Home Blog Page 127

कोरोना से मृत वृद्ध के 3 परिजनों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, जिले के कई गांवों में फैला कोरोना वायरस संक्रमण

0
(फाइल फोटो)

* वृद्ध की जिले में कोरोना जाँच को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट नहीं की स्थिति

* आज 11 नए मरीज मिले, संक्रमितों की कुल संख्या हुई 267, एक्टिव केस 44

पन्ना।(www.radarnews.in) मेडिकल कॉलिज जबलपुर में इलाज के दौरान बीती रात पन्ना के टिकुरिया मोहल्ला निवासी एक 82 वर्षीय वृद्ध की कोरोना से मृत्यु हो गई थी। मृत वृद्ध के 3 परिजनों के आज कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। जिले में आज कुल 11 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसी के साथ अब तक मिले कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 267 हो गई है। इलाज के बाद स्वस्थ हुए 5 कोरोना मरीजों को आज हॉस्पिटल से छुट्टी दी गई। इस तरह अब तक 221 मरीज कोरोना को हराकर स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अभी तक कोरोना के 14007 सैम्पल लिए गए, जिसमें 12748 सैम्पल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि 863 सैम्पल की रिपोर्ट आना अभी शेष है। कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले ग्रामीण अंचल में सामने आ रहे हैं। जिले के कई गांवों में अब तक कोरोना दस्तक दे चुका है। कोरोना संक्रमण के लगातार तेजी से फैलने के मद्देनजर इससे बचाव के लिए विशेष सतर्कता और सावधानी बरतने की जरुरत है।

पन्ना में 5 पॉजिटिव मरीज मिले

नोवल कोरोना वायरस मीडिया बुलेटिन जिला पन्ना दिनांक 30 अगस्त (पेज-1)
जिले के स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जारी कोरोना संबंधी दैनिक मीडिया बुलेटिन के अनुसार रविवार 30 अगस्त को जिले में 11 नए संक्रमित मरीज पाए गए। जिसमें 5 सिर्फ पन्ना में मिले हैं। उल्लेखनीय है कि शहर के टिकुरिया मोहल्ला में मठ्या तालाब के समीप रहने वाले 82 वृद्ध की मेडिकल कॉलिज जबलपुर इलाज के दौरान बीती रात कोरोना से मृत्यु हो गई थी। आज पन्ना में वृद्ध के तीन परिजनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसमें 52 पुरुष, 32 वर्षीय पुरुष एवं 52 वर्षीय महिला शामिल है। इसके अलावा शहर के जगात चौकी के समीप रहने वाले 64 वर्षीय वृद्ध और बड़ा बाजार निवासी 49 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पन्ना विकासखण्ड के ग्राम इटवांकला में 48 वर्षीय पुरुष, अमानगंज के वार्ड क्रमांक-14 में 50 वर्षीय पुरुष, विकासखण्ड गुनौर के ग्राम भाटिया में 12 वर्षीय बालिका, पवई के ग्राम महोड़कला में 22 पुरुष और शाहनगर 50 वर्षीय पुरुष के सैम्पल की जांच में कोरोना संक्रमण का पता चला है।
नोवल कोरोना वायरस मीडिया बुलेटिन जिला पन्ना दिनांक 30 अगस्त (पेज-2)
बताते चलें कि जबलपुर में कोरोना से मृत वृद्ध में मामले में घोर लापरवाही बरतने के आरोपों से घिरे जिले के स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पन्ना जिला चिकित्सालय में उक्त वृद्ध के इलाज के दौरान उनका सैम्पल कोरोना जाँच हेतु लिया गया था या नहीं। अगर सैम्पल लिया था तो उसकी रिपोर्ट का रिजल्ट क्या रहा ? अपनी लापरवाही उजागर होने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस पूरे प्रकरण पर ही चुप्पी साध ली है। जिससे इन सवालों के जबाव नहीं मिल सके।

कोरोना संकट के बीच प्रदेश में अतिवृष्टि से बाढ़ का संकट गहराया, सेना को किया सतर्क

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अतिवृष्टि एवं बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया।

* सीएम शिवराज बोले- चिंतित न हों, विचलित न हों- सरकार साथ है

* अतिवर्षा और बाढ़ की स्थिति में मुख्यमंत्री ने दिया प्रदेशवासियों के नाम संदेश

भोपाल। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना संकट के बीच अतिवर्षा का एक और संकट आया है। प्रदेश के बड़े हिस्से में बाढ़ जैसी स्थितियाँ निर्मित हो रही हैं। नर्मदा और उनकी सहायक नदियाँ इस समय उफान पर हैं। बाँधों से चूंकि लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे तेजी से जलस्तर बढ़ रहा है। होशंगाबाद में तो नर्मदा 973 फीट पर हैं। खतरे का निशान 964 फीट है और अभी 48 घंटे भारी वर्षा की आशंका है। लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। इस घड़ी में चिंतित न हो, विचलित न हो।
छिन्दवाड़ा में बाढ़ प्रभावित को हेलिकॉप्टर द्वारा रेस्क्यू किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां-जहां जरूरी है वहां राहत के, सुरक्षा के, बचाव के सारे कार्य किए जाएंगे। हमारी एसडीआरएफ की टीमें सक्रिय हैं। जहां जरूरत है वहां एनडीआरएफ भेज रहे हैं। सेना को हमने सतर्क किया है। आज छिंदवाड़ा के बेलखेड़ा में फंसे मधु कहार को निकाला गया है। बोट, अन्य उपकरण सामग्रियाँ सबकी व्यवस्था की गई है।

