Home Blog Page 209

जन्माष्टमी पर सीएम शिवराज सिंह का ऐलान | सजायाफ्त बंदियों को सजा में 30 दिनों की मिलेगी माफी

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर केन्द्रीय जेल, भोपाल में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और कृष्ण जन्मोत्सव में शामिल हुए।

बंदियों के पारिश्रमिक में 10 रुपये प्रति दिन की वृद्धि की जाएगी

मुख्यमंत्री द्वारा इंदौर, सागर में खुली जेलों का लोकार्पण

भोपाल केन्द्रीय जेल में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

भोपाल। रडार न्यूज  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर प्रदेश की जेलों में बंद पात्र सजायाफ्ता बंदियों को सजा में 30 दिन की माफी देने की घोषणा की। उन्होने जेलों में महिला बंदियों को दैनिक उपयोग में लगने वाली वस्तुओं जैसे बिन्दी, चूड़ी, सिन्दूर, हेयरबैंड एवं पुरूष बंदियों के लिये टूथपेस्ट, ब्रश, सेविंग सामग्री प्रदान करने के विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दी। श्री चौहान आज यहां केन्द्रीय जेल भोपाल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इंदौर और सागर में खुली जेलों का ई-लोकार्पण किया। श्री चौहान ने कहा कि दंडित बंदियों के कौशल उन्नयन के लिये कार्य के बदले प्रति दिन प्राप्त होने वाली पारिश्रमिक राशि कुशल बंदियों को 110 रूपये से बढ़ाकर 120 रूपये प्रति दिन एवं अकुशल बंदियों को 62 रूपये से बढ़ाकर 72 रूपये प्रति दिन की जायेगी। पारिश्रमिक दर में नियमित वृद्धि के लिये इसे मूल्य सूचकांक से भी जोड़ा जायेगा।

अपनी सृजनात्मक क्षमता को अभिव्यक्त करें

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शासन जेल विभाग को पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि आदर्श स्थिति तब बनेगी, जब अपराध मुक्त समाज का निर्माण होगा और जेलों की संख्या कम होती जायेगी। उन्होंने कहा कि व्यक्ति आदतन अपराधी नहीं होता। विषम परिस्थितियों और स्वभावगत विकारों के कारण अपराध हो जाता है। हर व्यक्ति में चाहे, वह कैदी ही क्यों न हो, एक सृजनात्मक व्यक्तित्व छुपा होता है, कलाकार छुपा होता है। सृजनात्मक क्षमताओं को अभिव्यक्त करने के लिये आवश्यक वातावरण का निर्माण करना होगा। कैदी जब अपनी सजा पूरी करें, तो जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज में वापस लौटें। केन्द्रीय जेल भोपाल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। बंदियों ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की जोरदार तैयारियां की थीं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का दृश्य मंच पर साकार हो उठा। मुख्यमंत्री, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान, सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग, जेल मंत्री अंतर सिंह आर्य जन्मोत्सव में शामिल हुए।

सशस्त्र गार्ड ने दी सलामी

मुख्यमंत्री को केन्द्रीय जेल भोपाल परिसर में आगमन पर सशस्त्र गार्ड ने सलामी दी। बंदियों की भजन मंडली ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की झाँकी का अवलोकन किया। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर भजन गायन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। पुलिस महानिदेशक जेल संजय चौधरी ने प्रदेश में जेल सुधारों की जानकारी दी। अपर मुख्य सचिव जेल विभाग विनोद सेमवाल ने आभार प्रदर्शन किया।

पोलिंग बूथ मजबूत होने से हांसिल होगा “अबकी बार 200 पार” का टॉरगेट : गोपाल भार्गव

0
पन्ना जिले के देवेंद्रनगर कस्बा में भाजपा के पालक संयोजकों की एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते मंत्री गोपाल भार्गव।

