Home Blog Page 113

पन्ना में खुलेगा ईएसआईसी हॉस्पिटल !

0
केन्द्रीय श्रम मंत्री श्री गंगवार से मध्यप्रदेश के श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह व खजुराहो सांसद वी.डी शर्मा ने की सौजन्य भेंट कर पन्ना में ई.एस.आई.सी. हॉस्पिटल का दिया प्रस्ताव।

*   केन्द्रीय श्रम मंत्री श्री गंगवार ने हॉस्पिटल की स्थापना को स्वीकृति देने का दिया आश्वासन

*    मंत्री बृजेन्द्र एवं क्षेत्रीय सांसद ने श्री गंगवार से सौजन्य भेंट कर हॉस्पिटल का दिया प्रस्ताव

शादिक खान, भोपाल/पन्ना। (www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और उन्हें बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत पन्ना विधायक व प्रदेश के श्रम एवं खनिज साधन विभाग के मंत्री बृजेन्द्र प्रताप ने गुरुवार को केन्द्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार से श्रम शक्ति भवन, दिल्ली में ने सौजन्य भेंट। मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने इस दौरान पन्ना में ई.एस.आई.सी. हॉस्पिटल बनाने का प्रस्ताव रखा। केन्द्रीय मंत्री श्री गंगवार ने पन्ना में ई.एस.आई.सी. हॉस्पिटल बनाने की स्वीकृति देने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा भी उपस्थित थे।
ई.एस.आई.सी. हॉस्पिटल की सौगात अगर पन्ना को मिलती है तो जिले के लोगों को मेडिकल कॉलिज स्तर की चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी। सर्व विदित है कि अति पिछड़े पन्ना जिले में के लोग स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए पूरी तरह से शासकीय अस्पतालों पर निर्भर हैं। जिले में एक मात्र निजी चिकित्सालय पन्ना जिला मुख्यालय में स्थित है, जोकि कुछ ही समय पहले खुला है।
जिले के आंचलिक स्वास्थ्य केन्द्रों व जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों के अधिकांश पद लम्बे समय से रिक्त पड़े हैं। इस वजह आंचलिक क्षेत्र में लोगों को अब शासकीय अस्पतालों में भी सही इलाज नहीं मिल पा रहा है। हालत यह है कि जरा सी तबियत बिगड़ने पर लोग इलाज कराने के लिए पड़ोसी जिला सतना, कटनी, छतरपुर, दमोह, रीवा, जबलपुर जाने को मजबूर हैं। जानकारों का मानना है कि ई.एस.आई.सी. हॉस्पिटल की स्थापना के साथ-साथ शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों में डॉक्टरों के खाली पड़े पदों को प्राथमिकता से भरकर पन्ना की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को काफी हद तक बेहतर बनाया जा सकता है।

वरिष्ठ कोंग्रेस नेता डीके दुबे टीकमगढ़ जिले की नगर परिषद कारी के सह प्रभारी बने

0
डीके दुबे, कोंग्रेस नेता पन्ना।

नगरीय निकाय चुनाव के लिए योग्य उम्मीदवारों के चयन हेतु करेंगे रायशुमारी

पन्ना। नगरीय निकाय चुनाव हेतु सुयोग्य दावेदारों के नाम मध्यप्रदेश कोंग्रेस कमिटी को भेजने के लिए पन्ना जिले के वरिष्ठ एवं अनुभवी कोंग्रेस नेता डी.के. दुबे को टीकमगढ़ जिले की नगर परिषद कारी का सह प्रभारी मनोनीत किया गया है। उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदेश कोंग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश के संगठन प्रभारी एवं उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने सौंपी है। नगर परिषद कारी के लिए प्रागेन्द्र बागरी को प्रभारी मनोनीत किया गया है। दोनों ही नेताओं की नियुक्ति की सूचना मध्यप्रदेश कोंग्रेस कमिटी के द्वारा पत्र के माध्यम से टीकमगढ़ के जिला कोंग्रेस अध्यक्ष महेश यादव को दी गई है।
श्री दुबे को नगर परिषद कारी का सह प्रभारी बनाए जाने पर पन्ना जिले के कोंग्रेसजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। स्थानीय कोंग्रेसियों ने उनकी नियुक्ति पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वरिष्ठ नेता डी.के. दुबे के दीर्घकालिक राजनैतिक अनुभव का लाभ पार्टी को नगर परिषद कारी में मजबूत उम्मीदवारों के चयन के तौर पर निश्चित ही आगामी चुनाव में मिलेगा।
सांकेतिक चित्र।
वहीं कोंग्रेस नेता डी.के. दुबे ने बताया कि प्रदेश कोंग्रेस कमिटी की मंशानुसार टीकमगढ़ के जिला अध्यक्ष से चर्चा कर शीघ्र ही कारी में स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। जिसमें नगर परिषद के अध्यक्ष पद एवं वार्ड पार्षद पद हेतु स्वस्छ छवि के जीत की प्रबल संभावना वाले सुयोग्य दावेदारों को लेकर रायशुमारी की जायेगी। आपने कहा कि आरक्षण अनुसार योग्य उम्मीदवारों के चयन हेतु स्थानीय कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान एवं उनकी निष्ठा को दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश कोंग्रेस कमिटी को नाम भेजे जाएंगे।

