Home Blog Page 54

MP : कपड़ा व्यापारी ने पत्नी के साथ खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट में लिखा…. हमारे सामने बड़ी प्रॉब्लम थी!

0
पन्ना के कपड़ा व्यापारी संजय सेठ और उनकी पत्नी मीनू सेठ। (फाइल फोटो)

*      अंदर से बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर निकाले दंपत्ति के शव

*      दिल दहलाने वाली घटना के बाद से पन्ना में शोक की लहर

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिला मुख्यालय में सनसनीखेज घटना सामने आई है। शनिवार 28 जनवरी को दोपहर में नगर के कपड़ा व्यापारी संजय सेठ ने अपनी पत्नी मीनू सहित खुद को गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद पति और पत्नी की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव विच्छेदन गृह भेज दिया है। दंपत्ति के कमरे से मिले सुसाइड नोट में उनके सामने बड़ी प्रॉब्लम होने का उल्लेख है। मगर, प्रारंभिक जांच में स्पष्ट तौर पर यह पता नहीं चल सका कि सेठ दंपत्ति के समक्ष आखिर ऐसी क्या प्रॉब्लम थी जिससे हारकर उन्होंने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। स्तब्ध करने वाली इस घटना की खबर आने के बाद से पन्ना नगर में शोक का माहौल है। घटना पर मर्ग कायम कर कोतवाली थाना पन्ना पुलिस मामले की सूक्ष्मता से जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार पन्ना के प्रतिष्ठित कपड़ा व्यापारी संजय सेठ (48) पुत्र स्व. रामरतन सेठ किशोरगंज मोहल्ला स्थित अपने पैतृक घर की पहली मंजिल में रहते थे। आज दोपहर में करीब 1 बजे दूध वाला रोज की तरह दूध देने के लिए संजय के घर पहुंचा लेकिन काफी देर तक दरवाजे पर दस्तक देने के बाद भी अंदर से कोई आवाज़ नहीं आई। घर के भूतल में मौजूद परिजनों व आस-पड़ोस के लोगों को जब इसका पता चला तो अनहोनी की आशंका के चलते आनन-फानन में संजय के कमरे की खिड़की तोड़ा गया। कमरे के अंदर का दृश्य देखा तो परिजन हैरान रह गए। कमरे में संजय सेठ और उनकी पत्नी मीनू सेठ खून से लथपथ हालत में पड़े थे। कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा तो दोनों की मौत हो चुकी थी।
इस ह्रदय विदारक घटना की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी आरती सिंह, एसडीओपी बीएस बारीबा, कोतवाली थाना प्रभारी अरुण सोनी एवं पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया। कमरे के अंदर शवों के पास बारह बोर की बंदूक मिली है। प्रथम दृष्टया यह माना जा रहा है कि कथित तौर पर पत्नी मीनू के गोली मारने के बाद संजय ने खुद को शूट कर लिया। दोनों के सीने पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं। कमरे के अंदर रखा टीव्ही काफी तेज आवाज़ चालू था। शायद इसी कारण घर के ग्राउंड फ्लोर (भूतल) में मौजूद परिजनों को गोली चलने की भनक तक नहीं लग सकी।

कमरे से मिला सुसाइड नोट

पन्ना में शव विच्छेदन गृह के बाहर मौजूद सेठ दंपत्ति के परिजन एवं परिचित लोग।
कोतवाली थाना पन्ना प्रभारी एवं निरीक्षक अरुण सोनी ने रडार न्यूज़ को जानकारी देते हुए बताया कि जिस कमरे में सेठ दंपत्ति के शव मिले है वहीं रखे रजिस्टर में सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें आत्महत्या के कारण संबंध में सिर्फ इतना ही लिखा है कि, हमारे सामने बड़ी प्रॉब्लम थी! लेकिन प्रॉब्लम के बारे में खुलकर कोई उल्लेख नहीं किया है। निरीक्षक अरुण सोनी ने बताया, अब तक की जांच में यह मामला पूरी तरह से सुसाइड का जान पड़ता है। पन्ना एसडीओपी बीएस बारीबा ने बताया कि सुसाइड नोट में दंपत्ति ने उल्लेख किया है कि उन्हें किससे कितने रुपए मिलने हैं। इसके अलावा अपने दोनों बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी बड़े भाई को सौंपने की बात लिखी है। पुलिस अधिकारियों ने सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से परीक्षण कराने तथा घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कराने की बात कही है।

