नामांकन के पहले दिन 5 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र लिए, जमा एक भी नहीं हुआ

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव : बीजेपी ने पांचवी लिस्ट में 92 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए
* मंत्री यशोधरा राजे की सीट से देवेन्द्र कुमार जैन को दिया टिकिट
* पन्ना जिले की पवई सीट से विधायक प्रहलाद लोधी पर पुनः भरोसा जताया
शादिक खान, भोपाल/पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव-2023 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर दी है। इसमें 92 नामों की घोषणा की गई है। मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के चुनाव लड़ने से मना करने पर शिवपुरी सीट से देवेन्द्र कुमार जैन को टिकिट दिया गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय के विधायक पुत्र आकाश विजयवर्गीय का टिकिट काटा गया है। इंदौर-3 से विधायक आकाश विजयवर्गीय की सीट से राकेश गोलू शुक्ला को प्रत्याशी घोषित किया है। पन्ना जिले की चर्चित पवई सीट से बीजेपी ने मौजूदा विधायक प्रहलाद सिंह लोधी को पुनः मैंदान में उतारा है। वहीं ग्वालियर पूर्व सीट से माया सिंह और ग्वालियर दक्षिण से नारायण सिंह कुशवाहा के नाम पर पार्टी ने मुहर लगाई है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार आज मध्यप्रदेश में 16वीं विधानसभा के गठन के लिए चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामंकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन दाखिल करने का आज पहला दिन रहा। जिसे देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के शेष सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान जल्द से जल्द होने की उम्मीद जताई जा रही थी। और हुआ भी यही। भाजपा ने उम्मीदवारों की पांचवीं सूची आज (शनिवार) 21 अक्टूबर की शाम को घोषित कर दी है। परिवारवाद के मुद्दे पर दूसरे दलों को घेरने वाली बीजेपी ने बालाघाट से मंत्री गौरीशंकर बिसेन का टिकिट काटकर उनकी बेटी मौसमी बिसेन को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए सचिन बिड़ला को बड़वाह सीट से और सिद्धार्थ राज तिवारी को त्योंथर टिकिट दिया है।
पवई में एक बार फिर बाहरी बनाम क्षेत्रीय का मुकाबला

पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी ने वर्तमान विधायक प्रहलाद लोधी को पुनः चुनावी मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला इस बार भी कांग्रेस प्रत्याशी पंडित मुकेश नायक से है। पिछले चुनाव में प्रहलाद ने कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री मुकेश नायक को करीब 23 हजार मतों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी थी। 2018 के चुनाव में पवई विधानसभा क्षेत्र में बाहरी बनाम क्षेत्रीय प्रत्याशी का मुद्दा हावी रहा है। पूरा चुनाव इसी मुद्दे के इर्द-गिर्द लड़ा गया था। बता दें कि पवई से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए गए पंडित मुकेश नायक मूल रूप से दमोह जिले के वाशिंदे हैं। जबकि भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक प्रहलाद पवई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले रैय्यासांटा ग्राम के रहने वाले हैं। इससे एक बात तो साफ़ जाहिर है कि इस चुनाव में भी बाहरी बनाम क्षेत्रीय का मुद्दा जोर-शोर से उछलेगा।
मुकेश को प्रत्याशी बनाने के खिलाफ भोपाल में प्रदर्शन

कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश नायक अभी से बाहरी बनाम क्षेत्रीय के मुद्दे पर बुरी तरह घिरते हुए नजर आ रहे हैं। क्योंकि कांग्रेस पार्टी के क्षेत्रीय नेताओं का एक बड़ा धड़ा नायक को बाहरी बताते हुए खुलकर विरोध कर रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी के विरोध की आग पवई से आगे बढ़कर राजधानी भोपाल तक पहुंच चुकी है। बीते दिवस क्षेत्रीय संघर्ष समिति पवई से सम्बद्ध कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं ने मुकेश नायक को प्रत्याशी घोषित करने के विरोध स्वरूप राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी कर पुतला दहन किया था। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर पवई क्षेत्र की जनभावनाओं की घोर उपेक्षा करते हुए अनुचित और मनमाना निर्णय लेने का गंभीर आरोप लगाया था। बता दें कि क्षेत्रीय संघर्ष समिति से जुड़े कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता लंबे समय से एकजुटता के साथ पवई सीट से किसी भी क्षेत्रीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग करते रहे हैं।
बीजेपी के द्वारा पांचवी लिस्ट में विधानसभावार घोषित उम्मीदवारों के नाम देखें-







मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव : कांग्रेस ने 85 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, बदले गए तीन टिकिट
* कांग्रेस की दोनों लिस्ट में कमलनाथ समर्थक नेताओं का दबदबा
* नकुल ने जिन नामों की घोषणा की थी, उन सभी को पार्टी ने दिया टिकिट
* विरोध के बाद गोटेगांव, दतिया और पिछोर सीट पर बदले गए उम्मीदवार
* पन्ना सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं खनिज मंत्री बृजेन्द्र को टक्कर देंगे भरत मिलन
शादिक खान, भोपाल/पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार देर रात अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 88 नाम हैं। इनमें पहले घोषित तीन उम्मीदवारों को बदला गया है। इस तरह कांग्रेस ने प्रदेश की 230 सीटों में सिर्फ एक को छोड़कर शेष सभी पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने दूसरी सूची में तीन टिकिट बदल दिए हैं। इनमें गोटेगांव, दतिया और पिछोर सीट शामिल है।
उल्लेखनीय है कि, कांग्रेस ने रविवार 15 अक्टूबर को एमपी में 144 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी। जिसमें गोटेगांव से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति का टिकिट काटा गया था, लेकिन अब उनको वापस टिकिट दिया गया है। पिछोर सीट से शैलेन्द्र सिंह का टिकिट बदलकर अरविन्द सिंह लोधी को दिया है। कांग्रेस पार्टी ने कार्यकर्ताओं के विरोध को देखते हुए दतिया सीट से अपना उम्मीदवार बदल दिया है। पहले वहां अवधेश नायक के नाम पर मुहर लगाई थी। अब उनकी जगह राजेंद्र भारती को मैदान में उतारा है। वे भाजपा प्रत्याशी और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती एक बार नरोत्तम मिश्रा को चुनाव में पराजित कर चुके हैं। लेकिन पिछला चुनाव वे मामूली मतों के अंतर से हार गए थे। दतिया से भारती का टिकिट काटकर नायक को उम्मीदवार घोषित करने के फैसले का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा कड़ा विरोध विरोध किया जा रहा था। जिसके मद्देनजर कांग्रेस नेतृत्व को अपना निर्णय बदलना पड़ा है।
मंत्री बृजेन्द्र का मुकाबला करेंगे भरत मिलन

बुंदेलखंड अंचल की पन्ना सीट पर कांग्रेस ने तेज-तर्राट एवं जुझारू नेता भरत मिलन पाण्डेय पर भरोसा जताया है। वे यहां भाजपा प्रत्याशी और शिवराज सरकार के खनिज साधन एवं श्रम विभाग के मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह का मुकाबला करेंगे। मंत्री बृजेन्द्र सिंह के कार्यकाल में पन्ना विधानसभा के अजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत केन नदी समेत निजी एवं शासकीय भूमियों से होने वाली रेत की बेतहाशा लूट पूरे समय सुर्ख़ियों में रही है। इसके आलावा जिले में पत्थर, हीरा तथा अन्य बहुमूल्य खनिज संसाधनों का नियम-कानूनों धज्जियां उड़ाते खनन माफिया द्वारा बड़े पैमाने पर अंधाधुंध हुआ दोहन किया गया है। अजयगढ़ क्षेत्र से आने वाले कांग्रेस नेता भरत मिलन पूर्व में अनेकों बार रेत के अवैध खनन और क्षेत्र की जन समस्याओं को लेकर खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह पर तीखा हमला बोलते रहे हैं। जिस पर पलटवार करते हुए मंत्री बृजेन्द्र ने भी अनेक मौकों पर भरत मिलन को ही सबसे बड़ा उत्खननकर्ता करार दिया था। बहरहाल दोनों ही प्रत्याशियों के बीच में पूर्व में गंभीर आरोप-प्रत्यारोप की जुबानी जंग को देखते हुए इनके मध्य रोचक मुकाबला होने की उम्मीद की जा रही है।
