Home Blog Page 30

CAA के तहत पहली बार पड़ोसी देशों के 14 शरणार्थियों को मिली नागरिकता

0

*    केंद्रीय गृह सचिव ने एक समारोह में आवेदकों को सौंपे नागरिकता प्रमाणपत्र

नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के नियमों की अधिसूचना जारी होने के बाद आज नई दिल्ली में पहली बार केन्द्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने एक समारोह में 14 शरणार्थियों को नागरिकता प्रमाणपत्र सौंपे। इस अवसर पर गृह सचिव ने आवेदकों को बधाई देते हुए नागरिकता (संशोधन) नियम, 2024 के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डाला। इस मौके पर सचिव, डाक, निदेशक (आसूचना ब्यूरो) और भारत के रजिस्ट्रार जनरल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भारत सरकार ने 11 मार्च, 2024 को नागरिकता (संशोधन) नियम, 2024 को अधिसूचित किया था। इन नियमों में आवेदन करने के तरीके, जिलास्तरीय समिति (DLC) द्वारा आवेदन को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया और राज्यस्तरीय अधिकार प्राप्त समिति (EC) द्वारा आवेदनों की जांच और नागरिकता प्रदान करने की व्यवस्ता की गई है। इन नियमों के लागू होने के बाद, पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से हिंदू, सिख, जैन, बौद्ध, पारसी और ईसाई समुदायों से संबंधित व्यक्तियों से आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो धार्मिक उत्पीड़न या इसके डर के कारण 31 दिसंबर 2014 तक भारत आ गए थे।
प्राधिकृत अधिकारियों के रूप में वरिष्ठ डाक अधीक्षकों/डाक अधीक्षकों की अध्यक्षता वाली जिला स्तरीय समितियों (DLC) ने दस्तावेजों के सफल सत्यापन के बाद आवेदकों को निष्ठा की शपथ दिलाई है। नियमानुसार आवेदनों की प्रोसेसिंग के बाद, DLC ने आवेदनों को निदेशक (जनगणना संचालन) की अध्यक्षता वाली राज्यस्तरीय अधिकार प्राप्त समिति (EC) को भेज दिया है। आवेदनों की प्रोसेसिंग पूर्णतः ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाती है। निदेशक (जनगणना संचालन), दिल्ली की अध्यक्षता में दिल्ली की अधिकार प्राप्त समिति ने उचित जांच के बाद 14 आवेदकों को नागरिकता देने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में, निदेशक (जनगणना संचालन) ने इन आवेदकों को प्रमाण पत्र प्रदान किये।

डीएलएड पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ

0
प्रतीकात्मक चित्र।
भोपाल। मध्य प्रदेश के समस्त जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान तथा अशासकीय महाविद्यालयों में डीएलएड पाठ्यक्रम में शिक्षण सत्र 2024-25 के लिये पंजीयन की प्रक्रिया 13 मई, 2024 से एम पी ऑनलाईन के माध्यम से शुरू कर दी गई है। उक्त संस्थानों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल की वेबसाइट https://rsk.mponline.gov.in/ पर जाकर प्रवेश संबंधी समस्त जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद वे अपना ऑनलाइन पंजीयन कर सकते है। प्रथम चरण के पंजीयन की अंतिम तिथि 26 मई 2024 निर्धारित की गई है।

प्रधान जिला न्यायाधीश ने बंदियों की सुनीं समस्याएं, भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की ली जानकारी

0
पन्ना जिले की उप जेल पवई में बंदियों को प्रदान किए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता जांचते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश भावना साधौ।

*    उप जेल पवई का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का किया अवलोकन

पन्ना। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पन्ना व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष भावना साधौ ने आज उप जेल पवई का आकस्मिक निरीक्षण कर जेल की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही बंदियों के भोजन व्यवस्था व गुणवत्ता का निरीक्षण कर स्वच्छता व हाइजीन के बारे में सूक्ष्म जानकारी ली। पुरूष एवं महिला बैरकों का निरीक्षण कर बंदियों की समस्याएं सुनीं और न्यायालय एवं प्राधिकरण द्वारा प्रदत्त की जाने वाली सेवाओं तथा जमानत व रिहाई के संबंध में जानकारी ली।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पन्ना भावना साधौ ने आज उप जेल पवई का आकस्मिक निरीक्षण किया।
प्रभारी जेल अधीक्षक को बंदियों के स्वास्थ्य के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस मौके पर जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव हरप्रसाद बंशकार, जिला न्यायाधीश पवई नवनीत कुमार वालिया, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनील अहिरवार, न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवराज सिंह गवली, जिला विधिक सहायता अधिकारी देवेन्द्र सिंह परस्ते भी उपस्थित रहे। उप जेल अधीक्षक मुनीन्द्र मिश्रा द्वारा बंदियों को प्रदान की गई जानकारी को अमल में लाने के लिए प्रेरित किया गया।

नेशनल लोक अदालत : 283 लंबित और 671 प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण

0
नेशनल लोक अदालत के दौरान जिला न्यायालय पन्ना में प्रकरणों के निराकरण की जानकारी प्राप्त करतीं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश भावना साधौ।

*    1 करोड़ 21 लाख रूपए से अधिक की अवार्ड राशि पारित

पन्ना। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार को जिला न्यायालय पन्ना सहित पवई व अजयगढ़ में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष भावना साधौ द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश ने नेशनल लोक अदालत में राजीनामा योग्य अधिक से अधिक प्रकरण का निराकरण कर पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से मुक्त करवाने का प्रयास करने का आव्हान किया। नेशनल लोक अदालत में जिला न्यायालय समेत तहसील न्यायालयों की कुल 13 खण्डपीठों में 283 लंबित और 671 प्री-लिटिगेशन स्तर पर लंबित प्रकरणों का राजीनामा के जरिए निराकरण किया गया। दोनों ही तरह के प्रकरणों में 1 करोड़ 21 लाख रूपए से अधिक की समझौता अवार्ड राशि पारित की गई। नेशनल लोक अदालत में प्रकरण का निराकरण होने पर पक्षकारों को पौधे भेंट किए गए।

खण्डपीठवार राजीनामा से लंबित प्रकरण निराकृत

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पन्ना के सचिव व जिला न्यायाधीश हरप्रसाद बंशकार ने जानकारी दी कि नेशनल लोक अदालत में प्रकरणों के राजीनामा के माध्यम से निराकरण हेतु जिला न्यायालय पन्ना में 9 खण्डपीठ व तहसील न्यायालय पवई में 3 खण्डपीठ व तहसील न्यायालय अजयगढ़ में 1 खण्डपीठ का गठन किया गया था। जिसमें प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश भावना साधौ की खण्डपीठ क्रमांक 1 में 5 पारिवारिक प्रकरणों, द्वितीय जिला न्यायाधीश अयाज मोहम्मद की खण्डपीठ क्रमांक 2 में 70 प्रकरणों, प्रथम जिला न्यायाधीश इन्द्रजीत रघुवंशी की खण्डपीठ क्रमांक 3 में 2 प्रकरणों, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनील अहिरवार की खण्डपीठ क्रमांक 4 में 37 प्रकरणों, व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खण्ड शिवराज सिंह गवली की खण्डपीठ क्रमांक 5 में 21 प्रकरणों, व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खण्ड मोहित बड़के की खण्डपीठ क्रमांक 6 में 26 प्रकरणों, व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खण्ड निधि शाक्यवार की खण्डपीठ क्रमांक 7 में 20 प्रकरणों, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खण्ड इकरा मिनिहाज की खण्डपीठ क्रमांक 8 में 7 प्रकरणों, चतुर्थ व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खण्ड प्रीतम शाह की खण्डपीठ क्रमांक 9 में 20 प्रकरणों सहित जिला न्यायाधीश पवई की खण्डपीठ क्रमांक 10 में 8 प्रकरणों, व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठखण्ड कृष्णपाल सिंह सिसोदिया की खण्डपीठ क्रमांक 11 में 23 प्रकरणों, व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खण्ड पवई हिमांशी ठाकुर भारद्वाज की खण्डपीठ क्रमांक 12 में 20 प्रकरणों तथा व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खण्ड अजयगढ़ श्वेता रघुवंशी की खण्डपीठ क्रमांक 13 में 27 प्रकरणों सहित कुल 283 लंबित प्रकरणों का राजीनामा के जरिए निराकरण किया गया।

प्री-लिटिगेशन में 1 करोड़ 21 लाख की अवार्ड राशि पारित

इसी तरह प्री-लिटिगेशन स्तर पर लंबित प्रकरण अंतर्गत बैंक के 3, विद्युत विभाग 1, दूरसंचार विभाग 24, नगरीय निकायों के संपत्ति व जलकर के कुल 9 सहित अन्य 637 प्रकरणों तथा पवई एवं अजयगढ़ तहसील के 11-11 प्रकरणों सहित कुल 671 प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण किया गया। लंबित प्रकरणों में 1 करोड़ 13 लाख 59 हजार 264 रूपए और प्री-लिटिगेशन प्रकरणों में 7 लाख 67 हजार 252 रूपए कुल 1 करोड़ 21 लाख 26 हजार 516 रूपए की समझौता अवार्ड राशि पारित की गई।

इनकी रही उपस्थिति

जिला न्यायालय पन्ना में नेशनल लोक अदालत के शुभारंभ अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित करतीं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश भावना साधौ।
नेशनल लोक अदालत के शुभारंभ अवसर पर विशेष न्यायाधीश व नोडल अधिकारी नेशनल लोक अदालत, जिला न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरप्रसाद बंशकार, जिला न्यायाधीश अयाज मोहम्मद, इन्द्रजीत रघुवंशी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनील अहिरवार, जेएमएफसी शिवराज सिंह गवली, मोहित बड़के, प्रीतम शाह, प्रशिक्षु न्यायाधीश श्वेता आर्य, तनिष्का वैष्णव, जिला विधिक सहायता अधिकारी देवेन्द्र सिंह परस्ते व अभिभाषक संघ के अध्यक्ष जेके राव, सचिव रत्नेश खरे, लीगल एड डिफेंस काउन्सिल चीफ आनंद त्रिपाठी, डिप्टी चीफ करन सिंह व पवन कुमार पाण्डेय एवं असिस्टेंट विजयलक्ष्मी, रोहित नायक व शशांक चतुर्वेदी एवं अभिभाषक संघ के सदस्यगण तथा प्राधिकरण के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

भाजयुमो नेता की गुंडागर्दी : शराब के नशे में सरकारी फाइलें फेंकी, महिला नायब तहसीलदार से गाली-गलौज; जातिसूचक शब्द से अपमानित कर जान से मारने की धमकी

