Home Blog Page 34

डेढ़ वर्ष पहले पहना था भाजपा का गमछा, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से मांग रहे थे टिकिट; अब घोषित तौर पर थाम लिया भाजपा का दामन

0
जनपद अध्यक्ष शाहनगर आशीष खरे को माला और गमछा पहनाकर भारतीय जनता पार्टी में स्वागत करते पार्टी प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा।

*     शाहनगर जनपद पंचायत के 20 सदस्यों के साथ अध्यक्ष आशीष खरे बीजेपी में शामिल

*     जनपद सदस्यों के पाला बदलने से पन्ना जिले में कांग्रेस पार्टी को लगा तगड़ा झटका

*     कांग्रेस मुक्त बूथ बनाकर खजुराहो लोकसभा में जीत का परचम फहरायेंगे : विष्णु दत्त

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) जिले की जनपद पंचायत शाहनगर के अध्यक्ष एवं कांग्रेस के युवा नेता आशीष खरे ने अब घोषित तौर पर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। इनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें कई दिनों से लगाई जा रहीं थी। बीते शनिवार को तमाम अटकलों और कयासों पर विराम लगाते हुए शाहनगर जनपद अध्यक्ष आशीष ने जनपद पंचायत के 20 सदस्यों सहित राजधानी भोपाल में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा के हाथों भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। शाहनगर क्षेत्र में मजबूत जमीनी आधार रखने वाले आशीष खरे और उनके नेतृत्व में डेढ़ दर्जन से अधिक जनपद सदस्यों के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस पार्टी को निःसंदेह तगड़ा झटका लगा है। मगर, उनके भाजपा में जाने से कांग्रेसियों को हैरानी जरा भी नहीं हुई।
शाहनगर जनपद पंचायत के अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद कांग्रेस के युवा नेता आशीष खरे विजय जुलूस में भाजपा का गमछा पहने नजर आए। (फाइल फोटो)
बता दें कि, जुलाई 2022 में युवा नेता आशीष खरे कांग्रेस में रहते हुए अपने दम पर शाहनगर जनपद अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। अपने विजय जुलूस में युवा नेता ने अचानक भाजपा का गमछा पहनकर सबको चौंका दिया था। इसी आधार पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से शाहनगर जनपद पंचायत चुनाव में पार्टी समर्थक अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्वाचित होने का दावा किया गया था। लेकिन इसके बाद आशीष कांग्रेस में सक्रिय रहे। इतना ही नहीं कुछ माह पूर्व संपन्न विधानसभा चुनाव 2023 में आशीष पवई सीट पर कांग्रेस से टिकिट के सशक्त दावेदार रहे हैं । सिर्फ इतना ही नहीं, कांग्रेस से टिकिट को लेकर उनके द्वारा अजयगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की सभा में समर्थकों सहित शक्ति प्रदर्शन भी किया गया था। टिकिट न मिलने पर खरे ने कांग्रेस के घोषित प्रत्याशी मुकेश नायक के समर्थन में चुनाव प्रचार भी किया था। अब सवाल उठता है कि अचानक ऐसा क्या हो गया जिसके चलते युवा नेता ने अपनी टीम के साथ भाजपा ज्वाइन ली? जन चर्चाओं के अनुसार, आशीष खरे ने जनपद अध्यक्ष की अपनी कुर्सी को शेष बचे कार्यकाल में अविश्वास प्रस्ताव के अंदेशे से सुरक्षित रखने के लिए दल-बदल किया है। हालांकि इस बात में कितनी सच्चाई यह तो सिर्फ आशीष ही बेहतर बता सकते हैं।

वीडी बोले : जनपद सदस्यों के आने से मजबूत होगी BJP

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के हाथों भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद जनपद अध्यक्ष शाहनगर आशीष खरे, उपाध्यक्ष शिवराज सिंह एवं 19 जनपद सदस्य।
भारतीय जनता पार्टी पन्ना के जिला मीडिया प्रभारी दुर्गेश शिवहरे ने प्रेस में जारी विज्ञप्ति में बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) के निवास पर शनिवार 3 फरवरी को खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के पन्ना जिले के शाहनगर मंडल के 21 जनपद सदस्यों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। श्री शर्मा ने सभी को पार्टी का अंगवस्त्र (गमछा) पहनाकर सभी का स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि जनपद अध्यक्ष आशीष खरे, उपाध्यक्ष शिवराज सिंह के नेतृत्व में पन्ना जिले के शाहनगर मंडल के 25 में से 21 जनपद सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। इन सभी सदस्यों के भाजपा में आने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि हम सभी के संकल्प से प्रत्येक बूथ पर भाजपा इतिहास रचेगी और कांग्रेस मुक्त बूथ बनायेंगे और इस बार खजुराहो में जीत का परचम फहरायेंगे।

बैराज़ की गुणवत्ता को लेकर कार्यपालन यंत्री सख्त, रिजेक्ट कर दी घटिया निर्माण सामग्री

0
पन्ना जिले के शाहनगर विकासखंड अंतर्गत तुल्ला ग्राम में पतने नदी पर निर्माणधीन तुल्ला बैराज में कार्य करते श्रमिक।

*     नाले की मिट्टीयुक्त रेत को कार्यस्थल से तत्काल हटाने ठेकेदार को दिए निर्देश

   गत दिनों कार्य की गुणवत्ता को लेकर पवई के बीजेपी विधायक ने मचाया था बवाल

*     विधायक प्रहलाद लोधी पर श्रमिकों से गाली-गलौंज और मारपीट करने के लगे थे आरोप

