Home Blog Page 193

मुख्यमंत्री कमलनाथ की उर्वरक मंत्री से चर्चा का असर, जनवरी में यूरिया का कोटा बढ़कर हुआ 2.52 लाख मीट्रिक टन

0
सांकेतिक फोटो।

* किसानों को यूरिया की सुगमता से सतत आपूर्ति को लेकर संवेदनशील हैं सीएम

भोपाल। रडार न्यूज  मुख्यमंत्री कमलनाथ के केन्द्रीय उर्वरक मंत्री से चर्चा का प्रभावी परिणाम सामने आया है। केन्द्र सरकार ने प्रदेश में रबी सीजन के दौरान किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार यूरिया उपलब्ध करवाने के लिये जनवरी माह का कोटा बढ़ाकर 2.52 लाख मी. टन कर दिया है। साथ ही यूरिया ट्रांजिट के लिये रैक की उपलब्धता भी बढ़ी है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कमल नाथ ने इस संबंध में सीधे केन्द्रीय उर्वरक मंत्री और केन्द्रीय रेल मंत्री से चर्चा की थी।

कलेक्टर्स के साथ 29 को वीडियो कॉन्फ्रेंस

मुख्यमंत्री कमल नाथ के निर्देश पर दिनांक 29 दिसम्बर, 2018 को सुबह 11 बजे मंत्रालय में कृषि विकास और किसान-कल्याण तथा सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जिला कलेक्टर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की जायेगी। वीडियो कॉन्फ्रेंस में किसानों को उर्वरक की सुलभता, उपलब्ध यूरिया सहित अन्य उर्वरकों का किसानों को वितरण आदि पर प्रमुखता से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये जायेंगे।

यूरिया की आपूर्ति के कोटे को बढ़ाया

सांकेतिक फोटो।
मध्यप्रदेश को जनवरी माह में पूर्व में यूरिया का कोटा एक लाख 75 हजार मीट्रिक टन आवंटित किया गया था। कोटा बढ़ाये जाने के संबंध में मुख्यमंत्री कमल नाथ ने पिछले दिनों केन्द्रीय उर्वरक एवं रसायन मंत्री सदानंद गौड़ा से फोन पर चर्चा की थी। जनवरी माह में 2 लाख 14 हजार मीट्रिक टन यूरिया देश में निर्मित प्लांट से आयेगा, जबकि 38 हजार मीट्रिक टन देश के बंदरगाहों से आयेगा। किसानों को लगातार यूरिया मिलता रहे, इसके लिये किसान-कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने केन्द्र से प्लांट से यूरिया की आपूर्ति किये जाने का अनुरोध किया था। राज्य सरकार के इस अनुरोध पर ही केन्द्र सरकार ने प्लांट से यूरिया की आपूर्ति के कोटे को बढ़ाया है।

व्यवस्थित तरीके से वितरण के निर्देश

प्रदेश को दिसम्बर माह में 3 लाख 70 हजार मीट्रिक टन यूरिया आवंटित किया गया है। इसमें से करीब 3.05 लाख मीट्रिक टन यूरिया आ चुका है। शेष 0.45 लाख मी. टन यूरिया ट्रांजिट में है। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से प्रतिदिन यूरिया की 10 रेक्स आ रही हैं। प्रमुख सचिव कृषि विकास एवं किसान-कल्याण डॉ. राजेश राजौरा ने बताया कि प्रदेश को मिल रहे यूरिया को व्यवस्थित तरीके से वितरण और इस पर लगातार नजर रखने के निर्देश जिला कलेक्टर्स को दिये गये हैं।

“राष्ट्र के लिए बलिदान देने वालों की पार्टी है कांग्रेस” : अनीस खान

0
कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर अस्पताल में मरीजों को फल वितरण करने के लिए जाते पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी।

* ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पन्ना ने मनाया पार्टी का स्थापना दिवस

* मरीजों को बांटे फल, निष्ठावान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का किया सम्मान