हादसा : आँगनवाड़ी सहायिका व मासूम बच्ची कुएँ में गिरी, हाथ धुलाते समय ढह गया कुएँ का लेण्टर

0
कुँए से रस्सियों के सहारे गौरी बाई यादव को बाहर निकालते हुए दिया के ग्रामीणजन।

*    पन्ना जिले के बृजपुर थाना अंतर्गत दिया ग्राम में हुआ हादसा

*    ग्रामीणों ने तत्परता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों को बाहर निकाला

*    कुएँ में पानी काफी कम होने से बाल-बाल बची दोनों की जान

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में दिया ग्राम की आँगनवाड़ी में आज दोपहर के समय बड़ा हादसा हो गया। आँगनवाड़ी केन्द्र परिसर में स्थित एक बंद कुएँ का अचानक लेण्टर ढहने से आँगनवाड़ी सहायिका और एक बच्ची कुएं में गिर गई। केन्द्र पर बच्चों को भोजन कराने के बाद उनके हाथ धुलाते समय यह हादसा हुआ। आसपास मौजूद बच्चों के चींखने-चिल्लाने पर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना किसी देरी के रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों को सकुशल बाहर निकाला गया।
कुएँ में गिरी आँगनवाड़ी सहायिका व मासूम बच्ची को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए स्थानीय लोग।
इस हादसे की खबर आते ही ग्राम दिया सहित पहाड़ीखेरा इलाके में हड़कम्प मच गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। कुएँ में गिरने से घायल आँगनवाड़ी सहायिका गौरी बाई यादव 50 वर्ष एवं बच्ची जान्ह्वी सेन 5 वर्ष को उपचार हेतु पन्ना लाकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रस्सियों के झूले में बैठी जान्ह्वी कुँए से बाहर आते हुए।
महिला एवं बाल विकास विभाग पन्ना के जिला कार्यक्रम अधिकारी ऊदल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पन्ना ग्रामीण परियोजना अंतर्गत आने वाले ग्राम दिया में आँगनवाड़ी केन्द्र परिसर में प्राचीन कुँआ स्थित था। संभवतः आँगनवाड़ी केन्द्र निर्माण के समय कुएँ के ऊपर कॉन्क्रीट का स्लैब डालकर उसे ढंक दिया गया था, इसलिए उसके संबंध में आँगनवाड़ी स्टॉफ को जानकारी नहीं थी। बुधवार 3 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे दिया केन्द्र पर बच्चों को मध्यान्ह भोजन करानेके उपरान्त सहायिका गौरी बाई यादव बाउण्ड्रीवाल के नजदीक उनके हाथ धुलवा रही थी। बच्ची जान्ह्वी सेन की हाथ धुलाई के समय गौरी बाई जिस स्थान पर खड़ी थी उसके अचानक से धंसकने से दोनों नीचे स्थित कुएँ में जा गिरीं।
इस घटनाक्रम के प्रत्यक्षदर्शी बच्चों के चींखने-चिल्लाने पर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पहाड़ीखेरा चौकी पुलिस भी तत्परता से घटनास्थल पर पहुँची। बिना किसी देरी के साहसी ग्रामीणों ने कुएँ में उतरकर रस्सी के झूले बनाकर कुएँ में डाले और फिर किसी तरह बड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। कुएँ में पानी काफी कम होने से उनकी जान बाल-बाल बच गई।
घायल सहायिका गौरी बाई यादव को देखते हुए जिला चिकित्सालय पन्ना के चिकित्सक।
महिला एवं बाल विकास विभाग पन्ना ग्रामीण के परियोजना अधिकारी अशोक विश्वकर्मा ने रडार न्यूज़ को बताया कि बृजपुर-पहाड़ीखेरा क्षेत्र के ही ग्राम सिरस्वाहा में आँगनवाड़ी का निरीक्षण करने के दौरान मुझे इस हादसे की जानकारी मिली थी। उन्होंने बताया कि मैं तुरंत मौके पर पहुँचा और घायल सहायिका व बच्ची को अपने वाहन से पन्ना लाकर दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इस हादसे में बच्ची जान्ह्वी को मामूली चोट आई है जबकि सहायिका गौरी बाई यादव के सिर, हाथ-पैर में चोटें बताई जा रहीं हैं। दोनों का इलाज पन्ना जिला चिकित्सालय में जारी है।