नकुल ने जिन नामों की घोषणा की थी, उन पर लगी मुहर
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस की ओर से जारी की गई प्रत्याशियों की दोनों ही लिस्ट पर कमलनाथ का एकतरफा प्रभाव साफ़ नजर आ रहा है। कांग्रेस की ओर से उम्मीदवारों के चयन के लिए पार्टी के सर्वे से निकलकर आने वाले नामों को जीत की कसौटी पर कसने की बात बार-बार कही गई थी। लेकिन यह सिर्फ संयोग है या प्रयोग प्रदेश में अधिकांश टिकिट कमलनाथ समर्थकों अथवा उनके करीबी समझे जाने वाले नेताओं को ही मिले हैं। मजेदार बात तो यह है कि कमलनाथ के सांसद पुत्र नकुलनाथ ने अपने निर्वाचन क्षेत्र छिंदवाड़ा से टिकिट को लेकर जिन तीन नामों का ऐलान किया था, उन सभी को पार्टी ने आधिकारिक तौर पर उम्मीदवार घोषित कर दिया है। इनमें अमरवाड़ा से कमलेश शाह, पांढुर्ना से नीलेश उइके और परासिया से सोहन बाल्मीक शामिल हैं।
कांग्रेस की दूसरी सूची में विधानसभावार घोषित उम्मीदवारों के नाम देखें-



पवई में कांग्रेस का हाथ मुकेश के साथ, गुनौर में जीवन लाल पर जताया भरोसा
* क्षेत्रीय प्रत्याशी की मांग कर रहे क्षेत्रीय संघर्ष समिति पवई के नेताओं को लगा तगड़ा झटका
* बसपा से कांग्रेस में आए जीवन लाल का नाम घोषित होने के बाद गुनौर में बढ़ी हलचल
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in ) कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव-2023 के लिए उम्मीदवारों की बहुप्रतीक्षित पहली सूची जारी कर दी है। रविवार को नवरात्रि के प्रथम दिन शुभ मुहूर्त पर जारी सूची में पार्टी ने अभी 230 सीटों में से 144 नामों पर मुहर लगाई है। जिसमें पन्ना जिले की तीन में से दो सीटों के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। कांग्रेस ने जिले की चर्चित पवई सीट से पूर्व मंत्री मुकेश नायक को प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित गुनौर सीट से इंजीनियर जीवन लाल सिद्धार्थ को उम्मीदवार बनाया है। पवई में मुकेश नायक का भारी विरोध के बावजूद पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है। इस फैसले से क्षेत्रीय संघर्ष समिति पवई से जुड़े कांग्रेस नेताओं को तगड़ा झटका लगा है।
दरअसल, क्षेत्रीय संघर्ष समिति के बैनर तले कांग्रेस नेताओं के एक गुट द्वारा पवई सीट से किसी भी क्षेत्रीय व्यक्ति को प्रत्याशी घोषित करने की मुहिम पिछले कुछ माह से जोर-शोर से चलाई जा रही थी। क्षेत्रीय कांग्रेस नेताओं के धड़े ने पवई के पूर्व विधायक मुकेश नायक को बाहरी बताते हुए उनके खिलाफ मुखरता के साथ मोर्चा खोल रखा था। हाल ही में जन आक्रोश यात्रा के दौरान क्षेत्रीय संघर्ष समिति पवई के कांग्रेसियों और मुकेश नायक गुट के बीच हिंसक टकराव भी देखने को मिला था। विरोध को दरकिनार कर मुकेश नायक के नाम पर मुहर लगने से उनके समर्थकों-शुभचिंतकों में ख़ुशी की लहर दौड़ गई है। टिकिट मिलने को नायक समर्थक फिलहाल पहली बड़ी जीत के तौर पर देख रहे हैं। इनका अगला लक्ष्य अब बड़े अंतर से चुनावी जीत हांसिल करके यह साबित करना है कि पवई में मुकेश ही सबसे मजबूत हैं।
नायक का अब तक का राजनैतिक सफर
