मध्यप्रदेश के पन्ना में विधानसभा चुनाव के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए पोलिंग बूथ के बाहर कतारबद्ध खड़े मतदाता।(फाइल फोटो)
भोपाल। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन-2023 के लिये 17 नवम्बर को रिकार्ड वोटिंग हुई है। इस चुनाव ने पिछले 66 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है। अनंतिम जानकारी अनुसार प्रदेश में 76.22 प्रतिशत मतदान हुआ है। वर्ष 2018 में एमपी में 75.49 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार के चुनाव में मतदान में 0.73 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 में कुल दर्ज 55983139 मतदाताओं में से 42672017 ने अपने मताधिकार का उपयोग किया है।
बता दें कि वर्ष में 1957 प्रथम विधानसभा चुनाव में सिर्फ 37.17 प्रतिशत ही मतदान हुआ था। अब तक संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में अपवाद स्वरूप एक-दो को छोड़कर चुनाव दर चुनाव मतदान का प्रतिशत लगातार बढ़ता ही रहा है। लोगों को अपने मताधिकार के उपयोग को लेकर जागरूक करने के लिए निर्वाचन आयोग के द्वारा स्वीप गतिविधियों पर बड़ी राशि खर्च की जाती है।
मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन-2023 में हुये मतदान का विधानसभावार प्रतिशत देखने के लिए नीचे दी गई लिंक को क्लिक करें-
मध्यप्रदेश के पन्ना में विधानसभा चुनाव के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए पोलिंग बूथ के बाहर कतारबद्ध खड़े मतदाता।(फाइल फोटो)
* 3सीटों के 36 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईव्हीएम में कैद
* प्रत्याशियों की जीत-हार को लेकर अनुमान लगाने का दौर शुरू
पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत पन्ना जिले के तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के 901 मतदान केन्द्रों पर आज शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके पहले सभी मतदान केन्द्रों पर मॉकपोल किया गया। जिले में निर्धारित समय शाम 6 बजे तक कुल 74.21 प्रतिशत से मतदान दर्ज किया गया है। जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र-58 में 75.82 प्रतिशत, गुनौर विधानसभा क्षेत्र-59 में 71.94 प्रतिशत और पन्ना विधानसभा क्षेत्र-60 में 74.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान संपन्न होने के साथ ही जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र के सभी 36 के भाग्य का फैसला ईव्हीएम में कैद हो गया है। वोटिंग सम्पन्न होने के बाद जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा तथा कांग्रेस के प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। इसी के साथ प्रत्याशियों की जीत-हार को लेकर तमाम अटकलों, कयासों और सियासी उलटफेर के अनुमानों का दौर शुरू हो गया है। बता दें कि,विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की गिनती 3 दिसंबर को होगी। मतगणना पश्चात इसी दिन नतीजों की घोषणा की जाएगी।
जिला स्तरीय कम्युनिकेशन टीम के आंकड़ों के अनुसार पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 290 मतदान केंद्रों पर शाम 6 बजे तक कुल 74.26 पुरुष एवं 75.38 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। गुनौर विधानसभा क्षेत्र के 277 मतदान केंद्रों पर कुल 72.3 प्रतिशत पुरुष और 71.53 महिलाओं तथा पवई विधानसभा क्षेत्र के 334 पोलिंग बूथ पर कुल 75.20 पुरुष एवं 76.01 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने वोट डाले हैं। वोटिंग को लेकर इस बार महिला मतदाताओं में ख़ासा उत्साह देखा गया है।
रिक्शा में बैठकर मतदान करने पहुंचीं बुजुर्ग पार्वती
पन्ना जिले के तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत आज 901 मतदान केन्द्रों पर संपन्न हुए मतदान में बुजुर्ग, दिव्यांग और युवा मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ भागीदारी की। नगर के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) स्थित आदर्श मतदान केन्द्र में दिव्यांग मतदाता फहमीदा बेगम मतदान करने पहुंची। यहां नियुक्त कर्मचारियों द्वारा मतदान के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध कराया गया। इसी तरह बुजुर्ग महिला मतदाता पार्वती कुशवाहा लोकतंत्र के महोत्सव में मतदान के लिए पति मुन्नीलाल कुशवाहा के साथ रिक्शा से घर से मतदान केन्द्र तक पहुंची और मताधिकार का उपयोग किया। 90 वर्ष की हमीदन ने अपने पुत्र के साथ पिंक पोलिंग बूथ में मतदान किया। इसी तरह युवा मतदाता राज बंजारा और पुष्पलता शिल्पकार ने पहली बार मतदान किया।