इन स्थानों पर भरा बाढ़ का पानी

होशंगाबाद में बाढ़ प्रभावितों को मोटर बोट के माध्यम से रेस्क्यू किया गया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कुछ जगह निचली बस्तियों में पानी भर रहा है, इनमें होशंगाबाद, बरगी, शाहगंज मुख्य हैं। अभी तक 16 गांव ऐसे है जहां बाढ़ का पानी घुसने की स्थिति है। ऐसे भाई-बहन चिंतित न हो, उनको सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है। ऐसे इलाकों में रहने वाले बहनों और भाईयों से मेरी अपील है बिना किसी जिद के तत्काल निचले स्थान छोड़ देना चाहिए। प्रशासन सुरक्षित स्थानों पर ले जा रहा है, तत्काल जाना चाहिए। वहां भोजन, पीने का पानी सबका इंतजाम किया जाएगा।
छिन्दवाड़ा में बाढ़ प्रभावित को रेस्क्यू टीम द्वारा एयर लिफ्ट किया गया।
कोरोना संकट को देखते हुए भी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाई जाएंगी। प्रशासन सचेत कर रहा है। गांव में शहरों में भी हाई अलर्ट घोषित किया गया है। सुरक्षा के पूरे इंतजाम हैं। जिलों की आपदा प्रबंधन टीमें सक्रिय हैं। जिलों के और राज्य स्तर के कंट्रोल रूम चौबीसों घंटों काम कर रहे हैं।

डैम और झरनों में न जाएं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि वर्षा और बाढ़ से संबंधित किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दें। डायल-100 और दूसरे 1079 नंबर पर किसी भी प्रकार की सहायता के लिए या आपात स्थिति में कॉल करें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हैलीकाप्टर, गोताखोर, बोट आदि सभी के पुख्ता इंतजाम हैं। जरूरत पड़ने पर सेना भी बुला ली जाएगी। सड़क पुल-पुलिया पर बाढ़ का पानी होने पर आप उसे पार न करें, बचें इसमें बहादुरी न दिखाएं। इससे संकट में फंसते हैं। अतिवर्षा की स्थिति में पिकनिक पर नहीं जाएं, डैम, झरने आदि पर जाने का मोह छोड़ें, क्योंकि सावधानी में ही सुरक्षा है। बांधों के गेट खोलने के पूर्व प्रशासन द्वारा नागरिकों को सूचित किया जा रहा है। कृपया अपनी सुरक्षा के लिए प्रशासन की सूचनाओं को गंभीरता से लें। चिंता न करें, हम आपके साथ खड़े हैं, सरकार साथ खड़ी है।

कोरोना अपडेट : आज 14 नए पॉजिटिव मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग के 2 कर्मचारी और जेल के 8 बंदी निकले संक्रमित

0
सांकेतिक फोटो।

* पन्ना जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या हुई 247

* सीएमएचओ बोले किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं

* आवश्यक सतर्कता बरतकर कोरोना को दे सकते हैं मात

* आगामी दो दिनों तक बंद रहेगा पन्ना सीएमएचओ कार्यालय

* संक्रमण की रोकथाम के लिए सैनेटाइज करने के बाद खोला जायेगा कार्यालय

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के आज 14 नए मामले सामने आये हैं। जिसमें स्वास्थ्य विभाग के दो वरिष्ठ स्वास्थ्यकर्मी एवं जिला जेल पन्ना के आठ बंदी शामिल हैं। इसी के साथ जिले में कोरोना वायरस संक्रमितों की अब तक कुल संख्या 247 हो गई है। अभी 603 सैम्पलों की रिपोर्ट शेष है। जिले में अब तक 211 मरीज कोरोना को हराकर पूर्णतः स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं शेष मरीजों का उपचार जिला चिकित्सालय पन्ना समेत आंचलिक कोविड केयर सेंटरों में जारी है।
पन्ना जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी कोरोना वायरस मीडिया बुलेटिन दिनांक 27 अगस्त 2020 (पेज-1) ।
जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एल.के. तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार 27 अगस्त सागर की लैब से प्राप्त जांच रिपोर्ट में 11 नए मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसमें कोतवाली थाना पन्ना में पदस्थ 50 वर्षीय पुरुष कर्मचारी, जिला जेल के 8 बंदी एवं अजयगढ़ विकासखंड के ग्राम बीरा निवासी 18 वर्षीय महिला और 24 वर्षीय युवक के सैम्पल की जांच में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा पन्ना की ट्रयूनॉट लैब से प्राप्त जांच रिपोर्ट में 3 नए पॉजिटिव केस पाए गए। जिसमें दो पन्ना वरिष्ठ स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। इनकी आयु 58 एवं 54 वर्ष बताई जा रही है।
पन्ना जिले के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी कोरोना वायरस मीडिया बुलेटिन दिनांक 27 अगस्त 2020 (पेज-2) ।
इसके अलावा जिला न्यायालय में पाए गए पॉजिटिव प्रकरण के परिवार में 25 वर्षीय महिला भी संक्रमित निकली है। कोरोना के नए मरीज जिन स्थानों पर मिले हैं वहां स्वास्थ्य विभाग की आरआरटी टीमों के द्वारा मौके पर पहुंचकर स्क्रीनिंग, कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग, ट्रेवल हिस्ट्री की जानकारी जुटाकर मरीजों के सम्पर्क में आए व्यक्तियों के सैम्पल लिए गए। साथ ही नए मरीजों को उपचार हेतु नजदीकी कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराने की कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य विभाग पन्ना के दो वरिष्ठ स्वास्थ्य कर्मियों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय पन्ना को आगामी दो दिनों तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। कार्यालय को अच्छी तरह सैनेटाइज करने के पश्चात दो दिन बाद खोला जाएगा।
सांकेतिक फोटो।
जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एल.के. तिवारी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने से जरा भी घबराने की जरुरत नहीं है, आवश्यक सतर्कता बरतते हुए और स्वास्थ्य विभाग के द्वारा दिए जाने वाले दिशा-निर्देशों का पालन करके कोरोना वायरस संक्रमण से आसानी से बचाव किया जा सकता है। आपने कहा कि जहां तक संभव हो अपने घरों में ही रहें। आवश्यक कार्य होने की स्थिति में मुंह और चेहरे को मास्क या फेस कवर से ढककर ही बाहर निकलें। भीड़-भाड़ में जाने से बचें। दिनभर में कई बार साबुन और पानी से अपने हाथ अच्छी तरह साफ़ करें। बिना हाथ धोए अपने चेहरे को न छुएं।
डॉ. एल. के. तिवारी, सीएमएचओ पन्ना।
डॉ. एल.के. तिवारी ने कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति को सर्दी-खांसी-जुखाम-बुखार या अन्य कोई तकलीफ होती है तो बिल्कुल भी घबराने की जरुरत नहीं है, अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर डॉक्टर से सम्पर्क करें। जहां आवश्यक परामर्श और उपचार मुहैया कराया जाएगा। आपने कहा कि जांच में यदि कोई व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया भी जाता है तब भी घबराने या टेंशन लेने की कोई बात नहीं है, सिर्फ कुछ दिन के इलाज से वह पूर्णतः स्वस्थ हो सकता है।

