पन्ना में युवती की गोली मारकर हत्या, आरोपी और उसके पिता की ग्रामीणों ने की पिटाई

0
39
जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल युवती को पन्ना जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रीवा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

*     गोली मारने के बाद चाकू से भी किया जानलेवा हमला

*    शौच के लिए गई थी युवती, रीवा ले जाते समय रास्ते में मौत

पन्ना।(www.radarnews.in) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव में बुधवार 13 मई की सुबह हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गांव की 25 वर्षीय युवती पर एक सिरफिरे युवक ने कथित तौर पर पहले गोली चलाई और फिर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिला चिकित्सालय से मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर की गई युवती की रास्ते में मृत्यु हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह युवती घर के पीछे शौच के लिए गई थी। इसी दौरान गांव के ही युवक विनोद यादव ने उस पर हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी अपने साथ देसी कट्टा और चाकू लेकर पहुंचा था। युवती के भाई आकाश यादव ने बताया कि आरोपी ने पहले युवती पर गोली चलाई और बाद में चाकू से कई वार किए। इसके बाद उसने बंदूक की बट से भी युवती के साथ मारपीट की। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस दौरान जब युवती का भाई उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, तब आरोपी ने उस पर भी गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन गोली फायर नहीं हो सकी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हालत बिगड़ी

गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल जिला चिकित्सालय पन्ना ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अत्यधिक रक्तस्राव और हालत नाजुक होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, रीवा ले जाते समय रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी विनोद यादव और उसके पिता भीकम उर्फ बच्चा यादव को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों के साथ मारपीट की और कुछ समय तक गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया।

प्रकरण दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी सहित उसके पिता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कुछ लोग इस घटना को कथित रुप से दबी जुबान एकतरफा प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।