Home Blog Page 39

खजुराहो संसदीय क्षेत्र-08 : BJP की बैठक में राम मंदिर, धारा 370 और औवेसी-अब्दुल्ला की बात, क्षेत्रीय मुद्दों व जन समस्याओं पर कोई चर्चा नहीं

0
खजुराहो संसदीय क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा।

*     आरोपों पर भड़के सांसद वीडी शर्मा ने कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी को बताया ‘मूर्ख’

   खजुराहो सीट को देश में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकार्ड बनाने लिया संकल्प

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच शनिवार को पन्ना के एक निजी मैरिज गार्डन में खजुराहो संसदीय क्षेत्र-08 के भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक क्षेत्रीय सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में खजुराहो सांसद श्री शर्मा ने अपने उद्बोधन में मोदी सरकार का गुणगान करते हुए कश्मीर से धारा 370 को हटाने, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण एवं राम लाला की प्राण-प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। साथ ही एआईएमआईएम चीफ असदु्द्दीन ओवैसी, दिग्विजय सिंह और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला के पुराने बयानों का उल्लेख करते हुए उन पर जमकर निशाना साधा। लेकिन सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दों तथा जन समस्याओं पर कोई बात नहीं की।
दीप प्रज्ज्वलित कर खजुराहो संसदीय क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक का शुभारंभ करते हुए क्षेत्रीय सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और समीप खड़े विधायकगण।
बैठक को संबोधित करने वाले अन्य वक्ताओं ने भी अति पिछड़े खजुराहो संसदीय क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट नहीं कराया। आश्चर्य की बात यह है कि, चुनाव के समय जन समस्याओं के निराकरण, जन अपेक्षाओं-आकांक्षाओं और क्षेत्रीय मुद्दों की पूरी तरह उपेक्षा करके बैठक में खजुराहो सीट को देश में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकार्ड बनाने लिया संकल्प भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा लिया गया। खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) ने बैठक को संबोधित करते हुए अपने लंबे-चौंड़े भाषण में क्या कुछ कहा ? आपकी जानकारी के लिए हम यहां भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी द्वारा जारी की गई बैठक की प्रेस रिलीज को ज्यों का त्यों प्रकाशित कर रहे हैं

दिग्विजय सिंह जयचंद, भारत की संस्कृति पर कर रहे हमला

भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र की सभी आठ सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। चुनाव केवल राजनीति से नहीं, देश की संस्कृति, स्वाभिमान और गरीब कल्याण की योजनाओं के आधार पर जीते जाते हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा खजुराहो लोकसभा क्षेत्र को देश में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकॉर्ड बनाएंगे। भाजपा का मध्यप्रदेश का संगठन देश के सभी राज्यों में सबसे अच्छा संगठन है, इसके पीछे हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार 27 जनवरी को पन्ना जिले के एवरशाइन गार्डन में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने पन्ना के बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह देश के जयचंद हैं। दिग्विजय सिंह सोनिया गांधी के करीबी होने की कोशिश में भारत की संस्कृति पर हमला करने के साथ देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े हो रहे हैं।

खजुराहो लोकसभा का हर बूथ कांग्रेस मुक्त होगा

भाजपा की बैठक में उपस्थित खजुराहो संसदीय क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी का मध्यप्रदेश संगठन कोई अच्छा कार्य करता है तो शाबासी मिलती है। प्रदेश के संगठन को देश में सबसे अच्छा संगठन बताया जाता है। खजुराहो लोकसभा का हर बूथ कांग्रेस मुक्त होगा और हर बूथ को मोदी बूथ बनाया जाएगा। लोकसभा चुनाव की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। हमें जिले से लेकर शक्ति केंद्र तक की रचना पर काम करना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ’मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान मोदी जी ने प्रारंभ किया था। इस अभियान के कारण मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 48 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हुए हैं। अब हमें 10 प्रतिशत और वोट बढ़ाना है। पार्टी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में विजय प्राप्त कर इतिहास बनाया है। इसी तरह अब लोकसभा चुनाव में भी जीत का इतिहास कायम करना है।

अल्प संख्यक भाई कह रहे कांग्रेस ने केवल उपयोग किया

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व के कारण ही अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हो सकी। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के समय अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों में वहां की सरकारों ने अवकाश घोषित किया था। मध्यप्रदेश के मेरे अल्पसंख्यक भाई-बंधु भी कह रहे हैं कि भाजपा सरकार में ही उन्हें लाभ मिला है, कांग्रेस ने केवल अल्प संख्यकों का उपयोग किया। प्रधानमंत्री जी कहते थे देश में गुलामी का कलंक नहीं रहने देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना भाजपा का बड़ा निर्णय था। कांग्रेस के नेता कहते थे कि धारा 370 हटाने से दंगें होंगे, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मादी जी की सरकार ने जब धारा 370 हटाई तो जम्मू-कश्मीर में कुछ भी नहीं हुआ। अब तो फारूक अब्दुल्ला जैसे लोग भी राम-राम जप रहे हैं।

2047 में हम भारत को परम वैभव पर पहुंचाएंगे

खजुराहो सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा।
सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का 2047 तक भारत को परम वैभव पर पहुंचाने का लक्ष्य है। वर्तमान में देश की राजनीति में बड़ा परिवर्तन हो रहा है। पार्टी नेता और कार्यकर्ता हारे हुए बूथों पर कार्य करेंगे और सभी बूथों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे। प्रधानमंत्री जी कहते हैं संगठन की ताकत व विचार के आधार पर ही हम जीत पाए हैं। लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहां बूथ जीतने का संकल्प लेकर चुनाव अभियान में जुटेंगे। इस अवसर पर राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सागर संभाग के प्रभारी चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, संजय पाठक, राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, गुनौर विधायक राजेश वर्मा, पवई विधायक प्रहलाद लोधी, बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडे, कटनी के जिला प्रभारी संजय साहू, कटनी जिला अध्यक्ष दीपक टंडन, छतरपुर के नवनियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, पन्ना के जिला अध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया उपस्थित थे। मंच संचालन विवेक मिश्रा ने किया।