0
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसील कार्यालय अजयगढ़ का भवन। (फाइल फोटो)

*     मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की चर्चित अजयगढ़ तहसील की घटना

*     आपराधिक पृष्ठभूमि वाले युवा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज

*     आरोपी की गिरफ्तारी में देरी के कारण कर्मचारी संगठनों में आक्रोश

*    पूर्व में सार्वजनकि तौर पर अवैध कट्टा लहराते हुए आरोपी का वीडियो हुआ था वायरल 

पन्ना। (www.radarnews.in) अपने कार्यकर्ताओं देवतुल्य बताने वाली भारतीय जनता पार्टी की यूथ विंग के एक पदाधिकारी ने जिले के अजयगढ़ तहसील कार्यालय में जमकर उत्पात मचाया। नशे के डबल डोज़ (सत्ता और शराब) से चूर युवा नेता अंकित मिश्रा उर्फ़ कुलदीप ने नायब तहसीलदार के कक्ष में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए सरकारी फाइलें फेंक दी। मना करने पर बौखलाए आपराधिक पृष्ठ्भूमि वाले युवा नेता ने कथित तौर अनुसूचित जाति की महिला अधिकारी को गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। साथ ही जान से मारने और पूर्व तहसीलदार की तरह लोकायुक्त पुलिस के प्रकरण में फंसाने की धमकी भी दी। नायब तहसीलदार संगीता अहिरवार की लिखित शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आरोपी युवक के विरुद्ध तत्परता से आपराधिक मामला पंजीबद्ध कर लिया है। हैरान करने वाले इस घटनाक्रम की खबर फैलने के बाद से अधिकारी-कर्मचारी संगठनों समेत अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।
पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह के साथ आरोपी भाजयुमो नेता अंकित उर्फ़ कुलदीप मिश्रा। (फाइल फोटो)
पार्टी  विद द डिफरैंस कहलाने वाली भाजपा को लोकसभा चुनाव 2024 के बीच हाल ही में मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अपने दो नेताओं के कृत्यों की वजह से काफी शर्मसार होना पड़ा है। पहला मामला सर्वविदित है। कुछ दिन पूर्व दमोह जिले के हटा से भाजपा विधायक उमा खटीक की बेटी सारिका खटीक को लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने 30,000/- (तीस हजार) रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा था। सारिका, नगर परिषद अमानगंज जिला पन्ना की अध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री है। बहुचर्चित रिश्वत कांड की सबसे महत्वपूर्ण यह रही कि, सारिका खटीक के विरुद्ध बीजेपी के ही स्थानीय युवा नेता राघवेंद्र राज मोदी की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस द्वारा ट्रैप कार्यवाही की गई थी। शिकायत के अनुसार, अमानगंज नगर परिषद अध्यक्ष ने मैन लिफ्ट क्रेन के मासिक बिल भुगतान के एवज में राघवेंद्र से रिश्वत मांगी थी। दूसरा प्रकरण जिले अजयगढ़ क़स्बा का है। महिला नायब तहसीलदार अजयगढ़ ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के अजयगढ़ मंडल उपाध्यक्ष अंकित उर्फ़ मिश्रा उर्फ़ कुलदीप पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं।
अनुसूचित जाति से आने वाली नायब तहसीलदार संगीता अहिरवार की ओर से थाना में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि, दिनांक 30 अप्रैल की शाम लगभग 4.30 बजे वह अपने कार्यालय में बैठकर न्यायालयीन कार्य कर रही थी। तभी अंकित उर्फ़ मिश्रा उर्फ़ कुलदीप निवासी माधौगंज अजयगढ़ शराब के नशे में धुत होकर आया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए ईडब्ल्यूएस (EWS) का आदेश तुरंत बनाने का दबाव डालने लगा। नायब तहसीलदार ने उससे पूंछा की आप कौन है, आवेदक हैं या फिर अन्य किसी का आदेश बनना है? कुलदीप ने बताया उसके रिश्तेदार का आदेश बनना है। लेकिन जब रिश्तेदार का नाम पूंछा गया तो वह अचानक भड़क उठा।
महिला नायब तहसीलदार के साथ अभद्रता करने का आरोपी अंकित उर्फ़ कुलदीप मिश्रा।
न्यायालय की डाइस पर हाथ पटकते हुए नेता जी वहां रखीं सरकारी फाइलें-रजिस्टर छीनकर यहां-वहां फेंकने लगे। महिला अधिकारी के मना करने पर बौखलाए भाजयुमो नेता कुलदीप ने मर्यादा लांघते हुए उन्हें मां-बहिन की गालियां दी और जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। आपराधिक पृष्ठभूमि वाले दबंग युवा नेता ने नायब तहसीलदार को धमकाते हुए कहा, मैं जो काम लेकर आऊं या फिर मेरे नाम से कोई भी काम लेकर आता है, उसे तत्काल किया करो नहीं तो जान से ख़त्म कर दूंगा। मौके पर मौजूद राघवेंद्र सिंह कम्प्यूटर ऑपरेटर व चालक रमेश कुमार अहिरवार ने हस्तक्षेप करते हुए युवा नेता को समझाया। तब कुलदीप ने जाते हुए नायब तहसीलदार को पुनः धमकाया। दबंग ने वरिष्ठ अधिकारियों से उनकी शिकायत करने तथा पूर्व तहसीलदार की तरह लोकायुक्त पुलिस के प्रकरण में फंसाने की बात कही।
अजयगढ़ थाना पुलिस ने नायब तहसीलदार अजयगढ़ संगीता अहिरवार के लिखित आवेदन पत्र पर भाजयुमो नेता (BJYM) अंकित उर्फ़ मिश्रा उर्फ़ कुलदीप के विरुद्ध धारा 294, 506, 353, 186 ताहि एवं एससीएसटी एक्ट के तहत आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया है। इस घटनाक्रम के बाद से पीड़ित महिला अधिकारी अत्यंत ही भयभीत बताई जा रहीं है। क्योंकि, घटना के सप्ताह भर बाद आरोपी फरार है। आपराधिक पृष्ठभूमि वाले दबंग आरोपी के विरुद्ध पूर्व से कई प्रकरण पंजीबद्ध है। जन चर्चाओं के अनुसार कुलदीप पूर्व में कुछ माह दिल्ली की तिहाड़ जेल में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध रहा है।
पन्ना जिले के अजयगढ़ में निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल भाजयुमो नेता अंकित उर्फ़ कुलदीप मिश्रा। (फाइल फोटो)
पूर्व में आरोपी का सार्वजानिक तौर पर अवैध कट्टा लहराते हुए वीडियो भी वायरल हुआ था। बता दें कि, भाजयुमो से जुड़ने से पूर्व कुलदीप को अजयगढ़ के एक कांग्रेस नेता के साथ अक्सर देखा जाता था। बाद में वह कथित तौर पर सत्ता का संरक्षण पाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की युवा शाखा से जुड़ गया। जहां राजनैतिक रसूख बढ़ने के साथ उसकी गुंडई भी लगातार बढ़ती चली गई। देखते ही देखते वह भाजपा के बड़े नेताओं का करीबी बन बैठा। फलस्वरूप हालिया गंभीर घटना के सप्ताह भर बाद भी आरोपी की गिरफ़्तारी न होने से अजयगढ़ थाना पुलिस पर प्रत्यक्ष-परोक्ष तौर पर राजनैतिक दबाव हावी होने की चर्चाओं बल मिल रहा है।