मतदान दलों के आगमन का सिलसिला शुरू
जिले में शुक्रवार को तीन विधानसभा अंतर्गत 901 मतदान केन्द्रों पर विधानसभा आम निर्वाचन का मतदान संपन्न होने के बाद मतदान दलों के वापस पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। आज रात्रि 9.30 बजे तक पन्ना विधानसभा के 17 मतदान दल मतदान सामग्री वापसी स्थल शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना पहुंचे। यहां विधानसभावार टेबल पर मास्टर ट्रेनर्स द्वारा पीठासीन अधिकारी की डायरी और मतपत्र लेखा की जांच की गई। इसके उपरांत मतदान दल द्वारा काउन्टर पर सामग्री जमा कराई गई। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार सामग्री जमा स्थल पर सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं हैं। साथ ही आवश्यक दायित्वों के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। मतदान दलों के पहुंचने का सिलसिला देर रात्रि तक निरंतर जारी रहेगा। मतदान सामग्री जमा होने के उपरांत सेक्टर अधिकारी द्वारा मतदान दल कर्मियों को भारमुक्त किया जाएगा।
मध्यप्रदेश के पन्ना में विधानसभा चुनाव के लिए अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए पोलिंग बूथ के बाहर कतारबद्ध खड़े मतदाता।(फाइल फोटो)
* ईव्हीएम मशीनों में कैद हुआ राज्य के 2533 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला
* भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने किया अपनी-अपनी जीत का दावा, 3 दिसंबर को आएंगे नतीजे
भोपाल। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के लिए शुक्रवार सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे समाप्त हो गया है। हालांकि मतदान केन्द्र पर शाम 6 बजे के पूर्व प्रवेश लेने वाले सभी मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इसी के साथ प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे 2533 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ईव्हीएम मशीनों में कैद हो गया है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में शाम 5 बजे तक कुल 71% से अधिक मतदान हुआ है। मतदान के फाइनल आंकड़े आना अभी शेष है। वोटिंग के दौरान कई जिलों से हिंसा की हैरान करने वाली ख़बरें आई हैं।
विधानसभा चुनाव 2023 के लिए आज सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदेश के 64626 मतदान केंद्रों पर मतदान संपन्न हुआ। जबकि नक्सल समस्या प्रभावित जिले बालाघाट, डिंडौरी एवं मंडला के चिन्हिंत पोलिंग बूथों पर मतदान सुबह 7 से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक खत्म हो गया। इस बार राज्य की 230 सीटों पर 2533 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनमें 2280 पुरुष, 252 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल है। मतदान संपन्न होने के साथ ही प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला ईव्हीएम में कैद हो गया है। चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा चुनाव की मतगणना एवं नतीजों की घोषणा 3 दिसंबर होगी। इस दिन जनता का फैसला ईव्हीएम से बाहर आएगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले करीब एक माह से सूबे में दोनों प्रमुख राजनैतिक दलों बीजेपी और कांग्रेस के बीच जबरदस्त सियासी घमासान देखने को मिला। दोनों ही पार्टियों के स्टार प्रचारकों ने अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी आमसभायें, रैलियां और रोड शो कर एक-दूसरे के ऊपर जमकर निशाना साधा। आरोप-प्रत्यारोप के इस माहौल में बड़े नेताओं के बीच एक-दूसरे को नीचा दिखाने की होड़ रही। जिसके चलते अनेकों बार भाषाई मर्यादा तार-तार और पदीय गरिमा धूमिल होती रही। सोशल मीडिया पर भी दोनों पार्टियों के बीच चुनावी जंग देखी गई। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों के राज्य में अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। किसके दावे में कितना दम है, इसका पता 3 दिसंबर को चुनाव के नतीजे पर ही चलेगा। फिलहाल तब तक चुनावी नतीजों को लेकर अटकलों, कयासों और सियासी उलटफेर के अनुमानों का दौर जारी रहेगा।