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के शाहनगर विकासखंड अंतर्गत निर्माणाधीन तुल्ला बैराज की गुणवत्ता को लेकर जल संसाधन संभाग पन्ना के कार्यपालन यंत्री सतीश शर्मा ने ठेकेदार को सख्त हिदायत दी है। आकस्मिक निरीक्षण पहुंचें कार्यपालन यंत्री ने मौके पर रखी निर्माण सामग्री का अवलोकन कर स्थानीय नालों की मिट्टीयुक्त रेत को तत्काल प्रभाव से रिजेक्ट कर दिया। उन्होंने, इस संबंध में ठेकेदार कौशल पटेल निवासी रीवा से मोबाइल पर बात कर घटिया रेत को कार्यस्थल से तुरंत हटाने और कार्य की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न करने के निर्देश दिए हैं।
विकासखंड मुख्यालय शाहनगर के नजदीक तुल्ला ग्राम में पतने नदी पर करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से बैराज का निर्माण कार्य जल संसाधन विभाग द्वारा कराया जा रहा है। सप्ताह भर पूर्व जल संसाधन संभाग पन्ना के कार्यपालन यंत्री सतीश शर्मा शाहनगर के आकस्मिक निरीक्षण पर पहुंचें थे। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन तुल्ला बैराज का मुआयना किया। मौके पर बैराज की नींव खोदने के बाद कंक्रीट मटेरियल डालने के लिए शटरिंग लगाई जा रही थी। कार्यपालन यंत्री ने नींव की गहराई, ठोस सतह ( मज़बूत आधार) तथा डाले गए सरिया की जांच की। तदुपरांत कंक्रीट मटेरियल में तैयार करने के लिए मौके पर डंप स्थानीय नालों की रेत को पानी में डालकर गुणवत्ता को जांचा गया।
सतीश शर्मा, कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन संभाग पन्ना।
प्रारंभिक जांच में रेत में मिटटी की मात्रा अधिक पाए जाने पर कार्यपालन यंत्री श्री शर्मा ने डंप रेत को तत्काल प्रभाव से रिजेक्ट कर दिया। उन्होंने मौके से ही ठेकेदार कौशल पटेल निवासी रीवा से मोबाइल पर बात कर घटिया रेत को कार्यस्थल से तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बैराज़ निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी तरह समझौता न कर मानकों के अनुरूप समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने की हिदायत दी गई। कार्यपालन यंत्री सतीश शर्मा ने रडार न्यूज़ को जानकारी देते हुए बताया कि अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन उप संभाग शाहनगर टीआर पटेल को क्षेत्र में चल रहे विभागीय कार्यों का सतत निरीक्षण कर उनमें गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया है।
प्रहलाद लोधी, भाजपा विधायक पवई ।
बता दें कि, तुल्ला बैराज निर्माण की गुणवत्ता को लेकर 28 जनवरी 2024 की देर शाम कार्यस्थल पर ठेकेदार के कर्मचारियों के साथ ग्रामीणों और पवई के भाजपा विधायक प्रहलाद लोधी का विवाद भी चर्चा में आया था। बैराज निर्माण में कार्यरत सीधी जिले के श्रमिकों ने पवई के दबंग भाजपा विधायक प्रहलाद लोधी पर कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौंज करने और सुपरवाइजर संतोष पटेल निवासी चलनी थाना शाहनगर को डण्डे से पीटने का आरोप लगाया था। श्रमिकों से गालीं-गलौंज और मारपीट की घटना में पवई के बीजेपी विधायक के साथ कुछ ग्रामीण भी शमिल रहे हैं। कथित घटना के एक वायरल वीडियो में पीड़ित श्रमिक आपबीती सुनाते हुए कहता है, ‘निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर पवई विधायक प्रहलाद लोधी असंतोष व्यक्त करते हुए हमें गालियां देने लगे। विधायक जी से हमने कहा अगर आपको कोई शिकायत है तो आप संबंधित तकनीकी अधिकारियों और ठेकेदार से बात करें। इतना सुनते ही वह काफी भड़क उठे और डंडे से मारने के लिए आगे बढ़े तो हमलोग जान बचाकर मौके से भाग निकले।’ उक्त विवाद पुलिस तक पहुंचा था लेकिन मामला सत्ताधारी दल के विधायक से जुड़ा होने के कारण रफा-दफा हो गया।

ग्राम पंचायतों में स्थापित होंगे ई-सेवा केन्द्र, गांव में मिलेंगी चिन्हित न्यायालयीन सेवाएं

0
सांकेतिक चित्र।

*     सचिव एवं रोजगार सहायकों का प्रशिक्षण 5 फरवरी से

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार सभी ग्राम पंचायतों में ई-कोर्ट अवधारणा अंतर्गत चिन्हित न्यायालयीन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ई-सेवा केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। ई-सेवा केन्द्रों के संचालन के लिए ग्राम पंचायत के सचिव और रोजगार सहायकों को चिन्हित न्यायालयीन सेवाओं का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, जिससे न्यायालयीन सेवाओं से संबंधित सभी जानकारी आम नागरिकों को ग्राम पंचायत में ही प्राप्त हो सके। शहर के धरम सागर तालाब के पास यादवेन्द्र क्लब परिसर में स्थित ई-दक्ष केन्द्र में जनपद पंचायतवार ग्राम पंचायतों के सचिव व रोजगार सहायकों को अलग-अलग बैच में 05 से 21 फरवरी तक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
जनपद पंचायत पन्ना की ग्राम पंचायतों के सचिव व ग्राम रोजगार सहायक का प्रशिक्षण 05, 06 एवं 07 फरवरी को, जनपद पंचायत अजयगढ़ की ग्राम पंचायतों के सचिव व रोजगार सहायक का प्रशिक्षण 07, 08 एवं 09 फरवरी को, जनपद पंचायत गुनौर की ग्राम पंचायतों के सचिव व रोजगार सहायक का प्रशिक्षण 09, 12 एवं 13 फरवरी को, जनपद पंचायत पवई की ग्राम पंचायतों के सचिव व रोजगार सहायक का प्रशिक्षण 14, 15 एवं 16 फरवरी को तथा जनपद पंचायत शाहनगर की ग्राम पंचायतों के सचिव व रोजगार सहायक का प्रशिक्षण 16, 19, 20 और 21 फरवरी को होगा। प्रशिक्षण का समय बैचवार सुबह 11 से दोपहर 1.30 बजे तक और दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।

दिग्विजय पर उंगली उठाने वाले अपने गिरेबान में झांकें : दीपचंद

0
दीपचंद अग्रवाल, महामंत्री, जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना।

*     कांग्रेस महामंत्री का आरोप, सांसद निधि का हिसाब मांगने से बौखला गए हैं वीडी शर्मा

*     बोले- खजुराहो सांसद ने एक भी ऐसा कार्य नहीं कराया जिसे उपलब्धि के तौर पर बता सकें

