Home Blog Page 55

63 करोड़ रूपए की लागत से होगा विद्युत व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण

0
सांकेतिक चित्र।

*    नए उप केन्द्र निर्माण, फीडर विभक्तिकरण और केबलिंग कार्य कराए जाएंगे

पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के जिले की विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने एवं विद्युत हानियों को कम करने के उद्देश्य से 63 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं। इसमें से केन्द्र सरकार द्वारा रिवेंप्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के प्रथम चरण में 52 करोड़ रूपए और राज्य सरकार द्वारा 11 करोड़ रूपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 नवीन 33/11 के.व्ही. उप केंद्र निर्माण, वोल्टेज व्यवस्था के सुधार के लिए 13 स्थानों पर केपेसिटर बैंक स्थापना, 30 उच्च दाब फीडरों का विभक्तिकरण (फीडर सेपरेशन) कार्य, 965 वितरण ट्रांसफार्मर स्थापना, 2741 किलोमीटर निम्न दाब लाइनों का केबलिंग कार्य एवं 400 उच्च दाब फीडरों का विभक्तिकरण तथा कंडक्टर क्षमता वृद्धि के कार्य सम्मिलित हैं। इससे पन्ना जिले की आगामी 10 वर्षों की विद्युत माँग की सफलतापूर्वक पूर्ति हो सकेगी।
2

राहुल का दावा- “मध्यप्रदेश में जीतेंगे 150 सीट, कर्नाटक की सफलता को एमपी में दोहराएंगे”

0
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी।

*     दिल्ली में कांग्रेस की बैठक में एमपी के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर लंबी चर्चा

*      महत्वपूर्ण बैठक में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत एमपी के कई बड़े नेता मौजूद रहे

नई दिल्ली। (www.radarnews.in) कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली शानदार जीत के बाद कांग्रेस पार्टी अब आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। आज दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक की। बैठक में राहुल गांधी विशेष रूप से मौजूद थे। काफी लंबी चली इस बैठक में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह सहित अन्य नेताओं से प्रदेश की मौजूदा स्थिति, मुद्दों एवं चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के बाद राहुल गांधी ने प्रेस से बात करते हुए कहा- “हमने अभी विस्तार से चर्चा की है। हमारा आंतरिक आंकलन कहता है कि हमने जिस तरह कर्नाटक में 136 सीटों पर जीत हांसिल की थी, उसी तरह हम मध्यप्रदेश में 150 सीटों पर जीत हांसिल करेंगे।“ बता दें कि मध्यप्रदेश में विधानसभा की कुल 230 सीटें हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मीडिया से कहा कि “मध्यप्रदेश के चुनाव में करीब 4 महीने बचे हैं। बैठक में मध्यप्रदेश के भविष्य और राज्य के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को ध्यान में रखकर चुनावी मैदान में उतरेगी।“

बताते चलें कि मध्यप्रदेश, राजस्थान एवं छत्तीसगढ़ में साल 2023 के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। माना जा रहा है कि इन हिन्दीभाषी राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों का असर वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव पर पड़ेगा। इसे देखते हुए सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस समेत अन्य राजनैतिक दलों ने अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी है। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में इन तीनों ही राज्यों में कांग्रेस पार्टी ने अपनी सरकार बनाई थी, लेकिन मध्यप्रदेश में मार्च 2020 में तत्कालीन कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के 20 से अधिक विधायक पाला बदलकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। दल-बदल के चलते एमपी की 15 महीने की कांग्रेस सरकार अल्पमत में आ गई थी। फलस्वरूप मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने पद इस्तीफ़ा दे दिया। इसके बाद राज्य शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा ने अपनी सरकार बनाई थी।
2

MP : दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या, एक महिला घायल

0

*       सिरफिरे युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो चाचाओं की ली जान