कर्तव्य के दौरान हाथी के हमले में शहीद हुए रेन्जर के परिवार की आर्थिक मदद के लिए आगे आए कई संगठन

0
वन क्षेत्रपाल स्व. बी.आर. भगत के आश्रितों की मदद के लिए पीटीआर के उप संचालक को चैक सौंपते हुए स्टेट फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर्स एसोसिएशन वृत्त छतरपुर के अध्यक्ष आर.एस. पटेल एवं अन्य पदाधिकारी।

* स्टेट फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर्स एसोसिएशन ने दी 6 लाख की आर्थिक सहायता

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) बीते दिनों पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघिन की सर्चिंग के दौरान अचानक हाथी के हमला करने के कारण कर्तव्य के निर्वहन के दौरान हिनौता रेन्जर बी.आर. भगत का दुखद निधन हो गया था। इस गहन दुःख और विपत्ती की घड़ी में शोक संतृप्त परिवार की आर्थिक मदद के लिए अब तक कई संस्थाएं और संगठन स्वप्रेरणा से आगे आए हैं। दरअसल, रेंजर स्व. श्री भगत अपने परिवार के मुखिया होने के साथ-साथ कमाने वाले एकमात्र सदस्य थे। स्व. श्री भगत अंतिम सांस तक वन और वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण के कर्तव्य का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, समर्पण मेहनत और लगन के साथ करते रहे हैं। दुखद हादसे में रेन्जर बी.आर. भगत के असामयिक निधन के कारण उनके आश्रितों को आर्थिक समस्या का सामना न करना पड़े इस बात को ध्यान में रखते हुए स्टेट फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर्स एसोसिएशन वृत्त छतरपुर की अपील पर वृत्त के समस्त वन क्षेत्रपालों के द्वारा के 5 लाख 55 हजार रूपए की सहयोग राशि एकत्र की गई।
रेन्जर बी. आर. भगत। (फाइल फोटो)
इस राशि का चैक बुधवार 26 अगस्त को स्टेट फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर्स एसोसिएशन वृत्त छतरपुर के अध्यक्ष आर.एस. पटेल के द्वारा एवं अन्य पदाधिकारियों के द्वारा पन्ना टाइगर रिजर्व के उप संचालक जरांडे ईश्वर रामहरि को सौंपा गया। जिसे वन क्षेत्रपाल स्व. बी.आर. भगत की पत्नी श्रीमती दमयन्ती भगत के बैंक खाते जमा कराया गया है। इसके अलावा लगभग 45 हजार रुपये की राशि अन्य वन क्षेत्रपालों के द्वारा सीधे श्रीमती दमयन्ती भगत के बैंक खाते में जमा कराई गई है। इस प्रकार स्टेट फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर्स एसोसिएशन मध्य प्रदेश की ओर से कुल 6 रुपए की आर्थिक मदद स्व. श्री भगत वनक्षेत्रपाल के परिवार को पहुंचाई गई।
पन्ना में चैक सौंपने वालों में मुख्य रूप से स्टेट फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर्स एसोसिएशन वृत्त छतरपुर अध्यक्ष आर.एस. पटेल, सुरेन्द्र कुमार शेण्डे वन परिक्षेत्रधिकारी देवेन्द्रनगर, आनन्द शिवहरे वनक्षेत्रपाल, आर.एस. नर्गेश वनक्षेत्रपाल, कैलाश बवनिया वनक्षेत्रपाल, हबीब चन्द्र चौहान वनक्षेत्रपाल, ओमप्रकाश शर्मा प्रांतीय सचिव वन कर्मचारी संघ, महीप कुमार रावत जिलाध्यक्ष वन कर्मचारी संघ पन्ना, अनिल जैन मुख्य लिपिक पीटीआर, प्रदीप द्विवेदी स्टेनो पीटीआर, राजेश थापक, सतीश सोंधिया आदि शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि आर्थिक सहयोग के लिए पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन एवं स्व. श्री भगत के परिजनों ने विनम्रता के साथ स्टेट फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर्स एसोसिएशन मध्य प्रदेश के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।

अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने नवागत कलेक्टर का किया स्वागत

0
नवागत कलेक्टर संजय कुमार मिश्र को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत करते हुए अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के संरक्षक संतोष कुमार मिश्रा।
पन्ना।(www.radarnews.in) जिले के नवागत कलेक्टर संजय कुमार मिश्र का बीते दिवस सोमवार 24 अगस्त को अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा पन्ना के तत्वाधान में स्वागत किया गया। संयुक्त मोर्चा के महामंत्री राजकिशोर शर्मा ने बताया कि मोर्चा के पदाधिकारियों ने संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन पहुंचकर नवागत कलेक्टर श्री मिश्र को अपना परिचय दिया और पुष्पगुच्छ से उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
नवागत कलेक्टर संजय कुमार मिश्र को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत करते हुए अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा पन्ना के जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह यादव।
स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से संतोष कुमार मिश्रा संरक्षक, कृष्णपाल सिंह यादव जिला अध्यक्ष संयुक्त मोर्चा, महीप रावत उप संयोजक, राज किशोर शर्मा, आर.डी.चौरसिया संरक्षक, आशीष रैकवार, लक्ष्मीकान्त यादव उपाध्यक्ष, पुष्पराज सिंह परमार उपाध्यक्ष, जयकरण पटेल संयुक्त सचिव, जे.पी. लखेरा, कृष्ण कुमार यादव, आर.के. रवि, संदीप मिश्रा, दिनेश पटेल उपाध्यक्ष सहित अन्य शामिल रहे।

प्रदेश सरकार ने अधिकारियों-कर्मचारियों के ऊपर किया आर्थिक हमला, चार सूत्रीय मांगों को लेकर जारी रहेगा संयुक्त मोर्चा का संघर्ष

0
अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौपनें के बाद कलेक्ट्रट से बाहर आते हुए अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा जिला इकाई पन्ना के पदाधिकारी।

* संयुक्त मोर्चा अध्यक्ष का दावा जिले में सफल रही कलमबंद हड़ताल

* आगामी निर्णायक आंदोलन की रणनीति बनाएगा मोर्चा : कृष्णपाल

पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा एवं संयुक्त समन्वय समिति के आव्हान पर आयोजित प्रांतव्यापी एक दिवसीय कलमबंद हड़ताल का असर सोमवार 24 अगस्त को पन्ना जिले में भी देखा गया। अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा पन्ना के जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह ने प्रेस में जारी विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि चार सूत्रीय मांगों को लेकर की गई इस हड़ताल का जिले के अधिकारियों-कर्मचारियों ने पूर्ण समर्थन करते हुए अपनी कलम बंद रखी। संयुक्त मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री यादव ने दावा किया है कि पन्ना जिले में कलमबंद हड़ताल पूरी तरह सफल रही। इस हड़ताल को व्यापक समर्थन मिलने की वजह प्रदेश की सरकार के द्वारा अधिकारीयों-कर्मचारियों के हितों पर लगातार कुठाराघात करना है। जिससे कर्मचारी जगत में सरकार के विरुद्ध जबर्दश्त आक्रोश और असंतोष व्याप्त है। प्रदेश की सरकार ने जिस तरह एक के बाद एक अधिकारीयों-कर्मचारियों के ऊपर आर्थिक हमले किये हैं, उसे लेकर कर्मचारी जगत में तीखी प्रतिक्रिया है।
एक दिवसीय कलमबंद हड़ताल सरकार के कर्मचारी विरोधी मनमाने फैसलों के खिलाफ एक सांकेतिक विरोध प्रदर्शन था। इसके माध्यम से कर्मचारियों ने सिर्फ पन्ना जिले में ही नहीं पूरे बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी नाराजगी का रुख स्पष्ट करते हुए कड़ा सन्देश दिया है। प्रदेश के कर्मचारी अपने हितों के संरक्षण के लिए सरकार से आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तत्पर और एकजुट हैं, यह बात जाहिर हो चुकी है। अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा पन्ना के जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह ने कहा कि हम जिन चार सूत्रीय मांगों के निराकरण की बात कर रहे हैं, वे प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से सीधे तौर पर जुड़ीं हैं, उन सरकार यदि गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए तुरंत कोई ठोस निर्णय नहीं लेती है तो आगामी समय में संयुक्त मोर्चा के सभी संगठन राजधानी भोपाल और जिले में बैठकर भविष्य के निर्णायक आंदोलन की रणनीति बनाएंगे। और जल्द ही प्रभावी तरीके से प्रदेश सरकार के खिलाफ संघर्ष का शंखनाद करेंगे।

ये हैं मुख्य मांगे-

अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा जिला इकाई पन्ना के पदाधिकारियों द्वारा कलमबंद हड़ताल वाले दिन शाम के समय पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्र से भेंट कर उन्हें अपनी चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें मुख्य रूप से- जुलाई 2020 की रोकी गई वेतनवृद्धि तत्काल लागू कर आर्थिक लाभ देने, वर्ष 2016 से अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति पर रोक लगी है, जिसके कारण अधिकांश अधिकारी एवं कर्मचारी पदोन्नति प्राप्त किये बगैर सेवानिवृत्त हो रहे हैं । इस संबंध में मोर्चा का सुझाव है कि जो अधिकारी एवं कर्मचारी जिस पद के समतुल्य वेतन एवं ग्रेड-पे प्राप्त कर रहे हों उन्हें उसके समकक्ष पदों के नाम से नामित किया जाए। ऐसा करने से शासन पर कोई वित्तीय भार भी नहीं पड़ेगा। शासन द्वारा राज्य के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मँहगाई भत्ता दिये जाने के संबंध में आदेश जारी किये थे, किन्तु कोरोना महामारी के कारण मँहगाई भत्ता भुगतान के आदेश को स्थगित कर दिया गया था। इस आदेश को वापिस लेते हुये मँहगाई भत्ता 5 प्रतिशत भुगतान करने के आदेश प्रसारित करने की मांग का उल्लेख है।
इसके अलावा सातवें वेतनमान के एरियर की राशि जो तीन वित्तीय वर्षों में भुगतान किया जाना था। इसकी दो किश्तों के भुगतान किये जाने के उपरांत तीसरी किश्त जिसका भुगतान मई-2020 में किया जाना था, जिस पर रोक लगा दिये जाने से एरियर के तीसरी किश्त का भुगतान नहीं हो सका है। साथ ही अध्यापक संवर्ग को छठवें वेतनमान की अप्रैल 2020 में मिलने वाली किश्त का भी भुगतान नहीं हो पाया है । इन रोक को हटाकर लंबित किश्तों का भुगतान कराया जावे एवं सेवानिवृत्ति आयु को 62 वर्ष यथावत रखने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। संयुक्त मोर्चा जिलाध्यक्ष पन्ना कृष्ण पाल सिंह यादव ने बताया कि जिले के समस्त मान्यता प्राप्त गैर मान्यता प्राप्त अधिकारी-कर्मचारी संगठनों के समस्त पदाधिकारियों ने कलमबंद हड़ताल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हड़ताल को सफल बनाया है। इसके लिए श्री यादव ने जिले के समस्त संगठनों का आभार व्यक्त किया है।

पन्ना के प्रसिद्ध जल प्रपात “बृहस्पति कुण्ड” का होगा विकास, बनेगा पर्यटन का प्रमुख केन्द्र

0
पन्ना से करीब 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बृहस्पति कुण्ड जल प्रपात का शानदार दृश्य।

* मनोरम स्थल का अप्रतिम सौंदर्य देखकर बोले नवागत कलेक्टर

* समग्र विकास के लिए भूमि स्थानांतरण का प्रस्ताव बनाने को कहा

* कुण्ड क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने पंचायत को दिए गए निर्देश

* नवागत कलेक्टर की पहल ने प्राकृतिक स्थलों के विकास की जगाई उम्मीद

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) विंध्य पर्वत श्रृंखला की गोद में बसा बुन्देलखण्ड अंचल का पन्ना जिला भौतिक विकास की दौड़ में भले ही पड़ोसी जिलों से काफी पीछे है लेकिन प्राकृतिक रूप से पन्ना काफी समृद्ध है। कुदरत ने पन्ना को करीने की तरह नवाज़ते हुए अपने खजाने से वे सभी नेमतें दीं है, जोकि एक प्राकृतिक पर्यटन स्थल में होनी चाहिए। यहां के घने जंगल, स्वछंद विचरण करते वन्यजीव, बाघ, मनमोह लेने वाले प्रकृति के अद्भुत नज़ारे, एक से बढ़कर एक जल प्रपात, हर पल ताजगी का एहसास कराने वाली स्वच्छ आवोहवा और शांत वातावरण हमेशा ही पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती रही है। यहाँ कदम-कदम पर प्रकृति के दिलकश नज़रों की भरमार है जो अपने अप्रतिम सौन्दर्य से किसी भी व्यक्ति को एक नजर में मंत्रमुग्ध कर देते हैं। बेजोड़ स्थापत्य कला के उत्कृष्ट नमूने रुपी प्राचीन और भव्य मंदिर एवं स्मारक भी पन्ना पहचान समृद्ध बनाते हैं।
इसके अलावा प्रकृति ने पन्ना की धरती को हीरे के रूप में नायाब तोहफा (अनुपम उपहार) भी दिया है। लेकिन इन तमाम खूबियों के बाबजूद पन्ना जिला पर्यटन के नक़्शे में वह मुकाम हांसिल नहीं कर सका जिसका वह हकदार है। बहरहाल पन्ना के नवागत कलेक्टर संजय कुमार मिश्र को यहां के प्राकृतिक स्थलों ने काफी प्रभावित किया है। फलस्वरूप उन्होंने पन्ना के मनोरम स्थलों को सँवारने और यहां पर्यटन सुविधाओं के बुनियादी विकास की पहल शुरू कर दी है। जिससे पन्ना में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और इससे रोजगार के अवसरों का सृजन होने की उम्मीद जाग उठी है।
बृहस्पति कुण्ड के दिलकश नज़ारे को अपलक निहारते हुए पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्र।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार 25 अगस्त को पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने जब बृहस्पति कुण्ड क्षेत्र का भ्रमण किया तो वे सुखद आश्चर्य से भर गए। इस विशाल जल प्रपात में करीब 200 फ़ीट की ऊंचाई से नीचे गिरते बाघिन नदी के पानी के विहंगम दृश्य को देखकर वे रोमांचित हो उठे। कलेक्टर श्री मिश्र ने बृहस्पति कुण्ड की प्राकृतिक छटा को देखकर कहा कि यह एक बहुत ही मनोरम स्थल है। इसे विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर उपस्थित लोगों द्वारा बताया गया कि इस कुण्ड का रास्ता राम वन गमन मार्ग से जुड़ा हुआ है। यहां पर मानसूनी पर्यटकों के अलावा धार्मिक आस्था रखने वाले लोग प्रति वर्ष बड़ी संख्या में आते हैं।
पन्ना तहसील की ग्राम पंचायत गहरा में स्थित बृहस्पति कुण्ड क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कलेक्टर श्री मिश्र ने मौके पर उपस्थित तहसीलदार एवं पटवारी से कुण्ड के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जानकारी में बताया गया कि कुण्ड का ऊपरी हिस्सा पन्ना जिले में तथा निचला हिस्सा जहां पानी गिरता है वह सतना जिले में आता है। कुण्ड क्षेत्र की भूमि वन विभाग में आती है। इस पर कलेक्टर श्री मिश्र ने निर्देश दिए कि कुण्ड क्षेत्र की भूमि के नक्शे पन्ना क्षेत्र के एवं सतना के पटवारी आपसी समन्वय बनाकर तैयार करें। कुण्ड क्षेत्र की जमीन को पन्ना जिले में स्थान्तरित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें।
उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि इस कुण्ड क्षेत्र की साफ सफाई की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की है। यहां कूड़ादान आदि रखने के साथ निरंतर साफ सफाई की व्यवस्था की जाए। उन्होंने मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारी एवं राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि इस स्थान पर कुण्ड के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी संबंधी बोर्ड स्थापित कराया जाए। इस बोर्ड में कुण्ड के चारों ओर स्थित अन्य धार्मिक, ऐतिहासिक, प्राकृतिक, पर्यटन स्थलों की जानकारी दूरी सहित दर्ज की जाए। जिससे यहां आने वाले लोगों को अन्य पर्यटन स्थलों की जानकारी प्राप्त हो सके और अधिक से अधिक लोग जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। जिससे क्षेत्र के विकास के साथ साथ लोगों को रोजगार भी उपलब्ध होगा।
जल प्रपात बृहस्पति कुण्ड का भ्रमण करते हुए पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्र।
कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने कुण्ड क्षेत्र से लगे मार्ग बरहों-कुदकपुर-गजना-धरमपुर-पहाडीखेरा मार्ग का अवलोकन किया। उन्होंने मार्ग में पड़ने वाले रपटों के दोनों तरफ संकेतक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। यह मार्ग ग्रामीण अंचलों से गुजरते हुए पहाड़ीखेरा मुख्य मार्ग से जुड़ जाता है। मार्ग के बन जाने से लोगों को आवागमन के लिए बारामासी मार्ग उपलब्ध होगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री मिश्र ने मौके पर उपस्थित कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को निर्देश दिए कि इस मार्ग के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें। जिससे शासन को भेजकर संबंधित भूमि को पन्ना जिले में शामिल कराया जा सके।

गुड न्यूज़ : बहुप्रतीक्षित ट्रांसपोर्ट नगर की देवेन्द्रनगर को मिली सौगात, मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से 4 करोड़ लागत में होगा निर्माण

0
फाइल फोटो।

* 10 एकड़ भूमि पर बनेगा सर्वसुविधायुक्त ट्रांसपोर्ट नगर

* टीन शेड के नीचे 250 ट्रकों की एक साथ हो सकेगी पार्किंग

* 200 दुकानें, ट्रकों की मरम्मत के लिए वर्कशाप, प्रतीक्षालय भी बनेगा

* देवेंद्रनगर में सड़कों पर ट्रकों की पार्किंग से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में आएगी कमी

राजेन्द्र कुमार लोध, रमेश अग्रवाल- पन्ना/देवेंद्रनगर।(www.radarnews.in) जिले के देवेन्द्रनगर कस्बा से एक अच्छी खबर आई है। स्थानीय लोगों के द्वारा लम्बे समय से की जा रही ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण की मांग पूरी हो चुकी है। बहुप्रतीक्षित ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण कार्य देवेन्द्रनगर के समीप विक्रमपुर तिराहा के किनारे स्थित 10 एकड़ भूमि पर 4 करोड़ की लागत से कराया जायेगा। आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने पर लगभग छह माह के अंदर इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। सर्वसुविधायुक्त ट्रांसपोर्ट नगर के एक साल में मूर्तरूप लेने की उम्मीद है। इसके निर्माण से देवेन्द्रनगर क़स्बा के अंदर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमाँक-39 के दोनों तरफ ट्रकों की पार्किंग के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नगर के अंदर आवागमन बाधित होने की समस्या से भी निजात मिल जाएगी। वहीं नगर परिषद् देवेंद्रनगर के लिए ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण कार्य लाभ का धंधा साबित होगा। इससे नगरीय निकाय को प्रतिवर्ष करीब 25 लाख रुपए की आय होगी।
विक्रमपुर तिराहा के समीप प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण हेतु भूमि का कब्ज़ा हस्तान्तरण की कार्रवाई हेतु स्थल पर मौजूद तहसीलदार दीपा चतुर्वेदी, सीएमओ मेहमूद हसन एवं उपयंत्री एम.एस. बुन्देला।
उल्लेखनीय है कि पन्ना जिले के देवेंद्रनगर क़स्बा में लगभग 500-700 ट्रक है। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-39 किनारे पन्ना-सतना के बीच स्थित इस छोटे से क़स्बा में ट्रांसपोर्ट नगर न होने से ट्रकों की पार्किंग राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों तरफ होती है। इसके कारण देवेंद्रनगर में जहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होतीं हैं वहीं नगर के अंदर एनएच का ट्रैफिक भी बुरी तरह बाधित रहता है। नगर के अंदर ट्रकों की पार्किंग से होने वाली इन ससमस्यों के स्थाई समाधान के लिए स्थानीय लोगों के द्वारा पिछले एक दशक से ट्रांसपोर्ट नगर की मांग प्रमुखता से की जा रही थी।
इसके सम्बंध कई बार विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों के द्वारा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधयों तथा प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए। लम्बे चले संघर्ष के परिणामस्वरूप आखिरकार देवेंद्रनगर वासियों की ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना से जुड़ीं मांग पर शासन ने गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए इसे उचित और आवश्यक मानकर स्वीकृति प्रदान कर दी है। ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण को स्वीकृति मिलने की खबर आने के बाद से देवेन्द्रनगर के वाशिंदों में ख़ुशी की लहर व्याप्त है।

नगर परिषद को मिला भूमि का कब्ज़ा

प्रस्तावित निर्माण स्थल की नापजोख के पूर्व एवं राजस्व विभाग के दस्तावेजों का अवलोकन करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी मेहमूद हसन एवं उपयंत्री एम.एस. बुन्देला।
बहुप्रतीक्षित ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण की स्वीकृति मिलने पर नगर परिषद देवेंद्रनगर ने जनभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए इसे मूर्तरूप देने के लिए आवशयक कार्रवाई तेजी से शुरू कर दी है। देवेंद्रनगर से करीब 2 किलोमीटर दूर विक्रमपुर तिराहा के किनारे जिस स्थल पर ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण कार्य प्रस्तावित है, उस 10 एकड़ भूमि का कब्ज़ा नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मेहमूद हसन ने तहसीलदार देवेंद्रनगर दीपा चतुर्वेदी से प्राप्त कर लिया है। भूमि के कब्जे के हस्तांतरण की कार्रवाई स्थल पर जाकर की गई।
नगर परिषद देवेंद्रनगर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मेहमूद हसन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस भूमि के एवज में नगरीय निकाय के द्वारा 18 लाख रुपए का प्रीमियम जमा कराया गया था, कई वर्षों के प्रयास के पश्चात निकाय को भूमि का कब्ज़ा प्राप्त हुआ है। श्री हसन ने एक सवाल के जबाव में कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण कार्य के महत्व का आंकलन आप उसकी लागत से ना करें बल्कि देवेंद्रनगर के नागरिकों के नजरिए से इसकी आवश्यकता को देखें। ट्रांसपोर्ट नगर की बहुप्रतीक्षित सौगात का मिलना स्थानीय लोगों के लिए वाकई बड़ी उपलब्धि है। क्योंकि इसके निर्माण से उनकी ज्वलंत समस्या का स्थाई समाधान हो संभव हो सकेगा। वहीं इससे निकाय को प्रतिवर्ष 25 लाख रुपए की बड़ी आमदनी होगी।

ट्रांसपोर्ट नगर में मिलेंगी ये सुविधाएं

देवेन्द्रनगर के बहुप्रतीक्षित ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण हेतु प्रस्तावित साइट प्लान।
नगर परिषद देवेंद्रनगर के उपयंत्री एम.एस. बुन्देला ने प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इसका निर्माण कार्य 4 करोड़ की लगत से मुख्यमत्री अधोसंरचना मद, निकाय निधि एवं दुकानों से प्राप्त प्रीमियम की राशि से छह माह के अंदर शुरू कराया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक औपचारिकताओं की पूर्ती की जा रही है। उपयंत्री श्री बुन्देला ने चर्चा के दौरान बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में 200 दुकानें, टीन शेड के नीचे 250 ट्रकों की एक साथ पार्किंग की सुविधा, ट्रकों की मरम्मत के लिए वर्कशॉप, प्रतीक्षालय, कैंटीन, पानी की टंकी, विद्युत व्यवस्था, सुलभ कॉम्पलेक्स एवं चौकीदार आवास आदि का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर का जो प्राथमिक प्लान बनाया गया है उसे अंतिम रूप देने के लिए निकाय प्रशासक से कंसल्टेंट की नियुक्ति के सम्बंध में आवश्यक चर्चा की गई है। अगर सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो निर्माण कार्य की टेण्डर प्रक्रिया पूर्ण होने के लगभग एक वर्ष बाद ट्रांसपोर्ट नगर मूर्तरूप ले लेगा।

अतिक्रमण का केस ख़ारिज करने के एवज में 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते पटवारी को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा

0

* फरियादी से की गई थी एक लाख रुपये की मांग

* लोकायुक्त पुलिस की ट्रैप कार्रवाई से पवई में मचा हड़कम्प

शादिक खान, राकेश पाठक- पन्ना/पवई।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के तहसील मुख्यालय पवई में लोकायुक्त पुलिस ने आज एक ट्रैप कार्रवाई को अंजाम देते हुए पवई हल्का के पटवारी राजेन्द्र सोनी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पटवारी पर आरोप है कि उसने रिश्वत की यह राशि फरियादी विकास जैन निवासी पवई से उसके विरुद्ध न्यायालय में चल रहे अतिक्रमण के मामले को ख़ारिज करने के एवज ली गई थी। पवई में लोकायुक्त पुलिस टीम सागर की कार्रवाई के बाद से प्रशासनिक हल्कों में हड़कम्प मचा है। कार्रवाई की भनक लगते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पटवारी के शासकीय आवास के बाहर जमा हो गए।
फरियादी विकास जैन।
ट्रैप कार्रवाई करने वाली टीम का नेतृत्व कर रहे लोकायुक्त पुलिस संगठन सागर के निरीक्षक अभिषेक वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय बस स्टैण्ड के समीप स्थित भूमि पर विकास जैन के द्वारा बाउण्ड्रीवॉल का निर्माण कराने पर तहसीलदार और पटवारी ने कुछ समय पूर्व उसके विरुद्ध शासकीय भूमि में अतिक्रमण करने का केस बना दिया था। उक्त केस तहसीलदार के न्यायालय में विचाराधीन है। कथिततौर पर इसे खारिज करने के एवज में एक लाख रुपये की मांग विकास जैन से पटवारी राजेन्द्र सोनी के द्वारा की गई थी। विकास जैन ने इसकी लिखित शिकायत लोकायुक्त पुलिस संगठन सागर से की।
आरोपी पटवारी राजेन्द्र सोनी।
शिकायत की तस्दीक होने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कार्रवाई की योजना तैयार की गई। पटवारी से कथित तौर पर रिश्वत को लेकर हुई पूर्व चर्चा के अनुसार फरियादी विकास जैन बुधवार 26 अगस्त को दोपहर में कैमिकलयुक्त नोट लकेर उसके शासकीय आवास पहुंचा। इस दौरान लोकायुक्त पुलिस की टीम आवास के बाहर आसपास पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रही। विकास जैन ने जैसे ही पटवारी राजेन्द्र सोनी को रिश्वत की प्रथम किश्त के रूप में 25 हजार रुपए दिए, तभी फरियादी का इशारा मिलते ही लोकायुक्त पुलिस की टीम ने दबिश देकर पटवारी राजेन्द्र सोनी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पटवारी ने पत्रकारों से चर्चा में खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि मुझे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उसने बताया कि मैनें विकास जैन की तरफ से मंदिर के चंदे की रसीद काटी थी, जिसके रुपए देने के नाम पर ट्रैप कार्रवाई की गई है। मौके पर अभी पटवारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध करने की कार्रवाई जारी है।