पन्ना।(www.radarnews.in) जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना के महामंत्री दीपचंद अग्रवाल ने खजुराहो सांसद एवं बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा पर पलटवार किया है। वीडी के द्वारा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को ‘जयचंद’ और पार्टी के खजुराहो लोकसभा प्रभारी संजय यादव को मूर्ख’ कहने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपचंद ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि, सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) विपक्षी नेताओं के खिलाफ अपशब्दों का उपयोग करते हुए अनर्गल और अमर्यादित बयानबाजी करके अपनी पदीय गरिमा को गिरा रहे हैं।
श्री अग्रवाल ने कहा, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को देश विरोधी बताने वाले जरा अपने गिरेबान में तो झांककर देखें! ये लोग विपक्ष के नेताओं को बदनाम करके जिस आरएसएस को देशभक्त साबित करने के अभियान में जुटे हैं उसका स्याह इतिहास कभी मिटने वाला नहीं है। अंग्रेजों की गुलामी से देश को आजाद कराने के लिए एक ओर जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के नेतागण अपने प्राणों की परवाह न कर भारत माता के लिए बलिदान दे रहे थे, वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के लोग अंग्रेजों के साथ खड़े थे। इसलिए, असली देशद्रोही और जयचंद तो आरएसएस (RSS) की विचारधारा पर चलने वाले लोग हैं। अंग्रेजों के जाने के बाद आरएसएस और भाजपा के लोग आज उन्हीं की नीतियों पर चलते हुए सत्ता में काबिज रहने के लिए देश की एकता-अखंडता को हिन्दू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद की घिनौनी और नफरती राजनीति से लगातार कमजोर कर रहे है।
जिला कांग्रेस महामंत्री दीपचंद अग्रवाल ने प्रेस में जारी बयान में कहा कि, सांसद वीडी शर्मा से कांग्रेस ने जब से पांच साल की सांसद निधि के खर्च का हिसाब जनहित में सार्वजानिक करने की मांग की तभी से वह बौखलाए हुए हैं। क्षेत्र की जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उनके सांसद ने करीब 40 करोड़ की निधि कहां खर्च की? श्री अग्रवाल ने कहा कि, केन्द्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने के बावजूद खजुराहो सांसद ने पांच साल के अपने कार्यकाल में पन्ना जिले में एक भी ऐसा कार्य नहीं कराया जिसे वह अपनी उपलब्धि के तौर पर बता सकें।
श्री अग्रवाल ने बताया कि, भाजपाई अपने सांसद के असफल कार्यकाल पर पर्दा डालने के लिए उनके खाते में जिन उपलब्धियों को आज गिना रहे हैं, पन्ना विधायक बृजेन्द्र सिंह एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उनका क्रेडिट पहले ही ले चुके हैं। सांसद के पास अपना कुछ बताने को नहीं है इसलिए वह पन्ना आकर धारा 370, राम मंदिर और औवेसी-अब्दुल्ला की बातें करते हैं। उल्लेखनीय है कि गत, दिनों में पन्ना भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर विवादित टिप्पणी करते हुए उन्हें राष्ट्र विरोधी ताकतों के साथ खड़े होने वाला जयचंद कहा था। वहीं कांग्रेस के खजुराहो लोकसभा प्रभारी संजय यादव के द्वारा सांसद निधि का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग के सवाल पर सांसद ने उन्हें मूर्ख बताया था। वीडी के इस बयान पर पन्ना के सियासी हलकों में बवाल मचा हुआ है।
विषय से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नीचे दी गई खबर की लिंक को क्लिक करें

खजुराहो संसदीय क्षेत्र-08 : BJP की बैठक में राम मंदिर, धारा 370 और औवेसी-अब्दुल्ला की बात, क्षेत्रीय मुद्दों व जन समस्याओं पर कोई चर्चा नहीं

MP : तेलंगाना से मुक्त हुए पन्ना जिले के 14 मजदूर, बंधक बनाकर कराई जा रही थी मजदूरी

0
फ़ाइल फोटो।

*    सांसद वीडी शर्मा के प्रयासों से बंधुआ मजदूरों को मुक्त कराने में मिली सफलता

*    काम के आभाव में पन्ना जिले से हर साल लाखों श्रमिक पलायन करने को हैं मजबूर

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) खजुराहो सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने पन्ना जिले के 14 मजदूरों को मानव तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। सांसद श्री शर्मा को गत दिनों यह पता चला कि उनके संसदीय क्षेत्र के 14 मजदूरों को जबलपुर में अच्छी मजदूरी का लालच देकर उन्हें तेलंगाना ले जाया गया है। वहां पर उन्हें बंधक बनाकर उनसे मजदूरी कराई जा रही है। इस सूचना को को गंभीरता से लेकर सांसद ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और को मजदूरों को छुड़वाने के लिए पत्र लिखा था। जिसके बाद तेलंगाना से 14 मजदूरों को मुक्त कराकर उन्हें वापस मध्य प्रदेश (पन्ना) के लिए भेजा गया है।

जबलपुर के नाम पर ले गए थे कर्नाटक और तेलंगाना

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा के प्रयासों से पन्ना जिले के एक दर्जन से अधिक परिवारों में खुशियां लौट आई हैं। मानव तस्कारों द्वारा पन्ना जिले के अलग-अलग क्षेत्र के अनुसूचित जनजाति वर्ग के 45 मजदूरों को कर्नाटक और तेलंगाना में बंधक बनाकर मजदूरी कराई जा रही थी। मानव तस्कर उक्त मजदूरों को जबलपुर में अच्छी मजदूरी दिलाने के नाम पर पन्ना से बहला-फुसलाकर ले गए। तस्कर इन मजदूरों को जबलपुर न ले जाकर उनमें से 27 मजदूरों को कर्नाटक और 18 को तेलंगाना ले गए। कई महीनों से उक्त मजदूरों को बंधक बनाकर वहां मजदूरी कराई जा रही थी। गत दिनों स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के माध्यम से जैसे ही यह जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा को मिली तो उन्होंने मजदूरों को मुक्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए।

गृह मंत्री शाह, तेलंगाना और कर्नाटक के सीएम को लिखे पत्र

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को पत्र लिखकर पूरी घटना की जानकारी दी गई। साथ ही उनसे अनुसूचित जनजाति के मजदूर भाईयों के मुक्त कराने का आग्रह किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा के प्रयासों से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी ने घटना की पूरी जानकारी लेकर बंधकों को मुक्त कराने के निर्देश दिए।

तेलंगाना पुलिस मजदूरों को लेकर पन्ना के लिए हुई रवाना

पन्ना जिले के श्रमिकों के तेलंगाना से मुक्त होने की जानकारी देते हुए खजुराहो सांसद वीडी शर्मा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के प्रयासों से तेलंगाना से 14 मजदूरों को मुक्त कराया गया है। तेलंगाना के करीम नगर प्रशासन ने प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णु दत्त शर्मा से संपर्क कर 14 मजदूरों को बंधकों के कब्जे से मुक्त होने की जानकारी दी है। श्री शर्मा ने बताया कि मजदूरों को लेकर करीम नगर पुलिस वहां से रवाना हो चुकी है। इस सफलता के लिए श्री शर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री का आभार जताया है।