घटना के समय घर पर नहीं था पुत्र

कपड़ा व्यवसायी संजय सेठ और उनकी पत्नी मीनू ने आज दोपहर में जब को खुद को गोली से उड़ाया तो उस समय इनका पुत्र घर पर नहीं था। वह ट्यूशन पढ़ने गया था। जबकि सेठ दम्पत्ति की बेटी वर्तमान में भोपाल में रहकर पढ़ाई कर रही है। अपुष्ट चर्चा है कि, पूर्व में मीनू सेठ की तबियत कुछ ख़राब थी जिसको लेकर संजय परेशान रहता था। लेकिन वर्तमान मीनू का स्वास्थ्य अच्छा था। फिर अचानक ऐसा क्या हुआ जिसके चलते कपड़ा व्यवसायी संजय सेठ और मीनू ने आत्मघाती कदम उठा लिया। यह सवाल पीड़ित परिजनों और पुलिस को न सिर्फ परेशान कर रहा है बल्कि फ़िलहाल अबूझ पहेली भी बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि संजय नगर के प्रसिद्ध कपड़ा व्यवसायी पप्पू सेठ के छोटे भाई थे। मिलनसार और सहयोगी स्वाभाव वाले संजय धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में खासे सक्रिय रहते थे। वह बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के अनुयायी थे। चर्चा है कि सुसाइड से कुछ घंटे पहले ही संजय ने फेसबुक पर बागेश्वर धाम से जुड़ी पोस्ट की थी। सेठ दंपत्ति की मौत की अत्यंत ही दुखद खबर आने के बाद से नगर में शोक की लहर व्याप्त है।

गणतंत्र दिवस पर जिला लोक अभियोजक किशोर श्रीवास्तव सम्मानित

0
पन्ना में गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में जिला लोक अभियोजक किशोर श्रीवास्तव को सम्मानित करते मुख्य अतिथि खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा।

*    विधिक प्रकरणों में शासन की ओर से न्यायालय में की गई कुशलता पूर्वक पैरवी

*    उत्कृष्ट सेवाओं की सरहाना कर खनिज मंत्री व सांसद ने शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) गणतंत्र दिवस पर पुलिस परेड ग्राउण्ड पन्ना में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया। इसी क्रम में जिला लोक अभियोजक पन्ना किशोर श्रीवास्तव को बेहतर तरीके से दायित्व का निर्वहन करने के लिए प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मिला दोहरा सम्मान

जिला लोक अभियोजक किशोर श्रीवास्तव को न्यायालय में विधिक प्रकरणों में शासन की ओर से कुशलता पूर्वक पैरवी करने के लिए गणतंत्र दिवस पर पन्ना कलेक्टर का हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र और जिला पुलिस बल पन्ना की ओर से उत्कृष्ट सेवा सम्मान शील्ड खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा के द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर कलेक्टर संजय कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

अभियोजन को न्याय दिलाने में निभा रहे अहम भूमिका

गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में जिला लोक अभियोजक पन्ना किशोर श्रीवास्तव को सम्मानित किए जाने पर उपस्थित लोगों के द्वारा तालियां बजाकर प्रसन्नता व्यक्त की गई। उल्लेखनीय है कि, विद्वान अधिवक्ता एवं जिला लोक अभियोजक किशोर श्रीवास्तव पिछले कुछ वर्षों से लगातार सनसनीखेज, चिन्हित अपराधों एवं अनेकों बहुचर्चित प्रकरण में अभियोजन (शासन) की ओर से पैरवी करते हुए अपने प्रभावी तर्कों एवं साक्ष्यों से न्यायालय को सहमत कर अभियोजन के मामले को युक्ति-युक्त संदेह से परे साबित कर पीड़ितों (अभियोजन) को न्याय दिलाने में अहम भूमिका अदा कर रहे हैं। जिला लोक अभियोजक किशोर श्रीवास्तव को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किए जाने पर पन्ना के अधिवक्ताओं, अधिकारियों-कर्मचारियों, पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतनिधियों ने उन्हें बधाई दी है। 

गणतंत्र दिवस : मंत्री बृजेन्द्र प्रताप ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली

0
गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदेश की जनता को संबोधित मुख्यमंत्री के सन्देश का वाचन करते हुए खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह।

*    पन्ना में 74वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

*    सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी कार्यक्रम में हुए शामिल

पन्ना। (www.radarnews.in) देश का 74वां गणतंत्र दिवस समारोह पन्ना जिले में भी हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान राष्ट्रगान की धुन बजाई गई और हर्ष फायर किया गया।
पन्ना में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के पश्चात मंत्री श्री सिंह ने खुली जिप्सी में कलेक्टर संजय कुमार मिश्र और पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के साथ परेड का निरीक्षण किया। रक्षित निरीक्षक देविका सिंह बघेल भी साथ थीं। मुख्य अतिथि ने प्रदेश की जनता के नाम संबोधित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन कर आकाश में गुब्बारे छोड़े। समारोह में परेड की विभिन्न टुकड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने टोली नायकों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व प्रजातंत्र रक्षकों का सम्मान भी किया गया।

