Home Blog Page 52

राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द, मानहानि केस में अदालत ने ठहराया था दोषी

0
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त करने के फैसले के खिलाफ पैदल मार्च कर विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों के सांसद।

*     लोकसभा सचिवालय ने अधिसूचना जारी कर 24 घण्टे के अंदर समाप्त की सदस्यता

*      विपक्षी दलों ने इस फैसले को संवैधानिक लोकतंत्र की हत्या करार दिया

*      ममता ने कहा- ”पीएम मोदी के न्यू इंडिया में बीजेपी के निशाने पर हैं विपक्षी नेता”

(www.radarnews.in) देश के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी को शुक्रवार को तगड़ा झटका लगा है। चार साल पुराने पुराने एक आपराधिक मानहानि मामले में सूरत की अदालत से 2 साल की जेल और सजा से 30 दिन की राहत मिलने के अगले ही दिन (24 मार्च को) कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा सदस्यता के अयोग्य ठहरा दिया गया। लोकसभा सचिवालय ने एक अधिसूचना जारी करके यह जानकारी दी है। इसमें कहा गया है कि राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता अयोग्यता का आदेश 23 मार्च से ही प्रभावी होगा। उन्हें भारतीय संविधान के अनुच्छेद 102 (1) (ई) और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 8 के तहत अयोग्य करार दिया गया है। इसी के साथ लोकसभा सचिवालय ने राहुल के संसदीय क्षेत्र वायनाड को रिक्त घोषित कर दिया है। राहुल गांधी केरल के वायनाड से वर्ष 2019 में सांसद चुने गए थे।
बता दें कि, चुनावी भाषण मोदी सरनेम पर की गई टिप्पणी से संबंधित आपराधिक मानहानि के केस में विपक्ष के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत ने 23 मार्च को दोषी ठहराया था। इस मामले में राहुल को अधिकतम दो साल की सजा सुनाई गई। हालांकि उन्हें तुरंत ही जमानत दे दी गई थी। इसके 24 घण्टे के अंदर ही शुक्रवार को राहुल की लोकसभा सदस्यता को रद्द किए जाने की खबर के आने पर समूचा विपक्ष इस फैसले के खिलाफ एक साथ खड़ा हो गया है। विपक्षी नेताओं ने सदस्यता रद्द करने के फैसले को लोकतंत्र की हत्या करार दिया है। देश भर में कई स्थानों पर कांग्रेस के नेताओं ने सड़क पर उतरकर इस फैसले का कड़ा विरोध किया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विपक्षी पार्टियों के सांसदों ने कांग्रेस के साथ मिलकर संसद से विजय चौक तक पैदल मार्च निकाला। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राहुल गांधी की सदस्यता को रद्द करने के फैसले पर कड़ी आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला बोला है। ममता ने कहा- पीएम मोदी के न्यू इंडिया में आज हमने संवैधानिक लोकतंत्र का सबसे निचला स्तर देखा है। ममता ने कहा कि ”पीएम मोदी के न्यू इंडिया में बीजेपी के निशाने पर विपक्षी नेता हैं।”

भारत की आवाज़ के लिए …. हर कीमत चुकाने को हूं तैयार

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी।
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने पर कांग्रेस पार्टी ने ट्वीट कर कहा है कि- राहुल गांधी जी की लोकसभा सदस्यता ख़त्म कर दी गई। वह आपके और इस देश के लिए लगातार सड़क से संसद तक लड़ रहे हैं, लोकतंत्र को बचाने की हर सम्भव कोशिश कर रहे हैं। हर षड्यंत्र के बावजूद वह यह लड़ाई हर क़ीमत पर जारी रखेंगे और इस मामले में न्यायसंगत कार्यवाही करेंगे। लड़ाई जारी है।

लोकतंत्र सम्मान दिवस पर कांग्रेसियों ने संविधान की प्रस्तावना का किया वाचन

0

*    राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और आंबेडकर की प्रतिमा को किया नमन

