* प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनज़र प्रशासन ने तैयारियों का लिया जायजा
पन्ना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 25 दिसम्बर को छतरपुर जिले के खजुराहो में केन-बेतवा लिंक राष्ट्रीय परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। इसके पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 19 दिसम्बर को पन्ना आगमन प्रस्तावित है। जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम एवं सभा के दृष्टिगत आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इस क्रम में कलेक्टर सुरेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सांई कृष्ण एस थोटा ने सोमवार को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना ग्राउण्ड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल में आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित पन्ना भ्रमण के मद्देनजर आवश्यक तैयारियों का जायजा लेते हुए पन्ना कलेक्टर, एसपी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारीगण।
अधिकारीद्वय ने मंच एवं बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, यातायात व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय सहित अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, एसडीएम संजय नागवंशी एवं संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।
जेके सीमेंट फैक्ट्री के गेट के बाहर धरने पर बैठे अमानगंज-सिमरिया क्षेत्र के ग्रामीण।
* लापरवाह वाहन चालक और मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) अज्ञात वाहन की ठोकर लगने से मृत नवयुवक शैलेन्द्र उर्फ शैलू पिता अशोक सेन 25 वर्ष का अंतिम संस्कार शनिवार को बेहद ही ग़मगीन माहौल में गृह ग्राम पगरा थाना अमानगंज में किया गया। सड़क हादसे में शैलेन्द्र की असमय दर्दनाक मौत होने से इलाके में जबरदस्त तनाव फ़ैल गया था। पीड़ित परिजनों और क्षेत्र के ग्रामीण आरोप लगा रहे थे कि, जिस हैवी वाहन की ठोकर लगने से शैलेन्द्र की मौत हुई है वह जेके सीमेंट फैक्ट्री का है। जिले के पगरा ग्राम के नजदीक स्थित जेके सीमेंट फैक्ट्री के मालवाहक वाहनों की भागमभाग के कारण अमानगंज-सिमरिया मार्ग पर आए दिन होने वाले सड़क हादसों में लगातार हो रहीं मौतों को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार 13 दिसम्बर को धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम किया था। इस दौरान जमकर बवाल हुआ। व्यापक जनाक्रोश के मद्देनजर पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए घटना के तीसरे दिन शनिवार 14 दिसंबर को युवक को ठोकर मारने वाले अज्ञात भारी वाहन की पहचान कर उसे जब्त कर लिया।
फाइल फोटो।
पन्ना पुलिस ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर जारी प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया है, सीसीटीव्ही कैमरों को खंगालने पर पाया कि डीजल-पेट्रोल परिवहन करने वाले ऑयल टैंकर से सड़क हादसा हुआ था। पुलिस के अनुसार ऑयल टैंकर क्रमांक सीजी-07-सीए-9693 गुनौर से सागर डिपो जा रहा था, जिसे त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त टैंकर एवं चालक गोवर्धन कुर्मी पिता मंजू कुर्मी निवासी लोटना लोटनी सागर को दस्तयाब कर ट्रक को थाना परिसर अमानगंज में सुरक्षार्थ खड़ा करवाया गया। टैंकर की ठोकर लगने से घायल शैलेन्द्र उर्फ शैलू की ईलाज के दौरान मृत्यु हो जाने पर थाना अमानगंज में मर्ग क्रमांक 93/24 कायम कर प्रकरण को जांच में लिया गया है। इस मामले में पुलिस के द्वारा आरोपी ट्रक चालक एवं वाहन मालिक के विरूद्ध विधि अनुसार वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। सड़क हादसे के लेकर पुलिस की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद जेके सीमेंट प्रबंधन ऑफ रिकार्ड कह रहा है, उक्त ऑयल टैंकर से सीमेंट कम्पनी का नहीं है। लेकिन वह ऑन रिकार्ड कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
बता दें कि, गुरुवार 12 दिसम्बर को रात्रि में लगभग 8 बजे शैलेन्द्र उर्फ शैलू पिता अशोक सेन 25 वर्ष निवासी पगरा थाना अमानगंज रोज की तरह जेके सीमेंट प्लांट में दूध देने के बाद बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में अमानगंज-सिमरिया रोड पर पंचवटी ढाबा के पास अज्ञात वाहन चालक तेज गति एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल चालक शैलेन्द्र को टक्कर मारकर फरार हो गया था। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अमानगंज स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल पन्ना के लिए रेफर कर दिया। लेकिन परिजन घायल को कटनी ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