कांग्रेस लोकसभा प्रभारी के लिए बोले- अब मैं उनको कुछ कह दूंगा…

उल्लेखनीय है कि, गत दिनों कांग्रेस के खजुराहो संसदीय क्षेत्र के नव नियुक्त प्रभारी एवं पूर्व विधायक संजय यादव ने पन्ना में पत्रकारों से चर्चा में कहा था कि, मैनें पूरे क्षेत्र का भम्रण किया, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने अपनी पांच साल की सांसद निधि की लगभग 40 करोड़ रुपए की राशि कहां खर्च की कुछ पता नहीं चल रहा है। क्षेत्र के लोगों, सरपंचों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों से पूंछने पर सभी ने यही बताया कि उनके क्षेत्र में सांसद निधि से कोई काम नहीं हुआ। ऐसे में सवाल उठता है कि सांसद निधि का आखिर क्या हुआ ? श्री यादव ने खजुराहो सांसद पर क्षेत्र की घोर उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए यह मांग की थी कि, वीडी को सांसद निधि के खर्च का हिसाब सार्वजनिक करके जनता को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी के आरोपों के संबंध में शनिवार को पत्रकारों ने जब सांसद वीडी शर्मा से सवाल किया तो उन्होंने भड़कते हुए कांग्रेस प्रभारी को मूर्ख बताया। वीडी ने कहा- ‘उन्हें कुछ पता नहीं, वह यहां आकर देख लें। जिनका अस्तित्व ही समाप्त हो गया, वह और क्या करेंगे, आरोप ही लगा सकते हैं। जनता सार्टिफिकेट देती है, जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है। मैनें अगर कुछ किया है तो कांग्रेस के…. अब मैं उनको कुछ कह दूंगा तो छोटे शब्द होंगे, अच्छा नहीं लगता मुझे।

लूट की गारंटी ! रुन्ज नदी का सीना छलनी कर खुलेआम रेत निकाल रहे माफिया

0
पन्ना जिले की ग्राम पंचायत अमरछी के चंद्रावल घाट से रुन्ज नदी से रेत का अवैध खनन करती जेसीबी मशीन।

*     सत्ताधारी दल से जुड़े स्थानीय नेताओं ने नदी उतारी जेसीबी मशीन

*     अमरछी पंचायत के चंद्रावल घाट से प्रतिदिन निकाल रहे 60-70 ट्रॉली रेत

*     रेत की लूट को खोरा चौकी और धरमपुर थाना पुलिस की मौन स्वीकृति 

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में बहुमूल्य खनिज संपदा की संगठित लूट खुलेआम जारी है। सत्ता का संरक्षण प्राप्त माफिया नियम-कानूनों को धता बताकर रेत-पत्थर और हीरे के लिए जिले की नदियों, राजस्व भूमि, पहाड़, नालों और वन भूमि को खनन से खोखला करने में आमादा हैं। अति पिछड़े इस जिले में रेत का अवैध खनन अभी तक सिर्फ केन नदी के दोनों किनारों छतरपुर एवं पन्ना जिले की सीमा में ही चल रहा था लेकिन अब रुन्ज नदी में भी अवैध खनन का खेल शुरू हो गया है। अमरछी पंचायत के चंद्रावल घाट से प्रतिदिन 60-70 ट्रॉली रेत निकाली जा रही है। रुन्ज नदी से रेत के अवैध खनन में सत्ताधारी दल भाजपा के स्थानीय नेताओं के शामिल होने की आम चर्चाएं है।
रुन्ज नदी से निकाली गई रेत के चंद्रावल और अमरछी ग्राम के बीच सड़क किनारे जगह-जगह लगे अवैध डंप।
जिले के अजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत रुन्ज नदी से तकरीबन एक माह से बिना किसी वैधानिक स्वीकृति के रेत के अवैध खनन का खेल बेरोकटोक चल रहा है। सबकुछ जानने के बाद भी रेत के अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के बजाए जिम्मेदार अधिकारी अनभिज्ञ होने का अभिनय कर रहे हैं। ग्राम पंचायत अमरछी के चंद्रावल घाट पर रुन्ज नदी में खनन माफियाओं ने जेसीबी मशीन उतार दी है। दैत्याकार मशीन के नुकीले जबड़े दिनदहाड़े नदी का सीना और कोख छलनी कर पानी के अंदर से रेत निकाल रहे हैं। नदी को बर्बाद करने जुटे माफियाओं पर महज 4-5 किलोमीटर दूर स्थित खोरा चौकी और बमुश्किल 10 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद  बल के द्वारा कोई एक्शन न लेना उसकी मौन स्वीकृति की ओर इशारा करता हैं। खनिज और राजस्व विभाग के अधिकारी भी सेटिंग के चलते रेत की लूट में पूरा सहयोग कर रहे हैं। अजयगढ़ क्षेत्र में रेत के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन की हालिया कार्यवाही के बीच रुन्ज में अवैध खनन एक भी दिन के लिए भी बंद नहीं हुआ।
बता दें कि, अमरछी के चंद्रावल घाट पर दिनभर जेसीबी मशीन के जरिए रुंज नदी के पानी के अंदर से रेत निकली जाती है, जिसे ट्रैक्टर-ट्रॉली से परिवहन कर सड़क किनारे आसपास के खेतों में कई स्थानों पर डंप किया जाता है। इससे किसी एक स्थान पर रेत का पहाड़ नहीं लग पाता और मार्ग से गुजरने वाले लोगों को रुन्ज में जारी रेत की लूट की गंभीरता का पता भी नहीं चलता। शाम ढलने के बाद वहां उत्तर प्रदेश और सतना जिले ट्रक-हाइवा पहुंचते और रेत की लोडिंग कर रात के अंधेरे में वापस अपने गंतव्य की ओर रवाना हो जाते हैं। इस तरह रोजाना 10 से 15 ट्रक रेत बेंचकर माफिया लाखों रुपए की अवैध कमाई कर रहे हैं। रेत के लिए रुंज नदी के अस्तित्व को मिटाने में जुटे खनन माफियाओं को लेकर क्षेत्रवासियों में गहरी नाराजगी व्याप्त है। लेकिन माफियाओं के सत्ताधारी दल से जुड़ाव के चलते उनके राजनैतिक रसूख कारण लोग खुलकर कुछ भी बोलने करने को तैयार नहीं है।