अक्सर ही मुश्किल पड़ जाते हैं अंतरराज्यीय प्रवासी श्रमिक

उल्लेखनीय है कि अति पिछड़े पन्ना जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का धरातल पर सही तरीके से क्रियान्वयन न होने तथा उद्योगों के आभाव के चलते मजदूरों को जीविकोपार्जन के लिए पर्याप्त काम नहीं मिलता। इसलिए, दो जून की रोजी-रोटी की तलाश में जिले से प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में मजदूर महानगरों के लिए पलायन करने को विवश हैं। काम के आभाव में पलायन करने वाले श्रमिकों में बड़ी संख्या कमजोर वर्गों से आने वाले लोगों की होती है। जिले के श्रम विभाग द्वारा मजदूरों के अंतरराज्यीय पलायन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित न कराने तथा जागरूकता के आभाव में प्रवासी श्रमिक अक्सर ही मुश्किल (संकट) में पड़ जाते हैं।

खजुराहो संसदीय क्षेत्र-08 : BJP की बैठक में राम मंदिर, धारा 370 और औवेसी-अब्दुल्ला की बात, क्षेत्रीय मुद्दों व जन समस्याओं पर कोई चर्चा नहीं

0
खजुराहो संसदीय क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा।

*     आरोपों पर भड़के सांसद वीडी शर्मा ने कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी को बताया ‘मूर्ख’

   खजुराहो सीट को देश में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकार्ड बनाने लिया संकल्प

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच शनिवार को पन्ना के एक निजी मैरिज गार्डन में खजुराहो संसदीय क्षेत्र-08 के भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक क्षेत्रीय सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में खजुराहो सांसद श्री शर्मा ने अपने उद्बोधन में मोदी सरकार का गुणगान करते हुए कश्मीर से धारा 370 को हटाने, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण एवं राम लाला की प्राण-प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। साथ ही एआईएमआईएम चीफ असदु्द्दीन ओवैसी, दिग्विजय सिंह और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला के पुराने बयानों का उल्लेख करते हुए उन पर जमकर निशाना साधा। लेकिन सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दों तथा जन समस्याओं पर कोई बात नहीं की।
दीप प्रज्ज्वलित कर खजुराहो संसदीय क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक का शुभारंभ करते हुए क्षेत्रीय सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और समीप खड़े विधायकगण।
बैठक को संबोधित करने वाले अन्य वक्ताओं ने भी अति पिछड़े खजुराहो संसदीय क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट नहीं कराया। आश्चर्य की बात यह है कि, चुनाव के समय जन समस्याओं के निराकरण, जन अपेक्षाओं-आकांक्षाओं और क्षेत्रीय मुद्दों की पूरी तरह उपेक्षा करके बैठक में खजुराहो सीट को देश में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकार्ड बनाने लिया संकल्प भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा लिया गया। खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) ने बैठक को संबोधित करते हुए अपने लंबे-चौंड़े भाषण में क्या कुछ कहा ? आपकी जानकारी के लिए हम यहां भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी द्वारा जारी की गई बैठक की प्रेस रिलीज को ज्यों का त्यों प्रकाशित कर रहे हैं

दिग्विजय सिंह जयचंद, भारत की संस्कृति पर कर रहे हमला

भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र की सभी आठ सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। चुनाव केवल राजनीति से नहीं, देश की संस्कृति, स्वाभिमान और गरीब कल्याण की योजनाओं के आधार पर जीते जाते हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा खजुराहो लोकसभा क्षेत्र को देश में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकॉर्ड बनाएंगे। भाजपा का मध्यप्रदेश का संगठन देश के सभी राज्यों में सबसे अच्छा संगठन है, इसके पीछे हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार 27 जनवरी को पन्ना जिले के एवरशाइन गार्डन में खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने पन्ना के बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह देश के जयचंद हैं। दिग्विजय सिंह सोनिया गांधी के करीबी होने की कोशिश में भारत की संस्कृति पर हमला करने के साथ देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े हो रहे हैं।

खजुराहो लोकसभा का हर बूथ कांग्रेस मुक्त होगा

भाजपा की बैठक में उपस्थित खजुराहो संसदीय क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी का मध्यप्रदेश संगठन कोई अच्छा कार्य करता है तो शाबासी मिलती है। प्रदेश के संगठन को देश में सबसे अच्छा संगठन बताया जाता है। खजुराहो लोकसभा का हर बूथ कांग्रेस मुक्त होगा और हर बूथ को मोदी बूथ बनाया जाएगा। लोकसभा चुनाव की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। हमें जिले से लेकर शक्ति केंद्र तक की रचना पर काम करना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ’मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान मोदी जी ने प्रारंभ किया था। इस अभियान के कारण मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 48 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हुए हैं। अब हमें 10 प्रतिशत और वोट बढ़ाना है। पार्टी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में विजय प्राप्त कर इतिहास बनाया है। इसी तरह अब लोकसभा चुनाव में भी जीत का इतिहास कायम करना है।

अल्प संख्यक भाई कह रहे कांग्रेस ने केवल उपयोग किया

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व के कारण ही अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हो सकी। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के समय अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों में वहां की सरकारों ने अवकाश घोषित किया था। मध्यप्रदेश के मेरे अल्पसंख्यक भाई-बंधु भी कह रहे हैं कि भाजपा सरकार में ही उन्हें लाभ मिला है, कांग्रेस ने केवल अल्प संख्यकों का उपयोग किया। प्रधानमंत्री जी कहते थे देश में गुलामी का कलंक नहीं रहने देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना भाजपा का बड़ा निर्णय था। कांग्रेस के नेता कहते थे कि धारा 370 हटाने से दंगें होंगे, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मादी जी की सरकार ने जब धारा 370 हटाई तो जम्मू-कश्मीर में कुछ भी नहीं हुआ। अब तो फारूक अब्दुल्ला जैसे लोग भी राम-राम जप रहे हैं।

2047 में हम भारत को परम वैभव पर पहुंचाएंगे

खजुराहो सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा।
सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का 2047 तक भारत को परम वैभव पर पहुंचाने का लक्ष्य है। वर्तमान में देश की राजनीति में बड़ा परिवर्तन हो रहा है। पार्टी नेता और कार्यकर्ता हारे हुए बूथों पर कार्य करेंगे और सभी बूथों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे। प्रधानमंत्री जी कहते हैं संगठन की ताकत व विचार के आधार पर ही हम जीत पाए हैं। लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहां बूथ जीतने का संकल्प लेकर चुनाव अभियान में जुटेंगे। इस अवसर पर राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सागर संभाग के प्रभारी चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, संजय पाठक, राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, गुनौर विधायक राजेश वर्मा, पवई विधायक प्रहलाद लोधी, बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडे, कटनी के जिला प्रभारी संजय साहू, कटनी जिला अध्यक्ष दीपक टंडन, छतरपुर के नवनियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम, पन्ना के जिला अध्यक्ष राम बिहारी चौरसिया उपस्थित थे। मंच संचालन विवेक मिश्रा ने किया।

कांग्रेस लोकसभा प्रभारी के लिए बोले- अब मैं उनको कुछ कह दूंगा…

उल्लेखनीय है कि, गत दिनों कांग्रेस के खजुराहो संसदीय क्षेत्र के नव नियुक्त प्रभारी एवं पूर्व विधायक संजय यादव ने पन्ना में पत्रकारों से चर्चा में कहा था कि, मैनें पूरे क्षेत्र का भम्रण किया, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने अपनी पांच साल की सांसद निधि की लगभग 40 करोड़ रुपए की राशि कहां खर्च की कुछ पता नहीं चल रहा है। क्षेत्र के लोगों, सरपंचों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों से पूंछने पर सभी ने यही बताया कि उनके क्षेत्र में सांसद निधि से कोई काम नहीं हुआ। ऐसे में सवाल उठता है कि सांसद निधि का आखिर क्या हुआ ? श्री यादव ने खजुराहो सांसद पर क्षेत्र की घोर उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए यह मांग की थी कि, वीडी को सांसद निधि के खर्च का हिसाब सार्वजनिक करके जनता को जवाब देना चाहिए। कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी के आरोपों के संबंध में शनिवार को पत्रकारों ने जब सांसद वीडी शर्मा से सवाल किया तो उन्होंने भड़कते हुए कांग्रेस प्रभारी को मूर्ख बताया। वीडी ने कहा- ‘उन्हें कुछ पता नहीं, वह यहां आकर देख लें। जिनका अस्तित्व ही समाप्त हो गया, वह और क्या करेंगे, आरोप ही लगा सकते हैं। जनता सार्टिफिकेट देती है, जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है। मैनें अगर कुछ किया है तो कांग्रेस के…. अब मैं उनको कुछ कह दूंगा तो छोटे शब्द होंगे, अच्छा नहीं लगता मुझे।

लूट की गारंटी ! रुन्ज नदी का सीना छलनी कर खुलेआम रेत निकाल रहे माफिया

0
पन्ना जिले की ग्राम पंचायत अमरछी के चंद्रावल घाट से रुन्ज नदी से रेत का अवैध खनन करती जेसीबी मशीन।

*     सत्ताधारी दल से जुड़े स्थानीय नेताओं ने नदी उतारी जेसीबी मशीन

*     अमरछी पंचायत के चंद्रावल घाट से प्रतिदिन निकाल रहे 60-70 ट्रॉली रेत

*     रेत की लूट को खोरा चौकी और धरमपुर थाना पुलिस की मौन स्वीकृति 

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में बहुमूल्य खनिज संपदा की संगठित लूट खुलेआम जारी है। सत्ता का संरक्षण प्राप्त माफिया नियम-कानूनों को धता बताकर रेत-पत्थर और हीरे के लिए जिले की नदियों, राजस्व भूमि, पहाड़, नालों और वन भूमि को खनन से खोखला करने में आमादा हैं। अति पिछड़े इस जिले में रेत का अवैध खनन अभी तक सिर्फ केन नदी के दोनों किनारों छतरपुर एवं पन्ना जिले की सीमा में ही चल रहा था लेकिन अब रुन्ज नदी में भी अवैध खनन का खेल शुरू हो गया है। अमरछी पंचायत के चंद्रावल घाट से प्रतिदिन 60-70 ट्रॉली रेत निकाली जा रही है। रुन्ज नदी से रेत के अवैध खनन में सत्ताधारी दल भाजपा के स्थानीय नेताओं के शामिल होने की आम चर्चाएं है।
रुन्ज नदी से निकाली गई रेत के चंद्रावल और अमरछी ग्राम के बीच सड़क किनारे जगह-जगह लगे अवैध डंप।
जिले के अजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत रुन्ज नदी से तकरीबन एक माह से बिना किसी वैधानिक स्वीकृति के रेत के अवैध खनन का खेल बेरोकटोक चल रहा है। सबकुछ जानने के बाद भी रेत के अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के बजाए जिम्मेदार अधिकारी अनभिज्ञ होने का अभिनय कर रहे हैं। ग्राम पंचायत अमरछी के चंद्रावल घाट पर रुन्ज नदी में खनन माफियाओं ने जेसीबी मशीन उतार दी है। दैत्याकार मशीन के नुकीले जबड़े दिनदहाड़े नदी का सीना और कोख छलनी कर पानी के अंदर से रेत निकाल रहे हैं। नदी को बर्बाद करने जुटे माफियाओं पर महज 4-5 किलोमीटर दूर स्थित खोरा चौकी और बमुश्किल 10 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद  बल के द्वारा कोई एक्शन न लेना उसकी मौन स्वीकृति की ओर इशारा करता हैं। खनिज और राजस्व विभाग के अधिकारी भी सेटिंग के चलते रेत की लूट में पूरा सहयोग कर रहे हैं। अजयगढ़ क्षेत्र में रेत के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन की हालिया कार्यवाही के बीच रुन्ज में अवैध खनन एक भी दिन के लिए भी बंद नहीं हुआ।
बता दें कि, अमरछी के चंद्रावल घाट पर दिनभर जेसीबी मशीन के जरिए रुंज नदी के पानी के अंदर से रेत निकली जाती है, जिसे ट्रैक्टर-ट्रॉली से परिवहन कर सड़क किनारे आसपास के खेतों में कई स्थानों पर डंप किया जाता है। इससे किसी एक स्थान पर रेत का पहाड़ नहीं लग पाता और मार्ग से गुजरने वाले लोगों को रुन्ज में जारी रेत की लूट की गंभीरता का पता भी नहीं चलता। शाम ढलने के बाद वहां उत्तर प्रदेश और सतना जिले ट्रक-हाइवा पहुंचते और रेत की लोडिंग कर रात के अंधेरे में वापस अपने गंतव्य की ओर रवाना हो जाते हैं। इस तरह रोजाना 10 से 15 ट्रक रेत बेंचकर माफिया लाखों रुपए की अवैध कमाई कर रहे हैं। रेत के लिए रुंज नदी के अस्तित्व को मिटाने में जुटे खनन माफियाओं को लेकर क्षेत्रवासियों में गहरी नाराजगी व्याप्त है। लेकिन माफियाओं के सत्ताधारी दल से जुड़ाव के चलते उनके राजनैतिक रसूख कारण लोग खुलकर कुछ भी बोलने करने को तैयार नहीं है।

मध्य प्रदेश | जनपद पंचायत सीईओ का 32 वर्ष की अल्प आयु में हार्ट अटैक से निधन

0
सीईओ प्रसन्न चक्रवर्ती के असामयिक निधन पर शोकसभा उपरांत उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते जनपद पंचायत शाहनगर के शोक संतृप्त अधिकारी-कर्मचारी।

*       पन्ना जिले के प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचरियों ने जताया शोक

पन्ना।(www.radarnews.in) जिले की शाहनगर जनपद पंचायत के सीईओ प्रसन्न चक्रवर्ती का गत मंगलवार को आकस्मिक निधन हो गया। 32 वर्षीय सीईओ चक्रवर्ती की अल्प आयु में हार्ट अटैक से मृत्यु होने का दुखद समाचार सुनकर लोग स्तब्ध रह गए। प्रशासनिक हलकों सहित समूचे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार छतरपुर में किया गया।
प्राप्त जानकारी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रसन्न चक्रवर्ती मंगलवार 23 जनवरी को विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जनपद पंचायत कार्यालय शाहनगर पहुंचे। यहां सीने में तकलीफ के बारे में अवगत कराया। इस पर परिजनों व कर्मचारियों को सूचना दी गई और प्राथमिक उपचार के बाद कटनी स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने बीपी कम हो जाने व हालत बिगड़ने के कारण बेहतर उपचार के लिए जबलपुर ले जाने की सलाह दी, लेकिन रेफर के दौरान कटनी में ही जपं सीईओ का दुःखद निधन हो गया।
जनपद पंचायत सीईओ प्रसन्न चक्रवर्ती (फाइल फोटो)
दिवंगत सीईओ का अंतिम संस्कार बुधवार 24 जनवरी को छतरपुर में किया गया। जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय, अतिरिक्त सीईओ अशोक चतुर्वेदी, परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी छतरपुर के महोबा रोड स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार में शामिल हुए और परिजनों से भेंटकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। मूलतः छतरपुर जिले के हरपालपुर निवासी स्व. श्री चक्रवर्ती के परिवार में पत्नी और चार वर्षीय पुत्री है।

नीति, धर्म और मर्यादा का नाम है “श्री राम” : ब्रह्माकुमारी बहनजी

0
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य पर पन्ना में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

*      अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य पर पन्ना में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम

*      जीवन को मर्यादा संपन्न बनाने श्री राम के आदर्शों पर चलने का किया आव्हान

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) अयोध्या धाम में सोमवार 22 जनवरी 2023 को प्रभु श्री राम लला की दिव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य पर पवित्र नगर पन्ना में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें धर्म और अध्यात्म में गहरी रूचि रखने वाले भाई-बहन उपस्थित रहे। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था पन्ना की प्रमुख बीके सीता बहनजी ने सभी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामनाएं दीं। आपने कहा, आज देशभर में दिवाली जैसे उत्सव का माहौल है। कार्यक्रम में प्रभु श्रीराम-सीता मैया की जीवंत झांकी सजाई गई। अंत में सभी ने श्री राम के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

सदियों के इंतजार के बाद संकल्प हुआ साकार

अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य पर पन्ना में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की प्रमुख बीके सीता बहनजी ने प्रभु श्री राम के जीवन आदर्शों को विस्तार से बताया।
अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला की दिव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय पन्ना दीप प्रज्ज्वलन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीके सीता बहन ने सभी को इस पावन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, आज हर मन, हर घर राममय हो गया है। चारों दिशाएं और प्रकृति भी प्रफुल्लित है। प्रत्येक व्यक्ति के लिए यह उत्सव, उल्लास और आनंद का दिवस है। इस मंगल बेला के इंतजार में सदियां बीत गईं। ईश्वर की हम पर विशेष अनुकंपा है कि, सदियों पुराने संकल्प को हमसब साकार (सिद्ध) होते हुए देख रहे हैं। इसलिए आज हमें यह जानना बेहद जरूरी है कि आखिर पूरी सृष्टि में श्री राम ही क्यों मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाए? क्यों उनके जीवन के प्रत्येक कर्म में आदर्श और धर्म परायणता की छवि दिखती है? उन्होंने कैसे अपने दिव्य गुणों, विशेषताओं और कर्म से त्रेतायुग से लेकर जन-जन में अपनी अलौकिक दिव्य और आदर्श छवि से सदा सभी को मोहित और प्रेरित किया?

दिव्य गुणों के सागर हैं प्रभु श्री राम

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय पन्ना में आयोजित हुए विशेष कार्यक्रम में प्रभु श्रीराम-सीता मैया की जीवंत झांकी सजाई गई।
बीके सीता बहन जी बताया कि हमारी सोच और कर्म हमारे व्यक्तित्व का आईना होते है। आज श्री राम के जीवन से यदि हम चंद गुणों और विशेषताओं को भी आत्मसात करते हैं तो हमारा जीवन भी महान बन जाएगा। हम देवत्व की ओर बढ़ जाएंगे। आपने कहा कि, धैर्यता, दयालुता, नेतृत्व कला, आदर्श भाई , मित्र भाव, आज्ञाकारी पुत्र, दातापन आदि, वे गुण हैं जिन्होंने श्री राम को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम बनाया। धैर्यवान व्यक्ति जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता, यश, कीर्ति और सम्मान पाता है। धैर्यता हमें समस्याओं का सामना करने की शक्ति प्रदान करती है। दया धर्म का मूल्य है, दयालु व्यक्ति ईश्वर के सबसे नजदीक होता है लेकिन जिसमें दयालुता नहीं उसे इंसान होने का हक नहीं। दयालु व्यक्ति सभी के मन को मोह लेता है और वह लोकप्रिय बन जाता है। श्री राम के मन में भी सदा ही सभी के प्रति दयालुता का भाव रहा।

आदर्श मित्र और आज्ञाकारी पुत्र का निभाया दायित्व

दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में उपस्थित धर्मप्रेमी भाई-बहनों को संबोधित करतीं बीके सीता बहनजी।
ब्रह्माकुमारी बहनजी ने, प्रभु श्री राम के जीवन आदर्शों को सरल-सहज तरीके से समझाते हुए बताया, लोगों के हृदय में वही राज कर सकता है जिसमें नेतृत्व करने की कला हो। एक अच्छा लीडर वही होता है जो सबको साथ लेकर चले। सभी के सुख-दुख में सहभागी हो। जिस घर में भाइयों में एकता, आपसी विश्वास, प्रेम, सम्मान का भाव होता है वह परिवार दुनिया की हर समस्या का सामना कर सकता है। एकता में ही विजय है, एकता आपस में जोड़ती है। श्री राम का अपने भाइयों से अपार स्नेह और प्रेम था, जो उन्हें आपस में जोड़े रखा। आज हर कोई अच्छा मित्र चाहता है लेकिन खुद किसी का अच्छा हितेषी और विश्वासपात्र मित्र नहीं बनता। श्री राम ने केवट, सुग्रीव, निषादराज और विभीषण से मित्रता निभाई और सदा उन्हें संकटों से उबारा। श्री राम ने एक आज्ञाकारी पुत्र का दायित्व भी निभाया। पिता के वचन की लाज रखने के लिए राजसत्ता छोड़कर पूरे 14 वर्ष वनवास का कठिन और दुर्गम रास्ता खुशी-खुशी चुना लिया। आपने उपस्थित जनों का आव्हान करते हुए कहा इस महान अवसर पर हम सभी श्री राम के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेकर अपना जीवन मर्यादा से संपन्न बनाएं। कार्यक्रम के अंत में अयोध्या में रामलाला के भव्य मंदिर में विराजमान होने के उपलक्ष पर सभी भाई-बहनों ने दीप प्रज्जवलित करके उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सद्भावना प्रमुख रामेश्वर प्रसाद एवं अन्य धर्मप्रेमी उपस्थित थे।

खजुराहो संसदीय क्षेत्र-08 : सांसद वीडी शर्मा ने क्षेत्र को सिर्फ लूटने का काम किया, कुछ देने का काम नहीं किया : संजय यादव

0
पन्ना के सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त खजुराहो लोकसभा प्रभारी एवं पूर्व विधायक संजय यादव। (मध्य में)

*     कांग्रेस के लोकसभा प्रभारी ने खजुराहो सांसद पर बोला करारा हमला

*     डबल इंजन की सरकार में एक भी ऐसा काम नहीं कराया जिसे उपलब्धि के तौर पर बता सकें

*     40 करोड़ की सांसद निधि को क्षेत्र के विकास में ईमानदारी से नहीं किया खर्च

*     पूर्व खनिज मंत्री पर निशाना साधते हुए बताया रेत माफियाओं का संरक्षणदाता

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) केन्द्र व मध्य प्रदेश में दोनों जगह भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार है, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद वीडी शर्मा सेकेण्ड सीएम माने जाते हैं, लेकिन इसके बाद भी पांच साल में सांसद ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक भी ऐसा काम नहीं कराया जिसे वह अपनी उपलब्धि के तौर पर बता सकें। सांसद वीडी शर्मा ने खजुराहो संसदीय क्षेत्र को सिर्फ लूटने का काम किया है, कुछ भी देने का काम नहीं किया है। उन्होंने अपनी सांसद निधि भी किसी गांव में खर्च नहीं की, फिर पांच वर्ष की सांसद निधि के करीब 40 करोड़ रुपए कहां चले गए ? यह बड़ा महत्वपूर्ण सवाल है। लेकिन कोई आवाज़ इसलिए नहीं उठाता क्योंकि वीडी शर्मा की सरकार है। वह आवाज उठाने-विरोध करने वालों को झूठे केस में फंसा देते या फिर पिटाई करवा देते हैं, यही उनका असली चरित्र है। राजनीति में आने के बाद से वीडी (विष्णु दत्त शर्मा) ने सिर्फ दो ही काम किए गुंडागर्दी और लूट। यह गंभीर आरोप कांग्रेस के नवनियुक्त खजुराहो लोकसभा प्रभारी एवं बरगी के पूर्व विधायक संजय यादव ने लगाए हैं। खजुराहो संसदीय क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद बीते दिवस पन्ना पहुंचे श्री यादव ने क्षेत्र में की बदहाली, जनता की उपेक्षा, अराजकता और बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों पर क्षेत्रीय सांसद वीडी शर्मा को आड़े हाथों लेते हुए उन पर जमकर हमला बोला।
विष्णु दत्त शर्मा, सांसद खजुराहो संसदीय क्षेत्र।
कांग्रेस के नवनियुक्त लोकसभा प्रभारी संजय यादव ने स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा में खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) पर कटाक्ष करते हुए कहा- उनको अपने निर्वाचन क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी नहीं है, यह भी पता नहीं कौन सा गांव कहां पर स्थित है? असल में वह यदा-कदा ही क्षेत्र के भ्रमण पर आते है, और जब भी आते हैं तो सांसद महोदय का दौरा सूबे के सीएम की तर्ज पर होता है। इसलिए जमीनी स्थिति से रूबरू नहीं पाते। लोकसभा प्रभारी श्री यादव ने कहा, मुझे बड़ा आश्चर्य होता है केन्द्र में और राज्य दोनों ही जगह भाजपा की सरकार होने के बाद भी खजुराहो सांसद अपने क्षेत्र में सिंचाई के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं करा पाए। रोजगार की भी कोई व्यवस्था नहीं, शिक्षा और चिकित्सा की हालत भी बदतर है। इन पांच सालों में सांसद की कोई उपलब्धि नहीं है। जनहित या क्षेत्र के विकास का एक भी ऐसा काम नहीं जिसका उल्लेख किया जा सके। दरअसल, वीडी शर्मा जी को विकास कार्य कराने तरीका ही मालूम नहीं और ना ही विकास से उनका दूर-दूर तक कोई लेना-देना है। सांसद के तौर पर विकास के जिन कार्यों को सहजता से कराया जा सकता है, उन कार्यों को भी नहीं किया। पूर्व विधायक संजय यादव ने सांसद वीडी शर्मा के नाकारेपन पर बेहद तल्ख़ टिप्पणी करते हुए कहा कि, “खजुराहो संसदीय क्षेत्र का बड़ा दुर्भाग्य है, इस क्षेत्र को ऐसे सांसद मिले जिन्होंने यहां की जनता को ठगने और लूटने का काम किया है। साथ ही क्षेत्र में दहशत का वातावरण निर्मित किया है।”