सड़क हादसे के संबंध में अधिक जानकारी के लिए नीचे दी गई लिंक को क्लिक करें –
शुक्रवार 13 दिसंबर को जब लोगों को कथित तौर यह पता चला कि जेके सीमेंट के वाहन की ठोकर लगने से एक और युवक की दर्दनाक मौत हुई है तो इलाके में भारी तनाव फ़ैल गया। गुस्साए ग्रामीण सीमेंट फैक्ट्री के गेट के सामने युवक का शव रखकर धरने पर बैठ गए थे। ग्रामीण मांग कर रहे थे कि सीमेंट कंपनी मृतक के परिवार को मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और बच्चों की पढाई का पूरा खर्च उठाए।
पुलिस के लाठीचार्ज के विरोधस्वरूप धरने पर गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर चंद लोगों द्वारा नारेबाजी करते हुए फैक्ट्री के गेट को धक्का दिए जाने पर वहां मौजूद भारी पुलिस बल ने भीड़ के ऊपर जमकर लाठियां बरसाईं। पुलिस ने लाठीचार्ज उस समय किया जब मौके पर पहुंचें क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश वर्मा प्रशासनिक अधिकारियों व ग्रामीणों से तेजी से बढ़ते हादसों की रोकथाम को लेकर तत्काल प्रभाव से लागू किए जाने वाले उपायों को लेकर चर्चा कर रहे थे। पुलिस के द्वारा लाठीचार्ज करने से भीड़ उग्र हो गई और पुलिस के ऊपर जवाबी हमला करते हुए पथराव किया गया। पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक झड़प में करीब डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। पुलिस के द्वारा लाठीचार्ज करने से नाराज गुनौर के भाजपा विधायक डॉ. राजेश वर्मा ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए थे। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के काफी मान-मनौव्वल करने साथ ही सड़क हादसों पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर तत्परता से आवश्यक उपाए करने का आश्वासन देने के बाद विधायक वर्मा ने रात्रि में लगभग 8:30 धरना समाप्त किया था।
जेके सीमेंट फैक्ट्री के गेट के बाहर धरने पर बैठे अमानगंज-सिमरिया क्षेत्र के ग्रामीण।
* गुस्साए ग्रामीणों ने सीमेंट प्लांट के सामने शव रखकर किया धरना-प्रदर्शन
* पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प के बाद क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण
* लाठीचार्ज और पत्थरबाजी में करीब डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल
शादिक खान, पन्ना। (www.radarrnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में स्थित जेके सीमेंट फैक्ट्री के खिलाफ शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। कथित तौर पर सीमेंट कंपनी के भारी वाहन की ठोकर से बीती रात 23 वर्षीय एक और युवक की दर्दनाक होने अमानगंज-सिमरिया क्षेत्र में जबरदस्त रोष फ़ैल गया। लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर गुस्साए ग्रामीण शुक्रवार को सीमेंट प्लांट के गेट पर ताला डालकर धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने युवक का शव प्लांट के सामने रखकर दमोह-पन्ना मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। हादसे में मृत युवक के आश्रितों को मुआवजा तथा भारी वाहनों के ट्रैफिक को रात्रि में एंट्री देने सहित अन्य मांगों को लेकर किए गए प्रदर्शन के दौरान जमकर बवाल हुआ।
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से चर्चा करते हुए गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा।
मौके पर पहुंचे गुनौर के भाजपा विधायक डॉ. राजेश वर्मा जब प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से चर्चा कर समझा रहे थे तभी आंदोलित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के अचानक लाठीचार्ज करने पर लोग उग्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। इस पर भी भीड़ शांत नहीं हुई और पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए भागना पड़ा। पुलिस के लाठीचार्ज के कारण हालात बिगड़ने से नाराज भाजपा विधायक ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए। इस हिंसक झड़प में विधायक के सुरक्षाकर्मी, भाजपा नेता, प्रदर्शनकारियों और पुलिसबल समेत करीब डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। देर शाम बमुश्किल बवाल तो थम गया लेकिन माहौल अभी भी काफी तनावपूर्ण बना है।
सीमेंट फैक्ट्री के वाहनों से 25वीं मौत