प्रतिकूल मौसम के बावजूद दिखा अपार उत्साह

जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देते हुए स्कूली बच्चे।
गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में सर्दी व रिमझिम बारिश के बावजूद विभिन्न स्कूल के बच्चों ने देशभावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। अपार उत्साह के साथ बच्चों द्वारा सामूहिक पीटी प्रदर्शन भी किया गया। गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शासकीय विभागों की अलग-अलग थीम पर केन्द्रित झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहीं। समारोह में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग, आईटीआई, जल जीवन मिशन, यातायात पुलिस, उद्यानिकी विभाग, कृषि विभाग और जिला पंचायत की झांकियों का प्रदर्शन किया गया।

पुरस्कार वितरण

छत्रसाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय पन्ना के सीनियर डिवीजन एनसीसी कैडेट्स को उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन के लिए मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह एवं सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने प्रथम पुरुष्कार प्रदान किया।
कार्यक्रम उपरांत उत्कृष्ट परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकी के लिए पुरस्कार वितरित किए गए। सशस्त्र परेड में जिला पुलिस बल की टुकड़ी को प्रथम और होमगार्ड को द्वितीय स्थान मिला। जबकि बगैर शस्त्र परेड में सीनियर डिवीजन एनसीसी छत्रसाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय को प्रथम और एनएसएस की टुकड़ी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम में जूनियर विंग में महर्षि विद्या मंदिर एवं जवाहर नवोदय विद्यालय को संयुक्त रूप से प्रथम और लिस्यू आनंद स्कूल को द्वितीय स्थान तथा सीनियर विंग में नेशनल पब्लिक स्कूल को प्रथम, सरस्वती उ.मा. विद्यालय को द्वितीय और महारानी दुर्गा राज्य लक्ष्मी स्कूल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। झांकी प्रदर्शन में महिला व बाल विकास विभाग की झांकी को प्रथम, कृषि विभाग की झांकी को द्वितीय और शिक्षा विभाग व जिला पंचायत की झांकी को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान मिला।
कार्यक्रम का संचालन डाॅ. विनय श्रीवास्तव एवं प्रमोद अवस्थी द्वारा किया गया। इस अवसर पर सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिपं अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे, उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, नपाध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय, उपाध्यक्ष श्रीमती आशा गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शासकीय सेवक, गणमान्य नागरिक और पत्रकारगण उपस्थित थे।

तीर्थ दर्शन योजना | द्वारकाधीश की तीर्थ यात्रा के लिए 200 यात्रियों को किया रवाना

0
बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करतीं पन्ना नगर पालिका अध्यक्ष मीना पाण्डेय।

*     जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर ने माला पहनाकर किया स्वागत

*     बुजुर्ग यात्रियों को सकुशल तीर्थ यात्रा की दी गईं शुभकामनाएं

पन्ना।(www.radarnews.in) मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के वरिष्ठ नागरिक द्वारकाधीश की यात्रा के लिए मंगलवार 24 जनवरी को बस से सड़क मार्ग द्वारा सतना रवाना हुए। कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने तीर्थ यात्रियों की बस को स्थानीय टाउन हाॅल से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान यात्रियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया और सकुशल तीर्थ यात्रा की शुभकामनाएं भी दी गईं। जिला कलेक्टर द्वारा बस में सवार तीर्थ यात्रियों से चर्चा कर किसी भी असुविधा पर संपर्क के लिए अपना मोबाइल नंबर भी प्रदान किया गया। इस मौके पर नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय, नपा उपाध्यक्ष आशा गुप्ता, जिपं उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, अपर कलेक्टर जेपी धुर्वे, एसडीएम एसएन दर्रो भी उपस्थित थे।

यात्रियों की प्रतीक्षा सूची तैयार की गई

तीर्थ यात्री सतना से ट्रेन में सवार होकर द्वारका की यात्रा के लिए रवाना हुए। यात्रा उपरांत बुजुर्ग तीर्थ यात्री 29 जनवरी को ट्रेन द्वारा वापस सतना रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान यात्रियों की सहायता के लिए अनुरक्षक भी भेजे गए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में निःशुल्क तीर्थ यात्रा के लिए प्राप्त 487 आवेदनों में से गत दिनों लाॅटरी के माध्यम से 200 तीर्थ यात्रियों का चयन किया गया। यात्रियों की प्रतीक्षा सूची भी तैयार की गई थी।

