पटरी पर उम्मीदों की ट्रेन: फुलवारी से देवेन्द्रनगर तक 120 किमी की रफ्तार से सफल ट्रायल रन, अब पन्ना पहुंचने का इंतजार

0
103

  कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी ने किया निरीक्षण, देवेंद्रनगर पहुंची स्पेशल ट्रेन

  ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना ने पार किया एक और महत्वपूर्ण पड़ाव

  दशकों पुराने रेल सपने को नया विस्तार मिलने से जिले में ख़ुशी और उत्साह का माहौल

शादिक खान, पन्ना।(www.radarnews.in) मध्यप्रदेश के अति पिछड़े पन्ना जिले के लिए बुधवार का दिन रेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बन गया। वर्षों से रेल सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे जिले के लोगों के सपनों को उस समय नई उड़ान मिली, जब ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत फुलवारी से देवेन्द्रनगर तक तैयार 6.90 किलोमीटर लंबे नए रेल खंड पर विशेष निरीक्षण ट्रेन का 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल ट्रायल रन किया गया। रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने इस रेल खंड का निरीक्षण कर सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया।

समीक्षा बैठक, दस्तावेजों की भी हुई जांच

पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर मंडल के अनुसार मध्य वृत (मुंबई) के कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) गुरू प्रकाश ने निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत फुलवारी स्टेशन से की। यहां निर्माण संगठन और जबलपुर मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर परियोजना से जुड़े अभिलेखों, सुरक्षा दस्तावेजों तथा विभिन्न तकनीकी तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके बाद मोटर ट्रॉली के माध्यम से फुलवारी से देवेन्द्रनगर के बीच निर्मित नए रेल खंड का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एम.एस. हाश्मी सहित निर्माण एवं संरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जबलपुर रेल मंडल से मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी निरीक्षण और ट्रायल रन के दौरान मौजूद रहे।

संरचनात्मक मजबूती और सुरक्षा मानकों को परखा

निरीक्षण के दौरान रेलवे संरक्षा आयुक्त ने रेल पथ, पुल-पुलियाओं, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, विद्युत अधोसंरचना तथा परिचालन व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। इसके बाद देवेन्द्रनगर से फुलवारी तक 12 डिब्बों वाली विशेष निरीक्षण ट्रेन को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाकर ट्रैक की गुणवत्ता, मजबूती और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। देवेन्द्रनगर स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्थाओं का भी विस्तृत अवलोकन किया गया। यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि कुछ समय पहले ही नागौद से फुलवारी रेल खंड पर सफल ट्रायल रन के साथ पहली बार ट्रेन पन्ना जिले की सीमा तक पहुंची थी। अब देवेन्द्रनगर तक रेल पहुंचने से परियोजना ने एक और महत्वपूर्ण मुकाम हासिल कर लिया है।

रेलवे कनेक्टिविटी से विकास को मिलेगी नई रफ्तार

पन्ना जिले में रेल लाने की मांग नई नहीं है। क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, व्यापारिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने कई दशकों तक रेल संपर्क के लिए लगातार आवाज उठाई। लंबे संघर्ष, जनआंदोलनों और लगातार किए गए प्रयासों के बाद ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना को गति मिली। बुधवार को जब निरीक्षण विशेष ट्रेन देवेन्द्रनगर स्टेशन पहुंची तो क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने इसे पन्ना के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि फुलवारी-देवेन्द्रनगर रेल खंड शुरू होने से क्षेत्रीय रेल संपर्क और मजबूत होगा। इससे पन्ना तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से हीरा नगरी पन्ना और आसपास के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने का मार्ग प्रशस्त होगा।

अब पन्ना मुख्यालय तक ट्रेन पहुंचने की प्रतीक्षा

वर्तमान में देवेन्द्रनगर से पन्ना तक रेल लाइन बिछाने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। परियोजना पूरी होने पर रेल लाइन पन्ना से अजयगढ़ होते हुए खजुराहो रेलवे स्टेशन से जुड़ेगी, जिससे बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नई पहचान मिलेगी। जिले के लोगों का कहना है कि जिस रेल का सपना कई पीढ़ियों ने देखा था, वह अब धीरे-धीरे हकीकत बनता दिखाई दे रहा है। देवेन्द्रनगर तक ट्रेन पहुंचने के बाद अब सबसे बड़ी प्रतीक्षा उस दिन की है, जब पहली ट्रेन पन्ना जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।