धरना-प्रदर्शन के चलते जेके सीमेंट फैक्ट्री के बाहर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस जवान।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमानगंज थाना क्षेत्र के पगरा ग्राम निवासी शैलेन्द्र कुमार उर्फ़ शैलू सेन 23 वर्ष रोज की तरह गुरुवार की रात भी जेके सीमेंट प्लांट में दूध देने गया था। दूध की डिलेवरी करने के बाद उसने पगरा के नजदीक स्थित पेट्रोल पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाया और फिर वापस घर के लिए निकल पड़ा। इस दौरान रास्ते में रात्रि करीब 8 बजे कथित तौर जेके सीमेंट कंपनी के भारी वाहन ने उसकी बाइक को ठोकर मार दी। सड़क दुर्घटना में नवयुवक शैलेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोग उसे इलाज के लिए तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अमानगंज ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पन्ना जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। लेकिन परिजन शैलेन्द्र को कटनी ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार 13 दिसंबर की सुबह जब लोगों को सड़क हादसे का पता चला तो इलाके में तनाव फ़ैल गया। गुस्साए लोग दावा करने लगे कि, सीमेंट फैक्ट्री के हैवी वाहनों की ठोकर से होने वाले सड़क हादसों में अब तक 25 लोग असमय कालकवलित हो चुके हैं।
प्लांट के गेट के सामने शव रखकर दिया धरना
एम्बुलेंस वाहन में रखा सड़क हादसे में मृत नवयुवक शैलेन्द्र सेन का शव।
नवयुवक शैलेन्द्र सेन की हृदयविदारक हादसे में असमय मौत होने से आक्रोशित आसपास के कई गांवों के ग्रामीण शुक्रवार को दोपहर में जेके सीमेंट प्लांट पहुंचे और गेट के सामने शव रखकर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। गुस्साए ग्रामीणों ने सीमेंट प्लांट को हमेशा के लिए बंद करने और प्लांट प्रबंधक के खिलाफ जमकर नारे लगाए। प्रदर्शकारियों का आरोप था कि, सीमेंट प्लांट के वाहनों की बेलगाम रफ़्तार और अनियंत्रित ट्रैफिक की वजह से आए दिन हो रहे सड़क हादसों में असमय लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना था कि प्रशासन इन वाहनों की रफ़्तार पर नियंत्रण नहीं लगा पा रहा है जिससे सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस धरना-प्रदर्शन के चलते दमोह-पन्ना स्टेट हाइवे पर दोपहर 2 बजे से लेकर रात्रि 8:30 बजे तक चक्काजाम की स्थिति निर्मित रही।
लाठीचार्ज करने से फूटा गुस्सा
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों पर लाठीचार्ज करते हुए पुलिसकर्मी।
ग्रामीणों के धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर कुछ ही देर बाद सीमेंट प्लांट का गेट पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। नजदीकी अमानगंज थाना, सिमरिया थाना के अलावा जिले के अन्य थानों के पुलिस बल को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी के साथ मौके पर भेजा गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए जेके सीमेंट प्लांट के गेट को धक्का देना शुरू कर दिया। जिससे पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनातनी बढ़ गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन जब ग्रामीण नहीं मानें तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस के द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठी बरसाने से मौके पर भगदड़ मच गई। लाठी के प्रहार से बचने के लिए लोग सड़क पर और खेतों की ओर भागते हुए नजर आए। पुलिस के इस कदम से मौके पर स्थिति बिगड़ गई। भड़के ग्रामीणों ने जवाबी हमला बोलते हुए पुलिस पर जमकर पत्थर बरसाए। हिंसक झड़प में विधायक का सुरक्षाकर्मी, भाजपा नेता, पुलिस जवान और ग्रामीणों समेत डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
नाराज विधायक ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे
पुलिस के लाठीचार्ज के विरोधस्वरूप धरने पर गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा।
धरना-प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश वर्मा भी मौके पर पहुँच गए। विधायक पुलिस अधिकारियों से मांग कर रहे थे कि सीमेंट प्लांट के भारी वाहनों की आवाजाही का समय तय होना चाहिए। जिससे बढ़ते सड़क हादसों को रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों से चर्चा करने के बाद विधायक प्रदर्शनकारी ग्रामीणों को जब यह समझा रहे थे कि उनकी ज्वलंत समस्या का सामधान जल्द से जल्द किया जायेगा तभी अचानक पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। इससे नाराज भाजपा विधायक ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए। विधायक ने इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए पूंछा कि पुलिस ने लाठी चार्ज किसके आदेश पर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थिति को संभालने के बजाए पुलिस ने लाठी चार्ज करके माहौल को बिगाड़ने का काम किया है। देर शाम पुलिस अधिकारियों द्वारा विधायक वर्मा से बात कर सीमेंट फैक्ट्री समेत अन्य भारी वाहनों की गतिसीमा नियंत्रित करने, सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर आवश्यक उपाए करने तथा लाठीचार्ज की जांच करवाने का आश्वासन दिया गया। तब जाकर विधायक ने रात्रि में करीब 8:30 बजे अपना धरना समाप्त किया।