.. ताकि हादसे की पुनरावृत्ति न हो

अपनी माँ की गोद में मासूम बच्ची जान्ह्वी सेन। (सभी फोटो : छायाकार मनीष सारस्वत)
सर्वविदित है कि पोषण सेवाओं एवं प्री-स्कूल एजुकेशन के लिए छोटे-छोटे बच्चे आँगनवाड़ी केन्द्र पर जाते हैं। ऐसे में दिया के आँगनवाड़ी केन्द्र परिसर में स्थित कुएँ को मजबूती के साथ सही तरीके से बंद न करने के कारण आज जिस तरह का हादसा हुआ उसमें किसी की जान भी जा सकती थी। कुंए में पानी अधिक होने की स्थिति पर डूबने से उनकी जान जा सकती थी। इसके अलावा जहरीली गैस का रिसाव भी दोनों की मौत की वजह बन सकता था। गनीमत रही कि समय रहते आंगनवाड़ी सहायिका व मासूम बच्ची को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन इस हादसे से जिला प्रशासन को सबक लेते हुए आँगनवाड़ी केन्द्रों व स्कूल परिसरों सुरक्षित बनाने की ओर विशेष ध्यान देने की जरुरत है, ताकि इस तरह के गंभीर हादसों की पुनरावृत्ति न हो।
महिला एवं बाल विकास विभाग पन्ना के जिला कार्यक्रम अधिकारी ऊदल सिंह का कहना है कि, दिया केन्द्र के कुँए अच्छी तरह से बंद कराने के अलावा जिले के सभी आँगनवाड़ी केन्द्रों पर बच्चों की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

माउंटेन गर्ल “गौरी” को मिला सम्मान, बेटी बचाओ-बेटी पढाओ की ब्राण्ड एम्बेसडर बनीं

0
पन्ना की गौरी को बेटी बचाओ-बेटी पढाओ की ब्राण्ड एम्बेसडर के रूप में 25 हजार रूपये का चैक प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान करते हुए कलेक्टर।

माइनस 20 डिग्री सेल्सियस में 12 हजार फ़ीट की ऊँचाई पर फहराया था तिरंगा

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) उत्तराखण्ड स्थित उत्तरकाशी के केदारकाठा पर्वत पर अन्तर्राष्ट्रीय एडवेंचर ग्रुप के सदस्यों के साथ मिलकर मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की बेटी कु. गौरी अरजरिया द्वारा -20 डिग्री सेल्सियस ठण्ड में 12 हजार 500 फ़ीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराते हुए राष्ट्रगान गाया गया। इसके लिए उन्हें प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्र द्वारा बहादुर बेटी कु. गौरी अरजरिया को कलेक्ट्रेट में आमंत्रित कर बेटी बचाओ-बेटी पढाओ के रूप में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की योजना के तहत उन्हें ब्राण्ड एम्बेसडर के रूप में 25 हजार रूपये का चैक प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान किया गया।

एवरेस्ट को फतह करने की जारी है तैयारी

पन्ना जिले की तहसील सिमरिया की रहने वाली बहादुर बेटी द्वारा बीएससी, बीएड, ब्यूटी पार्लर कोर्स के साथ बेसिक माउण्टेनियरिंग कोर्स किया गया है। इनके पिता रामकुमार अरजरिया पेशे से किसान है और माता श्रीमती कुसुम अरजरिया गृहणी है। गरीब परिवार में पली-बढ़ी बेटी द्वारा आगे भी माउण्टेनियरिंग करने एवं आगे शिक्षा जारी रखने की बात कही गई। गौरी का लक्ष्य एवरेस्ट पर तिरंगा फहराना है, जिसकी तैयारी वे पूरी लग्न और मेहनत से कर रही हैं।
उत्तराखण्ड स्थित उत्तरकाशी के केदारकाठा पर्वत पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ पन्ना की गौरी।

हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर

कलेक्टर श्री मिश्र द्वारा कु. गौरी के माता-पिता अन्य परिवारजनों से भी चर्चा की गई । उनके माता-पिता को भी सम्मानित किया। कु. गौरी ने बताया कि उनके दो छोटे भाई है जो पढाई कर रहे हैं। कलेक्टर श्री मिश्र ने कहा कि उनके माता-पिता को बेटी-बेटो की पढाई-लिखाई के लिए कभी भी कोई सहयोग की आवश्यकता हो तो मदद की जाएगी। इसके अलावा शासन से जुड़ी कोई समस्या हो तो भी कभी भी फोन से या मुझसे मिलकर बता सकते हैं। हरसंभव सहायता की जाएगी।

ऑटो रिक्शा परेड : बस स्टैण्ड में पार्किंग के लिए आरक्षित हो स्थान, बढ़ाया जाए यात्री किराया

0
पन्ना में अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय की ओर कतारबद्ध जाते हुए

*   आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में ऑटो चालकों ने रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन

*   पन्ना जिला मुख्यालय के बस स्टैण्ड में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था तक नहीं !