मालूम हो कि पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता मुकेश नायक की गिनती बुंदेलखंड अंचल में कांग्रेस के क़द्दावर ब्राह्मण नेता के रूप में होती है। न्यूज़ चैनलों पर होने वाली डिबेट में अपनी विद्वत्ता और वाकपटुता के चलते प्रभावी तरीके से कांग्रेस पार्टी का पक्ष रखकर विपक्षियों को निरुत्तर करने वाले मुकेश नायक का अब तक राजनैतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। पन्ना जिले की पवई सीट से दो बार 1993 एवं 2013 में विधायक चुने गए मुकेश दिग्विजय सिंह की सरकार (1993) में खेल युवा कल्याण तथा उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री रहे हैं। मुकेश नायक ने वर्ष 1978 मे महाविद्यालय के अध्यक्ष पद से अपनी राजनैतिक पारी का शानदार आगाज किया था। वर्ष 1982 में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के अध्यक्ष रहे। 1985 में दमोह विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गये। वर्ष 1991 मे युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे। लंबे समय तक मध्य प्रदेश रेड क्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष सहित अन्य पदों पर आसीन रहते जनसेवा करते रहे। वर्तमान में राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में कांग्रेस पार्टी की सेवा कर रहे मुकेश पूर्व में संगठन में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। उन्हें सत्ता और संगठन दोनों का अच्छा अनुभव है। बहुमुखी प्रतिभा और प्रभावशाली व्यक्तित्व के धनी मुकेश नायक की गिनती ख्याति प्राप्त कथावाचकों में होती है।
संघर्षशील जमीनी नेता हैं जीवन लाल
दुर्गा उत्सव समितियों से बिजली कनेक्शन लेने की अपील
* बिजली के अवैध उपयोग पर विधुत अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के कार्यपालन यंत्री पन्ना प्रशांत वैद्य ने शारदेय नवरात्र पर सार्वजनिक दुर्गा उत्सव आयोजनों में बिजली के वैध अस्थाई कनेक्शन लेकर प्रकाश व्यवस्था और पण्डाल सज्जा कराने की अपील की है। नवरात्रि के दौरान दुर्गा प्रतिमाओं के स्थापना व पण्डालों की विद्युत सज्जा के लिए विधिवत प्राप्त कनेक्शन का स्वीकृत विद्युत भार के अंदर प्रयोग करने और विद्युत सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने का आग्रह भी नगर और ग्राम की सभी उत्सव समितियों से किया गया है। सार्वजनिक आयोजनों में विद्युत का अप्राधिकृत, अनाधिकृत, अवैध प्रयोग, संबद्ध विद्युत भार न पाए जाने पर आयोजकों और पण्डाल सज्जा संचालकों के विरूद्ध विद्युत अधिनियम 2003 की धाराओं में दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।
MP : खेत में स्थित मकान में बना रहे थे अवैध हथियार, पुलिस ने मारा छापा; दो आरोपी गिरफ्तार

* छह देशी भरतल बंदूकें, एक देशी कट्टा-कारतूस जब्त
* पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता
* अर्ध निर्मित बंदूकें, कारतूस बनाने की सामग्री एवं हथियार बनाने के औजार मिले
शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) के पन्ना जिले में अजयगढ़ थाना पुलिस ने शुक्रवार रात भुण्डा ग्राम के एक मकान में छापा मारकर अवैध हथियार बनाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी खेत में बने मकान में हथियार बना रहे थे। पुलिस ने मौके से बने एवं अधबने हथियार, कारतूस और हथियार बनाने के औजार बड़ी तादाद में बरामद किए हैं। प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू होने मद्देनज़र पन्ना पुलिस की इस कार्रवाई को काफी महत्पूर्ण माना जा रहा है। पन्ना पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जिले में भय मुक्त वातावरण में निष्पक्ष, पारदरर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ लगातार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू होने को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना साईं कृष्णा एस थोटा ने जिले के समस्त थाना प्रभारियों को आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराने और अपने-अपने थाना क्षेत्रो में अवैध हथियार रखने वालों, बनाने वाले एवं विक्रय करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया था। पुलिस कप्तान के निर्देशों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अजयगढ़ निरीक्षक रामहर्ष सोनकर द्वारा पुलिस टीम के साथ मिलकर अवैध शस्त्र पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संदेही व्यक्तियों की जानकारी जुटाने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। फलस्वररूप शुक्रवार 13 को थाना प्रभारी अजयगढ़ को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति भुण्डा ग्राम में खेत पर बने मकान में अवैध शस्त्र बना रहा है। मुखबिर से मिली सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा तो पर एक खेत में बने घर के अंदर से आवाजें आ रही थी। घर में पार्याप्त उजाला था। पुलिस टीम ने इस घर की चारों तरफ से घेराबंदी कर दबिश दी गई तो अंदर दो व्यक्ति अवैध हथियार बनाते हुए मिले।

अजयगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक रामहर्ष सोनकर ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों व्यक्ति कुछ बंदूके बनाए हुये रखे थे तथा अवैध हथियार बनाने की सम्पूर्ण सामग्री-उपकरण रखे हुए थे। आरोपी रामजी दुबे उर्फ बच्चू 45 वर्ष निवासी भुण्डा एवं मोहन यादव उर्फ लाला 40 वर्ष निवासी माधवगंज अजयगढ़ से हथियार बनाने के संबंध में लाइसेंस अथवा अनुमति के वैध दस्तावेज मांगें गए। लेकिन वे किसी तरह के कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 नग देशी भरतल बंदूके, एक 315 बोर का हाथ का बना देशी कट्टा, तीन डब्बी पुटास, एक डब्बी रोगन, 250 ग्राम बारूद, 21 नग रांगे व लोहे के मिश्रित छर्रे मय गोबर की कंडी के चूरा, एक 315 बोर का जिन्दा कारतूस, एक अधबनी बॉडी, लकड़ी के बट व ट्रिगर बरामद किया है। इसके आलावा अवैध हथियार बनाने के उपयोग में आने वाले उपकरण (औजार) भी बड़ी तादाद में जब्त किये हैं।
अजयगढ़ थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी रामजी दुबे उर्फ बच्चू पिता रामसजीवन दुबे 45 वर्ष निवासी भुण्डा थाना अजयगढ़ एवं मोहन यादव उर्फ लाला पिता रामप्यारे यादव 40 वर्ष निवासी वार्ड नम्बर 14 माधवगंज अजयगढ़ के विरूद्ध अपराध क्रमांक- 481/23 धारा 25/27,25(1-b) (a) आर्म्स एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर दोनों को गिरफ्तार किया है। आज दोनों ही आरोपियों को जेएमएफसी न्यायालय अजयगढ़ पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पन्ना भेजा दिया गया है। पुलिस अधीक्षक पन्ना ने अवैध हथियार बनाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम की सराहना की है साथ ही उक्त टीम को पुरुस्कृत करने की घोषणा की है। अजयगढ़ थाना पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र के लोग मुक्त कंठ से प्रशंसा कर रहे हैं।
कांग्रेस के युवा नेता सरफराज पवई विधानसभा प्रभारी नियुक्त
* कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए कड़ी मेहनत करने की बात कही
पन्ना।(www.radarnews.in) कांग्रेस पार्टी के जुझारू युवा संघर्षशील नेता एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्संख्यक विभाग के प्रदेश सचिव डॉ. सरफराज फारूकी को विधानसभा चुनाव- 2023 के लिए पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र 58 का प्रभारी नियुक्त किया गया है। सरफराज पवई विधानसभा क्षेत्र से ही आते हैं, इसलिए उम्मीद की जा रही है कि वे अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन करेंगे और कांग्रेस पार्टी को जीत दिलाने में योगदान देंगे। डॉ. सरफराज की नियुक्ति मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के आदेशानुसार एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी व अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह वोहरा की सहमति से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष शेख अलीम ने की है।