भाजपा के पालक संयोजकों की एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

पार्टी नेताओं ने जमीनी कार्यकर्तों को बताये बूथ मैनेजमेंट के गुर

पन्ना। रडार न्यूज   भारतीय जनता पार्टी के पालक संयोजकों की एक दिवसीय कार्यशाला शनिवार को राज पैलेस देवेंद्र नगर में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के वरिष्ठ मंत्री गोपाल भार्गव द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यशाला के प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होना हमारे लिए गौरव की बात है भारतीय जनता पार्टी एक विशिष्ट राजनीतिक पार्टी है इसका उद्देश्य भारत को समृद्धशाली और शक्तिशाली बनाना है। हम सब राजनीति में समाज के लोगों की सेवा करने का उद्देश्य लेकर आए हैं, इसलिए हम सब की जिम्मेदारी है कि पार्टी को और अधिक मजबूत करें और यह काम सबसे अच्छे तरीके से पार्टी का पोलिंग बूथ पर काम करने वाला कार्यकर्ता करता है। यही कारण है कि पार्टी ने पालक और संयोजक इकाई का गठन किया है। हम सब कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव में काम करना है, चुनाव में ही कार्यकर्ताओं की परीक्षा होती है और इसका परिणाम हमें राजनीति में आगे बढ़ने में सहायक सिद्ध होता है। हम सभी कार्यकर्ता सदैव अपनी योग्यता का विकास करें जिससे हमारा और पार्टी का विकास व विस्तार होगा।

अंत्योदय से ही भारत उदय होगा

कार्यशाला के द्वितीय सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि हमारी सरकार किसान हितैषी सरकार है हमारी सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास किया है। हमारी प्रेरणा है कि अंत्योदय से ही भारत उदय होगा हमारा लक्ष्य अंत्योदय, प्रण अंत्योदय, पथ अंत्योदय है। हमारी सरकार ने जनधन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, मेक इन इंडिया, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ योजना, मुद्रा बैंक योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, कृषि बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं बनाई हैं। हम सब पालक-संयोजकों को घर-घर जाकर बूथ में पार्टी के लिए कार्य करना है और सरकार की जन हितैषी योजनाओं से लोगों को अवगत कराना है। पोलिंग बूथ पर संगठन की पकड़ मजबूत होना ही चुनावी विजय का आधार है, जिससे हम विधानसभा चुनाव में अबकी बार 200 के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।

मतदाताओं से सतत संपर्क करें

भाजपा जिलाध्यक्ष पन्ना सतानंद गौतम ने कहा कि हमारी पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, कार्यकर्ता अपनी क्षमता के आधार पर संगठन में स्थान प्राप्त करता है। सभी पालक-संयोजकों को संगठन के विस्तार के लिए और चुनाव में विजय प्राप्त करने के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हम सब बूथ पर नियमित रूप से प्रवास करें, मतदान केंद्र पर निवासरत मतदाताओं से संपर्क करें और पार्टी के लिए पूर्ण ईमानदारी के साथ काम करें! कार्यशाला का संचालन महामंत्री विवेक मिश्रा द्वारा एवं आभार प्रदर्शन देवेंद्रनगर मंडल अध्यक्ष शिवशंकर द्विवेदी द्वारा किया गया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, जयप्रकाश चतुर्वेदी, विधायक महेंद्र बागरी, बुंदेलखंड प्राधिकरण के उपाध्यक्ष महेंद्र यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष माधवेंद्र सिंह, नगर पालिका परिषद पन्ना के अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, नगर परिषद देवेंद्रनगर के अध्यक्ष शंभू सोनी, गोरेलाल अहिरवार, वरिष्ठ नेता उमेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष संजीत सरकार मंचासीन रहे। कार्यशाला में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश सोनी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, समस्त जिला पदाधिकारी, मोर्चा प्रकोष्ठों के जिला पदाधिकारी, भाजपा मंडल पदाधिकारी एवं ग्राम-नगर केंद्रों के पालक-संयोजक उपस्थित रहे।

एनएमडीसी लिमिटेड हीरा खनन परियोजना में पूर्ण गरिमा के साथ ‘राजभाषा पखवाड़े’ का शुभारंभ

0
दीप प्रज्ज्वलित कर ‘हिंदी पखवाड़े’ का विधिवत शुभारंभ करते हीरा खनन परियोजना प्रबंधन समिति सदस्यगण।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित होंगी विभिन्न प्रतियोगितायें

मझगवां। रडार न्यूज  एनएमडीसी लिमिटेड हीरा खनन परियोजना में शनिवार 1 सितंबर से 14 सितंबर 2018 तक ‘हिंदी पखवाड़े’ का आयोजन किया जा रहा है । इस अवसर पर परियोजना प्रबंधन समिति सदस्यों उप महाप्रबंधक खनन डी. मैति और उप महाप्रबंधक कार्मिक एवं सर्व कार्यभारी अधिकारी राजभाषा बी.के. माधव ने दिनांक 1 सितंबर 2018 को परियोजना के व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र में ‘हिंदी पखवाड़े’ का विधिवत उदघाटन किया । उदघाटन समारोह में परियोजना वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारीगण, श्रमिक संघों के महामंत्री सर्वश्री समर बहादुर सिंह और शहजाद खान, संविदा कर्मचारी और अप्रेंटिस उपस्थित थे ।

कार्यक्रम में मंचासीन अथितिगण।

इस 14 दिवसीय इस कार्यक्रम में परियोजना कर्मचारियों, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, पन्ना के कार्मिकों, गृहिणियों, विद्यार्थियों, ठेका कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं के लिए विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है । ज्ञात हो कि 14 सितंबर, 1949 को भारतीय संविधान के रूपकारों ने संघ की राजभाषा के रूप में हिंदी भाषा को अंगीकृत किया था और इस दिन को यादगार बनाते हुए भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के निर्देशानुसार प्रत्येक वर्ष माह सितंबर की 14 तारीख को केन्द्रीय सरकार के मंत्रालयों, विभागों, सम्बद्ध व अधीनस्थ कार्यालयों, सार्वजनिक क्षेत्रों के उपक्रमों, स्वायत्त निकायों इत्यादि में ‘हिंदी दिवस’ मनाया जाता है । उल्लेखनीय है कि ‘हिंदी पखवाड़े’ के आयोजन का उद्देश्य सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता तथा उसके उत्तरोत्तर प्रयोग में गति लाना है।

बहेलिया कन्या छात्रावास और जिला चिकित्सालय को उपलब्ध कराई उपयोगी सामग्री

0

एनएमडीसी लिमिटेड हीरा खनन परियोजना मझगवां की पहल

मझगवां। रडार न्यूज   एनएमडीसी लिमिटेड हीरा खनन परियोजना ने पन्ना कलेक्टर मनोज खत्री की अनुशंसा पर नैगम सामाजिक दायित्व (सी.एस.आर.) मद के तहत बहेलिया कन्या छात्रावास कुंजवन और जिला चिकित्सालय, पन्ना को दैनंदिन उपयोग की विविध सामग्रियाँ उपलब्ध कराई गई । शनिवार 1 सितंबर 2018 को परियोजना प्रबंधन समिति के सदस्यों उप महाप्रबंधक एमएंडएस के. चंद्रशेखर और उप महाप्रबंधक कार्मिक बी.के. माधव ने बहेलिया कन्या छात्रावास कुंजवन के हॉस्टल वार्डन श्रीमती प्रतिभा पांडे को 30 लीटर का आरओ वॉटर सिस्टम और 30 नग लोहे का कॉट प्रदान किया है। जो कि हॉस्टल की छात्राओं के लिए अत्यंत आवश्यक था । इस अवसर पर सर्व शिक्षा अभियान पन्ना जिला परियोजना समन्वयक विष्णु त्रिपाठी, इंजीनियर योगेंद्र भदौरिया और पत्रकार उपस्थित थे । इसके उपरांत परियोजना प्रबंधन समिति के सदस्यों ने जिला अस्पताल, पन्ना में स्वच्छता अभियान के तहत सिविल सर्जन एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. व्ही. एस. उपाध्याय को 30 लीटर के 15 नग स्टील का डस्ट्बिन सौंपे गये, जिससे अस्पताल में स्वच्छता बनी रहे । इस अवसर पर जिला अस्पताल पन्ना के प्रशासक डॉ. हरीशंकर त्रिपाठी, आरएमओ. डॉ. श्वेता पाण्डेय और नेत्र चिकित्सक डॉ. आर.के. ठाकुर भी उपस्थित थे ।

स्वच्छता की जगाई अलख | विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार, स्टूडेंट्स को वितरित की स्वच्छता किट

0

हीरा खनन परियोजना मझगवां में ‘स्वच्छता सप्ताह’ सम्पन्न

मझगवां। रडार न्यूज    इस्पात मंत्रालय के तत्वावधान में और ‘राष्ट्रव्यापी स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत एनएमडीसी लिमिटेड हीरा खनन परियोजना में दिनांक 24 से 31 अगस्त, 2018 तक ‘स्वच्छता सप्ताह’ सम्पन्न हुआ । शुक्रवार 31 अगस्त, 2018 को आयोजित ‘स्वच्छता सप्ताह पुरस्कार वितरण-सह-समापन समारोह’ में परियोजना प्रबंधन समिति के सदस्य उप महाप्रबंधक एमएंडएस के. चंद्रशेखर, उप महाप्रबंधक कार्मिक बी. के. माधव और उप महाप्रबंधक खनन डी. मैति ने विविध प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया । इस अवसर पर परियोजना के सभी विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी, श्रमिक संघों के महामंत्री समर बहादुर सिंह और शहजाद खान, डीएव्ही स्कूल के शिक्षक एवं स्टूडेंट्स, शासकीय माध्यमिक शाला, हिनौता के शिक्षक और छात्र-छात्रायें उपस्थित थे । स्वच्छता सप्ताह के अंतर्गत परियोजना परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया । विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए डीएव्ही स्कूल सहित समीपवर्ती शासकीय माध्यमिक शाला, हिनौता में विविध प्रतियोगिताओं सहित जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया तथा समीपवर्ती शासकीय शालाओं के स्टूडेंट्स को ‘स्वच्छता किट’ वितरित किया गया ।

सिंधिया के दौरे को लेकर गर्माने लगी सियासत | क्षेत्रीय प्रत्याशी की मांग करेगी संघर्ष समिति

0
फाइल फोटो।

सभा को सफल बनाने के लिए प्रचार-प्रसार में जुटे पवई विधायक

सिमरिया से शाहनगर तक विधायक मुकेश नायक का हो सकता है कड़ा विरोध

पन्ना। रडार न्यूज    मध्यप्रदेश में पिछले 15 साल से विपक्ष में बैठी कांग्रेस पार्टी के लिए आगामी विधानसभा चुनाव काफी महत्वपूर्ण है। सत्ता में वापसी को लेकर पार्टी के दिग्गज नेता पिछले कुछ समय से लगातार प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर आमसभाओं के जरिये लोगों से सीधे मुखातिब होते हुए कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। पन्ना जिले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सत्यव्रत चतुर्वेदी, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और विधायक जीतू पटवारी के बाद कांग्रेस के स्टार प्रचारक एवं चुनाव प्रचार अभियान समिति के प्रमुख ज्योतिरादित्य सिंधिया का आगमन हो रहा है। वे यहां पवई में 5 सितंबर 2018 को विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे। सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के आगमन को लेकर जिले में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। सबसे ज्यादा हलचल पवई विधानसभा क्षेत्र में देखी जा रही है। कांग्रेस की गुटीय राजनीति में पवई विधायक मुकेश नायक को बुंदेलखंड अंचल में सिंधिया कैंप का सबसे सशक्त सिपाही माना जाता है। इसलिए विधायक जी श्री मंत के दौरे को सफल बनाने के लिए जमकर मेहनत कर रहे है। वे गांव-गांव पहुंचकर आमसभा का प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक संख्या में इसमें शामिल होने के लिए लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। इसी सिलसिले में पिछले दिनों विधायक मुकेश नायक ने जिले की तीनों विधानसभाओं में संगठनात्मक बैठकें लेकर आमसभा को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों के साथ मिलकर विस्तृत रूपरेखा बनाई है।

इस कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाकर पवई सीट से पुनः कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपने नाम का ऐलान कराने पर नायक का जहां पूरा जोर रहेगा वहीं पार्टी में उनके धुर विरोधी माने-जाने वाले नेता भी इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाने के लिए सक्रिय हो गये हैं। दोनों तरफ की तैयारियों को देखते हुए स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के अंदरखाने यह चर्चा जोरों पर है कि सिंधिया के दौरे पर जबरदस्त घमासान और शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल सकता है। वैसे भी जब से यह खबर आई है कि पवई से विधायक मुकेश नायक को पुनः अवसर देने की सहमति प्रदेश स्तर पर बन चुकी है, तब से स्थानीय पार्टी नेता खुलकर उनके विरोध में आ गये हैं। पवई से कांग्रेस के टिकिट के जितने भी अन्य दावेदार हैं वे एक साथ आकर मुकेश नायक को पार्टी के अंदर और बाहर घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।

सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की आमसभा को सफल बनाने पन्ना में विधानसभा के कांग्रेस नेताओं की बैठक में मौजूद पवई विधायक मुकेश नायक।

मालूम हो कि 5 सितंबर को सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पड़ोसी जिला दमोह के रास्ते सिमरिया से पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। यहां से मोहन्द्रा, पवई, शाहनगर होते हुए वे कटनी के लिए प्रस्थान करेंगे। पवई में जारी सियासी हलचल से जो खबरें निकलकर बाहर आ रहीं हैं उनके अनुसार विधायक मुकेश नायक का सिमरिया से लेकर शाहनगर तक कड़ा विरोध हो सकता है। पार्टी में उनका विरोधी खेमा लोगों के साथ की गई अभद्रता और वादाखिलाफी के मुद्दे पर नायक को घेरेगा। इसके अलावा सर्वदलीय क्षेत्रीय संघर्ष समिति की और से कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति प्रमुख ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष क्षेत्रीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाने की मांग पुरजोर तरीके से की जाएगी। राजनीति के मंजे खिलाड़ी मुकेश नायक को अपना विरोध होने का भलीभांति एहसास है इसलिए उन्होंने इसे काउंटर करने की पुख्ता रणनीति बनाई है। उनके करीबियों मानें तो विधायक समर्थक भी इस बार पूरे जोश में हैं।

पवई विधायक मुकेश नायक।

दरअसल मुकेश नायक पिछले साढ़े चार सालों में पार्टी में अपने विरोधियों के हर प्रहार को अब तक खामोशी के साथ झेलते रहे हैं, परिणामस्वरूप विरोधी दलों के बजाय उनकी अपनी पार्टी के नेता ही आज उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती बन चुके हैं। पिछले महीने जन जागरण पोल-खोल यात्रा के दौरान और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधांशु त्रिपाठी के आगमन पर सिमरिया में जो कुछ हुआ वह अप्रत्याशित था। हाल ही में कांग्रेस में सक्रिय हुए और युवा कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष पद से नवाजे गये भुवन सिंह के लिए उनके समर्थक जिस आक्रामक अंदाज में पवई से टिकिट की मांग कर रहे हैं उससे हर कोई हैरान है। उधर नायक के धुर विरोधी अनिल तिवारी, अरुण पाल सिंह बुंदेला, रावेन्द्र सिंह, गिरधारी लोधी, प्रह्लाद सिंह लोधी आदि नेता क्षेत्रीय प्रत्यासी की मांग पर एकजुटता दिखाते हुए पार्टी नेतृत्व पर जनभावनाओं के अनुरूप क्षेत्रीय व्यक्ति को टिकिट देने का दबाब बनाते हुए मुकेश की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

कथित रूप से पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ मुकेश नायक की मदद करने वाले जिला सहकारी बैंक पन्ना के पूर्व अध्यक्ष संजय नगायच भी इस बार उनके खिलाफ पूरे दमखम से सक्रिय हैं। नगायच ने अपने इन दोनों विरोधियों को एक साथ निपटाने के लिए सर्वदलीय संघर्ष समिति का परचम मजबूती से उठा लिया है। वे इन दिनों क्षेत्रीयता की भावना को उभारते हुए भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दलों से क्षेत्रीय नेताओं को टिकिट दिलाने अभियान चला रहे हैं। चुनाव में कौन सी पार्टी किसे अपना प्रत्याशी बनाती है यह तो आने वाला समय ही बतायेगा लेकिन फ़िलहाल पवई का सियासी माहौल जिस तेजी से घमासान की और बढ़ रहा उसका असर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे में दिखना लगभग तय माना जा रहा है।

छात्रा के साथ शिक्षक ने की घिनौनी हरकत | पुलिस पर आरोपी को बचाने का आरोप

0
सांकेतिक फोटो।

छेड़छाड़ और पोस्को एक्ट के तहत दर्ज नहीं की एफआईआर

चौकी प्रभारी ने घटना को दबाने के लिए शिक्षक को धारा-151 में भेजा जेल

पन्ना। रडार न्यूज   मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक शिक्षक ने तीसरी कक्षा की एक छात्रा के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की है। लड़की के पिता का आरोप है कि जब वह इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने पुलिस चौकी गये तो चौकी प्रभारी ने इस शर्मनाक कृत्य दबाते हुए आरोपी को बचाने के लिए उसे विवाद(झगड़ा) करने के आरोप में सीआरपीसी की धारा-151 के तहत जेल भेज दिया। शुक्रवार को पीड़ित छात्रा को लेकर उसके माता-पिता ने पन्ना आये और यहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह को अपनी आपबीती सुनाते हुए उनसे न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को दी गई लिखित शिकायत में बताया गया है कि पन्ना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बराछ के सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ने वाली एक 8 वर्षीय लड़की मंगलवार 28 अगस्त 2018 को दोपहर करीब 1 लंच टाइम में जब अपना टिफिन लेने के लिए कक्षा के अंदर गई तो वहां शिक्षक गोविंद नारायण पटेल द्वारा कथित रूप से उसके साथ छेड़छाड़ की गई। शिक्षक पर आरोप है कि उसने जबरन छात्रा के गुप्तांगों को छूते हुए बलात्कार करने का प्रयास किया। स्कूल में हुई इस घटना से डरी-सहमी छात्रा भागकर अपने घर आई और संपूर्ण घटना की जानकारी उसने अपनी दादी को दी।

शिकायत अनुसार नहीं लिखी रिपोर्ट

सांकेतिक फोटो

पीड़ित छात्रा के पिता ने बताया कि बेटी के साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों से मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराने वह स्थानीय पुलिस चौकी में गया था। जहां चौकी प्रभारी द्वारा उसकी शिकायत के अनुसार रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। लड़की के पिता ने का कहना है कि आरोपी के घृणित कृत्य पर पर्दा डालते हुए उसे बचाने और तत्परता से कार्रवाई करने का दिखावा करते हुए चौकी प्रभारी ने शिक्षक गोविंद नारायण पटेल के विरुद्ध सीआरपीसी की धारा-151 के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। लेकिन शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ या बलात्कार का प्रयास करने और पोस्को एक्ट की धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं किया। पीड़िता के पिता ने जब इस पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई तो कथित रूप से चौकी प्रभारी बराछ ने बेटी की बदनामी होने सहित अन्य कुतर्कों की आड़ लेकर वास्तविक घटना के आधार पर प्रकरण दर्ज करने से मना कर दिया और गालियां देते हुए छात्रा के पिता को भगा दिया। उल्लेखनीय है आज पन्ना आये पीड़ित लड़की के माता-पिता के साथ उनके गांव बराछ के और स्थानीय युवाओं ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिक्षक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने तथा चौकी प्रभारी की भूमिका की जांच कराते हुए उनके खिलाफ एक्शन लेने की मांग की है। जिस पर पुलिस कप्तान ने निष्पक्षता के साथ नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।

इनका कहना है-    बच्ची के माता-पिता ने एक आवेदन पत्र दिया है, जिसे गंभीरता से लेते हुए महिला पुलिस अधिकारी से जांच कराई जा रही है। इस मामले में चौकी प्रभारी बराछ द्वारा शिकायत के अनुसार प्रकरण दर्ज ना करने की भी जांच कराई जायेगी। यदि शिकायत सही पाई गई तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बालिकाओं और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं की जयेगी।

विवेक सिंह, पुलिस अधीक्षक पन्ना।

लड़की के पिता से शिक्षक का विवाद हुआ था इसलिए सीआरपीसी की धारा-151 के तहत कार्रवाई की गई। छात्रा के पिता ने चौकी आकर मुझे जो आवेदन पत्र और बयान दिए उसमें उन्होंने शिक्षक द्वारा छात्रा को बुरी नियत से देखने का आरोप लगाया है, जिसकी जांच की जा रही है। छात्रा के पिता ने अब क्या आरोप लगाए हैं उसकी मुझे जानकारी नहीं है। कहने को तो कोई कुछ भी कह सकता है, जिस स्कूल में दर्जन भर शिक्षक पदस्थ हैं, सैंकड़ों बच्चे पड़ते हैं वहां इतनी बड़ी घटना हो जाये और किसी को पता भी न चले, क्या यह संभव है।

रामफल शर्मा, चौकी प्रभारी बराछ।

चुनाव पूर्व शिवराज सरकार का बड़ा दाँव | तेन्दूपत्ता संग्राहकों को आज बँटेगा 495 करोड़ का बोनस

0
सांकेतिक फोटो।

मुख्यमंत्री श्री चौहान करेंगे सीहोर के लाड़कुई में बोनस का वितरण

अन्य स्थानों पर मंत्री, सांसद और विधायकगण बांटेगे बोनस

भोपाल। रडार न्यूज   मध्यप्रदेश में लगातार चौथी बार भाजपा की सरकार बनाकर इतिहास रचने के लिए चुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हर वर्ग को खुश करने में लगे हैं। ताकि 15 सालों की एंटी इनकंबेंसी को नियंत्रित कर मिशन 2018 के 200 पार के लक्ष्य को पूरा किया जा सके। विपक्षी दल कांग्रेस की चुनौती के बीच भाजपा के पक्ष एक बार फिर माहौल बनाने के लिए सीएम शिवराज पिछले कुछ समय बड़े ही रणनीतिक तरीके से काम कर रहे हैं। जन आशीर्वाद यात्राओं के दौरान सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर बहुप्रतीक्षित घोषणायें और विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन-शिलान्यास करना इसी रणनीति का हिस्सा है। चुनाव से ठीक पहले समाज के हर वर्ग को साधने पर शिवराज सरकार का पूरा जोर है। इस योजना के केंद्र में हर बार की तरह गरीब-श्रमिक और कमजोर वर्ग के लोग हैं। मौजूदा सरकार ने खुद को इन वर्गों का सबसे बड़ा हितैषी साबित करने के लिए जन संबल योजना लागू कर लाखों असंगठित श्रमिकों को सीधे लाभांवित किया है। सरल बिजली-बिल माफ़ी योजना, विभिन्न योजनाओं के तहत पात्रों को हित लाभ प्रदान किया गया है। इसी क्रम में तेंदूपत्ता संग्राहकों को चप्पल, पानी की कुप्पी और साड़ी वितरित करने के बाद अब पूरे प्रदेश में एक ही दिन समारोहपूर्वक तेंदूपत्ता बोनस का वितरण करने का ऐलान किया गया है। जानकर पहले से ही इसके कयास लगा रहे थे कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण चुनाव के ठीक पहले किया जायेगा। इस निर्णय को चुनावी लाभ की मंशा से जोड़कर देखा जा रहा है। बताते चलें कि मध्यप्रदेश के तेन्दूपत्ता संग्राहकों को शुक्रवार 31 अगस्त 2018 लगभग 495 करोड़ का बोनस बाँटा जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान सीहोर के लाड़कुई में बोनस का वितरण करेंगे। जबकि अन्य स्थानों पर प्रदेश सरकार के मंत्री, क्षेत्रीय सांसद और जिला पंचायत अध्यक्ष बोनस बाँटेंगे। तेंदूपत्ता संग्राहकों को कौन, कहां पर बोनस वितरित करेगा इसका बकायदा कार्यक्रम जारी किया गया है। राज्य शासन द्वारा 31 अगस्त को तेन्दूपत्ता संग्राहकों को लगभग 495 करोड़ का प्रोत्साहन पारिश्रमिक सीजन-2017 बाँटा जायेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सीहोर जिले के लाड़कुई में प्रोत्साहन पारिश्रमिक वितरित करेंगे। सभी जिलों में कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे से आयोजित होगा।

मंत्री कुसुम महदेले पन्ना में करेंगी वितरण

प्रोत्साहन पारिश्रमिक कार्यक्रम में वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार शहडोल में, विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा होशंगाबाद, वित्त मंत्री जयंत मलैया दमोह, स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह शिवपुरी, स्कूल शिक्षा मंत्री कुँवर विजय शाह खण्डवा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले पन्ना, परिवहन मंत्री भूपेन्द्र सिंह सागर के मालथौन, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस बुरहानपुर और मत्स्य-पालन एवं पशु-पालन मंत्री अंतर सिंह आर्य बड़वानी जिले के सेंधवा में तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण करेंगे।

खनिज साधन मंत्री राजेन्द्र शुक्ल सिंगरौली, मण्डला और डिण्डोरी के संयुक्त कार्यक्रम में खाद्य मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, सिवनी में स्वास्थ्य राज्य मंत्री शरद जैन, बालाघाट में कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन, उमरिया में सांसद ज्ञान सिंह, रायसेन के ओबेदुल्लागंज में संस्कृति राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा, बैतूल में सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य, देवास के हाटपिपल्या में स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी, सीधी के मझौली में विधायक केदारनाथ शुक्ल, छिन्दवाड़ा में विधायक चौधरी चन्द्रभान सिंह, तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित करेंगे। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम राज्य मंत्री संजय पाठक कटनी, वन राज्य मंत्री सूर्यप्रकाश मीणा विदिशा, महिला बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती ललिता यादव छतरपुर के बिजावर, सांसद गणेश सिंह सतना के मैहर, राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल नरसिंहपुर, राज्य मंत्री बालकृष्ण पाटीदार खरगोन के बड़वाह में तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरित करेंगे।

यहां विधायक करेंगे बोनस वितरण

विधायक सर्वश्री संजय शाह हरदा, दुर्गालाल विजय श्योपुर, गोपीलाल जाटव अशोकनगर, ओमप्रकाश सखलेचा नीमच के रतनगढ़, दिव्यराज सिंह रीवा के सिरमौर, रामलाल रौतेल अनूपपुर, रामेश्वर शर्मा भोपाल, नारायण सिंह पँवार राजगढ़ के मलावर, बेलसिंह भूरिया धार के सरदारपुर, के.के. श्रीवास्तव टीकमगढ़, नागरसिंह चौहान अलीराजपुर, भारत सिंह कुशवाह ग्वालियर के बेहट, कलसिंह भावर झाबुआ के पीपलखूंटा, सूबेदार सिंह रजौधा मुरैना के पहाड़गढ़, राजेश सोनकर इंदौर के ग्राम सिवनी, गोपाल परमार शाजापुर के आगर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अर्चना चौहान गुना, विधायक श्रीमती संगीता चारेल रतलाम के सैलाना और श्री अनिल फिरोजिया उज्जैन जिले के तराना में तेन्दूपत्ता प्रोत्साहन पारिश्रमिक सीजन-2017 का वितरण करेंगे।

जनसम्पर्क मंत्री ने दिवंगत पत्रकारों के परिजन को दिए बीमा राशि के स्वीकृति-पत्र

0
मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने पत्रकार स्वास्थ एवं दुर्घटना बीमा योजना में दिवंगत पत्रकारों के परिजन को 5-5 लाख रूपये के चेक एवं स्वीकृत-पत्र प्रदान किये।

मध्यप्रदेश सरकार पत्रकार कल्याण के लिए प्रतिबद्ध : मंत्री डॉ. मिश्र

भोपाल। रडार न्यूज  जनसम्पर्क एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने आज प्रदेश के दो दिवंगत पत्रकारों के परिजन को पांच- पांच लाख रूपए आर्थिक सहायता के स्वीकृति-पत्र दिए। यह राशि पत्रकार स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना में मंजूर हुई है। डॉ. मिश्र ने कहा कि असमय मृत्यु के शिकार पत्रकार परिवार को आर्थिक मदद के लिए सरकार संकल्पित है। राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं।

इंदौर के पत्रकार मनीष शर्मा की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनकी पत्नी श्रीमती सीमा शर्मा को 5 लाख रूपये का स्वीकृत-पत्र और चेक दिया गया। इसी तरह मंदसौर जिले के पत्रकार कमलेश जैन की हत्या के पश्चात उनके परिवार की सहायता के लिए स्व. कमलेश के भाई मनीष जैन को 5 लाख रूपये का स्वीकृत-पत्र दिया गया। यह राशि यूनाइटेड इंडिया इंश्युरेंस कंपनी द्वारा बीमा योजना में स्वीकृत की गयी है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री और जनसम्पर्क एस.के. मिश्रा, आयुक्त जनसम्पर्क पी.नरहरि, अपर संचालक जनसम्पर्क एम. पी. मिश्रा, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारी ,इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अरविन्द तिवारी एवं पत्रकार बंधु उपस्थित थे।

शिक्षकों की भर्ती में 50 प्रतिशत होगी बेटियाँ – शिवराज सिंह

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज टीकमगढ़ जिले के पृथ्वीपुर में विशाल जन-सभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने पृथ्वीपुर को दी 21 करोड़ के निर्माण कार्यों की सौगात 

भोपाल। रडार न्यूज   मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज टीकमगढ़ जिले के पृथ्वीपुर में कहा कि सितम्बर माह में शिक्षकों की भर्ती की जायेगी। इसमें 50 प्रतिशत स्थान बेटियों के लिये होंगे। श्री चौहान पृथ्वीपुर में 21 करोड़ से भी अधिक के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि संबल योजना प्रदेश में गरीबों की जिन्दगी बदलने का अभियान है। राज्य सरकार ने गरीबों की जिन्दगी को खुशहाल बनाने के लिये अपना खजाना खोल दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कथनी और करनी में कोई अन्तर नहीं है। सरकार जो कहती है, वह करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्ववर्ती सरकारों की तरह गरीबी हटाने का सिर्फ नारा नहीं ही नहीं दिया है, बल्कि गरीबों के साथ न्याय किया है। उन्होंने विकास और जन-कल्याण की राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पृथ्वीपुर क्षेत्र में 173 करोड़ लागत की समूह नल-जल योजना पूरी हो गई है। अब इस योजना से क्षेत्र के सभी 150 गाँवों में नल के माध्यम से घर-घर पानी पहुँचाया जायेगा।

केन-बेतवा परियोजना से मिलेगा पानी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज टीकमगढ़ जिले के पृथ्वीपुर में 21 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बान-सुजारा सिंचाई परियोजना से बुन्देलखंड के इस अंचल में हरियाली, खुशहाली और समृद्धि आयेगी। केन-बेतवा परियोजना की चर्चा करते हुए बताया कि प्रदेश के हिस्से के पानी के बारे में उत्तरप्रदेश सरकार से बातचीत चल रही है। हमें अपने हिस्से का पानी मिलेगा, जिससे इस क्षेत्र की सिंचाई की तस्वीर ही बदल जायेगी। राज्य सरकार ने सिंचाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इस मौके पर केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, प्रभारी मंत्री रुस्तम सिंह, विधायक श्रीमती अनीता सुनील नायक और  अनिल जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष पर्वतलाल अहिरवार, अन्य जन-प्रतिनिधि और विशाल जन-समुदाय मौजूद था।