सेक्सटॉर्शन : वीडियो कॉल पर अनजान लड़की ने अश्लील हरकतें कर वीडियो बनाया, वायरल करने की धमकी देकर शिक्षक से ऐंठे 11 लाख

0
सेक्सुअल ब्लैकमेलिंग के मामले के खुलासे की पत्रकारों को जानकारी देते पन्ना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना।

*     पुलिस ने अंतर्राज्यीय मेवाती गैंग के 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार

*     आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप एवं 15 हजार रुपए जप्त

*     शातिर साइबर ठग राजस्थान में बैठकर करते थे सेक्सुअल ब्लैकमेलिंग

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने सेक्सटॉर्शन यानी सेक्सुअल ब्लैकमेलिंग के एक मामले का खुलासा करते हुए राजस्थान के मेवाती गैंग के 2 सदस्यों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। ये लोगों को वीडियो कॉल के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर ठगी का शिकार बनांते थे। पकड़े गए शातिर ठगों ने जिले के गुनौर क़स्बा निवासी एक शिक्षक का अनजान लड़की के साथ अश्लील वीडियो एडिट करके बनाया फिर उसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल करने की धमकी देकर 11 लाख रुपए अलग-अलग बैंक खाता नंबरों पर ट्रांसफर करवा लिए। लगातार सेक्सुअल ब्लैकमेलिंग का शिकार हो रहे शिक्षक के द्वारा पुलिस से शिकायत की गई। नए दौर के इस अपराध (सेक्सटॉर्शन) को गंभीरता से लेते हुए पन्ना पुलिस ने अंत्तर्राज्यीय मेवाती गैंग के 2 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, एटीएम कार्ड एवं रुपए 15 हजार नगदी सहित अन्य सामग्री जप्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। इस मामले के 3 आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

क्या है मामला

पुलिस अधीक्षक पन्ना धर्मराज मीना ने मंगलवार 24 जनवरी को प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि उनके कार्यालय में फरियादी ने दिनांक 10 दिसंबर 2022 को शिकायत की थी। जिसमें बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मेरे मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल किया। कॉल में एक अनजान लड़की दिखी जो स्वयं अश्लील हरकतें कर रही थी। कुछ समय बाद अज्ञात नम्बर से मेरे मोबाइल में वीडियो कॉल के दौरान का लड़की के साथ अश्लील वीडियो एडिट कर भेजा गया। उक्त वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर रुपयों की मांग की गई। बदनामी के डर से परेशान शिक्षक ने बताए गये बैंक खाता नम्बर में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद लगातार अज्ञात नंबरों से कॉल कर साइबर ठगों ने खुद को कभी सीआईडी अधिकारी तो कभी सोशल मीडिया अधिकारी बताकर शिक्षक ब्लैकमेल किया। इस तरह अलग-अलग बैंक खातों में शिक्षक ने कुल 11 लाख रुपए डाल दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक पन्ना ने तत्काल पुलिस सायबर सेल टीम को अज्ञात आरोपियों के बारे में सम्पूर्ण जानकारी एकत्रित करने निर्देशित किया। गुनौर थाना पुलिस के द्वारा इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध धोखाधड़ी का प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया। इसके बाद गुनौर थाना पुलिस एवं साइबर सेल के द्वारा पहाड़ी भरतपुर राजस्थान से अंत्तर्राज्यीय मेवाती गैंग के 2 सक्रिय संदेही व्यक्तियों को गिरफ्तार पन्ना लाया गया।

लड़की बनकर करते थे वीडियो कॉल

पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा दी गई जानकारी अनुसार, पकड़े गए आरोपियों ने पूंछतांछ में पुलिस को बताया हम लोग महीने के हिसाब से मुस्तफा इन्टरप्राइजेज पहाड़ी भरतपुर राजस्थान में काम करते है। वहां पर तीन अन्य लोग ई-मित्र (कियोस्क बैंक) संचालित करते हैं। जो लोगों से वीडियो कॉल पर लड़की बनकर अश्लील बातचीत करते थे। और फिर अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने एवं कानूनी कार्यवाही करवाने की धमकी देकर जालसाजी करते थे। आरोपियों ने बताया ठगी के जरिए बैंक खतों में जो भी राशि आती उसमें से ज्यादातर रुपया वो तीनों लोग आपस में बांट लेते है एवं थोड़ा पैसा हमें भी दे देते हैं। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 1 एटीएम कार्ड, 2 मोबाइल, 15 हजार रूपये नगद एवं आरोपियों द्वारा संचालित मुस्तफा इंटरप्राइजेज (कियोस्क बैंक शाखा) से मिले 1 लैपटॉप, 1 रजिस्टर, 3 अन्य मोबाईल, 1 बायोमैट्रिक डिवाईस एवं 3 सिमकार्ड को जप्त किया है। मामले में 3 संदेही व्यक्ति फरार है। जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। शिक्षक से जिन खातों में रुपए डलवाए गए उन 6 खातों में करीब 90 लाख रूपए जमा हुए है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है। पुलिस अधीक्षक श्री मीना ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अन्य राज्यों में कायम हुये इसी तरह के अन्य मामलों का खुलासा होने की संभावना जताई है।

तेंदुए की मौत का मामला : वन विभाग ने 4 किसानों को किया गिरफ्तार, विरोध में उतरे कृषक और सामाजिक संगठन

0
तेंदुआ की करंट से मौत के मामले में निर्दोष किसानों को फंसाने का आरोप लगाते हुए वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते ग्रामीण एवं कांग्रेस नेता।

*      वन विभाग पर फर्जी प्रकरण दर्ज कर निर्दोष को फंसाने का लगाया आरोप

*      विधुत कनेक्शन की लाइन के करंट से तेंदुए की मौत को बताया दुर्घटना

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में दक्षिण वन मंडल अंतर्गत बीते दिवस करंट लगने से तेंदुए की मौत होने का मामला प्रकाश में आया था। वन विभाग ने इस प्रकरण में चार संदिग्ध किसानों को गिरफ्तार किया है। तेंदुए की मौत को लेकर वन विभाग के द्वारा किसानों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किए जाने से तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई है। इस कार्रवाई के विरोध में उतरे कृषक और सामाजिक संगठनों ने दर्ज प्रकरण को पूर्णतः फर्जी बताते हुए आरोपी बनाए गए किसानों को तुरंत रिहा करने की पुरजोर मांग की है। कांग्रेस नेताओं की अगुआई में आज इस संबंध में पन्ना पहुंचे ग्रामीणों के द्वारा कलेक्ट्रट कार्यालय के बाहर वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने निर्दोष किसानों को तत्काल रिहा करने, दर्ज किए गए फर्जी वन अपराध की निष्पक्ष जांच कराने और किसानों को हिरासत में लेकर प्रताड़ित करने वाले वनकर्मियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है यदि 24 घंटे के अंदर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो बंदी किसानों को न्याय दिलाने के लिए कृषक एवं सामाजिक संगठनों के द्वारा वन विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
क्या है मामला
उल्लेखनीय है कि, दक्षिण वन मंडल पन्ना की पवई रेंज अंतर्गत बमुरहा ग्राम के नजदीक स्थित खेत में दिनांक 17 जनवरी 2023 को एक तेंदुआ मृत पाया गया था। तेंदुआ की मौत खेत में स्थित बोर के विधुत कनेक्शन तार से करंट लगने के कारण होने की जानकारी सामने आई थी। अगले दिन 18 जनवरी की सुबह ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना वन अमले को दी गई। करीब 4-5 घण्टे की देरी से मौके पर पहुंचे वन अमले ने तेंदुए का शव बरामद कर पोस्टमार्टम उपरांत शव का दाह संस्कार किया गया। इस मामले में 18 जनवरी को वनकर्मी कृषक बद्री प्रसाद पटेल, लक्ष्मी पटेल, प्रकाश पटेल व लोकेन्द्र पटेल सभी निवासी ग्राम बमुरहा को पूंछतांछ के लिए अपने अपने साथ ले गए थे। हिरासत में लिए गए किसानों को शुक्रवार 20 जनवरी तक नहीं छोड़ा और दुर्घटनावश हुई तेंदुए की मौत के मामले में कथित तौर पर बेगुनाह किसानों को आरोपी बना दिया। इस मामले में आज जिला कांग्रेस अध्यक्ष पन्ना शारदा पाठक, गुनौर विधायक शिवदयाल बागरी, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष अजयगढ़ भरत मिलन पाण्डेय, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि सेवालाल पटेल एवं भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष पन्ना बसंत लाल पटेल नेतृत्व में कलेक्टर के नाम सौंपे गए ज्ञापन में वन अमले पर अत्यंत ही गंभीर आरोप लगाए हैं।
किसानों को हिरासत में लेकर किया टार्चर
निर्दोष किसानों की रिहाई की मांग को लेकर पन्ना एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस एवं किसान नेता।
ज्ञापन में लेख है कि, हिरासत में लिए गए किसानों से मिलने गए परिजनों को वनकर्मियों के द्वारा धमकाते हुए तेंदुए की मौत के अपराध में आरोपी बनाए जाने से बचाने के लिए 50-50 हजार रुपए की मांग की। रुपए नहीं देने पर किसानों के साथ मारपीट की गई। हिरासत के दौरान किसानों से वनकर्मियों द्वारा की गई क्रूरता (मारपीट की चोटों) के निशान उनके शरीर पर मौजूद हैं। कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपने वाले कांग्रेस नेताओं, कृषक और सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीणों ने मांग की है, मारपीट में घायल किसानों का डॉक्टरों के पैनल से निष्पक्ष मेडिकल परीक्षण कराया जाए, बेगुनाह किसानों को दो दिन तक गैरकानूनी तरीके से हिरासत में रखकर क्रूरता करने वाले वनकर्मियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें शासकीय सेवा से बर्खास्त किया जाए और निर्दोष किसानों को तत्काल रिहा किया जाए। उक्त मांगों पर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई न होने की स्थित में पीड़ित किसानों को न्याय दिलाने के लिए कृषक एवं सामाजिक संगठनों ने पवई स्थित वन विभाग के रेंज कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन-आंदोलन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन की प्रति आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक पन्ना एवं डीएफओ दक्षिण वन मंडल पन्ना को सौंपी है।
शनिवार 21 जनवरी को पवई में होगा प्रदर्शन
पन्ना में कलेक्ट्रेट के बाहर एकत्र कांग्रेस नेता किसानों की गिरफ़्तारी को लेकर चर्चा करते हुए।
राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि सेवालाल पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि वन विभाग के तानाशाही पूर्ण रवैये और बेगुनाह किसानों की रिहाई की मांग को लेकर शनिवार 21 जनवरी को पवई में रेंज कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों के विरुद्ध पूर्णतः फर्जी वन अपराध पंजीबद्ध पर उनके साथ क्रूरता की गई है। श्री पटेल ने सवाल करते हुए कहा कि, दुर्घटनावश करंट लगने से हुई तेंदुए की मौत के लिए निरपराध किसानों को आरोपी बनाया जाना क्या उचित है? वन विभाग की इस कार्रवाई को अत्याचार करार देते हुए किसान नेता सेवालाल ने समाज के सभी वर्गों से शनिवार को होने वाले प्रदर्शन में सक्रिय सहभागिता कर अन्याय के खिलाफ आवाज़ बुलंद करने की अपील की है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस श्रमिक प्रकोष्ठ के संगठन सचिव बने समर बहादुर