*      पन्ना जिले के गोल्ही मुड़िया ग्राम में सनसनीखेज़ वारदात के बाद फैली दहशत

देवेन्द्रनगर। (www.radarnews.in) शांति का टापू कहलाने वाला पन्ना जिला ताबड़तोड़ फायरिंग में हुई दो भाइयों की मौत से दहल उठा है। घटना देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोल्ही मुड़िया ग्राम की है। जहां 27-28 मई की देर रात एक सिरफिरे युवक ने रंजिश के चलते अपने ही परिवार के सदस्यों के पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए दो सगे चाचाओं को मौत की नींद सुला दिया। आरोपी ने अपनी दादी के ऊपर भी फायर किया। गोली लगने से वृद्धा फूलबाई राजपूत की हालत गंभीर बनीं है। फायरिंग और हत्या की सनसनीखेज़ जघन्य वारदात के बाद से गोल्ही मुड़िया ग्राम सहित पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल निर्मित है।
दोहरे हत्याकांड की वारदात पर पुलिस ने महेश सिंह राजपूत पिता फुंदर सिंह राजपूत 62 वर्ष निवासी ग्राम गोल्ही मुड़िया की रिपोर्ट पर की दो आरोपियों के विरुद्ध हत्या, प्राणघातक हमले एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से इलाके की घेराबंदी कर मुख्य आरोपी शुभम सिंह पिता चरण सिंह राजपूत निवासी गोल्ही मुड़िया को कुछ ही घण्टे बाद रविवार 28 मई को गुनौर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शुभम के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 2 पिस्टल एवं 6 जिन्दा कारतूस जप्त करने का दावा किया है। पुलिस के द्वारा आरोपी को न्यायालय पेश किया गया है।
घटना के संबंध देवेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि, शनिवार 27 मई की रात देवेन्द्रनगर में रहने वाले नरेन्द्र सिंह राजपूत पिता महेश सिंह (सेल्समैन उचित मूल्य दुकान) 37 वर्ष अपने बच्चे का जन्मदिन मनाने गांव आए हुए थे। जन्मदिन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद नरेन्द्र सिंह अपने बड़े भाई महेन्द्र सिंह राजपूत 40 वर्ष के साथ घर के बाहर दरवाजे पर बैठे थे, तभी भतीजे शुभम सिंह राजपूत पिता चरण सिंह राजपूत ने मौके पर पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। शुभम की पिस्टल से निकली गोली लगने से लहूलुहान चाचा नरेन्द्र सिंह और महेन्द्र उर्फ बबलू सिंह चबूतरे पर ही गिर गए। वहां मौजूद फूलबाई गोली भो लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई।
ताबड़तोड़ फायरिंग से मची अफरा-तफरी और दहशत के बीच आनन-फानन देवेन्द्रनगर थाना पुलिस को वारदात की सूचना दी गई। थाना प्रभारी शक्ति प्रकाश पाण्डेय हमराही पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और देर रात गोलीकांड के घायलों को अचेत हालत में पन्ना जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने गहन परीक्षण करने के उपरान्त दोनों सगे भाइयों नरेन्द्र सिंह राजपूत और महेन्द्र सिंह राजपूत को आधिकारिक तौर पर मृत घोषित कर दिया। जबकि उनकी मां फूलबाई की हालत गंभीर बनीं हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर रात्रि में मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया। रविवार की सुबह एक्स-रे एवं पोस्टमार्टम करवाने के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
उधर, फायरिंग की घटना के बाद गोल्ही मुड़िया गांव में तैनात भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एफएसएल टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य एकत्रित किये गए। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फायरिंग एवं जघन्य हत्या की वारदात के कारण का फिलहाल आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल सका। कथित तौर पर जमीनी विवाद एवं रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की चर्चाएं है। लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि आखिर ऐसी क्या रंजिश थी जिसके चलते सिरफिरे युवक शुभम सिंह राजपूत अपने दोनों सगे चाचा की निर्मम हत्या दी और अपनी दादी को भी गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में शुभम के पिता चरण सिंह राजपूत निवासी गोल्ही मुड़िया को भी आरोपी बनाया है।
2

MP में भ्रष्टाचार हावी | छात्रावास निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर गुणवत्ता विहीन सामग्री का उपयोग

0
कल्दा ग्राम में पीआईयू द्वारा निर्माणाधीन आदिम जाति कल्याण विभाग के छात्रावास भवन का भाजपा नेता संजय नगायच ने किया निरीक्षण।

*       आदिवासी बाहुल्य कल्दा पठार में 3 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन छात्रावास भवन का मामला

*       क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने घटिया निर्माण पर जताई नाराज़गी, बालिकाओं के जीवन के लिए बताया खतरा

*       भाजपा नेता संजय नगायच की शिकायत पर पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव ने जांच के दिए निर्देश

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के अति पिछड़े पन्ना जिले में सरकारी निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार किस कदर हावी है, इसका ताज़ा उदाहरण श्री जुगुल किशोर मंदिर का फर्शीकरण (सीसी) कार्य है। बीते दिवस पन्ना के प्रवास पर आए सूबे के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष जब इसके वीडियो और शिकायत पहुंची तो वे भी हैरान रह गए। जन-जन की आस्था के केन्द्र भगवान श्री जुगुल किशोर जी के मंदिर में घटिया कार्य कराए जाने के मामले को मुख्यमंत्री ने अत्यंत ही गंभीरता से लेते हुए पन्ना कलेक्टर को निर्माण कार्य की जांच करवाकर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। श्री जुगुल किशोर मंदिर मंदिर प्रांगण में मिट्टी के ऊपर कंक्रीट बिछाने की तर्ज पर जिले के निर्माण विभागों के बीच एक से बढ़कर एक घटिया कार्य कराने की स्पर्धा चल रही है। इसी क्रम में जिले के दूरस्थ आदिवासी बाहुल्य कल्दा पठार में 3 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से निर्माणाधीन सीनियर आदिवासी कन्या छात्रावास भवन से जुड़े कुछ वीडियो वायरल हैं।
छात्रावास बिल्डिंग में लगाई जा रही निर्माण सामग्री जैसे- ईंट, रेत, डस्ट और सरिया की गुणवत्ता की जांच-परख करते वीडियो में नज़र आ रहे क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने गुणवत्ता विहीन कार्य की पोल खोलकर रख दी है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित पन्ना के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा के फायर ब्रांड नेता संजय नगायच ने घटिया कार्य को लेकर निर्माण एजेंसी पीआईयू व सम्बंधित ठेकेदार की शिकायत प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के मंत्री गोपाल भार्गव से की है। जिससे घटिया कार्य कराने वालों में जबरदस्त हड़कंप मचा है।