भाजपा सांसदों ने किया निराश

कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा, इस संसदीय क्षेत्र (वर्तमान में खजुराहो संसदीय क्षेत्र, पूर्व में दमोह-पन्ना क्षेत्र ) के लोग पिछले 30-35 साल से लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी को अपना पूर्ण समर्थन देकर प्रचंड बहुमत से विजयी बना रहे हैं। इस दौरान केन्द्र में पांच साल तक स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार रही और पिछले 10 साल से मोदी सरकार काबिज है। इतना ही नहीं प्रदेश में भी लगभग 20 साल से भाजपा की ही सरकार है। बावजूद इसके बुंदेलखंड अंचल का यह इलाका विकास की दौड़ में काफ़ी पीछे है। अधिकांश गांवों में बुनियादी सुविधाओं को भी लोग मोहताज हैं। क्षेत्र की बदहाली से पता चलता है कि भाजपा सांसदों ने चुनाव के समय जनता से जो वादे किए उन्हें ईमानदारी से पूरा नहीं किया। भाजपा सांसदों ने इस क्षेत्र के लोगों को निराश किया है। आपने बताया कि, केन्द्र में जब डॉ. मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार थी तब हजारों करोड़ रुपए का विशेष पैकेज बुंदेलखंड के विकास के लिए दिया गया था। लेकिन बुंदेलखंड विशेष पैकेज की राशि को जनता की खुशहाली के लिए खर्च न करके राज्य की भाजपा सरकार ने इसे दोनों हाथों से लूटने का काम किया है।

जनता ने जिताया-ईव्हीएम ने चुनाव हराया

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त खजुराहो लोकसभा प्रभारी एवं पूर्व विधायक संजय यादव।
कांग्रेस के खजुराहो लोकसभा प्रभारी श्री यादव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, मध्यप्रदेश में संपन्न हुए हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की कहीं से भी स्थिति ख़राब नहीं थी। लेकिन यह चुनाव असामान्य चुनाव था, जैसा दिख रहा था वैसा हो नहीं रहा था। मीडिया के ओपीनियन पोल एवं एग्जिट पोल्स, ख़ुफ़िया एजेंसियों की रिपोर्ट और आमजनता खुद भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा कर रही थी। बैलेट पेपर में कांग्रेस 199 सीटें जीती है। कांग्रेस की चुनावी हार के कारणों में ईव्हीएम मशीनों के साथ शराब, रुपया वितरण और सत्ता का दुरूपयोग भी शामिल है। हम लोग जब गांवों में जाते हैं तो लोग पूंछते हैं- “हमारा वोट कहां चला गया, हमने तो बदलाव के लिए कांग्रेस को वोट दिया था।” भाजपा ने विधानसभा में कांग्रेस को हारने के लिए चुनाव में छल-कपट के साथ-साथ ईव्हीएम की तकनीकी लूप-पोल्स का भरपूर उपयोग किया है।

मंत्री के संरक्षण में खुलेआम लुटती रही रेत

लोकसभा प्रभारी संजय यादव ने, पूर्व खनिज मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह का नाम लिए बगैर उन्हें भी निशाने लिया। उन्होंने कहा कि, यहां स्थानीय मंत्री के संरक्षण में खुलेआम बड़े पैमाने पर रेत की लूट की गई। पन्ना से निकलने वाली रेत का अवैध परिवहन पड़ोसी जिलों के लिए किया गया। जिससे शासन को करोड़ों रुपए के राजस्व की क्षति उठानी पड़ी। पिछले चार सालों में पन्ना से जितनी रेत निकाली गई उतना खनिज राजस्व इस जिले को नहीं मिला। जिला खनिज प्रतिष्ठान मद की राशि करोड़ों रुपए की बनती है। इस राशि से विकास के अनेक कार्य कराए जा सकते थे लेकिन डीएमफ (जिला खनिज प्रतिष्ठान मद) की राशि का भी कुछ पता नहीं चलता है।

पांच साल तक सिर्फ पत्र लिखते रहे

कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय यादव ने एक सवाल के जवाब में बताया कि, खजुराहो संसदीय क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मैनें अनेक लोगों से बात की। उनसे मौजूदा सांसद द्वारा कराए गए विकास कार्यों के संबंध में पूंछा। सभी ने एक ही जवाब दिया कि सांसद वीडी शर्मा ने कोई कार्य नहीं कराया। क्षेत्र के दौरे पर भी वह कभी-कभार ही आते हैं। इस दौरान सांसद जी के साथ मुख्यमंत्री की तरह नेताओं और सुरक्षाकर्मियों का काफिला रहता है। क्षेत्र के नागरिक उनसे सहजता से भेंट तक नहीं कर सकते। लोगों ने बताया, विकास के नाम पर सांसद ने पांच साल तक सिर्फ झूठे वादे किए, सपने दिखाए, केन्द्रीय मंत्रियों को पत्र लिखे या फिर दिल्ली में उनसे भेंटकर मांग पत्र सौंपने का काम किया है। किसी भी मांग को पूरा कराने के लिए ठोस पहल नहीं की गई। यहां तक कि घोषणाओं को भी अमलीजामा नहीं पहनाया गया।

कांग्रेस प्रदर्शन कर मांगेगी हिसाब

खजुराहो सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ आंदोलन की रणनीति को लेकर पन्ना के सर्किट हाउस में कांग्रेसजनों से चर्चा करते लोकसभा प्रभारी संजय यादव।
लोकसभा प्रभारी श्री यादव ने बताया कि, खजुराहो संसदीय क्षेत्र के नाकारा-निकम्मे सांसद से पांच साल का हिसाब मांगने के लिए शीघ्र ही पन्ना जिला मुख्यालय सहित समूचे संसदीय क्षेत्र के समस्त विधानसभा मुख्यालयों में कांग्रेस पार्टी के द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें सांसद की लूट, गुंडागर्दी और सांसद निधि के खर्च के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। आमजनता को यह मालूम होना चाहिए कि सांसद ने पांच साल की सांसद निधि कहां खर्च की? इसलिए हम पुरजोर तरीके से यह मांग करेंगे कि “सांसद हिसाब दो, जनता को जवाब दो।” प्रेसवार्ता के दौरान जिला कांग्रेस प्रभारी जीवन पटेल, पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवजीत सिंह, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिव्यारानी सिंह, श्रीमती शारदा पाठक, केशव प्रताप सिंह, पवन जैन, दीपचन्द्र अग्रवाल, मनीष मिश्रा, सेवालाल पटेल, रामकिशोर मिश्रा, वीरेन्द्र द्विवेदी, संजय पटेल, राजबहदुर पटेल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।