नेशनल हाईवे पर डम्फर की गिट्टी पलटाकर जाम लगाने के मामले में 4 के खिलाफ प्रकरण दर्ज, 2 आरोपी गिरफ्तार

0

* खनिज निरीक्षक की रिपोर्ट पर मड़ला थाना पुलिस ने की कार्रवाई

* पन्ना-छतरपुर मार्ग पर पांच घण्टे बहाल हो पाया वाहनों का आवगमन

* बीच सड़क में डम्प गिट्टी को हटाने के लिए बुलानी पड़ी जेसीबी मशीन

* खनिज निरीक्षक ने बगैर पिटपास के गिट्टी परिवहन करते हुए पकड़े थे दो डम्फर

* कार्रवाई के डर से बीच सड़क में गिट्टी अनलोड करके डम्फर लेकर भाग निकले थे चालक

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) बगैर ई-टीपी के अवैध तरीके से गिट्टी का परिवहन करते हुए पकड़े जाने पर दो डम्फरों के चालक कार्रवाई से बचने के लिए आज सुबह मड़ला घाटी में बीच सड़क पर गिट्टी पलटाकर मौके से डम्फर लेकर फरार हो गए थे। नेशनल हाईवे क्रमांक-39 में वाहनों के आवागमन को बाधित करने और शासकीय कार्रवाई में व्यवधान डालने के इस गंभीर मामले में मड़ला थाना पुलिस ने खनिज निरीक्षक पन्ना देवेन्द्र महोबे की रिपोर्ट पर डम्फर के मालिक और दोनों चालकों समेत कुल चार लोगों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है। इस मामले में पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों आशुतोष शिवहरे निवासी बड़ा बाजार पन्ना और चालक मैय्यादीन कुशवाहा निवासी पुरुषोत्तमपुर को कुछ ही घण्टे बाद गिरफ्तार भी कर लिया है।
इन आरोपियों के द्वारा डम्फर की गिट्टी मड़ला घाटी में बीच सड़क पर अनलोड करके डम्फर लेकर भाग निकलने से पन्ना-छतरपुर मार्ग में करीब 5 घण्टे तक बड़े वाहनों के पहिये पूरी तरह थमे रहे। मौके पर जेसीबी मशीन बुलाकर गिट्टी को हटवाने के बाद दोपहर में लगभग 11 बजे वाहनों की आवाजाही पुनः शुरू हो सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज निरीक्षक देवेन्द्र महोबे सोमवार 24 अगस्त की सुबह खनिज सामग्री का परिवहन करने वाले वाहनों की चैकिंग के लिए दलबल के साथ अचानक मड़ला घाटी पहुँच गए। इस दौरान गिट्टी का परिवहन कर छतरपुर से पन्ना की ओर जा रहे दो डम्फरों को उनके द्वारा रोककर ई-टीपी मांगी गई। डम्फर चालकों के पास ई-टीपी न मिलने पर खनिज निरीक्षक सख्ती दिखाते हुए डम्फरों को कार्रवाई के लिए जैसे ही पन्ना लाने लगे तभी डम्फर मालिक मौके पर पहुँच गया। बगैर पिटपास के गिट्टी परिवहन कर शासन के राजस्व की चोरी करने के बावजूद डम्फर मालिक उल्टा धौंस दिखाते हुए कार्रवाई का विरोध करने लगा।
मड़ला घाटी में मौके पर मौजूद खनिज निरीक्षक एवं उनकी टीम।
इस दौरान मालिक के कहने पर डम्फर चालक बीच सड़क पर ही गिट्टी को अनलोड करके डम्फर लेकर मौके से भाग निकले। इससे पन्ना-छतरपुर मार्ग पर मड़ला घाटी में भैरव टेक के समीप सड़क के दोनों तरफ बड़े वाहनों के पहिये थम गए। सुबह लगभग 6 बजे मड़ला घाटी में लम्बा जाम लग गया। जिसमें सैंकड़ों वाहन दोनों तरफ फंसे गए। खनिज निरीक्षक की सूचना पर मौके पर पहुंची मड़ला थाना पुलिस के द्वारा गिट्टी को हटवाने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई गई। इस तरह करीब 5 घण्टे बाद दोपहर में लगभग 11 बजे पन्ना-छतरपुर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पुनः शुरू हो सकी।
इस अप्रत्याशित घटनाक्रम की गंभीरता को देखते वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खनिज निरीक्षक पन्ना देवेन्द्र महोबे के द्वारा मड़ला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस मामले में पुलिस ने डम्फर के मालिक एवं चालकों समेत कुल चार आरोपियों के खिलाफ धारा 353, 341, 441, 294, 186, 506, 34 आईपीसी के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्परता से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों आशुतोष शिवहरे निवासी बड़ा बाजार पन्ना और चालक मैय्यादीन कुशवाहा निवासी पुरुषोत्तमपुर को गिरफ्तार भी कर लिया है। वहीं शेष दो फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि आज दिन भर यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बना रहा।