शादिक खान, पन्ना। (www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के पन्ना जिला मुख्यालय में विशाल ट्रेक्टर परेड के सप्ताह भर बाद सोमवार 1 फ़रवरी को ऑटो रिक्शा की परेड निकाली गई। इन दोनों वाहन परेडों का उद्देश्य अलग है। ट्रेक्टर परेड जहाँ कृषि कानूनों के विरोध में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में 25 जनवरी को भारतीय किसान यूनियन (अरा.) के आव्हान पर निकाली गई थी, वहीं ऑटो रिक्शा चालकों के द्वारा अपनी बुनियादी मांगों की पूर्ती को लेकर आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में ऑटो रिक्शा रैली का आयोजन किया गया। ट्रेक्टर परेड की तरह ऑटो रिक्शा परेड भी करीब 2 किलोमीटर लम्बी रही। इसमें भी लगभग 400-450 ऑटो रिक्शा शामिल थे। इनके द्वारा कलेक्टर के नाम पर सौंपें गए तीन सूत्रीय मांगों के ज्ञापन ने जिला मुख्यालय पन्ना के बस स्टैण्ड की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है।
शहर का आईना कहे जाने वाले बस स्टैण्ड में यात्रियों एवं वहाँ रहने वाले अन्य लोगों के लिए स्वस्छ-शीतल पेयजल तक की व्यवस्था नहीं है। जबकि मिनी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पन्ना के बस स्टैण्ड को चमकाने तथा सुविधाओं के विस्तार के नाम पर हाल ही में डेढ़ करोड़ की बड़ी राशि खर्च की जा चुकी है। बस स्टैण्ड में मिनी स्मार्ट सिटी के तहत कराए गए कार्यों में बड़े पैमाने पर धांधली व कामीशनख़ोरी के चलते बेहद गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्य कराए जाने का शोर अभी पूरी तरह थमा भी नहीं था कि इस बीच बस स्टैण्ड में बुनियादी सुविधाओं के आभाव की खबर आने से नगर पालिका में बैठे कृपापात्रों की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लग गया है।
ऑटो रिक्शा चालकों की विशाल रैली का नेतृत्व करते हुए आम आदमी पार्टी की जिलाध्यक्ष एवं युवा नेता रामबिहारी गोस्वामी।
सोमवार को पन्ना बस स्टैण्ड परिसर से ऑटो रिक्शा चालक की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में ऑटो रिक्शा चालक संघ की एक विशाल रैली निकाली गई। नगर के कोतवाली चौराहा, गांधी चौक होते हुए नवीन कलेक्ट्रेट कार्यालय में पहुंची ऑटो रिक्शा की विशाल रैली जिस भी मार्ग से निकली लोग इसे कौतूहल वश देखते रह गए। कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर ऑटो रिक्शा चालकों के द्वारा 3 सूत्रीय मांगों का सौंपा गया। जिसमें प्रमुखता से यह मांग की गई है कि बस स्टैण्ड में ऑटो रिक्शा की पार्किंग के लिए स्थान आरक्षित किया जाए। ऑटो रिक्शा के लिए स्थान निर्धारित न होने के कारण यातायात पुलिस कर्मी पूरे समय उन्हें यहाँ से वहाँ खदेड़ते रहते हैं। इस कारण कई बार नोंक-झोंक की अप्रिय स्थिति निर्मित हो जाती है। उधर, इसका प्रतिकूल प्रभाव ऑटो चालकों की आमदनी पर भी पड़ रहा है।

बस स्टैण्ड में पानी खरीदने को मजबूर हैं लोग

ऑटो चालकों ने माँग की है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बेतहाशा वृद्धि के मद्देनजर ऑटो रिक्शा के किराया में वृद्धि की जाए। इसके अलावा बस स्टैण्ड में स्वच्छ पेयजल की सार्वजानिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बस स्टैण्ड में वर्तमान में पेयजल व्यवस्था न होने से लोग अपनी प्यास बुझाने के लिए पानी खरीदने को मजबूर हैं। ऑटो रिक्शा चालकों की जायज मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने वालों में आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष अंजली यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष किशोरी लाल श्रीवास्तव। जिला उपाध्यक्ष रामबिहारी गोस्वामी, ऋषि मिश्रा, रूप बसंत कुशवाहा, मनीराम पटेल, लीलाधर, राजा खान, ऑटो रिक्शा चालक संघ अध्यक्ष मुकेश रैकवार एवं सैकड़ों की तादात में ऑटो चालक शामिल रहे।

महँगाई डायन : पेट्रोल-डीज़ल व रसोई गैस की मूल्य वृद्धि के विरोध में पेट्रोल पंप पर धरना-प्रदर्शन

0
पन्ना जिला मुख्यालय में पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की मूल्य वृद्धि के विरोध में पेट्रोल पम्प पर प्रदर्शन करते हुए कोंग्रेस नेता।