मालूम हो कि इससे पहले भी डॉ. सरफराज फारूकी लोकसभा, विधानसभा चुनावों में प्रभारी की भूमिका बखूबी निभा चुके हैं। श्री फारूकी ने अपनी नियुक्ति पर शीर्ष नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए कहा है कि मुझे जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, मैं उसका पूरी ईमानदारी के साथ निर्वाहन करते हुए पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूँगा। उन्होंने कहा कि पवई विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी जिसे भी उम्मीदवार घोषित करती है उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी की जीत के लिए अल्पसंख्यक समुदाय के बीच जाकर तन-मन से कार्य करूंगा। श्री फारूकी की नियुक्ति पर पन्ना जिले के कांग्रेस नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं सहित इष्ट मित्रों ने उन्हें बधाई दी है।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष का नाम वोटर लिस्ट से गायब, भाजपा पर साजिश का आरोप

* मामले की तत्परता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाए : दिव्यारानी
पन्ना।(www.radarnews.in) विधानसभा चुनाव-2023 की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पन्ना जिला कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष दिव्या रानी सिंह ने आरोप लगाया है कि उनका नाम मतदाता सूची से गायब कराया गया है। उन्होंने इसे भाजपा की साजिश करार दिया है। और इस मामले की जांच तत्परता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष ने सोमवार 9 अक्टूबर को प्रेस वार्ता में पत्रकारों को बताया कि मतदाता सूची में उनका नाम नहीं है। आपने बताया कि, नगरीय निकाय चुनाव में नगर पालिका परिषद पन्ना के वार्ड क्रमांक 11 राघवेन्द्र वार्ड में 873 क्रमांक पर निर्वाचक नामावली में उनका नाम दर्ज था। इतना ही नहीं उन्होंने नगरीय निकाय के चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग भी किया था। लेकिन विधानसभा निर्वाचन हेतु तैयार कराई गई अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम नहीं है। आपने इसे भाजपा की सुनियोजित साजिश बताया है। कांग्रेस नेत्री दिव्या रानी सिंह ने मामले से जिला निर्वाचन अधिकारी/कलेक्टर पन्ना को अवगत कराने के साथ ही उन्हें लिखित आवेदन पत्र भी दिया है। जिसमें उन्होंने वोटर लिस्ट में उनका नाम शामिल किए जाने का आग्रह किया है। बताते चलें कि, मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जब दावे-आपत्ती आमंत्रित की जाती है तब सूची से किसी का भी नाम काटने/हटाने के पूर्व संबंधित को बकायदा उसकी सूचना देने का प्रावधान है। लेकिन दिव्या रानी सिंह के मामले में इस प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। बावजूद इसके हाल ही में प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची से उनका नाम रहस्यमय तरीके से गायब है।
कांग्रेस से टिकिट की हैं प्रबल दावेदार
विदित हो कि कांग्रेस नेत्री दिव्या रानी सिंह पन्ना के प्रतिष्ठित परिवार से आती हैं। वे इस बार कांग्रेस पार्टी की ओर से पन्ना विधानसभा सीट से टिकट की भी मजबूत दावेदार हैं। ऐसे में उनका नाम मतदाता सूची से गायब होना जहां अनेकों सवालों को जन्म देता है वहीं निर्वाचन की जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका को कटघरे में खड़ा करता है। दिव्या रानी सिंह का नाम मतदाता सूची से कब, कैसे और किन परिस्थितियों में काटा गया, इसको लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष मनीष मिश्रा, महामंत्री दीपचन्द्र अग्रवाल, केशव प्रताप सिंह, प्रवक्ता जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना राकेश शर्मा, एडवोकेट अंकित शर्मा, जुबैर खान सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