 पन्ना में गांधी चौक से आंबेडकर चौक तक निकाला गया पैदल मार्च

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज सेन के संयोजन में लोकतंत्र सम्मान दिवस मनाया गया दोपहर 12 बजे जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती शारदा पाठक की मौजूदगी में कांग्रेस जनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद पैदल मार्च शुरू किया और कुमकुम टॉकीज होते हुए आंबेडकर चौक पहुंचे बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की इस दौरान कांग्रेस पार्टी के नेता व कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर चल रहे थे गौरतलब हो कि 20 मार्च 2020 को कमलनाथ द्वारा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया गया था तभी से इस दिन को कांग्रेस लोकतंत्र सम्मान दिवस के रूप में मनाती है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती शारदा पाठक ने इस अवसर पर कहा की कमलनाथ जी ने लोकतांत्रिक मूल्यों आदर्शवादी सिद्धांतों और नैतिकता के उच्च मापदंडों को मानते हुए अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती पाठक ने संविधान के प्रस्तावना का वाचन किया जिसको मौजूद सभी पार्टी के नेताओं ने दोहराया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, शिवजीत सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रविंद्र शुक्ला, डीके दुबे, जिला संगठन मंत्री पवन जैन, कार्यवाहक जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान, दीपक तिवारी, शशिकांत दीक्षित, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज सेन, मनीष मिश्रा, रेहान मोहम्मद, वैभव थापक, अक्षय तिवारी, जीवनलाल सिद्धार्थ, पुरुषोत्तम जड़िया, पहलाद यादव, भूपेंद्र सिंह, श्रीमती सुप्रिया बुंदेला, पूनम मिश्रा, राज बहादुर पटेल, अनुपमा खरे, कदीर खान, पहलाद यादव, राहत अली, राजा बाबू पटेल, नरेंद्र विश्वकर्मा, सौरभ गौतम, हिमांशु प्रताप सिंह, लोकेंद्र यादव, मुन्नीलाल बंशकार, रामदास जाटव, रोशन खान, राम प्रसाद वर्मा, राजेंद्र वर्मन, सुलेमान खान, सरदार सिंह यादव, सुरेश अहिरवार, रमेश कुमार, अनुज श्रीवास,सुनील अवस्थी, बीएन जोशी आदि लोग उपस्थित रहे।

पूर्णिमा राजकुमार सर्वसम्मति से चुनीं गई सरपंच संघ की अध्यक्ष

0

   सरपंच संघ जनपद पवई की बैठक मां कलेही मंदिर में आयोजित हुई

पवई। (www.radarnews.in) पन्ना जिले की जनपद पंचायत पवई के नव निर्वाचित सरपंचों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन रविवार 19 मार्च को मां कलेही मंदिर परिसर में किया गया। जिसमें जनपद पंचायत पवई की 82 पंचायतों के नव निर्वाचित सरपंचों ने हिस्सा लिया। बैठक में पूर्णिमा राजकुमार पटेल को सर्वसम्मति से सरपंच संघ का अध्यक्ष चुनते हुये कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें संरक्षक अशोक तिवारी सरपंच सांटा, उपाध्यक्ष अरूण चौरसिया सरपंच मोहन्द्रा, श्रीमति प्रभा सिंह खम्हरिया, सचिव श्रीमति अर्चना पाण्डेय सरपंच सिमराकलाॅ, कोषाध्यक्ष चन्द्रभान यादव सरपंच सिरसी पटना, सहसचिव श्रीमति किरण लकी राजा सरपंच लुधनी, मीडिया प्रभारी अरविन्द दहायत सरपंच मुड़वारी, सदस्य श्रीमति रानी गौतम सरपंच पुरैना, श्रीमति कविता दुबे सरपंच तिघरा, दान सिंह ठाकुर, सुनील रैकवार, श्रीमति विमला बाई, श्रीमति अमर सिंह सरपंच पड़रिया, प्रभुनाथ लोधी सरपंच पड़वार, श्रीमति रामफूल बाई दहायत सरपंच हीरापुर, श्रीमति गुड्डी बाई सरपंच दनवारा, श्रीमति मीना धुर्वे, अन्तू महारात बनाये गये।

मध्य प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी समाजवादी पार्टी

0
पन्ना में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मलेन एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र कुशवाहा।

*    भाजपा और कांग्रेस को कड़ी चुनौती देकर सपा को तीसरा विकल्प बनाने पर रहेगा फोकस 

 सपा की युवजन सभा के प्रदेशाध्यक्ष योगेन्द्र कुशवाहा ने पन्ना में किया बड़ा ऐलान

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी अब मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को कड़ी चुनौती देने की तैयारी में है। एमपी में दशकों से चली आ रही दो ध्रुवीय राजनीति (भाजपा और कांग्रेस) से हताश-निराश हो चुके लोगों के बीच समाजवादी पार्टी खुद को तीसरे विकल्प के रूप में स्थापित करने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी के द्वारा मध्यप्रदेश की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने के फैसले को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश में इसी साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी की सक्रियता बढ़ गई है। शनिवार 18 मार्च को पन्ना में समाजवादी पार्टी युवजन सभा का कार्यकर्ता सम्मलेन एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सम्मलेन पश्चात समाजवादी पार्टी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष योगेन्द्र कुशवाहा ने प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी मध्यप्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। सपा माफिया राज, भ्रष्टाचार और अराजकता के खिलाफ आवाज़ बुलंद कर प्रदेश में जनहित तथा विकास की बात करेगी। आपने दावा किया, भाजपा और कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को निराश किया है। सत्तारूढ़ भाजपा जहां नफरत की राजनीति कर रही है वहीं कांग्रेस पार्टी विपक्ष की भूमिका को निभाने में असफल साबित हुई है। युवजन सभा के प्रदेशाध्यक्ष योगेन्द्र कुशवाहा ने जोर देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में 2023 अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के कल्याण की योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा। उपस्थित सपा कार्यकर्ताओं से आपने आव्हान किया कि, लोगों के बीच जाकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सन्देश को जन-जन पहुंचाएं। साथ ही लोगों को बतायें कि भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, जो कि बारी-बारी से इस प्रदेश को लूटने का काम कर रहे हैं। मौजूदा परिदृश्य में समाजवादी पार्टी ही अकेली ऐसी पार्टी जो मध्य प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने में सक्षम है।
समाजवादी पार्टी युवजन सभा के सम्मलेन एवं पदाधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से महेन्द्र पाल, सुभाष चन्द्र उपाध्याय, कंधी सिंह यादव, हरिराम लखेरा, सतीश दुबे, युवा नेता सोनेलाल प्रजापति, डॉ. मिहीलाल लोधी, संगीता पटेल, सनी सेन, महेन्द्र सिंह यादव, शम्भूदयाल खरे, बालमुकुंद लोधी, मनीष राजपूत, आस्था यादव, उमाकांत राजपूत, संजय दलाल, रामराज अहिरवार, माखनलाल राजपूत, कामता राजपूत सहित अन्य सपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