पापड़ की तरह टूट रही ईंट

छात्रावास भवन के निर्माण में लगाई जा रही डस्ट-सीमेंट निर्मित ईंट की गुणवत्ता जांचते भाजपा नेता संजय नगायच एवं कल्दा के ग्रामीण।
जिले के पवई विकासखंड अंतर्गत आने वाले कल्दा ग्राम में पीआईयू के द्वारा 3 करोड़ 33 लाख से अधिक की लागत से आदिम जाति कल्याण विभाग के लिए 50 सीटर सीनियर आदिवासी कन्या छात्रावास का निर्माण कार्य ठेका पर कराया जा रहा है। पन्ना निवासी ठेकेदार योगराज शर्मा पर पीआईयू के तकनीकी अधिकारियों से सांठगांठ करके अत्यंत ही गुणवत्ता विहीन कार्य कराने के आरोप लग रहे है। कल्दा क्षेत्र के लोगों एवं जनप्रतिनिधियों में घटिया निर्माण कार्य को लेकर असंतोष व्याप्त है। बीते दिवस जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित पन्ना के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा के फायर ब्रांड नेता संजय नगायच जब कल्दा के दौरे पर पहुंचे तो स्थानीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा उन्हें छात्रावास भवन के घटिया कार्य की जानकारी दी गई। भविष्य में छात्रावास में रहने वाली छात्राओं के जीवन सुरक्षा से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा नेता नगायच ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यस्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान भवन में लगाई जा रही डस्ट-सीमेंट निर्मित ईंट की गुणवत्ता जांचने के लिए जब उनमें हल्की ठोकर (चोट) मारी गई तो ईंट के कई टुकड़े टूटकर जमीन पर बिखर गए। मिट्टी की लोकल ईंट से भी बदतर डस्ट-सीमेंट की ईंट हाथ से तोड़ने पर पापड़ की तरह टूटती दिख रही है। इन ईंटों का निर्माण ठेकेदार के द्वारा लाइम स्टोन की डस्ट और राखड़ वाले घटिया सीमेंट से मौके पर ही कराया जा रहा है।

डस्ट के मसाले से जुड़ाई, पतले सरिया का उपयोग

कल्दा ग्राम में निर्माणाधीन छात्रावास भवन में स्थानीय नालों की मिट्टीनुमा रेत और डस्ट का उपयोग जारी।
कल्दा पठार क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व जागरूक लोगों ने भाजपा नेता संजय नगायच को बताया कि कथित तौर पर ठेकेदार के द्वारा छात्रावास भवन की नींव की खुदाई किए बगैर ही बीम डालकर पिलर खड़े कर दिए। निरीक्षण के दौरान मौके पर लाइम स्टोन की घटिया डस्ट में स्थानीय नालों की मिट्टीनुमा रेत मिलाकर ईंटों की जुड़ाई श्रमिकों के द्वारा की जा रही थी। ईंटों की जुड़ाई के लिए लगाए जाने वाले मसाले में राखड़ युक्त डेड सीमेंट की मात्रा अधिक है। इतना ही नहीं बिल्डिंग की बीम और पिलर में लो क्वॉलिटी (कम शुद्धता) तथा कम एमएम (मोटाई) वाले सरिया लगाए गए हैं। कार्य के स्टीमेट अनुसार पिलर में मजबूती के लिए निर्धारित मात्रा एवं मोटाई का सरिया नहीं डाला गया। कार्यस्थल के निरीक्षण का जनप्रतिनिधियों द्वारा बकायदा वीडियो बनाया गया जिसमें निर्माण कार्य में लगाई जाने वाली प्रत्येक सामग्री को दिखाया गया है। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है निर्माण कार्य में लीपापोती करके तकनीकी अधिकारियों और ठेकेदार के द्वारा शासन से प्राप्त बजट का बंदरबांट किया जा रहा है।

छात्रावास में रहने वालीं बेटियों का क्या होगा ?

छात्रावास भवन के निरीक्षण उपरांत मौके पर मिली अनियमितताओं की जानकारी देते हुए भाजपा नेता संजय नगायच।
अत्यंत ही गुणवत्ताविहीन निर्माण सामग्री का उपयोग करते हुए भ्रष्टाचार की बुनियाद पर खड़े किए जा रहे छात्रावास को लेकर एक वीडियो में भाजपा नेता संजय नगायच गहरी नारजगी व्यक्त करते हुए नजर आ रहे हैं। ठेकेदार के मेट को गुस्से से फटकारते हुए वे पूंछते हैं, क्या तुम लोगों के बाल-बच्चे नहीं है! उन बच्चियों के बारे में थोड़ा तो सोचो जिन्हें इस छात्रावास में रहना है, घटिया निर्माण के कारण उनके साथ अगर कोई हादसा होता है तो कौन जिम्मेदार होगा? निरीक्षण में शामिल क्षेत्रीय लोगों ने भी कुछ इसी तरह की आशंका जताई है। उनका कहना है, छात्रावास का घटिया निर्माण कार्य करवाकर निर्माण एजेंसी और ठेकेदार के द्वारा उनकी बेटियों के जीवन के साथ क्रूर मजाक किया जा रहा है। हल्का सा आंधी-तूफान चलने या फिर मामूली सी भूगर्भीय हलचल होने की स्थिति में भौगोलिक दृष्टि से संवेनदशील पठारी क्षेत्र के छात्रावास में रहने वाली बच्चियों का क्या होगा ? इस बारे में सोचकर उनका कलेजा काँप उठता है। कल्दा पठार के लोगों की जायज़ चिंताओं एवं मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा नेता संजय नगायच ने मौके से ही मोबाइल पर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के मंत्री गोपाल भार्गव को घटिया निर्माण कार्य की जानकारी दी। साथ ही छात्रावास में लगाई जा रही गुणवत्ता विहीन निर्माण सामग्री के वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से बतौर साक्ष्य उन्हें भेजे गए। मंत्री श्री भार्गव ने इसे गंभीरता से लेते हुए घटिया कार्य की जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ तत्परता से कठोर कार्यवाही करने की बात कही है।