पन्ना। रडार न्यूज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का 134वां स्थापना दिवस शुक्रवार 28 दिसम्बर को ब्लाक कांग्रेस कमेटी पन्ना के तत्वाधान में जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों का फल वितरण कर एवं वरिष्ठ निष्ठावान कार्यकर्ताओं का सम्मान कर मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल चौराहे पर आयोजित सम्मान समारोह के मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरूआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इस मौके पर देश को अंग्रेजों से आजादी दिलाने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीद कांग्रेसियों को नमन किया गया। इस मौके पन्ना विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी शिवजीत सिंह भईयाराजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता भास्कर देव बुंदेला, रामकिशोर मिश्रा एवं मुरारीलाल थापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पन्ना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनीस खान द्वारा की गई। इस मौके पर वरिष्ठ एवं निष्ठावान कांग्रेसी राजाराम जड़िया, शंकर दुबे, बालकिशोर शर्मा, मुन्नीलाल वंशकार, श्रीमति जुबेदा खातून, गीता बाई वंशकार, रामचरण अहिरवार, केपी सिंह बुंदेला, रसीद सौदागर, नन्द किशोर मिश्रा, मुख्तयार बेग, रामदास जाटव, आलाक शर्मा, असलम खान, रामऔतार तिवारी सहित का सम्मान किया गया।

कांग्रेस की विचारधारा सबको जोड़ती है

जिला चिकित्सालय पन्ना में मरीजों को फल वितरण कर उनके शीघ्र स्वास्थय लाभ की कामना की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि शिवजीत सिंह ने कहा कि कांग्रेस एक विचारधार है, जोकि सबको जोड़ने पर विश्वास रखती है, तोड़ने पर नहीं। मुझे पार्टी ने विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाकर मौका दिया, हम सफल नहीं रहे, लेकिन मैं निरंतर शोषित पीड़ित वंचितों के हकों के लिए संघर्ष करूंगा। भास्कर देव बुंदेला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सदैव देश के लिए काम किया है। हमारा 134 वर्ष का गौरवशाली इतिहास है, जिसे कोई मिटा नहीं सकता, कांग्रेस मुक्त भारत का सपना देखने वालों को प्रदेश की जनता ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। कार्यक्रम को रामकिशोर मिश्रा, सुशील खरे, मुरारीलाल थापक ने भी संबोधित किया।

माफ़ किया ऋण, बढ़ाई विवाह सहायता राशि

 कॉंग्रेसियों का सम्मान करते शिवजीत सिंह एवं कार्यक्रम को संबोधित करते अनीस खान।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अनीस खान ने कहा कि कांग्रेस बलिदानियों की पार्टी है, कांग्रेस के महान नेताओं ने सिर्फ देशको आजादी ही नहीं दिलाई, बल्कि देश का निर्माण भी किया है। कांग्रेस ऐसी पार्टी है, जिसमें आंतरिक लोकतंत्र मजबूत है, अधिनायकवाद नहीं हैं। श्री खान ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने शपथ ग्रहण करने के बाद कांग्रेस के वचन पत्र को ढ़ाई घंटे के अंदर लागू करते हुए जिस तरह प्रदेश के अन्नदाता किसानों को राहत दी है तथा बेटियों के विवाह सहायता राशि बढ़ाकर 51 हजार की है। मुख्यमंत्री के द्वारा लगतार वचन पत्र को पूरा करने का काम जारी है। इससे स्पष्ट हो चुका है कि कांग्रेस की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं हैं।

इनकी रही उपस्थित

इस दौरान प्रमुख रूप से रामऔतार तिवारी, अक्षय तिवारी, सुखदेव मिश्रा, राकेश गर्ग, रामेश्वर खरे, श्रीराम पाठक, बाबू तिवारी, सगीर बेग, महमूद खान, शेख मोहम्मद, राम बहोरी लोधी, संतोष सोनी, वीरेन्द्र रैकवार, दयाराम लोधी, अशोक वर्मा, रामविशाल लोधी, राघवेन्द्र राजा, मनीष कुमार, यादवेन्द्र सिंह, बबली यादव, वंशीधर आदिवासी, सोकी यादव, सुलेमान खान, महमूद खान, हाकिम सिंह बुंदेला, मोहम्मद अबरार खान, यूनिस खान, आशीष यादव, अनीस पिंकू सिद्दीकी, छोटे राजा, सत्यजीत सिंह, जगदेव सिंह खज्जू राजा, इरशाद मोहम्मद, रियासत खान, आलोक शर्मा, इरफान खान, सरदार सिंह यादव, बाला प्रसाद लोधी, विजय शंकर गर्ग, डमरूलाल सेन, निक्की खान, सानू खान, डा. कदीर, रामचरण कुशवाहा, अशोक अहिरवार, सरदार सिंह यादव, हरिनारायण सेन, सुरेन्द्र सिंह, राकेश तिवारी, रामदेव सेन, पुष्पेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन राकेश गर्ग ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अजयगढ़ द्वारा किया गया।

