Home Blog Page 31

लोकसभा चुनाव 2024 : कांग्रेस की दूसरी सूची में 43 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित, यहां देखें पूरी लिस्ट

0
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल।

*     पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के सांसद पुत्र नकुल नाथ को पुनः छिंदवाड़ा से मिला टिकिट

*     मध्य प्रदेश की दस सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का किया ऐलान

*     बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए राहुल कस्वां को उनके मौजूदा संसदीय क्षेत्र चुरू से बनाया उम्मीदवार

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को अपनी दूसरी सूची जारी कर दी। इसमें चार राज्यों की 43 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई। सूची में मध्य प्रदेश की दस सीटों पर उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ को एक बार फिर से छिंदवाड़ा सीट से टिकिट दिया गया है। वहीं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत जालौर सीट से चुनाव लड़ेंगे। असम के युवा नेता गौरव गोगोई जोरहाट से उम्मीदवार होंगे। साथ ही चूरू से राहुल कस्वां को टिकिट दिया गया है, जो मौजूदा सांसद भी थे और हाल ही में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे।
कांग्रेस पार्टी के द्वारा जारी दूसरी सूची में लोकसभा की 43 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए। (सूची का पहला पेज)
लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी कर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, हमने लोकसभा चुनाव के लिए पहली सूची पहले ही घोषित कर दी है। आज (मंगलवार 12 मार्च) हम दूसरी सूची की घोषणा करने जा रहे हैं। कल सीईसी ने बैठक की और असम, मध्य प्रदेश, राजस्थान से 43 नामों की सूची को मंजूरी दे दी। कांग्रेस उम्मीदवारों की दूसरी सूची में 10 उम्मीदवार सामान्य वर्ग, 33 उम्मीदवार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक समुदायों से हैं। बता दें कि कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के लिए सोमवार को 60 से अधिक उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया था जिनमें करीब 43 पर मुहर लगाई थी।
कांग्रेस पार्टी के द्वारा जारी दूसरी सूची में लोकसभा की 43 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए। (सूची का दूसरा पेज)

रमजान मुबारक़ : आसमान में नज़र आया चांद, शरू हुई तरावीह की विशेष नमाज़; पहला रोज़ा आज

0
फाइल फोटो।

*      रहमतों-बरकतों के पवित्र महीने रमजान में इबादत का है विशेष महत्व

पन्ना। (www.radarnews.in) सोमवार शाम को आसमान पर मुबारक चांद के नजर आने के बाद मुकद्द्स रमज़ान पाक का महीना मंगलवार 12 मार्च से शुरू हो गया। आज माह-ए-रमजान का पहला रोजा (व्रत) है। इस्लाम धर्मावलम्बियों के लिए इस पवित्र महीने का विशेष महत्व है। रमजान इस्लामी कैलेण्डर का नौंवा और पवित्र महीना होता है। इसी महीने में पैग़म्बर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम पर पवित्र कुरान नाज़िल (अवतरण) हुआ था। रहमतों-बरकतों के महीने रमजान में अल्लाह की इबादत का विशेष महत्व है। सोमवार 11 मार्च को रमजान मुबारक का चांद दिखने के बाद पन्ना सहित समूचे जिले की मस्जिदों में परम्परानुसार रात्रि में इशा की नमाज़ के बाद तरबीह की विशेष नमाज़ पढ़ी गई। आज यानी मंगलवार 12 मार्च को पवित्र रमजान माह का पहला रोजा रखा गया। मुस्लिम धर्मगुरुओं के अनुसार अन्य महीनों की अपेक्षा रमजान के महीने में की गई इबादत जैसे- रोजा रखने, पांच वक्त की नमाज़ पढ़ने, तरावीह पढ़ने और कुरान पाक की तिलावत करने का सवाब (पुण्य लाभ) कई गुना अधिक होता है।