*     हाथों में तख्तियाँ लेकर युवक कोंग्रेस कार्यकर्ताओं ने की जमकर नारेबाजी

पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश युवक कोंग्रेस के प्रांतव्यापी आव्हान के तहत आज पेट्रोल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी के नेतृत्व में इंद्रपुरी कॉलोनी स्थित पेट्रोल पंप पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन करते हुये बढ़ रही कीमतों के विरोध में हाथों में तख्तियाँ लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुये तत्काल पेट्रोल व रसाई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लिये जाने की मांग की है।
जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी ने कहा कि देश व प्रदेश में महगांई सुरसा की तरह मुंह बाये खड़ी है, महगांई से आज जनता की कमर टूट रही है। गरीब व मध्यम वर्गीय परिवार अपने बच्चो को दो वक्त का भोजन बड़ी मुश्किल से उपलब्ध करा पा रहा है।
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने ने कहा कि आज प्रदेश में अति आवश्यक वस्तुओं की कीमतें जैसे पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस की कीमतों में आग लगी हुई है और कीमतें आसमान छू रहीं है। इसके लिये केन्द्र व राज्य सरकार की गलत नीतियां ही जिम्मेदार है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आम जनता के साथ अच्छे दिनों का वायदा किया था, उन्हे सुनहरें सपनें दिखाये थे लेकिन आज वास्तविकता क्या है आप जानते हैं। देश के कई हिस्सों में पेट्रोल 100 रूपये प्रति लीटर बिक रहा है।
पूर्ववर्ती कांग्रेस की मनमोहन सिंह सरकार में महज 350 रूपये में बड़ी ही सरलता से रसोई गैस मिल जाती थी लेकिन आज एक सिलेण्डर 720 रूपये में मिल रहा है। “महँगाई डायन” की इस बेलग़ाम रफ़्तार के कारण अब गरीब और निम्न मध्यमवर्गीय लोगों के लिए गुजारा मुश्किल हो चुका है। अगर यही हाल रहा तो करोड़ों लोगों थाली से भोजन गायब हो जाएगा।
कोंग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई के मुद्दे पर देश को भाजपा का दोहरा चरित्र देखने को मिल रहा है। विपक्ष में रहते हुए भाजपाई 350 रुपए के सिलेंडर और 65 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल पर कभी थाली बजाते तो कभी साइकिल चलाकर घड़ियाली आँसू बहाते थे। लेकिन आज इन्हीं देशवासियों को महंगाई की भट्टी में झोंक दिया है। महंगाई के विरोध में भाजपाई अब कुछ भी बोलने या सुनने को तैयार नहीं है।

ये रहे शामिल

महंगाई के खिलाफ हुए धरना-प्रदर्शन में प्रमुख रूप से पवन जैन, जिला युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दीपक तिवारी, वैभव थापक, सौरभ पटेरिया, रियासत खान, मृगेन्द्र गहरवार, शिवप्रसाद दीक्षित, गोपाल मिश्रा, कदीर खान, भूपेन्द्र सिंह परमार, सिद्धार्थ सिंह परमार, अनीस सिद्धीकी, अनुराग मिश्रा, धीरेन्द्र पाठक, पुष्पेन्द्र शुक्ला, अंकित राय, रामानुज मिश्रा,अंजुल चौहान, राजाबाबू पटेल, प्रदीप पटेल, पवन मिश्रा, अकरम खान, जुबेर खान, जाफर खान, सोएब अहमद बख्शी, ललित पाण्डेय, हिमांशु अवस्थी, छोटे यादव, दिलशाद खान, सुन्दरम रैकवार, अशीष रैकवार, राजेश कुशवाहा, मनीष रैकवार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हादसा : हीरे की ख़ोज से ग़रीबी मिटाने की तमन्ना में गंवाई जान