“फर्जी इनकम टैक्स ऑफिसर” ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई अफसरों से की लाखों की ठगी

0
कोतवली थाना पन्ना पुलिस की अभिरक्षा में पकड़े गए फ़र्जी आयकर अधिकारी।

* पन्ना आरटीओ को इनकम टैक्स का नोटिस भेजकर मांग रहे थे रुपये

* ठगी करने वाले दो शातिर आरोपी पन्ना पुलिस के हत्थे चढ़े

* एमबीए करने के बाद नौकरी न मिलने और बिज़नेस में घाटा लगने पर बना ठग

शादिक खान, पन्ना। रडार न्यूज   हिंदी फिल्मों के सुपर स्टार अक्षय कुमार अभिनीत चर्चित फ़िल्म “स्पेशल-26” याद है, जिसमें वे और उनके साथी फ़र्जी इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर ठगी करते हैं। कुछ हद तक इसी तर्ज पर फ़र्जी इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर बड़े सरकारी अधिकारियों को ठगने वाले दो शातिर आरोपियों को पन्ना पुलिस गिरफ़्तार ने गिरफ्तार किया है। इनके द्वारा मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई अधिकारियों को इनकम टैक्स का नोटिस भेजकर मामले को रफा-दफा करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का खुलासा हुआ है। पन्ना के आरटीओ की शिकायत पर फर्जी आयकर अधिकारी बने ठगों का भंडाफोड़ करते हुए उन्हें पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अश्वनी सिहं पिता शोवरन सिंह 34 एवं विभूति सोनी पिता राजेन्द्र प्रसाद सोनी 32 दोनों निवासी मैहर जिला सतना के रुप में हुई है। पन्ना पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि फ़िल्मी अंदाज में ठगी करने वाला मुख्य आरोपी अश्वनी सिहं पूना (महाराष्ट्र) से एमबीए पासआउट है। नौकरी न लगने के कारण अश्वनी सात वर्ष तक जबलपुर मे इंटरनेट कैफे चलाता था, जिस कारण वह कम्प्यूटर के कार्य दक्ष है। इस धंधे में उसे नुकसान हुआ और उस पर दो तीन लाख का कर्ज हो गया था, तभी उसके मन मे फर्जीवाड़ा करके पैसा कमाने का लालच आया।

रिक्शा चालक के खाते मंगवाते थे रुपए

फर्जीवाड़े में पकड़े जाने से बचने के लिए अश्वनी सिहं ने अज्ञात नाम से कटनी से ज्यादा पैसे देकर सिम खरीदी तथा कटनी से ही आयुक्त आयकर विभाग के नाम की सील बनवायी थी। इसने कटनी के ही एक रिक्शा चालक को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का लालच देकर उसके नाम पर बैंक खाता खुलवाकर उसका एटीएम कार्ड यह कहकर अपने पास रख लिया था, कि एटीएम कार्ड जमा करने पर ही तुम्हारे खाते में आवास योजना की राशि आएगी। ये लोग इंटरनेट से शासकीय अधिकारियों के नाम-पता व मोबाइल नम्बर निकालकर अज्ञात नाम के सिम से आरोपी उन्हें फोन किया करते थे और स्वंय को आयकर अधिकारी बताते हुए बात किया करते थे। फिर आयकर का फर्जी नोटिस बनाकर उनके पते पर भेजते थे और कुछ दिन बाद उसे वापस फोन कर मामले को रफा-दफा करने के लिये रुपयों के लेनदेन की बात करते थे। संबंधित अधिकारी के राजी होने पर रिक्शे वाले का खाता नंबर देकर उक्त खाते में रुपये डलवाते थे। बाद में एटीएम की मदद से रुपये निकालकर आपस में हिस्सा बांट कर लेते थे ।

अब तक इन अधिकारियों से की ठगी

पुलिस अधीक्षक पन्ना विवेक सिंह ने बतया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पूँछतांछ में पूर्व में आयुक्त आदिम जाति विभाग कोरबा, कवर्धा, कोरिया, रायपुर (छत्तीसगढ़) को नोटिस भेजा था और फोन पर बात करके सभी से आठ- नौ लाख रूपये कमाये थे। साथ ही आरटीओ (परिवहन अधिकारी) जबलपुर को भी नोटिस भेजा था और उससे से भी पैसे प्राप्त हुय़े थे । इसके अलावा इनके द्वारा दमोह, सागर, मंदसौर, विदिशा एवं पन्ना के आरटीओ को फोन लगाया एवं फर्जी नोटिस भेजा था।

