Home Blog Page 216

बुलडोजर चलवाकर 5 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया

0
वनभूमि पर अतिक्रमण कर बनाये गए मकानों को ध्वस्त करता बुलडोजर।

पन्ना जिले की पवई रेंज अंतर्गत पड़रहा बीट में हुई कार्रवाई

बाँध प्रभावित लाखों का मुआवजा लेकर वन भूमि में बना रहे थे मकान

पन्ना। रडार न्यूज  तेजी से उजड़ते जंगल और सिकुड़ती वन भूमि को पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से बचाये रखना वर्तमान समय में बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। तमाम विषम परिस्थितियों और व्यवहारिक कठिनाईयों से जूझते हुए वन विभाग के कतिपय अधिकारी-कर्मचारी वन और वन्यजीवों के संरक्षण के अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ कर रहे हैं। पन्ना जिले के दक्षिण वन मंडल की पवई रेंज अंतर्गत पड़रहा बीट की पांच हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई ऐसी ही एक ईमानदार कोशिश है। पवई रेंजर शिशुपाल अहिरवार के नेतृत्व में की गयी इस कार्यवाही की जितनी भी सराहना की जाये शायद वह कम है। इसकी वजह दरअसल यह है कि भारी दबाब-तनाव के बीच वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्यवाही को बड़ी ही सूझबूझ और संवेदनशीलता के साथ अंजाम दिया गया। जिससे मौके पर कोई विवाद या खास विरोध की स्थिति निर्मित नहीं हो पाई। । यह वन विभाग की चाक-चौबंद व्यवस्था का ही असर था कि अतिक्रमणकारियों की आंखों के सामने बुलडोजर उनके आधे-अधूरे बने आशियानों को ध्वस्त करता रहा लेकिन किसी ने भी इसमें बाधक बनना उचित नहीं समझा। इतना ही नहीं सभी अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध बकायदा भारतीय वन अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण भी पंजीबद्ध किया गया है।

रोकने के बाद भी जारी रखा अतिक्रमण

अपना गृहस्थी का सामान समेटते अतिक्रमणकारी।

उल्लेखनीय है कि पड़रहा ग्राम के पवई मध्यम सिंचाई परियोजना प्रभावित 30-35 ग्रामीणों को उनकी भूमि के अधिग्रहण के एवज में लाखों का मुआवजा मिला है। इनका विस्थापन समीपी ग्राम बिसानी के राजस्व क्षेत्र में किया गया था। बाबजूद इसके उक्त ग्रामीणों द्वारा पवई रेंज अंतर्गत पड़रहा बीट के कक्ष क्रमांक पी-701 में अवैध कब्जा कर झोपड़ी और मकानों का निर्माण कर स्थाई अतिक्रमण किया जा रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए पवई रेंजर शिशुपाल अहिरवार द्वारा समस्त अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध 27 जुलाई 2018 को सर्वप्रथम नियमनुसार वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त करने हेतु नोटिस जारी किये गए। लेकिन इनके द्वारा अतिक्रमण करना बंद नहीं किया गया। तत्पश्चात डीएफओ को इसकी जानकारी देते हुए उनके निर्देशन में कार्यवाही हेतु एक दल गठित किया गया। साथ ही पुलिस से भी अतिक्रमण हटाने में सहयोग मांगा गया।

लकड़ी जप्त कर बनाये प्रकरण

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में शामिल वन विभाग का अमला।

रविवार 5 अगस्त को पूरी तैयारी के साथ रेंजर शिशुपाल अहिरवार बुलडोजर लेकर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और अतिक्रमणकारियों को गृहस्थी का सामान निकालने का मौका देते हुए कुछ ही देर बाद उनके मकानों और झोपड़ियों पर बुलडोजर चलवाकर उन्हें ध्वस्त करवा दिया। अतक्रमणकारियों द्वारा झोपड़ी बनाने के लिए जंगल से काटी गई लकड़ियों को जप्त करते हुए उनके खिलाफ वन अपराध के प्रकरण पंजीबद्ध किये गए। समस्त कार्यवाही की वीडियोग्राफी-फोटोग्राफी कराते हुए पड़रहा बीट की 5 हेक्टयर वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया । इस कार्यवाही में दक्षिण वन मंडल पन्ना की पवई , मोहन्द्रा, शाहनगर और रैपुरा रेंज के वनकर्मी शामिल रहे।

बालरंग महोत्सव में दिखेगी स्कूली बच्चों की प्रतिभा

0
सांकेतिक फोटो।

शाला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएँ

23 अगस्त से स्कूली बच्चों के लिये बालरंग महोत्सव होगा प्रारंभ 

भोपाल। रडार न्यूज  प्रदेश में स्कूली छात्र-छात्राओं की सृजनात्मक प्रतिभा को विकसित करने के मकसद से स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2018-19 में बालरंग महोत्सव का शैक्षणिक कैलेण्डर जारी कर दिया है। बालरंग महोत्सव के दौरान शाला, विकासखण्ड, जिला, संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। ये प्रतियोगिताएँ इस माह से प्रारंभ होकर आगामी दिसम्बर माह तक चलेंगी। संस्कृत विद्यालय और मदरसा तथा नि:शक्त बच्चों की प्रतियोगिताएँ और योग प्रतियोगिता 23 अगस्त को शाला स्तर, 24 सितम्बर को विकासखण्ड, 26 अक्टूबर को जिला, 5 दिसम्बर को संभाग, 19 दिसम्बर को राज्य और 20 तथा 21 दिसम्बर को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाएंगी।

स्कूली बच्चों के लिये तात्कालिक भाषण, स्व-रचित काव्य-पाठ, सुगम संगीत, वादन, शास्त्रीय नृत्य, एकल अभिनय, चित्रकला, लोक-नृत्य, वेदपाठ, कव्वाली, सुलेख, निबंध लेखन प्रमुख प्रतियोगिताएँ होंगी। जिला शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करें।

प्रदेश में वर्ष 2005 से राष्ट्रीय बालरंग का आयोजन भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय परिसर में निरंतर किया जा रहा है। आयोजन में विभिन्न प्रदेशों के बच्चे लोक-नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ देते हैं। इसके अलावा, बालरंग उत्सव में प्रदेश के पुरस्कृत बच्चों की सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रस्तुतियाँ भी होती हैं।

नौकरी मांगने वाले युवा आज दूसरों को दे रहे नौकरी : मंत्री मिश्र

0
जनसम्पर्क एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने दतिया में रोजगार, स्व-रोजगार हितग्राही सम्मेलन को संबोधित किया।

जनसम्‍पर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने दतिया में बाँटे 13 करोड़

भोपाल। रडार न्यूज   जनसम्पर्क और जल संसाधन  मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने दतिया में आज रोजगार, स्व-रोजगार हितग्राही सम्मेलन में 881 हितग्राहियों को 13 करोड़ 9 लाख रूपये की राशि ऋण और अनुदान के रूप में बांटी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान द्वारा सीहोर जिले के बुधनी में राज्य-स्तरीय समारोह का सीधा का प्रसारण किया गया।

मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में नौकरी मांगने वाले नौजवान खुद अपने उद्योग, व्यवसाय शुरू कर अन्य लोगों को नौकरियां दे रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार ने युवाओं को स्व-रोजगार के लिए पूरे अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करवाकर अपने पैरो पर खड़े होने में मदद की है। कार्यक्रम में योजनावार प्रगति की जानकारी भी दी गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना में 332 प्रकरण में 147 लाख, मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना में 523 प्रकरण में 1038 लाख, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में चार प्रकरण में 68 लाख, मुख्यमंत्री कृषक उद्यमी योजना में 22 प्रकरण में 54 लाख रूपये की राशि मंजूर की गई। कार्यक्रम में विधायक सेवढ़ा प्रदीप अग्रवाल सहित अन्य जन-प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

मैथिली शरण गुप्त जयंती 

जनसम्‍पर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने दतिया में शुक्रवार को देर शाम राष्ट्रकवि श्री मैथिली शरण गुप्त की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रकवि श्री गुप्त राष्ट्र की धरोहर हैं। उनका साहित्य देश भक्ति से ओतप्रोत था। डॉ. मिश्र ने नागरिकों को राष्ट्रकवि रचित ‘पंचवटी’ के कुछ छंद भी सुनाए। उन्होंने प्रतिभावान विद्यार्थियों और महिला मण्डल के सदस्यों को इस अवसर पर पुरस्कृत और सम्मानित किया।

सीएम शिवराज ने खुद को बताया मदारी | बोले, मेरे डमरू बजाते ही हो जाते हैं कई काम

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी में राज्य स्तरीय रोजगार, स्व-रोजगार हितग्राही सम्मेलन को संबोधित किया।

स्व-रोजगार क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने किया सराहनीय कार्य – हेगड़े

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 2150 युवाओं को स्व-रोजगार के लिए दी सहायता