0
खेत में खोदी गई हीरे की वह खदान जिसमें मिट्टी धसकने से हादसा हुआ।

*  हीरा खदान धसकने से नवयुवक का दर्दनाक दुखांत

*  पन्ना के समीपी ग्राम हीरापुर-टपरियन में हुआ हादसा

*  जवान बेटे की मौत से गरीब परिवार की बढ़ी मुश्किलें

पन्ना। (www.radarnews.in) हीरों के खनन के लिए विश्व विख्यात रत्नगर्भा वसुंधरा पन्ना में किसी गरीब को हीरा मिलने पर उसके रंक से राजा बनने की ख़बरें मीडिया में अक्सर ही प्रमुखता से प्रकाशित व प्रसारित होती रहतीं हैं। लेकिन अधिकांश ख़बरों में हीरे की खोज के लिए होने वाले अथक परिश्रम या संघर्ष का उल्लेख नहीं होता। इसी तरह कई साल तक खदान खोदकर हाड़तोड़ मेहनत करने के बाद भी हीरे से वंचित रहने वालों की बड़ी तादाद के बाद भी उनकी असफलता की ख़बरें कभी नहीं छपतीं। शायद इसी का दुष्परिणाम है कि मीडिया की सुर्ख़ियों में रहने वाली हीरे की खोज से किस्मत चमकने की एकतरफा ख़बरें आमलोगों के जेहन पर हावी हो चुकीं हैं।
वर्तमान में हीरे की तमन्ना का जूनून इतना बढ़ चुका है कि पन्ना से लेकर पड़ोसी जिला सतना के बरौंधा थाना एवं उत्तर प्रदेश के बाँदा जिले के कालिंजर क्षेत्र तक वन-राजस्व एवं निजी भूमि पर हजारों की संख्या में अवैध हीरा खदानें धड़ल्ले से चल रहीं है। बेशक़ीमती रत्न हीरे की चमक की चकाचौंध में करीब-करीब अंधे और स्वार्थी हो चुके लोग तेजी से पन्ना के जंगल, नदी व नालों को तबाह करने आमदा है। इतना ही नहीं जुआ खेलने सरीखी हीरे की खोज की प्रक्रिया में लोग अपनी जिंदगी को भी जोखिम में डाल रहे हैं। जिला मुख्यालय पन्ना से सटे ग्राम हीरापुर-टपरियन में आज हुआ हृदय विदारक हादसा इसका प्रमाण है।
खदान की मिट्टी धसकने से घायल पूरन कौंदर पन्ना जिला चिकित्सालय में भर्ती।
आदिवासी बाहुल्य ग्राम हीरापुर-टपरियन में शनिवार 30 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे एक हीरा खदान के धसकने से उसके अंदर काम कर रहे एक नवयुवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उसका साथी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद से गाँव में शोक की लहर व्याप्त है।
हीरे की खदान के अंदर बीचों-बीच में मौजूद वह गड्ढा जिसमें गिरी मिट्टी के भराव से प्रदीप की उसके नीचे दबने से मौत हुई।
उल्लेखनीय है कि ग्राम हीरापुर-टपरियन में रहने वाले पेशे से मजदूर प्रदीप कौंदर (आदिवासी) 20 वर्ष का परिवार भूमिहीन होने के साथ-साथ भीषण गरीबी का दंश झेल रहा है। पांच भाई-बहनों के बीच उम्र में सबसे बड़ा होने की वजह से परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी युवा प्रदीप के कंधों पर थी। क्योंकि उसके माता-पिता बढ़ती उम्र के शारीरिक कष्ट की वजह से अब पहले की तरह मजदूरी नहीं कर पाते। परिवार को गरीबी और भुखमरी से निजात दिलाने के लिए बैचेन प्रदीप को जब कुछ नहीं सूझा तो उसने अपने रिश्तेदार अरविंद कौंदर के साथ मिलकर गांव में ही स्थित हरी कौंदर के खेत में कथित तौर पर हीरे की लम्बी-चौड़ी खदान खोद डाली। लगभग 40 फिट गहरी और इतनी ही चौड़ी खदान की खुदाई से निकली मिट्टी को वे कगार के ही नजदीक डंप करते रहे।
आज सुबह खदान के अंदर बीचों-बीच में स्थित छोटे से गड्ढे में उतरकर प्रदीप व पूरन हीरे की चाल (ग्रेवल) की खुदाई करने में जुटे थे, तभी अचानक खदान के एक बड़े हिस्से की मिट्टी भरभरा कर गड्ढे में गिरने से प्रदीप उसके नीचे दब गया। जबकि पूरन कमर के ऊपर तक धंस गया। बुरी तरह फंसे पूरन के चीखने-चिल्लाने पर आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन दोनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए तुरंत पन्ना जिला चिकित्सालय ले गए। जहाँ ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने प्रदीप कौंदर का गहन परीक्षण करने के उपरान्त उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पूरन के पैर व कमर में चोट होने के कारण उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जवान बेटे प्रदीप की मौत से दुखी किशोरी लाल आदिवासी अपने छोटे बच्चों के साथ।
नवयुवक प्रदीप की दर्दनाक हादसे में असमय मौत होने से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जवान बेटे को खोने के ग़म में माता-पिता छाती पीट-पीटकर रो रहे हैं। उसके छोटे भाई-बहनों की आँखें भी नम हैं। हादसे के बाद से गांव में मातम का माहौल है। कोतवाली थाना पन्ना पुलिस ने इस हादसे पर फिलहाल मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

ब्लाइंड मर्डर : चाक़ू से गर्दन पर हमला कर युवक की हत्या, सड़क पर मिला खून से लथपथ शव, क़ातिल बेसुराग

0
पन्ना में युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए उसे शव विच्छेदन गृह के अंदर ले जाते हुए परिजन।