ईंट के 4 में से 3 सैम्पल जांच में फेल

जिला मुख्यालय पन्ना के डायमंड चौक के नजदीक स्थित संभागीय परियोजना यंत्री लोनिवि पीआईयू का कार्यालय। (फाइल फोटो)
पीआईयू पन्ना के संभागीय परियोजना जेपी यंत्री सोनकर ने रडार न्यूज़ को जानकारी देते हुए बताया कि 4 दिन पूर्व ही मैं कल्दा में निर्माणाधीन कन्या छात्रावास भवन के निरीक्षण पर गया था। मौके पर निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही ईंट की गुणवत्ता कमतर प्रतीत होने पर 4 ईंट सहित अलग-अलग साइज के सरिया 8,12, 16 और 20 एमएम के सैम्पल लिए थे। वापस पन्ना आकर कार्यालय की लेब में ईंट के सैम्पल की टेस्टिंग की गई जिसमें 4 में से 3 सैम्पल फेल हो गए। जबकि टेस्टिंग में सरिया की मोटाई एवं वजन पूर्णतः सही पाया गया। छात्रावास के कॉलम तथा बीम की गुणवत्ता जांचने मौके पर ही डेढ़ किलो वजनी हथोड़े से प्रहार कर साउंड चेक किया गया। और हथोड़े के प्रहार से कॉलम बनने वाले क्रेक का आंकलन किया जोकि गुणवत्ता जांच की कसौटी पर खरे साबित हुए। संभागीय परियोजना यंत्री जेपी सोनकर ने बताया कि मोबाइल पर ठेकेदार को पहले ही सूचित किया जा चुका है कि सम्पूर्ण ईंट निकालकर नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण ईंट लगाएं। इस संबंध में ठेकेदार को कार्यालयीन पत्र भी जारी किया जा रहा है। परियोजना यंत्री का दावा है, छात्रावास भवन मजबूत है सिर्फ ईंटों को छोड़कर अन्य निर्माण सामग्री भी गुणवत्तापूर्ण है।

2

गोल्डी ने किया गौरान्वित | सिविल सेवा परीक्षा में चमके पन्ना के सिंहपुर निवासी गोल्डी गुप्ता, आईपीएस कैडर मिला

0
होनहार युवा गोल्डी गुप्ता सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर आईपीएस कैडर के लिए चयनित हुए।

*    आईएएस बनने के सपने को पूरा करने 28 को होने वाली परीक्षा में फिर होंगे सम्मलित

*      जिले में ख़ुशी की लहर, परिजनों को बधाई देने लगातार पहुँच रहे आसपास के गांवों के लोग

रिजवान खान, पन्ना/ अजयगढ़। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की अजयगढ़ तहसील के सिंहपुर ग्राम निवासी मध्यम वर्गीय परिवार से आने वाले होनहार युवा गोल्डी गुप्ता संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में 181वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के लिए चयनित हुए है। गोल्डी का सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा के लिए चयनित होकर आईएएस ऑफिसर बनना है। वे भारतीय पुलिस सेवा ज्वॉइन करने के साथ आगे भी अपनी तैयारी जारी रखेंगे। आगामी 28 मई को होने वाली यूपीएससी की परीक्षा में भी वे हिस्सा लेंगे।
अजयगढ़ तहसील के सिंहपुर ग्राम में अपने घर के बाहर मौजूद गुप्ता परिवार के सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बेटे की उपलब्धि पर ख़ुशी जाहिर की।
गोल्डी बताते हैं कि यह उनका पांचवा प्रयास और तीसरा इंटरव्यू था जिसमें उन्हें सफलता मिली है। उन्होंने कहा, मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। इसलिए कर्तव्य के प्रति पूरी ईमानदारी के साथ मेहनत करने से अच्छा परिणाम मिलता है। गोल्डी सिंहपुर निवासी मध्यम वर्गीय परिवार से संबंध रखते हैं। गोल्डी की प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर अजयगढ़ से हुई । उसके बाद उत्कृष्ट विद्यालय अजयगढ़ से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की । दिल्ली विश्वविद्यालय के पॉलिटिकल साइंस से बीए और जेएनयू से एमए की पढ़ाई पूरी की। दिल्ली यूनिवर्सिटी से एमफिल की पढ़ाई पूरी की और पीएचडी भी वहीं से कर रहे हैं। उन्होंने पढ़ाई जारी रखने के साथ ही यूपीएसपी की भी तैयारी की और परीक्षा में बैठे। यूपीएससी की परीक्षा परिणाम जारी होने पर गोल्डी को ऑल इंडिया 181वीं रैंक मिलने पर उनके गांव में दीवाली जैसा उत्सवी माहौल है। लोग उन्हें फोन पर बधाई तो दे ही रहे हैं साथ ही उनके घर में भी बधाई देने वालों की भीड़ दोपहर से ही लगी हुई है।