चांद को देखकर पढ़ी दुआ, एक-दूसरे को दी मुबारकबाद

फाइल फोटो।
सोमवार की शाम बेहद खास रही। पन्ना में शाम के समय माह-ए-रमजान का मुबारक चांद आसमान पर नजर आया। शाम से ही आसमान में टकटकी लगाए अपलक रमजान मुबारक के चांद का बेसब्री से इंतज़ार करते मुस्लिम भाई-बहिनों को जब मग़रिब की नमाज के वक्त मुबारक चांद नजर आया तो उनके चेहरे ख़ुशी से खिल उठे। चांद को देखकर छोटे बच्चे ख़ुशी से चहकते हुए नजर आए। मुबारक चांद को देखने के बाद मुस्लिम भाई-बहिनों ने विशेष दुआ पढ़कर एक-दूसरे को रमजान मुबारक कहकर पवित्र महीने की मुबारकबाद दी। सोशल मीडिया पर भी अपने परिचितों-दोस्तों व रिश्तेदारों को मुबारकबाद देने का सिलसिला चलता रहा। रमजान का चांद दिखने पर सोमवार को रात्रि में इशा की नमाज के बाद पन्ना सहित समूचे जिले की मस्जिदों में तरावीह की विशेष नमाज पढ़ाई गई। वहीं मुस्लिम भाई-बहनों ने आज अल-सुबह उठकर सहरी करने के बाद पहला रोजा रखा। मालूम हो कि पवित्र रमजान माह में मुस्लिम समाज के लोग पूरे एक माह तक रोज़ा रखते हैं, पाबंदी के साथ पांचों वक्त की नमाज और तरवीह की विशेष नमाज पढ़ते तथा कुरान की तिलावत करते है। रमजान का महीना बहुत ही रहमतों व बरकतों का महीना है। इस माह में एक नेकी के बदले 70 नेकियों के बराबर सवाब मिलता है।

बड़ी खबर : इलेक्टोरल बॉन्ड मामले पर एसबीआई को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं, कल तक देनी होगी जानकारी

0
फाइल फोटो।

  चुनाव आयोग को 15 मार्च की शाम तक वेबसाइट पर जानकारी को सार्वजानिक करने दिया आदेश

नई दिल्ली। देश की सर्वोच्च अदालत ने इलेक्टोरल बॉन्ड से जुड़ी जानकारी को साझा करने की समय सीमा 30 जून तक बढ़ाने की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की मांग ख़ारिज कर दी है। सुप्रीम कोर्ट ने एसबीआई से कहा है कि वह कल (मंगलवार) तक इलेक्टोरल बॉन्ड से जुड़ी जानकारी दे। इसी के साथ कोर्ट ने केंद्रीय चुनाव आयोग को आदेश दिया है कि वे सारी सूचनाएं इकट्ठा करके आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर 15 मार्च शाम पांच बज़े तक सार्वजनिक करें।
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया डीवाई चंद्रचूड़।
एसबीआई (SBI) ने 5 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में अर्ज़ी दी थी कि इलेक्टोरल बॉन्ड से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने के लिए उसे 30 जून तक का समय दिया जाए। इस पर चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया डीवाई चंद्रचूड़ की अगुवाई में पाँच सदस्यों वाली पीठ ने आज ये फ़ैसला दिया है। इस बेंच में जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा शामिल हैं।
बता दें कि, सुप्रीम कोर्ट ने 15 फ़रवरी को हुई सुनवाई के दौरान इलेक्टोरल बॉन्ड्स को असंवैधानिक करार देते हुए एसबीआई को इससे जुड़ी सभी जानकारियों को 6 मार्च तक चुनाव आयोग को उपलब्ध कराने के लिए कहा था। एसबीआई ने इसी मियाद (समयसीमा) से एक दिन पहले 5 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में अर्ज़ी दी थी कि इस जानकारी को मुहैया कराने की तारीख़ बढ़ाकर 30 जून कर दी जाए। सुप्रीम कोर्ट ने आज एसबीआई की अर्जी को ठुकराते हुए इलेक्टोरल बॉन्ड्स की जांनकारी को कल यानी मंगलवार 12 मार्च तक देने को कहा है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के जाने-माने वकील हरीश साल्वे ने एसबीआई का पक्ष रखा। वहीं पूर्व क़ानून मंत्री और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल के साथ जाने-माने वकील प्रशांत भूषण ने एडीआर की ओर से पैरवी की।

फैसले का किया स्वागत

वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए इसे पहले के फैसले की तरह बढ़िया और ठोस बताया है। प्रशांत भूषण ने एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की ओर से एसबीआई पर अदालत की अवमानना का मामला दायर किया था। न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बातचीत में भूषण ने कहा, “चुनावी बॉन्ड ख़रीदकर दान देने वालों और इन बॉन्ड को भुनाने वालों से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने की समयसीमा 30 जून तक बढ़ाने की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख़ अपनाया है।” उन्होंने कहा, “कोर्ट ने एसबीआई की याचिका ख़ारिज कर दी और ज़िक्र किया कि कोर्ट ने जो आंकड़ें उनसे मांगे थे, वो एसबीआई के पास पहले से उपलब्ध हैं।”

MP : पन्ना में जिले के बाहर पशु चारा-भूसा का निर्यात तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित

0
सांकेतिक चित्र।

*     चारा-भूसा की पूर्ति बनाए रखने डीएम ने धारा 144 के तहत जारी किया आदेश

*     उचित मूल्य से अधिक पर क्रय-विक्रय करने और अनावश्यक संग्रहण पर भी रोक

पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में चारा-भूसा की पूर्ति बनाए रखने व कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हरजिंदर सिंह ने दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक पशु चारे के जिले के बाहर निर्यात पर प्रतिबंध लगाया है। अब किसी भी व्यक्ति या संस्थान द्वारा पशु चारा (आहार), घास, भूसा, कड़वी (ज्वार, मक्का के डंठल) इत्यादि पन्ना जिले के बाहर निर्यात नहीं किया जाएगा।

प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

जारी आदेश के अनुसार, उद्योगों एवं फैक्ट्रियों के वायलरों व ईंट-भट्टों इत्यादि में भी पशु चारा-भूसा का ईंधन के रूप में उपयोग करना, भूसा व चारे का युक्तिसंगत मूल्य से अधिक मूल्य पर किसी भी व्यक्ति द्वारा क्रय-विक्रय करना तथा चारा-भूसा का कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने के लिए अनावश्यक रूप से संग्रहण करना भी प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त केवल लायसेंसधारी उद्योग ही ईंधन उपयोगी भूसे का स्टाॅक कर सकेंगे। सुरक्षा की समस्त जवाबदारी लायसेंसधारी की रहेगी, लेकिन प्रतिबंधित अवधि में जिले के बाहर लेकर जाना प्रतिबंधित रहेगा। आदेश के उल्लंघन पर संबंधित व्यक्तियों के विरूद्ध भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 के तहत कार्यवाही की जाएगी।

कार्यपालन यंत्री ने घटिया पुलियों को तुड़वाया, ठेकेदार को दी चेतावनी- ‘गुणवत्ता से समझौता नहीं चलेगा’

0
नयागांव-पंचमपुर पहुंच मार्ग पर नवनिर्मित पुलियों का कार्य गुणवत्तापूर्ण न होने पर बुलडोजर चलवाकर तुड़वाया गया।