राजनगर में हत्या, इंदौर में भिड़े भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता
राजनगर से कांग्रेस प्रत्याशी नातीराजा और कांग्रेस समर्थकों से चर्चा करते हुए पुलिस अधिकारी।
मध्यप्रदेश में आज वोटिंग के दौरान सुबह से कई जिलों से हिंसा की खबरें आने लगीं थी। मध्य प्रदेश के राजनगर, मऊ, मुरैना, भिंड, इंदौर, छिंदवाड़ा में हिंसा हुई। विधानसभा चुनाव के बीच राजनगर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नातीराजा पर जानलेवा हमला हुआ है। हमले में उनके ड्राइवर कांग्रेस पार्षद सलमान खान निवासी खजुराहो की मौत हो गई। कांग्रेस उम्मीदवार नातीराजा ने बीजेपी उम्मीदवार अरविंद पटेरिया और उनके समर्थकों पर पार्षद सलमान खान को गाड़ी से कुचलकर जान से मारने का आरोप लगाया है। हत्या पुलिस ने इस घटना को लेकर राजनगर से भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटैरिया सहित उनके समर्थकों पर खजुराहो थाना में आईपीसी की धारा 302, 307, 147, 149 294, 506 का मामला दर्ज किया है। गाड़ी से कुचलकर हत्या करने की सनसनीखेज और विचलित करने वाली घटना के बाद से राजनगर-खजुराहो क्षेत्र में जबरदस्त तनाव और आक्रोश का व्याप्त है।
वहीं मध्यप्रदेश के जबलपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में फायरिंग तथा पथराव का मामला प्रकाश में आया है। यहां भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता भिड़ गए। थाना हनुमानताल व घमापुर में गोली चलने की घटना घटित हुई है। फायरिंग में एएसआई के कान में छर्रा लगा है। पत्थरबाज़ी भी हुई है। इंदौर में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। जिसके बाद पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह ने इस घटना पर कहा कि यह बहुत गलत है, शर्मनाक काम हो रहा है। पुलिस को घटना पर तुरंत कार्यवाही करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि प्रशासन ठीक से काम करेगा। लगता है कि पुलिस दबाव में काम कर रही है।
* 7 लाख 64 हजार से अधिक मतदाता कर सकेंगे अपने मताधिकार का उपयोग
* 23 आदर्श,15 महिला और 211 मिश्रित मतदान केन्द्र स्थापित
पन्ना।(www.radarnews.in) जिले में शुक्रवार 17 नवम्बर को तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों पन्ना, गुनौर एवं पवई में होने वाले मतदान के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सुरक्षा के साथ निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक चुनाव के लिए पुख्ता इंतजाम भी सुनिश्चित किए गए हैं। पन्ना कलेक्टर हरजिंदर सिंह द्वारा जिले के सभी 901 मतदान केन्द्रों में मतदाताओं को सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश पूर्व में ही दिए जा चुके हैं।
जिले के 901 मतदान केन्द्रों में शुक्रवार 17 नवम्बर की सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इनमें 218 क्रिटिकल मतदान केन्द्र भी शामिल हैं। इसके अलावा 2 वल्नरेबल मतदान केन्द्र हैं। सामान्य मतदान केन्द्रों की संख्या 681 है। मतदान के सुचारू संचालन के लिए 107 सेक्टर ऑफीसर की तैनाती की गई है। इन्हें सेक्टर मजिस्ट्रेट की शक्तियां दी गई हैं। इसके अलावा 220 मतदान केन्द्रों में माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती भी की गई है। जिले की तीन विधानसभा क्षेत्र में 23 आदर्श मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। आदर्श मतदान केन्द्रों में आकर्षक साज-सज्जा की गई है। वहीं जिले की तीन विधानसभा में पांच-पांच महिला संचालित मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इन केन्द्रों पर मतदान दल में सभी महिलाएं हैं।
कलेक्टर ने मतदाताओं से की मतदान की अपील
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पन्ना, हरजिंदर सिंह।
विधानसभा निर्वाचन के लिए पन्ना जिले के सभी तीन विधानसभा क्षेत्रों में 17 नवम्बर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके लिए 901 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 7 लाख 64 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हरजिंदर सिंह ने सभी मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदान शांतिपूर्वक करवाने के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं। मतदाता स्वयं मतदान करने के साथ अन्य मतदाताओं को भी मताधिकार के उपयोग के लिए प्रेरित करें। सभी मतदाता निर्भय होकर तथा दबावमुक्त होकर निष्पक्षता से मतदान करें। कलेक्टर ने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार के उपयोग की अपील की है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पन्ना जिले के पवई क़स्बा में भाजपा प्रत्याशी प्रहलाद लोधी के समर्थन में आमसभा को संबोधित कर लोगों से भाजपा के लिए वोट मांगे।
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पन्ना जिले के पवई में किया जनसभा को संबोधित
योगी के भाषणों में राम मंदिर, मुसलमान, राष्ट्रीय सुरक्षा और मोदी सरकार की उपलब्धियों पर फोकस
कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए जमकर बोला हमला
पन्ना/पवई। (www.radarnews.in) डबल इंजन सरकार का लाभ कैसे मिलता है, यह बीते सालों में मध्यप्रदेश ने देखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मिलकर मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य की स्थिति से उबारा और विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। कांग्रेस की सरकारें जो काम 55-60 सालों में नहीं कर सकी थी, प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज जी की जोड़ी ने वह काम सिर्फ 9 सालों में कर दिखाया है। हर गरीब के पास सिर छुपाने के लिए छत होना, गरीब के घर में शौचालय का निर्माण होना, हर गरीब को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख तक इलाज की सुविधा उपलब्ध कराना, हर घर में बिजली पहुंचाना, उज्जवला योजना में गैस कनेक्शन देना जैसे काम कांग्रेस भी कर सकती थी। उसे भी 60 सालों तक काम करने का मौका मिला था। लेकिन विकास उसके एजेंडे का हिस्सा नहीं रहा। गरीबों, वनवासियों, दलितों का कल्याण उसके एजेंडे का हिस्सा कभी नहीं रहा। यह बात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार 15 नवम्बर को पन्ना के पवई क़स्बा में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पन्ना जिले पवई विधानसभा मुख्यालय में भाजपा प्रत्याशी प्रहलाद लोधी के समर्थन में विशाल चुनावी आमसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर शाब्दिक हमला बोला। सीएम योगी ने कहा कि सरकार बदलने से क्या परिवर्तन हो सकते हैं, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने दिखाया है। काशी विश्वनाथ धाम में पहले एक साथ पांच लोगों का जाना मुश्किल था। आज 50 हजार लोग भी चले जाएं, तो जगह की कमी नहीं होगी। केदारनाथ धाम कांग्रेस के समय में तबाह हो चुका था, लेकिन मोदी सरकार ने उसका पुनरुद्धार कराया। उज्जैन में महाकाल महालोक बना है और अयोध्या में प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर तैयार है। कांग्रेस होती तो क्या राम मंदिर का निर्माण हो पाता? कांग्रेस होती तो क्या बाबा विश्वनाथ धाम का निर्माण हो पाता? कांग्रेस होती तो क्या देश से आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्त हो पाते? जो कांग्रेस देश को सुरक्षा नहीं दे सकती, विकास और गरीब कल्याण के काम नहीं कर सकती, लोगों की आस्था का सम्मान नहीं कर सकती, तो उस कांग्रेस रूपी बोझ को ढोने का मतलब क्या है?
मोदी के नेतृत्व में भारत का बढ़ा मान-सम्मान