 बुधनी में सम्पन्न हुआ राज्य-स्तरीय रोजगार, स्व-रोजगार हितग्राही सम्मेलन 

भोपाल। रडार न्यूज  प्रदेश के युवाओं के लिए आज चार अगस्त का दिन उपहारों से भरा दिन रहा, जब 2 लाख 84 हजार से ज्यादा  युवाओं का अपना रोज़गार स्थापित करने का सपना पूरा हुआ। सीहोर जिले के बुधनी तहसील मुख्यालय में राज्य स्तरीय रोज़गार, स्व-रोजगार हितग्राही सम्मेलन में 2150 युवाओं ने मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान के हाथों लोन स्वीकृति एवं रोज़गार के आशय-पत्र प्राप्त किये। मुख्यमंत्री ने अन्य योजनाओं के 13 हजार 600 हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वे  ऐसे मदारी हैं, जिनके डमरु बजाते ही बड़े-बड़े बिजली के बिल शून्य हो जाते हैं। वे ऐसे मदारी हैं, जो बच्चों की फीस भरते हैं और मध्यप्रदेश को बदलने के लिये संकल्पित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गरीबी दूर करने का काम किया है। प्रदेश को बीमारू राज्य के कलंक से मुक्त किया है। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश विकसित राज्य बन गया है। अब इसे समृद्ध राज्य बनाने में कोई प्रयास अधूरे नहीं छोड़ेंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में 7.50  लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। इनमें से दो लाख 60 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाया गया है। प्रदेश में अब गरीबी नहीं रहेगी। अगले 4 साल में गरीब झोपड़ी में नही, पक्के घरों में रहेंगे। श्री चौहान ने कहा कि रोजगार देने की नई योजनाएँ बनाई गई हैं। केवल 2 महीने के भीतर प्रदेश में 2 लाख 52 हजार 122 लोगों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिले हैं। बच्चों को विदेशों में नौकरी करने के अवसर भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने का अभियान जारी रहेगा।

गरीबी हटाने में सरकार का हाथ बँटायें

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी में राज्य-स्तरीय रोजगार, स्व-रोजगार हितग्राही सम्मेलन में हितग्राहियों को रोजगार संबंधी आशय प्रमाण-पत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महिलाओं के स्व- सहायता समूहों को हरसंभव सहायता देकर आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल उन्हें शालाओं के गणवेश बनाने और पोषण आहार तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। अब उन्हें 5 करोड़ के बैंक लोन पर गारंटी दी जाएगी और इस पर लगने वाले ब्याज की 3 प्रतिशत राशि अनुदान के रूप में सरकार देगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की जिंदगी बदलना है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि प्रदेश से गरीबी हटाने में सरकार का हाथ बँटाये, सहयोग करें।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं में सीहोर जिले के हितग्राहियों को 84 करोड़ रूपये के हित लाभ का वितरण किया। उन्होंने बुधनी में ई-अस्पताल पोर्टल का शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 10 करोड़ 40 लाख लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। 

हर गाँव में पहुँचेगा कौशल रथ

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी में ई-अस्पताल पोर्टल का शुभारंभ किया।

केन्द्रीय कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने राज्य सरकार के रोजगार निर्माण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में युवाओं को रोजगार देने का मिशन पूरा हो रहा है। युवाओं के सपने साकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था। आज लाखों युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के भरपूर अवसर मिल रहे हैं।

श्री हेगड़े ने कहा कि केन्द्र सरकार का सपना है कि सभी नौजवानों को रोजगार के अवसर मिलें। युवाओं को कौशल संबंधी मार्गदर्शन देने और उन्हें कौशल मिशन से जोड़ने के लिये कौशल रथ तैयार किया गया है, जो मध्यप्रदेश के हर गाँव में पहुँचेगा। इस रथ के माध्यम से युवाओं को मार्गदर्शन दिया जायेगा कि वे पढ़ाई के बाद किस दिशा में आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार मिलकर युवाओं के लिये रोजगार निर्माण का काम कर रहे हैं। इसका एकमात्र उद्देश्य यही है कि हर गाँव से उद्यमी तैयार होना चाहिये।

इस अवसर पर अखिल भारतीय किरार महासभा की अध्यक्षा श्रीमती साधना सिंह चौहान, सीहोर जिले के प्रभारी मंत्री रामपाल सिंह, अपेक्स बैंक के अध्यक्ष रमाकांत भार्गव, मध्यप्रदेश रोज़गार बोर्ड के अध्यक्ष  हेमंत देशमुख, वन विकास निगम के अध्यक्ष  गुरु प्रसाद शर्मा, ज़िला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला बरेठा और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे।

राज्यपाल ने सैनिकों के लिए रवाना किया राखियों का रक्षा रथ 

0
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने भारत रक्षा पर्व के अवसर पर सैनिकों को सरहद पर राखी भेजने वाले रक्षा रथ को रवाना किया।