इनका कहना है-

“महिला नायब तहसीलदार के साथ अभद्रता करने एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपी की आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भी नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।”

साईं कृष्णा थोटा, पुलिस अधीक्षक, जिला पन्ना (म.प्र.) ।

‘अक्षय बम’ के नामांकन वापस लेने से लोग नाराज, भाजपा के बजाए नोटा को वोट देने की कर रहे हैं बात : सुमित्रा महाजन

0
सुमित्रा महाजन 'ताई', पूर्व लोकसभा स्पीकर एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री।

*      ‘बम’ मामले पर बोलीं- ‘इसकी जरुरत नहीं थी, क्योंकि इंदौर में भाजपा को कोई हरा नहीं सकता’

इंदौर। पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ‘ताई’ ने इंदौर सीट से पूर्व कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम के नामांकन वापस लेकर बीजेपी में आने पर हैरानी जताई है। वरिष्ठ भाजपा नेत्री का कहना है कि अक्षय ने ऐसा क्यों किया, मैं इस पर कुछ नहीं कह सकती, लेकिन शहर के प्रबुद्धजन मुझे फोन करके पूछ रहे हैं। मुझे उनको समझाना पड़ रहा है। लोग भाजपा के बजाए नोटा को वोट देने की बात कह रहे हैं। महाजन ने यह भी कहा कि इस घटनाक्रम की जानकारी मुझे नहीं थी।
अक्षय बम के नामांकन वापस लेने के बाद कांग्रेस पार्टी इंदौर लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं से नोटा को वोट देने की कर रही है अपील।
इंदौर लोकसभा सीट से लगातार आठ बार की सांसद सुमित्रा महाजन ने एक न्यूज़ चैनल के इंटरव्यू के दौरान कहा कि इंदौर में कांग्रेस के उम्मीदवार के पर्चा वापस लेने के बारे में जानकर मैं आश्चर्यचकित रह गई कि यह क्या हो गया? ऐसा नहीं होना चाहिए था। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने महाजन का वीडियो ट्वीट करते हुए इंदौर के मतदाताओं से ज्यादा से ज्यादा नोटा पर वोट देने की अपील की है। वीडियो में महाजन कह रही है कि इस घटनाक्रम की कोई आवश्यकता नहीं थी, क्योंकि दीवार पर लिखा हुआ है कि इंदौर में भाजपा को कोई भी नहीं हरा सकता।
ताई ने कहा- अक्षय बम को ऐन चुनाव से पहले ऐसा नहीं करना चाहिए था। उसने एक तरह से अपनी पार्टी (कांग्रेस) से भी धोखा किया, लेकिन मैं ऐसे शब्दों का इस्तेमाल क्यों करूं। शहर के कुछ पढ़े-लिखे लोगों ने मुझे फोन करके नाराजगी जताई है।

वार्षिकोत्सव समारोह : बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सबका मन मोहा

0
वार्षिकोत्सव समारोह में बुन्देलखंडी ढिमरयाई नृत्य की केन्द्रीय विद्यालय पन्ना के छात्र-छात्राएं।