0
समर बहादुर सिंह, श्रमिक नेता, पन्ना।

*     श्रमिकों, कर्मचारी नेताओं और कांग्रेसजनों ने दी बधाई

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष बीडी गौतम द्वारा विगत दिनों संगठन की प्रदेश कार्यकारणी घोषित की गई। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देशानुसार एवं प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री व समस्त प्रकोष्ठों के प्रभारी जेपी धनोपिया के अनुमोदन से जारी कांग्रेस के श्रमिक प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी में पन्ना जिले से वरिष्ठ श्रमिक नेता समर बहादुर सिंह को संगठन सचिव नियुक्त किया गया है। समर बहादुर सिंह पन्ना के मझगवां में स्थित एनएमडीसी लिमिटेड की हीरा खनन परियोजना में पदस्थ हैं और लंबे समय से वहां इंटक संगठन का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। श्रमिकों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सदैव सजग और समर्पित रहने वाले समर बहादुर को मध्यप्रदेश कांग्रेस के श्रमिक प्रकोष्ठ में संगठन सचिव बनाए जाने के निर्णय का पन्ना जिले के श्रमिकों एवं कांग्रेसजनों ने स्वागत करते हुए ख़ुशी जाहिर की है। साथ ही यह उम्मीद भी जताई है कि उनके दीर्घकालिक अनुभव का लाभ कांग्रेस संगठन को मिलेगा।
मध्यप्रदेश कांग्रेस के श्रमिक प्रकोष्ठ में संगठन सचिव बने समर बहादुर सिंह को जिले के कर्मचारी नेताओं, कांग्रेसजनों, गणमान्य नागरिकों एवं व्यापारियों ने बधाई दी है। वहीं श्री सिंह ने अपनी नियुक्ति को लेकर पत्रकारों से चर्चा में खुद को साधारण कार्यकर्ता बताते हुए प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के द्वारा विश्वास जताते हुए बेहद महत्पूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने पर हृदय से उनका आभार ज्ञापित किया है। समर बहादुर ने कहा कि वे पूरी क्षमता एवं सक्रियता के साथ श्रमिकों को संगठित कर कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने का कार्य करेंगे।

पत्थर पटककर हिस्ट्रीशीटर की हत्या, रुपयों के विवाद में दोस्त ने वारदात को दिया अंजाम

0
फाइल फोटो।

 

*     अंधे हत्याकांड का पन्ना पुलिस ने 48 घंटे के अंदर किया खुलासा

*      हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा

पन्ना।(www.radarnews.in) जिले के बृजपुर थाना अंतर्गत ग्राम इमलोनिया सिमरिया के जंगल में 11 जनवरी को मिले अज्ञात शव की शिनाख्त कर पन्ना पुलिस ने तत्परता से अंधे हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है। मृतक बबुआ उर्फ उदयभान 21 के क़त्ल के आरोप में पुलिस ने उसके ही दोस्त रोहित साहू निवासी ग्राम शिवराजपुर थाना सिंहपुर जिला सतना को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूंछतांछ में आरोपी ने रुपयों के लेन-देन के विवाद पर जंगल में पत्थर से हमला कर हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। हत्यारोपी रोहित साहू को आज न्यायालय पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पन्ना भेज दिया है।

मृतक के पिता ने  दोस्त पर जताया था संदेह

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 11 जनवरी को बृजपुर थाना पुलिस को ग्राम इमलोनिया सिमरिया के जंगल में अज्ञात युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी बृजपुर बखत सिंह के द्वारा हमराही बल के साथ मौके पर पहुंचकर सूचना की तस्दीक की गई। सूचना सही पाये जाने पर मौके पर अज्ञात मृतक का मर्ग इंटीमेशन प्राप्त कर फोन पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। घटना स्थल से संकलित साक्ष्य के आधार पर मृतक की हत्या होने का संदेह पाये जाने पर टीम गठित कर कार्यवाही करते हुए अज्ञात मृतक के परिवारजन का पता लगाया गया। अज्ञात मृतक के शव की शिनाख्त शिवबालक लोधी निवासी ग्राम द्वारी कला थाना सिंहपुर जिला सतना द्वारा अपने पुत्र बबुआ उर्फ उदयभान 21 साल के रुप में की गई। शिवबालक द्वारा बेटे की हत्या को लेकर उसके दोस्त के ऊपर संदेह जताया गया। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना बृजपुर में अपराध क्रमांक 04/2023 धारा 302, 201 ताहि का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

जंगल में अचेत अवस्था में छोड़कर भाग निकला

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना धर्मराज मीना द्वारा आरोपी की पतारसी हेतु टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने संदेही आरोपी रोहित साहू सोमवार 16 जनवरी 2023 को हिरासत में लेकर सघन पूंछतांछ की गई। आरोपी ने कथित तौर पर इस दौरान अपना जुर्म कबूल किया है। आरोपी से लाल काले रंग की पल्सर मोटर साइकिल जप्त की गई। पूंछतांछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि दिनांक 6 जनवरी 2023 को वह बबुआ उर्फ उदयभान लोधी निवासी द्वारी कला को उसके घर से अपनी मोटर साइकिल से घुमाने की बात कहकर इमलोनिया सिमरिया लेकर आया था। सिमरिया गांव में शराबखोरी के दौरान दोनों के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। कुछ देर बाद बबुआ उर्फ उदयभान और रोहित के बीच सुलह होने पर दोनों मोटर साइकिल से वापस अपने गांव जाने की बात कहकर चले गए। रास्ते में इमलोनिया रोड के जंगल में दोनों के बीच पुनः विवाद हो गया। इस दौरान रोहित ने बबुआ उर्फ उदयभान के सिर पर पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। और फिर अचेत अवस्था में उसे झाड़ियों की आड़ में छिपाकर वापस अपने गांव लौट गया था। इधर, कड़ाके की सर्दी में घायल एवं अचेत अवस्था में पड़े बबुआ उर्फ उदयभान लोधी की इलाज के आभाव में मौत हो गई थी।

गुजरात में रहते थे मृतक और आरोपी

अंधे हत्याकांड के खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाले बृजपुर थाना प्रभारी बखत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक बबुआ उर्फ उदयभान लोधी निवासी ग्राम द्वारी कला थाना सिंहपुर जिला सतना हिस्ट्रीशीटर बदमाश था। बबुआ का हत्यारोपी उसका दोस्त रोहित साहू निवासी ग्राम शिवराजपुर थाना सिंहपुर जिला सतना भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है। दोनों काफी समय से गुजरात में रह रहे थे, कुछ समय पहले ही वापस गांव लौटे थे।

आध्यात्मिक ज्ञान के गंगा जल से प्रतिदिन करें स्नान : ब्रह्माकुमारी बहनजी

0
पन्ना के प्रसिद्ध सरंगधाम मेले मेले में आध्यात्मिक चरित्र निर्माण प्रदर्शनी के माध्यम से ग्रामीणों को बुराईयों एवं विकारों को छोड़ने के लिए प्रेरित करतीं ब्रह्माकुमारी बहनजी।

*     सारंग धाम मेले में लगाई आध्यात्मिक चरित्र निर्माण प्रदर्शनी

*     प्रदर्शनी देखने पहुंचे लोगों को व्यसन मुक्त होने की दिलायी प्रतिज्ञा

पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सारंग धाम में मकर संक्रांति के उपलक्ष्य पर लगने वाले मेले में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय पन्ना की ओर से आध्यात्मिक चरित्र निर्माण प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पन्ना की प्रमुख ब्रह्माकुमारी सीता बहनजी ने सभी ग्रामवासियों को चित्रों के माध्यम से समझाते हुए कहा कि, जिस प्रकार इस पवित्र मेले में हम घूम रहे हैं पर घूमते हुए अपना घर, अपना परिवार, अपने बच्चे, अपना स्थान हमें सब कुछ याद है। इसी प्रकार हम संसार रूपी मेले में भी आए परन्तु इस संसार के मेले में आकर हम अपने स्वयं की पहचान, निजधाम, परम सत्य की पहचान को भी भूल गये। इसलिए सब कुछ होते हुए भी आज सुख-शांति की अनुभूति नहीं हो रही है। सभी को परम सत्य और आत्मा की पहचान एवं अपने जीवन को पवित्र बनाने के लिए श्रेष्ठ कर्म करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही लोगों को व्यसन मुक्त जीवन बनाने के लिए व्यसनों के नुकसान एवं छोड़ने की विधि भी बताई।
बुराईयों एवं विकारों का दान करें
बीके सीता बहनजी ने कहा कि, आज मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में तिल दान करने की प्रथा है तो आज हम अपनी सारी बुराईयों एवं विकारों का दान करके अपना जीवन पवित्र बनायें। बहनजी ने स्नान का महत्व बताया कि, सिर्फ एक दिन ही शाही स्नान नहीं बल्कि हम रोज अपने तन-मन को आध्यात्मिक ज्ञान से, अच्छे विचारों से, श्रेष्ठ भावनाओं से, ज्ञान गंगा जल से अपने मन को धोंएं जिससे हमारा जीवन पवित्र एवं सुख-शांति से सम्पन्न बन जाएगा। पन्ना के सारंग धाम मेले में अनेक ग्रामवासियों ने चरित्र निर्माण प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं जीवन को पवित्र बनाने के लिए व्यसनों एवं बुराईयों को छोड़ने की प्रतिज्ञा की।

विशेषज्ञ बोले, वन्य प्राणियों के शिकार की रोकथाम के लिए सघन गश्ती जरुरी

0
जंगल में शिकार के लिए बिछाए जाने वाले विधुत तार की जांच का प्रशिक्षण प्राप्त करते हुए वनकर्मी।

 

*      शिकार की बढ़ती घटनाओं के मद्देनज़र वन्य प्राणी सुरक्षा एवं रेस्क्यू प्रबंधन का वनकर्मियों को दिया प्रशिक्षण

पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले संरक्षित एवं सामान्य वन क्षेत्र से टाइगर समेत दूसरे वन्य जीवों शिकार की हैरतअंगेज घटनाएं लगातार सामने आ रहीं है। शिकार की घटनाओं की प्रभावी रोकथाम को लेकर आज पन्ना के स्मृति वन दक्षिण वन मंडल एवं उत्तर वन मंडल के कर्मचारियों का संयुक्त प्रशिक्षण का आयोजन वन्य प्राणी की सुरक्षा एवं रेस्क्यू प्रबंधन के विषय में किया गया। प्रशिक्षण में रेस्क्यू विशेषज्ञ विवेक पगारे द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
पन्ना के स्मृति वन में वन्य प्राणी सुरक्षा एवं रेस्क्यू प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण प्राप्त करते हुए वनकर्मी।
इस दौरान वन्य प्राणियों के प्राकृतिक रहवास से बाहर मानव रहवास में आने के कारण उत्पन्न होने वाली स्थितियों पर वन्य जीव को सकुशल रेस्क्यू करने के बारे में बताया गया। साथ ही वन्य जीवों की शिकार की घटना की रोकथाम के लिए अमले को सघन गस्ती करने एवं समस्त युक्तियुक्त उपाय करने के उपाय बताकर आवश्यक निर्देश भी दिए गए। प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्य वन संरक्षक छतरपुर संजीव झा के दिशा निर्देश में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में वन मंडल अधिकारी पुनीत सोनकर दक्षिण एवं उत्तर मंडल और उप वन मंडल अधिकारी कल्दा एवं पवई तथा समस्त उत्तर एवं दक्षिण वन मंडल के परिक्षेत्र अधिकारी और क्षेत्रीय अमला सहित पन्ना टाइगर रिजर्व के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।