*   पन्ना कोतवाली थाना क्षेत्र के ककरहटी कस्बा की घटना

*   अंधे क़त्ल की वारदात से दहशत आए में स्थानीय लोग

पन्ना। (www.radarnews.in) जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ककरहटी क़स्बा में बीती रात एक युवक की गर्दन पर चाक़ू से हमला कर अज्ञात अपराधी ने उसकी हत्या कर दी। शनिवार की सुबह स्थानीय लोग नींद से जागकर जब अपने घर के बाहर आए तो सड़क पर रामेश्वरी उर्फ़ राकेश पुत्र हीरालाल चतुर्वेदी 36 वर्ष का खून से लथपथ पड़ा शव देखकर दंग रह गए। मृतक की गर्दन में धंसा चाक़ू बड़ी ही बेरहमी के साथ क़त्ल की वारदात को अंजाम दिए जाने की कहानी स्वतः बयां कर रहा था।
अंधे क़त्ल की सनसनीखेज वारदात की खबर फैलने के बाद से स्थानीय लोग अपनी जानमाल की सुरक्षा को लेकर अत्यंत ही चिंतित और भयभीत नजर आ रहे हैं। उधर, मृतक के परिवारजनों व स्थानीय लोगों में ककरहटी चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश व्याप्त है। अज्ञात अपराधियों के द्वारा क़त्ल की वारदात को अंजाम देकर बड़ी ही आसानी से भाग निकलने पर पीड़ित परिजन पुलिस की रात्रि गश्त तथा सक्रियता पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। जिनका जबाव फिलहाल पुलिस के आला अधिकारियों के पास नहीं है।
ककरहटी क़स्बा में नाला पार स्थित चौबे मोहल्ला में रहने वाले रामेश्वरी उर्फ़ राकेश चतुर्वेदी पुत्र हीरालाल चतुर्वेदी 36 वर्ष शुक्रवार 29 जनवरी की रात करीब 10:30 बजे खाना खाने के बाद अपने घर से निकले थे। रामेश्वरी रात्रि में वापस घर नहीं पहुंचे। अगले दिन शनिवार की सुबह 6 बजे लोग नींद से जागने के बाद जब अपने घर से बाहर निकले तो रास्ते में रामेश्वरी उर्फ़ राकेश को मृत अवस्था में पड़ा देख उनके होश उड़ गए।
इस सनसनीखेज हत्याकाण्ड की ख़बर आग की तरह ककरहटी क़स्बा में फैलने से कुछ ही मिनिट में घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। मोबाइल फोन पर घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी एन.पी. पटेल आनन-फानन हमराही बल के साथ मौक़े पर पहुंचे। कुछ देर बाद पन्ना से कोतवाली थाना निरीक्षक अरुण सोनी, पन्ना एसडीओपी आर.एस. रावत एवं फोरेंसिक टीम ने ककरहटी पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। मृतक के परिजनों तथा क़त्ल की सूचना देने वालों से आवश्यक पूँछतांछ की गई।
अज्ञात हमलावर ने जिस चाक़ू से प्रहार कर रामेश्वरी उर्फ़ राकेश चतुर्वेदी का क़त्ल किया वह चाक़ू उसकी गर्दन में धंसा हुआ मिला। पुलिस ने हत्या की वारदात में प्रयुक्त चाक़ू को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पुलिस विवेचना में क़त्ल की वजह और अज्ञात कातिल का सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने मृतक के चाचा सुनील कुमार की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
इस चुनौतीपूर्ण अंधे क़त्ल का जल्द से जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस के द्वारा घटना के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। उल्लेखनीय है कि, ककरहटी जैसे बेहद छोटे क़स्बे में रात्रि के समय क़त्ल की जघन्य वारदात को अंजाम दिए जाने की भनक तक स्थानीय पुलिस को न लगना बेहद चिंताजनक है। इससे पता चलता है कि क्षेत्र में चल रहीं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम को लेकर ककरहटी पुलिस कितनी सजग है ! वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इस स्थिति पर ध्यान देने की जरुरत है।

प्रेम में मिला धोखा : विवाह का झांसा देकर किया युवती का शारीरिक शोषण, गर्भवती होने पर विवाह से कर दिया इंकार, पीड़िता ने फाँसी लगाकर दे दी जान

0
पन्ना में शव विच्छेदन गृह के बाहर मौजूद मृतिका के परिजन।

*   मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र की घटना

*   मृतिका के माता-पिता बोले आरोपी युवक को मिले कठोर सजा

पन्ना।(www.radarnews.in) विवाह का झांसा देकर युवती का यौन शोषण किया, जब वह गर्भवती हो गई तो आरोपी युवक ने विवाह करने से इन्कार कर दिया। प्रेम में मिले इस धोखे और सामाजिक बदनामी के डर से परेशान होकर युवती ने शुक्रवार 29 जनवरी की सुबह कथित तौर फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र की है। थाना पुलिस ने घटना पर फिलहाल मर्ग कायम कर मामले को जाँच में लिया है। पुलिस ने युवती का पोस्टमार्टम कराने के पश्चात शव को परिजनों को सौंप दिया।
आज पन्ना के शव विच्छेदन गृह के बाहर बिलखते वृद्ध दम्पत्ति ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी बेटी सरिता 19 वर्ष (परिवर्तित नाम) को गाँव के ही स्वजातीय युवक भारत गौंड़ (आदिवासी) ने अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। विवाह का झांसा देकर भारत ने उसका लम्बे समय तक शारीरिक शोषण किया। जब वह गर्भवती हो गई तो भारत विवाह करने से बहानेबाजी करने लगा। गत दिवस भारत ने अपने मामा सजन गौंड़ व नरेशा गौंड़ की मदद से सरिता का गर्भपात कराने के लिए उसे दवाएं दी गईं। लेकिन उन दवाओं का कोई असर न होने पर भारत ने सरिता को अपनाने से साफ़ इन्कार कर दिया।
प्रेम में मिले इस धोखे से आहत और व्यथित नवयुवती ने शुक्रवार की सुबह अपनी माँ को पूरे मामले की जानकारी दी। माँ ने सरिता को उसके पिता के खेत से वापस घर लौटने पर जरुरी कदम उठाने का भरोसा दिलाया। इस बीच पीड़िता ने अपने घर के अंदर वाले कमरे में फांसी लगा ली। कुछ आहट मिलने पर माँ ने अंदर जाकर देखा तो वह दंग रह गई। बेटी की जान बचाने के लिए कथित तौर माँ ने रस्सी काटकर उसे आनन-फानन फाँसी के फंदे से नीचे उतारा। लेकिन तब तक सरिता की साँसें हमेशा के लिए थम चुकीं थीं।
उल्लेखनीय है कि, पन्ना में मृतिका के पोस्टमार्टम के दौरान अजयगढ़ एसडीओपी एवं बृजपुर थाना प्रभारी शव विच्छेदन गृह के बाहर मौजूद रहे। घटना के संबंध जब एसडीओपी अजयगढ़ से जानकारी चाही गई तो उन्होंने थाना प्रभारी बृजपुर से बात करने को कहा। थाना प्रभारी सिद्धार्थ शर्मा से पूँछतांछ करने पर वे जानकारी देने से बचते रहे। उन्होंने सिर्फ इतना ही बताया कि युवती की मौत फाँसी लगाने से हुई है। मृतिका के परिजनों द्वारा घटनाक्रम के संबंध में दी गई जानकारी को साझा करने से थाना प्रभारी ने मना कर दिया। वहीं पीड़ित परिजन मृतिका की उम्र 17 वर्ष बता रहे हैं जबकि पुलिस के द्वारा आयु 19 वर्ष बताई जा रही है। अपुष्ट सूत्रों की मानें तो पुलिस ने आरोपी युवक भारत गौंड़ (आदिवासी) को हिरासत में ले लिया है। लेकिन थानां प्रभारी इससे इंकार कर रहे हैं।

हीरा खनन परियोजना में “गणतन्त्र दिवस” पूर्ण गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न

0
हीरा खनन परियोजना मझगवां में संयुक्त रूप से ध्वजारोहण करते हुए मुख्य महाप्रबंधक एस.के. जैन और परियोजना की वरिष्ठतम कर्मचारी श्रीमती कुसुम मिश्रा।

*   दिव्यांगजनों को प्रदान किए गए ट्राइसाइकिल और व्हीलचेअर

शादिक खान, पन्ना/मझगवाँ। (www.radarnews.in) एनएमडीसी लिमिटेड की हीरा खनन परियोजना में राष्ट्र का 72वां “गणतन्त्र दिवस” पूरे हर्षोल्लास के साथ धूम-धाम से मनाया गया । परियोजना खेल मैदान में आयोजित समारोह में प्रात: 9:00 बजे मुख्य अतिथि एवं परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक एस.के. जैन और परियोजना की वरिष्ठतम कर्मचारी श्रीमती कुसुम मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से ‘राष्ट्रीय-ध्वज’ को परियोजना के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीण जनों की उपस्थिती में फहराया गया।
ध्वजारोहण के साथ ही डीएव्ही पब्लिक स्कूल, मझगवां द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल जवानों की सलामी गारद का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली।

जब तक टीकाकरण नहीं तब तक ढिलाई नहीं

गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए हीरा खनन परियोजना मझगवां (पन्ना) के मुख्य महाप्रबंधक एस.के. जैन।
अपने संदेश में मुख्य अतिथि एस.के. जैन ने परियोजना की वर्तमान परिस्थिती के संबंध में विस्तार पूर्वक बताया। नोबल कोरोना वायरस (कोविड-19) के संबंध में नागरिकों को सचेत करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि यह महामारी अब तक समाप्त नहीं हुई है और जब तक सभी लोगों का टीककरण न हो जाए, तब तक वे अपने सामाजिक आचार-व्यवहार में ढिलाई नहीं बरते ।

दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए

हीरा खनन परियोजना मझगवां (पन्ना) के द्वारा गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किये गए।
इस समारोह को सार्थकता प्रदान करते हुए परियोजना द्वारा अपने ‘नैगम सामाजिक दायित्व’ के अंतर्गत ग्राम हिनौता के विष्णु अहिरवार, कुमारी शिवानी सेन एवं रामकिशोर को ‘ट्राइसाईकल’ और श्रीमती मीरा यादव को ‘व्हीलचेअर’ प्रदान किया गया।

समारोह में इनकी रही उपस्थिति

एनएमडीसी लिमिटेड की हीरा खनन परियोजना मझगवां (पन्ना) में 72वें गणतंत्र दिवस समारोह में मंचासीन अतिथिगण।
समारोह में प्रबंधक (कार्मिक) अभिजीत कुमार मिश्रा सहित समस्त विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी,श्रमिक संघ एमपीआरएचकेएमएस के महामंत्री समर बहादुर सिंह और पीएचकेएमएस के महामंत्री भोला प्रसाद सोनी एवं अन्य पदाधिकारीगण, सभी एसोशियेसन के पदाधिकारी, डायमण्ड इव्स क्लब की अध्यक्षा श्रीमती रेखा जैन सहित सभी सदस्य,केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के सहायक समादेशक धीरज सिंह राणा व जवान, डीएव्ही पब्लिक स्कूल के प्राचार्य पी.सी. सिंह व शिक्षकगण और मझगवां व हिनौता के निवासी उपस्थित थे।

बीमार मरीजों को बाँटे फल

कार्यक्रम के उपरांत परियोजना की महिला समिति ‘डायमंड इव्स क्लब’ की अध्यक्षा श्रीमती रेखा जैन के नेतृत्व में सदस्याओं ने परियोजना चिकित्सालय का दौरा किया और वहाँ भर्ती अस्वस्थजनों के बीच फल वितरित किए ।