ग्रामीणों ने की मुआवजा और सड़क चौड़ीकरण की मांग
लाठीचार्ज से भड़के ग्रामीणों ने पुलिस के ऊपर पत्थर बरसाए।
जेके सीमेंट प्लांट के हैवी ट्रैफिक की वजह से दमोह-पन्ना मार्ग पर बढ़ते हादसों को लेकर प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों ने मार्ग का चौड़ीकरण करते हुए फोर लाइन में परिवर्तित करने तथा मृत युवक शैलेंद्र सेन के परिजनों को सीमेंट कंपनी से 50 लाख का मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों की मांग है, रास्ते में 2 एम्बुलेंस वाहन तैनात किए जाएं। सिमरिया-अमानगंज के बीच सीसीटीवी कैमरे लगाने, मृतक के परिजनों को प्रदेश सरकार द्वारा पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, पीड़ित परिवार के एक सदस्य को कंपनी में नौकरी और बच्चों की पढाई का पूरा खर्च कंपनी के द्वारा उठाने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर रोजाना पानी का छिड़काव करवाने और सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की है।
शहडोल और मैहर जिले की सीमा पर बाणसागर बांध के बैकवॉटर में स्थित सरसी आइलैंड का विहंगम दृश्य।
* पर्यटकों को मिलेगी बोट क्लब और रेस्टोरेंट जैसी कई सुविधाएं
* प्रकृति की मनोरम सुंदरता के बीच पर्यटकों को होगी आनंद की अनुभूति
शादिक खान, शहडोल।(www.radarnews.in) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 दिसंबर को पर्यटन विभाग द्वारा नवनिर्मित सरसी आइलैंड रिसॉर्ट का उद्घाटन करेंगे। शहडोल जिले में बाणसागर डैम के बैकवाटर पर निर्मित यह रिसॉर्ट प्रमुख पर्यटन स्थल बांधवगढ़ नेशनल पार्क और मैहर के समीप स्थित है। यहां पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए यह एक अनूठा अनुभव होगा। इको-सर्किट परियोजना के तहत विकसित यह स्थल क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रमुख सचिव, पर्यटन और संस्कृति विभाग एवं प्रबंध संचालक, म.प्र. टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि, सरसी आइलैंड रिसॉर्ट में पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। यहां तीन बोट क्लब बनाए गए हैं, जो वाॅटर स्पोर्ट्स के रोमांचक अनुभव का अवसर देंगे। पर्यटकों के ठहरने के लिए 10 इको हट्स तैयार किए गए हैं, जहां से प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया जा सकता है। खाने-पीने के शौकीनों के लिए एक आकर्षक रेस्टोरेंट की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, कॉर्पोरेट और अन्य आयोजनों के लिए प्रकृति के बीच एक आधुनिक कॉन्फ्रेंस रूम भी उपलब्ध होगा। पर्यटकों की सेहत और मनोरंजन का भी ध्यान रखते हुए रिसॉर्ट में जिम, लाइब्रेरी और बच्चों के लिए प्ले एरिया बनाए गए हैं। 14 दिसंबर को होने वाले इस भव्य उद्घाटन के साथ शहडोल और इसके आसपास का क्षेत्र के पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण बन जाएगा।
पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघ के हमले में मृत महिला के शव को लेकर हिनौता गेट से बाहर निकलता एम्बुलेंस वाहन। (फाइल फोटो)
* रेस्क्यू टीम ने हाथियों की मदद से बमुश्किल शव को छुड़ाकर कब्जे में लिया
* पार्क के कोर एरिया में चारा काटते समय महिला पर हमला कर घसीट ले गई थी टाइगर फैमली
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व से बेहद ही हैरान करने वाली और दुखद खबर मिली है। टाइगर रिजर्व के हिनौता गेट के समीप प्रतिबंधित क्षेत्र में चारा काटने गई महिलाओं में से एक को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पन्ना टाइगर रिजर्व से सटे हिनौता सहित आसपास के गांवों के लोग दहशत में हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह 9:30 बजे के करीब टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में हिनौता गांव की आधा दर्जन महिलाएं रोज की तरह चारा काटने गई थी। इसी दौरान अचानक से महिलाओं के सामने तीन बाघ शावक आ गए। बाघ ने एक वृद्धा पर हमला कर दबोंच लिया और फिर उसे घसीटते हुए घने जंगल की तरफ ले गए। इस बीच अन्य महिलाएं अपनी जान बचाकर भाग गईं। जिस समय शावकों ने महिला पर हमला किया, उस समय निकट ही दो जिप्सी वाहन में पर्यटक भी जंगल में मौजूद थे। पार्क के गाइड अरुण यादव को रास्ते में बदहवास स्थिति में मिली महिलाओं ने बताया कि फुलिया बाई पति मंगू साहू 65 वर्ष निवासी हिनौता को बाघ अपने मुंह में दबाकर जंगल की तरफ घसीट ले गए। हमने तीन बाघों को देखा था। इस घटना की सूचना मिलते ही पार्क प्रबंधन में हड़कंप मच गया। हिनौता रेंजर अजीत सिंह जाट ने आनन-फानन हाथियों को स्टॉफ के साथ घटना स्थल की ओर रवाना किया और पुलिस को सूचना दी।
पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में चारा लेने गई महिला की बाघ शावकों के हमले में मौत होने की खबर फैलने के बाद हिनौता गेट के बाहर जुटे ग्रामीण।
पन्ना टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ अधिकारी व रेस्क्यू टीम थोड़ी भी देर बाद मौके पर पहुँच गए। हाथियों की मदद से बाघिन और उसके शावकों को मृत महिला के पास से हटाने का प्रयास गया लेकिन वे अपने शिकार को छोड़ने को तैयार नहीं थे। रेस्क्यू टीम की कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों की मदद से मृतक महिला फुलिया बाई के क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लिया गया। कथित तौर तब तक टाइगर फैमिली महिला का हाथ-पैर और सिर का कुछ हिस्सा खा चुकी थी। पार्क के अधिकारियों की मौजूदगी में महिला के शव को एम्बुलेंस से मझगवां चौकी लाया गया। जहां पंचनमा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि इसके पूर्व पन्ना के समीप स्थित मनकी गांव के एक व्यक्ति पर टाइगर ने हमला किया था। ताजा घटना के बाद से हिनौता गांव सहित वन क्षेत्र से लगे अन्य गांवों में भय और दहशत का माहौल है। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा जंगल में न जाने की सलाह दी है। पन्ना टाइगर रिजर्व की हिनौता रेन्ज के जिस इलाके में टाइगर फैमिली ने महिला को अपना शिकार बनाया वहां एहतियात के तौर कुछ दिनों के लिए पर्यटकों के भ्रमण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
प्रतिबंधित क्षेत्र में नियमित रूप चारा कटती थीं महिलाएं
बाघ के हमले में मृत महिला का पति और परिजन शव बरामद होने के इंतजार में हिनौता गेट के बैठे रहे।
पन्ना टाइगर रिज़र्व के कोर क्षेत्र में सोमवार की सुबह घटित घटना ने हर किसी को गहरी चिंता और हैरानी में डाल दिया है। हिनौता गांव की महिलाएं घास काटने के लिए जंगल के जिस इलाके में गई थीं, वह पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र अंतर्गत आता है। यहाँ अनाधिकृत प्रवेश करना व घास काटना आदि गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित है। बावजूद इसके हिनौता की महिलाएं और ग्रामीण अपने मवेशियों के लिए चारा लेने तथा जलाऊ लकड़ी लेने के लिए नियमित रूप से बिना किसी रोक-टोक के कोर क्षेत्र में जाते हैं। महिला पर बाघ के हमले की घटना ने पन्ना नेशनल पार्क के निगरानी तंत्र की घोर लापरवाही और अंधेरगर्दी को उजागर कर दिया है। बहरहाल घटना की गंभीरता को देखते हुए पार्क प्रबंधन द्वारा सुरक्षा के लिहाज़ आवश्यक एहतियाती कदम उठाये जा रहे हैं। बाघिन व उसके तीनों शावकों की सघन निगरानी शुरू कर दी गई है। अब पार्क प्रबंधन की ओर से इन शावकों की हर गतिविधि पर नजर रखने की बात कही जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
पार्क से सटे गांवों में फैली दहशत
मृत महिला का शव कुछ देर के लिए मझगवां चौकी पर रखकर पुलिस के द्वारा पंचनामा कार्यवाही की गई।
बताया जा रहा है कि बाघिन पी-652 के शावकों ने महिला को अपना शिकार बनाया था। पार्क की हिनौता रेंज की बीट दक्षिण हिनौता कक्ष क्रमांक 535 में जहां यह घटना घटित हुई उस इलाके में बाघिन बाघिन पी-652 काफी समय से शावकों के साथ विचरण कर रही है। बाघ शावकों के द्वारा वृद्ध महिला का शिकार करने की सनसनीखेज़ खबर आने के बाद बड़ी संख्या में हिनौता के ग्रामीण पन्ना नेशनल पार्क के हिनौता गेट के बाहर कई घंटे तक जमा रहे। लोगों ने बताया कि पहले बाघ उनके घर में बंधे हुए मवेशियों को अपना निशाना बनाते थे, इस संबंध में कई बार पार्क के अधिकारियों शिकायत की, लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की, अब बाघ इंसानो को भी अपना शिकार बनाने लगे है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्क प्रबंधन महिला का शिकार करने वाले बाघों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना बना रहा है।
इनका कहना है –
पन्ना टाइगर रिजर्व की क्षेत्र संचालक अंजना सुचिता तिर्की ने बाघ शावकों के हमले में वृद्ध महिला की मौत होने की जानकारी मीडिया को दी।
‘पन्ना टाइगर रिजर्व के पर्यटन जोन में बाघ के हमले से महिला की मौत हुई है। हिनौता गांव के लोग लकड़ी-चारा लेने के लिए जंगल में जाते हैं, उस इलाके में बाघिन पी-652 अपने शावकों के साथ कई दिनों से विचरण कर रही है। इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए सतत रूप से निगरानी सुनिश्चित करेंगे और उड़नदस्ता टीम भी पेट्रोलिंग करेगी। पीड़ित परिवार को नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है।’
अंजना सुचिता तिर्की, क्षेत्र संचालक, पन्ना टाइगर रिजर्व।
खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (KIFF) के मंच पर अपनी सुमधुर आवाज का जादू बिखरते हुए युवा प्रतिभाशाली गायिका विदुषी यादव।
* महोत्सव में मौजूद रहीं फिल्म जगत की जानी-मानी हस्तियां
* प्रस्तुति से पहले विदुषी बोलीं- मेरे लिए यह बेहद ख़ास और गर्व का पल’
पन्ना। हीरों की नगरी पन्ना की उभरती हुई गायिका विदुषी यादव ने खजुराहो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (KIFF 2024) के मंच पर अपनी सुरमई प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। उनकी दिलकश आवाज़ और मनमोहक अंदाज ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विदुषी की प्रस्तुति को न केवल दर्शकों का प्यार मिला, बल्कि मंच पर मौजूद जानी-मानी हस्तियों और कला प्रेमियों ने भी उनकी प्रतिभा की भरपूर सराहना की।
आयोजन में शामिल जानी-मानी हस्तियां
खजुराहो फिल्म महोत्सव एक ऐसा मंच है, जो भारतीय कला और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाता है। इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश-विदेश की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। विदुषी के शानदार प्रदर्शन के बाद महोत्सव के आयोजक श्री राजा बुंदेला जी ने उनकी गायन प्रतिभा को सराहा और उन्हें भारतीय संगीत की धरोहर बताया। उन्होंने कहा, “विदुषी जैसे युवा कलाकार भारतीय संगीत के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक हैं।”
विदुषी ने अपनी सफलता का श्रेय गुरु को दिया
इस मौके पर विदुषी ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी संगीत गुरु धनलक्ष्मी शर्मा मैम को दिया, जो निजानंद संगीत विद्यालय से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा, “मेरे हर सुर, हर ताल में मेरी गुरु धनलक्ष्मी मैम का योगदान है। उन्होंने मुझे संगीत की बारीकियों से अवगत कराया और मुझे इस काबिल बनाया कि मैं आज यहां खड़ी हूं। उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन के बिना यह सब संभव नहीं था।”
सुर साधना से जिले का नाम करूंगी रोशन
अपनी खुशी जाहिर करते हुए विदुषी ने कहा, “यह मेरे जीवन का बेहद खास और गर्व का पल है। इस मंच पर प्रदर्शन करना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है। मैं राजा बुंदेला जी और इस आयोजन से जुड़े सभी लोगों की आभारी हूं, जिन्होंने मुझे यह मौका दिया। यह पल मेरे लिए प्रेरणा है और मैं अपने संगीत से अपने क्षेत्र और देश का नाम रोशन करती रहूंगी।” विदुषी यादव ने अपने संगीत के माध्यम से न केवल अपने जिले पन्ना का नाम रोशन किया, बल्कि यह साबित किया कि भारतीय संगीत का भविष्य प्रतिभाशाली युवा कलाकारों के हाथों में सुरक्षित है।
केन्द्रीय विद्यालय पन्ना के छात्र-छात्राओं ने बैगलेस डे कार्यक्रम के तहत कलेक्टर कार्यालय का भ्रमण कर कलेक्टर सुरेश कुमार से भेंट की।
* कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य निर्माण के लिए दी उपयोगी सलाह
पन्ना। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय पन्ना के विद्यार्थियों ने गत दिवस कलेक्टर सुरेश कुमार से भेंट कर प्रशासनिक कार्यों एवं गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा शिक्षकों की मौजूदगी में जिला कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया गया। प्राचार्य अमित दाहिया के मार्गदर्शन में विद्यालय प्रबंधन द्वारा नवीन शिक्षा नीति के बैगलेस डे कार्यक्रम के तहत कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को कलेक्टर कार्यालय का भ्रमण कराया गया।
कलेक्टर श्री कुमार ने कलेक्टर कक्ष में छात्र-छात्राओं से संवाद कर शैक्षणिक एवं खेलकूद गतिविधियों की जानकारी ली और कैरियर एवं बेहतर भविष्य निर्माण के लिए महत्वपूर्ण व उपयोगी सलाह दी। विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया गया, साथ ही समय प्रबंधन का पालन कर उपलब्ध संसाधनों के सदुपयोग से आगे बढ़ने की सीख भी दी। विद्यार्थियों ने भी जिला कलेक्टर से उत्साह व धैर्यपूर्वक संवाद कर पाठ्येत्तर एवं एकेडमिक क्रियाकलापों की जानकारी साझा की। विद्यार्थियों ने कलेक्ट्रेट परिसर के अन्य जिला कार्यालयों का भ्रमण कर विभागीय कार्यप्रणाली को समझा।
* पुलिस की मौजूदगी में दूध का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा भोपाल
शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) शहर के अस्पताल चौराहा के समीप छतरपुर दूध डेयरी के नाम से बिना पंजीयन संचालित हो रहे बीएमसी (Bulk Milk Chilling) सेंटर का खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण कर दूध का सैंपल लिया है। शुक्रवार को की गई इस कार्यवाही के दौरान दुग्ध प्रशीतलीकरण केंद्र (BMC Center) पर उपस्थित व्यक्ति अनुज यादव द्वारा कार्यवाही में अपेक्षित सहयोग नहीं किया गया और विभिन्न तरीकों से खाद्य सुरक्षा अधिकारी (FSO) राजेश राय व टीम को डरा धमकाकर कार्रवाई न करने का दबाव बनाया गया। दूध डेयरी में खाद्य कारोबार करने संबंधी एफएसएसएआई पंजीयन अथवा लाइसेंस मांगने पर अनुज के द्वारा डेयरी मालिक छोटेलाल यादव से एफएसओ राय की मोबाइल फोन पर बात करवाई। डेयरी मालिक ने लाइसेंस व्हाट्सएप पर भेजने का भरोसा दिलाया लेकिन काफी देर तक कुछ भी नहीं भेजा।
निरीक्षण के दौरान निर्मित तनावपूर्ण स्थिति के मद्देनजर टीम ने वस्तुस्थिति के बारे में पन्ना एसडीएम और तहसीलदार को सूचित कर पुलिस बल की मौजूदगी में जरूरी कार्यवाही संपादित की। प्रतिष्ठान से मौके पर ही 2 हजार लीटर संग्रह दूध का नमूना लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया। दूध डेयरी के नाम पर संचालित बीएमसी सेंटर में खाद्य कारोबार करने संबंधी एफएसएसएआई (FSSAI) पंजीयन अथवा लाइसेंस भी नहीं मिला। उल्लेखनीय है कि पन्ना में बिना लाइसेंस के उक्त बीएमसी सेंटर खाद्य सुरक्षा अधिकारी कार्यालय के ही नजदीक धड़ल्ले से संचालित हो रहा था। यहां दूध और दूध से निर्मित अन्य उत्पाद बेंचे जा रहे थे। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लाइसेंस प्राप्त करने तक प्रतिष्ठान को पूर्णतः बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय अध्यक्ष, कांग्रेस पार्टी।
* कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उठाई मतपत्र वापसी की मांग
* बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा- उस वक्त आपको मालूम होगा आपकी हालत क्या है?
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने मतपत्रों से चुनाव कराने की मांग प्रमुखता से उठाई है। मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर सवाल उठाते हुए बैलेट पेपर (मतपत्र) से चुनाव कराने की मांग की है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को ईवीएम अपने पास रखने दीजिए। हमें ईवीएम नहीं चाहिए, हमें मतपत्र पर मतदान चाहिए। तब पता चलेगा कि भाजपा की स्थिति क्या है और वे कहां खड़े हैं। मतपत्र की वापसी के लिए उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर देशव्यापी जन जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैं जो कहना चाह रहा हूं उसे हमारे विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी मानते हैं। जितनी भी शक्ति लगाकर एससी-एसटी, ओबीसी, गरीब तबके के लोग, छोटे समुदाय के लोग जो अपना वोट दे रहे हैं वो वोट फिजूल (बर्बाद) जा रहा है। हमको ईवीएम नहीं चाहिए। बैलेट पेपर से वोटिंग होनी चाहिए। सभी को एकजुटता के साथ मतपत्र से मतदान की मांग करनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि भाजपा को ईवीएम अपने पास रखे या पीएम मोदी के घर में रहने दो या अमित शाह के घर में रहने दो। अहमदाबाद में बहुत सारे गोदाम बने हैं, वहां ले जाकर रख लेने दो। हमें ईवीएम नहीं चाहिए, हमें मतपत्र पर मतदान चाहिए। उन्होंने बीजेपी पर तंज कस्ते हुए कहा कि उस वक्त आपको मालूम होगा कि तुम्हारी (भाजपा) की हालत क्या है और कहां खड़े हैं? खड़गे ने कहा कि कांग्रेस को मतपत्र वापसी के मुद्दे पर सभी को जागरूक करने के लिए अभियान शुरू करना चाहिए। हमें मतपत्र की वापसी की मांग करनी चाहिए। इसके लिए हम अन्य राजनीतिक दलों से भी बात करेंगे। और राहुल गांधी के नेतृत्व में जैसे भारत जोड़ो यात्रा निकली थी, वैसे ही बैलेट पेपर से चुनाव के लिए एक देशव्यापी जागरूकता अभियान चलाएंगे।
भाजपा नफरत फैलाकर लोगों को बांटती है
संविधान रक्षक अभियान कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जाति जनगणना करवाने से डरते हैं क्योंकि तब हर कोई अपना हिस्सा मांगेगा और उस स्थिति में मोदी को अहमदाबाद भागना पड़ेगा। उन्होंने सवाल उठाते कहा, अगर प्रधानमंत्री देश में एकता चाहते हैं तो वे और उनकी पार्टी देश में नफरत फैलाना बंद कर दे। भाजपा के नेता कह रहे हैं कि बटेंगे तो कटेंगे, लेकिन देश को कौन बांट रहा है? यह वे लोग हैं जो नफरत फैलाकर, लोगों को गुमराह करके और धर्म के नाम पर लोगों को बांटकर देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं।
विजयपुर सीट उपचुनाव में पराजित बीजेपी प्रत्याशी मंत्री रामनिवास रावत और कांग्रेस के विजयी प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा।
* विजयपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा 7364 मतों से जीते
* शिवराज के गढ़ बुधनी में भाजपा उम्मीदवार भार्गव को 13901 वोट से मिली जीत
भोपाल।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटों विजयपुर और बुधनी में हुए उपचुनाव के नतीजे आज आ गए। सूबे की दो सीटों में से एक पर भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। बीजेपी ने श्योपुर जिले की हाई प्रोफाइल विजयपुर सीट पर वन मंत्री रामनिवास रावत पर भरोसा जताते हुए चुनावी समर में उतारा था। हालांकि, उनको इस प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा। इस सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार मुकेश मल्होत्रा ने जीत दर्ज कराई है। रावत को कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा ने 7 हजार से अधिक मतों के अंतर से मात दी है। वहीं सीहोर जिले की बुधनी सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता रहा है। यहां हुए उपचुनाव में बीजेपी अपने गढ़ को अभेद रखने में एकबार फिर कामयाब रही। बुधनी से भाजपा के रमाकांत भार्गव ने कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल पर 13 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज कराई है। विजयपुर सीट पर मिली जीत ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी में जोश भरने का काम किया है।
बता दें मध्य प्रदेश की दोनों सीटों विजयपुर और बुधनी में हुए उपचुनाव में कांग्रेस और बीजेपी दोनों पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दी थी। बुधनी विधानसभा सीट पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने और विजयपुर में कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत ने पाला बदलकर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसलिए इन दोनों ही सीटों पर उपचुनाव कराने पड़े। कांग्रेस के टिकट पर विजयुपर विधानसभा सीट से 6 बार चुनाव लड़कर विधायक चुने गए रामनिवास रावत ने लोकसभा चुनाव 2024 में मुरैना लोकसभा के लिए टिकट नही मिलने पर पार्टी से किनारा कर लिया था। कांग्रेस छोड़कर वह बीजेपी में शामिल हो गए, लेकिन रामनिवास रावत का यह दांव उनके काम नहीं आया और जिस विजयपुर ने उन्हें 6 बार अपना विधायक चुना, लेकिन पाला बदलने पर जनता ने उन्हें पटखनी देने में जरा भी देर नहीं लगाई। मंत्री बनाने के बाद भी रावत के चुनाव हारने से बीजेपी, मोहन सरकार और खुद उनकी छवि धूमिल हुई है।
बुधनी में भाजपा की जीत
बुधनी विधानसभा सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता रहा है। यह सीट पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की परंपरागत सीट रही है। उनके लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने पर बुधनी सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी ने पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव को चुनावी मैदान में उतारा था। यहां उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के रमाकांत भार्गव और कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के बीच था। चुनाव आयोग द्वारा शनिवार को घोषित नतीजों के अनुसार बीजेपी प्रत्याशी भार्गव ने कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार को 13901 वोटों से शिकस्त दी है। उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी रमाकांत भार्गव को 107478 वोट मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल को 93577 वोट प्राप्त हुए। बुधनी विधानसभा उपचुनाव में 21 उमीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे थे।
विजयपुर सीट पर किसे कितने मत मिले
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार विजयपुर उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश मल्होत्रा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी मंत्री रामनिवास रावत को 7364 मतों के अंतर से पराजित किया। उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मल्होत्रा को 100469 वोट मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी रावत 93105 मतों पर सिमट गए। विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में 12 प्रत्याशी मैदान में थे।