शिवराज सरकार महिलाओं के साथ कर रही छलावा : विभा पटेल

0
पन्ना जिला मुख्यालय में महिला सम्मलेन को संबोधित करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल।

*    पवई विधायक का महिला से प्रेमालाप के वायरल ऑडियो को लेकर भाजपा पर साधा निशाना

*    प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष का ऐलान-  कांग्रेस की सरकार बनते ही महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपए

*     महिला कांग्रेस का जिला स्तरीय सम्मेलन पन्ना में सम्पन्न

पन्ना। (www.radarnews.in) शनिवार को जिला मुख्यलय पन्ना में महिला कांग्रेस के तत्वाधान में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व महापौर भोपाल श्रीमती विभा पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इसके अलावा प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष श्रीमती कविता पाण्डेय, श्रीमती राजलक्ष्मी नायक, प्रभा त्रिपाठी, कृष्णा सहित जिला महिला कांग्रेस की प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रही। सर्व प्रथम पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गॉधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई व जिले भर से आई महिलाओं ने प्रदेश महिला अध्यक्ष का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
महिला सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि भाजपा की सरकार में सबसे ज्यादा महिलाएं परेशान है, प्रदेश में आरजकता का माहौल है, बहिनें अकेले कहीं जा नहीं सकती है। ये सरकार गूंगी, बहरी और अंधी है, हम सब बहिनें संकल्प लेते है कि आने वाले सात महीने बाद हम सबकी सरकार होगी। उन्होने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में आंगनवाड़ी की बहिनें अपने अधिकार के लिए प्रदर्शन कर रही है, लेकिन जिस विभाग का प्रभार स्वयं मुख्यमंत्री के पास है वह विभाग भी इन बहिनों की सुध नहीं ले रहा है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल ने पन्ना जिले की पवई सीट से विधायक प्रहलाद लोधी की महिला से बातचीत के वायरल ऑडियो को लेकर भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, भाजपा का असली चाल-चरित्र व चेहरा यही है, जो समय-समय पर बेनक़ाब होता रहता है।
कार्यक्रम को कविता पाण्डेय, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शारदा पाठक, पूर्व अध्यक्ष श्रीमती दिव्यारानी सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ममता शर्मा, श्रीमती रमा बुन्देला, श्रीमती आस्था तिवारी, श्रीमती इन्दू तिवारी, श्रीमती लक्ष्मी दहायत, श्रीमती सुप्रिया बुन्देला आदि ने सम्बोधित किया। कार्यक्रम में महिला कांग्रेस पन्ना की जिला अध्यक्ष श्रीमती जीराबाई पटेल द्वारा जिले भर से आई सभी महिलाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी शिवजीत सिंह सहित सभी कार्यवाहक अध्यक्ष, सभी ब्लाक अध्यक्ष, सभी मोर्चा संगठन के अध्यक्षगण सहित कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में श्रीमती रहीमा खातून, श्रीमती चांदनी जाटव, श्रीमती आशा यादव, श्रीमती ऊषा लोधी, श्रीमती मालती पटेल, श्रीमती उर्मिला त्रिपाठी, श्रीमती श्रद्धा दुबे, श्रीमती संजो शर्मा, श्रीमती चंदा बाई लोधी, श्रीमती प्रियंका राजे सिंह, श्रीमती ज्योति पटेल, पार्षद श्रीमती शांति बाई सेन, श्रीमती दीपम तिवारी, श्रीमती पुष्पा यादव, श्रीमती भान कुमारी परमार, श्रीमती गीता वंशकार, श्रीमती मनीषा मारावी, श्रीमती मुन्नी विश्वकर्मा, श्रीमती लल्ला बाई चौधरी, श्रीमती शाहजहां बेगम, श्रीमती सुनीता प्रजापति, श्रीमती सविता प्रजापति, श्रीमती अनीता कोरी, मंजू जाटव, राधा बाई चौधरी पार्षद, रानी अहिरवार, खुशबू मिश्रा, फातिमा हक सहित काफी संख्या में महिला नेत्री उपस्थित रही। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष अनीस खान ने किया।

PTR के विस्थापितों का दर्द : 20 साल बाद भी नहीं मिला भू-अधिकार, योजनाओं के लाभ से वंचित विस्थापित परिवार

0
पन्ना कलेक्टर के नाम पर ज्ञापन सौंपने के लिए कांग्रेस नेता शिवजीत सिंह के नेतृत्व में जाते हुए विस्थापित परिवार।