मध्य प्रदेश | जनपद पंचायत सीईओ का 32 वर्ष की अल्प आयु में हार्ट अटैक से निधन

0
सीईओ प्रसन्न चक्रवर्ती के असामयिक निधन पर शोकसभा उपरांत उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते जनपद पंचायत शाहनगर के शोक संतृप्त अधिकारी-कर्मचारी।

*       पन्ना जिले के प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचरियों ने जताया शोक

पन्ना।(www.radarnews.in) जिले की शाहनगर जनपद पंचायत के सीईओ प्रसन्न चक्रवर्ती का गत मंगलवार को आकस्मिक निधन हो गया। 32 वर्षीय सीईओ चक्रवर्ती की अल्प आयु में हार्ट अटैक से मृत्यु होने का दुखद समाचार सुनकर लोग स्तब्ध रह गए। प्रशासनिक हलकों सहित समूचे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार छतरपुर में किया गया।
प्राप्त जानकारी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रसन्न चक्रवर्ती मंगलवार 23 जनवरी को विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जनपद पंचायत कार्यालय शाहनगर पहुंचे। यहां सीने में तकलीफ के बारे में अवगत कराया। इस पर परिजनों व कर्मचारियों को सूचना दी गई और प्राथमिक उपचार के बाद कटनी स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने बीपी कम हो जाने व हालत बिगड़ने के कारण बेहतर उपचार के लिए जबलपुर ले जाने की सलाह दी, लेकिन रेफर के दौरान कटनी में ही जपं सीईओ का दुःखद निधन हो गया।
जनपद पंचायत सीईओ प्रसन्न चक्रवर्ती (फाइल फोटो)
दिवंगत सीईओ का अंतिम संस्कार बुधवार 24 जनवरी को छतरपुर में किया गया। जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय, अतिरिक्त सीईओ अशोक चतुर्वेदी, परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी छतरपुर के महोबा रोड स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार में शामिल हुए और परिजनों से भेंटकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। मूलतः छतरपुर जिले के हरपालपुर निवासी स्व. श्री चक्रवर्ती के परिवार में पत्नी और चार वर्षीय पुत्री है।

नीति, धर्म और मर्यादा का नाम है “श्री राम” : ब्रह्माकुमारी बहनजी

0
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य पर पन्ना में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

*      अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य पर पन्ना में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम

*      जीवन को मर्यादा संपन्न बनाने श्री राम के आदर्शों पर चलने का किया आव्हान

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) अयोध्या धाम में सोमवार 22 जनवरी 2023 को प्रभु श्री राम लला की दिव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य पर पवित्र नगर पन्ना में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें धर्म और अध्यात्म में गहरी रूचि रखने वाले भाई-बहन उपस्थित रहे। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था पन्ना की प्रमुख बीके सीता बहनजी ने सभी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामनाएं दीं। आपने कहा, आज देशभर में दिवाली जैसे उत्सव का माहौल है। कार्यक्रम में प्रभु श्रीराम-सीता मैया की जीवंत झांकी सजाई गई। अंत में सभी ने श्री राम के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

सदियों के इंतजार के बाद संकल्प हुआ साकार

अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य पर पन्ना में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की प्रमुख बीके सीता बहनजी ने प्रभु श्री राम के जीवन आदर्शों को विस्तार से बताया।
अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला की दिव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय पन्ना दीप प्रज्ज्वलन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीके सीता बहन ने सभी को इस पावन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, आज हर मन, हर घर राममय हो गया है। चारों दिशाएं और प्रकृति भी प्रफुल्लित है। प्रत्येक व्यक्ति के लिए यह उत्सव, उल्लास और आनंद का दिवस है। इस मंगल बेला के इंतजार में सदियां बीत गईं। ईश्वर की हम पर विशेष अनुकंपा है कि, सदियों पुराने संकल्प को हमसब साकार (सिद्ध) होते हुए देख रहे हैं। इसलिए आज हमें यह जानना बेहद जरूरी है कि आखिर पूरी सृष्टि में श्री राम ही क्यों मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाए? क्यों उनके जीवन के प्रत्येक कर्म में आदर्श और धर्म परायणता की छवि दिखती है? उन्होंने कैसे अपने दिव्य गुणों, विशेषताओं और कर्म से त्रेतायुग से लेकर जन-जन में अपनी अलौकिक दिव्य और आदर्श छवि से सदा सभी को मोहित और प्रेरित किया?

दिव्य गुणों के सागर हैं प्रभु श्री राम

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय पन्ना में आयोजित हुए विशेष कार्यक्रम में प्रभु श्रीराम-सीता मैया की जीवंत झांकी सजाई गई।
बीके सीता बहन जी बताया कि हमारी सोच और कर्म हमारे व्यक्तित्व का आईना होते है। आज श्री राम के जीवन से यदि हम चंद गुणों और विशेषताओं को भी आत्मसात करते हैं तो हमारा जीवन भी महान बन जाएगा। हम देवत्व की ओर बढ़ जाएंगे। आपने कहा कि, धैर्यता, दयालुता, नेतृत्व कला, आदर्श भाई , मित्र भाव, आज्ञाकारी पुत्र, दातापन आदि, वे गुण हैं जिन्होंने श्री राम को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम बनाया। धैर्यवान व्यक्ति जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता, यश, कीर्ति और सम्मान पाता है। धैर्यता हमें समस्याओं का सामना करने की शक्ति प्रदान करती है। दया धर्म का मूल्य है, दयालु व्यक्ति ईश्वर के सबसे नजदीक होता है लेकिन जिसमें दयालुता नहीं उसे इंसान होने का हक नहीं। दयालु व्यक्ति सभी के मन को मोह लेता है और वह लोकप्रिय बन जाता है। श्री राम के मन में भी सदा ही सभी के प्रति दयालुता का भाव रहा।

आदर्श मित्र और आज्ञाकारी पुत्र का निभाया दायित्व

दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में उपस्थित धर्मप्रेमी भाई-बहनों को संबोधित करतीं बीके सीता बहनजी।
ब्रह्माकुमारी बहनजी ने, प्रभु श्री राम के जीवन आदर्शों को सरल-सहज तरीके से समझाते हुए बताया, लोगों के हृदय में वही राज कर सकता है जिसमें नेतृत्व करने की कला हो। एक अच्छा लीडर वही होता है जो सबको साथ लेकर चले। सभी के सुख-दुख में सहभागी हो। जिस घर में भाइयों में एकता, आपसी विश्वास, प्रेम, सम्मान का भाव होता है वह परिवार दुनिया की हर समस्या का सामना कर सकता है। एकता में ही विजय है, एकता आपस में जोड़ती है। श्री राम का अपने भाइयों से अपार स्नेह और प्रेम था, जो उन्हें आपस में जोड़े रखा। आज हर कोई अच्छा मित्र चाहता है लेकिन खुद किसी का अच्छा हितेषी और विश्वासपात्र मित्र नहीं बनता। श्री राम ने केवट, सुग्रीव, निषादराज और विभीषण से मित्रता निभाई और सदा उन्हें संकटों से उबारा। श्री राम ने एक आज्ञाकारी पुत्र का दायित्व भी निभाया। पिता के वचन की लाज रखने के लिए राजसत्ता छोड़कर पूरे 14 वर्ष वनवास का कठिन और दुर्गम रास्ता खुशी-खुशी चुना लिया। आपने उपस्थित जनों का आव्हान करते हुए कहा इस महान अवसर पर हम सभी श्री राम के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेकर अपना जीवन मर्यादा से संपन्न बनाएं। कार्यक्रम के अंत में अयोध्या में रामलाला के भव्य मंदिर में विराजमान होने के उपलक्ष पर सभी भाई-बहनों ने दीप प्रज्जवलित करके उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सद्भावना प्रमुख रामेश्वर प्रसाद एवं अन्य धर्मप्रेमी उपस्थित थे।

खजुराहो संसदीय क्षेत्र-08 : सांसद वीडी शर्मा ने क्षेत्र को सिर्फ लूटने का काम किया, कुछ देने का काम नहीं किया : संजय यादव

0
पन्ना के सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त खजुराहो लोकसभा प्रभारी एवं पूर्व विधायक संजय यादव। (मध्य में)

*     कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी ने खजुराहो सांसद पर बोला करारा हमला

*     डबल इंजन की सरकार में एक भी ऐसा काम नहीं कराया जिसे उपलब्धि के तौर पर बता सकें

*     40 करोड़ की सांसद निधि को क्षेत्र के विकास में ईमानदारी से नहीं किया खर्च

*     पूर्व खनिज मंत्री पर निशाना साधते हुए बताया रेत माफियाओं का संरक्षणदाता

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) केन्द्र व मध्य प्रदेश में दोनों जगह भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार है, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा सेकेण्ड सीएम माने जाते हैं, लेकिन इसके बाद भी पांच साल में सांसद ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक भी ऐसा काम नहीं कराया जिसे वह अपनी उपलब्धि के तौर पर बता सकें। सांसद वीडी शर्मा ने खजुराहो संसदीय क्षेत्र को सिर्फ लूटने का काम किया है, कुछ भी देने का काम नहीं किया है। उन्होंने अपनी सांसद निधि भी किसी गांव में खर्च नहीं की, फिर पांच वर्ष की सांसद निधि के करीब 40 करोड़ रुपए कहां चले गए ? यह बड़ा महत्वपूर्ण सवाल है। लेकिन कोई आवाज़ इसलिए नहीं उठाता क्योंकि वीडी शर्मा की सरकार है। वह आवाज उठाने-विरोध करने वालों को झूठे केस में फंसा देते या फिर पिटाई करवा देते हैं, यही उनका असली चरित्र है। राजनीति में आने के बाद से वीडी (विष्णु दत्त शर्मा) ने सिर्फ दो ही काम किए गुंडागर्दी और लूट। यह गंभीर आरोप कांग्रेस के नवनियुक्त खजुराहो लोकसभा प्रभारी एवं बरगी के पूर्व विधायक संजय यादव ने लगाए हैं। खजुराहो संसदीय क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद बीते दिवस पन्ना पहुंचे श्री यादव ने क्षेत्र में की बदहाली, जनता की उपेक्षा, अराजकता और बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों पर क्षेत्रीय सांसद वीडी शर्मा को आड़े हाथों लेते हुए उन पर जमकर हमला बोला।
विष्णु दत्त शर्मा, सांसद खजुराहो संसदीय क्षेत्र।
कांग्रेस के नवनियुक्त लोकसभा प्रभारी संजय यादव ने स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा में खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) पर कटाक्ष करते हुए कहा- उनको अपने निर्वाचन क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी नहीं है, यह भी पता नहीं कौन सा गांव कहां पर स्थित है? असल में वह यदा-कदा ही क्षेत्र के भ्रमण पर आते है, और जब भी आते हैं तो सांसद महोदय का दौरा सूबे के सीएम की तर्ज पर होता है। इसलिए जमीनी स्थिति से रूबरू नहीं पाते। लोकसभा प्रभारी श्री यादव ने कहा, मुझे बड़ा आश्चर्य होता है केन्द्र में और राज्य दोनों ही जगह भाजपा की सरकार होने के बाद भी खजुराहो सांसद अपने क्षेत्र में सिंचाई के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं करा पाए। रोजगार की भी कोई व्यवस्था नहीं, शिक्षा और चिकित्सा की हालत भी बदतर है। इन पांच सालों में सांसद की कोई उपलब्धि नहीं है। जनहित या क्षेत्र के विकास का एक भी ऐसा काम नहीं जिसका उल्लेख किया जा सके। दरअसल, वीडी शर्मा जी को विकास कार्य कराने तरीका ही मालूम नहीं और ना ही विकास से उनका दूर-दूर तक कोई लेना-देना है। सांसद के तौर पर विकास के जिन कार्यों को सहजता से कराया जा सकता है, उन कार्यों को भी नहीं किया। पूर्व विधायक संजय यादव ने सांसद वीडी शर्मा के नाकारेपन पर बेहद तल्ख़ टिप्पणी करते हुए कहा कि, “खजुराहो संसदीय क्षेत्र का बड़ा दुर्भाग्य है, इस क्षेत्र को ऐसे सांसद मिले जिन्होंने यहां की जनता को ठगने और लूटने का काम किया है। साथ ही क्षेत्र में दहशत का वातावरण निर्मित किया है।”

भाजपा सांसदों ने किया निराश

कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा, इस संसदीय क्षेत्र (वर्तमान में खजुराहो संसदीय क्षेत्र, पूर्व में दमोह-पन्ना क्षेत्र ) के लोग पिछले 30-35 साल से लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी को अपना पूर्ण समर्थन देकर प्रचंड बहुमत से विजयी बना रहे हैं। इस दौरान केन्द्र में पांच साल तक स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार रही और पिछले 10 साल से मोदी सरकार काबिज है। इतना ही नहीं प्रदेश में भी लगभग 20 साल से भाजपा की ही सरकार है। बावजूद इसके बुंदेलखंड अंचल का यह इलाका विकास की दौड़ में काफ़ी पीछे है। अधिकांश गांवों में बुनियादी सुविधाओं को भी लोग मोहताज हैं। क्षेत्र की बदहाली से पता चलता है कि भाजपा सांसदों ने चुनाव के समय जनता से जो वादे किए उन्हें ईमानदारी से पूरा नहीं किया। भाजपा सांसदों ने इस क्षेत्र के लोगों को निराश किया है। आपने बताया कि, केन्द्र में जब डॉ. मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार थी तब हजारों करोड़ रुपए का विशेष पैकेज बुंदेलखंड के विकास के लिए दिया गया था। लेकिन बुंदेलखंड विशेष पैकेज की राशि को जनता की खुशहाली के लिए खर्च न करके राज्य की भाजपा सरकार ने इसे दोनों हाथों से लूटने का काम किया है।

जनता ने जिताया-ईव्हीएम ने चुनाव हराया

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त खजुराहो लोकसभा प्रभारी एवं पूर्व विधायक संजय यादव।
कांग्रेस के खजुराहो लोकसभा प्रभारी श्री यादव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, मध्यप्रदेश में संपन्न हुए हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की कहीं से भी स्थिति ख़राब नहीं थी। लेकिन यह चुनाव असामान्य चुनाव था, जैसा दिख रहा था वैसा हो नहीं रहा था। मीडिया के ओपीनियन पोल एवं एग्जिट पोल्स, ख़ुफ़िया एजेंसियों की रिपोर्ट और आमजनता खुद भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा कर रही थी। बैलेट पेपर में कांग्रेस 199 सीटें जीती है। कांग्रेस की चुनावी हार के कारणों में ईव्हीएम मशीनों के साथ शराब, रुपया वितरण और सत्ता का दुरूपयोग भी शामिल है। हम लोग जब गांवों में जाते हैं तो लोग पूंछते हैं- “हमारा वोट कहां चला गया, हमने तो बदलाव के लिए कांग्रेस को वोट दिया था।” भाजपा ने विधानसभा में कांग्रेस को हारने के लिए चुनाव में छल-कपट के साथ-साथ ईव्हीएम की तकनीकी लूप-पोल्स का भरपूर उपयोग किया है।

मंत्री के संरक्षण में खुलेआम लुटती रही रेत

लोकसभा प्रभारी संजय यादव ने, पूर्व खनिज मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह का नाम लिए बगैर उन्हें भी निशाने लिया। उन्होंने कहा कि, यहां स्थानीय मंत्री के संरक्षण में खुलेआम बड़े पैमाने पर रेत की लूट की गई। पन्ना से निकलने वाली रेत का अवैध परिवहन पड़ोसी जिलों के लिए किया गया। जिससे शासन को करोड़ों रुपए के राजस्व की क्षति उठानी पड़ी। पिछले चार सालों में पन्ना से जितनी रेत निकाली गई उतना खनिज राजस्व इस जिले को नहीं मिला। जिला खनिज प्रतिष्ठान मद की राशि करोड़ों रुपए की बनती है। इस राशि से विकास के अनेक कार्य कराए जा सकते थे लेकिन डीएमफ (जिला खनिज प्रतिष्ठान मद) की राशि का भी कुछ पता नहीं चलता है।

पांच साल तक सिर्फ पत्र लिखते रहे

कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय यादव ने एक सवाल के जवाब में बताया कि, खजुराहो संसदीय क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मैनें अनेक लोगों से बात की। उनसे मौजूदा सांसद द्वारा कराए गए विकास कार्यों के संबंध में पूंछा। सभी ने एक ही जवाब दिया कि सांसद वीडी शर्मा ने कोई कार्य नहीं कराया। क्षेत्र के दौरे पर भी वह कभी-कभार ही आते हैं। इस दौरान सांसद जी के साथ मुख्यमंत्री की तरह नेताओं और सुरक्षाकर्मियों का काफिला रहता है। क्षेत्र के नागरिक उनसे सहजता से भेंट तक नहीं कर सकते। लोगों ने बताया, विकास के नाम पर सांसद ने पांच साल तक सिर्फ झूठे वादे किए, सपने दिखाए, केन्द्रीय मंत्रियों को पत्र लिखे या फिर दिल्ली में उनसे भेंटकर मांग पत्र सौंपने का काम किया है। किसी भी मांग को पूरा कराने के लिए ठोस पहल नहीं की गई। यहां तक कि घोषणाओं को भी अमलीजामा नहीं पहनाया गया।

कांग्रेस प्रदर्शन कर मांगेगी हिसाब

खजुराहो सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ आंदोलन की रणनीति को लेकर पन्ना के सर्किट हाउस में कांग्रेसजनों से चर्चा करते लोकसभा प्रभारी संजय यादव।
लोकसभा प्रभारी श्री यादव ने बताया कि, खजुराहो संसदीय क्षेत्र के नाकारा-निकम्मे सांसद से पांच साल का हिसाब मांगने के लिए शीघ्र ही पन्ना जिला मुख्यालय सहित समूचे संसदीय क्षेत्र के समस्त विधानसभा मुख्यालयों में कांग्रेस पार्टी के द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें सांसद की लूट, गुंडागर्दी और सांसद निधि के खर्च के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। आमजनता को यह मालूम होना चाहिए कि सांसद ने पांच साल की सांसद निधि कहां खर्च की? इसलिए हम पुरजोर तरीके से यह मांग करेंगे कि “सांसद हिसाब दो, जनता को जवाब दो।” प्रेसवार्ता के दौरान जिला कांग्रेस प्रभारी जीवन पटेल, पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवजीत सिंह, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिव्यारानी सिंह, श्रीमती शारदा पाठक, केशव प्रताप सिंह, पवन जैन, दीपचन्द्र अग्रवाल, मनीष मिश्रा, सेवालाल पटेल, रामकिशोर मिश्रा, वीरेन्द्र द्विवेदी, संजय पटेल, राजबहदुर पटेल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।

केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट : ढोड़न बांध और लिंक नहर निर्माण के लिए शीघ्र पूर्ण करें भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई

0
केन-बेतवा लिंक परियोजना संचालन समिति की 5वीं समीक्षा बैठक में अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश देती जल शक्ति मंत्रालय की सचिव सुश्री देबाश्री मुखर्जी।

*       परियोजना संचालन समिति की 5वीं समीक्षा बैठक संपन्न

*      अधिकारियों को एकजुटता के साथ कार्यों को समय पर पूरा करने दिए निर्देश

पन्ना। (www.radarnews.in) जल शक्ति मंत्रालय की सचिव सुश्री देबाश्री मुखर्जी की अध्यक्षता में पांचवी केन-बेतवा लिंक परियोजना प्राधिकरण संचालन समिति की बैठक शुक्रवार को खजुराहो के एक निजी होटल में सम्पन्न हुई। बैठक में मनीष सिंह प्रमुख सचिव जल संसाधन विभाग मध्य प्रदेश, सुबोध यादव संयुक्त सचिव भारत सरकार, छतरपुर कलेक्टर संदीप जीआर, पन्ना कलेक्टर हरजिंदर सिंह, मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के जल संसाधन विभाग, वन विभाग, फील्ड के प्रतिनिधि, क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जल शक्ति मंत्रालय, सचिव, देबाश्री मुखर्जी ने बुन्देलखण्ड क्षेत्र के लिए केन-बेतवा लिंक परियोजना (Ken-Betwa Link Project) के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने निर्माण में सर्वोत्तम प्राथमिकताओं, गुणवत्ता, सामुदायिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण एवं जैव विविधता के हितों की रक्षा पर जोर दिया। ढोड़न बांध और लिंक नहर के लिए समय पर भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही के सम्बंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही बांकी सभी डीपीआर को समय पर पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने संयुक्त रूप से अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा सभी एकजुट होकर काम करें, जिससे समयानुसार कार्य को पूर्ण किया जा सके।

प्रभावित कर रहे उचित मुआवजा की मांग

उल्लेखनीय है कि, विवादित केन-बेतवा लिंक परियोजना (Ken-Betwa Link Project) के निर्माण के लिए पन्ना एवं छतरपुर जिले में जारी भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही का प्रभावित ग्रामीण और किसान लंबे समय से कड़ा विरोध कर रहे हैं। भूमि अधिग्रहण के एवज में दी जाने वाली मुआवजा राशि को लेकर परियोजना प्रभावितों के द्वारा अपर्याप्त बताते हुए उचित मुआवजा राशि देने की पुरजोर मांग की जा रही है। प्रभावितों का कहना है, अगर उचित मुआवजा नहीं मिला तो वह मर जाएंगे मगर अपनी एक इंच जमीन नहीं छोड़ेंगे। इस गतिरोध के कारण परियोजना के लिए जारी भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही प्रभावित है।

 

 

जनसम्पर्क विभाग में सत्कार मद की राशि का दुरूपयोग, पत्रकारों ने जताई नाराजगी

0
पन्ना कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए जिले के अधिमान्य पत्रकार।

*      पत्रकार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से की मुलाकात

*     समस्याओं के निराकरण को लेकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश शासन द्वारा अधिमान्य पन्ना जिले के पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर हरजिंदर सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्याओं के निराकरण के संबंध में ज्ञापन सौंपा है। केन्द्र व राज्य स्तर की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किए गए। ज्ञापन में पत्रकारों ने जनसम्पर्क विभाग में पत्रकार सत्कार निधि के दुरूपयोग पर कड़ी आपत्ति जताई है। साथ ही अधिमान्य पत्रकारों की सूची बनाने, नियमित रूप से प्रेस टूर आयोजित और शासकीय विश्राम गृह आरक्षण की सुविधा प्रदान करने सहित अन्य मांगों के निराकरण की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है।
अधिमान्य पत्रकार संघ के अध्यक्ष बृजेंद्र गर्ग व सचिव शिवकुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गत दिवस सौंपे गए ज्ञापन में पत्रकारों की समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। जिसमें शासन से मान्यता प्राप्त पत्रकारों की फोटो युक्त सूची जनसंपर्क विभाग में अलग से संधारित किया जाए एवं इस लिस्ट को जिले के समस्त शासकीय कार्यालय में उपलब्ध कराया जाए। शासकीय कार्यक्रमों एवं मीटिंग के आमंत्रण में आमंत्रण पत्र भेजने की परंपरा रही है। लेकिन बीते कुछ समय से आमंत्रण पत्र नहीं भेजे जा रहे हैं, इस कारण पत्रकार शासकीय कार्यक्रमों में नहीं पहुंच पाते। अधिमान्य पत्रकार संघ द्वारा जनसम्पर्क कार्यालय पन्ना में पत्रकार सत्कार निधि के अपव्यय पर गहरी चिंता और नाराजगी जाहिर की गई। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है, शासन से प्राप्त होने वाली पत्रकार सत्कार निधि को पत्रकरों पर ही व्यय करना सुनिश्चित किया जाये।
समाचार संकलन के लिए जिला मुख्यालय से बाहर गए अधिमान्य पत्रकारों को रेस्ट हाउस में रुकने की आरक्षण करने की पात्रता के निर्देश जारी किए जाएं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पत्रकारों के लिए अस्पताल में अलग से प्राइवेट बार्ड आरक्षित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अधिमान्य पत्रकारों के लिए कलेक्ट्रेट या अन्य उचित स्थान पर कार्यालय हेतु भवन या कमरा प्रदान किया जाए। अधिमान्य पत्रकारों को शासकीय आवास के अलॉटमेंट की व्यवस्था करने की कार्यवाही की जाए साथ ही जिले में समाचार संकलन के लिए जाने वाले अधिमान्य पत्रकारों को प्राइवेट बस में निशुल्क पास की व्यवस्था की जाए। अधिमान्य पत्रकारों को शासकीय विज्ञापनों में प्राथमिकता दी जाए और विशेष त्योहारों में विज्ञापन सुनिश्चित किया जाए, कलेक्टर एवं पत्रकारों के बीच त्रैमासिक बैठक नियमित कराई जाए।
जिले के महत्वपूर्ण विकास कार्य व निर्माण कार्यों की अवलोकन के लिए अधिमान्य पत्रकारों के प्रेस टूर सुनिश्चित कराया जाए। इसी प्रकार प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन में रेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त पत्रकारों को रेल यात्रा में 50 फ़ीसदी कंसेशन दिए जाने की व्यवस्था थी। कोरोनाकाल के दौरान भारत सरकार द्वारा यह व्यवस्था अस्थाई रूप से बंद कर दी गई थी। अन्य लोगों को यह छूट प्रदान कर दी गई लेकिन पत्रकार कोटा बहाल नहीं किया गया है। ज्ञापन के माध्यम से आग्रह किया गया कि रेल मंत्रालय को आदेश जारी करते हुए कंसेशन कोटा बहाल कराने सहित अन्य मांगें शामिल है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख लोगों में मनीष मिश्रा, इंद्रमणि पांडे, बीएन जोशी, संजय तिवारी, नईम खान, मुकेश विश्वकर्मा, अनिल तिवारी, बालकृष्ण शर्मा, अमित खरे, लक्ष्मी नारायण चिरौलिया, राजेश पांडे, राकेश पांडे, बृज किशोर द्विवेदी शामिल थे।