शिकायत होने पर पकड़े

पन्ना पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह और उनके पीछे खड़े कोतवाली थाना पन्ना के निरीक्षक अरविंद कुजूर।
जिला परिवहन अधिकारी पन्ना सुनील शुक्ला ने पिछले दिनों 21 दिसम्बर को कोतवाली थाना पन्ना आकर लिखित रिपोर्ट की कि मेरे मोबाइल नम्बर पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाईल नम्बर 6262665951 से कॉल कर स्वंय को आयकर अधिकारी भोपाल का बता रहा है। उसके द्वारा मेरे विरूद्द आयकर विभाग का नोटिस भेजना की बात कही गई और उसकी सॉफ्ट कॉपी मेरे मोबाईल में भेजी गयी है, जो फर्जी लग रही है। रिपोर्ट पर थाना में उसी दिन अपराध क्रमांक- 798/18 धारा 420,467, 468, 471,34 ताहि के तहत अपराध कायम कर विवेचना मे लिया गया। कोतवाली थाना पन्ना के निरीक्षक अरविंद कुजूर के द्वारा साइबर सेल से मोबाइल की लोकेशन पता कर और मुखबिर की मदद से दोनों आरोपियों अश्वनी सिहं पिता शोवरन सिंह 34 एवं विभूति सोनी पिता राजेन्द्र प्रसाद सोनी 32 को मैहर जिला सतना से गिरफ्तार कर पन्ना लाया गया। जहां पुलिस की पूंछतांछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने शातिर ठगों को पकड़ने में अहम भूमिका अदा करने वाले निरीक्षक अरविंद कुजूर और उनकी टीम को पुरूष्कृत करने की घोषणा की है।

एसजीएफआई नेशनल स्कूल गेम्स में अंशिता ने जीता स्वर्ण पदक

0
मध्यप्रदेश कराते अकादमी की अंशिता ने नेशनल स्कूल गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया।
भोपाल। रडार न्यूज इंदौर में एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) द्वारा 26 से 31 दिसम्बर, 2018 तक आयोजित नेशनल स्कूल गेम्स में मध्य प्रदेश राज्य मार्शल आर्ट कराते अकादमी की अंशिता रावत ने अंडर-14 (-42 किलोग्राम भारवर्ग) में पहला स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्णिम शुरूआत की। अंशिता रावत ने व्यक्तिगत कुमीते स्पर्धा में आज खेले गए कश्मकश फायनल मुकाबले में आसाम की खिलाड़ी को 1-0 से परास्त कर स्वर्ण पदक जीता।
नेशनल स्कूल गेम्स में अकादमी की खिलाड़ी अंशिता द्वारा किए गए प्रदर्शन की सराहना करते हुए संचालक खेल और युवा कल्याण डाँ. एस.एल. थाउसेन ने प्रसन्नता व्यक्त की और बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि 31 दिसम्बर तक चलने वाले नेशनल स्कूल गेम्स में अकादमी के खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेगें और मैडल जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे। उल्लेखनीय है कि नेशनल स्कूल गेम्स में अकादमी के चार खिलाड़ी भागीदारी कर रहे हैं इनमें अंशिता के अलावा अंडर-14 में प्रीतिश वर्मा तथा अंडर-17 में गार्गी सिंह और अशनी सिंघा शामिल है।

बॉक्सर आयुषी और रूचिर के पंचों ने मध्यप्रदेश को दिलाये पदक

0
जूनियर नेशनल बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश बॉक्सिंग अकादमी की आयुषी ने रजत और रूचिर ने कांस्य पदक जीता।

* जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में किया शानदार प्रदर्शन

भोपाल। रडार न्यूज    पंजाब के मोहाली में 12 से 18 दिसम्बर, 2018 तक खेली गई जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश राज्य बॉक्सिंग अकादमी की आयुषी अवस्थी ने रजत पदक तथा अकादमी के रूचिर श्रीवास ने कांस्य पदक अर्जित किया। चैम्पियनशिप के 48 किलोग्राम भारवर्ग में आयुषी अवस्थी ने पहले और दूसरे बाउट में क्रमशः अरूणाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड की खिलाड़ी को मात दी। क्वाटर फायनल मुकाबले में दिल्ली तथा सेमी फायनल में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी को परास्त कर आयुषी अवस्थी ने रजत पदक जीता।
इसी तरह रूचिर श्रीवास ने 46 किलोग्राम भारवर्ग में पहली बाउट में उत्तराखण्ड के खिलाड़ी को परास्त किया तथा क्वाटर फायनल में हरियाणा के खिलाड़ी को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। दोनों खिलाड़ियों ने चैम्पियनशिप में अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक रोशनलाल के नेतृत्व में भागीदारी कर पदक अर्जित किए। पदक विजेता खिलाड़ियों ने आज संचालक खेल और युवा कल्याण डाँ. एस.एल. थाउसेन से भेंट की। खेल संचालक डाँ. थाउसेन ने दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

पात्र किसानों को कर्ज माफी का लाभ आसानी से मिले : मुख्यमंत्री कमलनाथ

0
मुख्यमंत्री कमलनाथ की अध्यक्षता में मध्यप्रदेश मंत्रिपरिषद की पहली बैठक मंत्रालय में सम्पन्न हुई।

* मंत्रि-परिषद की बैठक में कर्ज माफी पर दिया गया प्रेजेन्टेशन

* 5 जनवरी को होगी कर्ज माफी योजना की मंजूरी

* कृषि ऋण माफी की कट ऑफ डेट 31 मार्च की जगह 30 नवम्बर करने पर विचार

भोपाल। रडार न्यूज    मुख्यमंत्री कमल नाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि किसानों की कर्ज माफी योजना का मसौदा इस तरह से तैयार किया जाये कि प्रदेश का कोई भी पात्र और जरूरतमंद किसान इससे वंचित न रहे। किसानों की कर्ज माफी पर आज मंत्रालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रमुख सचिव कृषि विकास एवं किसान कल्याण डॉ. राजेश राजौरा द्वारा प्रेजेन्टेशन दिया गया। मुख्यमंत्री कमल नाथ द्वारा अधिकारियों को दिये गये निर्देश के बाद 5 जनवरी को होने वाली मंत्रि-परिषद की बैठक में किसानों की कर्ज माफी योजना को मंजूरी दी जायेगी।

61 लाख से ज्यादा किसानों को मिलेगा लाभ

बैठक में बताया गया कि 31 मार्च, 2018 की स्थिति में किसानों को कृषि कर्ज माफी का लाभ दिया जायेगा। इसमें 2 लाख रुपये तक के कालातीत कृषि ऋण को माफ किया जायेगा। इससे प्रदेश के 61 लाख 20 हजार किसान लाभान्वित होंगे और उनके करीब 62 हजार 294 करोड़ रुपये राशि के कर्ज में से दो लाख रूपये तक कृषि ऋण माफ किये जायेंगे। इनमें राष्ट्रीयकृत, सहकारी और आरआरबी से लिये गये कृषि ऋण शामिल हैं। किसानों को सुविधा दिये जाने के लिये ग्राम पंचायत स्तर पर आवेदन करने की सुविधा होगी।

अन्य राज्यों से बेहतर होगी योजना

मध्यप्रदेश में किसानों की कर्ज माफी के लिये जो योजना तैयार की गई है, वह उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र राज्य में लागू की गई योजना से बेहतर होगी। प्रदेश में किसानों को कर्ज माफी अल्पकालीन फसल ऋण पर ही प्रदान की जायेगी।

ऋण चुकाने वालों को सम्मान-निधि 

मंत्रि-परिषद की बैठक में कृषि ऋण बकाया के लिये 31 मार्च, 2018 के स्थान पर कट ऑफ डेट 30 नवम्बर, 2018 किये जाने पर भी विचार किया गया। जानकारी दी गई कि कालातीत बकायादारों की कर्ज माफी पर लाभान्वित किसान को ऋण मुक्ति प्रमाण-पत्र भी दिया जायेगा। ऐसे किसान जिन्होंने 31 मार्च, 2018 के चालू बकाया को 30 नवम्बर तक चुका दिया है, उनको प्रति हेक्टेयर सम्मान-निधि प्रदान करने पर भी विचार किया गया।