*      कांग्रेस नेता शिवजीत सिंह के नेतृत्व में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघों के संसार को आबाद करने के लिए संरक्षित वन क्षेत्र से वर्ष 2002 में विस्थापित किए गए ग्राम पीपरटोला और सूरजपुरा के 165 परिवार पिछले दो दशक सुशासन वाली सरकार के सिस्टम का सितम झेलने को मजबूर हैं। वन अमले के द्वारा सब्जबाग दिखाकर पुरखों की ज़मीन से हटाए गए परिवारों के लिए विस्थापन बड़ी त्रासदी साबित हो रहा है। पुनर्वास नीति के तहत दोनों ग्रामों के लोगों को पुखरा में जिस भूमि पर बसाया गया था, उसका वैध मालिकाना हक़ (भू-अधिकार) उन्हें आज तक नहीं दिया गया। विस्थापितों की बसाहट के लिए दी गई वन भूमि को राजस्व भूमि में परिवर्तित कर संबंधितों को भू-अधिकार प्रदान करने के निर्देश सरकारी फाइलों में कैद होकर रह गए हैं। इस कारण विस्थापित परिवारों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। पन्ना के वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवजीत सिंह ने पन्ना टाइगर रिजर्व के विस्थापित परिवारों की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान इसके समाधान को लेकर आकृष्ट कराया है। शुक्रवार 17 मार्च को कांग्रेस नेता की अगुआई में विस्थापित परिवारों की ओर से पन्ना कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया है।
पन्ना टाइगर रिजर्व की मड़ला रेन्ज अंतर्गत केन नदी किनारे करीब दो दशक पूर्व पीपरटोला और सूरजपुरा ग्राम स्थित थे। बाघों को मानवीय दखल से रहित सुरक्षित रहवास उपलब्ध कराने के लिए शासन की योजना के अन्तर्गत दोनों वन ग्रामों के रहवासियों को विस्थापित किया गया था। वनवासियों को पुनर्वास नीति के तहत मुआवजा देकर समस्त बुनियादी सुविधाओं के साथ राजस्व पट्टा देने का प्रावधान था। इसके तहत 165 परिवारों का विस्थापन गया था। स्वीकृत विस्थापन पैकेज अनुसार एक लाख रुपये एवं दो हैक्टेयर प्रति परिवार भूमि पुनर्वास स्थल पुखरा में 2007 मे कराया गया। अचल संपत्ति का मुआवजा भुगतान हेतु 03 मार्च 2007 को पारित किया गया था। भारत सरकार की स्वीकृति क्रमांक एफएन 896/2001/दिनांक 21 मई 2002 के अनुक्रम में भारत सरकार पर्यावरण वन एवं जलवायु परिर्वतन मंत्रालय नई दिल्ली ज्ञापन एफ नम्बर 8-34/2017 दिनांक 20 मई 2019 से वन भूमि को राजस्व भूमि में परिवर्तित करने के निर्देश के पालन में पन्ना टाईगर रिजर्व से विस्थापित उक्त रहवासीयों की वन भूमि का निर्वनीकरण किया जा चुका है।
प्रशासन की उदासीनता के चलते आज दिनांक तक वन भूमि को राजस्व भूमि में परिवर्तित कर पट्टा प्रदाय नहीं किये गए है। फलस्वररूप पुखरा के रहवासीयों को किसी भी प्रकार की शासन की योजना जैसे किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड तथा अन्य प्रकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। इस मुद्दे पर पन्ना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी शिवजीत सिंह भईया राजा के नेतृत्व में प्रभावित गरीब आदिवासीयों ने पन्ना कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर तत्काल राजस्व भूमि के पट्टे दिलाने की मांग की है। श्री सिंह ने कहा कि यदि जिला प्रशासन द्वारा गरीबों की समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी बड़ा आन्दोलन करेगी। ज्ञापन देने वालो में कांग्रेस नेता सौरभ गौतम, सरदार सिंह यादव, रतन सिंह सहित बड़ी संख्या में विस्थापित परिवार शामिल रहे।

12वीं के छात्र ने लगाई फांसी, परिजनों ने बताई मौत की यह वजह !

0
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजा पटेरिया ने सिमरिया के नजदीक ग्राम बोदा में मृत छात्र के घर पहुंचकर शोककुल परिजनों से मुलाकत की।

*      होली के दिन दुखद घटना सामने आने के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर

*      इकलौते नाबालिग पुत्र की मौत से मातम में डूबा पूरा परिवार

*      पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने शोक संतृप्त परिजनों से की मुलाक़ात