*     नयागांव से पंचमपुर व गहलोतपुरवा के निर्माणाधीन पहुंच मार्ग का मामला

*    लोनिवि में चल रहे निर्माण कार्यों की सघन निगरानी कर रहे तकनीकी अधिकारी

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना अंतर्गत चल रहे कार्यों को गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा में संपन्न कराने के लिए तकनीकी अधिकारियों के द्वारा सघन मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रभारी उपयंत्री से लेकर सहायक यंत्री और कार्यपालन यंत्री की सतत निगरानी व गुणवत्ता को लेकर सख्ती के फलस्वरूप निर्माण कार्यों में लीपापोती करने वाले ठेकदारों में जबर्दस्त हड़कंप मचा है। जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि, अजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत निर्माणाधीन नयागांव से पंचमपुर और गहलोतपुरवा पहुँच मार्ग पर आधा दर्जन घटिया पुलियों को कार्यपालन यंत्री ने मौके पर खड़े होकर बुलडोजर से तुड़वा दिया। गड़बड़ी करने वाले ठेकेदारों को कड़ा संदेश देने के लिए लोनिवि के तकनीकी अमले के द्वारा प्रत्येक कार्य को गुणवत्ता के मानकों की कसौटी पर कसा जा रहा है।
निर्माणाधीन गहलोतपुरवा मार्ग की नवनिर्मित पुलियों की फेसबॉल में दरारें आने पर कार्यपालन यंत्री लोनिवि ने उन्हें तोड़कर नए सिरे से बनाने के निर्देश ठेकेदार दिए।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के लिए जिले के लोक निर्माण विभाग संभाग पन्ना का तकनीकी अमला पूरी तरह प्रतिबद्ध नजर आ रहा है। इसका ताजा उदाहरण विगत दिवस जिले के अजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत देखने को मिला। जहां राज्य खनिज मद अंतर्गत करीब 2.80 किलोमीटर की लंबाई वाले नयागांव से पंचमपुर पहुंच मार्ग के ठेकेदार के द्वारा पुलियों के निर्माण में गुणवत्ता को ताक पर रखकर कार्य कराने की शिकायत को कार्यपालन यंत्री लोनिवि एसके पाण्डेय द्वारा अत्यंत ही गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर अवलोकन किया गया। इस दौरान निर्माणाधीन मार्ग की पुलियों के धंसने और फेसबॉल में गड़बड़ी पाए जाने पर कार्यपालन यंत्री ने मौके पर ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाते हुए दोनों पुलियों को बुलडोजर से तुड़वा दिया। इसी तरह अजयगढ़ क्षेत्र में ही प्लान मद से निर्माणाधीन गहलोतपुरवा सड़क की नवनिर्मित पुलियों की फेसबॉल में दरारें देख कार्यपालन यंत्री भड़क उठे। उन्होंने घटिया कार्य को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए बिना किसी देरी के फेसबॉल तुड़वाकर ठेकेदार को नए सिरे से मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने की सख्त हिदायत दी है। उल्लेखनीय है कि पुलियों के निर्माण में गड़बड़ी करने वाले दोनों ही ठेकेदारों को लोनिवि की सघन मॉनिटरिंग के चलते लाखों रुपए की चपत लगी है।
लोक निर्माण संभाग पन्ना के तकनीकी अधिकारियों के द्वारा वर्तमान में विभाग के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का सतत निरीक्षण कर अर्थवर्क, डब्ल्यूएमएम, सीआरएम वर्क की ग्रेडिंग की बारीकी से जांच-पड़ताल की जा रही है। इस दौरान कुछ सड़कों में ग्रेडिंग के बाहर मटेरियल पाए जाने अर्थात विभिन्न परतों की जांच में जो भी मटेरियल अनुपात में कम पाया गया, उसकी पूर्ति निर्धारित अनुपात में सुनिश्चित करते हुए मापदंड के अनुसार समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया गया।
फाइल फोटो।
कार्यपालन यंत्री लोनिवि संभाग पन्ना एसके पाण्डेय ने बताया कि रनिंग वर्क (चल रहे) कार्यों में अधीनस्थ तकनीकी अधिकारियों, आमजन अथवा मीडिया के माध्यम से यदि किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी संज्ञान में आती है तो उसे गंभीरता से लेकर ठेकदार से हर हाल में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराना हमारी जिम्मेदारी। आपने कहा कि मानकों के अनुरूप कार्य कराने के लिए हम दृढ़ संकल्पित हैं। इसलिए प्रत्येक निर्माण कार्य की सघन निगरानी करने के साथ ही ठेकेदार के बिल का भुगतान करने से पूर्व मौके पर जाकर 2 से 3 बार निर्माण कार्य की अलग-अलग स्तर जाँच-पड़ताल की जाती है। कराए गए कार्य की गुणवत्ता को लेकर पूर्ण संतुष्टि के बाद ही बिल का भुगतान किया जाता है। इस प्रक्रिया के बाद भी गारंटी पीरियड में अगर किसी कार्य में कोई गड़बड़ी या गुणवत्ता का आभाव जैसा मामला सामने आता है तो उसकी जांच कर संबंधित की जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए ठेकेदार से सुधार कार्य कराया जाता है।

MP : पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक और संयुक्त संचालक को हटाया, किया भोपाल अटैच

0
फाइल फोटो।

*     केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट में असहयोग तथा खजाना खोजने वालों के कोर क्षेत्र में अवैध प्रवेश मामले पर राज्य सरकार ने लिया एक्शन

*     पीटीआर की नई क्षेत्र संचालक अंजना सुचिता और उप संचालक होंगे मोहित सूद

शादिक खान,पन्ना।(www.radarnews.in) राज्य सरकार ने लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से ठीक पहले गुरुवार 7 मार्च को भारतीय वन सेवा के पांच अधिकारियों को प्रशासकीय आधार पर स्थानांतरित करते हुए नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए है। वन विभाग के सचिव अतुल कुमार मिश्रा के हस्ताक्षर से देर शाम जारी स्थानांतरण आदेश अनुसार, पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक बृजेन्द्र झा (IFS-2003 बैच) व संयुक्त संचालक रिपुदमन सिंह (IFS-2010 बैच) को हटाकर तत्काल प्रभाव से भोपाल अटैच किया गया। इस फेरबदल को पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन के दोनों शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ डॉ. मोहन यादव सरकार के सख़्त एक्शन के तौर पर देखा जा रहा है। विभागीय चर्चाओं की मानें तो, जनवरी माह में पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में गड़ा धन (खजाना खोजने) के लिए मेटल डिटेक्टर लेकर आधा दर्जन लोगों के वाहन समेत अवैध प्रवेश करने के मामले में पार्क के दोनों शीर्ष अधिकारियों पर एक साथ स्थानांतरण की गाज गिरी है। पन्ना टाइगर रिजर्व के एफडी और जेडी के स्थानांतरण को लेकर एक चर्चा यह भी है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना में आपेक्षित सहयोग न करने पर दोनों अफसरों को हटाया गया है। बहरहाल कारण चाहे जो भी हो पर दोनों सीनियर आईएफएस अफसरों को फील्ड की पोस्टिंग से एक साथ हटाकर राज्य सरकार ने लापरवाह अफसरों को कड़ा संदेश दिया है।
राज्य शासन द्वारा जारी भारतीय वन सेवा अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश अनुसार, पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक, बृजेन्द्र झा की नवीन पदस्थापना मुख्य वन संरक्षक, मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम भोपाल में की गई है। श्री झा की सेवायें प्रतिनियुक्ति पर सौंपी गई है। पन्ना टाइगर रिजर्व के संयुक्त संचालक रिपुदमन सिंह को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख कार्यालय भोपाल में वन संरक्षक के पद पर पदस्थ किया है। इन अधिकारियों के स्थान पर शासन ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय भोपाल में पदस्थ वन संरक्षक श्रीमती अंजना सुचिता तिर्की (IFS-2010 बैच) को पन्ना टाइगर रिजर्व में क्षेत्र संचालक और मोहित सूद (IFS-2017बैच) डीएफओ सामान्य वन मंडल उमरिया की नवीन पदस्थापना उप संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व के पद पर की गई है।
राज्य शासन द्वारा जारी भारतीय वन सेवा के अधिकारियों की नवीन पदस्थापना आदेश की कॉपी।
उल्लेखनीय है कि, पीटीआर के वर्तमान क्षेत्र संचालक (एफडी) बृजेन्द्र झा व संयुक्त संचालक संचालक (जेडी) रिपुदमन सिंह की उदासीनतापूर्ण कार्यशैली को लेकर पार्क के मैदानी अमले में भी आंतरिक तौर पर तीव्र असंतोष और गहरी नाराजगी व्याप्त है। कथित तौर पर दोनों शीर्ष अधिकारियों के बीच सामंजस्य का घोर आभाव होने के कारण पन्ना पार्क की सुरक्षा में तैनात मैदानी अमले को मानदेय तथा वेतन सहित विभागीय कार्यों के देयकों का समय पर भुगतान सुनिश्चित नहीं हो पा रहा है। सामान्य विभागीय कार्य भी दोनों अफसरों की खींचतान के कारण बाधित है। इसका खामियाजा मैदानी वन अमले को भुगतना पड़ रहा है। जिसका प्रत्यक्ष-परोक्ष दुष्प्रभाव वन्य जीवों और वनों की सुरक्षा पर पड़ रहा है। गुरूवार की देर शाम दोनों अफसरों को पन्ना से भोपाल स्थानांतरित किये जाने की खबर आने के बाद से ही पन्ना टाइगर रिजर्व के मैदानी अमले में ख़ुशी का माहौल देखा जा रहा है।

कोर एरिया में ईको कैंप संचालन पर किया गुमराह

पन्ना टाइगर रिजर्व से जुड़े एक विश्वसनीय सूत्र ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि, एफडी बृजेन्द्र झा और जेडी रिपुदमन सिंह के बीच आपसी सामंजस्य न होने के कारण विभागीय कार्यों के प्रभावित होने, पार्क की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ने से भोपाल में बैठे विभाग के शीर्ष अधिकारी काफी समय से चिंतित थे। इस बीच जनवरी महीने में पार्क के कोर एरिया अंतर्गत मड़ला रेंज की बलैया बीट में खजाना खोजने के लिए मेटल डिटेक्टर लेकर कार से छह लोगों के घुसने का मामला सामने आने पर हर कोई हैरान रह गया। शिकार की बढ़ती घटनाओं के बीच कोर एरिया में दफ़ीनाखोरों के वाहन लेकर काफी अंदर तक घुसने की घटना ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था की बेहद लचर स्थिति को उजागर कर दिया था। खजाना खोजने वाले आरोपियों से बीटगार्ड की सांठ-गांठ के खुलासे ने पन्ना पार्क की अत्यंत ही चिंताजनक स्थिति की ओर जिम्मेदारों का ध्यान आकृष्ट कराने का काम किया। वहीं पन्ना पार्क के कोर एरिया में हिनौता स्थित प्रवेश द्वारा के बगल में अवैधानिक रूप से संचालित ईको कैंप में पर्यटन गतिविधियां को बंद करने के मामले भी कथित तौर एफडी और जेडी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को गुमराह करते रहे हैं। इसके आलावा केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाली केन-बेतवा लिंक परियोजना के लिए चल रहे भूमि अधिग्रहण सहित अन्य कार्यों में पन्ना जिला प्रशासन को पार्क के दोनों अधिकारियों का आपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा था। इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने पन्ना टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर बृजेन्द्र झा और ज्वाइंट डायरेक्टर रिपुदमन सिंह को स्थानांतरित कर भोपाल अटैच कर दिया है।

बहुराष्ट्रीय कंपनी ने वन परिक्षेत्र स्तर पर ग्रामीण युवाओं को दिया रोजगार का प्रशिक्षण

0
वन परिक्षेत्र स्तर पर आयोजित रोजगारोन्मुखी कौशल विकास का प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित वन विभाग के अधिकारी, एलएण्डटी कंपनी प्रतिनिधि और क्षेत्र के युवा।

*       दक्षिण वन मण्डल पन्ना अंतर्गत आयोजित प्रशिक्षण शिविर में परिक्षेत्र मोहन्द्रा के 166, रैपुरा के 146 युवा हुए शामिल

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) दक्षिण वन मण्डल पन्ना अंतर्गत संजीव झा वनसंरक्षक छतरपुर वृत्त छतरपुर एवं पुनीत सोनकर वनमण्डलाधिकारी दक्षिण वनमण्डल पन्ना की विशेष पहल से परिक्षेत्र स्तर पर वनक्षेत्रों के ग्रामीणों को बहुराष्ट्रीय कंपनी एल एण्ड टी (Larsen & Toubro) के माध्यम से कौशल विकास का प्रशिक्षण प्रदान करने की पहल की गई है। इस क्रम में वन परिक्षेत्र मोहन्द्रा एवं रैपुरा के तहत आज वन विभाग के माध्यम से एलएण्डटी कम्पनी (L&T) द्वारा रोजगारोन्मुखी शिविर आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में वनक्षेत्रों में निवासरत विशेष रूप से संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के परिक्षेत्र मोहन्द्रा के 166, परिक्षेत्र रैपुरा के 146 बेरोजगार युवाओं को एलएण्डटी (लार्सन एंड टुब्रो) कंपनी के समन्वयक कमल चंद्रवंशी द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही रोजगार के अवसर के बारे में बताया गया। युवाओं की विभिन्न समस्याओं के निराकरण एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। इस दौरान युवाओं द्वारा रोजगार के लिए पंजीयन भी कराया गया। प्रशिक्षण शिविर में वन परिक्षेत्र अधिकारी मोहन्द्रा अभय दुबे, वन परिक्षेत्राधिकारी रैपुरा रजित द्विवेदी, नृपाल सिंह, उप वनक्षेत्रपाल शंकर प्रसाद दहायत, उप वनक्षेत्रपाल नरेश दुबे, वनपाल रंजना नागर, देवी सिंह यादव, रामदास रैकवार भी उपस्थित रहे।

अच्छी खबर : पन्ना में 50 बिस्तर के आयुष चिकित्सालय स्थापना की मिली स्वीकृति

0

   पूर्व प्रभारी मंत्री एवं आयुष विभाग के राज्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाई गई थी मांग

*     आयुष चिकित्सालय में मरीजों को भर्ती कर आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी से किया जाएगा उपचार

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) जिला मुख्यालय पन्ना को आयुष (आयुर्वेद) चिकित्सालय की बहुप्रतीक्षित सौगात मिल गई है। पन्ना में 50 बिस्तर के आयुष चिकित्सालय की स्थापना के लिए प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी किया गया है। निर्माण एजेंसी लोक निर्माण विभाग द्वारा 13 करोड़ 37 लाख 47 हजार रूपए की लागत से आयुष चिकित्सालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (भवन) से प्राप्त तकनीकी स्वीकृति अनुसार विभाग की आयुक्त सोनाली पोंक्षे वायंगणकर द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी किया गया है। आयुष चिकित्सालय बनकर तैयार होने पर वहां आयुष चिकित्सकों के द्वारा मरीजों को भर्ती करके आयुष पद्धति (प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धति) के तहत स्वास्थ्य सेवाएं एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। विदित हो कि आयुष पद्धति में आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्धा और होम्योपैथी की स्वास्थ्य देखभाल एवं उपचार की प्रणालियाँ शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि, पन्ना जिले के पूर्व प्रभारी मंत्री एवं आयुष विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामकिशोर नानो कांवरे के समक्ष आयुष चिकित्सालय का मुद्दा अनेकों बार प्रमुखता से उठाया गया था। जिस पर राज्यमंत्री श्री कांवरे ने जनहित से जुड़ी मांग को गंभीरता से लेते हुए तत्परता से पूरा करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पन्ना में 50 बिस्तर के आयुष चिकित्सालय की स्थापना संबंधी प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित करने के भी निर्देश दिए थे। पन्ना विधायक बृजेन्द्र सिंह द्वारा विधानसभा सत्र में भी प्रश्न के माध्यम से चिकित्सालय निर्माण के संबंध में प्रशासकीय स्वीकृति की मांग रखी गई थी, जिस पर मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने त्वरित संज्ञान लेकर कार्यवाही की।

जीवन से बढ़कर कुछ भी नहीं….. सुरक्षा का ध्यान रखते हुए करें अपना कार्य : अधीक्षण यंत्री

0
उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाइनमैन को लाइनमैन दिवस पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड पन्ना के अधीक्षण यंत्री शरद श्रीवास्तव।

   पन्ना जिला मुख्यालय में शहरी विद्युत वितरण केन्द्र में मनाया गया लाइनमैन दिवस

*     उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाइनमैन को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, टूलकिट भी प्रदान की गई

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (MPPKVVCL) पन्ना के तत्वाधान में धर्म सागर तालाब के पास स्थित पावर हाउस (शहरी विद्युत वितरण केन्द्र) प्रांगण में आज 4 मार्च को लाइनमैन दिवस का आयोजन किया गया कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अधीक्षण यंत्री शरद श्रीवास्तव रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण करके किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अधीक्षण यंत्री शरद श्रीवास्तव ने संबोधित करते हुए कहा कि जीवन से बढ़कर कुछ नहीं है इसलिए आपको सुरक्षा के साथ काम करने की आवश्यकता है। केंद्र सरकार की मंशानुरूप लाइनमैन दिवस मनाए जाने का उद्देश्य है कि सुरक्षा के उपाय की जानकारी आप लोगों को विस्तार से दिया जाए।
अधीक्षण यंत्री ने कहा कि बिजली संबंधी कार्य करते समय अपना दिमाग शांत रखिए, मोबाइल बंद रखिए तो जान की सुरक्षा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जो टूल किट दिए गए हैं उसका उपयोग करिए शरीर को बचाना हमारा पहला उद्देश्य है काम के समय जल्दबाजी न करें। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि जब हमारा जीवन रहेगा तभी हम काम कर पाएंगे हमेशा लाइट सुधारने के समय लाइन बंद करके कम करें।
पन्ना में लाइनमैन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अधिकारी-कर्मचारी एवं ठेकेदार।
कार्यक्रम को आरके तिवारी डीई सतर्कता, जीके चन्द्रारते डीई, राहुल बिरला सहायक यंत्री शहर, वरिष्ठ पत्रकार मनीष मिश्रा, विद्युत ठेकेदार अख्तर खान सहित कई लाइनमैनो ने उन्होंने संबोधित करते हुए सुरक्षात्मक पहलुओं पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान लाईनमैनों को टूलकिट प्रदान किये गए उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन के एस घोषी सहायक यंत्री शहर ने किया। कार्यक्रम में काफी संख्या में लाइनमैन व विद्युत कंपनी के कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

लोकसभा चुनाव 2024 : बीजेपी ने खजुराहो सीट से वीडी शर्मा पर पुनः जताया भरोसा

0
विष्णु दत्त शर्मा, सांसद खजुराहो संसदीय क्षेत्र।

*     पिछले चुनाव कांग्रेस प्रत्याशी को 4 लाख 92 हजार से अधिक मतों के अंतर से दी थी मात

*     ओबीसी मतदाताओं के प्रभाव वाली खजुराहो सीट पर कांग्रेस से गठबंधन के चलते इस बार सपा उतारेगी अपना उम्मीदवार

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए देश के कई राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों की 195 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की अपनी पहली सूची शनिवार को जारी कर दी है। इस सूची में मध्य प्रदेश की 29 में से 24 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। खजुराहो संसदीय क्षेत्र से भाजपा ने अपने मौजूदा सांसद एवं पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) पर पुनः भरोसा जताया है। वीडी ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के चलते 64 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त कर कांग्रेस प्रत्याशी कविता सिंह को 4 लाख 92 हजार से अधिक वोटों के रिकार्ड अंतर से करारी शिकस्त दी थी। कयास लगाए जा रहे थे कि इस बार वीडी शर्मा को खजुराहो की जगह भोपाल सीट से चुनावी समर में उतारा जाएगा। यही कारण था कि खजुराहों के लिए कई नाम चर्चा में बने थे, जिसमें पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह और कटनी से आने वाले संजय पाठक का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा था। लेकिन शनिवार को बीजेपी उम्मीदवारों की पहली सूची के आने के साथ ही तमाम कयासों-अटकलों पर पूर्ण विराम लग चुका है।

ओबीसी वर्ग से हो सकता है सपा प्रत्याशी

प्रतीकात्मक चित्र।
बता दें कि, सूबे के बुंदेलखंड अंचल में आने वाली खजुराहो सीट पर अन्य पिछड़ा वर्ग के मतदाता चुनावी नतीजों के लिहाज से निर्णायक माने जाते हैं। इस बार विपक्षी दलों के गठबंधन “इंडिया” में शामिल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच हाल ही में संपन्न हुए सीटों के समझौते के तहत मध्य प्रदेश की एकमात्र खजुराहो सीट सपा को मिली है। अर्थात आगामी लोकसभा चुनाव में खजुराहो सीट पर समाजवादी पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी जिसे कांग्रेस पार्टी का समर्थन प्राप्त होगा। सामाजिक न्याय की पुरजोर तरीके से सियासत करने वाली समाजवादी पार्टी को लेकर जानकारों का मानना है कि ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूला के तहत जल्द ही खजुराहो के लिए सशक्त उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकती है। जनचर्चा है कि, समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी पिछड़ा वर्ग में आने वाली कुर्मी या फिर यादव जाति से हो सकता है। साथ ही यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि, सपा उम्मीदवार बुंदेलखंड अंचल से हो सकता है।

भाजपा का मजबूत गढ़ है खजुराहो सीट

खजुराहो संसदीय क्षेत्र का मानचित्र।
पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने खजुराहो सीट पर राजपरिवार से आने वाले पूर्व राजनगर विधायक विक्रम सिंह नातीराजा की पत्नी कविता सिंह को प्रत्याशी बनाया था। कांग्रेस नेत्री कविता सिंह का मायका पन्ना जिले के अमानगंज क्षेत्र में और ससुराल खजुराहो होने के चलते चुनाव प्रचार अभियान के दौरान पूरे समय स्थानीय बनाम बाहरी प्रत्याशी का मुद्दा जोरदार तरीके से उछला था। क्योंकि वीडी शर्मा ग्वालियर-चम्बल क्षेत्र से आते हैं। हालांकि, 2019 के लोस चुनाव में मोदी लहर के चलते वीडी शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी कविता सिंह को 4 लाख 92 हजार से अधिक वोटों के रिकार्ड अंतर से करारी शिकस्त दी थी। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा को 811,135 और कविता सिंह को 3,18,753 मत प्राप्त हुए थे। विदित हो कि, खजुराहो सीट को भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है। वर्ष 1989 से लेकर 2019 तक संपन्न हुए नौ लोकसभा चुनाव में खजुराहो सीट पर लगातार भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जीत दर्ज करा रहे हैं। शनिवार 2 फरवरी को खजुराहो लोकसभा सीट से वीडी शर्मा को पुनः उम्मीदवार घोषित किए जाने पर इस संसदीय क्षेत्र में आने वाले छतरपुर, पन्ना एवं कटनी जिले के भाजपा (BJP) पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं और वीडी समर्थकों ने फटाखे फोड़कर, मिठाई वितरित कर पार्टी के निर्णय पर ख़ुशी जाहिर की है।