अनाज कारोबारी हैं पिता

गोल्डी के पिता राजेश गुप्ता अनाज खरीदने-बेचने का कारोबार करते हैं। जबकि माता गीता गुप्ता गृहणी हैं। उनका परिवार सिंहपुर गांव के साथ ही अजयगढ़ में बरियारपुर कृषि फार्म में भी रहता है। पिता राजेश गुप्ता बताते हैं कि गरीब परिवार से थे गांव में छोटी सी खेती थी।गोल्डी के बड़े भाई रामेंद्र गुप्ता के रेलवे में एसडीओ की नौकरी मिलने के बाद परिवार की हालत में सुधार आया, अब वह अनाज का काम करने लगे हैं। बहन मेधा गुप्ता का विवाह हो गया है। वे अपने ससुराल में हैं।

शिक्षक ने मार्गदर्शन के साथ आर्थिक मदद दी

पिता राजेश बताते हैं हम तो ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं। गोल्डी के शिक्षक राजेश मिश्रा ने ही उसका मार्गदर्शन किया। दिल्ली की राह दिखाई और आर्थिक मदद भी की। उन्हीं के मार्गदर्शन से गोल्ली को दिल्ली में प्रवेश मिल पाया था। वह गांव से आईएएस बनने का लक्ष्य बनाकर गया था। हालत यह थी के साल में सिर्फ दीपावाली में ही एक-दो दिन के लिए गांव आता था।
2

दुखद | पन्ना टाइगर रिजर्व के बाहुबली बाघ टी-7 की मौत

0
पन्ना टाइगर रिजर्व का नर बाघ टी-7 .(फाइल फोटो)

*     अकोला बफर क्षेत्र के भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण था बाघ टी-7

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व के 15 वर्षीय नर बाघ टी-7 की मौत होने की जानकारी सामने आई है। अपनी कद, काठी, डील-डौल से बाहुबली के रूप में प्रसिद्ध नर बाघ टी-7 का शव टाइगर रिजर्व के पन्ना कोर परिक्षेत्र अकोला के बफर क्षेत्र की बीट बांधी में मृत अवस्था में वन अमले द्वारा गश्ती के दौरान देखा गया, जिसकी जानकारी उनके द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलने पर पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्र संचालक बृजेन्द्र झा ने बताया कि जहाँ पर बाघ की मौत हुई है वहां किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि के निशान नहीं पाए गए। डॉग स्क्वॉड से घटना स्थल की सर्चिंग करवाई गई।
प्रथम दृष्टया बाघ की मौत आपसी द्वंद के कारण होना प्रतीत हो रहा है। क्योंकि मृत बाघ के शरीर में दांत गड़ने के निशान पाए गए हैं। मृत बाघ का पोस्टमार्टम सोमवार 22 मई को वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार गुप्ता द्वारा किया गया तथा मौके पर आर्गन के सैंपल एकत्रित किए गए। इस दौरान राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रतिनिधि के रूप में इंद्रभान सिंह बुंदेला उपस्थित रहे।
मृत बाघ के पोस्टमार्टम उपरांत क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में बाघ का दाह संस्कार किया गया। बाघ के सैम्पल को जांच के लिए अलग-अलग प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। सैम्पल की जांच रिपोर्ट आने पर बाघ की मौत को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उल्लेखनीय है कि बाघ टी-7 अकोला बफर क्षेत्र के भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों का मुख्य आकर्षण था। इसके पूर्व बफर क्षेत्र में ही विचरण करने वाले 2 अन्य बाघों की गत वर्ष मौत हो गई थी। अकोला बफर क्षेत्र के प्रमुख बाघों के काल कवलित होने का दुष्प्रभाव वहां भ्रमण पर आने वाले पर्यटकों की संख्या पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
2

मुख्यमंत्री ने सामूहिक विवाह सम्मेलन में 151 नव-दंपत्तियों को दिया आशीर्वाद

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री तोमर ने पन्ना जिले में बनोली में सामूहिक कन्या विवाह-निकाह सम्मेलन में वर-वधु को आर्शीवाद दिया।

*     मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पन्ना जिले के बनौली में की माँ कंकाली देवी की पूजा-अर्चना

*     सीएम बोले- जनसेवा अभियान में लोगों को मिले शासन की मंशा अनुरूप लाभ

पन्ना। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पन्ना जिले के बनौली में सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन में 151 नव- दंपत्तियों को आशीर्वाद और सुखमय जीवन की शुभकामनाएँ दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान सोमवार को पन्ना जिले के ग्राम बनौली में माँ कंकाली मंदिर प्रांगण कुआंताल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना में सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विवाह के बाद शरीर अवश्य 2 होते हैं, किंतु आत्मा एक होती है। श्री चौहान ने कहा कि बेटियाँ खुश रहें। उन्हें उपहार स्वरूप 49 हजार रूपये का चेक दिया जा रहा है, वे जरूरत के अनुसार अपने परिवार के लिए सामान ले सकती हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना ने गरीब परिवार की बेटी की शादी की चिंता को समाप्त कर दिया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान और केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कन्या-पूजन किया।