इनका कहना है –
“पन्ना एसडीएम/रिटर्निंग ऑफीसर को इस संबंध में सूचित कर जल्द से जल्द वस्तुस्थिति से अवगत कराने के लिए कहा है, उनके द्वारा मतदाता सूची चेक की जा रही है, जानकारी मिलते ही शीघ्र ही आधिकारिक तौर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।”
हरजिंदर सिंह, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, पन्ना।
मप्र विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी की चौथी सूची में 57 उम्मीदवारों के नाम, बुधनी से सीएम शिवराज लड़ेंगे चुनाव
* मंत्रियों के नहीं कटे टिकिट, पन्ना सीट से बृजेन्द्र पर पुनः भरोसा जताया
भोपाल। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान होते ही राज्य में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच मध्यप्रदेश के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार 9 अक्टूबर को अपने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है। इसमें 57 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बुधनी से उम्मीदवार घोषित किया है। इसके साथ ही शिवराज को लेकर चल रहीं तमाम अटकलों पर विराम लग गया है। बीजेपी ने बुंदेलखंड अंचल के सभी मंत्रियों पर भरोसा जताते हुए पुनः उनके नाम का ऐलान किया है। भाजपा की यह सूची चुनाव की घोषणा के साथ ही आ गई है। इससे पहले मध्यप्रदेश में बीजेपी तीन सूचियों में 79 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर चुकी है।

आज जारी चौथी सूची सागर जिले के तीन मंत्रियों नाम शामिल है। गोपाल भार्गव, गोविन्द सिंह राजपूत और भूपेन्द्र सिंह को टिकट मिला है। प्रदेश के खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर को भी फिर से टिकट मिल गया है। इसके साथ ही खरगापुर से राहुल सिंह लोधी और कटनी जिले विजयराघौगढ़ सीट से संजय सत्येन्द्र पाठक को टिकट मिला है। सूची के अनुसार राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा दतिया से, गोपाल भार्गव रहली से, विश्वास सारंग नरेला से और तुलसीराम सिलावट सांवेर से चुनाव लड़ेंगे। वहीं बृजेन्द्र प्रताप सिंह पन्ना सीट से चुनावी समर में उतरेंगे।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी की चौथी सूची में घोषित उम्मीदवारों के नाम एवं विधानसभा क्षेत्र-





मध्य प्रदेश समेत पांच राज्यों में बजा चुनावी बिगुल, चुनाव आयोग ने किया तारीखों का ऐलान







मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सिर्फ छत्तीसगढ़ में दो चरणों में 7 नवंबर और 17 नवंबर को मतदान होगा। जबकि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को तो वहीं मिजोरम में 7 नवंबर को चुनाव होंगे। जबकि राजस्थान में 23 नवंबर को चुनाव कराए जाएंगे। सभी राज्यों में मतगणना 3 दिसंबर को होगी अर्थात इन राज्यों के चुनावी नतीजे 3 दिसंबर को ही घोषित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले प्रत्याशी को तीन बार अपने संबंध में विज्ञापन देने होंगे और राजनीतिक दलों को भी बताना होगा कि उन्होंने ऐसे लोगों को क्यों चुना। इसके अलावा राजनीतिक दलों को यह सूचना देनी होगी कि चुनाव लड़ने के लिए उन्हें धन कहां से मिले। अब राजनीतिक दलों को डिजिटली यह रिपोर्ट देनी होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि हर 2 किलोमीटर के दायरे में मतदान केन्द्र होंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने पाँचों राज्यों के सभी वोटर्स से विशेषकर युवाओं, महिलाओं एवं शहरी मतदाताओं आव्हान किया है कि वे अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करें।