जाँबाज सैनिकों के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं – राज्यपाल श्रीमती पटेल 

भोपाल। रडार न्यूज    राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने भारत रक्षा पर्व पर सीमा पर तैनात सैनिकों के लिये मध्यप्रदेश की बहनों की ओर से राखी ले जा रहे रक्षा रथ को आज राजभवन से झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्यपाल ने कहा कि मैं बहादुर सैनिकों को सैल्यूट करती हूँ। उनके कारण ही आज हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। रक्षा रथ में बहनों से संग्रहित राखियाँ सीमा पर तैनात सैनिकों को भेजी गईं हैं।

राज्यपाल श्रीमती पटेल ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में समाचार पत्रों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हर कठिन परिस्थिति में जनता और नेताओं का मार्गदर्शन किया है, सजग प्रहरी की भूमिका का निर्वहन किया है। आजादी के बाद भी देश के विकास में समाचार पत्रों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। राज्यपाल ने कहा कि हमारी सेना ने विश्व की बड़ी सेनाओं में अपनी प्रतिष्ठा स्थापित की है। आतंकवाद, नक्सलवाद और पड़ोसी देशों से घुसपैठ तथा अकारण गोलाबारी के बावजूद हमारे सैनिकों के हौसले बुलंद हैं। वो दुश्मनों को करारा जवाब दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सेना की 40 साल पुरानी मांग को पूरा कर उनका हक अदा किया है।

राज्यपाल ने कहा कि रक्षाबंधन भाई को बहन की रक्षा करने का संकल्प याद दिलाता है। सीमा पर तैनात सैनिक भी हमारे भाई हैं। रक्षाबंधन के दिन हजारों, लाखों सैनिक सीमा पर तैनात रहने के कारण अपनी बहनों से राखी नहीं बंधवा पाते। उन्होंने कहा कि देश की सभी बहनों द्वारा राखी भेजने से उनके हौसले बुलंद होंगे।

851 युवाओं को ऋण स्वीकृति पत्र और 808 को मिले नौकरी के लेटर

0
ममता जाटव को ई-रिक्शा की चाबी प्रदाय करतीं मुख्य अथिति मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले व अन्य अथितिगण ।

जिला स्तरीय हितग्राही एवं स्वरोजगार सम्मेलन आयोजित

विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत 4 हजार से भी अधिक हितग्राही हुए लाभान्वित

समूह की महिलाओं को 6 करोड़ से अधिक की राशि चैक द्वारा वितरित

पन्ना। रडार न्यूज    जिला स्तरीय हितग्राही एवं स्वरोजगार सम्मेलन पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्राउण्ड पन्ना में सुश्री कुसुम सिंह महदेले मंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। जिसमें जिलेभर के 851 युवाओं को स्वरोजगार दिलाते हुए बैंक के ऋण स्वीकृति पत्र एवं 808 युवाओं को विभिन्न कम्पनियों में रोजगार दिलाते हुए लेटर ऑफ इन्टेन्ट वितरित किए गए। जिला स्तरीय सम्मेलन के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत 4 हजार से भी अधिक हितग्राही लाभान्वित हुए। तेजस्वनी महिला संघ एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के समूह की महिलाओं को बैंक लिंकेज योजना के माध्यम से 6 करोड़ 87 लाख 60 हजार रूपये की राशि चैक के माध्यम से प्रदाय की गयी। कार्यक्रम में युवाओं को रोजगार-स्वरोजगार दिलाने में उत्कृष्ट भूमिका निभाने वाले विभागीय एवं बैंक के अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान सिहोर जिले के बुधनी में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय प्रदर्शनी लगाई गयी एवं कल्याणकारी योजनाओं संबंधी प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया।

युवाओं को रोजगार-स्वरोजगार दिलाकर समृद्ध राज्य बनाना है- महदेले 
जिला स्तरीय हितग्राही एवं स्वरोजगार सम्मेलन को संबोधित करतीं मंत्री सुश्री महदेले।

इस अवसर पर मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले द्वारा लाभान्ति हितग्राहियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार दिलाकर प्रदेश को समृद्ध राज्य बनाना ही शासन की मंशा है। शासन द्वारा समाज के सभी वर्गो को रोजगार एवं स्वरोजगार दिलाने के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। गरीबों के जीवन से गरीबी का कलंक मिटाने के उद्देश्य से शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में सुख सुविधाएं पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। जिलेवासी भी इन योजनाओं का पात्रता अनुसार लाभ उठाएं और सुखी एवं समृद्ध जीवन का आनन्द लें। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रविराज सिंह यादव ने कहा कि युवा और उनके माता-पिता युवाओं के भविष्य को लेकर बहुत चिंतित रहते हैं। जिसकी वजह सही समय पर समुचित मार्गदर्शन न मिल पाना है। युवाओं को अब घबराने की आवश्यकता नही है क्योंकि यह मार्गदर्शन देने का कार्य प्रदेश शासन द्वारा किया जा रहा है।