जनसेवा अभियान में 68 सेवाओं का लाभ लें

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पन्ना जिले के बनोली में सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन में वर-वधु को मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना राशि के चेक प्रदान किए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जनसेवा अभियान की चर्चा कर आमजन से अभियान में सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान में दी जा रही विभिन्न विभागों की 68 सेवाओं का आप सब लाभ लें। उन्होंने संभागायुक्त से कहा कि जनता ही भगवान है। लोगों को शासन की मंशा के अनुरूप लाभ देना सुनिश्चित किया जाए। दाखिल, खारिज, नामांतरण, बँटवारा, जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, बिजली का कनेक्शन, बिल्डिंग परमिशन, नल कनेक्शन आदि से संबंधित सभी काम पूरे हो जाने चाहिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पवई विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को पूरा करने में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। जिस विकास कार्य की आवश्यकता होगी उसे प्राथमिकता से स्वीकृत कर पूर्ण कराया जायेगा।

लाड़ली लक्ष्मी योजना से लखपति बनीं बेटियां

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पन्ना जिले के बनोली में सामूहिक कन्या विवाह सम्मेलन में वर-वधु को मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना राशि के चेक प्रदान किए।
केंद्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री श्री तोमर ने कहा कि मैं यहाँ आकर अभिभूत हूँ। मुख्यमंत्री ने बेटियों के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई, जिसमें लाखों बेटियाँ लखपति बनी हैं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना प्रदेश में चल रही है, जिसे देश के अन्य राज्य सरकारों ने भी अपनाया हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान जब मुख्यमंत्री बने थे तो मध्यप्रदेश में बेटी को बचाना चुनौती थी, भ्रूण हत्याएँ हो रही थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सिद्धांत पर काम किया और लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई। बेटियों की परवरिश और पढ़ाई-लिखाई के इंतजाम किए। उन्होंने वर-वधु को आशीर्वाद, बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। कार्यक्रम को खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पवई विधायक प्रहलाद सिंह लोधी ने विधानसभा क्षेत्र में राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए क्षेत्र में और विकास कार्यों की जरूरत पर बल दिया।

मुख्यमंत्री माँ कंकाली के दरबार में माथा टेका

मुख्यमंत्री श्री चौहान और केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर ने पन्ना जिले के कुंआताल बनोली में माता कंकाली देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्राम बनौली में माँ कंकाली देवी के दर्शन-आरती कर माथा टेका और प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि एवं संपन्नता की कामना की। मंदिर परिसर में ग्रामवासियों से भेंट की और उनकी समस्याएँ सुनी। मुख्यमंत्री ने श्री शक्ति दुबे द्वारा 5 भाषाओं में गाये गए गीतों की सीडी का लोकार्पण किया। प्रदेश के कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री कमल पटेल, विधायक पीएल तंतुवाय, जिला और जनपद पंचायत अध्यक्ष, पूर्व मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

 

2

मुख्यमंत्री ने पन्ना में कृषि महाविद्यालय भवन का किया शिलान्यास

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री तोमर ने पन्ना में कृषि महाविद्यालय का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास किया।

*      शिवराज ने छात्रों से कहा- अच्छे कृषि वैज्ञानिक बनकर किसानों के हित में कार्य करें

*      मध्यप्रदेश में हर गरीब परिवार के पास होगा आवासीय भू-खण्ड

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश की धरती पर हर गरीब परिवार के पास आवासीय भू-खण्ड रहेगा। उन्हें आवासीय भू-अधिकार-पत्र दिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृषि महाविद्यालय के छात्र अच्छे कृषि वैज्ञानिक बन किसानों के हित में कार्य कर मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे। पन्ना जिले के विकास के लिये हर संभव प्रयास किये जायेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान पन्ना में कृषि महाविद्यालय के भूमि-पूजन कार्यक्रम एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महाविद्यालय की छात्रा सेजल की माँग पर महाविद्यालय भवन के साथ छात्रावास भवन बनाने की घोषणा की और कहा कि महाविद्यालय भवन के साथ छात्रावास का निर्माण भी प्रारंभ किया जाये। उन्होंने महाराजा छत्रसाल को प्रणाम कर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को कॉलेज भवन के लिये बधाई दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पन्ना की एक लाख 27 हजार लाड़ली बहनों को जून माह से 1000 रूपये प्रतिमाह प्रदान किए जाएंगे।