पन्ना/सिमरिया। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पवई विधानसभा के सिमरिया थाना अंतर्गत बोदा ग्राम में कक्षा 12वीं के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। 17 वर्षीय छात्र का शव खेत में लगे पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। यह दुखद घटना बुधवार 8 मार्च 2023 यानी होली के दिन की है। मृत नाबालिग अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घटना की जानकारी लगते ही सिमरिया थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
छात्र की मौत के संबंध में पत्रकारों को जानकारी देते हुए दशरथ पटेल।
वर्तमान में मध्य प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड की कक्षा 12वीं की परीक्षाएं चल रहीं हैं। पन्ना जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विधयालय सिमरिया में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत छात्र धर्मेंद्र पटेल 17 वर्ष निवासी ग्राम बोदा नियमित परीक्षार्थी के रूप बोर्ड परीक्षा में सम्मलित हुआ। चचेरे भाई दशरथ पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि, दिनांक 2 मार्च 2023 को धर्मेंद्र पटेल का हिन्दी का पेपर बिगड़ गया था। नायब तहसीलदार ने परीक्षा केन्द्र निरीक्षण किया तो धर्मेन्द्र के पास से गाइड (नकल सामग्री) बरामद होने पर उसकी उत्तर पुस्तिका को प्रश्न पत्र समाप्ति की निर्धारित समयसीमा के आधा से एक घण्टे पहले जमा करा लिया था। इस कारण कथित तौर पर डिप्रेशन में (अवसाद ग्रस्त) होने के कारण धर्मेन्द्र ने आत्मघाती कदम उठाते हुए फांसी लगा ली।

पेड़ से बंधे फंदे पर लटका मिला शव

छात्र धर्मेंद्र पटेल। (जीवित अवस्था का चित्र)
परिजनों ने बताया कि धर्मेंद्र पटेल होली के दिन 8 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे घर से निकला था। शाम के समय नाबालिग छात्र का शव खेत में लगे पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। इस सनसनीखेज दुखद घटना की खबर आते ही बोदा ग्राम सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। एकलौते बेटे की मौत से पूरा पटेल परिवार गहरे शोक में डूबा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उल्लेखनीय है कि, छात्र के चचेरे भाई ने परीक्षा के दौरान भले ही उससे गाइड बरामद होने की बात कही है लेकिन धर्मेंद्र का नकल प्रकरण नहीं बना था। इसकी पुष्टि स्वयं सिमरिया थाना प्रभारी ने की है। पुलिस ने मृत छात्र का मोबाइल फोन जब्त किया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मर्ग कायम कर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सिमरिया सुशील अहिरवार ने बताया छात्र की मौत से संबंधित किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है।

निरीक्षण में सामने आई थी सामूहिक नकल जैसी स्थिति

हिन्दी के प्रश्न पत्र में दिनांक 2 मार्च को नायब तहसीलदार सिमरिया आस्था चढ़ार ने स्थानीय परीक्षा केन्द्र का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान पहले खबर आई कि सिमरिया परीक्षा केन्द्र पर कथित तौर पर सामूहिक नकल जैसी स्थिति के चलते नायब तहसीलदार ने 84 परीक्षार्थियों के नकल प्रकरण बनाए हैं। निरीक्षण से मचे हड़कंप के बीच नकल प्रकरण बनने के डर से कुछ छात्रायें केन्द्र में रोने लगीं थी और एक-दो छात्राओं की तबियत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्र ले जाना पड़ा। मामले के तूल पकड़ने से कार्रवाई को लेकर अभिभावकों की ओर से गहरी नाराजगी जताते हुए अपना विरोध दर्ज कराया गया। व्यापक असंतोष को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले में तत्परता से दखल दिया। जिसके तुरंत बाद कथित तौर पर 82 नकल प्रकरण रद्द कर सिर्फ 2 प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी आधिकारिक तौर पर दी गई थी। बाद में छात्र-छात्राओं ने दोनों नकल प्रकरणों को भी फर्जी बताते हुए रद्द करने की पुरजोर मांग की गई। छात्र-छात्राओं ने अपनी मांग पर शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए रविवार 5 मार्च को पुलिस थाना सिमरिया के सामने सड़क पर बैठकर धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम किया गया। साथ ही थाना प्रभारी सिमरिया को इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपकर कई गंभीर आरोप लगाए थे।

कलेक्टर को प्रेषित किया था प्रतिवेदन

नायब तहसीलदार सिमरिया आस्था चढ़ार।
उधर, परीक्षा केन्द्र सिमरिया का औचक निरीक्षण कर नकल पर प्रभावी नकेल कसने की कार्रवाई को लेकर आरोपों व सवालों से घिरीं नायब तहसीलदार आस्था चढ़ार ने सोमवार 6 मार्च को अपना बयान जारी किया था। इसमें उन्होंने परीक्षा केन्द्र की हकीकत बयां की थी। नायब तहसीलदार ने बताया था कि परीक्षा केन्द्र के कक्ष क्रमांक-6 में 2 परीक्षार्थी नकल करते हुए मिले। दोनों के नकल प्रकरण बनाकर उन्हें नई उत्तर पुस्तिका दिलाई गई। `इसके बाद कक्ष क्रमांक-12 एवं 13 में पहुंचकर देखा तो वहां सभी परीक्षार्थियों की कॉपी पर ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्नों के उत्तर एक जैसे लिखे होना पाया गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उन्हें नकल प्रदाय की गई है। जिसको लेकर पर्यवेक्षकों की भूमिका भी काफी संशय पूर्ण प्रतीत हो रही थी। इस संबंध में कलेक्टर सर को प्रतिवेदन प्रेषित किया गया है।