युवाओं को सही मार्गदर्शन की आवश्यकता- बागरी

गुनौर विधायक महेन्द्र सिंह बागरी ने कहा कि युवाओं में हुनर की कमी नहीं है। केवल उन्हें अपने कार्य में दक्षता एवं मार्गदर्शन प्रदाय करने की आवश्यकता है। शासन द्वारा रोजगार- स्वरोजगार की अनेकां योजनाएं चलाने के साथ-साथ कौशल उन्नयन के लिए केन्द्र भी चलाए जा रहे हैं। इससे निश्चित ही युवा कार्यकुशल होकर अपनी योग्यता अनुरूप कॅरियर बना सकेंगे। कार्यक्रम में बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि इन स्वरोजगार सम्मेलनों के माध्यम से बाहर की कम्पनियों को जिले में बुलाकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे युवाआें को अन्य प्रदेशों में जाकर रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ता। जिला योजना समिति के सदस्य  सतानन्द गौतम ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम बहुत ही सुखद है। एक साथ बडी संख्या में हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। जिनमें बडी संख्या में माताएं-बहनें भी शामिल हैं। इन सभी को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि आपके द्वारा की गयी पहल ओरों के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत बनेगी। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के लोगों का जीवन बदलने का संकल्प लिया गया है। जिसके परिणाम स्पष्ट दिखाई देने लगे हैं।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जनपद पंचायत पन्ना उपाध्यक्ष अरविंद सिंह यादव ने असंगठित श्रमिकों से बच्चों को शिक्षा शुल्क नहीं लेने के संबंध में जानकारी प्रदाय की। जिला सहकारी प्रेस पन्ना के अध्यक्ष एवं पत्रकार बृजेन्द्र गर्ग द्वारा भी हितग्राहियों को सम्बोधित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं रूपरेखा पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गयी। कार्यक्रम में मंच संचालन परियोजना अधिकारी जिला पंचायत संजय सिंह परिहार द्वारा किया गया। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष माधवेन्द्र सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अशोक चतुर्वेदी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी अरूण पटैरिया, महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र ए.आर. रजक, सहायक प्रबंधक जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र कुलदीप चौरहा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकारबन्धु एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

ई-रिक्शा चलाने वाली जिले की प्रथम महिला बनी ममता

जिला स्तरीय हितग्राही एवं स्वरोजगार सम्मेलन के माध्यम से सुश्री कुसुम सिंह महदेले मंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा नगरपालिका पन्ना अन्तर्गत स्वरोजगार योजना के तहत पन्ना शहर की निवासी ममता जाटव को ई-रिक्शा की चाबी प्रदाय की गयी। जिसके बाद ममता जाटव ई-रिक्शा से आजीविका चलाने वाली जिले की पहली महिला बन गयी हैं। ममता ई-रिक्शा चलाने को लेकर काफी उत्साहित है। मंत्री सुश्री महदेले सहित सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ममता को जिले की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनने पर शुभकामनाएं दी हैं।

चौपाल लगाकर किसानों को बताया सरकार ने खेती को लाभ का धंधा बनाया 

0
भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी।

भाजपा किसान मोर्चा ने 151 ग्राम पंचायतों में लगाई किसान चौपाल

अन्य मोर्चा-संगठनों के कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों ने भी चौपालों में की सहभागिता

पन्ना। रडार न्यूज  विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गईं है। खेती को लाभ का धंधा बनाने और किसानों की आय दोगुनी करने के लिए मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों, उपलब्धियों व संचालित की जा रही योजनाओं की प्रभावी तरीके से जानकारी देने के लिए संपूर्ण मध्यप्रदेश में “किसान चौपाल” कार्यक्रम आयोजित किये गए। इसी क्रम में पन्ना जिले की 151 ग्राम पंचायतों में भाजपा किसान मोर्चा द्वारा किसान चौपाल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इन चौपालों में भारतीय जनता पार्टी के अन्य मोर्चा संगठनों के कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

किसान चौपाल कार्यक्रम के जिला सह प्रभारी एवं किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश सोनी आदिवासी बाहुल्य दूरस्थ पठारी ग्राम बीरमपुरा, सिहारन, बिलपुरा,मैन्हा और सर्रा की चौपालों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों को सरकार की उपलब्धियों, किसान हितैषी निर्णयों, खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को बताया कि प्रदेश और केंद्र सरकार कृषि से होने वाली आय में वृद्धि कर किसान भाइयों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए प्रतिबद्ध है। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पिछले एक साल में किसानों के खाते में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 35 हजार करोड़ रूपए से अधिक की राशि जमा की है। आपने लोगों को सरकार की मंशा समझाते हुए बताया कि हम किसान को इस तरह बेबस और असहाय बनाना नहीं चाहते है कि वह दया की भीख मांगे बल्कि हम चाहते हैं कि किसान को स्वाभिमान के साथ अपने परिश्रमरुपी पसीने की बाजिब कीमत प्राप्त हो। ताकि किसान भाई और उनके परिवार के सदस्य सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।

पवई विधानसभा प्रभारी उमेश सोनी ने ग्रामीणों को बताया कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में कांग्रेस के शासनकाल में किसानों को नाममात्र की राहत राशि मिलती थी, पर शिवराज सरकार ने किसानों के लिए उदारता के साथ सरकारी खजाना खोलते हुए राहत राशि के प्रावधानों में कई गुना वृद्धि की है।किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य दिलाने के लिए भवान्तर योजना चलाई जा रही है।

किसानों की आय दोगुनी करना है प्राथमिकता
महिला कृषकों को सरकार की योजनाओं की जानकारी देतीं भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री अमिता बागरी।

पन्ना जिले के गुनौर विकासखंड के ग्राम बहिरासर एवं महुआखेड़ा में आयोजित चौपाल कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिला मंत्री अमिता बागरी ने कहा कि किसान मोर्चा के पास सर्वाधिक कठिन काम है, मोर्चा सरकार की उपलब्धियों को लेकर चौपालों कि माध्यम से किसानों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश में किसान हितैषी कार्यों की नई इबारत लिखी है। किसान मोर्चा प्रदेश के अन्नदाता और सरकार के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी है। किसानों के लिए आजादी के बाद जो काम होना था, तत्कालीन सरकारें वह नहीं कर पायीं। कांग्रेस किसानों की आमदनी की बात करने से डरती थी। आज केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों की आय दोगुना करने की दिशा में काम कर रहे है। किसानों के लिए हमारी सरकार ने बहुत कुछ किया है और आगे भी किसानों की खुशहाली के लिए काम करती रहेगी।

पन्ना विकासखंड के ग्राम बिलखुरा व सारंग में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनोद तिवारी एडवोकेट ने कहा कि बुन्देखण्ड के हर क्षेत्र के लिए अलग अलग योजनाएं चलाकर मध्यप्रदेश को नंदन वन बनाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही है । उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजा, नवाब और अंग्रेजों ने मिलकर कुल 7.5 लाख हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई की। अकेले भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 14 वर्षों में 40 लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ाया। जिसे आने वाले समय में 80 लाख हेक्टेयर तक पहुंचायेंगे। उन्होंने किसान मोर्चा के आयोजित चौपाल कार्यक्रम को सबसे प्रभावी कार्यक्रम बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के लिए अदभुत काम किए है।

 

 

 

जघन्य अपराधियों को फांसी की सजा दिलवाने वाले पुलिस अधिकारी सम्मानित

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में उत्कृष्ट सेवाओं के सम्मानित मध्यप्रदेश पुलिस एवं अभियोजना प्रभाग के अधिकारी-कर्मचारी और प्रमुख सचिव ग्रह मलय श्रीवास्तव तथा पुलिस महानिदेशक आर.के शुक्ल उपस्थित थे ।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिया सम्मान, सराही कर्तव्यनिष्ठा 

पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र प्रदान किये

भोपाल। रडार न्यूज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं और बेटियों के विरूद्ध जघन्य अपराधों में उत्कृष्ट विवेचना कर अपराधियों को फांसी की सजा दिलाने वाले पुलिस अधिकारियों को आज मुख्यमंत्री निवास परिसर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया। श्री चौहान ने पुलिस अधिकारियों को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुये उनकी कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्वालियर जिले के पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन, वैज्ञानिक अधिकारी अखिलेश भार्गव, डीपीओ अब्दुल नसीम, एडीपीओ अनिल मिश्रा, एडीपीओ  रितेश गोयल, निरीक्षक तत्कालीन थाना प्रभारी कम्पू हॉल अशोकनगर  महेश शर्मा, विवेचक उपनिरीक्षक थाका कम्पू ग्वालियर बी.एल. यादव, प्रधान आरक्षक थाना कम्पू बलवीर सिंह कौरव और प्रधान आरक्षक थाना 1906 थाना क्राईम ग्वालियर  गुलशन सोनकर और जिला इंदौर के उप महानिरीक्षक शहर  हरिनारायणचारी मिश्र, नगर पुलिस अधीक्षक सराफा  हरीश मोटवानी, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी सीन ऑफ क्राईम डॉ. बाबूलाल मंडलोई, जिला अभियोजन अधिकारी मो. अकरम शेख, एडीपीओ  संजय मीणा, निरीक्षक थाना प्रभारी भंवरकुंआ  शिवपाल सिंह, उप निरीक्षक थाना राउजी बाजार  प्रतीक शर्मा, उप निरीक्षक थाना सराफा बुन्देला सिंह सुनेरिया, उप निरीक्षक थाना भंवरकुंआ  रविराज बैस, आरक्षक थाना सराफा  बलराम सिंह, आरक्षक थाना एमजी रोड जवाहर सिंह को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रदेश पुलिस और आभियोजना के अधिकारियों कर्मचारियों को महिलाजन्य अपराधों की रोकधाम में उत्कृष्ट कार्यो के लिये सम्मानित किया।

शिवराज सिंह चौहान ने जिला धार के पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार सिंह, अ.अ.पु मनावर डॉ. आनंद सिंह वास्कले, वैज्ञानिक अधिकारी सुश्री पिंकी मेहरडे, एडीपीओ श्रीमती पद्मा जैन, नगर निरीक्षक श्री संजय रावत, उप निरीक्षक थाना मनावर  ईलापसिंह मुजाल्दे और जिला सागर के तत्कालीन अनु. अधि. खुरई  विक्रम सिंह, वैज्ञानिक अधिकारी एफएसएल  पंकज पाटीदार, एडीपीओ दिनेश चंदेल, उप निरीक्षक विवेचक  जितेन्द्र वैष्णव। सागर के ही पुलिस अधीक्षक  सत्येन्द्र कुमार शुक्ल, वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. बृजेश चौधरी, एडीपीओ लोकेश दुबे, निरीक्षक थाना प्रभारी रहली श्री रामअवतार चौरहा, उप निरीक्षक श्री दशरथ प्रसाद दुबे, उप निरीक्षक श्रीमती प्रीति जैन, शहडोल के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक सुशांत कुमार सक्सेना, लोक अभियोजन अधिकारी  विश्वजीत पटेल, वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. एस.पी. सिंह, एडीपीओ एम.आर. खान निरीक्षक थाना प्रभारी  कमलेन्द्र सिंह कर्चुली, उप निरीक्षक थाना कोतवाली सुश्री रजनी नागभिरे, मंदसौर जिले के पुलिस अधीक्षक  मनोज सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  सुंदर सिंह कनेश, नगर पुलिस अधीक्षक  राकेश मोहन शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक महिला अपराध सुश्री लक्ष्मी सेतिया, वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. चंदना अंजना, एडीपीओ नीतेश कृष्णन, निरीक्षक थाना प्रभारी पिपलिया मण्डी कमलेश सिंगार, निरीक्षक थाना प्रभारी अजाक श्रीमती पुष्पा सिंह चौहान, उप निरीक्षक  सुरेन्द्र सिसोदिया, आरक्षक थाना कोतवाली  कमलपाल, दमोह जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक मनभरण प्रसाद प्रजापति, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी श्रीमती किरण सिंह, उप संचालक अभियोजन वीर सिंह राजपूत, निरीक्षक थाना प्रभारी कोतवाली अरविंद सिंह, प्रधान आरक्षक  राजेन्द्र मिश्रा, आरक्षक मनीष गंधर्व, आरक्षक गोविंद अवस्थी को उत्कृष्ट सेवाओं के लिये सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने सतना जिले के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक राजेश हिंगणकर, पुलिस अधीक्षक  संतोष सिंह गौर, अनु. अधि. नागौद सुश्री किरण किरो, डीपीओ  गणेश पाण्डे, वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी परसमनिया थाना उचेहरा सुन्दर लाल रावत और एसएफएल सागर के निदेशक डॉ. हर्ष शर्मा, इंचार्ज डीएनए यूनिट एसएफएल सागर डॉ. अनिल कुमार सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डीएनए यूनिट एसएफएल सागर डॉ. पंकज श्रीवास्तव को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिये सम्मानित किया।

खंडवा से भोपाल तक युवाओं ने की 600 किमी की साइकिल यात्रा

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को शिवाभार यात्रा के युवाओं ने मुख्यमंत्री निवास में सम्मान किया।

गरीबों की जिंदगी का अंधेरा दूर कर रही संबल योजना 

शिव आभार साईकिल यात्रा के समापन में बोले शिवराज 

भोपाल। रडार न्यूज   मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हम जनता की जिंदगी बदलने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। प्रदेश को बदलने, बच्चों का भविष्य निखारने, किसानों को पसीने की कीमत दिलाने, गरीब की जिंदगी को बेहतर बनाने और सबको न्याय दिलवाने के लिये दुनिया में जो कहीं नहीं हुआ, वह प्रदेश में करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में शासकीय अनुदान और सहायता की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 33 हजार करोड़ रूपये किसानों के बैंक खातों में जमा करवाये गये हैं। श्री चौहान आज मुख्यमंत्री निवास में शिव आभार साइकिल यात्रा समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिवाभार यात्रा के युवाओं को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गरीबों की जिंदगी का अंधेरा दूर करने के लिये संबल योजना संचालित की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का बजट पहले भी होता था, किन्तु कभी भी किसानों को सरकार से इतनी मदद नहीं मिली। श्री चौहान ने कहा कि कुनबी पटेल समाज आभार के लिये आया है, यह अत्यंत हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि कुनबी पटेल समाज का स्नेह अनमोल है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को प्राप्त कराने के लिये समाज प्रयास करे। उल्लेखनीय है कि शिव आभार यात्रा 29 जुलाई को खंडवा से प्रारंभ हुई थी। यह 6 दिवसीय यात्रा खंडवा से गांव-गांव होते हुए आज भोपाल पहुँची। खंडवा से भोपाल की 600 किमी की साइकिल यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। समाज में सकारात्मकता का प्रसार किया।

आज रोजगार से जुड़ेंगे 2 लाख 84 हजार बेरोजगार

0
शिवराज सिंह चौहान।

बुधनी स्व-रोजगार मेला में शामिल होंगे मुख्यमंत्री चौहान 

सभी जिलों में आयोजित होंगे स्व-रोजगार मेला 

भोपाल। रडार न्यूज    मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 4 अगस्त को सीहोर जिले के बुधनी तहसील मुख्यालय पर आयोजित स्व-रोजगार मेला में शामिल होंगे। प्रदेश के सभी जिलों में इसी दिन स्व-रोजगार मेला आयोजित किये जायेंगे। जिला-स्तरीय स्व-रोजगार मेला  में विधानसभा अध्यक्ष और मंत्रि-परिषद के सदस्य शामिल होंगे।

स्व-रोजगार मेला में प्रदेश के 2 लाख 84 हजार बेरोजगारों को रोजगार/स्व-रोजगार से जोड़ा जायेगा। विभिन्न कम्पनियों द्वारा एक लाख 24 हजार युवाओं को लेटर ऑफ इंटेंट दिये जायेंगे। इसी के साथ प्रदेश की विभिन्न स्व-रोजगार योजनाओं में 60 हजार हितग्राहियों और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में एक लाख हितग्राहियों को लोन के स्वीकृति-पत्र वितरित किये जायेंगे। 

गौरतलब है कि विभिन्न जिलों में कुल 156 रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग एक लाख 24 हजार युवाओं का रोजगार के लिए चयन किया गया है। सम्मेलन में कंपनियों की माँग को ध्यान में रखते हुए टूरिज्म एण्ड हॉस्पिटेलिटी, टेक्सटाइल, मैनेजमेंट और ब्यूटी एण्ड वेलनेस के लिए भी रोजगार मेले लगाए गए। मेले में सेक्टर स्किल काउंसिल, रिटेल सेक्टर स्किल काउंसिल, इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल, मैनेजमेंट सेक्टर स्किल काउंसिल, टेक्सटाइल्स सेक्टर स्किल काउंसिल, टूरिज्म एण्ड हॉस्पिटेलिटी सेक्टर स्किल काउंसिल, ब्यूटी एण्ड वेलनेस सेक्टर स्किल काउंसिल, पी.डब्ल्यू.डी. सेक्टर स्किल काउंसिल, ऑटोमोटिव सेक्टर स्किल काउंसिल और टेलीकम्युनिकेशन सेक्टर स्किल कांउसिल की सक्रिय भागीदारी रही। इनके अतिरिक्त, सुजुकी मोटर्स गुजरात, ओमेक्स ऑटो लिमिटेड बेंगलुरु, जॉन डियर प्रायवेट लिमिटेड देवास, जुबिलेंट फुटवर्क, ट्राइडेंट ग्रुप बुधनी, वेल्सपन इंडिया गुजरात, ल्यूपिन फार्मास्युटिक्ल्स, आइशर मोटर्स पीथमपुर, परमाली वॉलेस भोपाल और सोम डिस्लरीज रायसेन भी मेलों में शामिल हुए।