बुंदेलखंड अब विकसित क्षेत्र है

केंद्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि बुंदेलखंड अब पलायन करने वाले लोगों का क्षेत्र नहीं है, बल्कि यह विकसित बुंदेलखंड बन गया है। मध्यप्रदेश पूरे देश में कृषि के क्षेत्र में लगातार अव्वल आ रहा है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री श्री चौहान को बधाई देता हूँ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसानों के हित में जो कार्य किये गये हैं, वह अभूतपूर्व हैं। केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति को निर्देश दिये कि इस महाविद्यालय की स्थापना दिवस का कार्यक्रम महाराजा छत्रसाल जयंती पर ही किया जाये।
पीएम ने किसानों को आर्थिक आजादी दिलाई
प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसानों को आर्थिक रूप से आजादी दिलाने का कार्य किया है। राज्य सरकार ने राहत सहायता के नियमों में संशोधन कर किसानों को हुए नुकसान का अधिक मुआवजा दिलाने का कार्य किया है। राज्य सरकार किसानों की आय दोगुना करने के लिये लगातार प्रयास कर रही है।
कृषि अनुसंधान से लाभान्वित होंगे किसान
प्रदेश के खनिज एवं श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पन्ना जिले को कृषि महाविद्यालय की सौगात मिली है। इसके लिये मैं मुख्यमंत्री का आभारी हूँ। इस महाविद्यालय में कृषि संबंधी अनुसंधान कार्य होंगे, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा और वे अपनी आमदनी को बढ़ा पायेंगे। संसद सदस्य श्री विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि कृषि महाविद्यालय पन्ना के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर के कुलपति डॉ. प्रमोद मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया और प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
2

गुड न्यूज़ | महाकाल लोक की तर्ज़ पर पन्ना में बनेगा जुगुल किशोर सरकार लोक

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पन्ना में गौरव दिवस कार्यक्रम में पगड़ी पहनाकर और तलवार भेंट कर स्वागत किया गया।

*        मंदिरों की पवित्र नगरी पन्ना में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की बड़ी घोषणा

*        चारों भव्य मंदिर परिसर को सम्मिलित कर बनाया जाएगा जुगल किशोर लोक

*        धरमसागर तालाब में महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा होगी स्थापित

*        मुख्यमंत्री ने 178 करोड़ 51 लाख रूपये के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बुन्देल केसरी महाराजा छत्रसाल की जयंती पर पन्ना गौरव दिवस के आयोजन में उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर पन्ना में जुगल किशोर सरकार लोक बनाए जाने की घोषणा की। पन्ना को पवित्र धार्मिक नगरी बताते हुए उन्होंने कहा कि जुगल किशोर सरकार लोक में चारों मंदिर परिसर सम्मिलित किए जाएंगे। जुगल किशोर लोक सुझाव और सलाह लेकर बनाया जाएगा। स्थानीय छत्रसाल स्टेडियम में हुए गौरव दिवस समारोह में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, मध्यप्रदेश के कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री  कमल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे परमार, उपाध्यक्ष संतोष यादव सहित जन-प्रतिनिधि और पार्षद उपस्थित थे।

… तब पन्ना में खुलेगा मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लोगों को महाराजा छत्रसाल से प्रेरणा लेने और उनके आदर्शों का अनुसरण करने के उद्देश्य से धर्मसागर तालाब में उनकी प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पन्ना जिले के विकास के लिए 178 करोड़ 51 लाख रूपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण गौरव दिवस समारोह में किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जन-प्रतिनिधियों की माँग पर कहा कि जब 10 लाख तक की आबादी वाले शहरों/जिलों में मेडिकल कॉलेज खोले जाने का फैसला होगा, तब उसमें पन्ना को भी शामिल किया जाएगा। श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार पन्ना के विकास में कोई कसर शेष नहीं छोड़ेगी।
मंदिर के सीसी कार्य में गड़बड़ी पर कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पन्ना में गौरव दिवस कार्यक्रम में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पन्ना को आज विकास की कई सौंगातें दी गई हैं। वर्ष 2018 में कृषि महाविद्यालय की मांग की गई थी, बाद में उसे तत्कालीन सरकार द्वारा अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया था, जिसे अब पन्ना में पुनः वापिस लाया गया है। महाराजा छत्रसाल की गौरव गाथा का जिक्र करते हुए श्री चौहान ने कहा कि वह महान योद्धा थे जो कभी पराजित नहीं हुए। उनके राज्य की सीमाएँ विशाल थीं। पन्ना को अद्भुत शहर बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां के त्यौहार, मेले, लोक कलाएं, व्यंजन, संस्कृति और सभ्यता विशिष्ट हैं। हीरे की चमक की तरह हमें पन्ना की पहचान यथावत बनाए रखना होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि जाँच के बाद जुगल किशोर मंदिर के कार्य में गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाए। समारोह में लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री को 51 मीटर की चुनरी और एक बड़ी राखी भेंट की तथा उन्हें राखी भी बांधी। श्री चौहान ने नगर की अनेक प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया।
सार्वजनिक अवकाश घोषित करने पर आभार जताया
मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री का छत्रसाल जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने पर आभार माना तथा धरमसागर तालाब में महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा स्थापित करने की माँग की। उन्होंने कहा कि महाराजा छत्रसाल का हृदय विशाल था। उन्होंने अनेक युद्ध किए पर कभी हारे नहीं। बुन्देलखण्ड को मुगलों से मुक्त कराया। सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कृषि महाविद्यालय की स्थापना होने से अब कृषि के क्षेत्र में अनुसंधान हो सकेगा। रेलवे स्टेशन प्रारंभ होने से पन्ना के विकास के नये आयाम स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि हम सब मिल कर पन्ना का विकास करेंगे। श्री शर्मा ने भी जुगल किशोर लोक बनाए जाने का मुख्यमंत्री से अनुरोध किया।

बुंदेली परम्परानुसार किया सीएम का स्वागत

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पन्ना में गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया।
प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कन्या-पूजन एवं महाराजा छत्रसाल के चित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने बुंदेली परम्परानुसार मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों को साफा बांधकर (पगड़ी पहनाकर) एवं तलवार भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध गायिका सुश्री कविता पौडवाल द्वारा सुमधुर गीतों की प्रस्तुति की गई।
2

पन्ना में रेलवे स्टेशन बनने से निवेश, उद्योग एवं रोजगार के अवसर बढ़ेंगे : शिवराज

0
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।

*     मुख्यमंत्री ने पन्ना में रेलवे स्टेशन निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया

*      स्थापत्य कला के मामले में दुनिया में सबसे अनूठा होगा पन्ना का रेलवे स्टेशन : रेल मंत्री श्री वैष्णव

*      वंदे भारत ट्रेन की अगले महीने मिलेगी सौगात

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि रेल जनता और संस्कृति को जोड़ने का बेहतर जरिया है। पन्ना में रेल लाइन बनने और ट्रेन शुरू होने पर यह निवेश की दृष्टि से पसंदीदा क्षेत्र बनेगा। यहाँ निवेश, उद्योग एवं रोजगार के अवसर बढे़ंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज जनकपुर में पन्ना रेलवे स्टेशन का भूमि-पूजन किया। इस मौके पर उन्होंने जनता को रेल की सौगात मिलने पर बधाई व शुभकामनाएं भी दीं। साथ ही कहा कि रेल शुरू होने से हीरा की तरह पन्ना की चमक भी बढ़ेगी। लोगों की वर्षों पुरानी रेल लाइन की मांग पुरी हुई है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पन्ना में रेलवे स्टेशन भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा छत्रसाल जयंती पर पन्ना गौरव दिवस का आयोजन भी सराहनीय है। महाराजा छत्रसाल पराक्रमी शासक थे। महाराजा छत्रसाल ने पन्ना को राजधानी बनाया था। उन्होंने कहा कि अब ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन पर तेजी से काम होगा। डायमण्ड के स्वरूप में बनने वाले पन्ना रेलवे स्टेशन की अलग पहचान होगी। हीरा नगरी पन्ना की चमक बढ़ाने के लिए हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने पन्ना के मुकुट में एक नया रत्न जड़ा है, वो रत्न पन्ना का रेलवे स्टेशन है। रेल मंत्री और स्थानीय सांसद का इस सौगात के लिए आभार भी जताया। खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा क्षेत्रवासियों की समृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए पन्ना को नये मुकाम पर पहुँचाने की अपेक्षा की।

13 हजार करोड़ रुपए का बजट उपलब्ध कराया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,कन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री श्री तोमर ने पन्ना में रेलवे स्टेशन भवन का शिलान्यास किया।
रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि हीरे के डिजाईन पर केन्द्रित पन्ना रेलवे स्टेशन पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित होगा। पन्ना में ऐसे अद्भुत रेलवे स्टेशन का शिलान्यास हुआ है जैसा दुनिया में कहीं नहीं है, इसकी स्थापत्य कला अनूठी होगी। रेल मंत्री ने कहा मैं विश्वास दिलाता हूं कि पन्ना का रेलवे स्टेशन भारत के रेल नेटवर्क में हीरे की तरह माना जाएगा। उन्होंने खजुराहो एवं पन्ना टाइगर रिजर्व में पर्यटकों को सौगातस्वरूप शीघ्र ही जून माह के अंत तक वंदे भारत ट्रेन की सौगात देने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी रेल के चहुँमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस वित्तीय वर्ष में 13 हजार 600 करोड़ रूपए का बजट रेलवे के विकास के लिए उपलब्ध कराया गया है। साथ ही 31 मार्च तक प्रतिदिन 5 हजार 200 किलोमीटर रेल पटरी बिछाने का काम हुआ है। नौ वर्ष में 40 हजार किलोमीटर रेलवे लाइन का विद्युतीकरण किया गया। रेल मंत्री ने मध्यप्रदेश को सांस्कृतिक धरा बताया। साथ ही मध्यप्रदेश में रेलवे के तीव्र गति से हो रहे कार्यों की जानकारी दी।

अथक प्रयास से मिली उपलब्धि के लिए दी बधाई

सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पन्नावासियों को रेल की सौगात मिलना सौभाग्य का अवसर है। अथक प्रयास से हासिल उपलब्धि पर जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बुन्देलखण्ड के सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने इस बड़ी सौगात पर रेल मंत्री एवं सांसद का आभार जताते हुए खजुराहो सतना रेल लाइन के सभी अवरोध दूर कराकर जल्द पूरा करवाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक पश्चिम-मध्य रेल जबलपुर द्वारा स्वागत उद्बोधन दिया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिह तोमर, प्रदेश के कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री कमल पटेल सहित अन्य जन-प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
2