स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति प्राथमिकता से करें पूर्ण – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

0
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति के संबंध में बैठक ली।

  आयोजित परीक्षाओं के परिणाम शीघ्र जारी करने के निर्देश

भोपाल। (www.radarnews.in) उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने निर्देश दिये हैं कि स्वास्थ्य विभाग के स्वीकृत पदों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए आवश्यक औपचारिकताओं को अविलंब पूरा करें। स्वीकृत पद के लिए मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा परीक्षा आयोजित की जा चुकी हैं। उनके अंतिम परिणाम जारी करने के संबंध में विभागीय सामंजस्य के विषयों को प्राथमिकता से निराकृत करें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने आज मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति के संबंध में बैठक ली।

स्वास्थ्य विभाग का अमला पूरी आबादी से संबंधित

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने निर्देश दिये कि स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों की पूर्ति का कार्य कर्मचारी चयन मंडल प्राथमिकता के साथ करे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सेवाभाव से कार्य करें क्योंकि स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक मेडिकल स्टाफ़ संपूर्ण स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए अहम हैं, प्रदेश की पूरी आबादी से संबंधित हैं। उन्होंने निर्देश दिये कि विभागीय सामंजस्य के विषयों में संबंधित अधिकारी प्राथमिकता से नियमित संपर्क कर निराकरण कराना सुनिश्चित करें। उप मुख्यमंत्री ने एएनएम के 2576 पद, रेडियोग्राफ़र के 140 पद, लैब टेक्नीशियन के 265 पद और फार्मासिस्ट ग्रेड-2 के 472 पद कुल 3453 पद के परिणाम कर्मचारी चयन मंडल द्वारा शीघ्र जारी किए जाने के लिए कहा।
नवीन स्वीकृत पदों की मांग शीघ्र प्रेषित करें
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नवीन स्वीकृत पदों के संबंध में लोक सेवा आयोग एवं कर्मचारी चयन मंडल को शीघ्र मांग प्रेषित करने के निर्देश दिये, जिससे भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण किया जा सके। उल्लेखनीय है कि बैकलॉग और नवीन स्वीकृत पद मिलाकर विशेषज्ञ के 441 पद, चिकित्सा अधिकारी के 470 पद और दंत चिकित्सक के 156 पदों पर भर्ती के लिये लोक सेवा आयोग को मांग प्रेषित की जानी है। उप मुख्यमंत्री ने एनएचएम द्वारा भर्ती किए जाने वाले स्वास्थ्य स्टाफ के पदों, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती की नियुक्ति के संबंध में वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिये।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मो. सुलेमान, अपर मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल मलय श्रीवास्तव, आयुक्त स्वास्थ्य डॉ. सुदाम खाड़े, मिशन संचालक एनएचएम प्रियंका दास, संचालक कर्मचारी चयन मंडल शणमुख प्रिया मिश्रा, संचालक स्वास्थ्य दिनेश श्रीवास्तव एवं विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का हुआ आगाज़ : राहुल गांधी बोले- “प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर के आंसू पोंछने नहीं आए, ये शर्म की बात”

0
मणिपुर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी। Courtesy: (Congress Party 'X')

*     राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिखाई हरी झंडी

*     यात्रा के दौरान कड़ाके ठंड में सफ़ेद टी-शर्ट में नजर आए राहुल

(www.radarnews.in) “भारत जोड़ो यात्रा” के बाद अब कांग्रेस सांसद एवं पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व रविवार14 जनवरी को मणिपुर से “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” शुरू हुई। राहुल गांधी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ मणिपुर की राजधानी इंफाल पहुंचे। इसके बाद इंफाल के थोबल में खोंगजोम युद्ध स्मारक का दौरा कर अमर शहीदों को नमन किया। इसके बाद यहीं से यात्रा शुरू हुई। यात्रा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हरी झंडी दिखाई। “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” के जरिए कांग्रेस पार्टी ने बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय जैसे अन्य ज्वलंत मुद्दों को लोकसभा चुनाव में विमर्श के केंद्रबिंदु में लाने की कोशिश है। यात्रा का समापन 67 दिन बाद मुंबई में होगा। “भारत जोड़ो यात्रा” की तर्ज पर रविवार को “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” में भी राहुल गांधी कड़ाके की ठंड के बीच सिर्फ सफ़ेद टी-शर्ट पहने नजर आए।

बीजेपी और आरएसएस के लिए मणिपुर भारत का हिस्सा नहीं

यात्रा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मणिपुर में भाई-बहन, माता-पिता आंखों के सामने मरे और आज तक हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री मणिपुर में आपके आंसू पोछने, आपसे गले मिलने, आपका हाथ थामने नहीं आए। ये शर्म की बात है। राहुल ने कहा- मणिपुर में पिछले आठ माह से जारी हिंसा में शासन का बुनियादी ढांचा फेल हो गया है, यह शर्मनाक है कि प्रधानमंत्री ने राज्य का दौरा नहीं किया। शायद नरेन्द्र मोदी, बीजेपी और आरएसएस के लिए मणिपुर भारत का हिस्सा नहीं है। आपका दुःख-आपका दर्द, उनका दुःख और उनका दर्द नहीं है। भारतीय जनता पार्टी की राजनीति के कारण मणिपुर ने वह खो दिया है जो उसके पास कीमती था।
मणिपुर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के शुभारंभ अवसर पर आयोजित सभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राष्ट्रीय ध्वज प्राप्त करते हुए सांसद राहुल गांधी।
उन्होंने कहा, पिछली बार हमने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की। चार हजार किलोमीटर की इस पैदल यात्रा में हमने भारत को जोड़ने, नफरत मिटाने और एक धर्म-एक जाति को दूसरी जाति से मिलाने की बात की। यात्रा के दौरान लोगों से बातचीत की उनका दर्द सुना। यात्रा मुश्किल थी लेकिन इसका अनुभव अनूठा था। राहुल ने बताया, लोगों ने कहा कन्याकुमारी से कश्मीर तक यात्रा की है तो पूर्व से पश्चिम की यात्रा भी होनी चाहिए। सवाल उठा भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू कहां से होनी चाहिए? इस पर अलग-अलग मत थे, लेकिन मैनें साफ़ कहा भारत जोड़ो न्याय यात्रा इस समय सिर्फ मणिपुर से शुरू हो सकती है और कहीं से शुरू नहीं हो सकती। गांधी ने कहा, मणिपुर बीजेपी और आरएसएस की नफरत की राजनीति का प्रतीक चिन्ह बनाया है, जिससे यहां के लोगों को वह सबकुछ खोना पड़ा जो मूल्यवान था।

धर्म की राजनीति कर लोगों को भड़कती है बीजेपी

मणिपुर में “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” के शुभारंभ के अवसर पर कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ‘राम-राम का जाप करते रहते हैं, लेकिन उन्हें वोट मांगने के लिए ऐसा नहीं करना चाहिए’। उन्होंने कहा, बीजेपी धर्म को राजनीति से जोड़ती है, लोगों को भड़काती है, हम धर्मनिरपेक्षता, समानता, सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करते हैं। राहुल गांधी आपका दर्द बांटने, आपकी समस्याओं पर बात करने के लिए मणिपुर आए हैं। लोगों के लिए रोजगार सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस न्याय यात्रा निकाल रही है, यह महंगाई के खिलाफ और किसानों के अधिकारों के लिए है। संविधान, लोकतंत्र को बचाने और फासीवादी ताकतों को रोकने के लिए भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली जा रही है।

Congress Party : आज मणिपुर से शुरू होगी राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ : 6700 किलोमीटर की दूरी तय कर 15 राज्यों से गुजरेगी, यहां पढ़ें पूरी जानकारी

0

*    राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी

*    कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश बोले- अन्याय से लड़ने के लिए न्याय

(www.radarnews.in) राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस की “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” आज 14 जनवरी से शुरू होने जा रही है। राहुल गांधी दोपहर 11 बजे इंफाल पहुंचेंगे और पहले खोंगजोम युद्ध स्मारक जाएंगे। संभावना जताई जा रही है कि इस यात्रा में इंडिया गठबंधन के अन्य दलों के नेता भी शामिल हो सकते हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने गठबंधन के तमाम नेताओं को यात्रा में शामिल होने के लिए न्योता भेजा है। शनिवार को कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा किया।
जयराम रमेश ने बताया कि यात्रा से पहले थोबल में एक सभा होगी, जिसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। कांग्रेस महासचिव ने बताया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी स्थानीय लोगों से मिलेंगे और जनसभाओं को संबोधित करेंगे। यात्रा के दौरान राहुल गांधी लोगों को बताएंगे कि जनता तक न्याय पहुंचाने के लिए कांग्रेस के मन में क्या है? ये एक राजनीतिक पार्टी की वैचारिक यात्रा है, न कि कोई चुनावी यात्रा। अपनी पिछली यात्रा में राहुल गांधी का संदेश नफरत से लड़ने के लिए मोहब्बत था, लेकिन इस यात्रा का संदेश अन्याय से लड़ने के लिए न्याय है।
कांग्रेस महसचिव ने कहा, बीते दस साल में जिस तरह का अन्याय हुआ है, उसके जवाब में यह न्याय यात्रा निकली जा रही है। न्याय भारतीय संविधान की नींव है। उसके बिना स्वतंत्रता, बराबरी और भाईचारा संभव नहीं है। ये कहते हैं कि हम सबसे बड़े लोकतंत्र हैं, लेकिन हकीकत है कि आज लोकतंत्र कम और एकतंत्र ज्यादा है। जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, पीएम मोदी हमें अमृतकाल के सपने दिखा रहे हैं, लेकिन बीते दस साल अन्यायकाल के हैं। पिछले 10 साल में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक जो अन्याय हुआ है उसके चलते ये यात्रा निकाली जा रही है।

मणिपुर का दौरा करें पीएम मोदी

उल्लेखनीय है कि, मणिपुर में बीते कई महीनों से हिंसा की आग में जल रहा है। कांग्रेस की मांग है कि पीएम मोदी राज्य का दौरा करें और वहां के लोगों से हालचाल जानें। इस मुद्दे पर जयराम रमेश ने कहा कि बीते आठ महीने से पीएम मोदी ने मणिपुर का न कोई दौरा किया है और न ही सीएम से मुलाकात की। उन्होंने बस यहां के सांसद और अपने विदेश राज्य मंत्री से ही मुलाकात की।

67 दिनों में तय करेगी 6700 किलोमीटर की दूरी

बता दें कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर, इंफाल से शुरू होगी और नागालैंड, आसाम, अरुणचाल होते हुए ये देश के 15 राज्यों से गुजरेगी और अंत में मुंबई पहुंचेंगे। 110 जिलों से होते हुए यह यात्रा 100 लोकसभा सीटें और 337 विधानसभा सीटें कवर करेगी। करीब 6700 किमी दूरी तय करके यह यात्रा मुंबई में संपन्न होगी। यह 67 दिनों का सफर होगा और हर दिन दो बार राहुल गांधी का संबोधन होगा। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी समाज के विभिन्न वर्गो से, संगठनों से बात करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधानों पर विचार-विमर्श करेंगे। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का मंच से एनजीओ, पत्रकारों, किसान, छोटे व्यापारी, दलित-पिछड़े वर्ग, आदिवासियों और बौद्धिक वर्ग को जोड़ा जाएगा।