शोकाकुल परिवार को न्याय दिलाने की मांग

पेपर बिगड़ने के कारण डिप्रेशन में आकर होनहार छात्र धर्मेन्द्र पटेल के द्वारा खुदकुशी करने की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजा पटेरिया बीते दिवस बोदा ग्राम पहुंचे। जहां उन्होंने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने छात्र के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख वयक्त करते हुए शासन-प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने शोकाकुल परिवार को भरोसा दिलाया कि मृत छात्र को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी मजबूती से आपके साथ खड़ी है। इस दौरान जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस पन्ना श्रीमती जीराबाई पटेल सहित बड़ी संख्या ग्रामीण मौजूद थे।

जंगल में जुआ के फड़ पर पुलिस का छापा, 3 जिलों के 23 जुआरी पकड़े; 4 लाख नकद और 8 लग्ज़री वाहन जब्त

0
जंगल में जुआ खेलते पकड़े गए आरोपियों से जब्त मोबाइल फोन एवं पॉलिथीन के अंदर रखे नकदी रुपए।

*     जुआ के फड़ से 30 लाख से अधिक नकदी रुपए बरामद होने की चर्चायें

*    SDOP बोले- जुआरियों से वाहनों सहित अनुमानित 50 लाख का मशरूका जब्त

*    एक जुआरी की कार से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा व 2 जिंदा कारतूस बरामद

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के अति पिछड़े पन्ना जिले में शराब की अवैध बिक्री, जुआ-सट्टा सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियां चिंताजनक तेजी से बढ़ रहीं हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाबजूद इन पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। आसपास के जिलों के आपराधिक तत्व पन्ना को सुरक्षित ठिकाना मानकर यहां अपनी गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि, होलिका दहन की रात पन्ना पुलिस ने जिले के पवई थाना क्षेत्र अंतर्गत हड़ा के आसपास जंगल में जमे जुआ के फड़ पर छापामार कार्रवाई कर 3 जिलों के 23 जुआरियों को रंगे हाथ पकड़ा है। पुलिस ने जुआरियों से 4 लाख 22 हजार रूपए नकदी जब्त होने का दावा किया है। जंगल में फोर व्हीलहर से जुआ खेलने पहुंचे जुआरियों के 8 लग्जरी वाहनों, 22 नग मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। छापामार कार्रवाई के दौरान मौके से भागने का प्रयास करने वाले एक जुआरी की धरपकड़ कर पुलिस ने उसकी कार से एक अवैध कट्टा और 2 ज़िंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस बड़ी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक पन्ना ने पुरुष्कृत करने की घोषणा की है।

मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई

पन्ना के जंगलों में बेजुबान वन्यजीवों के शिकार, वन संपदा का अवैध खनन, वृक्षों की अवैध कटाई के अलावा अन्य अपराध भी लगातार फल-फूल रहे हैं। पन्ना पुलिस की ताज़ा कार्रवाई से इस बात के संकेत मिले हैं। मंगलवार 7 मार्च 2023 की रात जब जगह-जगह होलिका दहन किया जा रहा था, उसी समय पवई एसडीओपी सौरभ रत्नाकर को मुखबिर के द्वारा पवई थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम हड़ा के आसपास पड़ोसी कटनी जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में जंगल में जुआ का बड़ा फड़ संचालित होने की सूचना दी गई। तस्दीक उपरान्त सूचना सही पाए जाने पर वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक पन्ना धर्मराज मीना के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पवई सौरभ रत्नाकर के नेतृत्व में आसपास के थानों के पुलिस बल को मिलाकर पुलिस टीम का गठन किया गया। मुखबिर के द्वारा बताए गए स्थान ग्राम हड़ा के पास जंगल में घेराबन्दी कर जुआ खेलते हुए 22 जुआरियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस की छापामार कार्यवाही के दौरान एक आरोपी ने भागने का प्रयास किया। जिसे पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेराबन्दी कर मझगवां मोड़ के पास पकड़ लिया। उक्त आरोपी एवं उसकी कार की तलाशी लिए जाने पर कार से एक 315 बोर का देशी कट्टा एवं 2 जिन्दा कारतूस बरामद किए गए।

जमानती मुचलके पर जुआरियों को रिहा किया

पवई पुलिस थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों को जुआरियों की धरपकड़ की जानकारी देते हुए एसडीओपी सौरभ रत्नाकर।
पुलिस ने जुआरियों से नगद 4 लाख 22 हजार रूपए, 22 मोबाइल फोन कीमती करीब 2 लाख 20 हजार रूपए एवं 8 वाहन कीमती करीब 44 लाख रुपए जब्त किए है। इस प्रकार कुल मशरूका 50 लाख रूपए से अधिक का जब्त किया गया। इस मामले में पवई थाना पुलिस ने आरोपीगणों के विरुद्ध जुआ एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत थाना पृथक-पृथक कार्यवाही कर अपराध क्र. 69/23 तथा अपराध क्र. 72/23 का कायम कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पश्चात सभी जुआरियों को जमानती मुचलके पर रिहा कर दिया है। उल्लेखनीय है कि, पवई थाना जैसी कार्रवाई करीब 2 वर्ष पूर्व जिले के अमानगंज थाना अंतर्गत भी की गई थी। अमानगंज थाना पुलिस ने करीब 2 वर्ष पूर्व क्षेत्र के जंगल में संचालित एक जुआ के फड़ पर छापा मारकर जुआरियों को पकड़ा था।