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस देश को जातियों के नाम पर बांटती रही। हमारे सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करती रही। जब सरकार की तरफ से कुछ देने की बात आती थी, तो कांग्रेस कहती थी कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। कांग्रेस ने कभी यह नहीं कहा कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार गरीबों का है। कभी ये नहीं कहा कि संसाधनों पर पहला अधिकार देश के किसानों, नौजवानों, बहनों, माताओं का है। कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति करती रही। 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनी तो उन्होंने कहा कि मेरी सरकार गरीबों की, वंचितों की, दलितों की, आदिवासियों, किसानों, महिलाओं, नौजवानों की सरकार है और सभी वर्गों के लिए काम करेगी। उन्होंने ’सबका साथ, सबका विकास’ का नारा दिया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया एक नए भारत का दर्शन कर रही है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। आज कोई भी दुश्मन भारत पर टेढ़ी नजर नहीं डाल सकता। उसे पता है कि अगर आंखें टेढ़ी की, तो भारत आंखें निकालने में देर नहीं करता।
कांग्रेस ने पैदा की समस्याएं, समाधान कर रहे मोदी
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ समस्याएं पैदा करती हैं। ये समस्याएं उसकी वोट बैंक की राजनीति का आधार रही हैं, इसलिए वो इन समस्याओं को पोषित करती रही है, उनका समाधान नहीं किया। इन समस्याओं का समाधान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार कर रही है। कांग्रेस ने 370 लगाई, भाजपा ने कश्मीर से धारा 370 हटा दी। कांग्रेस के समय में देश में पनपे अलगाववाद, आतंकवाद और नक्सलवाद की समस्याओं पर भी भाजपा की सरकार नकेल लगा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए काम कर रही है। आज देश में शांति है और लोग आनंदपूर्वक अपने पर्व-त्योहार मना रहे हैं। श्री योगी ने कहा कि मध्य्रपदेश विकास के रास्ते पर और तेजी से आगे बढ़ सके, इसके लिए भाजपा की सरकार होना जरूरी है। मैं आप सभी से यह आह्वान करने आया हूं कि प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने के लिए पन्ना जिले की तीनों विधानसभा सीटों में भाजपा प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएं।
नवजात की किलकारी सुनकर उसे स्नेहपूर्वक दुलारती हुई पन्ना कलेक्टर हरजिंदर सिंह की धर्मपत्नी डॉ. शैली जोशी।
* जिला अस्पताल के मैटरनिटी वार्ड पहुंचे कलेक्टर
पन्ना। (www.radarnews.in) कलेक्टर हरजिंदर सिंह सोमवार सुबह अपनी धर्मपत्नी डॉ. शैली जोशी के साथ जिला अस्पताल पन्ना के मैटरनिटी वार्ड पहुंचे और प्रसूता महिलाओं से भेंट कर हालचाल जाना। साथ ही अस्पताल एवं वार्ड में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। मुंह मीठा करा दीपावली पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। महिलाओं से अपने और जन्मे बच्चे की बेहतर देखभाल तथा संस्थागत प्रसव पर मिलने वाली सुविधा का लाभ लेने के लिए कहा।
दीपावली पर्व के उपलक्ष्य पर जिला अस्पताल में प्रसूताओं को मिष्ठान वितरित करते हुए पन्ना कलेक्टर हरजिंदर सिंह।
जिला कलेक्टर द्वारा सपत्नीक दिवाली पर्व पर मैटरनिटी वार्ड में पहुंचने पर यहां भर्ती महिलाएं और उनके परिजन प्रसन्न थे। इस मौके पर एसएनसीयू के इन बोर्न यूनिट एवं आउट बोर्न यूनिट का अवलोकन किया और सिविल सर्जन डा. आलोक कुमार गुप्ता से वार्ड में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी भी ली।
पन्ना में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर खड़ा पीड़ित किसान का परिवार।
* पन्ना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-60 अंतर्गत बांधीकला ग्राम का मामला
* कांग्रेस का चुनाव प्रचार बंद कर बीजेपी के लिए वोट मांगने बनाया दवाब
* एसपी से मिलने उनके आवास के बाहर देर रात तक डटा रहा पीड़ित परिवार
* कांग्रेस समर्थकों को धमकाने और गाली-गलौंज की घटनाओं पर कांग्रेस प्रत्याशी ने कार्रवाई की मांग
पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के मतदान की घड़ी जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे चुनावी सरगर्मी के साथ तनाव भी बढ़ने लगा है। कुछ लोग जहां अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदाताओं को हर तरह से लुभाने में लगे हैं तो वहीं कुछ धमकाने पर और मारपीट पर उतर आए हैं। ऐसा ही एक मामला पन्ना जिले की पन्ना विधानसभा अंतर्गत अमानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बांधीकला में सामने आया है। जहां भाजपा समर्थक सरपंच विक्रम सिंह ठाकुर और उनके साथियों पर गांव के ही एक कांग्रेस पार्टी समर्थक युवा नेता धर्मराज पटेल के घर में रात्रि के समय जबरन घुसकर महिलाओं से कथित तौर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित महिलाओं का आरोप है, दबंग सरपंच ने धमकी दी है यदि धर्मराज ने कांग्रेस प्रत्याशी का चुनाव प्रचार बंद कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार नहीं किया तो घर से उसकी लाशें निकलेगी। इस घटनाक्रम से दहशत में आए पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक पन्ना से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
जबरन घर में घुस आए दबंग, अकेली थीं महिलायें
युवा कृषक धर्मराज पटेल निवासी ग्राम बाँधीकला ने अपनी पत्नी और भाभी के साथ पन्ना पहुंचकर पुलिस कप्तान को लिखित शिकायती आवेदन पत्र सौंपा है। जिसमें उसने खुद को कांग्रेस पार्टी का पदाधिकारी बताते हुए बाँधीकला सरपंच विक्रम सिंह ठाकुर और उसके साथियों पर कई गंभीर आरोप लगाए है। आवेदन पत्र में बताया गया है कि, विधानसभा चुनाव में वह अपनी पार्टी और प्रत्याशी के पक्ष में शांतिपूर्वक चुनाव प्रचार कर रहा है। बीजेपी समर्थक दबंग सरपंच विक्रम सिंह को इस पर ऐतराज है। इसी के चलते शनिवार 11 नवंबर 2023 को बाँधीकला सरपंच ने अपने आधा दर्जन साथियों के साथ रात्रि में लगभग 10:30 बजे मेरे घर में घुसकर महिलाओं के साथ गाली-गलौंज, छीना-झपटी और मारपीट की गई। इस दौरान उसकी पत्नी के हाथ से गिरकर मासूम बेटी घायल हो गई है। घटना के समय धर्मराज की पत्नी व उसकी भाभी घर पर अकेली थीं। युवा कृषक फसल की सिंचाई करने अपने खेत गया था। जबकि उसका बड़ा भाई गुजरात में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। युवा कृषक धर्मराज खेत से जब वापस अपने घर पहुंचा तब पत्नी और भाभी ने उसे सम्पूर्ण घटनाक्रम की जानकारी दी। पीड़ित परिवार अपनी फ़रियाद लेकर अमानगंज थाना पहुंचा। जहां थाना प्रभारी द्वारा कथित तौर पर उल्टा पीड़ितों को धमकाते हुए उनके ही विरुद्ध एफआईआर करने की बात कही गई। पीड़ितों के अनुसार थाना प्रभारी अमानगंज सरपंच के रिश्तेदार है इसलिए वह आरोपियों का बचाव कर रहे हैं।
कांग्रेस का नहीं बीजेपी का करो प्रचार
पुलिस अधीक्षक से मुलाकत कर अपनी फ़रियाद सुनाने उनके आवास के बाहर मौजूद पीड़ित महिलाएं और युवा किसान।
अमानगंज थाना में सुनवाई न होने पर परेशान पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पन्ना पहुंचा। लेकिन अवकाश होने के कारण कार्यालय बंद होने पर पीड़ित परिवार एसपी आवास पहुंच गया। जहां दोपहर से देर रात तक इंतजार करने के बाद उनकी पुलिस अधीक्षक से मुलाकात हो पाई। भयमुक्त वातावरण में विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध पुलिस अधीक्षक ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने पीड़ितों को मामले की जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने और सुरक्षा का आश्वासन दिया है। वहीं पीड़ित महिला ने जिला मुख्यालय के पत्रकारों बताया कि, रात्रि में जबरन घर में घुसकर सरपंच विक्रम सिंह और उनके साथियों ने धमकाते हुए कहा तुम्हारा पति धर्मराज कांग्रेस पार्टी का प्रचार-प्रसार क्यों कर रहा है, भाजपा का प्रचार क्यों नहीं करता। कांग्रेस को छोड़कर भाजपा के पक्ष में आ जाओ, अगर नहीं समझे तो तुम्हारे घर से लाशें निकलेंगीं। वहीं धर्मराज ने बताया कि वह अपनी पार्टी (कांग्रेस) का प्रचार शांतिपूर्वक तरीके से करना चाहता है लेकिन उसे और उसके परिवार को लगातार डराया-धमकाया जा रहा है। उसने भाजपा का प्रचार करने के लिए दबाव बनाने वाले आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। कुछ इसी तरह की चिंताजनक घटनाएं अजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत भी सामने आई हैं। जिसके बाद यह सवाल उठ रहा है कि, इन हालात में पन्ना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भयमुक्त वातावरण में निष्पक्ष और शांति पूर्वक चुनाव कैसे संपन्न हो पाएंगे ?
वोट प्रेम से मांगें, धमकी न दें किसी को
कांग्रेस समर्थकों को गुण्डों के द्वारा धमकाने एवं गाली-गलौज करने की घटनाओं की जानकारी देते हुए पन्ना विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भरत मिलन पाण्डेय।
पन्ना विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भरत मिलन पाण्डेय ने बाँधीकला ग्राम की घटना सहित अजयगढ़ क्षेत्र सिद्धपुर एवं बड़ी रूंध में कांग्रेस समर्थकों को भाजपा समर्थकों द्वारा कथित तौर पर धमकाने, गाली-गलौंज और मारपीट करने के मामले गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पन्ना से भाजपा प्रत्याशी मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे अपने समर्थकों व गुण्डों से हमारे (कांग्रेस) कार्यकर्ताओं की गाली-गलौंज और मारपीट करवा रहे हैं। मैं उनसे कहना चाहूंगा कि, वोट या समर्थन प्रेम से मांगें किसी को धमकी न दें। कांग्रेस प्रत्याशी भरत मिलन पाण्डेय ने निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष और शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने की मांग की है। उन्होंने अपने अंदाज में भाजपा प्रत्याशी को सचेत करते हुए कहा कि, मंत्री जी अपने गुण्डों को संभाल कर रखें, यदि कोई विशेष बात है तो 17 तारीख (मतदान) के बाद देखा जाएगा। उचित जवाब दिया जाएगा। लेकिन मैं चाहता हूँ कि हमसब लोग मिलजुलकर शांतिपूर्ण तरीके से निर्वाचन संपन्न कराएं और आपसी सौहार्द को बनाएं रखें। उल्लेखनीय है कि, समाचार लिखे जाने तक इस मामले में भाजपा प्रत्याशी मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह तथा बाँधीकला सरपंच विक्रम सिंह की ओर से किसी तरह की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
इनका कहना है-
“कल शाम को प्रकरण संज्ञान में आने पर तुरंत एसडीओपी गुनौर को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। रात्रि में पुलिस के द्वारा फरियादी और उसके परिजनों से चर्चा की गई है। उन्हें सुरक्षा का आश्वासन देकर वापस घर पहुंचाया गया। जांच में जो भी तथ्य निकलकर आएंगे उसके अनुसार न्यायसंगत कार्रवाई की जायेगी।”
– साईं कृष्ण एस थोटा, पुलिस अधीक्षक, पन्ना (म.प्र.) ।
* नाम वापसी बाद निर्दलीय उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित
* राममूर्ति चौरसिया को रोड रोलर, परसू चौधरी- चारपाई और फिरोज खान को मिला बल्लेबाज़ चुनाव चिन्ह
पन्ना। (www.radarnews.in) विधानसभा निर्वाचन अंतर्गत आज नाम वापसी की प्रक्रिया उपरांत गुरुवार 2 नवम्बर को निर्दलीय अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया गया। जिले के तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से कुल 36 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पवई से 16, गुनौर से 9 और पन्ना विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से 11 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे।
विधानसभा क्षेत्र 58-पवई से चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों में भारतीय जनता पार्टी से प्रह्लाद लोधी (कमल का फूल), इंडियन नेशनल कांग्रेस से पं. मुकेश नायक (हाथ का पंजा), बहुजन समाज पार्टी से हेमंत ऋषिराज सिंह (हाथी), जन अधिकार पार्टी से आशीष कुमार कुशवाहा (डोली), राष्ट्रीय जन संचार दल से बीरन पटेल (बैटरी टार्च), वास्तविक भारत पार्टी से भरतलाल पटेल (गैस सिलेण्डर), समाजवादी पार्टी से रजनी यादव (साईकिल), भारतीय गणराज्य पार्टी से रामपाल सिंह गोन्डेला (नारियल फार्म), निर्दलीय आनंद कुमार विश्वकर्मा (कांच का गिलास), निर्दलीय आशीष (डीजल पम्प), निर्दलीय प्रह्लाद (फूलगोभी), निर्दलीय प्रह्लाद कुमार प्रजापति (ट्रक), निर्दलीय प्रह्लाद लोधी (केक), निर्दलीय राममूर्ति चौरसिया (रोड रोलर), निर्दलीय विजय कुमार सोनी (मोतियों का हार) और निर्दलीय हरी लाल चौधरी रिटायर्ड टीआई (कड़ाही) शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्र 59-गुनौर से इंडियन नेशनल कांग्रेस से अभ्यर्थी जीवनलाल सिद्धार्थ (हाथ का पंजा), बहुजन समाजपार्टी से देवीदीन ’’आंशू’’ (हाथी), भारतीय जनता पार्टी से राजेश कुमार वर्मा (कमल का फूल), समाजवादी पार्टी से अमिता बागरी (साईकिल), विंध्य जनता पार्टी से अरविन्द बागरी (गन्ना किसान), जन अधिकार पार्टी से जीतेन्द्र कुमार दहायत (गैस सिलेण्डर), पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) से पूरनलाल कोरी (स्कूल का बस्ता), निर्दलीय परसू चौधरी (चारपाई) और निर्दलीय संतलाल प्रजापति उर्फ टाईगर (चक्की) चुनाव लड़ेंगे।
विधानसभा क्षेत्र 60-पन्ना से अभ्यर्थी ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह भारतीय जनता पार्टी (कमल का फूल), भरत मिलन पाण्डेय इंडियन नेशनल कांग्रेस (हाथ का पंजा), विमला अहिरवार बहुजन समाज पार्टी (हाथी), लोधी महेन्द्र पाल वर्मा समाजवादी पार्टी (साईकिल), मेवालाल अहिरवार आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) (केतली), जिज्ञासा कनौजिया निर्दलीय (हीरा), नंद कुमार व्यास निर्दलीय (ऑटो रिक्शा), फिरोज खान निर्दलीय (बल्लेबाज), मोहम्मद इकराम निर्दलीय (कांच का गिलास), राजेश श्रीवास्तव निर्दलीय (कलम की निब सात किरणों के साथ) और सोनेलाल प्रजापति (आरी) चुनाव मैदान में हैं।
* जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के उल्लंघन पर म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत की जाएगी कार्यवाही
पन्ना। (www.radarnews.in) कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हरजिंदर सिंह ने पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन पर तीन अपराधियों को तीन-तीन माह के लिए जिला बदर घोषित किया है। इनमें ग्राम एवं थाना सिमरिया निवासी रवि गुप्ता, ग्राम हीरापुर थाना सिमरिया निवासी अंकित पाठक और ग्राम बराछ थाना कोतवाली निवासी रामप्रताप उर्फ बड़े बेटा पटेल शामिल हैं। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा राज्य सुरक्षा अधिनियम की धाराओं में अपराधियों के जिला बदर की कार्यवाही की गई है। अपराधी को आदेश तामीली दिनांक से 5 घण्टे के भीतर पन्ना जिले की राजस्व सीमा सहित समीपवर्ती दमोह, छतरपुर, सतना, कटनी, मैहर और उत्तर प्रदेश के बांदा एवं चित्रकूट जिले की सीमाओं से बाहर रहने का निष्कासन आदेश पारित किया गया है। जिले के किसी न्यायालय अथवा दाण्डिक न्यायालय में पेशी पर उपस्थित होने के लिए अपराधी को संबंधित थाना प्रभारी को लिखित सूचना देनी होगी। आदेश के उल्लंघन पर अपराधी के विरूद्ध म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 एवं 15 के तहत कार्यवाही की जाएगी।
पन्ना विधानसभा क्षेत्र-60 से अपना नामांकन फार्म वापस लेने के बाद संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन से समर्थकों के साथ बाहर निकलते हुए पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे।
* श्रीकांत दुबे, हसीब, भुवन विक्रम और जीतेन्द्र जाटव ने मैदान छोड़कर कांग्रेस को संकट से उबारा !
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 में उम्मीदवारी से नाम वापस लेने के आखिरी दिन गुरुवार 2 नवम्बर को पन्ना जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर 13 उम्मीदवारों ने अपने नाम-निर्देशन पत्र वापस ले लिए हैं। जानकारी के मुताबिक पन्ना सीट से 5, गुनौर और पवई से 4-4 उम्मीदवारों द्वारा अपने नामांकन फार्म वापस लिए गए। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार नाम वापसी की अंतिम तिथि 2 नवम्बर को अपरान्ह 3 बजे तक निर्धारित थी। नाम वापसी का आखिरी दिन होने के कारण आज नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में स्थित तीनों विधानसभा सीटों के रिटर्निंग ऑफीसर के कार्यालय में दोपहर तक काफी गहमागहमी रही। जिले की तीनों ही सीटों पर नामांकन वापस लेने वालों में अधिकांश निर्दलीय उम्मीदवार शामिल है।
टिकिट न मिलने से नाराज होकर बागी तेवर दिखाने वाले कांग्रेसियों ने भी संगठन की मान-मनौव्वल के बाद पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के लिए मैदान छोड़ दिया है। जिससे यह माना जा रहा है कि फिलहाल तीनों ही सीटों पर कांग्रेस पार्टी काफी हद तक संकट से उबर चुकी है! नाम वापसी के साथ तीनों ही सीटों पर चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ़ हो गई है। पन्ना विधानसभा क्षेत्र-60 से फार्म वापस लेने वाले अभ्यर्थियों में मनोज कुशवाहा, चौहान सिंह, नसीम खां, हसीब खान रिंकू एवं श्रीकांत दुबे शामिल हैं। वहीं पवई विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-58 अंतर्गत भगवानदास सिंह, भुवन विक्रम सिंह, विक्रमादित्य सिंह और शानदार सिंह उर्फ गुड्डू राजा तथा गुनौर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-59 अंतर्गत देवकी प्रजापति, जड़ा बाई चौधरी, चौधरी जितेन्द्र जाटव और भगवानदास चौधरी ने उम्मीदवारी से नाम वापस लिया है।