*    केन्द्रीय विद्यालय पन्ना में मनाया गया वार्षिकोत्सव समारोह

 बीहू, ढिमरयाई, गोवा, लिलीपुट डांस एवं नाटक और कव्वाली रहे आकर्षण के केन्द्र

पन्ना। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पन्ना में गत शुक्रवार को विद्यालय का वार्षिकोत्सव समारोह मनाया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं की विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। वार्षिकोत्सव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेश कुमार शामिल हुए। विद्यालय के स्काउट कलर पार्टी द्वारा मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का हरित स्वागत किया गया। विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत भी गाया गया। मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर एवं बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना में नृत्य के माध्यम से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय, अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र, क्षेत्र संचालक पन्ना टाईगर रिजर्व अंजना सुचिता तिर्की, डीएफओ दक्षिण वन मंडल पुनीत सोनकर, डीएफओ उत्तर वन मंडल गर्वित गंगवार एवं तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।

सफल नागरिक बनने किया प्रोत्साहित

केन्द्रीय विद्यालय पन्ना के वार्षिकोत्सव समारोह में उपस्थित अतिथिगण एवं विद्यालय के शिक्षक।
कलेक्टर एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुरेश कुमार ने कहा कि केन्द्रीय विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अपनी भूमिका को साकार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने ओजस्वी वक्तव्य से भविष्य में सफल और अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यालय के प्राचार्य अमित दाहिया ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने विद्यालय के उद्देश्यों एवं उपलब्धियों की चर्चा की। इसके अलावा विद्यालय के परीक्षा परिणाम तथा खेल, योग एवं विद्यालय में आयोजित किए जाने वाली अन्य पाठ्येत्तर गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

मेधावी छात्र-छात्राओँ को किया सम्मानित

केन्द्रीय विद्यालय पन्ना के वार्षिकोत्सव समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं तथा विशेष उपलब्धि पर शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय के मेधावी छात्रों को सम्मान पत्र दिया गया, जिसमें सीबीएसई परीक्षा सत्र 2021-22 में कक्षा-10वीं में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में दिव्यांशी पटेल एवं तुषारिका जगवानी और 97 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली शौर्या मिश्रा शामिल रहीं। इसी तरह कक्षा-12वीं की छात्रा हर्षिता खरे, शिखी परमार, स्नेहा अग्रवाल को सम्मानित किया गया। सत्र 2022-23 में निशी गोस्वामी, अनुराग पटेरिया, कृष्णा शर्मा तथा रेहान खान, मान्या अहिरवार, रिया चंद्रपुरिया को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। इनमें स्वाती गुप्ता भारतीय सांख्यिकी सेवा, सुप्रिया बागरी नायब तहसीलदार लवकुशनगर, गौरव त्रिपाठी आईआईटी धनबाद तथा यश प्रताप बागरी विकास अधिकारी, भारतीय जीवन बीमा निगम को सम्मान पत्र दिया गया। शिक्षकों को भी विशेष उपलब्धि पर सम्मान मिला। इनमें जितेन्द्र प्रताप सिंह, मृगेन्द्र सिंह, पवन पाठक, प्रदीप पाण्डेय, राकेश दीक्षित शामिल हैं।

बुंदेलखंडी नृत्य से प्रस्तुत की लोक संस्कृति की झलक

केन्द्रीय विद्यालय पन्ना के वार्षिकोत्सव समारोह में नाटक की प्रस्तुति देते हुए विद्यालय के छात्र।
समारोह में प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों द्वारा गोवा नृत्य प्रस्तुत किया गया। बैंकिंग धोखेबाजी से बचने के उपाय बताता अंग्रेजी नाटक की प्रस्तुति भी हुई। टाइगर को सुरक्षित रखने की सीख देती हुई नृत्य नाटिका एवं शरद जोशी का व्यंग्य नाटक ‘एक था गधा’ की बेहतरीन प्रस्तुति भी बच्चों द्वारा दी गई। वाद्य यंत्रों की आकर्षक जुगलबंदी तथा लिलीपुट नृत्य पर दर्शकों ने खूब तालियाँ बजायी। कव्वाली तथा असम के बीहू लोकनृत्य को भी खूब सराहना मिली। बुन्देलखंडी ढिमरयाई नृत्य ने लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। अंत में शिक्षक विद्याचरण चौरसिया द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।

आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ : ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन एवं च्वाइस फिलिंग की अंतिम तिथि 20 मई

0
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI) पन्ना। (फाइल फोटो)

*    पन्ना की शासकीय आईटीआई में उपलब्ध सात ट्रेड में ले सकते हैं प्रवेश

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश की समस्त शासकीय एवं प्राइवेट आईटीआई (ITI) में संचालित एनसीव्हीटी/एससीव्हीटी के पाठ्यक्रमों में सत्र 2024 के लिए ऑनलाईन प्रवेश प्रक्रिया 01 मई से प्रारंभ हो चुकी है। प्रवेश हेतु पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन एवं च्वाइस फिलिंग के लिए अंतिम तिथि 20 मई निर्धारित है। आईटीआई में प्रवेश हेतु इच्छुक अभ्यर्थी इंटरनेट के माध्यम से अपने स्तर से अथवा ऑनलाईन सहायता केन्द्रों से www.dsd.mp.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के इच्छुक सभी पात्र उम्मीदवारों को निर्धारित समयावधि में ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन करवाने वाले उम्मीदवारों को ही सीट आवंटन प्रक्रिया में सम्मिलित किया जाता है। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए विवरणिका कौशल विकास संचालनालय/मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड की वेबसाइट www.dsd.mp.gov.in पर देख सकते है। शासकीय आईटीआई पन्ना के प्राचार्य राजेश पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि पन्ना सहित जिले में संचालित समस्त शासकीय आईटीआई में प्रवेश हेतु इच्छुक जिले के युवक-युवतियां को सीमित सीट संख्या को दृष्टिगत रखते हुए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया में शीघ्रता से शामिल होने की जरुरत है।

नियमानुसार पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की होगी पात्रता

प्राचार्य श्री पटेल ने बताया कि शासकीय आईटीआई पन्ना में सात ट्रेड संचालित हैं। इनमें इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर, ड्राफ्ट्समैन ट्रेड एनसीव्हीटी (NCVT) से संबद्ध कोर्स दो वर्षीय और कोपा का कोर्स एक वर्षीय है। इसके अलावा मोटर मैकेनिक व्हीकल और मैकेनिक डीजल इंजन एससीव्हीटी (SCVT) से संबद्ध क्रमशः दो तथा एक वर्षीय कोर्स है। आपने बताया कि सभी व्यवसायों (ट्रेड) में 20 प्रतिशत सीट आईएमसी हेतु आरक्षित है जिनके लिए पृथक से च्वॉइस फिलिंग करना अनिवार्य है। ITI (Industrial Training Institute) में प्रवेश लेने वाले एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के प्रशिक्षणार्थियों को शासन के नियमानुसार पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति तथा जनरल कैटेगिरी वालों को सम्बल योजना एवं मैरिट छात्रवृत्ति की पात्रता होगी।

समय सारणी पोर्टल पर पृथक से दी जाएगी जानकारी

शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI) पन्ना के प्राचार्य श्री पटेल ने आईटीआई में सत्र 2024 में ऑनलाइन प्रवेश हेतु निर्धारित समय चक्र की जानकारी देते हुए बताया कि, प्रवेश हेतु इच्छुक अभ्यर्थी इंटरनेट के माध्यम से अपने स्तर से अथवा ऑनलाईन सहायता केन्द्रों से www.dsd.mp.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश हेतु पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन एवं च्वॉईस फिलिंग की प्रक्रिया 01 मई से शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 20 मई है। इसके बाद आवेदकों द्वारा प्रवेश पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन में त्रुटि सुधार, इच्छित संस्थाओं तथा व्यवसार्यों की प्राथमिकता क्रम का चयन करना इच्छित संस्थाओं में प्राथमिकता के क्रम में त्रुटि सुधार (च्वाईस लॉक करने से पूर्व तक) की जानकारी विभाग द्वारा समय-समय पर पृथक से समय सारणी पोर्टल www.dsd.mp.gov.in पर जारी की जाएगी। इसी तरह प्रथम चयन सूची डिस्प्ले करना, प्रवेश पोर्टल द्वारा एसएमएस के माध्यम से आवेदकों को सूचित करना और प्रथम चयन सूची के आवेदकों के प्रवेश की जानकारी भी पृथक से उक्त पोर्टल पर प्रदर्शित की जाएगी।

प्राथमिकता के क्रम अधिक ट्रेड और संस्थाओं के भरें विकल्प

प्राचार्य ने राजेश पटेल ने रडार न्यूज़ से चर्चा में आईटीआई में प्रवेश संबंधी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए बताया कि एम.पी. ऑनलाईन में रजिस्ट्रेशन तथा इच्छित संस्थाओं में प्राथमिकता के क्रम (च्वॉईस फिलिंग) के लिए आवेदक अधिक से अधिक व्यवसायों/संस्थाओं के विकल्प भरकर आवेदन प्रस्तुत करेंगे। पंजीयन के लिये ईमेल आईडी एवं मोबाइल नंबर पूर्व से निर्धारित कर लेवें। दरअसल, काउंसलिंग पंजीयन, सत्यापन, प्राथमिकता चयन एवं संस्था में रिपोर्टिंग इत्यादि संबंधी आवश्यक निर्देश उसी ईमेल आईडी एवं मोबाईल नंबर पर ही भेजे जाते हैं। आईटीआई में प्रवेश हेतु ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन करवाने वाले आवेदकों के कक्षा दसवीं के अंको के आधार पर मैरिट सूची जारी कर आईटीआई में प्रवेश दिया जाता है। अभ्यर्थियों द्वारा भरी गई प्राथमिकता क्रम के आधार पर मैरिट के अनुसार सीटों एवं संस्था का आवंटन किया जाता है। प्रवेश हेतु चयन सूची को एमपी ऑनलाईन तथा संचालनालय कौशल विकास के पोर्टल पर प्रदर्शित किया जाता है। आवंटन उपरांत आवंटन पत्र जारी किये जाते हैं जिसमें आवंटित विषय/संस्था/पाठ्यक्रम का उल्लेख रहता है। आवेदकों को प्रवेश के लिए एक निश्चित तिथि निर्धारित की जाती है, जिसमें उन्हें प्रवेश लेना आवश्यक है।

सड़क हादसा : तेज रफ़्तार मिनी ट्रक की ठोकर से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की दर्दनाक मौत

0
मिनी ट्रक की भीषण टक्कर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त मृतक का होंडा स्कूटर।

*    अमानगंज-पन्ना मार्ग पर रमपुरा नाका के समीप हुआ एक्सीडेंट

पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के अमानगंज थाना अंतर्गत रमपुरा नाका के समीप एक तेज रफ़्तार मिनी ट्रक के अज्ञात चालक ने घोर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रहे स्कूटर सवार व्यक्ति को सीधी ठोकर मार दी। भीषण सड़क हादसे में स्कूटर चालक सलिल मिश्रा पुत्र रामकिशोर मिश्रा 50 वर्ष निवासी मोहल्ला किशोरगंज पन्ना की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि होंडा स्कूटर के परखच्चे उड़ गए। सड़क हादसे में प्रौढ़ की मौत पर अमानगंज थाना पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार पन्ना के वयोवृद्ध कांग्रेस नेता रामकिशोर मिश्रा के सुपुत्र सलिल मिश्रा पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) थे। गुरुवार 2 मई को सलिल अमानगंज में चिकित्सकों तथा दवा विक्रेताओं से संपर्क करने के बाद शाम के समय स्कूटर से वापस पन्ना लौट रहे थे। रास्ते में रमपुरा नाका के समीप सामने से आए एक तेज रफ़्तार मिनी ट्रक 407 के अज्ञात चालक ने घोर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए अचानक गलत दिशा में वाहन को मोड़कर स्कूटर चालक को सीधी ठोकर मार दी। ट्रक की ठोकर इतनी भीषण थी की स्कूटर चालक सलिल मिश्रा उछलकर सड़क से 10 फिट दूर जा गिरे। जबकि उनके स्कूटर के परखच्चे उड़ गए। ट्रक की ठोकर लगने से आईं अत्यंत ही गंभीर चोटों के कारण सलिल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मिनी ट्रक का अज्ञात चालक मौके से फरार हो गया।
सलिल मिश्रा।
राहगीरों और पुलिस के द्वारा हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई। पन्ना से परिजनों के पहुँचने पर अमानगंज थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। सलिल मिश्रा के असामयिक दुखद निधन की खबर आने के बाद से ही पन्ना नगर में शोक की लहर व्याप्त है। जिले में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों, कांग्रेसजनों, मित्रों, शुभचिंतकों, पत्रकारों सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने सोशल मीडिया पर सलिल के निधन पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है। पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार मृतक सलिल मिश्रा का अंतिम संस्कार आज (शुक्रवार 3 मई) सुबह 9 बजे पन्ना के रानीगंज मोहल्ला स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा।

बड़ी ट्रैप कार्रवाई : लोकायुक्त पुलिस टीम ने BJP की नगर परिषद अध्यक्ष को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा

0
नगर परिषद अमानगंज का कार्यालय भवन और नगर परिषद अध्यक्ष सारिका खटीक।

*     मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की अमानगंज नगर परिषद का मामला

*      भाजपा के ही नेता से अध्यक्ष सारिका खटीक ने बिल भुगतान के एवज में मांगी थी रिश्वत

*     दमोह जिले की हटा सीट से बीजेपी विधायक उमा खटीक की पुत्री हैं सारिका

*     भ्रष्टाचारियों का चारागाह बने पन्ना जिले में प्रशासनिक अफसरों, जनप्रतिनिधि और नेताओं ने मचा रखी है खुली लूट

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आज एक बड़ी ट्रैप कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। जिले की अमानगंज नगर परिषद में भाजपा की अध्यक्ष सारिका खटीक को लोकायुक्त पुलिस ने 30,000/-(तीस हजार) रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। अध्यक्ष श्रीमती खटीक ने स्थानीय ठेकेदार और अपनी पार्टी के ही युवा नेता राघवेन्द्र राज मोदी से अमानगंज नगर परिषद में मासिक ठेका पर लगे उनके हाइड्रोलिक मैन लिफ्ट क्रेन का भुगतान करवाने के एवज में 40,000/-(चालीस हजार) रुपए की रिश्वत मांगी थी।
शिकायतकर्ता एवं भाजपा नेता राघवेंद्र राज मोदी।
युवा नेता मोदी ने रिश्वत की पहली किश्त के रूप में नगर परिषद अध्यक्ष को 10 हजार रुपए पूर्व में ही दे दिए थे। आज रिश्वत की दूसरी किश्त के रूप शेष राशि 30,000/-(तीस हजार) रुपए लेने के दौरान अमानगंज नगर परिषद सारिका खटीक को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस की इस ट्रैप कार्यवाही की खबर आते ही अमानगंज क़स्बा में जबर्दस्त हड़कंप मच गया। बीजेपी के युवा नेता द्वारा अपनी ही पार्टी की नगर परिषद अध्यक्ष को ट्रैप करवाने से सत्ताधारी दल भाजपा की जमकर किरकिरी हो रही है। वहीं इस ट्रैप कार्रवाई को लेकर जिले के राजनैतिक और प्रशासनिक हलकों में आंतरिक खलबली मची है। उल्लेखनीय है कि सारिका खटीक पड़ोसी दमोह जिले की हटा विभानसभा सीट से भाजपा विधायक उमा खटीक की पुत्री हैं।पन्ना जिले में किसी महिला जनप्रतिनिधि को रिश्वत लेने के मामले में लोकायुक्त पुलिस के द्वारा गिरफ्तार करने का संभवतः यह पहला मामला है।
नगर परिषद अमानगंज में ठेके पर लगी भाजपा के युवा नेता राघवेंद्र राज मोदी की हाइड्रोलिक मैन लिफ्ट क्रेन।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद अमानगंज में युवा नेता राघवेंद्र राज मोदी की हाइड्रोलिक मैन लिफ्ट क्रेन रुपये मासिक किराया 33,333/-(तैंतीस हजार तीन सौ तैंतीस) रुपए की दर से ठेके पर लगी है। मैन लिफ्ट क्रेन का पिछले चार माह से भुगतान लंबित होने पर भाजपा युवा नेता मोदी ने नगर परिषद अध्यक्ष सारिका खटीक से संपर्क किया। इस दौरान उनके द्वारा भुगतान करवाने के एवज में 40,000/- चालीस हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई। भुगतान के लिए हर बार रिश्वत की मांग से परेशान होकर ठेकेदार राघवेंद्र राज मोदी ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय सागर में लिखित शिकायत की।
तदुपरांत लोकायुक्त पुलिस द्वारा शिकायत की तस्दीक करने पर फरियादी राघवेंद्र से नगर परिषद अमानगंज की अध्यक्ष ने पुनः रिश्वत की डिमांड की। रिकार्ड हुई बातचीत में रिश्वत की राशि के तौर पर 40,000/- चालीस हजार रुपए देने पर सहमति बनीं। फरियादी ने तुरंत पहली किश्त के तौर पर 10 हजार रुपए दिए और शेष राशि गुरुवार 02 मई 2024 को देना तय हुआ। शिकायत की तस्दीक होने पर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नगर परिषद अध्यक्ष को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ ट्रैप करने का फुलप्रूफ प्लान तैयार कर उसका क्रियान्वयन करने के लिए ट्रैप दल गठित किया गया।
नगर परिषद अमानगंज की अध्यक्ष सारिका खटीक रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ने के बाद पुलिस थाना अमानगंज में दस्तावेजी कार्यवाही करती लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम।
आज नगर परिषद अमानगंज कार्यालय में अध्यक्ष सारिका खटीक दोपहर करीब 2 बजे जब अपने कक्ष में बैठीं थी तभी ठेकेदार राघवेंद्र राज मोदी ने वहां पहुंच गए। मोदी ने पूर्व चर्चानुसार रिश्वत की शेष राशि 30,000/- (तीस हजार) रुपए अध्यक्ष को दे दिए। इस दौरान नगर परिषद कार्यालय के आसपास लोकायुक्त पुलिस टीम मुस्तैदी से तैनात रही। फरियादी से जैसे ही इशारा मिला अगले ही पल लोकायुक्त पुलिस ने वहां दबिश देकर भारतीय जनता पार्टी की नगर परिषद अध्यक्ष सारिका खटीक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
पन्ना जिले की नगर परिषद अमानगंज की भाजपा अध्यक्ष सारिका खटीक।
लोकायुक्त पुलिस की ट्रैप कार्यवाही की खबर आते ही अमानगंज क़स्बा में जबर्दस्त हड़कंप मच गया। मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष के परिजन सहित समर्थक जमा होकर ट्रैप कार्रवाई का विरोध में माहौल बनाने लगे। जिसे देखते हुए लोकायुक्त पुलिस टीम सुरक्षा चिंता के मद्देनजर आगे की कार्रवाई निर्विध्न संपन्न करने के लिए नगर परिषद अध्यक्ष अमानगंज को अपने साथ स्थानीय पुलिस थाना ले गई। इस मामले में लोकायुक्त पुलिस ने अमानगंज नगर परिषद अध्यक्ष के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है। समाचार लिखे जाने तक अमानगंज पुलिस थाना में लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई जारी थी।

पन्ना जिले में चौतरफ़ा मची है लूट

अमानगंज थाना में लोकायुक्त पुलिस की कार्यवाही के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष के परिजन और समर्थक मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि, पन्ना जिले में करीब डेढ़ वर्ष के अंदर किसी महिला के विरुद्ध घूसखोरी के मामले में लोकायुक्त पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इसके पूर्व दिनांक 01 जनवरी 2023 को देवन्द्रनगर थाना प्रभारी निरीक्षक ज्योति सिंह राजपूत को 50,000/- पचास हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा था। लेकिन निरीक्षक ज्योति सिंह राजपूत और एक अन्य आरोपी आरक्षक लोकायुक्त पुलिस की टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गए थे। हालांकि पन्ना जिले में किसी महिला जनप्रतिनिधि को रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त पुलिस के द्वारा गिरफ्तार करने का संभवतः यह पहला प्रकरण है। आज की इस ट्रैप कार्रवाई को लेकर जनमानस के बीच यही चर्चा सुनाई दे रही है कि भारतीय जनता पार्टी के राज में अति पिछड़ा पन्ना जिला भ्रष्ट प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं का चारगाह बना हुआ है। सरकारी कार्यालयों सहित समूचे जिले में रिश्वतखोरी, सरकारी राशि का गबन, बजट का बंदरबांट और खनिज संसाधनों की चौतरफा लूट मची है। जिले सरकारी कार्यालयों में बगैर रिश्वत के आम इंसान का कोई काम ही नहीं होता है। बदतर हो चुके हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तो सत्ताधारी दल के नेता को भी रिश्वतखोरों के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस की मदद लेनी पड़ रही है।