जुआ के फड़ में 30 लाख से अधिक रुपए होने की चर्चाएं

जंगल में छापामार कार्रवाई करके जुआरियों को पकड़ने की जानकारी पवई एसडीओपी सौरभ रत्नाकर ने आज थाना पवई में आयोजित प्रेसवार्ता में दी है। जुआ के फड़ से पुलिस ने जहां सिर्फ 4 लाख 22 हजार रूपए नगद जब्त होने का दावा किया है, वहीं इस कार्रवाई की खबर आने के बाद से ही जुआ के फड़ में 30 लाख से अधिक नकदी रुपए मौजूद होने की चर्चाएं हर तरफ सुनाई दे रहीं हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्थानीय पत्रकारों ने पवई एसडीओपी से इस पर सवाल करते हुए पूंछा, ऐसा सुनने में आया है कि जुआ फड़ में 30 लाख रुपए से अधिक नकद राशि मौजूद थी जबकि पुलिस के द्वारा काफी कम नकद राशि की जब्ती दर्शाई गई है। इस सवाल का एसडीओपी ने बड़ी ही चतुराई के साथ जवाब देते हुए बताया कि 8 नग चारपहिया वाहनों सहित हमारा कुल मशरूका 50 लाख से अधिक का है। जुआ फड़ में वाकई कितनी नकद राशि छापे के समय मौजूद थी इस सवाल का जवाब या तो पुलिस या फिर जुआरी जानते हैं। दरअसल, लोगों को यह बात हजम नहीं हो रही है कि, लगभग 44 लाख रुपए मूल्य के 8 वाहन जिनमें स्विफ्ट डिजायर कार, वेन्यू कार, स्कॉरपियो, बुलेरो, अर्टिगा एवं अन्य लग्जरी गाड़ियां लेकर 23 जुआरी क्या सिर्फ 4 लाख 22 हजार रुपए के दांव लगाने जंगल आए थे ! पुलिस की कार्यशैली को समझने वाले लोग दबी जुबान यह कहते हुए सुने जा रहे हैं कि जुआरियों ने पुलिस की होली का मजा उम्मीद से कई गुना बढ़ाकर फीलगुड का एहसास करा दिया है।

इनकी हुई धरपकड़

पवई थाना परिसर में खड़े जुआरियों के जब्तशुदा वाहन, पवई-कटनी के सीमावर्ती जंगल में जुआ खेलने के लिए जुआरी इन्हीं गाड़ियों से आए थे।
पवई-कटनी के सीमावर्ती जंगल में जुआ खलते पकड़े गए 23 आरोपियों के नाम-पता के संबंध में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 18 पन्ना जिले के, 4 छतरपुर और एक जुआरी सतना जिले का निवासी है। जिनमें प्रसुन्न तिवारी पिता राममिलन तिवारी 35 साल निवासी ग्राम देवरा थाना सिमरिया, अंकित यादव उर्फ श्याम सिंह पिता जयपाल यादव 21 साल निवासी ग्राम पिपरवाहा थाना अमानगंज, अशोक कुमार पिता नन्दू प्रसाद कुशवाहा 30 साल निवासी ग्राम जमुनी थाना पवई, कृष्णप्रताप उर्फ मोनू सिंह ठाकुर पिता राम सिंह ठाकुर 31 साल निवासी वार्ड नं. 08 पवई थाना पवई, नीरज जैन पिता मोतीलाल जैन 32 साल निवासी ग्राम सलेहा थाना सलेहा, रमेश प्रसाद गुप्ता पिता स्व. बद्री प्रसाद गुप्ता 45 साल निवासी ग्राम सलेहा थाना सलेहा, अरविन्द सिंह राजपूत पिता रामविशाल राजपूत 28 साल निवासी सिमराबुर्द थाना पवई, उमेश बागरी पिता स्व. रमेश बागरी 29 साल निवासी वार्ड न. 04 पवई थाना पवई, विवेक बागरी पिता रामप्रताप बागरी 32 साल निवासी वार्ड नं. 04 पवई थाना पवई, मोहम्मद गालिब पिता मदार बक्स उम्र 27 साल निवासी वार्ड नं. 09 अमानगंज थाना अमानगंज, गोविन्द गुप्ता पिता बैजनाथ गुप्ता 40 साल निवासी ग्राम नयागाँव थाना सलेहा, देवराज सिंह पिता भगवान सिंह ठाकुर 38 साल निवासी ग्राम रामपुर थाना पवई, पुष्पेन्द्र बागरी पिता प्रेमलाल बागरी 35 साल निवासी ग्राम मगरपुरा हाल निवासी मडैयन थाना पवई, कौशल दुबे पिता स्व. कैलाशचन्द्र दुबे 28 साल निवासी ग्राम सुगरहा थाना गुनौर, रनेश श्रीवास्तव पिता सन्तोष श्रीवास्तव उम्र 35 साल निवासी वार्ड न. 08 पवई थाना पवई, रामेश्वर नगायच पिता स्व. दयाराम नगायच 51 साल निवासी वार्ड न. 15 पवई थाना पवई, जीतेन्द्र कुमार रेले पिता हेमन्त रेले 30 साल निवासी ग्राम हिनौती, धीरज जैन पिता श्री मोतिलाल जैन उम्र 28 साल सलेहा थाना सलेहा सभी निवासी जिला पन्ना व कमाल खान पिता उसमान खान 38 साल निवासी वार्ड नं. 07 जैन मन्दिर रोड खजुराहो थाना खजुराहो, रफीक खान पिता स्व. इस्माईल खान 44 साल निवासी वार्ड नं. 07 निजामीगंज राजनगर थाना राजनगर, बबलू उर्फ सुनिल खटिक पिता स्व. राजाराम खटिक 46 साल वार्ड नं. 02 फौजदार मोहल्ला राजनगर थाना राजनगर, फारुख उर्फ वीरू खान पिता जमालुद्दीन खान 42 साल निवासी विद्याधर कॉलोनी खजुराहो सभी निवासी जिला छतरपुर और सतेन्द्र कुमार रावत पिता हरि नारायण रावत 32 साल निवासी ग्राम नैगुंवा थाना जसो जिला सतना शामिल हैं।