ग्रामसभा में प्रस्तुत की जायेंगी पात्रता सूचियाँ

मंत्रिपरिषद की बैठक में बताया गया कि कर्ज माफी अल्पकालीन फसल ऋण पर ही प्रदान की जाना है। कर्ज माफी के लिये राज्य शासन द्वारा देय राशि डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (डीबीटी) से किसान के ऋण खाते में जमा की जायेगी। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिये आधार कार्ड की ऋण खाते में सीडिंग अनिवार्य होगा। पहले चरण में लघु सीमांत किसान तथा सहकारी बैंकों के करंट आउट स्टेंडिंग लोन के भुगतान पर विचार किया जायेगा। योजना में कालातीत ऋण, जो योजना मापदण्डों में पात्र पाए गए हैं, उस राशि को बैंकों से वन टाइम सेटलमेंट करने के बाद कार्यवाही की जायेगी। बैठक में जानकारी दी गई कि एक अप्रैल, 2007 या उसके बाद लिये गये ऋण जो 31 मार्च, 2018 को कालातीत घोषित किये गये हों, उनको योजना में शामिल किया जायेगा। प्रदेश में 26 जनवरी, 2019 की ग्रामसभा में योजना की पात्रता सूचियाँ प्रस्तुत की जायेंगी।
प्रेजेन्टेशन में बताया गया कि कृषि ऋण माफी योजना के लिये मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सक्षम साधिकार समिति का गठन किया जायेगा। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में क्रियान्वयन समिति गठित की जा चुकी है। जिला स्तर पर प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति का गठन किया जायेगा। किसानों को ऋण मुक्ति प्रमाण-पत्र और सम्मान-पत्र सार्वजनिक कार्यक्रमों में वितरित किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्य सचिव को भेंट किया कृतज्ञता प्रस्ताव

0
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्य सचिव श्री बी.पी. सिंह को आज मंत्रालय में कृतज्ञता प्रस्ताव भेंट किया।

* मुख्य सचिव बसंत प्रताप सिंह 31 दिसम्बर 2018 को हो रहे हैं सेवानिवृत्त

भोपाल। रडार न्यूज   मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज मंत्रि-परिषद की ओर से मुख्य सचिव श्री बसंत प्रताप सिंह को कृतज्ञता प्रस्ताव भेंट किया। प्रस्ताव में श्री सिंह के गौरवपूर्ण कार्यकाल के उल्लेख के साथ-साथ सतत् एवं समावेशी विकास, राजस्व विभाग में सुधार, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और जलवायु सरंक्षण जैसे विषयों में सक्रियता के लिये उनकी विशेष रूप से सराहना की गई।
मंत्रि-परिषद ने श्री सिंह के दीर्घ और सुखद जीवन की कामना भी की । मंत्रि-परिषद की बैठक के पूर्व श्री सिंह को कृतज्ञता प्रस्ताव भेंट किया गया। इस अवसर पर मंत्रि-परिषद के सदस्यों सहित अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव तथा सचिव स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि बसंत प्रताप सिंह की मुख्य सचिव के रूप में यह मंत्रि-परिषद की अंतिम बैठक थी। श्री सिंह ने 1 नवम्बर 2016 को मुख्य सचिव का कार्यभार ग्रहण किया। वे 31 दिसम्बर 2018 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

मध्यप्रदेश | एक दिन में बिजली की अधिकतम मांग के रिकार्ड टूटे, पहली बार बिजली की मांग 13,740 मेगावाट दर्ज

0
सांकेतिक फोटो

* इस साल रबी सीजन में बिजली की मांग के नए रिकार्ड कायम हुए

* विद्युत कम्पनियां 14 हजार मेगावाट से अधिक बिजली की आपूर्ति को तैयार

भोपाल। रडार न्यूज   मध्यप्रदेश में गत 26 दिसम्बर को बिजली की अधिकतम मांग का नया रिकार्ड बना। बिजली सेक्टर के इतिहास में पहली बार बिजली की एक दिन की अधिकतम मांग 13 हजार 740 मेगावाट दर्ज हुई। राज्य में कहीं भी विद्युत व्यवधान नहीं हुआ। दो दिन से बिजली की अधिकतम मांग 13 हजार 700 मेगावाट के ऊपर दर्ज हो रही है।
सांकेतिक फोटो
इस साल रबी सीजन में अक्टूबर, नवम्बर एवं दिसम्बर में बिजली की अधिकतम मांग के नित नए रिकार्ड कायम हुए। पिछले वर्ष बिजली की अधिकतम मांग 28 दिसम्बर 2017 को 12 हजार 240 मेगावाट दर्ज हुई थी। चालू रबी सीजन में 31 अक्टूबर को इस रिकार्ड को पीछे कर बिजली की अधिकतम मांग 12 हजार 268 मेगावाट दर्ज हुई। इसके बाद नवम्बर और दिसम्बर में बिजली की अधिकतम मांग के नित नए रिकार्ड बने। प्रदेश में चार दिन यानी 24 दिसम्बर को बिजली की अधिकतम मांग 13 हजार 640 मेगावॉट, 25 दिसम्बर को 13 हजार 642 मेगावाट, 26 दिसम्बर को बिजली की अधिकतम मांग 13 हजार 740 मेगावाट और 27 दिसम्बर को भी 13 हजार 700 मेगावाट के ऊपर दर्ज हुई है। राज्य की विद्युत कम्पनियां 14 हजार मेगावाट से अधिक बिजली मांग की आपूर्ति करने को तैयार हैं।
सांकेतिक फोटो
पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी (इंदौर व उज्जैन संभाग) में बिजली की अधिकतम मांग 5,207 मेगावाट, मध्य क्षेत्र वितरण कंपनी (भोपाल व ग्वालियर संभाग) में 4,736 मेगावाट और पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी (जबलपुर, सागर व रीवा संभाग) में 3,797 मेगावाट दर्ज हुई।
           प्रदेश में 26 दिसम्बर को जब बिजली की मांग 13 हजार 740 मेगावाट दर्ज हुई, उस समय पॉवर जनरेटिंग कंपनी के ताप एवं जल विद्युत गृह, इंदिरा सागर-सरदार सरोवर-ओंकारेश्वर जल विद्युत परियोजना, एनटीपीसी (सेन्ट्रल सेक्टर), सासन अल्ट्रा मेगा पावर प्रोजेक्ट व आईपीपी, बिजली बैंकिग व अन्य स्त्रोत से बिजली प्राप्त हुई।

घरेलु उपभोक्ताओं को 24 और खेती के लिए 10 घंटे निरंतर गुणवत्तापूर्वक बिजली उपलब्ध हो- कमलनाथ

0
मुख्यमंत्री कमलनाथ की अध्यक्षता में मध्यप्रदेश मंत्रिपरिषद की पहली बैठक मंत्रालय में सम्पन्न हुई।

* विद्युत आपूर्ति में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी

* मंत्रि-परिषद की बैठक में ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री के निर्देश

भोपाल। रडार न्यूज  मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक में ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान बिजली उपभोक्ताओं को पर्याप्त एवं निरंतर बिजली उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि कार्य के लिये अनिवार्यत: 10 घंटे विद्युत आपूर्ति की जाये। सब स्टेशन-निर्माण कार्य पूरा करने के लिये और अत्यंत आवश्यक होने पर ही शट-डाउन किया जाये। बिजली की आपूर्ति में किसी भी प्रकार का व्यवधान स्वीकार नहीं किया जायेगा। इसकी निरंतर एवं गहन मॉनीटरिंग करने के निर्देश भी उन्होंने दिये।

ट्रांसफार्मर के फेल होने पर तत्काल बदला जाये

मुख्यमंत्री कमल नाथ ने रबी मौसम में सिंचाई के महत्व को देखते हुए ट्रांसफार्मर के फेल होने पर उसे बदलने का कार्य तत्परता से करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि तीन दिन में ट्रांसफार्मर को उचित क्षमता के ट्रांसफार्मर से बदला जाना सुनिश्चित किया जाये। इस कार्य में राज्य शासन के निर्देशानुसार किसानों अथवा बिजली उपभोक्ताओं द्वारा परिवहन में सहयोग किया जाता है तो उन्हें ट्रेक्टर आदि के किराये का भुगतान भी किया जाये। बिजली लाइन टूटने से होने वाली दुर्घटनाओं में जन-हानि होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाये। मुख्यमंत्री ने बिजली बिल की शिकायतों के निराकरण के लिये समाधान शिविर लगाने के निर्देश भी दिये।

निर्देशों का मैदानी स्तर पर हो क्रियान्वयन

कमल नाथ ने कॉल-सेंटर/1912 सेवाओं को और मजबूत करने तथा जनता को उनका लाभ दिलवाने के लिये व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने खेती के लिये 10 घंटे और अन्य उपभोक्ताओं को 24 घंटे की बिजली आपूर्ति गुणवत्तापूर्वक सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये। अधिकारियों से कहा गया कि बिजली आपूर्ति के संबंध में राज्य शासन के निर्देशों को कागजों तक सीमित न रखकर उनका मैदानी स्तर पर समुचित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाये।

नवकरणीय ऊर्जा की क्षमता बढ़ायें

मुख्यमंत्री की समीक्षा के दौरान विद्युत उपलब्धता, अधोसंरचना की स्थिति, वर्तमान में चल रहे कार्य, रबी मौसम के लिये पर्याप्त बिजली की उपलब्धता आदि की जानकारी दी गई। बैंकिंग एवं विद्युत क्रय-विक्रय की समीक्षा भी की गई। विभाग द्वारा बताया गया कि वर्तमान में किये गये अनुबंधों एवं एक-दो वर्षों में म.प्र. पॉवर जनरेटिंग कम्पनी, एनटीपीसी के साथ ही नवकरणीय ऊर्जा की क्षमता बढ़ाने से वर्ष 2024-25 तक पर्याप्त विद्युत उपलब्ध हो जायेगी। बैठक में नवकरणीय ऊर्जा की वर्तमान स्थिति एवं आगामी वर्षों में बढ़ने वाली विद्युत क्षमता पर भी चर्चा की गई। बैठक में ऊर्जा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

16 आई.ए.एस. अधिकारियों की नवीन पद-स्थापना आदेश जारी

0
सांकेतिक फोटो।

* इंदौर सहित छ: जिलों के कलेक्टर हुए प्रभावित  

भोपाल। रडार न्यूज  मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाने के लिए आई.ए.एस.अधिकारियों की नये सिरे से जमावट शुरू कर दी है। इसी क्रम में राज्य शासन द्वारा 16 आई.ए.एस. अधिकारियों की नवीन पदस्थापना की गयी है। इस फेरबदल में 6 जिलों के कलेक्टर प्रभावित हुए हैं। आई.ए.एस. अधिकारियों की नवीन पदस्थापना सूची इस प्रकार है-

क्र.

नाम एवं वर्तमान पदस्थापना

नवीन पद-स्थापना

1.

निशांत वरवड़े

कलेक्टर जिला इंदौर

मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल

2.

 मालसिंह भयड़िया

कलेक्टर जिला उमरिया

उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन, मंत्रालय

3.

अविनाश लवानिया

आयुक्त, नगर पालिक निगम, भोपाल

अपर आयुक्त, वाणिज्य कर, इंदौर

4.

उमेश कुमार

संचालक, एमपी स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी तथा पदेन उप सचिव मध्यप्रदेश शासन, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग

कलेक्टर, जिला बुरहानपुर

5.

जगदीश चन्द्र जटिया

अपर संचालक, उच्च शिक्षा संचालनालय भोपाल

कलेक्टर, जिला मण्डला

6.

राकेश कुमार श्रीवास्तव

कलेक्टर जिला नीमच

उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन, मंत्रालय

7.

श्री प्रबल सिपाहा

संचालक, नर्मदा घाटी विकास प्रधिकरण, इंदौर

कलेक्टर, जिला झाबुआ

8.

अमरपाल सिंह

अपर आयुक्त (राजस्व)

सागर संभाग, सागर

कलेक्टर, जिला उमरिया

9.

 अनय द्विवेदी

कलेक्टर, जिला मण्डला

उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन, मंत्रालय

10.

 कर्मवीर शर्मा

कलेक्टर, जिला राजगढ़

उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन, मंत्रालय

11.

 अभिजीत अग्रवाल

कलेक्टर, जिला टीकमगढ़

उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन, मंत्रालय

12.

सौरव कुमार सुमन

उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन मंत्रालय

कलेक्टर, जिला टीकमगढ़

13.

 बी विजय दत्ता

उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन मंत्रालय

आयुक्त, नगर पालिक निगम, भोपाल

14.

सुश्री निधि निवेदिता

उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन मंत्रालय

कलेक्टर, जिला राजगढ़

15.

प्रवीण सिंह अढायच

आयुक्त, नगर पालिक निगम, सतना

कलेक्टर, जिला सिवनी

16.

 राजीव रंजन मीना

मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, देवास

कलेक्टर, जिला नीमच

निशांत वरवड़े द्वारा मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, भोपाल का कार्यभार ग्रहण करने पर डॉ. पल्लवी जैन गोविल, वि.क.अ.-सह-आयुक्त, स्वास्थ्य सेवाएँ तथा आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, भोपाल (अतिरिक्त प्रभार) केवल मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, भोपाल के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगी।