेकर सवाल पूंछने, निष्पक्ष-तटस्थ रहकर तथ्यों और तर्कों की कसौटी पर बड़े-बड़े दावों को कसकर सच को सामने लाने के बजाए अधिकांश मीडियाकर्मी पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के शब्दसः वाचन को अपना परम कर्तव्य मान चुके हैं। रही-सही कसर ख़बर जल्द से जल्द प्रकाशित/प्रसारित करने की ब्रेकिंग न्यूज़ कार्य संस्कृति ने पूरी कर दी है। खबर सबसे पहले ब्रेक करने की आपाधापी में अब गहराई से तथ्यों को जांचने-परखने और घटनाओं को समग्रता में देखने की फुर्सत किसे है। पन्ना के बदतरीन होते हालात के लिए विपक्षी दलों की हद दर्जे की उदासीनता भी जिम्मेदार है। विपक्ष के मौन होने के कारण पुलिस की कथित मनमानी के खिलाफ अमानगंज से लेकर देवेन्द्रनगर तक आम आदमी को इंसाफ पाने के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। बहरहाल मौजूदा स्थिति में सुधार के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विशेष ध्यान देने की जरुरत है।
2