सामूहिक विवाह सम्मलेन : परिणय सूत्र में बंधे 292 जोड़े, 3 जोड़ों ने क़बूल किया निकाह

0

 अजयगढ़ में गरीब परिवारों की बेटियों के सामूहिक विवाह-निकाह संपन्न 

*   खनिज मंत्री ने वर-वधू को आशीर्वाद और सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं

पन्ना। मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के तहत सोमवार को मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में अजयगढ़ क़स्बा के शासकीय महाविद्यालय परिसर में वृहद स्तर पर गरीब परिवारों की बेटियों के सामूहिक विवाह संपन्न हुए। जनपद पंचायत अजयगढ़ द्वारा 292 जोड़ों के विवाह और 3 जोड़ों के निकाह संपन्न करवाए गए। इस मौके पर खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद और सफल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

महिलाओं के उत्थान के लिए कृतसंकल्पित

खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह व निकाह योजना में अब 55 हजार रूपए का प्रावधान किया गया है। योजना में गरीब परिवार की बेटियों के विवाह धूमधाम से संपन्न करवाए जा रहे हैं। आगामी दिनों में भी शुभ मुहूर्त पर विवाह और निकाह संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मजदूर, किसान और युवाओं सहित सभी वर्ग के कल्याण के लिए प्रयासरत है। मुख्यमंत्री बेटी व महिलाओं के उत्थान व सम्मान के लिए कृतसंकल्पित हैं। महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से 5 मार्च को लाड़ली बहना योजना का शुभारंभ किया गया है। योजना के लाभ के लिए नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में वार्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर आगामी 15 मार्च से 30 अप्रैल तक शिविर लगाकर बहनों के आवेदन पत्र भरवाए जाएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी पात्र बहनों को इसका लाभ मिलेगा। साथ ही योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होने का आग्रह भी किया।

आयोजन का हिस्सा बनने के लिए आभार जताया

कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने कहा कि जिले के इस सबसे बड़े सामूहिक विवाह व निकाह कार्यक्रम के आयोजन से उत्सव जैसा माहौल है। उन्होंने सामूहिक विवाह आयोजन की बेहतर व्यवस्थाओं के लिए जनपद पंचायत द्वारा की गई माकूल व्यवस्थाओं के लिए सराहना की। और इस बड़े कार्यक्रम में वर-वधू पक्ष के लोगों के सहयोग तथा योजना का हिस्सा बनने के लिए आभार भी जताया। अतिथियों द्वारा नवदंपत्तियों को 11-11 हजार रूपए के चेक का वितरण किया गया। इसके अलावा योजना के तहत 38 हजार रूपए की सामग्री भी भेंट की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष सिंह यादव, जिला पंचायत सदस्य दिनेश भुर्जी, नगर परिषद अध्यक्ष सीता गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामरती यादव, सतानंद गौतम, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, जिला पंचायत के अतिरिक्त सीईओ अशोक चतुर्वेदी, परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार, जनपद पंचायत सीईओ प्रसन्न चक्रवर्ती भी उपस्थित थे।

मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच व रोकथाम के लिए दल गठित

0
फाइल फोटो।
पन्ना। जिले में बगैर लायसेंस, रजिस्ट्रेशन और मिलावटी व नकली दूध एवं दूध से बने खाद्य पदार्थ का निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय करने वाले कारोबारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर संजय कुमार मिश्र ने दुग्ध उत्पादों की जांच और रोकथाम के लिए दल का गठन किया है। दल में शामिल खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अभिहित अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी, जिला जनसंपर्क अधिकारी, सभी एसडीएम, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, सभी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी, सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नापतौल निरीक्षक और सभी थाना प्रभारी को आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं।